- Home
- देश
-
जयपुर. जयपुर ग्रामीण के दूदू थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राज मार्ग पर एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दो अन्य ट्रको को टक्कर मार दी जिसके बाद लगी आग मे पांच लोग जिंदा जल गए। पुलिस ने बताया कि मवेशियों को ले जा रहे ट्रक सहित तीन ट्रकों में आग लग गई और आग में 12 मवेशियों की भी मौत हो गई। उसने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे जयपुर ग्रामीण के दूदू इलाके में हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जयपुर ग्रामीण) दिनेश शर्मा ने बताया कि टक्कर के बाद लगी आग ने तीनों ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग में एक ट्रक के चालक सहित पांच लोग जिंदा जल गए।
दूदू के सर्किल अधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि ट्रक में हरियाणा निवासी पवन (28), संजू (18), धर्मवीर (34) और बिहार जिले के छपरा के जन विजय (35) और बिजली (26) सवार थे। उन्होंने बताया , “सड़क के किनारे दो ट्रक खड़े थे। हरियाणा से पुणे मवेशियों को ले जा रहे ट्रक ने उनमें से एक को टक्कर मार दी। यह दुर्घटना संभवत: चालक के नींद में गाड़ी चलाने के कारण हुई है।'' अधिकारी ने कहा कि राजमार्ग पर यातायात ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ क्योंकि यह हादसा राजमार्ग के किनारे पर हुआ था। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों में से एक ट्रक में सूत के बंडल लदे थे, जबकि दूसरे ट्रक में प्लास्टिक की थैलियां थीं। उन्होंने बताया कि आग इसलिए लगी क्योंकि ट्रकों के डीजल टैंक क्षतिग्रस्त हो गए और दो ट्रकों में धागा और प्लास्टिक बैग जैसे ज्वलनशील सामान होने के कारण आग की लपटें तेजी से फैल गईं। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।जयपुर कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी निरीक्षण के लिए घटनास्थल पर गये।उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। - शिकायत करने तीन किमी पैदल चलकर थाने पहुंचा 12 वर्षीय लड़काआगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा देहात क्षेत्र में शराब के नशे में पिता की पिटाई से अपनी मां को बचाने के लिए 12 वर्षीय एक लड़का तीन किलोमीटर नंगे पैर चलकर पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लड़के ने अपने पिता को अपनी मां को लोहे के पाइप और बेल्ट से पीटते देखा, जिसके बाद वह बसोनी पुलिस थाना गया। घटना मंगलवार को बाह प्रखंड के जेबरा गांव में हुई।थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘लड़का मंगलवार सुबह पुलिस थाने आया, जब मैं अपने कार्यालय के बाहर बैठा था। वह मेरी ओर आया और शिकायत की कि उसके पिता मेरी मां को बेल्ट और लोहे की पाइप से पीट रहे हैं।'' उन्होंने बताया, ‘‘12 साल के लड़के ने यह भी शिकायत की कि उसके पिता को शराब की लत है और वह अक्सर उसकी मां को पीटते हैं।'' पिता आगरा ग्रामीण के बाह में एक निजी फैक्ट्री में मजदूर के रूप में काम करता है।कुमार ने बताया कि उन्होंने लड़के के घर पर पुलिस की एक टीम भेजी, जिसने पहले तो लड़के के पिता को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया क्योंकि उसकी पत्नी आरोप नहीं लगाना चाहती थी और लड़के के पिता ने कभी भी उस पर हाथ नहीं उठाने का वादा किया। कुमार ने कहा, "मैं उस लड़के के साहस को देखकर आश्चर्यचकित था। उसकी उम्र के बच्चों को पुलिस थाने आते और ऐसी घटनाओं के बारे में शिकायत करते हुए कम ही देखा जाता है। वह अकेले आया और हमें पूरी घटना के बारे में बताया।''
- नयी दिल्ली. गन्ने के अब तक के सर्वाधिक उचित और लाभकारी मूल्य को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूरी दिये जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि मोदी सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 2023-24 सत्र के लिये गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य (एफआरपी) 10 रुपये बढ़ाकर 315 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया। एफआरपी वह न्यूनतम मूल्य है, जिस पर चीनी मिलें किसानों से गन्ना खरीदती हैं। गन्ने का पेराई सत्र अक्टूबर से शुरू होता है। शाह ने कहा, ‘‘मोदी सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज मंत्रिमंडल द्वारा गन्ना किसानों के लिए अब तक के सर्वाधिक उचित और लाभकारी मूल्य को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार। इस फैसले से करीब पांच करोड़ गन्ना किसानों को और चीनी मिलों में काम कर रहे लाखों श्रमिकों को लाभ होगा।'' गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने कैबिनेट की बैठक में अनेक योजनाओं को मंजूरी दी है जो किसानों के कल्याण के उसके संकल्प को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इन योजनाओं से किसानों की खेती की लागत कम होगी और उत्पादकता बढ़ेगी। साथ ही प्राकृतिक खेती, नैनो यूरिया और जैविक खाद जैसे नए विकल्पों को बढ़ावा देने से कृषि में उपयोग होने वाली भूमि की स्थिति में भी बहुत सुधार आएगा।'' शाह ने मंत्रिमंडल की बैठक में राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन विधेयक को मंजूरी दिये जाने पर भी प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा, ‘‘50,000 करोड़ रुपये के कुल आवंटन के साथ यह भारत के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान के मार्गदर्शन का रास्ता साफ करेगा।'' केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (एनआरएफ) विधेयक 2023 को संसद में पेश करने को मंजूरी दे दी। इससे राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (एनआरएफ) की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा। मंत्रिमंडल ने वैकल्पिक उर्वरकों को बढ़ावा देने और रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग को कम करने के मकसद से राज्यों को प्रोत्साहित करने के लिए नई योजना ‘पीएम-प्रणाम' को भी मंजूरी दी। साथ ही, 3.68 लाख करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ मौजूदा यूरिया सब्सिडी योजना को मार्च 2025 तक जारी रखने का भी फैसला किया।
