- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के निर्देश पर मणिपुर में चिकित्सकों के कई दलों को तत्काल प्रभाव से तैनात किया है। मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि सर्जरी, मनोरोग, मेडिसिन, स्त्री रोग, बाल चिकित्सा, मूत्रविज्ञान और आपातकालीन देखभाल में विशेषज्ञता रखने वाले चार-चार चिकित्सकों वाले छह दल राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में मदद करेंगे, जो वहां संघर्ष के कारण प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुई हैं। इसमें कहा गया है कि इन दलों में एम्स-कल्याणी, एम्स-गुवाहाटी और एनईआईजीआरआईएचएमएस-शिलांग के चिकित्सक शामिल हैं। मणिपुर में करीब एक महीने पहले ‘जनजातीय एकता मार्च' के बाद मणिपुर में पहली बार जातीय हिंसा भड़क उठी थी। अनुसूचित जाति (एसटी) के दर्जे की मांग को लेकर मेइती समुदाय ने तीन मई को प्रदर्शन किया था जिसके बाद ‘जनजातीय एकता मार्च' का आयोजन किया था। एक पखवाड़े से अधिक की शांति के बाद, राज्य में रविवार को उग्रवादियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में अचानक तेजी देखी गई। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक हिंसा में 80 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
-
नयी दिल्ली. किसान संगठन ‘फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया फार्मर एसोसिएशन' (एफएआईएफए) ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की सिफारिश के खिलाफ प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और वित्त मंत्रालय को पत्र लिखा है। डब्ल्यूएचओ ने सिफारिश की है कि तम्बाकू के स्थान पर वैकल्पिक फसलों को जगह दी जानी चाहिए। इससे वैश्विक खाद्य संकट से निपटने में मदद मिलेगी। पीएमओ, वित्त मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय को दिये अपने प्रतिवेदन में एफएआईएफए ने कहा है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की सिफारिश अवैज्ञानिक है और तंबाकू की खेती की जगह अन्य फसलों का कोई लाभ नहीं है। केंद्रीय तंबाकू अनुसंधान संस्थान (सीटीआरआई) के एक अध्ययन का हवाला देते हुए, संगठन ने कहा कि आंध्र प्रदेश में चना और धान जैसी वैकल्पिक फसलों के प्रतिस्थापन के लिए किए गए पिछले प्रयास से किसानों को तंबाकू की खेती से उनकी पिछली कमाई की तुलना में काफी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात में वाणिज्यिक फसलों के लाखों किसानों और कृषि श्रमिकों के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक गैर-लाभकारी संगठन, एफएआईएफए ने सरकार से अनुरोध किया है कि भारत को डब्ल्यूएचओ के दिशानिर्देशों या सिफारिशों को लागू नहीं करना चाहिए क्योंकि ये पश्चिमी सभ्यता के तंबाकू खपत मॉडल पर आधारित ‘‘सभी के लिए एक समान'' समाधान की धारणा पर बना है। एफएआईएफए के महासचिव मुरली बाबू ने एक बयान में कहा कि भारत एक बड़ा तम्बाकू उत्पादक देश है। ऐसे में यहां उचित कृषि-जलवायु अध्ययन किए बिना ऐसी अपीलों के कारण लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
-
नयी दिल्ली. भारत ओटीटी (ओवर दी टॉप) कार्यक्रमों के लिए तंबाकू के खिलाफ चेतावनी जारी करने को अनिवार्य करने वाला बुधवार पहला देश बन गया। ओटीटी मंच पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों में वैसे ही चेतावानी जारी की जाएगी जैसे थिएटर में फिल्मों और टीवी कार्यक्रमों में होती है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2004 के तहत संशोधित नियमों को अधिसूचित किया। अधिसूचना के अनुसार, ऑनलाइन सामग्री में तंबाकू उत्पाद या उनके इस्तेमाल को दिखाए जाने के दौरान प्रसारकों को कार्यक्रम के शुरू और मध्य में कम से कम 30 सेकेंड तक तंबाकू के खिलाफ स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी जारी करना होगा। जब कार्यक्रम के दौरान तम्बाकू उत्पादों या उनके उपयोग को दिखाया जाता है तो उन्हें इस दौरान स्क्रीन के नीचे एक संदेश के रूप में तम्बाकू विरोधी स्वास्थ्य चेतावनी दिखाना अनिवार्य होगा। सूत्रों ने कहा कि साथ ही कार्यक्रम की शुरुआत और मध्य में तम्बाकू के उपयोग के दुष्प्रभावों पर कम से कम 20 सेकेंड का एक दृश्य श्रव्य घोषणा भी दिखानी होगी। अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘उप-नियम (1) के खंड (बी) में निर्दिष्ट तंबाकू विरोधी स्वास्थ्य चेतावनी संदेश सफेद पृष्ठभूमि पर काले रंग के अक्षरो में ‘तंबाकू से कैंसर होता है' या ‘तंबाकू मारक होती है ' की चेतावनी दिखानी होगी जो स्पष्ट और पठनीय होनी चाहिए।'' इसके अलावा, तंबाकू विरोधी स्वास्थ्य चेतावनी संदेश और ऑडियो-विजुअल डिस्क्लेमर उसी भाषा में होने चाहिए, जिसका उपयोग ऑनलाइन बनाई गई सामग्री में किया जाता है। ऑनलाइन बनाई गई सामग्री में तम्बाकू उत्पादों का प्रदर्शन या उनका उपयोग सिगरेट या अन्य तम्बाकू उत्पादों के ब्रांड के प्रदर्शन या किसी भी रूप में तम्बाकू उत्पाद का प्रचार और तम्बाकू उत्पादों के प्रदर्शन या प्रचार सामग्री में उनके उपयोग का जरिया नहीं होना चाहिए। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और अन्य हितधारकों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। अधिसूचना में कहा गया है कि अगर इन नियमों का पालन नहीं किया जाता है तो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय मामले का स्वत: संज्ञान ले सकते हैं या उन्हें शिकायत की जा सकती है। इसमें कहा गया है कि ऑनलाइन सामग्री के प्रकाशक की पहचान करने के बाद, नोटिस जारी कर उनसे विफलता पर स्पष्टीकरण देने के लिए पर्याप्त मौका दिया जाएगा और सामग्री में उचित बदलाव किए जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने युवा पीढ़ी में तंबाकू के बढ़ते सेवन पर चिंता जताई। उन्होंने लोगों से तंबाकू के बंधनों से मुक्त होने और एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपील की।
