- Home
- देश
- नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा की सदस्यता बहाल होने के बाद सोमवार को संसद पहुंचे जहां उनकी पार्टी और कुछ अन्य सहयोगी दलों के सांसदों ने उनका स्वागत किया तथा उनके समर्थन में नारेबाजी की। संसद भवन पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने सबसे पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा को नमन किया और फिर लोकसभा की कार्यवाही में शामिल हुए।लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में पार्टी के उप नेता प्रमोद तिवारी, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के एनके प्रेमचंद्रन और कई अन्य विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के प्रवेश द्वार पर राहुल गांधी का स्वागत किया।विपक्षी सांसदों ने ‘राहुल गांधी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी ने अपने ट्विटर प्रोफाइल का ब्यौरा बदला और संसद सदस्य लिखा। सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद उन्होंने ‘डिस्क्वालीफाइड एमपी’ (अयोग्य ठहराए गए सांसद) लिखा था।‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय द्वारा शुक्रवार चार अगस्त को रोक लगाए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की लोकसभा सदस्यता सोमवार को बहाल कर दी गई। इस संबंध में लोकसभा सचिवालय ने एक अधिसूचना जारी की है।
- जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजस्थान के अलवर जिले में 2.20 लाख रुपये की रिश्वत मामले में सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग (पीएचईडी) के दो अधिकारियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।एसीबी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी की एक टीम ने कार्यकारी अभियंता मायालाल सैनी (बहरोर) और कनिष्ठ अभियंता प्रदीप (नीमराना) को रविवार रात एजेंसी की तकनीकी शाखा द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के बाद जयपुर के एक होटल में छापा मारकर गिरफ्तार किया। एडीजी के मुताबिक, सैनी और प्रदीप को ठेकेदार पदम चंद जैन, सुपरवाइजर मलकीत सिंह और प्रवीण कुमार नामक एक निजी व्यक्ति से कथित तौर पर 2.20 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया गया।एडीजी के अनुसार, कथित रिश्वत पीएचईडी के बहरोर (अलवर) सर्कल में ठेकेदार की फर्म द्वारा निष्पादित निर्माण कार्यों के बकाया बिल को मंजूरी देने के लिए दी जा रही थी। अधिकारी ने बताया कि एसीबी की टीम ने आरोपियों के वाहन से 2.90 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि भी बरामद की। उन्होंने कहा कि पांचों आरोपियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
-
कोट्टयम. केरल के कोट्टयम में रविवार को एक नदी में नहाते समय एक ही परिवार के तीन सदस्य डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक अरायंकावु निवासी जॉनसन (59), उनका भतीजा अलोशी (17) और भतीजी जिस्मोल (15) यहां मुवत्तुपुझा नदी की जलधारा में फंस गए और डूब गए। उन्होंने बताया कि उनके साथ नदी में नहाने गए परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं। यह घटना पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे की है। पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने स्थानीय लोगों और अधिकारियों को घटना के बारे में सतर्क किया और दो घंटे तक चले लंबे तलाशी अभियान के बाद तीनों के शव बरामद किए गए।
- file photo
-
बेंगलुरु. चंद्रयान-3 के चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करने के एक दिन बाद, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को चांद का ‘चंद्रयान-3 द्वारा देखा गया एक वीडियो जारी किया। अंतरिक्ष एजेंसी ने वीडियो को कैप्शन के साथ जारी किया, ‘‘चंद्रयान -3 मिशन : चंद्रमा, जैसा कि चंद्रयान -3 द्वारा चंद्र कक्षा में प्रवेश के दौरान देखा गया ।'' वीडियो में दिख रहा है कि चंद्रमा पर नीले हरे रंग के कई गड्ढे हैं। यह वीडियो रविवार देर रात होने वाली दूसरी बड़ी गतिविधि से कुछ घंटे पहले जारी किया गया।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश भर में 508 स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखे जाने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को कहा कि स्टेशन को पुनर्विकसित करने की परियोजना के नाम पर किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। वैष्णव ने कहा कि पुनर्विकास परियोजना के लिए आवश्यक लगभग 25,000 करोड़ रुपये वर्तमान बजट के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के यात्रियों के लिए निर्बाध यात्रा की सुविधा प्रदान करना है। वैष्णव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी आम लोगों के जीवन को ऊपर उठाने के लिए काम कर रहे हैं। स्टेशन पुनर्विकास का उद्देश्य भी यही है। हम चाहते हैं कि उन पर कोई बोझ डाले बिना विश्वस्तरीय स्टेशन हों। हमने स्टेशन पुनर्विकास के नाम पर किराया नहीं बढ़ाया है या कोई शुल्क नहीं लगाया है।'' रेलवे ने देश के लगभग 1,300 प्रमुख स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन' के रूप में पुनर्विकसित करने की योजना बनाई है। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने 508 अमृत भारत स्टेशन की आधारशिला रखी। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत से ऐसे 55-55 स्टेशन विकसित किए जाएंगे, मध्य प्रदेश में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से 34 स्टेशन तथा महाराष्ट्र में 1,500 करोड़ रुपये की लागत से 44 स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल सहित कई राज्यों के रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। वैष्णव ने कहा कि रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा बनने के लिए लगभग 9,000 इंजीनियरों को प्रशिक्षण दे रहा है, ताकि उन्हें परियोजना की बारीकियों से अवगत कराया जा सके, जिसमें अनुबंध दस्तावेजों, वास्तुकला, डिजाइन और सुरक्षा का विश्लेषण शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘इस परियोजना के लिए किसी भी राज्य के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया है।
अगले दो वर्षों में हम कार्य में समुचित प्रगति देख सकेंगे। हम समतामूलक विकास में विश्वास रखते हैं। प्रधानमंत्री ने हमेशा कहा है कि हम परियोजना की आधारशिला रखेंगे और हम इसका उद्घाटन भी करेंगे, इससे पता चलता है कि हमें किस गति से परियोजना को पूरा करने की आवश्यकता है।'' केरल में सबरीमला रेल जैसी लंबित परियोजनाओं पर एक सवाल के संबंध में रेल मंत्री ने कहा कि यह एक विशेष मामला है, क्योंकि राज्य सरकार की विकास में ‘‘बहुत कम रुचि'' है। उन्होंने कहा, ‘‘केरल सरकार की राज्य के विकास में उतनी दिलचस्पी नहीं है। यही कारण है कि सर्वेक्षण या विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने जैसी छोटी-छोटी चीजों के लिए भी हमें इतना विरोध देखने को मिलता है कि कोई भी काम करना वाकई मुश्किल हो जाता है। फिर भी केंद्र केरल में रेल नेटवर्क के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।'' वैष्णव ने कहा, ‘‘मैं आपको एक उदाहरण दूंगा...केरल के राजनीतिक वर्ग ने एक पूरी तरह से काल्पनिक कथा गढ़ी कि वंदे भारत ट्रेन राज्य को नहीं दी जाएगी। लेकिन आप देखिए, वंदे भारत हर उस राज्य को दी गई है, जहां ब्रॉडगेज नेटवर्क (बड़ी लाइन) का विद्युतीकरण हुआ है। हमारा मानना है कि पूरे देश को एक साथ विकास करना चाहिए, लेकिन हमें राज्य सरकारों के सहयोग की आवश्यकता है।'' इससे पहले, पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखने के बाद एक समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में, देश में बिछाई गई रेल पटरी की लंबाई दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन, पोलैंड, ब्रिटेन और स्वीडन में संयुक्त रेलवे नेटवर्क से अधिक है। मोदी ने कहा कि पिछले साल ही भारत ने दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त रेलवे नेटवर्क से भी ज्यादा रेल पटरी बिछायी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने पूर्वोत्तर में रेलवे के विस्तार को भी प्राथमिकता दी है। रेल लाइन का दोहरीकरण, अमान परिवर्तन, विद्युतीकरण और नए मार्गों का निर्माण तेज गति से किया जा रहा है। जल्द ही, पूर्वोत्तर के सभी राज्यों की राजधानियाँ रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘नगालैंड में 100 साल बाद दूसरा रेलवे स्टेशन बनाया गया है। पूर्वोत्तर में पहले से तीन गुणा अधिक नयी रेल लाइन की शुरूआत की जा रही है।''
मोदी ने कहा कि आज सरकार रेल यात्रा को सुलभ बनाने के साथ-साथ सुखद बनाने के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने कहा, "ट्रेन में या स्टेशन पर यथा संभव सर्वोत्तम अनुभव प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।'' उन्होंने रेल प्लेटफार्म पर बैठने की बेहतर व्यवस्था, उन्नत प्रतीक्षालय और हजारों स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने सारे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से देश में विकास का एक नया माहौल बनेगा क्योंकि वे आगंतुकों के बीच पहली बार में ही अच्छी छाप छोड़ेंगे। मोदी ने कहा, ‘‘'उन्नत स्टेशनों से न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि आस-पास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।'' उन्होंने कहा कि बड़ी लाइन पर बिना फाटक की क्रॉसिंग की संख्या अब शून्य हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वर्ष 2014 से पहले 6,000 से भी कम रेल ओवरब्रिज और अंडरब्रिज थे, लेकिन आज, यह संख्या 10,000 से अधिक हो गई है।'' प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
-
गाजियाबाद (उप्र). ग़ाज़ियाबाद जिले की मुरादनगर पुलिस ने सुराना गांव के हिंडन नदी पुल के पास एक महिला की हत्या के मामले में पति-पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। गत तीन अगस्त को हिंडन नदी पुल के पास एक महिला का शव मिला था जिसे गोलियां मारी गई थीं। मृतक महिला की पहचान उसके परिवार ने रागिनी (22) के रूप में की थी। मामले को लेकर पुलिस ने मुरादनगर थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) विवेक चंद्र यादव ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि हत्या में शामिल सभी पांचों आरोपियों को मुरादनगर की गंग नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ़्तार आरोपियों की पहचान अमित जाटव, करण, अंकुर, बंटी और उसकी पत्नी राखी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अमित ने पुलिस को बताया कि रागिनी उसके जीजा बंटी के साथ काम करती थी, जबकि बंटी प्रॉपर्टी डीलर है। उन्होंने बताया कि बंटी और मृतक महिला के बीच विवाहेतर संबंध था। पुलिस के अनुसार यह बात बंटी की पत्नी राखी को पता चली तो उसने रागिनी से छुटकारा पाने के लिए अपने भाई अमित जाटव से मदद मांगी। पुलिस के अनुसार बंटी भी रागिनी से कथित तौर पर छुटकारा पाना चाहता था क्योंकि वह उससे पैसे मांगने लगी थी। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने दो अगस्त की रात को रागिनी को एक कार में घटनास्थल पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पुल के नीचे फेंक दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिये गए हैं।
