- Home
- देश
- शिमला/कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) ।हिमाचल प्रदेश सरकार ने बुधवार को दावा किया कि पिछले तीन दिनों में कुल्लू और मनाली से लगभग 25,000 पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है, लेकिन सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं क्योंकि भूस्खलन और बाढ़ के कारण 1,100 से अधिक सड़कें अभी भी बंद हैं। खबरों के मुताबिक चंबा, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और अन्य जिलों में बड़ी संख्या में पर्यटक फंसे हुए हैं। मोबाइल ‘कनेक्टिविटी' बंद होने के बाद जो लोग अधिकारियों से संपर्क नहीं कर पा रहे थे, वे अब पुलिस और जिला प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं। लापता व्यक्तियों के ठिकाने की तलाश में सोशल मीडिया पर भी कई संदेश साझा किए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के आठ शहरों - मनाली, सोलन, रोहड़ू, ऊना, घमरूर, पच्छाद, हमीरपुर और केलोंग में जुलाई में एक दिन की बारिश के पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। चार दिनों में किन्नौर तथा लाहौल और स्पीति जिलों में पूरे मानसून सीज़न की 43 प्रतिशत और 33 प्रतिशत बारिश हुई। राज्य में बुधवार को आठ लोगों की मौत की सूचना मिली, जिससे पिछले चार दिनों में भारी बारिश के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार कुल्लू में अचानक आई बाढ़ में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सिरमौर और सोलन में भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई। शिमला जिले में दुर्घटनावश डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार को शव बरामद किए गए। शिमला जिले के रामपुर में एक मरीज को अस्पताल ले जाते समय एक परिवार के चार सदस्य सतलुज नदी में गिर जाने से लापता हो गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को लाहौल और स्पीति के चंद्रताल में फंसे पर्यटकों को निकालने को एक चुनौतीपूर्ण कार्य करार दिया। सिस्सू, मनाली, लोसार और चंद्रताल इलाके का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद उन्होंने कहा, ''हमने हालात का जायजा लेने के लिए मंत्री और मुख्य विधायी सचिव संजय अवस्थी को चंद्रताल भेजा है।'' उन्होंने कहा कि अवस्थी के साथ जनजातीय किन्नौर जिले के राज्य मंत्री जगत सिंह नेगी चंद्रताल में बचाव कार्यों में सहायता देंगे। नेगी, भौगोलिक स्थिति और जनजातीय आपदाओं से भलीभांति परिचित हैं।करीब 300 लोग, जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं, शनिवार से चंद्रताल में फंसे हुए हैं और सात बीमार लोग, जिसमें दो बुजुर्ग और एक लड़की शामिल है, उन्हें मंगलवार को हवाई मार्ग से चंद्रताल से भुंतर लाया गया। इस बीच, सड़क बचाव दल चंद्रताल के मार्गों पर जमा बर्फ को साफ कर रहा है। बचाव दल का नेतृत्व कर रहे काजा के अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने कहा कि कुंजुम पास के समीप मार्ग तीन से चार फुट की बर्फ से ढक गया है और सड़क को फिर से बहाल करने का काम जोर-शोर से जारी है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले एक ट्वीट में कहा था, ''अब तक कसोल में फंसे दो हजार से ज्यादा लोगों को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया है।हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों में शरण लेने वालों को 25,000 रुपये देने की घोषणा की है। मंगलवार को उन्होंने बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की थी। कुल्लू के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने कहा कि एक जांच चौकी स्थापति की गई है, जहां पुलिस (फंसे) लोगों की जानकारी एकत्र कर रही है और उन्हें हमारे फेसबुक पेज पर साझा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को राहत सामग्री भी मुहैया कराई जा रही है और भोजन तथा पीने का पानी रामशिला चौक पर उपलब्ध कराया जा रहा है। भूस्खलन और बाढ़ की वजह से कुल्लू और लाहौल के कई हिस्सों में सड़कें या तो पानी में बह गईं या मलबे की वजह से बाधित हो गई थीं, इसके कारण भारी संख्या में पर्यटक फंस गए थे। फंसे हुए लोगों को होटलों, विश्रामघरों, होम स्टे और अन्य स्थानों पर ठहराया गया है। कई होटल और पर्यटन इकाइयों ने फंसे हुए पर्यटकों को मुफ्त में रहने और खाने की पेशकश की है और सोशल नेटवर्किंग साइटों पर अपने होटल के पते और संपर्क नंबर साझा किए हैं। प्राकृतिक आपदा की वजह से पर्यटकों के लिए छुट्टियां एक बुरे सपने की तरह थीं। बड़ौदा के एक पर्यटक ने कहा ‘‘हमारे पास सीमित नकदी थी, मोबाइल कनेक्टिविटी और बिजली बंद थी, एटीएम काम नहीं कर रहे थे और होटल व्यवसायी भुगतान को लेकर अड़े हुए थे। हमने उनसे कहा कि हमारे रिश्तेदार ऑनलाइन भुगतान करेंगे, लेकिन उन्होंने कहा कि यह नहीं किया जा सकता क्योंकि कोई मोबाइल संपर्क (कनेक्टिविटी) उपलब्ध नहीं है।” बचाव दल का नेतृत्व कर रहे काजा के अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने कहा कि कुंजुम दर्रे के पास सड़क पर तीन से चार फुट बर्फ है और उसे हटाने का काम जारी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्राकृतिक आपदा की वजह से पहाड़ी राज्य को अनुमानित 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
-