-
जोधपुर. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि वह किसी प्रधानमंत्री की आलोचना नहीं करते हैं, चाहे वह किसी भी राजनीतिक पार्टी से हो क्योंकि वह मानता हैं कि प्रधानमंत्री कोई व्यक्ति नहीं बल्कि संस्था होता है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र देश में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात करता है तो राजनीतिक विरोधियों द्वारा सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जाती है। यहां शेरगढ में केन्द्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) ने भ्रष्टाचार को कम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने जो मजबूरी व्यक्त की थी उसको प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) ने चुनौती के रूप में स्वीकार किया और आज 100 पैसा दिल्ली से चलता है तो 100 का 100 पैसा ही आपकी जेब में पहुंचता है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी ने भ्रष्टाचार को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की थी… लाचारी व्यक्त करते हुए कहा था,‘‘क्या करें देश में भ्रष्टाचार इतना अधिक है कि मैं ऊपर से 100 पैसा भेजता हूं लेकिन लोगो की जेब तक पहुंचते पहुंचते बामुश्किल 15 पैसे पहुंच पाता है और 85 पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ जाता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं राजीव गांधी की आलोचना नहीं कर रहा.. मैं किसी प्रधानमंत्री की आलोचना नहीं करता हूं चाहे वह किसी भी राजनीतिक पार्टी को हो क्योंकि मैं मानता हूं प्रधानमंत्री व्यक्ति नहीं , संस्था होता है। चाहे वह किसी भी पार्टी का क्यों ना हो, उसका सम्मान किया जाना चाहिए।'' भाजपा नेता ने कहा, “हम वही करने जा रहे हैं जो संविधान निर्माताओं ने संविधान में लिखा है… नीति -निर्देशक सिद्धांतों में, हम वही लागू करने जा रहे हैं, हम उनका वादा पूरा करने जा रहे हैं, हम पर आरोप क्यों लगाया जा रहा है?” उन्होंने कहा, “क्या पंडित जवाहरलाल नेहरू संविधान सभा में नहीं थे? क्या वल्लभ भाई पटेल और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर वहां नहीं थे? मोदी को बदनाम क्यों किया जा रहा है?” उन्होंने कहा, ‘‘ अगर कोई यह चाहता उसे यह आजादी मिल जाये कि जितनी मर्जी, उतनी शादी कर ले, तो यह भारत में नहीं होगा।'' सिंह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान हमारी प्रतिबद्धता है चाहे वो किसी भी जाति पंथ धर्म की हो।
सिंह ने कहा, "हम क्या गलत कर रहे हैं? हम माताओं-बहनों को सम्मान दे रहे हैं। हमने अपने घोषणापत्र में भी कहा था तो फिर क्यों विरोध किया जा रहा है। हर चीज को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जाती है हम ऐसे देश चलने नहीं देंगे।'' सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर भाजपा के वादे पर विरोधी सवाल उठाते थे, लेकिन संसद के दोनों सदनों में बहुमत मिलने के बाद भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया…और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। मंत्री ने कहा कि वह हिंदू-मुसलमान की नहीं, न्याय और इंसानियत की राजनीति करते हैं।उन्होंने कहा कि यह भारत ही है जिसने "वसुधैव कुटुंबकम" का संदेश दिया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री को विश्व स्तर पर जो सम्मान मिलता है वह हर भारतीय का सम्मान है और उन्हें इस पर गर्व होना चाहिए। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत को पहले "कमजोर" और "गरीबों की भूमि" के रूप में देखा जाता था, जबकि अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जब भारत बोलता है, तो लोग उसे खुले कान से सुनते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ वर्षों में कोई भी उनके किसी भी कैबिनेट सहयोगी के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सका। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि वह वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय हैं और उनका ऑटोग्राफ लेना चाहते हैं, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने मोदी के पैर छूने के लिए झुके, जबकि ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बॉस है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनकल्याणकारी योजनाएं लेकर आई और यह कोई उपकार नहीं बल्कि सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत तोप, मिसाइल, हथियार, गोला-बारूद और अन्य उपकरण बना रहा है और अब तक 16000 करोड़ रुपये का निर्यात कर चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में निर्यात को 40,000 करोड़ रुपये तक बढ़ाना है। उन्होंने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी साल में सरकार लोगों को 'बख्शीश' दे रही है।उन्होंने पिछले साल इसी दिन उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल की निर्मम हत्या को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।