-
नयी दिल्ली. उद्योगपति मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी की पत्नी श्लोका मेहता अंबानी ने बुधवार को बेटी को जन्म दिया। दंपति की पहली पुत्र संतान पृथ्वी का जन्म दिसंबर 2020 में हुआ था। मुकेश अंबानी के बच्चों के दोस्त और परिवार के करीबी तथा राज्यसभा सदस्य पीरामल नथवानी के बेटे धनराज नथवानी ने बेटी के जन्म की जानकारी ट्विटर पर दी। धनराज ने ट्वीट किया, “आकाश और श्लोका अंबानी को उनकी नन्हीं राजकुमारी के आगमन पर हार्दिक बधाई। यह अनमोल आशीर्वाद आपके जीवन में अपार खुशियां और प्रेम लेकर आए।” पिछले साल नवंबर में आकाश की जुड़वां बहन ईशा और उनके पति आनंद पीरामल जुड़वा बच्चों के माता-पिता बने थे, जिनका नाम कृष्णा और आदिया रखा गया। मुकेश अंबानी के तीन बच्चे आकाश, ईशा और छोटा बेटा अनंत है।
-
अजमेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अजमेर जिले के पुष्कर पहुंचे और ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर से तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे। इससे पहले मोदी नई दिल्ली से विशेष विमान से किशनगढ़ हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिये तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की और उसके बाद वह हेलीकॉप्टर से जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर स्थित कायड़ विश्राम स्थली के लिए रवाना हुए जहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
-
नयी दिल्ली. अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ने भारत को मित्रता और रणनीतिक साझेदारी की ऐसी ‘‘गहराई'' दी है, जो दुनिया में अद्वितीय है और अगले महीने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान संबंधों का और विस्तार होगा। गार्सेटी ने कहा कि दोनों देश रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए कुछ समझौतों पर काम कर रहे हैं और मोदी के अमेरिका दौरे या अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने पर उनके मजबूत होने की संभावना है। भारत द्वारा चीन से अपनी सीमा के साथ-साथ समुद्री क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत वाशिंगटन पर निर्भर रह सकता है, क्योंकि अमेरिका सीमाओं, संप्रभुता और कानून के शासन का सम्मान करने के लिए खड़ा है। गार्सेटी ने कहा, ‘‘हम इन सिद्धांतों की रक्षा और बचाव करेंगे। अगर कोई देश सोचता है कि वह एकतरफा यथास्थिति को बदल सकता है, तो यह हम सभी के लिए अस्वीकार्य है। हम कार्रवाई को भी रोकना चाहते हैं। हम भारत और अमेरिका दोनों देशों के लिए चीन के साथ अधिक शांतिपूर्ण संबंध देखना चाहेंगे।'' साथ ही, गार्सेटी ने जोर दिया कि किसी के द्वारा ‘धौंस जमाने' की हरकत स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका आतंकवाद, मादक पदार्थों की तस्करी और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क की चुनौती का सामना करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। गार्सेटी ने कहा कि क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों के लिए अफगान क्षेत्र के संभावित इस्तेमाल को लेकर भारत की चिंताओं पर अमेरिका की साझा चिंताएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी वर्तमान भू-राजनीतिक हालात के संदर्भ में दुनिया के लिए काफी महत्वपूर्ण है। गार्सेटी ने कहा कि यह साझेदारी न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि विश्व के लिए भी फायदेमंद है। क्या भारत और अमेरिका प्रमुख सैन्य प्लेटफॉर्म के संयुक्त विकास पर विचार कर रहे हैं, इस पर गार्सेटी ने कहा, ‘‘बिल्कुल। मुझे लगता है कि आप प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान हुए समझौतों को देखेंगे, या शायद जब राष्ट्रपति दो महीने बाद आएंगे, तो हम पिछले कुछ वर्षों से जो कर रहे हैं, उसे संस्थागत और औपचारिक रूप देंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसी हथियार प्रणालियों की पेशकश कर रहे हैं, जो अत्याधुनिक हैं और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण भी हैं, जो यह सुनिश्चित करते हैं कि भारत इनमें से कुछ चीजों को यहां भारत में बना सकता है।'' गार्सेटी ने कहा, ‘‘हमने अपने कुछ निकटतम सहयोगियों के लिए ऐसा नहीं किया। अमेरिका ने भारत को मित्रता और रणनीतिक साझेदारी की ऐसी गहराई दी है, जो दुनिया में अद्वितीय है। यदि यह खास नहीं है, तो कुछ भी नहीं है।'' अगले महीने मोदी की अमेरिका की यात्रा को लेकर गार्सेटी ने कहा कि अमेरिका इस यात्रा को लेकर ‘‘उत्साहित'' है और वाशिंगटन रक्षा, व्यापार और निवेश, जलवायु परिवर्तन तथा लोगों के आपसी संपर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को और गहरा करने के प्रति उत्सुक है। उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री की इस यात्रा को लेकर और कुछ महीने बाद जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति बाइडन के यहां आने को लेकर उत्साहित हैं।'' बाइडन जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए सितंबर में भारत आने वाले हैं। मोदी जून में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन के निमंत्रण पर अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर जाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति 22 जून को राजकीय रात्रिभोज में मोदी की मेजबानी भी करेंगे। गार्सेटी