- Home
- देश
-
गाजियाबाद . गाजियाबाद जिले में रविवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया। अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) रामानंद कुशवाहा ने बताया कि यह हादसा जैसमीन ग्रोव सोसाइटी के गेट के सामने हुआ। हादसे में हताहत हुए चारों लोग जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए निकले थे। पुलिस के मुताबिक, वे नशे की हालत में थे। मृतकों की पहचान दिल्ली में विकास पुरी निवासी निकिता खत्री, अशोक विहार फेज-तीन की रहने वाली रिया मदान और मोतीनगर निवासी तेजस्वी के रूप में हुई है। सभी मृतकों की उम्र 30 वर्ष के आसपास है। दुर्घटना में घायल हुए चौथे व्यक्ति चिराग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। - नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशेष ओलंपिक खेलों के लिए भारतीय दल को रविवार को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘बर्लिन में विशेष ओलंपिक शुरू होने के साथ भारतीय दल को मेरी शुभकामनाएं।'' उन्होंने कहा, ‘‘खेलों में हमारा प्रतिनिधित्व करने वाले प्रत्येक एथलीट पर हमें गर्व है। ईश्वर करे कि वे अपने उत्साह, दृढ़ संकल्प के माध्यम से चमक बिखेरें।''
- निवाड़ी (मप्र) ।मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के एक थाने में 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पिटाई करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को रविवार को लाइन हाजिर कर दिया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। शनिवार को एक वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। इस वीडियो में दिख रहा है कि पीड़ित युवक एक अस्पताल में है और लोग दावा कर रहे हैं कि उसे थाने में पीटा गया है। यह कथित घटना टेहरका थाने में हुई। निवाड़ी जिले के पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि ऋषि ठाकुर (25) को पीटने के सम्बन्ध में थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रमोद और आरक्षक मनोज एवं कुलदीप को लाइन हाजिर किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जायगी। जायसवाल ने बताया कि ऋषि के खिलाफ मारपीट की शिकायत मिलने के बाद उसे थाने बुलाया गया था।वहीं, टेहरका थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अर्पित पाराशर ने बताया कि शिकायतकर्ता धर्मेश पांचाल और ऋषि का आपस में शनिवार को समझौता हो जाने से उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था। उन्होंने दावा किया कि थाने में उसके साथ कोई मारपीट नहीं की गयी।
- जयपुर। राजस्थान के जालोर, सिरोही और बाड़मेर जिलों में चक्रवाती तूफान ‘बिपारजॉय' की वजह से हुई भारी बारिश के कारण लोगों को बाढ़ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। एसडीआरएफ टीम ने 59 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘बिपारजॉय' तूफान के कारण बनी परिस्थितियों को लेकर जालौर, सिरोही, बाड़मेर एवं पाली के जिलाधिकारियों से बात की। स्थिति नियंत्रण में हैं एवं लगातार निगरानी की जा रही है। राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) के कमांडेंट राजकुमार गुप्ता ने बताया कि ‘बिपारजॉय' तूफान के मद्देनजर जालोर जिले के भीनमाल कस्बे की बाढ़ग्रस्त ओड बस्ती में फंसे कुल 39 लोगों को एसडीआरएफ टीम ने वहां से निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि बाड़मेर जिले के धौरीमन्ना कस्बे के निचले इलाकों में पानी भरने से घरों में फंसे 20 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पुलिस ने बताया कि बाड़मेर और राजसमंद जिलों में बारिश जनित दो अलग अलग हादसों में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। बाड़मेर के सेवडा थानाधिकारी हंसाराम ने बताया कि रविवार सुबह गंगासरा गांव के तालाब में नहाने गये दो चचेरे भाईयों की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कृपालिसंह और खेत सिंह के रूप में की गई है। दोनों नौ से 11 वर्ष की आयुवर्ग के हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये हैं। राजसमंद पुलिस नियंत्रण कक्ष ने बताया कि बाघोटा गांव में चट्टान के खिसने से प्रेमसिंह राजपूत (45) की मौत हो गई और केलवा थाना क्षेत्र के केलवा गांव में मकान का छज्जा गिरने से लाली बाई (48) की मौत हो गई। राजस्थान के आपदा और राहत सचिव पीसी किशन ने कहा, “भारी वर्षा के कारण जालोर, सिरोही और बाड़मेर जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। अगले 15-20 घंटों में भारी बारिश होने का अलर्ट भी है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हमारी कई टीम अलर्ट पर हैं।” उन्होंने कहा कि पिंडवाड़ा, आबू रोड और रेवड़ में कई बड़े बांधों में पानी बहुत ज्यादा भर गया है।आपदा राहत एवं प्रबंधन विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को सुबह से शाम तक पाली के ऐरन पुरा रोड में 226 मिलीमीटर (मिमी), सिरोही में 155 मिमी, जालोर में 123 मिमी और जोधपुर शहर में 91 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 8.30 बजे तक जालोर के चितलवाना में 336 मिमी, जसवंतपुरा में 291 मिमी, रानीवाड़ा में 317 मिमी, शिवगंज में 315 मिमी, सुमेरपुर में 270 मिमी, चोहटन में 266 मिमी, धोरीमन्ना में 256 मिमी, रानी में 249 मिमी, रेवधर में 243 मिमी, बाली में 240 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अन्य अनेक स्थानों पर 203 मिमी से लेकर 67 मिमी तक बारिश दर्ज की गई।जयपुर मौसम केन्द्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के चार जिलों में भारी बारिश (200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश) अब तक रिकॉर्ड हुई है। इनमें जालोर, सिरोही, बाड़मेर और पाली जिले शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य के अन्य कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश अब तक दर्ज की गई है। फिलहाल भारी बारिश का दौर पाली , राजसमंद, अजमेर, उदयपुर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में जारी है। उन्होंने बताया कि आगामी 24 घंटों में अजमेर और उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। शर्मा ने बताया कि पाली, सिरोही ,राजसमंद और उदयपुर में विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, टोंक , बूंदी, जयपुर, नागौर, और जालोर में कहीं-कहीं भारी और बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि राज्य के उत्तर पश्चिमी इलाकों-- हनुमानगढ, गंगानगर, चूरू और बीकानेर में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कहा कि केंद्र सरकार देश में, विशेषतौर पर पंजाब से नशीले पदार्थों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि एक महीने के भीतर अमृतसर में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो - एनसीबी का एक कार्यालय खोला जाएगा। श्री शाह गुरदासपुर में केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के देशव्यापी अभियान के तहत एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समूचे पंजाब में नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करेंगे।
