- Home
- देश
-
बीकानेर/जयपुर। राजस्थान में पुलिस ने पटवारी परीक्षा में नकल प्रकरण में शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें जयपुर से एक व बीकानेर से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा भरतपुर में परीक्षा में नकल करते हुए 10 अन्य को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में बीकानेर से आरोपी उम्मेदराम को नकल सामग्री खरीदने के मामले में गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह अपने किसी रिश्तेदार के लिए नकल सामग्री लेने की कोशिश में था। हालांकि, पुलिस ने जिस पर संदेह में छापा मारा था, वह उसके हाथ नहीं आया। वहीं, पुलिस ने चौधरी कॉलोनी से आरोपी राजाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। पुलिस को इसके पास से पांच मोबाइल, नकल कराने के उपकरण व अन्य सामग्री बरामद हुई है। पुलिस विश्नोई से पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने बताया कि पटवारी परीक्षा में नकल के बारे में जानकारी मिलते ही दो पुलिस थानों की टीम ने कार्रवाई की। कुल मिलाकर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस बीच, जयपुर में विनोद कुमार मीणा को डमी (असली परीक्षार्थी के स्थान पर) परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा देते व ब्लूटूथ डिवाइस का उपयोग करते हुए गिरफ्तार किया गया। आदर्श नगर पुलिस थाने के थानाधिकारी विष्णु खत्री ने बताया कि आरोपी को किसी और की जगह परीक्षा देने व ब्लूटूथ का इस्तेमाल करने के आरोप में पकड़ा गया है। भरतपुर में 10 लोगों को प्रश्न पत्र की प्रति के साथ गिरफ्तार किया गया। -
बनिहाल/जम्मू। जम्मू के कई हिस्सों में भारी बारिश होने और ऊंचाई वाले इलाकों में पहली बार मध्यम हिमपात होने से 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और मुगल रोड तथा किश्तवाड़-सिमथन रोड पर यातायात शनिवार को रोक दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रियासी जिले में माता वैष्णो देवी तीर्थ का दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों के आधार शिविर कटरा में सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे के बीच सबसे अधिक 90.7 मिमी बारिश हुई, लेकिन तीर्थयात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (राष्ट्रीय राजमार्ग) शबीर मलिक ने बताया कि जम्मू- श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है। भारी बारिश के कारण रामबन शहर के पास कैफेटेरिया मोड़ पर भीषण भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे यातायात को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि केला मोड़ और मौमपासी सहित रामबन-बनिहाल सेक्टर के बीच राजमार्ग पर स्थित कई स्थानों पर पहाड़ों से पत्थर गिरने की भी सूचना है। मलिक ने बताया, ‘‘लगातार बारिश से राजमार्ग पर मरम्मत का काम बाधित हो रहा है। बारिश बंद होने के बाद कैफेटेरिया मोड़ इलाके में भूस्खलन के मलबे को साफ करने में कम से कम पांच घंटे लगेंगे।'' उन्होंने बताया कि सबंधित एजेंसियों ने सड़क की सफाई के लिए मशीनों और कर्मियों को तैयार रखा है। चूंकि बारिश में कोई कमी नहीं आई है और मौसम विभाग ने रविवार को भी इसके जारी रहने का पूर्वानुमान जताया था, इसलिए यातायात विभाग ने रविवार को भी राजमार्ग को बंद करने का आदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू और दक्षिण कश्मीर के बीच एक वैकल्पिक लिंक किश्तवाड़-सिमथन मार्ग के एक हिस्से को मध्यम हिमपात के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू क्षेत्र के पुंछ और राजौरी जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड स्थित पीर की गली और आसपास के इलाकों में भी रात भर मध्यम हिमपात होने के कारण यातायात बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मुगल रोड पर पीर की गली के अलावा रामबन, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी और रियासी जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों से भी पहले मध्यम हिमपात की सूचना है। मौसम कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 12 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अधिकारी ने केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में अगले 24 घंटों तक मौसम नम रहने का अनुमान जताया है और कहा है कि 24 अक्टूबर की दोपहर से मौसम में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने बताया कि जम्मू में इस मौसम के दौरान 12.8 मिमी बारिश और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
-
