- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि प्रगति मैदान सुरंग में एक डिलीवरी एजेंट और उसके सहायक से कथित तौर पर दो लाख रुपये लूटने वाले मोटरसाइकिल सवार चार लोगों की पहचान के लिए पिछले 48 घंटे में 350 से अधिक सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गयी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिलीवरी एजेंट की कंपनी के कर्मचारियों, इसके नियोक्ता और साथियों से भी शनिवार को हुई घटना के संबंध में पूछताछ की गयी है। इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने प्रगति मैदान सुरंग तथा उससे आगे जा रहे रास्ते पर लगे 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बदमाश लूट के बाद कौन-से रास्ते पर गए थे।'' उन्होंने कहा, ‘‘सीसीटीवी कैमरों में घटना साफ तौर पर नजर आयी लेकिन हम मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों के चेहरे नहीं देख सके क्योंकि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था। अभी आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।''
-
नयी दिल्ली । वित्त मंत्रालय ने बजट में घोषित विशेष सहायता योजना के तहत चालू वित्त वर्ष में 16 राज्यों के लिए 56,415 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में राज्यों के स्तर पर पूंजीगत व्यय को बढ़ावा देने के लिए 'पूंजीगत निवेश को लेकर राज्यों को विशेष सहायता' योजना की घोषणा की गई थी। इस योजना के तहत राज्यों को वित्त वर्ष 2023-24 में 1.3 लाख करोड़ रुपये तक की राशि 50 साल के ब्याज-मुक्त ऋण के रूप में दी जा रही है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि व्यय विभाग ने चालू वित्त वर्ष में इस योजना के तहत 16 राज्यों को 56,415 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, जल आपूर्ति, बिजली, सड़क, पुल और रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों में पूंजी निवेश परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन क्षेत्रों में परियोजनाओं की गति बढ़ाने के लिए जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत राज्यों का हिस्सा भी दिया गया है। वित्त मंत्रालय ने पिछले वित्त वर्ष में भी इसी तरह की एक योजना संचालित की थी। उस योजना के तहत वित्त वर्ष 2022-23 में 95,147.19 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश प्रस्तावों को मंजूरी देने के साथ राज्यों को 81,195.35 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। राज्यों को पूंजीगत निवेश के लिए वित्तीय सहायता देने की योजना सबसे पहले कोविड-19 महामारी के दौरान वित्त वर्ष 2020-21 में चलाई गई थी।
- नयी दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने ऊंची पेंशन का विकल्प चुनने के लिये आवेदन जमा करने की समयसीमा को बढ़ाकर 11 जुलाई कर दिया है। यह दूसरा मौका है जब अधिक पेंशन का विकल्प चुनने के लिये आवेदन करने की समयसीमा बढ़ायी गयी है। इससे पहले इसे तीन मई, 2023 से बढ़ाकर 26 जून, 2023 किया गया था। ईपीएफओ ने सोमवार शाम को जारी एक बयान में कहा कि पात्र पेंशनभोगियों/ अंशधारकों को इससे जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या से छुटकारा देने के इरादे से 15 दिन के लिये अंतिम अवसर दिया गया है। बयान के अनुसार, ‘‘इसके अनुसार कर्मचारियों को विकल्प/ संयुक्त विकल्प के सत्यापन के लिये आवेदन जमा करने को लेकर समयसीमा बढ़ाकर 11 जुलाई, 2023 कर दी गयी है।'' इसके पहले, ईपीएफओ ने उच्चतम न्यायालय के चार नवंबर, 2022 के पेंशन संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय पर अमल करते हुए मौजूदा अंशधारकों एवं सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों को भी तीन मई, 2023 तक ऑनलाइन आवेदन करने को कहा था। विभिन्न पक्षों की मांग के बाद इसकी समयसीमा बढ़ाकर 26 जून कर दी गयी थी। बयान के अनुसार किसी भी पात्र पेंशनभोगी/सदस्य जिसे केवाईसी अद्यतन करने में समस्या होने से विकल्प/संयुक्त विकल्प के सत्यापन के लिये ऑनलाइन आवेदन जमा करने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है, वह तुरंत समाधान के लिए 'ईपीएफआई जीएमएस' पर इसकी शिकायत दर्ज करा सकता है। बयान के अनुसार, ‘‘उच्च वेतन पर उच्च पेंशन लाभ का चयन कर शिकायत की जा सकती है। इससे आगे की कार्रवाई के लिये रिकॉर्ड सुनिश्चित हो सकेगा।
