- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के मॉनसून सत्र में लाए जाने वाले विधेयकों की महत्ता रेखांकित करते हुए बृहस्पतिवार को सभी राजनीतिक दलों से आगह किया कि वे इस सत्र का भरपूर उपयोग करके जनहित के कामों को आगे बढ़ाएं। सत्र के पहले दिन मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी ने भरोसा जताया कि सभी सदस्य संसद के मॉनसून सत्र का जनहित में अधिकतम उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘चर्चा जितनी ज्यादा और जितनी पैनी होती है, जनहित में दूरगामी परिणाम देने वाले निर्णय उतने ही अच्छे होते हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि चर्चा जब समृद्ध होती है तो निर्णय भी परिणामोन्मुखी होते हैं।
उन्होंने कहा, इसलिए मैं सभी राजनीतिक दलों से, सभी सांसदों से इस सत्र का भरपूर उपयोग करके जनहित के कामों को आगे बढ़ाने का आग्रह करता हूं।'' मोदी ने कहा कि यह सत्र अनेक रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि इस दौरान जो विधेयक लाए जा रहे हैं वह सीधे-सीधे जनता के हितों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने प्रस्तावित डेटा संरक्षण विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे समय में जब युवा पीढ़ी डिजिटल दुनिया के साथ नेतृत्व कर रही है, उस समय यह विधेयक देश के हर नागरिक को एक नया विश्वास देने वाला और विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला है। मोदी ने कहा कि उसी प्रकार से नेशनल रिसर्च फाउंडेशन नई शिक्षा नीति के संदर्भ में एक बहुत बड़ा कदम है जिसका उपयोग अनुसंधान को बल देगा । कुछ अन्य प्रस्तावित विधेयकों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ऐसे अनेक महत्वपूर्ण विधेयक इस बार संसद में आ रहे हैं। ये जनहित के हैं, युवाहित के हैं, ये भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए हैं। मुझे विश्वास है कि सदन में गंभीरतापूर्वक चर्चा करके हम बहुत तेजी से राष्ट्रहित के महत्वपूर्ण कदमों को आगे बढ़ाएंगे। -
मुंबई. महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के एक गांव में भूस्खलन से बारह लोगों की मौत हो गयी। प्रदेश के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी । इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन बुधवार रात करीब 11 बजे मुंबई से लगभग 80 किलोमीटर दूर खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में हुआ। यह घटना इलाके में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते हुई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में लगे कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा, अब तक, खोज और बचाव टीम ने 12 शव बरामद किए हैं। कम से कम 103 ऐसे लोगों की पहचान की गई है जो वहां रह रहे थे। उनमें से कुछ धान के खेतों में काम के लिए बाहर गए थे और कुछ बच्चे आवासीय स्कूलों में थे। उन लोगों की तलाश की जा रही है ।'' उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र में बचाव एवं राहत अभियान चलाने के लिए सभी प्रयास कर रही है। शिंदे ने संवाददाताओं से कहा, यह गांव भूस्खलन संभावित गांवों की सूची में नहीं था। अब हमारी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बचाना है। शिंदे ने कहा, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और राज्य सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। लगातार भारी बारिश हो रही है और मलबे का 20 फुट ऊंचा ढेर लग गया है।'' उन्होंने कहा कि अधिकारी बचाव अभियान के लिए मशीनरी ले जाने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए दो हेलीकॉप्टर तैयार रखे गए हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण वे उड़ान नहीं भर पाए हैं। भूस्खलन प्रभावित ग्रामीणों के पुनर्वास के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए (अस्थायी आश्रयों के रूप में) 50 से 60 कंटेनर की व्यवस्था की गई है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने की योजना है। शिंदे ने कहा, ‘‘हम जल्द ही भूस्खलन प्रभावित ग्रामीणों के उचित पुनर्वास के लिए कदम उठाएंगे। मैंने संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर से बात की है और इन ग्रामीणों के स्थायी पुनर्वास के बारे में तुरंत चर्चा की है। हम इसे युद्ध स्तर पर कर रहे हैं।'' इससे पहले दिन में, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने एक बयान में कहा कि वहां 48 परिवार रह रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘घायलों का चिकित्सा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। हम मृत व्यक्तियों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की घोषणा करेंगे ।'' इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि एनडीआरएफ की चार टीम स्थानीय अधिकारियों के साथ बचाव कार्य में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि दमकल दल और कुछ स्थानीय ट्रैकर्स भी बचाव अभियान में मदद कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि गांव में लगभग 50 घर हैं, जिनमें से 17 भूस्खलन में दब गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पड़ोसी ठाणे से भी बचाव दल भी मौके पर भेजे गए हैं। यह गांव मोरबे बांध से छह किमी दूर है, जो नवी मुंबई को पानी की आपूर्ति करता है। यह माथेरान और पनवेल के बीच स्थित इरशालगढ़ किले के पास स्थित है और यह किला प्रबलगढ़ का एक सहयोगी किला है। इरशालवाड़ी एक आदिवासी गांव है जहां पक्की सड़क नहीं है। मुंबई-पुणे राजमार्ग पर चौक गांव निकटतम शहर है। 30 जुलाई 2014 को पुणे जिले की अंबेगांव तहसील के मालिन गांव में हुए भूस्खलन के बाद यह महाराष्ट्र में सबसे बड़ा भूस्खलन है। भूस्खलन की उस घटना में लगभग 50 परिवारों वाले पूरे आदिवासी गांव में तबाही मच गई थी और मरने वालों की अंतिम संख्या 153 बताई गई थी।
-
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बृहस्पतिवार को ‘चंद्रयान-3' को चंद्रमा की कक्षा में ऊपर उठाने की चौथी कवायद सफलतापूर्वक पूरी की। यह कार्य यहां इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) से किया गया। अंतरिक्ष एजेंसी ने यहां कहा कि इस तरह की अगली कवायद 25 जुलाई को अपराह्न दो और तीन बजे के बीच किए जाने की योजना है। इसने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय चंद्रमा दिवस के अवसर पर चंद्रयान-3 को चंद्रमा के और करीब पहुंचा दिया है। चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को प्रक्षेपित किया गया था।
इसरो प्रमुख सोमनाथ एस. ने इससे पहले कहा था, ...अंतरिक्ष यान चंद्रमा के सफर पर है। अगले कुछ दिनों में यह (लैंडर को चंद्रमा की सतह पर उतारने का कार्य) कर दिखाएगा। उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जागरूकता प्रशिक्षण (स्टार्ट) कार्यक्रम 2023 के उद्घाटन भाषण में यह बात की। उन्होंने कहा, मैं आश्वस्त हूं कि जहां तक विज्ञान की बात है, आप इस (चंद्रयान-3) मिशन के जरिये कुछ बहुत ही महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करेंगे। - औरंगाबाद । महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले में स्थित प्रसिद्ध तुलजा भवानी मंदिर में अधिकारियों को गिनती के दौरान देवी के कुछ आभूषण गायब मिले। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि देवी तुलजा भवानी के आभूषणों की गिनती के लिए बनाई गई समिति ने हाल ही में जिला प्रशासन के समक्ष एक रिपोर्ट दाखिल की है। रिपोर्ट के मुताबिक, भंडारण बक्से संख्या छह और सात में रखे आभूषणों में से आठ से 10 सोने व रत्नों से बने जेवर गायब पाए गए हैं जबकि कुछ के भार में भी अंतर पाया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि बक्सा संख्या छह से 2018 और 1963 में मंदिर के रिकॉर्ड में दर्ज दो आभूषण, जिनका भार क्रमश 109.57 ग्राम और 16 ग्राम है, गायब पाए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, 12 ग्राम वजनी एक चेन, एक चांदी का ताज और एक फूल, एक मोती और सोने का एक टुकड़ा भी गायब पाया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि दो ऐतिहासिक जेवरात टूट हुए पाए गए और कुछ आभूषणों के भार में अंतर पाया गया है। जिलाधिकारी सचिन ओम्बसे ने बताया कि गिनती के दौरान कुछ जेवरात गायब पाए गए। जिला प्रशासन ने समिति को मंदिर के रिकॉर्ड के साथ जेवरात से संबंधित आंकड़ों को फिर से जांचने के लिए एक सप्ताह का वक्त दिया है। उन्होंने कहा, ''जेवरात की फिर से जांच कराने के बाद अगर जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद ही हम गायब जेवरात के भार के बारे में बात करने में सक्षम होंगे।''
-
भोपाल. मध्य प्रदेश के कटनी जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने घोषणा की है कि अगर उनके निर्वाचन क्षेत्र के 51 प्रतिशत लोग जनमत संग्रह में उन्हें वोट देते हैं तो वह आगामी राज्य विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। कटनी के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक संजय पाठक ने मंगलवार को एक समारोह के दौरान यह घोषणा की। अपने निर्वाचन क्षेत्र के परसवाड़ा गांव में एक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें 50 प्रतिशत से एक भी वोट कम मिला तो वह अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के सबसे अमीर विधायकों में शुमार पाठक ने कहा कि वह अगले महीने यह जनमत संग्रह कराएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को मुद्रित पर्चियां वितरित की जाएंगी, जिसमें उन्हें चुनाव लड़ने या न लड़ने के बीच चुनने का विकल्प दिया जाएगा। मैं केवल तभी चुनाव लड़ूंगा जब मेरे निर्वाचन क्षेत्र के 50 प्रतिशत से अधिक लोग चुनाव लड़ने के लिए हां कहेंगे।" भाजपा विधायक ने कहा कि यह गुप्त मतदान होगा और जनता के सामने पेटियां खोली जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनमत संग्रह के बाद वह चुनाव लड़ने पर फैसला करेंगे।
