- Home
- देश
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल - एन.डी.आर.एफ. ने बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित राज्यों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए है। एन.डी.आर.एफ. ने चार राज्यों में 39 दल तैनात किए है। पंजाब में 14, हिमाचल प्रदेश में 12, उत्तराखंड में 8 और हरियाणा में 5 टीमें तैनात की गई है।
उत्तर भारत के साथ ही यूपी में भी बारिश का कहर जारी है. राज्य में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं आईएमडी (IMD) ने राज्य के छह जिलों में मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) और 51 जिलों में येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है. वहीं राज्य में कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है.
मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के रामपुर, बरेली, पीलीभीत, मथुरा, हाथरस और आगरा में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की. विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यानी इन सभी छह जिलों में 50 फीसदी से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा विभाग के ओर से राज्य के 51 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को जानमाल के नुकसान, सडक, फसलों की स्थिति और चारधाम यात्रा तथा कावड यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी दी है। श्री धामी ने प्रधानमंत्री को टेलीफोन पर राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों के बारे में बताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी फोन पर बातचीत की। श्री सुक्खू ने प्रधानमंत्री को जानमाल के नुकसान के बारे में जानकारी दी और केंद्र सरकार से राज्य के लिए विशेष आर्थिक पैकेज का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से इस स्थिति को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की भी अपील की। -
शिलांग। मेघालय की राजधानी शिलांग के ‘इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड बायो-रिसोर्स' (आईबीबीआर) के परिसर में एक महिला समेत तीन लोगों के शव मिले। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यहां से करीब दस किमी दूर, उत्तर में स्थित संस्थान के निर्माणाधीन स्थल पर दो कमरों से रविवार की रात तीन शव मिले। मृतकों की पहचान संस्थान के कर्मचारियों के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सफाईकर्मी शेबा खरबानी (40) का शव एक कमरे में मिला वहीं सफाईकर्मी रुपर्ट डोनबोर दोहतडोंग (43) और चौकीदार बैकस्टार खरकरांग (30) के शव दूसरे कमरे से बरामद हुए। उन्होंने कहा कि पुलिस को प्रथम तल पर सफाईकर्मियों के कमरों से दुर्गंध आने की सूचना मिली। मावडिआंगडिआंग चौकी से स्थानीय पुलिस आसपास के लोगों के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारी ने कहा कि अन्य कमरों की तलाश के दौरान जंगली मशरूमों से भरा हुआ एक बर्तन मिला जिससे संदेह हो रहा है कि तीनों ने जंगली जहरीले मशरूम खाए होंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अन्य साक्ष्यों की भी तलाश कर रही है ताकि तीनों की मौत का कुछ सुराग मिल सके। अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ‘नॉर्थ ईस्टर्न इंदिरा गाँधी रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज' भेजा गया और अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक के नाम पर सोशल मीडिया मंच पर फर्जी खाता बनाने और महिलाओं को संदेश भेजने के आरोप में 28 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 499 (मानहानि) तथा अन्य संबंधित प्रावधानों और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कल्याण संभाग के कोल्सेवाड़ी थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि भाजपा के विधायक गणपत गायकवाड़ ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि कुछ महिलाओं ने उनसे संपर्क किया और कहा कि उन्हें उनके नाम से बने एक खाते से संदेश मिले हैं। अधिकारी ने बताया कि कल्याण पूर्वी निर्वाचन क्षेत्र के विधायक ने इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी। आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी एक टैक्सी चालक है और उसने गायकवाड़ के नाम पर फेसबुक पर एक फर्जी खाता बनाया जिससे महिलाओं को वह संदेश भेजता था। मामले की जांच जारी है।
