- Home
- देश
-
नई दिल्ली। सूडान से 392 यात्रियों को लेकर सी-17 विमान कल नई दिल्ली पहुंचा। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा कि एक और विमान 362 भारतीयों को लेकर बेंगलुरु पहुंचा।इस बीच, कुल 270 यात्रियों को लेकर भारतीय वायुसेना के दो विमान जेद्दा पहुंचे आईएनएस सुमेधा सूडान पोर्ट से तीन सौ यात्रियों को लेकर जेद्दा के लिए रवाना हुआ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट संदेश में कहा कि ऑपरेशन कावेरी के अंतर्गत सूडान में फंसे लगभग दो हजार चार सौ भारतीयों को अब तक निकाला जा चुका है। -
नई दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को दिल्ली हाट में पहला 'मोटा अनाज अनुभव केंद्र' का शुभारंभ किया। नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड-नेफेड ने कृषि मंत्रालय के सहयोग से इस केन्द्र की स्थापना की है। इसका उद्देश्य मोटा अनाज के बारे में जागरूकता बढ़ाना और आम जनता के बीच इसे अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर श्री तोमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023 के उत्सव में भारत की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत मोटा अनाज के लिए वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है और उन्होंने कहा कि 'मोटा अनाज अनुभव केंद्र' की स्थापना उस दिशा में एक कदम है। -
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि वह यौन उत्पीड़न के आरोपों के आधार पर भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करेगी। सात महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। कई अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता पहलवानों का दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दिल्ली पुलिस की ओर से शीर्ष न्यायालय को महिला पहलवानों की याचिका के संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने इस मामले में महिला पहलवानों की सुरक्षा के लिए निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने एक नाबालिग पहलवान को कथित रूप से दी गई धमकियों का विवरण न्यायालय को सौंपा। न्यायालय ने दिल्ली पुलिस को नाबालिग लड़की को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश जारी किए है।मामले की सुनवाई अगले शुक्रवार को होगी।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम मे, देश-विदेश के श्रोताओं के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक कार्यक्रम की 100वीं कड़ी होगी। इस कार्यक्रम को आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन ए आई आर मोबाइल ऐप पर सुना जा सकेगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी होगा। हिन्दी प्रसारण के तुरंत बाद इसे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन अक्तूबर 2014 से मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर नागरिकों के साथ अपने विचार साझा करते रहे हैं। कार्यक्रम के लिए श्रोताओं से राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सुझाव और विचार भी आमंत्रित किए जाते हैं।
-
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ के सदस्य देशों से आतंकवाद खत्म करने और आतंकी गतिविधियों की मदद करने तथा उन्हें धन उपलब्ध कराने वालों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में मिल कर काम करने का आह्वान किया है। शुक्रवार को नई दिल्ली में एससीओ सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकी गतिविधियां या आतंकी गतिविधियों को सहयोग देना मानवता के खिलाफ अपराध है और इस खतरे के साथ शांति स्थापित नहीं हो सकती। उन्होंने युवाओं के कट्टरपंथी होने पर चिंता व्यक्त की और इसे समाज की सामाजिक आर्थिक प्रगति के रास्ते पर बाधा और प्रमुख सुरक्षा चुनौती बताया। विचार विमर्श के अंत में सभी सदस्य देशों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए और इस क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध बनाने की सामूहिक इच्छा व्यक्त की।
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि सभी सदस्य देशों के बीच आतंकवाद से निपटने, कमजोर देशों की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सहायता और आपदा राहत सहित सहयोग के कई क्षेत्रों पर आम सहमति हुई। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य देश इस बात पर सहमत थे कि आतंकवाद और इसके सभी रूपों की निंदा की जानी चाहिए और इसका सफाया किया जाना चाहिए। बैठक में चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्रियों ने भाग लिया। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के दीमा हसाओ जिले में सक्रिय जनजातीय उग्रवादी समूह दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी (डीएनएलए) के हिंसा छोड़ मुख्यधारा में शामिल होने के फैसले को शुक्रवार को पूर्वोत्तर में शांति और प्रगति के लिए ‘बहुत अच्छी खबर' बताया। डीएनएलए ने हिंसा छोड़ने और मुख्यधारा में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को केंद्र और राज्य सरकार के साथ एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। उग्रवादी समूह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की उपस्थिति में सरकार के साथ इस शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस संबंध में शाह की ओर से किए गए एक ट्वीट के जवाब में मोदी ने कहा, “पूर्वोत्तर की प्रगति और शांति के लिए यह बहुत अच्छी खबर है।