रैली में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया और अन्य स्थानीय भाजपा नेता भी मौजूद थे। - अगरतला. त्रिपुरा के उनाकोटि जिले में बुधवार को हाईटेंशन तार के संपर्क में आने के बाद एक रथ में आग लगने से दो बच्चों सहित सात व्यक्तियों की मौत हो गई और 16 अन्य झुलस गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना इस्कॉन द्वारा आयोजित भगवान जगन्नाथ के 'उल्टा रथ यात्रा' उत्सव के दौरान कुमारघाट इलाके में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। इस उत्सव के दौरान, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के एक सप्ताह बाद अपने मुख्य मंदिर लौट आते हैं। पुलिस ने बताया कि लोहे से बने रथ को हजारों लोग खींच रहे थे, तभी वह 133 केवी(किलो वोल्ट) के केबल के संपर्क में आ गया। पुलिस ने बताया कि रथ के हिस्सों में तुरंत ही आग लग गई और इसकी चपेट में लोग भी आ गये और वे सड़क पर गिर गए। पुलिस ने बताया कि दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू किया। सहायक महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) ज्योतिषमान दास चौधरी ने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की मौत अस्पताल ले जाते समय हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि घायलों को जिले के कैलाशहर और कुमारघाट अस्पतालों में ले जाया गया और बाद में उनमें से कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अगरतला के जीबी पंत अस्पताल भेज दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह घटना दुखद है।प्रधानमंत्री कार्यालय ने उनके हवाले से ट्वीट किया, ‘‘कुमारघाट में उल्टा रथ यात्रा के दौरान हादसा दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद दे रहा है।'' उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री माणिक साहा स्थिति का जायजा लेने के लिए कुमारघाट पहुंचे जो अगरतला से लगभग 120 किलोमीटर की दूरी पर है। राज्य के मंत्री टिंकू रॉय के साथ साहा ने कुमारघाट अस्पताल का निरीक्षण किया और घायलों का हाल-चाल पूछा तथा उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, ‘‘कुमारघाट में एक दुखद दुर्घटना में, 'उल्टा रथ' खींचते समय करंट लगने से कई श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मैं इस घटना से बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना। साथ ही, मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है।'' ऊर्जा मंत्री रतन लाल नाथ ने कहा कि उन्होंने त्रिपुरा राज्य विद्युत निगम लिमिटेड को घटना की जांच करने और तुरंत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। विपक्ष के नेता, टिपरा मोथा के अनिमेष देबबर्मा ने उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया, ''ऐसा प्रतीत होता है कि यह घटना स्थानीय प्रशासन की सतर्कता की कमी के कारण हुई।'' कांग्रेस तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने बृहस्पतिवार को अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और कहा कि उसके अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे।
- नयी दिल्ली. घरेलू खपत में तेजी के कारण भारत की आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2026-27 तक औसतन 6.7 प्रतिशत रहने की संभावना है। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स के वरिष्ठ अर्थशास्त्री (एशिया-प्रशांत) विश्रुत राणा ने बुधवार को यह कहा। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि के छह प्रतिशत के आसपास पर रहने की संभावना है। यह बीते वित्त वर्ष 2022-23 की वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत से कम है। राणा ने यहां एक वेबिनार (ऑनलाइन आयोजित सेमिनार) में कहा, “हम व्यापारिक दृष्टि से कुछ चुनौतियां देख रहे हैं, जिससे गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। चालू वर्ष में वृद्धि को प्रभावित करने में एक कारक यह भी है।” राणा ने कहा कि वृद्धि दर को पिछले वित्त वर्ष के 7.2 प्रतिशत से चालू वर्ष में नीचे लाने वाले कारकों में कमजोर अंतरराष्ट्रीय बाजार, दबी हुई मांग में तेजी के बाद उसमें आ रही नरमी और निजी क्षेत्र में खपत में कमी आना है। उन्होंने कहा कि मौद्रिक नीति के अंतर्गत नीतिगत दर में वृद्धि से उपभोक्ता मांग पर कुछ असर पड़ने की आशंका है। राणा ने कहा, “हमारा अनुमान है कि आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 26-27 तक औसतन 6.7 रहेगी। चालू वित्त वर्ष 2023-24 में वृद्धि दर के छह प्रतिशत पर रहने की संभावना है।” उन्होंने कहा कि उपभोक्ता गतिविधियां वृद्धि तय करने में प्रमुख कारक होंगी।भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने चालू वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत पर रहने का अनुमान जताया है। राणा ने कहा, “मुद्रास्फीति नरम हो रही है.. हमें नहीं लगता कि आरबीआई में ब्याज दरों में कमी लाने की जल्दबाजी है।” उन्होंने कहा कि आरबीआई के ब्याज दरों में कटौती के लिए 2024 की शुरुआत तक इंतजार करने की संभावना है। यह तब तक नहीं होगा, जब तक मुद्रास्फीति की संभावनाएं पूरी तरह से स्थिर न हो जाएं। खुदरा मुद्रास्फीति मई में लगभग दो साल के निचले स्तर 4.25 प्रतिशत पर आ गई। आरबआई को दो प्रतिशत घट-बढ़ के साथ मुद्रास्फीति को चार प्रतिशत पर रखने की जिम्मेदारी मिली हुई है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को 42वीं प्रगति बैठक की अध्यक्षता की और इस दौरान 1,21,300 करोड़ रुपये से अधिक की 12 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। ये परियोजनाएं 10 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़ी हैं। प्रगति कामकाज के संचालन और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए ‘‘आईसीटी'' आधारित बहु-मॉडल मंच है। इसमें केंद्र और राज्य सरकारें शामिल हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि बैठक में जिन 12 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की गई उनमें से सात परियोजनाएं स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की थीं, दो परियोजनाएं रेल मंत्रालय से थीं और एक-एक परियोजना सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय एवं इस्पात मंत्रालय, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय से थी। इन परियोजनाओं की संचयी लागत 1,21,300 करोड़ रुपये से अधिक है और ये 10 राज्यों यानी छत्तीसगढ़, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा और हरियाणा तथा दो केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित हैं। दो केंद्र शासित प्रदेशों में जम्मू-कश्मीर और दादरा और नगर हवेली शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने राजकोट, जम्मू, अवंतीपुरा, बीबीनगर, मदुरै, रेवाड़ी और दरभंगा में एम्स के निर्माण की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी हितधारकों को लंबित मुद्दों को हल करने और जनता के लिए उनके महत्व को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं को पूरा करने की समय सीमा का पालन करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने 'पीएम स्वनिधि योजना' की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य सचिवों से शहरी क्षेत्रों में विशेष रूप से ‘‘टियर 2 और टियर 3'' शहरों में सभी पात्र रेहड़ी पटरी वालों की पहचान करने और उन्हें योजना का लाभ देने की अपील की। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रेहड़ी पटरी वालों द्वारा डिजिटल लेनदेन को मिशन मोड में प्रोत्साहित करने के लिए एक अभियान चलाया जाए और स्वनिधि से समृद्धि अभियान के माध्यम से लाभार्थियों के परिवार के सदस्यों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए। प्रधानमंत्री ने सफल जी-20 बैठकों के आयोजन के लिए सभी मुख्य सचिवों को बधाई दी।पीएमओ के मुताबिक प्रगति बैठकों के दौरान, अब तक 17.05 लाख करोड़ रुपये की कुल लागत वाली 340 परियोजनाओं की समीक्षा की गई है।
-
क्योंझर (ओडिशा) .ओडिशा के क्योंझर जिले में बुधवार को तड़के बारात में ट्रक के घुस जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। नगर थाना प्रभारी सुनील कर ने बताया कि घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-20 के निकट साथीघर साही में हुई। शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि मरने वालों में दूल्हे का भतीजा और दुल्हन पक्ष से साथीघर साही निवासी तीन लोग शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि पांच लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई क्योंकि ट्रक ने उन्हें कुचल दिया था।
मानपुर गांव से बारात निकाली जा रही थी और घटना उस वक्त हुई जब बाराती डीजे संगीत की धुन पर नाच रहे थे। बाराती दुल्हन के घर से महज कुछ मीटर की दूरी पर थे।
घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो लोगों को कटक के एक अस्पताल में रेफर किया गया। घटना से इलाके में तनाव व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी और आरोप लगाया कि प्रशासन उस विशेष क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उपाय नहीं कर रहा है जहां ऐसी कई दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस निरीक्षक सुनील कर ने बताया कि ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया लेकिन उसे लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर रोक कर हिरासत में ले लिया गया।
- -
नयी दिल्ली. रेलवे में जून 2023 तक लगभग 2.74 लाख पद खाली हैं, जिनमें से 1.7 लाख से अधिक सुरक्षा श्रेणी में हैं। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत पूछे गए एक सवाल पर यह जानकारी मिली। मध्य प्रदेश के आरटीआई कार्यकर्ता चंद्र शेखर गौड़ द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में रेलवे ने कहा है कि लेवल-1 सहित ग्रुप सी में 2,74,580 पद खाली हैं। इसमें सुरक्षा श्रेणी में कुल 1,77,924 रिक्तियां शामिल हैं। गौड़ के प्रश्न पर मंत्रालय ने जवाब में कहा, ‘‘इस साल एक जून (अनंतिम) तक, भारतीय रेलवे के ग्रुप-सी (लेवल-1 सहित) में रिक्त अराजपत्रित पदों की कुल संख्या 2,74,580 है।'' आरटीआई जवाब में कहा गया है, ‘‘एक जून (अनंतिम) तक भारतीय रेलवे में ग्रुप-सी (लेवल-1 सहित) की सुरक्षा श्रेणी में स्वीकृत, मौजूदा और रिक्त पदों की कुल संख्या क्रमशः 982037, 804113 और 177924 है।'' दिसंबर 2022 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद को बताया था कि रेलवे में 3.12 लाख अराजपत्रित पद खाली हैं।
- -
गोंदिया. महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में बुधवार को प्रत्यक्ष रूप से कुएं में मौजूद कार्बन डाइऑक्साइड में सांस लेने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना तिरोदा तालुका के सारंदी गांव की है जहां खेमराज सथवाने अपने घर में बने कुएं में मोटर ठीक करने के लिए उतरा था। अधिकारी ने बताया कि जल्द ही उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी और वह बेहोश होकर कुएं में गिर गया।
उसके भाई ने मदद के लिए तुरंत पड़ोस से दो लोगों को बुलाया और वो तीनों भी कुएं में उतर गए।
अधिकारी ने बताया कि चारों लोगों की मौत हो गयी।
उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया मौत का कारण कार्बन डाइऑक्साइड में सांस लेना है जोकि कुएं के अंदर मौजूद थी लेकिन मौत के पीछे का उचित कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान खेमराज सथवाने(50), प्रकाश भोनगडे(50), सचिन भोनगडे(28) और महेंद्र राउत(28) के रूप में हुई है।
- -
जम्मू. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा बालटाल और चंदनवाड़ी में बनाए गए 100-100 बिस्तरों वाले दो अस्पतालों का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में इलाज संबंधी सभी आधुनिक सेवाओं की व्यवस्था लैस है।
जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य एवं चिकित्सकीय शिक्षा सचिव भूपिंदर कुमार ने बताया कि प्रशासन ने दोनों अस्पताल के निर्माण के लिए 13-13 करोड़ रुपये मुहैया कराए हैं। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, ‘‘ बालटाल और चंदनवाड़ी में 15 दिन में दो अस्पताल बनाना बेहतरीन काम है। मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जिन्होंने इतने कम समय में यह काम पूरा किया। यह सराहनीय है।'' उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन से अमरनाथ यात्रियों के लिए सर्वोत्तम संभव सुविधाएं सुनिश्चित करने को भी कहा। दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर की 62 दिवसीय तीर्थयात्रा एक जुलाई को शुरू होगी और 31 अगस्त तक चलेगी।
- -
पुरी ।‘जय जगन्नाथ' के उद्घोष और झांझ-मंजीरों की थाप के बीच तीर्थनगरी में बुधवार को भगवान जगन्नाथ की ‘बाहुड़ा यात्रा' (रथ की वापसी) शुरू हुई। भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ को गुंडिचा मंदिर से एक औपचारिक ‘धाडी पहांडी' (जुलूस) में उनके रथों पर ले जाया गया, जो श्रीमंदिर में उनके निवास स्थान के लिए उनकी वापसी यात्रा या ‘बाहुड़ा यात्रा' की शुरुआत का प्रतीक है। रथ यात्रा 20 जून को शुरू हुई थी, जब देवी-देवताओं को मुख्य मंदिर से करीब तीन किलोमीटर दूर श्री गुंडिचा मंदिर ले जाया गया था। देवता सात दिन तक गुंडिचा मंदिर में रहते हैं, जिसे भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ का जन्मस्थान माना जाता है। श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने पहले ‘पहांडी' का समय दोपहर 12 बजे से ढाई बजे बजे के बीच तय किया था, लेकिन जुलूस निर्धारित समय से काफी पहले ही पूरा हो गया। परंपरा के अनुसार, पुरी के गजपति महाराजा दिव्य सिंह देब द्वारा तीन रथों में ‘छेरा पाहनरा' (रथों को साफ करने संबंधी) अनुष्ठान किया गया। रथों को शाम चार बजे से खींचना शुरू किया जाएगा। एसजेटीए के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमें उम्मीद है कि सभी अनुष्ठान समय से बहुत पहले हो जाएंगे क्योंकि ‘पहांडी' समयपूर्व संपन्न हो गई थी।'' अधिकारी ने बताया कि देवता बुधवार रात तक 12वीं सदी के मंदिर के सिंह द्वार के सामने रथों पर विराजमान रहेंगे और 29 जून को रथों पर औपचारिक ‘सुनाबेशा' (सोने की पोशाक पहनाने की प्रथा) किया जाएगा। करीब 10 लाख भक्तों के इस मौके पर पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि 30 जून को रथों पर ‘अधार पाना' अनुष्ठान किया जाएगा, जबकि एक जुलाई को ‘नीलाद्रि बिजे' नामक अनुष्ठान में देवताओं को मुख्य मंदिर में वापस ले जाया जाएगा।
-
नई दिल्ली। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में आईआईटी बॉम्बे को भारत में प्रथम और विश्व में 149वां स्थान मिला है। आईआईटी बॉम्बे ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पिछले वर्ष 172वें स्थान से ऊपर उठकर इस वर्ष 149वां स्थान हासिल किया है। क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में पहली बार आईआईटी बॉम्बे को शीर्ष 150 विश्वविद्यालयों में स्थान मिला है।
आईआईटी बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर सुभासिस चौधुरी ने कहा कि शिक्षण में उत्कृष्टता आईआईटी बॉम्बे के लिए मुख्य प्रेरक बिंदु है। केंद्रीय मंत्री राजीव चन्द्र शेखर ने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में आईआईटी बॉम्बे के 149वें स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भारत के विश्वविद्यालय विश्व स्तर में गिने जाते हैं। -
नई दिल्ली। . केंद्र सरकार ने किसानों के लिए तीन लाख 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई नई लाभकारी योजनाओं की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की बैठक में इन योजनाओं को आज मंजूरी दी गई। इसके अंतर्गत किसानों को 242 रुपये प्रति 45 किलोग्राम बैग की कीमत पर यूरिया की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यूरिया सब्सिडी योजना को जारी रखने का फैसला किया गया। वर्ष 2022-23 से 2024-25 के लिए यूरिया सब्सिडी के लिए तीन लाख 68 हजार करोड रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। देश में 195 एलएमटी पारंपरिक यूरिया के बराबर 44 करोड़ तरल नैनो यूरिया की बोतलों का उत्पादन करने वाले आठ नैनो यूरिया संयंत्र 2025-26 तक चालू हो जाएंगे। सरकार की ओर से उठाए गए इस कदम से किसानों की आय बढ़ेगी, प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा, मिट्टी की उर्वरता बढेगी और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
सरकार ने 2023-24 के चीनी सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 315 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इससे पांच करोड गन्ना किसान और उनके आश्रित लाभान्वित होंगे। गन्ना उत्पादन और चीनी मिलों की गतिविधियों से जुडे पांच लाख श्रमिकों को भी फायदा पहुंचेगा।नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत नैनो यूरिया का उत्पादन करने वाला दुनिया का पहला देश है।केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार ने गोबरधन संयंत्रों में जैविक उर्वरकों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बाजार विकास सहायता-एमडीए के अंतर्गत एक हजार चार सौ 51 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी है। गोबरधन योजना के तहत कचरे से कंचन बनाने के 500 नए संयंत्र लगाने में मदद मिलेगी। केंद्र ने मिट्टी में सल्फर की कमी को दूर करने के लिए और सल्फर लेपित यूरिया-यूरिया गोल्ड के उत्पादन का भी फैसला किया है। डॉ. मांडविया ने कहा कि केंद्र ने वैकल्पिक उर्वरकों और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने और इसके लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रोत्साहित करने के लिए पीएमप्रणाम योजना को भी मंजूरी दी है। - भोपाल।