- Home
- देश
- नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने 75 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को वित्त वर्ष 2021-22 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की छूट के लिए घोषणा फॉर्म को अधिसूचित कर दिया है। यह फॉर्म वरिष्ठ नागरिकों को बैंकों में जमा कराना होगा। वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में पेंशन आय और उसी बैंक में सावधि जमा (एफडी) पर ब्याज पाने वाले 75 साल और अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को कर रिटर्न दाखिल करने से छूट का प्रावधान पेश किया गया है। इन वरिष्ठ नागरिकों को एक अप्रैल से शुरू हुए वित्त वर्ष के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की जरूरत नहीं होगी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने ऐसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमों और घोषणा फॉर्म को अधिसूचित कर दिया है। वरिष्ठ नागरिकों को यह फॉर्म बैंक में जमा कराना होगा, जो पेंशन और ब्याज आय पर कर काटकर उसे सरकार के पास जमा कराएंगे। आयकर दाखिल करने की छूट उन्हीं मामलों में मिलेगी जिनमें ब्याज आय उसी बैंक से प्राप्त होगी जहां पेंशन जमा होती है। आयकर कानून के तहत एक निर्धारित सीमा से अधिक की आय वाले सभी लोगों को रिटर्न दाखिल करना होता है। वरिष्ठ नागरिकों (60 साल या अधिक) और अत्यंत वरिष्ठ नागरिकों (80 साल और अधिक) के लिए यह सीमा कुछ अधिक है। कर रिटर्न दाखिल नहीं करने पर जुर्माना तो लगता है और साथ ही संबंधित व्यक्ति को अधिक स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) देना पड़ती है। नांगियां एंड कंपनी एलएलपी के निदेशक इतेश दोधी ने कहा कि अनुपालन के बोझ को कम करने के लिए 75 साल और अधिक के वरिष्ठ नागरिकों को बजट में कुछ राहत दी गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2021-22 के अपने बजट भाषण में कहा था कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर सरकार 75 साल और अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों पर अनुपालन के बोझ को कम करेगी।
- भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक इलाके में कीचड़ से भरी गड्ढों वाली सड़कों पर महिलाओं के एक समूह ने 'कैटवॉक' कर प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके तुरंत बाद इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गये। इस 'कैटवॉक' प्रदर्शन के आयोजक अंशु गुप्ता ने रविवार को बताया, “हमने शहर के पॉश इलाके में स्थित दानिश नगर की कीचड़ से भरी गड्ढों वाली सड़कों पर शनिवार को ‘कैटवॉक' कर विरोध प्रदर्शन किया। हमने तीन दशक पहले इस इलाके में प्लॉटों को खरीदने के लिए ज्यादा कीमत चुकाई थी, लेकिन ज्यादा कर चुकाने के बावजूद यहां कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।” उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि मूलभूत सुविधाओं की कमी पर अधिकारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों को दिये गये हमारे आवेदन अनसुने कर दिए गए हैं, इसलिए हमने दानिश नगर की गड्ढे और पानी से भरी सड़कों पर इस ‘कैटवॉक' का आयोजन किया। अगर हमारी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो हम वोट नहीं देंगे और न ही करो का भुगतान करेंगे।'' सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में महिलाओं और बच्चों को कीचड़ से भरी गड्ढों वाली सड़कों पर ‘कैटवॉक' करते हुए देखा जा सकता है, जिनमें से कुछ लोग ‘कैटवॉक' के दौरान गिरते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इस कैटवॉक में भाग ले रही कुछ महिलाओं एवं बच्चों के हाथों में तख्तियां भी थी, जिनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 2017 के उस बयान का मजाक उड़ाया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश की सड़कें अमेरिका से भी बेहतर हैं। इन तख्तियों में लिखा था - ‘क्या ऐसी टूटी सड़कें वॉशिंगटर से भी अच्छी हैं?' भोपाल नगर निगम के जोनल अधिकारी नीलेश श्रीवास्तव ने कहा,“मुझे मीडिया से इस विरोध के बारे में पता चला है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम के इंजीनियर सोमवार को मौके का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा, “हमारे विभाग को स्थानीय निवासियों से अब तक इस मामले पर शिकायत नहीं मिली है ।
