- Home
- देश
- जम्मू। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर झज्जर कोटली के पास बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक बस पुल से नीच गिर गई। इस हादसे में अबतक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 59 यात्री घायल हैं। घायलों का इलाज जम्मू के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, छह लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि चार ही मौत जीएमसी जम्मू में इलाज के दौरान हो गई। मरने वालों बस चालक भी शामिल है। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि बस संख्या UP81CT-3537 अमृतसर से वैष्णो देवी (कटड़) जा रही थी। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। सभी बिहार की राजधानी पटना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जैसे ही बस नेशनल हाइवे-44 पर झज्जर कोटली पहुंची, बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे में सात से ज्यादा लोगों के मरने की खबर है। वहीं, 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा जम्मू जिले से करीब 15 किलोमीटर दूर झज्जर कोटली के पास हुआ है।सीआरपीएफ अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि जैसे ही हमें सुबह दुर्घटना की जानकारी मिली। तुरंत हमारी टीम ने यहां पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शवों को निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस की टीम भी हमारे साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी है। सीआरपीएफ, पुलिस और अन्य टीमें भी यहां हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि बस में बिहार के लोग थे जो कटरा जा रहे थे। वे शायद कटरा का रास्ता भूल गए और यहां पहुंच गए।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना और प्रसारण तथा खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि हमारी सरकार ने कमजोर वर्गों के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम और योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि 48 करोड़ बैंक खाते खोले गए और उनमें दो लाख करोड़ रुपए जमा किए गए। नरेंद्र मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर अहमदाबाद में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीबों के लिए तीन करोड, 50 लाख पक्के मकान मुहैया कराये हैं जिनमें 75 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गये हैं। उज्ज्वला योजना के बारे में श्री ठाकुर ने बताया कि मोदी सरकार ने अब तक 31 करोड़ 36 लाख गैस कनेक्शन उपलब्ध कराये हैं। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के समय में हमारी सरकार ने देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि देश में 60 करोड़ गरीबों को पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का लाभ मिल रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि सरकार ने किसानों को दो करोड तीस लाख रुपये की सब्सिडी दी है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत छह हजार रुपये सीधे उनके खातों में जमा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत नौ वर्षों में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने के अलावा दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। सम्मेलन में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे।
-
नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीब लोगों के जीवन और आजीविका को बदला है। मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर गुवाहाटी में संवाददाताओं से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में तीन करोड पचास लाख लोगों को घर मिले जबकि 12 करोड़ शौचालय बनाये गये। उन्होंने कहा कि शौचालयों के बनने से महिलाओं के प्रति अपराधों में कमी आई है। श्री वैष्णव ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किये गये।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि श्री मोदी असम और पूर्वोत्तर के लोगों से हमेशा भावनात्मक रूप से जुड़े हैं। श्री सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे, निवेश और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिला है। उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान बैंकों ने असम में महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच हजार करोड़ रुपये की राशि प्रदान की। -
नई दिल्ली। केंद्रीय कोयला और खान मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा है कि सरकार 2025-26 तक तापीय कोयले का आयात पूरी तरह बंद करने की दिशा में काम कर रही है और इसके लिए नई कोयला खादानों की खोज और नीलामी की पारदर्शी प्रक्रिया का कार्य प्रगति पर है। वे आज आईआईटी बाम्बे में पहले खनन स्टार्टअप सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देश इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की आकांक्षाओं को वास्तविकता में बदलने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस पहले खनन स्टार्ट-अप सम्मेलन में 82 स्टार्ट-अप और एक सौ 40 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयात पर निर्भरता से लागत बढती है और विदेशी व्यय में भी वृद्धि होती है।पिछले नौ वर्षों में हुए विकास का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 में कोयला उत्पादन पांच सौ मिलियन टन था। आज भारत कोयले का सबसे बड़ा उत्पादक और आयातक देश है। उन्होंने कहा कि भारत में विश्व का चौथा सबसे बड़ा कोयला भंडार है। इस साल कोयले का उत्पादन आठ सौ 50 मिलियन टन तक पहुंच गया है।श्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि 2014 में तीन सौ स्टार्ट-अप थे। पिछले नौ वर्षों में, यह संख्या बढकर एक लाख हो गई है। इन स्टार्ट-अप से नौ लाख नौकरियां सृजित हुई हैं। उन्होंने कहा कि टिकाऊ और अधिकतम खनन तकनीक समय की मांग है। इसके लिए स्टार्ट-अप तकनीक जरूरी है -
