- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने मंगलवार को सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा)रोधी एवं देश में विकसित भारत के पहले क्वाड्रिवेलेंट ह्यूमन पैपिलोमावायरस टीके (क्यूएचपीवी) के विनिर्माण के लिए विपणन मंजूरी प्रदान कर दी। डीसीजीआई की मंजूरी इस पर 15 जून को केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद आई है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से चरण 2/3 क्लिनिकल परीक्षण पूरा होने के बाद इसकी शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सीरम इंस्टिट्यूट में निदेशक (सरकारी और नियामक मामलों) प्रकाश कुमार सिंह ने डीसीजीआई को आवेदन कर क्यूएचपीवी के लिए विपणन मंजूरी मांगी थी। टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) ने भी टीके के क्लिनिकल परीक्षण से संबंधित डेटा की समीक्षा करने के बाद हाल में क्यूएचपीवी को स्वीकृति प्रदान कर दी थी। समझा जाता है कि डीसीजीआई को दिए गए आवेदन में सिंह ने कहा है कि क्यूएचपीवी टीके सेरवावैक ने मजबूत एंटीबॉडी प्रतिक्रिया का प्रदर्शन किया है जो सभी लक्षित एचपीवी प्रकारों और सभी खुराक और आयु समूहों के आधार पर लगभग 1,000 गुना अधिक प्रभावी है। आवेदन में, सिंह ने उल्लेख किया था कि हर साल लाखों महिलाओं को सर्विकल कैंसर के साथ-साथ कुछ अन्य कैंसर का पता चलता है और मृत्यु दर भी बहुत अधिक है। भारत में सर्विकल कैंसर 15 से 44 वर्ष आयु समूह की महिलाओं में दूसरा सर्वाधिक होने वाला कैंसर है।
-
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में मंगलवार को बाढ़ में एक पुल से एक एसयूवी वाहन के बह जाने के कारण मध्य प्रदेश के तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसे में मारे गए लोग मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले थे। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर केलवाड़ थाना क्षेत्र के नंदा गांव में दोपहर में हुई। अधिकारी ने कहा, ‘‘एसयूवी में आठ लोग सवार थे, जो एक ऐसे पुल को पार कर रही थी, जिसके दोनों ओर रेलिंग नहीं थी। पुल के ऊपर तक तेज बहाव से गुजर रहा पानी वाहन को बहा ले गया। दो यात्री तैरकर सुरक्षित निकल गए। हमने तीन व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए हैं और तीन अन्य लापता हैं।'' मृतकों की पहचान रोशनी चौकीदार (32), दर्शन चौकीदार (10) और एसयूवी चालक लीलाधर हिवारे (38) के रूप में हुई है। मधुकर पाटिल (65), उनकी पत्नी निर्मला (60) और नीमू अतनेर (45) लापता हैं। ये तीनों पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले हैं। केलवाड़ पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि वाहन मध्य प्रदेश के मुलताई से नंदा जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस और दमकल कर्मियों का दल तलाशी अभियान में जुटा है।
-
नयी दिल्ली। महाराष्ट्र और गुजरात में वर्षा के कारण हुए हादसों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई तथा हजारों लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें आश्रय स्थलों में रहना पड़ा। मुंबई और उसके उपनगरों में मंगलवार सुबह भारी बारिश हुई और कुछ ही घटों में शहर के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई और कुछ स्थानों पर यातायात बाधित हो गया। पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई, जबकि राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में हल्की से मामूली बारिश हुई। राज्य में सबसे अधिक आठ सेंटीमीटर बारिश माउंट आबू और प्रतापगढ़ में हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश होने के बाद मंगलवार सुबह तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, शहर के कई हिस्सों में जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 93 प्रतिशत रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मंगलवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में दिल्ली में दो मिमी बारिश दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बारिश होने के कारण लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। हालांकि, शहर में बुराड़ी और जसोला सहित कई जगह जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मध्य दिल्ली में भी जलजमाव के कारण यातायात धीमा रहा। गुजरात के कई हिस्सों में मंगलवार को भी भारी बारिश जारी रही और पिछले 24 घंटे में बारिश संबंधी घटनाओं में और छह लोगों की जान चली गई। अधिकारियों के अनुसार राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में एक जून से अभी तक 69 लोगों की जान जा चुकी है।