श्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब में कई विकास परियोजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र ने राज्य सरकार को 2014 से 2023 तक दो लाख 21 हजार करोड़ रुपये दिए, जबकि कांग्रेस के दस साल के शासन में राज्य को केवल 46 हजार करोड़ रुपये दिए गए थे। -
नई दिल्ली। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह में अब तक 12 दशमलव सात तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में तीन लाख 71 हजार 982 करोड़ रुपये की तुलना में चार लाख 19 हजार 338 करोड़ रुपये का कर संग्रह हुआ है। 11 दशमलव एक आठ प्रतिशत की वृद्धि के साथ शुद्ध कर संग्रह तीन लाख उनासी हजार 760 करोड़ रुपये है।
सकल संग्रह में एक लाख 87 हजार 311 करोड़ रुपये का निगम कर और दो लाख 31 हजार 391 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत आयकर शामिल है। वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के लिए अग्रिम कर संग्रह 13 दशमलव सात शून्य प्रतिशत की वृद्धि के साथ एक लाख 16 हजार 776 करोड़ रुपये रहा। 2023-24 में अब तक 39 हजार 578 करोड़ रुपये का रिफंड भी जारी किया जा चुका है। -
नई दिल्ली। विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। योग दिवस का इस वर्ष का विषय है- वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मन की बात कार्यक्रम में श्रोताओं से कई वर्षों से अपनी शारीरिक और मानसिक सक्रियता के लिए योग करने का आग्रह किया था। मन की बात कार्यक्रम ने देश की सभी दिशाओं में लोगों को योग का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने कल अपने मन की बात कार्यक्रम के संबोधन में कहा था कि 21 जून उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है जो योग से जुड़े हुए नहीं हैं।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अंततराष्ट्रीय योग दिवस से पहले देशवासियों से योग को अपनाने और अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 102वीं कड़ी में अपने विचार साझा करते हुए मोदी ने कहा कि इस वर्ष अमेरिका की यात्रा के दौरान उन्हें योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित समारोह में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘योग को अपने जीवन में जरूर अपनाएं, इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। अगर अब भी आप योग से नहीं जुड़े हैं तो 21 जून इस संकल्प के लिए बहुत बेहतरीन मौका है। योग में तो वैसे भी ज्यादा तामझाम की जरूरत ही नहीं होती है। जब आप योग से जुड़ेंगे तो आपके जीवन में बड़ा परिवर्तन आएगा।'' उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री इस वर्ष योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पहली बार योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य इसके कई लाभों के बारे में दुनिया भर में जागरूकता बढ़ाना है। इसकी सार्वभौमिक अपील को स्वीकार करते हुए, दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की थी। मोदी ने कहा, ‘‘इस बार मुझे न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मैं, देख रहा हूं कि सोशल मीडिया पर भी योग दिवस को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार विश्व के कोने-कोने में लोग अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष योग दिवस का आदर्श वाक्य ‘एक विश्व-एक परिवार' है। उन्होंने कहा, ‘‘यह योग की उस भावना को व्यक्त करता है, जो सबको जोड़ने वाली और साथ लेकर चलने वाली है। हर बार की तरह, इस बार भी देश के कोने-कोने में, योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।'' प्रधानमंत्री ने इस दौरान देश के विभिन्न राजभवनों में भारतीय परंपरा और संस्कृति से जुड़े उत्सवों के ‘दिलचस्प' आयोजनों का भी उल्लेख किया और कहा कि अब देश में राजभवनों की पहचान, सामाजिक और विकास कार्यों से होने लगी है। उन्होंने कहा, ‘‘आज हमारे राजभवन, टीबी मुक्त भारत अभियान के, प्राकृतिक खेती से जुड़े अभियान के, ध्वजवाहक बन रहे हैं। बीते समय में गुजरात हो, गोवा हो, तेलंगाना हो, महाराष्ट्र हो, सिक्किम हो, इनके स्थापना दिवस को, अलग-अलग राजभवनों ने जिस उत्साह के साथ मनाया वह अपने आप में एक मिसाल है।'' मोदी ने इसे ‘‘एक बेहतरीन पहल'' करार दिया और कहा कि यह ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की भावना को सशक्त बनाती है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान भारत में जापान की मियावाकी तकनीक के हो रहे प्रसार का उल्लेख किया तथा लोगों से इस पद्धति के बारे में जानने और समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘इस पद्धति के जरिए धरती और प्रकृति को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने में लोग अमूल्य योगदान दे सकते हैं। अगर किसी जगह की मिट्टी उपजाऊ नहीं रही हो, तो मियावाकी तकनीक उस क्षेत्र को फिर से हरा-भरा करने का बहुत अच्छा तरीका होती है। मियावाकी जंगल तेजी से फैलते हैं और दो-तीन दशक में जैव विविधता का केंद्र बन जाते हैं।'' इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने केरल के एक शिक्षक राफी रामनाथ का उल्लेख किया और बताया कि कैसे उन्होंने इस पद्धति से एक इलाके की तस्वीर बदल दी। उन्होंने कहा कि गुजरात के कच्छ में भी 2001 के भूकंप में मारे गए लोगों की याद में मियावाकी पद्धति से स्मृति वन बनाया गया है और इसी तरह अंबाजी और पावागढ़ में भी पौधे लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि लखनऊ के अलीगंज में भी एक मियावाकी उद्यान तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘अब तो यह तकनीक पूरी दुनिया में पसंद की जा रही है। सिंगापुर, पेरिस, ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया जैसे देशों में इसका बड़े पैमाने पर उपयोग हो रहा है।'' मोदी ने खेल स्पर्धाओं में हाल ही में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन का भी जिक्र किया कहा कि इसी महीने भारत की टीम ने पहली बार महिला जूनियर एशिया कप हॉकी जीतकर तिरंगे की शान बढ़ाई है। उन्होंने अन्य प्रतिस्पर्धाओं में भी भारत के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय होता था जब अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के बारे में पता तो चलता था, लेकिन उनमें अकसर भारत का कहीं कोई नाम नहीं होता था। मोदी ने कहा, ‘‘लेकिन, आज मैं, केवल पिछले कुछ सप्ताह की सफलताओं का ज़िक्र कर रहा हूं तो भी सूची इतनी लंबी हो जाती है। यही हमारे युवाओं की असली ताकत है। ऐसे कितने ही खेल और प्रतियोगिताएं हैं, जहां आज भारत पहली बार अपनी मौजूदगी दर्ज करवा रहा है।'' उन्होंने विभिन्न हिस्सों में ‘खेलो इंडिया' प्रतियोगिताओं का उल्लेख किया और कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों की प्रेरक कहानियां सामने आती हैं। मोदी ने 20 जून को देश भर के विभिन्न स्थानों पर निकाली जाने वाली रथयात्राओं का जिक्र किया और कहा कि इनमें जिस तरह देश भर के हर समाज और वर्ग के लोग उमड़ते हैं, वह अपने आपमें बहुत अनुकरणीय है। उन्होंने कहा, ‘‘ये आस्था के साथ ही ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत' का भी प्रतिबिंब होती हैं।'' -