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के पश्चिमोत्तर हिस्से में अगले दो दिनों में वर्षा और धूलभरी तेज़ हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तरी राजस्थान, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में कुछ स्थानों पर ओले भी पड़ सकते हैं। राजस्थान और उत्तराखंड में आज और कल गरज के साथ वर्षा की संभावना है। उत्तरी राजस्थान, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों में तेज वर्षा का अनुमान है। अगले दो दिनों में मध्य प्रदेश में आंधी के साथ वर्षा और ओलावृष्टि हो सकती है। केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक के दक्षिणी भाग, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश में भी शुक्रवार तक हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान व्यक्त किया गया है।
-
नई दिल्ली। भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक गिरीश चंद्र मुर्मू को एक बार फिर 2024 से 2027 के चार वर्षों के कार्यकाल के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन का बाहरी लेखा परीक्षक चुना गया है। वे 2019 से 2023 के कार्यकाल के लिए पहले से ही इस पद पर हैं। जेनेवा में कल विश्व स्वास्थ्य संगठन की 76वीं आम बैठक में उनको दोबारा चुना गया है। पहले दौर के मतदान में उन्हें 1 सौ 14 के मुकाबले एक सौ 56 मतों के जबरदस्त बहुमत से चुना गया। निर्वाचन के बाद विश्व स्वास्थ्य आम सभा को संबोधित करते हुए श्री मुर्मू ने बाह्य लेखा परीक्षक के रूप में अपने दृष्टिकोण का उल्लेख किया। उन्होंने बेहतर परिणाम के लिए प्रक्रिया में सुधार, पारदर्शिता और पेशेवर तरीके से कामकाज पर जोर दिया। नियंत्रक और महालेखा परीक्षक कार्यालय ने कहा है कि यह नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय समुदाय के बीच सी ए जी के पेशेवर दृष्टिकोण, उच्च मानकों, वैश्विक लेखा परीक्षण अनुभव और विश्वसनीयता का प्रमाण है।
बाह्य लेखा परीक्षक के पद पर चयन के बाद भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लेखा परीक्षा का यह दूसरा महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। इससे पहले मार्च में उन्हें अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन का बाह्य लेखा परीक्षक चुना गया था। -
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने कहा है कि चंद्रयान-3 इस वर्ष जुलाई में प्रक्षेपित किया जाएगा। कल श्रीहरिकोटा में दूसरी पीढ़ी के पहले नेविगेशन उपग्रह एनवीएस-01 के सफल प्रक्षेपण के बाद उन्होंने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जुलाई में चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण का लक्ष्य कक्षीय मापदंडों के आधार पर मिल रहे समय के हिसाब से तय किया गया है और इसरो इस दिशा में काम कर रहा है ताकि प्रक्षेपण को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
चंद्रयान-2 मिशन के क्रम के अगले चरण के रूप में चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान के सुरक्षित रूप से उतरने और वहां भ्रमण करने की क्षमता को प्रदर्शित करेगा। यह यान स्वदेशी लैंडर और प्रणोदक मॉड्यूल तथा रोवर से लैस है। इसके लैंडर और रोवर में वैज्ञानिक उपकरण लगे हैं, जो चंद्रमा की सतह पर आवश्यक परीक्षण करेंगे और जानकारी जुटाएंगे। -
गुवाहाटी. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशिथ प्रामाणिक ने सोमवार को कहा कि जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर को केंद्र हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है और स्थिति ‘‘सामान्य हो रही है''। गृह राज्य मंत्री की टिप्पणी आज आई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर राज्य के अपने चार दिवसीय दौरे की शुरुआत कर रहे हैं। कुकी और मेइती समुदायों के बीच तीन मई को हुए जातीय संघर्ष के बाद से राज्य की अपनी पहली यात्रा पर जा रहे शाह राज्य में हालात का आकलन करने और सामान्य स्थिति बहाल करने के कदमों की योजना बनाने के लिए कई दौर की बैठक करेंगे। आज शुरू हुई गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत ट्रेन में सवार पश्चिम बंगाल के कूच बिहार से भाजपा सांसद प्रामाणिक ने बताया, “स्थिति सामान्य हो रही है। केंद्र सभी राज्यों की सहायता करता है और मणिपुर की भी कर रहा है।” शाह के दौरे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह स्थिति को सामान्य करने की दिशा में एक कदम है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को कहा कि पूर्वोत्तर राज्य में शांति लाने के लिए अभियान शुरू करने के बाद से कथित तौर पर घरों में आग लगाने और नागरिकों पर गोलीबारी करने में शामिल रहे करीब 40 उग्रवादियों को सुरक्षा बलों द्वारा मार गिराया गया है। नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने के लिए विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए प्रामाणिक ने पूछा, “आप (विपक्ष) कब तक बहिष्कार करेंगे? मैं सभी से देश के विकास के लिए एक साथ आने का आग्रह करता हूं। विपक्ष बच्चा नहीं है, उसे हठ नहीं करना चाहिए।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को फिर से तेज हवाओं के साथ बारिश होने और आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र ने कहा है कि चार जून तक राजधानी में 'लू' की स्थिति लौटने की संभावना नहीं है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि राजधानी में सोमवार दोपहर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 'येलो' अलर्ट जारी किया है, जिसमें लोगों को यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में पानी भरने की चेतावनी दी गई है। आईएमडी मौसम की चेतावनी के लिए चार कलर कोड का उपयोग करता है : हरा (कार्रवाई की जरूरत नहीं), पीला (देखें और अपडेट रहें), नारंगी (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें)। दिल्ली के प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जबकि अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सामान्य रूप से 39.5 डिग्री सेल्सियस के औसत अधिकतम तापमान के साथ मई का महीना दिल्ली में सबसे गर्म महीना रहता है। लेकिन, इस बार मई में सामान्य से कम तापमान और अत्यधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों ने इस घटना के लिए सामान्य से अधिक पश्चिमी विक्षोभ को जिम्मेदार ठहराया - एक ऐसी मौसम प्रणाली जो भूमध्यसागरीय क्षेत्र में उत्पन्न होती है और इस मौसम में उत्तर-पश्चिम भारत में बेमौसम बारिश लाती है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग वेधशाला ने मई में अब तक 86.