- Home
- देश
-
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ‘लैंडर हजार्ड डिटेक्टशन एंड अवॉइडेंस कैमरा' (एलएचडीएसी) में कैद की गई चंद्रमा के सुदूर पार्श्व भाग की तस्वीरें सोमवार को जारी कीं। एलएचडीएसी को इसरो के अहमदाबाद स्थित प्रमुख अनुसंधान एवं विकास केंद्र ‘स्पेस ऐप्लीकेशंस सेंटर' (एसएसी) ने विकसित किया है। यह कैमरा लैंडिंग के लिहाज से सुरक्षित उन क्षेत्र की पहचान करने में मदद करता है, जहां बड़े-बड़े पत्थर या गहरी खाइयां नहीं होती हैं। अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, चंद्रयान-3 मिशन के कई लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लैंडर में एलएचडीएसी जैसी कई अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां मौजूद हैं। चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण 14 जुलाई को किया गया था और इसका मकसद चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग' की उपलब्धि हासिल करना है। इसरो ने रविवार को कहा कि रोवर के साथ लैंडर मॉड्यूल के 23 अगस्त को शाम तकरीबन छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर उतरने की संभावना है।
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को एक बलात्कार पीड़िता को गर्भपात की अनुमति देते हुए कहा कि विवाह से इतर गर्भधारण खतरनाक हो सकता है। पीड़िता 27 हफ्ते की गर्भवती है। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति उज्जवल भूइयां ने कहा कि गुजरात उच्च न्यायालय का याचिकाकर्ता की गर्भपात की अनुमति का अनुरोध करने वाली याचिका को खारिज करना सही नहीं था। शीर्ष अदालत ने कहा कि भारतीय समाज में विवाह संस्था के भीतर गर्भावस्था न सिर्फ दंपति बल्कि उसके परिवार और दोस्तों के लिए खुशी और जश्न का मौका होता है।न्यायालय ने कहा, ‘‘इसके विपरीत विवाह से इतर खासकर यौन उत्पीड़न या यौन हमले के मामलों में गर्भावस्था खतरनाक हो सकती है। ऐसी गर्भावस्था न केवल गर्भवती महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है बल्कि उनकी चिंता एवं मानसिक पीड़ा का कारण भी होती है। किसी महिला पर यौन हमला अपने आप में तनावपूर्ण होता है और यौन उत्पीड़न के कारण गर्भावस्था के विपरीत परिणाम हो सकते हैं क्योंकि ऐसी गर्भावस्था स्वैच्छिक या अपनी खुशी के अनुसार नहीं होती है।’’पीठ ने कहा, ‘‘उपरोक्त चर्चा और चिकित्सा रिपोर्ट के मद्देनजर हम याचिकाकर्ता को गर्भपात की अनुमति देते हैं। हम निर्देश देते हैं कि वह कल अस्पताल में उपस्थित रहे ताकि गर्भपात की प्रक्रिया को शुरू किया जा सके।’’शीर्ष अदालत ने कहा कि अगर भ्रूण जीवित पाया जाता है, तो अस्पताल यह सुनिश्चित करेगा कि भ्रूण को जीवित रखने के लिए हर आवश्यक सहायता प्रदान की जाए। शिशु अगर जीवित रहता है तो राज्य यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएगा कि बच्चे को कानून के अनुसार गोद लिया जाए।एक विशेष बैठक में शीर्ष अदालत ने शनिवार को गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा पीड़ित की चिकित्सकीय गर्भपात के लिए अनुरोध करने वाली याचिका को अनुमति नहीं देने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि मामले के लंबित रहने के दौरान ‘‘कीमती वक्त’’ बर्बाद हो गया। गर्भपात के लिए ‘मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) अधिनियम’ के तहत गर्भपात की ऊपरी समय सीमा विवाहित महिलाओं, बलात्कार पीड़ितों और अन्य कमजोर महिलाओं जैसे कि दिव्यांग और नाबालिगों सहित विशेष श्रेणियों के लिए 24 सप्ताह की गर्भावस्था है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश के विकास में राष्ट्र के चरित्र की एक महत्वपूर्ण भूमिका है। नई पीढ़ी को आधुनिक और नई दिशा देकर राष्ट्रीय चरित्र को आकार देने में शिक्षकों की बड़ी भूमिका होती है।प्रधानमंत्री आज मध्य प्रदेश के भोपाल में नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। श्री मोदी ने कहा कि नव नियुक्त शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति बड़ा योगदान रखती है। नई शिक्षा नीति की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि परंपरागत जानकारी के साथ भविष्य की नई प्रौद्योगिकी को भी इसमें शामिल किया गया है। मातृ भाषा में अध्ययन के महत्व का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मातृ भाषा में अध्ययन का अवसर नहीं मिलना सामाजिक न्याय के विरुद्ध है। इस भेदभाव को हटाकर हमने नई शिक्षा नीति में क्षेत्रीय भाषाओं में अध्ययन करने के अवसर सृजित किए हैं।देश में समृद्धि बढने और गरीबी कम होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में तेरह करोड़ पांच लाख लोग गरीबी रेखा के बाहर आए हैं। आयकर दाताओं की संख्या में भी वृद्धि हुई है। पिछली सरकारों के भ्रष्टाचार और घोटालों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों के लिए निर्धारित किए गए धन को उनके खातों में सीधे पहुंचा रही है। इस प्रकार सरकार में लोगों का विश्वास बढा है। इस कार्यक्रम को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्बोधित किया और दस शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
