- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. भारत ने ग्लोबल साउथ देशों की मदद करने के उद्देश्य से पर्यावरण और जलवायु अवलोकन के लिए जी20 उपग्रह मिशन का शनिवार को प्रस्ताव किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केन्द्र ‘भारत मंडपम' में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा सहित वैश्विक नेताओं की उपस्थिति में यह सुझाव दिया। मोदी ने कहा कि जी20 उपग्रह मिशन भारत के सफल चंद्रयान मिशन से प्राप्त आंकड़ों की तरह ही पूरी मानवता के लिए फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ, भारत 'पर्यावरण और जलवायु अवलोकन के लिए जी20 उपग्रह मिशन' की शुरुआत करने का प्रस्ताव कर रहा है। ‘जी20 लीडर्स समिट' (जी 20 नेताओं के शिखर सम्मेलन) के एक सत्र में मोदी ने कहा, ‘‘इससे प्राप्त जलवायु और मौसम संबंधी आंकड़े सभी देशों, खासकर ग्लोबल साउथ के देशों के साथ साझा किए जाएंगे। भारत सभी जी-20 देशों को इस पहल में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है।'' ‘ग्लोबल साउथ' शब्द का इस्तेमाल अक्सर विकासशील और अल्प विकसित देशों के लिये किया जाता है, जो मुख्य रूप से अफ्रीका , एशिया और लैटिन अमेरिका में स्थित हैं। जी20 नेताओं ने 23 अगस्त को चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए भारत को बधाई भी दी।
जी20 शिखर सम्मेलन में अंगीकार किए गए नयी दिल्ली घोषणापत्र में कहा गया, “पहले के वैश्विक संकटों को रोकने के लिए अपने सामूहिक कार्यों को याद करते हुए, हम दुनिया को उसकी वर्तमान चुनौतियों से बाहर निकालने तथा अपने लोगों और ग्रह के वास्ते एक सुरक्षित, मजबूत, अधिक लचीले, समावेशी और स्वस्थ भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। -
नयी दिल्ली. जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की पत्नी योको किशिदा समेत जी20 के करीब 15 नेताओं की पत्नियों ने शनिवार को यहां 1,200 एकड़ में फैले पूसा-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) परिसर का दौरा किया जहां उन्होंने मोटे अनाज को खेत में तैयार किए जाने से लेकर पकाए जाने तक का अनुभव लिया। जी20
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति और विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा की पत्नी रितु बंगा जी20 नेताओं की जीवन संगनियों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल थीं, जिन्होंने यहां राष्ट्रीय राजधानी में आईएआरआई परिसर का दौरा किया। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की पत्नी क्योको जयशंकर ने उनका स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल का प्रदर्शनी में एक भव्य "मोटा अनाज-रंगोली" से स्वागत किया गया। इसमें 18 देशों के मोटे अनाज और भारत में बढ़ते स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को प्रदर्शित किया गया। कृषि मंत्रालय ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘प्रदर्शनी क्षेत्र में 15 ‘एग्रीस्टार्टअप' ने जमीनी स्तर की चुनौतियों से निपटने के लिए नवीन तकनीकी के माध्यम समाधान का प्रदर्शन किया। देश भर के एफपीओ ने 'सामूहिक कृषि के माध्यम से ग्रामीण समृद्धि को सशक्त बनाना' थीम के साथ देश भर में विपणन किए जाने वाले खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया।'' मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में भारत की कृषि उत्कृष्टता को प्रदर्शित किया गया, जिसमें किसान, अत्याधुनिक कृषि-प्रौद्योगिकी शामिल थी। एक घंटे की यात्रा के दौरान प्रतिनिधियों ने मध्य प्रदेश की महिला आदिवासी किसान लहरी बाई से भी मुलाकात की, जिन्होंने अपने खेत में मोटे अनाज के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लहरी बाई दूरदराज के गांवों की उन 20 महिला किसानों में से हैं, जिन्होंने आईएआरआई में जी20 नेताओं की पत्नियों के साथ मोटे अनाज की खेती के बारे में अपने अनुभव और ज्ञान साझा किया। ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में मोटे अनाज की खेती के आंदोलन में सबसे आगे हैं।
मोटे अनाज के उत्पादक 11 राज्यों - मध्य प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तराखंड और ओडिशा के दूर-दराज के गांवों से महिला किसानों को आमंत्रित किया गया था। आईएआरआई के निदेशक ए.के. सिंह ने बताया, ‘‘"खाद्य और पोषण सुरक्षा में अनुसंधान के माध्यम से कृषि में हुई प्रगति को दर्शाते हुए भारतीय कृषि की प्रगति को प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रतिनिधियों ने भारतीय कृषि के बारे में सब कुछ समझने में गहरी रुचि ली।" उन्होंने कहा कि बाजरा के अलावा, डेयरी, मत्स्य पालन और फूलों की खेती में हुई प्रगति को प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि सदस्य देशों के बीच सहमति के साथ जी20 ने ‘नयी दिल्ली लीडर्स समिट डिक्लेरेशन' को अपनाया है। मोदी ने यहां ‘भारत मंडपम' में शिखर सम्मेलन के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए कहा, अभी-अभी अच्छी खबर मिली है कि हमारी टीम की कड़ी मेहनत और आपके सहयोग के कारण, नयी दिल्ली जी20 लीडर्स समिट डिक्लेरेशन पर आम सहमति बन गई है।'' प्रधानमंत्री ने कहा, यह मेरा प्रस्ताव है कि इस जी20 घोषणापत्र को अपनाया जाए।'' सदस्यों की मंजूरी के बाद मोदी ने घोषणा की कि इसे स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस अवसर पर मैं अपने मंत्रियों, शेरपा और सभी अधिकारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से इसे संभव बनाया।