- Home
- देश
- नोएडा। नोएडा के इलाबास गांव में एक वकील की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरीश चंदर ने बताया कि थाना फेस-2 क्षेत्र के इलाबास गांव में रहने वाले वकील निशांत पिलवान (28) को सोमवार रात को अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर गोली मार दी। गंभीर हालत में निशांत को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीम बनाई गई है।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि निशांत का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद था। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि निशांत का अपनी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों से भी कुछ विवाद था। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं, वकील की हत्या पर जनपद गौतम बुद्ध नगर बार एसोसिएशन ने रोष प्रकट किया है। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने अदालत परिसर में मंगलवार को एक शोक सभा आयोजित की तथा काम का बहिष्कार किया। अधिवक्ता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर वकील इस मामले में विरोध प्रदर्शन करेंगे।
- नई दिल्ली। राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत अब तक 102 करोड 96 लाख से अधिक कोविड रोधी टीके लगाए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में कुल 12 हजार 428 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई जो कि 238 दिन में सबसे कम है। संक्रमण से स्वस्थ होने की दर 98 .19 प्रतिशत है।पिछले 24 घंटे में 15 हजार 950 से अधिक मरीज संक्रमण से ठीक हुए हैं। अब तक तीन करोड 35 लाख 83 हजार 318 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख 63 हजार 816 है जो कि कुल मामलों के एक प्रतिशत से भी कम है।देश में अब तक साठ करोड 19 लाख से अधिक कोरोना की जांच हो चुकी है।
- नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश तीन करोड़ लोगों का पूर्ण टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। कुल टीकाकरण में भी राज्य पहले स्थान पर है और अब तक 12 करोड़ 65 लाख से अधिक टीके लगाए गए हैं। कल राज्य में केवल दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई जो हाल के दिनों में सबसे कम संख्या है।दूसरी तरफ कानपुर में जीका संक्रमण का एक रोगी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आसपास के एक किलोमीटर के दायरे में सर्वेक्षण कराया है। राज्य के स्वास्थ्य महानिदेशक ने बताया कि सरकार एक किलोमीटर के दायरे में संबंधित लक्षण वाले लोगों की पहचान कर रही है और उनकी जीका जांच करवा रही है।केन्द्रीय स्वास्थ्य य मंत्रालय ने कानपुर में 22 अक्टूबर को जीका रोग की जानकारी मिलने के बाद उच्च स्तरीय विशेषज्ञ दल उत्तर प्रदेश भेजा है। यह दल राज्य के स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करेगा और केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के जीका प्रबंधन कार्य योजना लागू किये जाने की स्थिति का जायजा भी लेगा और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की अनुशंसा भी करेगा।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने परिवहन ईंधन के रूप में हरित हाइड्रोजन की वकालत करते हुए आयात पर निर्भरता कम करने पर जोर दिया है। गडकरी ने सोमवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को एक ऐसा देश बनाने की जरूरत है जो पेट्रोल और डीजल के आयात पर निर्भर नहीं हो। उन्होंने इस बात पर क्षोभ जताया कि कई देश पेट्रोल और डीजल की बिक्री के धन का इस्तेमाल आतंकवाद के वित्तपोषण के लिए कर रहे हैं। मंत्री ने कहा, ‘‘हरित हाइड्रोजन पेट्रोल और डीजल से बेहतर है। परिवहन क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत को ऐसा देश बनाना चाहते हैं, जो पेट्रोल और डीजल के आयात पर निर्भर नहीं हो, बल्कि ईंधन का निर्यात करे।‘‘ उन्होंने कहा कि यह एक राष्ट्रवादी विचार है। गडकरी ने कहा, ‘‘पेट्रोल और डीजल का आयात कर हम उन देशों को अमीर कर रहे हैं जो आतंकवाद का वित्तपोषण करते हैं।'' हालांकि, उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल का आयात घटाकर देश कई समस्याओं को हल कर सकता है।
- रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पंतनगर स्थित सिडकुल में फैक्ट्रियों के प्रदूषित पानी को साफ करने वाली कंपनी के ‘कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट' (सीईटीपी) के टैंक में डूबकर तीन कर्मचारियों की मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य बीमार हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, पहले एक कर्मचारी हरिपाल को सफाई के लिए टैंक में भेजा गया लेकिन उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर संयंत्र के प्रमुख रमन कुमार वहां पहुंचे। हरिपाल को बेहोश देखकर वह उसे बचाने के लिए टैंक में उतरे लेकिन खुद भी बेहोश होकर गिर पड़े। उनके बाद उन्हें बचाने के लिए गया तीसरा कर्मचारी अवधेश भी बेहोश होकर टैंक में गिर गया। टैंक में डूबने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इन तीनों के बाद चौथे कर्मचारी बिजेंद्र को उसकी कमर में रस्सी बांधकर टैंक में भेजा गया लेकिन वह भी बेहोश हो गया जिसके बाद अन्य कर्मचारियों ने उसे उपर खींच लिया जिससे उसकी जान बच गई। बिजेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार किया जा रहा है । पंतनगर के पुलिस उपाधीक्षक आशीष भारद्वाज ने बताया कि पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल और अग्निशमन दल के डेढ से दो घंटे तक चले संयुक्त अभियान के बाद तीनों शवों को बाहर निकाल लिया गया है । उन्होंने बताया कि टैंक से हो रहे जहरीली गैसों के रिसाव के असर को समाप्त करने के लिए दमकल की गाड़ियों ने पहले काफी देर तक पानी का छिडकाव किया । सिडकुल के सेक्टर सात में यह सीईटीपी संयंत्र स्थित है जहां सिडकुल की कंपनियों के रसायन युक्त गंदे पानी को साफ किया जाता है।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को नागर विमानन मंत्रालय और दूरसंचार विभागों के पूंजीगत व्यय की समीक्षा की तथा दोनों विभागों से परियोजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। आधिकारिक बयान के अनुसार, मंत्री ने अधिकारियों से परियोजनाओं के क्रियान्वयन के साथ कोष जारी होने पर भी नजर रखने को कहा। सीतारमण ने कहा कि सरकार के लिये बुनियादी ढांचा परियोजनाएं प्राथमिकता है। पूंजीगत व्यय के लिये जरूरी कोष उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने आर्थिक मामलों के विभाग से नागर विमानन मंत्रालय के साथ मिलकर काम करने को कहा ताकि और परियोजनाओं पर काम शुरू हो तथा 2022-23 में पूंजीगत व्यय मौजूदा लक्ष्य से अधिक हो। सीतारमण ने दूरसंचार विभाग से केंद्रीय लोक उपक्रम पूंजी व्यय, संपत्ति को बाजार पर चढ़ाने की योजना में तेजी लाने को कहा। साथ ही संपत्ति को बाजार पर चढ़ाने की योजना को अंतिम रूप देने के लिये निवेश और लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम)के साथ मिलकर काम करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिलों को ध्यान में रखकर पूर्वोत्तर क्षेत्र में डिजिटल विस्तार योजनाओं में तेजी लाने की जरूरत है। समीक्षा बैठक में आर्थिक मामलों, नागर विमानन और दूरसंचार विभाग के सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में 5.54 लाख करोड़ रुपये के पूंजी व्यय का प्रावधान किया गया है। यह 2020-21 के बजटीय अनुमान से 34.5 प्रतिशत अधिक है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय फैलोशिप के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इससे युवा और प्रतिभाशाली लोगों में कौशल विकास के लिए बुनियादी स्तर पर योगदान करने के अवसर मिल सकेंगे। दो वर्ष की इस फेलोशिप में भागीदार के रूप में भारतीय प्रबंधन संस्थान, कक्षा सत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आर्थिक उत्पादन बढ़ाने और आजीविका को प्रोत्साहित करने में बाधाओं की पहचान करेगा।इस अवसर पर श्री प्रधान ने कौशल विकास प्रयासों से बुनियादी स्तर पर सामाजिक परिवर्तन के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने जिला कलेक्टरों और अकादमिक साझेदार भारतीय प्रबंधन संस्थान से इस फेलोशिप के माध्यम से सुविधा और बदलाव की सफलता की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
