- Home
- देश
-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान लोगों को आवास योजनाओं का उचित लाभ नहीं मिल रहा था लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनधन खाते और सीधे बैंक में राशि भेजे जाने की प्रणाली (डीबीटी सिस्टम) के माध्यम से ऐसी व्यवस्था कर दी है कि गरीब की पाई-पाई सीधे उस तक पहुंचती है। मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बने 5.51 लाख आवासों की चाभी संबंधित परिवारों को सौंपी। अयोध्या, सोनभद्र, रायबरेली के पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से चाभी दी। एक सरकारी बयान के अनुसार, योगी ने कहा कि 30 सालों में उत्तर प्रदेश में 54 लाख लोगों को आवास की सुविधा मिली, जबकि बीते चार सालों में ही 41 लाख 73 हजार से ज्यादा परिवारों का अपने घर का सपना पूरा हुआ। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चार साल पहले भी ऐसी योजनाएं चलतीं थीं, लेकिन सरकार की खराब नीयत के चलते गरीबों को मिलने वाली राशि में सेंध लग जाती थी। उन्होंने कहा कि आवास योजना में 70 फीसदी से अधिक महिला लाभार्थियों का होना महिला सशक्तिकरण की दिशा में अच्छा प्रयास है। लखीमपुर जिले के लंदनपुर ग्रंट गांव में ग्रामीण टाउनशिप के विकास की अभिनव पहल के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, योगी आदित्यनाथ ने इस टाउनशिप की परिकल्पना के लिए तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी अरविंद सिंह की सराहना की और कहा कि वहां आवास के साथ-साथ गो संरक्षण केंद्र, शौचालय, शानदार सड़कें, लाइट, घर-घर बिजली, पार्क, हर घर को एक गाय आदि उपलब्ध कराना बेहतरीन कार्य है। लंदनपुर ग्रामीण टाउनशिप के संबंध में प्रस्तुतिकरण देखते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे ही प्रयास पूरे प्रदेश में होने चाहिए। उन्होंने टाउनशिप में ओपन जिम की स्थापना के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योजना के लाभार्थियों से ऑनलाइन माध्यम से बात भी की।
- -
नयी दिल्ली। खेलमंत्री अनुराग ठाकुर और मानव संसाधन विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को फिटनेस और खेलों पर ‘ द फिट इंडिया क्विज' की शुरूआत की । यह देशव्यापी क्विज फिटनेस और खेलों को लेकर स्कूली बच्चों में जागरूकता जगाने के लिये शुरू किया गया है ।इसके जरिये वे अपने स्कूलों के लिये तीन करोड़ से अधिक नकद पुरस्कार जीत सकते हैं । ठाकुर ने कहा ,‘‘ शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक फिटनेस भी समान रूप से महत्वपूर्ण है । फिट इंडिया क्विज कम उम्र से ही मानसिक रूप से जागरूक बनायेगा और खेलों की जानकारी बढायेगा ।'' तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू ने भी इस कार्यक्रम में आनलाइन भाग लिया । क्विज में भाग लेने के लिये स्कूलों को फिट इंडिया वेबसाइट पर एक से 30 सितंबर तक दी जाने वाली लिंक पर रजिस्टर करना होगा और अक्टूबर के आखिर में होने वाले शुरूआती दौर में भाग लेने वाले अपने छात्रों के नाम देने होंगे ।प्रारंभिक दौर के विजेता दिसंबर में प्रदेश स्तर पर खेलेंगे और जनवरी फरवरी में राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेंगे ।
- नयी दिल्ली। बीबीसी की पहली हिंदी समाचार वाचिका रजनी कौल का हरियाणा के फरीदाबाद में मंगलवार को निधन हो गया। पहली बार बीबीसी पर लगभग 60 साल पहले हिंदी समाचार बुलेटिन पढ़ने वाली प्रतिष्ठित प्रसारक कौल 93 वर्ष की थीं। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।कौल का जन्म पेशावर (अब पाकिस्तान में) में हुआ था। उन्होंने नयी दिल्ली में ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी) के साथ काम किया और बाद में वाशिंगटन में वॉइस ऑफ अमेरिका (वीओए) से जुड़ गईं। इसके बाद उन्होंने लंदन में बीबीसी के साथ काम किया। वह स्टाफर के तौर पर बीबीसी हिंदी से जुड़ने वाली पहली महिला थीं और नेटवर्क पर 1961 में हिंदी में समाचार बुलेटिन पढ़ने वाली पहली महिला भी बनीं। उनका विवाह प्रख्यात प्रसारक पत्रकार महेंद्र कौल से हुआ था। उन्होंने भी वीओए और बीबीसी के साथ काम किया था। बाद में वे लंदन में बस गए थे। महेंद्र कौल का वर्ष 2018 में निधन हुआ।