-
सुलतानपुर (उप्र) . कोतवाली देहात इलाके में रविवार देर शाम बदमाशों ने एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। साथ में मौजूद अधिवक्ता के भाई को भी पैर में गोली लगी है, जिसे गंभीर अवस्था में राजकीय मेडिकल कॉलेज से ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमेन बर्मा घायल का हाल जानने राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। एसपी ने कहा हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार जिले के कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के भुलकी गांव निवासी अधिवक्ता आजाद अहमद (28) अपने भाई मंसूर अहमद के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार जैसे दोनों भाई अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नकराही चौराहे पर पहुंचे कि बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार गोली लगते ही दोनों भाई बाइक से गिर पड़े जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस के अनुसार गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कृष्ण मोहन सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से अधिवक्ता व उनके भाई को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने अधिवक्ता आजाद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मंसूर को पैर में गोली लगी है, जिन्हें लखनऊ भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही एसपी सोमेन बर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल का हाल जाना। उन्होंने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच पड़ताल चल रही है। एसपी ने कहा कि मामले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
-
रावुलापलेम .आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में एक लड़की को उसकी मां के प्रेमी ने रविवार तड़के रावुलापलेम गौतमी पुल से नदी में धक्का दे दिया लेकिन वह चमत्कारिक रूप से जिंदा बच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक नदी में बह गई लड़की की सौतेली बहन और मां की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि धक्का दिए जाने के बाद लड़की पुल के प्लास्टिक के एक पाइप को पकड़ने में कामयाब रही, उसने अपनी जेब से मोबाइल फोन निकाला और पुलिस को फोन कर मदद के लिए बुलाया। कोनासीमा जिले के पुलिस अधीक्षक पी श्रीधर ने एक न्यूज़ एजेंसी से कहा, ‘‘फोन कॉल आने के करीब आधे घंटे के अंदर पुलिस लड़की को बचाने में कामयाब रही। जब पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे, वह खतरनाक स्थिति में फंसी थी और पाइप को पकड़े हुए थी। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। '' पुलिस के अनुसार लड़की की मां ताडेपल्ली में एक होटल में काम करने के दौरान एक व्यक्ति के संपर्क में आईं और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध पनपा। कुछ समय बाद युवती ने एक लड़की को जन्म दिया, जो अब एक साल की है। पुलिस अधीक्षक पी श्रीधर के मुताबिक रविवार तड़के 3.50 बजे, युवक ने युवती के परिवार के सदस्यों से कहा कि वे सभी राजामहेंद्रवरम जाएंगे और वह उन्हें कार में रावुलापलेम गौतमी पुल तक ले गया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार युवक ने सेल्फी लेने के बहाने तीनों को पुल से नदी में धक्का दे दिया। इस घटना में लड़की बच गई जबकि उसकी सौतेली बहन और मां पानी में बह गए और अभी तक नहीं मिले हैं। पुलिस युवक की तलाश कर रही है। -
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने चंद्रयान-3 को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कराने के एक दिन बाद उसे इसके और नजदीक पहुंचाने की कवायद सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इसरो ने कहा ‘अंतरिक्षयान ने चंद्रमा के और नजदीक पहुंचने की एक प्रस्तावित प्रक्रिया पूरी कर ली है। इंजनों की ‘रेट्रोफायरिंग’ ने इसे चंद्रमा की सतह के और करीब यानी अब 170 किलोमीटर गुणा 4,313 किलोमीटर तक पहुंचा दिया है।
अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि- चंद्रयान-3 को- चंद्रमा के और नजदीक पहुंचाने की अगली कवायद 9 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजे से दोपहर दो बजे के बीच किये जाने का कार्यक्रम है। सत्रह अगस्त तक तीन और अभियान प्रक्रियाएं पूरी की जाएगी जिसके बाद लैंडिंग मॉड्यूल ‘प्रपल्शन मॉड्यूल’ से अलग हो जाएगा। इसके बाद, लैंडर पर ‘डी-आर्बिटिंग’ कवायद की जाएगी। इसके बाद, चंद्रमा की सतह पर उतरने से पहले लैंडर पर ‘डी-ऑर्बिटिंग’ कवायद को अंजाम दिया जाएगा। इसरो के अनुसार, यह 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का प्रयास करेगा -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने यह धारणा बदल दी है कि नागरिक जो कर देते हैं, वह भ्रष्टाचार में बर्बाद हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस साल आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या में 16 प्रतिशत की वृद्धि व्यवस्था में लोगों के विश्वास की दर्शाता है। मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देश भर में 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। इस मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोग लंबे समय से सोचते थे कि वे जो कर चुकाते हैं, उसका कोई मतलब नहीं है और उनकी मेहनत की कमाई भ्रष्टाचार में बर्बाद हो जाती है। उन्होंने आगे कहा, ''लेकिन हमारी सरकार ने इस सोच को बदल दिया है। लोगों को आज लगता है कि उनका पैसा राष्ट्र निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।'' उन्होंने कहा कि सुविधाएं बढ़ रही हैं और जीवन सुगम हो रहा है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, ''यह सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात काम चल रहा है कि जिन समस्याओं का आपने सामना किया, उनका सामना आपके बच्चों को न करना पड़े।'' मोदी ने कहा कि कर देने वाले लोगों में विकास कार्यों के प्रति विश्वास बढ़ा है और इसके कारण करदाताओं की संख्या भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा, ''एक समय था जब देश में दो लाख रुपये की आय पर कर लगता था, आज मोदी की गारंटी देखिए कि सात लाख रुपये तक की आय पर भी कर नहीं लगता है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद देश में आयकर संग्रह की मात्रा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस साल आयकर रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या में 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो सरकार और देश में हो रहे विकास के प्रति भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ''आज लोग देख रहे हैं कि कैसे देश में रेलवे का कायाकल्प हो रहा है, मेट्रो का विस्तार हो रहा है, नए एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों और अस्पतालों का निर्माण हो रहा है।'' मोदी ने कहा कि इस तरह के बदलाव करदाताओं के पैसे से विकसित हो रहे नए भारत की भावना को बढ़ावा देते हैं। आयकर विभाग ने मंगलवार को कहा था कि आकलन वर्ष 2023-24 के लिए 31 जुलाई तक रिकॉर्ड 6.77 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल किए गए। इसमें 53.67 लाख लोगों ने पहली बार आयकर रिटर्न दाखिल किया।
-
नयी दिल्ली. यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवाद एवं कूटनीति को एकमात्र रास्ता बताते हुये राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने जेद्दा में इस संकट पर आयोजित एक सम्मेलन के दौरान यह रेखांकित किया कि सभी देशों को बिना किसी "अपवाद" के संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने की जरूरत है। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान द्वारा आयोजित दो दिवसीय बैठक में अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन और यूरेशियन मामलों के चीन के विशेष दूत ली हुई सहित लगभग 40 देशों के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने हिस्सा लिया । इस सम्मेलन में रूस को आमंत्रित नहीं किया गया था ।
डोभाल ने शनिवार को अपने संबोधन में इस युद्ध के प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया खासकर ‘ग्लोबल साउथ' को इस स्थिति का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने संघर्ष की शुरुआत के बाद से नियमित रूप से रूस और यूक्रेन, दोनों के साथ उच्चतम स्तर पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली संयुक्तराष्ट्र चार्टर एवं अंतरराष्ट्रीय कानून में निहित सिद्धांतों के आधार पर वैश्विक व्यवस्था का समर्थन करती है। सम्मेलन में इससे अवगत लोगों ने बताया कि डोभाल ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि बिना किसी अपवाद के सभी देशों द्वारा संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता को बरकरार रखा जाना चाहिए। डोभाल ने यह भी कहा कि संघर्ष का उचित और स्थायी समाधान खोजने के लिए सभी हितधारकों को शामिल करते हुए शांति के सभी प्रयास करना चाहिए और भारत इसी भावना के साथ इस बैठक में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली का दृष्टिकोण बातचीत एवं कूटनीति को प्रोत्साहन देने का रहा है और हमेश रहेगा क्योंकि यह शांति के लिए आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। एनएसए ने यह भी कहा कि भारत यूक्रेन को मानवीय सहायता और ‘ग्लोबल साउथ' में अपने पड़ोसियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है।इस सम्मेलन का आयोजन यूक्रेन की ओर से प्रस्तावित ‘शांति फॉर्मूले' पर ध्यान केंद्रित करके किया गया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने युद्ध खत्म करने और अपने देश की क्षेत्रीय अखंडता बहाल करने के लिए 10 सूत्री ‘शांति योजना' पेश की। इस योजना के तहत उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और परामणु सुरक्षा को सुनिश्चित करने की अपील की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को कहा था कि बैठक में भारत की भागीदारी उसकी लंबे समय से चली आ रही स्थिति के अनुरूप होगी कि वार्ता और कूटनीति यूक्रेन संकट को हल करने का रास्ता है। भारत कहता रहा है कि यूक्रेन संकट को कूटनीति और बातचीत के जरिए हल किया जाना चाहिए। पिछले साल 16 सितंबर को उज्बेक शहर समरकंद में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था, ‘‘आज का युग युद्ध का नहीं है' और रूसी नेता को संघर्ष समाप्त करने के लिए प्रेरित किया था। मई में, मोदी ने हिरोशिमा में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर जेलेंस्की के साथ व्यक्तिगत तौर पर बातचीत की थी। प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान यूक्रेनी नेता को बताया कि भारत संघर्ष का समाधान खोजने के लिए जो भी संभव होगा वह करेगा।