मेदिनीनगर। झारखंड में मेदिनीनगर से लगभग 32 किलोमीटर दूर मेदिनीनगर-रांची मार्ग पर सतबरवा थानान्तर्गत मरघटिया के पास मजदूरों से भरा ट्रक असंतुलित होकर शनिवार दोपहर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि पांच महिलाओं समेत 30 अन्य मजदूर घायल हो गए, जिसमें 10 लोगों की स्थिति गंभीर बतायी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 10 मजदूरों को निकटवर्ती तुम्बागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रांची) के लिए स्थानांतरित कर दिया गया है। शेष अन्य मजदूरों का इलाज नवजीवन अस्पताल में किया जा रहा है। सतबरवा थाना प्रभारी कर्मपाल कुमार नाग के अनुसार, मृतक मजदूर की पहचान बीरेन्द्र उरांव के रूप में की गई है। उरांव की मौत रांची स्थित रिम्स अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब कमारु गांव से मजदूरों का जत्था मिनी ट्रक से डालटनगंज रेलवे स्टेशन आ रहा था जहां से ट्रेन पकड़कर उन्हें उत्तर प्रदेश के एक ईंट भट्टे में काम करने के लिए पहुंचना था। -
नोएडा (उप्र) ।जनपद गौतमबुद्ध नगर के थाना कासना क्षेत्र के सिरसा मोड़ से मोबाइल के पार्ट्स से भरे कैंटर को रोककर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कासना के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तीन दिन पूर्व सिरसा मोड़ के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक कैंटर चालक को रोककर उसके साथ मारपीट करके मोबाइल फोन के पार्ट्स लूट लिये थे। कैंटर चालक ओप्पो कंपनी के गोदाम में मोबाइल पार्ट्स उतारने जा रहा था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही थाना पुलिस ने शनिवार को इस मामले में इरशाद, मोहित तथा विशाल नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त टेंपो, लूटे गए मोबाइल पार्ट्स, अवैध हथियार आदि बरामद किया है। -
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में 10 नवंबर से शुरू होने वाले वृंदावन कुंभ के दौरान बृज राज उत्सव के हिस्से के तौर पर आयोजित होने वाले हुनर हाट के दौरान देश के 100 मशहूर दस्तकार भाग लेंगे। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित ब्रज राज उत्सव, राज्य सरकार तथा केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और कपड़ा मंत्रालय का एक संयुक्त उपक्रम है। यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने कहा कि 10 नवंबर से शुरू होने वाले ब्रज राज उत्सव के दौरान प्रसिद्ध दस्तकार वृंदावन के कुंभ क्षेत्र में अपने स्टॉल लगाएंगे। ब्रज राज उत्सव के तहत कुंभ मेला क्षेत्र में हुनर हाट के अलावा विभिन्न राज्यों के विभिन्न प्रकार के शाकाहारी भोजन के 15 खाद्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
-
हैदराबाद। अमेरिका का अंतरराष्ट्रीय विकास वित्त निगम (डीएफसी) बायोलॉजिकल ई लिमिटेड को अपनी कोविड-19 टीके की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए पांच करोड़ डॉलर का वित्तपोषण उपलब्ध कराएगा। यहां अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से जारी बयान में कहा गया है कि डीएफसी के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) डेविड मार्चिक और बायोलॉजिकल ई लिमिटेड की प्रबंध निदेशक महिमा दतला 25 अक्टूबर को वित्तपोषण समझौते पर औपचारिक रूप देंगे। बयान में कहा गया, “25 अक्टूबर को डीएफसी के मुख्य परिचालन अधिकारी डेविड मार्चिक और बायोलॉजिकल ई लिमिटेड की प्रबंध निदेशक महिमा दतला कोविड-19 टीकों के उत्पादन के लिए कंपनी की क्षमता का विस्तार करने के लिए पांच करोड़ डॉलर के वित्तपोषण समझौते को औपचारिक रूप देंगे।” अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बयान में कहा गया है कि यह समझौता कोविड-19 से निपटने के प्रयासों को बढ़ावा देने में मदद करेगा और भारत तथा पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दीर्घकालिक वैश्विक स्वास्थ्य को भी लाभान्वित करेगा। डीएफसी अमेरिका का विकास बैंक है और वर्तमान में विकासशील दुनिया के सामने आने वाली सबसे महत्वपूर्ण चुनौतियों के समाधान के लिए इसने निजी क्षेत्र के साथ भागीदारी की है। -
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार को थाना मलपुरा के अंतर्गत रोहता रोड पर एक युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान वीरेंद्र कुशवाह (21) निवासी ककुआ के रूप में हुई। वह एक निजी होटल में काम करता था। मृतक के भाई ने बताया कि शनिवार सुबह वीरेंद्र होटल के काम से घर से निकला था और रोहता रोड पर टैंपो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। थाना मलपुरा के पुलिस निरीक्षक अवनीश कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि चालक फरार है जबकि ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