- ऋषिकेश। देहरादून जिले में प्राकृतिक रूप से होने वाली मौतों के मामले में पोस्टमार्टम की औपचारिकता से छूट देने के लिए उपजिलाधिकारियों को अधिकृत कर दिया गया है । इस संबंध में देहरादून के जिलाधिकारी आर राजेश कुमार ने मंगलवार को आदेश जारी कर दिए । इससे पहले, शव के पोस्टमार्टम से छूट देने का अधिकार केवल जिलाधिकारी के पास ही सुरक्षित था । इस आदेश का सबसे अधिक लाभ देहरादून जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मिलेगा जिन्हें पोस्टमार्टम से छूट पाने के लिए देहरादून के चक्कर लगाने पड़ते थे । अब इस प्रक्रिया को विकेन्द्रीकृत करते हुए जिलाधिकारी ने ये अधिकार जिले के सभी उपजिलाधिकारियों को दे दिए हैं और अब किसी व्यक्ति की प्राकृतिक रूप से मृत्यु होने पर उसके परिजनों को उसके शव के पोस्टमार्टम की औपचारिकता से छूट देने का फैसला उपजिलाधिकारी भी कर सकेंगे ।
- मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार को कानून की पढ़ाई करने वाले एक छात्र को दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना भोपा पुलिस थाना क्षेत्र में अथाई रोड पर उस समय हुई जब सूर्या (24) अपने गांव भोकाहेरी से बाइक से जा रहा था। पुलिस ने बताया कि दो अज्ञात अपराधियों ने उसे इसी दौरान गोली मार दी। पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया है और आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान ने देशभर में विद्यालयों के खुलने की स्थिति और उनके कर्मियों को टीका लगाने के रोडमैप की बुधवार को समीक्षा की। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राष्ट्रीय लॉकडाउन से पहले पिछले साल मार्च में विद्यालयों को बंद कर दिया गया था। केंद्र ने पिछले साल अक्टूबर में विद्यालयों को उनके राज्यों में कोविड-19 की स्थिति के अनुसार खोलने की अनुमति दी थी। कुछ राज्य आंशिक रूप से विद्यालय खोलने ही लगे थे कि इस साल अप्रैल में उन्हें पूरी तरह बंद कर दिया गया क्योंकि देश में कोविड -19 की दूसरी भयावह लहर आ गयी। कोविड-19 की स्थिति में सुधार के साथ ही अब कई राज्यों ने विद्यालयों को खोलना शुरू कर दिया है । हालांकि शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों का पूरी तरह टीकाकरण नहीं होने को लेकर चिंता व्यक्त की गयी है। शिक्षा मंत्रालय ने ट्वीट किया, शिक्षा मंत्री श्री धमेंद्र प्रधान ने स्कूली शिक्षा एवं साहित्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देशभर में विद्यालयों के खुलने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सितंबर तक विद्यालयों में सभी शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों के टीकाकरण के रोडमैप का भी जायजा लिया। '' मंत्रालय ने कहा कि केंद्र देशभर में विद्यालयों में शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों के टीकाकरण को प्राथमिकता दे रहा है ‘ ताकि विद्यालयों के खुलने के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित हो।
- मुंबई। मुंबई में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बुधवार को एक ऑटोरिक्शा के पलट जाने से 28 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। वकोला थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान कर्नाटक के बेलगाम के निवासी यलप्पा बलप्पा नाइक के रूप में हुई है। दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे हुई जब व्यक्ति उपनगर अंधेरी की ओर जा रहा था। व्यक्ति सेना में काम करता था। नाइक किसी काम से मुंबई आए थे और ऑटोरिक्शा से यात्रा कर रहे थे। ड्राइवर ने ऑटोरिक्शा पर नियंत्रण खो दिया जिसके कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर अग्रीपाड़ा बस स्टॉप के पास यह पलट गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि नाइक सड़क पर गिर गए और उनके सिर में चोट आई, जबकि ऑटोरिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी जिसके बाद व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बाद में इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और ऑटोरिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने कहा कि वकोला पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ 304-ए (लापरवाह कृत्य के कारण किसी की मौत) सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
