- Home
- देश
-
नोएडा (उप्र). गौतमबुद्ध नगर जिले के एक गांव में एक व्यक्ति ने खाना मांगने पर अपने 14 वर्षीय बेटे को पीट-पीट कर घायल कर दिया। लड़के को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक्सप्रेसवे की थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि वाजिदपुर गांव निवासी संगीता ने रविवार रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके आरोपी पति ने उसके 14 वर्षीय बेटे चेतन की पिटाई की तथा धारदार वस्तु से उस पर वार भी किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि चेतन को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़िता और उसका आरोपी पति दोनों मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत के अनुसार, जब वह काम पर बाहर गई थी, तब उसका आरोपी पति घर पर था। इसी दौरान चेतन ने जब भूख लगने पर अपने आरोपी पिता से खाना मांगा तो इस बात से आक्रोशित होकर आरोपी वीरेंद्र ने उसे घर में बंद कर उसकी पिटाई की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
-
सीतापुर (उप्र) जिला मुख्यालय के पास बस अड्डे के सामने तेज रफ्तार से आ रहे एक छोटे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े करीब छह लोगों को कुचल दिया जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (शहर क्षेत्र) सुशील कुमार ने बताया कि एक तेज रफ्तार ट्रक रविवार देर रात अनियंत्रित हो गया और उसने बस अड्डे के सामने खड़े लोगों और खाद्य विक्रेताओं को टक्कर मार दी। कुमार ने बताया कि इस हादसे में दो युवक समेत तीन की मौत हो गयी है। ये सभी सीतापुर के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि इस हादसे में एक महिला एवं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी घायल भी सीतापुर शहर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अभिषेक (22), आकाश (22) और अफजल (48) के रूप में हुई है। अभिषेक और आकाश आइसक्रीम विक्रेता थे तथा अफजल अपनी पत्नी और बेटे के साथ बस अड्डे के सामने खड़ा था। पुलिस ने बताया कि हादसे में अफजल की पत्नी अर्शी और बेटा बाबर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि राजू नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी गंभीर चोटें आई हैं। कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और ट्रक को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के दौरान आस-पास खड़े लोगों ने आरोप लगाया कि जब दुर्घटना हुई, उस समय चालक नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। -
नई दिल्ली। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) ने आज वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वेक्षण शुरू किेया। बाद में उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद यह सर्वेक्षण 26 जुलाई शाम चार बजे तक के लिए रोक दिया गया। ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी मामले में वाराणसी की एक अदालत के निर्देश के बाद सर्वेक्षण किया जा रहा था। एएसआई का दल आज सुबह करीब सात बजे सर्वेक्षण के लिए ज्ञानवापी मस्जिद परिसर पहुंचा। सर्वेक्षण यह सुनिश्चित करने के उददेश्य से किया जा रहा था कि क्या यह मस्जिद एक मंदिर के अवशेषों पर बनी है।
इस बीच, ज्ञानवापी मस्जिद परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा कडी कर दी गई है। तीन दिन पहले अजय कृष्ण विश्वेश की स्थानीय अदालत ने एएसआई को विवादास्पद वाजूखाना इलाके को छोड़कर परिसर के सर्वेक्षण की संभावना का पता लगाने का आदेश दिया था और मामले की अगली सुनवाई के दिन 4 अगस्त तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा था। - बेंगलुरु. बेंगलुरु में 21 जुलाई को यात्रा के दौरान एक महिला यात्री के साथ कथित छेड़छाड़ के लिए एक बाइक टैक्सी राइडर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर शहर की पुलिस को टैग कर की गई शिकायत के आधार पर हावेरी निवासी आरोपी के. शिवप्पा (23) को गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मणिपुर पीड़िताओं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थी, जिसके बाद उसने टाउन हॉल से अपने गंतव्य के लिए एक बाइक टैक्सी बुक की। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा कि यात्रा के दौरान रास्ते में आरोपी चालक ने उसे गलत तरीके से स्पर्श किया और बाद में आरोपी व्यक्ति ने उसे (पीड़िता) व्हाट्सऐप पर टेक्स्ट संदेश भेजे और फोन किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवप्पा को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
