- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अमरनाथ की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को शनिवार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने सभी इंतजाम किये हैं। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ श्री अमरनाथ जी की यात्रा अटूट परंपरा तथा ‘सनातन' संस्कृति की मान्यताओं का प्रतीक है। यह यात्रा आज से शुरू हो रही है।'' उन्होंने कहा,‘‘ बाबा बर्फानी के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने हर संभव प्रबंध किए हैं। आपकी सुखद यात्रा ही हमारी प्राथमिकता है। यात्रा के लिए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं। जय बाबा बर्फानी।'' जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार सुबह तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को जम्मू में भगवती नगर आधार शिविर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। शनिवार को 2,733 श्रद्धालु 94 वाहनों में सुबह चार बजकर 50 मिनट पर पहलगाम के लिए रवाना हुए, जबकि 1,683 तीर्थयात्री 92 वाहनों में लगभग एक घंटे पहले बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए। पिछले माह गृहमंत्री शाह ने वार्षिक यात्रा के सभी प्रबंधों का जायजा लिया था। शाह के निर्देशों पर केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की थी। यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों को पंजीकरण कराने के लिए पांच काउंटर बनाए गए हैं और अब तक 3.5 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। सूत्रों ने बताया कि इस वर्ष किसी भी तरह के आतंकी खतरे से निपटने के लिए ड्रोन तथा टोही कुत्तों की मदद ली जा रही है साथ ही प्राकृतिक आपदाओं से भी निपटने की व्यवस्था की गई है।
- -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' के मौके पर चिकित्सकों के योगदान की सराहना की। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर, मैं पूरे डॉक्टर समुदाय के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। यहां तक कि सबसे अभूतपूर्व समय में भी, चिकित्सकों ने उच्चतम स्तर के साहस, निस्वार्थता और दृढ़ता का उदाहरण पेश किया है। उपचार से परे उनका समर्पण हमारे समाज को उम्मीद और मजबूती देता है।'' प्रसिद्ध चिकित्सक बिधान चंद्र रॉय की याद में एक जुलाई को ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' मनाया जाता है। रॉय पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री भी रहे थे। उनका जन्मदिन और पुण्यतिथि इसी दिन पड़ती है। एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस' पर इन पेशेवरों की सेवाओं की भी सराहना की। ‘इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया' (आईसीएआई) की स्थापना एक जुलाई 1949 को हुई थी।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस पर, हम एक ऐसे पेशेवर समुदाय का सम्मान करते हैं जो हमारे देश के प्रमुख वित्तीय वास्तुकारों में से एक है। उनका विश्लेषणात्मक कौशल और दृढ़ प्रतिबद्धता हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उनकी विशेषज्ञता एक समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मदद करती है।
- -
नयी दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय के ‘स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग' (एसओएल) ने शैक्षणिक वर्ष 2023-24 के वास्ते स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण शुरू किए जाने की शनिवार को घोषणा की। एसओएल द्वारा कराये जाने वाले स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय-संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) की जरूरत नहीं होगी। एसओएल ने छह स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों एमबीए, एमए (हिंदी), एमए (इतिहास), एमए (राजनीति विज्ञान), एमए (संस्कृत) और एमकॉम में दाखिले के लिए छात्रों से आवेदन मांगे हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2023 है। एसओएल ने एक बयान में कहा, ‘‘एक जुलाई, 2023 से दाखिला पाने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को एसओएल की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा।'' इस बीच इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2023 सत्र के लिए नए दाखिले और ऑनलाइन तरीके से पुनः पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जुलाई, 2023 कर दी है।
-
नई दिल्ली। कश्मीर में, वार्षिक अमरनाथ यात्रा के पहले दिन शनिवार को सात हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। अधिकारियों ने बताया कि चार हजार 735 श्रद्धालु बालतल मार्ग से यात्रा के लिए रवाना हुए जबकि ढाई हजार श्रद्धालुओं ने पहलगाम मार्ग से यात्रा शुरू की।चार हजार चार सौ सोलह श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था जम्मू के यात्री निवास से बालतल और नुनवां के आधार शिविरों में पहुंचेगा और यहां से कल यात्रा जारी रखेगा।