- नयी दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि अगस्त माह के दौरान सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी लेकिन देश में सितम्बर में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बुधवार को बताया कि सितम्बर में मध्य भारत के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने मौसम के लिए समग्र वर्षा पूर्वानुमान को ‘‘अद्यतन'' किया है । उन्होंने कहा, ‘‘ सितम्बर में पूरे देश में मासिक वर्षा सामान्य से अधिक होने का अनुमान है (लंबी अवधि के औसत का 110 प्रतिशत से अधिक)।'' उन्होंने बताया कि मानसून की कमी अब नौ प्रतिशत रह गई है और सितम्बर के दौरान अच्छी वर्षा होने से इसमें और कमी आ सकती है। जुलाई में सात प्रतिशत और जून में 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। आईएमडी ने महीने के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा कि देश में अगस्त में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश हुई, लेकिन सितम्बर में बारिश सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। महापात्र ने यह भी कहा कि उत्तर एवं पूर्वोत्तर भारत तथा दक्षिण भारत के दक्षिणी हिस्सों में सामान्य या उससे कम बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि नवीनतम वैश्विक मॉडल पूर्वानुमानों से संकेत मिलता है कि मौजूदा ईएनएसओ (अल नीनो) की स्थिति भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर पर जारी रहेगी और नकारात्मक हिंद महासागर द्विध्रुवीय स्थिति के भी सितम्बर के दौरान हिंद महासागर क्षेत्र में जारी रहने का अनुमान है। आईएमडी प्रमुख ने कहा कि हालांकि, मध्य एवं पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान (एसएसटी) ठंडा होने के संकेत दे रहा है और मानसून के मौसम के अंत में या उसके बाद ‘ला नीना' की स्थिति के फिर से उभरने का अनुमान बढ़ रहा है। महापात्र ने कहा, ‘‘ प्रशांत तथा हिंद महासागरों पर एसएसटी स्थितियों को भारतीय मानसून पर मजबूत प्रभाव के लिए जाना जाता है, इसलिए आईएमडी इन महासागरीय घाटियों पर समुद्र की सतह की स्थिति की सावधानीपूर्वक निगरानी कर रहा है।''
- लेह। लद्दाख सरकार ने हिम तेंदुआ को केंद्रशासित प्रदेश का राजकीय पशु और काली गर्दन वाली क्रेन को राजकीय पक्षी घोषित किया है। इस संबंध में मंगलवार को प्रमुख सचिव (वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण) पवन कोतवाल की ओर से अधिसूचना जारी की गई। कोतवाल ने एक अधिसूचना में कहा, ‘‘केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल को हिम तेंदुआ को राजकीय पशु और काली गर्दन वाली क्रेन को राजकीय पक्षी घोषित करते हुए प्रसन्नता हो रही है। यह घोषणा अधिसूचना जारी होने के दिन से प्रभावी है।'' इससे पहले तत्कालीन जम्मू-कश्मीर में काली गर्दन वाली क्रेन राजकीय पक्षी और कश्मीरी हिरण (हंगुल) राजकीय पशु था।
- सूरत (गुजरात) ।गुजरात के सूरत जिले में एक नदी में नहाते समय डूब जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक नवविवाहित जोड़ा अब भी लापता है। महुवा थाने के उप निरीक्षक बीएस गामित ने बताया कि घटना महुवा तालुका के कुमकोटर गांव में मंगलवार शाम हुई, जब एक ही परिवार के 10 लोग एक दरगाह गए थे। दरगाह जाने के बाद परिवार के पांच व्यस्क और कुछ बच्चे नजदीक ही अंबिका नदी में नहाने चले गए। तभी नवविवाहित पुरुष डूबने लगा, तो उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद नदी में ही मौजूद उसकी पत्नी और अन्य तीन महिलाएं उसे बचाने की लिए आगे बढ़ीं तो वे भी डूब गईं। इस बीच, नदी के तट पर मौजूद एक व्यस्क ने दौड़कर बच्चों को बचा लिया जबकि एक पुरुष और चार महिलाएं डूब गईं। अग्निशमन विभाग के एक दल ने मौके पर पहुंच मंगलवार को दो शवों और बुधवार को एक शव को नदी से निकाला। नवविवाहित जोड़ा अब भी लापता है। ये परिवार सूरत शहर का रहने वाला हैं। अधिकारी ने बताया कि नदी में पहले भी ऐसे ही लोगों के डूबने कुछ घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नदी में न जाने की चेतावनी देने के लिए जगह-जगह लगे बोर्ड और अवरोधकों के बावजूद, लोग कई बार पानी में तैरने के लिए चले जाते हैं और अपनी जान को जोखिम में डालते हैं।
- चेन्नई। अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के शीर्ष नेता एवं तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम की पत्नी विजयलक्ष्मी का चेन्नई में बुधवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 63 वर्षीय विजयलक्ष्मी कुछ समय से बीमार थीं और उन्हें इलाज के लिए यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जीईएम अस्पताल ने एक बयान में कहा कि विजयलक्ष्मी को बुधवार को सुबह दिल का दौरा पड़ा और इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। बयान में कहा गया कि एआईएडीएमके नेता की पत्नी को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी क्योंकि वह 10 दिनों के इलाज के बाद ठीक हो गई थीं। विजयलक्ष्मी के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री एम के. स्टालिन, जल संसाधन मंत्री दुरईमुरुगन, एआईएडीएमके के सह-समन्वयक के. पलानीस्वामी अस्पताल पहुंचे और पन्नीरसेल्वम तथा उनके बेटे ओ पी रवींद्रनाथ के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। रवींद्रनाथ थेनी लोकसभा सीट से एआईएडीएमके के सांसद हैं। अपने शोक संदेश में स्टालिन ने कहा कि वह पन्नीरसेल्वम की पत्नी विजयलक्ष्मी के निधन के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हैं। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पलानीस्वामी ने कहा कि वह पनीरसेल्वम की पत्नी की मृत्यु के बारे में जानकर दुखी हैं तथा शोकसंतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिवों क्रमश: आर मुथरसन और के. बालकृष्णन, वीसीके प्रमुख टी थिरुमावलवन और भारतीय जनता पार्टी समेत कई अन्य दलों के नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर पनीरसेल्वम से मुलाकात की और शोक जताया।
- बदायूँ (उत्तर प्रदेश)। बदायूं जिले के कादरचौक क्षेत्र में बुधवार को कार की टक्कर लगने से टेम्पो में सवार तीन लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कादरचौक से सवारियां भरकर बदायूँ जा रहे एक टेम्पो को रास्ते में सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में टेम्पो सवार राजपाल (45), रामबाबू (55) और अनस (दो साल) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से दो की हालत नाजुक बताई जाती है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- नोएडा। नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी के मार्केट में अज्ञात व्यक्ति ने एक होटल संचालक को मंगलवार रात को गोली मार दी। इस घटना में होटल संचालक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़ित के बीच होटल से खाने के ऑर्डर को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद होटल मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना बीटा-2 के प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर सिंह ने बताया कि मित्रा सोसाइटी के पास सुनील (38 वर्ष) नाम के व्यक्ति का होटल है जहां से भोजन की डिलीवरी की जाती है। उन्होंने बताया कि देर रात करीब 12 बजे अज्ञात बदमाशों ने सुनील पर गोली चलाई, जिसमें उनकी मौत हो। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि खाने के ऑर्डर को लेकर होटल संचालक व आरोपी में विवाद था। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से आरोपी की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।-file photo
- भुवनेश्वर। पूर्वी तटीय रेलवे ने पुरी के बीएनआर होटल में रखे एक सदी पुराने भाप के इंजन की मरम्मत कर दी और उसे एक नया रूप दे दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्राधिकारियों को इसकी मरम्मत करने के लिए कहने के 15 दिनों के भीतर इसे नया रूप दे दिया गया। वैष्णव को ओडिशा के हालिया दौरे के दौरान विभिन्न वर्गों से इस इंजन की देखरेख करने के प्रतिवेदन मिले थे। इसके इंजन, छत और बॉयलर रूम पुरी के मौसम के कारण खराब हो गए थे। मंत्री ने इस धरोहर की मरम्मत के निर्देश दिए थे। बीएनआर होटल का प्रबंधन करने वाले इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कोरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के पास इंजन की मरम्मत के लिए संसाधन और तकनीकी विशेषज्ञता की कमी होने पर उसने पूर्वी तटीय रेलवे से इसकी मरम्मत का अनुरोध किया। आईआरसीटीसी इस संबंध में खर्च का वहन करने के लिए राजी हो गयी। आईआरसीटीसी के अनुरोध के बाद पूर्वी तटीय रेलवे ने भाप के इस इंजन की मरम्मत करने के लिए कदम उठाए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परालाखेमुंडी के महाराज से लिया गया यह इंजन परालाखेमुंडी लाइट रेलवे (पीएलआर) द्वारा संचालित किया जाता था। यह नौपाड़ा-गुनुपुर रेल खंड में पीएलआर ‘नैरो गेज' (छोटी लाइन) पर चलता था। इसका निर्माण 1904 में इंग्लैंड की केर, स्टुअर्ट एंड कंपनी ने किया था। ‘पीएल-692' इंजन का वजन 20 टन है।