- नयी दिल्ली,। उत्तर रेलवे ने सोमवार को कहा कि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर करंट लगने से एक शिक्षिका की मौत के मामले की जांच के लिए उसने एक समिति बनायी है। उसने कहा कि वह अपने स्टेशनों पर सभी विद्युत उपकरणों का सुरक्षा ऑडिट भी कर रहा है। रविवार सुबह गेट नंबर एक के समीप जब 34 वर्षीय साक्षी आहुजा चंडीगढ़ जाने के लिए ट्रेन में सवार होने जा रही थी तब उनके साथ यह हादसा हुआ। प्राथमिक जांच के अनुसार आहुजा बारिश में ट्रेन पकड़ने जा रही थीं, उसी बीच वह अपना संतुलन खो बैठीं। जब उन्होंने अपने आप को संभालने के लिए बिजली के एक खंभे को पकड़ा तब वह वहां पड़े कुछ नंगे तारों के संपर्क में आ गयी। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे अपने परिसरों में सभी विद्युत उपकरणों/प्रतिष्ठानों के रखरखाव के लिए जिम्मेदार है। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता दीपक कुमार ने कहा, ‘‘ हम इस घटना पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) से रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद रेलवे आगे की कार्रवाई करेगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘ इस घटना की जांच और उसके कारण का पता लगाने के लिए एक समिति भी बना दी गयी है। जरूरी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाये जाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘ विस्तृत जांच की जाएगी तथा दोषियों को दंडित किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो, इसकी भी व्यवस्था की जा रही है।'' दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा था कि उसने संभागीय रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर पूछा है कि रखरखाव के लिए कौन जिम्मेदार है, ताकि उपयुक्त कार्रवाई की जाए। एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने भारतीय केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण से भी नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उस जगह का निरीक्षण करने को कहा है जहां महिला की करंट लगने से मौत हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्राधिकरण से यह बताने को कहा कि यह घटना कैसे हुई होगी। दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नालवा ने कहा, ‘‘ हमने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।''उन्होंने कहा कि घटनास्थल का फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया है।
- भोपाल । भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान और सम्मान बढ़ा है तथा आज दुनिया को भारत से सबसे अधिक उम्मीद है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि आज विश्व में सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था भारत की है और देश ने विकास दर के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। यह बात नड्डा ने भोपाल आगमन पर स्टेट हैंगर में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा, ‘‘आज अमेरिका और भारत के रिश्ते आसमान छू रहे हैं। मिस्र ने अपना सर्वोच्च सम्मान देकर मोदी जी को सम्मानित किया है। आज हमारी विचारधारा को मजबूत करने, भारत को शक्तिशाली बनाने एवं देश को विकसित भारत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की अहम भूमिका है।'' नड्डा ने कहा, ‘‘आज मोदी के नेतृत्व में भारत की गरीबी पिछले नौ सालों में 22 प्रतिशत से घट कर 10 प्रतिशत रह गई है। भारत के बारे में कहा जा रहा है कि भारत की अति गरीबी एक प्रतिशत से भी कम आ गई है।'' कांग्रेस द्वारा देश में महंगाई का मुद्दा उठाने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के लोग पढ़े-लिखे भी कम हैं। मैं अनपढ़ कहूं -यह अच्छा नहीं है। ये (कांग्रेस नेता) हर वक्त महंगाई, महंगाई की बात करते हैं। इनको मालूम नहीं है कि मॉर्गन एंड स्टेनली की रिपोर्ट बताती है कि आज सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था भारत की है।'' नड्डा ने कहा, ‘‘विश्व को अगर किसी से उम्मीद है तो भारत से उम्मीद है। यह भारत की तस्वीर है।''उन्होंने कहा कि अमेरिका की विकास दर 7.9 पर है, जबकि भारत 8.10 प्रतिशत से आगे बढ़ गया है।नड्डा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान और सम्मान बढ़ा है। आज दुनिया को भारत से सबसे अधिक उम्मीद है।'' उन्होंने कहा ,‘‘ हम सबका सौभाग्य है कि मोदी कल ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत' के तहत भोपाल से करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं का डिजिटली मार्गदर्शन करेंगे। देश के 10 लाख बूथ पर टेलीविजन, लैपटॉप, फेसबुक के माध्यम से बूथ कार्यकर्ता मोदी के संवाद से जुडेंगे।'' नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री भोपाल में 3,000 बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे, प्रश्न भी पूछेंगे और जवाब भी देंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम संगठन का अलग और बड़ा आयोजन है, जिसमें हर कार्यकर्ता संकल्प लेकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा , ‘‘हम बहुत सौभाग्यशाली हैं कि देश में प्रधानमंत्री मोदी जैसा नेता है। प्रदेश में हमारी सरकार है, शिवराज सिंह चौहान जी जैसे मुख्यमंत्री दिन-रात काम कर रहे हैं। आज यह संकल्प लें कि सरकार की योजनाएं और संगठन के विचारों को घर-घर पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।'' इसके बाद नड्डा ने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम, भोपाल में राजमाता विजयाराजे सिंधिया परिसर में मोदी सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया।
-
नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश हो रही है तथा करीब अस्सी प्रतिशत क्षेत्रों में मानसून पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार दिनों में मध्य-पूर्व, पश्चिम उत्तर और पश्चिमी भारत में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून कल गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है तथा इसके गुजरात, राजस्थान और हरियाणा तथा पंजाब के बाकी बचे क्षेत्रों में भी पहुंचने की स्थिति बन रही है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी राजस्थान में भारी से घनघोर वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी भारी से मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा विदर्भ क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। केरल और माहे में भी अधिक से अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। -
पालक्कड़ (केरल). वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार को एक अजीबोगरीब घटनाक्रम में एक व्यक्ति केरल के कासरगोड जिले में ट्रेन में सवार हुआ और शौचालय के भीतर खुद को बंद कर लिया। यह व्यक्ति शौचालय से बाहर निकलने को ही राजी नहीं था। हालांकि उसे बाद में जबरन बाहर निकाला गया। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के यहां शोरनूर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद शौचालय का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। टीवी चैनल पर दिखाए गए घटना के फुटेज के अनुसार, लाल धारीदार टी-शर्ट पहने उस व्यक्ति को जब शौचालय से बाहर निकाला गया तो वह डरा हुआ लग रहा था। बाद के फुटेज में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी स्टेशन पर उससे पूछताछ करते हुए दिखे। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि शुरू में उस व्यक्ति ने दावा किया कि वह महाराष्ट्र से है और हिंदी में बात कर रहा था, लेकिन बाद में उसने कहा कि वह कासरगोड से है। व्यक्ति की पहचान अभी तक सुनिश्चित नहीं की जा सकी है। अधिकारियों ने बताया कि उस व्यक्ति के पास टिकट भी नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि व्यक्ति ने आरपीएफ को यह भी बताया कि कोई उसका पीछा कर रहा था और उनसे बचने की कोशिश करते हुए वह शौचालय में घुस गया और खुद को उसमें बंद कर लिया। उन्होंने बताया कि जब ट्रेन कन्नूर और कोझिकोड स्टेशन पर रुकी तो आरपीएफ और अन्य अधिकारियों के कहने के बावजूद वह शौचालय से बाहर नहीं निकला।
-
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) . रिश्तेदारों के बीच झगड़े के दौरान पेट में डंडा लगने से पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चे की मां द्वारा तलाई थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, घटना शनिवार को बुहार इलाके में उनकी एक रिश्तेदार के घर पर हुई। पुलिस ने बताया कि उसने आरोप लगाया कि उनकी रिश्तेदार के ससुर ने महिला को डंडे से पीटना शुरू कर दिया, जिस दौरान झटके से डंडा उसके बेटे को लग गया। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) घुमारवीं चंद्रपाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
-
जमशेदपुर. झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को एक टैंकर ने दो लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) कुलदीप टोप्पो ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि घटना यहां से लगभग 80 किलोमीटर दूर बरसोल थाना क्षेत्र के तहत खंडामौदा में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर हुई। उन्होंने बताया कि टैंकर सड़क किनारे स्थित एक विश्राम गृह में घुस गया और उस समय वहां दो लोग खड़े थे। एसडीपीओ ने बताया कि टैंकर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। उन्होंने बताया कि उसने संभवत: सुबह झपकी आ जाने के कारण दो लोगों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर एकत्र होकर मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