- इंदौर . भोपाल से दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन के बैटरी बॉक्स में आग लगने के हफ्ते भर बाद रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी ने इस श्रेणी की अत्याधुनिक रेलगाड़ियों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को रविवार को खारिज किया। लाहोटी ने कहा कि तेज रफ्तार वाली इन रेलगाड़ियों में अग्नि सुरक्षा के ‘‘बहुत अच्छे'' इंतजाम हैं जिनके बूते भोपाल से दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन में लगी आग को वक्त रहते बुझा लिया गया था। अधिकारियों के मुताबिक 17 जुलाई की इस घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ था। लाहोटी ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वंदे भारत ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई चिंताएं नहीं हैं। इस रेलगाड़ियों में आग से बचाव के बहुत अच्छे इंतजाम हैं।'' उन्होंने कहा कि भोपाल से दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन में 17 जुलाई को लगी आग केवल बैटरी बॉक्स तक सीमित रही थी। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘बचाव के अच्छे इंतजाम के चलते इस आग को फैलने से पहले ही बुझा लिया गया था।'' इंदौर से भोपाल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में महंगे किराये के कारण यात्रियों के टोटे के बारे में पूछे जाने पर लाहोटी ने कहा, ‘‘हम समीक्षा कर रहे हैं कि इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन में कम सीटें क्यों भर पा रही हैं। हम इस स्थिति का उचित समाधान निकालेंगे।'' उन्होंने कहा कि देश भर के गंतव्यों के लिए वंदे भारत ट्रेनों की किराया दर एक समान है और कुल मिलाकर इन ट्रेनों की 95 प्रतिशत से ज्यादा सीटें भरी रहती हैं। लाहोटी, इंदौर और इसके आस-पास चल रहीं रेल परियोजनाओं की समीक्षा के लिए आयोजित विभागीय बैठक में शामिल होने आए थे। रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने महू-खंडवा रेल मार्ग को मीटर गेज से ब्रॉड गेज में बदलने, इंदौर-दाहोद रेल परियोजना और अन्य अहम परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों के दौरान इन परियोजनाओं से जुड़ी कई रुकावटें दूर हुई हैं और इनके काम-काज में अच्छी प्रगति हुई है।
- हावड़ा (पश्चिम बंगाल). रेलवे ने लंबी दूरी की एक ट्रेन के अंदर बच्ची को जन्म देने वाली बांग्लादेशी महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक गैर-निर्धारित स्टेशन पर रेल रूकवाई । अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अधिकारियों के निर्देश पर, मुंबई-हावड़ा मेल शनिवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के तहत बगनान स्टेशन पर रोक दी गई। रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे अधिकारियों और दैनिक यात्री संघ की मदद से स्टेशन के बाहर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई और ट्रेन बगनान पहुंचने के बाद महिला और नवजात बच्ची को स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया। अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेश के सतखिरा जिले की रहने वाली मंजिला खातून और उनके पति रियाज उल गाजी इलाज के लिए मुंबई गए थे और वहां से आ रहे थे। पश्चिम बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन के यात्रियों से यह पता चलने के बाद कि महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है, टिकट जांचकर्ता ने संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। नर्सिंग होम के एक अधिकारी ने कहा, "महिला और उसके बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर बताई गई है। बाद में, उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया क्योंकि बच्ची समय से पहले पैदा हुई थी।" बागनान स्टेशन के एक रेलवे अधिकारी ने कहा, "ट्रेन को गैर-निर्धारित स्टेशन पर रोकने का निर्णय मानवीय आधार पर लिया गया।