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है। आम तौर पर पूरे महीने में राष्ट्रीय राजधानी में औसतन 19.7 मिलीमीटर बारिश होती है। दिल्ली में इस महीने की शुरुआत में घने कोहरे का एक असामान्य घटनाक्रम भी देखा गया। चार मई को न्यूनतम तापमान गिरकर 15.8 डिग्री सेल्सियस हो गया था, जो आईएमडी द्वारा 1901 में रिकॉर्ड रखने की शुरुआत करने के बाद से मई के महीने की तीसरी सबसे ठंडी सुबह थी। शहर में अप्रैल में 20 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जो 2017 के बाद से इस महीने में सबसे अधिक है। मई में केवल नौ दिनों के लिए दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण सोमवार और मंगलवार को कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने के साथ ही बारिश होने और ओले गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान के चार जून तक 40 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहने के आसार हैं।
इस महीने की शुरुआत में, मौसम कार्यालय ने मई में उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से कम अधिकतम तापमान और 'लू' की स्थिति वाले कम दिनों की भविष्यवाणी की थी। -
गुवाहाटी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर पूर्वोत्तर की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को गुवाहाटी से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के लिये रवाना किया। प्रधानमंत्री ने स्क्रीन पर प्रतीकात्मक रूप से हरी झंडी दिखा कर गुवाहाटी स्टेशन से ट्रेन रवाना की, जहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस पूर्वोत्तर में पर्यटन, शिक्षा, व्यापार एवं रोजगार को बढ़ावा देगी। गुवाहाटी एवं न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) के बीच चलाई गई अर्द्ध उच्च गति की यह ट्रेन असम एवं पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क सेवा को मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ट्रेन असम में कामाख्या मंदिर, काजीरंगा और मानस राष्ट्रीय उद्यान और पोबितोरा के साथ-साथ मेघालय में शिलांग और चेरापूंजी और अरुणाचल प्रदेश में तवांग और पासीघाट के लिए पर्यटन क्षमता को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने इस सप्ताह अपने कार्यकाल के नौ साल पूरे किए हैं और ‘पिछले नौ साल नए विकास की असाधारण यात्रा' के रहे हैं। मोदी ने कहा कि देश को रविवार को एक नया और भव्य संसद भवन मिला है जो देश की समृद्ध लोकतांत्रिक विरासत को आधुनिक लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ेगा। उन्होंने कहा, “कई ऐसी उपलब्धियां हैं, जिनकी 2014 से पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने मकान, शौचालय, अस्पताल, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे उपलब्ध कराकर तेजी से विकास की नींव रखी और गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री ने कहा, “यह ढांचागत सुविधाएं हैं जो गरीबों, दलितों और समाज के पिछड़े वर्ग को मजबूत करती हैं। बुनियादी ढांचा बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए है, जो सच्चे सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता को दर्शाता है।” उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों के दौरान पूर्वोत्तर में अभूतपूर्व ढांचागत विकास हुआ है।
मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों ने पूर्व में हुई लापरवाही की भारी कीमत चुकाई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को रेल, सड़क और हवाई अड्डे की सुविधाओं की कमी के कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार इस बात का उदाहरण है कि “लोगों की सेवा करने के इरादे से विकास किए जाने पर, अभूतपूर्व विकास कैसे हो सकता है।'' प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेलवे के विस्तार के लिए बजट आवंटन में चार गुना वृद्धि की गई है और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों की राजधानियों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने का काम चल रहा है। मोदी ने इस बात का भी उल्लेख किया कि गुवाहाटी रेलवे स्टेशन देश का पहला ऐसा स्टेशन है जहां एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति द्वारा प्रबंधित चाय की एक दुकान है। इसे उन्होंने समाज के अब तक उपेक्षित वर्ग को गरिमा और सम्मान देने की दिशा में एक कदम बताया। उन्होंने कहा, “आज का दिन रेल संपर्क के क्षेत्र में असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर के लिए एक बड़ा दिन है।” अत्याधुनिक ट्रेन क्षेत्र के लोगों को इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने के अलावा गति और आराम से यात्रा करने का साधन प्रदान करेगी। गुवाहाटी- न्यूजलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस सफर को पांच घंटे 30 मिनट में तय करेगी, जबकि इस मार्ग पर वर्तमान सबसे तेज ट्रेन उसी यात्रा को तय करने में छह घंटे 30 मिनट का समय लेती है। प्रधानमंत्री ने 182 किलोमीटर लंबे मार्ग के नए विद्युतीकृत खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित किया और असम के लुमडिंग में नवनिर्मित डेमू/मेमू शेड का भी उद्घाटन किया। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रियों और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सत्ता में नौ साल पूरे होने के मौके पर सोमवार को देशभर में उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, वहीं सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने 2024 में सरकार के फिर से सत्ता में आने का भरोसा जताया। वैश्विक स्तर पर भारत के ‘‘बढ़ते'' कद से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर, गरीबों के लिए आवास और शौचालय जैसे कल्याणकारी कदम, पाइप से पानी की आपूर्ति को बढ़ावा देना, बुनियादी ढांचा विकास और विनिर्माण क्षेत्र में तेजी लाने के प्रयास उन पहलों में शामिल हैं, जिनका भाजपा नेताओं ने देश के हर राज्य में आयोजित संवाददाता सम्मेलनों में उल्लेख किया। भाजपा ने एक बयान में कहा कि देश में हर क्षेत्र में "अभूतपूर्व" विकास हुआ है और "राष्ट्र प्रथम" के मंत्र ने मोदी की नीतियों का मार्गदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में जहां एक तरफ दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, वहीं देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा सुदृढ़ हुई है और आज भारत को कोई आंख दिखाने की हिमाकत नहीं कर सकता। मोदी सरकार के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद' में योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के शासन में वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ा है।'' उन्होंने कहा कि गरीबों का कल्याण और अवसंरचना विकास जैसे चार स्तंभों को मोदी सरकार ने बीते नौ साल में मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले नौ साल में बदली हुई परिस्थितियों को हम सब ने न केवल महसूस किया है, बल्कि हमने इस दौरान नये भारत का दर्शन भी किया है, आज का भारत चार महत्वपूर्ण स्तंभों पर खड़ा है।'' रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुवाहाटी में कहा कि 2014 से पहले पूर्वोत्तर के मद में रेलवे का आवंटन 2,000 करोड़ रुपये था, लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में यह बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये हो गया है, जिससे क्षेत्र में परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी आई है। उन्होंने सेमी-हाई स्पीड गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत से पहले गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से कहा कि जून तक उन सभी राज्यों में जहां विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है, वहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर पूर्वोत्तर की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को गुवाहाटी से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के लिये रवाना किया। जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने रायपुर में कहा कि पिछले नौ वर्षों में विकास और वृद्धि की गति और पैमाना बेजोड़ है। इस संदर्भ में, उन्होंने टीकों के उत्पादन सहित कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला और इस बात पर जोर दिया कि भारत के प्रयासों को विश्व स्तर पर स्वीकार किया गया है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के नौ साल के कार्यकाल में भारत ने गरीबों के उत्थान और कल्याण पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक आत्मनिर्भर देश के रूप में अपनी छवि बनाई है। सिंधिया ने कहा कि मोदी सरकार सेवा, सुशासन और गरीबों के उत्थान पर ध्यान केंद्रित करके काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले नौ वर्षों में चौंकाने वाले परिवर्तन किए और आत्मनिर्भर होने की छवि बनाई है।'' उन्होंने भाजपा शासित केंद्र की विभिन्न योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने नौ साल में 12 करोड़ मकानों तक (पाइप कनेक्शन के जरिए) पानी पहुंचाया, उज्ज्वला योजना के तहत 9.60 करोड़ रसोई गैस ‘कनेक्शन' दिए गए, 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण के तहत अनाज दिया गया, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 50 करोड़ लाभार्थियों को ‘कवर' किया गया। अहमदाबाद में अनुराग ठाकुर ने गरीबी उन्मूलन, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस पर हमला बोला और दावा किया कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में 300 से अधिक सीट जीतकर सत्ता में बरकरार रहेगी, क्योंकि वह लोगों के सशक्तीकरण में विश्वास करती है, न कि तुष्टिकरण में। केंद्रीय सूचना और प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री ठाकुर ने कहा, "हमारी सरकार सशक्तीकरण में विश्वास करती है, तुष्टिकरण में नहीं।" उन्होंने कहा कि केंद्र ने गरीबों के लिए 3.5 करोड़ घर और 11.72 करोड़ शौचालय बनवाए, 9.6 करोड़ गैस कनेक्शन दिए, 60 करोड़ से ज्यादा लोगों का मुफ्त इलाज किया और 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन दिया। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 2014 से पहले भ्रष्टाचार में रिकॉर्ड बनाए थे, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले नौ वर्षों में कल्याणकारी योजनाएं शुरू करके और आईआईटी, आईआईएम एवं एम्स जैसे संस्थानों के साथ बुनियादी ढांचे का निर्माण करके नए मानक स्थापित किए हैं। मंत्री ने कहा, "2014 से पहले, नियमित अंतराल पर घोटाले सामने आते थे। आज, हर नागरिक को लगता है कि मोदी सरकार उसकी अपनी सरकार है। हमने 27 प्रतिशत गरीब नागरिकों को गरीबी से बाहर निकाला। कांग्रेस की चार पीढ़ियों ने ‘गरीबी हटाओ' का नारा लगाया, लेकिन कुछ नहीं किया। हमारी सरकार ने गरीबों को सुरक्षा और सम्मान दिया है।" ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, "यही कारण है कि हमने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया। जहां हम लोगों की सेवा करने में विश्वास करते हैं, वहीं कुछ दल राजनीति करने में विश्वास करते हैं। हम एक बार फिर लोकसभा चुनाव में 300 से अधिक सीट हासिल कर सत्ता में आएंगे।" केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सोमवार को हैदराबाद में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर नीति और योजना गरीबों और उनके उत्थान पर केंद्रित रही है, जबकि पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर था। भाजपा द्वारा आयोजित एक सत्र में प्रधानमंत्री मोदी की पिछले नौ वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मेघवाल ने दावा किया कि मोदी शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के मिशन के साथ पारदर्शी तरीके से शासन प्रदान कर रहे हैं, जो भ्रष्टाचार से मुक्त है। उन्होंने कहा कि मोदी ने कोविड महामारी के दौरान कई देशों को टीकों और दवाओं की आपूर्ति का जिम्मा उठाकर नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जो मूल्यवृद्धि को नियंत्रित करने में सक्षम रहा, जिसे रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद वैश्विक स्तर पर महसूस किया गया।'' मंत्री ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3.5 करोड़ से अधिक घरों का निर्माण किया गया, जो उनके हिसाब से पहले की इंदिरा आवास योजना से बेहतर है।'' उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने देशभर में 11 करोड़ से अधिक लोगों के लिए शौचालय बनाए और इस तरह से इसने 10 करोड़ शौचालयों के लक्ष्य को पार कर लिया है। मेघवाल ने कहा कि 2014 से पहले उपलब्ध एमबीबीएस, आईआईटी और आईआईएम सीट की संख्या पिछले नौ वर्षों के दौरान बढ़ी है। कानून मंत्री ने यह भी बताया कि जिस देश में 2014 तक सिर्फ 74 हवाईअड्डे थे, वहीं सिर्फ नौ साल में यह संख्या दोगुनी हो गई है। वहीं, पणजी में केंद्रीय मंत्री भागवत कराड ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की राह पर है और पूरा देश उनके पीछे खड़ा है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के शासन के दौरान दुनिया ने भारत की क्षमताओं में विश्वास करना शुरू कर दिया है और विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना महामारी का मुकाबला करने के लिए टीकों की कुल 220 करोड़ खुराक मुफ्त में लगायी गई। इसे विदेश से खरीदने के लिए हमें प्रति खुराक 3,000 रुपये खर्च करने होते। भारत ने चरणबद्ध तरीके से दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया।'' उन्होंने कहा कि जब विपक्षी दल टीके की आलोचना कर रहे थे, तब बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान के कारण देश कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी और तीसरी लहर को नियंत्रित करने में कामयाब रहा। वहीं, शिमला में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में न केवल सुशासन और गरीबों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि भी मजबूत की। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा उपचार के लिए आयुष्मान भारत योजना, सभी को मुफ्त कोविड टीकाकरण और 50 अन्य देशों को टीकों का निर्यात, उज्ज्वला योजना के तहत 9.6 करोड़ मुफ्त एलपीजी कनेक्शन, चार लेन वाली सड़क परियोजनाएं और प्रमुख प्रगति स्टार्टअप मोदी सरकार की अन्य पहलें हैं। जल शक्ति और खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही पिछले नौ वर्षों में 50,000 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्ग, 390 विश्वविद्यालय, 700 मेडिकल कॉलेज, 15 एम्स और जम्मू कश्मीर में सबसे ऊंचे रेलवे पुल का निर्माण किया गया है। वहीं, चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नरेन्द्र मोदी को एक "प्रेरक नेता" बताया और कहा कि उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले नौ वर्षों के दौरान देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर यहां एक 'संवाद' कार्यक्रम में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री देश को सबसे पहले रखते हैं और उनके लिए अपने नागरिकों का कल्याण सबसे ऊपर है।'' उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तहत भारत की वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज द्वारा मोदी को 'बॉस' कहे जाने के संदर्भ में कहा, ‘‘बड़े देशों के नेताओं ने अब मोदी को 'बॉस' कहना शुरू कर दिया है।'' उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें फोन करके हरियाणा में असंतुलित लिंगानुपात पर चिंता जतायी थी और कहा था कि इस बारे में कुछ करने की जरूरत है। खट्टर ने कहा कि बाद में, जनवरी 2015 में पानीपत से 'बेटी बचाओ बेटी पढाओ' अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि अभियान को जबरदस्त सफलता मिली है। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओ पी धनखड़ ने कहा कि इन नौ वर्षों में सभी ने देखा है कि कैसे भारत विश्व मंच पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। भाजपा नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए अपनी बातचीत में पावर-पॉइंट प्रस्तुतियां भी दीं। मीडिया को संबोधित करने वाले पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं में मुंबई में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और पटना में जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल थे। केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, भूपेंद्र यादव और जी किशन रेड्डी ने क्रमशः जयपुर, रोहतक, भोपाल और भुवनेश्वर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। भाजपा ने 30 मई से एक महीने के व्यापक जनसंपर्क अभियान की योजना बनाई है। मोदी सरकार ने 2019 में दूसरे कार्यकाल के लिए 30 मई को ही शपथ ली थी। मोदी राजस्थान के अजमेर में एक रैली को संबोधित करने वाले हैं। राजस्थान कांग्रेस शासित राज्य है, जहां विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होना है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि कश्मीर में रविवार को ज्येष्ठ अष्टमी पर खीर भवानी मेले में 25,000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए और उन्होंने इसके