-
टीकमगढ़ . मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गये। कुड़ीला पुलिस थाना प्रभारी मनोज द्विवेदी ने बताया कि यह घटना टीकमगढ़ से करीब 50 किलोमीटर दूर कुड़ीला थाना अंतर्गत रमपुरा तिराहे पर हुई। उन्होंने कहा कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें गोपी मिश्रा (50) और अभिषेक (25) शामिल हैं। द्विवेदी ने बताया कि इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है जांच जारी है।
- जम्मू,। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में पिता की हत्या में संलिप्तता के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया। मार्च में व्यक्ति के लापता होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। रियासी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमित गुप्ता ने बताया कि हत्या के सिलसिले में पीड़ित के बेटे सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, परमजीत सिंह का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था और उसे एक घर में ले जाया गया जहां उसे रस्सियों से बांध दिया गया। वहां, उसके आरोपी बेटे और उसके आरोपी साथियों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि उसके बाद वे 27 मार्च को सिंह के शव को एक कार में ले गए और सेरला भागा गांव के पास एक खेत में दफना दिया। एसएसपी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ करने के बाद रियासी के टोटे भोमग गांव में रहने वाले परमजीत सिंह का क्षत-विक्षत शव शनिवार को निकाला गया। उन्होंने बताया कि सिंह के भाई दिलीप ने 30 मार्च को रियासी पुलिस थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने सिंह के आरोपी बेटे विकास ठाकुर और उसके दो आरोपी सहयोगी - सुशील चंद्र (28) और विपिन कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि चौथे आरोपी सीताराम की तलाश जारी है।पुलिस ने बताया कि पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। file photo
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह से हो रही बारिश के बीच नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में 34 वर्ष की एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बिजली के तार के संपर्क में आने से महिला को करंट लग गया जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि यह घटना स्टेशन के निकास द्वार संख्या-1 के निकट उस समय हुई जब महिला साक्षी आहूजा (34) चंडीगढ़ के लिए ट्रेन पकड़ने जा रही थी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय महिला के साथ उसके पिता, मां, भाई, बहन और दो बच्चे भी थे। पुलिस ने बताया कि आहूजा लक्ष्मी नगर क्षेत्र के प्रियदर्शनी विहार में लवली पब्लिक स्कूल में शिक्षिका थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार लगातार हो रही बारिश के बीच पीड़िता स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी उसने अपना संतुलन खो दिया और उसने बिजली का एक खंभा पकड़ा और उसी दौरान कुछ खुले तारों के संपर्क में आ गई। पुलिस उपायुक्त (रेलवे) अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि सहायक उप-निरीक्षक गायकवाड़ के साथ पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आहूजा को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पीड़िता की बहन माधवी चोपड़ा ने संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक शिकायत दर्ज करायी है। गुप्ता ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 287 और 304-ए के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया, ‘‘हमने भारतीय रेलवे के अधिकारियों से बात की है, जो अपने स्तर पर इस मामले की जांच कर रहे हैं कि लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।'' महिला के परिवार में पति और दो बच्चे हैं।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान पूर्व-मध्य और उत्तर पश्चिम भारत के कई भागों में बहुत तेज वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में आज तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि आज और कल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्सों और जम्मू-कश्मीर के शेष भागों में पहुंच सकता है।
दिल्ली में आज मध्यम बारिश के साथ आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में दिल्ली में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में मॉनसून पूर्वानुमान से दो दिन पहले कल पहुंच चुका है। -