- हरिद्वार ।उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रूड़की में रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन कांवड़ियों की मौत हो गई जिससे गुस्साए उनके साथियों ने जमकर हंगामा करते हुए एक कार को आग के हवाले कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल व पुलिस टीम ने आग पर काबू पाया और कांवड़ियों को समझाकर मामला शांत किया। हरिद्वार की पुलिस अधीक्षक (अपराध) रेखा यादव ने बताया कि दिल्ली-हरिद्वार बाइपास पर सिविल लाइन रूड़की के टोडा खटका गांव के पास कुछ कांवड़िए गंगा जल लेने के लिए बाइक पर दिल्ली से हरिद्वार आ रहे थे । उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी जिससे दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी भी उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी। अधिकारी के मुताबिक वहां से गुजर रहे अन्य कांवड़ियों को जब हादसे की जानकारी हुई तब उन्होंने वहां हंगामा करते हुए बाईपास पर जाम लगा दिया। उन्होंने बताया कि गुस्साए कांवड़ियों ने एक कार को रोककर उसमें आग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। यादव ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कांवड़ियों को समझाकर शांत किया। मृत कांवड़ियों की पहचान राजस्थान के मनोज (26), उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के रहने वाले अनिल कुमार (22) और आगरा के प्रदीप (22) के रूप में हुई है।
-
अहमदाबाद ।मूसलाधार बारिश से जूझ रहे जूनागढ़ जिले से रविवार को बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब पूरा ध्यान जीवन को पटरियों पर वापस लाने पर है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के करीब 3,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि 24 जुलाई को राज्य में ‘‘भारी से अति भारी बारिश की आशंका है।'' मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में कुछ जगहों पर भारी से अति भारी बारिश की आशंका है और देवभूमि द्वारका, राजकोट, भावनगर और वलसाड जिलों में अगले 24 घंटों में अत्यंत मूसलाधार वर्षा हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि जूनागढ़ शहर में रविवार सुबह छह बजे तक पिछले 24 घंटों में 241 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मूसलाधार बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया है, कारें क्षतिग्रस्त होकर एक-दूसरे पर चढ़ गई हैं और अचानक आयी बाढ़ के कारण मवेशियों के शव/कंकाल बहकर सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण शनिवार को गुजरात में दो राष्ट्रीय राजमार्ग, 10 राजकीय राजमार्ग और 300 ग्रामीण सड़कें बंद थीं। उन्होंने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद कई जगहों पर यातायात सामान्य हो गया है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हाल में हुई अति भारी वर्षा के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति के मद्देनजर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से बातचीत की। जूनागढ़ के कलेक्टर अनिल राणावसिया ने कहा, ‘‘बारिश बंद होने के बाद शहर से पानी उतर गया है। करीब 200 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है और शहर के निचले इलाकों से 750 लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है। शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से 2,220 लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है।'' उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति फिर से बहाल करने का काम लगभग पूरा हो चुका है और शिविरों में रहने वालों को भोजन के पैकेट दिए जा रहे हैं। - बेंगलुरु । कर्नाटक के कई हिस्सों में पिछले दो दिन से भारी बरिश हो रही है, जिससे किसानों में अच्छी फसल होने की उम्मीद जगी है। पिछले दो महीने में कम बारिश होने के कारण राज्य में सूखा पड़ने जैसे हालात बन रहे थे। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मॉनसून के राज्य में सक्रिय रहने के कारण भारी बरिश हुई। तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक क्षेत्र के अधिकतर स्थानों तथा उत्तर के कई इलाकों में बारिश हुई। दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, चिक्कमगलुरु, उडुपी और कोडागु जिलों के कई हिस्सों में बहुत भारी वर्षा हुई। रविवार को दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी रही।अधिकारियों ने बताया कि मॉनसून तट पर फिर से सघन हो गया है। दो जिलों में कई पेड़ उखड़ने से मकान तथा बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। । मौसम विभाग ने दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है साथ ही सोमवार तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। बेंगलुरु, मैसूरु, शिवमोगा, बेलगावी, हावेरी, हासन, धारवाड़, दावणगेरे, चामराजनगर, गडग, रायचूर, मैसूरु, बागलकोट, तुमकुरु, चित्रदुर्ग, मांड्या, चिक्कबल्लापुर और विजयपुर में अच्छी बारिश हुई है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 जुलाई को गांधीनगर में 'सेमीकॉन इंडिया '2023' प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल 25 जुलाई को इससे संबधित एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी से सेमीकंडक्टर्स की निर्माण प्रक्रिया और इस क्षेत्र में हुई प्रगति के बारे में जानकारी मिलेगी। यह प्रदर्शनी 30 जुलाई तक जनता के लिये खुली रहेगी।
राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर्स से संबंधित नवीनतम तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा। इस क्षेत्र से जुड़ी अग्रणी कंपनियां प्रदर्शनी में भाग लेंगी। इंजीनियरिंग और अन्य विषयों के छात्र प्रदर्शनी में सेमीकंडक्टर निर्माण के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्हें इस क्षेत्र में करियर निर्माण के लिए भी विशेष ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। - नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने कहा है कि संसद में व्यवधान और अशांति को राजनीतिक रणनीति के रूप में हथियार नहीं बनाया जा सकता। कल नई दिल्ली में विज्ञान भवन में जामिया मिलिया इस्लामिया के शताब्दी वर्ष के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि लोकतंत्र जनकल्याण सुरक्षित रखने के लिए संवाद, चर्चा और विचार-विमर्श से जुडा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेकेंड में संसद का न चलना एक बहाना नहीं हो सकता और इसके लिए देश की जनता एक बडी कीमत चुका रही है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि जब किसी दिन संसद की कार्रवाई में बाधा आती है तो प्रश्नकाल नहीं होता है और यह शासन में जवाबदेही तथा पारदर्शिता उत्पन्न करने का एक तंत्र है। श्री धनखड ने मणिपुर मुददे पर संसद के मौजूदा सत्र में जारी अवरोध के बीच यह टिप्पणी की।
-
नई दिल्ली। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने आज वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी मामले में वाराणसी की एक अदालत के निर्देश पर यह सर्वेक्षण किया जा रहा है। इस बीच, मुस्लिम पक्ष ने इस मामले में सर्वेक्षण पर रोक लगाने के लिए उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के तीस सदस्यों का एक दल आज सुबह लगभग सात बजे ज्ञानवापी मस्जिद के परिसर में पहुंच गया।
-
मुंबई.राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि देश में अब जो अच्छी चीजें हो रही हैं, उन पर बुरी चीजों के मुकाबले कम से कम 40 गुना अधिक चर्चा हो रही है। वह उत्तरी मुंबई के कांदिवली उपनगर में सुवर्णा अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी उपस्थित रहे।