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां जी20 शिखर सम्मेलन से इतर अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय मुलाकात की। मोदी ने कहा कि भारत और जापान संपर्क, वाणिज्य और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, प्रधानमंत्री किशिदा के साथ सार्थक बातचीत हुई। हमने भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों और भारत की जी20 अध्यक्षता तथा जापान की जी7 अध्यक्षता से संबंधित मुद्दों का जायजा लिया। हम संपर्क, वाणिज्य और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
-
गुवाहाटी. भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने यहां शनिवार को कहा कि नयी दिल्ली में जारी शिखर सम्मेलन समेत भारत की अध्यक्षता में सालभर से जारी जी20 कार्यक्रमों की सफलता यह साबित करती है कि भारत वैश्विक मुद्दों पर नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार है। श्रीनिवासन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन कार्यक्रम में कहा, 60 शहरों में साल भर चलने वाले जी20 कार्यक्रमों और लगभग 30,000 प्रतिनिधियों के साथ 220 बैठकों ने भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता, सांस्कृतिक विरासत और विविधता में एकता को प्रदर्शित किया है।'' उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम हो रहा है। हमें खुशी है कि भारत की जी20 अध्यक्षता में वैश्विक नेतृत्व एक साथ आ रहा है... महिला मोर्चा जी20 प्रतिनिधियों और भव्य आयोजन की सफलता के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता है।'' श्रीनिवासन ने कहा कि महिला मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठकें बहुत अहम हैं क्योंकि इनमें 2024 के संसदीय चुनाव और पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मोर्चा की योजना का खाका तैयार किया जाएगा। बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की सात पूर्वोत्तर राज्यों की 60 समेत कुल 200 पदाधिकारी भाग लेंगी। उत्तर पूर्व में पहली बार हो रही इस बैठक में राजस्थान और मध्य प्रदेश को छोड़कर, जहां विधानसभा चुनाव होने हैं, 35 राज्यों की सदस्य भाग ले रही हैं। बैठकों के दौरान अलग अलग पांच सत्र होंगे। नगालैंड से सांसद पी कोन्याक और हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए गए कामाख्या प्रसाद तासा अलग-अलग सत्रों की अध्यक्षता करेंगे। समापन सत्र की अध्यक्षता रविवार को भाजपा के संयुक्त महासचिव (संगठन) शिव प्रकाश और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा करेंगे।
-
गाजीपुर (उप्र) .जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को जनता से अपील की कि वह राजनीति को व्यापार बनाने वालों को नकार कर राजनीति के जरिये देश और देशवासियों की सेवा करने वालों को अपना समर्थन दे, जिससे भारत विश्व में अपना सर्वोच्च स्थान बना सके। यहां मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नेता रहे रामनाथ यादव की मूर्ति का लोकार्पण करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश सेवा करने की जो राजनीति आरंभ की है, वह भारत को सर्वश्रेष्ठ बनाएगा। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में शिक्षा नीति में जो परिवर्तन सरकार ने किया है, वह लागू होने के बाद पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा तथा देशवासियों को अपने देश की गौरवशाली इतिहास की जानकारी होगी। उपराज्यपाल ने भारत में चल रहे जी20 की बैठक की चर्चा करते कहा कि आज पूरा विश्व भारत की अध्यक्षता में एकत्र होकर यह रास्ता खोज रहा है कि पूरी दुनिया में खुशहाली किस तरह लाई जाए। उन्होंने कहा , ‘‘यह हमारे देश के लिए गर्व का विषय है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका पूरे विश्व में बज रहा है।'' सिन्हा ने कहा , ‘‘विदेशी राष्ट्राध्यक्ष/शासनाध्यक्ष भारत की सराहना कर रहे हैं। देशवासियों को भी इस बात की खुशी हो रही है कि उनका देश प्रगति की ओर अग्रसर है। जनता सरकार की सराहना कर रही है।'' उन्होंने उपस्थित जनसमूह को यह विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें जिस उद्देश्य से जम्मू कश्मीर भेजा है, वह कार्य जनता के सहयोग से वह जरूर पूरा करेंगे तथा वहां जनता को प्यार से जोड़कर जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बना कर लौटेंगे। उन्होंने कहा कि वहां की जनता के मन में प्यार के माध्यम से भारतीयता को उतारा जा रहा है, जिसमें भारी सफलता मिल रही है। उपराज्यपाल ने कहा कि यह देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है कि वहां खुशहाली और शांति है। उन्होंने जनता से कहा कि वह जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करने वालों को करारा सबक सिखाए, उन्हें सबक सिखाएं जो लोग देश को हमेशा बदनाम करने और नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे है।