-
बलरामपुर (उप्र) . जिले के देहात थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में एक 52 वर्षीय व्यक्ति की उसके आरोपी बेटे ने लाठी से पीट पीट कर हत्या कर दी । आरोपी बेटे ने अपनी मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया । पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है । पुलिस ने बुधवार को बताया की देहात थाना क्षेत्र के झोहना गांव का रहने वाला आरोपी उदय भान यादव मंगलवार की रात किसी से पैसे उधार लेने देन की बात कर रहा था । उसकी मां ने आरोपी उदय भान को उधार लेने से मना किया तो वह नाराज हो गया और मां को गलियां देने लगा । मां और पिता रामनाथ यादव :52: ने विरोध किया तो दोनों पर लाठी से हमला कर दिया । हमले में पिता रामनाथ यादव के सिर में गंभीर चोटें आई और वह बेहोश होकर गिर पड़े । गंभीर रूप से घायल राम नाथ को लेकर घर वाले अस्पताल गए लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई । पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी उदय भान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है । उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीम बनाई गई हैं ।
-
बेंगलुरु. बेंगलुरु में 27 वर्षीय युवक ने अपने परिजन की डंडे से पीट-पीट कर कथित रूप से हत्या कर दी और घर में ताला लगा कर फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तर पूर्व बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त बी.एम. लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि हत्या शायद सोमवार रात साढ़े आठ बजे से नौ बजे की गई है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी शरद की तलाश में जुटी है, जिसने कथित तौर पर अपने पिता भास्कर (61) और मां शांता (60) की सोमवार रात यहां कोदिगेहल्ली में कथित रूप से हत्या कर दी। उनके अनुसार, प्रतीत होता है कि 60 वर्षीय दंपत्ति ने मदद के लिए आवाज लगाई होगी लेकिन पड़ोसियों को लगा कि यह रोज-रोज का लड़ाई-झगड़ा है, इसलिए उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शरद अपने परिजन के साथ रहता था जबकि उसका बड़ा भाई सजित पास के ही तिन्द्लू में रहता था। पुलिस ने बताया कि घटना का पता तब चला जब सजित ने अपने परिजन को फोन किया लेकिन किसी ने भी जवाब नहीं दिया। अधिकारी ने बताया कि सजित तुरंत अपने घर गया, लेकिन वहां ताला लगा था। सजित ने दरवाजा तोड़ा और देखा कि उसके परिजन खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे।
पुलिस ने बताया कि शांता एक सेवानिवृत सरकारी अधिकारी थीं जबकि भास्कर एक सरकारी कार्यालय परिसर खनिज भवन के कैन्टीन में कैशियर का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, दक्षिण कन्नड़ जिले के उल्लाल का रहने वाला यह परिवार अपने बच्चों के साथ 12 साल पहले बेंगलुरु आया था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी शरद और उसके परिजन के बीच अक्सर झगड़ा होता था। -
नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर जिले में बदमाशों ने मंदिर में लूट के दौरान एक 50 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर नरखेड पुलिस थाना क्षेत्र के मोवाड गांव में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को हुई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मुन्नी उर्फ मंजूषा उर्फ मनीषा आप्टे के रूप में हुई। अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने लूट के दौरान महिला के शोर मचाकर लोगों को सचेत करने से रोकने के लिए उस पर हमला किया। लुटेरों ने कथित तौर पर महिला के सिर को पकड़ उसे सड़क पर दे मारा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि इसके बाद लुटेरों ने शव को पास के नाले में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार की सुबह सामने आई। मंदिर के ताले टूटे हुए थे और कुछ कीमती सामान गायब था।