- -
पुणे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके शानदार नेतृत्व और नागरिकों में देशभक्ति की भावना जगाने के लिए एक अगस्त को पुणे में लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने सोमवार को यह जानकारी दी। आयोजनकर्ता ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक तिलक ने एक बयान में कहा, ‘‘लोकमान्य तिलक की 103वीं पुण्यतिथि पर एक अगस्त को तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट (हिंद स्वराज संघ) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करेगा।'' इसमें कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों में देशभक्ति की भावना जगाई और भारत को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित किया। उनकी दृढ़ता और प्रयासों पर विचार करते हुए और उनके काम को रेखांकित करने के लिए तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट के न्यासियों ने सर्वसम्मति से उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुना है।'' आयोजकों ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार को पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। अन्य आमंत्रितों में महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार शामिल हैं।
-
नयी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके के एक होटल में 28 वर्षीय चिकित्सा अधिकारी का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस को रविवार को अपराह्न तकरीबन तीन बजकर 30 मिनट पर सूचना प्राप्त हुई कि हॉलीडे इन होटल के एक कमरे में एक महिला का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस के मुताबिक, पंत नगर के जंगपुरा की निवासी आशना बीमा सीथे ने शुक्रवार को एक दिन के लिए होटल में कमरा बुक किया था। महिला ने शनिवार को अपने प्रवास की अवधि एक दिन और बढ़ा दी थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब होटल का एक कर्मचारी रविवार को अपराह्न करीब दो बजकर 30 मिनट पर, बढ़ाई गई अवधि का भुगतान लेने गया तो महिला ने दरवाजा नहीं खोला। कर्मचारी ने मास्टर चाभी से कमरा खोला तो देखा महिला का शव सफेद दुपट्टे से बने फंदे से, पानी के फव्वारे के साथ लटका हुआ है। पुलिस ने कहा कि महिला जंगपुरा में केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) औषधालय में एक चिकित्सा अधिकारी के तौर पर काम कर रही थी। पुलिस के अनुसार, बताया जाता है कि महिला का एक व्यक्ति के साथ रिश्ता था लेकिन उसके माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को महिला परिजनों को बिना बताए अपने आवास से होटल आ गई। परिजनों ने हजरत निजामुद्दीन पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कहा कि महिला के पिता और भाई को घटना की सूचना दी गई जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। शरीर पर किसी भी चोट का निशान नहीं मिला है। उनके बयान दर्ज कर लिए गए और महिला के शव को पोस्ट मार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, कोई सुसाइड नोट नहीं पाया गया है।
-
नयी दिल्ली। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री दीपक नैय्यर ने रोहिणी नैय्यर पुरस्कार को कायम रखने के लिए एक निधि बनाने के वास्ते 2 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। देश में ग्रामीण विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए इस वार्षिक पुरस्कार के तहत 10 लाख रुपये प्रदान किये जाते हैं। यह पुरस्कार, नैय्यर की दिवंगत पत्नी एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री-प्रशासक डॉ. रोहिणी नैय्यर की स्मृति में गैर-लाभकारी !