अगले दो महीने तक चलने वाली इस यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए जम्मू कश्मीर के नागरिक और सुरक्षा प्रतिष्ठानों ने व्यापक प्रबंध किए हैं। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा के लिए राजभवन में बनाए गये नियंत्रण कक्ष में आज एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। -
नई दिल्ली। संसद का वर्षाकालीन सत्र इस महीने की 20 तारीख से शुरू होगा और 11 अगस्त तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। श्री जोशी ने सभी राजनीतिक दलों से मानसून सत्र में सक्रिय भागीदारी करने और विधायी मामलों तथा अन्य मुद्दों पर सार्थक चर्चा की अपील की है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के लालपुर गांव में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 की शुरूआत की। प्रधानमंत्री ने तीन करोड सत्तावन लाख आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कार्ड वितरित करने का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भर में सिकल सेल एनीमिया के कुल मामलों की आधी संख्या भारत में है लेकिन आजादी के 70 वर्ष बीत जाने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। यह रोग आदिवासी लोगों में ज्यादा होता है और इसके उन्मूलन के लिए आज से एक अभियान की शुरूआत की गई है।प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत कार्ड गरीब आदमी की जेब में पांच लाख रुपये के एटीएम कार्ड की तरह है जिसकी मदद से वह देश में कही भी उपचार करा सकता है। प्रधानमंत्री शाम को पकारियां गांव पहुंचे जहां उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों के साथ बातचीत की।
- बुलढाणा। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शुक्रवार देर रात हुई बस दुर्घटना में जीवित बचे एक यात्री ने बताया कि उसने और कुछ अन्य यात्रियों ने बस की खिड़की तोड़कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक यात्री बस में आग लगने से 25 यात्रियों की झुलस कर मौत हो गई। बस में 33 यात्री सवार थे।पुलिस ने बताया कि एक निजी ट्रैवल्स की बस नागपुर से पुणे जा रही थी, रास्ते में बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास शुक्रवार देर रात करीब 1.30 बजे बस डिवाइडर से टकरा गई और इसमें आग लग गई।हादसे में जीवित बचे व्यक्ति ने कहा, ‘‘बस का एक टायर फट गया और गाड़ी में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग फैल गई।’’उन्होंने कहा, ‘‘मैं और मेरे बगल में बैठा एक यात्री पिछले हिस्से की खिड़की तोड़कर निकलने में सफल रहे।’’जीवित बचे व्यक्ति ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस और दमकल की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।एक स्थानीय निवासी ने कहा कि चार से पांच यात्री बस की एक खिड़की तोड़कर निकलने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हर कोई ऐसा नहीं कर सका।’’स्थानीय निवासी ने कहा, ‘‘जो लोग बाद में बस से निकल सके उन्होंने हमें बताया कि उन्होंने राजमार्ग पर दूसरे वाहनों से मदद मांगी, लेकिन कोई नहीं रुका।’’स्थानीय निवासी ने कहा, ‘‘पिंपलखुटा में इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं होती हैं। मदद की गुहार लगने पर जब हम वहां गए तो हमने भयानक मंजर देखा।’’उन्होंने कहा, ‘‘अंदर मौजूद यात्री खिड़कियां तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। हमने लोगों को जिंदा जलते देखा…आग इतनी भीषण थी कि हम कुछ नहीं कर सके।’’ स्थानीय निवासी ने कहा कि अगर राजमार्ग से गुजर रहे वाहन मदद के लिए रुकते तो और यात्रियों की जान बचाई जा सकती थी।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के बुलढाणा में शुक्रवार देर रात हुई भीषण बस दुर्घटना पर दुख जताया और कहा कि घायलों को उपचार मुहैया कराया जा रहा है। बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक बस में आग लगने से कम से कम 25 यात्रियों की झुलसने से मौत हो गई।शाह ने ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदय विदारक है। दु:ख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’ पुलिस ने बताया कि निजी बस नागपुर से पुणे जा रही थी, रास्ते में देर रात सिंदखेडराजा के पास बस डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई।
- उदयपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनते हैं, तो घोटाले और भ्रष्टाचार भारत की नियति बन जाएंगे और अगर नरेंद्र मोदी फिर से चुने जाते हैं, तो धोखेबाज सलाखों के पीछे जाएंगे। उदयपुर में राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर उसने पिछले साल उदयपुर में हुए कन्हैया लाल हत्याकांड में विशेष अदालत का गठन किया होता तो आरोपियों को अब तक फांसी हो गई होती। गृह मंत्री ने अशोक गहलोत सरकार पर भ्रष्टाचार में नंबर वन होने का आरोप लगाया और लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में इसे सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।शाह ने विश्वास जताया कि भाजपा राज्य में सरकार बनाएगी और 2024 के लोकसभा चुनाव में 300 सीटों के साथ मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। पिछले नौ वर्षों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने के लिए उदयपुर में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए, शाह ने कहा कि ये नौ साल भारत के लिए कई मायनों में परिवर्तनकारी थे।अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले संयुक्त रणनीति बनाने के लिए हाल ही में पटना में हुई बैठक में विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग वहां इकट्ठा हुए थे वे भ्रष्टाचार में शामिल थे और लोगों के लिए अच्छा नहीं करना चाहते हैं। अपने बेटों का भविष्य तलाश रहे थे.उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का लक्ष्य राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है, लालू यादव का लक्ष्य अपने बेटे तेजस्वी यादव को प्रधानमंत्री बनाना है, ममता बनर्जी का लक्ष्य अपने भतीजे अभिषेक को मुख्यमंत्री बनाना है और इसी तरह अशोक गहलोत अपने बेटे वैभव को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं ।
-
नई दिल्ली। कश्मीर घाटी में अमरनाथ यात्रा आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। बम-बम भोले के उद्घोष के साथ श्रद्धालुओं ने बालताल और चंदनवाड़ी दोनों मार्गों से पैदल यात्रा आरंभ की। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रबंध किए गए हैं।वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए 4,400 से अधिक तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था यहां के भगवती नगर आधार शिविर से शनिवार को रवाना हुआ।अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्री सुबह 188 वाहनों में आधार शिविर से रवाना हुए और इसके साथ ही जम्मू आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 7,904 हो गई है।जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार सुबह तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को भगवती नगर आधार शिविर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था ।अमरनाथ के लिए 62 दिवसीय तीर्थयात्रा शनिवार को कश्मीर से शुरू हुई। इस यात्रा के लिए दो मार्ग हैं। पहला, अनंतनाग जिले का 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग, जबकि दूसरा गांदरबल जिले का बालटाल मार्ग, जो करीब 14 किलोमीटर छोटा, लेकिन बेहद दुर्गम है।
भगवती नगर आधार शिविर के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।जम्मू में 33 आवास केंद्र स्थापित किए गए हैं और श्रद्धालुओं को रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान (आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं। यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों को पंजीकरण कराने के लिए पांच काउंटर बनाए गए हैं और अब तक 3.5 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।
- पुणे। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शुक्रवार देर रात भीषण हादसा हुआ। सिंदखेड़ में राजा शहर के पास समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक एसी बस में भीषण आग लग गई। बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग में फंसकर 25 यात्रियों की मौत हो गई। बस नागपुर से पुणे जा रही थी। बुलढाणा एसपी सुनील कड़ासेन ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार की देर रात करीब 2 बजे हुआ। बस में कुल 33 लोग सवार थे। जिनमें से 25 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। बस का ड्राइवर सुरक्षित है।बस ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह यात्रियों को यवतमाल से लेकर पुणे जा रहा था। समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर अचानक टायर फटने के बाद बस पलट गई, जिससे बस में आग लग गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब ज्यादातर यात्री सो रहे थे। उन्हें निकलने का मौका तक नहीं मिला।बुलढाणा के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। बस से 25 शव निकाले गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ था। ट्रैफिक पुलिस ने एक्सप्रेसवे को फिर से शुरू कराया है।
-