- नयी दिल्ली. वित्त वर्ष 2022-23 में अर्जित आय के लिए अब तक तीन करोड़ से भी अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) जमा किए जा चुके हैं और इनमें से करीब 91 प्रतिशत रिटर्न इलेक्ट्रॉनिक रूप से सत्यापित किए जा चुके हैं। आयकर विभाग ने बुधवार को एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए कहा कि 18 जुलाई तक कुल 3.06 करोड़ आईटीआर जमा किए गए हैं। इनमें से 2.81 करोड़ रिटर्न का ई-सत्यापन किया जा चुका है जो कुल रिटर्न का 91 प्रतिशत से अधिक है। इसके साथ ही आयकर विभाग ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक रूप से सत्यापित किए जा चुके रिटर्न में से 1.50 करोड़ से भी अधिक रिटर्न प्रसंस्कृत किए जा चुके हैं। विभाग ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल तीन करोड़ आईटीआर जमा किए जाने का आंकड़ा सात दिन पहले ही हासिल किया जा चुका है। वित्त वर्ष 2022-23 के लिए आईटीआर जमा करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है। आमतौर पर रिटर्न जमा करने की समयसीमा बढ़ाई जाती रही है लेकिन इस बार आयकर विभाग ने इसकी संभावना से इनकार किया है।
- अलीगढ़ . अलीगढ़ जिले के बन्ना देवी थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती इलाके में आतंक का पर्याय बने मगरमच्छ को बुधवार को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि नई बस्ती इलाके में कुछ लोगों ने अपने घरों के आसपास एक पूर्ण विकसित मगरमच्छ के घूमने की सूचना दी थी आज वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पुराने शहर के बीच एक तालाब से उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि नई बस्ती में कुछ निवासियों के शोर मचाने पर वन विभाग के अधिकारियों की एक टीम इलाके में पहुंची और पुलिस की मदद से मगरमच्छ को पकड़ने में कामयाब रही। सूत्रों ने बताया कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि मगरमच्छ शहर के बीचोबीच स्थित तालाब में कैसे पहुंचा।
- प्रयागराज. संगम नगरी प्रयागराज में वर्ष 2025 में लगने जा रहे महाकुम्भ मेले को ध्यान में रखकर रेलवे अपने ढांचागत विकास में 837 करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है, जिससे अधिक ट्रेनें चलाई जा सकें। मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि प्रयागराज में वर्ष 2019 में संपन्न कुम्भ मेले की तैयारियों के दौरान तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के लिए रेलवे द्वारा लगभग 700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 41 कार्य किए गए थे। उन्होंने बताया कि आगामी कुम्भ को देखते हुए प्रयागराज क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आरओबी, और आरयूबी का निर्माण कराया जा रहा है। इन सभी कार्यों के लिए जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से विचार विमर्श कर निर्णय किए जा रहे हैं। रेलवे की कोशिश है कि अक्टूबर 2024 तक कुम्भ 2025 से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिये जाएं। बड़ोनी ने बताया कि प्रयागराज जंक्शन के पुनर्विकास के कार्य को तीन भागों में किया जा रहा है, जिसमें सिविल लाइंस साइड का कार्य, सिटी साइड का कार्य और कानकोर्स का कार्य शामिल है। उन्होंने बताया कि सिविल लाइन की ओर का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज मंडल में 15 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है| पिछले कुम्भ मेले के लिए किए गए कार्यों के बारे में मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि छह आरयूबी का चौड़ीकरण किया गया था और प्रयागराज और उसके आसपास आठ नए आरओबी का निर्माण कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया था। साथ ही प्रयागराज जंक्शन पर लगभग 10,000 तीर्थयात्रियों की क्षमता वाले चार यात्री आश्रयों का भी निर्माण किया गया था।
-
नई दिल्ली। मणिपुर पुलिस ने सेनापति जिले के एक गांव में भीड़ द्वारा दो आदिवासी महिलाओं को निवस्त्र घुमाने की घटना में शामिल आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के तुरंत बाद पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। कथित तौर पर मुख्य आरोपी बताए जा रहे लोगों में से एक को थौबल जिले से गिरफ्तार किया गया। थौबल जिले के नोंगपोक सेकमाई पुलिस स्टेशन में अज्ञात हथियारबंद उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।(सांकेतिक फोटो)
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को बंबई उच्च न्यायालय से कहा कि वह दृष्टि-बाधित लोगों को बैंक नोटों की पहचान में पेश होने वाली दिक्कतों से अवगत है, लेकिन उनके लिए नए बैंक नोट जारी करना एक समय-साध्य कार्य है और इस पर भारी खर्च भी आएगा। आरबीआई ने उच्च न्यायालय में दायर एक हलफनामे में कहा कि बैंक नोट की नई ‘सीरीज' जारी करने की प्रक्रिया बेहद जटिल है और इसमें छह से सात साल तक का समय लग जाता है। यह हलफनामा दृष्टिबाधितों की संस्था 'नेशनल एसोसिएशन ऑफ ब्लाइंड' (एनएबी) की तरफ से दायर याचिका के जवाब में दाखिल गया है। इस याचिका में दृष्टिहीनों को बैंक नोट एवं सिक्कों की पहचान में पेश आने वाली परेशानियों को देखते हुए आरबीआई से नए नोट एवं सिक्के जारी करने का अनुरोध किया गया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन जामदार की अगुवाई वाली एक खंडपीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है।