नई दिल्ली। भारत के तीसरे चंद्रमा मिशन चंद्रयान-3 की उलटी गिनती आज दोपहर शुरू हो जाएगी। 26 घंटे की उलटी गिनती दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर शुरू होगी। भारतीय अंतरिक्ष विकास संगठन-इसरो एलवीएम-3 रॉकेट से कल दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान 3 का प्रक्षेपण करेगा।भारत चंद्रमा की सतह पर अपना अंतरिक्ष यान भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। यह मिशन चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित और सुचारू लैंडिंग कराने की भारत की क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड ग्रामीण बैंकिंग को सुलभ बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और समृद्धि सुनिश्चित कर रहा है।श्री शाह ने नई दिल्ली में नाबार्ड के 42वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिस देश की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है, उसकी कल्पना नाबार्ड जैसी संस्था के बिना नहीं की जा सकती। सहकारिता मंत्री ने कहा कि पिछले चार दशकों से नाबार्ड इस देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे, कृषि और सहकारी संस्थानों की रीढ़ साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह डेढ़ दशक से भी अधिक समय से स्वयं सहायता समूहों का आधार रहा है। श्री शाह ने कहा कि गांव आत्मनिर्भर हो रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा कृषि की पूरी दुनिया में पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गांव के हर व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आत्मसम्मान के साथ समाज में उचित स्थान दिलाने में नाबार्ड की बहुत बड़ी भूमिका है। सहकारिता मंत्री ने कहा कि नाबार्ड ने पुनर्वित्त और पूंजी निर्माण के काम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि पूंजी निर्माण के लिए नाबार्ड के माध्यम से अब तक आठ लाख करोड़ रुपये ग्रामीण अर्थव्यवस्था में खर्च किए जा चुके हैं। श्री शाह ने कहा कि कृषि क्षेत्र की विभिन्न जरूरतों को पूरा करने के लिए नाबार्ड ने ग्रामीण कृषि अर्थव्यवस्था में 12 लाख करोड़ रुपये का पुनर्वित्तपोषण किया है। उन्होंने कहा कि नाबार्ड ने 42 वर्षों में 14 प्रतिशत की विकास दर के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में 20 लाख करोड़ रुपये के पुनर्वित्तपोषण का काम किया है। इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी प्रणाली में वित्त व्यवस्था को मजबूत करने तथा ग्रामीण बुनियादी ढांचे को बढ़ाने का काम आजादी के अमृत काल में नाबार्ड के अलावा कोई नहीं कर सकता। सहकारिता मंत्री ने कहा, नाबार्ड ने एक करोड़ स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह पूरी दुनिया में माइक्रोफाइनेंसिंग का सबसे बड़ा कार्यक्रम है और देश ने नाबार्ड के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक ने डेबिट कार्ड के साथ रुपे क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की सेवा शुरू की है। श्री शाह ने कहा कि सहकारिता योजना के तहत सभी सहकारी समितियों के सदस्यों के बैंक खाते जिला सहकारी बैंक में स्थानांतरित कर दिये गये हैं तथा सभी दुग्ध उत्पादक समितियों को बैंक मित्र के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर हम देश की सहकारी व्यवस्था में 'सहकारिताओं के बीच सहयोग' की अवधारणा के साथ आगे बढ़ें और पैक्स से अपैक्स तक का पूरा पैसा अपने पास रखें, तो सहकारी प्रणाली को किसी से पैसे की आवश्यकता नहीं होगी।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से 2023 तक नौ साल की अवधि में विशेषकर गरीबी उन्मूलन और कृषि के विकास जैसे कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि जब भी देश का इतिहास लिखा जाएगा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल के शासन को स्वर्ण अक्षरों में अंकित किया जाएगा। श्री शाह ने कहा कि कानूनों में समय पर बदलाव न होने के कारण, सहकारी प्रणाली में भी समय के साथ कमी आ गई थी, क्योंकि यह समाज और वित्त क्षेत्र में हो रहे आधुनिक परिवर्तनों के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रही थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पूरी सहकारी व्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए सहकारिता मंत्रालय का गठन किया और करोड़ों लोगों के जीवन को समृद्ध बनाया। सहकारिता मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में सरकार ने पैक्स में कई बदलाव किये हैं। नाबार्ड को नोडल एजेंसी बनाकर 63 हजार पैक्सों का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है, जिसके तहत पैक्स से लेकर नाबार्ड तक बैंकिंग, ऑडिटिंग समेत पूरा सिस्टम एक सॉफ्टवेयर के जरिए ऑनलाइन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पैक्स के उपनियमों में भी बदलाव किया है और उन्हें बहुआयामी बनाया है। श्री शाह ने कहा कि अब पैक्स भंडारण का काम भी करेगी, जन आरोग्य केंद्र खोलेगी, उर्वरक दुकानें चलाएगी, राशन की उचित दर प्रणाली का हिस्सा बनेगी, पेट्रोल पंप और इसे गैस एजेंसी का काम भी दिया जाएगा।इस अवसर पर श्री शाह ने दुग्ध समितियों को माइक्रो-एटीएम कार्ड और इन समितियों के सदस्यों को रुपे किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किये। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह दो देशों फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात की राजकीय यात्रा के लिये रवाना हो गए। प्रधानमंत्री अपने दौरे के पहले चरण में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर आज दोपहर पेरिस पहुंचेंगे। वे कल बास्तिल डे परेड के मुख्य अतिथि होंगे। भारत की तीनों सेनाओं की एक टुकड़ी भी इस परेड में हिस्सा लेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रवाना होने से पहले कहा कि वह अपने मित्र फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर फ्रांस जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा इसलिए विशेष है क्योंकि वह राष्ट्रपति मैक्रों के साथ फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस बास्तिल डे समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भारत की तीनों सेनाओं का एक दस्ता भी बास्तिल डे परेड में हिस्सा लेगा। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना के विमान भी फ्लाई पास्ट में शामिल होंगे।श्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध विश्वास तथा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं और रक्षा, अंतरिक्ष, असैन्य परमाणु क्षेत्र, समुद्री अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश, शिक्षा, संस्कृति तथा लोगों के बीच संपर्क के मामले में दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग है। उन्होंने कहा कि दोनों देश क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी मिलकर काम कर रहे हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि वह राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मुलाकात तथा फ्रांस के साथ 25 वर्षों से चली आ रही तथा समय की कसौटी पर परखी गई साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए व्यापक बातचीत को लेकर उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, फिनटेक, रक्षा, सुरक्षा जैसे क्षेत्रों के साथ-साथ लोगों में परस्पर प्रगाढ़ संबंध हैं।प्रधानमंत्री मोदी शाम को फ्रांसीसी प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न और फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष गेरार्ड लार्चर से मुलाकात करेंगे। वे भारतीय समुदाय के साथ संवाद भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री के सम्मान में राष्ट्रपति मैक्रो ने एलिसी पैलेस में रात्रिभोज का आयोजन किया है।श्री मोदी कल राष्ट्रपति मैक्रों के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। यात्रा के दौरान वे भारतीय और फ्रांसीसी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और फ्रांस के जाने माने विशिष्ट लोगों से बातचीत करेंगे।अपनी यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री 15 जुलाई को अबुधाबी जायेंगे। वे संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत करेंगे। भारत-संयुक्त अरब अमीरात के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी लगातार सुदृढ हो रही है और प्रधानमंत्री की यात्रा ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवायें, खाद्य-सुरक्षा, फिनटेक, रक्षा और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में इसे और आगे बढ़ने की संभावनाओं का अवसर प्रदान करेगी। यह संयुक्त अरब अमीरात की संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के तहत कॉप-28 की अध्यक्षता और भारत की जी-20 समूह की अध्यक्षता में विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर सहयोग की चर्चा करने का भी अवसर प्रदान करेगी। जी-20 समूह में संयुक्त अरब अमीरात विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि सीमा विहीन डिजिटल मंच के विकास के साथ साइबर अपराध ने दुनियाभर के नागरिकों की सुरक्षा के लिए अहम खतरा पैदा किया है। उन्होंने कहा कि इस समस्या से प्रभावी रूप से निपटने की कुंजी भरोसेमंद वैश्विक साझेदारी है।
शाह नॉन फंजीबल टोकन (एनएफटी), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मेटावर्स के युग में अपराध और सुरक्षा पर दो दिवसीय 'जी20 सम्मेलन' का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम में उद्घाटन करेंगे। नॉन फंजीबल टोकन स्वामित्व सत्यापन का डिजिटल माध्यम है जो ब्लॉकचैन तक में काम करता है जबकि मेटावर्स वह तकनीक है जिसमें डिजिटल जगत में दिखाई देने वाले दृश्य वास्तविकता का अनुभव कराते हैं। इस सम्मेलन में जी-20 देशों, नौ विशेष आमंत्रित देशों, अंतराष्ट्रीय निकाय, भारत और दुनिया में प्रौद्योगिकी जगत के नेतृत्व करने वाले और विशेषज्ञ सहित कुल 900 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘तेजी से बढ़ रहे सीमाविहीन डिजिटल जगत में साइबर अपराध खासतौर पर साइबर धोखाधड़ी पूरी दुनिया के नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। इस अपराध से प्रभावी तरीके से निपटने की कुंजी विश्वसनीय वैश्विक साझेदारी है।'' गृहमंत्री ने कहा कि साइबर सुरक्षा पर आयोजित जी-20 सम्मेलन में जी-20 देशों, नौ विशेष आमंत्रित देशों और इस क्षेत्र के विशेषज्ञों के बीच सघन चर्चा होगी। उन्होंने कहा, ‘‘सम्मेलन में साइबर सुरक्षा पर वैश्विक साझेदारी पर जोर दिया जाएगा जिससे साइबर सुरक्षा संबंधी चिंताओं का विस्तृत समाधान कर सुरक्षित साइबर जगत का रास्ता खुलेगा।'' एक आधिकारिक बयान के मुताबिक शाह देश के सात प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओें में साइबर स्वयंसेवक दस्तों की भी शुरुआत करेंगे। इसके अनुसार विशेष रूप से चिह्नित स्वयंसेवक समाज में साइबर सुरक्षा जागरूकता पैदा करने, हानिकारक सामग्री की पहचान कर उसकी सूचना देने और समाज को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने में तकनीकी सहायता करेंगे। बयान में कहा गया है कि शाह एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे और ‘कान्फ्रेंस मेडैलियन' जारी करेंगे। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री के मार्गदर्शन में साइबर-सुरक्षित भारत का निर्माण गृह मंत्रालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। एक बयान के अनुसार, सम्मेलन की परिकल्पना सुरक्षित साइबरस्पेस बनाने और साइबर सुरक्षा चिंताओं को प्राथमिकता देने के लिए वैश्विक साझेदारी बनाने के अवसर के रूप में की गई है। इसमें कहा गया है कि सम्मेलन साइबर सुरक्षा और एनएफटी, एआई और मेटावर्स जैसी नयी और उभरती प्रौद्योगिकियों के संदर्भ में साइबर अपराधों का मुकाबला करने के उपायों पर केंद्रित होगी। साइबर सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा-संबंधी मामलों का एक अनिवार्य पहलू बन गई है और इसके आर्थिक और भू-राजनीतिक निहितार्थों के कारण इस पर पर्याप्त ध्यान देने की आवश्यकता है। बयान में कहा गया है कि जी20 मंच साइबर सुरक्षा पर अधिक ध्यान दिये जाने से महत्वपूर्ण सूचना बुनियादी ढांचे और डिजिटल सार्वजनिक मंच की सुरक्षा और अखंडता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण हो सकता है। इसमें कहा गया है कि जी20 मंच पर साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध की रोकथाम पर विचार-विमर्श से सूचना-साझाकरण ढांचे के विकास में भी मदद मिलेगी। -
जम्मू. दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ मंदिर के लिए 7,800 से अधिक तीर्थयात्रियों का 10वां जत्था बुधवार को यहां आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रामबन में जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग के एक हिस्से के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण जम्मू आधार शिविर से तीन दिन तक यात्रा निलंबित रहने के बाद मंगलवार दोपहर फिर शुरू हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि एक जुलाई से अब तक कुल 1,37,353 तीर्थयात्री अमरनाथ मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। हिमालयी क्षेत्र में स्थित 3,888 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर की 62 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा एक जुलाई को शुरू हुई, जो 31 अगस्त तक चलेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के सवा तीन बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 339 वाहनों के काफिले में 7,805 तीर्थयात्री यहां भगवती नगर आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि 4,677 तीर्थयात्री 207 वाहनों से पहलगाम के लिए जबकि 3,128 तीर्थयात्रियों को लेकर 132 वाहनों का काफिला बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि 30 जून से अब तक जम्मू आधार शिविर से 56,303 तीर्थयात्री घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। असम की सुनीता देवी ने कहा, ‘‘ हमें खुशी है कि हमारी प्रार्थनाएं भगवान शिव ने सुनीं, और अपने दर पर हमें बुलाया।'' सुनीता जम्मू में पिछले सात दिनों से फंसे 23 लोगों के एक समूह का हिस्सा थीं। शनिवार और रविवार को हुई लगातार बारिश से राजमार्ग को बेहद नुकसान पहुंचा था। खासकर रामबन जिले में पड़ने वाला हिस्सा बेहद बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।
-
प्रतापगढ़. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज क्षेत्र में कथित रूप से बीमारी से परेशान एक किसान ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि रानीगंज थाना क्षेत्र के प्रीतम तिवारीपुर गांव के निवासी संसार नाथ सिंह (60) ने मंगलवार को देवगढ़ कमासिन गांव में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि तिवारी को मधुमेह और उच्च रक्तचाप था और उसकी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। मंगलवार को वह जांच कराने के लिए घर से निकला था तभी रास्ते में उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
- उदयपुर । जानकारी और ज्ञान में अंतर होने का दावा करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि जानकारी से नेतृत्व नहीं बनता है बल्कि ‘ज्ञान हमें अनुभव की ओर प्रवृत्त करता है और नेतृत्वशील बनाता है।' उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी उन्नति के साथ ही जानकारियों का दायरा तो बढा रहा है लेकिन इस का सही सदुपयोग ही नौजवानों को नई दिशा दे पायेगा इसीलिए आज जानकारी को ज्ञान में तब्दील करना जरूरी है। मोहनलाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन विभाग के मास्टर ऑफ ह्यूमन रिसोर्सेज मैनेजमेंट के तत्वावधान में दो दिवसीय ‘लीडरशिप कॉनक्लेव-2023' कार्यक्रम को संबोंधित करते हुए बिरला ने कहा कि भारत के मूल स्वभाव को साथ लेकर चलना जरूरी है जिसमें ज्ञान, संस्कृति, इतिहास, चिंतन आदि का समावेश होना चाहिए।उन्होंने कहा कि नेतृत्व कोई एक दिन में बनने की चीज नहीं होती बल्कि वह हर क्षण, हर पल और हर दिन दैनिक जीवन के निर्णय से बाहर निकल कर आता है।आजादी के आंदोलन का जिक्र करते हुए बिरला ने शहीदों को याद किया । उन्होंने महाराणा प्रताप की नेतृत्व क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया भर में महाराणा प्रताप को आदर और सम्मान की दृष्टि से याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह उनकी नेतृत्व क्षमता ही थी जो उनको पूरी दुनिया में पहचान दिलाती है। बिरला ने कहा कि परस्पर संवाद, संवेदना और सहयोग से ही नए भारत का निर्माण होगा और अंतिम व्यक्ति तक के सहयोग से ही परिवर्तन की परिकल्पना बन पाएगी।