नैय्यर फाउंडेशन फॉर सोशल एंड इकोनॉमिक पर्पज़' द्वारा प्रदान किया जाता है। फाउंडेशन के बोर्ड में निदेशक नैय्यर ने कहा, ‘‘मैंने नैय्यर फाउंडेशन के लिए 2 करोड़ रुपये की निधि बनाने के लिए अपने व्यक्तिगत संसाधनों से 2 करोड़ रुपये का योगदान दिया है, जो रोहिणी नैय्यर पुरस्कार को हमेशा के लिए बनाए रखने के लिए पर्याप्त होगा।'' नैय्यर ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि हम ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट युवा पेशेवरों के काम को कई वर्षों, यहां तक कि दशकों तक मान्यता देना जारी रख सकेंगे।'' यह पुरस्कार प्रतिवर्ष 40 वर्ष से कम आयु के व्यक्ति को प्रदान किया जाता है। पहला पुरस्कार पिछले साल पूर्वी नगालैंड में बेटर लाइफ फाउंडेशन के संस्थापक एस. संगतम को पूर्वोत्तर राज्य के सुदूर हिस्से में किसानों की आय को चौगुना करने में मदद करने के लिए दिया गया था।
- -
सुल्तानपुर (उप्र)। सुल्तानपुर जिले के करौंदीकलां थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति की डंडे से कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में उसकी बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि जिले के करौंदीकलां थाना क्षेत्र के असलाहुद्दीनपुर गांव निवासी खेताऊ (68) की रविवार को उसके छोटे बेटे रामजीत की पत्नी आरोपी निक्कू ने डंडे से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि रामजीत की करीब नौ साल पहले मौत हो चुकी है। उसकीआरोपी पत्नी निक्कू की अपने ससुर खेताऊ से घरेलू मामलों को लेकर अक्सर विवाद होता था। सूत्रों ने बताया कि रविवार को विवाद बढ़ने पर आरोपी निक्कू ने खेताऊ के सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया। गम्भीर रूप से घायल खेताऊ को कादीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
-
इंदौर । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य सरकार घरेलू काम-काज करने वाली हर महिला के लिए 10 हजार रुपये की मासिक आमदनी सुनिश्चित करेगी। मध्यप्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री महिलाओं के लिए ‘लाडली बहना योजना' शुरू कर चुके हैं। चौहान ने कहा कि यह आमदनी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित महिलाओं को महज दो प्रतिशत की ब्याज दर से बैंक से ऋण दिलाया जाएगा ताकि वे आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह बनाकर रोजगार शुरू कर सके। उन्होंने कहा कि इस कर्ज की अदायगी की गारंटी सरकार लेगी। चौहान, प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाडली बहना योजना की दूसरी किश्त लाभार्थी महिलाओं के खातों में पहुंचाने के भव्य समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले शुरू की गई इस योजना के तहत लाभार्थी महिला को हर महीने सरकारी खजाने से 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है और मुख्यमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि इस रकम को सिलसिलेवार तरीके से बढ़ाकर 3,000 रुपये तक पहुंचाया जाएगा। चौहान ने बताया,"हमने फैसला किया है कि 21 से 23 साल तक की उम्र वाली विवाहित महिलाओं तक भी लाड़ली बहना योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा और इसके लिए वे 25 जुलाई से आवेदन कर सकेंगी।"
-
भुवनेश्वर,। ओडिशा के एक निजी समाचार चैनल ने रविवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से युक्त एक वर्चुअल ‘न्यूज एंकर' को ‘लॉन्च' किया। कंपनी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ओडिशा की हैंडलूम साड़ी पहने हुए यह कृत्रिम महिला एंकर ‘ओटीवी नेटवर्क' के टीवी और ऑनलाइन मंचों पर ओडिया और आंग्रेजी दोनों भाषाओं में समाचार पढ़ेगी। बयान के अनुसार, ओटीवी ओडिया टीवी पत्रकारिता को पहली एआई न्यूज एंकर ‘लीजा' का तोहफा दे रहा है। एआई एंकर लीजा कई भाषाएं बोल सकती है, लेकिन फिलहाल वह सिर्फ ओडिया और अंग्रेजी भाषाओं में समाचार पढ़ेगी।