-
बेंगलुरु। अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के प्रयास को 23 अगस्त को तब उल्लेखनीय सफलता मिल जाएगी जब इसका चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा की सतह पर ‘साफ्ट लैंडिंग’ करेगा और इसका कई मंचों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को कहा कि यह उपलब्धि भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगी, जो अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की प्रगति का प्रतीक होगी।
पूरा देश चंद्रयान-3 को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ में सफल होते देखना चाहता है। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम का सीधा प्रसारण 23 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 17:27 बजे शुरू किया जाएगा।‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ का सीधा प्रसारण इसरो की वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, इसरो के फेसबुक पेज और डीडी नेशनल टीवी चैनल सहित कई मंचों पर उपलब्ध होगा।इसरो ने कहा, ‘‘चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ एक यादगार क्षण होगी जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ाती है, बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण के लिए जुनून भी जगाती है।’’इसने कहा, ‘‘यह गर्व और एकता की गहरी भावना पैदा करता है क्योंकि हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी की शक्ति की खुशी मनाते हैं। यह वैज्ञानिक जांच और नवाचार के माहौल को बढ़ावा देने में योगदान देगा।’’इसरो ने कहा कि इसके आलोक में, देशभर के सभी विद्यालय और शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों और शिक्षकों के बीच इस कार्यक्रम को सक्रिय रूप से प्रचारित करने और अपने परिसरों में चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का सीधा प्रसारण करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।. -
पटना. बिहार में पहली बार दुर्लभ पक्षी ‘टाइटलर्स लीफ वार्बलर' को देखा गया है।बिहार के अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक और मुख्य वन्यजीव वार्डन पी.के. गुप्ता ने कहा कि तुलनात्मक रूप से लंबी और पतली चोंच वाला मध्यम आकार के ‘लीफ वार्बलर' को हाल में भागलपुर जिले के ‘बर्ड रिंगिंग' स्टेशन सुंदरवन में देखा गया। इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (आईयूसीएन) की सूची में ‘टाइटलर लीफ वार्बलर' एक "संकटग्रस्त प्रजाति" है। गुप्ता ने कहा, “ भागलपुर के सुंदरवन में पक्षी निगरानी गतिविधियों के दौरान, हमने हाल ही में ‘फाइलोस्कोपिडे' परिवार के एक ‘वार्बलर' को देखा।” गुप्ता ने बताया, "औसत समुद्र तल (एमएसएल) से 52 मीटर की ऊंचाई पर और बिहार में गंगा के मैदानी इलाकों में इस प्रजाति की उपस्थिति का पहला प्रामाणिक रिकॉर्ड है। इसलिए हम पक्षी की इस दुर्लभ प्रजाति कि यहां उपस्थित से बहुत उत्साहित हैं।" उन्होंने कहा, “यह पश्चिमी हिमालय, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई पर प्रजनन करता है। सर्दियों में, यह दक्षिणी भारत, खासकर पश्चिमी घाट और नीलगिरी में प्रवास करता है।" वन अधिकारी ने कहा कि इससे पहले, इस प्रजाति को कभी-कभी गुजरात के सौराष्ट्र और मोरबी क्षेत्र, पन्ना और मेलघाट बाघ अभयारण्यों और रंगनाथिटु पक्षी अभयारण्य (कर्नाटक) में देखा गया था। मुख्य वन्यजीव वार्डन ने कहा, "‘टाइटलर्स लीफ वार्बलर' को आखिरी बार इटावा (7 अप्रैल, 1879 को) और गोरखपुर (18 फरवरी, 1910) में वापसी प्रवास के दौरान देखा गया था।" उन्होंने बताया कि बिहार, पूरे देश में बर्ड रिंगिंग स्टेशन वाला चौथा राज्य बन गया है जहां पक्षियों के प्रवास, उनकी मृत्यु दर, उनके क्षेत्र तथा व्यवहार आदि के अध्ययन के लिए उनके पैरों में छल्ले लगाए जाते हैं। गुप्ता ने कहा, "बर्ड रिंगिंग एक उपयोगी अनुसंधान उपकरण है जिसका उपयोग प्रवासी पक्षियों और उनकी आवाजाही के बारे में जानकारी एकत्र करने के लिए किया जाता है, जिससे हमें उनकी आबादी पर नजर रखने में मदद मिलती है।
-
कोझिकोड . केरल में एक चलती ट्रेन में रविवार को एक चल टिकट परीक्षक (टीटीई) पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। इस व्यक्ति के कथित तौर पर शराब के नशे में होने को लेकर रेल अधिकारी ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से शिकायत की थी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना कोझिकोड जिले में वटकारा के पास वेस्ट कोस्ट एक्सप्रेस में हुई। पुलिस ने बताया कि टीटीई के बयान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
टीटीई ने हमले में अपने सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने का दावा किया है।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने कन्नूर से कथित हमलवार को शराब के नशे में पाया और आरपीएफ नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी। टीटीई ने बताया कि इसके बाद, आरपीएफ अधिकारियों ने उसे थालसेरी में ट्रेन से उतार दिया, लेकिन वह अपना थैला लेने के बहाने ट्रेन में दोबारा चढ़ गया और फिर अनारक्षित डिब्बे में बैठ गया। उन्होंने दावा किया कि बाद में, टिकट जांच करने के दौरान संबंधित व्यक्ति अन्य आरक्षित डिब्बे में मिला और इस दौरान टोके जाने पर आरोपी ने उन्हें अपशब्द कहे और चाकू निकाल लिया तथा इसे लहराने लगा। टीटीई ने दावा किया कि हाथापाई के दौरान वह घायल हो गए। आरोपी के पीछे खड़े कुछ यात्रियों ने उसे काबू किया और इस तरह कोई गंभीर चोट नहीं लग पाई। -