ने कहा कि भारत और अमेरिका के आज बेहद करीबी और मजबूत संबंध हैं। उन्होंने कहा, ‘‘... दोनों देशों के बीच का संबंध यह मेरे जीवन का सबसे यादगार लम्हा है।'' यह पूछे जाने पर कि क्या मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के संदर्भ में भारत, अमेरिका की साझेदारी दुनिया के लिए अधिक महत्वपूर्ण हो गई है, उन्होंने कहा, ‘‘बिल्कुल।'' गार्सेटी ने कहा, ‘‘हम सब कुछ एकीकृत कर रहे हैं- हमारी सेना से लेकर हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रमों तक। हम नए व्यापार और निवेश के अवसरों को तलाश रहे हैं, अमेरिका भारत का नंबर एक व्यापारिक भागीदार बन गया है और पिछले साल अमेरिका में पढ़ाई के लिए जाने वाले सबसे अधिक भारतीय छात्रों को वीजा स्वीकृत हुआ था।'' उन्होंने कहा, ‘‘ये इस बात के प्रमाण हैं कि संबंध कितने गहरे हैं। लेकिन यह सिर्फ ऐसा नहीं है कि हम एक दूसरे के लिए क्या कर सकते हैं। -
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 19 व्यक्ति डूब गए। इनमें से 14 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि पांच अब भी लापता हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी। पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर जिले में बल्दीराय थानाक्षेत्र के एक गांव में दो लोगों की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई। थानाध्यक्ष अमरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि पुनियारा मजरे इब्राहिमपुर गांव में गोलू निषाद (8) सोमवार की शाम गोमती नदी में नहाने उतरा था और नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया तथा जबतक तक परिजन उसे निकालने का प्रयास करते तब तक उसकी मौत हो गई थी। सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक गोलू का स्वास्थ्य सही नहीं रहता था और उसको दौरे आते थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह राधेश्याम (45) नाव से नदी के उस पार गया था और वापसी में जब वह बिना नाव के गोमती नदी पार कर रहा था तब वह डूबने लगा। पुलिस के अनुसार आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को रामगंगा में स्नान करने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार बरेली में गंगा दशहरा पर्व पर मंगलवार से रामगंगा नदी के तट पर मेला आयोजन शुरू हुआ और इस मौके पर लोगों ने सुबह तड़के से ही स्नान शुरू कर दिया था। पुलिस का कहना है कि भमोरा थाना क्षेत्र में मुड़किया घाट पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्नान को आए थे। थाना प्रभारी रोहित सिंह ने बताया कि गौसगंज गांव के अनुज (15), उसके चचेरे भाई अरविंद (16), कीरतपुर गांव के छोटू (11) स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गये जिससे वे डूब गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने तीनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मथुरा में गंगा दशहरा पर्व पर स्नान करते तीन अलग-अलग स्थानों पर पवित्र यमुना नदी एवं मानसी गंगा (कुंड) में स्नान करते समय तीन लोग डूब गए। थाना नौहझील के निरीक्षक (अपराध) मनोज शर्मा के अनुसार पहली घटनाथाना नौहझील क्षेत्र में हुई, जहां नानकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में मझोई बांगर देवी मंदिर घाट पर यमुना-स्नान करने मानागढ़ी गांव के कुछ स्त्री-पुरुष ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहुंचे थे। शर्मा के अनुसार कुंवरपाल पुजारी का पुत्र राजकुमार (17) एवं सोबरन चौधरी का पुत्र बसंत (16) डूबने लगे, वहां मौजूद तैराकों ने बसंत को तो किसी प्रकार सकुशल निकाल लिया, परंतु राजकुमार का कहीं पता न चला। समाचार लिखे जाने तक पीएसी के गोताखोरों द्वारा उसकी तलाश जारी थी। दूसरी घटना बलदेव थाना क्षेत्र के गांव खड़ैरा के यमुना घाट पर घटी। वहां विजय सिंह का 18 वर्षीय पुत्र रोहित पहलवान डूब गया। शाम तक उसका भी शव नहीं मिल सका था। तीसरी घटना गोवर्धन कस्बे में स्थित मानसी गंगा कुंड में घटी जहां एक युवक डूब गया। गोवर्धन के पुलिस उपाधीक्षक राम मोहन शर्मा ने बताया कि उसका शव निकाल लिया गया है तथा उसकी पहचान रवि के रूप में हुई है। सिद्धार्थनगर में जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर उसका थानाक्षेत्र में कूड़ा नदी में नहाने गए चार बालकों की डूब कर मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक डी के सरोज ने बताया कि सिघोरवां गांव के निवासी तौफीक (12), शोएब (13), अलाउद्दीन (14) और शादाब (13) गांव के बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। उनके अनुसार दोपहर लगभग दो बजे के बाद जब मैच खत्म हो गया तब गर्मी से निजात पाने के लिए चारों बालक नहाने के लिए नदी में उतर गये। प्रत्यक्षदर्शी अन्य बच्चों के मुताबिक चारों नदी में नहाने के लिए कूद गये। इसमे से दो बालक अचानक कुंड में फंस कर डूबने लगे। डूब रहे दो साथियों को बचाने के चक्कर में शेष दो बालक भी कुंड की तरफ घुसकर उन्हें बचाने लगे। बताया जा रहा है कि दोनों को बचाने के चक्कर में अन्य दोनों बालक भी कुंड के गहरे पानी में चले गये और चारों साथियों की मौत हो गयी। घंटों की मशक्कत के बाद चारों के शवों को निकला गया।
फर्रुखाबाद जिले में डूबे छह लोगों में से तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीन अन्य अभी भी लापता हैं। पुलिस के मुताबिक कादरी थाना अंतर्गत पांचाल घाट होरीलाल उर्फ अनुज (15) गंगा में डूब गया। पुलिस के मुताबिक कन्नौज निवासी श्रीपाल (14) पंटून पुल के पास डूब गया, वहीं छात्र रजत शाक्य (20) भी डूब गया। -