- नयी दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत फिल्म निर्माण की विभिन्न विधाओं के तहत 75 युवा प्रतिभाओं के चयन के लिये आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन चयनित युवाओं को नवंबर में गोवा में आयोजित होने वाले भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई) की प्रमुख गतिविधियों में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा । यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने देश के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं कालेजों के प्राचार्यो को पत्र लिखकर उनसे उभरती प्रतिभाओं को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिये प्रोत्साहित करने को कहा है। जैन ने अपने पत्र में कहा है कि शिक्षा मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से आयोग को पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें आजादी के अमृत महोत्सव के तहत फिल्म निर्माण की विभिन्न विधाओं के तहत 75 युवा प्रतिभाओं के चयन के लिये कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई है। फिल्म निर्माण से संबंधित इन विधाओं में निर्देशन, संपादन, सिनेमेटोग्राफी, साउंड रिकार्डिंग, अभिनय, पार्श्व गायन, निर्माण, डिजाइन, पठकथा लेखन आदि शामिल है। इसमें कहा गया है कि चयनित आवेदकों को 20 से 28 नवंबर के दौरान गोवा में 52वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में प्रमुख गतिविधियों में हिस्सा लेने एवं संवाद सत्र में शामिल होने का मौका मिलेगा । जैन ने पत्र में विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं कालेजों के प्राचार्यो से युवाओं एवं उभरती प्रतिभाओं को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने को प्रोत्साहित करने को कहा है। इस कार्यक्रम में प्रतिभागी 5 मिनट का वीडियो, आडियो सहित अपने कार्यो की प्रस्तुति पेश कर सकते हैं । यह एक अक्टूबर 2021 तक तीन वर्ष से अधिक पुराना नहीं होना चाहिए । इस कार्यक्रम में 75 युवा प्रतिभाओं के चयन के लिये प्रमुख फिल्मी हस्तियों का निर्णायक मंडल होगा जो पहले आवेदकों में से 150 प्रतियोगियों का चुनेगा और फिर इनमें से 75 प्रतिभाओं का चयन करेगा ।-
- नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी प्रमुख एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश के अयोध्या जायेंगे जहां वह भगवान राम के जन्मस्थल पर जा कर पूजा अर्चना करेंगे । प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं । अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी । अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य एवं विशाल मंदिर का निर्माण हो रहा है । फिलहाल, एक अस्थायी मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा रखी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल 26 अक्टूबर को भगवान राम की पूजा अर्चना करेंगे । आम आदमी पार्टी अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है।
- बेंगलुरु। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने अलग-अलग घटनाओं में दो बड़े मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किया और इस संबंध में छह लोगों को गिरफ्तार कर तीन किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली सिंथेटिक ड्रग्स तथा चरस बरामद की। पहली घटना में एनसीबी के हैदराबाद सब जोन के अधिकारियों ने एक पार्सल पकड़ा और उसमें से तीन किलोग्राम मादक पदार्थ (स्यूडोएफ्रेडिन) बरामद किया जो स्कर्ट की किनारी में छिपाकर रखी गई थी। एनसीबी बेंगलुरु की जोनल इकाई के निदेशक अमित घावटे ने एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, “प्रतिबंधित सामग्री को अच्छी तरह से सील कर छिपाया गया था ताकि पकड़ में न आ सके। पार्सल को ऑस्ट्रेलिया ले जाया जाना था।” एजेंसी ने पदार्थ भेजने वाले को चेन्नई से गिरफ्तार किया। दूसरी घटना में बेंगलुरु के देवनहल्ली से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया जब वे मादक पदार्थों को लेकर हैदराबाद जा रहे थे। एनसीबी के अधिकारी ने कहा कि आरोपी विशाखापत्तनम, बिहार और हैदराबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पांचवां आरोपी उच्च गुणवत्ता वाली चरस की आपूर्ति करता है और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
- नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण ने नोएडा हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए 14 किलोमीटर लंबे पॉड टैक्सी रूट की योजना तैयार की है। पॉड टैक्सी हवाई अड्डे से फिल्म सिटी के बीच चलेगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण वीर सिंह ने बताया कि पॉड टैक्सी चलाने के लिए इंडियन पोर्ट रेल व रोपवे कॉरपोरेशन (आईपीआरसीएल) ने विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली है। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे से फिल्म सिटी की दूरी यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर करीब साढे़ पांच किमी है। प्राधिकरण के सेक्टरों को जोड़ने के लिए पॉड टैक्सी का रूट करीब 14 किलोमीटर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस रूट पर सेक्टर 28, सेक्टर 29, सेक्टर 32 तथा सेक्टर 33 टैक्सी से जुड़ेंगे। सिंह ने बताया कि इसका सबसे ज्यादा फायदा इन सेक्टरों के उद्योगों में काम करने वाले लोगों को होगा। उन्होंने बताया कि पॉड टैक्सी परियोजना सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के आधार पर तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के बाद निविदा प्रपत्र भी तैयार हो चुका है। निविदा जारी करने से पहले परियोजना रिपोर्ट अनुमति के लिए सरकार के पास भेजी जाएगी। जिन सेक्टरों से होकर पॉड टैक्सी गुजरेगी उनमें खिलौना क्लस्टर, अपैरल क्लस्टर, एमएसएमई समेत अन्य औद्योगिक इकाइयां प्रस्तावित है। प्रत्येक सेक्टर में पॉड टैक्सी का स्टेशन प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने बताया कि पॉड टैक्सी की अधिकतम रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे होगी। यह पूरी तरह से एलिवेटेड ट्रैक पर चलेगी। एक टैक्सी में चार से छह यात्री बैठ सकेंगे।
- नयी दिल्ली। विदेश सचिव हर्षवर्द्धन श्रृंगला ने शनिवार को कहा कि भारत- बांग्लादेश संबंध किसी अन्य सामरिक गठबंधन से अधिक मजबूत हैं तथा दोनों पड़ोसी देशों के रिश्ते ‘आदर्श' हैं । ‘1971 के युद्ध के मानवीय, राजनीतिक और राजनयिक आयामों पर स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह 2021' को संबोधित करते हुए श्रृंगला ने युद्ध में भारतीय वायुसेना की भूमिका की प्रशंसा की और कहा कि उसने मुक्ति वाहिनी के वीरतापूर्ण संघर्ष को समर्थन देने में महत्वपूर्ण भमिका निभायी । श्रृंगला ने कहा कि ढाका के ऊपर भारतीय वायुसेना के पयलटों की बहादुरी के कार्यो के बारे में अनेक कहानियां सुनी हैं और इसने अपनी छत से इन घटनाओं को देख रहे बांग्लादेश के लोगों को काफी प्रेरित किया । उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 1971 का युद्ध भारत के लिये जितनी बड़ी नैतिक एवं राजनीतिक विजयी थी, उतनी बड़ी निर्णायक सैन्य जीत थी । विदेश सचिव ने कहा, ‘‘ हम उच्च नैतिक मानदंडों पर खरा उतरे और इतिहास ने हमें सही साबित किया क्योंकि बांग्लादेश के लोगों ने अपने आत्म सम्मान और सम्मान की रक्षा की तथा अपनी स्वतंत्रता एवं मानवाधिकारों की लड़ाई जीती । '' उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हाल के इतिहास में पहले कभी भी मानवता ने इस तरह ‘सोचा समझा नरसंहार ' नहीं देखा था। उनका इशारा तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के लोगों पर पाकिस्तान द्वारा किये गए अत्याचार से था । उन्होंने कहा, ‘‘ आपरेशन सर्चलाइट पर मैं समझता हूं कि इस पर समसामयिक शोध और ध्यान देने की जरूरत है । '' उन्होंने कहा कि उस समय शरणार्थियों को लेकर भारत की मानवीय प्रतिक्रिया समसामयिक इतिहास में काफी सुनियोजित एवं सहानुभूतिपूर्ण थी । उन्होंने कहा कि अगर आज के मानवाधिकारों एवं अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों के संदर्भ में इसे देखें तो इसके अपराधियों का अलग ही अंजाम होता । विदेश सचिव ने कहा कि विस्थापित लोगों को समर्थन देने का पूरा भार भारत के लोगों और सरकार पर आ गया । आतंरिक रूप से हम इस मुद्दे से अच्छे तरीके से निपटे तो दूसरी ओर भारतीय राजनयिक विभिन्न देशों की राजधानियों में पूर्वी बंगाल के लोगों की स्थिति को रेखांकित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप कई देश बांग्लादेश के लोगों के लिये आगे आए और इसके बाद 3 दिसंबर 1971 के युद्ध की स्थिति भी सामने आई । उन्होंने कहा कि आज के समय में भारत बांग्लादेश के संबंध व्यापक ऊंचाइयों को छू रहे हैं और खास तौर पर हाल के वर्षो में । इस संदर्भ में भारतीय कूटनीति की पड़ोस प्रथम और एक्ट ईस्ट नीति महत्वपूर्ण रही । श्रृंगला ने कहा कि भारत, बांग्लादेश की सामाजिक, आर्थिक वृद्धि एवं विकास में सहयोगी बनने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत- बांग्लादेश संबंध किसी अन्य सामरिक गठबंधन से अधिक मजबूत हैं तथा दोनों पड़ोसी देशों के रिश्ते ‘आदर्श' हैं । ''