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने टोमैटो ग्रैंड चैलेंज हैकेथॉन की घोषणा की है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं के लिए सस्ता टमाटर उपलब्ध कराना और टमाटर उत्पादकों को उचित मूल्य दिलाना है। इस चुनौती के तहत टमाटर की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला के लिए नए विचारों को आमंत्रित किया गया है। उत्कृष्ट विचारों को बड़े पैमाने पर कार्यरूप दिया जाएगा।
हैकेथॉन का उद्देश्य मौसम परिवर्तन के समय टमाटर की कीमतों में अस्थिरता को रोकना, मूल्य श्रृंखला की दिक्कतों को दूर करना तथा प्रतिकूल परिस्थितियों और स्थानीय स्तर पर अधिक उत्पादन की समस्या से निपटना है। इच्छुक प्रतिभागी उपभोक्ता कार्य विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। - नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर 17वीं भारतीय सहकारी कांग्रेस को संबोधित करेंगे। इसका आयोजन राजधानी स्थित प्रगति मैदान में किया गया है।प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी। पीएमओ ने कहा कि ‘सहकार से समृद्धि’ के दृष्टिकोण में प्रधानमंत्री के दृढ़ विश्वास से प्रेरित होकर सरकार देश में सहकारी आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठा रही है।उसने कहा, ‘‘इस प्रयास को मजबूती देने के लिए सरकार द्वारा एक अलग सहकारिता मंत्रालय बनाया गया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की भागीदारी इस दिशा में एक और कदम है।’’17वीं भारतीय सहकारी कांग्रेस का आयोजन 1-2 जुलाई को किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सहकारी आंदोलन में विभिन्न रुझानों पर चर्चा करना, अपनाई जा रही सर्वोत्तम प्रथाओं को सामने लाना, चुनौतियों पर चर्चा करना और भारत के सहकारी आंदोलन के विकास के लिए भविष्य की नीतिगत दिशा तैयार करना है।कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘अमृत काल: एक जीवंत भारत के लिए सहयोग के माध्यम से समृद्धि’ है। इस मुख्य विषय पर सात तकनीकी सत्र भी होंगे।इसमें प्राथमिक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की सहकारी समितियों, अंतरराष्ट्रीय सहकारी संगठनों के प्रतिनिधियों, अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन के प्रतिनिधियों, मंत्रालयों, विश्वविद्यालयों, प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित 3600 से अधिक हितधारकों की भागीदारी होगी।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक जुलाई को मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे जहां वह ‘राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन’ की शुरुआत करेंगे। वह लाभार्थियों को सिकल सेल जेनेटिक स्टेटस कार्ड भी वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, इस मिशन का उद्देश्य सिकल सेल रोग से, विशेष रूप से जनजातीय आबादी के बीच उत्पन्न स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान करना है। इस सप्ताह यह प्रधानमंत्री मोदी का मध्य प्रदेश का दूसरा दौरा होगा। उन्होंने मंगलवार को भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी और फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया था। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।केंद्रीय बजट 2023 में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की घोषणा की गई थी। यह मिशन देश के गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम, उत्तर प्रदेश, केरल, बिहार और उत्तराखंड के 278 जिलों में लागू किया जाएगा।पीएमओ ने कहा कि यह मिशन 2047 तक सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में सिकल सेल रोग को खत्म करने के लिए सरकार के चल रहे प्रयासों में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर होगा।प्रधानमंत्री इस अवसर पर मध्य प्रदेश में लगभग 3.57 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) कार्ड के वितरण की शुरुआत करेंगे।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री रानी दुर्गावती गौरव यात्रा के समापन के अवसर पर रानी दुर्गावती को श्रद्धांजलि देंगे। रानी दुर्गावती की वीरता और बलिदान को लोकप्रिय बनाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।रानी दुर्गावती, 16 वीं शताब्दी के मध्य में गोंडवाना की शासक थीं। उन्हें एक बहादुर, निडर और साहसी योद्धा के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने मुगलों के खिलाफ स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी। एक अनूठी पहल के तहत प्रधानमंत्री शहडोल जिले के पकरिया गांव का दौरा करेंगे और जनजातीय समुदाय, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न पंचायत समितियों के नेताओं और ग्राम फुटबॉल क्लबों के कप्तानों के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री जनजातीय और लोक कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम देखेंगे और गांव में रात्रि भोजन भी करेंगे।