हरिद्वार (उत्तराखंड) .अयोध्या में बन रहे भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का गर्भ गृह तैयार हो गया है और पहली मंजिल का निर्माण पूरा होने के साथ ही अगले साल मकर संक्रांति के बाद 16 से 24 जनवरी के बीच रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। रविवार को यहां पहुंचे राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने संतों से मिलकर उन्हें मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी दी और उन्हें मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि करोड़ों राम भक्तों का सपना अब पूरा होने वाला है और वर्षों चले विवाद के बाद रामलला अब अयोध्या में अपने भव्य मंदिर में विराजमान होने वाले हैं। राय ने कहा, ‘‘मकर संक्रांति के बाद 16 से 24 जनवरी, 2024 के बीच किसी भी तिथि को मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कर दी जाएगी।'' उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए साधु—संतों को फिलहाल मौखिक निमंत्रण दिया जा रहा है और विधिवत निमंत्रण नवंबर में दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि देश के सभी परंपराओं के साधु-संतों को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया जायेगा। मंदिर निर्माण की प्रगति के बारे में उन्होंने संतों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि गर्भ गृह में रामलला की भव्य मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा का स्थान पूरी तरह से तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि दोमंजिला मंदिर की पहली मंजिल की छत का काम अस्सी प्रतिशत पूरा हो चुका है।
राय ने बताया कि मंदिर में भक्तों के दर्शन के साथ-साथ उसका निर्माण कार्य भी चलता रहेगा और इससे किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने मंदिर के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी चंपत राय को दी है और हमारा मानना है कि उन्हें (चंपत राय) देखने मात्र से ही संतों को भगवान राम के दर्शन हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सभी साधु संतों और राम को मानने वाले लोगों को अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा तथा मंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल होना चाहिए। महंत पुरी ने उम्मीद जताई कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर से नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे और भारत विकास की राह पर आगे बढ़ता रहेगा। -
बेंगलुरु. अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के प्रयास को 23 अगस्त को तब उल्लेखनीय सफलता मिल जाएगी जब इसका चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा की सतह पर ‘साफ्ट लैंडिंग' करेगा और इसका कई मंचों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को कहा कि यह उपलब्धि भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगी, जो अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की प्रगति का प्रतीक होगी। पूरा देश चंद्रयान-3 को ‘सॉफ्ट लैंडिंग' में सफल होते देखना चाहता है। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम का सीधा प्रसारण 23 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 17:27 बजे शुरू किया जाएगा। ‘सॉफ्ट-लैंडिंग' का सीधा प्रसारण इसरो की वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, इसरो के फेसबुक पेज और डीडी नेशनल टीवी चैनल सहित कई मंचों पर उपलब्ध होगा।
इसरो ने कहा, चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग' एक यादगार क्षण होगी जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ाती है, बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण के लिए जुनून भी जगाती है। इसने कहा, यह गर्व और एकता की गहरी भावना पैदा करता है क्योंकि हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी की शक्ति की खुशी मनाते हैं। यह वैज्ञानिक जांच और नवाचार के माहौल को बढ़ावा देने में योगदान देगा।'' इसरो ने कहा कि इसके आलोक में, देशभर के सभी विद्यालय और शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों और शिक्षकों के बीच इस कार्यक्रम को सक्रिय रूप से प्रचारित करने और अपने परिसरों में चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग' का सीधा प्रसारण करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। -