भागवत ने कहा, ‘‘कई बार नकारात्मक चर्चा सुनने को मिलती है। लेकिन जब हम देशभर में जाते हैं और देखते हैं तो हमें पता चलता है कि भारत में जो अच्छी चीजें हो रही हैं, उस पर बुरी चीजों के मुकाबले 40 गुना अधिक बात हो रही है।'' उन्होंने कहा, ‘‘सरकार की नीतियों और सरकार में जिम्मेदार लोगों के काम के कारण आज देश का उत्कर्ष हो रहा है। चीजें सुचारू रूप से चल रही हैं क्योंकि कुछ लोग कुछ नहीं करते। अगर वे काम करेंगे तो दिक्कतें होंगी।'' भागवत ने कहा कि लोगों में भारत को गौरव हासिल करते देखने की इच्छा 40 साल पहले की तुलना में आज अधिक प्रबल है। उन्होंने कहा, ‘‘इसे बढ़ना चाहिए। हम बढ़ रहे हैं लेकिन हम अभी तक उतने शक्तिशाली नहीं हैं।'' आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘कुछ लोग हैं जो हमें बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते। उन्होंने कहा, आज के समाज में सिर्फ रोटी, कपड़ा और मकान ही नहीं, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य भी आवश्यक हो गए हैं। भागवत ने कहा, अच्छा या बुरा तय करने का पैमाना क्या है? कुछ ऐसा होता है जो दिखाई देता है और दूसरी ओर कुछ ऐसा होता है जो असल में होता है। कोई इसे ऐसे दिखा सकता है कि यह हो गया, भले ही वह न हुआ हो।
उन्होंने कहा कि जब वे कॉलेज में थे तो भाखड़ा नांगल बांध की तरह आधुनिक तीर्थस्थल'' पर एक अध्याय था। आरएसएस प्रमुख ने कहा, इस अस्पताल जैसे आधुनिक तीर्थस्थल केंद्र हैं जहां लोगों की सेवा की जाती है। आपने यहां एक तीर्थस्थल बनाने का काम किया है।'' भागवत ने द्वितीय विश्वयुद्ध शुरू होने से पहले एडॉल्फ हिटलर के विदेश मंत्री वॉन रिबनट्रॉप की इंग्लैंड यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटिश लोग जानते थे कि वह उनकी (युद्ध) तैयारियां देखने आए हैं। उन्होंने कार्डबोर्ड के विमान बनाए, आम लोगों को सेना की वर्दी पहनाई और जर्मन लोगों को यह महसूस कराया कि वे मजबूत स्थिति में हैं।' -
बेंगलुरु. तमिलनाडु के एक दंपति को बेंगलुरु में 2.5 टन टमाटर से लदे ट्रक को हाइजैक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वेल्लोर निवासी दंपति राजमार्गों पर लूटपाट करने वाले एक गिरोह के सदस्य हैं और उन्होंने आठ जुलाई को चित्रदुर्ग जिले के चिक्काजाला में हिरियुर के एक किसान मल्लेश को रोका तथा यह दावा करते हुए उससे पैसे ऐंठने की कोशिश की कि उसके ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मारी है। पुलिस के मुताबिक, जब मल्लेश ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो दंपति ने उससे मारपीट की, उसे ट्रक से बाहर निकाल दिया और 2.5 लाख रुपये से अधिक कीमत के 2.5 टन टमाटर से लदे ट्रक को लेकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि किसान की शिकायत पर आरएमसी यार्ड पुलिस ने गिरोह का पता लगाया और शनिवार को दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके तीन अन्य साथी अब भी फरार हैं।
-
मुंबई. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य एजेंसियों ने महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी गांव में हुए भूस्खलन के बाद रविवार को चौथे दिन खोज एवं बचाव अभियान फिर से शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि इस भूस्खलन में कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी के अनुसार, रविवार सुबह खोज एवं बचाव अभियान बहाल होने के बाद अभी तक कोई शव बरामद नहीं किया गया है। मुंबई से लगभग 80 किलोमीटर दूर तटीय रायगढ़ जिले की खालापुर तहसील में एक पहाड़ी पर स्थित आदिवासी गांव में बुधवार रात भूस्खलन हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि गांव के 48 में से कम से कम 17 मकान पूरी तरह से या आंशिक रूप से मलबे में दब गए। इससे पहले, अधिकारियों ने कहा था कि शनिवार को भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 27 हो गई, जबकि 81 लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अंधेरे और खराब मौसम के कारण शनिवार रात को खोज एवं बचाव अभियान बंद कर दिया गया था। रविवार सुबह इसे फिर से शुरू किया गया। बचाव अभियान में