- Home
- देश
-
नई दिल्ली । केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में 62 दिनों तक चलने वाली श्री अमरनाथजी यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण आज से शुरू हो गया है। केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में 62 दिनों तक चलने वाली श्री अमरनाथजी यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण आज से शुरू हो गया है। अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालताल दोनों के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है।
ऑफ़लाइन पंजीकरण देश भर में 542 बैंक शाखाओं में किया जा सकता है, जिसमें पंजाब नेशनल बैंक की 316, जम्मू-कश्मीर बैंक की 90, यस बैंक की 37 और स्टेट बैंक की 99 शाखाएँ शामिल हैं। इस वर्ष पंजीकरण में एक नई सुविधा आधार-आधारित पंजीकरण शुरू की गई है जिसमें पंजीकरण के लिए तीर्थयात्री के अंगूठे का स्कैन लिया जाएगा।दिशानिर्देशों के अनुसार, 13 से 70 वर्ष की आयु के व्यक्ति अमरनाथजी यात्रा 2023 के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं और तीर्थ यात्रा के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य है। छह सप्ताह या उससे अधिक की गर्भावस्था वाली महिलाओं को यात्रा करने की अनुमति नहीं है।जम्मू-कश्मीर प्रशासन एक सुचारू और सुविधाजनक तीर्थ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी श्रद्धालुओं और सेवा प्रदाताओं को उत्तम श्रेणी की स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेगा। तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले दूरसंचार सेवाओं को भी शुरू कर दिया जाएगा। -
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, बिहार और तटीय आन्ध्र प्रदेश में अगले चार से पांच दिन के दौरान लू चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा में कुछ स्थानों पर अगले दो दिन लू की स्थिति रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत और पडोसी मध्य प्रदेश तथा पूर्वी भारत के अधिकतर मैदानी क्षेत्रों में अधिकमत तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। उत्तर पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा।
मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्से भी लू की चपेट में हैं। ठाणे वेधशाला ने कल अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। -
नयी दिल्ली. चीन को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया में सर्वाधिक आबादी वाला देश बनने की दहलीज पर है, ऐसे में विशेषज्ञों ने साक्षरता का अभाव, गर्भनिरोधक और गर्भपात के बारे में जागरूकता की कमी को भी जनसंख्या वृद्धि के कारण बताये हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में गर्भपात कराने की दर अधिक है और यह ग्रामीण क्षेत्रों में 2.5 प्रतिशत की तुलना में 4 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार बिना स्कूली पृष्ठभूमि वाली 1.9 प्रतिशत महिलाओं ने और 10-11 साल की शिक्षा वाली 3.5 प्रतिशत महिलाओं ने गर्भपात कराने का विकल्प चुना। छाया देवी (25) के दो और बच्चे होने के बाद बेटी को डॉक्टर बनाने की उसकी योजना बदल गई। तीन बच्चों की मां छाया ने कहा, ‘‘बच्चे भगवान की देन हैं, लेकिन क्या होगा अगर आपके पास उनके लालन-पालन के लिए पैसे नहीं हों और इस स्थिति का प्रभाव आपके अन्य बच्चों पर भी पड़ता है।'' नोएडा में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली छाया चौथे बच्चे को जन्म देने वाली है। अब वह इसे लेकर चिंतित है कि वह अपने बच्चों के लिए अच्छा जीवन कैसे सुनिश्चित करेगी। संयुक्त परिवार में रहने वाली छाया ने कहा, ‘‘मैंने एक सरकारी अस्पताल की डॉक्टर से परामर्श लिया। उन्होंने फिर से गर्भवती होने पर मुझे डांटा, लेकिन वह नहीं समझती कि मेरी सहमति कभी नहीं ली जाती है।'' केवल छाया ही नहीं, बल्कि पारिवारिक मामलों में बोलने का अधिकार नहीं रहने और गर्भ निरोधकों के प्रति पति की स्वीकार्यता नहीं होने के कारण उस जैसी लाखों महिलाएं बच्चे पैदा करने के लिए मजबूर हैं। भारत की आबादी जनवरी में 140 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई और यह जल्द ही चीन की आबादी को पीछे छोड़ देगी। कुछ अनुमानों के अनुसार संभव है कि भारत की जनसंख्या पहले ही चीन को पार कर गई हो, लेकिन जब तक आधिकारिक जनगणना नहीं हो जाती, तब तक इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की कार्यकारी निदेशक पूनम मुत्तरेजा ने कहा कि किसी भी देश के लिए, कम जनसंख्या वृद्धि दर के लक्ष्य के लिए गर्भनिरोधकों के अधिक प्रचलन की आवश्यकता होती है, जिसे केवल परिवार नियोजन और यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रावधान को मजबूत करके ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसमें गर्भपात सेवाओं तक पहुंच भी शामिल है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस)-5 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में सभी गर्भधारण में 0.9 प्रतिशत मामलों में ही गर्भपात कराया जाता है। हालांकि, एनएफएचएस के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में गर्भपात की दर अधिक है, जो ग्रामीण क्षेत्रों के 2.5 प्रतिशत की तुलना में 4 प्रतिशत है।