हैदराबाद.भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में दाखिले के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड में शीर्ष स्थान पाने वाले वी. चिदविलास रेड्डी ने रविवार को कहा कि उन्हें शीर्ष 10 में रैंक प्राप्त करने की उम्मीद थी और अखिल भारतीय स्तर पर पहली रैंक प्राप्त करने पर वह बहुत खुश हैं। अधिकारियों ने बताया कि जेईई-एडवांस्ड परीक्षा के नतीजे रविवार को घोषित किए गए। इस साल परीक्षा का आयोजन करने वाले आईआईटी गुवाहाटी के अनुसार, रेड्डी ने 360 अंकों में से 341 अंक हासिल किए। रेड्डी तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले के रहने वाले हैं और उनके माता-पिता सरकारी शिक्षक हैं। रेड्डी (17) ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया और कहा कि वह आईआईटी मुंबई में कंप्यूटर विज्ञान की पढ़ाई करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विज्ञान और गणित पसंद है। मेरे परिवार और शिक्षकों ने मेरा बहुत सहयोग किया।''
रेड्डी ने कहा कि परीक्षा के लिए उनकी तैयारी अच्छी थी और उन्होंने क्रिकेट खेलना भी बंद कर दिया था तथा पिछले दो साल से सोशल मीडिया से भी दूरी बनाई हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘जेईई से छह महीने पहले, मैं हर दिन लगभग आठ से 10 घंटे पढ़ता था। पिछले दो महीनों के दौरान, मैंने रोजाना 11-12 घंटे पढ़ाई की।'' रेड्डी के पिता वी. राजेश्वर रेड्डी ने कहा कि उनका बेटा फिल्में नहीं देखता था और उसने केवल पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया। वहीं, आईआईटी हैदराबाद जोन की ही नयाकांति नगा भव्या श्री 298 अंक प्राप्त करके लड़कियों में शीर्ष स्थान पर रहीं। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से ताल्लुक रखने वाली भव्यश्री ने कहा, ‘‘जब भी मैं उदास महसूस करती थी तो मेरे माता-पिता हमेशा मुझे प्रेरित करते थे। मैं अपनी सफलता को अपने माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को समर्पित करना चाहती हूं।' -
नयी दिल्ली. वर्ष 2021 के लिए गांधी शांति पुरस्कार गीता प्रेस, गोरखपुर को प्रदान किया जाएगा। गीता प्रेस को यह पुरस्कार "अहिंसक और अन्य गांधीवादी तरीकों से सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में उत्कृष्ट योगदान" के लिए दिया जायेगा। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गीता प्रेस को पुरस्कार के लिए चुने जाने के लिए बधाई दी और क्षेत्र में उसके योगदान की सराहना की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं गीता प्रेस, गोरखपुर को गांधी शांति पुरस्कार 2021 से सम्मानित किये जाने पर बधाई देता हूं। उन्होंने लोगों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक परिवर्तन को आगे बढ़ाने की दिशा में पिछले 100 वर्षों में सराहनीय कार्य किया है।'' संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाली जूरी ने सर्वसम्मति से गीता प्रेस, गोरखपुर को गांधी शांति पुरस्कार के लिए चुनने का फैसला किया। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने शांति एवं सामाजिक सद्भाव के गांधीवादी आदर्शों को बढ़ावा देने में गीता प्रेस के योगदान को याद किया। बयान के अनुसार मोदी ने कहा कि गीता प्रेस को उसकी स्थापना के सौ साल पूरे होने पर गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जाना संस्थान द्वारा सामुदायिक सेवा में किये गये कार्यों की पहचान है। गीता प्रेस की शुरुआत वर्ष 1923 में हुई थी और यह दुनिया के सबसे बड़े प्रकाशकों में से एक है, जिसने 14 भाषाओं में 41.7 करोड़ पुस्तकें प्रकाशित की हैं, जिनमें श्रीमद्भगवद्गीता की 16.21 करोड़ प्रतियां शामिल हैं। बयान में कहा गया है, ‘‘गांधी शांति पुरस्कार 2021 मानवता के सामूहिक उत्थान में योगदान देने के लिए गीता प्रेस के महत्वपूर्ण और अद्वितीय योगदान को मान्यता देता है, जो गांधीवादी जीवन को सही अर्थों में व्यक्त करता है।'' गांधी शांति पुरस्कार एक वार्षिक पुरस्कार है, जिसकी शुरुआत सरकार ने 1995 में महात्मा गांधी की 125वीं जयंती के अवसर पर गांधी द्वारा प्रतिपादित आदर्शों को सम्मान देते हुए की थी। मंत्रालय ने कहा कि पुरस्कार किसी भी व्यक्ति को दिया जा सकता है चाहे उसकी राष्ट्रीयता, नस्ल, भाषा, जाति, पंथ या लिंग कोई भी हो। मंत्रालय ने कहा कि पुरस्कार में एक करोड़ रुपये, एक प्रशस्ति पत्र, एक पट्टिका और एक उत्कृष्ट पारंपरिक हस्तकला/हथकरघा वस्तु शामिल है। हाल के समय में सुल्तान कबूस बिन सैद अल सैद, ओमान (2019) और बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान (2020), बांग्लादेश को यह पुरस्कार दिया गया है। -
पणजी. जी-20 की पर्यटन कार्यसमूह और पर्यटन मंत्रियों की चौथी एवं अंतिम बैठक सोमवार को गोवा में शुरू होगी। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की सचिव वी.विद्यावती ने रविवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि कार्यसमूह पर्यटन के लिए गोवा रोडमैप पारित करेगा जो सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) प्राप्त करने का वाहक बनेगा। उन्होंने बताया कि जी-20 पर्यटन मंत्रियों की बैठक में घोषणापत्र जारी किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटन कार्य समूह के दो अहम उद्देश्यों को अंतिम रूप देने के लिए सकारात्मक प्रगति की है। विद्यावती ने कहा कि कार्य समूह की पहले ही तीन बैठकें हो चुकी हैं।
पर्यटन सचिव ने बताया कि गोवा में 19 जून से 22 जून तक यह बैठक होगी। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के जी-20 पयर्टन पथ के तहत कार्यसमूह पांच अंतर संबंधित प्राथमिक क्षेत्रों पर काम कर रहा है जिनमें हरित पर्यटन, डिजिटलीकरण, कौशल, पर्यटन एमएसएमई और स्थान प्रबंधन शामिल है।'' विद्यावती ने बताया कि ये प्राथमिकताएं पर्यटन क्षेत्र में बदलाव और 2030 सतत विकास लक्ष्य का अहम आधार हैं। उन्होंने बताया कि इससे इतर भी क्रूज पर्यटन और अन्य मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्यटन मंत्रालय के अपर सचिव राकेश वर्मा ने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए आठ देशों के 150 प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी जिनमें से एक बैठक भारत और अमेरिका के बीच होगी। अधिकारी ने बताया कि समापन बैठक में जी-20 के सदस्य देश, आमंत्रित देश और अंतरराष्ट्रीय संगठन लगभग तैयार हो चुके गोवा रोडमैप और पर्यटन मंत्रियों के घोषणापत्र का स्वागत एवं समर्थन करेंगे। -
अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में 20 जून को भगवान जगन्नाथ की 146वीं रथ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहली बार ‘3डी मैपिंग' तकनीक का इस्तेमाल किया जायेगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त प्रेम वीर सिंह ने कहा कि रथ यात्रा में अनधिकृत मानव रहित हवाई वाहनों (यूएवी) को नीचे ले जाने के लिए रास्ते में भारी संख्या में कर्मियों तैनात किया जायेगा और ड्रोन रोधी तकनीक का इस्तेमाल किया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात में पहली बार रथ यात्रा में पूरे मार्ग और विशेष रूप से रणनीतिक बिंदुओं पर 3डी मैपिंग तकनीक का इस्तेमाल कर नजर रखी जायेगी।'' अधिकारियों ने कहा कि किसी स्थान की त्रि-आयामी रूपरेखा बेहतर दृश्यता और सूचना प्राप्त करने में मदद करती है। गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान अनधिकृत ड्रोन का इस्तेमाल नहीं हो, यह सुनिश्चित करने के लिए पहली बार ड्रोन रोधी तकनीक का इस्तेमाल किया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘राज्यभर में 198 रथ यात्राएं निकाली जायेंगी। मुख्य जुलूस के साथ अकेले अहमदाबाद में छह छोटे जुलूस निकाले जायेंगे। जुलूस के 20 किलोमीटर के मार्ग की निगरानी के लिए 2,322 ‘बॉडी वियर कैमरों' और सीसीटीवी और जीपीएस प्रणाली वाले 25 वाहनों का इस्तेमाल किया जायेगा।'' अधिकारियों ने कहा कि कुल 26,091 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जायेगा, जिनमें पुलिस और अर्धसैनिक इकाइयां शामिल हैं और उन्हें 45 स्थानों पर स्थित 94 सीसीटीवी कैमरों से सूचनाएं प्रदान की जायेगी। सांघवी ने कहा, ‘‘पुलिस ने सर्वधर्म रक्तदान शिविर, क्रिकेट टूर्नामेंट और शांति समिति की बैठकों का भी आयोजन किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रथ यात्रा सौहार्दपूर्ण माहौल में पारंपरिक उत्साह के साथ निकाली जा सके।'' गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को होने वाली यात्रा के लिए पुलिस तैयारियों की समीक्षा की।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 जून को न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि योग दिवस को लेकर युवाओं में बहुत अधिक उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के योग दिवस का विषय है - वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग यानी एक विश्व एक परिवार के रूप में सबके कल्याण के लिए योग। उन्होंने यह भी कहा कि इससे योग की भावना का पता चलता है जो सबको एकजुट करता है और सबको साथ लेकर चलता है। इस वर्ष योग दिवस पर देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक देशवासी से योग को अपने जीवन में अपनाने और इसे रोजमर्रा के अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो लोग योग से नहीं जुडे़ हैं, 21 जून का दिन उनके लिए योग से जुड़ने का संकल्प लेने का एक बड़ा अवसर है। श्री मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और देश की जनता लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोच्च मानती है। उन्होंने कहा कि संविधान ही सर्वोच्च होता है और इसलिए 25 जून को कभी भुलाया नहीं जा सकता क्योंकि इसी दिन देश पर आपातकाल थोपा गया था। प्रधानमंत्री ने आपातकाल को भारत के इतिहास का एक काला दौर बताया। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों ने अपनी पूरी ताकत के साथ आपातकाल का विरोध किया लेकिन उस दौरान लोकतंत्र के समर्थकों पर अत्याचार किए गए। आपातकाल में पुलिस और प्रशासन के अत्याचार और दंडों पर कई पुस्तकें लिखी गई हैं। श्री मोदी ने कहा कि उन्हें भी उस दौरान संघर्ष में गुजरात नामक पुस्तक लिखने का मौका मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने इमरजेंसी पर लिखी गई कई पुस्तकों का अध्ययन किया। आपातकाल के दौरान प्रकाशित पुस्तक - टार्चर ऑफ पॉलिटिकल प्रिजनर्स इन इंडिया अर्थात भारत में राजनीतिक कैदियों की यातना में बताया गया है कि उस समय सरकार ने लोकतंत्र के रक्षकों के साथ कितना क्रूरतापूर्ण व्यवहार किया। प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि आजादी के इस अमृत महोत्सव के दौरान लोगों को ऐसे अपराधों का भी अवलोकन करना चाहिए, जिनसे देश की आजादी खतरे में पड गई थी। उन्होंने कहा कि इससे आज की युवा पीढ़ी को लोकतंत्र के मायने और उसकी अहमियत को समझने में आसानी होगी।प्रधानमंत्री ने चक्रवात बिपरजॉय से निपटने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इससे देश का आम नागरिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि महज दो-तीन दिन पहले ही इस चक्रवात से कच्छ में भारी नुकसान हुआ है। श्री मोदी ने कहा कि कच्छ की जनता ने जिस साहस के साथ इस भीषण आपदा का सामना किया है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि कच्छ के लोग कुछ दिन बाद अपना नववर्ष आषाढी बीज मनाने जा रहे हैं। यह एक संयोग ही है कि आषाढी बीज को कच्छ में वर्षा की शुरूआत का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दो दशक पूर्व कच्छ में आए विनाशकारी भूकंप से उबरने के प्रति कच्छ की जनता के संकल्प के कारण ही आज कच्छ देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे जिलों में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कच्छ के लोग बिपरजॉय से हुए नुकसान से भी तेजी से उबर जाएंगे।प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में आपदा प्रबंधन की जो ताकत विकसित हुई है, आज वह एक उदाहरण बन रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से मुकाबला करने का एक बडा तरीका है -- प्रकृति का संरक्षण। श्री मोदी ने कहा कि मानसून के दौरान हमारी जिम्मेदारी कई गुना बढ जाती है।प्रधानमंत्री ने कहा कि कैच द रेन अभियान के माध्यम से देश में जल-संरक्षण के सामूहिक प्रयास हो रहे हैं। पिछले महीने मन की बात कार्यक्रम में उन्होंने जल-संरक्षण से जुडे स्टार्ट अप की चर्चा की थी। आज उन्होंने उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तुलसीराम यादव का उल्लेख किया, जिन्होंने बांदा और बुंदेलखंड क्षेत्रों में पानी की समस्या से निपटने के लिए चालीस से अधिक तालाब बनवाए। इसके कारण उनके गांव में भू-जल स्तर में सुधार हो रहा है। इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश के हापुड जिले में लोगों ने मिलकर एक विलुप्त नदी को पुनर्जीवित किया है। इस इलाके में नीम नाम की एक नदी हुआ करती थी। लोगों ने अपनी इस प्राकृतिक धरोहर के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया और अब नीम नदी फिर से जीवंत होने लगी है। श्री मोदी ने कहा कि इस नदी के उद्गम स्थल को भी अमृत सरोवर के तौर पर विकसित किया जा रहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की नदियां, नहरें और झीलें हमारे जल-स्रोत मात्र नहीं हैं, बल्कि इनके साथ हमारे जीवन के रंग और हमारी भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में नीलवंडे बांध की नहर का काम पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस नहर के परीक्षण के लिए इसमें कुछ ही दिन पहले पानी छोड़ा गया है जिसकी तस्वीरों ने उन्हें भावुक कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब इस गांव के लोग होली-दिवाली की तरह प्रफुल्लित हैं।