-
प्रतापगढ़ (उप्र). प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर लीलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। लीलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष यादव ने शुक्रवार को बताया कि थाना क्षेत्र के ताला सिरिस्ताबाद गांव में सई नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पानी के बहाव को रोकने के लिए जहां बांध बनाया गया है, वहीं बृहस्पतिवार शाम राजेश सिंह अपनी बेटी सिद्धि सिंह (13) और अपने साले के बेटे अभि सिंह (12) के साथ नहाने गए थे। यादव ने बताया कि नहाते समय गहरे पानी में जाने से दोनों बच्चे डूबने लगे। उन्होंने बताया कि आसपास मौजूद लोग दोनों बच्चों को पानी से निकालकर उपचार हेतु लालगंज के एक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
-
नयी दिल्ली. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) से पीएम-किसान सहित सभी केंद्रीय कार्यक्रमों को पूरी तरह से लागू करने को कहा ताकि किसानों को सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि तोमर की अध्यक्षता में कृषि क्षेत्र के व्यापक विकास के उद्देश्य से केंद्र शासित प्रदेशों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक हुई। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के चौतरफा विकास के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र शासित प्रदेशों में भी इन योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, वहां के सभी किसानों को भी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले...।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी पात्र किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के साथ-साथ इन क्षेत्रों को भी विकास की दौड़ में सबसे आगे होना चाहिए, केंद्र शासित प्रदेशों के छोटे किसानों के जीवन स्तर में भी बदलाव होना चाहिए। मंत्री ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार के पास योजनाओं और धन की कोई कमी नहीं है, योजनाओं के पूर्ण कार्यान्वयन की आवश्यकता है।'' बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव मनोज आहूजा सहित केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। बैठक में कृषि और अन्य केंद्रीय मंत्रालयों तथा संबंधित केंद्रीय/राज्य संस्थानों के अधिकारी भी मौजूद थे।
- नयी दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना ‘जहरीले सांप’ से किए जाने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिाकार्जुन खरगे के खिलाफ प्राथिमकी दर्ज करने तथा कर्नाटक में उनके चुनाव प्रचार करने पर रोक लगाने की मांग की।केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग गए भाजपा नेताओं के इस प्रतिनिधमंडल में पार्टी महासचिव तरुण चुघ, सांसद अनिल बलूनी और पार्टी नेता ओम पाठक शामिल थे।अधिकारियों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि ऐसा नहीं है कि जुबान फिसलने की वजह से खरगे की यह टिप्पणी सामने आई है, बल्कि यह कांग्रेस की नफरत की राजनीति का हिस्सा है। यादव ने कहा कि कांग्रेस का मोदी पर व्यक्तिगत हमले करने का इतिहास रहा है। भाजपा ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 499 और 500 के तहत खरगे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है, जो मानहानि से संबंधित है। पार्टी ने धारा 504 के तहत भी खरगे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह धारा जानबूझकर अपमान करने और उकसाने के अपराध से संबंधित है।कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना जहरीले सांप से की थी। विवाद पैदा होने के बाद उन्होंने बाद में स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी प्रधानमंत्री के खिलाफ नहीं बल्कि सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ थी।कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
- नयी दिल्ली । दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित धन शोधन के एक मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी।विशेष न्यायाधीश एम. के. नागपाल ने यह कहते हुए सिसोदिया को राहत देने से इनकार कर दिया कि यह उन्हें जमानत देने के लिए उपयुक्त समय नहीं है।न्यायाधीश ने सिसोदिया की याचिका पर दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था, जिनमें दावा किया गया था कि जांच के लिए उनकी हिरासत की अब आवश्यकता नहीं है।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने याचिका का विरोध किया था और कहा था कि जांच ‘‘महत्वपूर्ण’’ चरण में है।संघीय एजेंसी ने यह भी कहा था कि उसे कथित अपराध में उनकी मिलीभगत के नए सबूत मिले हैं।अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार को लेकर दर्ज मामले में 31 मार्च को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।अदालत ने कहा था कि सिसोदिया ने दिल्ली सरकार में अपने और अपने सहयोगियों के लिए लगभग 90-100 करोड़ रुपये की अग्रिम रिश्वत के कथित भुगतान से संबंधित आपराधिक साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अदालत ने कहा था कि इस समय उनकी रिहाई से जारी जांच पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और इसकी प्रगति ‘गंभीर रूप से बाधित’ हो सकती है। सीबीआई और ईडी ने अब रद्द की जा चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।