-
जम्मू. जम्मू-कश्मीर ने स्टार्टअप पारिस्थितिकी को समर्थन देने वाले राज्यों की रैंकिंग में केंद्रशासित प्रदेशों और पूर्वोत्तर के राज्यों के बीच शानदार प्रदर्शन किया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के आयुक्त सचिव सौरभ भगत ने रविवार को बताया कि पिछले कुछ साल में जम्मू-कश्मीर में 84 स्टार्टअप स्थापित हुए हैं। भगत ने कहा, “राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पांच श्रेणियों- सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला, शीर्ष प्रदर्शन करने वाला, नेतृत्वकर्ता, आकांक्षी नेतृत्वकर्ता और उभरते स्टार्टअप पारिस्थितिक तंत्र में बांट दिया गया है।” उन्होंने कहा, “केंद्रशासित प्रदेशों, पूर्वोत्तर और एक करोड़ से कम जनसंख्या वाले राज्यों की श्रेणी में जम्मू-कश्मीर इस रैंकिंग में ‘शीर्ष' प्रदर्शन करने वाला राज्य रहा जबकि मेघालय सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य रहा।” माइक्रोचिप्स और विनिर्माण के बहुत बड़े पैमाने पर एकीकरण (वीएलएसआई) के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि के तहत भगत ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), जम्मू में ‘हिमालयन चैप्टर ऑफ नॉर्दर्न इंडिया' का उद्घाटन किया। यह जम्मू कश्मीर, लद्धाख एवं हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के शोध संस्थानों, विश्वविद्यालयों एवं शीर्ष संस्थानों को सेवाएं देगा। स्टार्टअप फर्मों को बदलावकारी बताते हुए आयुक्त सचिव ने कहा कि सरकार बेहतरीन विचारों और समाधानों को आर्थिक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
-
देहरादून. डेढ़ दशक पहले सांस की बीमारी के कारण दम तोड़ने वाले महज सात दिन के शिशु के माता—पिता ने उसकी आंखे दो नेत्रहीन बच्चों के जीवन को रोशन करने के लिए दान कर दी थीं लेकिन कॉर्नियल ब्लाइंडनेस के खिलाफ देश की लड़ाई में बच्चे का योगदान अब तक अनसुना है। संभवत: सबसे कम उम्र के अंगदाता उत्तराखंड के रहने वाले अर्जुन को अपनी आंखे दान किए 16 वर्ष बीत चुके हैं लेकिन एक नेत्र बैंक का नाम उसके नाम पर रखने का प्रस्ताव अब तक हकीकत का रूप नहीं ले पाया है। उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल के के पॉल ने आठ साल पहले देहरादून के गांधी शताब्दी नेत्र अस्पताल में प्रस्तावित नेत्र बैंक का नाम बच्चे के नाम पर रखने पर अपनी सहमति दी थी। इस संबंध में 2015 में तत्कालीन मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने स्वास्थ्य महानिदेशालय को लिखे एक पत्र में स्पष्ट रूप से कहा था कि राज्यपाल ने अस्पताल में प्रस्तावित नेत्र बैंक का नाम अर्जुन के नाम पर रखने की सहमति दे दी है । उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में रहने वाले बच्चे के पिता संदीप चावला ने बताया कि कुछ साल पहले राज्य में एक नेत्र बैंक का नाम अर्जुन के नाम पर रखने की कार्यवाही शुरू हुई थी लेकिन वह मंजिल तक नहीं पहुंच पाई । उन्होंने कहा कि तब से उत्तराखंड में दो सरकारें और चार मुख्यमंत्री आ चुके हैं लेकिन अस्पताल में प्रस्तावित नेत्र बैंक ही अस्तित्व में नहीं आ पाया । चावला ने कहा, “अर्जुन हमारा पहला बच्चा था। उनके जन्म के कुछ ही दिनों बाद उसे खो देना बेहद दर्दनाक था। लेकिन नेत्रदान अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने के कारण हमने उस मुश्किल घड़ी में भी हमने उसकी आंखें किसी जरूरतमंद व्यक्ति को दान करने का फैसला किया।' उन्होंने बताया कि अर्जुन की आंखों से दो दृष्टिहीन बच्चों की दुनिया रोशन होने की बात उजागर होने के बाद इसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया क्योंकि इतने छोटे शिशु द्वारा अंगदान करने की बात इससे पहले किसी ने नहीं सुनी थी। चावला ने कहा कि लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी अर्जुन को सबसे कम उम्र का नेत्रदाता बताया है । शिशु के पिता के पास ऐसे कई दस्तावेज हैं जिनमें वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने राज्य में एक नेत्र बैंक स्थापित करने और उसका नामकरण अर्जुन के नाम पर करने की सिफारिश की है। चावला ने कहा, “हालांकि, वे सभी दस्तावेज अब सरकारी फाइलों में दबे हुए हैं । खटीमा पंजाबी सभा ने इस मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी उठाया था लेकिन शायद उन्हें भी यह ज्यादा ध्यान देने लायक नहीं लगा।' इस संबंध में संपर्क किए जाने पर कोरोनेशन अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक शिखा जंगपांगी ने कहा कि गांधी शताब्दी नेत्र चिकित्सालय में एक नेत्र बैंक स्थापित करने का प्रयास किया गया था लेकिन कुछ समस्याएं आ गयीं। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल नेत्र बैंक के लिए निर्धारित तकनीकी मापदंडों को पूरा नहीं करता है ।