प्रधानमंत्री ने वन-क्षेत्रों के विस्तार के लिए जापान की मियावाकी तकनीक की चर्चा की, जो इलाके को फिर से हरा-भरा करने में बहुत उपयोगी है। मियावाकी के जंगल तेजी से फैलते हैं और लगभग तीन दशक में जल विविधता के बड़े केन्द्र बन जाते हैं। श्री मोदी ने कहा कि अब भारत के अलग-अलग हिस्सों में इसका प्रसार बहुत तेजी से हो रहा है। उन्होंने इस तकनीक के सहारे अपने इलाके की तस्वीर बदलने वाले केरल के शिक्षक राफी रामनाथ की चर्चा की जिसने विद्यावनम् नाम से एक छोटा जंगल विकसित किया है जिसमें एक सौ पन्द्रह प्रकार के साढे चार सौ से अधिक पौधे हैं। रामनाथ को इन वृक्षों के रख-रखाव में अपने विद्यार्थियों का सहयोग मिलता है और अब आस-पास के लोग बड़ी संख्या में इस सुंदर स्थान को देखने आते हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि मियावाकी जैसे वन-क्षेत्र किसी भी जगह और आसानी से विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने हाल ही में गुजरात में एकता नगर में केवड़िया में मियावाकी वन-क्षेत्र का उद्घाटन किया है। कच्छ में वर्ष 2001 के भूकंप में मारे गए लोगों की याद में एक स्मृति-वन विकसित किया गया है। श्री मोदी ने कहा कि कच्छ जैसे इलाके में इसकी सफलता से पता चलता है कि प्रतिकूल प्राकृतिक वातावरण में भी मियावाकी तकनीक कितनी प्रभावी है। इसी प्रकार, मियावाकी तकनीक से ही अम्बाजी और पावागढ में भी पौधे लगाए गए हैं। लखनऊ में अलीगंज में भी मियावाकी बाग विकसित किया जा रहा है। पिछले चार वर्षों में मुम्बई और इसके आस-पास के इलाकों में साठ से अधिक वन-क्षेत्रों में यह काम किया गया है। सिंगापुर, पेरिस, ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया सहित कई देशों में इसका व्यापक उपयोग हो रहा है। श्री मोदी ने खासकर शहरों में रह रहे देशवासियों से मियावाकी तकनीक को अपनाने की अपील की।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को वर्ष 2025 तक टीबी से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में निक्षय-मित्रों ने महत्वपूर्ण कार्य किया है। आज देश में कई प्रकार के सामाजिक संगठन निक्षय-मित्र बन गए हैं। श्री मोदी ने कहा कि गांव और पंचायतों में रहने वाले हजारों लोग इस काम के लिए आगे आएं हैं और उन्होंने टीबी रोगियों को गोद लिया है। उन्होंने कहा कि जन भागीदारी इस अभियान की सबसे बडी शक्ति है और इसी की बदौलत अब देश में दस लाख से अधिक टीबी रोगियों को गोद लिया जा चुका है। श्री मोदी ने कहा कि लगभग 85 हजार निक्षय मित्रों द्वारा किया जा रहा यह एक नेक कार्य है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि अब देश के कई सरपंचों और ग्राम प्रधानों ने अपने गांव से टीबी को पूरी समाप्त करने की पहल की है।प्रधानमंत्री ने नैनीताल के निक्षय-मित्र दीकर सिंह मेवाड़ी की चर्चा की, जिन्होंने छह टीबी रोगियों को गोद लिया है। किन्नौर की ग्राम पंचायत के प्रमुख ज्ञान सिंह भी निक्षय-मित्र हैं जो अपने ब्लॉक में टीबी रोगियों को सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को टीबी मुक्त करने के अभियान में बच्चे और युवा साथी भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के ऊना की सात साल की नलिनी सिंह का उदाहरण दिया जो अपने जेब खर्च से टीबी रोगियों की मदद कर रही है। मध्य प्रदेश के कटनी जिले की तेरह साल की मीनाक्षी और पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर के ग्यारह वर्षीय बश्वर मुखर्जी ने भी अपने गुल्लक के पैसे भी टीबी मुक्त भारत अभियान में लगा दिए हैं। श्री मोदी ने कहा कि ये सभी उदाहरण बहुत प्रेरक हैं। उन्होंने कम उम्र में बड़ी सोच रखने वाले बच्चों की प्रशंसा की।प्रधानमंत्री ने डेयरी फार्मिंग शुरू करने के लिए जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के लोगों का उदाहरण दिया। इस जिले में लंबे समय से दूध की कमी थी। बारामूला के लोगों ने इस चुनौती को अवसर में बदल दिया। श्री मोदी ने इसरत नबी की चर्चा की जिन्होंने मीर सिस्टर्स डेयरी फार्म शुरू किया है जहां प्रतिदिन लगभग डेढ सौ लीटर दूध की ब्रिकी हो रही है। प्रधानमंत्री ने सोपोर के वसीम अनायत का जिक्र भी किया जो अपने दो दर्जन से अधिक पशुओं की बदौलत प्रतिदिन दो सौ लीटर से अधिक दूध की ब्रिकी कर रहे हैं। उन्होंने बारामूला के आबिद हुसैन की डेयरी फार्मिंग का भी उल्लेख किया जहां प्रतिदिन साढे पांच लाख लीटर दूध का उत्पादन किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि कठिन परिश्रम की बदौलत अब बारामूला नई श्वेत क्रांति के प्रतीक के रूप में उभर रहा है। पिछले लगभग तीन वर्षों में बारामूला में पांच सौ से ज्यादा डेयरी इकाईयां खुल गई हैं। श्री मोदी ने कहा कि बारामूला का डेयरी उद्योग इस बात का गवाह है कि हमारे देश का हर हिस्सा कितनी संभावनाओं से भरा हुआ है।प्रधानमंत्री ने जल-प्रबंधन और नौसेना के क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज द्वारा समुद्र में बनाए गए जलदुर्ग आज भी शान से खड़े हैं। श्री मोदी ने कहा कि इस महीने शिवाजी के राज्याभिषेक के साढ़े तीन सौ वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर को एक बड़े पर्व के रूप में मनाया जा रहा है और महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्री मोदी ने कहा कि लोगों को छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रबंधन कौशल से सीख लेनी चाहिए।प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस महीने खेल जगत से भारत के लिए कई बडी खुशखबरी आई है। उन्होंने कहा कि महिला जूनियर एशिया कप पहली बार जीतकर भारतीय हॉकी टीम ने तिरंगे की शान बढ़ायी है। भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने भी जूनियर एशिया कप प्रतिस्पर्धा जीती है। इसके साथ ही भारतीय पुरूष हॉकी टीम इस टूर्नामेंट को सबसे अधिक बार जीतने वाली टीम बन गई है। निशानेबाजी में भारतीय जूनियर टीम ने भी असाधारण प्रदर्शन करते हुए विश्व कप जीता। इस प्रतियोगिता के कुल स्वर्ण पदकों में से बीस प्रतिशत स्वर्ण पदक अकेले भारत के खाते में आए। बीस वर्ष से कम उम्र के एथलीटों की एशियाई चैंपियनशिप इस महीने आयोजित की गई जिसके 45 भागीदार देशों में भारत चोटी की तीन टीमों में शामिल रहा।प्रधानमंत्री ने गर्व व्यक्त किया कि कितने ही खेलों में, अब भारत पहली बार अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। पेरिस डायमंड लीग में भारत को लंबी कूद में पहली बार पदक मिला जहां श्रीशंकर मुरली ने कांस्य जीता। इसी तरह सत्रह वर्ष से कम उम्र की महिलाओं की कुश्ती टीम ने किर्गिजिस्तान में भी ऐसी ही सफलता दर्ज की है। श्री मोदी ने इन सफलताओं के लिए सभी एथलीटों, उनके अभिभावकों और कोच को बधाई दी है।प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में देश की इस सफलता के पीछे हमारे खिलाडियों की कडी मेहनत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में नए उत्साह के साथ खेलों के आयोजन होते हैं। श्री मोदी ने कहा कि खेलो इंडिया विश्वविद्यालय गेम्स की चर्चा की, जिसे हाल ही में उत्तर प्रदेश में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इन खेलों में देश के युवाओं ने ग्यारह रिकार्ड तोडे हैं। इन खेलों की पदक तालिका में पंजाब विश्वविद्यालय पहले स्थान पर, अमृतसर गुरूनानक देव विश्वविद्यालय दूसरे और कर्नाटक जैन विश्वविद्यालय तीसरे स्थान पर रहा।