नयी दिल्ली. शैक्षणिक सत्र 2024-25 से स्थापित होने वाले चिकित्सा महाविद्यालयों में अधिकतम 150 स्नातक सीट होंगी, बशर्ते संस्थान संबंधित राज्य में 10 लाख आबादी के लिए 100 एमबीबीएस सीट के अनुपात का पालन करे। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने ‘‘नये चिकित्सा संस्थानों की स्थापना, नये चिकित्सा पाठ्यक्रमों की शुरुआत, मौजूदा पाठ्यक्रमों के लिए सीट में वृद्धि एवं आकलन तथा रेटिंग विनियमन, 2023'' के लिए हाल में जारी दिशानिर्देशों में कहा है कि सीट में बढ़ोतरी की चाहत रखने वाले महाविद्यालय 2024-25 से एमबीबीएस छात्रों की संख्या 150 से अधिक नहीं कर सकते हैं। सोलह अगस्त को अधिसूचित दिशानिर्देशों में कहा गया है कि प्रवेश के लिए कोई भी अतिरिक्त अनुमति प्राप्त सीट उस कॉलेज को प्रवेश के लिए दी गई सीट की संख्या के भीतर होगी। दिशानिर्देशों में कहा गया है कि 2023-24 के बाद, नये चिकित्सा महाविद्यालय शुरू करने का अनुमति-पत्र केवल 50/100/150 सीट की वार्षिक प्रवेश क्षमता के लिए जारी किया जाएगा। दिशानिर्देशों में कहा गया है कि चिकित्सा महाविद्यालय, छात्रों और प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास और शिक्षण अस्पताल या संस्थान, या तो एकल परिसर में या अधिकतम दो परिसरों में होंगे। दिशानिर्देशों के अनुसार, कॉलेज और अस्पताल के भूखंडों के बीच की दूरी में यात्रा का समय अधिकतम 30 मिनट होगा। अस्पताल में कम से कम 220 बिस्तर होंगे। दिशानिर्देशों में परिसर, पुस्तकालय, पत्रिकाओं, व्याख्यान कक्ष, प्रयोगशालाओं, बायोमेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन, अनुसंधान सुविधा, कॉलेज की वेबसाइट, विभागों और क्लोज सर्किट कैमरे के संदर्भ में अन्य मानदंड निर्दिष्ट किए गए हैं।
-
लेह. केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में शनिवार को सेना के एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से नौ सैनिकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के कियारी के पास हुई।
लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी डी नित्या ने कहा कि सेना के वाहन में 10 जवान सवार थे और यह वाहन लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि रास्ते में वाहन के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वाहन शाम 4.45 बजे खाई में गिर गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह में एक सड़क दुर्घटना में नौ सैनिकों की मृत्यु होने पर दुख व्यक्त किया। रक्षा मंत्री सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ‘‘लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे।'' सिंह ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले और घायल हुए सैनिकों की संख्या का उल्लेख किए बिना कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'' एसएसपी नित्या ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल सैनिकों को सेना की चिकित्सा इकाई ले जाया गया जहां आठ कर्मियों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाद में एक और जवान की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि एक अन्य जवान का उपचार चल रहा है और उसकी हालत ''गंभीर'' बताई गई है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘लद्दाख में दुखद सड़क दुर्घटना से गहरा दुख हुआ, जिसमें हमने अपने बहादुर सैनिकों को खो दिया, क्योंकि उनका वाहन खाई में गिर गया।'' उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनधन खातों की संख्या 50 करोड़ के पार पहुंचने को एक अहम पड़ाव करार दिया और इस उपलब्धि की सराहना की। प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "यह देखकर खुशी हुई कि इनमें से आधे से अधिक खाते महिलाओं के हैं।" केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि देश में जनधन खातों की कुल संख्या 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है, जिनमें से 56 फीसदी खाते महिलाओं के हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इनमें से लगभग 67 फीसदी खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले गए हैं। इस उपलब्धि को एक अहम पड़ाव करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "यह देखकर खुशी हो रही है कि इनमें से आधे से अधिक खाते हमारी नारी शक्ति के हैं। 67 फीसदी खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले गए हैं। हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि वित्तीय समावेश का लाभ हमारे देश के हर कोने तक पहुंचे।" वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जनधन खातों में कुल जमा राशि 2.03 लाख करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि इन खातों के साथ लगभग 34 करोड़ रुपे कार्ड मुफ्त जारी किए गए हैं। मोदी सरकार ने 2014 में वित्तीय समावेश को बढ़ावा देने के लिए जनधन बैंक खाते खोलने के वास्ते बड़े पैमाने पर राष्ट्रव्यापी अभियान प्रारंभ किया था, जिसका उद्देश्य प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) सहित कई वित्तीय सेवाओं को गरीबों के लिए सुलभ बनाना था।