-
जम्मू. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेश में बदलाव लाने वाले लोगों की प्रेरक कहानियां साझा करते हुए रविवार को कहा कि उनका प्रशासन केंद्र शासित प्रदेश की ''सच्ची विकास क्षमता'' हासिल करने के लिए प्रयासरत है। उपराज्यपाल ने अपने मासिक ‘आवाम की आवाज़' रेडियो कार्यक्रम में कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन आम नागरिकों की भागीदारी के साथ केंद्र शासित प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में बदलाव ला रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा सामूहिक प्रयास एक अधिक प्रगतिशील, विकासोन्मुख और आकांक्षी समाज का निर्माण करना है और विकास की दिशा में अगले 25 वर्षों की यात्रा के लिए एक मजबूत नींव रखना है। सिन्हा ने कहा कि कश्मीर संभाग में 'पीली क्रांति' देखी जा रही है, जिसमें तिलहन की फसलों में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई है। उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘तेल निष्कर्षण और मूल्यवर्धन के अतिरिक्त अवसर होंगे और इसलिए लोगों के लिए अधिक उद्यमशीलता के अवसर होंगे।'' सिन्हा ने कहा, ‘‘ एक अनुमान के मुताबिक, इस साल केवल कश्मीर में ही 800 करोड़ रुपए के सरसों तेल का उत्पादन होगा। इसके परिणामस्वरूप सरसों के तेल के उत्पादन में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा जम्मू-कश्मीर। '' उन्होंने प्रसिद्ध बशोली पेंटिंग को भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग मिलने पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह केंद्र शासित प्रदेश की कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उपराज्यपाल ने स्व-निर्मित महिला उद्यमियों, राजौरी की शालिनी खोखर और पट्टन की शमशादा बेगम की प्रेरक यात्रा को भी साझा किया। उपराज्यपाल ने स्वच्छ अभियान को जनभागीदारी में बदलने और स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए अनंतनाग के सादिवारा गांव के सरपंच फारूक अहमद गनी द्वारा शुरू किए गए ‘प्लास्टिक दो और सोना लो' अभियान की सराहना की। उपराज्यपाल ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2023 में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त करने के लिए उधमपुर की सिरा ग्राम पंचायत, कुपवाड़ा की फालमर्ग और बारामूला की फतेहपोरा ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच और जिला प्रशासन को बधाई दी। सिन्हा ने 60,000 से अधिक पौधे लगाने के लिए जम्मू के बाहरी इलाके अखनूर के गुराह ब्राह्मणा गांव की सोनिया वर्मा के काम की भी सराहना की। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण चेतना के इस प्रेरक उदाहरण का अनुसरण करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘ महिला उद्यमी जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और हमने क्षमता निर्माण, क्रेडिट और मार्केटिंग लिंकेज तक आसान पहुंच के लिए उचित कदम उठाए हैं।
-
मुंबई. महाराष्ट्र में पिछले साल 2022 में सड़क हादसों में कुल 14,883 लोगों की मौत हुई जबकि तीन साल पहले 2019 में यह आंकड़ा 12,788 था। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में तीन साल के दौरान सड़क हादसों में मरने वाले लोगों की संख्या में 2,095 का इजाफा हुआ है जबकि ऐसी घटनाओं की संख्या में तीन साल पहले की तुलना में 2022 में 144 की वृद्धि हुई है। आंकड़ों के अनुसार 2019 में 32,925 की तुलना में पिछले साल राज्य में 33,069 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। जबकि 2019 की तुलना में 2022 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 0.44 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, मृत्यु दर में 16.38 प्रतिशत की वृद्धि हुई, हालांकि इस अवधि के दौरान दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों की संख्या 28,628 से घटकर 27,218 थी। सड़क हादसों का मुद्दा तब सुर्खियों में आया जब राज्य के रायगढ़ जिले में पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर शनिवार को एक संगीत मंडली के युवक और युवतियों को ले जा रही एक बस के खाई में गिरने से पांच नाबालिगों सहित 13 लोगों की मौत हो गई और 29 घायल हो गए। बस में कुल 42 लोग सवार थे और यह पुणे से मुंबई जा रही थी जब यह बोर घाट पर्वत के पास 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। यह हादसा मुंबई से 70 किलोमीटर दूर खोपोली के पास हुआ। बोर घाट पर्वत को खंडाला घाट के नाम से भी जाना जाता है। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर लागू किए गए लॉकडाउन के कारण महाराष्ट्र में 2020 में सड़क दुर्घटनाओं और उसके कारण होने वाली मौतों में कमी देखी गई थी, लेकिन 2021 में यह संख्या बढ़ गई और 2022 में यह सिलसिला जारी रहा।