आपदा प्रबंधन मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से कुल 27,896 लोगों को निकाला गया, जिनमें से 18,225 अब भी आश्रय गृह में है और बाकी अपने घर लौट गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण गुजरात के जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश जारी है तथा सौराष्ट्र क्षेत्र में कच्छ तथा राजकोट के कुछ इलाकों में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। ‘स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर' (एसईओसी) के अनुसार, कच्छ के अंजार तालुका में मंगलवार सुबह छह बजे से छह घंटे में 167 मिमी बारिश हुई, जबकि जिले के गांधीगनगर तालुका में 145 मिमी बारिश दर्ज की गई। दक्षिण गुजरात के नर्मदा, सूरत, डांग, वलसाड तथा तापी जिलों और राज्य के मध्य भाग के पंचमहल तथा छोटा उदयपुर में पिछले एक दिन में भारी बारिश हुई।नवसारी जिले में भारी बारिश जारी रहने से पूर्णा तथा अम्बिका नदियां उफान पर हैं, जिससे कुछ निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने एक संयुक्त अभियान में सोमवार रात नर्मदा जिले में राजपीपला के पास कर्जन नदी तट पर अचानक पानी बढ़ने से फंस गए 21 लोगों को निकाला। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार जारी भारी बारिश के कारण हुए हादसों में पिछले 24 घंटे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और बाढ़ग्रस्त इलाकों से 95 लोगों को बचाया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 13 दल और राज्य आपदा मोचन बल के तीन दल प्रदेश के संकटग्रस्त जिलों में तैनात किए गए हैं । मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए नासिक, पालघर और पुणे जिलों के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के कारण नासिक शहर में मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहे तथा लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि नासिक शहर में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे में 97.4 मिमी बारिश हुई। बहरहाल, बाद में बारिश कुछ देर रुक गई, जिससे लोगों को राहत मिली। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सप्तश्रृंगी मंदिर के पास सोमवार को बहुत तेज बारिश हुई। पानी भर जाने के कारण मंदिर की सीढ़ियों पर छह श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि मुंबई के पालघर जिले में मंगलवार सुबह साढ़े बजे तक पिछले 24 घंटों में 109.9 मिमी बारिश हुई, लेकिन इस दौरान बाढ़ नहीं आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक दल को पालघर जिले में एहतियातन तैनात किया गया है। ठाणे जिले में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 106.3 मिलीमीटर वर्षा हुई, लेकिन कोई भी नदी खतरे के निशान से ऊपर नहीं बह रही है। ठाणे जिले में एनडीआरएफ के दो दल तैनात किए गए हैं। ठाणे नगर निगम की क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन इकाई (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि दोपहर को राबोडी स्थित रहमत नगर इलाके में एक मकान का एक हिस्सा ढह गया, लेकिन इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। रिपोर्ट में बताया गया कि महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें बताया गया कि मुंबई के उपनगर में एक इमारत गिरने की घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि गढ़चिरौली जिले में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गयी । इसमें बताया गया कि लगातार और मूसलाधार बारिश के कारण गढ़चिरौली, नंदूरबार जिले तथा मुंबई के उपनगरीय इलाकों में 10 गांव प्रभावित हुये हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रत्नागिरी जिले में चिपलून शहर के निकट परशुराम घाट यातायात के लिए अब भी बंद है ।
-