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली में अगले महीने होने जा रहे जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बेहतर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या, और बारिश से जलभराव होने वाले इलाकों में भूमिगत पंप की ऊंचाई बढ़ाई है। भारत की अध्यक्षता में जी20 शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को होगा। जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए मुख्य आयोजन स्थल प्रगति मैदान में हाल में उद्घाटित सम्मेलन परिसर है। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले महीने यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी और 27 हजार लोगों को नदी के बाढ़ के मैदान वाले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा था। सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों की राजघाट, प्रगति मैदान सुरंग और भैरों रोड के इलाकों में अधिक आवाजाही होगी। इन इलाकों में बाढ़ आई थी जो चिंता का विषय है। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सम्मेलन के दौरान बारिश से पैदा होने वाली स्थिति से निपटने की हमने योजना बनाई है। हमने 24 घंटे विभिन्न सड़कों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई है। इसके साथ ही बाढ़ के दौरान जलमग्न हो गये भूमिगत पंप को ऊंचाई पर स्थापित किया गया है।'' उन्होंने बताया कि 10 स्थानों की पहचान की गई है जहां पर भारी बारिश होने की स्थिति में जलभराव को रोका जाएगा। इन इलाकों में सम्मेलन स्थल आईटीपीओ, प्रगति मैदान सुरंग, पटियाला हाउस अदालत के नजदीक तिलक मार्ग, आईटीओ स्काईवाक के नजदीक अंडपास और पीडब्ल्यूडी मुख्यालय के सामने इंद्रप्रस्थ मार्ग शामिल है। अधिकारी ने बताया कि प्रगति मैदान सुरंग में 72 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनमें से कुछ कैमरे दिल्ली पुलिस ने लगाए हैं। विदेशी मेहमानों के इस सुरंग का इस्तेमाल करने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि सुरंग में कुल 540 किलोवाट क्षमता के 16 पंप संचालित किये जा रहे हैं। इनके अलावा 40-40 हॉर्सपावर (एचपी) के छह सचल पंप भी लगाए गये हैं। पिछले महीने भारी बारिश के बाद पीडब्ल्यूडी मुख्यालय के सामने इंद्रप्रस्थ मार्ग भी जलभराव वाले स्थानों में से एक था। 337 एचपी की कुल क्षमता वाले सात पंप वहां संचालित किये जा रहे हैं और 50 एचपी के दो सचल पंप तैयार स्थिति में रखे गये हैं।
-
नयी दिल्ली. आयकर विभाग ने शनिवार को कहा कि दिल्ली और मुंबई में एडवांस रूलिंग बोर्ड चालू कर दिए गए हैं। ये बोर्ड ईमेल आधारित प्रक्रियाओं के जरिए काम करेंगे और वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुनवाई करेंगे। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सितंबर, 2021 में एडवांस रूलिंग के लिए तीन बोर्डों का गठन किया था। इसके साथ ही एडवांस रूलिंग की पूरी प्रक्रिया को न्यूनतम प्रत्यक्ष शारीरिक हस्तक्षेप वाला और अधिक कुशल, पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने के लिए ई-एडवांस रूलिंग की योजना शुरू की गई थी। सीबीडीटी ने एक बयान में कहा, ''दिल्ली और मुंबई में एडवांस रूलिंग बोर्ड का संचालन शुरू हो गया है। इन बोर्डों ने ई-मेल-आधारित प्रक्रियाओं के जरिए काम करना और वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुनवाई करना शुरू कर दिया है। -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केन्द्रीय वस्तु और सेवा कर संशोधन विधेयक 2023 तथा एकीकृत वस्तु और सेवा कर विधेयक 2023 को आज मंजूरी दे दी। संसद ने हाल में ये दोनों विधेयक पारित किये थे। केन्द्रीय वस्तु और सेवा कर संशोधन विधेयक का उद्देश्य 2017 के केन्द्रीय वस्तु और सेवा कर अधिनियम में संशोधन करना है, जबकि एकीकृत वस्तु और सेवा कर विधेयक 2017 के इसी अधिनियम संशोधन करेगा। केन्द्रीय वस्तु और सेवा कर संशोधन विधेयक में ऑनलाइन गेमिंग, ऑनलाइन मनी-गेमिंग और वर्चुअल डिजिटल परिसंपत्तियों को परिभाषित करता है। इसके प्रावधानों के अनुसार ऑनलाइन गेमिंग का अर्थ होगा- इंटरनेट या इलेक्ट्रॉनिक नेटवर्क पर गेम उपलब्ध कराना और इसमें मनी गेमिंग शामिल है। एकीकृत वस्तु और सेवा कर संशोधन विधेयक ऑनलाइन सूचना और डेटा उपलब्धता की परिभाषा से ऑनलाइन मनी गेमिंग को अलग करने के लिए 2017 के अधिनियम में संशोधन करेगा।
-
नई दिल्ली। जन धन खातों की कुल संख्या 50 करोड़ से अधिक हो गई है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि इनमें से 56 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं। 67 प्रतिशत खाते ग्रामीण और अर्ध शहरी इलाको में खोले गए हैं। इन खातों में 2 लाख करोड़ से अधिक की धनराशि जमा हैं।