- जम्मू,। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई तथा चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर से आरनस जा रहे एक निजी मालवाहक वाहन के चालक ने सुबह करीब साढ़े सात बजे चकलस के नजदीक वाहन से नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन पलट गया। इसमें सात लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि इस हादसे में बन्नो बीबी (42), उनके पांच वर्षीय बेटे मुर्शीद अली और एक रिश्तेदार मोहम्मद इमरान (11) की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि हादसे में 50 वर्षीय महिला और आठ वर्षीय बालक समेत चार लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
- नोएडा। नोएडा में दनकौर थाना क्षेत्र के चागोली गांव के पास एक छात्रा के साथ मारपीट और छेड़छाड़ करने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। दनकौर थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद पाठक ने बताया कि ककोड़ क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा साइकिल पर सवार होकर शुक्रवार को स्कूल जा रही थी। चागोली गांव के पास कपिल भाटी नामक युवक ने उसे साइकिल से गिरा दिया तथा उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। वहां से गुजर रहे लोगों ने छात्रा को उसके चंगुल से छुड़ाया। उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों की शिकायत पर दनकौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी कपिल भाटी को गिरफ्तार कर लिया।
- श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी खिसकने से दो महिलाओं समेत तीन बंजारों की मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि बारिश की वजह से त्राल के नूरपोरा इलाके में मिट्टी खिसक गई जिससे जम्मू डिवीजन के रियासी जिले के निवासी बंजारों का एक तंबू मलबे में दब गया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति को बचा लिया गया है जिसकी हालत नाजुक है। उन्होंने कहा कि घटना में अन्य तीन लोगों की मौत हो गई।
- वाराणसी। दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद घोषी से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद अतुल राय पर शनिवार को लंका थाने में गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही एक अन्य आरोपी सुजीत बेलवा पर भी इस अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अनुसार, सांसद अतुल राय और सुजीत बेलवा पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों पर लगीं गंभीर धाराओं और जनहित को देखते हुए लंका थाने में गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि राय ओर बेलवा दोनों पर गैंगस्टर अधिनियम के तहत लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों की आपराधिक गतिविधियों से अर्जित संपत्तियां जब्त की जाएंगी।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोविड-19 रोधी टीके बनाने वाली सात भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान इन प्रतिनिधियों ने कहा कि महज नौ महीनों में नागरिकों को टीकों की 100 करोड़ खुराक देने के पीछे प्रधानमंत्री का नेतृत्व एक प्रमुख कारक रहा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने इस दौरान टीकों को लेकर शोध सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री से इस मुलाकात में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, भारत बायोटेक, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, जाइडस कैडिला, बॉयोलॉजिकल ई, जेन्नोवा बायोफार्मा और पैनेसिया बायोटेक के प्रतिनिधि मौजूद थे। इनके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती पवार ने भी बैठक में शिरकत की। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अब तक टीकों की 101.30 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। बैठक के बाद सीरम इंस्टीट्यूट के अदार पूनावाला ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री की दृष्टि को श्रेय दिया और कहा कि टीका उद्योग को आगे ले जाने, क्षमता लगातार बढ़ाने और भविष्य की महामारियों की तैयारी को लेकर प्रधानमंत्री के साथ बैठक में चर्चा हुई। उन्होंने कहा, ‘‘अब पूरे विश्व में, देश टीकों के उत्पादन में निवेश करने वाले हैं और भारत को इसमें आगे रहने की जरूरत है। इसे सरकार और उद्योग जगत के साथ मिलकर कैसे आगे बढ़ाना है, इस बारे में हमने चर्चा की।'' अदार पूनावाला के पिता साइरस पूनावाला ने कहा कि उनके मन में इस बात को लेकर कोई संदेह नहीं है कि प्रधानमंत्री ने अगर स्वास्थ्य मंत्रालय का नेतृत्व ना किया होता तो आज भारत टीकों की एक सौ करोड़ खुराक नहीं उपलब्ध करा पाता। उन्होंने कहा, ‘‘जब वह पिछले साल नवंबर में पुणे आए थे तो मैंने उन्हें आश्वस्त किया था कि टीकों के मामले में हम भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे और दुनिया का सबसे सस्ता टीका विकसित करेंगे। आज वह बहुत खुश थे कि उस आश्वासन को हमने पूरा किया है।'' एक वीडियो संदेश में जाइडस कैडिला के पंकज पटेल ने कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने टीके विकसित किए, उसके लिए सबसे बड़े कारक प्रधानमंत्री थे। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने शुरू से हमें प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहा कि आप करो, सरकार आपके साथ है। आपको जहां भी असुविधा होगी, सरकार आपको सहयोग करेगी। इसी वजह से हम टीके विकसित कर पाए।'' उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत में नवोन्मेष का जो नया अध्याय आरंभ हुआ है, वह बहुत तेजी से बढ़ेगा और भारत एक नवोन्मेषी राष्ट्र के रूप में उभरेगा। भारत बायोटेक के कृष्णा इल्ला ने कहा कि 100 करोड़ टीकों की खुराक देने की उपलब्धि आसान नहीं थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इसे करने को लेकर प्रतिबद्ध थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी नकारात्मक्ताओं को अवसर में परिवर्तित किया।उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने इसे संभव कर दिखाया। मैं समझता हूं कि कोई नेता अपने देश के लिए क्या कर सकता है, यह उसका उदाहरण है।'' भारत बायोटेक की संयुक्त प्रबंध निदेशक सुचित्रा इल्ला ने इस मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया और एक ट्वीट में कहा कि यह संवाद विचारोत्तेजक और वैश्विक नवोन्मेष और निर्माण में नेतृत्व देने के लिए भारतीय बायोफार्मा कंपनियों को तैयार करने की अंतरदृष्टि वाला रहा। भारत ने 21 अक्टूबर को महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान के तहत एक अरब खुराक का आंकड़ा पार कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी, जिसके लिए दुनियाभर से देश को बधाई मिलने का सिलसिला जारी है। देश में टीकाकरण के पात्र वयस्कों में से 75 प्रतिशत से अधिक लोगों को कम से कम एक खुराक लग चुकी है, जबकि करीब 31 प्रतिशत लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी हैं। नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सभी पात्र लोगों को टीकों की पहली खुराक दी जा चुकी है।
- केंद्रपाड़ा (ओडिशा)।ओडिशा के कटक जिले में मछली पकड़ने के जाल में फंस गए घडियाल के बच्चे को बचाया गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक मछुआरे ने शुक्रवार को छोटी गांव के पास बिरुपा नाले में ताजे पानी में पायी जाने वाली मगरमच्छ की प्रजाति के घड़ियाल को अपने जाल में फंसा पाया। घडियाल को लुप्तप्राय जीवों की श्रेणी में रखा गया है। स्थानीय मछुआरे जाल में इस अप्रत्याशित जीव को फंसा पाकर घबरा गए, लेकिन उन्होंने घड़ियाल को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। उन्होंने इस बारे में वन विभाग को सूचना दी जिन्होंने जाल में फंसे घडियाल को निकाला। अधिकारी ने कहा कि विभाग ने घड़ियाल को अपने कब्जे में ले लिया है जिसे बाद में अंगुल जिले के टिकरपाड़ा वन्यजीव अभयारण्य में छोड़ दिया जाएगा। वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर के अनुसार, घड़ियाल अपने लंबे थूथन के कारण मछली पकड़ने के जाल में फंस जाते हैं। यह दावा किया जाता है कि केंद्रपाड़ा भारत का एकमात्र ऐसा जिला है जहां मगरमच्छ की तीनों प्रजातियां - खारे पानी का मगरमच्छ, घड़ियाल और मगर पाई जाती हैं।
- मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के शामली जिले के धनेना गांव में दो लड़के नहर में डूब गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उप निरीक्षक कमल किशोर ने बताया, प्रतीत होता है कि लड़के घरीपुक्था थाना क्षेत्र में स्थित नहर में फिसल गए और डूब गए। उन्होंने बताया कि हिमांशु (सात) और राम भरोसे (आठ) दोनों बृहस्पतिवार शाम को अन्य बच्चों के साथ बाहर खेलने गए थे। पीड़ित परिवारों ने बताया कि बच्चे अन्य दोस्तों के साथ नहर के पास गए थे लेकिन दोनों बृहस्पतिवार शाम से घर नहीं लौटे थे। शुक्रवार को तलाश अभियान के दौरान उनके शव नहर में मिले।-file photo