हरिद्वार. गंगा दशहरा के पर्व पर मंगलवार को यहां करीब 20 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा दशहरा पर स्नान के लिए सोमवार देर शाम से ही श्रद्धालुओं का यहां पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह से ही मुख्य स्नान घाट ‘हर की पौड़ी' पर श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जुटने लगे थे और दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं का सैलाब बढ़ता रहा । पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, देर शाम तक हर की पौड़ी समेत बिभिन्न घाटों पर करीब 20 लाख श्रद्धांलु गंगा स्नान कर चुके थे। देर शाम होने वाली गंगा आरती मे भी भारी भीड़ मौजूद थी। गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किये थे। पुराणों के अनुसार, गंगा दशहरा के दिन गंगा देवलोक से पृथ्वीलोक पर आई थी और माना जाता है कि गंगा के धरती पर अवतरित होते समय धरती पर 10 तरह के खास ग्रह योग बने थे इसीलिए गंगा दशहरा पर्व को दस तरह के पाप हरने वाला भी कहा जाता है। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि गंगा स्नान पर्व सकुशल संपन्न हो गया।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण -एनआईए, ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के फुलवारीशरीफ मामले के सिलसिले में कर्नाटक, केरल और बिहार में लगभग 25 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। बेलथानगाडी, पुत्तूर और बंतवाल जिलों में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय पुलिस की सहायता से छापे मारे गए। अब तक इस मामले में तेरह से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए गए हैं। पिछले एक वर्ष में इस जांच एजेंसी ने इन राज्यों में कई बार छापे मारे थे। पिछले साल जुलाई में मामला दायर किया गया था जिसमें पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के लिए काम कर रहे आरोपित व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था क्योंकि वे बिहार में पटना के फुलवारीशरीफ क्षेत्र में एकत्रित हुए थे। वे वहां आतंकी प्रशिक्षण के लिए इकट्ठे हुए थे। इस वर्ष फरवरी महीने में इस मामले में तीन और लोग गिरफ्तार किए गए थे।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर तम्बाकू रोधी चेतावनी देने के लिए नए नियम अधिसूचित किए हैं। अधिसूचना में प्रावधान है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर तम्बाकू रोधी चेतावनी के संदेश दिए जा सकेंगे। तम्बाकू उत्पाद या इनके उपयोग को प्रदर्शित करने वाली ऑनलाइन सामग्री के प्रत्येक प्रकाशक तम्बाकू रोधी न्यूनतम तीस सेकंड की अवधि के स्वास्थ स्पॉट कार्यक्रम की शुरूआत और मध्य में प्रसारित करेंगे। ऑनलाइन सामग्री का प्रकाशक नए नियमों का पालन नहीं करेगा तो उसके विरूद्ध कडी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के प्रतिनिधियों की अंतर-मंत्रालय समिति शिकायत मिलने पर स्वत: या शिकायत मिलने पर कार्रवाई करेगी।
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस आज मनाया जा रहा है। इस अवसर पर अधिसूचना जारी की गई है। इस वर्ष का विषय है- हमें भोजन की आवश्यकता है, न कि तम्बाकू की। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार 2023 के वैश्विक अभियान का उद्देश्य, वैकल्पिक फसल उत्पादन के बारे में जागरूकता और तम्बाकू किसानों के लिए विपणन के अवसर बढाना तथा किसानों को सतत पोषक फसलें पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है। -
नई दिल्ली। देश का रक्षा निर्यात सर्वाधिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है। 2013-14 में यह छह सौ छियासी करोड़ रुपये का था जो 2022-23 में बढ़कर लगभग सोलह हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रक्षा निर्यात में 23 गुना उल्लेखनीय बढ़ोतरी का यह आंकड़ा रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में भारत की प्रगति का परिचायक है। भारत से 85 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री का निर्यात किया जा रहा है और एक सौ रक्षा निर्यातक कंपनियां इस काम में लगी हैं। सरकार ने पिछले नौ वर्षों में रक्षा निर्यात का बढावा देने के लिए अनेक नीतिगत उपाय किए हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत किये गए उपायों से देश में रक्षा उपकरणों के डिजाइन, विकास और विनिर्माण को उल्लेखनीय बढ़ावा मिला है।
- लखनऊ (उप्र)। राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र इलाके में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद स्कूटी, स्कॉर्पियों के नीचे फंस गई। लेकिन, स्कॉर्पियों सवार ने कार नहीं रोकी और स्कूटी सवार दंपति और दो बच्चे करीब 100 मीटर तक घिसटते रहे। इस घटना में स्कूटी सवार चारों लोगों क मौैत हो गई है।इस हादसे के बाद बेकाबू हुई स्कॉर्पियों जब एक पेड़ से टक्करा कर रुकी, तब जाकर स्कूटी सवारों को निकाला जा सका। इसके बाद दंपति और उनके दोनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हादसे की सूचना पर पहुंची भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे स्थल का जायजा लिया। यह हादसा अलीगंज थाना क्षेत्र के गुलाचीन मंदिर के पास हुआ है। रिपोट्र्स के मुताबिक, मंगलवार देर रात करीब दो बजे यह हादसा हुआ। इस घटना से सड़क किनारे सो रहे लोगों में भगदड़ मच गई। वहीं, इस हादसे की सूचना पर इंस्पेक्टर विकासनगर शिवानंद मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे। आनन-फानन स्कूटी के नीचे फंसे दंपति और दोनों बच्चों को निकाला और केजीएमयू के ट्रामा सेंटर भेजा गया। ट्रामा सेंट्रर में डाक्टरों ने परीक्षण के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