- नयी दिल्ली । सरकार ने घटिया वस्तुओं के आयात को रोकने और इन उत्पादों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीने योग्य पानी की बोतलों और लौ पैदा करने वाले लाइटर के लिए अनिवार्य गुणवत्ता मानदंड जारी किए हैं। इस संबंध में उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने पांच जुलाई को एक अधिसूचना जारी की थी। इन गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों (क्यूसीओ) के तहत दो वस्तुओं का उत्पादन, बिक्री/व्यापार, आयात और स्टॉक तब तक नहीं किया जा सकता जब तक कि उन पर बीआईएस (भारतीय मानक ब्यूरो) का चिह्न न हो। अब, बीआईएस अधिनियम, 2016 के अनुसार गैर-बीआईएस प्रमाणित उत्पादों का विनिर्माण, भंडारण और बिक्री प्रतिबंधित है। बीआईएस अधिनियम के प्रावधान का उल्लंघन करने पर पहली बार अपराध की स्थिति दो साल तक की कैद या कम से कम दो लाख रुपये का जुर्माना हो सकता है। दूसरे और उसके बाद के अपराध के मामले में, जुर्माना बढ़कर न्यूनतम 5 लाख रुपये हो जाएगा और अधिकतम माल या वस्तुओं के मूल्य के दस गुना तक हो सकता है। डीपीआईआईटी ने मंगलवार को कहा, ‘‘गुणवत्ता नियंत्रण आदेश को लेकर जारी अधिसूचना की तारीख से छह महीने बाद प्रभावी होंगे। इस कदम का लक्ष्य भारत में गुणवत्ता परिवेश को मजबूत करना और सार्वजनिक स्वास्थ्य और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को बढ़ाना है।'' पिछले महीने, सरकार ने 20 रुपये से कम कीमत वाले सिगरेट लाइटर के आयात पर भी प्रतिबंध लगा दिया। इनमें से ज्यादातर लाइटर की कीमत 5 रुपये प्रति इकाई से कम है।
- नयी दिल्ली ।सरकार ने ट्रकों के केबिन में एयर कंडीशनर को अनिवार्य करने संबंधी मसौदा अधिसूचना मंगलवार को जारी कर दी। सरकार के इस फैसले से देश में ट्रक चालकों की काम करते समय स्थिति में सुधार होगा।मसौदा अधिसूचना के तहत एक जनवरी, 2025 से निर्मित श्रेणियों एन2 और एन3 से संबंधित मोटर वाहनों के केबिन में एसी को अनिवार्य किया गया है। एन2 और एन3 ट्रक के भार को परिभाषित करते हैं। दस जुलाई की तारीख वाली अधिसूचना में कहा गया, “एसी से लैस केबिन के प्रदर्शन परीक्षण समय-समय पर संशोधित आईएस 14618: 2022 के अनुसार होगा।” सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अधिसूचना जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे गये हैं। केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने छह जुलाई को घोषणा की थी कि ट्रकों के केबिनों में एसी को अनिवार्य करने के लिए मसौदा अधिसूचना को मंजूरी दी जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “एन2 और एन3 श्रेणी के ट्रकों के केबिन में एसी को अनिवार्य करने के लिए मसौदा अधिसूचना को मंजूरी दी गई। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में ट्रक चालक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” गडकरी ने कहा कि यह निर्णय ट्रक चालकों के लिए आरामदायक कामकाजी स्थितियां प्रदान करने में एक मील का पत्थर है। इससे उनकी दक्षता में सुधार होगा और उनकी थकान की समस्या का समाधान होगा।
- नयी दिल्ली। देश के राजनीतिक दलों को वर्ष 2016-17 से 2021-22 के दौरान मिले कुल चंदे की आधी से अधिक राशि चुनावी बॉन्ड के माध्यम से प्राप्त हुई तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अन्य राजनीतिक दलों को मिले कुल चंदे से भी अधिक चंदा मिला। ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' (एडीआर) की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2016-17 से 2021-22 के दौरान सात राष्ट्रीय दलों और 24 क्षेत्रीय पार्टियों को 16,437 करोड़ रुपये का चंदा मिला। इनमें से 9,188.35 करोड़ रुपये की राशि यानी करीब 56 प्रतिशत चंदा चुनावी बॉन्ड के जरिये प्राप्त हुआ। इस अवधि में चंदे के रूप में भाजपा को 10,122.03 करोड़ रुपये, कांग्रेस को 1,547.43 करोड़ रुपये और तृणमूल कांग्रेस को 823.30 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
- बेंगलुरु,। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इस सप्ताह प्रक्षेपित किये जाने वाले चंद्रयान-3 मिशन के लिए संपूर्ण प्रक्षेपण तैयारी और प्रक्रिया का 24 घंटे का ‘‘प्रक्षेपण पूर्वाभ्यास'' किया। मिशन को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई को प्रक्षेपण यान मार्क 3 (एलवीएम3) से अपराह्न 2:35 बजे प्रक्षेपित करने की योजना है। इसरो ने मंगलवार को ट्वीट किया कि 24 घंटे का ‘प्रक्षेपण पूर्वाभ्यास' पूरा हो चुका है।चंद्रयान-3 मिशन चंद्रयान-2 का अनुवर्ती मिशन है, जिसके चंद्र सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और घूमने की संपूर्ण क्षमता प्रदर्शित करने की उम्मीद है। चंद्रयान-2 मिशन के दौरान लैंडर के ‘सॉफ्ट लैंडिंग' करने में सफलता नहीं मिल पाई थी और इस लिहाज से चंद्रयान-3 मिशन को भारत के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