- काहिरा। मिस्र की राजधानी को स्वेज नहर शहर से जोड़ने वाले राजमार्ग पर एक बस के पलट जाने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। देश की सरकारी समाचार एजेंसी की रविवार की खबर से यह जानकारी मिली। एमईएनए समाचार एजेंसी की खबर के अनुसार यह घटना शनिवार को स्वेज नहर के समीप काहिरा-स्वेज मरुस्थल सड़क पर हुई। खबर के अनुसार यह बस शर्म अल-शेख के रेड सी रिसॉर्ट से काहिरा जा रही थी, तभी यह एक कंक्रीट के अवरोधक से टकराकर पलट गई।
- पणजी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर गोवा पहुंचे। इस दौरान वह नौसेना के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर में राष्ट्रपति का विमान डाबोलिम हवाई अड्डे पर पहुंचा जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर से बम्बोलिम हेलिपैड ले जाया गया। उप मुख्यमंत्री चंद्रकांत कवलेकर और प्रोटोकॉल मंत्री मॉविन गोडिन्हो ने कोविंद का स्वागत किया। डाबोलिम के निकट स्थित नौसैनिक वायु स्टेशन आईएनएस हंसा द्वारा सोमवार को आयोजित एक समारोह में कोविंद, नौसेना की ‘एविएशन' इकाई को राष्ट्रपति ध्वज प्रदान करेंगे। यहां जारी एक मीडिया विज्ञप्ति में नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, “यह कार्यक्रम आईएनएस हंसा की हीरक जयंती और गोवा के मुक्ति के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वाधिक स्वीकार्य (हाइऐस्ट अप्रूवल रेटिंग) नेता बताने वाले एक वैश्विक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए रविवार को कहा कि यह दिखाता है कि उनकी जन हितैषी नीतियों को कितना समर्थन हासिल है। वैश्विक नेताओं की लोकप्रियता रेटिंग पर नियमित नजर रखने वाली कंपनी ‘मॉर्निंग कन्सल्ट' ने इस सूची में 70 फीसदी लोगों की पसंद के रूप में मोदी को शीर्ष पर रखा है। इस सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को भी शामिल किया गया है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा, ‘‘वैश्विक पसंद की रेटिंग में देश के शीर्ष नेता नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च रैंकिंग मिलना देश के लिए सम्मान और गौरव की बात है। यह उनकी जन कल्याणकारी नीतियों के लिए जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘‘वैश्विक पसंद के मामले में सर्वाधिक रेटिंग प्राप्त करने वाले वैश्विक नेता हैं हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिन्हें 70 प्रतिशत स्वीकार्यता के साथ सर्वोच्च रेटिंग मिली है। बधाई।'
- मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोवर्धन कस्बे के निकट गांव में नाले में भरे बारिश के पानी के बहाव में तीन साल का बच्चा बह गया। गोवर्धन थाने के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे ने बताया कि शनिवार की शाम मथुरा जिले सहित गोवर्धन क्षेत्र में कई घण्टे बहुत जोरदार बारिश हुई। उन्होंने बताया कि इसी बीच, गोवर्धन से करीब तीन किमी दूर आन्यौर गांव में बारिश बंद होने के बाद गंदोलाल का तीन साल का अबोध बालक प्रिंस खेलने के लिए घर के बाहर निकला और नाले के पानी के तेज बहाव में बह गया। उन्होंने बताया कि एक ग्रामीण ने यह देखकर बच्चे के घर वालों को बुलाया, लेकिन इतनी देर में बच्चा गहरे पानी में चला गया। बाद में गोताखोरों की मदद से बच्चे का शव घर से आठ सौ मीटर की दूरी पर बरामद किया गया। घटना से गुस्साए लोगों ने परिक्रमा मार्ग में जाम लगा दिया।पूर्व प्रधान मुकेश कौशिक ने कहा कि यह दुखद घटना जल निगम की लापरवाही से हुई है। गांव में काफी गहरी नालियां बना दी गई हैं और आगे नाला बंद है,जिसके कारण गांव में नाली और सड़क का पानी साथ बह रहा है और राह चलने वालों को नाली और सड़क का अंदाजा नहीं मिलता। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने महिला मित्र द्वारा दूसरे व्यक्ति से शादी करने से अवसादग्रस्त 27 वर्षीय कारोबारी को समय रहते आत्महत्या करने से रोक लिया। यह जानकारी अधिकारी ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि युवक शनिवार की सुबह आत्महत्या करने के इरादे से वसई (पूर्व) की पहाड़ी पर चढ़ा था लेकिन समय रहते कुछ स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और कम से कम 200 सीढ़ियां चढ़कर युवक के पास पहुंचे और उसे आत्महत्या करने का इरादा छोड़ने के लिए राजी किया।