- नयी दिल्ली,। भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका ने शनिवार को साझा दुनिया के लिए समाधान प्रदान करने के वास्ते अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के प्रमुख मंच के रूप में जी20 के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। जी20 के वर्तमान और अगले तीन अध्यक्षों के रूप में भारत, ब्राज़ील, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका ने वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए भारत की जी20 अध्यक्षता की "ऐतिहासिक प्रगति" पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। संयुक्त बयान में कहा गया, "हम, भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका के नेताओं ने नयी दिल्ली में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की और हमारी साझा दुनिया के लिए समाधान प्रदान करने के वास्ते अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के प्रमुख मंच के रूप में जी20 के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की।''बयान में कहा गया, "जी20 के मौजूदा और अगले तीन अध्यक्षों के रूप में, हम वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए भारत की जी20 अध्यक्षता की ऐतिहासिक प्रगति पर आगे काम करेंगे।" इसी भावना से विश्व बैंक के अध्यक्ष के साथ मिलकर चारों देशों ने बेहतर, बड़े और अधिक प्रभावी बहुपक्षीय विकास बैंक बनाने की जी20 की प्रतिबद्धता का स्वागत किया। बयान में कहा गया, "यह प्रतिबद्धता रेखांकित करती है कि जी20 के माध्यम से एक साथ काम करके हम अपने लोगों को बेहतर भविष्य के वास्ते समर्थन देने के लिए क्या कर सकते हैं।" इसके साथ ही, व्हाइट हाउस के एक तथ्य पत्र (फैक्ट शीट) में कहा गया कि अमेरिका जी20 के प्रति और जी20 की भारत की अध्यक्षता में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसकी शुरुआत 2024 में ब्राजील की अध्यक्षता और 2025 में दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता से होगी। इसमें कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के प्रमुख मंच के रूप में जी20 के प्रति राष्ट्रपति की दृढ़ प्रतिबद्धता के संकेत के रूप में अमेरिका 2026 में जी20 की मेजबानी करेगा। तथ्य पत्र में कहा गया कि जैसा कि राष्ट्रपति बाइडन ने पिछले साल अमेरिका-अफ्रीका नेतृत्व शिखर सम्मेलन में आह्वान किया था, अमेरिका भी जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में अफ्रीकी संघ का समर्थन करने और अब उसका स्वागत किए जाने को लेकर प्रसन्न है, जो जी20 की जीवंतता और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अफ़्रीका की महत्वपूर्ण भूमिका दोनों का प्रतिबिंब है।
- नयी दिल्ली। जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के नेताओं की पत्नियों और प्रथम महिलाओं के लिए शनिवार को जयपुर हाउस में दोपहर के विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोजन के बाद उन्हें राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) में कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी का दौरा कराया गया। एक सूत्र ने कहा कि समूह को मोटे अनाज आधारित व्यंजन परोसे गए और उन्होंने कुछ 'स्ट्रीट फूड' का भी आनंद उठाया। सूत्र ने कहा, ‘‘तुर्किये, जापान, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और मॉरीशस के राष्ट्राध्यक्षों की पत्नियों सहित अन्य ने एनजीएमए में प्रदर्शनी का दौरा किया।''सूत्र ने बताया, ‘‘जयपुर हाउस में दोपहर के भोजन के बाद कुछ विश्व नेताओं की पत्नियों व प्रथम महिलाओं ने एनजीएमए में आयोजित एक प्रदर्शनी का आनंद लिया जो आज शुरू हुई। प्रदर्शनी विशेष रूप से उनके लिए आयोजित की गई है।'' ‘रूट्स एंड रूट्स' प्रदर्शनी भारत की सभ्यतागत विरासत, लोकाचार और अंतर-संबंध की पड़ताल करती है। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तहत एनजीएमए के पास पेंटिंग, मूर्तियों और तस्वीरों सहित कलाकृति का एक समृद्ध संग्रह है। आजादी का अमृत महोत्सव वेबसाइट के अनुसार, तत्कालीन उपराष्ट्रपति एस राधाकृष्णन ने 1954 में जयपुर हाउस में गैलरी का उद्घाटन किया था। दोपहर के विशेष भोजन और एनजीएमए प्रदर्शनी का आयोजन प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम' में शनिवार को शुरू हुए दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर किया गया। इससे पहले, कुछ विश्व नेताओं की पत्नियों और प्रथम महिलाओं ने मोटे अनाज (ज्वार, बाजरा) की खेती के बारे में जानने के लिए पूसा परिसर का दौरा किया। सूत्र ने कहा कि उन्होंने (नेताओं की पत्नियों) मोटे अनाज के बारे में और अधिक जानने में दिलचस्पी दिखाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय ज्वार-बाजरा वर्ष - 2023 का प्रस्ताव दिया था। प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा स्वीकार कर लिया गया था। मोदी ने भारत को ‘मोटे अनाज के लिए वैश्विक केंद्र' के रूप में स्थापित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय ज्वार-बाजरा वर्ष-2023 को एक ‘‘जन आंदोलन'' बनाने के लिए अपना दृष्टिकोण भी साझा किया है। भारत द्वारा पिछले साल जी20 की अध्यक्षता संभालने के बाद से समूह के कई कार्यक्रमों में प्रतिनिधियों को दोपहर और रात के समय परोसे जाने वाले भोजन में बाजरा आधारित व्यंजन शामिल थे। दिल्ली के लक्जरी होटल जी20 शिखर सम्मेलन के लिए आए राष्ट्राध्यक्षों को ज्वार-बाजरा आधारित व्यंजन भी परोस रहे हैं।