-
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को वाहन क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत मानक संचालन प्रक्रिया जारी की। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत आवेदक उन्नत वाहनों के परीक्षण और प्रमाणन के लिए आवेदन जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें प्रोत्साहन राशि पाने में मदद मिलेगी। भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि उनका मंत्रालय खुद को प्रधानमंत्री के 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य के साथ जोड़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह एसओपी न केवल इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगी, बल्कि विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ाने में भी मददगार होगी। उन्होंने कहा कि मंत्रालय का लक्ष्य घरेलू विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देना और आयात पर निर्भरता कम करना है ताकि भारतीयों के लिए रोजगार के अधिक अवसर पैदा हो सकें। पाण्डेय ने यह भी कहा कि इससे देश की समग्र आर्थिक वृद्धि को लाभ होगा।
भारी उद्योग मंत्रालय ने 23 सितंबर, 2021 को वाहन एवं वाहन कलपुर्जा उद्योग के लिए पीएलआई योजना लाने की घोषणा की थी। इस मद में 25,938 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। - नयी दिल्ली. संस्कृति मंत्रालय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी के मौके पर कई कार्यक्रमों की तैयारी कर रहा है। इन कार्यक्रमों में ‘मन की बात' के विषयों की कहानियों वाली कॉमिक पुस्तकों का विमोचन और संरक्षित स्मारकों पर ‘‘प्रोजेक्शन मैपिंग'' भी शामिल हैं। केंद्रीय संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने बृहस्पतिवार को कहा कि 12 प्रमुख कलाकारों द्वारा निर्मित कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी भी यहां राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में लगाई जाएगी। ‘मन की बात' कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू किया गया था और हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे आकाशवाणी (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी) नेटवर्क पर प्रसारित किया जाता है। 30 मिनट के कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल को प्रसारित की जाएगी। मोहन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ‘मन की बात' कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘शासन के लिए समावेशी और जन-केंद्रित दृष्टिकोण रखने के दृढ़ विश्वास और इच्छा' को दर्शाता है। संस्कृति सचिव ने कहा कि इस कार्यक्रम में आम लोगों की ऐसी प्रेरक कहानियां शामिल की जाती हैं जो “राष्ट्र-निर्माण के लिए महत्वपूर्ण” हैं और प्रधानमंत्री राष्ट्र-निर्माण पर अपने विभिन्न विचार साझा करते हैं जो “पूरी तरह से गैर-राजनीतिक और जन-केंद्रित” होते हैं।” मोहन ने कहा कि रविवार को प्रसारित होने वाली ऐतिहासिक कड़ी से पहले यहां दो बड़े कार्यक्रम हुए। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात' कार्यक्रम लोगों के साथ “सीधे संवाद के लिए क्रांतिकारी विचार” है और इस संबंध में संस्कृति मंत्रालय ने तीन पहल की है। मोहन ने कहा, “पहली पहल के तहत हमने ‘मन की बात' से कुछ खास विषयों का चयन किया है, जिसके आधार पर 30 अप्रैल की शाम को देशभर में 13 अलग-अलग स्थानों पर ‘प्रोजेक्शन मैपिंग' और साउंड एंड लाइट शो किए जाएंगे।” उन्होंने कहा कि इन 13 स्थलों में नयी दिल्ली में लाल किला और प्रधानमंत्री संग्रहालय, ओडिशा में सूर्य मंदिर, हैदराबाद में गोलकुंडा किला, तमिलनाडु में वेल्लोर का किला, मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया, झारखंड में नवरतनगढ़ किला, जम्मू और कश्मीर के उधमपुर में रामनगर किला, असम में एक किला, लखनऊ में रेजीडेंसी और गुजरात के मोढेरा के सूर्य मंदिर और राजस्थान में चित्तौड़गढ़ किला शामिल है।
- नयी दिल्ली. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार को फसल उत्पादकता में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया क्योंकि देश को घरेलू आवश्यकता को पूरा करने और वैश्विक बाजारों में निर्यात बढ़ाने के लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने की जरुरत है। तोमर ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और ट्रैक्टर एंड मैकेनाइजेशन एसोसिएशन (टीएमए) की तरफ से कृषि उपकरण प्रौद्योगिकी पर आयोजित एक शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि किसानों और वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ सरकार की नीतियों की बदौलत कृषि उत्पादन में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश की जनसंख्या वर्ष 2050 तक बढ़ जाएगी लिहाजा खाद्यान्न और अन्य कृषि उत्पादों की जरूरत पूरा करने के लिए एक खाका तैयार करने की आवश्यकता है। तोमर ने कहा कि दुनिया में भारत के बढ़ते महत्व को देखते हुए वैश्विक आवश्यकता के लिए भी योजना बनाने की जरूरत है। तोमर ने कहा कि फसल की पैदावार में सुधार हो रहा है लेकिन उन्होंने उत्पादकता की तुलना अन्य देशों और वैश्विक औसत से करने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा, ‘‘हमें