- Home
- देश
-
कोलकाता. साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित और विख्यात बांग्ला साहित्यकार समरेश मजूमदार का सोमवार शाम कोलकाता के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 1970 के दशक के अशांत नक्सलवादी काल को चित्रित करने के लिए जाने जाते हैं। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि 79 वर्षीय मजूमदार ‘क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज' (सीओपीडी) से पीड़ित थे। अधिकारी ने कहा, “ मजूमदार 12 साल से अधिक समय से सीओपीडी से पीड़ित रहे। हम पिछले एक माह से उनका उपचार कर रहे थे। हाल में उनकी तबीयत बिगड़ी थी और वह वेंटीलेटर पर थे। शाम करीब पौने छह बजे उनका निधन हो गया।” उनके राजनीतिक उपन्यास ‘उत्तराधिकार', ‘कालबेला' और ‘कालपुरुष' काफी चर्चित हुए। मजूमदार ने लघु कथाएं और यात्रा वृत्तांत भी लिखे हैं। उन्हें ‘कालबेला' के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था। यह उपन्यास नक्सली आंदोलन की पृष्ठभूमि में लिखा गया है। मजूमदार का जासूसी किरदार ‘अर्जुन' काफी मशहूर हुआ था। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मजूमदार के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि यह साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
-
नयी दिल्ली. भारतीय वायुसेना के बेड़े में परिवहन विमान के तौर पर शामिल होने जा रहे एयरबस सी295 श्रेणी के पहले विमान की स्पेन के शहर सेविले में पहली उड़ान सफल रही है। एयरबस ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि भारत के साथ समझौते के तहत तैयार पहले सी295 विमान ने सेविले में पांच मई को दिन में 11 बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरी थी और करीब तीन घंटे की उड़ान के बाद यह दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर सफलतापूर्वक उतर गया। भारत ने सितंबर, 2021 में एयरबस के साथ परिवहन विमान के रूप में इस्तेमाल करने के लिए सी295 विमानों की खरीद का 21,000 करोड़ रुपये का करार किया था। इस सौदे के तहत कुल 56 विमानों की आपूर्ति एयरबस भारत को करेगी, जिनमें से 16 विमान पूरी तरह तैयार अवस्था में 2025 तक सौंपे जाएंगे। बाकी 40 विमानों का भारत में ही विनिर्माण एवं असेंबलिंग टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स (टीएएसएल) करेगी। एयरबस की तरफ से पहला सी295 विमान भारत को इस साल की दूसरी छमाही में सौंपा जाएगा। इस लिहाज से पहले विमान की पहली उड़ान की सफलता को काफी अहम माना जा रहा है। एयरबस डिफेंस एंड स्पेस में सैन्य वायु प्रणाली के प्रमुख ज्यां ब्राइस डूमां ने कहा, ‘‘यह पहली उड़ान वैमानिकी क्षेत्र में पहले ‘मेक इन इंडिया' कार्यक्रम के लिए अहम उपलब्धि है। भारतीय वायुसेना पूरी दुनिया में सी295 विमानों की सबसे बड़ी परिचालक होने वाली है और यह कार्यक्रम भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता में सुधार की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।'' इस समझौते के तहत गुजरात के वड़ोदरा में सी295 विमानों का विनिर्माण संयंत्र को स्थापित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत वर्ष अक्टूबर में इसकी आधारशिला रखी थी। एयरबस के सी295 को सैन्य उद्देश्यों के लिए परिवहन का एक उन्नत विमान माना जाता है। यह एक बार में 71 सैनिकों या 50 पैराट्रूपर को लेकर जा सकता है। इसके अलावा आपदा की स्थिति एवं समुद्री गश्ती के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
-
मलप्पुरम। केरल सरकार ने मलप्पुरम जिले के तनूर के पास कल हुई नौका दुर्घटना की व्यापक न्यायिक जांच का आदेश दिया है, जिसमें कई महिलाओं और बच्चों सहित 22 लोगों की जान चली गई थी। तनूर में अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उन सभी का खर्च वहन करेगी जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की एक विशेष जांच टीम भी इस त्रासदी की जांच करेगी। श्री विजयन बाद में कोट्टाकल के एक निजी अस्पताल गए जहां कुछ घायलों का इलाज चल रहा है। इसके साथ ही विभिन्न अस्पतालों में भर्ती आठ अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है।
-
मलप्पुरम (केरल)। केरल में मलप्पुरम जिले के तानुर इलाके में थूवलथीरम समुद्र तट के निकट रविवार शाम एक ‘हाउसबोट' पलटने से महिलाओं और बच्चों समेत 22 लोगों की मौत हो गयी। हाउसबोट में 30 से अधिक लोग सवार थे। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायक पीके कुन्हालीकुट्टी ने बताया कि 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि बचाव अभियान अभी जारी है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। पूर्व मंत्री कुन्हालीकुट्टी ने कहा, यह बहुद ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
