- Home
- देश
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने आश्वासन दिया है कि सरकार उन क्षेत्रों या जिलों में बाल देखभाल संस्थान स्थापित करने के लिए हर सहायता उपलब्ध कराएगी जहां बच्चों के खिलाफ अपराधों की संख्या अधिक है और जहां बाल देखभाल संस्थान नहीं हैं या अतिरिक्त संस्थानों की जरूरत है। श्रीमती ईरानी कल मुंबई में बाल संरक्षण, सुरक्षा और कल्याण पर क्षेत्रीय संगोष्ठी को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने सभी हितधारकों से मंत्रालय को पत्र लिखकर इस समस्या की ओर सरकार का ध्यान दिलाने को कहा ताकि नए या अतिरिक्त बाल देखभाल संस्थान खोले जा सकें। उन्होंने बताया कि सरकार उन बाल कल्याण समितियों के लिए कार्यालय स्थापित करने और उनका प्रबंधन करने की भी व्यवस्था करेगी जिनके अपने कार्यालय नहीं हैं।
महिला और बाल विकास मंत्रालय ने मुंबई में बाल संरक्षण, सुरक्षा और कल्याण पर क्षेत्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया था। इसमें महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और द्वीव ने भाग लिया। - मेरठ(उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश में मेरठ के सरधना थाने में शनिवार देर शाम सिलेंडर में विस्फोट के साथ ही भीषण आग लगने से दो पुलिसकर्मी झुलस गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि घटना के वक्त मौजूद सिपाहियों ने बताया कि सबसे पहले थाने के स्विच बोर्ड में आग लगी। वहीं बराबर में पुलिस मेस में खाना बन रहा था, कुछ ही देर बाद एक सिलेंडर के पाइप में आग लगी,जिसके बाद सिलेंडर में विस्फोट हुआ। अचानक से आग पूरे कमरे में और आसपास फैल गई। उन्होंने बताया कि आग ने थाने के मालखाने को भी अपनी चपेट में ले लिया ।उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार घटना में दो पुलिसकर्मी झुलस गए हैं, दोनों पुलिसकर्मियों को पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ भेजा गया है । उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों की हालत खतरे से बाहर है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां एक केंद्रीकृत विमानन सुरक्षा नियंत्रण केंद्र का उद्घाटन किया, जिसमें सीआईएसएफ के सुरक्षा घेरे में आने वाले 66 नागरिक हवाई अड्डों की निगरानी की जाएगी। सीआईएसएफ ने एक बयान में कहा कि विमानन सुरक्षा नियंत्रण केंद्र (एएससीसी) के पास "यात्रियों और हवाई यातायात के चौबीस घंटे, सातों दिन समयबद्ध डेटा की निगरानी और प्रवृत्ति विश्लेषण" तक पहुंच होगी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) राष्ट्रीय नागर विमानन सुरक्षा बल है। यह देश के कुल 134 में से 66 यात्री हवाई अड्डों की सुरक्षा करता है। शाह ने ट्वीट किया, “दिल्ली के महिपालपुर में सीआईएसएफ कैंप प्रगति के गौरव को दर्शाता है। आज अत्याधुनिक विमानन सुरक्षा नियंत्रण केंद्र का उद्घाटन किया । अत्याधुनिक तकनीक से लैस, केंद्र आपात स्थिति के दौरान त्वरित निर्णय लेने में सहायता करते हुए खतरों का समय रहते पता लगाने में मदद करेगा।”
- नयी दिल्ली । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत लेने के मामले में मार्च में गिरफ्तार किए गए सफदरजंग अस्पताल के न्यूरोसर्जन मनीष रावत के खिलाफ कथित तौर पर 2.40 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एक नयी प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी रावत की पत्नी खुशबू रावत को भी मामले से संबंधित प्राथमिकी में नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि मरीज़ों को शीघ्र सर्जरी की तारीख देने के बदले जंगपुरा की एक दुकान से ऊंची कीमतों पर सर्जिकल उपकरण खरीदने के लिए मजबूर करने के आरोप में मार्च में डॉक्टर रावत और उनके चार साथियों को गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी रावत ने मरीजों को उपकरणों की वास्तविक कीमत से कई गुना ज्यादा दाम चुकाने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि दुकान मालिक ने ऊंची कीमत वसूलने से हुए मुनाफे का एक हिस्सा आरोपी डॉक्टर को भी दिया।जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी रावत ने अपने मरीजों को 30,000 रुपये से लेकर 1.15 लाख रुपये तक की रिश्वत एक बिचौलिए के बैंक खाते में जमा करने का निर्देश दिया था। जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान एक डायरी के कुछ अंश भी मिले, जो आरोपी रावत द्वारा अपने साथियों और सर्जिकल उपकरण की दुकान के मालिक के साथ मिलकर चलाए जा रहे रैकेट पर प्रकाश डालते हैं। सीबीआई को एक लॉकर में 69 लाख रुपये के आभूषण भी मिले थे।जांच में पता चला कि आरोपी रावत दंपत्ति के पास 3.39 करोड़ रुपये थे और उनका खर्च 1.16 करोड़ रुपये था।दर्ज की गई सीबीआई की प्राथमिकी में कहा गया है, “उन्होंने 4.63 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की, जिसमें नोएडा (उत्तर प्रदेश) और हलद्वानी (उत्तराखंड) में 3.47 करोड़ रुपये की पांच अचल संपत्तियां, उन कंपनियों/फर्मों में लगभग 48 लाख रुपये का निवेश, जिसमें खुशबू रावत निदेशक/साझेदार थीं और बीमा पॉलिसियों में 17.5 लाख रुपये का निवेश शामिल है।” प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आरोपी रावत ने अपने और पत्नी के नाम पर 2.40 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो दंपति की आय के ज्ञात स्रोतों से 70.85 प्रतिशत अधिक है।
-
बालटाल (जम्मू-कश्मीर). देश भर के कई सामाजिक और धार्मिक संगठन जम्मू-कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों के लिए लंगर सेवाओं का संचालन कर रहे हैं, जो भोजन का बेहतर जरिया बने हुए हैं। ये लंगर सेवाएं यात्रा के आधार शिविरों बालटाल और पहलगाम व जम्मू के शिविरों में देखी जा सकती हैं। लंगर में तीर्थयात्रियों समेत 3,000-4,000 लोगों को विभिन्न प्रकार के मुफ्त शाकाहारी भोजन प्रदान किए जा रहे हैं। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने एक परामर्श जारी कर लंगर संचालकों से तीर्थयात्रियों को केवल पौष्टिक और स्वस्थकर भोजन परोसने के लिए कहा है। भोजन की सूची में अनाज, दालें, हरी सब्जियां, आलू, सोयाबीन, फल और अंकुरित अनाज, सादा चावल, सादी रोटियां शामिल हैं। स्वादिष्ट और ताज़ा भोजन उपलब्ध कराने के अलावा, लंगर में यात्रियों की आश्रय आवश्यकताओं का भी ख्याल रखा जाता है। सेवादार अजय कुमार स्वामी ने मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले में स्थित बालटाल आधार शिविर में कहा, “अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों के लिए भोजन और आवास व्यवस्था जैसी सेवाएं आवश्यक मानकों के अनुरूप हैं। प्रत्येक तीर्थयात्री को सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। लंगर सेवा में हर कोई भोजन करता है, चाहे वह किसी भी धर्म का हो।
-
बिलासपुर . हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में शनिवार तड़के एक कार के 500 फुट गहरी खाई में गिर जाने पर तीन यात्रियों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना धारकांशी क्षेत्र के स्वारघाट में हुई जहां कार चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यह गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद पिंटू और खुशी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, तीसरा व्यक्ति सचिन लापता था, लेकिन कुछ घंटों के बाद उसका भी शव बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार ये तीनों उत्तर प्रदेश के नोएडा से यहां आये थे । पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। -
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने हैदराबाद के एक अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट के रॉकेट इंजन का एक सफल परीक्षण किया है। तमिलनाडु के महेंद्रगिरि स्थित इसरो प्रोपल्शन कॉम्पलेक्स (आईपीआरसी) ने यह जानकारी दी। इसरो ने शनिवार को एक बयान में कहा कि आईपीआरसी में लिक्विड थ्रस्टर टेस्ट फैसिलिटी (एलटीटीएफ) में शुक्रवार के परीक्षण में रमन-2 इंजन का इस्तेमाल किया गया, जिसे स्काईरूट ने 820 न्यूटन(समुद्र स्तर) और 1,460 न्यूटन (वैक्युम) बल उत्पन्न करने के लिए डिजाइन किया है। इसका सामान्य चैम्बर दबाव 8.5 ‘बार एब्सोल्यूट' है। इंजन में मोनो मिथाइल हाइड्राजीन और नाइ्ट्रोजन टेट्रोक्साइड का प्रणोदक के रूप में उपयोग किया गया है। बयान में कहा गया है,‘‘10 सेकंड अवधि का यह परीक्षण कई लक्षित मानदंडों पर खरा उतरा। स्काईरूट रमन-2 इंजन को अपने प्रक्षेपण यान विक्रम-1 के चौथे चरण से एकीकृत करना का इरादा रखता है।