मंत्रालय ने बताया है कि इन खातों में लगभग 34 करोड़ रूपे कार्ड निशुल्क जारी किये गये हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना खाते में औसत जमा चार हजार रूपये से अधिक है। पांच करोड़ 50 लाख से अधिक जनधन खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण हो रहा है। प्रधानमंत्री जन-धन योजना 2014 में शुरू की गई थी। इसका उददेश्य देशभर के लोगों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जन-धन खातों की संख्या में महत्वपूर्ण वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। देश में जन-धन खातों की संख्या 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि इनमें से 56 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि वित्तीय समावेशन का लाभ देश के हर कोने तक पहुंचे। - मुंबई। संगीतकार जुबिन मेहता के हस्ताक्षर वाली छड़ी, जाकिर हुसैन के हस्ताक्षर वाले तबले और डॉ होमी जहांगीर भाभा का चित्र उन खास चीजों में से हैं जिनकी यहां शनिवार को नेशनल सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स (एनसीपीए) द्वारा नीलामी की जाएगी। नीलामी कार्यक्रम से प्राप्त राशि का उपयोग ‘होनहार और वंचित’ कलाकारों की शिक्षा के साथ-साथ भारत के सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा के लिए संगीत वाद्ययंत्रों की खरीद में किया जाएगा।इस नीलामी में अन्य वस्तुओं के अलावा वर्ष 2015 में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा हस्ताक्षरित बल्ला, भाभा द्वारा बनायी गयी डॉ. सीवी रमन की तस्वीर भी है।जुबिन मेहता की छड़ी, जाकिर हुसैन के तबले और बल्ले के लिए शुरुआती बोली 10 लाख रुपये है।डॉ. भाभा की बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण देने वाली कुछ तस्वीरें भी नीलामी में होगी। स्वयं भाभा द्वारा बनायी गयी तस्वीरों की नीलामी क्रमशः पांच और तीन लाख रुपये से शुरू होगी।एनसीपीए के अध्यक्ष केएन सनटूक ने कहा कि इस नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग भारत में विभिन्न कलाओं को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा। जाकिर हुसैन, सितारवादक नीलाद्रि कुमार और बांसुरीवादक राकेश चौरसिया के एक कार्यक्रम के विश्व प्रीमियर के लिए दो टिकट भी नीलामी में होंगे। इसके बाद तीनों कलाकारों के साथ रात्रिभोज का मौका भी मिलेगा। इस अनुभव के लिए शुरुआती बोली तीन लाख रुपये रखी गयी है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली की महापौर डॉक्टर शैली ओबरॉय ने शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मॉसक्विटो टर्मिनेटर ट्रेन को रवाना किया। दिल्ली नगर निगम की ओर से ट्रेन में पावर स्प्रेयर युक्त ट्रक रवाना किए गए हैं। इसके जरिए दिल्ली और उसके आस-पास रेल पटरी के दोनों ओर 50 से 60 मीटर क्षेत्र में एंटी लार्वा दवाई का छिड़काव किया जाएगा। दिल्ली नगर निगम ने बड़ी मात्रा में छिड़काव करने के लिए पावर स्प्रेयर ट्रक और छिड़काव के लिए दवा दी है। इसके जरिए चिकनगुनिया और डेंगू पर नियंत्रण करने की कोशिश की जा रही है।
इस अवसर पर शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम और उत्तर रेलवे के संयुक्त प्रयास से रेल पटरियों के निकट मच्छरों पर काबू पाने के लिए दवाई का छिड़काव किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से हजारों लोगों को डेंगू और चिकनगुनिया समेत मच्छर जनित रोगों से बचाया जा सकेगा। महापौर ने कहा कि इससे न केवल लार्वा खत्म होगा बल्कि मच्छरों का सफाया भी होगा। रेल पटरियों के आस-पास अक्सर पानी जमा रहता है, जिनमें लार्वा उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम को रेलवे ट्रेक के आसपास के क्षेत्रों में छिड़काव करने में दिक्कत होती थी, इसलिये रेल की मदद से ट्रैक के आसपास के क्षेत्र में दवाई का छिड़काव किया जाएगा।यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शुरु होकर हज़रत निज़ामुद्दीन, लाजपत नगर, सेवा नगर, लोदी कॉलोनी, सफदरजंग, पटेल नगर, किशन गंज, सदर बजार, सराय रोहिल्ला, इंद्रपूरी, मायापुरी, दिल्ली कैंट, पालम, दिल्ली शाहदरा से होते हुए वापस नई दिल्ली पहुंचेगी। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 22 तारीख से दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस की चार दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग की 22 से 24 अगस्त तक की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान श्री मोदी दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति माटामेला सिरिल रामफोसा के निमंत्रण पर 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। 2019 के बाद यह पहला व्यक्तिगत ब्रिक्स शिखर सम्मेलन होगा। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि शिखर सम्मेलन, समूह द्वारा शुरू की गई पहल की प्रगति की समीक्षा करने और भविष्य की गतिविधि के क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम ब्रिक्स-अफ्रीका आउटरीच और ब्रिक्स प्लस डायलॉग में भी भाग लेंगे। इसमें दक्षिण अफ्रीका द्वारा आमंत्रित अन्य देश भी शामिल होंगे। यात्रा के दौरान श्री मोदी जोहान्सबर्ग में मौजूद कुछ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
दक्षिण अफ्रीका की अपनी यात्रा के बाद प्रधानमंत्री 25 अगस्त को ग्रीस की यात्रा पर जाएंगे। 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली ग्रीस यात्रा होगी। श्री मोदी आपसी संबंधो को और प्रगाढ़ करने के तरीकों पर ग्रीस के प्रधानमंत्री मित्सोताकिस के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री दोनों देशों के व्यापार प्रमुखों और ग्रीस में रह रहे भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि भारत और ग्रीस के बीच पुराने संबंध हैं जो हाल के वर्षों में समुद्री परिवहन, रक्षा, व्यापार, निवेश और लोगों के आपसी संबंधों जैसे क्षेत्रों में सहयोग के माध्यम से मजबूत हुए हैं। -