तानुर के निकट एक सरकारी अस्पताल से पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नौका के डूबने के पीछे उस पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की वजह मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि नौका शाम छह बजे के बाद सवारी लेकर नहीं जाती है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस मामले में नियम का उल्लंघन किया गया। केरल के खेल मंत्री वी अब्दुर्रमान, पर्यटन मंत्री पी ए मोहम्मद रियास के साथ बचाव अभियान पर नजर रख रहे हैं। अब्दुर्रहमान ने भी विभिन्न अस्पतालों से मिली सूचना के आधार पर हादसे में 22 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने एक बयान जारी कर हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया और मलप्पुरम के जिलाधिकारी को एक समन्वित आपात बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा एक ट्वीट में मोदी के हवाले से कहा गया है, केरल के मलप्पुरम में नौका दुर्घटना में लोगों के जान गंवाने से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं हैं। प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। -
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी में उठा चक्रवात आज एक दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा और फिर इसके चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होने की संभावना है। एक बयान में बताया गया है कि चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और इसके आसपास के दक्षिण अंडमान सागर पर केन्द्रित है।
मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात के प्रभाव से अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है, साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज से बहुत तेज वर्षा होने की संभावना है।आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। मौसम की स्थिति को देखते हुए तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्थानीय आपदा बचाव दल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। खराब मौसम के कारण मछुआरों को 11 मई तक समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास आज से 12 मई के बीच पर्यटन तथा अपतटीय गतिविधियों को नियंत्रित करने की सलाह जारी की गई है। -
नई दिल्ली। मणिपुर में, सामान्य स्थिति धीरे-धीरे बहाल हो रही है क्योंकि राज्य में पिछले चौबीस घंटों में कोई हिंसा नहीं हुई है। राज्य सरकार ने अधिकांश जिलों में कुछ घंटों के लिए जनता कर्फ्यू में ढील देने का भी निर्णय लिया है। इंफाल पश्चिम और पूर्वी जिले में आज सुबह पांच बजे से आठ बजे तक तीन घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई है। कुछ जिलों में शाम को कर्फ्यू में ढील दी जाएगी।
बाजार में आवश्यक खाद्य सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग आज सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लाइन में लग गए। इस बीच सेना और अर्धसैनिक बलों ने फ्लैग मार्च जारी रखा है और बचाव एवं निकासी का काम जारी है।मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह पिछले कई दिनों से इंफाल में हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। विभिन्न समुदायों के नेता और नागरिक संगठन तनाव को शांत करने के लिए आगे आए है और जनता से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। - मलप्पुरम । केरल के मलप्पुरम ज़िले के तनूर क्षेत्र में रविवार शाम लगभग 35 पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के ओट्टुब्रम थूवल थीरम में डूबने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 15 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल हैं। जबकि 11 लोगों को मलप्पुरम जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिसमें चार की हालत गंभीर है। हादसे के शिकार कई लोगों को क्षेत्र के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। नाव मुहाना के पास शाम 7 बजे के आसपास पलट गई, जहां पूरपुझा नदी अरब सागर में मिलती है। दो डेक वाली नाव में तय सीमा से अधिक यात्री सवार थे।मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने नौका दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। श्री विजयन आज मलप्पुरम जाने वाले हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केरल के मलप्पुरम में नौका दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया है। श्री मोदी ने एक ट्वीट में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
