- Home
- देश
-
नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने ओडिशा में बालासोर रेल दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पूर्व तटीय रेलवे के खुर्दा डिविजन के सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी के दस सदस्यों के दल ने कल बालासोर के बहनागा में दुर्घटना स्थल का दौरा किया। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सीबीआई दुर्घटना की परिस्थितियों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जांच करेगी। रेलमंत्री सामान्य स्थिति बहाली कार्य के निरीक्षण के लिए बहनागा में हैं। रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को दुर्घटना की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। रेलवे सुरक्षा आयुक्त शैलेश कुमार पाठक ने भी अलग से दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा बालासोर सरकारी रेलवे पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इस बीच दुर्घटनाग्रस्त मार्ग पर सामान्य रेल सेवा बहाल हो गई है।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान- द ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चैन ऑफ येलो स्टार से सम्मानित किया गया है। पारामारिबो में सूरीनाम गणतंत्र के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रपति मुर्मू यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली भारतीय हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि उन 140 करोड़ से अधिक भारतीयों के लिए भी अत्यन्त महत्वपूर्ण है जिनका वे प्रतिनिधित्व कर रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस सम्मान के लिए सूरीनाम सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि यह दोनों देशों के बीच सतत सहयोग संबंध का प्रतीक है।राष्ट्रपति मुर्मू सूरीनाम के तीन दिन की राजकीय यात्रा पर हैं। उन्होंने सूरीनाम के राष्ट्रपति के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के ही समान सूरीनाम भी विविधता वाला देश है जहां विभिन्न जातियों, भाषाओं और धर्मों के लोग शांति और सद्भाव के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सूरीनाम के गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों ने दोनों देशों के बीच आधुनिक बहुमुखी साझेदारी की नींव रखी है। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि सूरीनाम में हिंदी व्यापक रूप से बोली जाती है जो उन्हें मातृभूमि की याद दिला रही है।राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के बीच क्षमता से कम व्यापार हो रहा है। आपसी लाभ के लिए द्विपक्षीय व्यापार बढाने की दिशा में मिलकर काम करने की आवश्यकता है। इस सिलसिले में दोनों देशों के बीच तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए जिनमें से दो स्वास्थ्य और एक कृषि के क्षेत्र में है।भारत सरकार ने सूरीनाम को बाढ़ राहत प्रयासों के अंतर्गत पांच करोड़ रुपये से अधिक की आवश्यक दवाओं की आपूर्ति की भी घोषणा की है। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस सिलसिले में राष्ट्रपति संतोखी को प्रतीकात्मक रूप से दवाओं की एक खेप राष्ट्रपति भवन में हुए समारोह में प्रदान किया।पारामारिबो में विशेष संवाददाता सम्मेलन में विदेश मंत्रालय के पूर्वी मामलों के सचिव सौरभ कुमार ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए उठाये गए कदमों के अंतर्गत भारत सरकार ने सूरीनाम में भारतीय मूल के लोगों की पांचवीं और छठी पीढ़ी को विदेशी भारतीय नागरिकता की सुविधा प्रदान की है। वहां प्रवासी भारतीयों की ओर से लंबे समय से यह मांग हो रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए समझौते से भारतीय दवा उद्योग को सूरीनाम के बाजार का लाभ मिलेगा। राष्ट्रपति मुर्मू को सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान राष्ट्रपति सूरीनाम में प्रवासी भारतीयों की ओर से किए गए कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुई।राष्ट्रपति मुर्मू आज वहां लालारूख संग्रहालय, आर्य दिवाकर मंदिर और श्रीविष्णु मंदिर जाएंगीं। इसके बाद वे गेवालेन हेल्डेन 1902 स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगी और फिर प्रवासी भारतीयों की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में भाग लेंगी। -
