- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. देश में बिजली खपत लगातार दूसरे महीने अप्रैल में 1.1 प्रतिशत घटकर 130.57 अरब यूनिट रही। विभिन्न इलाकों में हो रही बारिश से एसी, कूलर जैसे उपकरणों का उपयोग पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले कम होने से बिजली खपत कम हुई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार एक साल पहले इसी अवधि में बिजली खपत 132.02 अरब यूनिट रही थी जो अप्रैल 2021 में 117.08 अरब यूनिट थी। देश के विभिन्न भागों में बारिश से इस साल मार्च में भी बिजली खपत प्रभावित हुई। यह मार्च में 126.82 अरब यूनिट रही जो एक साल पहले इसी महीने में 128.47 अरब यूनिट थी। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मार्च और अप्रैल में बारिश नहीं होती, तब बिजली खपत में अच्छी वृद्धि होती। उनका कहना है कि बारिश से बिजली की मांग कम हुई है क्योंकि लोग पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले एसी, कूलर जैसे उपकरणों का कम उपयोग कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार बिजली की अधिकतम मांग अप्रैल में बढ़कर 2,15,880 मेगावॉट पहुंच गयी।
इससे पिछले साल अप्रैल 2022 में यह 2,07,230 मेगावॉट थी। बिजली मंत्रालय के अनुसार इस साल बिजली की अधिकतम मांग इस गर्मी के मौसम में 2,29,000 मेगावॉट पहुंचने का अनुमान है। -
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पिछले महीने एक लोकल ट्रेन में मृत पाए गए 57 वर्षीय व्यक्ति की पहचान राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने उसकी शर्ट पर लगे टेलर के दुकान के टैग की मदद से की। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
डोंबिवली जीआरपी की वरिष्ठ निरीक्षक अर्चना दुसाना ने कहा कि छत्रपति शिवाजी टर्मिनस में एक लोकल ट्रेन में सवार यात्री की 23 अप्रैल को यात्रा के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्ति की पहचान का पता लगाने की कोशिश करते हुए पुलिस को उसकी शर्ट पर एक दर्जी की दुकान का टैग लगा मिला और पता चला कि यह वंगानी में एक प्रतिष्ठान का है। अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान महबूब नासिर शेख के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि उसके परिवार का पता लगाकर उन्हें इसकी सूचना दी गई और रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। -
इंदौर . इंदौर में एक दम्पति उनकी दो बेटियों समेत चार बच्चों को लावारिस छोड़कर गायब हो गए और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी । संयोगितागंज पुलिस थाने के प्रभारी तहजीब काजी ने बताया कि चारों बच्चे शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के सामने रविवार रात लावारिस हालत में बिलखते मिले। उन्होंने बताया कि इन बच्चों में दो वर्षीय बालक, चार वर्षीय बालक, छह वर्षीय बालिका और आठ वर्षीय बालिका शामिल हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक, बच्चों ने पुलिस को बताया कि वे बड़वानी जिले के रहने वाले हैं और उनके माता-पिता यह कहकर उन्हें लावारिस छोड़ गए कि वे थोड़ी देर में खाना लेकर आते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चारों बच्चों को बालकों के हितों के लिए काम करने वाली गैर सरकारी संस्था "चाइल्डलाइन" को आगामी विधिक प्रक्रिया के लिए सौंपा है और उनके माता-पिता की तलाश की जा रही है।
- नयी दिल्ली।उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को व्यवस्था दी कि वह जीवनसाथियों के बीच आई दरार भर नहीं पाने के आधार पर किसी शादी को खत्म करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपने विशेषाधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है और हिंदू विवाह अधिनियम 1955 के तहत छह महीने की अनिवार्य अवधि के प्रावधान का इस्तेमाल किये बिना दोनों पक्षों को परस्पर सहमति के आधार पर तलाक की अनुमति दे सकता है।संविधान का अनुच्छेद 142 शीर्ष अदालत के समक्ष लंबित किसी मामले में ‘संपूर्ण न्याय’ के लिए उसके आदेशों के क्रियान्वयन से संबंधित है। अनुच्छेद 142(एक) के तहत उच्चतम न्यायालय की ओर से पारित आदेश पूरे देश में लागू होता है। हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13-बी आपसी सहमति से तलाक से संबंधित है और इस प्रावधान की उप-धारा (2) यह व्यवस्था करती है कि पहला प्रस्ताव पारित होने के बाद, पक्षकारों को दूसरे प्रस्ताव के साथ अदालत का रुख करना होगा, यदि तलाक संबंधी याचिका छह महीने के बाद और पहले प्रस्ताव के 18 महीने के भीतर वापस नहीं ली जाती है।