- अमरावती । आंध्र प्रदेश के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के प्रमुख एन संजय ने शनिवार को कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को कौशल विकास निगम में धन की कथित हेराफेरी से जुड़े 550 करोड़ रुपये के घोटाले के संबंध में गिरफ्तार किया गया है। नायडू की गिरफ्तारी के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच में यह पाया गया कि धन की हेराफेरी से नायडू और तेदेपा को लाभ मिला।उन्होंने कहा, ‘‘पूरी योजना के पीछे के मुख्य साजिशकर्ता, जिसने मुखौटा कंपनियों के जरिये सरकार से निजी संस्थाओं में सार्वजनिक धन के हस्तांतरण की साजिश रची, उसने सारा काम श्री नारा चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में किया।’’ सीआईडी प्रमुख ने कहा कि नायडू के पास समय-समय पर सरकारी आदेश जारी करने और समझौता ज्ञापन के लिए लेनदेन की विशेष जानकारी थी, जो उन्हें जांच के केंद्र में खड़ा करती है।नायडू को शनिवार सुबह उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी बस में सो रहे थे। पुलिस ने बताया कि सीआईडी के दल ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को सुबह करीब छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से गिरफ्तार किया, जहां उनकी बस खड़ी थी।
-
मुंबई .एयरलाइन में कार्यरत युवती रूपल ओगरे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार 40 वर्षीय व्यक्ति शुक्रवार को तड़के मुंबई पुलिस की हिरासत में फंदे पर लटका हुआ पाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी विक्रम अठवाल को अंधेरी पुलिस थाने के शौचालय के अंदर दो पैंट को मिला कर बनाए गए फंदे पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह आत्महत्या का संदिग्ध मामला है।
रूपल ओगरे (24) अंधेरी के मरोल इलाके में कृष्णलाल मारवाह मार्ग पर स्थित एनजी कॉम्पलेक्स के एक फ्लैट में किराए पर रहती थी, जिसकी मौत रविवार रात को गला रेतने से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, वह छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी और एअर इंडिया में ‘फ्लाइट अटेंडेंट' का प्रशिक्षण लेने के लिए अप्रैल में मुंबई आई थी। अठवाल को हत्या के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया था और वह पिछले एक साल से उस सोसायटी में देखभाल और साफ-सफाई का काम कर रहा था जहां महिला रहती थी। एक स्थानीय अदालत ने उसे आठ सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा था।
जांच के दौरान पुलिस ने एक चाकू बरामद किया था, जिसे ओगरे की हत्या में उसके द्वारा कथित रूप से प्रयोग किया गया था। पुलिस ने साथ ही अपराध के वक्त पहने हुए कपड़ों को भी बरामद किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अठवाल शादीशुदा था और उसकी दो बेटियां हैं।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया था कि आरोपी अठवाल और ओगरे के बीच छोटी-छोटी बातों पर बहस हुआ करती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अठवाल कचरा उठाने और शौचालय साफ करने के बहाने ओगरे के फ्लैट में घुसा और उसकी हत्या कर दी। -
धौलपुर. राजस्थान के धौलपुर जिले में कांग्रेस के एक नेता की शुक्रवार को हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि घटना तब घटी जब जलालपुर मंगरोल के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मेहताब सिंह (50) एक स्थानीय ग्राम राजस्व कार्यालय के उद्घाटन के सिलसिले में एक दुकान पर गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मनियां) ओमप्रकाश ने बताया, ‘‘हमलावर बाइक पर आए थे। उन्होंने मेहताब सिंह पर गोली चला दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सीसीटीवी रिकार्ड हो गई है।'' पुलिस के अनुसार सिंह पर सात लोगों ने हमला किया। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने सिंह पर पहले कुल्हाड़ी से हमला किया और जब वह गिर गए तो उन पर गोलियां चलायीं। पुलिस के अनुसार सार्वजनिक जीवन में होने के कारण सिंह की पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता थी।
-
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक जिले में शुक्रवार दोपहर को राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस से एक कार के टकरा जाने से उसमें (कार में) सवार चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अपराह्न करीब चार बजे जिले के पेठ तालुका में करणजली गांव के समीप नासिक वलसाड रोड पर एक मोड़ पर यह हादसा हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि निगम की बस पेठ से पुणे जा रही थी जबकि कार नासिक से गुजरात के सूरत की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो ने यहां जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चारों की पहचान नहीं हो पायी है।
-
जयपुर. भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) ने शुक्रवार को कहा कि उसने एक ही स्थान पर सबसे बड़ा अकाउंटिंग पाठ आयोजित करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इस सत्र में करीब 4,000 छात्रों ने भाग लिया। आईसीएआई के अध्यक्ष अनिकेत सुनील तलाटी ने कहा कि जयपुर में आयोजित हुए सत्र में एक छत के नीचे 3,933 विद्यार्थी एकत्रित हुए। तलाटी ने कहा कि इस कार्यक्रम का शीर्षक ‘करियर इन अकाउंटिंग एंड फाइनेंस ऑफ यूथ एंड सुपर मेगा करियर काउंसलिंग प्रोग्राम- भविष्य की राह' था, जिससे युवा विद्यार्थियों को बहुत फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सत्र देशभर में करीब 300 स्थानों पर आयोजित किया गया था। इसमें करीब दो लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, “हम सत्र में भाग लेने वाले हजारों छात्रों में हमारे देश का भविष्य देखते हैं।