नयी दिल्ली. भारत के सेवा क्षेत्र की वृद्धि मई में थोड़ी कम हुई, हालांकि इस दौरान पिछले 13 साल में दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एक मासिक सर्वेक्षण में सोमवार को कहा गया कि मांग की अनुकूल स्थिति और नए ग्राहकों की मदद से यह जीत हुई। मौसमी रूप से समायोजित एसएंडपी ग्लोबल इंडिया सेवा पीएमआई कारोबारी गतिविधि सूचकांक मई में 61.2 अंक पर रहा। यह आंकड़ा अप्रैल में 62 पर था। अप्रैल के मुकाबले मई में गतिविधियों में गिरावट के बावजूद सेवा उत्पादन में जुलाई 2010 के बाद से दूसरी सबसे तेज वृद्धि हुई। सेवा गतिविधि सूचकांक लगातार 22वें महीने से 50 से ऊपर बना हुआ है। खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) की भाषा में 50 से ऊपर अंक का मतलब है कि गतिविधियों में विस्तार हो रहा है, जबकि 50 से कम अंक संकुचन को दर्शाता है। एसएंडपी ग्लोबल मार्केट इंटेलिजेंस में अर्थशास्त्र की संयुक्त निदेशक पोलियाना डी लीमा ने कहा, ''मई के पीएमआई आंकड़े मौजूदा मांग में लचीलापन, प्रभावशाली उत्पादन वृद्धि और भारत के गतिशील सेवा क्षेत्र में रोजगार सृजन को दर्शाते हैं।'' उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में शामिल कंपनियों ने अपने कार्यबल का विस्तार किया। कंपनियां अगले 12 महीनों में व्यावसायिक गतिविधि में वृद्धि के लिए उत्साहित हैं।
-
प्रयागराज. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार देर शाम स्नान के दौरान आई तेज आंधी की वजह से गंगा में डूबे पांच व्यक्तियों में से तीन के शव सोमवार सुबह बरामद कर लिए गए। वहीं, डीहा घाट पर गंगा में डूबे दो किशोरों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। झूंसी के सहायक पुलिस आयुक्त चिराग जैन ने बताया कि रविवार को गंगा में डूबे पांच लोगों में से तीन के शव सुबह बरामद कर लिए गए और गोताखोर दो अन्य की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह बरामद तीन शवों में से दो की शिनाख्त सुमित विश्वकर्मा (17) और महेश्वर वर्मा (21) के तौर पर की गई है। वहीं करछना क्षेत्र के डीहा घाट पर स्नान के दौरान डूबे संकेत प्रजापति (14) और मंदीप (16) का अभी तक पता नहीं चल पाया है। करछना के सहायक पुलिस आयुक्त अजित सिंह चौहान ने बताया की गोताखोर संकेत और मंदीप की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इनका सुराग नहीं मिला है। उल्लेखनीय है कि रविवार को संगम क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान आई तेज आंधी में कुछ युवक अनियंत्रित होकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद जल पुलिस एवं गोताखोरों ने चार युवकों को बचा लिया था, जबकि पांच अन्य युवक तेज बहाव में बह गए थे।
-
नयी दिल्ली. स्वदेशी जागरण मंच (एसजेएम) ने सरकार से अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों में भारतीय रुपये के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कहा है। एसजेएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कारोबार की मुद्रा के रूप में रुपये का इस्तेमाल बढ़ने से भारतीय अर्थव्यवस्था को डॉलर के मूल्य में उतार-चढ़ाव से बचाने में मदद मिलेगी। मंच ने सरकार से एक ‘मजबूत' रुपया आधारित बॉन्ड बाजार विकसित करने पर विचार करने का आग्रह भी किया। इससे व्यवसायों को कई तरह के निवेश विकल्प मिलेंगे और उनके लिए रुपये में पूंजी जुटाना आसान हो जाएगा। एसजेएम के सह-संयोजक अश्विनी महाजन ने सोमवार को कहा कि तीन जून और पांच जून को पुणे में हुई दो दिन की बैठक में एसजेएम की राष्ट्रीय परिषद ने सिफारिशें कीं। एसजेएम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध है, जो सत्तारूढ़ दल भाजपा का वैचारिक मार्गदर्शक है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पिछले साल जुलाई में भारतीय रुपये में वस्तुओं और सेवाओं के आयात और निर्यात की अनुमति दी थी। महाजन ने कहा कि एसजेएम की राष्ट्रीय परिषद ने अपनी बैठक में रिजर्व बैंक के फैसले को ‘ऐतिहासिक कदम' बताया और सरकार से ‘इस उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए' कदम उठाने का आग्रह किया।