- Home
- देश
- बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सड़क दुर्घटना मे बाइक सवार दो लोगों की सोमवार की रात मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया ।पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस के अनुसार सोमवार की रात नहटौर- धामपुर मार्ग पर ढक्का कर्मचंद में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पुखराज (35), उमेश (24) और रानू(26) गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्होंने बताया कि पुलिस तीनों को अस्पताल ले गयी जहां उपचार के दौरान उमेश और रानू की मौत हो गयी । पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
- केंद्रपाड़ा।ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले से होकर कई नदियां, छोटी खाड़ियां तथा जल धाराएं बहती हैं और इस प्राकृतिक खूबसूरती के साथ इस जिले को एक और उपलब्धि प्राप्त हुई है। यह देश का एकमात्र ऐसा जिला बन गया है, जहां मगरमच्छ की तीनों प्रजातियां-खारे पानी वाले, घड़ियाल, मगर- पाई जाती हैं। एक वन्य अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह जिला पहले ही भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में खारे-पानी या नदियों के मुहाने पर आने वाले मगरमच्छों के सफलतापूर्ण संरक्षण की ख्याति प्राप्त कर चुका है। राष्ट्रीय उद्यान में 1,768 मुहाने वाले मगरमच्छ हैं। यहां भारत के 70 फीसदी ऐसे मगरमच्छ पाये जाते हैं। यहां इनका संरक्षण 1975 में ही शुरू हो गया था। राजनगर मैंग्रोव (वन्यजीव) वन के संभागीय वन अधिकारी जे डी पाटी ने बताया कि मगर और घड़ियाल के यहां पाए जाने के साथ जिले की नदियों में मगरमच्छों की तीनों प्रजातियां देखी गई हैं। भीतरकनिका नदी खारे पानी वाले मगरमच्छों के लिए प्रसिद्ध है तो महानदी और ब्राह्मणी नदियों में मगर और घड़ियाल देखने को मिलते हैं।
- अहमदाबाद। वलसाड जिले और दक्षिण गुजरात के अन्य इलाकों में मंगलवार को भारी बारिश के बाद कई निचले इलाकों में पानी भर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महेसाणा जिले में सोमवार रात आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश का अनुमान लगाया है। राज्य आपदा अभियान केंद्र (एसईओसी) के अनुसार मंगलवार को सुबह छह बजे से दोपहर तक वलसाड जिले के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। उमरग्राम तालुका में 225 मिमी बारिश हुई जबकि वापी में 109 मिमी बारिश हुई। एसईओसी ने बताया कि वलसाड के कपराडा और पारडी तालुकाओं में क्रमश: 54 और 29 मिमी बारिश हुई। वहीं पड़ोसी नवसारी जिले के खेरग्राम में इस अवधि में 26 मिमी बारिश हुई। वलसाड में कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से सामान्य जन-जीवन और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।सोमवार शाम से ही गुजरात के कई इलाकों में बारिश हो रही है। विसनगर तालुका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महेसाणा के गणपतपुर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई। एसईओसी के अनुसार मंगलवार सुबह छह बजे तक पिछले 24 घंटे में राज्य के 251 तालुकाओं में से 155 में बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार गुजरात में अब तक इस मानसून के मौसम में 50 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं राज्य के कुल 33 जिलों में से छह ‘व्यापक तौर पर कम बारिश' श्रेणी में हैं यानी यहां 60 प्रतिशत से अधिक तक कम बारिश हुई।-file photo
- नयी दिल्ली। आयुष मंत्रालय ने एक योग प्रोटोकॉल विकसित किया है जो रोजाना काम की दिनचर्या के साथ तालमेल बनाते हुए पेशेवरों को तनाव घटाने और फिर से काम पर ध्यान केंद्रित करने में मदद कर सकता है। आसन, प्राणायाम और ध्यान सहित पांच मिनट का प्रोटोकॉल एक ऐप के माध्यम से उपलब्ध होगा। आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल बुधवार को इस ऐप की शुरुआत करेंगे। आयुष मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि योग प्रोटोकॉल के जरिए काम की दिनचर्या के साथ सहजता से तालमेल बनाया जा सकता है और यह पेशेवरों को तरोताजा रखने, तनाव घटाने तथा फिर से ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है। आयुष मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त निकाय मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) और कृष्णमाचार्य योग मंदिरम-चेन्नई, रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शैक्षिक और अनुसंधान संस्थान-बेलूर मठ, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान (निमहांस) बेंगलुरु और कैवल्यधाम स्वास्थ्य और योग अनुसंधान केंद्र-लोनावाला जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों ने 'वाई-ब्रेक' नामक इस ऐप को विकसित करने में प्रमुख भूमिका निभाई है। यह आईओएस और एंड्रॉइड दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। योग विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक लगातार बैठे रहने और गतिहीन कार्य ने पेशेवरों की काम करने की आदतों को महत्वपूर्ण रूप से बदल दिया है, जिससे वे तनाव के शिकार हो गए हैं। यह न केवल उनके शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। यह देखा गया है कि कॉरपोरेट क्षेत्र में काम करने वाले पेशेवर अक्सर तनाव का अनुभव करते हैं जो उनकी कार्य उत्पादकता को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। पांच मिनट के प्रोटोकॉल का उद्देश्य कार्यस्थल पर लोगों को योग से परिचित कराना है। यह कार्य से पांच मिनट के ब्रेक के विचार को बढ़ावा देता है ताकि तरोताजा होने, तनाव घटाने और फिर से काम पर ध्यान केंद्रित करने के लिए योग का अभ्यास किया जा सके। अधिकारी ने कहा कि प्रोटोकॉल में ताड़ासन और कटी जैसे व्यायाम शामिल हैं।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को श्रीला भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की 125वीं जयंती के अवसर पर 125 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी करेंगे और वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। इसने उल्लेख किया कि स्वामी प्रभुपाद ने इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शसनेस (इस्कॉन) की स्थापना की थी, जिसे आमतौर पर ‘हरे कृष्ण आंदोलन' के रूप में जाना जाता है। इस्कॉन ने श्रीमद भागवत गीता और अन्य वैदिक साहित्य का 89 भाषाओं में अनुवाद किया, जो दुनियाभर में वैदिक साहित्य के प्रसार में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वामी प्रभुपाद ने 100 से अधिक मंदिरों की स्थापना भी की और दुनिया को भक्ति योग का मार्ग दिखाने वाली कई किताबें भी लिखीं।
- ऋषिकेश। कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से अधिक कारगर तरीके से निपटने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश ने लंदन के किंग्स कॉलेज के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। सोमवार को हुए इस एमओयू के तहत, ब्रिटिश टेलीकॉम कंपनी ने एम्स ऋषिकेश को वर्चुअल आईसीयू संचालित करने व अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से संवाद स्थापित करने के लिये एक खास सॉफ्टवेयर से सुसज्जित 4जी सपोर्टेड 50 टेबलेट कंप्यूटर उपलब्ध कराए हैं। इन टैबलेट के अंदर सॉफ्टवेयर के जरिये संबंधित अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ की सलाह के साथ मरीज की क्वालिटी केयर की जाएगी। एम्स ऋषिकेश के निदेशक रविकांत ने बताया कि किंग्स कॉलेज ब्रिटेन में करीब 180 अस्पतालों में 'लाइफ साइंस यूके' नाम से इस तरह की खास सेवायें उपलब्ध करा रहा है। इन विशेषज्ञ सेवाओं की परियोजना ब्रिटेन के शिक्षाविदों, चिकित्सकों व कई कंपनियों ने मिलकर तैयार की है। इस करार के जरिये ई-आईसीयू भी संचालित किए जा सकेंगे। इन टैबलेट में लोडेड प्रोग्राम के जरिये लंदन के किंग्स कॉलेज से आभासीय परामर्श लिया जा सकेगा जिसका लाभ यहाँ गंभीर बीमारी से ग्रस्त मरीज को मिल सकता है।
- नयी दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 64.36 करोड़ से अधिक खुराक प्रदान की जा चुकी हैं। इसके अलावा, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) को 14,94,040 खुराक की आपूर्ति की जाएगी।मंत्रालय ने कहा कि 5,42,30,546 खुराकें अभी भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं। केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय ने कहा कि अधिक टीकों की उपलब्धता और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की टीकों की आवश्यकता को पूरा करने के लिये पहले से कदम उठाकर टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है, ताकि वे बेहतर योजना बना सकें और टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित कर सकें। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में कोविड-19 टीके उपलब्ध करा रही है।