- ठाणे,। मुंबई के बाहरी इलाके में एक महिला और उसके दो बच्चों के अपने घर में मृत पाए के मामले में करीब दो साल बाद पुलिस ने मृत महिला के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। वसई- विरार पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।मीरा रोड के नया नगर स्थित एक मकान में सात सितंबर 2021 को 47 वर्षीय महिला नसरीन वाघू और उसके बच्चे सदनाज (20) और हर्ष (13) मृत मिले थे। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।अधिकारी ने बताया कि हाल ही में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली जिसके अनुसार, नसरीन ने पहले अपने दोनों बच्चों का गला दबाया और फिर कुछ गोलियां खाकर खुदकुशी कर ली। उन्होंने बताया कि इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को नसरीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वारदात की वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है और जांच चल रही है।
- बेंगलुरु ।. बेंगलुरु में एक निजी विमान के ‘नोज-लैडिंग गियर’ में खराबी आने के बाद पायलट ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के हवाई अड्डे पर बेहद कुशलता के साथ विमान को आपात स्थिति में उतारा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।. मंगलवार को एक निजी विमान ने एचएएल से बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी लेकिन विमान के ‘नोज-लैंडिंग गियर’ में खराबी आ गई। विमान में पायलट और सह-पायलट के अलावा कोई यात्री नहीं था।.तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद पायलट ने एचएएल हवाई अड्डे पर लौटने का फैसला किया।पायलट द्वारा सतर्क किए जाने के बाद अधिकारियों ने क्षति कम करने के लिए रनवे पर अग्नि दमन फोम (फायर सप्रेशन फोम) की एक परत बिछा दी थी। विमान उतारते समय उसका अगला हिस्सा हवाई पट्टी के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका थी। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने अग्निशमन कर्मियों को भी सचेत कर दिया था।तस्वीर में दिख रहा है कि पायलट विमान के अगले हिस्से को हवा में रखने तथा दो पहियों पर विमान को संतुलित करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन विमान के जमीन छूने के साथ ही उसका अगला हिस्सा हवाई पट्टी से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। पायलट और सह-पायलट सुरक्षित बाहर आ गए।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ.जितेंद्र सिंह ने कहा है कि चंद्रयान-3 विश्व के लिए चांद पर नयी संभावनाओं का द्वार खोलेगा। चंद्रयान-3 को शुक्रवार को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से छोड़ा जाएगा। डॉ0 सिंह ने कहा है कि भारत का पहला मिशन चंद्रयान-1 ने चांद के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस मिशन से विश्व को पहली बार चांद की सतह पर पानी के मौजूद होने के साक्ष्य मिले।
इकोनॉमिक टाइम्स को दिये एक साक्षात्कार में डॉ0 सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया चंद्रयान-3 को बड़ी आशा के साथ देख रही है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन चांद के एक कदम और करीब जाने का संकेत है। यह मिशन इस सत्य का भी परिचायक है कि भारत अन्य देशों से पीछे नहीं है। चंद्रयान-3 न केवल चांद से चांद का अवलोकन करेगा, बल्कि यह चांद से पृथ्वी पर भी नजर रखेगा। यह इस मिशन की अद्भुत विशेषता है। डॉ0 सिंह ने कहा कि 424 विदेशी उपग्रहों को अब तक भारत ने प्रक्षेपित किया है। इनमें से 389 उपग्रह इस सरकार द्वारा पिछले नौ वर्षों में प्रक्षेपित किये गये हैं। -
नई दिल्ली। रसायन और उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भारत के औषधि महानियंत्रक को निर्देश दिया है कि वें नकली दवाएं बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि देश में दवाइयों के निर्माण की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। डॉ. मांडविया ने कल नई दिल्ली में दवा कंपनियों के प्रतिनिधियों से भेंट की। उन्होंने बताया कि औषधि बनाने वाली कंपनियों के निरीक्षण के लिए विशेष दल बनाये गये हैं और नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता के आधार पर ही औषधि क्षेत्र में भारत की वैश्विक स्थिति निर्धारित होती है।