नई दिल्ली। मध्य रेलवे ने गणपति उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की यात्रा को देखते हुए गणपति विशेष रेलगाड़ी चलाने की घोषणा की है। मध्य रेलवे के अनुसार गणेश चतुर्थी के पहले यात्रियों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे 156 गणपति विशेष रेलगाड़ियां चलाएगा। ये रेलगाड़ियां छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, पनवेल और सावंतवाड़ी, रत्नागिरी, पुणे, कर्माली और कुडाल सहित विभिन्न रेलमार्गों पर चलाई जाएंगी। बुकिंग कल से शुरू होगी। गणपति उत्सव सितंबर महीने में मनाया जाएगा।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और मिस्र की अपनी छह दिवसीय यात्रा समाप्त करने के बाद कल रात दिल्ली पहुंचे। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो देशों के साथ कई ऐतिहासिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। पालम हवाईअड्डे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा, विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी और पार्टी के अन्य सांसदों ने श्री मोदी का स्वागत किया।20 जून को अमेरिका की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूयॉर्क में 21 जून को 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
वाशिंगटन डीसी में, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने श्री मोदी का व्हाइट हाउस में रेड कार्पेट पर स्वागत किया। दोनों नेताओं ने ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अमरीकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। राष्ट्रपति बाइडेन ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में व्हाइट हाउस में एक राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया। इस यात्रा में रक्षा, अंतरिक्ष और व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कई प्रमुख समझौते हुए। एफ414 विमान इंजन के संयुक्त उत्पादन के लिए एचएएल और जीई के बीच समझौता पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा की प्रमुख उपलब्धियों में से एक था।प्रधानमंत्री अमेरिका की अपनी ऐतिहासिक राजकीय यात्रा समाप्त करने के बाद 24 जून को काहिरा पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मेदबाउली ने उनका स्वागत किया।अपनी मिस्र यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्र की राजधानी काहिरा में द्विपक्षीय वार्ता के लिए मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, संस्कृति और आम जनता के आपसी सम्पर्क सहित दोनों देशों के बीच साझेदारी को और सुदृढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने भारत-मिस्र संबंधों की सम्रगता से समीक्षा की और आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।राष्ट्रपति सिसी ने प्रधानमंत्री मोदी को मिस्र के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' से भी सम्मानित किया। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि वह 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' को बड़ी विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। यह 13वां ऐसा सर्वोच्च राजकीय सम्मान है जो दुनिया भर के विभिन्न देशों ने श्री मोदी को प्रदान किया है। अपनी मिस्र यात्रा से पहले, प्रधान मंत्री ने अमरीका की अपनी पहली राजकीय यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। -
छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भी पहुंचा मानसून
नयी दिल्ली/मुंबई. दिल्ली और मुंबई दोनों जगह रविवार को मॉनसून के आगमन के साथ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में मॉनसून अपने तय समय से दो दिन पहले पहुंच गया जबकि मुंबई में यह दो हफ्ते की देरी से पहुंचा। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, दक्षिण पश्चिम मॉनसून मुंबई और दिल्ली की ओर आज (25 जून) को बढ़ा।
आईएमडी के अधिकारी के अनुसार, मॉनसून की शुरुआत धीमी रही लेकिन अब इसमें तेजी आ रही है और यह महाराष्ट्र, समूचे कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और हरियाणा के कुछ हिस्सों समेत कई क्षेत्रों में पहुंच गया है। आम तौर पर केरल में मॉनसून एक जून तक, मुंबई में 11 जून और राष्ट्रीय राजधानी में 27 जून तक पहुंच जाता है। मॉनसून लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के बड़े हिस्से समेत उत्तर भारत में अधिकांश जगह तक तय समय या उससे थोड़ा पहले पहुंच गया है लेकिन मध्य भारत में यह अब भी तय समय से 10-12 दिन पीछे है, जहां अधिकांश किसान खेती के लिए बारिश पर निर्भर रहते हैं। आईएमडी में एक वरिष्ठ वैज्ञानिक डी.