जमीन कम होने पर भी खाद्यान्न का उत्पादन बढ़ाते रहना होगा।'' तोमर ने कहा कि इसे हासिल करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों और नई तकनीकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ड्रोन और सूक्ष्म सिंचाई जैसी तकनीकों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। तोमर ने देश में करीब 85 प्रतिशत छोटे किसान होने की बात कहते हुए कहा कि उन्हें तकनीक और मशीनरी का लाभ मिलना चाहिए। तोमर ने पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र में उठाए गए विभिन्न कदमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक लाख करोड़ रुपये के कृषि अधोसंरचना कोष की शुरुआत भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें से 14,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है।
-
बुलंदशहर . उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अरनिया थाना क्षेत्र में कार के डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। थाना प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया, "एक कार में यात्रा कर रहे तीन व्यक्ति मेरठ से अलीगढ़ जा रहे थे, तभी बृहस्पतिवार को रौंडा के पास कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गयी।" उन्होंने बताया, "कार में सवार सर्वेश (35) और अरशद (31) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य यात्री शाहनवाज को गंभीर चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को देश भर के हवाई अड्डों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए यात्रा को सुगम बनाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गृह मंत्री ने यात्रियों की सुविधा के लिए हवाई अड्डों पर अतिरिक्त प्रबंध करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गृह मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया। एक अधिकारी ने कहा कि गृह मंत्री ने बैठक में देश भर के हवाई अड्डों पर यात्री यातायात की समीक्षा की।गृह मंत्री ने निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएं कि हवाई अड्डे के द्वार, ‘चेक-इन काउंटर', सुरक्षा जांच और आव्रजन क्षेत्र में यात्रियों का ज्यादा समय न लगे। विमानन कंपनियों से अपेक्षा की जाती है कि वे सभी ‘चेक-इन' (हवाई अड्डे पर आगमन की सूचना देने का स्थान) और ‘बैगेज ड्रॉप' काउंटरों (सामान जमा कराने के स्थान) पर पर्याप्त कर्मचारी तैनात करें। विमानन कंपनियां आमतौर पर भीषण गर्मी के दौरान प्रतीक्षा समय के बारे में सोशल मीडिया पर समय-समय पर जानकारी साझा करती हैं और अब भी ऐसा ही किए जाने की संभावना है। - नयी दिल्ली. केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने एक ‘‘शहर सौंदर्य प्रतिस्पर्धा'' की शुरुआत की है जिसका मकसद सुंदर, अभिनव और समावेशी सार्वजनिक स्थान बनाने की दिशा में शहरों और वार्डों द्वारा किये गये परिवर्तनकारी प्रयासाों को मान्यता देना और प्रोत्साहित करना है। मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा गया कि इस प्रतिस्पर्धा के तहत शहरों के वार्ड और सार्वजनिक स्थानों का आकलन पांच मुख्य बिंदुओं के आधार पर किया जाएगा जिसमें पहुंच, सुविधाएं, गतिविधियां, सौंदर्य और पारिस्थितिकी शामिल है। इस प्रतिस्पर्धा में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 जुलाई है।मंत्रालय ने कहा कि ‘‘चयनित वार्डों का शहर और राज्य स्तर पर सम्मान किया जाएगा, लेकिन चार वर्गों जल, हरित स्थल, पर्यटन/विरासत स्थल और बाजार/कारोबारी स्थल के तहत शहरों के सर्वाधिक सुंदर सार्वजनिक स्थलों को पहले राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद चुनिंदा स्थलों को राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार देने पर विचार किया जाएगा।'' मंत्रालय ने बुधवार को शहरी स्थानीय निकायों के लिए एक पोर्टल शुरू किया ताकि वे इस प्रतिस्पर्धा में शामिल होने के लिए अपने दस्तावेज सौंप सकें जिसमें तस्वीरें, वीडियो, प्रस्तुति और खुद की ओर से दी गई मूल सूचनाएं शामिल होंगी।
-
नागपुर. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत की बृहस्पतिवार को प्रशंसा करते हुए उन्हें अपने और कई अन्य लोगों के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि भागवत समाज में अच्छा काम करने वाले लोगों का समर्थन करते रहते हैं।
शिंदे नागपुर में ‘डॉ. आबाजी थत्ते सेवा और अनुसंधान संस्थान' द्वारा संचालित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एनसीआई) के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर आरएसएस प्रमुख भागवत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उद्योगपति गौतम अडाणी और अन्य लोग उपस्थित थे। उन्होंने कहा, ‘‘मोहन भागवत जी हमारे और अन्य सभी के लिए प्रेरणा और ऊर्जा के स्रोत हैं। वह हमेशा अच्छे काम करने वाले लोगों का समर्थन करते हैं। इसलिए, देवेंद्र जी (फडणवीस) ने भी कहा कि एनसीआई के निर्माण में संघ एक प्रेरणा के रूप में खड़ा था। जब आरएसएस और उसके प्रमुख समर्थन देते हैं, तो बड़ी परियोजनाओं का निर्माण संभव हो जाता है।'' मुख्यमंत्री ने इस मौके पर आरएसएस के दिवंगत विचारक डॉ. आबाजी थत्ते की भी प्रशंसा की।उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली और कैंसर सभी के लिए चुनौती है... उत्तर प्रदेश के बाद महाराष्ट्र में कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रतिवर्ष 1.25 लाख लोगों में कैंसर का निदान किया जाता है, जिनमें से 30 से 40 प्रतिशत लोगों की इस बीमारी के कारण मौत हो जाती है।'' उन्होंने कहा, ‘‘गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार प्रदान करना सभी के सामने एक चुनौती है और सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम कर रही है।'' ठाणे जिले में कोपरी-पचपखड़ी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शिंदे ने कहा कि ठाणे में जल्द ही एक कैंसर अस्पताल बनेगा। इस मौके पर भागवत ने अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ एनसीआई के निर्माण में प्रयास करने के लिए आरएसएस के स्वयंसेवकों की प्रशंसा की। भागवत ने कहा, ‘‘एनसीआई के कर्मचारी मरीजों को स्नेहपूर्ण तरीके से सेवा प्रदान करते हैं।''उन्होंने लोगों से समाज की सेवा के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा बुनियादी जरूरतें हैं, और समाज अब इसके बारे में जागरूक हो गया है। हर कोई अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा चाहता है, और वे इसके लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।'' भागवत ने कहा कि सरकार और प्रशासन अपने-अपने तरीके से इस लक्ष्य को हासिल करने में अपना योगदान दे रहे हैं।'' आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘लेकिन केवल उनका प्रयास ही काफी नहीं है। समाज के प्रयासों की भी जरूरत है क्योंकि यह देश के 148 करोड़ लोगों की जरूरत है।'' फडणवीस ने कहा कि कैंसर के कारण उन्होंने अपने पिता को खो दिया था। साथ ही उन्होंने कैंसर रोगियों और उनके परिवारों के सामने आने वाली कठिनाइयों के बारे में बात की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनकी टीम मध्य भारत के लोगों के लिए एक विश्व स्तरीय और किफायती कैंसर उपचार सुविधा का निर्माण करना चाहती है। फडणवीस ने भागवत और आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी भैयाजी जोशी के मार्गदर्शन के लिए उनकी सराहना करते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह संघ की प्रेरणा ही है कि हम सभी इतने अच्छे अस्पताल का निर्माण कर सके।'' इस मौके पर गडकरी ने कहा कि अमेरिका में कैंसर के मरीजों की संख्या में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन भारत में कैंसर के कारण मरने वाले रोगियों की संख्या बढ़ रही है और इस बीमारी का प्रसार बढ़ रहा है।'' गडकरी ने कैंसर के उचित निदान और उपचार की आवश्यकता पर बल दिया और उम्मीद जताई की कि एनसीआई विदर्भ और मध्य भारत में कैंसर रोगियों की सेवा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में रेडियो प्रसारण को बढ़ावा देने के लिए 91 एफएम ट्रांसमीटरों का उद्धाटन किया। 100 वॉट के इन ट्रांसमीटरों का शुभारंभ वीडियो क्रॉफ्रेंस के माध्यम से किया गया। ये ट्रांसमीटर 18 राज्यों, 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 84 जिलों में स्थापित किए गए हैं । इनमें दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला और बालोद जिले के दल्लीराजहरा में संस्थापित 100 वॉट क्षमता वाले एफ.एम ट्रांसमीटर भी शामिल है।
प्रधानमंत्री का दृढ़ विश्वास है कि रेडियो जनता तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रधानमंत्री ने व्यापक रूप से श्रोताओं तक पहुंचने के लिए रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम शुरू किया था। अब रविवार 30 अप्रैल को इस कार्यक्रम की ऐतिहासिक 100वीं कड़ी का प्रसारण होना है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश के 18 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के 84 जिलों में 91 एफएम ट्रांसमीटर्स के उद्घाटन किए । पीएम मोदी ने कहा, ‘जब रेडियो और एफएम की बात आती है तो इसके साथ मेरा रिश्ता एक भावुक श्रोता के साथ-साथ एक मेजबान का भी है. ।’उन्होंने कहा, ‘आज ऑल इंडिया रेडियो की (एआईआर) एफएम सेवा का विस्तार अखिल भारतीय एफएम बनने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है ।. ऑल इंडिया एफएम के 91 एफएम ट्रांसमीटर्स की शुरुआत देश के 85 जिलों 2 करोड़ लोगों के लिए उपहार है ।’इस अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘यह एक ऐतिहासिक कदम है।. यह स्थानीय निवासियों के लिए मनोरंजन, खेल और खेती से जुड़ी सूचनाओं को प्रसारित करने में बहुत मददगार होगा. ‘मन की बात’ ने रेडियो की लोकप्रियता बढ़ाई है।. ’प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक देश के 18 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के 84 जिलों में 91 नये 100 वाट वाले एफएफ ट्रांसमीटर्स लगाए गए हैं।.बयान के मुताबिक इस विस्तार का विशेष ध्यान आकांक्षी जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में कवरेज बढ़ाने पर है।पीएमओ ने कहा है, ‘बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, लद्दाख और अंडमान निकोबार द्वीप समूह समेत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश इसमें शामिल हैं।. ’पीएमओ ने कहा, ‘एआईआर की एफएम सेवा का विस्तार, जिसमें कि 2 करोड़ लोग शामिल होंगे, जिनके पास इस मीडियम तक पहुंच नहीं है, अब उनकी पहुंच हो सकेगी. इसके परिणामस्वरूप लगभग 35,000 वर्ग किमी क्षेत्र में कवरेज का विस्तार होगा.’ प्रधानमंत्री का दृण विश्वास है कि रेडियों जन तक पहुंचने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.’बयान में कहा गया है कि बड़े स्तर पर संभव ऑडियंस तक पहुंचने के लिए इस अद्वितीय मीडियम की ताकत का इस्तेमाल करने के लिए प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम शुरू की, जो को यह अब 100वे एपिसोड के करीब पहुंच रही है।. -