नयी दिल्ली। वरिष्ठ राजनयिक प्रणय वर्मा बांग्लादेश में भारत के नये उच्चायुक्त नियुक्त किये जायेंगे । भारत और बांग्लादेश के बीच तेजी से बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों के मद्देनजर इसे एक महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है। सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि भारतीय विदेश सेवा के 1994 बैच के अधिकारी वर्मा अभी वियतनाम में भारत के राजदूत के रूप में काम कर रहे हैं और ढाका में विक्रम दुरईस्वामी के स्थान पर कार्यभार संभालेंगे। समझा जाता है कि दुरईस्वामी ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त का कार्यभार संभाल सकते हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच सम्पूर्ण संबंधों में पिछले कुछ वर्षो में काफी विस्तार देखने को मिला है।ब्रिटेन में भारत की उच्चायुक्त गायत्री ईस्सर कुमार 30 जून को सेवानिवृत हो गई।सूत्रों ने बताया कि कुवैत में भारतीय राजदूत सी जार्ज जापान में भारत के नये राजदूत नियुक्त किये जा सकते हैं । जार्ज ने पूर्व में स्विटजरलैंड में भारत के राजदूत के रूप में भी कार्य किया है।उन्होंने बताया कि जापान में वर्तमान राजदूत संजय वर्मा को कनाडा में नया उच्चायुक्त नियुक्त किया जा सकता है। अजय बिसारिया के पिछले सप्ताह सेवानिवृत होने के बाद से यह पद रक्त है। सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय में मध्य यूरोप प्रकोष्ठ में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्य करने वाली नीता भूषण न्यूजीलैंड में नयी राजदूत होंगी। समझा जाता है कि शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत अमित कुमार दक्षिण कोरिया में भारत के नये राजदूत नियुक्त किये जा सकते हैं।
-
नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर 14 जुलाई को कृषि जिंसों के अंतर-राज्यीय व्यापार की सुविधा के लिए इलेक्ट्रॉनिक राष्ट्रीय कृषि बाजार (इ-नाम) के तहत एक मंच का शुभारंभ करेंगे। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि इ-नाम के तहत 'प्लेटफॉर्म आफ प्लेटफॉर्म्स' (पीओपीएस)' के रूप में नामित यह नई पहल एक कुशल और प्रभावी एक राष्ट्र, एक बाजार का पारिस्थिकी तंत्र बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। केंद्र की 'आजादी का अमृत महोत्सव' पहल के तहत बेंगलुरु में होने वाले राज्यों के कृषि मंत्रियों के दो दिन के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान इस नये मंच की पेशकश की जायेगी। कृषि राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे और कैलाश चौधरी भी पेशकश का हिस्सा बनने वाले हैं।
-
नई दिल्ली। मणिपुर सरकार ने कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य के सभी स्कूलों को इस महीने की 24 तारीख तक तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है।
राज्य के शिक्षा विभाग से कल शाम जारी एक आदेश में कहा गया है कि राज्य में कोविड से संक्रमित मरीजों में वृद्धि हो रही है। राज्य में कोविड संक्रमण का अनुपात अब 15 प्रतिशत को पार कर गया है। दूसरी ओर, बारह वर्ष से कम उम्र के बच्चों को अभी तक टीका नहीं लगाया गया है और उनके कोविड से संक्रमित होने की संभावना बहुत अधिक है।इस बीच, मणिपुर में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 59 लोगों का कोविड परीक्षण किया गया है। अब राज्य में कुल कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या 216 है।पिछले चौबीस घंटों में कोविड के कारण कोई मौत का मामला सामने नहीं आया। -
मुंबई । शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है। श्री ठाकरे ने कहा कि ये निर्णय पार्टी कार्यकर्ताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। उन्होंने बताया कि कई जनजातीय समुदाय के नेताओं ने श्रीमती मुर्मू को समर्थन देने का अनुरोध किया था।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि उनके सभी 50 विधायक राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में मतदान करेंगे। इसमें शिवसेना के 40 और 10 निर्दलीय विधायक हैं। श्री शिंदे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी महिला को उम्मीदवार बनाया है और इस निर्णय से जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा में आने में मदद मिलेगी। -
आगर मालवा (मप्र)। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के सोयतखुर्द में मंगलवार दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक शासकीय स्कूल के तीन छात्रों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गये। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। आगर मालवा के जिलाधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब ये छात्र स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जाते समय बारिश के दौरान एक पेड़ के नीचे खड़े थे और अचानक इनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में तीन छात्रों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए समीपवर्ती राजस्थान के झालावाड़ में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शर्मा ने बताया कि मृतकों में भोला (16), कुंदन (14) एवं चंदन (11) शामिल हैं। ये तीनों सोयतखुर्द के रहने वाले थे। आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार सगर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे शर्मा ने बताया कि झालावाड़ अस्पताल में चर्चा कर बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘आगर मालवा के थाना सोयत कला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से शासकीय हाई स्कूल, सोयत खुर्द के विद्यार्थियों भोला, कुन्दन, चन्दन के असामयिक निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति!'' उन्होंने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये सहायता राशि प्रदान की जायेगी और घायलों के संपूर्ण इलाज की व्यवस्था भी राज्य सरकार करेगी।'' file photo
-
इटावा (उत्तर प्रदेश)। इटावा जिले के इकदिल क्षेत्र में मंगलवार को मामूली विवाद पर समाजवादी पार्टी (सपा) के एक स्थानीय नेता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) कपिल देव सिंह ने बताया कि इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल्याणपुर गांव में सपा नेता गिरजेश कुमार राजपूत के घर के बाहर निर्माण कार्य के लिए बालू पड़ी थी, तभी उस पर से गुजर रही एक मोटरसाइकिल फिसल गई। इससे नाराज मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गिरजेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में गहरी चोट आने की वजह से गिरजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। गिरजेश को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-
महराजगंज (उत्तर प्रदेश) । महराजगंज जिले में पुलिस ने मंगलवार को एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये मूल्य की चरस बरामद की। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने यहां संवाददाताओं को बताया कि नेपाल से अपने गृह राज्य बिहार जा रहे विशाल चौरसिया (30) नामक व्यक्ति को महराजगंज के शिकारपुर इलाके में संदेह के आधार पर रोक कर उसकी तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि चौरसिया से नौ किलोग्राम चरस बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस चौरसिया से पूछताछ की जा रही है। संदेह है कि वह मादक पदार्थों को लाने-ले-जाने का काम करता है। उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी तत्व अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज कर, जेल भेजा गया है।
-
नयी दिल्ली। इंडियन स्पेस एसोसिएशन (आईएसपीए) ने मंगलवार को नौ सदस्यीय राष्ट्रीय सलाहकार समिति का गठन किया जो देश में निजी अंतरिक्ष उद्योग की रूपरेखा को आकार देने की खातिर अपनी सिफारिशें देगी। विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के निदेशक अरविंद गुप्ता इस समिति के अध्यक्ष होंगे। पूर्व वायु सेना प्रमुख आर. के. एस. भदौरिया, पूर्व राजनयिक अरुण के. सिंह, पूर्व पृथ्वी विज्ञान सचिव शैलेश नायक समिति के अन्य सदस्यों में शामिल हैं। आईएसपीए के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा, "राष्ट्रीय सलाहकार समिति के गठन के साथ, आईएसपीए का मकसद भारतीय अंतरिक्ष उद्योग में सार्वजनिक-निजी भागीदारी में नीति, नियमन और तंत्र के निर्माण में रणनीतिक दिशा मुहैया कराने के लिए विशेषज्ञों को शामिल करना है।" आईएसपीए ने यहां यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया भवन में अपने कार्यालय का उद्घाटन भी किया। इन-स्पेस के अध्यक्ष पवन गोयनका ने कहा कि यहां अंतरिक्ष क्षेत्र एक व्यापक बदलाव के मोड़ पर है और हमारी अंतरिक्ष पेशकश को वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था के बराबर आने के लिए विशेषज्ञता के साथ ही अधिक प्रतिस्पर्धी बनने की जरूरत है।
-
नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने तमिलनाडु में दो समूहों पर हाल में छापेमारी के बाद 500 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता लगाया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। विभाग ने छह जुलाई को चेन्नई, कोयंबटूर और मदुरै में रियल एस्टेट विज्ञापन और सिविल ठेकों से जुड़े दो समूहों के 40 परिसरों में छापेमारी की थी। सीबीडीटी ने एक बयान में कहा कि जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि ये दोनों समूह पिछले कुछ वर्षों में अपने बही-खातों में फर्जी खरीद और खर्च का दावा करके अपनी कर योग्य आय को ‘कम' कर रहे हैं। सीबीडीटी ने कहा कि एक समूह बिना खरीदारी किये भुगतान कर रहा था, जिसे बाद में नकद के रूप में वापस ले लेता था। बयान के अनुसार, दोनों समूहों की अघोषित आय 500 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।