मशीनों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, क्योंकि गांव तक जाने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं होने के कारण वहां मिट्टी की खुदाई करने वाले यंत्रों को ले जाना आसान नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक बरामद हुए 27 शवों में से 12 शव महिलाओं, 10 पुरुषों और चार बच्चों के हैं, जबकि एक व्यक्ति की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे ने शनिवार को इरशालवाड़ी के निवासियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाना चाहिए। - मुंबई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि देश में अब जो अच्छी चीजें हो रही हैं, उन पर बुरी चीजों के मुकाबले कम से कम 40 गुना अधिक चर्चा हो रही है।वह उत्तरी मुंबई के कांदिवली उपनगर में सुवर्णा अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस भी उपस्थित रहे।भागवत ने कहा, ‘‘कई बार नकारात्मक चर्चा सुनने को मिलती है। लेकिन जब हम देशभर में जाते हैं और देखते हैं तो हमें पता चलता है कि भारत में जो अच्छी चीजें हो रही हैं, उस पर बुरी चीजों के मुकाबले 40 गुना अधिक बात हो रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार की नीतियों और सरकार में जिम्मेदार लोगों के काम के कारण आज देश का उत्कर्ष हो रहा है। चीजें सुचारू रूप से चल रही हैं क्योंकि कुछ लोग कुछ नहीं करते। अगर वे काम करेंगे तो दिक्कतें होंगी।’’भागवत ने कहा कि लोगों में भारत को गौरव हासिल करते देखने की इच्छा 40 साल पहले की तुलना में आज अधिक प्रबल है। उन्होंने कहा, ‘‘इसे बढ़ना चाहिए। हम बढ़ रहे हैं लेकिन हम अभी तक उतने शक्तिशाली नहीं हैं।’’ आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘कुछ लोग हैं जो हमें बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते।’’उन्होंने कहा, ‘‘आज के समाज में सिर्फ रोटी, कपड़ा और मकान ही नहीं, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य भी आवश्यक हो गए हैं।’’ भागवत ने कहा, ‘‘अच्छा या बुरा तय करने का पैमाना क्या है? कुछ ऐसा होता है जो दिखाई देता है और दूसरी ओर कुछ ऐसा होता है जो असल में होता है। कोई इसे ऐसे दिखा सकता है कि यह हो गया, भले ही वह न हुआ हो।’’उन्होंने कहा कि जब वे कॉलेज में थे तो भाखड़ा नांगल बांध की तरह ‘‘आधुनिक तीर्थस्थल’’ पर एक अध्याय था। आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘इस अस्पताल जैसे आधुनिक तीर्थस्थल केंद्र हैं जहां लोगों की सेवा की जाती है। आपने यहां एक तीर्थस्थल बनाने का काम किया है।’’ भागवत ने द्वितीय विश्वयुद्ध शुरू होने से पहले एडॉल्फ हिटलर के विदेश मंत्री वॉन रिबनट्रॉप की इंग्लैंड यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटिश लोग जानते थे कि वह उनकी (युद्ध) तैयारियां देखने आए हैं। उन्होंने कार्डबोर्ड के विमान बनाए, आम लोगों को सेना की वर्दी पहनाई और जर्मन लोगों को यह महसूस कराया कि वे मजबूत स्थिति में हैं।’’
-
नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि सरकार रेडियो संचार की पहुंच को और बढ़ाने के मकसद से 284 शहरों में 808 एफएम रेडियो स्टेशन के लिए जल्द ही ई-नीलामी करेगी। ठाकुर ने यहां क्षेत्रीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन (उत्तर) को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने रेडियो स्टेशन, विशेष रूप से सामुदायिक रेडियो के संचालन के लिए लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रियाओं को भी आसान बना दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में इस समय 26 राज्यों और पांच केंद्रशासित प्रदेशों के 113 शहरों में 388 एफएम रेडियो स्टेशन हैं। ठाकुर ने बतया कि सरकार अब रेडियो सेवाओं का और विस्तार करने के लिए जल्द ही 284 शहरों में 808 चैनल की ई-नीलामी करने की योजना बना रही है।
-