- नई दिल्ली। सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने भारत और अन्य देशों में 'कोविशील्ड' की 100 करोड़ से अधिक खुराकों की आपूर्ति किए जाने का उल्लेख करते हुए सोमवार को अपने इस कोविड रोधी टीके की नियमित मार्केटिंग (विपणन) की मंजूरी मांगी जिसे अभी देश में आपात उपयोग की अनुमति प्राप्त है।आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। एसआईआई में सरकार एवं नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) को टीके के नियमित विपणन की मंजूरी देने का आवेदन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोविड रोधी टीके के घरेलू निर्मातओं के साथ बैठक किए जाने के चंद दिन बाद भेजा है। यदि डीसीजीआई नियमित विपणन की अनुमति प्रदान करता है तो कोविशील्ड ऐसी स्वीकृति प्राप्त करने वाला दुनिया का दूसरा टीका होगा। फाइजर-बायोएनटेक के कोविड-19 टीके को 16 वर्ष और अधिक आयु वर्ग के लिए अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की पूर्ण अनुमति मिल चुकी है।देश में अब तक दी गईं कोविड-19 रोधी टीके की 102.27 करोड़ से अधिक खुराकों में से लगभग 90 प्रतिशत कोविशील्ड और लगभग 10 प्रतिशत भारत बायोटेक के कोवैक्सीन टीके से संबंधित खुराक हैं। इनमें रूस के स्पूतनिक वी टीके की मात्रा एक प्रतिशत से भी कम है। कंपनी ने आठ जून, 2021 को ब्रिटेन, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका से 24, 244 विषयों के चरण-3 के चिकित्सीय अध्ययन के परिणाम केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) को जमा कर दिए हैं। इसके अलावा, अमेरिका, चिली और पेरू से 32,379 विषयों के तीसरे चरण के अध्ययन के परिणाम नौ जुलाई को प्रस्तुत किए गए थे।
- गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के निर्माण और औद्योगिक क्षेत्र के कामगारों को रियायती दर पर इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन उपलब्ध कराने की योजना सोमवार को शुरू की। उन्होंने यहां महात्मा मंदिर में आयोजित एक समारोह में 'गो-ग्रीन' योजना और उसके पोर्टल का शुभारंभ भी किया और कामगारों से इस पहल का लाभ उठाने का आग्रह किया, जिसका उद्देश्य ईंधन का खर्च कम करना और वाहनों के प्रदूषण पर अंकुश लगाकर पर्यावरण को बचाना है। इस योजना के तहत संगठित क्षेत्र के कामगार, जैसे औद्योगिक श्रमिक, को बैटरी से चलने वाले दोपहिया वाहनों की खरीद पर वाहन की कीमत पर 30 प्रतिशत या 30,000 रुपये (जो भी कम हो) की सब्सिडी मिलेगी। राज्य सरकार की विज्ञप्ति के अनुसार, निर्माण क्षेत्र के श्रमिकों के लिए 50 प्रतिशत या 30,000 रुपये (जो भी कम हो) की सब्सिडी मिलेगी। इन दोनों श्रेणियों के ई-वाहन खरीदारों को आरटीओ पंजीकरण और पथकर के रूप में एकमुश्त सब्सिडी मिलेगी। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘राज्य सरकार का लक्ष्य शुरुआती चरण में निर्माण क्षेत्र के 1000 और संगठित क्षेत्र के 2,000 श्रमिकों को बैटरी से चलने वाले ऐसे दोपहिया वाहन उपलब्ध कराना है। केवल सरकार द्वारा अनुमोदित ‘मेड इन इंडिया' वाहनों को ही योजना का पात्र माना जाएगा। इसके अलावा, एक बार चार्ज करने पर 50 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम उच्च-गति वाले वाहन ही इस योजना के तहत शामिल होंगे।'' इसमें कहा गया है कि पात्र कर्मचारी आज ही दिन में लॉन्च किए गए पोर्टल का इस्तेमाल करके इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को चुनने और बुक करने के लिए आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं, और उनके आवेदन को मंजूरी मिलने के बाद डीलर से डिलीवरी ले सकते हैं।