-
गोपेश्वर (उत्तराखंड) . जम्मू कश्मीर के राजौरी सेक्टर में 'आपरेशन त्रिनेत्र' के दौरान मारे गए लांस नायक रूचिन रावत का रविवार को पूरे सैनिक सम्मान के साथ चमोली जिले के गैरसैंण क्षेत्र के कुनीगाड़ गांव में उनके पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने घाट पर पहुंचकर दिवंगत सैनिक की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। दिवंगत रावत 18 वर्ष की आयु में सेना में भर्ती हुए थे जहां राजौरी सेक्टर में आतंकवादियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे आपरेशन त्रिनेत्र के दौरान पांच मई को आइईडी धमाके में शहीद हो गए थे । दिवंगत सैनिक के परिवार में माता—पिता के अलावा पत्नी कल्पना देवी व चार वर्षीय पुत्र हर्षित है। शनिवार को देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अडडे पहुंचकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी और कहा था कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़ी है । -
चंडीगढ़. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपनी तरह के प्रथम भारतीय वायुसेना विरासत केंद्र का सोमवार को यहां उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस केंद्र की स्थापना केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ और वायुसेना के बीच एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर के तहत की गई है। पिछले महीने, वायुसेना प्रमुख वी आर चौधरी ने भारतीय वायुसेना विरासत केंद्र की समीक्षा करने के लिए इसका दौरा किया था। यह विरासत केंद्र 17,000 वर्ग फुट से अधिक विस्तृत क्षेत्र में फैला हुआ है और 1965,1971 के युद्धों और कारगिल युद्ध तथा बालाकोट हवाई हमले सहित विभिन्न युद्धों में निभाई गई इसकी भूमिका को भित्तिचित्रों और स्मृति चिह्नों के जरिये बयां करता है। विरासत केंद्र के आकर्षणों में पांच पुराने विमान और एसएएम-3 पेचोरा मिसाइल शामिल हैं। केंद्र में एक हिंदुस्तान पिस्टन ट्रेनर 32 प्राथमिक उड़ान प्रशिक्षक विमान को प्रदर्शित किया गया है। यह वायुसेना में 1977 से 2009 के बीच सेवा में था। एक सीट वाले एक मिग21 विमान को भी विरासत केंद्र में प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा, एयरफोर्स कानुपर-1 को भी प्रदर्शनी में रखा गया है। केंद्र में एक विशेष खंड, राष्ट्र की सेवा में वायुसेना की महिला अधिकारियों के योगदान को लेकर उन्हें भी समर्पित है। विरासत केंद्र में जिन महिला अधिकारियों को चित्रित किया गया है उनमें स्कवाड्रन लीडर निवेदिता चौधरी (सेवानिवृत्त) और एयर मार्शल पद्मा बंदोपाध्याय (सेवानिवृत्त) शामिल हैं। चौधरी विश्व की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली भारतीय वायुसेना की पहली महिला अधिकारी हैं, जबकि एयर मार्शल के रूप में पदोन्नत की गई बंदोपाध्याय पहली महिला अधिकारी हैं। साथ ही, एक ‘दृश्य-श्रव्य' दीर्घा में वायुसेना के अब तक के सफर को प्रदर्शित किया जाएगा। -
बहराइच (उत्तर प्रदेश). जिले के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में रविवार को बस और बाइक की टक्कर में दुपहिया सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि रिसिया थाना क्षेत्र के ग्राम नानक पुरा निवासी जवाहिर (38) रविवार को अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने चाचा ननके (48) को बाइक से लेकर चरदहा गांव जा रहा था। उन्होंने बताया कि दरगाह थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव के पास बाइक सवार चाचा-भतीजे को एक निजी बस ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बस को दुर्घटनास्थल पर छोड़कर चालक फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात बस चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया है। -
मुरादाबाद (उप्र). मुरादाबाद जिले के भगतपुर थाना अंतर्गत दलपतपुर रोड पर खैरखाता गांव के पास रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से चार महिलाओं और एक किशोरी समेत आठ लोगों की मौत हो गयी और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। रविवार की शाम पुलिस ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हेमराज मीणा ने बताया कि एक वाहन (पिकअप) से लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और करीब 15 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान कुमारी रजिया (14), कुमारी हनीफा (42), मुनिजा (18), हुकुमत (60), मुसरफा (25), आसिफ (40), मोहम्मद आलम (36) और जुबैर (45) के रूप में हुई है। सभी मृतक जिले के भोजपुर और कटघर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है जहां से गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को निजी अस्पताल रेफर किया गया है। उसने बताया कि पिकअप वाहन में महिला और पुरुष समेत कुल 26 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार जिला प्रशासन घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कर रहा है। -