खंडपीठ के समक्ष दायर हलफनामे के मुताबिक, "आरबीआई बैंकनोट की पहचान के संदर्भ में दृष्टि-बाधित लोगों की समस्याओं से अवगत है। नोटों की नई सीरीज जारी करने पर वर्ष 2017 से ही काम चल रहा है।" आरबीआई ने अपने हलफनामे में कहा, "नई सीरीज के नोट जारी करना बहुत बड़ा काम है। इसके बारे में सावधानीपूर्वक सोच-समझ कर निर्णय लिया गया है क्योंकि समान मूल्य वाले नोट की विभिन्न आकार एवं खूबियों वाली कई सीरीज होने से समस्या हल होने के बजाय अधिक संदेह पैदा होगा।" केंद्रीय बैंक ने कहा कि नए सीरीज के नोट जारी करने पर आने वाला खर्च भी काफी अधिक होगा।इसके साथ ही आरबीआई ने कहा कि उसने याचिका में उठाए गए मुद्दों को हल करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए है, लिहाजा उच्च न्यायालय इस याचिका को खारिज कर दे। मामले की अगली सुनवाई 12 सप्ताह बाद होगी।
- नयी दिल्ली। रेलवे ने साधारण डिब्बे (जनरल कोच) के यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया किफायती भोजन और बोतलबंद पानी उपलब्ध कराने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, भोजन परोसने वाले इन काउंटर को प्लेटफार्म पर उस जगह लगाया जायेगा जहां साधारण डिब्बों खड़े होंगे। भोजन को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी में 20 रुपये की कीमत पर सूखे ‘आलू' और अचार के साथ सात ‘पूरी' शामिल हैं। दूसरी श्रेणी में भोजन की कीमत 50 रुपये होगी और यात्रियों को चावल, राजमा, छोले, खिचड़ी कुलचे, भटूरे, पाव-भाजी और मसाला डोसा जैसे दक्षिण भारतीय भोजन की पेशकश की जायेगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को साधारण डिब्बों के पास प्लेटफॉर्म पर लगाये जाने वाले काउंटर के माध्यम से किफायती भोजन और किफायती बोतलबंद पानी का प्रावधान करने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि इन काउंटर का स्थान रेलवे जोन द्वारा तय किया जाना है ताकि इन काउंटर को प्लेटफार्म पर साधारण डिब्बों के स्थान के साथ संरेखित किया जा सके। रेलवे प्लेटफार्म पर इस विस्तारित सेवा काउंटर का प्रावधान छह महीने की अवधि के लिए प्रायोगिक आधार पर किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक, यह प्रावधान 51 स्टेशनों पर लागू किया गया है और गुरुवार से यह 13 और स्टेशनों पर लागू होगा। उन्होंने बताया कि इन काउंटर पर 200 मिलीलीटर के पेयजल के गिलास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि इसे यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू किया गया है, खासकर उन डिब्बों के वास्ते जहां अक्सर भीड़भाड़ रहती है।
- जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटरा शहर में पिछले 43 वर्षों में सबसे अधिक बारिश होने के कारण भूस्खलन के खतरे को देखते हुए माता वैष्णो देवी मंदिर का नया मार्ग तीर्थयात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। खराब मौसम के कारण मंदिर के लिए हेलिकॉप्टर सेवा भी निलंबित कर दी गई है। हालांकि, अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि तीर्थयात्री त्रिकुटा पहाड़ियों के ऊपर स्थित मंदिर तक पुराने रास्ते से ही पहुंच सकेंगे। श्री माता वैष्णोदेवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग ने बताया, ‘‘भूस्खलन के खतरे के कारण नए मार्ग पर यात्रा रोक दी गई है। हालांकि, पुराने मार्ग पर यात्रा जारी है।'' वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के आधार शिविर कटरा में 24 घंटे में 315.4 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह 1980 के बाद से सबसे अधिक भारी बारिश है। 31 जुलाई, 2019 को कटरा में 292.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी।''
-
जोधपुर. जोधपुर जिले में बुधवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के जले हुए शव उनके घर में पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना जोधपुर के ओसियां इलाके के चौराई गांव की है।
जोधपुर के जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि इन लोगों की हत्या की गई और फिर उनके शवों को जला दिया गया। उन्होंने कहा, ''यह बदले की भावना से की गई हत्या का मामला लगता है।'' उन्होंने कहा कि फॉरेन्सिक (एफएसएल... फॉरेन्सिक विज्ञान प्रयोगशाला) की एक टीम सबूत इकट्ठा कर रही है और पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच की रिपोर्ट के बाद ही कुछ पता चल पाएगा। जोधपुर के जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। -