एस. पाई ने बताया कि चक्रवात बिपारजॉय ने दक्षिण भारत और उससे सटे पश्चिम एवं देश के मध्य हिस्सों में मॉनसून की प्रगति पर असर डाला है। हालांकि, पूर्वोत्तर एवं पूर्वी भारत में बारिश के लिए जिम्मेदार बंगाल की खाड़ी में मॉनसून 11 जून और 23 जून के बीच मजबूत बना रहा। पाई ने कहा कि मध्य जून में निम्न दबाव क्षेत्र बनने और चक्रवात बिपारजॉय के असर से मॉनसून के पूर्वी भारत की दिशा में बढ़ने में मदद मिली। पाई ने कहा कि अरब सागर से उठने वाला मॉनसून अब गति पकड़ रहा है और बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने कहा, ‘‘मॉनसून पूरे महाराष्ट्र और गुजरात एवं राजस्थान के कुछ हिस्सों में रविवार को छा सकता है। -
कोलकाता. कई दशकों तक वंचित वर्गों के बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए काम करने वाली और लोरेटो सियालदाह की पूर्व प्रधानाचार्य सिस्टर सीरिल का निधन हो गया है। वह 86 वर्ष की थीं। यहां एन्ताल्ली में स्थित ‘इंस्टीट्यूट ऑफ ब्लेस्ड वर्जिन मैरी, लोरेटो रेजिडेंस' ने कहा कि उनका निधन शनिवार को हुआ। सिस्टर सीरिल पढ़ाने के नवोन्मेषी तरीकों और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में रहने वाले वंचित बच्चों को शिक्षा मुहैया कराने के लिए जानी जाती थीं। वह 32 साल तक लोरेटो सियालदाह की प्रधानाचार्य रही थीं। उन्होंने 2007 में ‘पद्म श्री' से नवाजा गया था। उन्होंने 1983 में ‘रेनबॉ' परियोजना की शुरुआत की थी। इस परियोजना के तहत अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थी स्कूल के बाद आर्थिक रूप से पिछड़े बच्चों को पढ़ाते थे। आयरलैंड में जन्मीं सिस्टर सीरिल 1956 में कोलकाता आ गई थीं और तब से वह भारत में रह रही थीं। वह यहां एन्ताल्ली में नन के लिए वृद्धाश्रम में रहती थीं। वह लोरेटो सियालदाह से प्रधानाचार्य के तौर पर सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य में शिक्षा पर विभिन्न सलाहकार समितियों की सदस्य भी रही थीं।
-
नयी दिल्ली. गंगा नदी को आस्था और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) ने इस नदी के तट पर स्थित मंदिरों में स्थानीय उत्पादों को प्रसाद "गंगा भोग" का हिस्सा बनाने की शुरूआत की है और अब तक 61 मंदिरों को इस अभियान से जोड़ा जा चुका है। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक जी अशोक कुमार ने बताया, गंगा नदी हमेशा से आस्था व आर्थिक गतिविधियों का केंद्र रही है। अब इसे नया रूप प्रदान करते हुए मिशन ने ‘पांच म' पहल की शुरूआत की है, जिसमें मां गंगा, मंदिर, महिला, मोटा अनाज और मधु का समावेश किया गया है।'' उन्होंने बताया कि एनएमसीजी ने हिमालयी पर्यावरण अध्ययन एवं संरक्षण संगठन के सहयोग से गंगा नदी के किनारे स्थित मंदिरों से ‘गंगा भोग' की शुरुआत की है। कुमार ने बताया, ‘‘ इसका मकसद यह है कि गंगा नदी जिन इलाकों से गुजरती है, वहां तट के आसपास स्थित मंदिरों में स्थानीय उत्पाद को प्रसाद या गंगा भोग का हिस्सा बनाया जाए।'' एनएमसीजी के महानिदेशक ने बताया कि इस प्रयास में गंगा नदी के तट पर स्थित मंदिरों में प्रसाद के रूप में लड्डू अथवा किसी अन्य स्थानीय उत्पाद को शामिल करने पर जोर दिया गया है । कुमार ने बताया कि लड्डू तैयार करने में सेहत के लिये फायदेमंद होने के कारण मधु का इस्तेमाल करने पर जोर होगा तथा इसे उस क्षेत्र की महिलाएं तैयार करेंगी, जिससे उनके लिये आजीविका का स्रोत तैयार हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल' नारे को मूर्त रूप देने में भी मदद मिलेगी। कुमार ने बताया कि प्रसाद को 'गंगा भोग'का नाम दिया गया है और इस उद्देश्य के लिए मंदिरों के आसपास के गांवों व महिला समूहों से संपर्क किया गया है, ताकि वहां के अनाज व स्थानीय उत्पाद मंदिरों में प्रसाद के रूप में चढ़ाए जा सकें। उन्होंने बताया कि अप्रैल में ऋषिकेश में गंगा तट से इसकी शुरुआत की गई तथा इसका प्रसार गंगोत्री से गंगा सागर तक तटों पर स्थित मंदिरों में करने की योजना है। एनएमसीजी के महानिदेशक ने बताया कि अभी तक 61 मंदिरों को ‘गंगा भोग' प्रसाद योजना से जोड़ा जा चुका है। उनका मानना है कि यदि गंगा से लगे सभी मंदिरों में प्रसाद का एक हिस्सा लड्डू बनता है, तो इसके लिए लाखों लड्डू की जरूरत होगी और इसे तैयार करने के लिये महिलाओं को रोजगार मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति सशक्त होगी। उन्होंने बताया कि ‘गंगा भोग' प्रसाद से गंगा तट के पास स्थित सभी मंदिरों के अलावा आश्रमों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए संबधित श्राइन बोर्ड व आश्रमों से भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी प्रयास किया जाएगा कि मंदिर व आश्रमों में ‘गंगा भोग' प्रसाद के स्टॉल लग सकें। कुमार ने बताया कि गंगा नदी के तट पर स्थित मंदिरों के पुजारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है, ताकि पूजा पद्धति में एकरूपता आ सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए परमार्थ निकेतन संस्थान से सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन मंदिरों के पुजारियों के लिये पोशाक तैयार करने की भी व्यवस्था की जा रही है।