महाराष्ट्र में चार करोड़ से अधिक वाहन हैं और लगभग 18,000 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों सहित राज्य के 3.25 लाख किलोमीटर के सड़क नेटवर्क पर वाहनों का घनत्व हर साल बढ़ रहा है। आठ मार्च को प्रकाशित महाराष्ट्र की नवीनतम आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, एक जनवरी, 2023 तक राज्य में वाहनों की संख्या 4.33 करोड़ थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र के 34 जिलों और 11 बड़े शहरों में, अधिकांश जिलों और शहरों में सड़क दुर्घटनाओं, मौतों और घायलों की संख्या में वृद्धि हुई है। इन जिलों और शहरों में केवल कुछ ही ऐसे हैं, जहां दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आई है। वर्ष 2022 में सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक वृद्धि यवतमाल (454) में हुई, इसके बाद अहमदनगर (256), पिंपरी-चिंचवड़ शहर (249), पुणे ग्रामीण (213) और पालघर जिले (132) का स्थान रहा। मृत्यु दर में सबसे अधिक वृद्धि अहमदनगर (135), उसके बाद बुलढाणा (96), चंद्रपुर (75), यवतमाल (72) और सोलापुर जिले (69) में हुई। - राजकोट । गुजरात के राजकोट जिले में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने कथित रूप से ‘गिलोटिन' जैसे उपकरण का इस्तेमाल करके अपना सिर काटकर आत्महत्या कर ली ताकि वे अपने सिर की बलि दे सकें। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दम्पति ने उक्त ‘गिलोटिन' उपकरण घर पर ही बनाया था।विंछिया थाने के उप निरीक्षक इंद्रजीतसिंह जडेजा ने बताया कि हेमूभाई मकवाना (38) और उसकी पत्नी हंसाबेन (35) ने विंछिया गांव में अपने खेत में एक झोपड़ी में उपकरण के ब्लेड से सिर काटकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी ने आत्महत्या की इस योजना को तरह से अंजाम दिया कि उनके सिर कटने के बाद लुढ़क कर अग्निकुंड में चले जाएं। उन्होंने कहा कि मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है। जडेजा ने कहा, ‘‘दंपति ने रस्सी से बंधे गिलोटिन जैसे यंत्र के नीचे अपना सिर रखने से पहले एक अग्निकुंड तैयार किया। जैसे ही उन्होंने रस्सी को छोड़ा, लोहे का ब्लेड उन पर गिरा जिससे उनके सिर धड़ से अलग हो गए और अग्निकुंड में लुढ़क गए।'' उन्होंने कहा कि यह अनुष्ठान शनिवार रात किया गया। उन्होंने कहा कि मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। दंपति के परिवार के सदस्यों ने कहा कि दोनों पिछले एक साल से हर दिन झोपड़ी में पूजा कर रहे थे।अधिकारी ने कहा कि दंपति के दो बच्चे, माता-पिता और अन्य रिश्तेदार हैं जो पास ही रहते हैं। अधिकारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों को इस बारे में सूचना रविवार सुबह हुई और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। उन्होंने कहा कि दंपति के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने अपने रिश्तेदारों से माता-पिता और बच्चों की देखभाल करने का आग्रह किया है। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनावश मृत्यु का एक मामला दर्ज किया गया है और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिये गए हैं।
- पणजी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) फिर से सरकार बनाएगी जहां अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। दक्षिण गोवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के अभियान की शुरुआत की। शाह ने कहा कि ओडिशा और तेलंगाना में लोगों का मिजाज भाजपा के पक्ष में है।उन्होंने गोवा और उत्तराखंड जैसे “छोटे राज्यों” में भाजपा की जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर उन पर कटाक्ष किया। शाह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के लिए पूर्वोत्तर राज्यों में हुए चुनाव में प्रचार किया, जहां पार्टी का सफाया हो गया। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में अल्पसंख्यकों की अच्छी खासी आबादी होने के कारण कांग्रेस हमेशा पूर्वोत्तर राज्यों को अपना गढ़ मानती थी, लेकिन हाल के चुनावों के नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे। उन्होंने कहा, "मैंने ओडिशा और तेलंगाना में लोगों का मूड भाजपा के पक्ष में देखा। मैं खरगे जी और राहुल बाबा से कहना चाहता हूं कि भाजपा कर्नाटक में फिर से सरकार बनाएगी।" शाह ने कहा, “जब हमने गोवा और उत्तराखंड में चुनाव जीते तो कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे छोटे राज्य हैं। लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि छोटे राज्य देश के महत्वपूर्ण हिस्से हैं।” उन्होंने कहा कि छोटे राज्यों के प्रति केंद्र की बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि वे भारत के महत्वपूर्ण अंग हैं। शाह ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गोवा व उत्तराखंड जैसे राज्यों में पूर्ण बहुमत का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा, “छोटे राज्य हमारे देश की 'धरोहर' हैं और उनका महत्व बड़े राज्यों के बराबर है।”शाह ने कहा, “भाजपा कर्नाटक में फिर से सरकार बनाएगी।” पूर्वोत्तर में हाल ही में हुए चुनावों में कांग्रेस की हार की ओर इशारा करते हुए शाह ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा' का नेतृत्व करने के बाद, राहुल गांधी ने पूर्वोत्तर चुनावों में प्रचार किया। उन्होंने कहा, ''लेकिन इन राज्यों से कांग्रेस पार्टी का सफाया हो गया और लोगों ने भाजपा के पक्ष में अपना फैसला सुनाया।''