बयान में कहा गया है, ‘‘परीक्षण सुविधा प्रणालियों ने परीक्षण के दौरान सामान्य कार्य निष्पादन को प्रदर्शित किया।'' आगे बढ़ते हुए, कई अतिरिक्त परीक्षण करने की भी योजना है, ताकि रमन-2 इंजन की क्षमताओं को और परखा और परिष्कृत किया जा सके।
- -
वाराणसी . राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने स्वच्छ भारत अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि इसका मंदिरों पर भी बहुत प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मंदिर प्रबंधन का अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू है क्योंकि मंदिर पवित्रता के प्रतीक हैं। मोहन भागवत ने यहां रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मंदिर सम्मेलन एवं एक्सपो-2023 का उद्घाटन करने के बाद कहा “मंदिर प्रबंधन का एक बड़ा और अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू स्वच्छता है क्योंकि मंदिर पवित्रता के प्रतीक हैं।'' उन्होंने कहा ''निश्चित रूप से, प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान का मंदिरों पर भी बहुत प्रभाव पड़ा है, हालांकि अंतरराष्ट्रीय मंदिर सम्मेलन के साथ हम इसे दुनिया के हर छोटे या बड़े मंदिर में गहरे स्तर पर हासिल करना चाहते हैं।'' कार्यक्रम के आयोजक गिरीश कुलकर्णी ने बताया कि इस कार्यक्रम में 32 देशों और भारत के 350 मंदिरों के मुख्य कार्यकारी (सीईओ) और प्रबंधन से जुड़े प्रमुख भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय (22-24 जुलाई) सम्मेलन में कुल 16 सत्र होंगे, जिनमें सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा, फण्ड मैनेजमेंट, निगरानी, मेडिकल पहल तथा लंगर जैसे विभिन्न विषयों पर व्याख्यान होंगे। भागवत ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, "हमें मंदिर सेवा की विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है, जिसके लिए मंदिर पारिस्थितिकी तंत्र पर शिक्षा और जागरूकता महत्वपूर्ण है। इसके मद्देनजर, हमें मंदिर प्रबंधन के हर पहलू को मजबूत करने की जरूरत है, चाहे वह स्वच्छता हो, सेवा हो या बुनियादी ढांचा...।'' केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने आयोजन के लिए काशी को चुनने के फैसले की सराहना की। उन्होंने इसके महत्व और भारतीय आध्यात्मिकता और संस्कृति की चर्चा की। चौबे ने कहा कि "हमारी भारतीय संस्कृति सबसे पुरानी संस्कृति में से एक है और हमारे मंदिर केवल पूजा स्थल तक ही सीमित नहीं हैं, वे शैक्षिक, औषधीय और स्वास्थ्य के साथ-साथ कई अन्य मानवीय कारणों के लिए काम करते हैं। इसके अलावा, तीर्थ और मंदिर समग्र पर्यटन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भारतीय अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। अंतरराष्ट्रीय मंदिर सम्मेलन के अध्यक्ष और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य प्रसाद लाड ने कहा, “भारत में मंदिरों का इतिहास 5000 साल से अधिक पुराना है और हमारा धर्म इन वर्षों में मजबूत रहा है।'' उन्होंने कहा, "मंदिर में आने वाला हर भक्त एक इच्छा लेकर आता है, एक ऐसी इच्छा जो हमेशा सकारात्मक होती है। मंदिर में कोई भी बुरा नहीं चाहता है। वे सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आते हैं।" लाड ने कहा कि यह सम्मेलन भारत भर के मंदिरों को जोड़ने के साथ-साथ धर्म और समाज को जोड़ने का प्रयास है।
- -
नयी दिल्ली. पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कहा कि भारतीय दवा उद्योग ने कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में ''संकटमोचक'' की भूमिका निभाई और इसके लिए पूरी दुनिया ने उसकी तारीफ की है। नकवी ने यहां पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक कार्यक्रम में कहा कि जब कोविड महामारी ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था, तब भारतीय दवा उद्योग ने देशवासियों को सुरक्षित रखने के साथ ही पूरी मानवता की सेहत और कल्याण को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सभी के लिए खुशी और समृद्धि सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता के चलते भारत निस्वार्थ भाव से सफलतापूर्वक पूरी मानवता की सेहत का रक्षक बन गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दवा उद्योग को कोरोना वायरस से जंग लड़ने के लिए विश्व स्तर पर ''संकटमोचक'' के रूप में तारीफ मिली है। नकवी के कार्यालय ने एक बयान में उनके हवाले से कहा कि मोदी सरकार ने सभी के लिए, विशेषकर समाज के कमजोर वर्गों के लिए सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