श्रीनगर. दक्षिण कश्मीर हिमालय के पवित्र गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जारी अमरनाथ यात्रा के दौरान दो और श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इसी के साथ अमरनाथ यात्रा के दौरान जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 36 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दोनों श्रद्धालु राजस्थान के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान फतेह लाल मनेरिया (गुफा मंदिर में मौत) और मांगी लाल (बालटाल आधार शिविर में मौत) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 60 साल थी। अधिकारी ने बताया कि मनेरिया की मौत दिल के दौरे से हुई जबकि लाल की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इन दोनों की मौत के बाद इस साल यात्रा के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 36 हो गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, अमरनाथ तीर्थयात्रियों और वहां तैनात सुरक्षा बलों को ऊंचाई पर कम ऑक्सीजन होने के कारण हृदय गति रुकने का खतरा होता है, जो कि यात्रा के दौरान मृत्यु के सबसे आम कारणों में से एक है। -
कोटद्वार . उत्तराखंड में पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में कालागढ़ बाघ अभयारण्य के अंदनाला रेंज के जंगल में चारा लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला किया,जिसमें महिला की मौत हो गई। झर्त गांव की रहने वाली विश्वंभरी देवी ध्यानी (76) के शुक्रवार देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोज की जिसके बाद उनका क्षतविक्षत शव सड़क से सौ मीटर दूर जंगल में मिला । सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है।
अंदनाला के वन रेंजर नवीन जोशी ने शनिवार को बताया कि घटनास्थल और उसके आसपास बाघ और तेंदुए दोनों के पदचिह्न मिले हैं। महिला के शव को देखकर ऐसा लग रहा है कि बाघ ने ही महिला का शिकार किया है । उन्होंने बताया कि शव क्षत विक्षत है, और जानवर अधिकतर हिस्सा खा गया है।
वन अधिकारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को राहत राशि दी जा रही है ।
घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं । गांव की प्रधान रेवा देवी ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुओं से अधिक बाघ दिखाई देते हैं । झर्त गांव कालागढ़ बाघ अभयारण्य से सटा हुआ है । रिखणीखाल ब्लॉक के इसी क्षेत्र में कुछ माह पहले बाघ ने दो वृद्धों को मार डाला था । ग्रामीणों का मानना है कि कुछ दिन शांत रहने के बाद क्षेत्र में बाघ एक बार फिर सक्रिय हो गया है । -
बाराबंकी . जिले के थाना कोठी पुलिस ने गोमती पुल के निकट अष्टधातु की मूर्ति बरामद करके दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को थाना कोठी पुलिस ने 2 लोगों को हैदरगढ़ बाराबंकी मार्ग पर जांच पड़ताल के लिए रोका और इनके पास से एक झोले से अष्टधातु की मूर्ति बरामद की । उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में मूर्ति की कीमत करीब आठ करोड़ रुपये बतायी जा रही है । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे कुछ दिन पूर्व औरवा भवानी गांव से अपने घर जा रहे थे तभी उन्होंने रास्ते में देखा कि चार-पांच लोग मूर्ति को लाल कपड़े में बांधकर जमीन में गाड़ रहे थे। उन्होंने बताया कि उन लोगों के चले जाने पर आरोपियों ने मूर्ति जमीन से निकाल ली और आज उसे बेचने जा रहे थे । -
बदायूं . बदायूं की सदर तहसील के थाना कादरचौक क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर तालाब गईं दो किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरियों के शव तालाब से निकाले गए । उप जिलाधिकारी (सदर) सुखलाल वर्मा ने बताया कि घटना मुस्कारा गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि सूखे तालाब में बरसात का पानी भर गया था और गांव के जय सिंह तथा ज्ञान सिंह की 13 तथा 11 वर्षीय बेटियां भैंस को नहलाने के लिए तालाब ले गई थीं और इसी दौरान दोनों पानी में डूब गईं । उन्होंने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों के शव तालाब से निकाल लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। हादसे की सूचना पर तहसील और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। -