प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा खिलाडियों की प्रेरक कहानियों का सामने आना इन टूर्नामेंट का एक बडा पहलू है। असम के कॉटन विश्वविद्यालय के अन्यतम राजकुमार खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल में नौकायन स्पर्धा में भाग लेने वाले पहले दिव्यांग एथलीट बने। बरकतुल्ला विश्वविद्यालय की निधि पवैया ने घुटने में गंभीर चोट के बावजूद शॉटपुट प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण जीता। सावित्री बाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के शुभम भंडारे लंबी बाधा दौड में स्वर्ण जीतने में कामयाब रहे जबकि पिछले वर्ष बंगलुरू में हुई प्रतियोगिता में घुटने की चोट के कारण उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। श्री मोदी ने कहा कि बर्दवान विश्वविद्यालय की सरस्वती कुंडु कबड्डी टीम की कप्तान हैं और उन्हें यहां तक पहुंचने में कई कठिनाईयों का सामना करना पडा है। उन्होंने कहा कि ओलिंपिक के लिए खिलाडियों को तैयार करने की स्कीम - टॉप्स से भी एथलीटों को काफी सहायता मिल रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि 20 जून को देश के कई राज्यों में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा धूमधाम से मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ओडिसा में पुरी की रथयात्रा अपने आप में अद्भुत होती है। श्री मोदी ने कहा कि गुजरात में रहने के दौरान उन्हें अहमदाबाद की रथयात्रा में शामिल होने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि रथयात्रा एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को परिलक्षित करती है। श्री मोदी ने कामना की है कि अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और खुशहाली के लिए भगवान जगन्नाथ का आशीष सबको प्राप्त हो।प्रधानमंत्री ने कहा कि अब देश के राजभवनों की पहचान सामाजिक और विकास कार्यों से होने लगी है। उन्होंने कहा कि राजभवन टीबी मुक्त भारत अभियान और प्राकृतिक खेती के ध्वजवाहक बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजभवनों में गुजरात, गोवा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और सिक्किम के स्थापना दिवसों का आयोजन जिस उत्साह से किया गया, उससे एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना सशक्त होती है।प्रधानमंत्री ने कहा उन्हें देश की प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यांगना आनंदा शंकर जयंत ने मन की बात की एक कडी के बारे में पत्र लिखा है जिसमें कथाकहन पर चर्चा की गई थी। इस कार्यक्रम से प्रेरित होकर सुश्री अनंदा ने कुट्टी कहानी तैयार की है जो अलग-अलग भाषाओं की बाल कहानियों का संग्रह है। श्री मोदी ने बच्चों को संस्कृति से जोड़ने वाले प्रयासों की सराहना की।प्रधानमंत्री ने देशवासियों से वर्षा ऋतु के दौरान अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और संतुलित आहार लेने की अपील की है। उन्होंने बच्चों को छुट्टी का अपना होमवर्क अंतिम समय के लिए लंबित न रखने की सलाह भी दी है।
-
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि इस साल वृहद पौधा रोपण अभियान में 35 करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है और सभी विभागों, संस्थानों तथा सभी नागरिकों को इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मिलकर प्रयास करना होगा। सरकार द्वारा शनिवार देर शाम जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में वर्ष 2023-24 के वृहद पौधा रोपण अभियान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश पर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा है। यहां वन महोत्सव अब जनांदोलन का रूप ले चुका है। प्रदेश में पिछले छह साल में 131 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इस कार्य में व्यापक जनसहयोग प्राप्त हुआ है। यह सुखद है कि पौधे लगाने के साथ ही, इनके संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।'' बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘‘‘स्टेट ऑफ फॉरेस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार 2015 से 2021 के बीच प्रदेश के कुल हरित क्षेत्र में 794 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। हमारा लक्ष्य प्रदेश के कुल हरित क्षेत्र को वर्तमान के नौ प्रतिशत से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 तक 15 प्रतिशत तक करने का है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें अगले पांच साल में 175 करोड़ पौधे लगाने और संरक्षित करने होंगे।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल वृहद पौधा रोपण अभियान में 35 करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य लेकर सभी विभागों, संस्थानों तथा सभी नागरिकों को प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा विभागवार पौधा रोपण का लक्ष्य दिया जाए। उन्होंने 15 अगस्त के दिन एक साथ पांच करोड़ पौधे लगाए जाने की तैयारी करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी एक से सात जुलाई के बीच प्रदेशव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जाए। -
जयपुर. राजस्थान सरकार ने शनिवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के आठ एवं भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 11 अधिकारियों के तबादले एवं पदस्थापन किए। राज्य के कार्मिक विभाग ने इस बारे में चार अलग-अलग आदेश जारी किए।इसके तहत पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रहीं आईएएस अधिकारी आरुषि अजेय मलिक को शासन सचिव एवं आयुक्त (बाल अधिकारिता विभाग) बनाया गया है। पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रहे आईएएस एच. गुइटे को आयुक्त (नि:शक्तजन) पद पर नियुक्त किया गया है। आईएएस श्रुति भारद्वाज, उत्साह चौधरी एवं अवधेश मीणा का भी तबादला किया गया है। आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में अतिरिक्त महानिदेशक (जेल) मालिनी अग्रवाल को अतिरिक्त महानिदेशक (प्रशिक्षण) बनाया गया है। अतिरिक्त महानिदेशक (भर्ती) सचिन मित्तल को इस पद के साथ-साथ अतिरिक्त महानिदेशक (साइबर अपराध) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। दौसा के जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन को हटाकर उनकी जगह आईपीएस वंदिता राणा को पदस्थापित किया गया है।
-