-
मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में चार अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात में टाउन थानाक्षेत्र में हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष कुमार शाही (45) तथा उसके सुरक्षाकर्मियों निजामुद्दीन और राहुल की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि घायलों की पहचान वकील सैय्यद कासीम और ओमनाथ के रूप में हुई है। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश कुमार ने बताया कि हमले के पीछे के कारण का अभी पता नहीं चला है लेकिन प्रथम दृष्टया में यह जमीन से जुड़ा मामला लग रहा है। एसएसपी ने कहा,'' यह घटना तब हुई जब प्रॉप्रटी डीलर अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ बीती रात टाउन थानाक्षेत्र में कासिम के घर पर पहुंचा था। अचानक, चार अज्ञात लोग वहां आए। इनमें से दो घर में घुसे और उन्होंने शाही एवं अन्य लोगों पर हमला कर दिया।'' राकेश कुमार ने बताया कि जहां शाही और निजामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राहुल ने सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। गोली लगने से घायल हुए लोगों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा,''आरोपियों को पकड़ने के लिए खोज अभियान भी चलाया गया है।
- -
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 पर वाहनों का आवागमन आज दोपहर में फिर शुरू हो गया है। कल देर रात से लगातार हो रही वर्षा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। यातायात शुरू होने के बाद कश्मीर जाने वाले सभी यात्रा वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। इसके बाद दोनों तरफ से फंसे हुए सभी हल्के वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई और बाद में कश्मीर जाने वाले सभी भारी वाहनों को भी जाने की अनुमति दी गई।
- इडुक्की (केरल) । केरल के इडुक्की की एक विशेष पोक्सो अदालत ने 44 वर्षीय एक व्यक्ति को 2021 में अपनी एक नाबालिग रिश्तेदार लड़की की हत्या करने के लिए शनिवार को मौत की सजा सुनायी जबकि उक्त लड़की की नाबालिग बहन के साथ बलात्कार करने के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) के तहत मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत ने वेल्लातुवल पुलिस थाने में दर्ज मामले में इडुक्की निवासी सुनील कुमार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत द्वारा सुनायी गई सजा के अनुसार सुनील कुमार को पूरे जीवन जेल में रहना होगा।उक्त व्यक्ति पर 3 अक्टूबर, 2021 की रात को पीड़ितों की मां और दादी पर हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल करने का भी आरोप है।अभियोजन पक्ष ने कहा कि परिवार के प्रति शत्रुता रखने वाले व्यक्ति ने पीड़िता के घर में प्रवेश किया और नाबालिग लड़की को हथौड़ा मार कर मार डाला जबकि उसकी मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार बाद में वह पास के घर में गया जहां पीड़ित की दादी और बड़ी बहन सो रही थी और उसने उन पर भी हमला किया। अभियोजन पक्ष के अनुसार सुनील ने पीड़िता की दादी पर बेरहमी से हमला किया और 14 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।घटना तब सामने आई जब बच्ची ने भागकर पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। अदालत ने नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में मौत की सजा दी, जबकि बलात्कार और हमले के अन्य मामलों में जीवन पर्यंत जेल की सजा दी।