- जम्मू। जम्मू कश्मीर के डोडा जिले से शुरू होने वाली दो दिवसीय वार्षिक कैलाश यात्रा से जुड़ी तैयारियों की केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों ने समीक्षा की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। यह यात्रा 11 और 12 सितंबर को होनी है।अधिकारी ने कहा कि डोडा के जिला विकास आयुक्त,विशेष महाजन की अध्यक्षता में हुई एक संयुक्त बैठक में यात्रा से जुड़े इंतजाम पर चर्चा हुई। बैठक में नागरिक, पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों के अलावा पंचायत सदस्य और भद्रवाह स्थित सनातन धर्म सभा तथा कैलाश सेवा संघ के अध्यक्ष उपस्थित थे। यात्रा के तहत श्रद्धालु, 14,700 फुट की ऊंचाई पर स्थित कैलाश कुंड तक जाएंगे। यात्रा डोडा के गाथा में सदियों पुराने वासुकी नाग मंदिर से 'छड़ी मुबारक' (पवित्र छड़ी) के साथ रवाना होने से शुरू होगी। कैलाश कुंड, प्राचीन नाग संस्कृति को दर्शाता है। अधिकारी ने कहा कि सनातन धर्म सभा ने इस एतिहासिक तीर्थयात्रा के लिए सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं के ठहरने, परिवहन, अलाव के लिए लकड़ियों का इंतजाम तथा पानी और बिजली की व्यवस्था करने की मांग की है। सनातन धर्म सभा द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए महाजन ने यात्रा को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशानिर्देश दिए। डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब्दुल कयूम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। अधिकारी ने कहा कि भद्रवाह के अपर पुलिस अधीक्षक को श्रद्धालुओं को लाने व ले जाने वाले वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा गया है। अधिकारी ने कहा कि वन विभाग को कैलाश कुंड और हयान पर अलाव के लिए लकड़ियां उपलब्ध कराने को कहा गया है। कैलाश कुंड और हयान पर रात में वक्त श्रद्धालु ठहरेंगे। महाजन ने लोक निर्माण विभाग को भद्रवाह-चंबा मार्ग पर भूस्खलन के चलते जमा मिट्टी-पत्थर को हटाने का निर्देश दिया है, ताकि यात्रा के दौरान वाहनों की सुगम आवाजाही हो।
- बांदा (उप्र),। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज मेट्रो स्टेशन को बम विस्फोट कर उड़ाए जाने की योजना की फर्जी सूचना देने वाले युवक को बांदा जिले में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लक्ष्मी निवास मिश्रा ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि विगत शुक्रवार की रात करीब साढ़े 10 बजे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सूचना दी कि दिनेश तिवारी नामक आतंकवादी लखनऊ के हजरतगंज मेट्रो स्टेशन को बम विस्फोट कर उड़ा देगा, यही सूचना डायल 112 के कंट्रोल रूम को भी दी गई थी। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन ने यह सूचना सभी जनपदों की पुलिस को दी थी। इसके बाद कालिंजर थाना क्षेत्र के सढ़ा गांव के निवासी दिनेश तिवारी को पकड़कर पूछताछ की गई लेकिन जांच-पड़ताल में दिनेश की कोई भूमिका नहीं पाई गई। एएसपी ने बताया कि इसी बीच कॉल करने वाले व्यक्ति के नंबर को ट्रेस कर पता लगाया गया तो आरोपी चित्रकूट जिले के सीतापुर निवासी रमेश शुक्ला का निकला, इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मिश्रा ने बताया कि आरोपी रमेश शुक्ला ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी किसी के साथ चली गई है। उसे दिनेश पर शक था इसीलिए उसने उसे फंसाने के लिए फर्जी सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी रमेश शुक्ल ने फर्जी सूचना देकर लोक शांति भंग की है। उसके खिलाफ कालिंजर थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है ।
- तिरुपति (आंध्र प्रदेश), नौ जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के मित्तकंद्रिगा गांव में तिरुमाला की यात्रा कर लौट रहे एक ही परिवार के छह लोगों की रविवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तिरुपति-श्री कालाहस्ती के बीच उस वक्त हुई जब उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। रेनीगुंटा अनुभाग के पुलिस अधिकारी भव्य किशोर ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा' को बताया, ‘‘यह दुर्घटना आज दोपहर करीब पौने दो बजे हुई। सभी विजयवाड़ा के कृष्णलंका इलाके के रहने वाले थे।'' उन्होंने कहा कि वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिसमें केवल 16 वर्षीय एक लड़के की ही जान बच सकी।