-
राजमहेंद्रवरम. आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में रविवार तड़के एक कार के नहर में गिर जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस को संदेह है कि कार तेज गति से चलायी जा रही थी। उसने बताया कि एलुरु जिला स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के 10 छात्रों का एक समूह शनिवार की रात पूर्वी गोदावरी जिले के मारेडुमिली गया था। पुलिस ने बताया कि शनिवार आधी रात उनकी कार सड़क से फिसलकर पूर्वी गोदावरी जिले के बुरुगुपुडी गेट पर एक नहर में गिर गई, जिससे हर्षवर्द्धन, हेमंत और उदय किरण नामक तीन छात्रों की मौत हो गई। उसने बताया कि कार में सवार अन्य लोग घायल हो गये हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
श्रावस्ती (उप्र) .श्रावस्ती जिले के इकौना क्षेत्र में बौद्ध परिपथ पर एक वाहन के पेड़ से टकराने के बाद खाई में गिरने से उसमें सवार छह नेपाली नागरिकों की मौत हो गई। ये लोग एक ही परिवार से थे। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के नेपालगंज शहर स्थित त्रिभुवन चौक इलाके के कुछ लोग शनिवार को कार से संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद में अपने किसी रिश्तेदार के घर गए थे और शनिवार शाम को सभी बलरामपुर और श्रावस्ती होते हुए नेपालगंज वापस जा रहे थे। उन्होंने बताया कि देर रात रास्ते में श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में स्थित सीताद्वार के पास उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और एक पेड़ से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में गिर गया। सूत्रों ने बताया कि इस दुर्घटना में एक ही परिवार के नीलांश (36), उसकी बहन नीति (20), दीपिका (35) तथा इसी परिवार की तीन और डेढ़ वर्षीय दो बच्चियों की घटनास्थल पर मौत हो गई। इसके अलावा वैभव (36) नामक व्यक्ति की बहराइच मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बहराइच के नानपारा कस्बा निवासी वाहन चालक अजय मिश्र (25) का बहराइच मेडिकल कालेज में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
- वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने रविवार को तीसरे दिन ज्ञानवापी परिसर में पुरातात्विक सर्वेक्षण का काम शुरू किया।इस बीच, मुस्लिम पक्ष ने सर्वेक्षण को लेकर झूठी खबरें प्रसारित किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रक्रिया से अलग होने की चेतावनी दी।सरकारी वकील राजेश मिश्रा ने बताया, “एएसआई ने रविवार को लगातार तीसरे दिन सर्वे कार्य शुरू किया। सर्वे टीम सुबह आठ बजे ज्ञानवापी परिसर में दाखिल हुई। सर्वे का काम शाम पांच बजे तक चलेगा। दोपहर में दो घंटे का भोजन अवकाश होगा।”हिंदू पक्ष के अधिवक्ता सुधीर त्रिपाठी ने सर्वे के लिए परिसर में प्रवेश करने से पहले संवाददाताओं से कहा कि तीसरे दिन का सर्वे कार्य शुरू हो रहा है।उन्होंने बताया कि शनिवार को सर्वे के लिए डीजीपीएस समेत कई मशीनों का इस्तेमाल किया गया था और रविवार को रडार का उपयोग किए जाने की संभावना है।त्रिपाठी के मुताबिक, हिंदू और मुस्लिम दोनों ही पक्ष अब तक किए गए सर्वे से संतुष्ट हैं।इस बीच, ज्ञानवापी मस्जिद की रखरखावकर्ता अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव सैयद मोहम्मद यासीन ने बताया कि सर्वे को लेकर उच्चतम न्यायालय का आदेश आने के बाद मुस्लिम पक्ष दूसरे दिन के सर्वेक्षण में शामिल हुआ और आज भी उसके वकील सर्वे में मौजूद हैं, लेकिन सर्वे को लेकर जिस तरह की बेबुनियाद बातें फैलाई जा रही हैं, अगर उन्हें नहीं रोका गया तो मुस्लिम पक्ष सर्वेक्षण का फिर से बहिष्कार कर सकता है।यासीन ने आरोप लगाया कि शनिवार को सर्वे के दौरान मीडिया के एक वर्ग ने अफवाह फैलाई कि मस्जिद के अंदर तहखाने में मूर्तियां, त्रिशूल और कलश मिले हैं, जिससे मुस्लिम समाज आहत है।उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की हरकतों पर लगाम नहीं लगी, तो मुस्लिम पक्ष एक बार फिर सर्वे का बहिष्कार कर सकता है।उच्चतम न्यायालय ने गत शुक्रवार को ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के एएसआई सर्वे पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इससे पहले, उच्च न्यायालय द्वारा इसी मांग को लेकर मुस्लिम पक्ष की ओर से दायर याचिका को खारिज किए जाने के बाद शुक्रवार को परिसर में सर्वे की कार्यवाही शुरू की गई थी। सर्वे के पहले दिन मुस्लिम पक्ष ने इसका बहिष्कार किया था।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये देशभर के 508 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी।प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि प्रधानमंत्री ने जिन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखी, उनमें उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 55-55, बिहार के 49, महाराष्ट्र के 44, पश्चिम बंगाल के 37, मध्य प्रदेश के 34, असम के 32, ओडिशा के 25, पंजाब के 22, गुजरात एवं तेलंगाना के 21-21, झारखंड के 20, आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु के 18-18, हरियाणा के 15 व कर्नाटक के 13 स्टेशन शामिल हैं।पीएमओ ने बताया था कि इस पुनर्विकास परियोजना की लागत 24,470 करोड़ रुपये होगी और इसके तहत यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उसने बताया था कि स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा।पीएमओ ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी अक्सर अत्याधुनिक सार्वजनिक परिवहन के प्रावधान पर जोर देते हैं और रेलवे लोगों के लिए परिवहन का पसंदीदा साधन है। उसने कहा था कि मोदी ने रेलवे स्टेशन पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्व को प्राथमिकता दी है।पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री के इस दृष्टिकोण के मद्देनजर 1,309 स्टेशन के पुनर्विकास के लिए ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ शुरू की गई है। उसने कहा कि ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत प्रधानमंत्री ने रविवार को 508 स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी।
- बलिया (उप्र)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिला मुख्यालय के शहर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज, परिसर में गोलू गोंड (16) का शव शनिवार की सुबह पेड़ से फांसी के फंदे से लटका मिला। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजीव सिंह ने बताया कि गोलू बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है, प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है। एसएचओ ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।(सांकेतिक फोटो)
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अपने नेपाली समकक्ष पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड' से फोन पर बात की तथा दोनों देशों के बीच दोस्ती के गहरे संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत-नेपाल सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। मोदी और प्रचंड के बीच फोन पर बातचीत दोनों देशों के मध्य उच्च स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा का हिस्सा है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और 31 मई से 3 जून 2023 तक नेपाली प्रधानमंत्री प्रचंड की भारत यात्रा के दौरान हुई वार्ताओं के बाद की प्रगति पर चर्चा की, ताकि द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाया जा सके तथा दोस्ती के गहरे संबंधों को और मजबूत किया जा सके ।'' इसमें कहा गया है कि नेपाल एक करीबी और मैत्रीपूर्ण पड़ोसी है, जो भारत की ‘‘पड़ोस प्रथम'' की नीति में एक प्रमुख भागीदार है।
-
नयी दिल्ली। उत्तर दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक तरफा प्यार में एक महिला के पति की हत्या करने के आरोप में 31 वर्षीय कसाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अहाता किदारा के रहने वाले आरोपी मोहम्मद आमिर ने शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान समीर नाम के शख्स की कथित रूप से हत्या कर दी जो उसका बचपन का दोस्त था। मंगलवार को हुई घटना के सिलसिले में आमिर के दोस्त आरोपी मोहम्मद रिजवान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को मंगलवार को फोन कर सूचना दी गई थी कि सदर बाजार के चमेलियन रोड पर एक व्यक्ति जख्मी हालत में पड़ा है। उन्होंने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने पाया कि व्यक्ति के गले पर कांच की टूटी बोतल को घोंपा गया है। पुलिस के मुताबिक, उसे बाड़ा हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया जहां अधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सुल्तानपुरी निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद समीर के तौर पर हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में घटना स्थल के पास दो लोग एक बाइक पर दिखे। सीसीटीवी की धूंधुली तस्वीर में दिख रहा व्यक्ति उस शख्स की ‘प्रोफाइल तस्वीर' से मिलता जुलता था जिसने समीर को व्हाट्सऐप पर कॉल की थी। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को स्थानीय खुफिया इकाई की मदद से आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जिसकी पहचान मोहम्मद आमिर के तौर पर हुई। उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सागर सिंह कलसी ने कहा कि आमिर ने पुलिस को बताया कि वह और समीर अच्छे दोस्त थे और दोनों अहाता किदारा में जन्मे और पले-बढ़े थे। डीसीसी ने बताया कि आमिर शादीशुदा है और उसका एक बेटा है, लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई और वह अपने माता-पिता के साथ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रह रही है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी आमिर ने अपने साथी आरोपी रिजवान की भी पहचान का खुलासा कर दिया। आरोपी रिजवान को बुधवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि जुर्म को अंजाम देने के वक्त दोनों ने जो कपड़े पहने थे, उन्हें यमुना के तट से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी आमिर समीर की पत्नी पर मोहित था और उसने आरोपी रिजवान की मदद से हत्याकांड को अंजाम दिया। -