- जम्मू ।जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज तड़के जम्मू में भगवती नगर के आधार शिविर से श्री अमरनाथ जी यात्रियों का पहला जत्था रवाना किया। कड़ी सुरक्षा और सुरक्षा बलों के काफिले के बीच, यात्रियों का पहला जत्था पूरे उत्साह के साथ कश्मीर घाटी से अमरनाथ जी की पवित्र गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुआ।
-
नई दिल्ली। समान नागरिक संहिता पर हितधारकों के विचार सुनने के लिए संसदीय स्थायी समिति ने बैठक बुलाई है। यह बैठक तीन जुलाई को आयोजित की जाएगी। कार्मिक, लोक शिकायत, कानून और न्याय पर संसदीय स्थायी समिति ने कल समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर एक बैठक बुलाई जिसमें कहा गया कि समिति हितधारकों के विचारों को सुनेगी।
समान नागरिक संहिता भारत में नागरिकों के व्यक्तिगत कानूनों को बनाने और लागू करने का एक प्रस्ताव है। यह सभी नागरिकों पर उनके धर्म, लिंग और यौन झुकाव के आधार पर परवाह किए बिना समान रूप से लागू होगा। वर्तमान में, विभिन्न समुदायों के व्यक्तिगत कानून उनके धार्मिक ग्रंथों के आधार पर चलते हैं। इसके अलावा, 14 जून को, भारत के विधि आयोग ने समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर आम जनता और मान्यता प्राप्त धार्मिक संगठनों से भी उनकी राय और विचार मांगे हैं। -
नई दिल्ली। सेवाओं के लिए आधार आधारित चेहरा प्रमाणीकरण लेनदेन इस वर्ष मई में एक करोड़ छह लाख के उच्चतम स्तर को पार कर गया है। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि एक करोड़ से अधिक फेस ऑथेंटिकेशन लेनदेन दर्ज करने वाला यह लगातार दूसरा महीना है। यह सुविधा अक्टूबर 2021 में शुरू की गई थी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के चेहरा प्रमाणीकरण को अब राज्य सरकार के विभागों, केंद्र सरकार के मंत्रालयों और कुछ बैंकों सहित 47 संस्थाएं उपयोग कर रही हैं। ये वरिष्ठ नागरिकों और उन सभी लोगों की मदद कर रहा है जिनके फिंगरप्रिंट या स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं। मंत्रालय ने कहा है कि इसका उपयोग आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, पीएम किसान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को पंजीकृत करने और पेंशनभोगियों के घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए किया जा रहा है।
-
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार के नौ वर्ष गरीबों के कल्याण, गौरवान्वित और सुरक्षित भारत का काल हैं। गुरुवार को बिहार के लखीसराय में एक जनसभा में श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले नौ वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
श्री शाह ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों को एकजुट करने के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने विपक्षी एकता को एक दिखावा बताया। श्री शाह ने कहा कि नीतीश कुमार राज्य में अपनी कुर्सी बचाए रखने की कोशिश में हैं। उन्होंने कहा कि कहा कि जिन 20 विपक्षी दलों को नीतीश कुमार एकजुट कर रहे है उन दलों पर वर्ष 2004 से 2014 के बीच 20 लाख करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है।श्री शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने पिछले 20 वर्षों में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए कई बार लॉन्च करने के विफल प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार के दो लोकसभा चुनावों की तरह 2024 के चुनाव में भी जनता प्रधानमंत्री मोदी को ही फिर से चुनेगी क्योंकि अब भ्रष्ट राजनीतिक दलों के लिए कोई जगह नहीं बची है। -
शिमला. जिले के भद्राश-रोहडू लिंक रोड पर बुधवार को एक कार के खड्ड में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार में सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देवठी लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उप निरीक्षक जयदेव ने बताया कि शवों को दमकमल कर्मियों की मदद से खड्ड से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान रामपुर तहसील के अविनाश मंता (24), संदीप (40), सुमन (22) और हिमानी (22) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल हुई महिला की पहचान शिवानी (22) के तौर पर हुई है।