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा के बालासोर के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस के चालक गुणनिधि मोहंती और उनके सहायक हजारी बेहरा का भुवनेश्वर स्थित एम्स में इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दोनों को दो जून को बाहानगा बाजार के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस से बचाया गया था। इस हादसे में 275 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि लगभग 1,200 यात्री घायल हुए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) आदित्य चौधरी ने एक टीवी चैनल को बताया, “दोनों चालकों की हालत स्थिर है, जबकि मोहंती को सोमवार को आईसीयू से बाहर लाया गया।” दोनों ट्रेन चालकों के परिवारों ने सभी से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होने देने का अनुरोध किया है। उन्होंने दावा किया कि दोनों ट्रेन चालकों को दुर्घटना के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि वे रेल नियमों के अनुसार ट्रेन चला रहे थे।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने सोमवार को ओडिशा के बालासोर जिले में ट्रेन दुर्घटना स्थल से अपने सभी नौ दलों को वापस बुलाने के साथ अपना बचाव अभियान समाप्त कर दिया। इस हादसे में कम से कम 275 लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बल ने 44 पीड़ितों को बचाया और दो जून को दुर्घटना के बाद टीम को तैनात किए जाने के बाद से मौके से 121 शव बरामद किए। उन्होंने कहा कि अभियान समाप्त हो गया है और सभी नौ दलों को अब वापस बुला लिया गया है, क्योंकि बाहानगा बाजार रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटना स्थल पर कोई जीवित या मृत पीड़ित मौजूद नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि आठ दलों को रविवार को बुला लिया गया था, जबकि एक दल को सोमवार को वापस बुलाया गया। नौ दलों को बालासोर, मुंडाली (कटक जिला) और कोलकाता से भेजे जाने के बाद बचाव और राहत अभियान चलाने के लिए राज्य आपदा बलों और स्थानीय प्रशासन के कर्मियों के साथ जोड़ा गया था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के बचावकर्मियों ने अभियान के दौरान भारी प्लाज्मा और गैस कटर, स्ट्रेचर, श्वान दल और अन्य उपकरण का इस्तेमाल किया। कोरोमंडल एक्सप्रेस शुक्रवार शाम करीब सात बजे ‘लूप लाइन' पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे इसके (कोरोमंडल एक्सप्रेस के) अधिकतर डिब्बे पटरी से उतर गए। उसी समय वहां से गुजर रही तेज रफ्तार बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा कर पटरी से उतर गए।
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्र जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर पार्टी की ओर से आयोजित जनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग से गुरुग्राम स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। नड्डा ने जनरल (सेवानिवृत्त) सुहाग को मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने वाली एक पुस्तिका दी और केंद्र में पार्टी के नौ साल के शासन के विभिन्न पहलुओं पर उनसे बात की। भाजपा ने 30 मई से जनसंपर्क अभियानों की एक श्रृंखला शुरू की है और यह 30 जून तक जारी रहेगी। इस दौरान पार्टी की ओर से रैलियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता समाज के विभिन्न वर्गों के साथ मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दे रहे हैं।
-
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बिजली का मीटर लगाने का काम कर रहे 52 वर्षीय एक ठेकेदार पर अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर गोली चला दी, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। कल्याण तालुका पुलिस थाने के निरीक्षक जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि घटना रविवार शाम करीब छह बजे हुई जब ठेकेदार टीटवाला इलाके में अपने घर के पास खड़ा था। उन्होंने बताया कि कुछ लोग वहां पहुंचे और ठेकेदार पर नजदीक से कथित तौर पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि घायल ठेकेदार को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में मुंबई के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने अपराध में शामिल लोगों का विवरण साझा नहीं किया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और शस्त्र अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, दोषियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