लड़के के मुताबिक, उसका परिवार शुक्रवार रात करीब आठ बजे विजयवाड़ा से चला और तिरुमाला पहुंचा और रविवार सुबह-सुबह मंदिर गया। लड़के ने बताया कि यात्रा के बाद उसके परिवार ने विजयवाड़ा वापस आने के लिए यात्रा शुरू की तभी उनका वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। लड़के के पैर में चोट लगी है, लेकिन वह ठीक है। पुलिस घटना से संबंधित अन्य जानकारी प्राप्त करने की कोशिश कर रही है, ताकि मामला दर्ज किया जा सके।
-
कानपुर (उप्र) । कानपुर देहात जिले के मंगलपुर क्षेत्र में संपत्ति के विवाद को लेकर रविवार तड़के एक बुजुर्ग दंपती की कथित तौर पर लकड़ी के टुकड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (कानपुर देहात) राजेश कुमार पांडे ने संवाददाताओं को बताया कि चिरखिरी गांव में राम प्रकाश विश्कर्मा (70) और उनकी पत्नी मालती (68) के शव उनके घर में बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में विश्वकर्मा के आरोपी चचेरे बड़े भाई मोहन लाल विश्वकर्मा (73) को गिरफ्तार किया गया। एएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी मोहन लाल ने अपना अपराध कबूल कर लिया और दावा किया कि संपत्ति विवाद को लेकर शराब के नशे में उसने अपने भाई और भाभी की लकड़ी के भारी टुकड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) आलोक सिंह और क्षेत्रीय पुलिस महानरीक्षक प्रशांत कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
-
उस्मानाबाद. महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले में स्थित मशहूर तुलजा भवानी मंदिर ने 2021-22 में 29 करोड़ रुपये के मुकाबले 2022-23 में करीब दोगुनी यानी 54 करोड़ रुपये की आय अर्जित की। मंदिर प्रशासन ने यह जानकारी दी। मंदिर संस्थान के अध्यक्ष एवं उस्मानाबाद के जिलाधीश डॉ. सचिन ओमबेस ने शनिवार को कहा कि पिछले वित्त वर्ष में अर्जित 54 करोड़ रुपये में से श्रद्धालुओं द्वारा पैसे देकर किए गए दर्शन से 15 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान से 19 करोड़ रुपये मिले। सदियों पुराना तुलजा भवानी मंदिर उस्मानाबाद के तुलजापुर में स्थित है और हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। जिलाधीश ने कहा, ‘‘हम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं और इसके कारण आय बढ़ी है। कई लोगों ने पैसे देकर दर्शन करने की सुविधा ली, जिसके लिए मंदिर प्रत्येक व्यक्ति से 500 रुपये का शुल्क लेता है।'' उन्होंने बताया कि पिछले महीने के अंत तक की गई गणना के अनुसार, 2009 से 2022 के बीच तुलजा भवानी मंदिर में कुल 207 किलोग्राम सोने और 2,570 किलोग्राम चांदी का चढ़ावा आया। जिलाधीश के मुताबिक, तुलजापुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की अनुमति से बनाया जा रहा मास्टर प्लान आखिरी चरण में है और इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
-
हैदराबाद. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को यहां दक्षिणी और कुछ अन्य राज्यों के वरिष्ठ पार्टी नेताओं की एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। हैदराबाद में भाजपा के तेलंगाना मुख्यालय में आयोजित क्षेत्रीय सलाहकार बैठक में पार्टी महासचिव बी एल संतोष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ पार्टी के सांसद व विधायक और राज्य इकाइयों के अध्यक्ष सहित अन्य लोग शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री एवं तेलंगाना में भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने ट्वीट किया, ‘‘जे पी नड्डा आज हैदराबाद में 12 राज्यों के भाजपा अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे।'' इससे पहले, रेड्डी ने यहां बेगमपेट हवाई अड्डे पर नड्डा के आगमन पर उनका स्वागत किया था। रेड्डी ने हाल ही में दक्षिणी राज्यों में पार्टी को मजबूत करने के लिए एक कार्य योजना बनाई है, जिस पर दिनभर की बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में इस साल के अंत में तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी बात की जाएगी।