गंगा नदी के जल के औषधीय गुणों का पता लगाने के लिए किये गए अध्ययन के बारे में एक सवाल के जवाब में कुमार ने कहा, राष्ट्रीय पर्यावरण इंजीनियरिंग शोध संस्थान (नीरी) ने गंगा नदी के जल के औषधीय गुणों का अध्ययन प्रारंभ किया था और पिछले महीने इसकी रिपोर्ट प्राप्त हो गई है।'' उन्होंने बताया कि करीब दो वर्षों के अध्ययन के बाद तैयार इस रिपोर्ट में कहा गया है कि गंगा नदी के जल में कुछ मात्रा में बैक्टीरियोफेज (जीवाणुभोजी) है, जो जल में औषधीय गुणों का संकेत देते हैं। एनएमसीजी के महानिदेशक ने बताया, ‘‘ अभी इस रिपोर्ट को प्रकाशित नहीं किया गया है। हम कुछ और वैज्ञानिक शोध एवं मूल्यांकन करने के बाद इसे प्रकाशित करेंगे। -
नई दिल्ली। जून, 1961 के बाद पहली बार, दिल्ली और मुंबई में मॉनसून निर्धारित समयसीमा के आसपास पहुंचा है। मौसम विभाग ने कहा है कि मॉनसून दिल्ली में तय समय से दो दिन पहले पहुंचा और मुंबई में इसे पहुंचने में दो सप्ताह की देरी हुई। दिल्लीवासियों को मॉनसून के आने से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून प्रायद्वीपीय और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों और दिल्ली सहित पश्चिम और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। यह मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, उत्तरी अरब सागर के कुछ भागों, मुंबई, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित महाराष्ट्र के बाकी क्षेत्रों, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के कुछ भागों, उत्तराखंड के शेष भागों और हिमाचल के अधिकांश हिस्सों और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के कुछ भागों में आगे बढ गया है।इस बीच, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 24 घंटे के लिए अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और मंडी जिलों के कुछ जलक्षेत्रों और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से उच्च जोखिम की आशंका है। अगले 24 घंटों में लगातार वर्षा के कारण कुछ पूर्णतः भरे हुए जलक्षेत्रों और निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है।मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान पूर्वमध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत में मॉनसून सक्रिय रहने की अनुकूल स्थितियां बनी रहेंगी। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपातकाल का विरोध करने वाले हिम्मती लोगों और देश की लोकतांत्रिक भावना को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास करने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने एक ट्वीट में, आपातकाल को देश के इतिहास में एक काला अध्याय बताया। श्री मोदी ने कहा कि आपातकाल भारतीय संविधान में निहित मूल्यों के विपरीत है और इसे कभी भूला नहीं जा सकता।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका यात्रा ऐतिहासिक रही है। इस यात्रा ने दोनों देशों के बीच साझा हित के विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक भागीदारी को नए सिरे से परिभाषित किया है।
आज नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में निर्मला सीतारामन ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान रक्षा उत्पादन, प्रौद्योगिकी और रोजगार के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड और जनरल इलैक्ट्रिक के बीच एफ-414 विमान इंजनों के संयुक्त उत्पादन का समझौता प्रधानमंत्री मोदी की अमरीका यात्रा की एक बडी उपलब्धि है।अमरीकी संसद के संयुक्त सत्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बारे में श्रीमती सीतारामन ने कहा कि बहुत कम लोगों को यह अवसर मिला है। प्रधानमंत्री को अमरीका के दोनों दलों ने संबोधन के लिए आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि यह दूसरा अवसर है कि जब अमरीकी संसद के संयुक्त सत्र को भारत के प्रधानमंत्री ने संबोधित किया। यह देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सीसी से काहिरा में द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, नवीनीकरणीय ऊर्जा, संस्कृति और आम जनता के आपसी संपर्क सहित रणनीतिक भागीदारी को और सुदृढ करने के तौर तरीकों पर विचार-विमर्श किया। श्री सीसी ने श्री मोदी को मिस्र के सर्वोच्च सम्मान ऑर्डर ऑफ द नाइल प्रदान किया। श्री मोदी को विदेशों से मिला यह तेरहवां सर्वोच्च राजकीय सम्मान है।