-
इंफाल. हिंसा प्रभावित मणिपुर में शांति बहाल करने के उद्देश्य से राज्य की यात्रा पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कई पक्षकारों के साथ विचार-विमर्श किया, जिसकी शुरुआत उन्होंने महिला नेताओं के एक समूह के साथ नाश्ते पर हुई बैठक के साथ की। गृह मंत्री ने लोगों तक पहुंच बनाने की अपनी मुहिम के तहत नागरिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बैठक की। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर में महिला नेताओं (मीरा पैबी) के समूह के साथ बैठक की। मणिपुर के समाज में महिलाओं की भूमिका के महत्व को दोहराया। साथ मिलकर, हम राज्य में शांति एवं खुशहाली बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' एक अलग ट्वीट में, शाह ने कहा, ‘‘आज इंफाल में विभिन्न नागरिक संगठनों के सदस्यों के साथ सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने शांति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि हम साथ मिलकर मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने का मार्ग प्रशस्त करने में योगदान देंगे।'' गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता के अनुसार मंगलवार सुबह इंफाल में हुई बैठक में गणमान्य व्यक्तियों ने शांति के लिए अपनी प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया और यह भी कहा कि वे राज्य में शांति बहाल करने की दिशा में काम करेंगे। शाह सोमवार से मणिपुर की चार दिन की यात्रा पर हैं और इस दौरान वह हालात का जायजा लेने के लिए कई दौर की सुरक्षा बैठकें करेंगे और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए आगे के कदमों पर विचार करेंगे। सोमवार रात को इंफाल पहुंचने के बाद गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों और कुछ नेताओं के साथ बैठक की थी। मणिपुर में तीन मई को जातीय हिंसा भड़कने के बाद से गृह मंत्री की राज्य की यह पहली यात्रा है। मणिपुर करीब एक महीने से जातीय हिंसा से प्रभावित है और राज्य में इस दौरान झड़पों में इजाफा देखा गया है। कुछ हफ्तों की खामोशी के बाद रविवार को सुरक्षा बलों एवं उग्रवादियों के बीच गोलीबारी भी हुई। अधिकारियों के अनुसार, संघर्ष में मरने वालों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है।
मैतेई समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) के दर्जे की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च' के आयोजन के बाद मणिपुर में जातीय हिंसा शुरू हो गई। आरक्षित वन भूमि से कूकी ग्रामीणों को बेदखल करने को लेकर तनाव के चलते, पहले भी हिंसा हुई थी, जिसके कारण कई छोटे-छोटे आंदोलन हुए थे।
- -
नयी दिल्ली. मणिपुर में हाल में हुई हिंसा को लेकर मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और आग्रह किया कि हिंसा की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय के किसी वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच आयोग का गठन होना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें जांच आयोग गठित करने और शांति सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने समेत 12 मांगें की गई हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में खरगे के अलावा कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, महासचिव मुकुल वासनिक, कांग्रेस के मणिपुर प्रभारी भक्त चरण दास, पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह और कुछ अन्य नेता शामिल थे। खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘हमने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा है ताकि मणिपुर के सामने उत्पन्न असाधारण स्थिति का समाधान हो सके और तत्काल सामान्य स्थिति बहाल हो सके। एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में कांग्रेस, मणिपुर में शांति बहाली के लिए उठाए जाने वाले किसी भी कदम का समर्थन करने के लिए तैयार है।'' कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘22 साल पहले भी मणिपुर जल रहा था। तब प्रधानमंत्री अटल (बिहारी वाजपेयी) जी थे। आज फिर से मणिपुर जल रहा है, अब प्रधानमंत्री के पद पर नरेंद्र मोदी हैं। इसका कारण भाजपा की विभाजनकारी व ध्रुवीकरण की राजनीति है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि मणिपुर जल रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह कर्नाटक चुनाव में व्यस्त थे क्योंकि इनको मणिपुर की कोई परवाह नहीं थी। पार्टी के मणिपुर प्रभारी भक्त चरण दास ने दावा किया, ‘‘केंद्र सरकार और राज्य सरकार चाहती तो मणिपुर में हिंसा थम सकती थी, लेकिन हिंसा को होने दिया गया। सत्ता में रहने के लिए हिंसा, भाजपा का माध्यम रही है। '' कांग्रेस ने राष्ट्रपति को सौंपे ज्ञापन में आग्रह किया कि चरमपंथी संगठनों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार को हर जरूरी कदम उठाना चाहिए तथा लापता लोगों का पता लगाने के लिए विशेष अभियान चलाना चाहिए। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि विस्थापित हुए लोगों के पुनर्वास के लिए उचित कदम उठाया जाना चाहिए। ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया है कि मणिपुर हिंसा की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय के किसी वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच आयोग का गठन होना चाहिए। विपक्षी दल ने यह भी कहा कि राहत शिविरो में रहने वाले बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित की जाए, जरूरी वस्तुओं की ढुलाई में आई रुकावटों को दूर किया जाए, राज्य सरकार सभी राहत शिविरों का प्रबंधन अपने हाथ में ले, मणिपुर से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों को अक्षरश: लागू किया जाए, समुदायों के बीच बातचीत के जरिये सौहार्द बढ़ाया जाए तथा शांति सुनिश्चित करने के लिए ठोस एवं तेज प्रयास किए जाएं। मैतेई समुदाय द्वारा अनुसूचित जनजाति (एसटी) के दर्जे की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च' के आयोजन के बाद मणिपुर में भड़की जातीय हिंसा में 75 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। मणिपुर में ‘जनजातीय एकता मार्च' के बाद पहाड़ी जिलों में पहली बार जातीय हिंसा भड़क उठी। अनुसूचित जनजाति (एसटी) के दर्जे की मांग को लेकर मैतेई समुदाय ने तीन मई को प्रदर्शन किया था जिसके बाद ‘जनजातीय एकता मार्च' का आयोजन किया था। इसके बाद गत रविवार की हिंसा समेत अन्य हिंसक घटनाएं हुईं। रविवार की हिंसा में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है। आरक्षित वन भूमि से कूकी ग्रामीणों को बेदखल करने को लेकर तनाव के चलते, पहले भी हिंसा हुई थी, जिसके कारण कई छोटे-छोटे आंदोलन हुए थे। मैतेई समुदाय मणिपुर की आबादी का करीब 53 प्रतिशत है और समुदाय के अधिकतर लोग इंफाल घाटी में रहते हैं। नगा और कुकी समुदायों की संख्या कुल आबादी का 40 प्रतिशत है और वे पर्वतीय जिलों में रहते हैं। भारतीय सेना और असम राइफल्स की लगभग 140 टुकड़ियां पूर्वोत्तर के राज्य में स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटी हैं। हर टुकड़ी में 10,000 कर्मी होते हैं। इसके अलावा अन्य अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को भी तैनात किया गया है।
- -
नयी दिल्ली. विशाखापत्तनम में 31 मई को होने वाले नौसेना अलंकरण समारोह का आयोजन पहली बार शाम में किया जाएगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वीरतापूर्ण कृत्य, नेतृत्व, पेशेवर उपलब्धियों और उच्च कोटि की उत्कृष्ट सेवा का प्रदर्शन करने वाले नौसेना कर्मियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। नौसेना ने कहा कि नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से पुरस्कार प्रदान करेंगे। नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नौसेना अलंकरण समारोह-2023 का आयोजन नौसेना केंद्र, विशाखापट्टनम में 31 मई को आयोजित किया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि समारोह के दौरान 33 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें दो ‘नौसेना पदक'(शौर्य), 13 ‘नौसेना पदक' (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 16 ‘विशिष्ट सेवा पदक' और दो ‘जीवन रक्षा पदक' शामिल हैं। नौसेना ने कहा कि शस्त्र उन्नति और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अग्रणी अनुसंधान के लिए ‘लेफ्टिनेंट वी के जैन स्मृति स्वर्ण पदक' और उड़ान-सुरक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए ‘कैप्टन रवि धीर स्मृति स्वर्ण पदक' भी समारोह में प्रदान किए जाएंगे। यह कार्यक्रम एक औपचारिक परेड के साथ शुरू होगा और भारतीय नौसेना के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ पुरस्कार विजेताओं के परिवार के सदस्य इसमें शामिल होंगे।
- -
नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने आबकारी नीति मामले में आज आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी। न्यायालय ने कहा कि सिसोदिया के खिलाफ आरोप बहुत ही गंभीर है और गवाहों को प्रभावित करने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस समय केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज मामले में न्यायिक हिरासत में है। सीबीआई ने इस वर्ष 26 फरवरी को आबकारी नीति घोटाले में उन्हें गिरफ्तार किया था और फिर प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति में कथित धन शोधन मामले में नौ मार्च को उन्हें हिरासत में लिया था। आरोप है कि सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के अन्य सदस्यों ने रिश्वत लेकर चुने हुए व्यापारियों को ही लाइसेंस देने की साजिश की। - भोपाल. केंद्रीय पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन, श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जन धन, आधार और मोबाइल फोन आधारित योजनाओं ने सरकारी पैसे की बर्बादी को रोक दिया है और यह सुनिश्चित किया है कि इसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, ‘‘बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार अगर देश में बड़े बदलाव ला सकी है, तो उसका आधार ‘‘लक्षित डिलीवरी और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना रहा है। यही मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियां भी हैं।'' उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर काम की समय सीमा तय की और हर योजना का 100 प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके, यह सुनिश्चित किया। यादव ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा (संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे) ने कहा है कि कांग्रेस के जमाने में केन्द्र सरकार द्वारा विकास के लिए भेजे गये एक रूपये में से 85 पैसे भ्रष्टाचार में चला जाता था और 15 पैसे ही जनता तक पहुंचते थे। जन धन, आधार और मोबाइल जैसी योजनाओं के माध्यम से हम इस लीकेज को रोकने में सफल रहे हैं। हमने देश के गरीब लोगों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है।'' इस अवसर पर जारी एक पुस्तिका में कहा गया है कि जन धन योजना के तहत 48.27 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोले गए और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 