-
नई दिल्ली। देश के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल के लाहौल और स्पीति में बाढ़ और एवलांच की चेतावनी दी है। दिल्ली, हिमाचल, पंजाब सहित देश के उत्तरी राज्यों में भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में 41 साल का रिकॉर्ड टूटा। 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे ज्यादा 153 मिमी बारिश हुई। इससे पहले 25 जुलाई 1982 में 169.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। 2003 में 24 घंटे में 133.4 मिमी बारिश हुई थी। वहीं 2013 में दिल्ली में 123.4 मिमी बारिश हुई थी। बारिश के चलते जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना के दो जवान पोशाना नदी पार करते हुए डूब गए। वहीं हिमाचल में 5, जम्मू में 2 और यूपी में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। कश्मीर में खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा तीन दिन से रुकी थी। रविवार को पहलगाम रूट पर यह दोबारा शुरू हो गई। तेज बारिश के चलते 6 हजार अमरनाथ यात्री रामबन में फंस गए थे।
-
चेन्नई । रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को एक विशेष ट्रेन को देश को समर्पित किया, जो विरासत स्थलों से संबंधित मार्गों पर चलाई जाएगी। वैष्णव ने यहां एमजीआर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर स्टीम लोको ट्रेन के रूप में संशोधित एक ट्रेन का निरीक्षण करने के बाद कहा कि आगामी कुछ महीनों में विरासत मार्गों पर ऐसी और ट्रेन शुरू की जाएंगी। उन्होंने इस अवधारणा के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि रेलवे ने एक नयी अवधारणा- 'हेरिटेज स्पेशल' पेश करने की योजना बनाई है, जिसे थीम के रूप में 'भाप इंजन' का उपयोग करके बनाया जाएगा। रेल मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जैसा कि हम सभी जानते हैं, भाप इंजन हमारे साथ भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है और भले ही यह आज नहीं चल रहा है, लेकिन हमने सोचा कि हम एक नए इंजन वाली ट्रेन बना सकते हैं जो भाप इंजन वाली ट्रेन की तरह दिखती है लेकिन वास्तव में बिजली से चलती है। '' वैष्णव ने कहा कि इस नयी योजना का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने प्रस्तुत किया गया और उन्होंने इसमें विश्वास जताते हुए इसे 'विरासत भी, विकास भी' नाम दिया, यानी 'विरासत' और 'विकास' एक साथ चलना चाहिए। रेल मंत्री ने कहा, ‘‘इस नयी अवधारणा को विरासत विशेष के रूप में बनाया गया है, इसके लिए मैं रेलवे के बहुत अच्छे तकनीकी अधिकारियों, कर्मचारियों और गोल्डन रॉक रेलवे वर्कशॉप, तिरुचिरापल्ली, पेरंबूर और अवाडी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने इस अवधारणा की रूपरेखा बनाने में अहम योगदान दिया है।
- चेन्नई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईएफसी) का दौरा कर इस संयंत्र में बनने वाली वंदे भारत ट्रेनों की निर्माण गतिविधियों का जायजा लिया। वैष्णव के साथ आईसीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी थे। वैष्णव ने नई पीढ़ी की अत्याधुनिक उच्च-गति वाली वंदे भारत ट्रेन के उत्पादन का जायजा लेने के साथ परिसर का दौरा भी किया। वैष्णव ने सोशल मीडिया पर कारखाने के अपने दौरे की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कहा, “चेन्नई स्थित आईसीएफ में वंदे भारत ट्रेन के उत्पादन का निरीक्षण किया।” रेल मंत्री ने आईसीएफ के अधिकारियों और कर्मचारियों से बात करने के अलावा उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। आईसीएफ कारखाने में ही 2018-19 में पहली ‘वंदे भारत एक्सप्रेस' ट्रेन बनकर तैयार हुई थी। तीव्र गति वाली यह ट्रेन अब देश के तमाम हिस्सों में चलने लगी है। शनिवार को भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नयी दिल्ली से वाराणसी के लिए पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वैष्णव ने इससे पहले एक विशेष ट्रेन का अनावरण किया, जिसे देश भर में विरासत स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों पर चलाया जाएगा।
- नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी की कुछ राज्य इकाइयों के पूर्व प्रमुखों समेत 10 नेताओं को शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया। पार्टी ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नए सदस्यों में बंडी संजय कुमार, दीपक प्रकाश, सतीश पूनिया और संजय जायसवाल शामिल हैं। कुमार पार्टी की तेलंगाना इकाई, प्रकाश झारखंड इकाई, पूनिया राजस्थान इकाई और जायसवाल बिहार इकाई के प्रमुख रह चुके हैं। सुरेश कश्यप, विष्णुदेव साय और अश्वनी शर्मा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। कश्यप पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई, साय छत्तीसगढ़ इकाई और शर्मा पंजाब इकाई के प्रमुख रहे हैं। पार्टी के बयान में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता धर्मलाल कौशिक, आंध्र प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सोमू वीरराजू और राजस्थान के नेता किरोड़ी लाल मीणा कार्यकारणी में शामिल अन्य सदस्य हैं। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
-
नई दिल्ली। रेल मंत्रालय ने वंदे भारत सहित सभी रेलगाड़ियों के वातानुकूलित और विशेष श्रेणी के किरायों में 25 प्रतिशत की कटौती करने की घोषणा की है। पिछले तीस दिनों के दौरान इन ट्रेनों में यात्रियों की संख्या 50 प्रतिशत से कम होने के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। मंत्रालय ने ए.सी. बोगियों में यात्रियों की संख्या बढ़ाने और किराये में रियायत देने की योजना को लागू करने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय रेलवे को देने का निर्णय लिया है। यह योजना अनुभूति और विस्टाडम बोगियों सहित ए.सी. सुविधा और कुर्सी यान तथा विशेष श्रेणी वाली सभी गाड़ियों पर लागू होगी। रियायत की राशि, बुनियादी किराये का अधिकतम 25 प्रतिशत होगी। आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट शुल्क, जीएसटी आदि शुल्क अलग से लगेंगे। मंत्रालय ने कहा है कि रियायतों की यह घोषणा तत्काल प्रभाव से लागू होगी। हालांकि, पहले से बुक किए गए टिकटों का कोई वापस भुगतान नहीं होगा। यह योजना अवकाश या त्योहारों पर चलाई जाने वाली विशेष ट्रेनों पर लागू नहीं होगी।
- नयी दिल्ली। उत्तर पश्चिमी दिल्ली के केएन काटजू मार्ग इलाके में 28 वर्षीय एक महिला की उसके पति ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि आरोपी की पहचान अकबर (30) के रूप में हुई तथा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया, आरोपी पति नशे का आदी है। वह हमेशा अपनी पत्नी से पैसे की मांग करता था। शुक्रवार को दोनों के बीच बहस हुई और आरोपी ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया। केएन काटजू मार्ग पुलिस थाने के अधिकारियों को महिला को चाकू मारने की सूचना मिली। महिला को बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) गुरइकबाल सिंह सिद्धू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केएन काटजू मार्ग पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
- रायबरेली (उत्तर प्रदेश) । जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के मंगता डेरा मजरे बांसी रिहायक में शनिवार की दोपहर पांच बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। गदागंज थाने के प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि सुबह गांव के कुछ बच्चे तालाब में नहाने गए थे उसी दौरान आठ बच्चे गहरे पानी में झूबने लगे। उन्होंने बताया कि अन्य बच्चों के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे लोग तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे, लेकिन पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृत बच्चों की पहचान रीतू (8), सोनम (10), वैशाली (12), रूपाली (9) और अमित (8) के रूप हुई है। उपजिलाधिकारी आसाराम वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि बच्चे रोज की तरह शनिवार को भी तालाब के पास खेलने गए थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक बच्चा तालाब में डूबने लगा और उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी गहरे पानी में उतरे। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।(सांकेतिक फोटो)