मध्य प्रदेश के दतिया जिले में बुधवार को एक ट्रक के पलट कर नदी में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यह जानकारी दी। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि दुर्घटना दतिया जिले के बुहारा गांव के निकट तड़के हुई। ट्रक सवार लोग ग्वालियार से टीकमगढ़ जिले के जतारा में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।उन्होंने बताया कि ये लोग खटीक समुदाय से ताल्लुक रखते थे। ट्रक पलट कर बुहारा नदी में गिर गया। इस दुर्घटना में 65 वर्षीय एक महिला, 15 वर्षीय लड़का और तीन अन्य बच्चे मारे गए।मिश्रा ने बताया कि हादसे में कई अन्य घायल भी हुए हैं, अधिकतर लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए रात की गश्त बढ़ा दी है और इस दौरान उसके मध्य जिले से 1,500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा करीब 270 वाहन जब्त किये गये हैं। दिल्ली में कुछ दिन पहले प्रगति मैदान सुरंग में चार मोटरसाइकिल सवार लोगों द्वारा बंदूक दिखाकर दो लोगों से कथित रूप से दो लाख रुपये लूटने की घटना के बाद गश्त बढ़ा दी गयी है। शनिवार को घटी इस घटना के सिलसिले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अकेले मध्य जिले में सोमवार रात को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत 1,500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया और 270 से अधिक वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, शांति भंग करने वाले लोगों के खिलाफ भी दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गयी। -
कन्नौज (उत्तर प्रदेश). जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में पत्नी से हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपने साले की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार की रात ठठिया थाना क्षेत्र के अलियापुर गांव की है। उन्होंने बताया कि रात को सोते हुए रियाज (24) पर उसके बहनोई आरोपी चांदबाबू और दो अन्य लोगों ने चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि रियाज की बहन रफिया अपने पति आरोपी चांदबाबू से विवाद होने के बाद मायके आ गयी थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना को लेकर आरोपी चांदबाबू और दो अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों फिलहाल फरार हैं और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। -
श्रीनगर. छड़ी मुबारक के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि ने मंगलवार को कहा कि एक जुलाई से शुरू होने वाली आगामी अमरनाथ यात्रा का इस बार अधिक महत्व है क्योंकि इस वर्ष दो श्रावण हैं जो कि 19 साल बाद एक असाधारण खगोलीय घटना है। इस वर्ष, श्रावण महीना 4 जुलाई को शुरू होगा और 31 अगस्त तक चलेगा। श्रावण को सावन के नाम से भी जाना जाता है और यह इस वर्ष 59 दिनों का होगा और इसमें आठ 'सावन' सोमवार होंगे। हर साल सामान्य तौर पर सावन में चार सोमवार होते हैं। महंत दीपेंद्र गिरि ने छड़ी मुबारक से संबंधित कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘इस वर्ष की तीर्थयात्रा अधिक महत्व रखती है क्योंकि इस वर्ष 'श्रावण' दो महीने का है और यह असाधारण खगोलीय घटना 19 साल बाद हो रही है।'' उन्होंने कहा कि सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार, वार्षिक तीर्थयात्रा की शुरुआत से जुड़े अनुष्ठान 'भूमि-पूजन', 'नवग्रह पूजन' और 'ध्वजारोहण' पहलगाम में सोमवार, तीन जुलाई को आषाढ़ पूर्णिमा (व्यास पूर्णिमा) पर किया जाएगा, जो यात्रा का पारंपरिक मार्ग है। गिरि ने कहा कि छड़ी मुबारक को 16 अगस्त को यहां स्थित ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर और एक दिन बाद शारिका भवानी मंदिर ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 'छड़ी स्थापना' अनुष्ठान 19 अगस्त को यहां श्री अमरेश्वर मंदिर दशनामी अखाड़ा में किया जाएगा। इक्कीस अगस्त को 'नाग पंचमी' पर दशनामी अखाड़ा, श्रीनगर में 'छड़ी पूजन' करने के बाद, गिरी छड़ी मुबारक लेकर अमरनाथ गुफा मंदिर में 'पूजन' के लिए जाएंगे और 'श्रावण पूर्णिमा' पर अर्थात 31 अगस्त सुबह-सुबह 'दर्शन' करेंगे। गिरि ने कहा कि छड़ी मुबारक यात्रा का 26 अगस्त और 27 अगस्त को पहलगाम में, 28 अगस्त को चंदनवारी में, 29 अगस्त को शेषनाग में और 30 अगस्त को पंचतरणी में रात्रि विश्राम होगा। उन्होंने छड़ी मुबारक यात्रा में शामिल होने का इरादा रखने वाले साधुओं और नागरिक समाज के सदस्यों को पंजीकरण कराने की सलाह देते हुए कहा कि केवल वैध यात्रा परमिट के साथ पंजीकृत लोगों को ही तीर्थयात्रा की अनुमति दी जाएगी।
- नयी दिल्ली। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में पार्टी की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर चर्चा की, जहां इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा राज्य के लिए पार्टी की प्रभारी कुमारी शैलजा और संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल शामिल हुए।बैठक की अध्यक्षता करते हुए खरगे ने कहा कि पार्टी के सदस्य छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए मिलकर काम करेंगे।खरगे ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़, ये हमारे लिए केवल कोई नारा नहीं है, छत्तीसगढ़ की उन्नति व सामाजिक न्याय के लिए एक ध्येय है। छत्तीसगढ़ की जनता और कांग्रेस पार्टी में उनका अटूट विश्वास, विकास की अविरल धारा को आगे बढ़ाता रहेगा।’’उन्होंने कहा, ‘‘हम मिलकर काम करेंगे और छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन में बदलाव लाते रहेंगे।’’बैठक के दौरान कांग्रेस की आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के प्रमुख मोहन मरकाम और टीएस सिंह देव सहित कई मंत्री भी बैठक में मौजूद थे।बैठक के बाद बघेल ने ट्वीट किया, ‘‘नवा छत्तीसगढ़ के मॉडल से जनता के जीवन में आ रहे बदलाव एवं आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अहम चर्चा हुई।’’ इसके साथ ही उन्होंने ‘हैं तैयार हम’ का हैशटैग भी इस्तेमाल किया।