नयी दिल्ली. कर्नाटक में 10 मई को मतदान के पहले निर्वाचन आयोग ने रविवार को कहा कि कोई भी पार्टी या उम्मीदवार चुनाव के दिन और एक दिन पहले मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति (एमसीएमसी) से मंजूरी के बिना प्रिंट मीडिया में कोई विज्ञापन प्रकाशित नहीं कराएगा। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार सोमवार को थमने वाला है। राजनीतिक दलों को जारी परामर्श में निर्वाचन आयोग ने शिष्ट तरीके से प्रचार अभियान पर भी जोर दिया। संपादकों को एक अलग पत्र में निर्वाचन आयोग ने उन्हें यह स्पष्ट कर दिया कि भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) के पत्रकारिता आचरण के मानदंड उनके समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापनों सहित सभी मामलों के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराते हैं। आयोग ने कर्नाटक के समाचार पत्रों के संपादकों को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘अगर जिम्मेदारी से इनकार किया जाता है, तो इस बारे में पहले ही स्पष्ट रूप से कहा जाना चाहिये।'' राजनीतिक दलों को जारी परामर्श में कहा गया है कि मतदान के दिन और इससे एक दिन पहले प्रचार पर रोक के दौरान विज्ञापनों को एमसीएमसी से पूर्व-प्रमाणित कराना होगा। परामर्श में कहा गया है, ‘‘कोई भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार या कोई अन्य संगठन अथवा व्यक्ति मतदान के दिन और इससे एक दिन पहले प्रिंट मीडिया में कोई भी विज्ञापन तब तक प्रकाशित नहीं कराएगा, जब तक कि राजनीतिक विज्ञापन की सामग्री उनके द्वारा राज्य/जिले की एमसीएमसी से पूर्व-प्रमाणित न करा ली जाए।
- -
पटना. राजनीतिक रणनीतिकार से कार्यकर्ता बने प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान में बारह सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी शामिल हुए हैं। इन अधिकारियों ने बिहार में व्यवस्थागत परिवर्तन लाने के जन सुराज अभियान के उद्देश्य में विश्वास व्यक्त किया। इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार, पूर्व पुलिस अधिकारियों ने बिहार में राजनीति की स्थिति पर अपना दर्द व्यक्त किया और राजनीति में सेवा एवं सुराज के मूल्यों को बहाल करने के लिए काम करने के वास्ते जन सुराज की कवायद की प्रशंसा की। किशोर पिछले साल दो अक्टूबर से राज्य में 'जन सुराज पदयात्रा' पर हैं।
ऐसा माना जाता है कि उनका अभियान एक राजनीतिक दल का रूप लेगा लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। पूर्व पुलिस अधिकारी ऐसे समय जन सुराज अभियान में शामिल हुए हैं जब कुछ दिन पहले ही छह सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी इसमें शामिल हुए थे। उन्होंने किशोर की राज्य के लिए एक नया रास्ता बनाने और इसे एक नई दिशा देने की कोशिश करने के लिए प्रशंसा की। -
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नियंत्रण रेखा पर प्रादेशिक सेना की महिला अधिकारियों की तैनाती का अनुमोदन कर दिया है। इसका उद्देश्य महिला अधिकारियों के लिए रोजगार के अवसर बढाना और पेशेवर आकांक्षाओं को पूरा करना है। इसके बाद महिला अधिकारियों को भी सभी इकाईयों और नियुक्तियों में अपने पुरूष समकक्षों के समान ही प्रशिक्षण मिलेगा और वे उन्हीं के तरह समान परिस्थितियों में सेवाएं दे पाएंगी। प्रादेशिक सेना वर्ष 2019 से महिला अधिकारियों को इकॉलॉजिकल टास्क फोर्स यूनिट, टी ए ऑयल सेक्टर यूनिट और टी ए रेलवे इंजीनियर रेजीमेंट में कमीशन दे रही हैं। इस अवधि के दौरान मिले अनुभव के आधार पर टी ए में भी महिला अधिकारियों को नियुक्ति देने का फैसला लिया गया है। प्रादेशिक सेना की अवधारणा नागरिक सेना पर आधारित है और इसके अधिकारी वार्षिक रूप से आधारभूत सैन्य प्रशिक्षण के लिए जाते हैं जबकि बाकी समय में वे नागरिक सेवा में रहते हैं।