- महोबा (उत्तर प्रदेश)। महोबा जिले में मंगलवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने (वज्रपात) की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गयी तथा सात अन्य महिलाएं झुलस गयीं। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि कबरई थाना क्षेत्र के मकरबई गांव में मंगलवार की दोपहर बारिश के बीच गिरी बिजली की चपेट में आकर प्रीति (21) नामक महिला की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार खन्ना थाना क्षेत्र के ग्योड़ी गांव के खोड़ा पुरवा का किसान नरेंद्र (40) खेतों में तिल की फसल की रखवाली कर रहा था, तभी बिजली गिरने से उसकी मौके पर मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बिजरारी गांव में किसान भगवानदास (60) खेतों में बकरियां चरा रहा था, तभी तेज बारिश के साथ बिजली गिरी और उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के कमालपुरा गांव में गुरजा के खुड़ा में शंकरलाल के खेत में सात महिलाएं मूंगफली तोड़ रहीं थीं। तभी बिजली गिरने से विनोदा, आरती, अनीता, अरुण कुमारी, कलावती, ममता व प्रमोद रानी झुलस गयीं। सभी को इलाज के लिए जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
- इंदौर । सरकारी विमानन कम्पनी एयर इंडिया की इंदौर-दुबई उड़ान करीब 17 महीने के लम्बे अंतराल के बाद बुधवार को बहाल हो गई। मध्यप्रदेश की इस इकलौती अंतरराष्ट्रीय उड़ान का परिचालन कोविड-19 के प्रकोप के कारण मार्च 2020 में रोक दिया गया था जिसे महामारी की स्थिति नियंत्रण में आने के बाद दोबारा शुरू किया गया है। इंदौर-दुबई उड़ान की बहाली को लेकर यहां देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से हिस्सा लिया और इस उड़ान को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने कहा, "इंदौर-दुबई उड़ान 17 महीने बाद बहाल की जा रही है। मुझे याद है कि मेरे नागरिक उड्डयन मंत्री बनने के महज पांच दिन बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुझसे पहली मांग यही की थी कि इस अन्तरराष्ट्रीय उड़ान को दोबारा शुरू किया जाए।" सिंधिया ने बताया कि उनके नागरिक उड्डयन मंत्री बनने के बाद पिछले 53 दिनों के भीतर उनके गृह राज्य मध्यप्रदेश में 58 नयी यात्री उड़ानें शुरू हुई हैं और राज्य में हवाई जहाज 314 अतिरिक्त फेरे लगाने लगे हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री ने कार्यक्रम में इंडिगो एयरलाइंस की ग्वालियर-इंदौर और ग्वालियर-दिल्ली के मार्गों पर चलने वाली दैनिक उड़ानों को भी हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वीके सिंह और इंडिगो एयरलाइंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोनोजॉय दत्ता भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया का विमान हर बुधवार को भारतीय मानक समय के मुताबिक इंदौर से दोपहर 12:35 बजे उड़ान भरकर दोपहर 03:05 बजे दुबई पहुंचेगा। वापसी में यह विमान दुबई से हर बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात के मानक समय के मुताबिक शाम 04:05 बजे रवाना होकर रात 08:55 बजे इंदौर आएगा। जानकारों का कहना है कि इस उड़ान के बहाल होने से मध्य भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच पर्यटन तथा कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों की बरसों पुरानी मांग के आधार पर इंदौर-दुबई उड़ान 15 जुलाई 2019 को शुरू हुई थी।
- नयी दिल्ली। जाने-माने लेखक, कार्यकर्ता और दिल्ली विश्वविश्वद्यालय के उर्दू विभाग से एसोसिएट प्रोफेसर के पद से सेवानिवृत्त हुए डॉ अली जावेद का इंतेकाल हो गया।जावेद के करीबी दोस्तों ने बुधवार को बताया कि उन्होंने दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में मंगलवार देर रात अंतिम सांस ली। 68 वर्षीय जावेद को 12 अगस्त को ब्रेन हेमरेज के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।उनके दोस्तों ने बताया कि जावेद को आज दोपहर बाद जामिया नगर के काब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया । वह प्रगतिशील लेखक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष थे। इसके अलावा वह अफ्रीकी एवं एशियाई लेखक संघ के अध्यक्ष पद पर भी सेवा दे चुके थे। वह शिक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद के निदेशक भी रहे थे।जावेद का जन्म उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में 1954 में हुआ था और उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से उर्दू में एमए, एमफिल और पीएचडी की थी।उनके इंतकाल पर हिंदी व उर्दू के लेखकों तथा लेखक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और सांप्रादयिकता के खिलाफ लड़ाई में उनके योगदान को याद किया है। उनकी तदफीन में (सुपुर्द ए-खाक करने के दौरान) ख्वाजा शाहिद, विभूति नारायण राय, राम सरण जोशी, अपूर्वानंद, कन्हैया कुमार, पुरुषोत्तम अग्रवाल, अतहर फारूकी, जावेद नकवी, सरिता नकवी, मोली कौशल, प्रोफेसर इन्मे कंवल, डॉ मोहम्मद काज़िम, शाहिद परवेज, फरहत रिज़वी, शकील अहमद, ज़फर आगा, कमर आगा, ज़िया एच रिज़वी, मीनाक्षी समेत अन्य बुद्धिजीवी मौजूद थे।
-