- शाहजहांपुर (उप्र)। गंगा नदी और रामगंगा के तट पर बसे गांवों की करीब 80 महिलाओं का समूह बल्ब और रोशनी वाली लाइटें बनाने का काम सीख रहा है। कभी उत्तर प्रदेश के इस इलाके में डकैतों का आतंक हुआ करता था। आज शाहजहांपुर के भारतीय उद्योग संघ की पहल पर यहां की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।जिला मजिस्ट्रेट विक्रम सिंह ने कहा कि इस पहल का मकसद ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त करना है। इससे यहां कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा।सिंह ने इस पहल को असाधारण बताते हुए कहा कि इसके जरिये हमारी चीन पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। ‘‘इससे बेरोजगार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।’’भारतीय उद्योग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि इस पहल की शुरुआत शाहजहांपुर से हुई है और अभी 80 महिलाएं इसका हिस्सा हैं। ये महिलाएं गंगा नदी और रामगंगा क्षेत्रों के गांवों से आती हैं, जहां कभी डकैतों का आतंक होता था। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं को लखनऊ के प्रशिक्षक विवेक सिंह प्रशिक्षण दे रहे हैं। अग्रवाल ने कहा, ‘‘इन महिलाओं को बल्ब, दिवाली पर रोशनी वाली लाइटें बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा कि इन महिलाओं द्वारा उत्पादित उत्पाद बड़ी कंपनियां सीधे खरीदेंगी। कच्चा माल भी यही कंपनियां उपलब्ध कराएंगी। अग्रवाल ने कहा कि इस पहल को पूरे राज्य में कार्यान्वित किया जाएगा। उसके बाद इसका देश के अन्य राज्यों में विस्तार किया जाएगा।
-
जयपुर। किशनगढ़ के जयपुर-अजमेर हाईवे पर दो ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर के ड्राइवर और क्लीनर जिंदा जल गए। वहीं दूसरे ट्रेलर के घायल चालक को यज्ञनारायण अस्पताल में भर्ती कराया है। आग लगने से हाईवे पर यातायात ठप हो गया। दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
सीओ सिटी भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि शॉर्ट कट के कारण जयपुर से अजमेर की तरफ ड्राइव कर एक खाली ट्रेलर हाईवे पर आया। खाली ट्रेलर की भिड़ंत अजमेर से जयपुर की ओर जा रहे दूसरे सीमेंट से भरे ट्रेलर से हो गई। इसमें खाली ट्रेलर के चालक और क्लीनर जिंदा जल गए। भिड़ंत के बाद ट्रेलर ने आग पकड़ ली। गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। बाद में ट्रेलर चालक और खलासी के जले हुए क्षत-विक्षत शवों को पुलिस ने मॉच्र्युरी में रखवाया। सीओ सिटी भूपेंद्र शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
गांधी नगर एसएचओ शंभूसिंह ने बताया कि मृतक महेशवास, जोबनेर जयपुर निवासी शंकर लाल जाट (23) एवं अखिराम गुर्जर (25) है। दोनों पड़ोसी है और यज्ञनारायण अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिए गए है। बहरहाल गांधीनगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। -
मुंबई। महाराष्ट्र में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां कटराज-मुंबई मार्ग पर नावले पुल के पास एक टैंकर ने सात सीटों वाले वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद टैंकर एक खाली कंटेनर में जा घुसा। हादसे में तीन लोगों की मौत होने की खबर है। फिलहाल 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
सिंघड़ रोड पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक देवीदास घेवरे ने कहा कि घटना के वक्त टैंकर मुंबई की ओर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक टैंकर ने ओवरटेक करने की कोशिश करते हुए पहले सात सीटर वाहन को टक्कर मारी। इसके बाद वह असंतुलित हो गया और फिर एक खाली कंटेनर से जा टकराया। मृतकों में से दो सात-सीटर वाले वाहन में सवार लोग भी शामिल हैं। तीसरा मृतक पर पुलिस को संदेह है कि वह पास से गुजर रहा कोई युवक हो सकता है। -
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक 40 वर्षीय व्यक्ति की कुएं में उतरने से मौत हो गई। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कंचनपुर गांव में युवक का शव 20 घंटे के बाद कुआं से निकाला गया।
बिंदकी एसओ ने बताया कि सेलावन गांव का रहने वाला जितेंद्र सैनी पास के गांव कंचनपुर गया था। वहां जाकर अपने दोस्तों के साथ नशा किया।कंचनपुर से अपने गांव सेलावन आते समय रास्ते में एक कुएं पर कुछ लोग खड़े थे। दीनू भी अपने दोस्तों के साथ कुआं के नजदीक पहुंच गया। वहां पास खड़े छोटेलाल उत्तम ने बताया कि कुएं में मेरा मोबाइल गिर गया है। कोई नीचे उतरकर मेरा मोबाइल निकाल दे, उसे मैं 150 रुपए दूंगा। अन्य लोगों ने कुएं में उतरने से मना कर दिया। दीनू तैयार हो गया। कुएं में उतर तो गया लेकिन कुआं में दलदल होने की वजह से निकल नहीं पाया और जान गंवा बैठा।