- मुंबई। नवी मुंबई में रविवार 'महाराष्ट्र भूषण' पुरस्कार समारोह का आयोजन के दौरान तेज धूप के कारण 11 लोगों मौत हो गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अनुसार कार्यक्रम संपन्न हो गया मगर अंत में ये घटना हुई। मृतकों के परिजनों को सरकार की तरफ से 5 लाख रुपए मदद दी जाएगी। जिन लोगों का इलाज जारी है मैंने उनसे मुलाकात की है। मैंने डॉक्टरों को कहा है कि उनका अच्छा इलाज किया जाए। उनके इलाज का पूरा खर्च सरकार करेगीगौरतलब है कि ये समारोह खुले मैदान में आयोजित किया गया था। जहां हजारों की भीड़ जमा थी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार इस दौरान तेज धूप की चपेट में आने से 11 लोगों की मौत हो गई , वहीं जबकि 50 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस संबंध में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने नवी मुंबई के एक अस्पताल के बाहर संवाददाताओं से कहा कि अस्पताल में कम से कम 50 लोगों को भर्ती कराया गया था, जिनमें से 24 अभी भी भर्ती हैं जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद वहां से छुट्टी दे दी गई। सीएम शिंदे ने इन मौतों को 'बहुत दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है।वहीं पुलिस अधिकारी के मुताबिक ठीक होने वाले मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं और डॉक्टर्स की देखरेख में हैं। नवी मुंबई के खारघर में आयोजित इस समारोह में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे. इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पुरस्कार वितरण किया। इस मौके पर अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम दोपहर में आयोजित किए जाने की वजह से यहां मौजूद लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। जिस वजह से लोगों की तबीयत खराब हुई।उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और NCP नेता अजीत पवार ने एमजीएम कमोठे अस्पताल पहुंचकर खारघर में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज करा रहे लोगों से मुलाकात की।
-
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में मीडिया कर्मी बनकर आए तीन हमलावरों द्वारा हत्या किए जाने के बाद पत्रकारों की सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने का फैसला किया है। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए एसओपी तैयार करेगा। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में पत्रकार बनकर आए तीन हमलावरों द्वारा अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या किए जाने के बाद यह कदम उठाया जा रहा है। अहमद और अशरफ की शनिवार रात को उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वे पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान, दोनों भाइयों को करीब से गोली मार दी गई थी। यह घटना तब हुई, जब अतीक और अशरफ को पुलिसकर्मी चिकित्सा जांच के लिए एक मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे।
-
बांदा. उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात एक परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। बांदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनंदन ने बताया कि रविवार सुबह जानकारी मिली कि गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव में चुन्नू कुशवाहा (65), उसकी पत्नी कैलशिया (62), भाभी तिजनिया (76) और पोते प्रियांशु (आठ) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई है। अभिनंदन के मुताबिक, घर में किसी के जबरन घुसने के सबूत नहीं मिले हैं। अभिनंदन ने बताया कि फील्ड यूनिट और खोजी कुत्तों के जरिये साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अभिनंदन के अनुसार, चारों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
-
आजमगढ़. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक युवक ने अपने अपने माता-पिता और बहन की कथित रूप से हत्या कर दी। आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धनधारी गांव में भानु प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने अपने बेटे आरोपी राजन सिंह को दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर डांटा था, जिससे वह उनसे नाराज हो गया था। आर्य ने बताया कि शनिवार रात को परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गये, तभी देर रात आरोपी राजन सिंह ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर अपने पिता भानु प्रताप सिंह (45), मां सुनीता सिंह (42) और 13 वर्षीय बहन राखी सिंह की कथित तौर पर निर्मम हत्या कर दी। उनके अनुसार सुबह घटना ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। तिहरे हत्याकांड की जानकारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारी खोजी कुत्ता व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे ले लिया और घटना की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी राजन सिंह फरार हो गया है जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई हैं।