- जयपुर. राजस्थान के भरतपुर जिले के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात संपत्ति विवाद के चलते पिता ने अपने पुत्र की गला दबाकर कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। थानाधिकारी रामनाथ ने रविवार को बताया कि गुलाल कुंड इलाका निवासी आरोपी लालाराम शर्मा (64) अपने तीन बेटों के साथ रहता है। उन्होंने बताया कि आरोपी शर्मा का अपने बड़े बेटे विपिन शर्मा (35) के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार देर रात आरोपी ने विपिन की गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि देर रात पुलिसकर्मियों ने आरोपी लालाराम शर्मा को घूमते देखा और देर रात घूमने का कारण पूछने पर उसने अपने बेटे की हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।अधिकारी ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 302 (हत्या) में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मशहूर अभिनेत्री सुलोचना लाटकर के निधन पर शोक जताते हुए रविवार को कहा कि उनकी अविस्मरणीय भूमिकाओं ने उन्हें कई पीढ़ियों के लोगों का प्रिय बनाया। लाटकर का लंबी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। वह 94 वर्ष की थीं।
मोदी ने कहा, “सुलोचना जी के निधन से भारतीय सिनेमा में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। उनके अविस्मरणीय प्रदर्शन ने हमारी संस्कृति को समृद्ध किया और उन्हें कई पीढ़ियों के लोगों का प्रिय बना दिया। उनके अभिनय के माध्यम से उनकी सिनेमाई विरासत जीवित रहेगी। उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं। - जयपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत राजस्थान के पांच दिवसीय दौरे पर रविवार शाम को करौली जिले के हिंडौन शहर पहुंचे। भागवत ट्रेन से नई दिल्ली से हिंडौन सिटी पहुंचे।सूत्रों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन पर आरएसएस के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल ने बताया कि भागवत 40 साल से कम उम्र के आरएसएस के स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण शिविर में सात जून तक मौजूद रहेंगे। भागवत 40 वर्ष से अधिक आयु के स्वयंसेवकों के लिए अन्य शिविर के सिलसिले में आठ और नौ जून को उदयपुर में रहेंगे।
- नयी दिल्ली. रेलवे ने रविवार को कहा कि ओडिशा के बालासोर जिले में दुर्घटना की शिकार हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन की “रफ्तार निर्धारित गति से तेज नहीं थी” और उसे ‘लूप लाइन' में दाखिल होने के लिए ‘ग्रीन सिग्नल' मिला था। रेलवे के इस बयान को ट्रेन चालक के लिए एक तरह से ‘क्लीन चिट' के तौर पर देखा जा रहा है।रेलवे बोर्ड के दो प्रमुख अधिकारियों -सिग्नल संबंधी प्रधान कार्यकारी निदेशक संदीप माथुर और संचालन सदस्य जया वर्मा सिन्हा ने बताया कि दुर्घटना किस तरह हुई होगी। उन्होंने ‘इंटरलॉकिंग सिस्टम' के कामकाज के बारे में भी बताया।सिन्हा ने कहा कि कोरोमंडल एक्सप्रेस की दिशा, मार्ग और सिग्नल तय थे।उन्होंने कहा, “ग्रीन सिग्नल का मतलब है कि चालक जानता है कि उसका आगे का रास्ता साफ है और वह निर्धारित अधिकतम गति से ट्रेन चला सकता है। इस खंड पर निर्धारित गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा थी और वह 128 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से अपनी ट्रेन चला रहा था। हमने लोको लॉग से इसकी पुष्टि की है।” बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी शुक्रवार शाम लगभग सात बजे ओडिशा के बालासोर में बाहानगा बाजार स्टेशन के निकट आपस में भिड़ गई थीं। अधिकारियों ने कहा कि बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन 126 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। सिन्हा ने कहा, “दोनों रेलगाड़ियों की रफ्तार निर्धारित गति से तेज होने का कोई सवाल ही नहीं है।''उन्होंने कहा, “दुर्घटना केवल एक ट्रेन के कारण हुई, वह कोरोमंडल एक्सप्रेस थी। कोरोमंडल एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकरा गई और उसके डिब्बे मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गए जो लौह अयस्क से लदी हुई थी।” माथुर ने दुर्घटना का संभावित कारण बताते हुए कहा कि अगर ट्रेन को ‘लूप लाइन' पर ले जाना होता है तो ‘प्वाइंट मशीन' को संचालित करना होता है। उन्होंने कहा, “हमें यह देखना होगा कि आगे का ट्रैक खाली था या नहीं। सिग्नल को इस तरह से इंटरलॉक किया जाता है कि यह पता चल सके कि लाइन पर आगे कुछ है या नहीं। यह भी पता चल जाता है कि प्वाइंट मशीन ट्रेन को सीधे ले जा रही है या ‘लूप लाइन' की ओर।” अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन को स्टेशन से बाहर ले जाने के लिए ‘इंटरलॉकिंग सिस्टम' एक सुरक्षित तरीका है। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली "त्रुटि रहित" और "विफलता में भी सुरक्षित'' (फेल सेफ) है।सिन्हा ने कहा, ‘‘इसे ‘फेल सेफ' प्रणाली कहा जाता है, तो इसका मतलब है कि अगर यह फेल भी हो जाए तो सारे सिग्नल लाल हो जाएंगे और ट्रेन परिचालन बंद हो जाएगा। अब, जैसा कि मंत्री ने कहा कि सिग्नल प्रणाली में समस्या थी। हो सकता है कि किसी ने बिना केबल देखे कुछ खुदाई की हो। किसी भी मशीन के चलाने में विफलता का खतरा होता है।