डॉ. मांडविया ने कहा कि दवा उत्पादों की उच्चतम गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियामक प्राधिकारियों ने जोखिम आधारित निरीक्षण और संयंत्रों की जांच का काम शुरू किया है। उन्होंने बताया कि 137 कंपनियों का निरीक्षण किया गया और 105 के खिलाफ कार्रवाई की गई। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से 15 जुलाई तक फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यात्रा के पहले चरण में वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर पेरिस जायेंगे। श्री मोदी शुक्रवार को बेस्टिले दिवस परेड के अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे। भारत की तीनों सेनाओं की एक टुकडी भी परेड में हिस्सा लेगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रपति मैक्रों के साथ औपचारिक बातचीत करेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री के सम्मान में राजकीय भोज के अलावा निजी भोज का भी आयोजन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का फ्रांस के प्रधानमंत्री और सीनेट तथा नेशनल असेम्बली के अध्यक्षों से भी मिलने का कार्यक्रम है। श्री मोदी फ्रांस में भारतवंशियों, भारतीय और फ्रांसीसी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों तथा फ्रांस के विशिष्ट व्यक्तियों से भी मिलेंगे।भारत - फ्रांस रणनीतिक भागीदारी की 25वीं वर्षगांठ भी इस वर्ष मनायी जा रही है। प्रधानमंत्री की यात्रा से रणनीतिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, शैक्षणिक और आर्थिक सहयोग जैसे विविध क्षेत्रों में परस्पर साझेदारी सुदृढ बनाने में मदद मिलेगी।अपनी यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री 15 जुलाई को अबू धाबी पहुंचेंगे। वे संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान से बातचीत करेंगे। भारत-यू.ए.ई की रणनीतिक भागीदारी निरंतर सुदृढ हुई है और प्रधानमंत्री की यात्रा से ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, खाद्य सुरक्षा, फिन्टेक, रक्षा और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी बढाने के अवसरों की पहचान की जा सकेगी। इस यात्रा से वैश्विक मुद्दों, विशेष रूप से यू.एन.एफ.सी.सी.सी. के अंतर्गत कॉप-28 की संयुक्त अरब अमारात की अध्यक्षता और भारत की जी-20 अध्यक्षता के संदर्भ में विचार विमर्श का अवसर भी मिलेगा। -
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। इसका कहना है कि अगले दो दिनों में पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्र, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और बिहार में अतिवृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान उत्तराखंड में बहुत तेज वर्षा होने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में देश में सामान्य वर्षा होने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड और ओडिशा में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
-
कोलकाता. भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम)-कलकत्ता ने रक्षाकर्मियों के लिए छह महीने का व्यवसाय प्रबंधन पाठ्यक्रम शुरू किया है। संस्थान की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान में कहा गया है कि सर्टिफिकेट कोर्स को विशेष रूप से कॉर्पोरेट जगत में काम करने के इच्छुक सशस्त्र बलों के अधिकारियों के लिए तैयार किया गया है। पाठ्यक्रम का पहला बैच सोमवार को यहां आईआईएम-सी परिसर में शुरू हुआ।
बयान में कहा गया है कि पाठ्यक्रम में प्रबंधन की मूल अवधारणाओं का मिश्रण है जो अधिकारियों को मूलभूत प्रबंधन कौशल व विभिन्न क्षेत्रों में उभरते विचारों से लैस करता है ताकि रक्षा कर्मियों को 'भविष्य के लिए तैयार' पेशेवर बनाया जा सके। इस बैच में सेना, नौसेना और वायुसेना के सेवानिवृत्त और सेवारत अधिकारी शामिल हैं। -
गुरुग्राम .हरियाणा के गुरुग्राम में एक युवक ने सोमवार को यहां दिनदहाड़े अपनी पूर्व मंगेतर की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। हमले की घटना सीसीटीवी में दर्ज हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता नेहा (19) के परिजन ने हाल में आरोपी राम कुमार (23) के साथ उसकी सगाई तोड़ दी थी। उसने बताया कि आरोपी और पीड़िता दोनों उत्तर प्रदेश के बदांयू के रहने वाले हैं और यहां मोलाहेड़ा गांव में किराए पर रह रहे थे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण दहिया ने कहा, ‘‘आरोपी और पीड़िता की पूर्व में सगाई हुई थी, लेकिन किसी कारणवश मृतका के परिवार वालों ने उनकी सगाई तोड़ दी थी। आरोपी ने मौका पाकर लड़की पर हमला कर दिया और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रहे हैं।'' पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुग्राम जिले के सेक्टर-22 इलाके के मोलाहेड़ा गांव स्थित सरकारी स्कूल के पास हुई। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पीड़िता अपनी मां के साथ घर जा रही थी, इसी दौरान आरोपी ने हमला किया। सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी और उनके बीच बहस के बाद आरोपी कुमार अपने कुर्ते से चाकू निकालकर नेहा पर वार करता है। पीड़िता की मां को आरोपी को चप्पल से पीटते और हाथ पकड़कर घसीटते हुए भी देखा जा सकता है।
पालम विहार पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) समेत प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। -
नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर जिले में तेज गति से आ रही कार सड़क पर खड़े एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई, जिसके कारण तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा यहां से 60 किलोमीटर दूर अरोली पुलिस थाना क्षेत्र के तहत रामटेक-भंडारा सड़क पर रविवार रात को हुआ। अरोली पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक ने लापरवाही बरतते हुए वाहन को सड़क पर खड़ा कर दिया था और उसने ट्रक के ‘इंडिकेटर' भी नहीं जलाए थे, जिसके कारण अन्य वाहन चालकों के लिए खतरनाक स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने बताया कि पीछे से आ रही एक कार ट्रक से टकरा गई और कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारी ने बताया कि कार में सवार पांच बच्चों समेत नौ लोग (सभी भंडारा निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-