न्यायमूर्ति एस. के. कौल की अध्यक्षता वाली पांच-सदस्यीय संविधान पीठ ने कहा कि जीवनसाथियों के बीच रिश्तों में आई दरार भर नहीं पाने के आधार पर तलाक की अनुमति देना अधिकार नहीं, बल्कि विशेषाधिकार है, जिसका इस्तेमाल विभिन्न कारकों को ध्यान में रखते हुए बहुत ही सावधानी से किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि दोनों पक्षों के साथ ‘पूर्ण न्याय’ हो।शीर्ष अदालत इन प्रश्नों पर अपना निर्णय दे रही थी कि क्या जीवनसाथियों के बीच आई दरार भर नहीं पाने के आधार पर किसी शादी को खत्म करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपने विशेषाधिकारों का इस्तेमाल करके तलाक की अनुमति दी जा सकती है, खासकर तब जब एक पक्ष तलाक देना न चाहता हो।पीठ ने कहा, ‘‘हमने अपने निष्कर्षों के अनुरूप, व्यवस्था दी है कि इस अदालत के लिए किसी शादीशुदा रिश्ते में आई दरार के भर नहीं पाने के आधार पर उसे खत्म करना संभव है। यह सरकारी नीति के विशिष्ट या बुनियादी सिद्धांतों का उल्लंघन नहीं होगा।’’संविधान पीठ में न्यायमूर्ति कौल के अलावा न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति ए एस ओका, न्यायमूर्ति विक्रमनाथ और न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी भी शामिल थे।पीठ की ओर से न्यायमूर्ति खन्ना ने 61 पन्नों का फैसला लिखते हुए कहा, ‘‘हमने कहा है कि इस अदालत के दो फैसलों में उल्लेखित जरूरतों और शर्तों के आधार पर छह महीने की अवधि दी जा सकती है।’’शीर्ष अदालत ने पिछले साल 29 सितंबर को मामले में अपना फैसला सुरक्षित रखा था।उसने दलीलों पर सुनवाई करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तनों में थोड़ा समय लगता है और कई बार कानून बनाना आसान होता है, लेकिन समाज को इसके साथ बदलाव के लिए मनाना मुश्किल होता है।पीठ ने संविधान के अनुच्छेद 142(1) के तहत शीर्ष अदालत की शक्ति और अधिकार क्षेत्र के दायरे तथा सीमा से संबंधित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि शीर्ष अदालत प्रक्रिया के साथ-साथ मूल कानूनों से भी हट सकती है, यदि निर्णय मौलिक सामान्य और विशिष्ट सार्वजनिक नीति के विचारों के आधार पर इस्तेमाल किया जाता है।शीर्ष अदालत ने इस बात पर भी विचार किया कि क्या वह घरेलू हिंसा कानून, दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 या भारतीय दंड संहिता की धारा 498-ए और अन्य प्रावधानों के तहत आपराधिक मुकदमों का भी निपटारा कर सकती है।न्यायालय ने यह स्पष्ट कर दिया कि कोई भी वादकार संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत एक रिट याचिका दायर करके न सुधर पाने वाले रिश्तों के आधार पर विवाह समाप्त करने का अनुरोध नहीं कर सकता।संविधान पीठ ने पूर्व में दिए गए शीर्ष अदालत के एक फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था दी गयी है कि इस तरह के किसी भी प्रयास को खारिज कर दिया जाना चाहिए और न सुधरने वाले रिश्तों के आधार पर अनुच्छेद 32 के तहत शीर्ष अदालत के समक्ष या अनुच्छेद 226 के तहत उच्च न्यायालय के समक्ष तलाक की याचिका दायर करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
-
नई दिल्ली। केंद्र सरकार सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी राज्य अब केवल अपना नहीं, बल्कि अन्य राज्यों का स्थापना दिवस भी मनाएंगे। एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को बढ़ावा देने के लिए यह परंपरा शुरू की गयी है। सभी राज्यों का स्थापना दिवस अब देश के सभी राजभवनों में मनाया जाएगा।
आज गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस है। अन्य राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भी आज अपने-अपने राजभवनों में गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस मना रहे हैं। गुजरात और महाराष्ट्र के निवासियों को भी राजभवनों में आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में दोनों राज्यों के प्रतिभागी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे और अपनी बात कहेंगे।असम में भी आज गुजरात और महाराष्ट्र राज्य दिवस मनाया जा रहा है। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की उपस्थिति में आज शाम गुवाहाटी के राजभवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दोनों राज्यों के लोक कलाकार, विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। असम में बड़ी संख्या में गुजरात और महाराष्ट्र के लोग रहते हैं जो राज्य के विकास में अपना योगदान कर रहे हैं। -
लुधियाना . पंजाब में लुधियाना जिले के घनी आबादी वाले ग्यासपुरा इलाके में रविवार को जहरीली गैस के रिसाव के कारण 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग बीमार पड़ गए। पुलिस ने बताया कि बीमार लोगों का एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किस गैस का रिसाव हुआ और इसका क्या कारण था, यह फिलहाल पता नहीं लगाया जा सका है।