- भुवनेश्वर ।ओडिशा में दो जून को हुए ट्रेन हादसे के शिकार लोगों के परिवार वालों का दुख दर्द खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इस घातक दुर्घटना के करीब चार सप्ताह बाद भी कुछ परिवार वालों को अपनों के शव मिलने का इंतजार है। इस हादसे में करीब 300 लोगों की मौत हुई थी। बिहार के बेगुसराय जिले के बारी-बलिया गांव की बसंती देवी अपने पति का शव पाने के लिए पिछले 10 दिन से एम्स के पास एक सुनसान इलाके में स्थित ‘गेस्ट हाउस’ में डेरा डाले हुए है।नम आंखों के साथ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं यहां अपने पति योगेन्द्र पासवान के लिए आई हूं। वह मजदूर थे, बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस से घर लौटते समय बहनागा बाजार में दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। ’’उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों ने कोई समय नहीं बताया है कि कब तक शव मिल पाएगा।देवी ने कहा, ‘‘ हालांकि कुछ अधिकारियों का कहना है कि इसमें पांच दिन और लगेंगे, अन्य का कहना है कि इसमें और समय लग सकता है। प्रशासन की ओर से कोई स्पष्टता नहीं है।’’उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे पांच बच्चे हैं। तीन बच्चे घर पर हैं और दो बेटों को मैं साथ लाई हूं। मेरे पति घर में अकेले कमाने वाले थे। मुझे नहीं पता कि अब हमारा गुजारा कैसे हो पाएगा।’’ऐसी ही स्थिति पूर्णिया के नारायण ऋषिदेव की है जो चार जून से अपने पोते सूरज कुमार के शव का इंतजार कर रहे हैं। सूरज कोरोमंडल एक्सप्रेस से चेन्नई जा रहा था। अपनी मैट्रिक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सूरज नौकरी की तलाश में चेन्नई जा रहा था।उन्होंने कहा, ‘‘ अधिकारियों ने मेरे डीएनए के नमूने लिए है, लेकिन अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं आई है।’’पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के शिवकांत रॉय ने बताया कि जून के अंत में उनके बेटी की शादी थी जिसके लिए वह तिरुपति से घर लौट रहा था।शिवकांत रॉय ने से कहा, ‘‘मेरे बेटे का शव केआईएमएस अस्पताल में था, लेकिन मैं बालासोर के अस्पताल में उसे ढूंढ रहा था। मुझे बाद में बताया गया कि केआईएमएस अस्पताल ने बिहार के किसी परिवार को उसका शव दे दिया है, जो उसे ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया।’’इसी तरह बिहार के मुजफ्फरपुर की राजकली देवी अपने पति के शव का इंतजार कर रही हैं। उनके पति चेन्नई जा रहे थे, जब यह हादसा हुआ।डीएनए रिपोर्ट आने में देरी के कारण कम से कम 35 लोग ‘गेस्ट हाउस’ में डेरा डाले हुए हैं, जबकि 15 अन्य लोग घर लौट गए हैं।रेलवे के एक अधिकारी ने ‘ बताया कि वे दावेदारों से अपने डीएनए नमूने उपलब्ध कराने की अपील कर रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘ हम एम्स और राज्य सरकार के बीच केवल एक पुल हैं।’’इस बीच, भुवनेश्वर एम्स में तीन कंटेनर में संरक्षित 81 शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अब तक कुल 84 परिवारों ने डीएनए के नमूने दिए हैं। चेन्नई जाने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस, हावड़ा जाने वाली एसएमवीपी-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी दो जून को बालासोर जिले के बहनागा बाजार स्टेशन के पास एक घातक दुर्घटना का शिकार हो गई थी। इसमें करीब 300 लोगों की मौत हुई थी।
-
आगरा. जिले में अछनेरा कस्बे के किरावली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ससुर द्वारा बहू पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी गर्दन काटने का मामला सामने आया है। आरोपी के हमले में दूसरी बहू भी घायल हो गई है। पुलिस ने को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस बीच, हत्या से नाराज महिला के मायके पक्ष के लोगों ने सड़क को बाधित कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिजन प्रदर्शन खत्म करने और शव का पोस्टमॉर्टम कराने पर सहमत हुए। पुलिस ने बताया कि मलिकपुर गांव निवासी आरोपी रघुवीर सिंह के दो बेटों में से बड़े की मौत हो चुकी है और छोटा बेटा गौरव फर्रुखाबाद में बतौर पुलिस कांस्टेबल तैनात है। उसने बताया कि आरोपी रघुवीर का मंगलवार को छोटी बहू प्रियंका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। वह जब खाना बना रही थी तभी आरोपी रघुवीर आया और उसने कुल्हाड़ी से हमला कर प्रियंका का सिर धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ के आधार पर बताया कि घटना के दौरान बीच-बचाव की कोशिश कर रही बड़ी बहू भी घायल हो गई है। उसने बताया कि घटना के बाद आरोपी खून से सने कपड़ों में घर के दरवाजे पर बैठ गया और वहां से गुजरने वाले लोगों को घटना की जानकारी देनी शुरू कर दी। इसी दौरान कुछ लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और पीड़िता के मायके पक्ष को दे दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक सोनम कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद हत्या की घटना सामने आई है। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में आगामी अमरनाथ यात्रा की व्यापक सुरक्षा समीक्षा की और किसी भी आतंकी गतिविधि से निपटने और आपदाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए अंतर-एजेंसी समन्वय और ड्रोन, श्वान और हवाई-सर्वेक्षण दलों के उपयोग पर जोर दिया। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि नॉर्थ ब्लॉक में हुई बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने की, जिसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी जैसे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारी और खुफिया विभाग, सेना के अधिकारियों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन तथा अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारी मौजूद थे। बासठ दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा एक जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी।