- नयी दिल्ली। भारत और अल्जीरिया की नौसेनाओं ने अल्जीरिया के अपतटीय क्षेत्र में पहली बार अभ्यास किया, जो दोनों पक्षों के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग को प्रदर्शित करता है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को हुए इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के आईएनएस ‘ताबर' और अल्जीरियाई नौसेना के पोत 'एज़्ज़ादजेर' ने हिस्सा लिया। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने अभ्यास को ‘ऐतिहासिक' बताते हुए कहा कि इसने भविष्य में दोनों नौसेनाओं के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ाने की संभावना को खोल दिया है। उन्होंने कहा, अभ्यास के दौरान भारतीय और अल्जीरियाई युद्धपोतों के बीच समन्वित युद्धाभ्यास, संचार प्रक्रियाओं और स्टीम पास्ट सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं।” नौसेना के अधिकारी ने कहा, “इस नौसैन्य अभ्यास से दोनों नौसेनाओं को एक-दूसरे के द्वारा अपनाई जाने वाली संचालन की अवधारणा को समझने में मदद मिली, इसने पारस्परिकता को बढ़ाया और भविष्य के लिए दोनों नौसेनाओं के बीच बातचीत तथा सहयोग को बढ़ाने की संभावनाओं को भी खोल दिया।” भारत पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न अफ्रीकी देशों के साथ रक्षा और सुरक्षा संबंधों को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
-
केंद्र व राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को देगी 2-2 लाख रुपए मुआवजा
नागौर। राजस्थान में नागौर स्थित श्रीबालाजी के पास मंगलवार सुबह भीषण हादसे में मध्यप्रदेश के 12 लोगों की मौत हो गई है, 6 की हालत गंभीर है। इनमें 6 महिलाएं और 2 पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद 2 महिलाओं और 1 पुरुष को बीकानेर रैफर किया गया था, जिनकी रास्ते में ही मौत हो गई। एक पुरुष की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। केंद्र और राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है।
उज्जैन के घटिया थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि गांव से 40 लोग 3 गाडिय़ों में सवार होकर रविवार शाम को गए थे। करणी माता के दर्शन के बाद दो गाडिय़ां दर्शन के लिए रामदेवरा चली गईं, जबकि तूफान जीप के लोग बालाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। इस बीच नागौर से नोखा की तरफ जा रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में लीला बाई, सजन बाई, संतोष, उमराव, राधाबाई, संपत बाई, गोपाल, तेजूबाई, सुमित पुत्र संतोष, प्रवीण पुत्र रामचंद्र, साहिल पुत्र धर्मेंद्र, रमेश पुत्र भागीरथ की मौत हो गई है। सभी मृतक उज्जैन जिले के घटिया पुलिस स्टेशन के गांव सज्जन खेड़ा व दौलतपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर दुख जताया है।
- - छतरपुर (मप्र)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मोबाइल को लेकर सास से हुए मामूली विवाद को लेकर 33 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया एवं उसके बाद आत्महत्या कर ली। कुएं में फेंकी गई इन दो बेटियों में एक बेटी की भी मौत हो गई।छतरपुर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) शशांक जैन ने सोमवार को मीडिया को बताया कि यह घटना छतरपुर से 20 किलोमीटर दूर सटई थाना क्षेत्र के पारवा गांव में रविवार शाम को हुई। उन्होंने कहा कि रानी यादव (25) ने अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया तथा बाद में खुद भी कुएं में ही फंदे से लटक गई और आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि इस घटना में कुएं में फेंकी गई इन दो बेटियों में 10 वर्षीय एक बेटी की भी मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय बेटी जो किस्मत से कुएं की ईंट में फंस गई थी, वह बच गई। जैन ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे मोबाइल को लेकर रानी यादव का अपनी सास से विवाद होना बताया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को रानी की सास ने उसका मोबाइल छीन लिया था। इस बात से वह नाराज थी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
- नागपुर। विमान बांग्लादेश एयरलाइंस की मस्कट से ढाका की उड़ान के दौरान 27 अगस्त को पायलट को दिल का दौरा पड़ गया था, जिनकी सोमवार को नागपुर के एक अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पायलट नौशाद अताउल कय्यूम (49) को दिल का दौरा पडऩे के बाद विमान को आपात स्थिति में नागपुर हवाईअड्डे पर उतारना पड़ा था। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि पायलट को नागपुर हवाईअड्डे से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित किंग्सवे अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई। गौरतलब है कि गत शुक्रवार को आपात स्थिति में उतरने वाले इस बोइंग विमान में 126 यात्री सवार थे। जब विमान को आपात स्थिति में उतारने के लिए कोलकाता एटीसी से संपर्क किया गया, उस समय वह रायपुर के पास था, जिसके बाद उसे निकटतम नागपुर हवाईअड्डे पर उतरने की सलाह दी गई थी।