बहरहाल, लुधियाना की उपायुक्त सुरभि मलिक ने बताया कि ऐसी आशंका है कि सीवर में कुछ रसायनों की मीथेन गैस से प्रतिक्रिया हुई होगी। उन्होंने बताया कि इलाके को खाली करा लिया गया है और गैस के फैलने पर रिसाव स्थल की घेराबंदी का दायरा बढ़ाया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि घटना में जान गंवाने वाले लोगों में श्वसन संबंधी समस्या का कोई लक्षण नहीं दिखा। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी आशंका है कि न्यूरोटॉक्सिन (विषाक्त पदार्थ के संपर्क में आने से तंत्रिका तंत्र की सामान्य गतिविधि में बदलाव) की वजह से मौत हुई है।'' जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम यह पता लगाएगी कि किस गैस का रिसाव हुआ और इसका स्रोत एवं कारण क्या था। उन्होंने कहा कि चूंकि, यह बेहद घनी आबादी वाला इलाका है, इसलिए तत्काल प्राथमिकता लोगों को वहां से सुरक्षित निकालना थी। लुधियाना की उपायुक्त ने बताया कि एनडीआरएफ का एक दल विभिन्न तरह के रसायनों के नमूने एकत्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब रासायनिक प्रक्रिया के बारे में पता चल जाएगा तो जानकारियां साझा की जाएगी। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और वहां राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एक दमकल वाहन और एक एम्बुलेंस को तैनात किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिस गैस का रिसाव हुआ है, उसका असर काफी हद तक कम हो गया है।
उन्होंने बताया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और उन्होंने लोगों से अफवाह फैलाने वालों से दूर रहने को कहा। उन्होंने लोगों से इलाके से दूर रहने की भी अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह पता लगाने के लिए जांच की जाएगी कि यह गैस कितनी दूर तक फैली।'' मलिक ने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने के लिए सीवरों से नमूने एकत्रित कर रहे हैं कि यह किस तरह की गैस थी और किसी रासायनिक मिश्रण के बाद कौन-सी गैस निकली। हम इसकी जांच कर रहे हैं और यह कितनी दूर तक फैली, इसकी भी जांच कर रहे हैं।'' उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इससे पहले, एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि अभी यह पता नहीं चला है कि इन लोगों की मौत किस वजह से हुई। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘पहले हम इसकी जांच करेंगे, फिर आपको जानकारी देंगे।'' पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस रिसाव की घटना बेहद दर्दनाक है। पुलिस, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद हैं। हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। -
नयी दिल्ली. भारत हिंसाग्रस्त सूडान में फंसे भारतीयों को वहां से निकालने के अपने अभियान के तहत रविवार को 229 लोगों के एक और समूह को स्वदेश लेकर आया। ये लोग बेंगलुरु पहुंचे। इससे एक दिन पहले सूडान से 365 लोग दिल्ली पहुंचे थे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया, ऑपरेशन कावेरी' के तहत एक और उड़ान से 229 यात्रियों को बेंगलुरु लाया गया।'' निकासी अभियान के तहत, शुक्रवार को 754 लोग दो समूहों में भारत पहुंचे थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सूडान से अब तक 1,954 लोगों को स्वदेश लाया जा चुका है। ‘ऑपरेशन कावेरी' के तहत भारत शरणार्थियों को सऊदी अरब के जेद्दा शहर ले जा रहा है, जहां से उन्हें स्वदेश वापस लाया जा रहा है। कुल 360 नागरिकों के पहले समूह को बुधवार को एक वाणिज्यिक विमान से नयी दिल्ली लाया गया था। वहीं, दूसरे समूह में अगले ही दिन भारतीय वायुसेना के सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से 246 नागरिकों को मुंबई लाया गया था। -
इडुक्की (केरल). घरों और राशन की दुकानों में घुसकर चावल खाने वाले ‘अरिकोम्बन' नामक हाथी को रविवार सुबह पेरियार बाघ अभयारण्य के भीतरी इलाकों में छोड़ दिया गया। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक वन अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि हाथी को रेडियो कॉलर लगा हुआ है और उससे संकेत मिल रहे हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें रेडियो कॉलर से संकेत मिल रहे हैं। बाघ अभयारण्य से उसकी स्थिति पर नजर रखी जाएगी। वह पूरी तरह स्वस्थ है।'' अधिकारी ने कहा कि हाथी को शनिवार शाम बेहोश कर ट्रक से बाघ अभयारण्य ले जाया गया। हाथी को काबू करने का अभियान शनिवार सुबह तड़के शुरू हुआ और 12 घंटे से अधिक समय के बाद इसमें सफलता मिली। अधिकारी ने कहा कि अभियान में बड़ी संख्या में वनकर्मी और चार कुमकी (प्रशिक्षित) हाथी शामिल थे। उन्होंने कहा कि पहले दिन हाथी को काबू में करने का प्रयास नाकाम