- मुंबई। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने दक्षिण मुंबई के तारदेव में एक शॉपिंग सेंटर में छापेमारी के बाद कीमती ब्रांड की नकली घड़ियां बरामद कीं और इस संबंध में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने शनिवार रात को शॉपिंग सेंटर में स्थित चार व्यापारिक प्रतिष्ठान में छापा मारा और आरोपियों के पास से 16,45,000 रुपये नकद बरामद किये। अधिकारी ने बताया कि यूनाइटेड ओवरसीज ट्रेडमार्क कंपनी की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपियों पर कॉपीराइट कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- नयी दिल्ली । केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ ऐसे मापदंड साझा किये हैं जिससे राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के सेवा प्रदाताओं और निगरानी टीमों को किसी भी नकली कोविड-19 टीकों की पहचान करने में सक्षम बनाया जा सके और उन्हें देश में लगने से रोका जा सके। यह कदम विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा डब्ल्यूएचओ के दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका क्षेत्र में पहचाने जा रहे नकली कोविशील्ड टीके पर चिंता जताये जाने की पृष्ठभूमि में आया है। वर्तमान में, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशिल्ड, भारत बायोटेक की कोवैक्सीन और रूसी टीका स्पुतनिक वी को देश में चल रहे कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत पात्र लाभार्थियों को लगाया जा रहा है। अतिरिक्त सचिव मनोहर अगनानी ने गत दो सितंबर को केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों और प्रधान सचिवों (स्वास्थ्य) को लिखे पत्र में कहा, ‘‘यह अनुरोध किया जाता है कि टीकों को उपयोग से पहले सावधानीपूर्वक प्रमाणित करने की आवश्यकता है ... वास्तविक कोविड-19 टीकों के लेबल की जानकारी और उपयोग में आने वाले कोविड-19 टीकों की अतिरिक्त जानकारी राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के तहत कार्यक्रम प्रबंधकों और सेवा प्रदाताओं के संदर्भ के लिए संलग्न की जा रही है।'' पत्र में कहा गया है, ‘‘कोविड-19 टीकाकरण के लिए सेवा प्रदाताओं और निगरानी टीमों को इन विवरणों के बारे में सूचित किया जा सकता है और नकली टीकों की पहचान के लिए उचित परिश्रम सुनिश्चित किया जा सकता है।।'' एक असली कोविशील्ड शीशी की बोतल पर गहरे हरे रंग में एसआईआई उत्पाद का लेबल शेड, उल्लिखित ट्रेडमार्क के साथ ब्रांड नाम और गहरे हरे रंग की एल्यूमीनियम फ्लिप-ऑफ सील होगी। एसआईआई लोगो लेबल के चिपकने वाली ओर और एक अद्वितीय कोण पर मुद्रित होता है जिसे केवल उन कुछ चुनिंदा लोगों द्वारा पहचाना जा सकता है जो सटीक विवरण से अवगत हैं। अक्षरों को अधिक स्पष्ट और पठनीय होने के लिए विशेष सफेद स्याही में मुद्रित किया जाता है। मापदंडों के अनुसार, पूरे लेबल को एक विशेष बनावट मधुकोश प्रभाव दिया गया है जो केवल एक विशिष्ट कोण पर दिखाई देता है। कोवैक्सीन लेबल में नकल रोधी सुविधाओं में अदृश्य यूवी हेलिक्स (डीएनए जैसी संरचना) शामिल है जो केवल यूवी प्रकाश के तहत दिखाई देता है। स्पुतनिक के मामले में यह आयातित उत्पाद रूस से दो अलग-अलग थोक निर्माण स्थलों से हैं और इसलिए, इन दोनों स्थलों के लिए दो अलग-अलग लेबल हैं जबकि सभी जानकारी और डिज़ाइन समान हैं, केवल निर्माता का नाम अलग है। अब तक सभी आयातित उत्पादों के लिए, अंग्रेजी लेबल केवल 5 एम्प्यूल पैक के कार्टन के आगे और पीछे उपलब्ध है, जबकि अन्य सभी ओर एम्प्यूल पर प्राथमिक लेबल सहित, रूसी में है।-file photo
- झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर ग्राम धतुरिया में रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। कल्याणपुरा थाने के प्रभारी अनिल बामनिया ने बताया कि मृतकों की पहचान अपसिंह कटारा (37), फुनसिंह बारिया (40), रूपा बारिया (45) एवं केगु गरवाल (40) के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में 17 अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए पेटलावद स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया है। बामनिया ने बताया कि सभी मृतक एवं घायल बरखेडा एवं पाडलघाटी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त ये लोगा किसी परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए माही नदी जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का आगे का पहिया पंक्चर हो गया और वह पलट गया। बामनिया ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया।
- गिर सोमनाथ। गुजरात में गिर सोमनाथ जिले के थोरडी गांव के एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने रविवार को कक्षा के अंदर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह घटना शिक्षक दिवस पर हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी। गिर गढाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घनश्याम अमरेलिया (47) को पंखे से लटका पाया गया और उनके सुसाइड नोट के आधार पर चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि हस्तलिखित सुसाइड नोट के अनुसार चारों लोगों ने पैसे की मांग को लेकर अमरेलिया को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
- कोझीकोड। केरल के कोझीकोड में निपा वायरस से संक्रमित बच्चे का इलाज करने वाले दो स्वास्थ्यकर्मियों में निपा के लक्षण पाए गए हैं। इस बच्चे की आज सुबह एक निजी अस्पताल में मृत्यु हो गई।एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि बच्चे के संपर्क में आए एक सौ 58 लोगों की पहचान कर ली गई है। इनमें से 20 लोगों को अधिक जोखिम वाली श्रेणी में रखा गया है और उन्हें आज कोझीकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निपा ब्लॉक में भर्ती किया जाएगा।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विषाणु संस्थान, निपा मामलों की प्रारंभिक जांच के लिए आज शाम मेडिकल कॉलेज में एक प्रयोगशाला बनाने पर सहमत हो गया है। इन मामलों की पुष्टि के लिए टेस्ट पुणे में किए जाएंगे और 12 घंटों के भीतर परिणाम मिल जाएंगे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने आश्वासन दिया है कि निपा वायरस के उपचार में इस्तेमाल की जाने वाली एंटीबॉडी एक सप्ताह के भीतर उपलबध करा दी जाएगी। कोझीकोड में निपा नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां के टेलीफोन नंबर हैं- 0 4 9 5-2 3 8 2 5 0 0 और 0 4 9 5 -2 3 8 2 8 0 0
- नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शिक्षक दिवस पर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया है। आज शिक्षक दिवस पर डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वे जाने-माने विचारक थे और समूचे विश्व में उनकी विद्वता का सम्मान किया जाता था।राष्ट्रपति ने कहा कि बच्चे की योग्यता और पृष्ठभूमि को देखते हुए ही उसकी शिक्षा पर ध्यान दिया जाना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा प्रणाली के जरिए बच्चों में देशप्रेम की भावना बलवती होनी चाहिए।श्री कोविंद ने देश के 44 श्रेष्ठ शिक्षकों को वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले हर शिक्षक के बारे में लघु चित्र भी दिखाया गया। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और उनके मंत्रालय के तीन अन्य सहयोगी तथा अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।इससे पहले, राष्ट्रपति कोविंद ने पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एस. राधाकृष्णन की जयंती पर राष्ट्रपति भवन में पुष्पाजंलि अर्पित की।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों को मंगलवार को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री दस हजार शब्दों के भारतीय सांकेतिक भाषा शब्दकोश का विमोचन करेंगे। वे दृष्टिबाधित लोगों के लिए ऑडियो पुस्तकें, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का स्कूल गुणवत्ता आकलन और प्रमाणन प्रारूप भी जारी करेंगे। प्रधानमंत्री निपुण भारत के लिए शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए कार्यक्रम निष्ठा तथा शिक्षा स्वयंसेवकों के लिए विद्यांजलि पोर्टल की शुरूआत भी करेंगे।
- बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जमराऊ गांव में कथित तौर पर पारिवारिक कलह के चलते एक नव विवाहित दंपत्ति ने जहर खा लिया, जिससे महिला की मौत हो गई, वहीं उसके पति की हालत गंभीर है।पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोनू (23) का उसके पिता के साथ किसी बात को लेकर शनिवार को विवाद हो गया, जिसके बाद उसने अपनी पत्नी खुशबू (20) के साथ जहर खा लिया। जहांगीराबाद पुलिस थाने के निरीक्षक छोटे सिंह ने बताया कि घटना में खुशबू की तत्काल मौत हो गई, मोनू को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इसी वर्ष मई में विवाह हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। file photo
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक योग्यता निर्धारण में सभी समकालीन राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों से ऊपर शीर्ष स्थान दिया गया है। सभी वयस्कों में कराए गए सर्वेक्षण में श्री मोदी को 70 प्रतिशत की सर्वोत्कृष्ट रेटिंग मिली है जबकि मैक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्राडोर 64 प्रतिशत के साथ दूसरे और इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्रागी 63 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं। जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल को 52 प्रतिशत के साथ चौथा और अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को 48 प्रतिशत के साथ पांचवां स्थान मिला है।
एक अमरीकी डाटा इंटेलिजेंस एजेन्सी The Morning Consult ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इटली, जापान, मैक्सिको, दक्षिण कोरिया, स्पेन, ब्रिटेन और अमरीका में सरकारी नेताओं की अनुमोदन रेटिंग का पता लगाती है। एजेन्सी के अनुसार रेटिंग का निर्धारण हर देश में वयस्क नागरिकों के सर्वेक्षण के आधार पर किया जाता है।सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को सुधारों के साथ स्थिरता, समय-सीमा के भीतर निर्धारित लक्ष्य पूरा होना, पारदर्शिता के साथ जवाबदेही और बढ़ा हुआ रूतबा मिला है। उभरते और आत्मविश्वास से भरे भारत को विश्व मंच पर अब नेतृत्व के साथ ही प्रभुत्व भी हासिल हो गया है। -
नयी दिल्ली। जाने-माने ब्रिटिश उपन्यासकार जेफरी आर्चर ने कहा है कि कहानी सुनाना और लेखन दो अलग-अलग कौशल हैं। आर्चर की रचनाएं सबसे अधिक बिकती है और उन्होंने कई उपन्यास, लघु कथाएं और नाटक लिखे हैं। आर्चर ने ‘टाइम्स लिटफेस्ट' के एक सत्र में कहा कि लेखन सिखाया जा सकता है, लेकिन कहानी सुनाना एक उपहार है। उन्होंने कहा, ‘‘लिखने की कला सिखायी जा सकती है, कहानी सुनाना एक उपहार है। आप एक लेखक के रूप में विकसित हो सकते हैं, लेकिन किसी को एक पृष्ठ पलटने का उपहार नहीं सिखाया जा सकता है।'' आर्चर ने खुलासा किया कि वह वर्तमान में अपनी विलियम वारविक श्रृंखला में अपनी आगामी पुस्तक लिखने के बीच में है। यह आठ-पुस्तक की श्रृंखला है, जिसकी चौथी श्रृंखला इस साल के अंत में रिलीज होने की उम्मीद है। जब उनसे पूछा गया कि 81 साल की उम्र में भी उन्हें उत्साहपूर्वक लिखना जारी रखने के लिए क्या प्रेरित करता है, उन्होंने कहा कि उनकी एक कड़ी दिनचर्या थी जिसे उन्होंने किसी भी कीमत पर नहीं बदलने दिया - वह सुबह 6-8 से लिखते हैं, फिर 10-12 के बीच और फिर अपराह्न दो से चार के बीच लिखते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यदि आप एक लेखक बनना चाहते हैं, तो सबसे पहले आपको यह स्वीकार करना होगा कि यह बहुत कठिन काम है।'' उन्होंने कहा कि एक और चीज जो उन्हें और कहानियां सुनाने के लिए प्रेरित करती है, वह है उनका ‘फैन मेल'। उन्होंने कहा, ‘‘वे एक प्रेरणा हैं। जब मैं अपनी डेस्क पर वापस जाता हूं (मेल का जवाब देने के बाद) मैं प्रेरित होता हूं...