25 लाख करोड़ रुपये से अधिक हस्तांतरित किए गए, जिससे 2.73 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित बचत हुई है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी पर अंकुश लगाने के लिए टीके की 220 करोड़ खुराक दी गईं और टीके की खेप कई देशों को भी भेजी गई, जिससे दुनिया भर में भारत की छवि और प्रतिष्ठा बढ़ी। यादव ने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की संख्या आठ से बढ़कर 23 हो गई है, मेडिकल कॉलेजों की संख्या 641 से बढ़कर 1,341 हो गई है, मेडिकल सीटें 82,466 से बढ़कर 1,52,129 हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की संख्या 16 से बढ़कर 23 और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) की संख्या 13 से बढ़कर 20 हो गई है। पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने वाली आयुष्मान भारत को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बताते हुए यादव ने कहा कि अब तक 23.3 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं और इनके जरिए 4.5 करोड़ लोगों ने मुफ्त इलाज का लाभ उठाया है। यादव ने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, नल जल योजना, वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत, हवाईअड्डों का विकास, निर्यात और कृषि पर ध्यान आदि ने लोगों के जीवन को बदल दिया है। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मीडिया को संबोधित किया।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार से नौ जून तक सूरीनाम और सर्बिया के दौरे पर होंगी। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह जुलाई 2022 में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद मुर्मू का पहला आधिकारिक विदेश दौरा होगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के निमंत्रण पर चार से छह जून तक पारामारिबो (सूरीनाम) की यात्रा पर होंगी। मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दूसरे चरण में मुर्मू सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वूसिक के निमंत्रण पर सात से नौ जून तक सर्बिया गणराज्य का दौरा करेंगी। - नयी दिल्ली. शहरी क्षेत्रों में 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर इस साल जनवरी-मार्च तिमाही में घटकर 6.8 प्रतिशत रही। राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संगठन कार्यालय (एनएसएसओ) के आंकड़ों के अनुसार एक साल पहले इसी तिमाही में यह 8.2 प्रतिशत थी। बेरोजगारी दर पिछले साल जनवरी-मार्च तिमाही में सबसे ज्यादा थी। इसका मुख्य कारण देश में कोविड संबंधित बाधाएं थी। सर्वेक्षण के अनुसार, बेरोजगारी दर पिछले साल जुलाई-सितंबर और अक्टूबर-दिसंबर में 7.2 प्रतिशत थी। वहीं अप्रैल-जून, 2022 में यह 7.6 प्रतिशत थी। निश्चित अवधि पर होने वाले 18वें श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 15 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर अप्रैल- जून, 2022 में 7.6 प्रतिशत थी। आंकड़ों से पता चलता है कि शहरी क्षेत्रों में महिलाओं (15 साल और उससे अधिक) में बेरोजगारी दर जनवरी-मार्च, 2023 में घटकर 9.2 प्रतिशत पर आ गयी जो एक साल पहले इसी तिमाही में 10.1 प्रतिशत थी। वहीं पुरुषों में शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर इस साल पहली तिमाही में कम होकर छह प्रतिशत रही जो एक साल पहले 2022 की जनवरी-मार्च तिमाही में 7.7 प्रतिशत थी।
-
कन्नौज(उप्र) .जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुआ भट्टा के पास सोमवार को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मृत्यु हो गई व तीन अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि तीनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। तिर्वा कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि औरैया जिले के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी कृष्ण मुरारी अपने परिवार के साथ लखनऊ के एक रिश्तेदार के यहां शादी में गये थे। उन्होंने बताया कि परिवार सोमवार दोपहर वापस लौट रहा था और कार मुरारी का बेटा राहुल चला रहा था। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार कार लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर फगुहा भट्टा के पास डिवाइडर से टकरा कर पलट गयी, जिसमे कृष्ण मुरारी (60 वर्ष), उनकी पत्नी आशा देवी (52 वर्ष), पुत्र राहुल(32 वर्ष) एवं एक आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में कृष्ण मुरारी की पुत्री सोन, राम जीवन, पुत्रवधू लक्ष्मी घायल हुई हैं। कुमार ने बताया कि सभी को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना परिवार को पुलिस ने दी है।
- जौनपुर . जिले में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कबेली गांव के नजदीक सोमवार को एक कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार सगे भाई बहन की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक देहात शैलेन्द्र सिंह के अनुसार डंडारी गांव निवासी दिनेश गौतम के पुत्र शिवम गौतम (20) और पुत्री शिवानी गौतम (18) सोमवार की दोपहर कुछ सामान खरीदने सिंगरामऊ बाजार जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों भाई-बहन पल्सर मोटरसाइकिल से जैसे ही पेट्रोल पंप के पास पहुंचे,सामने से आ रही अर्टिगा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। सिंह ने बताया कि भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही दोनो भाई बहन की मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कार व मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है।