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि चुनाव के दौरान आकाशवाणी और दूरदर्शन पर राजनीतिक दलों को समय का आवंटन अब ऑनलाइन होगा। आयोग ने राजनीतिक दलों के सरकारी स्वामित्व वाले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के उपयोग की मौजूदा योजना में संशोधन किया है। आयोग ने कहा है कि यह सूचना प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल टाइम वाउचर जारी करने का प्रावधान शुरू करके किया गया है। इस सुविधा से राजनीतिक दलों को चुनाव के दौरान टाइम वाउचर लेने के लिए निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में अपने प्रतिनिधि भेजने की आवश्यकता नहीं पडेगी। यह कदम आयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। चुनाव प्रक्रिया को आसान और सुगम बनाने के लिए यह पहल की गई है। हाल ही में आयोग ने राजनीतिक दलों के वित्तीय विवरण ऑनलाइन दाखिल करने के लिए एक वेब पोर्टल भी बनाया है।
- नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग ने अगले दो से चार दिनों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने कहा कि आज महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, तेलंगाना और ओडिशा में भारी से मूसलाधार बारिश हो सकती है। राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी भारी बारिश का अनुमान है।मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तटीय ओडिशा पर चक्रवात का दबाव बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस बीच दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है। आज सुबह छह बजे जल स्तर 205 दशमलव दो पांच मीटर दर्ज किया गया।
-
मुंबई. मुंबई की फिल्म सिटी में एक स्टूडियो के सेट पर तेंदुआ दिखने और एक मृत कुत्ता अधखाई हालत में मिलने के बाद यहां काम करने वाले कर्मचारियों में दशहत फैल गई है। महाराष्ट्र वन विभाग के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। रेसकिंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर (आरएडब्ल्यूडब्ल्यू) के संस्थापक एवं अध्यक्ष और राज्य वन विभाग के मानद वन्यजीव वार्डन पवन शर्मा ने बताया कि घटना रविवार रात की है। सूचना दिए जाने के बाद अधिकारियों की कई टीमों ने मौके का दौरा कर स्थिति का आकलन किया। गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी के सेट पर घूमते तेंदुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।
शर्मा ने बताया कि कुत्ते पर हमला करने की घटना के बाद से सेट पर काम करने वाले कर्मचारी घबराए हुए हैं। यह फिल्म सिटी संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान की सीमा पर है और वन क्षेत्र आरे मिल्क कॉलोनी से भी सटी है। इन जगहों पर तेंदुओं का आना जाना लगा रहता है। शर्मा ने कहा, ‘‘हम नियमित रूप से परिसर में गश्त करेंगे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। चूंकि फिल्म सिटी वन क्षेत्र के पास ही है ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और वन विभाग के निर्देशों का पालन करना चाहिए।'' उन्होंने बताया कि प्रतीत होता है कि तेंदुआ शिकार की तलाश में था।
शर्मा ने कहा, ‘‘जंगली जानवरों के शिकार की तुलना में कुत्तों का शिकार करना आसान होता है। जंगल में घास और झाड़ियां अधिक होने के कारण जंगली जानवरों को मारना तुलनात्मक रूप से कठिन होता है।'' उन्होंने बताया कि वन्यजीव स्वयंसेवकों के साथ मिलकर वन विभाग तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाएगा। शर्मा ने कहा, ‘‘ऐसे इलाकों में लोगों को समूहों में चलना चाहिए, अंधेरे में अकेले नहीं जाना चाहिए, चलते समय मोबाइल रेडियो चालू करके टॉर्च का उपयोग करना चाहिए ताकि अगर आसपास कोई जंगली जानवर हो तो वह दूर चला जाए ।' -
पोर्ट ब्लेयर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से यहां के वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नये एकीकृत टर्मिनल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस टर्मिनल के बन जाने से अंडमान और निकोबार द्वीप की यात्रा सुगम हो जाएगी और विशेष रूप से इस क्षेत्र में पर्यटन को काफी बढावा मिलेगा। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने परिसर में वी डी सावरकर की प्रतिमा का अनावरण किया और प्रतिष्ठान का दौरा किया। उनके साथ केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग तथा नागर विमानन राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी के सिंह भी थे। नये टर्मिनल भवन का निर्माण लगभग सात सौ दस करोड़ रूपये की लागत से किया गया है। यह टर्मिनल अंडमान और निकोबार के संपर्क को बढावा देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह टर्मिनल लगभग 40 हजार आठ सौ वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है। नये टर्मिनल भवन में सालाना लगभग 50 लाख यात्रियों के प्रबंधन की क्षमता है। एप्रोन अनुकूल दो बोइंग-767-400 और दो एयरबस-321 श्रेणी के विमान हवाई अड्डे पर 80 करोड रूपये की लागत से निर्मित किए गए हैं। इस तरह इस हवाई अड्डे में एक बार में 10 विमान को पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