बिंदकी एसओ ने बताया कि गुरुवार की शाम को मोबाइल निकालने के लिए कुएं में नीचे उतरा दीनू सैनी का शव शुक्रवार को निकाला गया। गुरुवार की शाम को फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने शव को कुआं से निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन निकाल नहीं पाए। दूसरे दिन करीब 20 घंटे की मशक्कत के बाद शव को निकालने में कामयाब हुए।
बिंदकी एसओ ने बताया कि फायर ब्रिगेड और गांव वालों की मदद से शव को कुएं से निकाला गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। -
नई दिल्ली। दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बादली के पास एक कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें 3 पुरुष, 3 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। हादसे में एक महिला, एक बच्ची और कार चालक घायल है। मारे गए सभी लोग उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। इनमें से एक को छोड़कर अन्य सभी एक ही परिवार के थे और राजस्थान के गोगामेड़ी से वापस घर जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुई एक महिला को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया।
झज्जर के डीसी श्याम लाल पूनिया ने बताया कि उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नंगला अनूप गांव के शिव कुमार, उनकी पत्नी मुन्नी देवी, बेटा मनोज, पुत्रवधु स्वीटी, बेटी खुशबू व आरती और आरती की बेटी आंशी, खुशबू का बेटा प्रियांशु व मनोज की डेढ़ साल की बेटी श्री दो दिन पहले राजस्थान के गोगामेड़ी में दर्शन करने के लिए गए थे। ये लोग अपने पड़ोसी बबलू की कार किराए पर ले गए। बबलू भी इनके साथ गया और कार यूपी के करहेटा का अमन चला रहा था। गोगामेड़ी में माथा टेकने के बाद 21 अक्टूबर की रात सभी लोग वापस यूपी के लिए रवाना हुए। शुक्रवार बादली के पास केएमपी एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे साइड में एक ट्रक खड़ा था। रातभर के सफर की वजह से कुछ लोगों ने टॉयलेट वगैरह जाने की बात कही तो अमन ने अपनी कार साइड में लगाकर उस ट्रक के पीछे रोक दी। उसी समय पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जोरदार धमाके के साथ पीछे से ट्रक की टक्कर लगने से कार का आधा हिस्सा आगे खड़े ट्रक में जा घुसा। जो हिस्सा बचा, उसके परखच्चे पीछे टक्कर मारने वाले ट्रक ने उड़ा दिए। एक्सीडेंट के बाद हाइवे से गुजर रहे वाहनचालकों ने आरती और अमन को तो बड़ी मुश्किल से बाहर निकाल लिया मगर बाकी लोग कार में ही फंस गए। उधर एक्सीडेंट के बाद दोनों ट्रकों के आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस की मदद से लोगों को कार से निकाला गया।
डीसी श्याम लाल पूनिया ने बताया कि इस एक्सीडेंट में मरने वाले आठ लोगों में से 7 एक ही परिवार के हैं। मरने वालों की पहचान शिवकुमार (60), मुन्नी देवी (55), बेटा मनोज (30), स्वीटी (25), खुशबू, प्रियांशु (8), श्री (डेढ़ साल) और बबलू के रूप में हुई। घायलों में 20 साल की आरती, आरती की 3 साल की बेटी आंशी और कार चालक अमन शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही यूपी के नंगला अनूप गांव में परिवार के रिश्तेदार बहादुरगढ़ के लिए रवाना हो गए।बादली पुलिस ने फरार ट्रक चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
झज्जर के डीसी श्याम लाल पूनिया ने बादली के एसडीएम विशाल कुमार और दूसरे अधिकारियों के साथ दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। डीसी ने झज्जर के सीएमओ को घायलों के उचित उपचार के भी निर्देश दिए। -
बाड़मेर। बाड़मेर बाइपास पर देर रात हुए एक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों बेटी का एडमिशन करवाकर गांव लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बालोतरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पचपदरा थानाधिकारी प्रदीप डांगा ने बताया कि पेमाराम अपनी बेटी का जयपुर कॉलेज में एडमिशन के लिए दोस्त किशनाराम को साथ लेकर गया था। देर रात करीब 3 बजे रात पचपदरा बाईपास पर अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला ड्राइवर वहां से भाग गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार दोनों दोस्त उसमें फंस गए। दोनों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से बालोतरा अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पचपदरा थानाधिकारी प्रदीप डांगा के मुताबिक हादसे में पीपराली गुड़ामालानी निवासी पेमाराम (40), किशनाराम (32) की मौत हो गई। किशनाराम ग्राम रोजगार सहायक पद पर पीपराली ग्राम पंचायत में कार्यरत था। पुलिस जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।



























.jpg)