नयी दिल्ली. अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की अगुवाई में हुए एक नये अध्ययन में सामने आया है कि गैस चूल्हे की लौ से घरेलू स्तर पर अत्यधिक ज्वलनशील और ‘कार्सिनोजेनिक' (कैंसर पैदा करने की संभावना वाला) बेंजीन का उत्सर्जन होता है, जिसका स्तर परोक्ष धूम्रपान की तुलना में कहीं अधिक हो सकता है। ‘इनवायरमेंटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी' पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन में शामिल वैज्ञानिकों ने कहा कि बेंजीन पूरे घर में फैल जाती है और यह हवा में घंटों तक बरकरार रहती है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं अध्ययन के वरिष्ठ लेखक रॉब जैकसन ने कहा, ‘‘बेंजीन आग की लौ और अन्य उच्च तापमान वाले वातावरण में बनती है। अब हम जानते हैं कि बेंजीन हमारे घरों में गैस चूल्हे की लौ में भी बनती है।'' जैकसन ने कहा, ‘‘अच्छी हवादार परिस्थितियां प्रदूषक सांद्रता को कम करने में मदद करती है। हालांकि, हमने पाया कि ‘एक्जॉस्ट फैन' अक्सर बेंजीन के असर को खत्म करने में अप्रभावी होते हैं।'' शोधकर्ताओं ने पाया कि गैस चूल्हे की लौ से उत्सर्जित होने वाली बेंजीन की सांद्रता परोक्ष धूम्रपान से उत्पन्न औसत सांद्रता से भी बदतर हो सकती है। अध्ययन में पाया गया कि बेंजीन रसोई से दूर अन्य कमरों में फैल सकती है और शयनकक्ष में मापी गयी इसकी सांद्रता का स्तर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य मानकों को पार कर सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि गैस, प्रोपेन बर्नर और ओवन, इलेक्ट्रिक स्टोव की तुलना में 10 से 50 गुना अधिक बेंजीन उत्सर्जित करते हैं। शोधकर्ताओं ने यह भी परीक्षण किया कि क्या पकाए जा रहे खाद्य पदार्थ बेंजीन उत्सर्जित करते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं पाया गया।
-
नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर में अजनी पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाकर नवजात बच्ची को बेचने के आरोप में एक चिकित्सक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 42 वर्षीय आरोपी जिले के मनकापुर इलाके में एक नर्सिंग होम चलाता है और उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने कहा कि अप्रैल, 2022 में जन्मी बच्ची को बरामद कर लिया गया है। लड़की की मां ने अपनी शिकायत में कहा कि मनकापुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा जबरन शरीरिक संबंध बनाने पर वह गर्भवती हो गई थी। शिकायत के मुताबिक उस व्यक्ति ने महिला को आरोपी के नर्सिंग होम में मार्च, 2022 को भर्ती कराया जहां उसने एक बच्ची के जन्म दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चिकित्सक ने महिला को तो अस्पताल से छुट्टी दे दी पर उसकी बच्ची को यह कहकर अस्पताल में ही रोक लिया किया कि उसे उपचार की जरूरत है, लेकिन उसने बाद में नवजात बच्ची को बेच दिया। अधिकारियों ने कहा कि महिला के जिस व्यक्ति से संबंध थे उसने जब उससे कथित तौर पर दुर्व्यवहार करना और उसे पीटना शुरू कर दिया तो वह पहली बार मार्च 2023 में पुलिस के पास गई। इसके बाद पुलिस ने उस व्यक्ति को बलात्कार और वूसली के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। जांच से पता चला कि चिकित्सक ने महज कुछ दिनों की बच्ची को बेचने से पहले गोधानी नामक ग्राम पंचायत में बच्ची का जन्म पंजीकृत कराने के लिए फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने कहा कि अदालत ने शनिवार को आरोपी चिकित्सक को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया और आगे की जांच जारी है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सिमलीपाल बाघ रिजर्व में शिकार की घटनाओं पर शनिवार को अपने मंत्रिमंडल सहकर्मी भूपेंद्र यादव और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से संज्ञान लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिकारियों को रोकने के लिए सभी मोर्चे पर कठोर कार्रवाई करने और कानून को प्रभावी रूप से लागू करने की जरूरत है। ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित अभयारण्य में शिकारियों द्वारा 40 वर्षीय वनकर्मी माती हंसदा की कथित तौर पर गोली मार कर हत्या किये जाने के बाद प्रधान की यह प्रतिक्रिया आई है। एक वन अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यह घटना उस वक्त हुई, जब वन विभाग की एक टीम अभयारण्य के अंदर गश्त कर रही थी। टीम और छह हथियारबंद शिकारियों के बीच शुक्रवार रात बडाचाचरण बीट हाउस के पास मुठभेड़ हुई थी। घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रधान ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘एक और वन अधिकारी की शिकारियों ने सिमलीपाल बाघ रिजर्व में गोली मार कर हत्या कर दी, जो प्रत्येक वन्यजीव संरक्षणवादी के लिए बड़ी चिंता का विषय है।'' प्रधान ने पटनायक और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को एक अन्य ट्वीट में ‘टैग' करते हुए कहा, ‘‘शिकारियों को रोकने के लिए सभी मोर्चे पर कड़ी कार्रवाई और वन्यजीव अधनियम को प्रभावी रूप से लागू करने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा, ‘‘(मैं) अपने मंत्रिमंडल सहकर्मी भूपेंद्र यादव और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से इन घटनाओं का संज्ञान लेने का आग्रह करता हूं।''
-
जयपुर । राजस्थान के 441 गांवों में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दी है। एक सरकारी बयान के अनुसार चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा आमजन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री गहलोत ने 441 गांवों में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने तथा प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र हेतु महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का एक-एक पद सृजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार, बाड़मेर के 39, दौसा के 33, जयपुर-प्रथम के 25, सीकर के 25, अलवर के 23, जैसलमेर के 22, नागौर के 20, झुन्झूनूं के 20, भरतपुर के 19, अजमेर के 17, डूंगरपुर के 15, हनुमानगढ़ के 15, करौली के 14, चुरू के 14, जयपुर-द्वितीय के 14, बारां के 14, भीलवाड़ा के 12, जोधपुर के 12, टोंक के 12, राजसमंद के 10, कोटा के नौ, बीकानेर के नौ, धौलपुर के छह, बूंदी के छह, उदयपुर के छह, बांसवाड़ा के पांच, चितौड़गढ़ के पांच, सवाई माधोपुर के पांच, गंगानगर के पांच, सिरोही के चार, जालोर के चार एवं पाली के दो सहित कुल 441 गांवों में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। उप स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन भवन निर्माण होने तक उपलब्ध राजकीय भवन अथवा किराये के भवन में किया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र हेतु महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का 1-1 पद (कुल 441 पद) सृजित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट 2023-24 में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की गई थी। उक्त घोषणा के क्रियान्वयन के क्रम में यह स्वीकृति दी गई है। बयान के अनुसार गहलोत की इस मंजूरी से प्रदेश की गांव-ढाणी में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय लोगों को क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
-