- जयपुर। राजस्थान में बेमौसम बारिश के चलते गर्मी के मौसम में तापमान में आई गिरावट के कारण अधिकतर लोग जहां राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं एयर कंडीशनर (एसी) और कूलर बेचने वाले व्यापारी और मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कुम्हार अपने-अपने उत्पादों की बिक्री के परवान पर चढ़ने की राह का इंतजार कर रहे हैं। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में पिछले दो महीनों में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया है। राज्य में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तर-पश्चिम भारत में बेमौसम बारिश के कारण तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहा, लेकिन अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। बेमौसम सर्द हवाओं से कूलिंग उपकरणों की बिक्री पर असर पड़ा है।राजधानी जयपुर के बिजली उपकरणों के प्रमुख बाजार जयंती मार्केट के अध्यक्ष सचिन गुप्ता के अनुसार इस बार एयर कंडीशनर की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 40 फीसदी और कूलर की बिक्री में 60 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। गुप्ता जो एयर कंडीशनर के वितरक भी हैं, ने बताया, ‘‘फरवरी में मौसम की शुरुआत अच्छी थी, लेकिन होली के तुरंत बाद, जब मौसम बदलना शुरू हुआ तो बिक्री धीमी होने लगी। मार्च और अप्रैल के दौरान बिक्री कम रही, क्योंकि तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।'' उन्होंने कहा कि कंपनियां बिक्री को बढ़ावा देने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ‘कैशबैक ऑफर' सहित कई अन्य योजनाएं चला रही हैं। कूलर बेचने वाले आशुतोष जोशी ने कहा कि पिछले साल बाजार में कूलर की कमी थी और इस साल भी ऐसी ही स्थिति रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि इस सीजन में मार्च और अप्रैल माह हमारे लिए सुस्त रहा है। अब तापमान बढ़ना शुरू हो गया है और हमें बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है।'' तापमान में आई गिरावट के कारण कुम्हारों की कमाई पर भी असर पड़ा है।गजसिंहपुरा के कुम्हार मुकेश प्रजापत ने बताया कि वह आमतौर पर फरवरी से जून तक लगभग 1,500 मिट्टी के बर्तन बेचते हैं, लेकिन इस साल अब तक केवल 150 ही बेच पाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा बारिश होने से तापमान में गिरावट के कारण हुआ है। प्रजापत की दुकान पर आने वाली ग्राहक बागेश्वरी देवी ने कहा कि उन्हें अब तक मिट्टी का घड़ा खरीदने की जरूरत महसूस नहीं हुई। उन्होंने कहा, ‘‘मार्च और अप्रैल में मौसम ठंडा होने के कारण, मुझे मिट्टी का घड़ा खरीदने की जरूरत महसूस नहीं हुई। अब जब तापमान बढ़ने लगा है, तो मैं इसे खरीदने आई हूं।'' व्यापारी और कुम्हार जल्द बिक्री बढ़ने की उम्मीद कर सकते हैं क्योंकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम कार्यालय ने अगले तीन दिनों में शुष्क मौसम और दिन के तापमान में वृद्धि का अनुमान जताया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराजा चार्ल्स तृतीय तथा महारानी कैमिला को उनके राज्याभिषेक पर शनिवार को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महाराजा चार्ल्स तृतीय तथा महारानी कैमिला को उनके राज्याभिषेक पर हार्दिक बधाई। हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भारत-ब्रिटेन के संबंध और मजबूत होंगे।'' लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में शनिवार को एक भव्य समारोह को बहु-धार्मिक स्वरूप देते हुए पारंपरिक रस्म के साथ चार्ल्स तृतीय का ब्रिटेन के 40वें महाराजा के रूप में आधिकारिक राज्याभिषेक किया गया। उनकी मां, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की 70 वर्ष पहले की गई यादगार ताजपोशी की तरह ही यह समारोह भी आयोजित किया गया।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली के वन्य क्षेत्र में तुगलक काल का रहस्यमयी मालचा महल शनिवार को शहर के पर्यटन विभाग की ‘हॉन्टेड हेरीटेज वॉक' में शामिल होने वाला पहला गंतव्य स्थल बन गया है। शाम को पर्यटकों के एक समूह ने चाणक्यपुरी में महल तथा इसमें रहने वाली आखिरी व्यक्ति बेगम विलायत महल के बारे में कहानियां सुनी। यह महल सुल्तान फिरोजशाह तुगलक ने बनवाया था। शाम साढ़े पांच बजे से सात बजे तक आयोजित इस पदयात्रा में शामिल रही 27 वर्षीय कोमल सरस्वती ने कहा, ‘‘इस महल तथा अवध के शाही परिवार की सदस्य होने का दावा करने वाली बेगम विलायत महल की कहानी रोमांचक है।'' उन्होंने बताया कि बेगम विलायत महल की मालचा महल में मौत हो गयी थी और उनकी मौत से जुड़ी कहानियां इस स्मारक को रहस्यमयी बनाती हैं। कोमल ने कहा कि उन्हें बताया गया कि यह महल 1985 में सरकार ने विलायत को आवंटित किया था। ‘हॉन्टेड हेरीटेज वॉक', ‘हेरीटेज वॉक' का ही विस्तार है जो शाम साढ़े पांच बजे से शाम सात बजे तक हर सप्ताहांत विभिन्न ‘‘हॉटेड'' जगहों पर आयोजित की जाएगी। इसके तहत भूली भटियारी का महल, फिरोजशाह कोटला और तुगलकाबाद किला भी आएंगे। अधिकारियों ने बताया कि इसमें और स्थल भी जोड़े जाएंगे।