यह एक बड़ी मदद है। यह बहुत ही रोमांचकारी और दिल को छू लेने वाला है।'' आर्चर की विशेषज्ञता का क्षेत्र मुख्य रूप से रोमांच (थ्रिलर) रहा है, लेकिन उन्होंने कुछ दशक पहले बच्चों के लिए लेखन में काम किया और इसके बाद उन्होंने चार पुस्तकें लिखी जिनमें ‘‘बाय रॉयल अपॉइंटमेंट'' (1980), ‘‘विली विजिट्स द स्क्वायर वर्ल्ड'' (1980), ‘विली एंड द किलर किपर'' (1981), और ‘‘द फर्स्ट मिरेकल'' (1994) शामिल हैं। हालांकि, लेखक ने खुलासा किया कि इन किताबों को लिखना ‘‘गलती से'' हुआ। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने अपने बच्चों के लिए किताबें लिखी थीं, जो उत्सुक थे कि उनके किसी भी सहपाठी ने उनके लेखक पिता की किताबें नहीं पढ़ीं। उन्होंने कहा, ‘‘तो मैंने उनसे कहा था कि मैं उनके लिए एक किताब लिखूंगा। फिर एक भारतीय उद्यमी ने पूछा कि क्या वह किताबें प्रकाशित कर सकते है।
-
रांची। झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा इलाके की रहने वाली एतबरिया उत्तर प्रदेश में अपने पिता के साथ एक ईंट भट्टे पर काम करते हुए 12 वर्ष पूर्व लापता हो गयी थीं, लेकिन जैसे ही उसके नेपाल में होने की सूचना मिली मुख्यमंत्री की पहल पर झारखंड सरकार उसे हवाई मार्ग से शनिवार को वापस यहां ले आयी।
मुख्यमंत्री के प्रवक्ता ने बताया कि लोहरदगा की रहने वाली एतबरिया 12 वर्ष बाद आज यहां अपनी मातृ भूमि पहुंची और उसकी अपनी बहन से मुलाकात हुई। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर लगातार परिजनों से बिछड़े और मानव तस्करी के शिकार लोगों को मुक्त कराने का सिलसिला जारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर गुमशुदा आदिवासी 32 वर्षीय एतबरिया उरांव को नेपाल से 12 वर्ष बाद झारखंड लाया गया। प्रवक्ता के मुताबिक, सरकार के सक्रिय और संवेदनशील दृष्टिकोण से उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हुई। एतबरिया जब बीस वर्ष की थी तब वह अपने पिता बिरसा उरांव के साथ एक ईंट भट्टे पर काम करने के लिए उत्तर प्रदेश गई थी। वहीं से वह खो गई थी। इससे संबंधित मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के एक थाने में दर्ज कराया गया था।
एतबरिया के नेपाल में होने की जानकारी एक आश्रम द्वारा ट्विटर के माध्यम से दी गई। साथ ही हरियाणा पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) राजेश कुमार को भी अन्य मामलों की जांच के दौरान एक नेपाली समाजसेवी ने एतबरिया की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री और मंत्री चंपई सोरेन ने उक्त ट्वीट को झारखंड राज्य प्रवासन नियंत्रण कक्ष के संज्ञान में देते हुए एतबरिया को वापस राज्य लाने की व्यवस्था करने का आदेश दिया था जिसके बाद सरकार की संबद्ध टीम ने उसकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए नेपाल और भारत के दूतावासों के साथ समन्वय बनाया। तीन सितंबर 2021 को वह काठमांडू से दिल्ली हवाई अड्डे पहुंची। वहां से उसे वापस रांची लाकर लोहरदगा स्थित उसके गांव पहुंचाया जाएगा। एतबरिया की वापसी से उसकी बड़ी बहन खुश है। लोहरदगा के उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने कहा, हमारी सरकार मानव तस्करी के शिकार प्रत्येक झारखंडवासी को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। -
नयी दिल्ली। वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर)-नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेटरीज (एनएएल), बेंगलुरु द्वारा डिजाइन और विकसित नयी पीढ़ी के विमान हंस ने शुक्रवार को अपनी पहली उड़ान सफलतापूर्वक भरी। विमान ने दोपहर दो बजकर नौ मिनट पर हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) हवाई अड्डे से उड़ान भरी और 4,000 फुट की ऊंचाई पर पहुंचा तथा लगभग 20 मिनट के बाद सफलतापूर्वक उतर गया। परीक्षण उड़ान के पायलट कैप्टन अमित दहिया ने कहा कि उड़ान के सभी मापदंड सामान्य पाए गए।
= -