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि योग से शरीर की ताकत और मन की शांति दोनों बढ़ती है और लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने अलग-अलग 'आसनों' को दर्शाते हुए 'मोदी के साथ योग' शीर्षक वाले वीडियो साझा किए।
प्रधानमंत्री मोदी 21 जून को 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पहली बार योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य इसके कई लाभों के बारे में दुनिया भर में जागरूकता बढ़ाना है। इसकी सार्वभौमिक अपील को स्वीकार करते हुए, दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “योग शरीर की शक्ति और मन की शांति दोनों को बढ़ाता है। आइए, स्वस्थ जीवन के लिए इसे हम अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। विभिन्न आसनों के कुछ वीडियो आपके लिए साझा कर रहा हूं।” - बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) । जिले के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र से शनिवार को एक विवाहिता का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि महिला के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के सांवली गांव में रीता (25) नाम की विवाहिता का शव एक कमरे से बरामद हुआ है। महिला का पति राजीव और उसके दोनों बच्चे वहां नहीं थे। रीता की राजीव से पांच साल पहले शादी हुई थी और वे किराए के मकान में रहते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।पुलिस ने बताया कि रीता के चाचा सुनील ने उसके पति राजीव और उसके भाई अमलेश पर दहेज हत्या आरोप लगाया है। मृतका के पिता पृथ्वीराज ने भी अपने दामाद और उसके भाई पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।सिकंदराबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया शनिवार को एक महिला का शव मिलने की सूचना पाकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सीओ ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
- गंगटोक ।उत्तर सिक्किम में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते लाचेन और लाचुंग इलाकों में फंसे कुल 2,413 पर्यटकों को शनिवार को बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेगोंग-चुंगथांग में भूस्खलन से सड़क बंद हो गई, जिससे क्षेत्र में वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। चुंगथांग उप-संभाग के अधिकारियों, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स और स्थानीय पंचायत के सदस्यों के संयुक्त बचाव अभियान के तहत, क्षेत्र में फंसे 2,413 व्यक्तियों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया। एक अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार तड़के भूस्खलन हुआ था, जिससे पेगोंग-चुंगथांग इलाके के निवासी और पर्यटक फंस गए थे और उन्हें सहायता की सख्त जरूरत थी। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि सभी पर्यटकों को राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों में सिक्किम की राजधानी गंगटोक ले जाया गया।
-
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे लगे गुजरात के ऊपर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर से बना दबाव अब पिछले छह घंटे के दौरान सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर बढ गया है। यह दक्षिण राजस्थान के मध्य क्षेत्र के ऊपर जोधपुर से साठ किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केन्द्रित है। मौसम विभाग ने कहा है कि इसके पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर बढने की संभावना है।इसके असर से दक्षिणी राजस्थान में आज और कल बहुत तेज वर्षा की संभावना है। उत्तरी गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी आज और कल बहुत तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। दक्षिणी राजस्थान और उससे लगे गुजरात में चालीस से पचास किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशकां है। हवाओं की गति बढकर साठ किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है।अगले बारह घंटे के दौरान तेज वर्षा से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से घरों में रहने और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 समूह के नेताओं को पत्र लिखकर भारत में आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ को पूर्ण सदस्यता देने का प्रस्ताव रखा है। अफ्रीकी संघ ने जी-20 समूह में शामिल होने के लिए आग्रह किया था। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर आगे बढकर नेतृत्व कर रहे हैं और वे इसके दृढ पक्षधर और समर्थक हैं। श्री मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अफ्रीकी देशों की आवाज उठाने और साझा विश्व के भविष्य को आकार देने के लिए यह साहसिक कदम उठाया है।
सूत्रों ने बताया कि वैश्रविक स्तर पर निष्पक्ष और समावेशी शासन की दिशा में यह सही प्रयास होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृढ विश्वास है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर विकासशील और कम विकसित देशों विशेष रूप से अफ्रीकी देशों को अपनी आवाज उठाने का अवसर मिलना चाहिए। भारत ने अपनी जी-20 की अध्यक्षता में अफ्रीकी देशों की प्राथमिकताओं को शामिल करने पर ध्यान केंद्रित किया है। -
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आवश्यक है क्योंकि तेजी से बदल रहे विश्व में उभर रहे नए युद्ध-कौशल के कारण देश की सीमा पर दोहरा खतरा पैदा हो गया है। श्री सिंह ने यह बात कल लखनऊ में आत्मनिर्भर भारत रक्षा संवाद में कही। उन्होंने कहा कि सशक्त और आत्मनिर्भर सेना किसी भी संप्रभु देश के लिए आवश्यक होती है जो सीमा के साथ-साथ देश की सभ्यता-संस्कृति की भी सुरक्षा करती है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सशस्त्र बल विदेशी हथियारों और उपकरणों पर निर्भर न रहें। उन्होंने यह भी कहा कि आपात स्थिति में आत्मनिर्भरता ही वास्तविक शक्ति सिद्ध होती है।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को ऐसे अत्याधुनिक स्वदेशी हथियार और प्लेटफॉर्म विकसित करने की आवश्यकता है, जिनसे नई और उभरती चुनौतियों का मुकाबला किया जा सके। उन्होंने कहा कि देश को आला तकनीकों के मामले में भी आत्मनिर्भरता हासिल करनी होगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर बनने से आयात पर व्यय में कमी आएगी और असैन्य क्षेत्र को भी बहुआयामी लाभ मिलेंगे। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे के लिए काम तेज गति से चल रहा है और इस गलियारे के लिए जरूरी सत्रह सौ हेक्टेयर भूमि में से 95 प्रतिशत भूखंड का अधिग्रहण किया जा चुका है। इस भूखंड में से लगभग छह सौ हेक्टेयर भूमि 36 उद्योगों और संस्थानों को आवंटित की गई है। उन्होंने बताया कि इस गलियारे के लिए एक सौ नौ सहमति - पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिनसे सोलह हजार करोड रूपये से अधिक मूल्य के निवेश का अनुमान है।


.jpg)

.jpg)

.jpg)










.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)