-
रायपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को दस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। आम आदमी पार्टी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी की गयी सूची में प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी और किसान नेता तेजराम विद्रोही का नाम शामिल है। पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर कहा है, ''छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए 'आप' उम्मीदवारों की पहली सूची आ गई है। सभी उम्मीदवारों को शुभकामनायें । 'आप' ने जिन 10 सीटों के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा की है उनमें से पांच सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 में 'आप' ने पहली बार चुनाव लड़ा था। पार्टी ने राज्य के कुल 90 सीटों में से 85 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
-
नयी दिल्ली. दक्षिण भारत की समृद्ध साड़ियों से लेकर पूर्वोत्तर की हस्तनिर्मित वस्तुओं तक - भारत के समृद्ध और विविध सांस्कृतिक उत्पादों को यहां जी20 शिखर सम्मेलन स्थल पर गौरवपूर्ण स्थान मिला है। शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम परिसर में स्थापित 'शिल्प बाजार' के हिस्से के रूप में ताज महल और जनजातीय कलाओं की एक संगमरमर प्रतिकृति भी प्रदर्शित की जा रही है। सम्मेलन स्थल भारत मंडपम परिसर में स्थापित 'शिल्प बाजार' में ताज महल और जनजातीय कलाओं की एक संगमरमर की प्रतिकृति भी प्रदर्शित की जा रही है। प्रतिनिधियों और अन्य आगंतुकों को 'एक जिला, एक उत्पाद' और जीआई-टैग वाली वस्तुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए पूरे भारत के हस्तशिल्प उत्पाद दिखाए जाएंगे। यह प्रतिनिधियों को स्थानीय रूप से प्राप्त उत्पादों को खरीदने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगा। जी20 इंडिया के विशेष सचिव मुक्तेश परदेसी ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि बाजार में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उत्पाद प्रदर्शित किये गये हैं। प्रदर्शनी में जी20 लोगो और थीम 'वसुधैव कुटुम्बकम - वन अर्थ', वन फैमिली, 'वन फ्यूचर' लगा असम का 'गमोसस' प्रदर्शित किया गया है। अन्य राज्यों के उत्पादों के अलावा तमिलनाडु की रेशमी साड़ियां और बिहार की मधुबनी कला-मुद्रित कपड़े भी प्रदर्शन के लिए रखे गए हैं।
- उत्तरी लखीमपुर . असम के एक गांव में ग्रामीणों के एक समूह द्वारा पुलिस टीम पर हमला करने और दांत से काटकर घायल करने के मामले में बृहस्पतिवार को 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात बोंगलमारा के नंबर-2 अहमदपुर गांव में तब हुई, जब पुलिस टीम उस कथित मादक पदार्थ तस्कर के दूसरे साथी की तलाश करने के लिए वहां गई थी, जिसे पहले गिरफ्तार किया गया था। अधिकारी ने कहा, ‘‘जैसे ही पुलिस टीम पहुंची, गिरफ्तार व्यक्ति के परिवार के सदस्यों ने पुलिस पर हमला कर दिया। उनमें से कई ने कर्मियों को दांत काट लिया।'' अधिकारी ने बताया कि हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।उन्होंने कहा, ‘‘हमलावर गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने में कामयाब रहे, जो वहां से भाग गया। लखीमपुर के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने आज सुबह इलाके में तलाशी अभियान चलाया।'' अधिकारी ने कहा कि 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया और उन सभी को विभिन्न पुलिस थानों और चौकियों पर रखा गया है।
- रायपुर. कांग्रेस ने गुरुवार को 'भारत जोड़ो यात्रा' की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में रैली निकाली। कांग्रेस की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगांठ पर राज्य के प्रत्येक जिले में प्रदेश कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा रैली निकाली। इसके बताया गया कि यात्रा के दौरान जनता को भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य से अवगत कराया गया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विभाजनकारी राजनीति के विरुद्ध जन जागरूकता अभियान चलाया गया। बयान में बताया गया है कि इस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया गया था। बयान के अनुसार रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और सरगुजा में उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव प्रभारी के रूप में शामिल हुए। बयान के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में रैली में मंत्री और विधायक भी शामिल हुए। बयान के अनुसार इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक तीर्थ यात्रा थी और तीर्थ यात्रा कभी समाप्त नहीं होती। बयान में कहा गया कि भारत जोड़ो यात्रा का इतिहास स्याही से नहीं लिखा जा सकता, यह पसीने से लिखा गया है। बैज ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की 145 दिनों तक चली चार हजार किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा में निडर भारतीयों ने ना केवल कदम जोड़े, बल्कि दिल भी जोड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वचन देती है कि भारत जोड़ो यात्रा के आदर्श, प्रेरणा और उद्देश्य निरंतरता में जारी रहेंगे।