-
अहमदाबाद. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत स्वयंसेवकों के लिए ‘संघ शिक्षा वर्ग' प्रशिक्षण शिविर के लिए सोमवार से गुजरात के पांच दिवसीय दौरे पर आयेंगे। आरएसएस ने यह जानकारी दी। संघ ने शनिवार को एक बयान में बताया कि भागवत आठ से 12 मई के बीच वडोदरा की यात्रा पर आयेंगे।
इसमें बताया गया है कि वह पश्चिमी क्षेत्र के लिए संघ शिक्षा वर्ग प्रशिक्षण शिविर में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। पश्चिमी क्षेत्र में गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा आते हैं। बयान के अनुसार दक्षिण और उत्तर गुजरात के स्वयंसेवकों के साथ-साथ गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा के वरिष्ठ स्तर के स्वयंसेवकों की भागीदारी के साथ गुजरात में तीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जायेंगे। बयान में बताया गया है कि प्रथम वर्ष का शिविर सूरत जिले के कामरेज और गांधीनगर के चंद्राला में आयोजित किया जायेगा, जबकि दूसरे वर्ष का शिविर वडोदरा में आयोजित किया जाएगा जहां भागवत पांच दिनों तक मौजूद रहेंगे। -
सीतापुर . सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम को कथित इज्जत के लिए एक व्यक्ति द्वारा अपनी विवाहिता भतीजी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या (ऑनर किलिंग) किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के बाजनगर गांव में आरोपी श्यामू सिंह तोमर नामक व्यक्ति ने दूसरी जाति के व्यक्ति से शादी करने पर अपनी भतीजी की कथित तौर पर दिनदहाड़े धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी भतीजी की हत्या करने के बाद खुद थाने में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) एनपी सिंह ने बताया कि पुतान सिंह तोमर की 20 वर्षीय पुत्री अंशिका का गांव के ही रूप चंद्र मौर्य से प्रेम प्रसंग था। अंशिका के चाचा आरोपी श्यामू सिंह को जब इस बात का पता चला तो उसने अपनी भतीजी को गाजियाबाद भेज दिया जहां उसके पिता पुतान काम करते हैं। एएसपी ने बताया कि कुछ दिनों बाद रूपचंद भी गाजियाबाद पहुंचा जहां से दोनों भागकर पिछले वर्ष नवंबर माह में अदालत में शादी कर साथ रहने लगे।उन्होंने बताया कि रूपचंद, अंशिका को लेकर कुछ दिन पहले गांव वापस आया और अंकिता रूपचंद्र के घर में ही रहने लगी, जब आरोपी श्यामू सिंह को इस बात का पता चला तो वह आग बबूला हो गया। पुलिस के अनुसार आज शाम आरोपी श्यामू ने अंशिका को रूपचंद्र के घर से खींच लिया और धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। एएसपी ने कहा कि हत्या के बाद आरोपी श्यामू सिंह ने खुद को हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ पिसावा पुलिस थाना में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और यह बताया कि उसने अपनी भतीजी की हत्या कर दी है। एनपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-
भोपाल. मध्य प्रदेश में पुलिस बल की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रदेश में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों ने सड़कों पर मार्च किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुधीर कुमार सक्सेना और अन्य अधिकारियों ने राज्य की राजधानी भोपाल में दो घंटे से अधिक समय तक चले मार्च में हिस्सा लिया और लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में एक बैठक में कहा था कि पुलिस बल को गश्त बढ़ाने के अलावा सड़कों पर अपनी उपस्थिति बढ़ानी चाहिए। प्रवक्ता ने बताया कि डीजीपी सक्सेना ने भोपाल की सड़कों पर करीब दस किलोमीटर तक पैदल मार्च किया।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस आयुक्तों, उप महानिरीक्षकों और विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कनिष्ठ कर्मियों के साथ मार्च किया और लोगों से बातचीत की। -
कोच्चि. भारतीय नौसेना का सबसे पुराना ‘लैंडिंग पोत' आईएनएस मगर 36 साल तक देश की सेवा करने के बाद शनिवार को सेवामुक्त हो गया। कमांडर हेमंत वी सालुंखे की कमान में पोत को यहां नौसैन्य प्रतिष्ठान में सूर्यास्त के समय आयोजित समारोह में सेवामुक्त कर दिया गया। नौसेना ने कहा कि दक्षिणी नौसैन्य कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ- वाइस एडमिरल एमए हम्पीहोली समारोह के मुख्य अतिथि थे जिन्होंने 2005-06 की अवधि में पोत का संचालन कार्य देखा था।