नयी दिल्ली. अभिजीत चक्रवर्ती एसबीआई कार्ड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी मूल कंपनी भारतीय स्टेट बैंक ने चक्रवर्ती को एसबीआई कार्ड का प्रबंध निदेशक और सीईओ नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति दो साल के लिये की गयी है। वह 11 अगस्त को प्रबंध निदेशक पद से मुक्त हो रहे राम मोहन राव का स्थान लेंगे। चक्रवर्ती की नियुक्ति 12 अगस्त से प्रभावी होगी। चक्रवर्ती 1988 में एसबीआई से बतौर प्रशिक्षु अधिकारी जुड़े थे। वह फिलहाल बैंक में उप-प्रबंध निदेशक हैं।
-
प्रतापगढ़. जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर थाना लीलापुर क्षेत्र में सोमवार को अपराह्न एक अनियंत्रित गैस टैंकर के सवारियों से भरे टेम्पो पर पलट जाने से नौ लोगों की मौत हो गयी और सात अन्य घायल हुए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं। गम्भीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) रोहित मिश्रा ने सोमवार को बताया कि आज अपराह्न वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर मोहनगंज के निकट विक्रमपुर मोड़ पर एक अनियंत्रित गैस टैंकर सवारियों से भरे टेम्पो पर पलट गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने किसी तरह गंभीर रूप से घायलों को निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले गयी, जहां चिकित्सकों ने 35 से 40 वर्ष उम्र की दो महिलाओं, 12 वर्षीय किशोरी और 25 से 53 वर्ष उम्र के बीच के छह पुरुष सहित कुल नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सतपाल अंतिल ने सोमवार देर शाम बताया कि मृतकों की पहचान टेम्पो चालक सतीश (25), राधेश्याम (47), हरिकेश श्रीवास्तव (63), शीतला प्रसाद (53), नीरज पाण्डेय (21), मोहम्मद रईस (45) व उनकी पत्नी गुलशन बानो (42) के रूप में हुई है। ये सभी स्थानीय निवासी हैं। उन्होंने बताया कि अभी एक किशोरी और एक महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
मिश्रा ने बताया कि विमला (38), इकबाल बहादुर सिंह (55) व पांच अन्य (जिनकी पहचान नहीं हो सकी) समेत कुल सात लोगों को गंभीर स्थिति में प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
सोमवार शाम जारी सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। योगी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा गम्भीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को दो- दो लाख व घायलों को 50-50 हजार रुपये दिये जायेंगे। - नयी दिल्ली। सरकार ने भारतीय बैंक संघ (आईबीए) से बैंक कर्मचारियों की वेतनवृद्धि के लिये 12वें द्विपक्षीय समझौते को लेकर बातचीत की प्रक्रिया शुरू करने और इसे एक दिसंबर, 2023 तक पूरा करने को कहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की वेतन समीक्षा एक नवंबर, 2022 से लंबित है।अधिकारी के अनुसार, वित्त मंत्रालय ने आईबीए से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि वेतनवृद्धि को लेकर भविष्य में होने वाली सारी बातचीत समयावधि समाप्त होने से पहले पूरी हो ताकि वेतन संशोधन तय समय पर हो सके। इसके तहत आईबीए कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत शुरू कर सकता है और आपसी सहमति के आधार पर वेतनवृद्धि को लेकर निष्कर्ष पर पहुंच सकता है। अधिकारी ने कहा कि सरकार ने वेतन संशोधन के लिये निष्पक्षता और समानता के महत्व पर जोर दिया है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वेतन संरचना बैंक उद्योग में अन्य इकाइयों के साथ प्रतिस्पर्धी बनी रहे। अधिकारी ने कहा कि बैंक क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, ऐसे यह सुनिश्चित करना बैंक प्रबंधन पर निर्भर है कि कर्मचारियों को पर्याप्त वेतन दिया जाए। यह पूरी अर्थव्यवस्था की सेहत और स्थिरता के लिये भी आवश्यक है। वेतन समझौता बातचीत से आमतौर पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, पुरानी पीढ़ी के निजी बैंकों और कुछ विदेशी बैंकों के कर्मचारियों को लाभ होता है। पिछले समझौते में 12 सरकारी बैंकों, 10 पुरानी पीढ़ी के निजी क्षेत्र के बैंकों और सात विदेशी बैंकों ने हस्ताक्षर किये थे। एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे नई पीढ़ी के निजी बैंक इन समझौता वार्ता का हिस्सा नहीं हैं। पिछला 11वां द्विपक्षीय वेतन समझौता तीन साल की बातचीत के बाद 2020 में पूरा हुआ था। इसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों के लिये 15 प्रतिशत वेतन संशोधन पर सहमति बनी थी।
- रामपुर (हिप्र)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सोमवार को रामपुर-केदास लिंक मार्ग के पास एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान हरदयाल (65), रंजना(47), वर्षा और नारायण शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे की वजह के बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस साल बारिश के मौसम के दौरान सड़क दुर्घटना में अब तक 23 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)










.jpg)

.jpeg)