- नयी दिल्ली । कांग्रेस ने दिल्ली में नगर निगम चुनावों से पहले सोमवार को ‘पोल खोल यात्रा' की शुरुआत की और कहा कि वह केंद्र की नरेंद्र मोदी नीत सरकार और दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के ‘खोखले वादों' को जनता के समक्ष बेनकाब करेगी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार की अगुवाई में पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस यात्रा की शुरुआत की। अनिल कुमार ने कहा, ‘‘नगर निगम में भाजपा और केजरीवाल सरकार से जनता दुखी है। उनसे पोल खोल यात्रा के दौरान सीधा संवाद करने से पता चला कि अब जनता बदलाव चाहती है, कांग्रेस की सरकार चाहती है।'' उन्होंने बताया कि यह यात्रा दिल्ली के सभी 272 वार्डों में निकलेगी। दिल्ली के तीनों नगर निगमों के लिए अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं। अनिल कुमार ने कहा, ‘‘इस यात्रा के जरिए केंद्र और दिल्ली सरकार के झूठे वादों को बेनकाब करना है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान दिल्ली में कोविड-19 की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी, दिल्ली में बारिश के समय जलभराव की समस्या तथा कई अन्य मुद्दों को जनता के समक्ष उठाया जाएगा।
- नयी दिल्ली। वाहन कलपुर्जे बनाने वाली प्रमुख कंपनी बॉश द्वारा कराए गए एक अध्ययन के मुताबिक भारत में सड़क दुर्घटनाओं के चलते होने वाले कुल सामाजिक-आर्थिक नुकसान की राशि 15.71 से 38.81 अरब अमेरिकी डॉलर के बीच आंकी गई है। बॉश इंडिया के उन्नत स्वायत्त सुरक्षा प्रणाली एवं कॉरपोरेट शोध विभाग के दुर्घटना शोध दल ने इस निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए पिछले दो दशक में दुनिया भर में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का अध्ययन और विश्लेषण किया। इन नतीजों का इस्तेमाल नए उत्पादों की पेशकश करने, व्यावसायिक रणनीतियां बनाने और सड़क सुरक्षा नीतियों के लिए किया जा सकता है। अध्ययन से पता चला, ‘‘भारत में सड़क दुर्घटनाओं के कारण कुल सामाजिक-आर्थिक नुकसान 15.71-38.81 अरब अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है, जो देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 0.55-1.35 प्रतिशत है।
- कोटा । राजस्थान में कोटा के गुमानपुरा पुलिस थाने के तहत तेज रफ्तार से आ रही कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी जिसमें 27 वर्षीय शख्स और एक नाबालिग लड़के की मौत हो गयी जबकि एक महिला समेत तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह दुर्घटना रविवार रात को हुई। एसएचओ लखन लाल ने बताया कि मृतक की पहचान कोटा शहर के डीसीएम रोड निवासी राजकुमार (27) और सकतपुरा निवासी शहादत अली के बेटे साहूर (5) के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कार का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार से आ रही कार ने रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी और उसके बाद डीसीएम रोड पर पुराने आरटीओ कार्यालय के सामने की दीवार से जा टकरायी। हादसे में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोगों को गंभीर चोटें आयी और उन्हें एमबीएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने राजकुमार और साहूर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान रघुनंदन, शहादत अली और रुबिना के रूप में की गयी है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिवार के सदस्यों को सौंप दिए।