-
मोतिहारी/पटना । बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में संदिग्ध जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 14 हो गयी। पूर्वी चंपारण के जिला प्रशासन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘जिला पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि तुरकौलिया, हरसिद्धि, सुगौली और पहाड़पुर में कुछ लोगों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई है।'' ग्रामीणों ने पुलिस को यह भी बताया कि इन लोगों की मौत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई है। पुलिस जब शनिवार सुबह तुरकौलिया और पहाड़पुर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि पीड़ितों ने शुक्रवार और शनिवार की रात में शराब का सेवन किया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत शहर के विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। अंत में अधिकारियों को पता चला कि मोतिहारी निवासी दो लोगों की इलाज के दौरान मुजफ्फरपुर में और एक अन्य की मोतिहारी सदर अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा, पुलिस को यह भी सूचना मिली कि संभवत: जहरीली शराब के सेवन के कारण 11 और लोगों की मौत हुई है, लेकिन ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचित किए बिना उनके शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, मोतिहारी सदर अस्पताल में 10 और गंभीर रूप से बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अवैध शराब के धंधे में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग के अधिकारी भी घटना की जांच कर रहे हैं। -
कानपुर (उप्र)। कानपुर देहात जिले के बरोर थाना इलाके में एक व्यक्ति ने शनिवार को अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की कथित तौर पर हत्या कर खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बरोर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी इन्द्रपाल निषाद (40) गुजरात में एक फैक्ट्री में काम करता था, जिसका शव शनिवार शाम फंदे से लटका हुआ मिला जबकि उसकी पत्नी निशा निषाद (38), बेटा प्रवेश (13) और बेटी जाह्नवी (आठ) के शव फर्श पर पड़े मिले। शवों पर चोट के निशान थे। सामूहिक हत्या और आत्महत्या की जानकारी मिलने के बाद, पुलिस महानिरीक्षक (कानपुर परिक्षेत्र) प्रशांत कुमार और पुलिस अधीक्षक (कानपुर देहात) बीबीजीटीएस मूर्ति सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसपी मूर्ति ने कहा कि इस गुत्थी को सुलझाने के वास्ते वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया था। एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ दिन पहले गुजरात से लौटे इंद्रपाल ने अपनी पत्नी और बच्चों को पीट-पीटकर मार डाला और खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। आईजी प्रशांत कुमार ने पत्रकारों को बताया कि इंद्रपाल ने शुक्रवार को सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर एक लाइव वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी का किसी मुकेश के साथ विवाहेतर संबंध है, जो उसके घर अक्सर आता-जाता रहता है। आईजी ने कहा कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। -
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने भाजपा नेता प्रताप करोसिया को मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जो सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिये गठित आयोग है। करोसिया इंदौर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हैं।
नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने कहा कि करोसिया को मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है और यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। -