सफल आयोजन के लिए सुरक्षाबलों के साथ ही जम्मू कश्मीर प्रशासन की प्रशंसा की। खीर भवानी मेला ज्येष्ठ अष्टमी के मौके पर 26 मई को शुरू हुआ और 28 मई को संपन्न हुआ, जिसमें जम्मू से 107 बसों में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। शाह ने श्रद्धालुओं की तस्वीरों के साथ ट्वीट किया, ‘‘कश्मीर में ज्येष्ठ अष्टमी को लगा खीर भवानी मेला कश्मीरी पंडित बहनों और भाइयों के आध्यात्मिक जगत में पवित्र स्थान रखता है। मेले में 25,000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, जम्मू कश्मीर पुलिस और स्थानीय प्रशासन को खीर भवानी मेला सफलतापूर्वक संपन्न होने पर बधाई देता हूं। मां खीर भवानी की कृपा हम पर सदैव बनी रहे।'' एक आधिकारिक बयान के अनुसार, हर साल ज्येष्ठ अष्टमी के मौके पर कश्मीरी पंडित माता रागन्या देवी मंदिर में दर्शन करने जाते हैं, जिसे खीर भवानी मंदिर के नाम से भी जाना जाता है।
-
गुवाहाटी. गुवाहाटी में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में असम इंजीनियरिंग कॉलेज के सात छात्रों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि तृतीय वर्ष के 10 छात्र आज तड़के एक कार में कॉलेज परिसर से निकले और उनका तेज रफ्तार वाहन जलुकबारी इलाके में पहले सड़क पर डिवाइडर से और फिर एक पिकअप वैन से टकरा गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सात छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य छात्रों को गंभीर हालत में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'' मृतकों की पहचान अरिंदम भल्लाल, राजकिरण भुइयां, नियार डेका, कौशिक डेका, एमोन गायन, उपांग्शु सरमा और कौशिक मोहन के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक सहित वैन में सवार तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य विधानसभा में जलुकबारी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। हिमंत विश्व शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘ जलुकबारी में सड़क दुर्घटना में नौजवानों की मौत से बेहद दुखी हूं। उनके माता-पिता और परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।'' मुख्यमंत्री ने कॉलेज के छात्रावासों में रहने वाले छात्रों के अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के साथ लगातार संपर्क में रहें और संस्थान के अधिकारियों से अपील की कि छात्रावास अधीक्षकों की निगरानी में और सख्ती होनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि उन्होंने उस अस्पताल के अधिकारियों से बात की है जहां घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है, जिनकी स्थिति अब स्थिर और खतरे से बाहर है। असम के पुलिस महानिदेशक जी पी सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला प्रतीत होता है, लेकिन जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, मैं निश्चित तौर पर कुछ नहीं कह सकता। '' उन्होंने कहा कि दुर्घटना की पुलिस और परिवहन विभाग दोनों द्वारा जांच की जाएगी।
-
भोपाल. भोपाल जिला प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने पर छह दशक पहले मुंबई के एक व्यक्ति को लीज पर दी गई लगभग 350 करोड़ रुपये कीमत की 20 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा वापस ले लिया है। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी। उन्होंने कहा कि यह जमीन भोपाल शहर में सेवनिया गौड़ क्षेत्र में अपर झील (भोजताल) के पास स्थित है।
भोपाल के जिलाधिकारी आशीष सिंह ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा, ‘‘पूर्व में ही इस 20 एकड़ जमीन की लीज खत्म कर निरस्त कर दी गई थी। शनिवार को कब्जेधारी से इस जमीन को शासन के कब्जे में ले लिया गया है।'' वहीं, तहसीलदार अवनीश मिश्र ने बताया कि ग्राम सेवनिया गोंड में खसरा नंबर 104, रकबा 20 एकड़ भूमि बंबई (अब के मुंबई) के गोकुलदास को लीज पर दी गई थी। इस भूमि की लीज 1963 में दी गई थी, जिसकी लीज को 2005 में विस्तार दिया गया था, लेकिन भूमि के निरीक्षण में पाया गया कि इसकी लीज शर्तों का उल्लंघन किया गया है और जिस प्रयोजन के लिए यह जमीन दी गई थी उसका पालन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि भोपाल जिलाधिकारी द्वारा एक जून 2020 को लीज निरस्त कर दी गई थी। अपील में संभागायुक्त भोपाल ने भी हर्ष गोकुलदास की अपील निरस्त कर दी थी। अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार ने मध्य प्रदेश शासन का नाम पुनः खसरे में दर्ज कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस भूमि की कीमत बाजार मूल्य के अनुसार 4,000 रुपये प्रति वर्गफुट के हिसाब से लगभग 350 करोड़ रुपये है और जमीन पर जिला प्रशासन ने फिर से कब्जा ले लिया है।'
- -
नयी दिल्ली. आयकर विभाग ने ‘जांच' के दायरे में लिए जाने वाले मामलों के बारे में दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत ऐसे आयकरदाता जिन्होंने विभाग द्वारा भेजे गए नोटिस का जवाब नहीं दिया है, उनके मामलों की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। विभाग उन मामलों की जांच भी करेगा जहां किसी कानून प्रवर्तन एजेंसी या नियामकीय प्राधिकरण द्वारा कर अपवंचना से संबंधित विशिष्ट जानकारी उपलब्ध कराई गई है। दिशानिर्देशों के अनुसार, कर अधिकारियों को आय में विसंगतियों के बारे में आयकरदाताओं को 30 जून तक आयकर अधिनियम की धारा 143(2) के तहत नोटिस भेजना होगा। इसके बाद आयकरदाता को इस बारे में संबंधित दस्तावेज पेश करने होंगे।
इसने कहा कि जहां अधिनियम की धारा 142(1) के तहत नोटिस के जवाब में कोई रिटर्न नहीं दिया गया है, ऐसे मामले को नेशनल फेसलेस असेसमेंट सेंटर (एनएएफएसी) को भेजा जाएगा, जो आगे की कार्रवाई करेगा। धारा 142(1) कर अधिकारियों को रिटर्न दाखिल किए जाने की स्थिति में एक नोटिस जारी कर और स्पष्टीकरण या जानकारी मांगने का अधिकार देती है। जिन मामलों में रिटर्न दाखिल नहीं किया गया है, तो उन्हें निर्धारित तरीके से आवश्यक जानकारी पेश करने को कहा जाता है। आयकर विभाग ऐसे मामलों की एकीकृत सूची जारी करेगा जिनमें सक्षम प्राधिकरण द्वारा छूट को रद्द या वापस किए जाने के बावजूद आयकरदाता आयकर रियायत या कटौती की मांग करता है। दिशानिर्देशों में कहा गया है कि अधिनियम की धारा 143(2) के तहत आयकरदाताओं को एनएएफएसी के माध्यम से नोटिस दिया जाएगा।