- भद्रवाह/जम्मू.जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में चिनाब नदी के तट पर एक निजी कार कथित तौर पर सड़क से फिसलकर 300 फुट नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार दंपति सहित चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हादसा रग्गी नाला के पास बटोटे-किश्तवाड़ राजमार्ग पर हुआ और पुलिस एवं स्थानीय लोगों द्वारा चलाए गए संयुक्त बचाव अभियान के दौरान कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद चारों शव बरामद कर लिए गए। अभियान का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), किश्तवाड़ अब्दुल कयूम ने कहा कि कार सवार पुल-डोडा से जम्मू की तरफ जा रहे थे, तभी चालक ने एक गाड़ी से आगे निकलने की कोशिश के दौरान वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यह 300 फीट नीचे चिनाब नदी के तट पर जा गिरा। कयूम ने बताया, “चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं और एक घायल को सरकारी मेडिकल कॉलेज, डोडा में भर्ती कराया गया है।” उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना इस हादसे का कारण बना।
-
जयपुर. राजस्थान के झुंझुनू जिले में सोमवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में गिर जाने से छह महिलाओं और दो नाबालिगों सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। घटना शाम को उस समय हुई, जब ये लोग पहाड़ी की चोटी पर स्थित एक मंदिर से लौट रहे थे।
झुंझुनू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने कहा कि सभी घायलों को झुंझुनू और सीकर जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। झुंझुनू के कलेक्टर खुशाल यादव ने कहा कि जानकारी के अनुसार, कुल 34 व्यक्तियों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया था और उनमें से आठ की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृतकों में छह महिलाएं और दो नाबालिग शामिल हैं, जबकि जीवित बचे लोगों में से कई पुरुष हैं। पुलिस ने कहा कि पीड़ित मनसा माता मंदिर से लौट रहे थे, जहां एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था और यह घटना मंदिर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर हुई। यादव ने बताया कि ऐसा लगता है कि चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वह खंभे से टकराकर खाई में गिर गई। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया और मुआवजे की घोषणा की।प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘राजस्थान के झुंझुनू में हुई ट्रैक्टर दुर्घटना से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रत्येक मृतक के परिजनों को दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।'' पुलिस ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर जीवित बचे लोगों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।हादसे की सूचना मिलते ही राज्य के मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा भी उदयपुर वाटी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और अधिकारियों व स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी ली। - भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित ‘मेगा जॉब फेयर' (रोजगार मेला) एवं श्रमिक चौपाल में सोमवार को विभिन्न संस्थान द्वारा युवाओं को 640 नियुक्तिपत्र दिये गए। ये नियुक्तिपत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के हाथों दी गई। उन्होंने रोजगार मेला एवं श्रमिक चौपाल को उपयोगी बताते हुए चयनित आवेदकों को बधाई दी। इस अवसर पर चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में ‘पीएम मित्र पार्क' और ‘मेडिकल डिवाइस पार्क' के साथ ही ‘ग्लोबल स्किल पार्क' (वैश्विक कौशल उद्यान) प्रारंभ करने की पहल युवाओं को रोजगार प्राप्ति में सहायक है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है और निवेश से युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल उन्नयन पर सर्वाधिक ध्यान दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में श्रमिकों और निर्धनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि ‘नेशनल कॅरियर सर्विस पोर्टल' में सवा तीन करोड़ पंजीयन हुए हैं।
- कोलकाता. केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शासित पश्चिम बंगाल से सौतेले व्यवहार के आरोपों को सोमवार को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार कभी भी गैर-भाजपा दलों द्वारा शासित राज्यों के बीच भेदभाव नहीं करती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की नौ साल की उपलब्धियां गिनाते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन मंत्री ने मांडविया ने कहा कि देश ने विकास के सभी मापदंडों में नयी ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा है कि उल्लेखनीय विकास का एक नया अध्याय और देश भर में तेज गति से विकास शुरू हो गया है।मांडविया ने यहां पत्रकारों से कहा, “हम महज राजनीतिक कारणों से राज्यों के बीच अंतर करने में विश्वास नहीं करते। केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जब विकास और लोगों के कल्याण की बात आती है, तो धन कभी भी एक मुद्दा नहीं रहा। हम राज्य सरकार को हर तरह की मदद देने के लिए हमेशा तैयार हैं।” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कई बार केंद्र सरकार पर राज्य के लिए फंड रोके जाने का आरोप लगा चुकी हैं, जिसकी पृष्ठभूमि में मांडविया की यह टिप्पणी आई है।

















.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)

.jpg)