- -महोरा तथा रजौली गौठान में दीदियों ने मुर्गीपालन कर गढ़ी सफलता की कहानी-आर्थिक रूप से सक्षम होना वास्तव में है सुखद अनुभूतिः समूह की महिलाएंरायपुर ।शासन की महत्वकांक्षी नरवा, गरुवा, घुरवा और बाड़ी योजना के तहत गौठानों में आजीविका गतिविधियों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं स्वावलंबन की दिशा में अग्रसर हुई हैं। आज ये महिलाएं घरेलू कामकाज के साथ उत्साह और लगन के साथ आजीविकामूलक कार्यों को भी कर रहीं हैं। कोरिया जिले के गौठानों में विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें मुर्गीपालन का कार्य कर लाभ कमा महिलाएं अपनी सफलता की कहानी गढ़ रही हैं।जिला प्रशासन के सहयोग से जिले के गौठानों में समूह द्वारा मुर्गीपालन किया जा रहा है। विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के ग्राम गौठान महोरा में स्वयं सहायता समूह की दीदियां मुर्गी पालन कर अण्डा विक्रय से अच्छा लाभ कमा रहीं हैं। समूह की सदस्य इन्द्रमणी दीदी बताती हैं कि एक वर्ष पूर्व आजीविका के रूप में उन्होंने यह कार्य प्रारंभ किया। अभी तक इनके द्वारा कुल 2 लाख रुपए से अधिक का अण्डा विक्रय किया जा चुका हैं जिससे शुद्ध 40 हजार रूपये का लाभ अर्जन हो चुका है और वर्तमान में उनके द्वारा अण्डा उत्पादन का कार्य सतत् रूप से किया जा रहा है।इन्द्रमणी दीदी प्रेरणा स्त्रोत के रूप में अपने समूह की दीदियों को आजीविका गतिविधि करने हेतु प्रेरित कर रही है और अब खुद सक्षम होने के साथ-साथ अपने परिवार की आय में योगदान दे रही है। इसी प्रकार विकासखण्ड सोनहत के ग्राम गौठान रजौली की ज्वाला महिला स्व सहायता समूह की संगीता दीदी ने गत जनवरी माह से 10 हजार की लागत से गौठान में कड़कनाथ मुर्गी पालन का कार्य शुरू किया था और आज उन्होंने ने 20 हजार से अधिक का विक्रय कर लिया है। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से सक्षम होना वास्तव में सुखद अनुभूति है, प्राप्त आमदनी को उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में निवेश किया और घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में उपयोग किया है।
-
चेन्नई. ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा बाजार क्षेत्र में हुए भीषण रेल हादसे में जीवित बचे राज्य के 137 यात्री रविवार को भद्रक से एक विशेष ट्रेन से चेन्नई पहुंचे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, उनमें से 36 यात्रियों का मेडिकल परीक्षण किया गया जिनमें तीन यात्रियों को राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि मामूली रूप से घायल लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। राजस्व मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन और स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यन तथा राज्य के अन्य शीर्ष अधिकारियों ने डॉ एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेल हादसे में घायल हुए यात्रियों की अगवानी की। सरकार ने कहा कि 30 मेडिकल टीम तैयार रखी गई हैं तथा आने वाले यात्रियों के लिए 50 टैक्सी और सात बसों का इंतजाम किया गया है।
-
भोपाल. नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल 'प्रचंड' ने मध्य प्रदेश के अपने दो दिवसीय यात्रा के दौरान उनका आतिथ्य-सत्कार करने के लिए राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रचंड ने बुधवार को अपनी चार दिवसीय भारत यात्रा शुरू की थी।