- देहरादून। जाने माने समाजसेवी एवं पद्मश्री से सम्मानित अवधेश कौशल का मंगलवार तड़के यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे । कौशल की पुत्रवधु रूचि कौशल ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार थे और सोमवार से उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, उन्होंने तड़के पांच बजे अंतिम सांस ली। गैर सरकारी संगठन 'रूरल लिटिगेशन एंड एनलाइटनमेंट केंद्र'(रूलक) के संस्थापक कौशल ने मानवाधिकारों और पर्यावरण के लिए जीवन भर काम किया। कौशल को अस्सी के दशक में मसूरी में खनन पर रोक लगवाने का श्रेय जाता है,इससे वहां पर्यावरण को हो रही क्षति पर लगाम लगी । उन्हें घुमंतू जनजाति गुज्जरों का मसीहा भी माना जाता है जिन्होंने उनके अधिकारों के लिए एक लंबी प्रशासनिक और कानूनी लड़ाई लड़ी। गुज्जरों के लिए संघर्ष करते हुए उन्हें 2015 में जेल भी जाना पड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले कौशल कुछ वर्ष पूर्व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्रियों को आवास सहित दी जाने वाली अन्य सुविधाओं पर होने वाले व्यय की वसूली के लिए उत्तराखंड उच्च न्यायालय तक गए थे।
- श्रीनगर। बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ में कई लोगों की जान जाने के बाद चार दिन से गांदरबल जिले में बालटाल मार्ग पर निलंबित की गई अमरनाथ यात्रा मंगलवार को फिर से शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था बालटाल आधार शिविर से तड़के गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ। अमरनाथ गुफा के पास आठ जुलाई को बादल फटने पर हुई भीषण बारिश के कारण अचानक बाढ़ आने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। पहलगाम मार्ग पर अमरनाथ यात्रा सोमवार को शुरू कर दी गई थी।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि सरकार दिल्ली और मुंबई के बीच एक इलेक्ट्रिक राजमार्ग बनाने की योजना बना रही है। गडकरी ने यहां हाइड्रॉलिक ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार दिल्ली और मुंबई के बीच इलेक्ट्रिक राजमार्ग की योजना बना रही है। इलेक्ट्रिक राजमार्ग आमतौर पर ऐसी सड़क होती है जिस पर चलने वाले वाहनों को बिजली की आपूर्ति की जाती है। यह बिजली सड़क के ऊपर लगे तारों से वाहन तक पहुंचाई जाती है। उन्होंने इस योजना का अधिक ब्योरा न देते हुए कहा, ‘‘आप ट्रॉलीबस की तरह ट्रॉलीट्रक भी चला सकते हैं।'' ट्रॉलीबस एक इलेक्ट्रिक बस होती है जो ओवरहेड तारों से होने वाली बिजली आपूर्ति से चलती है। इस मौके पर गडकरी ने कहा कि उनके मंत्रालय ने सभी जिलों को चार लेन वाली सड़कों से जोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार 2.5 लाख करोड़ रुपये मूल्य की सुरंगों का भी निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्यों के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में भ्रष्टाचार को कम करने के लिए सभी सेवाओं को डिजिटल करने की जरूरत है।
- जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर में अधिकारियों द्वारा रात भर काफी समझाने-बुझाने के प्रयास किए जाने के बावजूद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने सोमवार को खुद को कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। जवान छुट्टी नहीं मिलने से गुस्से में था और उसने अपने परिवार के साथ खुद को अपने क्वार्टर में बंद कर लिया था और आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था। पाल्दी खिंचिंयां में सीआरपीएफ के प्रशिक्षण केंद्र में अपने आवासीय क्वाटर्स की बालकनी से नरेश जाट ने अपनी इंसास राइफल से आत्महत्या की धमकी देते हुए हवा में गोलियां चलायीं। वह वरिष्ठ अधिकारी द्वारा छुट्टी देने से मना करने पर नाराज था। इस बात की सूचना मिलने पर पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने हथियार सौंप देने के वास्ते उसे राजी करने का प्रयास किया लेकिन वह खुदकुशी की धमकी देता रहा। पुलिस ने कहा कि उसने उसे समझाने-बुझाने के लिए उसके पिता को भी बुला लिया लेकिन उससे भी बात नहीं बनी। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अमृता दुहन ने कहा, ‘‘जवान बहुत गुस्से में था। हमने उसे शांत कराने का प्रयास किया। उसकी इच्छा के अनुसार उसकी महानिरीक्षक (सीआरपीएफ) से भी बात करायी गयी जो वहां आ रहे थे। लेकिन आखिरकार उसने सोमवार सुबह करीब 11 बजे खुद को गोली मार ली। '' पुलिस सूत्रों ने बताया कि जवान रविवार को उसे छुट्टी नहीं दिये जाने से सीआरपीएफ उपमहानिरीक्षक से नाराज था। उन्होंने कहा, ‘‘ बताया जाता है कि रविवार को नरेश ने डीआईजी से छुट्टी मांगी थी लेकिन अधिकारी ने मना कर दिया। इस बात से नाराज उसने पहले एक सहयोगी के हाथ पर काट खाया, जिस पर उसके विरूद्ध चेतावनी जारी की गयी। नाराज जवान सीधे चौथे तल पर अपने घर में गया और पत्नी एवं बेटी के साथ खुद को अंदर बंद कर लिया।'' उन्होंने कहा, ‘‘ रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने क्वार्टर की बालकनी में आया और इंसास राइफल लहराने लगा एवं हवा में गोलियां चलाने लगा। एक घंटे में उसने आठ राउंड गोलियां चलायीं और खुद एवं परिवार की जान ले लेने की धमकी दी।''
- इंदौर। सीमा शुल्क विभाग ने एयर इंडिया की दुबई-इंदौर उड़ान वाले विमान की सीट के नीचे एक किलोग्राम से अधिक विदेशी छाप का सोना बरामद किया है। इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान में यात्री के भेष में सफर करने वाले तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया है । विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि तस्कर ने विमान की सीट के नीचे सोने के बिस्किटों की खेप छिपा रखी थी जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार रात को गिरफ्तार आरोपी तस्कर की पहचान दीपचंद (50) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी राजस्थान के झुंझुनू जिले के ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला है और सीमा शुल्क विभाग के खुफिया दस्ते ने उसे इंदौर के हवाई अड्डे पर संदेह के आधार पर पकड़ कर पूछताछ की, तो सोने की अंतरराष्ट्रीय तस्करी का भंडाफोड़ हुआ। अधिकारी ने बताया,‘‘एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान एआई 904 हर शनिवार दुबई से इंदौर आती है। इसके डेढ़ घंटे बाद यही विमान घरेलू उड़ान के रूप में इंदौर से दिल्ली जाता है। आरोपी शातिर तस्कर ने इसका फायदा उठाकर सोने की 1.233 किलोग्राम वजनी खेप विमान की सीट के नीचे छिपा दी थी।'' उन्होंने बताया कि तस्कर की योजना थी कि उड़ान के दिल्ली पहुंचने पर वह सोने की खेप को सीट के नीचे से निकालकर इसे एक अन्य व्यक्ति के सुपुर्द कर देगा। अधिकारी ने बताया कि सीमा शुल्क विभाग स्वर्ण तस्करी मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
- नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने बेंगलुरु और हैदराबाद स्थित दो रियल एस्टेट कंपनियों के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 22 करोड़ रुपये की नकदी एवं आभूषण जब्त किया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि आयकर विभाग की टीम ने इन दोनों रियल एस्टेट कंपनियों के 40 परिसरों पर छापे मारे थे। हालांकि सीबीडीटी ने छापेमारी की तारीख का खुलासा नहीं किया है। आयकर विभाग की टीम को बेंगलुरु स्थित डेवलपर के परिसरों से मिले दस्तावेजों से पता चला है कि जमीन मालिकों ने डेवलपर के साथ संयुक्त विकास समझौता किया हुआ था। उस जमीन के एवज में उन्हें डेवलपर से सुपर बिल्ट-अप एरिया मिला हुआ था। लेकिन जमीन मालिक इस लेनदेन से हुए पूंजीगत लाभ की घोषणा कर पाने में नाकाम रहे। आयकर विभाग के लिए नीतिगत रुख तय करने वाले सीबीडीटी ने कहा कि इस अघोषित पूंजीगत लाभ का आकार 400 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। इसके अलावा तैयार इकाइयों की बिक्री से होने वाली आय में भी 90 करोड़ रुपये कम दिखाई गई है। सीबीडीटी ने कहा कि दोनों ही रियल एस्टेट समूह निर्माण की लागत को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाकर 28 करोड़ रुपये की कर चोरी में संलिप्त रहे हैं। इसके लिए उन्होंने निर्माण सामग्रियों की फर्जी रसीदें तैयार करने के अलावा दामों को भी बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया है। आयकर विभाग के अब तक के तलाशी अभियान में 3.50 करोड़ रुपये की अघोषित नकदी और 18.50 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी एवं आभूषण जब्त किए गए हैं। विभाग के मुताबिक दोनों कंपनियों के कई अन्य अनियमितताओं में संलिप्त होने के भी साक्ष्य मिले हैं।