नई दिल्ली। हरियाणा सरकार ने शनिवार को नूंह में मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं का निलंबन 8 अगस्त तक बढ़ा दिया। यह जानकारी एक आधिकारिक आदेश से मिली।आधिकारिक आदेश में कहा गया कि पलवल जिले में इन दोनों सेवाओं का निलंबन 7 अगस्त शाम 5 बजे तक बढ़ा दिया गया है।विश्व हिंदू परिषद की शोभायात्रा को रोकने की कोशिश को लेकर 31 जुलाई को नूंह में हुई झड़प के बाद मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं। बाद में यह झड़प गुरुग्राम और राज्य के अन्य जिलों में फैल गई। झड़पों में छह लोगों की मौत हो गई है।मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं का निलंबन बढ़ाने का आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने शनिवार शाम को जारी किया। हरियाणा सरकार ने इससे पहले मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को निलंबित कर दिया था और बाद में इसे 5 अगस्त तक बढ़ा दिया था।आदेश में कहा गया, ‘यह आदेश जिला नूंह के अधिकार क्षेत्र में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए बढ़ाया गया है और 08.08.2023 (रात 11:59 बजे) तक लागू रहेगा।’वहीं, एक अलग आदेश में, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने कहा, ‘यह आदेश जिला पलवल, हरियाणा के अधिकार क्षेत्र में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था की किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए बढ़ाया गया है, और 07.08.2023 (शाम पांच बजे) तक लागू रहेगा।’
-
नई दिल्ली।. मौसम विभाग ने अगले चार दिन के दौरान उत्तराखंड, उत्तरी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिमी बंगाल के उप-हिमालय क्षेत्र और सिकिम्म के अलग अलग जगहों में तेज से अधिक तेज बारिश होने की संभावना जताई है। मध्यप्रदेश और इसके आस-पास के इलाकों में निम्न दाबाब वाले क्षेत्र, गुजरात और इसके निकटवर्ती क्षेत्रों में एक बवंडर उठने, उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू के इलाकों में पश्च्मिी विक्षोब के कारण अगले सप्ताह भी बारिश जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज से राज्य को अगले चार दिनों तक बारिश से राहत मिलेगी। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर बुधवार तक तेज से अधिक तेज बारिश जारी रहने के आसार हैं।पूर्वोत्तर के अरूणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नगालैंड और मणिपुर के अलग-अलग जगहों पर अगले चार दिन तेज से अधिक तेज बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली में एक दिन पहले हुई बारिश के बाद आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में शहर में 54 मिली मीटर बारिश दर्ज हुई है। - नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में शनिवार रात 5.8 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र अफगानिस्तान का हिंदूकुश क्षेत्र था। भूकंप रात 9:31 बजे अफगानिस्तान के पहाड़ी इलाकों में आया और भारत के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के निवासियों को इसके तुरंत बाद झटके महसूस हुए। दिल्ली के पास स्थित नोएडा में एक ऊंचे अपार्टमेंट में रहने वाली प्रीति शंकर ने कहा, "रात लगभग 9:30 बजे दो बार भूकंप आया।" राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने कहा कि भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में 36.38 डिग्री उत्तर अक्षांश और 70.77 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, "दिल्ली में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित हैं।" दिल्ली पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, "दिल्लीवासियों, हमें उम्मीद है कि आप सभी सुरक्षित हैं! किसी भी आपातकालीन मदद के लिए 112 डायल करें।"
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतनेट परियोजना के अंतर्गत 6.4 लाख गांवों को ब्रॉडबैंक संपर्क से जोड़ने के लिए 1.39 लाख करोड़ रुपये के परिव्यय को मंजूरी दी है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल भारतनेट परियोजना के अंतर्गत 1.94 लाख गांवों को जोड़ा जा चुका है और शेष गांवों को ढाई साल में जोड़ने की संभावना है। एक सूत्र ने कहा, “मंत्रिमंडल ने शुक्रवार शाम को हुई बैठक में देश के सभी गांवों में ऑप्टिकल फाइबर आधारित कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए 1,39,579 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है।” अंतिम छोर तक संपर्क बीएसएनएल की शाखा भारत ब्रॉडबैंड नेटवर्क लिमिटेड (बीबीएनएल) ग्राम स्तरीय उद्यम (वीएलई) के साथ मिलकर उपलब्ध कराएगी। सूत्रों ने बताया, “स्थानीय उद्यमियों की मदद से फाइबर को घर-घर पहुंचाने के मॉडल को एक प्रायोगिक परियोजना के सफल समापन के बाद अंतिम रूप दिया गया।” इस परियोजना के तहत घरों को जोड़ने के लिए आवश्यक उपकरण और अतिरिक्त फाइबर बीबीएनएल द्वारा प्रदान किए जाते हैं, और स्थानीय उद्यमियों को नेटवर्क के रखरखाव का काम सौंपा गया है। एक सूत्र ने कहा, “लगभग 60,000 गांवों के लिए चलाई गई प्रायोगिक परियोजना में लगभग 3,800 उद्यमी शामिल थे, जिन्होंने 3.51 लाख ब्रॉडबैंड कनेक्शन उपलब्ध कराए। प्रति घर औसत डेटा खपत प्रति माह 175 गीगाबाइट दर्ज की गई है।” यह परियोजना बीबीएनएल और वीएलई के बीच 50 प्रतिशत राजस्व-साझाकरण के आधार पर शुरू की जा रही है, और मासिक ब्रॉडबैंड योजना की कीमत 399 रुपये से शुरू होती है। सूत्रों के अनुसार, देशभर में ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) की 37 लाख रूट किलोमीटर (आरकेएम) फैली हुई है, जिसमें से बीबीएनएल ने 7.7 आरकेएम बिछाई है।