- नयी दिल्ली. कुछ विशेषज्ञों ने स्पाइनल मस्क्युलर एट्रोफी (एसएमए) और लोगों पर इसके प्रभाव से निपटने के लिए कुछ एहतियाती उपाय अपनाने की जरूरत पर जोर दिया है। एसएमए वह स्थिति है जब मोटर न्यूरॉन को क्षति होने से मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और कई मामलों में तो यह जटिलता घातक हो जाती है। मोटर न्यूरॉन मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी में पाई जाने वाली वो कोशिकाएं हैं जो मस्तिष्क से इन कार्यों को करने वाली मांसपेशियों को आदेश भेजकर हमें चलने, बोलने, निगलने और सांस लेने आदि क्रियाकलापों की अनुमति देती हैं। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शिशुरोग विभाग में न्यूरोलॉजी खंड की प्रमुख डॉ शेफाली गुलाटी ने कहा कि इस स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए एहतियाती उपायों पर ध्यान देना अहम होगा जिससे समयबद्ध तरीके से प्रभावित बच्चों का पता चल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लोगों, संभावित रोगियों और आम जनता के बीच भी इसे लेकर जागरुकता लाना जरूरी है। डॉ गुलाटी ने कहा कि सरकार की राष्ट्रीय दुर्लभ रोग नीति (एनपीआरडी) सही दिशा में एक कदम है जिसमें बच्चे के जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी स्क्रीनिंग की जाती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों की जल्द पहचान होने पर तत्काल उपचार शुरू किया जा सकता है।इसके अलावा केंद्र सरकार के जैव-प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) ने ‘उम्मीद' पहल शुरू की है जो ‘उपचार से बेहतर है रोकथाम' वाले सिद्धांत पर आधारित है। इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में परामर्श, जांच और रोग की पहचान के लिए निदान केंद्र बनाना है।संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआई), लखनऊ के डॉ कौशिक मंडल ने नवजात बच्चों की स्क्रीनिंग पर जोर दिया है जो भारत के कुछ हिस्सों में शुरू हो गयी है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह समेत भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बुधवार को यहां बैठक की। सरकार तथा संगठन में बदलाव की अटकलों के बीच, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा भी बैठक में शामिल हुए।पार्टी साल के अंत में होने वाले अहम विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी में जुट गई है। बैठक के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।यह बैठक ऐसे वक्त में हुई है जब शाह, नड्डा और भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष संगठन तथा राजनीतिक मुद्दों पर लगातार बैठकें कर रहे हैं।
- जम्मू। प्रशासन ने दक्षिण कश्मीर हिमालय क्षेत्र स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा के लिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं के वास्ते गुरुवार को मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी।हिमालय क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए आगामी एक जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के वास्ते साधुओं सहित 1,500 से अधिक तीर्थयात्री जम्मू शहर पहुंच चुके हैं।शहर के शालीमार क्षेत्र में जहां अपंजीकृत तीर्थयात्रियों के लिए मौके पर ही पंजीकरण के वास्ते केंद्र स्थापित किया गया है, वहीं पुरानी मंडी स्थित राम मंदिर परिसर में साधुओं के पंजीकरण के लिए एक विशेष शिविर स्थापित किया गया है।अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच, 1000 से अधिक तीर्थयात्री आगे की यात्रा के लिए यहां भगवती-नगर आधार शिविर पहुंच चुके हैं।यह 62 दिवसीय तीर्थयात्रा दो मार्गों- अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से शुरू होगी।उपमंडल मजिस्ट्रेट नर्गेश सिंह ने बताया कि देश के सभी हिस्सों से आने वाले गैर-पंजीकृत तीर्थयात्रियों का पंजीकरण यहां काउंटर पर मौके पर ही शुरू हो गया है।उन्होंने कहा कि सुचारू पंजीकरण के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।तहसीलदार जय सिंह ने कहा, ‘जम्मू में साधुओं का पंजीकरण आज से शुरू हो गया है। साधुओं को सर्वोत्तम संभव सुविधाएं देने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।’यात्रा के लिए यहां पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों में उत्साह देखते ही बनता है।उत्तर प्रदेश के संजीव कुमार ने कहा कि वह चौथी बार अमरनाथ यात्रा कर रहे हैं।दिल्ली से आए 69 वर्षीय जगदेश राज ने कहा, ‘अपने पूरे जीवन में, मैं तीर्थयात्रा की इच्छा रखने वाले लोगों को सुविधा प्रदान करता रहा हूं, लेकिन खुद दर्शन करने नहीं पहुंच सका। हालांकि, मुझे बहुत खुशी है कि अब मैं अमरनाथ के दर्शन करने जा रहा हूं।’उत्तराखंड स्थित यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की चारधाम यात्रा पूरी करने के बाद साधु यहां पहुंचे हैं।वहीं, एक अन्य तीर्थयात्री रमेश चंद्र गिरि ने कहा, ‘हम यहां पंजीकरण के लिए आए हैं, जो आज से शुरू हुआ…यह छठी बार है, जब मैं अमरनाथ जा रहा हूं।’ file photo