तखतगढ़। राजस्थान के तखतगढ़ के निकट से गुजर रहे राजमार्ग 325 बिठिया माइनर के निकट मंगलवार रात को दो बाइक आपस में टकरा गई। हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई तथा 3 लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सुमेरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
तखतगढ़ थाने के एएसआई शेषाराम ने बताया कि एक युवक बाइक पर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने के लिए जाते समय इंस्टाग्राम पर लाइव कर रहा था। इस दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में जालोर जिले के अगवरी हाल तखतगढ़ कस्बे के महावीर बस्ती निवासी 25 वर्षीय राहुल एवं तखतगढ़ कस्बे के खेड़ावास मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय पुखराज की मौत हो गई। जबकि कस्बे के बंदारा गली मेघवालों का वास निवासी रामाराम मेघवाल, खेड़ावास निवासी रूपाराम व हरीश घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि चलती बाइक पर एक युवा इंस्टाग्राम पर लाइव चल रहा था। इससे उनका बाइक से ध्यान भटका और हादसा हो गया।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में पांच दिनों में दूसरी बार शनिवार को कोविड-19 रोधी टीकों की एक करोड़ से अधिक खुराक दी गयी हैं और अब तक कुल 65 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि शाम छह बजे तक एक दिन में सर्वाधिक 1.09 करोड़ खुराक लगाने का रिकार्ड हासिल किया गया । उन्होंने पांच दिनों के अंदर दूसरी बार एक करोड़ से अधिक खुराक लगाये जाने की इस उपलब्धि के लिए पूरे देश की प्रशंसा की। उन्होंने 50 करोड़ से अधिक पहली खुराक लगाये जाने की ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने में मदद पहुंचाने के लिए कोविड योद्धाओं एवं लोगों की लगन की भी तारीफ की। मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तहत एक अन्य उपलब्धि हासिल की गयी। 50 करोड़ लोग कोविड 19 रोधी टीके की पहली खुराक ले चुके हैं। इस उपलब्धि को हासिल करने में मदद पहुंचाने के लिए कोविड योद्धाओं और लोगों की लगन की तारीफ करता हूं।'' उन्होंने लिखा, ‘‘ बधाई, भारत ने आज कोविड 19 रोधी टीके की एक करोड़ खुराक लगायी। शाम छह बजे तक 1.09 करोड़ खुराक लगाने का एक दिन का सर्वाधिक रिकार्ड --गिनती अभी जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत कोरोना का जोरदार ढंग से मुकाबला कर रहा है।'' भारत को 10 करोड़ खुराक तक पहुंचने में 85 दिन लगे । उसे 20 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 45 दिन एवं 30 करोड़ तक पहुंचने में और 29 दिन लगे। देश को 40 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में बाद के 24 दिन तथा छह अगस्त को 50 करोड़ का आंकडा पार करने के लिए 20 और दिन लगे। उसने 25 अगस्त को 60 करोड़ का आंकड़ा पार करने के लिए 19 दिन और लिये। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ भारत के कोविड-19 टीकाकरण ने आज 65 करोड़ (65,12,14,767) की ऐतिहासिक पड़ाव को पार कर लिया है।'' देर रात तक अंतिम रिपोर्ट आने के बाद इस आंकड़े में वृद्धि की संभावना है।मंत्रालय ने शाम सात बजे के अंतरिम आंकडे के अनुसार बताया कि तीसरे चरण की शुरुआत से अबतक 18-44 साल के उम्र वर्ग के 25,32,89,059 लोग पहली खुराक और 2,85,62,650 लोग दोनों खुराक ले चुके हैं। एक पिछले एक सप्ताह में भारत में रोजाना टीके की औसतन 74.09 लाख खुराक लगायी गयीं। भारत रोजाना टीके की खुराक लगाये जाने के आंकड़े के लिहाज से अग्रणी स्थिति में है और उसके बाद ब्राजील में प्रति दिन 17.04 लाख खुराक लगाये जाते हैं भारत ने 114 दिनों की छोटी अवधि में 14 करोड़ खुराक लगा चुका था जो विश्व रिकार्ड है। अमेरिका को इतनी ही खुराक लगाने में 115 और चीन को 119 दिन लगे। इससे पहले 27 अगस्त को भारत में एक दिन में कोविड-19 रोधी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक लगायी गयी थीं, यह न्यूजीलैंड की पूरी जनसंख्या को दो बार टीका लगाने जैसा है। देश में 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था और इसकी शुरुआत स्वास्थ्यकर्मयों से की गयी थी। फिर उसमें दो फरवरी से अग्रिम मोर्चा कर्मी शामिल किये गये। एक मार्च से अगले चरण में 60 साल के ऊपर के तथा अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित 45 साल के ऊपर के लोग शामिल किये गये। एक अप्रैल से इस अभियान में 45 साल से ऊपर के सभी लोगों को जोड़ लिया गया। फिर एक मई को टीकाकरण का विस्तार करके सरकार ने 18 साल से ऊपर के सभी व्यक्तियों को टीका लगाने का फैसला किया।