- नयी दिल्ली। मौसम संबंधी पूर्वानुमान के सही साबित नहीं होने के कारण आलोचना से घिरे पृथ्वी विज्ञान विभाग के सचिव एम रविचंद्रन ने सोमवार को बादलों की गति की बेहतर समझ के लिए उच्च आवृत्ति वाले अवलोकन का पुरजोर समर्थन किया। पिछले कुछ हफ्तों से मौसम कार्यालय की ओर से जारी राष्ट्रीय राजधानी में बारिश संबंधी पूर्वानुमान सच नहीं साबित हुए। मौसम कार्यालय की ओर से की गई सोमवार की भविष्यवाणी हकीकत से दूर रही, जिसमें थोड़ी बारिश शनिवार तक होने की भविष्यवाणी की गई थी। रविचंद्रन ने कहा, ‘‘वास्तव में हमें और अधिक विज्ञान की आवश्यकता है। हमें बेहतर पूर्वानुमानों के लिए अधिक उच्च आवृत्ति वाले अवलोकन की आवश्यकता है, खासकर दिल्ली जैसे क्षेत्रों के लिए।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र बंगाल की खाड़ी और कम दबाव वाले क्षेत्रों से आने वाली पूर्वी हवाओं के लिए दिल्ली अभिसरण बिंदु है और इस सीमा क्षेत्र के लिए सटीक पूर्वानुमान लगाना हमेशा मुश्किल होता है। रविचंद्रन ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 80 प्रतिशत बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति पहाड़ी क्षेत्रों में होती, तो इसके परिणामस्वरूप निश्चित रूप से बारिश होती। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए उच्च आवृत्ति मौसम अवलोकन और बेहतर पूर्वानुमान के लिए बादल संचरण (क्लाउड डायनामिक्स) की बेहतर समझ की आवश्यकता थी। पृथ्वी विज्ञान सचिव ने कहा कि अत्यधिक स्थानीय वर्षा की घटनाओं की भविष्यवाणी करने के लिए अभी तक कोई विज्ञान नहीं था, जिसके परिणामस्वरूप शुक्रवार शाम अमरनाथ गुफा मंदिर में त्रासदी हुई जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा, “हमारे पास अलग-अलग स्थानों पर होने वाली स्थानीय भारी वर्षा की भविष्यवाणी करने के लिए विज्ञान नहीं है। भूकंप की तरह हमारे पास वर्षा की भविष्यवाणी करने के लिए भी विज्ञान नहीं है।
- नयी दिल्ली। भारतीय चिकित्सा प्रौद्योगिकी संघ (एमटीएआई) ने चिकित्सकों को दिए जाने वाले मुफ्त चिकित्सकीय सैंपल पर स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) के प्रावधान पर पुनर्विचार करने का सरकार से अनुरोध किया है। चिकित्सा उपकरण विनिर्माताओं के संगठन एमटीएआई ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि डॉक्टरों को मुफ्त में दिए जाने वाले सैंपल पर कर लगाने से उनके व्यावहारिक प्रशिक्षण पर प्रतिकूल असर पड़ेगा जिससे मरीजों की भी जीवनरक्षक प्रौद्योगिकी तक पहुंच प्रभावित होगी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने चिकित्सकों को मुफ्त में मिलने वाले चिकित्सकीय सैंपल पर एक जुलाई, 2022 से टीडीएस लगाने की व्यवस्था लागू करने से संबंधित दिशानिर्देश पिछले महीने जारी किए थे। एमटीएआई के चेयरमैन एवं महानिदेशक पवन चौधरी ने कहा, ‘‘चिकित्सकीय उपकरणों के सैंपल डॉक्टरों एवं क्लिनिक सदस्यों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने में अहम भूमिका निभाते हैं। कभी-कभी मरीजों को भी इन उपकरणों के बारे में प्रक्रियागत जानकारी दी जाती है।'' उन्होंने कहा कि अगर इन सैंपल पर कर लगाया जाता है तो ये सभी गतिविधियां बंद हो जाएंगी और मरीजों को समुचित इलाज देने की चिकित्सकों की क्षमता प्रभावित होगी।
- आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में दो लड़कियों के गायब होने का मामला प्रकाश में आया है। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने इस संबंध में एक मामला दर्ज करके दोनों लड़कियों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों लड़कियां कथित तौर पर अलग-अलग समुदाय से हैं। आवास विकास सेक्टर एक स्थित पुलिस चौकी प्रभारी मनोहर तोमर ने बताया कि पुलिस दोनों लड़कियों को ढूंढ रही है और उनका पता लगते ही उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जायेगा। दोनों लड़कियों के गायब होने का यह मामला हालांकि मई महीने का है लेकिन यह अब प्रकाश में आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दोनों लड़कियां जगदीशपुरा की रहने वाली हैं। इनमें से एक लड़की के पिता ने अपनी बेटी के गायब होने का मामला जगदीशपुरा थाने में 24 मई को दर्ज कराया था। (प्रतीकात्मक फोटो)
- बेंगलुरु। अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलने के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पास करीब 60 स्टार्टअप ने पंजीकरण कराया है। केंद्रीय विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस क्षेत्र को खोलने की घोषणा के बाद से कई स्टार्टअप ने पंजीकरण कराया है। इनमें से कुछ स्टार्टअप अंतरिक्ष के मलबे के प्रबंधन से संबंधित परियोजनाओं में काम कर रहे हैं। स्टार्टअप द्वारा दिए गए अन्य प्रस्तावों में नैनो-सैटेलाइट, प्रक्षेपण वाहन, जमीनी प्रणाली और शोध शामिल हैं। सिंह ने यहां ‘सुरक्षित और सतत अंतरिक्ष परिचालन एवं प्रबंधन पर इसरो की प्रणाली' (आईएस4ओएम) का उद्घघाटन करते हुए यह बात कही। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलने की पहल के बाद करीब 60 स्टार्टअप ने इसरो के साथ काम करने के लिए पंजीकरण कराया है।