-
नयी दिल्ली. दक्षिणपूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक ‘हुक्का बार' में शनिवार को एक लड़के की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गयी तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अपराह्न सवा तीन बजे कालकाजी पुलिस थाने में फोन आया।
उसने बताया कि पुलिस गोविंदपुरी एक्सटेंशन में घटनास्थल पर पहुंची जहां एक इमारत की पहली मंजिल पर गुपचुप तरीके से एक हुक्का बार चलाया जा रहा था। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) राजेश देव ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने फर्श पर खून देखा। देव ने बताया कि मृतक की पहचान कुणाल (17) के रूप में की गयी है और उसके सिर पर गोली लगने का घाव था तथा उसे एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो उसे पता चला कि कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि राहुल नाम के व्यक्ति को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसके पैर में घाव है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि हुक्का बार में जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था और इसमें शामिल हुए ज्यादातर लोग नाबालिग थे। पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग संदिग्ध की पहचान की गयी है। मामले की जांच की जा रही है। -
कोलकाता. कोविड महामारी की स्थिति में सुधार के बाद जनवरी 2022 से 100 बंगाली फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुई और उनमें से सात फिल्में हिट रहीं, जो ‘संतोषजनक' सफलता दर को दर्शाती है। फिल्म उद्योग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बंगाली फिल्म उद्योग के विभिन्न हितधारकों के संघ ‘ईस्टर्न इंडिया मोशन पिक्चर एसोसिएशन' (ईआईएमपीए) के एक अधिकारी ने बताया कि इन सात के अलावा चार-पांच अन्य फिल्मों ने भी अच्छा व्यवसाय किया। ईआईएमपीए के अधिकारी ने बताया, “बंगाली फिल्मों के सीमित दर्शकों को देखते हुए सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों की छह-सात प्रतिशत की सफलता दर संतोषजनक है। हमें मुख्य रूप से हिंदी फिल्मों के साथ प्रतिस्पर्धा करनी है और जिसके वितरण की एक बड़ी श्रृंखला है।” पिछले साल 2022 में विभिन्न विषय-वस्तु वाली पांच फिल्में हिट रहीं, जिसमें ‘अपराजितो' (अपराजित), ‘कर्णसुबरनेर गुप्तोधन' (कर्णसुवर्ण का खजाना), ‘बल्लभपुरेर रूपकोथा' (बल्लभपुर की कहानी), ‘किशमिश' (किशमिश) और ‘दोस्तोजी' (दो दोस्त) शामिल हैं। इस साल अब तक दो फिल्में हिट रहीं, जिसमें ‘प्रोजापति' (एक मित्र की खोज) और ‘द एकेन-रुद्धावास राजस्थान' (द एकेन-सस्पेंस इन राजस्थान) शामिल हैं।
-
कलामती। .झारखंड के सुदूरवर्ती खूंटी गांव में एक अनाथालय में पली बढ़ी एलिशा हासा (19) की अब तक की जीवन यात्रा संघर्ष और कठिनाइयों से भरी थी, जिसने वंचित तबके के छात्रों के लिए बने स्कूल में 11वीं कक्षा में दाखिला से पहले इंजीनियरिंग शब्द सुना तक नहीं था। अनाथ आदिवासी लड़की, जो कभी हिंदी बोलना तक नहीं जानती थी, उसने सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक जेईई मेन्स की परीक्षा पास की है। उसके सपने बड़े हैं और वह अपने जैसे ही गरीबी के शिकार बच्चों के जीवन में बदलाव लाना चाहती है। एलिशा अब जेईई-एडवांस की तैयारी कर रही है। उसने कहा, ‘‘जब मैं नौ साल की थी तब मैंने अपने माता-पिता को खो दिया। मुझे एक अनाथालय में भेज दिया गया और वहां से मुझे 2015 में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), कलामती खूंटी में पढ़ने के लिए भेजा गया। मुझे ‘सपनों की उड़ान' कार्यक्रम का पता चला जिसने मेरे सपनों को पंख दिए। मैंने दिन-रात पढ़ाई की लेकिन पिछले साल सफलता नहीं पा सकी। इस साल मुझे अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग में पूरे भारत में 1,788 स्थान प्राप्त हुआ है।'' एलिशा अकेली नहीं है। ऐसे नौ अन्य छात्र भी हैं जिन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद, 12 साल की उम्र तक हिंदी नहीं जानने के बावजूद केजीबीवी में दाखिला लिया और जेईई मेन्स परीक्षा पास की। इन सभी ने जेईई-एडवांस के लिए तैयारी शुरू कर दी है, जिनका सपना गरीबी से ऊपर उठना और माओवाद प्रभावित खूंटी जिले में सकारात्मक बदलाव लाना है। सभी ने एक स्वर में अपनी सफलता का श्रेय ‘सपनों की उड़ान' को दिया, जो समाज के वंचित समूहों के उम्मीदवारों को इंजीनियरिंग और