मुंबई. महाराष्ट्र के आबकारी मंत्री शंभुराज देसाई ने कहा कि उन्होंने अपने विभाग को गांवों में शराब की अवैध बिक्री और नकली शराब के उत्पादन को रोकने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। देसाई ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद भी अगर कोई नकली शराब की बिक्री करते हुए पाया जाता है तो उस व्यक्ति पर महाराष्ट्र झुग्गी झोपडी़ मालिकों, शराब तस्करों, नशीली दवाओं के अपराधियों और खतरनाक व्यक्तियों की खतरनाक गतिविधियों की रोकथाम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि इस बारे पता लगाया जाएगा की क्या नकली शराब को खतरनाक रसायनों की सूची में लाया जा सकता है। -
नयी दिल्ली. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भारतीय भाषाओं को एक वैकल्पिक शिक्षण माध्यम के रूप में उपयोग करने के सिलसिले में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा विद्यालयों को पत्र लिखे जाने की शनिवार को सराहना करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण सुधार बताया। नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा में शिक्षा प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया गया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि यह साबित हो चुका है कि शुरूआती वर्षों में मातृ भाषा में बच्चे तेजी से सीखते-समझते हैं। सीबीएसई ने बहुभाषी शिक्षा को हकीकत में तब्दील करने के लिए निर्देश (शिक्षण) के एक वैकल्पिक माध्यम के रूप में भारतीय भाषाओं का उपयोग करने पर विद्यालयों को विचार करने को कहा है। बोर्ड ने उल्लेख किया है कि शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीआरटी) द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के तहत कई भाषाओं में शिक्षा प्रदान करने के उपाय किये गये हैं, जिसके बाद सीबीएसई ने अपने स्कूलों को उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने को कहा है।
-
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि युवाओं को स्वयं को राजनीतिक उन्माद से नहीं बल्कि क्षमता निर्माण और व्यक्तित्व विकास से सशक्त बनाना चाहिए, ताकि स्वस्थ वातावरण और समाज निर्माण का लक्ष्य हासिल हो सके। श्री धनखड़ आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में जामिया मिलिया इस्लामिया के शताब्दी वर्ष दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि मानव संसाधन राष्ट्रनिर्माण का एक महत्वपूर्ण कारक है। उपराष्ट्रपति ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्वर्णपदक प्रदान किए। उन्होंने नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देते हुए स्वयं का स्टार्टअप स्थापित करने के लिए विद्याथियों का आह्वान किया।
-
नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि सामुदायिक रेडियो जन भागीदारी और जन आन्दोलन में बड़ी भूमिका निभा सकता है। दिल्ली में क्षेत्रीय सामुदायिक रेडियो सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि समुदायों तक सूचना के प्रसार में सामुदायिक रेडियो ने बडा योगदान दिया है। सामुदायिक रेडियो दूर-दराज के इलाकों में जागरूकता बढ़ाने और समाधान निकालने में बड़ी भूमिका निभाता है। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि पिछले नौ वर्ष में चार सौ 48 सामुदायिक रेडियो स्टेशन बने हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो स्टेशन देश के सभी जिलों और ब्लॉक में होने चाहिएं। श्री ठाकुर ने कहा कि रेडियो एक ऐसा माध्यम है जो सब जगह पहुंचता है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सामुदायिक रेडियो को लाइसेन्स जारी करने की प्रक्रिया आसान बना दी गई है। श्री ठाकुर ने कहा कि वायुतरंगें सार्वजनिक सम्पत्ति है और इनका उपयोग जनता के उत्थान और फायदे के लिए किया जाना चाहिए। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय सामुदायिक रेडियो पुरस्कार भी प्रदान किये।




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)







.jpg)
.jpg)









.jpg)