मध्य प्रदेश के इंदौर हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह आगमन पर, प्रचंड और उनके प्रतिनिधिमंडल का चौहान और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया था। दोनों नेताओं को हवाई अड्डे के लाउंज में 'इंदौरी पोहा', (एक लोकप्रिय नाश्ता) करते देखा गया। मध्य प्रदेश की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रचंड ने उज्जैन में प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर, इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर आईटी दिग्गज कंपनी टीसीएस के विशेष आर्थिक क्षेत्र और राज्य की वाणिज्यिक राजधानी में एशिया के सबसे बड़े जैव-सीएनजी संयंत्र 'गोबर-धन' का दौरा किया। शनिवार को, चौहान ने प्रचंड को उनके मध्य प्रदेश दौरे के समापन के दौरान उनका एक पोर्ट्रेट भेंट किया। इस कलाकृति की खासियत यह है कि इसे कपड़ों की अनुपयोगी कतरनों से तैयार किया गया है। नेपाल के प्रधानमंत्री ने अपने देश लौटने के बाद ट्वीट किया, ‘‘ मुझे भारत के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में जाने का अवसर मिला; विशेष आर्थिक क्षेत्र और प्रसिद्ध उज्जैन शहर में महाकालेश्वर मंदिर।'' प्रधानमंत्री कार्यालय नेपाल और कॉमरेड प्रचंड के ट्विटर हैंडल पर उन्होंने कहा, "मैं मध्य प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के गर्मजोशी भरे स्वागत और सौहार्दपूर्ण आतिथ्य के लिए उनका आभारी हूं।" गौरतलब है कि प्रचंड बुधवार को भारत की चार दिन की यात्रा पर आए थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोनों देशों के आपसी संबंधों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वार्ता की थी। प्रचंड ने शुक्रवार रात इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि इस भेंट के दौरान दोनों देशों के बीच संपर्क, जल संसाधन और ऊर्जा के क्षेत्रों में आपसी संबंध मजबूत करने को लेकर "बहुत दूर तक जाने वाली सहमति" बनी है। -
नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि ओडिसा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना के मूल कारण का पता लग गया है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर ली गई है। दुर्घटना स्थल पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रारम्भिक जांच के आधार पर तथ्यों का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि बाहानगा स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस, बंगलूरू-हावडा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, एक मालगाड़ी की दुर्घटना इलेक्ट्रिोनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में खराबी के कारण हुई।
रेल मंत्री ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर रेल यातायात बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है और बुधवार तक रेल मार्ग पर आवाजाही फिर शुरू होने की संभावना है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेल मंत्री से बातचीत की और दुर्घटना के बाद यातायात बहाल करने के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ बहनागा रेल दुर्घटनास्थल का दौरा किया और वहां रेल यातायात को बहाल करने के लिए जारी मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। दुर्घटना स्थल पर मीडिया से बातचीत में रेल मंत्री ने कहा कि रेल पटरी की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है, इस मार्ग पर रेलगाडियों की आवाजाही बुधवार तक शुरू होने की उम्मीद है। शुरूआती निष्कर्षों के आधार पर, रेल मंत्री ने यह भी बताया कि इंटरलॉकिंग सिस्टम में खराबी के कारण कोरोमंडल एक्सप्रेस, बंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और बहनागा स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के बीच दुर्घटना हुई। श्री वैष्णव ने कहा कि रेलवे सुरक्षा आयुक्त अब रेलगाडी के पटरी से उतरने की उच्च स्तरीय जांच कर रहे हैं और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी। रेलवे सूत्रों ने कहा कि पटरी से पलटे सभी 21 डिब्बों को रेल पटरी से हटा दिया गया है। इसके अलावा, दुर्घटनास्थल के आसपास बिखरे पहिए और अन्य कलपुर्जों को साफ किया जा रहा है। सात से अधिक पोकलेन मशीनें, दो दुर्घटना राहत ट्रेनें, चार सड़क रेलवे वाहनों और सुरक्षा क्रेन तैनात हैं। इसके साथ ही, एक हजार से अधिक कर्मचारी रेल मार्ग पर सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। इस बीच, रेलवे ने तीन विशेष ट्रेनों को तैनात किया है, एक भद्रक से चेन्नई के लिये और दो ट्रेने हावड़ा से बालेश्वर के बीच। जरूरत पड़ने पर शवों को ले जाने के लिए ट्रेनों में एक पार्सल वैन जोडी जाएगी और रास्ते में सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। file photo -