- -
नागपुर. नागपुर अपराध शाखा के ‘जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ' ने एक चिकित्सक से 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक ‘वेबसाइट डेवलपर' है और दूसरा बैंक रिकवरी एजेंट है।
उन्होंने बताया, आरोपियों ने एक युवक से एक मोबाइल खरीदा और चिकित्सक को रंगदारी के लिए निशाना बनाने के लिए एक सिम कार्ड डाला। उन्होंने 15 मई को पीड़ित को फोन कर 40 लाख रुपये मांगे। चिकित्सक ने पुलिस से संपर्क किया, जिसने उसे सुरक्षा दी।” उन्होंने बताया कि दोनों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था।
- -
फिरोजाबाद (उप्र) . फिरोजाबाद जिले में जायदाद को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने रविवार को अपने माता-पिता की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। प्रभारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एका थाना क्षेत्र के नगला रनिंया निवासी 55 वर्षीय राकेश यादव का अपने बड़े बेटे आरोपी बीटू से खेत की जमीन को लेकर विवाद था। उन्होंने बताया कि रविवार को वह अपनी पत्नी गुड्डी देवी (53) के साथ दोपहर में खेत गए थे, इसी दौरान उनका आरोपी बीटू से एक बार फिर झगड़ा हो गया। उन्होंने बताया कि झगड़े के बाद राकेश अपनी पत्नी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर जैसे ही जाने लगे, तभी पीछे से उनके बेटे आरोपी बीटू ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मिश्रा ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी बीटू मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे हैं।
-
मन्दसौर . मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार बस के पलट जाने से तीन महिला यात्रियों की मौत हो गई जबकि 20 से अधिक अन्य यात्री घायल हो गए। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सतनाम सिंह ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर महू-नीमच मार्ग पर दलौदा के पास भाऊगढ़ फंटे पर दोपहर में हुई। उन्होंने कहा कि इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई है, जिनकी पहचान गंगा बाई (74), नंद कुँवर राजपूत (60) एवं गीता बाई (62) के रूप में की गई है। उनके अनुसार गीता मध्य प्रदेश के देवास की रहने वाली थी, जबकि बाकी दोनों मृतक मन्दसौर के निवासी थीं। सिंह ने बताया कि इस हादसे में 20 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त बस में 40 से 45 यात्री थे। दुर्घटना में घायल उज्जैन की आयुषी त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के वक्त बस तेज गति से चल रही थी और डिवाइडर पर चढ़ कर पलट गई। मंदसौर के भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रूपये, गंभीर घायलों को 50-50 हजार रूपये और साधारण घायलों को 25-25 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा की है।
- -
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में अपनी दृष्टिबाधित मां को कथित तौर पर पीटने के लिए एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। कुलगांव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को वांगनी इलाके में हुई।
अधिकारी ने बताया कि महिला (46) ठाणे नगर निगम में काम करती है। उनके पति का देहांत हो चुका है।
अधिकारी ने बताया कि महिला का बेटा बेरोजगार है। कुछ समय पहले पड़ोस की एक महिला को लेकर वह कहीं चला गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारी ने बताया कि मां ने ही उसकी जमानत कराई थी। वह बेरोजगार था, इसलिए मां-बेटे के बीच अकसर झगड़ा होता रहता था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने अपनी मां के कथित तौर पर बाल पकड़कर उनको खींचा और उनका सिर दीवार पर दे मारा। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और दिव्यांग व्यक्ति के अधिकार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई। -
नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश के करीब 900 कारीगरों द्वारा ‘‘10 लाख घंटे तक'' बुनाई करके बनाए गए कालीन नए संसद भवन में लोकसभा और राज्यसभा के फर्श की शोभा बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नए संसद भवन का उद्घाटन किया। लोकसभा और राज्यसभा के कालीनों में क्रमशः राष्ट्रीय पक्षी मोर और राष्ट्रीय पुष्प कमल के उत्कृष्ट रूपों को दर्शाया गया है। ये कालीन तैयार करने वाली 100 साल से अधिक पुरानी भारतीय कंपनी ‘ओबीटी कार्पेट' ने कहा कि बुनकरों ने लोकसभा तथा राज्यसभा के लिए 150 से अधिक कालीन तैयार किए और ‘‘फिर उनकी 35,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैले दोनों सदनों की वास्तुकला के अनुरूप अर्ध-वृत्त के आकार में सिलाई की गई।'' ‘ओबीटी कार्पेट' के अध्यक्ष रुद्र चटर्जी ने कहा, ‘‘ बुनकरों को 17,500 वर्ग फुट में फैले सदन कक्षों के लिए कालीन तैयार करने थे। डिजाइन टीम के लिए यह एक बेहद चुनौतीपूर्ण था क्योंकि उन्हें कालीन को अलग-अलग टुकड़ों में सावधानी से तैयार करना था और उन्हें यह सुनिश्चित करते हुए एक साथ जोड़ना था कि बुनकरों की रचनात्मक महारत कालीन को जोड़ने के बाद भी कायम रहे और यह कालीन अधिक लोगों की आवाजाही के बावजूद खराब न हो।'' राज्यसभा में उपयोग किए गए रंग मुख्य रूप से कोकम लाल रंग से प्रेरित हैं और लोकसभा में हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है जो भारतीय मोर के पंखों से प्रेरित है। कारीगरी के समक्ष पेश पेचीदगियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कालीन बनाने के लिए प्रति वर्ग इंच पर 120 गांठों को बुना गया, यानी कुल 60 करोड़ से अधिक गांठें बुनी गईं। उत्तर प्रदेश के भदोही और मिर्जापुर जिलों के रहने वाले बुनकरों ने नए संसद भवन के ऊपरी और निचले सदनों के कालीन तैयार करने के लिए ‘‘10 लाख'' घंटे तक मेहनत की। चटर्जी ने कहा, ‘‘ हमने वैश्विक महामारी के बीच 2020 में यह काम शुरू किया था। सितंबर 2021 तक शुरू हुई बुनाई की प्रक्रिया मई 2022 तक समाप्त हो गई थी, और नवंबर 2022 में इसे बिछाए जाने का काम शुरू हुआ। इस काम को पूरा करने में सात महीने का समय लगा।''