- इंफाल।मणिपुर पुलिस ने राज्य के कांगपोकपी जिले में चार मई को दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने के संबंध में पांचवें व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। आरोप है कि भीड़ ने महिलाओं का छोड़ने से पहले उनका यौन उत्पीड़न किया। बुधवार को इस घटना का 26 सेकेंड का वीडियो सामने आया था।बी. फाइनोम गांव में महिलाओं की परेड कराने वाली भीड़ में शामिल रहे व्यक्ति को एक महिला को घसीटते हुए देखा गया था। यह व्यक्ति घटना की व्यापक निंदा होने के बाद बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए चार लोगों के साथ शामिल था। पुलिस ने कहा कि इन चार लोगों को शुक्रवार को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।जिन दो महिलाओं के साथ यह शर्मनाक घटना हुई, उनमें से एक भारतीय सेना के पूर्व जवान की पत्नी है, जिसने असम रेजिमेंट में सूबेदार के रूप में सेवाएं दी थीं और करगिल युद्ध में भी हिस्सा लिया था।घटना से जुड़े वीडियो को लेकर कांगपोकपी जिले के सैकुल पुलिस थाने में 21 जून को शिकायत दर्ज कराई गई थी।
-
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर संकेत चिह्न के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। यह वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं और विश्व मानकों को शामिल करके सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने पर केंद्रित है। संकेत चिह्न सड़कों के बुनियादी ढांचे के आवश्यक घटक हैं। ये वाहन चालकों को महत्वपूर्ण जानकारी और निर्देश प्रदान करते हैं। शुरूआती चरण में ये दिशानिर्देश सभी बनने वाले राजमार्गों, एक्सप्रेसवे और हरित गलियारों पर लागू होंगे।
-
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरसालवाडी गांव में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 25 हो गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने आज सुबह तलाश और बचाव कार्य फिर शुरू किया। कल शाम खराब मौसम के कारण बचाव कार्य रोकना पड़ा था। राज्य प्रशासन, पुलिस और लक्षित आपदा कार्रवाई बल- टी.डी.आर.एफ. भी बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के साथ सहयोग कर रहे हैं। आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आधार-शिविर स्थापित किया गया है। विस्थापित परिवारों की सहायता के लिए आवश्यक प्रबंध किये जा रहे हैं। सरकार ने भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि इरसालवाडी के सभी 48 पीड़ित परिवारों के लिए स्थायी आवास का निर्माण कराया जा रहा है। लगातार वर्षा से रायगढ़ के इरसालवाडी गांव में बुधवार आधी रात को एक बड़ा भूस्खलन हुआ था।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नवनियुक्त 70 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोजगार मेला देश के युवाओं को सशक्त करने और राष्ट्र की प्रगति में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रयासों में युवाओं की भूमिका बेहद महत्पूर्ण होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान देश के विकास-पथ पर बढ़ते हुए एक सरकारी कर्मचारी के रूप में काम करने का अवसर मिलना गौरव और सम्मान की बात है। बैंकिंग क्षेत्र के संबंध में उन्होंने कहा कि आज भारत एक सुदृढ बैंकिंग व्यवस्था वाला देश है, हालांकि नौ वर्ष पूर्व यह स्थिति नहीं थी। श्री मोदी ने कहा कि पहले सरकारी बैंकों के हजारों करोड़ रुपए के कर्ज डूब जाते थे, लेकिन आज वे रिकॉर्ड लाभ अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में लगभग पचास करोड़ जन-धन खाते खोले गए हैं और यह प्रत्येक बैंक कर्मी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि फोन बैंक घोटाला पिछली सरकार के सबसे बड़े घोटालों में से एक था, जिसके कारण बैंकिंग क्षेत्र को भारी नुकसान उठाना पड़ा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2014 के बाद से सरकारी बैंकों का प्रबंधन सुदृढ किया है। इसी के तहत दिवालिया संहिता कानून बनाया गया, ताकि ऐसी स्थिति में किसी भी बैंक को कम से कम नुकसान हो।रोजगार मेला देश के 44 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। इन मेलों से केन्द्र और राज्य सरकार के विभागों में नियुक्तियां की जा रही हैं। रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे रोजगार सृजन में तेजी आएगी और युवाओं को राष्ट्र के विकास में भागीदारी का सार्थक अवसर मिलेगा। नवनियुक्त अभ्यर्थियों को कर्मयोगी प्रारंभ के माध्यम से स्वयं को प्रशिक्षित करने का भी अवसर मिल रहा है। इसके तहत 580 ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। -