रहा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि इडुक्की के चिन्नकनाल और संथनपारा क्षेत्रों से बाघ अभयारण्य तक की यात्रा में बारिश के कारण जंगल की सड़कें कीचड़युक्त हो जाने की वजह से कुछ समय लगा। ‘अरिकोम्बन' हाथी ने चिन्नकनाल और संथनपारा क्षेत्रों में मानव बस्तियों को नुकसान पहुंचाया था। ‘अरिकोम्बन' को चिन्नकनाल से निकालने और प्रशिक्षित करने के प्रयासों को लेकर विवाद भी हुआ। एर्नाकुलम जिले के कोडानाड हाथी प्रशिक्षण केंद्र में इसे कुमकी हाथी बनाने के लिए पकड़ने और वश में करने के वन विभाग के कदम को लेकर कुछ पशु अधिकार संगठनों ने विरोध जताया था। इन संगठनों ने केरल उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी जिसपर सुनवाई करते हुए पीठ ने विभाग के कदम पर रोक लगा दी थी।
-file photo
-
नयी दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय अपने पंचांग की 10 हजार प्रतियां देश के शैक्षणिक समुदाय को वितरित करेगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि यह पंचांग प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली पर आधारित है। अधिकारी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को अपना पंचांग जारी किया, जिसे हिंदू कैलेंडर भी कहा जाता है और इसकी एक हजार से अधिक प्रतियां वितरित की गईं। पंचांग ग्रहों की चाल पर आधारित है। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया, “शुक्रवार को पंजाब की एक हजार से अधिक प्रतियां वितरित की गईं और आने वाले दिनों में देश के शैक्षणिक समुदाय में नौ हजार और प्रतियां मुफ्त वितरित की जाएंगी।” अधिकारियों ने बताया कि पंचांग पश्चिमी कैलेंडर की तुलना में अधिक उन्नत है और “प्राचीन भारतीय ज्ञान के प्रसार” में मदद करेगा। इस पंचांग में सभी त्योहारों, ग्रहणों, तिथियों आदि की विस्तृत जानकारी दी गई है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' एक ‘प्रेरणादायक मंच' में बदल गया है जो सतत विकास की प्राथमिकता वाले विषयों को प्रोत्साहित करता है और यह सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में भारत के प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण है। यह जानकारी बिल ऐंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन द्वारा कराए गए अध्ययन से प्राप्त हुई है। ‘मन-की-बात : ए डिकेड ऑफ रिफ्लेक्शन' शीर्षक से किए गए अध्ययन में कहा गया कि वर्ष 2014 में प्रसारण शुरू होने के यह सरकार के नागरिकों तक पहुंचने के कार्यक्रम का ‘अहम स्तंभ' बन गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि अध्ययन का उद्देश्य वर्ष 2014 से 2023 के बीच प्रसारित ‘मन -की-बात' की 99 कड़ियों की ‘मात्रात्मक और गुणात्मक विश्लेषण' करना था साथ ही चर्चा के प्रमुख विषयगत क्षेत्रों की पहचान करना था। इस अध्ययन में इंस्टीट्यूट फॉर कम्पेटिटिवनेस (आईएफसी) अनुसंधान सहयोगी रहा जबकि ‘एक्सिस माई इंडिया' ज्ञान साझेदार रहा। रिपोर्ट में कहा गया ‘मन की बात' कोशिश ने वैश्विक और स्थानीय समस्याओं के प्रति जागरुकता पैदा की और जमीनी समाधानों का उत्सव मनाया। इसमें कहा गया कि इसने नागरिक सक्रियता को बढ़ावा दिया जिसने भारत की सतत विकास की दिशा में प्रगति में योगदान दिया। इसमें कहा गया कि पांच बिंदुओं- स्वच्छता और सफाई, स्वास्थ्य, आरोग्य, जल संरक्षण और स्थायीत्व को प्रोत्साहित किया गया। रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘ आम नागरिकों की कोशिशों के उदाहरण पेश कर और बदलाव एवं प्रगति की कहानियों को साझा कर ‘मन की बात' स्वयं प्रेरणादायक मंच में तब्दील हो गया है। यह सतत विकास को प्राथमिकता वाली उन थीम के जरिये प्रोत्साहित कर रहा है जो भारत की सतत विकास लक्ष्य को हासिल करने के केंद्र में हैं।'' रिपोर्ट में कहा गया कि कार्यक्रम सरकार और नागरिकों द्वारा प्राथमिकता वाले क्षेत्र में उठाए गए कदमों को रेखांकित करता है और श्रोताओं को इस बदलाव की पहल में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करता है ताकि वे अपने समुदाय के लोगों और देश की जिंदगी में सतत बदलाव के लिए पहल कर सकें।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय दूरसंचार राज्यमंत्री देवसिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि 2024 तक देश के सभी गांवों में 4जी सेवा शुरू हो जाएगी। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार लोगों को और बेहतर करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं और उनका ‘मन की बात' कार्यक्रम सरकारी परियोजनाओं और सेवाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक ले जाने की प्रेरणा देता है। चौहान ने कहा, “अगर हम 4जी परियोजना के बारे में बात करते हैं, तो लगभग 38,000-40,000 गांवों में सिग्नल नहीं है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि आपने अच्छा काम किया है लेकिन हर घर तक पहुंचें। हमने 2024 तक 4जी को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। मंत्री ने कहा कि सभी वंचित गांवों में 4जी नेटवर्क पहुंचने से सामाजिक-आर्थिक बदलाव होगा और डिजिटल दूरी घटेगी।