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों में आर्थिक अपराधियों और भगोड़ों से 1.8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है। यहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में अपराधियों और भगोड़ों के प्रत्यर्पण में खासी वृद्धि हुई है, खासकर अक्टूबर 2022 में भारत की मेजबानी में हुई 90वीं इंटरपोल महासभा के बाद से इसमें इजाफा हुआ है। कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि इस साल अब तक 19 अपराधियों/भगोड़ों को भारत वापस लाया गया है, जबकि पहले हर साल औसतन लगभग 10 अपराधी/भगोड़े भारत लौटते थे। मंत्री ने कहा कि 2022 में यह आंकड़ा 27 और 2021 में 18 रहा।कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में सिंह के हवाले से कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आर्थिक अपराध अधिनियम लाए जाने के बाद, पिछले लगभग चार वर्षों में आर्थिक अपराधियों और भगोड़ों से 1.8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है, जबकि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के जरिये 2014 के बाद से अपराधियों की 12 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की सपंत्ति कुर्क करने में मदद मिली है।'' सिंह ने एजेंसी मुख्यालय में एक अलंकरण समारोह के दौरान सीबीआई अधिकारियों को भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया। उन्होंने पहले ‘अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग दिवस' पर अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार आर्थिक अपराधियों पर आक्रामक तरीके से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि 2023 सीबीआई का हीरक जयंती वर्ष है और अपने 60 वर्षों के कार्यकाल में यह भारत की प्रमुख जांच और भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसी के रूप में उभरी है। सिंह ने सीबीआई अधिकारियों को पुलिस पदक प्रदान किए और पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवार के सदस्यों को बधाई दी। इससे पहले, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद ने कहा कि इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में एजेंसी ने जटिल मामलों के समाधान, विदेशों से सबूत एकत्र करने, अपराधियों/भगोड़ों का प्रत्यर्पण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बढ़ते अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग के परिणामस्वरूप, विदेशों से अपराधियों और भगोड़ों को वापस लाने में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
- जौनपुर .उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के थाना बदलापुर क्षेत्र स्थित खतुवापार गांव के पास बृहस्पतिवार शाम मोटरसाइकिल सवार हमलवारों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि इस हमले में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस उपाधीक्षक (बदलापुर) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मजदूरी का काम करने वाले दो युवक काम करने के बाद एक मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में खतुवापार गांव के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने दोनों पर गोलियां चलाईं जिसमें शिवकुमार बिन्द (35) और जितेन्द्र बिन्द (25) घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को तत्काल बदलापुर के एक अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने शिवकुमार बिन्द को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि घायल जितेन्द्र को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस का मानना है कि यह हमला जमीन विवाद के चलते हुआ है। पुलिस ने मृतक के परिवार की तहरीर पर एक मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
- जयपुर. राजस्थान के चूरू जिले के भानीपुरा थानाक्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को एक ट्रक और एक चार पहिया वाहन की आमने सामने की भिड़ंत में तीन महिलाओं एवं एक बच्ची समेत पांच व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 12 से अधिक अन्य घायल हो गये। यह जानकारी पुलिस ने दी। थानाधिकारी गौरव खिडिया ने बताया कि चार पहिया वाहन में सवार परिवार के लोग हनुमानगढ़ के एक धार्मिक स्थान से वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि साडासर और सावर के बीच सरदारशहर की तरफ से आ रहे एक ट्रक से उक्त चार पहिया वाहन की भिडंत हो गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में चार पहिया वाहन में सवार तीन महिलाओं एवं एक बच्ची समेत पांच व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 12 से अधिक अन्य लोग घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कमलादेवी (35), अन्नाराम (62), संतोष (35), मोनिका (10), सरोज (28) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिये सरदारशहर के राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 'स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग मून' (एसएलआईएम) के सफल प्रक्षेपण पर जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (जेएएक्सए) को बृहस्पतिवार को बधाई दी। अंतरिक्ष एजेंसी ने ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ''वैश्विक अंतरिक्ष समुदाय के एक और सफल चंद्र मिशन के लिए बहुत-बहुत बधाई।'' जेएएक्सए ने बृहस्पतिवार को एक एक्स-रे दूरबीन ले जाना वाला रॉकेट प्रक्षेपित किया, जो ब्रह्मांड की उत्पति का पता लगाएगा। जापान ने साथ ही एक एसएलआईएम भी भेजा है जो चांद पर जानकारी जुटाएगा। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि चंद्रयान-3 मिशन के बाद इसरो का अगला चंद्रमा मिशन जेएएक्सए के साथ साझेदारी में हो सकता है। चंद्र ध्रुवीय अन्वेषण मिशन (लूपेक्स) जेएएक्सए और भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के बीच एक सहयोगी मिशन है।
जेएएक्सए और इसरो साथ मिलकर रोवर और लैंडर विकसित कर रहे हैं।
यह रोवर न सिर्फ इसरो और जेएएक्सए के बल्कि अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा व यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के उपकरणों को अपने साथ ले जाएगा। नेशनल स्पेस पॉलिसी पर जापान मंत्रिमंडल समिति के उपाध्यक्ष और जापान की राष्ट्रीय खगोलीय वेधशाला के महानिदेशक साकू सुनेता ने पिछले महीने यहां इसरो मुख्यालय का दौरा किया था और अंतरिक्ष एजेंसी के अध्यक्ष एस. सोमनाथ के साथ मुलाकात कर लूपेक्स मिशन की प्रगति पर चर्चा की थी। इसरो के अधिकारी ने कहा, ''अन्य चीजों के साथ लूपेक्स मिशन के लिए एक छोटे लैंडर के निर्माण पर चर्चा हुई।'' जेएएक्सए के मुताबिक, लूपेक्स मिशन का मकसद स्थायी गतिविधियों के लिए एक चंद्र आधार स्थापित कर चांद के ध्रुवीय क्षेत्र की उपयुक्तता की खोज करना है। इसके साथ चांद की सतह पर जल-बर्फ संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी जुटाना और वाहन-परिवहन व रात में जीवित रहने जैसी चांद और ग्रहों की सतह से जुड़ी खोज तकनीकों का प्रदर्शन करना है। इसरो के एक अधिकारी के मुताबिक, लूपेक्स मिशन साल 2025 में शुरू किया जाना प्रस्तावित है। -
बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बृहस्पतिवार को देश के पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य-एल1' में लगे कैमरे द्वारा ली गई अंतरिक्ष यान की "सेल्फी" और पृथ्वी तथा चंद्रमा की तस्वीरें जारी कीं। अंतरिक्ष एजेंसी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "सूर्य-पृथ्वी एल1 बिंदु से संबंधित ‘आदित्य-एल1' ने सेल्फी और पृथ्वी तथा चंद्रमा की तस्वीरें लीं। तस्वीरों में ‘विजिबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ' (वीईएलसी) और सोलर अल्ट्रावॉयलेट इमेजर (एसूयआईटी) उपकरण दिखाई देते हैं, जैसा कि 4 सितंबर, 2023 को आदित्य-एल1 पर लगे कैमरे द्वारा देखा गया था। इसरो ने कैमरे द्वारा ली गईं पृथ्वी और चंद्रमा की तस्वीरें भी साझा कीं।
- मथुरा (उप्र)। मथुरा स्थित श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर में आगामी जन्माष्टमी समारोह भारतीय अन्तरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के उन वैज्ञानिकों को समर्पित होगा जिन्होंने चंद्रयान -3 मिशन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के दिन इस बार सात सितंबर (बृहस्पतिवार) की रात को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए मथुरा में बड़े पैमाने पर तैयारियां जारी हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व चंद्रयान-3 की थीम पर मनाया जाएगा, जिसमें बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि के बाद भगवान श्री कृष्ण ‘प्रज्ञान-पोषाक' धारण किए ‘सोमनाथ पुष्प बंगला' में विराजमान होंगे। इस बार यह महोत्सव देश के विकास व हिन्दू राष्ट्र के संकल्प के साथ मनाया जाएगा।श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि इस साल भगवान श्रीकृष्ण के 5250 वें जन्मोत्सव के अवसर पर जन्मस्थान की साज-सज्जा, ठाकुरजी की पोशाक और श्रृंगार आदि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शर्मा ने कहा, ‘‘मंदिर में आने वाले भक्तों को भगवान के दर्शन की सुविधा देने के लिए उसके कपाट सुबह 5.30 बजे से देर रात 1.30 बजे तक खुले रहेंगे। प्रसाद के लिए जल्दी न खराब होने वाली वस्तुएं बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।'' शर्मा के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर ब्रज की पंरपराओं के अनुरूप श्रद्धालुओं को प्रसाद, बधाई पोटली, खिलौने, मिष्ठान, फल, कपड़े आदि सामग्री वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नंदोत्सव के दिन कढ़ी-चावल और पुआ का विशेष प्रसाद सभी श्रद्धालुओं को बांटा जाएगा। शर्मा ने कहा, “जन्माष्टमी का दिन मंदिर में ढोल-शहनाई बजाने के साथ शुरू होगा। सुबह-सुबह किए जाने वाले अभिषेक समारोह में हर भक्त को ‘चरणामृत' दिया जाएगा। इसके अलावा, श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले तीन बिंदुओं पर अस्थायी ‘क्लॉक रूम' स्थापित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु अपना सामान रख सकें।” शर्मा ने बताया जन्मभूमि के अंदर और परिसर के बाहर से श्रद्धालु जिस भी दिशा