-
नयी दिल्ली। पेशे के प्रति प्रतिबद्धता का प्रदर्शन करते हुए यहां एक निजी अस्पताल के डॉक्टर ने 21 वर्षीय मूक-बधिर मरीज की गुर्दा प्रतिरोपण सर्जरी के दौरान और उसके बाद मदद के लिए सांकेतिक भाषा सीखी। फरीदाबाद के फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल में नेफ्रोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. तेजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले का चुनौतीपूर्ण पहलू मरीज की सुनने और बोलने में असमर्थता थी। इस वजह से मरीज के लिए खासकर प्रतिरोपण प्रक्रिया के दौरान अपनी समस्याओं और दर्द को बताना मुश्किल था। उन्होंने कहा, ‘‘मरीज और डॉक्टर के बीच का बंधन विशेष होता है। जब कोई मरीज किसी बीमारी से पीड़ित होता है और संवाद में कठिनाई होती है, तो डॉक्टर की चुनौती कई गुना बढ़ जाती है।''
मरीज 2017 से हेमोडायलिसिस पर था लेकिन कोई महत्वपूर्ण सुधार नहीं हुआ। मरीज को पिछले महीने अस्पताल लाया गया। उसकी मां का रक्त समूह मिलान हो गया और वह तुरंत अपना गुर्दा दान करने के लिए तैयार हो गईं। प्रतिरोपण 22 जून को चौहान और यूरोलॉजी एवं गुर्दा ट्रांसप्लांट निदेशक डॉ. अनूप गुलाटी द्वारा किया गया था। हालांकि, मरीज के मूक-बधिर होने के कारण उसके लिए अपने दर्द और आवश्यकताओं को बता पाना मुश्किल था। सांकेतिक भाषा की मदद से, चौहान ने मरीज की सर्जरी से पहले और बाद की प्रक्रियाओं को सुविधाजनक बनाया। मामले की जानकारी देते हुए, चौहान ने कहा, ‘‘गुर्दा प्रतिरोपण सफल रहा और प्रत्यारोपित गुर्दा बेहतर ढंग से काम कर रही है। मामले का चुनौतीपूर्ण पहलू यह था कि मरीज सुनने और बोलने में असमर्थ था।'' मरीज के अभिभावक सांकेतिक भाषा में कुशल हैं, जिससे प्रभावी संचार संभव हो सका। चौहान ने कहा, ‘‘इसके अतिरिक्त, मैंने सांकेतिक भाषा सीखने की पहल की। चूंकि पूर्ण दक्षता की जरूरत नहीं थी, इसलिए सरल संवाद सीखने में केवल एक सप्ताह लगा।'' -
पणजी। दक्षिण गोवा के मडगांव शहर में स्थित पुर्तगाल शासन के दौरान बनी इमारत का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया। इस इमारत में राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी स्वास्थ्य केंद्र था। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। माना जाता है कि यह इमारत कम से कम 200 वर्ष पुरानी है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुई जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इमारत को भारी क्षति हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें इमारत को और अधिक नुकसान से बचाने की जरूरत है।'' गोवा में बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि स्वास्थ्य सेवा निदेशालय को इमारत का तुरंत निरीक्षण करने और इसकी मरम्मत के लिए गोवा राज्य बुनियादी ढांचा विकास निगम (जीएसआईडीसी) के समक्ष यह मुद्दा उठाने के लिए कहा गया है। जीएसआईडीसी एक सरकारी संस्था है जो सरकारी इमारतों के रखरखाव और मरम्मत का काम देखती है।उन्होंने कहा, ‘‘निदेशक को वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर फाइल को तुरंत स्वास्थ्य सचिव, सरकार और कैबिनेट के पास भेजने का निर्देश दिया गया है ताकि यूएचसी (शहरी स्वास्थ्य केंद्र) के लिए अन्य स्थान निर्धारित किया जा सके।'' राणे ने कहा कि इमारत को संरक्षित करने की जरूरत है क्योंकि यह एक ऐतिहासिक और बहुत पुरानी संरचना है।गोवा में पुर्तगालियों ने लगभग 450 वर्षों तक शासन किया था, जिसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने 19 दिसंबर 1961 को पुर्तगालियों के कब्जे से इसे आजाद कराया।










.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)

.jpg)


.jpg)



.jpg)