मेडिकल के लिए विशेष कोचिंग प्रदान करने के इरादे से शुरू की गई खूंटी जिला प्रशासन की एक शैक्षिक पहल है। यह परियोजना खूंटी के उपायुक्त शशि रंजन के दिमाग की उपज है, जो खुद आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) के छात्र रहे हैं। आजादी की लड़ाई से बहुत पहले अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध छेड़ने वाले आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की वंशज सरस्वती मुंडा का अत्यधिक गरीबी के कारण केजीबीवी में दाखिला कराया गया था, उनके माता-पिता सिर्फ खेती से जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं थे। अपनी आंखों में चमक के साथ उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने परदादा बिरसा मुंडा के सपने को पूरा करना चाहती हूं, जिन्होंने झारखंड के आदिवासी लोगों की समृद्धि का सपना देखा। मैं चाहती हूं कि मैं अपने गांव में लोगों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश जलाऊं जहां लोग मुश्किल से इंजीनियरिंग या मेडिकल की पढ़ाई के बारे में जानते हैं।'' अत्यधिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे ये सभी छात्र ‘धन के इंतजाम' को सबसे बड़ी बाधा के रूप में देखते हैं। उन्होंने पूजा कुमारी का उदाहरण सुनाया, जो पिछले साल नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) उत्तीर्ण करने के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण उसमें दाखिला नहीं ले सकीं। केजीबीवी कलामती के वार्डन सह शिक्षक ज्योति कुमार ने अपनी चिंताओं को दोहराते हुए कहा, ‘‘कोई भी विश्वास नहीं कर सकता था कि ऐसी पृष्ठभूमि की लड़कियां इस तरह की उपलब्धि हासिल कर सकती हैं। वे सभी वंचित समुदायों से हैं, कई अनाथ हैं, कई मानव तस्करी के बाद बचाई गई हैं, कई एकल माता-पिता से संबंधित हैं और कई विभिन्न प्रकार के उत्पीड़न की शिकार हैं।'' उपायुक्त द्वारा निविदा और चयन की प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्त इंजीनियरिंग कोच एस.डी. मिश्रा ने कहा कि इन लड़कियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ‘भाषा' की थी क्योंकि उन्हें शुरू में सही हिंदी भी नहीं आती थी। उन्होंने कहा, ‘‘इन सभी ने न केवल हिंदी बल्कि इंजीनियरिंग और मेडिकल के कठिन अंग्रेजी तकनीकी शब्दों को सीखने के लिए अपना 100 प्रतिशत दिया। अगर वे सरकारी कॉलेजों में दाखिला ले पाती हैं तो उन्हें अपने सपनों को साकार करने से कोई नहीं रोक सकता, वरना वे शिक्षा पर लाखों रुपये कैसे खर्च कर सकती हैं जब वे सालाना 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक की मामूली राशि तक नहीं दे सकतीं।'' युवा मन को जगाने वाले खूंटी के उपायुक्त रंजन ने कहा, ‘‘हम हर संभव प्रयास करेंगे ताकि प्रतिभा बर्बाद नहीं हो। हम ऐसे बच्चों को उन संस्थाओं से जोड़ेंगे जो उनकी मदद करना चाहती हैं।'' जेईई-मेन्स में केजीबीवी की लड़कियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऐसे मेधावी छात्रों को हर संभव समर्थन देने का वादा किया है। सोरेन ने कहा कि गरीब छात्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जो महंगी शिक्षा का खर्च वहन नहीं कर सकते और राज्य उनकी हर संभव मदद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
-
नोएडा (उप्र) . नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर 160 के पास शनिवार सुबह एक कार के पेड़ से टकरा जाने से दंपति और उनके तीन महीने के बच्चे की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली निवासी कार्तिक गुप्ता (25) अपनी पत्नी शिवानी गुप्ता (23), उसकी बहन शीतल शर्मा (18), बुआ सुमन गुप्ता और तीन महीने के अपने बच्चे के साथ आगरा जिले में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद कार से शनिवार सुबह करीब पांच बजे नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए दिल्ली आ रहे थे। उन्होंने बताया कि सेक्टर 160 के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। घटना में गंभीर रूप से घायल कार्तिक गुप्ता और उनकी साली शीतल शर्मा को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया जहां कार्तिक गुप्ता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रवक्त ने बताया कि कार्तिक के तीन महीने के बच्चे और सुमन गुप्ता को फेलिक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि कार्तिक गुप्ता की पत्नी शिवानी को जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने शिवानी को भी मृत घोषित कर दिया।
-file photo















.jpg)











.jpg)