से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करें, उन्हें वहीं से जन्मभूमि की अद्भुत छटा की अनुभूति हो, ऐसा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्राकट्य भूमि और कारागार के रूप में प्रसिद्ध गर्भगृह तथा पूरे श्रीकृष्ण चबूतरा की साज-सज्जा भी अद्भुत एवं मनमोहक होगी। शर्मा ने कहा, “देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जन्मभूमि के सभी संपर्क मार्गों पर जूता घर और सामान घर की व्यवस्था की गई है। सभी प्रमुख जगहों पर पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास भी किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर केवल बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में प्रवेश मुख्य द्वार की जगह गोविंद नगर द्वार (गेट संख्या 3) से और निकास मुख्य द्वार (गेट संख्या 1) से होगा। प्रशासन भी जन्माष्टमी का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।आगरा जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ खुद श्रीकृष्ण जन्मस्थान का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना कर चुकी हैं और जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कुलश्रेष्ठ ने कहा कि इस बार पहले से भी अधिक सुरक्षित एवं सुगम माहौल में दर्शन उपलब्ध कराने की तैयारी है। वहीं, पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) आनंद कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी आमद की संभावनाओं को देखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर तैनात नियमित बल के अलावा, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और त्वरित कार्य बल(आरएएफ) के जवान भी तैनात किए जाएंगे। श्री कृष्ण जन्म के पश्चात ठाकुरजी को आसन ग्रहण कराए जाने वाले पुष्प बंगले का नामकरण भी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख ‘एस सोमनाथ' के नाम पर किया गया है। जिस पोशाक में भगवान दर्शन देंगे, उसका नाम भी रोवर प्रज्ञान के नाम पर ‘प्रज्ञान-प्रभास' रखा गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट एवं श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता से सभी भारतवासी अभिभूत एवं आनंदित हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में चन्द्रमा को विशिष्ट स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा, ‘‘सनातन धर्म में जितनी सुन्दर प्रामाणिक व्याख्या चन्द्र आदि नवग्रहों के बारे में की गई है, उतनी कहीं और देखने को नहीं मिलती। सनातन धर्म की उसी परंपरा को इसरो के यशस्वी वैज्ञानिकों ने पुनर्स्थापित किया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘चंद्रयान-3 ने दक्षिणी-ध्रुव पर पहुंचकर विलक्षण कार्य संभव किया है। ऐसी महान उपलब्धि पर राष्ट्र का प्रत्येक नागरिक वैज्ञानिकों के तप, त्याग और परिश्रम को नमन कर रहा है। इसीलिए, चन्द्रवंशी भगवान श्रीकृष्ण के 5250 वें जन्मोत्सव के विशिष्ट एवं भव्य आयोजन में उनके पुष्प-बंगले का नाम भी इसरो के प्रमुख के नाम अनुरूप ‘सोमनाथ पुष्प-बंगला' रखा गया है।'' इस बीच, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार वर्मा ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर में प्रत्येक अस्थायी ‘‘क्लॉक रूम'' में चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। file photo
-
जम्मू. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि चंद्रयान-3 और आदित्य एल1 मिशन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रगतिशील नीतिगत फैसलों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पास अब अंतरिक्ष विज्ञान में अमेरिकी एजेंसी नासा और रूसी एजेंसी रोसकॉसमोस से मुकाबला करने की क्षमता है। चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल इसरो के चंद्रयान कार्यक्रम के तहत तीसरा मिशन था, जिसने 23 अगस्त को चंद्रमा के सतह पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग' की। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर उतारने वाला पहला और चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बन गया। इसरो ने शनिवार को सूर्य के वातावरण का अध्ययन करने के लिए आदित्य-एल1 को प्रक्षेपित किया।
-
जयपुर. राजस्थान में सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक ट्रक और कार की टक्कर होने से कार सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत गई और दो अन्य लोग घायल हो गये। थानाधिकारी प्रवीण आचार्य ने बताया कि हनुमान टेकरी के पास हुई ट्रक और कार की टक्कर में कार चालक हीरालाल (35) की मौके पर ही मौत हो गई तथा दो महिलाओं लीला बाई (65) और प्राची (19) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि दो अन्य घायलों को पालनपुर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि कार में सवार पुणे निवासी लोग सिरोही के शिवगंज से अहमदाबाद जा रहे थे। आचार्य ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे खाई में जा गिरा और चालक फरार हो गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजन को सूचित कर दिया गया है और उनके पुणे से सोमवार को यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।







.jpg)

.jpg)







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



.jpg)


.jpeg)