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को देखते हुए, दिल्ली पुलिस ने आज से पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर, हैंग-ग्लाइडर, मानव-रहित विमानों और माइक्रोलाइट विमानों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त द्वारा जारी यह आदेश 16 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। यह आदेश आपराधिक और असामाजिक तत्वों तथा भारत-विरोधी आतंकी गतिविधियों को नियंत्रित करने के प्रयोजन से जारी किया गया है ताकि समारोह के दौरान आम जनता, गणमान्य व्यक्तियों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को कोई खतरा पैदा न हो।
- ग्वालियर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को कहा कि भाजपा शासित राज्य में परिवर्तन की व्यापक लहर है। वह केंद्रीय मंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृह क्षेत्र ग्वालियर में एक रैली को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने यहां स्वतंत्रता सेनानी रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल में उन्होंने वरिष्ठ विपक्षी नेताओं को चोर बताकर उनका अपमान किया।उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर में भयानक अत्याचार हुआ। हमारे प्रधानमंत्री ने 77 दिन तक कोई बयान नहीं दिया, एक लफ्ज नहीं कहा। एक भयानक वीडियो जारी होने के बाद कल मजबूरी में एक वाक्य बोला। इसमें भी राजनीति घोल दी और उन प्रदेशों का नाम लिया जहां विपक्ष की सरकार है।’’पिछले 40 दिन में प्रियंका का मप्र में यह दूसरा दौरा है। प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है।पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि ग्वालियर पहुंचने पर कांग्रेस महासचिव का जोरदार स्वागत किया गया।इससे पहले, प्रियंका ने 12 जून को जबलपुर में एक रैली को संबोधित कर प्रदेश में अपनी पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत की थी।उन्होंने जबलपुर में कहा था कि अगर कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में आती है तो वह पांच योजनाएं लागू करेगी जिनमें महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता, 100 यूनिट मुफ्त बिजली और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली शामिल है।
- हैदराबाद ।केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष का कार्यभार शुक्रवार को औपचारिक रूप से संभाल लिया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। रेड्डी ने करीमनगर से लोकसभा सदस्य बंदी संजय कुमार का स्थान लिया है।पार्टी कार्यालय में कार्यभार संभालने से पहले रेड्डी ने चारमीनार के पास स्थित श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा की।अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रेड्डी ने डॉ. बी. आर. आंबेडकर एवं अन्य की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।इस महीने की शुरुआत में भाजपा में आंतरिक खींचतान और घटनाक्रम को लेकर मीडिया की लंबी अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश करते हुए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संजय कुमार के स्थान पर किशन रेड्डी को राज्य पार्टी प्रमुख नियुक्त किया।
- नयी दिल्ली. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से इस साल मई में शुद्ध रूप से 16.30 लाख ग्राहक जुड़े। बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। श्रम मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "आंकड़ों से पता चलता है कि मई में 3,673 प्रतिष्ठानों ने अपने कर्मचारियों को ईपीएफओ के सामाजिक सुरक्षा दायरे में शामिल किया है।" आंकड़ों से पता चलता है कि मई में ईपीएफओ से करीब 8.83 लाख नए सदस्य जुड़े जो पिछले छह महीनों का उच्चतम स्तर है। नए अंशधारकों में से 56.42 प्रतिशत हिस्सेदारी 18-25 वर्ष के उम्र समूह के कर्मचारियों की है। यह युवाओं के संगठित रोजगार में आई तेजी को दर्शाता है। हालांकि मई में करीब 11.41 लाख अंशधारक ईपीएफओ से हटे लेकिन वे दोबारा इससे जुड़ भी गए। इससे उनके एक नौकरी छोड़कर दूसरी नौकरी करने के संकेत मिलते हैं। पेरोल आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि इस महीने पहली बार ईपीएफओ का हिस्से बनने वाले 8.83 लाख नए कर्मचारियों में से करीब 2.21 लाख संख्या महिलाओं की थी। मई में शुद्ध रूप से 3.15 लाख महिलाएं ईपीएफओ का हिस्सा बनीं। राज्यों के स्तर पर महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, हरियाणा और गुजरात शुद्ध अंशधारकों के मामले में आगे रहे। इन पांच राज्यों की महीने में शुद्ध रूप से जुड़े अंशधारकों में हिस्सेदारी 57.85 प्रतिशत रही।
- नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस साल मार्च तक पांच साल की अवधि में 4.63 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरियों में भर्ती किया गया है। केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, ‘‘01.04.2018 से 31.03.2023 तक संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) और रेलवे भर्ती बोर्डों (आरआरबी) की ओर से कुल 4,63,205 उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश की गयी जिनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी भी हैं।'' उन्होंने कहा इसके अलावा, एसएससी और आरआरबी ने 2023-24 की पहली तिमाही में नियुक्ति के लिए 1,03,196 उम्मीदवारों की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समय पर रिक्त पदों को भरने के लिए सभी मंत्रालयों और विभागों को निर्देश जारी कर दिये हैं। सिंह ने कहा, ‘‘भारत सरकार रोजगार मेले आयोजित कर रही है जो सभी खाली पदों को भरने के लिए उत्प्रेरक के रूप में काम कर सकते हैं।'' केंद्रीय मंत्री ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि अनेक मंत्रालयों और विभागों में खाली पदों को भरने की एक सतत प्रक्रिया है।
-
.
अयोध्या. राम जन्मभूमि पर भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तारीख नजदीक आने के साथ, यहां होटलों में ट्रैवल एजेंटों और भक्तों के बीच कमरे बुक करने की होड़ देखी जा रही है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्याय ने संकेत दिया है कि यह समारोह 15 जनवरी और 24 जनवरी के बीच आयोजित किया जा सकता है, तबतक इस मंदिर के भूतल का निर्माण पूरा हो जाएगा। यहां होटल मालिकों एवं रिसॉर्ट मालिकों को इस समारोह का साक्षी बनने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की आस है। उनमें से कई दावा कर रहे हैं कि श्रद्धालु एवं अन्य संंबंधित लोग लोग 10 से 12 दिनों के लिए कमरे बुक करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि वे आखिरी समय में इस समारोह का दर्शन करने से चूक न जाए । इस समारोह में संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए, बुधवार को अयोध्या मंडल के आयुक्त गौरव दयाल ने तैयारी के सिलसिल में अयोध्या के होटल मालिकों की एक बैठक भी बुलाई और उन्हें समारोह के दौरान अपने मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए अपने होटलों को सजाने का निर्देश दिया। अयोध्या के सबसे पुराने होटल शान ए अवध के प्रबंध निदेशक शरद कपूर ने बताया, "हमें नियमित रूप से दिल्ली, मुंबई और अन्य मेट्रो शहरों से ऐसे लोगों के फोन आ रहे हैं जो पूरे एक पखवाड़े के लिए हमारे कमरे बुक करना चाहते हैं।" कपूर ने कहा, "हम भक्तों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं, लेकिन मैं कम से कम 40 प्रतिशत कमरे अलग रख रहा हूं क्योंकि पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ठहरने के लिए मेरे होटल को पसंद करेंगे। हम उस समय से प्रशासन के साथ सहयोग कर रहे हैं जब राम जन्मभूमि आंदोलन शुरू हुआ था।" अयोध्या में एक रिसॉर्ट के मालिक संग्राम सिंह ने कहा, "हमारे पास मुंबई स्थित एक ट्रैवल एजेंसी से एक सवाल था कि वह एक सप्ताह के लिए अयोध्या में 1,500 कमरे चाहते हैं, लेकिन समस्या यह है कि समारोह की सही तारीख अभी तक स्पष्ट नहीं है।" मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बुधवार को ‘पेइंग गेस्ट' योजना के तहत 41 भवन स्वामियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र भी वितरित किए। उन्होंने सभी भवन स्वामियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ ही अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में बढ़ जाएगी, जिसमें से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात्रि प्रवास भी करेंगे । मंडलायुक्त ने कहा कि उनके ठहरने के लिए होटल, गेस्ट हाउस/होम स्टे की आवश्यकता होगी । उन्होंने कहा कि ये होम स्टे न केवल भक्तों को घर जैसा अनुभव देंगे बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए अतिरिक्त आय के साथ-साथ पूरे अयोध्या क्षेत्र में रोजगार के अतिरिक्त अवसर भी पैदा करेंगे। फैजाबाद और अयोध्या में लगभग 150 होटल हैं जिनमें 10 शानदार होटल,25 बजट होटल शामिल हैं।