-
नयी दिल्ली. संसद के बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रहे मानसून सत्र से एक दिन पहले 19 जुलाई को सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है जिसमें सत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी दलों के साथ चर्चा की जायेगी। संसदीय मामलों के मंत्रालय के अनुसार, 19 जुलाई को संसद के मानसून सत्र की पूर्वसंध्या पर दोनों सदनों के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक अपराह्न 3 बजे संसदीय ग्रंथालय भवन में बुलाई गई है। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई को होगी। सत्र 11 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान संसद के दोनों सदनों की कुल 17 बैठकें प्रस्तावित हैं। मानसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। एक ओर जहां सत्ता पक्ष महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने का प्रयास करेगा, वहीं दूसरी ओर विपक्ष मणिपुर हिंसा, रेल सुरक्षा, महंगाई और अडाणी मामले पर जेपीसी गठित करने की मांग सहित अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। लोकसभा सचिवालय के एक बुलेटिन के अनुसार, संसद के मानसूत्र सत्र या 17वीं लोकसभा के 12वें सत्र के दौरान लिये जाने वाले सरकारी कार्यों की संभावित सूची में 21 नये विधेयकों को पेश व पारित करने के लिए शामिल किया गया है। इसमें दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार संशोधन विधेयक 2023 भी शामिल है। यह विधेयक संबंधित अध्यादेश का स्थान लेने के लिए पेश किया जाएगा।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि सत्र में महत्वपूर्ण विधेयक पेश किये जाने हैं, ऐसे में सभी दलों को सत्र चलाने में सहयोग करना चाहिए क्योंकि सरकार नियम व प्रक्रिया के तहत किसी भी विषय पर चर्चा कराने से पीछे नहीं हट रही है। वहीं, हाल में कांग्रेस पार्टी की, संसदीय रणनीति समूह की बैठक में सत्र के दौरान मणिपुर हिंसा, रेल सुरक्षा, संघीय ढांचे पर कथित आक्रमण, जीएसटी को पीएमएलए के दायरे में लाने और महंगाई पर चर्चा कराने की मांग उठाने पर जोर देने की बात कही गई थी। -
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक बैठक मंगलवार को यहां स्थित एक पंचसितारा होटल में हुई, जिसमें सत्ताधारी गठबंधन ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता के जारी प्रयासों के बीच राजग की यह बैठक हुई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बैठक में उपस्थित नेताओं से एक-एक कर मुलाकात की। राजग में शामिल हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री के पैर छुए जिसके बाद मोदी ने उन्हें गले लगाकर उनका अभिनंदन किया। भाजपा ने दावा किया कि इस बैठक में 38 दलों के नेता शामिल हुए। भाजपा की तरफ से बैठक में मोदी और जे पी नड्डा के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी सहित अन्य नेता शामिल हुए। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में भाजपा के अलावा, शिवसेना (शिंदे), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार), राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (पशुपति कुमार पारस), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक), अपना दल (सोनेलाल), नेशनल पीपुल्स पार्टी, नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा, मिज़ो नेशनल फ्रंट, इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा, नगा पीपुल्स फ्रंट और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के नेता शामिल हुए। इनके अलावा, असम गण परिषद, पट्टली मक्कल काची (अंबुमणि रामदास), तमिल मनीला कांग्रेस, असम की यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त), राष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी, हरियाणा की जननायक जनता पार्टी, प्रहार जनशक्ति पार्टी, राष्ट्रीय समाज पक्ष, महाराष्ट्र की जन सुराज्य शक्ति पार्टी, मणिपुर की कुकी पीपुल्स अलायंस, मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी और हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, निषाद पार्टी, पुडुचेरी की ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्यूलर), जन सेना पार्टी, हरियाणा लोकहित पार्टी, भारत धर्म जन सेना, केरल कामराज कांग्रेस, पुठिया तमिलागम पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट के नेता भी बेठक में