दोनों नेताओं ने रणनीतिक भागीदारी को और मजबूत करने के एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कृषि, पुरातत्व और धरोहर तथा प्रतिस्पर्धा कानून के क्षेत्र में भी तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।इससे पहले, प्रधानमंत्री हेलियोपोलिस राष्ट्रमंडल युद्ध स्मारक गए और उन चार हजार तीन सौ वीर भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मिस्र और अदन में सर्वोच्च बलिदान दिया था।श्री मोदी अल हकीम मस्जिद भी गए, जहां उनका स्वागत मिस्र के पर्यटन और धरोहर मंत्री डॉक्टर मोस्तफा वजीरी ने किया। प्रधानमंत्री बोहरा समुदाय के नेताओं से भी मिले। फातिमिद काल की इस शिया मस्जिद को बनाए रखने में बोहरा समुदाय की सक्रिय भूमिका रही है और यह भारत और मिस्र की आम जनता के मजबूत संबंधों को प्रदर्शित करती है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि यह मस्जिद मिस्र की समृद्ध विरासत और संस्कृति का प्रतीक है।प्रधानमंत्री अमरीका और मिस्र की सफलतापूर्वक यात्रा संपन्न करने के बाद आज रात नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। - नई दिल्ली। भारत ने प्रतिदिन 101 मिलियन मीट्रिक घन मीटर गैस उत्पादन का महत्वपूर्ण लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक ट्वीट में कहा कि यह उपलब्धि ऊर्जा क्षेत्र के अथक प्रयासों और नीतिगत सुधारों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह गैस-आधारित अर्थव्यवस्था बनने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।श्री पुरी ने कहा कि भारत को अपनी प्राकृतिक गैस की आवश्यकता का 50 प्रतिशत हिस्सा आयात करना पड़ता है और देश में गैस उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य के लिए ऊर्जा सुरक्षा हासिल होगी।
-
मुंबई। महाराष्ट्र में पुणे जिले के खंडाला में शनिवार को एक कंटेनर ट्रक ने एक पिकअप वैन को टक्कर मारी दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। खोपली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा अंडा प्वाइंट पर तड़के उस समय हुआ, जब ट्रक ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गया और एक अन्य पिकअप वैन से टकरा गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में पिकअप वैन पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान नासिक जिला निवासी गुरदीप सिंह तेजस सिंह सरोवा (47) और रायगढ़ जिले के खोपली निवासी सतीश रामचंद्र पवार के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा- 304ए(लापरवाही की वजह से मौत) सहित अन्य संबद्ध धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
- रूद्रप्रयाग(उत्तराखंड) .केदारनाथ धाम के दर्शन कर पैदल लौgटने के दौरान रामबाड़ा के समीप नदी के किनारे फंसे मध्यप्रदेश के चार तीर्थयात्रियों को उत्तराखंड आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के बचाव दल ने ढूंढ कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया । एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर से आए इन युवा श्रद्धालुओं के बुधवार मध्य रात्रि केदारनाथ पैदल रास्ते पर गरुड़चट्टी एवं रामबाड़ा के बीच नदी किनारे फंसे होने की सूचना मिली थी । इस पर तत्काल रात के अंधेरे में ही बचाव दल मिशन पर चल पड़ा और चारों तीर्थयात्रियों को खोज निकाला । फंसने के कारण हताश बैठे सभी तीर्थयात्रियों की एसडीआरएफ को देखकर जान में जान आयी।तीर्थयात्रियों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश से चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि केदारनाथ मंदिर के दर्शन करके वापस सोनप्रयाग जल्दी पहुँचने के चक्कर में उन्होंने छोटा रास्ता अपनाया और नदी के किनारे चलते हुए आगे बढ़े लेकिन रास्ते में फंस गये। इस दौरान अंधेरे में चलते-चलते एक यात्री गिरकर चोटिल भी हो गया । बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी । एसडीआरएफ की टीम चारों तीर्थयात्रियों को सकुशल लिंचोली लेकर आयी । घायल यात्री को लिंचोली अस्पताल में भर्ती कराया गया है । तीर्थयात्रियों की पहचान अमन, अभय, कृष्णकांत और कुलदीप जस्वाल के रूप में हुई हैं । सभी की उम्र 21 साल है ।


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)






.jpg)














.jpg)