- नयी दिल्ली। खेल मंत्रालय ने देश भर की तीन मौजूदा खेल सुविधाओं को खेल इंडिया स्पोर्ट्स सेंटर आफ एक्सीलेंस (केआईएससीई) के रूप में अपग्रेड किया है। लखनऊ के गुरू गोविंद सिंह खेल कॉलेज, दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम और चेन्नई के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम को संबंधित राज्य सरकारों के प्रस्ताव के बाद केआईएससीई के रूप में नामित किया गया है। अब 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल केआईएससीई की संख्या 27 हो गई है।केआईएससीई का लक्ष्य भारत को 2028 ओलंपिक तक शीर्ष 10 देशों में जगह दिलाना है और इसके लिए खिलाड़ियों को विश्व स्तर की विशेषज्ञ ट्रेनिंग मुहैया कराई जाती है। इन केंद्रों में हाई परफोर्मेंस मैनेजर भी होता है जो खेल विज्ञान और प्रदर्शन प्रबंधन की गुणवत्ता को सुनिश्चित करता है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय बिजली मंत्री आर के सिंह ने सोमवार को एक दिन पहले किये जाने वाले हरित बिजली कारोबार बाजार की शुरुआत की। इससे देश में बिजली कारोबार की स्थिति और मजबूत होगी। ‘ग्रीन डे अहेड मार्केट' (जीडीएएम) यानी एक दिन पहले किये जाने वाले हरित बिजली कारोबार बाजार से नवीकरणीय ऊर्जा के लिये बाजार को मजबूती मिलेगी। इससे प्रतिस्पर्धी कीमत के संकेत मिलेंगे। साथ ही बाजार प्रतिभागियों को पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और कुशल तरीके से हरित ऊर्जा में कारोबार का अवसर मिलेगा। सिंह ने कहा, ‘‘हम नवीकरणीय ऊर्जा के लिये नये द्वार खोल रहे हैं। आज पेश जीडीएएम समेत निरंतर सुधारों के इस दौर में रुचि रखने वाला कोई भी पक्ष नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ा ढांचा स्थापित कर सकता है और उसकी बिक्री कर सकता है।'' उन्होंने कहा कि मुफ्त अंतर-राज्यीय पारेषण प्रणाली (आईएसटीएस) के लाभ नवीकरणीय ऊर्जा के लिये उपलब्ध होंगे और बाजार से सीधे खरीद की सुविधा 15 दिन के भीतर उपलब्ध होगी। सिंह ने कहा, ‘‘सीधी खरीद व्यवस्था वह होगी, जिसकी परिकल्पना विद्युत अधिनियम में की गई है। बड़े उद्योग हरित ऊर्जा को अपना सकते हैं। हमारा प्रयास कारोबार को सुगम बनाना रहा है और जीडीएएम इसी दिशा में उठाया गया कदम है।'' मंत्री ने कहा, ‘‘हम आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करना चाहते हैं। सरकार प्रधानमंत्री की अगुवाई में हरित हाइड्रोजन मिशन पर काम कर रही है।'' इस मौके पर केंद्रीय बिजली सचिव आलोक कुमार ने कहा कि ऊर्जा बाजार के लिये अनूठा उत्पाद पेश किया गया है और यह खुशी का दिन है। दुनियाभर में ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव हो रहा है और भारत भी जीवाश्म ईंधन (कोयला, पेट्रोल आदि) से गैर-जीवाश्म ईंधन (हरित ऊर्जा) में ऊर्जा बदलाव को लेकर प्रतिबद्ध है। बिजली मंत्रालय के बयान के अनुसार विद्युत बाजार की स्थिति बदल रही है। खरीदार अब दीर्घकालीन अनुबंधों के बजाय अल्पकालीन अनुबंधों को अपनाना चाह रहे हैं। साथ ही वे बिजली बाजार की ओर रुख कर रहे हैं। इस प्रकार, नई पहल ऊर्जा बदलाव में मददगार होगी।
- नयी दिल्ली। दवा मूल्य नियामक राष्ट्रीय औषध मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने सोमवार को कहा कि उसने ग्लिमेपाइराइड टैबलेट, ग्लूकोज इंजेक्शन और इंटरमीडिएट एक्टिंग इंसुलिन सॉल्यूशन सहित 12 मधुमेह रोधी जेनेरिक दवाओं के लिए अधिकतम कीमतें तय कर दी हैं। दवा मूल्य नियामक ने ट्विटर पर लिखा, "हर भारतीय के लिए मधुमेह जैसी बीमारियों के खिलाफ चिकित्सा उपचार को संभव बनाने के लिए एनपीपीए ने 12 मधुमेह रोधक जेनेरिक दवाओं की अधिकतम कीमतें तय करके एक सफल कदम उठाया है।" इन दवाओं में एक मिलीग्राम की ग्लिमेपाइराइड टैबलेट शामिल है, जिसकी अधिकतम कीमत 3.6 रुपये प्रति टैबलेट है, जबकि दो मिलीग्राम की अधिकतम कीमत 5.72 रुपये प्रति टैबलेट तय कर दी गयी है। 25 प्रतिशत स्ट्रेंथ वाले एक मिलीलीटर ग्लूकोज इंजेक्शन की अधिकतम कीमत 17 पैसे निर्धारित की गयी है, जबकि 40आईयू/मिलीलीटर के स्ट्रेंथ वाले एक मिलीलीटर इंसुलिन (घुलनशील) इंजेक्शन की कीमत 15.09 रुपये है।