-
नयी दिल्ली. बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मई में तापमान सामान्य से अधिक रहने और कुछ दिन लू चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने मई के लिए तापमान और बारिश संबंधी मासिक पूर्वानुमान के तहत बताया कि पश्चिमोत्तर और पश्चिम-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में रात में मौसम गर्म रहने और दिन में सामान्य से कम तापमान रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि कि मई में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों सहित देश के पश्चिमोत्तर और पश्चिम-मध्य हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा, पूर्वोत्तर क्षेत्र, केरल, आंध्र प्रदेश और दक्षिण कर्नाटक के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, मई में 61.4 मिलीमीटर की लंबी अवधि के औसत (एलएपी) की 91-109 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मई में बिहार, झारखंड, ओडिशा, गांगेय पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तथा पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और तटीय गुजरात के अधिकतर हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मई में भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में मौजूद तटस्थ अल नीनो का प्रभाव रहने की संभावना है और मौसम संबंधी अधिकतर मॉडल मई से मानसून के दौरान क्षेत्र के गर्म होने का संकेत दे रहे हैं। ऐसा बताया जाता है कि अल नीनो या भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के गर्म होने का भारत में मानसूनी बारिश पर प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा, हिंद महासागर में समुद्र की सतह (जिसे हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) भी कहते हैं) के तापमान जैसे अन्य कारक भी मौसम को प्रभावित करने के लिए जाने जाते हैं। महापात्र ने कहा कि हिंद महासागर में मौजूद तटस्थ आईओडी संबंधी स्थितियां आगामी मौसम में सकारात्मक होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि सकारात्मक हिंद महासागर द्विध्रुवीय स्थितियां भारतीय मानसून के पक्ष में और अल नीनो के प्रभाव को कम करने में मदद करने के लिए जानी जाती हैं। इस महीने की शुरुआत में विभाग ने 87 सेंटीमीटर की लंबी अवधि के औसत (एलएपी) की 96 प्रतिशत बारिश होने की संभावना जताई थी।
- पुरी (ओडिशा) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी के प्रसारण से पहले जाने-माने रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर कई रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की एक कलाकृति बनाई है। पटनायक ने लगभग सात टन रेत का इस्तेमाल कर 100 रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की आठ फुट ऊंची रेत की कलाकृति तैयार की। पटनायक के रेत कला विद्यालय के छात्रों ने कलाकृति को पूरा करने में उनकी मदद की। पटनायक ने कहा, ‘‘इससे पहले भी मैंने कार्यक्रम के लिए रेत की कुछ कलाकृतियां बनाई थीं।’’ साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
-
लुधियाना। पंजाब में लुधियाना जिले के गैसपुरा इलाके में रविवार को गैस रिसाव की घटना में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बीमार पड़ गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किस गैस का रिसाव हुआ और इसका क्या कारण था, यह फिलहाल पता नहीं लगाया जा सका है।अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और वहां राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एक दमकल वाहन और एक एम्बुलेंस को तैनात किया गया है।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।लुधियाना के पुलिस आयुक्त मनदीप सिंह सिद्धू ने पुष्टि की कि इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। लुधियाना दक्षिण से आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल सका है कि गैस रिसाव किस वजह से हुआ। -
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय वैदिक विज्ञान सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वेदों ने मानवता को सत्य, न्याय और पवित्रता पर आधारित उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने का मार्ग दिखाया है। श्री बिरला ने कहा कि विभिन्न युगों में वेदों पर व्यापक शोध किया गया है और वेदों में जो कुछ भी उल्लेख किया गया है, वह सच साबित हुआ है। वेदों के वैज्ञानिक पहलुओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वेदों में जो ज्ञान है वह मानवता के लिए बहुत ही वैज्ञानिक और उपयोगी है। इस मौके पर कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे।