नयी दिल्ली। दूरसंचार अनुसंधान और विकास संगठन ‘सी-डॉट' ने आपदा प्रबंधन को लेकर देश में एकीकृत चेतावनी प्रणाली विकसित करने के लिए एक प्रयोगशाला की शुरुआत की है। दूरसंचार विभाग के तहत आने वाले सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) ने शुक्रवार को अपने 38वें स्थापना दिवस समारोह में इस प्रयोगशाला की शुरुआत की। दूरसंचार सचिव अंशु प्रकाश ने ‘सी-डॉट' द्वारा डिजिटल तरीके से आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए इंजीनियरों को बीएसएनएल नेटवर्क में सी-डॉट 4जी एलटीई कोर के प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (पीओसी) की दिशा में सफलतापूर्वक लगातार काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की चुनौतीपूर्ण संचार जरूरतों को पूरा करने और ‘‘आत्मनिर्भर भारत'' के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में सी-डॉट द्वारा 5जी एनएसए और एसए के स्वदेशी विकास के लिए यह उपयुक्त समय है। बयान में कहा गया, ‘‘इस प्रयोगशाला में प्रभावशाली आपदा प्रबंधन, सार्वजनिक चेतावनी और आपातकालीन स्थितियों में खतरे की सूचना के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा अखिल भारतीय एकीकृत चेतावनी प्रणाली का विकास और कार्यान्वयन किया जाएगा। -
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शनिवार को कहा कि 2022 में मतदान में एक छोटी सी चूक उत्तराखंड के लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भारी पड़ सकती है। राज्य में 2022 के विधानसभा चुनावों को अगले आम चुनावों की प्रस्तावना बताते हुए, उन्होंने कहा कि 2022 में उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत 2024 में राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में कांग्रेस की सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगी। पार्टी की परिवर्तन यात्रा के दौरान उन्होंने किच्छा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''अगर मतदान में मामूली चूक भी होती है, तो भी आप अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपनी पसंद तय करने की आजादी खो देंगे। इन चुनावों में आपको लोकतंत्र या इसकी विरोधी ताकतों में से एक का चयन करना होगा।'' किच्छा उन दो सीटों में से एक है जहां से 2017 में रावत ने चुनाव लड़ा था और हार गए थे। दूसरी सीट हरिद्वार (ग्रामीण) से भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
-
नोएडा। थाना बादलपुर क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम को हुए एक सड़क हादसे में एक कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि उसका क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर के अंदर फंसे क्लीनर को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम को थाना बादलपुर क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दो वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में कैंटर में सवार चालक दिनेश निवासी जनपद करनाल हरियाणा तथा क्लीनर सागर निवासी जनपद करनाल हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कैंटर के अंदर फंसे क्लीनर सागर को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला तथा उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि चालक दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- -
भोपाल। शिवराज सरकार ने शनिवार की रात देर रात बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। दो दर्जन से अधिक आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। इसके साथ ही 14 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। रायसेन, अलीराजपुर, सागर समेत कई जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं।
दरअसल, पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में यह चर्चा थी कि एमपी सरकार बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सर्जरी करने वाली है। पहले निचले स्तर पर तबादले हुए थे। अब मंत्रालय के बड़े अधिकारियों और आईएएएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। कलेक्टरों के तबादले से प्रदेश में विभाग प्रमुखों के तबादले हुए थे। अब 14 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। होशंगाबाद जिले के वर्तमान कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया को अपर सचिव एमपी शासन, ग्रामीण एवं पंचायत विभाग में की गई है। सागर कलेक्टर दीपक सिंह को अपर आयुक्त, उच्च शिक्षा बनाया गया है। अलीराजपुर कलेक्टर सुरक्षि गुप्ता को सह आयुक्त हस्तशिल्प एवं हथकरघा, एमपी बनाया गया है। वहीं, धार कलेक्टर आलोक कुमार सिंह को संचालक, पंचायती राज बनाया गया है।