नयी दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने छात्र शिकायत निवारण समितियों में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के प्रतिनिधियों को अध्यक्ष या सदस्यों के रूप में नियुक्त करना अनिवार्य कर दिया है। यूजीसी (छात्रों की शिकायतों का निवारण) विनियम 2023 को 11 अप्रैल को अधिसूचित किया गया था और यह नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप है। ये 2019 के दिशानिर्देशों की जगह लेगा। आयोग ने सभी उच्च शिक्षा संस्थानों को नए नियमों का पालन करने के लिए कहा, जो किसी भी संस्थान में पढ़ रहे विद्यार्थियों के साथ-साथ संस्थानों में प्रवेश पाने के इच्छुक छात्रों की शिकायतों के निवारण के अवसर प्रदान करे। संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार, छात्र शिकायत निवारण समिति का कम से कम एक सदस्य या उसकी अध्यक्ष एक महिला हो और कम से कम एक सदस्य या अध्यक्ष अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग से हो। यूजीसी के प्रमुख जगदीश कुमार ने कहा, “ छात्र शिकायत विनियम 2023, जाति आधारित भेदभाव के खिलाफ शिकायतों के निवारण के लिए एक अतिरिक्त मंच प्रदान करता है।” उन्होंने कहा कि ये नियम यूजीसी द्वारा समय-समय पर बनाए गए या जारी किए गए अन्य नियमों या दिशानिर्देशों की जगह नहीं लेते हैं जो यह सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए थे या जारी किए गए थे कि जाति, नस्ल, धर्म, भाषा, जातीयता, लिंग या दिव्यांगता के आधार पर किसी भी छात्र के साथ भेदभाव नहीं किया जाए। साल 2019 के नियमों की तरह, यूजीसी ने छात्र निवारण समितियों को बरकरार रखा है जो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों, दिव्यांग या महिलाओं से संबंधित विद्यार्थियों के साथ कथित भेदभाव की शिकायतों को देखेगी।
-
नयी दिल्ली। शोधकर्ताओं ने टी-कोशिकाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक कृत्रिम बुद्धिमता से तैयार टीके की प्रभावशीलता का प्रदर्शन किया है। अमेरिका में स्थित पेंसिल्वेनिया स्टेट विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने कहा कि इस तरह का टीका भविष्य में उभरने वाले स्वरूपों के खिलाफ लंबे समय तक प्रतिरक्षा प्रदान कर सकता है और इसे फ्लू जैसी अन्य मौसमी वायरल बीमारियों के लिए एक ‘मॉडल' के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सार्स-सीओवी-2 स्पाइक प्रोटीन के प्रति एंटीबॉडी प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए तैयार किये मौजूदा कोविड-19 टीके ‘म्यूटेशन' के प्रति संवेदनशील थे जो समय के साथ टीके को कम प्रभावी बना सकते थे। जब किसी जीन के डीएनए में कोई स्थाई परिवर्तन होता है तो उसे उत्परिवर्तन (म्यूटेशन) कहा जाता है।
उन्होंने अध्ययन पर डेनमार्क स्थित एक बायोटेक्नोलॉजी फर्म ‘एवैक्सियन बायोटेक' के साथ भागीदारी की, जो ‘फ्रंटियर्स इन इम्यूनोलॉजी' पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं ने पाया कि टी-कोशिका (सेल) आधारित टीका जिन चूहों को लगाया गया उनमें से 87.5 प्रतिशत बच गये। बचे हुए सभी चूहों को 14 दिनों के भीतर संक्रमण से मुक्त पाया गया। पेन स्टेट में पशु एवं जैव चिकित्सा विज्ञान के एसोसिएट प्रोफेसर गिरीश किरीमंजेश्वर ने कहा, ‘‘हमारा टीका चूहों में गंभीर कोविड-19 को रोकने में बेहद प्रभावी था, और इसे मनुष्यों में भी इसका परीक्षण शुरू करने के लिए आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।'' किरीमंजेश्वर के अनुसार, सार्स-सीओवी-2 वायरस के स्पाइक प्रोटीन से उत्परिवर्तन हो सकता है।
उन्होंने कहा कि एंटीबॉडी-आधारित टीके की तुलना में टी-कोशिका-आधारित टीके का निर्माण करना कठिन और अधिक समय लेने वाला है। -
मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिले में जिला मुख्यालय सदर मेदिनीनगर थाना क्षेत्र के चियांकी चेकपोस्ट के समीप वाहन जांच के दौरान एक ट्रक से सात क्विंटल डोडा चूरा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 14 लाख रुपये से अधिक है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मेदिनीनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ऋषभ गर्ग ने बताया कि मामले में ट्रक के मालिक आरोपी शहजाद और आरोपी चालक मो. फैजान को गिरफ्तार किया गया है। गर्ग ने बताया कि उक्त डोडा चूरा झारखंड के खूंटी से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर ले जाया जा रहा था।
-
नयी दिल्ली। नीति आयोग ने अपनी सिफारिश में कहा है कि दवाओं के नियमन का भारतीय मानदंड ना सिर्फ वैश्विक मानकों के बल्कि ‘अंतरराष्ट्रीय सामंजस्य परिषद' के निर्देशों के अनुरूप भी होना चाहिए ताकि व्यापार में आसानी हो। नीति आयोग ने देश में मेडिकल उपकरणों के नियमन के लिए अलग संस्था के गठन की सलाह दी है। फिलहाल देश में दवाओं और मेडिकल उपकरणों का नियमन भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) द्वारा किया जाता है। नयी औषधि, मेडिकल उपकरणों और प्रसाधन विधेयक, 2023 पर अंतर-मंत्रालयी विचार के दौरान यह सिफारिशें की गई हैं। नयी औषधि, मेडिकल उपकरणों और प्रसाधन विधेयक, 2023 का मसौदा संसद में पारित होने के बाद मौजूदा औषधि और प्रसाधन कानून, 1940 की जगह लेगा। इस विधेयक के मसौदे को पिछले साल जुलाई को सार्वजनिक मंच पर रखा गया और सभी पक्षों से सलाह मांगी गई थी। विधेयक को अब समीक्षा के बाद अंतर-मंत्रालयी चर्चा के लिए भेजा गया है। क्लीनिकल परीक्षण पर नीति आयोग का कहना है कि विधेयक के मसौदे में वैश्विक मानकों के प्रति भारतीय मानदंडों की झिझक को दूर करने, क्लीनिकल परीक्षणों, समय पर फैसले लेने और नए उपचार/दवाओं को भारतीय जनता तक जल्दी पहुंचाने के लिए आईसीएच के दिशा-निर्देशों को अपनाने और उसके अनुरूप बनाने तथा व्यापार में आसानी की मंशा नजर आनी चाहिए। -