- नयी दिल्ली। उत्पादक राज्यों में भारी मात्रा में आवक होने से टमाटर के थोक दाम गिरकर चार रुपये प्रति किलो रह गये। सरकारी आंकड़ों में यह सामने आया है। सरकार की निगरानी वाले 31 में से 23 उत्पादक केंद्रों में टमाटर के थोक मूल्य एक साल पहले की इसी अवधि के मुकाबले 50 प्रतिशत कम या तीन साल के मौसम के औसत भाव से नीचे आ गए हैं। इस समय फसल वर्ष 2021-22 (जुलाई-जून) की खरीफ के शुरुआती मौसम के टमाटर की फसल बाजार में आ रही है।आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश के देवास में टमाटर का थोक भाव इस साल 28 अगस्त को गिरकर आठ रुपये प्रति किलोग्राम हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 11 रुपये प्रति किलोग्राम था। मध्यप्रदेश देश का सबसे बड़ा टमाटर उत्पादक राज्य है। इसी तरह, देश के छठे सबसे बड़े टमाटर उत्पादक राज्य महाराष्ट्र के जलगांव में टमाटर का थोक मूल्य 28 अगस्त को 80 प्रतिशत गिरकर चार रुपये प्रति किलोग्राम रह गया, जो एक साल पहले की इसी अवधि में 21 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। नेशनल होर्टिकल्चरल रिसर्च एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन (एनएचआरडीएफ) के कार्यवाहक निदेशक पी के गुप्ता ने कहा, "आपूर्ति की अधिकता के कारण प्रमुख उत्पादक राज्यों में कीमतें गिर रही हैं। अनुकूल मौसम के कारण टमाटर की फसल अच्छी रही है।" सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में टमाटर के चौथे सबसे बड़े उत्पादक राज्य कर्नाटक के कोलार में टमाटर का थोक मूल्य 28 अगस्त को घटकर 5.30 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया, जो एक साल पहले की अवधि में 18.70 रुपये प्रति किलोग्राम था। इसी तरह, देश के दूसरे सबसे बड़े टमाटर उत्पादक राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के पालमनेर में टमाटर का थोक मूल्य 28 अगस्त, 2021 को एक साल पहले की समान अवधि के 40 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 18.50 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। उत्तर प्रदेश में भी, कीमतें इस साल 28 अगस्त को गिरकर 8-20 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में आ गयीं जो एक साल पहले इसी अवधि में 14-28 रुपये प्रति किलोग्राम थीं। दिल्ली की आजादपुर मंडी में टमाटर का थोक भाव 28 अगस्त को घटकर 24 रुपये प्रति किलो रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 36 रुपये प्रति किलो था। इसी तरह मुंबई में टमाटर का थोक भाव एक साल पहले के 30 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 12 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया, जबकि बेंगलुरु में टमाटर का थोक भाव 30 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर आठ रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
- पुणे। महाराष्ट्र में पुणे जिला परिषद के एक सदस्य और पांच अन्य पर जुन्नर तहसील में एक शादी समारोह के दौरान कोविड -19 मानदंडों का कथित तौर पर उल्लंघन करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। जुन्नर पुलिस थाने के निरीक्षक विकास जाधव ने कहा कि जिला परिषद सदस्य देवराम लांदे के बेटे की शादी 28 अगस्त को एक स्थानीय लॉन में हुई थी और उसमें 1800 से अधिक लोग शामिल हुए थे। उन्होंने कहा, ''लांदे, शादी लॉन के मालिक और चार अन्य के खिलाफ कोविड-19 मानदंड उल्लंघन के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 188, 269, और 270 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विवाद स्थल को सील कर दिया गया है। file photo
- नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 की तीसरी लहर अक्टूबर और नवंबर के बीच चरम पर हो सकती है लेकिन इसकी तीव्रता दूसरे चरण की तुलना में काफी कम होगी। महामारी के गणितीय प्रारूपन में शामिल एक वैज्ञानिक ने यह बात सोमवार को कही।