चंडीगढ. एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज कौर सिंह का कुरूक्षेत्र के एक अस्पताल में बृहस्पतिवार को निधन हो गया । वह 74 वर्ष के थे और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे ।
उन्होंने जनवरी 1980 में एक नुमाइशी मैच में महान मुक्केबाज मुहम्मद अली का सामना किया था । उन्होंने दिल्ली में 1982 एशियाई खेलों में हैवीवेट मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीता था । कौर को 1982 में अर्जुन पुरस्कार और 1983 में पद्मश्री से नवाजा गया था ।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व ओलंपियन और अनुभवी मुक्केबाज कौर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है ।'' इससे पहले पंजाब सरकार ने इस महीने स्कूली पाठ्य पुस्तकों में पंजाब के चार महान खिलाड़ियों की जीवनी शामिल करने की घोषणा की थी जिनमें महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर, एथलीट मिल्खा सिंह, ओलंपियन गुरबचन सिंह रंधावा और कौर सिंह शामिल हैं । -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय चिकित्सा उपकरण नीति 2023 को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और भारत के चिकित्सा उपकरणों के निर्माण और निर्यात करने में अग्रणी बनने के प्रयासों को बल मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि 157 नए नर्सिंग महाविद्यालयों की स्थापना को मंजूरी देने का मंत्रिमंडल का निर्णय भारत के इच्छुक नर्सिंग पेशेवरों के लिए अच्छी खबर है। उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा चिकित्सा महाविद्यालयों के साथ इन नर्सिंग महाविद्यालयों का बनना संसाधनों के ईष्टतम उपयोग को दर्शाता है।'' केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 1,570 करोड़ रुपये की लागत से 157 नर्सिंग महाविद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दे दी। एक अन्य फैसले में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय चिकित्सा उपकरण नीति 2023 को मंजूरी दे दी ताकि घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा सके और उभरते क्षेत्र को अगले पांच वर्षों में मौजूदा 11 अरब डॉलर (100 करोड़) से बढ़कर 50 अरब डॉलर करने में मदद मिल सके। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह मंत्रिमंडल द्वारा लिया गया एक महत्वपूर्ण निर्णय है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र को बढ़ावा देगा और भारत को चिकित्सा उपकरणों के निर्माण व निर्यात में अग्रणी बनाने के हमारे प्रयासों को आगे बढ़ाएगा।''
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘डबल इंजन' की सरकार होने का सीधा मतलब राज्यों में विकास की दोगुनी रफ्तार से है और इसके ना होने से जनता पर ‘डबल मार' पड़ती है। चुनावी राज्य कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से डिजिटल माध्यम से संवाद करते हुए मोदी ने आग्रह किया कि वे जनता के बीच जाएं और बताएं कि ‘डबल इंजन' सरकार के क्या फायदे हैं। केंद्र व राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने को भाजपा ‘डबल इंजन' की सरकार कहती है। हाल के वर्षों में विधानसभा चुनावों में पार्टी ने इसे एक बड़ा मुद्दा बनाया है। मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता को समझाएं कि स्थिर सरकार होने के फायदे होते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मतदाताओं को बताएं कि कर्नाटक में स्थिरता ना होने की वजह से कितना नुकसान हुआ है और दिल्ली में (केंद्र में) एक स्थिर सरकार होने की वजह से कितना काम हो रहा है। इस बार यहां भी मजबूत और स्थिर सरकार बनाइए।'' मोदी ने कहा, ‘‘डबल इंजन सरकार का सीधा और साधारण मतलब है कि विकास की रफ्तार डबल। बीते नौ वर्षों का यही अनुभव रहा है। जहां-जहां भाजपा की डबल इंजन की सरकार है, वहां-वहां गरीब कल्याण की योजनाएं तेजी से जमीन पर उतरी हैं।'' उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना में कर्नाटक सबसे आगे है और यह इसलिए संभव हुआ है कि क्योंकि वहां डबल इंजन की सरकार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा सरकार नहीं है, वहां वह (सत्ताधारी दल) कोशिश करते हैं कि केंद्र सरकार की कोई भी योजना सफल न हो जबकि कुछ राज्य तो योजना से जुड़ते ही नहीं हैं और कुछ राज्य ऐसे हैं जो योजना का नाम तक बदल देते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर यहां ऐसी सरकार आएगी जो बात-बात पर केंद्र सरकार से लड़ती रहेगी, योजनाओं को रोकती रहेगी... अवसंरचना से जुड़ी सारी परियोजनाओं को अटकाती रहेगी... हम सड़कें बनाना चाहेंगे तो जमीन का काम ही धीरे-धीरे करेंगे... तो कैसे निवेश आएगा? निवेश नहीं आएगा तो कर्नाटक में नए रोजगार कैसे सृजित हो पाएंगे? यानी डबल इंजन की सरकार के ना रहने पर जनता पर डबल मार पड़ती है।'' प्रधानमंत्री ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि अगर ट्रैक्टर के एक पहिये की जगह उसमें मारुति कार का पहिया लगा दें तो वह क्या किसी के काम आएगा? उन्होंने कहा, ‘‘क्या वह खुद ही अपनी बर्बादी करेगा कि नहीं करेगा?'' उन्होंने कहा कि जैसे एक ही प्रकार की व्यवस्था तेज गति देती है, वैसे ही डबल इंजन की सरकार तेज गति देती है। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जाकर मतदाताओं को इसके फायदे बताएं। मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका एकमात्र एजेंडा सत्ता हथियाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा एजेंडा 25 साल में देश को विकसित बनाना है, गरीबी से मुक्त बनाना है, नौजवानों के सामर्थ्य को सबसे आगे बढ़ाना है। आने वाले 25 साल में कर्नाटक की विकास यात्रा को नेतृत्व देने के लिए भाजपा एक युवा टीम का निर्माण कर रही है। हमारी कोशिश है कि कर्नाटक में बेंगलुरु जैसे अनेक वैश्विक केंद्र बनें।'' प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पहली बार के मतदाताओं से जरूर मिलें और उन्हें भाजपा को वोट देने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा, ‘‘लंबे अरसे से कर्नाटक में भाजपा का बड़ा जनाधार रहा है। आप पूर्ण बहुमत की स्थिर भाजपा सरकार के लिए वोट मांगेंगे तो जनता जरूर आशीर्वाद देगी।'' कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है और मतगणना 13 मई को होनी है। -
नयी दिल्ली. संकटग्रस्त सूडान से निकाले जाने के बाद सऊदी अरब से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे हरियाणा के सुखविंदर सिंह ने राहत की सांस लेते हुए कहा, सूडान में ऐसा लग रहा था मानो हम मृत्युशय्या पर थे। पेशे से इंजीनियर सुखविंदर (40) उन 360 भारतीय नागरिकों के पहले जत्थे में शामिल थे, जो भारत के ‘ऑपरेशन कावेरी' निकासी मिशन के तहत बुधवार रात स्वदेश लौटे। हरियाणा के फरीदाबाद के निवासी सुखविंदर ने सूडान में अपने अनुभव को याद करते हुए कहा कि वह ‘‘अब भी बहुत डरे हुए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम एक इलाके तक सिमटकर रह गए थे। हम एक कमरे तक ही सीमित थे। यह ऐसा था, मानो हम मृत्युशय्या पर हों।'' भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से अपने निकासी अभियान के तहत कम से कम 670 नागरिकों को बाहर निकाला है।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के रहने वाले एक फैक्टरी के कर्मचारी छोटू ने यहां पहुंचते ही चिल्लाते हुए कहा, ‘‘मरकर वापस आ गया।'' छोटू ने कहा, ‘‘अब कभी सूडान वापस नहीं जाऊंगा। मैं अपने देश में कुछ भी कर लूंगा, लेकिन वापस नहीं जाऊंगा। '' विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सूडान से वापस लौटे भारतीयों की कुछ तस्वीरें ट्विटर पर भी साझा कीं।
उन्होंने लिखा, ‘‘भारत अपनों का स्वागत करता है। ऑपरेशन कावेरी के तहत पहली उड़ान नयी दिल्ली पहुंची और 360 भारतीय नागरिक अपनी सरजमीं पर उतरे।'' पंजाब के होशियारपुर के निवासी तसमेर सिंह (60) ने सूडान में चल रहे संघर्ष के दौरान अपने अनुभव को भयावह बताया। उन्होंने कहा, ‘‘हम एक शव की तरह थे, एक छोटे-से घर में बिना बिजली, बिना पानी के रह रहे थे। हमने कभी नहीं सोचा था कि जीवन में इस तरह की स्थिति का सामना करेंगे, लेकिन भगवान का शुक्र है कि हम जीवित हैं।'' सूडान में पिछले 12 दिन से देश की सेना और एक अर्धसैनिक बल (रैपिड सपोर्ट फोर्सज) के बीच घातक संघर्ष जारी है, जिसमें कथित तौर पर 400 से अधिक लोग मारे गए हैं। सूडान की सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच गहन बातचीत के बाद 72 घंटे के युद्धविराम पर सहमति बनने के मद्देनजर भारत ने सूडान से भारतीयों को निकालने के अपने प्रयास तेज किए। 'ऑपरेशन कावेरी' के तहत भारत शरणार्थियों को सऊदी अरब के जेद्दा शहर ले जा रहा है, जहां से उन्हें देश वापस लाया जा रहा है। इस बीच, विमानन कंपनी ‘इंडिगो' ने कहा कि उसने 'ऑपरेशन कावेरी' के तहत जेद्दा के लिए चार्टर उड़ान सेवाओं की पेशकश की है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘हम अब भी यह उड़ान सेवा शुरू करने के लिए मंत्रालय से ब्योरे का इंतजार कर रहे हैं, अभी तक किसी चीज की पुष्टि नहीं हुई है।'' कई राज्यों ने ‘हेल्प डेस्क' खोले हैं और देश में आने के बाद सूडान से निकाले गए भारतीयों के लिए मुफ्त यात्रा और आवास जैसी सहायता की घोषणा की है। - नबरंगपुर (ओडिशा) दी। ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर मुठभेड़ के बाद पुलिस ने माओवादियों के एक ठिकाने से कंडोम, गर्भ निरोधक गोलियां और गर्भावस्था जांच किट बरामद किये। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यहां यह जानकारी दी। माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ के बारे में नबरंगपुर की पुलिस अधीक्षक एस सुश्री ने बताया कि ओडिशा पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे नबरंगपुर जिले के रायघर इलाके में माओवादी विरोधी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि बुधवार को सुबह लगभग साढ़े नौ बजे उदंती अभ्यारण्य में सैबिन कछार गांव के पूर्व में पुलिस दलों की 20 से 25 माओवादियों के एक समूह से मुठभेड़ हो गई।उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस दलों को देखते ही माओवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी लगभग आधा घंटे चली। इलाके और घने जंगल का फायदा उठाकर माओवादी शिविर से फरार हो गये।’’ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि माओवादियों के ठिकाने से भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि ठिकाने से कंडोम, गर्भ निरोधक गोलियां और गर्भावस्था जांच किट बरामद की गई।उन्होंने बताया कि दो बंदूक भी बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि माओवादियों के शिविर से माओवादी पर्चे के अलावा बैनर, डेटोनेटर और खाने का सामान भी मिला है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि माओवादी शिविरों में महिलाओं का यौन शोषण हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। इस बीच ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे मल्कानगिरि, कोरापुट और नबरंगपुर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। file photo