-
बदायूं (उप्र) जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अंतिम संस्कार के बाद रामगंगा नदी में नहाने के दौरान तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि हजरतपुर थाना क्षेत्र शाहपुर गांव के रहने वाले दिनेश के तीन पुत्र साहिल (16), रोहित (18) एवं भूपेंद्र (21) अपनी ताई कमला देवी (55) के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद रामगंगा नदी में स्नान के समय अचानक गहरे पानी में जाने से तीनों की डूबनकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस, स्थानीय लोगों व गोताखोरों की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है। दातागंज तहसील के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व टीम से मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद मृतकों के परिजनों को दैवी आपदा कोष से राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
-
नयी दिल्ली. गलवान घाटी में 2020 में हुई झड़पों में शहीद हुए नायक दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह को लेफ्टिनेंट के तौर पर भारतीय सेना में शामिल किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि उन्हें पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर एक अग्रिम अड्डे पर तैनात किया गया है। लेफ्टिनेंट सिंह ने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में एक साल का अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया। नायक दीपक सिंह बिहार रेजीमेंट की 16वीं बटालियन से थे और उन्हें 2021 में मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया। सेना ने ट्वीट किया, ‘‘शहीद नायक (नर्सिंग सहायक) दीपक सिंह की पत्नी महिला कैडेट रेखा सिंह ओटीए से अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भारतीय सेना में शामिल हुईं।'' उसने बताया कि नायक दीपक सिंह ने गलवान घाटी में हुई झड़पों में सर्वोच्च बलिदान दिया था।
-
जयपुर. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गयी। वहीं, दो घोड़ियां भी जिंदा जल गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले के कपासन थाना क्षेत्र के रामथली गांव के पास आज तड़के एक पिकअप वैन सड़क के बीचोंबीच लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि तार से छूते ही वैन में आग लग गई, जिसमें चालक किशन खटीक व घोड़ी मालिक शांति लाल झुलस गए। उन्होंने बताया कि पिकअप वैन में दो घोड़ियां थीं, जिनकी जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के समय सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वहीं चित्तौड़गढ़ के बेंगू इलाके में शनिवार सुबह कोटा-चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकरा गई। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मरनेवाले उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में ‘मन की बात' कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को लेकर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में शिरकत के दौरान स्वयं सहायता समूह की सदस्य पूनम देवी को प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने बेटे को जन्म दिया। पूनम (24) बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किए गए लोगों में शामिल थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के एक एपिसोड में लखीमपुरी खीरी के पास के एक स्वयं सहायता समूह की सदस्य के तौर पर उनके काम का जिक्र किया था। एक अधिकारी ने बताया कि नौ माह की गर्भवती पूनम को विज्ञान भवन में सम्मेलन के दौरान प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। साथ ही अधिकारी ने कहा कि वह अब अपने गांव लौट गई हैं। लखीमपुर खीरी में स्वयं सहायता समूह केले के तने से फाइबर का उपयोग करके हैंडबैग, चटाई और अन्य वस्तुएं बनाता है। इसके जरिये न केवल गांव की महिलाओं को अतिरिक्त आय होती है बल्कि वे अपशिष्ट को घटाने में भी मदद करती हैं। पूनम, आमंत्रित किए गये उन 100 अतिथियों में शामिल थी, जिनके असाधारण योगदान के लिए उनके नाम का उल्लेख प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' की पिछली कड़ियों में किया था। 'मन की बात' की 100 वीं कड़ी का जश्न मनाने के लिए इस एक दिवसीय सम्मेलन का विज्ञान भवन में आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन का उद्घाटन उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल थे। 'मन की बात' की 100वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को होगा।