शामिल हुए। प्रधानमंत्री के बैठक स्थल पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष नड्डा, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के जीतन राम मांझी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के ई पलानीस्वामी सहित कुछ अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक में भाग लेने पहुंचे दलों के विभिन्न नेताओं का स्वागत केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने किया। बैठक आरंभ होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र का राजग समय की कसौटी पर खरा उतरा है, जो राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाना चाहता है और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह बहुत खुशी की बात है कि पूरे भारत से हमारे मूल्यवान सहयोगी आज दिल्ली में राजग की बैठक में भाग लेंगे। हमारा गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है, जो राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाना चाहता है और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है।'' मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान राजग की इस स्तर की यह पहली बैठक है जो ऐसे समय में हो रही है, जब विपक्षी दलों ने आज ही बेंगलुरू में अपनी दूसरी बैठक की और अपने गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)' रखा है। इससे पहले, पोर्ट ब्लेयर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि देश के लोग 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार को वापस लाने का मन बना चुके हैं। -
वाराणसी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत अपने पांच दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। संघ के सूत्रों के अनुसार भागवत का यह दौरा पूरी तरह से आध्यात्मिक है। संघ प्रमुख 22 जुलाई को वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में विश्व के प्रमुख मन्दिरों के सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। यह सम्मेलन 22 जुलाई से 24 जुलाई तक चलेगा जिसमें 26 देशों के 400 से अधिक मंदिरों के प्रमुख हिस्सा लेंगे। संघ प्रमुख 22 जुलाई उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। सूत्रों के अनुसार संघ प्रमुख अपने पांच दिवसीय प्रवास के दौरान काशी और काशी के आसपास के मंदिरों और मठों के प्रमुखों से भेंट करेंगे। भागवत 19 जुलाई को गाजीपुर के हथियामठ और 20 जुलाई को मिर्जापुर स्थित सक्तेशगढ़ के स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से मुलाकात करेंगे। वहीं, भागवत 21 जुलाई को मिर्जापुर के देवरहवा बाबा के आश्रम भी जाएंगे।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अगले तीन से पांच दिन के दौरान गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना और ओडिशा में तेज से बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे जुड़े तटीय ओडिशा के ऊपर चक्रवात की स्थिति के प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। आगामी दिनों में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, मुंबई और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज से बहुत तेज वर्षा होगी। दक्षिण असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में भी मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है।
इस बीच, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार आज यमुना का जलस्तर 205 दशमलव 4 मीटर दर्ज किया गया। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए 26 विपक्षी दलों ने भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन -इंडिया का गठन किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने आज बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के बाद इसकी घोषणा की। पत्रकारों से बातचीत में श्री खडगे ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इस गठबंधन का मुकाबला एनडीए से होगा। बैठक के प्रस्तावों पर अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की अगली बैठक मुंबई में होगी । बैठक में 11 सदस्यीय समन्वय समिति बनाने का निर्णय लिया जाएगा जिसके तहत लोकसभा चुनाव लड़ा जाएगा। इन सदस्यों में से एक संयोजक का भी चुनाव किया जाएगा। गठबंधन के लिए अभियान की रणनीति और न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने के लिए दिल्ली में सचिवालय स्थापित किया जाएगा। बेंगलुरु में आज विपक्षी नेताओं की बैठक के दौरान उपस्थित नेताओं में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, नीतीश कुमार, शरद पवार, उद्धव ठाकरे और लालू प्रसाद शामिल थे।




.jpg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)












.jpg)