-
नयी दिल्ली । दिल्ली सरकार ने सोमवार को कहा कि आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय राजधानी के पांच प्रमुख स्मारकों को तिरंगे की थीम से रोशन किया जाएगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ये स्मारक हैं - आर. के. पुरम में बिरजी खान का मकबरा, कश्मीरी गेट में बारादरी कुदसिया बाग, वसंत उद्यान में बड़ा लाओ का गुंबद, लोधी फ्लाईओवर के पास गोल गुंबज और मुकरबा चौक पर पाइक का मकबरा। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘‘दिल्ली में ऐतिहासिक स्मारक सदियों से भारत की समृद्ध विरासत का प्रतीक हैं, उनकी रक्षा करने से आने वाली पीढ़ियों को भारत के इतिहास को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।'' सिसोदिया ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की और दिल्ली सरकार के अधिकार क्षेत्र में स्मारक स्थलों की स्थिति की समीक्षा की। बयान में कहा गया है कि दिल्ली के पांच प्रमुख स्मारकों को आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में तिरंगे की थीम से रोशन किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगस्त के मध्य तक इस प्रक्रिया को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
-
मुंबई। महाराष्ट्र के शिवसेना के 18 में से 16 सांसदों ने उद्धव ठाकरे से राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एन.डी.ए. की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का अनुरोध किया है।
कल मुम्बई में श्री ठाकरे द्वारा बुलाई गई बैठक में इन 16 सांसदों ने कहा कि पार्टी को राष्ट्रपति चुनाव में एन.डी.ए. उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देना चाहिए। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना है। राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी व्हिप का कोई प्रावधान नहीं है और सांसद अपनी इच्छानुसार वोट दे सकते हैं। शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर ने मीडिया को बताया कि पार्टी के 16 सांसदों का मानना है कि पार्टी को आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करना चाहिए। श्री कीर्तिकर ने कहा कि लोकसभा के 18 में से 16 पार्टी सदस्यों ने राष्ट्रपति चुनाव पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में सुश्री मुर्मू को समर्थन देने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने बताया कि 18 में से दो सांसद भावना गवली और श्री श्रीकांत शिंदे बैठक में उपस्थित नहीं थे।File Pic -
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में 21 जुलाई को पेश होने को कहा है। श्रीमती गांधी ने इससे पहले निदेशालय को पत्र लिखकर कोविड से प्रभावित होने का हवाला देकर हाजिर होने की तारीख स्थगित करने का अनुरोध किया था। श्रीमती गांधी ने पत्र में लिखा था कि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है, इसलिए वे 23 जून को निदेशालय के सामने पेश नहीं हो सकती। उनके अनुराध को स्वीकार करते हुए प्रवर्तन निदेशालय ने उनसे कहा था कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में अपना बयान दर्ज करवाएं। श्रीमती गांधी के पुत्र और कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी से पांच दिनों में 54 घंटे तक इस मामले में पूछताछ की गई।
आयकर विभाग वर्ष 2016 से नेशनल हेराल्ड मामले की जांच कर रहा है और उसने अपने आरोप पत्र में कांग्रेस प्रायोजित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था। इस कम्पनी के पास नेशनल हेराल्ड अख़बार का स्वामित्व है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी कम्पनी के स्थापकों में शामिल हैं और कम्पनी के अधिकतर शेयर इन्हीं दोनों के पास हैं। कम्पनी में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की 38-38 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। वर्ष 2013 में सुब्रमण्यम स्वामी की एक शिकायत पर आयकर विभाग ने यंग इंडियन के खिलाफ जांच शुरू की थी, जिसका संज्ञान लेते हुए प्रवर्तन निदेशालय ने नया मामला दर्ज किया था।

.jpg)



.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)



.jpeg)