- भदोही (उप्र)। भदोही में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) की सरकारी गाड़ी का प्रयोग कर चालक और उसके साथी द्वारा कथित तौर पर लूट किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस मामले में चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ के बाद लूटी गई छह मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल बरामद किया गया है। भदोही के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रविंद्र वर्मा ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि आरोपियों डीपीआरओ के वाहन चालक धीरज दुबे और उसके साथी कार्तिक दुबे को पुलिस ने संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला सामने आया। उन्होंने बताया कि औराई थाना के उपरौठ स्थित एक सरकारी शराब की दुकान पर डीपीआरओ की गाड़ी को देखकर संदेह के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों वाहन चालक धीरज दुबे और कार्तिक दुबे को हिरासत में ले लिया। दोनों पर पहले से लूट के कई मामले दर्ज हैं। एएसपी ने बताया आरोपियों के पास से बिलकुल असली जैसी दिखने वाली एक नकली पिस्टल और लूट की छह बाइक और आठ मोबाइल बरामद हुई हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे किसी को भी पिस्टल दिखा कर उसकी बाइक और मोबाइल लूट लेते थे। बाद में आरोपी धीरज परिवहन विभाग से फ़र्ज़ी कागज़ बनवाकर लूटे वाहनों को बेच देता था। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सोमवार को कहा कि आयकर विभाग ने नासिक के एक भूमि काराबोरी के यहां 21 अक्टूबर को की गई छापेमारी के बाद 23.45 करोड़ रुपये की बिना हिसाब की नकदी जब्त की है और 100 करोड़ रुपये की काली कमाई का पता लगाया है। सीबीडीटी ने एक बयान में कहा, ‘‘जिन मुख्य व्यक्तियों ने अपनी बिना हिसाब की आय का भूमि के बड़े हिस्से की खरीद में निवेश किया था, उनके यहां भी तलाशी ली गई।'' इसने कहा, ‘‘इनमें से अधिकतर आरोपी महाराष्ट्र के पिंपलगांव बसवंत क्षेत्र में प्याज और अन्य नकदी फसलों के थोक व्यापार में शामिल हैं।'' इसने दावा किया कि संपत्तियों में निवेश के लिए इन व्यापारियों द्वारा किए गए बड़े नकद लेन-देन के रिकॉर्ड सहित विभिन्न सबूत मिले हैं। बयान में कहा गया कि तलाशी के दौरान मिले कई बैंक लॉकरों को बंद कर दिया गया। सीबीडीटी ने कहा, तलाशी अभियान में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की बिना हिसाब की आय का पता चला है।''
- भिंड (मप्र)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में उमरी थाना क्षेत्र में एक बैलगाड़ी के हाई वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आने से बैलगाड़ी पर सवार एक परिवार के तीन लोगों की तथा दोनों बैलों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। चंबल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक सचिन अतुलकर ने सोमवार को बताया कि घटना रविवार रात को करीब आठ बजे उमरी थाना क्षेत्र के अमर सिंह का पुरा गांव में नहर के पास हुई। दो खंभों के बीच 11 हजार किलोवॉट का बिजली का तार टूट कर लटका हुआ था और बैलगाड़ी पर सवार लोग अंधेरे के कारण इसे देख नहीं सके। बैलगाड़ी के बिजली के तार के संपर्क में आने से एक दंपती और उनकी 12 वर्षीय बेटी की करंट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इनके अलावा बैलगाड़ी के दो बैलों की भी करंट लगने से मौत हो गई जबकि बैलगाड़ी में सवार दो अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान श्याम सिंह (40), चिरैया (38) और उनकी बेटी अंकिता (12) के तौर पर हुई है। संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना ने कहा कि प्रत्येक मृतक के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को 10-10 हजार रुपए की वित्तीय सहायता तत्काल प्रदान की गई है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में तेज गति से जा रही एक कार और टेंपो की टक्कर में टेंपो चालक की मौत हो गयी जबकि एक बच्चे समेत तीन अन्य लोग घायल हो गये । पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृत टेंपो चालक की पहचान राधे श्याम के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि राधे को सिर में गंभीर चोट लगी और उसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात की है । पुलिस ने बताया कि आरोपी कार चालक की पहचान आदित्य खुराना (25) के रूप में की गयी है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के दौरान वह नशे में था।