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के कारण लंबे वक्त से बंद रहने के बाद कई स्कूल खुल गए हैं , लेकिन कुछ विद्यालयों ने ‘इंतजार करो और देखों' की नीति अपनायी है और कुछ हफ्तों बाद स्कूल खोलने का फैसला किया है। दिल्ली में कोरोना वायरस महामारी की स्थिति में सुधार को देखते हुए, दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि कक्षा नौवीं से 12वीं तक के स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान एक सितंबर से खुलेंगे। दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी छात्र को विद्यालय आने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा और अभिभावकों की सहमति अनिवार्य होगी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्विटर पर कहा कि “टीम एजुकेशन" स्कूलों को सुरक्षित रूप से फिर से खोलने के लिए तैयार है। दिल्ली के एक नामचीन स्कूल के प्रधानाचार्य ने नाम नहीं छापने के आग्रह पर कहा, “केवल 20 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अब तक अपने अभिभावकों के सहमति फॉर्म भेजे हैं। हम तब तक इंतजार करेंगे, जब तक कि हमारे पास कम से कम 50 प्रतिशत छात्र न हो जाएं... स्कूलों को खोलने की योजना कुछ हफ्तों के लिए टाल दी गई है। ” दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने सोमवार को स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को खोलने के लिए दिशा-निर्देशों को अधिसूचित कर दिया था। प्राधिकरण ने सोमवार को जारी दिशा-निर्देशों में कहा, ‘‘कोविड-19 के नियमों के तहत एक समय पर कक्षा में छात्रों की सीमित मौजूदगी सुनिश्चित करते हुए स्कूलों को समय-सारिणी तैयार करनी चाहिए। क्षमता के आधार पर प्रति कक्षा में अधिकतम 50 प्रतिशत विद्यार्थियों को बुलाया जा सकता है। बैठने की व्यवस्था इस तरह की जाए कि प्रत्येक एक सीट के बाद दूसरी सीट खाली हो।'' दिशा-निर्देशों में कहा गया है, ‘‘भोजनावकाश चरणबद्ध तरीके से हो ताकि एक समय पर अधिक भीड़ नहीं लगे। भोजनावकाश के लिए छात्रों को खुली जगह में भेजा जाए।'' दिशा-निर्देशों के अनुसार, ‘‘ सभी की ‘थर्मल स्क्रीनिंग', इमारत को रोगाणु-मुक्त करना और हाथ धोने का उचित प्रबंध करना अनिवार्य है। साथ ही आपात स्थिति के लिए स्कूल, कॉलेज में पृथक-कक्ष बनाये जाएं, आगंतुकों को स्कूलों में आने से रोका जाए। file photo
-
नयी दिल्ली । फेसबुक ने भारत में 16 जून से 31 जुलाई के दौरान उल्लंघन की 10 श्रेणियों में 3.33 करोड़ से अधिक सामग्री पर "कार्रवाई" की है। सोशल मीडिया मंच ने मंगलवार को अपनी अनुपालन रिपोर्ट में यह जानकारी दी। फेसबुक के फोटो शेयरिंग मंच, इंस्टाग्राम ने इसी अवधि के दौरान नौ श्रेणियों में 28 लाख सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की। कंपनी ने कहा कि उसे 16 जून से 31 जुलाई के बीच अपने भारतीय शिकायत व्यवस्था के माध्यम से फेसबुक पर 1,504 उपयोगकर्ताओं और इंस्टाग्राम पर 265 की शिकायतें मिली और उसने उन सभी पर कार्रवाई की। फेसबुक के एक प्रवक्ता ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, कंपनी ने उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए प्रौद्योगिकी, लोगों और प्रक्रियाओं में लगातार निवेश किया है और उन्हें अपने मंच पर खुलकर अपने विचार रखने में सक्षम बनाया है। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "हम अपनी नीतियों का उल्लंघन करने वाली सामग्री की पहचान एवं समीक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, अपने समुदाय की शिकायतों एवं अपनी टीम द्वारा की जाने वाली समीक्षा का इस्तेमाल करते हैं। हमने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियमों का पालन करते हुए 16 जून से 31 जुलाई की 46 दिनों की अवधि के लिए अपनी दूसरी मासिक अनुपालन रिपोर्ट प्रकाशित की है।" उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट में स्वचालित उपकरणों का इस्तेमाल करके लगातार हटाई गई सामग्री का विवरण और उपयोगकर्ताओं की शिकायतों तथा उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी गयी है।