-
भुवनेश्वर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की उपस्थिति में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के बहुप्रतीक्षित कामाख्यानगर-दुबुरी चार लेन खंड का उद्घाटन किया। ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा पर भुवनेश्वर पहुंचे शाह ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी और “भारत रत्न” गोपीनाथ बोरदोलोई को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि गोपीनाथ बोरदोलोई की वजह से आज संपूर्ण पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत का हिस्सा है। शाह ने कहा, “असम के पहले मुख्यमंत्री बोरदोलोई ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में अपार योगदान दिया।” केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य सरकार और ओडिशा के "लोकप्रिय" मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को धन्यवाद देते हुए कहा कि केंद्र ने कामाख्यानगर और दुबुरी को जोड़ने वाले 51 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन करने के लिए 761 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा, यह सड़क खनिज से समृद्ध अंगुल और ढेंकनाल जिलों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का काम करेगी।" राष्ट्रीय राजमार्गों को राष्ट्र की "भाग्य-रेखा" बताते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं पर जोर दिया है, क्योंकि ये किसी क्षेत्र का भाग्य बदल देती हैं। शाह ने कहा, “ओडिशा की तरह, गुजरात के लोग भी भगवान जगन्नाथ की पूजा करते हैं। पांच अगस्त, 2019 को मोदी ने अनुच्छेद-370 के प्रावधान निरस्त करने का ऐतिहासिक फैसला लिया था। इस अवसर पर, मैं देश के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने कहा, "नक्सली खतरे पर काबू पा लिया गया है और वामपंथी उग्रवाद में गिरावट आई है। ओडिशा सरकार ने नक्सलियों से लड़ने के लिए हमेशा केंद्र का समर्थन किया है।” शाह ने पटनायक के साथ कालाहांडी जिले में लादुगांव रोड पर मोटेर से बान्नेर के बीच के हिस्से को चौड़ा करने और मजबूत बनाने संबंधी परियोजना की आधारशिला भी रखी। कार्यक्रम भुवनेश्वर में राज्य सचिवालय, लोक सेवा भवन के सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा के मंत्री प्रफुल्ल कुमार मलिक भी उपस्थित थे। शुक्रवार रात भुवनेश्वर पहुंचे शाह का शनिवार को राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ वामपंथी उग्रवाद और आपदा प्रबंधन पर समीक्षा बैठक करने का कार्यक्रम है। दोपहर बाद, शाह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राज्य पदाधिकारियों के साथ 2024 में होने वाले अगले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों व रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में देश का पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कंपाउंड टीम की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता से ही सफलता मिली । भारतीय महिला कंपाउंड टीम की सदस्य ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर ने शुक्रवार को बर्लिन में विश्व चैम्पियनशिन फाइनल में मेक्सिको को हराकर इतिहास रचा । प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, गर्व का पल कि हमारी कंपाउंड महिला टीम ने बर्लिन में विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया । हमारे चैम्पियनों को बधाई ।'' उन्होंने ट्वीट किया ,‘‘ उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता से यह असाधारण नतीजा निकला ।'
-
नई दिल्ली। सरकार ने देशभर में 6 लाख 40 हजार गांवों में भारत नेट के विस्तार के लिए एक लाख 39 हजार 579 करोड रूपये आवंटित किये हैं। संचार मंत्रालय ने बताया कि भारत नेट की विस्तार परियोजना लगभग दो साल में पूरी हो जाएगी। मंत्रालय ने कहा है कि देश के 60 हजार ग्राम पंचायत गांवों में आठ महीने में प्रायोगिक परियोजना की सफलता के बाद विस्तार परियोजना शुरू करने का फैसला किया गया। संचार मंत्रालय ने बताया कि भारत नेट, प्रायोगिक परियोजना के तहत एक लाख 94 हजार गावों में पहुंच गया है और अब तक 5 लाख 67 हजार घरों में भारत नेट कनेक्शन सक्रिय हो गया है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि विस्तार कार्यक्रम से लगभग दो लाख 50 हजार रोजगार भी उपलब्ध होंगे।
मेक इन इंडिया पहल के तहत भारत नेट विश्व के सबसे बडे ग्रामीण ब्रॉड बैंड संपर्क कार्यक्रमों में से एक है। इसे भारत संचार निगम लिमिटेड सहित केन्द्रीय सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा कार्यान्वित किया जा रहा है।

.jpg)
.jpg)













.jpg)
.jpg)

.jpg)





.jpg)
.jpeg)