- नयी दिल्ली। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के बाबा हरिदा नगर इलाके में निजी दुश्मनी के कारण एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नजफगढ़ के गालिबपुर गांव के रहने वाले चट्टान सिंह (26) के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, 12 जून को खैरा मोड़ के पास धीरेंद्र (38) अपनी टैक्सी में मृत पाया गया था, उसे गोली लगी थी। जांच से पता चला है कि आरोपी खैरा मोड़ पर धीरेंद्र से मिलने आया था और दोनों धीरेंद्र की कार में बैठ गए थे।पुलिस ने बताया कि कार में बैठने के बाद उनके बीच बहस हुई जिसके बाद चट्टान सिंह ने धीरेंद्र को कथित तौर पर गोली मार दी।पुलिस ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और चट्टान सिंह पर नजर रखना शुरू कर दिया।पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम हर्ष वर्धन ने बताया कि प्राप्त जानकारी के आधार पर छापेमारी की गई और चट्टान सिंह को 20 जून को ककरोला गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने कहा कि धीरेंद्र का एक व्यक्ति के साथ कुछ वित्तीय विवाद था जो चट्टान सिंह का दोस्त भी है। धीरेंद्र ने उनके विवाद में हस्तक्षेप किया, जिसके कारण धीरेंद्र और चट्टान सिंह के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक बाद में, चट्टान सिंह खैरा मोड़ गया जहां उसने कार के अंदर हुई बहस के दौरान धीरेंद्र पर गोली चला दी।(सांकेतिक फोटो)
- इम्फाल। मणिपुर दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को बिष्णुपुर में घंटों फंसे रहने के बाद चुराचांदपुर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए। सूत्रों ने यह जानकारी दी।क्षेत्र में राहत शिविरों का दौरा करने के लिए चुराचांदपुर जा रहे गांधी के काफिले को राज्य की राजधानी से लगभग 20 किलोमीटर दूर बिष्णुपुर में पुलिस ने रोक दिया था। हवाई अड्डे पर एक सूत्र ने बताया, ‘‘राहुल गांधी ने चुराचांदपुर जाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया। पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारी हेलीकॉप्टर में उनके साथ थे।’’सूत्रों ने बताया कि हिंसा प्रभावित मणिपुर की दो दिवसीय यात्रा पर आये कांग्रेस नेता गांधी बिष्णुपुर से इम्फाल हवाई अड्डे पर वापस आये और हेलीकॉप्टर में सवार हुए। इस बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार हिंसा प्रभावित राज्य में गांधी की यात्रा को विफल करने का प्रयास कर रही है।दूसरी ओर, भाजपा ने दावा किया कि गांधी को हेलीकॉप्टर से जाने के लिए कहा गया था क्योंकि उनकी यात्रा का विभिन्न वर्गों ने विरोध किया था लेकिन वह सड़क मार्ग से यात्रा करने पर ‘‘अड़े’’ हुए थे।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रास्ते में हिंसा की आशंका के चलते काफिले को रोका गया।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उनकी सुरक्षा को खतरा है। हम राहुल गांधी को आगे बढ़ने देने का जोखिम नहीं उठा सकते।’’कांग्रेस ने हालांकि आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें गांधी की यात्रा को रोकने के लिए ‘‘निरंकुश तरीकों’’ का इस्तेमाल कर रही हैं।कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘डबल इंजन वाली विनाशकारी सरकारें राहुल गांधी की लोगों तक पहुंच को रोकने के लिए निरंकुश तरीकों का इस्तेमाल कर रही हैं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक मानदंडों को ध्वस्त करता है। मणिपुर को शांति की जरूरत है, टकराव की नहीं।’’उन्होंने कहा, ‘‘गांधी राहत शिविरों में पीड़ित लोगों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने के लिए वहां जा रहे हैं।’’कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने आरोप लगाया कि गांधी के काफिले को रोकने का आदेश मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह की ओर से आया था क्योंकि ‘‘हर कोई उनका स्वागत कर रहा था।’’कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह “सबसे दुर्भाग्यपूर्ण” है कि मोदी सरकार गांधी को राहत शिविरों का दौरा करने और इम्फाल के बाहर लोगों से बातचीत करने से रोक रही है।रमेश ने पूछा, “उनकी दो दिवसीय मणिपुर यात्रा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की भावना के अनुरूप है। प्रधानमंत्री चुप रहना या निष्क्रिय रहना चुन सकते हैं, लेकिन मणिपुरी समाज के सभी वर्गों को सुनने और उन्हें सांत्वना देने के राहुल गांधी के प्रयासों को क्यों रोका जाए?”भाजपा ने हालांकि आश्चर्य जताया कि गांधी चुराचांदपुर हेलीकॉप्टर से क्यों नहीं जाना चाह रहे।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी की मणिपुर यात्रा का मणिपुर में कई नागरिक समाज संगठनों और छात्र संघों ने पुरजोर विरोध किया है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने गांधी से हेलीकॉप्टर से चुराचांदपुर जाने का अनुरोध किया।’’उन्होंने कहा, ‘‘क्षुद्र राजनीतिक लाभ के लिए ‘‘अड़ियल’’ रवैया अपनाने से ज्यादा महत्वपूर्ण है कि संवेदनशील स्थिति को समझा जाये।