- देहरादून। उत्तराखंड में गढ़वाल के हिमालयी क्षेत्र में स्थित चार धाम के नाम से प्रसिद्ध बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के पुराने पारंपरिक मार्गों को खोजने के लिए सोमवार को यहां से 25 सदस्यीय विशेषज्ञों का एक दल रवाना हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से दल को रवाना करते हुए ट्रेकर्स को शुभकामनाएं दीं और इसे गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा, ‘‘यह गर्व का क्षण है कि हमारे पास उत्तराखंड की पुरानी पगडंडियों का पता लगाने के लिए एक युवा बल है। यह पहल हमारी सदियों पुरानी विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी।'' धामी ने कहा कि अभियान से न केवल राज्य में साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि यह पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने, होमस्टे, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा। उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) ने 'ट्रैक द हिमालय' संगठन के साथ मिलकर यह अभियान शुरू किया है जिसके तहत विशेषज्ञों का 25 सदस्यीय दल चारधाम मार्ग पर पुराने मार्गों को खोजने के लिए 1,200 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगा। अपने 50 दिनों के अभियान के दौरान दल पुराने चार धाम मार्गों के अलावा शीतकालीन चार धाम मार्गों का भी पता लगाएगा।
- मुंबई । अभिनेता रजित कपूर ने मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तार आर्यन खान के मामले को तूल दिए जाने को ‘‘दुर्भाग्यपूण'' करार देते हुए कहा कि यह एक बार फिर साबित करता है कि फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को ‘‘ कठोर जांच'' का सामना करना पड़ता है। गौरतलब है कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने तीन अक्टूबर को मुंबई के तट के पास, गोवा जा रहे एक क्रूज पोत पर छापेमारी के बाद शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान (23) और कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने क्रूज से मादक पदार्थ जब्त करने का दावा किया है। फिल्म ‘द मेकिंग ऑफ़ द महात्मा' और टीवी सीरिज ‘ब्योमकेश बक्शी' में नजर आ चुके रजित कपूर ने कहा कि खान के परिवार को जिस ‘मीडिया ट्रायल' का सामना करना पड़ रहा है वह ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूण'' है। रजित कपूर ने ‘ कहा, ‘‘ फिल्म उद्योग से जुड़े लोग चूंकि चर्चा में रहते हैं, इसलिए उन्हें कठोर जांच का सामना करना पड़ता है। यह अनुचित है। यह युवा शाहरुख खान का बेटा है। आपको क्या लगता है कि अगर वह शाहरुख का बेटा नहीं होता, तो उसे इन सब से गुजरना पड़ता ? क्या मीडिया इसका तमाशा बनाता ? तब तो इसके बारे में कोई चर्चा भी ना होती।'' सिनेमा और रंगमंच के जाने माने अभिनेता ने कहा कि आर्यन से उन्हें सहानुभूति है, जो उन्हें लगता है, भावनाओं के कई दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ जी बिल्कुल, अभिभावक के तौर पर, मैं काफी परेशान होता। लेकिन उस युवा लड़के के बारे में सोचिए। वह क्या झेल रहा है, वह क्या सोच रहा होगा, ‘मेरे पिता शाहरुख खान है और वह कुछ नहीं कर सकते।' इसका मतलब है कि आज शाहरुख खान का बेटा होना ही उनके खिलाफ चला गया है।'' आर्यन ने, महानगर स्थित विशेष अदालत द्वारा पिछले सप्ताह जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उच्च न्यायालय का रुख किया था। उच्च न्यायालय याचिका पर 26 अक्टूबर को सुनवाई करेगा। विशेष अदालत ने आर्यन खान को जमानत देने से बुधवार को इनकार कर दिया था और कहा था कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि वह मादक पदार्थ संबंधी गतिविधियों में नियमित तौर पर शामिल थे। अदालत ने कहा था कि व्हाट्सऐप चैट से भी प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि वह मादक पदार्थ तस्करों के सम्पर्क में थे।