कोलकाता। विश्व भारती ने शनिवार को कहा कि उसे आशा है कि नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन विश्वविद्यालय की जमीन पर से अवैध कब्जा छोड़ने संबंधी नोटिस पर अगले सप्ताह तक जवाब देंगे। विश्वविद्यालय का दावा है कि सेन ने उसकी 13 डिसमिल जमीन पर गैरकानूनी तरीके से कब्जा किया हुआ है। केन्द्रीय विश्वविद्यालय का कहना है कि वह ‘‘अवैध तरीके से कब्जाई गयी जमीन'' को वापस पाने के लिए उचित कदम उठाएगा। सेन के शांतिनिकेतन वाले आवास के मुख्य दरवाजे पर चस्पा और ईमेल से उन्हें भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि ‘‘अंतिम आदेश के जरिए 19 अप्रैल को मामले का निपटारा कर दिया जाएगा।'' सेना (89) फिलहाल देश से बाहर हैं।विश्व भारती की प्रवक्ता महुआ बनर्जी ने ‘ कहा, ‘‘उनसे अभी तक नोटिस का जवाब नहीं मिला। हम और कुछ दिन इंतजार करेंगे... जैसा कि नोटिस में है, अगले सप्ताह के मध्य तक इंतजार करेंगे।
-
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में लिथियम निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। खनन सचिव अमित शर्मा ने सलाल-हैमना क्षेत्र स्थित लिथियम रिजर्व साइट का दौरा किया और धातु की निकासी को लेकर समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने कहा, “उपराज्यपाल (मनोज सिन्हा) और मुख्य सचिव (ए के मेहता) के नेतृत्व में प्रशासन लीथियम निकालने के लिए जल्द से जल्द अगले कदम उठाए जाने की उम्मीद कर रहा है।” सचिव ने कहा, "59 लाख टन लिथियम के इस संभावित समृद्ध भंडार को निकालने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए लेनदेन सलाहकार और नीलामी मंच नियुक्त करने की दिशा में प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।" उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार लिथियम की इस खोज को जल्द ही वास्तविकता में बदलने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।
-
चंडीगढ़। एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने शनिवार को कहा कि ‘मार्शल ऑफ द इंडियन एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल' हॉकी टूर्नामेंट वास्तव में अंतरराष्ट्रीय मानकों की तुलना में खेल को अत्यधिक प्रतिस्पर्धी स्तर तक बढ़ाने की अपनी उम्मीदों पर खरा उतरा है। वायुसेना प्रमुख ने कहा, ‘‘यह जानकर खुशी हो रही है कि पिछले कुछ वर्षों में प्रतिभागी टीमों के खेल मानकों और कौशल के स्तर में काफी वृद्धि हुई है। यह टूर्नामेंट वास्तव में हॉकी के खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तुलना में अत्यधिक प्रतिस्पर्धी स्तर तक ले जाने की अपनी उम्मीदों पर खरा उतरा है। '' टूर्नामेंट के चौथे चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे चौधरी ने रेलवे और चंडीगढ़ एकादश दोनों टीमों को रोमांचक फाइनल खेलने के लिये बधाई दी। इस करीबी मैच में रेलवे ने 5-4 से जीत दर्ज की।
-
गुरुग्राम। गुरुग्राम के सोहना रोड पर करीब 250 किलोग्राम भैंस का मांस ले जा रही नकली नंबर प्लेट वाली एक कार पलट गई, जिसके बाद वाहन में सवार लोग फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ‘हुंदै वेन्यू' कार जिस समय पलटी, तब वह तेजी से सड़क की विपरीत दिशा में जा रही थी। इस घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस अधिकारियों को ‘ कार में से भैंस का करीब 250 किलो मांस मिला। बादशाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कार में सवार लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। -
मुंबई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को भरोसा जताया कि सरकार और रसायन निर्यात प्रोत्साहन परिषद (केमेक्सिल) के सतत नीतिगत समर्थन से रसायन निर्यात में वृद्धि की गति को बनाए रखने में मदद मिलेगी। केमेक्सिल के 47वें निर्यात पुरस्कार समारोह में पटेल ने कहा, “केमेक्सिल निर्यात को बढ़ावा देने वाली नीतियों के निर्माण और भारत से रसायनों के निर्यात को बढ़ाने के लिए एक अनुकूल वातावरण बनाने में सरकार का उद्योग के साथ संवाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।” उन्होंने कहा, “इस तेजी से बदलती दुनिया में आगे चुनौतियां हैं और सरकार के लगातार नीतिगत समर्थन के साथ परिषद और उद्यमी निर्यातक समुदाय निश्चित रूप से बने रहेंगे और निर्यात वृद्धि में अपनी बढ़ी हुई गति को भी पार करेंगे।” केमेक्सिल ने वित्त वर्ष 2022-23 में कार्बनिक और अकार्बनिक रसायन क्षेत्र के निर्यात में 30 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया, जिसमें से 27 अरब डॉलर का निर्यात अप्रैल, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच हुआ।








.jpg)

















.jpeg)