-
मुजफ्फरनगर (उप्र). बिजनौर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर एक एम्बुलेंस के ट्रक से टकराने से एक मरीज समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। थाना प्रभारी सुनील कसाना ने ‘ बताया कि यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब मरीज ऋषिपाल को एम्बुलेंस में बिजनौर के हल्दोर से मुजफ्फरनगर के अस्पताल ले जाया जा रहा था। हादसे में ऋषिपाल (30), उनकी पत्नी बेबी (28) और एम्बुलेंस चालक सुभाष (26) की मौत हो गई। चार अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में जांच जारी है।
-
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने आज सुबह 10 बजकर 42 मिनट पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से जीएसएलवी-एफ-12 के जरिए देश की दूसरी पीढ़ी के पहले नेविगेशन उपग्रह एनवीएस-01 का सफल प्रक्षेपण किया। जीएसएलवी-एफ-12 ने नेविगेशन उपग्रह एनवीएस-01 को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित कर दिया है। दो हजार 232 किलोग्राम वजन वाला यह उपग्रह भारतीय नक्षत्र श्रृंखला के साथ नेविगेशन के लिए परिकल्पित दूसरी पीढ़ी के उपग्रहों में से पहला है।
- नई दिल्ली ।कम्बोडिया के नरेश नोरोडोम सिहामोनी भारत की तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच गये हैं। विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने कम्बोडिया नरेश की अगवानी की। कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठकें होंगी। कल सुबह उनका राष्ट्रपति भवन में रस्मी स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी कम्बोडिया नरेश से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गणमान्य अतिथियों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन करेंगी। ये यात्रा भारत और कम्बोडिया के बीच राजनयिक संबंधों की 70 वर्ष पूरे होने के उपल्क्ष्य में हो रही है। कम्बोडिया नरेश की यह भारत यात्रा छह दशक बाद हो रही है। भारत और कम्बोडिया के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध और लोगों के बीच गहरे संबंधों की विशेषता वाले मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शाम को नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि उनकी आज बीजेपी के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों के साथ रचनात्मक बैठक हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में उन्होंने विकास में तेजी लाने और नागरिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नए संसद भवन का उद्घाटन किए जाने का स्वागत किया और कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व तथा अपार हर्ष की बात है। राष्ट्रपति ने उद्घाटन के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि नये संसद भवन का उद्घाटन देश के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “नए संसद भवन का उद्घाटन भारत के सभी लोगों के लिए गर्व और खुशी की बात है।” राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने राष्ट्रपति का संदेश पढ़कर सुनाया। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मुझे इस बात का गहरा संतोष है कि नई संसद का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया गया है, जो संसद में विश्वास का प्रतीक है।'' राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद को देश के लिए एक मार्गदर्शक प्रकाश करार देते हुए कहा कि नया संसद भवन ‘‘हमारी लोकतांत्रिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।” मुर्मू ने कहा, “नए संसद भवन के उद्घाटन का अवसर भारत के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नये संसद भवन का उद्घाटन किया। मुर्मू ने कहा कि नये संसद भवन का उद्घाटन देशवासियों के दिलों में एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करेगा। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान आयोजित यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम हमारी लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण और विस्तार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का जीता-जागता प्रमाण है।'' उन्होंने कहा कि यह उत्तर से दक्षिण तक और पूर्व से पश्चिम तक देश के सभी लोगों के लिए गर्व और बहुत आनंद का क्षण है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सामूहिक चेतना में संसद का विशेष स्थान है। संसद हमारी समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं का भी प्रकाशस्तंभ है।'' मुर्मू ने कहा, ‘‘लोकतांत्रिक विमर्श के प्रति सम्मान हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परम्पराओं का मूल सार है, जिसके आधार पर सदियों से चली आ रही स्वस्थ बहस, सार्थक संवाद और विचारों के आदान-प्रदान की व्यवस्था फली-फूली है।'' राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हमारे देश ने लगातार जनभागीदारी विकसित की है और अपनी स्वाभाविक लोकतांत्रिक जन भावनाओं के बल पर समाज के गरीब से गरीब व्यक्ति को सशक्त बनाया है।'' मुर्मू ने नये संसद भवन के निर्माण में शामिल सभी लोगों के काम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास और योगदान देश के लोगों के दिलो-दिमाग में भी अंकित रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी शुभकामना है कि नया संसद भवन भारत के लोकतंत्र की समृद्ध परंपराओं और आदर्शों के नये मानदंड स्थापित करे।

.jpg)
.jpg)




.jpg)



















.jpg)