- नोएडा। जनपद गौतम बुद्ध नगर में विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई जिनमें आगरा से लौट रहे दो पर्यटक शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना ईकोटेक-प्रथम क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खड़े एक कैंटर वाहन से आगरा से ताज महल देखकर लौट रहे पर्यटकों की कार टकरा गई। इस घटना में मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले साहिल मंडल तथा स्वप्न भट्टाचार्य की मौत हो गई। जबकि नाइजीरिया के रहने वाले तीन पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में प्राची भाटी (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए प्राची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना बीटा-2 क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रिंकू नामक इस युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- नई दिल्ली । युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत अब तक देशभर से 75 लाख किलोग्राम कचरा उठाया गया है। एक माह का यह कार्यक्रम एक अक्तूबर को शुरू किया गया था। नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा चलाए गए इस कार्यक्रम का नेतृत्व युवाओं ने किया। इसके अंतर्गत देश के सात सौ 44 जिलों के छह लाख गांवों में कचरा मुक्त अभियान चलाया गया। श्री ठाकुर ने बताया कि 75 लाख किलोग्राम कचरा उठाने का लक्ष्य समयसीमा से पहले ही पूरा कर लिया गया। नेहरू युवा केन्द्र संगठन ने अब स्वच्छ भारत, सुरक्षित भारत अभियान के तहत देशभर से एक करोड़ किलोग्राम कचरा हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
-
नयी दिल्ली। स्पाइसजेट 31 अक्टूबर से देश भर में 28 नई घरेलू उड़ानें शुरू करेगी। विमानन कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा कि वह अपने नए शीतकालीन कार्यक्रम के तहत राजस्थान के पर्यटन स्थलों - जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर और उदयपुर को प्रमुख महानगरों और शहरों से जोड़ने वाली कई नई सीधी उड़ानें शुरू करेगी। स्पाइसजेट बागडोगरा को अहमदाबाद, कोलकाता को श्रीनगर से जोड़ेगी और बेंगलुरु-पुणे सेक्टर में दो नई उड़ानें शुरू करेगी।
- नयी दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 14 हजार 306 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 41 लाख 89 हजार 774 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1 लाख 67 हजार 695 हो गई है।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 443 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4 लाख 54 हजार 712 हो गई। केरल ने संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करने के बाद मृतक संख्या में 363 का इजाफा किया है, जिनमें से पिछले 24 घंटे में संक्रमण से राज्य में 71 लोगों की मौत हुई।देश में लगातार 31 दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामले 30 हजार से कम हैं और 120 दिन से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,67,695 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.49 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 4,899 की कमी दर्ज की गई।आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.18 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। वहीं, दैनिक संक्रमण दर 1.43 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 1.24 प्रतिशत है। अभी तक कुल 3,35,67,367 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 102.27 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

.jpg)


.jpg)

.jpg)

.jpg)









.jpg)





.jpg)
.jpg)

.jpg)