जयपुर. राजस्थान में पुलिस ने शनिवार को बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक दिवसीय अभियान चलाया। इसके तहत 37 हजार 771 दुपहिया वाहन चालकों का चालान किया गया। अतिरिक्त महानिदेशक (यातायात) वी के सिंह ने बताया कि दुपहिया वाहनों के हादसे का शिकार होने की बढ़ती घटनाओं में कमी लाने के लिए बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ शनिवार को बड़ा अभियान चलाया गया। सिंह ने बताया कि अभियान में आमजन का व्यापक सहयोग मिला और अधिकांश वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए मिले। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक प्रयास किये जा रहे हैं। सिंह ने बताया कि सभी दुपहिया वाहन चालकों से स्वयं की सुरक्षा के वास्ते अनिवार्य रूप से उपयुक्त गुणवत्ता का हेलमेट गाड़ी चलाने के दौरान पहनने का आग्रह किया गया है।
-
बदायूं (उप्र). बदायूं जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक मादा श्वान को कार से कथित तौर पर कुचलकर मार डालने को लेकर एक अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सिविल लाइंस थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गौरव कुमार विश्नोई ने बताया कि पीपुल फॉर एनिमल (पीएफए) के जिलाध्यक्ष और पशु प्रेमी विकेन्द्र शर्मा की तहरीर पर शनिवार को अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी पशु क्रूरता अधिनियम और मोटर वाहन (एमवी) अधिनियम के तहत दर्ज की गयी है। शर्मा ने कहा कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर स्थित प्रगति विहार कालोनी मार्ग पर शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे सो रही एक मादा श्वान को कुचल दिया। उसकी कुछ देर बाद ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद चालक फरार हो गया। शर्मा ने बताया कि पूरी घटना एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटैज में कार की नंबर प्लेट साफ देखी जा सकती है। शर्मा ने इस घटना की तहरीर के साथ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी, जिसके बाद मादा श्वान का पोस्टमार्टम कराया गया। गौरतलब है कि इसके पहले बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र में 25 नवंबर, 2022 को एक चूहे को डुबोकर मारने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई थी। बाद में, पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 429 (किसी भी जीव जंतु का वध) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उससे गिरफ्तार किया था लेकिन उसे थाने से ही जमानत दे दी थी। -
अगरतला. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा 18 जून को त्रिपुरा के संतिरबाजार इलाके में एक रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने शनिवार को यह जानकारी दी। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी नेताओं के साथ बैठकें की हैं। इस रैली को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। पूर्वोत्तर राज्य में दो संसदीय क्षेत्र हैं - त्रिपुरा पश्चिम और त्रिपुरा पूर्व, जिन्हें 2019 के चुनावों में भाजपा ने जीत लिया था। भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा 18 जून को राज्य का दौरा करने वाले हैं और वह दक्षिण त्रिपुरा जिले के संतिरबाजार क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करेंगे।
-
मिर्जापुर (उप्र). मिर्जापुर जिले के संत नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक महिला ने पति से विवाद के चलते कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को कुएं में फेंक दिया, जिससे तीनों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गयी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला ने खुद को भी आग लगा ली थी। हालांकि, वह बच गयी है। अपर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने बताया कि अपने तीन बच्चों को कुएं में फेंकने की आरोपी चंदा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, ग्राम पजरा निवासी अमरजीत कोल के बच्चे आकाश (8), कृति (2) और अनु (1) की कुएं में गिरने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस के उच्च अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बचाव अभियान शुरू करते हुए कृति व अनु के शव को कुएं से बाहर निकलवाया, जबकि आकाश का शव काफी तलाश के बाद निकाला जा सका। पुलिस ने छानबीन में मिली जानकारी के हवाले से बताया कि घर पर अमरजीत की पत्नी आरोपी चंदा अपने तीनों बच्चों के साथ रहती थी। पति-पत्नी के संबंध आपस में अच्छे नहीं हैं। अमरजीत पेशे से मजदूर है जबकि आरोपी चंदा घर पर रहती है। पुलिस ने दावा किया कि दोनों में हमेशा विवाद होता रहता था, इससे ऊब कर आरोपी महिला ने अपने तीनों बच्चों को कुएं में फेंक दिया।