इसके अलावा 115 के आसपास सस्ते इकोनॉमी होटल, 35 गैर-मान्यता प्राप्त ‘गेस्ट हाउस', 50 धर्मशालाएं, 50 होम स्टे/पेइंग गेस्ट हाउस हैं और उनमें कुल मिलाकर 10 हजार कमरे हैं। इसके अलावा यहां चार सरकारी ‘गेस्ट हाउस' हैं जिनमें लगभग 35 कमरे हैं। लगभग 50 छोटे ‘गेस्ट हाउस' निर्माणाधीन हैं और नवंबर तक तैयार होने की उम्मीद है। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने पिछले महीने कहा था कि राम मंदिर अगले साल 24 जनवरी से भक्तों के लिए खोला जा सकता है। उन्होंने कहा, "अगले साल 14 जनवरी से 24 जनवरी के बीच रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का 10 दिवसीय अनुष्ठान होगा।" उन्होंने कहा था कि तीन मंजिला राम मंदिर के भूतल का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासियों ने फैसला किया है कि 14 जनवरी को पड़ने वाले मकर संक्रांति पर्व के बाद रामलला के अभिषेक की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारी प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को अभिषेक समारोह (प्राण प्रतिष्ठा) के लिए आमंत्रित करने की बात कही थी। इस दौरान मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति स्थापित की जाएगी। न्यास के महासचिव चंपत राय ने बताया था कि इसके लिए ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के हस्ताक्षर वाला अनुरोध पत्र प्रधानमंत्री के पास भेजा जाएगा। राय ने पिछले महीने कहा था, "चूंकि मूर्ति के अभिषेक के लिए कोई तारीख तय नहीं की गई है, इसलिए दिसंबर 2023 और 26 जनवरी, 2024 के बीच किसी भी अनुकूल तारीख के बारे में प्रधानमंत्री से उनकी अनुमति लेने के लिए कहा जाएगा। -
नई दिल्ली। गुजरात में सौराष्ट्र के कई हिस्सों में मूसलाधार वर्षा हो रही है। इससे जूनागढ़, गिर सोमनाथ, पोरबंदर और जामनगर सहित तटीय जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। इस बीच, मौसम विभाग ने जूनागढ़, पोरबंदर, देवभूमि द्वारका, अमरेली और वलसाड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र के तटीय जिलों में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति उपन्न हो गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और गुजरात में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
- जयपुर. राजस्थान में अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक एसयूवी कार पुलिया की दीवार को तोड़ 20 फुट नीचे गिर गई जिससे उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि यह वाहन पुलिया की दीवार को तोडते हुए 20 फुट नीचे जा गिरी, जिससे उसमें सवार अशोक चौधरी ऊर्फ आशू (32) और दिनेश जोगी (28) की मौत हो गई जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गये। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
बाराबंकी . जिले के सफदरगंज क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर एक रोडवेज बस की टक्कर लगने से ऑटो रिक्शा सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यहां बताया कि लखनऊ से अयोध्या जा रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बुधवार की शाम सफदरगंज क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि ऑटो रिक्शा में नौ लोग सवार थे, जिनमें से 40 वर्षीय महिला बिंदारा की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आठ अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से तीन लोगों-पिंकी (38), विजय (45) और चंदारा (60) को चिकित्सकों की सलाह पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में घायल हुए पांच अन्य लोगों का बाराबंकी जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।


.jpg)
.jpg)








.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpeg)

.jpeg)




.jpg)