इन जिलों में बदले कलेक्टर
वहीं, 2011 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज पुष्प, अलीराजपुर के कलेक्टर बने हैं। विदिशा के उमाशंकर भार्गव, मंदसौर के गौतम सिंह, सीधी के मुजीबुर्रहमान खान, होशंगाबाद के नीरज कुमार सिंह, धार के पंकज जैन, नरसिंहपुर के रोहित सिंह, सागर के दीपक आर्य, रायसेन में अरविंद कुमार दुबे, निवाड़ी में नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, राजगढ़ में हर्ष दीक्षित, बालाघाट में गिरीश कुमार मिश्रा और अशोकनगर में उमा महेश्वरी आर कलेक्टर बनी हैं। -
भोपाल। पुलिस महकमे भी मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ी सर्जरी की है। 34 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। आईएएस के तबादले के बाद आईपीएस अधिकारियों के तबादले की सूची देर रात जारी की गई है। कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए 10 जिलों के एसपी बदले गए हैं। इसके साथ ही कई जोन के एडीजी बदल दिए गए हैं। कुछ अधिकारियों को फील्ड से मुख्यालय में तैनाती दी गई है।
वहीं, आईपीएस अधिकारी नवनीत भसीन रीवा के नए एसपी बने हैं। मोनिका शुक्ला को विदिशा का एसपी बनाया गया है। इसके साथ ही सुनील जैन को कटनी का एसपी बनाया गया है। मंदसौर के नए एसपी सुनील कुमार पांडेय बने हैं। सुनील कुमार जैन कटनी के एसपी बने हैं। टीके विद्यार्थी निवाड़ी के एसपी बने हैं। निमिष अग्रवाल पीटीएस इंदौर के एसपी बने हैं। मनोज कुमार सिंह अलीराजपुर के नए एसपी बने हैं। मयंक अवस्थी सीहोर के एसपी बने हैं। विनायक वर्मा जबलपुर में रेल एसपी बने हैं। वहीं, दीपक कुमार शुक्ला को बड़वानी एसपी बनाया गया है। गुरूकरण सिंह से होशंगाबाद के नए एसपी बने हैं। विकास कुमार सहवाल रायसेन के एसपी बने हैं।
वहीं, पवन कुमार जैन को होमगार्ड का डीजी बनाया गया है। डीसी सागर शहडोल जोन के एडीजी बने हैं। आशुतोष राय, एडीजी बालाघाट जोन बने हैं। के पी वेंकटेश्वर राव, रीवा जोन के एडीजी बने हैं। योगेश देशमुख को एडीजी, साइबर सेल, भोपाल मुख्यालय बनाया गया है। संतोष जैन को उज्जैन जोन का आईजी बनाया गया है।
-
मुंबई। महाराष्ट्र में शनिवार को 11.91 लाख लाभार्थियों को कोविड-19 का टीके लगाए गए, जिसके साथ ही राज्य में एक दिन में टीकाकरण को लेकर नया कीर्तिमान स्थापित हो गया। राज्य के जन स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। इससे पहले 21 अगस्त को, राज्य में एक दिन में 11.04 लाख से अधिक खुराक दी गई थीं।
जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार शनिवार को 11 लाख 91 हजार 921 लोगों को टीका लगाया गया। राज्य में अब तक कुल 6.27 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉक्टर प्रदीप व्यास ने कहा, "शनिवार को शाम सात बजे तक 11 लाख 91 हजार 921 टीके लगाए गए। कई जगहों पर देर रात तक टीकाकरण अभियान जारी है। " विभाग के अनुसार, टीकाकरण के मामले में महाराष्ट्र उत्तर प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर है। लेकिन टीकों की दोनों खुराक लेने वालों की संख्या के मामले में राज्य अभी भी शीर्ष पर है। बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र में 1.71 करोड़ लोगों ने दोनों खुराकें ले ली हैं। - नयी दिल्ली। देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण के तहत 68 करोड 46 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। स्वास्थ और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि शनिवार को 71 लाख 61 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। मंत्रालय ने बताया है कि शनिवार को 38 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए। स्वस्थ होने की दर 97.42 प्रतिशत है। अब तक, तीन करोड 21 लाख से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं। कल, 42 हजार से अधिक कोविड के नये मरीजों की पुष्टि हुई। वर्तमान में चार लाख से अधिक संक्रमित रोगियों को इलाज चल रहा है। अब तक 53 करोड 82 लाख कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है। कल 17 लाख 47 हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई।



























.jpg)