-
नयी दिल्ली. ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में घायल लोगों के इलाज में स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए भारतीय नौसेना ने मेडिकल दलों की तैनाती की है। नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नौसेना घायलों को मेडिकल राहत और सहायता मुहैया कराने के लिए ओडिशा राज्य प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। हादसे में अभी तक कम से कम 288 लोगों की मौत हुई है जबकि 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
नौसेना के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आईएनएस चिल्का से सर्जन, मेडिकल सहायकों, एम्बुलेंस और सहायता सेवा सहित 43 कर्मियों की मेडिकल और सहायता टीम को कल रात रवाना किया गया और फिलहाल वे लोग घायलों की देखभाल कर रहे हैं, तत्काल मेडिकल सहायता दे रहे हैं और बालासोर के जिला अस्पताल में सर्जरी भी कर रहे हैं।'' आईएनएस चिल्का ओडिशा में स्थित भारतीय नौसेना का आधुनिक प्रशिक्षण संस्थान है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘कम घायल यात्रियों का इलाज करने के लिए बालासोर के गंगाधर कल्याण मंडप में नौसेना के मेडिकल राहत टीम द्वारा मेडिकल शिविर भी लगाया जा रहा है। नौसेना की टीम घायल लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य में ओडिशा प्रशासन की मदद भी कर रही है।
-
अमरावती. आंध्र प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री विदादला रजनी ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने ओडिशा में रेल दुर्घटना स्थल के लिए 20 एंबुलेंस और 21 शव वाहन भेजे हैं। उन्होंने ओडिशा में बालासोर जिले में हुए रेल हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर भेजने के लिए और वाहन को तैयार रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘इन वाहनों के बेहतर समन्वय के लिए स्वास्थ्य, परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है।'' उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज करने के लिए इंतजाम किये गये हैं और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता मुहैया करने के लिए चिकित्साकर्मियों को ओडिशा जाने के वास्ते तैयार रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा से लगी राज्य की उत्तरी सीमा पर स्थित सभी अस्पतालों और चिकित्साकर्मियों को घायलों का इलाज करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। हादसे में 288 लोगों की मौत हो गई है और 1,000 से अधिक लोग घायल हैं।
-file photo
-
ऋषिकेश. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को कहा कि संतों को ‘राष्ट्र धर्म' के मूल्य की दृढता से व्याख्या करनी चाहिए। वह स्वामी चिदानंद सरस्वती की जयंती के मौके पर परमार्थ निकेतन में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उत्तराखंड के ऋषिकेश आये थे। आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारी संस्कृति महान है। लेकिन, हमें सभी को इस बात का अहसास कराना होगा। भागवत ने मराठी संत तुकाराम की भक्तिमय कविता का पाठन भी किया। उन्होंने हरिद्वार के प्रमुख संतों से भी भेंट की।
-
जयपुर. राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक व्यक्ति ने अपने युवा बेटे की कथित रूप से तलवार से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटना अरथुना थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुई। आरोपी भंवर सिंह की अपने बेटे नरेंद्र सिंह (30) से किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, रात में नरेंद्र ने नशे की हालत में अपनी मां के साथ मारपीट की थी और शनिवार सुबह आरोपी भंवर सिंह ने सो रहे बेटे पर तलवार से कथित रूप से हमला कर दिया। अरथुना थाना प्रभारी रमेश मीणा ने बताया कि आरोपी भंवर सिंह एक निजी स्कूल में बस चालक है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।










.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)













.jpg)