-
नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार गुरुवार को राज्य के मुक्तसर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में कर दिया गया। पांच बार मुख्यमंत्री रहे दिग्गज अकाली नेता को हजारों गमगीन नागरिकों और नेताओं ने अंतिम विदाई दी। प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया और उनके बेटे तथा शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने अपने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। बादल का पार्थिव शरीर बुधवार रात मुक्तसर जिले से बादल गांव लाया गया। उनके पार्थिव शरीर को गांव लाते समय भी राजमार्ग के दोनों ओर लोगों का जमावड़ा नजर आया।
गुरुवार को बादल के पार्थिव शरीर को फूलों से सजी ट्रैक्टर ट्रॉली पर रखा गया और उनके आवास से करीब एक किलोमीटर दूर परिवार के खेत में ले जाया गया। उनके बेटे सुखबीर सिंह बादल अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर हाथ जोड़कर खड़े नजर आए।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने बादल गांव पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन किये। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुग, हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने भी बादल को श्रद्धांजलि दी।पजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित और मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा, भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख अश्विनी शर्मा, कांग्रेस की पंजाब इकाई केप्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पंजाब के पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। गांव में सुरक्षा के भारी बंदोबस्त किये गये थे।इससे पहले सुबह बादल के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर रखा गया जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए कतार में खड़े नजर आए। बादल के बेटे सुखबीर बादल, पुत्रवधू हरसिमरत कौर बादल, उनकी दो बेटियां और एक बेटा अकाली नेता के पार्थिव शरीर के पास खड़े थे।पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, प्रकाश सिंह बादल के परिवार से अलग हुए उनके भतीजे एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया और भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। बादल पहली बार 1970 में पंजाब के मुख्यमंत्री बने और गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया, जो अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई। वह 1977-80, 1997-2002, 2007-12 और 2012-2017 के बीच भी मुख्यमंत्री रहे। वह 11 बार विधानसभा के लिए चुने गए थे। -
नयी दिल्ली. एक नए अध्ययन ने दुनिया भर में भीषण तापमान के विनाशकारी प्रभावों के जोखिम को झेलने वाले क्षेत्रों को उजागर किया है। ब्रिटेन के ब्रिस्टल विश्वविद्यालय के नेतृत्व में किए गए शोध में दिखाया गया है कि सामाजिक आर्थिक संवेदनशीलता के साथ मिलकर अभूतपूर्व गर्मी अफगानिस्तान, पापुआ न्यू गिनी और मध्य अमेरिका जैसे कुछ क्षेत्रों को सबसे अधिक संकट में डालती है। यह अध्ययन पत्रिका ‘नेचर कम्युनिकेशंस' में प्रकाशित हुआ। इस अध्ययन में, शोधकर्ताओं ने चरम विचलन आंकड़ों, जलवायु मॉडल और अनुमानों के बड़े आंकड़ों का उपयोग विश्व स्तर पर उन क्षेत्रों को इंगित करने के लिए किया जहां तापमान का रिकॉर्ड जल्द ही टूटने की संभावना है। इसके परिणामस्वरूप लोगों के अत्यधिक गर्मी का सामना करने का सबसे बड़ा खतरा है। शोधकर्ताओं ने इस बात को लेकर भी आगाह किया कि सांख्यिकीय रूप से असंभव नजर आने वाली चरम सीमाएं कहीं भी हो सकती हैं। उस स्थिति में वर्तमान रिकॉर्ड उस अंतर से टूट जाते हैं जो तब तक असंभव लगते थे जब तक वे घटित नहीं होते। यह अध्ययन जिन क्षेत्रों में किया गया उनमें से 31 फीसदी या एक तिहाई में ये असंभावित घटनाएं देखने को मिली। इसमें 1959 से 2021 के बीच के उन आंकड़ों को लिया गया जिन्हें विश्वसनीय माना गया, जैसे कि 2021 पश्चिमी उत्तरी अमेरिका लू। ब्रिस्टल विवि के काबोट इंस्टीट्यूट ऑफ एनवॉयरमेंट के जलवायु विज्ञानी और शोध के मुख्य लेखक डॉ. विक्की थॉम्पसन ने कहा, “हम उन क्षेत्रों की पहचान करते हैं जो अब तक इस संकट से बचे रहे हैं - इनमें से कुछ क्षेत्रों में जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है, कुछ विकासशील देश हैं, कुछ पहले से ही बहुत गर्म हैं। हमें यह पूछने की आवश्यकता है कि क्या इन क्षेत्रों के लिए तापमान को लेकर पर्याप्त कार्य योजनाएं हैं।










.jpg)
.jpeg)

.jpeg)

.jpeg)

.jpeg)






.jpg)


.jpg)