बैठक में सुरक्षा ग्रिड की अंतिम रूपरेखा की समीक्षा की गई और इस बात पर जोर दिया गया कि सभी खतरों को ध्यान में रखते हुए अंतर-एजेंसी समन्वय त्रुटि रहित होना चाहिए। सूत्रों ने कहा कि यात्रा मार्गों को सुरक्षित करने के पारंपरिक तरीकों के अलावा, ड्रोन के उपयोग को भी रेखांकित किया गया है। उनके मुताबिक, साथ ही प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदा की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए गुफा मंदिर के आसपास समेत सभी स्थानों पर खोज और बचाव श्वानों का भी उपयोग किए जाने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के श्वानों की एक टीम पहले ही तैनात कर दी गई है, ताकि कुत्तों को ऊंचाई और ठंडे मौसम के अनुकूल बनाया जा सके। सूत्रों ने कहा कि विशेषज्ञों की एक टीम और एनडीआरएफ हिमनद झील के फटने से आने वाली बाढ़ (जीएलओएफ) या अचानक से सैलाब आने जैसी स्थिति को लेकर प्रारंभिक चेतावनी देने के लिए ऊपरी इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेगी। इस बार सुरक्षा तंत्र में एक बड़ा बदलाव किया गया है और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के स्थान पर गुफा मंदिर में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के कर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने कहा कि आईटीबीपी ऊंचाई पर बचाव अभियान चलाने में माहिर है और इसलिए, उसे इस बार गुफा मंदिर में यह काम सौंपा गया है। सीआरपीएफ दशकों से दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर और रास्ते में आने वाले कुछ महत्वपूर्ण तीर्थ शिविरों की सुरक्षा कर रही थी। सीआरपीएफ अब गुफा मंदिर की सीढ़ियों के नीचे मौजूद रहेगी, जबकि आईटीबीपी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) लगभग आधा दर्जन शिविरों की सुरक्षा करेंगे। -
नयी दिल्ली. विश्व बैंक ने छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों के विस्तार और शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के लिए 30 करोड़ डॉलर के कर्ज को मंजूरी दी है। इस परियोजना से मुख्य रूप से गरीब और वंचित समुदाय के करीब 40 लाख छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्य में करीब 86 प्रतिशत स्कूलों का संचालन सरकार ही करती है। विश्व बैंक के कार्यकारी निदेशकों के बोर्ड ने छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों के विस्तार और शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के लिए 30 करोड़ डॉलर का कर्ज स्वीकृत कर दिया है। छत्तीसगढ़ के प्राथमिक स्कूलों में नामांकन 95 प्रतिशत है जबकि उच्च माध्यमिक स्तर पर यह केवल 57.6 प्रतिशत है। लड़कों का नामांकन लड़कियों की तुलना में 10.8 प्रतिशत कम है। बयान के अनुसार इसका कारण कई वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान और वाणिज्य शिक्षा की अनुपलब्धता, प्रशिक्षित विज्ञान तथा गणित शिक्षकों की कमी और प्रयोगशाला जैसे आवश्यक बुनियादी ढांचे की कमी है। पांच साल के अतिरिक्त समय के साथ इस कर्ज की मियाद 18.5 साल है।
-
श्योपुर . मध्य प्रदेश के श्योपुर में कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में दक्षिण अफ्रीका से लाया गया अग्नि नामक एक चीता सोमवार शाम को आपसी लड़ाई में घायल हो गया। यह जानकारी एक वन अधिकारी ने मंगलवार को दी। । केएनपी के वनमंडल अधिकारी (डीएफओ) प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया, ‘‘नामीबिया से लाए गये एल्टन-फ्रेडी (गौरव-शौर्य) और दक्षिण अफ्रीका से लाए गये अग्नि-वायु नर चीता के बीच सोमवार की शाम पांच-छह बजे आपसी संघर्ष हो गया था। इस संघर्ष में अग्नि चीता घायल हुआ है, जिसका उपचार किया जा रहा है और वह अब उसकी हालत ठीक है।'' उन्होंने कहा कि कि कूनो के पालपुर क्षेत्र के खुले जंगल में अपना क्षेत्र निर्धारित कर रहे चीते आपस में भिड़ गए। इस संघर्ष को बंद करवाने के लिए हमारे निगरानी दल ने फटाके चलाये और जोर-जोर से आवाज के साथ ही सायरन भी बजाया, जिसके बाद यह संघर्ष शांत हुआ। वर्मा ने बताया कि इस संघर्ष में दक्षिण अफ्रीका का अग्नि चीता घायल हो गया था जिसे ‘ट्रैंकुलाइज' किया गया और बाद में उसका डॉक्टरों और विशेषज्ञों द्वारा उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि जंगल में जनवरों के बीच इस प्रकार की घटना सामान्य है।।
-
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक तेज रफ्तार बस ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार रात करीब 11 बजे जिले के निफाड तालुका में शिरवडे वाणी फाटा के पास हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों पीड़ित शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता थे।
इस घटना से नाराज शिरवडे वाणी के ग्रामीणों ने गांव के पास एक फ्लाईओवर के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार सुबह मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण राजमार्ग पर कुछ देर के लिए वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ भारती पवार घटनास्थल पर पहुंचीं और अधिकारियों से चर्चा की। मंत्री के हस्तक्षेप और आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)




.jpg)


.jpg)




.jpg)






.jpg)