नई दिल्ली। सरकार रविवार से विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 40 रुपये प्रति किलो की दर पर टमाटर बेचेगी। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को यह निर्देश दिया है।
दिल्ली-एनसीआर में टमाटर की खुदरा बिक्री इस साल 14 जुलाई से शुरू हुई थी। दोनों एजेंसियों ने अब तक 15 लाख किलो से अधिक टमाटर की खरीद की है, जिसे देश के प्रमुख केंद्रों में बेचा जा रहा है। इनमें दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार शामिल हैं। नेफेड द्वारा खरीदे गए टमाटरों की खुदरा कीमत शुरू में 90 रुपये प्रति किलो थी। दोनों सहकारी संघों ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से टमाटर की खरीद शुरू की थी। -
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर सुरक्षा बलों ने दो आतंकी साजिशों का खुलासा किया है। सुरक्षा बलों ने बारामूला जिले में आतंकी गुट लश्कर-ए-तैयबा के आठ आतंकी सहयोगियों की गिरफ्तारी कर बडे पैमाने पर गोला-बारूद बरामद किया। बारामूला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक - एसएसपी आमोद अशोक नागपुरे ने कहा कि 8 अगस्त को पहली कार्रवाई में बारामूला पुलिस और सेना की 16 सिख लाइट इन्फैंट्री की संयुक्त टीम ने उरी इलाके के चुरुंडा से तीन आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से ग्रेनेड बरामद किए।
11 अगस्त को एक संयुक्त अभियान में उरी इलाके के पोवारियन थजल से एक अन्य मॉड्यूल के कुल पांच आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से बडी तादात में गोला-बारूद और नकद रूपये बरामद किए गए।उन्होंने कहा कि आरोपी, पाकिस्तानी आतंकी आकाओं के इशारे पर हथियारों और गोला-बारूद की सीमा पार तस्करी और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आतंकवादियों को मदद करने में शामिल हैं। उरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। -
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश सरकार ने लगातार वर्षा, बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से हुए भारी नुकसान के कारण पूरे राज्य को प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया है। एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि यह निर्णय हिमाचल प्रदेश में मौजूदा मानसून के के दौरान जनहानि और निजी संपत्ति को अत्यधिक नुकसान के बाद लिया गया है । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में जुटी है और प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
-
शिमला ।विशेषज्ञों का कहना है कि पारिस्थितिकीय रूप से संवेदनशील हिमालय में अवैज्ञानिक निर्माण, घटते वन क्षेत्र और नदियों के पास पानी के प्रवाह को अवरुद्ध करने वाली संरचनाएं हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की बढ़ती घटनाओं का कारण बन रही हैं। भूगर्भ विशेषज्ञ प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह धर ने कहा कि सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए पहाड़ी ढलानों की व्यापक कटाई, सुरंगों और जलविद्युत परियोजनाओं के लिए विस्फोट में वृद्धि भी भूस्खलन की बढ़ती घटनाओं के मुख्य कारण हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, तलहटी में चट्टानों के कटाव और जल निकासी की उचित व्यवस्था की कमी के कारण हिमाचल में ढलानें भूस्खलन के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हो गई हैं और उच्च तीव्रता वाली वर्षा राज्य में हालात को बदतर बना रही है। वैज्ञानिक (जलवायु परिवर्तन) सुरेश अत्रे ने पहले कहा था कि बारिश की तीव्रता बढ़ गई है और भारी बारिश के साथ उच्च तापमान के कारण तलहटी में नीचे की ओर कटान वाले स्थानों पर परत कमजोर होने के कारण भूस्खलन हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में इस साल अब तक राज्य में 742 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हिमाचल में मानसून की शुरुआत के बाद से 55 दिनों में भूस्खलन की 113 घटनाएं घटी हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन घटनाओं से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को 2,491 करोड़ रुपये और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एकत्र आंकड़ों के अनुसार, 2022 में बड़े भूस्खलन की घटनाओं में छह गुना चिंताजनक वृद्धि देखी गई। 2020 में 16 की तुलना में 2022 में 117 बड़े भूस्खलन की घटनाएं हुईं। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 17,120 भूस्खलन के जोखिम वाले स्थल हैं, जिनमें से 675 महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और बस्तियों के करीब हैं। एक पूर्व नौकरशाह ने कहा कि बढ़ती मानवीय गतिविधि और विकास के लिए प्राकृतिक संसाधनों का दोहन पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है, जो गंभीर रूप ले रहा है। हिमाचल प्रदेश में एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी अब्दुल बासित ने कहा कि बारिश से पहाड़ जलमग्न हो गए हैं और बादल फटने तथा भूस्खलन से सड़कों को व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक प्रभावित हिस्सों में शिमला-कालका, शिमला-मटौर, मनाली-चंडीगढ़ और मंडी-पठानकोट मार्ग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जहां चट्टानों को नहीं काटा गया वहां भी भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं देखी गई हैं। बासित ने कहा कि निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए सुरंग ही एकमात्र समाधान है।हिमाचल प्रदेश के लिए 68 सुरंगें प्रस्तावित की गई हैं, जिनमें से 11 का निर्माण किया जा चुका है जबकि 27 निर्माणाधीन हैं और 30 विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के चरण में हैं। -
भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने ऑनलाइन पोंजी धोखाधड़ी में शामिल एक चीनी ‘एप' के भारत प्रमुख को गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू ने एक बयान में बताया कि 21 वर्षीय एस चित्रवेल को तमिलनाडु में मदुरै के पास अवीयूर से गिरफ्तार किया गया है। उसे ओडिशा लाया गया और 16 अगस्त को कटक में ओपीआईडी अदालत में पेश किया गया जिसने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। ईओडब्ल्यू ने कहा कि इस धोखाधड़ी का सरगना चीन के हांगझौ का रहने वाला 40 वर्षीय गुआनहुआ वांग है। वह 2019 में दो चीनी नागरिकों (एक पुरुष और एक महिला) के साथ भारत आया और कुछ महीने बेंगलुरु में रुका। उन्होंने विभिन्न साइबर-वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए तीन फर्जी कंपनियां बनाई।
ईओडब्ल्यू ने बताया कि चित्रवेल को ऐसी ही एक कंपनी में निदेशक बनाया गया, जिसका नाम 'बेटटेक टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड' है। कोविड के समय में तीनों चीन वापस चले गए लेकिन चित्रवेल और काम पर रखे गए कुछ अन्य निदेशकों और सहायकों के माध्यम से धोखाधड़ी जारी रखी गई। पहले चीनी लोग अवैध डिजिटल ऋण एप का संचालन करते थे। मगर कर्ज के जाल में फंस कर कई लोगों द्वारा खुदकुशी करने के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने चीनी ऋण एप के खिलाफ कार्रवाई की और सरकार ने ऐसे कई एप को प्रतिबंधित कर दिया। ठगों के काम करने के तरीके के बारे में ईओडब्ल्यू ने बताया कि चित्रवेल उस गिरोह की निगरानी करता था जो पीड़ितों को धमकाते थे और उनकी अश्लील तस्वीरें बनाकर उनके परिवार के सदस्यों को भेजते थे। ऋण एप के प्रतिबंधित किए जाने के बाद उन्होंने पोंजी, ऑनलाइन सट्टा और अन्य एप का संचालन करना शुरू कर दिया। ईओडब्ल्यू ने अपनी जांच में पाया कि वे नए निवेशकों को लुभाने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन में जानी-मानी शख्सियतों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उनका इस्तेमाल करते थे। कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने चीन में सॉफ्टवेयर बनाया लेकिन इसे भारत में अपलोड किया ताकि इसे भारतीय एप के तौर पर पेश किया जा सके। ईओडब्ल्यू ने कहा कि इस धोखाधड़ी के जरिए धन को भारत से चीन भेजा जा रहा था। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा है कि 1947 में भारत के विभाजन के पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान और दस्तावेजीकरण होना चाहिए। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) ने ‘विभाजन विभीषिका दिवस' के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृखंला में एक पुस्तक का विमोचन किया है जिसका शीर्षक है, ‘‘रिविजिटिंग पार्टीशन: टेल्स ऑफ डिस्प्लेसमेंट, हॉरर, नेगोशियेशन एंड रिकंसिलियेशन' है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि लेखी की मौजूदगी में हाल में पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि विभाजन के पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान और दस्तावेजीकरण होना चाहिए।
-
फरीदाबाद । हरियाणा में फरीदाबाद पुलिस ने क्रेडिट कार्ड जारी करने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करके इसके आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है जिनमें निजी बैंक का सहायक प्रबंधक भी शामिल है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक, तुषार उर्फ गोल्डी, अक्षय, विनय उर्फ जॉनी, रूपक, मनीष, कुनाल तथा रवीश का नाम शामिल है। आरोपी रविश नोएडा तथा बाकी सभी आरोपी दिल्ली में रह रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में कोटक बैंक का सहायक प्रबंधक और आरबीएल बैंक का एक अन्य कर्मचारी शामिल है। ये दोनों गिरोह को बैंक का वह खाता नंबर उपलब्ध कराते थे जिसमें ठगी की रकम हासिल करनी होती थी। पुलिस ने आरोपियों को दिल्ली, नोएडा और बिहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, कोटक महिंद्रा बैंक के दो डेबिट कार्ड तथा 44000 रुपये नकद बरामद किए गए। इन साइबर अपराधियों ने हाल ही में फरीदाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ 53,040 रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


.jpg)
.jpg)












.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpeg)