- -
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी तेलुगू संगमम को उत्तर और दक्षिण भारत की पवित्र नदियों गंगा और गोदावरी के संगम की तरह बताया। प्रधानमंत्री ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के तेलुगु भाषी लोगों का स्वागत करते हुए यह बात कही। वह वाराणसी में आयोजित काशी तेलुगु संगमम कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ जिम्मेदारियों के कारण मैं वहां उपस्थति नहीं हूं लेकिन मन से मुझे आपके बीच होने का एहसास हो रहा है। काशी के घाट पर, गंगा के घाट पर, गंगा पुष्कर अलू उत्सव बिलकुल गंगा और गोदावरी के संगम की तरह है। यह भारत की प्राचीन सभ्यताओं, संस्कृतियों और परंपराओं के संगम का उत्सव है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कुछ महीने पहले यहीं काशी की धरती पर काशी तमिल संगमम का आयोजन हुआ था। इससे पहले एक पत्रकार वार्ता में भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा था कि तेलुगू लोगों से जुड़े आश्रमों और धर्मशालाओं का संगठन ‘श्री काशी तेलुगू समिति संगमम' का आयोजन कर रहा है। राव इस कार्यक्रम के समन्वयक और श्री काशी तेलुगू समिति के अध्यक्ष भी हैं। गंगा नदी के मानसरोवर घाट पर आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में वाराणसी और तेलुगू भाषी आबादी वाले दो राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को रेखंकित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इस कवायद को दक्षिणी राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा की जड़ें मजबूत करने के प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों के हिस्से के रूप में भी देखा जा रहा है। वाराणसी ने एक महीने तक चलने वाले काशी तमिल संगमम की भी मेजबानी की थी।
-
पुरी . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी के प्रसारण से पहले जाने-माने रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर कई रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की एक कलाकृति बनाई है। पटनायक ने लगभग सात टन रेत का इस्तेमाल कर 100 रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की आठ फुट ऊंची रेत की कलाकृति तैयार की। पटनायक के रेत कला विद्यालय के छात्रों ने कलाकृति को पूरा करने में उनकी मदद की। ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को किया जाएगा। पटनायक ने कहा, ‘‘इससे पहले भी मैंने कार्यक्रम के लिए रेत की कुछ कलाकृतियां बनाई थीं।'' साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
- -
इंदौर . इंदौर में 34 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी और उसके पति का दावा है कि ब्यूटी पार्लर जाने से रोकने पर हुए विवाद के बाद उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उप निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया कि शहर के स्कीम नम्बर 51 क्षेत्र में रीना यादव (34) ने अपने घर में बृहस्पतिवार को कथित तौर पर फांसी लगा ली। यादव ने बताया, "महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थी और जब उसने उसे वहां जाने से मना किया, तो महिला ने आवेश में आकर फांसी लगा ली।" उप निरीक्षक ने बताया कि महिला की मौत की हर पहलू पर जांच की जा रही है और उसके शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मृत महिला के पति बलराम यादव सिलाई का काम करते हैं। उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी को बृहस्पतिवार दोपहर में ब्यूटी पार्लर जाना था। मैंने उसे मना किया, तो उसने इस बात को लेकर मुझसे जमकर विवाद किया और बाद में खुद को एक कमरे में बंद करके पंखे से फांसी लगा ली।" यादव ने कहा कि उन्होंने दरवाजा तोड़कर पत्नी के शव को फंदे से उतारा।
-
नयी दिल्ली. प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव द्विवेदी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की वजह से रेडियो सुनने वालों की संख्या बढ़ी है और इस माध्यम में उनकी रुचि फिर से जगी है। 'मन की बात' कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और यह हर महीने के आखिरी रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी) नेटवर्क पर प्रसारित होता है। 30 मिनट के कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल को प्रसारित की जाएगी। द्विवेदी ने एक कार्यक्रम में कहा कि रेडियो कार्यक्रम ने सामुदायिक बंधन को प्रगाढ़ करने में मदद की।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' से रेडियो सुनने वालों की संख्या बढ़ी है और इस माध्यम में उनकी रुचि को फिर से जगी है। द्विवेदी ने कहा कि एक अध्ययन के मुताबिक 100 करोड़ से ज्यादा श्रोता कम से कम एक बार यह रेडियो कार्यक्रम सुन चुके हैं। -