पुलिस सूत्रों ने कहा कि बिष्णुपुर जिले के उटलोऊ गांव के निकट राजमार्ग पर टायर जलाए गए और काफिले पर कुछ पत्थर फेंके गए।एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका है और इसलिए एहतियातन काफिले को बिष्णुपुर में रुकने का अनुरोध किया था।’’गौरतलब है कि मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के बीच मई की शुरुआत में भड़की जातीय हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।मणिपुर में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद झड़पें शुरू हुई थीं। मणिपुर की 53 प्रतिशत आबादी मेइती समुदाय की है और यह मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहती है। वहीं, नगा और कुकी जैसे आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है और यह मुख्यत: पर्वतीय जिलों में रहती है।
- तिरुवनंतपुरम. केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के कल्लमबलम के पास मंगलवार रात चार व्यक्तियों ने एक लड़की के विवाह से एक दिन पहले उसके पिता की हत्या कर दी। लड़की का विवाह बुधवार को होने वाला था लेकिन शादी के स्थान पर उसके पिता का अंतिम संस्कार किया गया। लड़की के पिता राजू (61) की कथित तौर पर चार आरोपी जिष्णु, उसके भाई जिजिन और उनके दो दोस्तों ने मंगलवार रात उसके घर के परिसर में तब कथित तौर पर हत्या कर दी, जब विवाह से पहले की रस्में समाप्त हो गई थीं और सभी मेहमान चले गए थे। राजू के एक नजदीकी रिश्तेदार ने बताया कि आरोपी जिष्णु और आरोपी जिजिन का परिवार पीड़ित का पड़ोसी है और वे कुछ साल पहले राजू की बेटी के विवाह का प्रस्ताव लेकर आए थे, लेकिन परिवार ने दोनों के कथित आपराधिक इतिहास के कारण उसे अस्वीकार कर दिया था। विवाह यहां शिवगिरि में पूर्वाह्न 11.10 बजे होने वाला था। बुधवार को जब सजावट हटाई जा रही थी, पीड़ित राजू के चचेरे भाई ने मीडिया को बताया कि सभी मेहमानों के जाने के बाद चार लोग हंगामा उत्पन्न करने के इरादे से आए थे। उन्होंने कहा, ''हमलावरों ने सबसे पहले दुल्हन पर हमला किया। जब उसकी मां बचाने आई तो हमलावरों ने उस पर भी हमला किया। इस दौरान मेरे भाई ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसके सिर पर बेचले से प्रहार कर दिया।'' पीड़ित के चचेरे भाई ने कहा, ‘‘हमलावरों ने पास में रहने वाले हमारे एक रिश्तेदार के सिर पर भी हमला किया जो पीड़ित की मदद के लिए आगे आया था। उसके सिर पर छह-सात टांके लगे हैं।'' उन्होंने कहा कि पीड़ित को अस्पताल ले जाने के दौरान हमलावरों ने उस वाहन का पीछा किया जिसमें उन्हें ले जाया जा रहा था और यह जानने के बाद वहां से फरार हो गए कि उनकी मौत हो गई है। उन्होंने कहा, ''बाद में उन्हें इलाके के लोगों ने पकड़ लिया।'' बाद में पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने राजू और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला करने और उनकी पिटाई करने की बात स्वीकार की है। जिला पुलिस प्रमुख (ग्रामीण) डी. शिल्पा ने अपराध स्थल का निरीक्षण करने और पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘असली मकसद और क्या यह पूर्व नियोजित था, यह आरोपियों से आगे की पूछताछ के दौरान पता चलेगा। आरोपियों में से एक का दावा है कि वह दुल्हन के करीब था, लेकिन उसके परिवार के इसके खिलाफ होने के कारण, उसका विवाह किसी और के साथ तय हो गया था।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए वह नाखुश था और परेशानी पैदा करने के लिए पीड़ित के घर आया। इसकी शुरुआत तीखी बहस से हुई और फिर पीड़ित और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला हुआ।'' राज्य के शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि यह एक "चौंकाने वाली" घटना है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार हर संभव कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आरोपियों द्वारा कथित तौर पर नशीली दवाओं का उपयोग भी एक कारक हो सकता है जिसके चलते उन्होंने राजू पर हमला किया। दोपहर में राजू का शव परिवार को सौंपे जाने के बाद, उसे रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों के अंतिम दर्शन के लिए घर के सामने रखा गया। लोगों के विवाह से संबंधित समारोह के लिए इकट्ठा होने के बजाय, सैकड़ों लोग मृतक को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे। इसके बाद घर के परिसर में ही हिंदू रीति-रिवाज से शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले दिन में पीड़ित की एक महिला रिश्तेदार ने कहा कि दुल्हन एम. एससी. तक की पढ़ाई की है जबकि आरोपी ने स्नातक भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि विवाह का प्रस्ताव अस्वीकार किये जाने के बाद आरोपियों ने परिवार को धमकी दी थी।







.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)