- नयी दिल्ली। डॉ.जीवन सिंह टिटियाल बुधवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली स्थित आरपी नेत्र विज्ञान केंद्र के प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे। डॉ. टिटियाल एम्स स्थित राष्ट्रीय नेत्र बैंक के भी अध्यक्ष हैं और वह डॉ.अतुल कुमार का स्थान लेंगे।पिछले सप्ताह जारी आधिकारिक बयान में कहा गया था,‘‘ निदेशक को नेत्र विज्ञान विषय में प्रोफेसर डॉक्टर.जेएस टिटियाल को आरपी नेत्र विज्ञान केंद्र का प्रमुख नियुक्त करते हुए खुशी हो रही है। उनका कार्यकाल एक सितंबर से शुरू होगा। यह जिम्मेदारी मौजूदा कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के अलावा होगी और उनमें एम्स स्थित केंद्रों के प्रमुखों के तौर पर प्राप्त शक्तियां निहित होगी।'' डॉ.टिटियाल को वर्ष 2014 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। डॉ.टिटियाल ने कहा कि उनका लक्ष्य आरपी सेंटर में समर्पित कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रयोगशाला स्थापित करना है ताकि इसके लाभ नेत्र विज्ञान के क्षेत्र में प्राप्त किए जा सकें और आरपी सेंटर को अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को मनोज मालवीय को राज्य का अंतरिम पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया। यह जानकारी यहां जारी एक बयान में दी गई। बयान में कहा गया है कि 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी मालवीय अभी तक डीजीपी (संगठन) के रूप में कार्यरत थे। वह वीरेंद्र का स्थान लेंगे। बयान में कहा गया है कि निवर्तमान डीजीपी वीरेंद्र ने दोपहर में मालवीय को प्रभार सौंपा, जो राज्य के पूरे आईपीएस काडर में सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं।
- लेह। लेह को पैंगोंग झील से जोड़ने वाली सामरिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क का उद्घाटन यहां मंगलवार को लद्दाख के सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल ने किया, जिन्होंने कहा कि 18,600 फीट की ऊंचाई पर केला दर्रे से गुजरने वाला मार्ग दुनिया का सबसे ऊंचा वाहन चलाने योग्य मार्ग होगा। लोकसभा सदस्य ने कहा कि भारतीय सेना की 58 इंजीनियर रेजिमेंट द्वारा बनाई गई सड़क लेह (ज़िंगराल से तांगत्से) से केला दर्रे को पार कर, सुरम्य पैंगोंग झील तक 41 किलोमीटर की यात्रा को कम कर देगी। उन्होंने कहा, ‘‘जिस सड़क का आज उद्घाटन किया गया, वह 18,600 फुट की ऊंचाई पर आम जनता के लिए दुनिया की वाहन चलाने योग्य सबसे ऊंची सड़क होगी। अब तक, खारदुंगला दर्रा 18,380 फुट की ऊंचाई पर आम जनता के लिए वाहन चलाने योग्य दुनिया की सबसे ऊंची सड़क थी।'' उन्होंने कहा कि यह सड़क भविष्य में स्थानीय निवासियों, विशेष रूप से लद्दाख के लालोक क्षेत्र के लोगों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को बढ़ावा देने में एक प्रमुख भूमिका निभाएगी, क्योंकि इससे पर्यटन की सुविधा होगी। नामग्याल ने कहा, ‘‘इससे पर्यटक दुनिया की सबसे ऊंची वाहन चलाने योगय सड़क, दुर्लभ औषधीय पौधे, स्नो स्पोर्ट गतिविधियों में भाग लेने, खानाबदोश पशुओं, झीलों और अन्य आकर्षणों को देखने में सक्षम होंगे।'' 18,600 फुट की ऊंचाई पर केला टॉप पर आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान, उन्होंने सड़क निर्माण के लिए भारतीय सेना, विशेष रूप से 58 इंजीनियर रेजिमेंट के समर्पण की सराहना की। उन्होंने सीमावर्ती बुनियादी ढांचे, विशेषकर सड़कों और पुलों के निर्माण के प्रति सरकार की गंभीरता पर भी प्रकाश डाला। सड़क का उद्घाटन, लेफ्टिनेंट जनरल पी जी के मेनन, जनरल ऑफिसर कमांडिंग 14वीं कॉर्प, ताशी नामग्याल याक्ज़ी और स्टैनज़िन चोस्पेल, कार्यकारी पार्षद,वेन लामा कोंचोक त्सेफेल, लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी), लेह के पार्षद एवं अन्य की उपस्थिति में किया गया।
- मेरठ। जनपद के थाना जानी क्षेत्र में मंगलवार को बदमाशों ने बाफर गांव की पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटे को कथित रूप से घर में घुसकर गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर बताया कि मंगलवार सुबह दो युवक जानी थाना क्षेत्र के बाफर गांव निवासी विकेंद्र उर्फ गौरी चौधरी (40) के पास पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि घायल विकेंद्र को परिवार के लोग केएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। विकेंद्र की मां राजवीरी चौधरी 2015 तक जानी ब्लॉक की प्रमुख रही थीं। थाना प्रभारी संजय वर्मा ने कहा कि आपसी रंजिश को लेकर विकेंद्र को गोली मारी गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना को चार साल पहले हुए एक हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। विकेंद्र दो माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। स्थानीय पुलिस अधिकारी घटना की जांच पड़ताल में जुटे हैं और आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।-file photo



























.jpg)