अहमदाबाद. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने देश की संस्कृति और आस्था को संरक्षित करने के लिए बहुत कुछ किया है। पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भगवान राम की जन्म भूमि अयोध्या में राम मंदिर के लिए अतीत में कई आंदोलन हुए, जहां अब एक विशाल मंदिर बन रहा है। वह विश्व उमियाधाम द्वारा बृहस्पतिवार को निकोल इलाके में आयोजित ‘राम कथा' में जुटे लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा '' हम सभी जानते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए अतीत में कितने आंदोलन हुए। मंदिर 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसका श्रेय हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देना चाहिए। उन्होंने हमारी आस्था और संस्कृति को सहेजने में बहुत योगदान दिया है।'' विश्व उमियाधाम एक वृहद मंदिर परिसर है जिसे 1,000 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद शहर के पास जसपुर गांव में स्थापित किया जा रहा है। यह मंदिर पाटीदार समुदाय के एक उप-समूह 'कडवा पटेल' की अधिष्ठात्री देवी मां उमिया को समर्पित होगा। विश्व उमिया फाउंडेशन के अनुसार निर्माण पूरा हो जाने के बाद यह मंदिर 504 फुट की कुल ऊंचाई के साथ दुनिया का सबसे ऊंचा मंदिर होगा। 30 लाख वर्ग फुट में फैले इस मंदिर का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2019 में किया था।
- जेवर्गी/बेल्लारी (कर्नाटक)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को वादा किया कि अगर उनकी पार्टी की राज्य में सरकार बनती है, तो हर ग्राम पंचायत को एक करोड़ रुपये और कल्याण कर्नाटक क्षेत्र को पांच हजार करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। राज्य में 10 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं।कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने 5,000 करोड़ रुपये के निवेश से बेल्लारी में एक परिधान पार्क स्थापित करने का भी वादा किया। बारिश के बीच, उन्होंने कलबुर्गी जिले के जेवर्गी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने सरकारी विभागों में 50 हजार रिक्त पदों को भरने का भी वादा किया।बारिश में भीगे हुए गांधी ने कलबुर्गी जिले में कहा, “ हम इस क्षेत्र के लिए 5,000 करोड़ रुपये आवंटित करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक करोड़ रुपये मिलेंगे।”कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में बीदर, यादगीर, रायचूर, कोप्पल, कलबुर्गी, बल्लारी और विजयनगर जिले शामिल हैं।उन्होंने कहा कि वह बल्लारी में परिधान पार्क स्थापित करने का वादा करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि जिला दुनिया में नंबर एक ‘जीन्स केंद्र’ बने।गांधी ने कहा, “ बल्लारी को ‘जीन्स राजधानी’ बनाने का मेरे वादा है। मैं वह दिन देखना चाहता हूं, जब जो कोई भी जीन्स पहने और उसपर ‘मेड इन बेल्लारी’ लिखा हो।”सत्ताधारी पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि बल्लारी “40 फीसदी चोरी” के केंद्र में था और “जितनी चोरी भाजपा ने बल्लारी में की, उतनी चोरी यहां किसी और ने नहीं की होगी। गांधी ने कहा, “ इस चोरी से बल्लारी के लोगों को भारी नुकसान हुआ। अब यहां सबसे बड़ा बदलाव होगा। सिर्फ चुनाव में नहीं, बल्कि आपके जीवन में।”उन्होंने ‘भविष्यवाणी’ भी की कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सिर्फ 40 सीट मिलेंगी, क्योंकि उसे “ यह संख्या पसंद है।”गांधी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में भाजपा सरकार के मंत्रियों ने ठेकेदारों से लोक निर्माण के कार्यों के लिए 40 प्रतिशत कमीशन वसूला है, इसलिए, पार्टी को 40 से अधिक सीट नहीं मिलेंगी, जबकि कांग्रेस 150 सीट जीतकर अगली सरकार बनाएगी।मौजूदा भाजपा सरकार को ‘चोरी की सरकार’ बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल ने विपक्षी दलों के विधायकों को खरीदा है।उन्होंने कहा, “हम सरकार बनाने जा रहे हैं। हमारी पार्टी को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता।”गांधी ने कांग्रेस की चार अहम ‘गारंटी’ को दोहराया, जिनमें परिवार की महिला प्रमुख को दो हजार रुपये, हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, बेरोजगार स्नातकों को दो साल तक तीन हजार रुपये और बेरोज़गार डिप्लोमा धारकों को 1500 रुपये और बीपीएल परिवार के हर सदस्य को माह में 10 किलोग्राम चावल देना शामिल है। इसके अलावा, गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी की पांचवीं ‘गारंटी’ की भी घोषणा की, जो सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का वादा है।




.jpg)




















.jpg)

.jpg)