आईआईटी-कानपुर के वैज्ञानिक मणिंद्र अग्रवाल ने कहा कि अगर कोई नया स्वरूप नहीं आता है तो स्थिति में बदलाव की संभावना नहीं है। वह तीन सदस्यीय विशेषज्ञ दल का हिस्सा हैं जिसे संक्रमण में बढ़ोतरी का अनुमान लगाने का कार्य दिया गया है। अगर तीसरी लहर आती है तो देश में प्रतिदिन एक लाख मामले सामने आएंगे, जबकि मई में दूसरी लहर के चरम पर रहने के दौरान प्रतिदिन चार लाख मामले सामने आ रहे थे। दूसरी लहर में हजारों लोगों की मौत हो गई और कई लाख लोग संक्रमित हो गए थे। अग्रवाल ने ट्वीट किया, ''अगर नया उत्परिवर्तन नहीं होता है तो यथास्थिति बनी रहेगी और सितंबर तक अगर 50 फीसदी ज्यादा संक्रामक उत्परिवर्तन सामने आता है तो नया स्वरूप सामने आएगा। आप देख सकते हैं कि नये स्वरूप से ही तीसरी लहर आएगी और उस स्थिति में नये मामले बढ़कर प्रतिदिन एक लाख हो जाएंगे।'' पिछले महीने, मॉडल के मुताबिक बताया गया था कि तीसरी लहर अक्टूबर और नवंबर के बीच में चरम पर होगी और रोजाना मामले प्रति दिन डेढ़ लाख से दो लाख के बीच होंगे, अगर सार्स-कोव-2 का ज्यादा संक्रामक उत्परिवर्तन होता है। बहरहाल, डेल्टा से ज्यादा संक्रामक उत्परिवर्तन सामने नहीं आया।पिछले हफ्ते का अनुमान भी इसी तरह का था, लेकिन नए अनुमान में रोजाना मामलों की संख्या घटाकर एक से डेढ़ लाख की गई है। अग्रवाल ने कहा कि नवीनतम आंकड़ों में जुलाई और अगस्त में हुए टीकाकरण और सीरो सर्वेक्षण को भी शामिल किया गया है।
- पिथौरागढ़।उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में धारचूला क्षेत्र के एक गांव में भारी बारिश के दौरान तीन मकान ढहने से तीन बच्चों समेत चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा कई अन्य लापता हो गए । पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने यहां सोमवार को बताया कि जुम्मा गांव में रविवार देर रात हुई इस घटना में प्रभावित स्थल से तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है । इस बीच, बचाव और राहत कार्य के लिए सबसे पहले मौके पर पहुंचे सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट एमपी सिंह ने कहा कि गांव के एक अन्य हिस्से से एक और शव मिला है जिससे मरने वालों की संख्या चार हो गई है । सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत और बचाव कार्य संचालित करने के लिए एक हैलीपैड और एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है तथा घायलों के इलाज के लिए एक चिकित्सकीय टीम भेजी गयी है । जिलाधिकारी ने कहा कि हादसे में मरने वालों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है क्योंकि प्रभावित गांव दूरस्थ क्षेत्र में एक पहाडी की चोटी पर स्थित है । उन्होंने कहा, ‘‘हमने हैलीकॉप्टर से गांव का हवाई सर्वेंक्षण किया है और पुलिस और राजस्व टीमों के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीमों को भी गांव में भेजा गया है जिससे वहां युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा सके ।' जिलाधिकारी ने जिला आपातकालीन केंद्र में अधिकारियों के साथ एक बैठक कर ग्रामीणों तक राहत सामग्री पहुंचाने के बारे में भी चर्चा की । उधर, देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जुम्मा गांव में भारी वर्षा से हुए नुकसान के बारे में कुमाऊं के आयुक्त सुशील कुमार एवं मौके पर मौजूद जिलाधिकारी चौहान से फोन पर जानकारी ली । सरकारी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र से लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, उनके रहने, खाने के साथ ही दवाइयों एवं बच्चों के लिए दूध की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए । मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि प्रभावित क्षेत्र में कोई न फंसे। मुख्यमंत्री ने आयुक्त को प्रभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए । धामी ने कहा कि मौसम साफ होते ही वह प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे।
- दुकमा। झारखंड के दुमका जिले में दो बच्चों और एक महिला की एक तालाब में डूबने से मौत हो गई। उपमंडलीय अधिकारी माहेश्वर महतो ने बताया कि घटना रविवार को हंसडीहा थाना क्षेत्र के अलुबेड़ा गांव की है जब सात वर्षीय बिमल मुरमू और छह साल के राजकुमार हेमब्रम तालाब में नहाने गए थे। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों के डूबने की सूचना मिलने पर बिमल की मां सूरजमणि ने उन्हें बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी लेकिन वह भी उसमें डूब गईं। अधिकारी ने बताया कि सूरजमणि का शव ग्रामीणों की मदद से कल देर शाम को तालाब से निकाल लिया गया था लेकिन बच्चों के शव सोमवार सुबह तालाब से निकाले जा सके।-file photo
- जम्मू। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में एक वाहन के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरनकोट क्षेत्र के द्राबा गांव में एक मोड़ पर वाहन सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रुप से घायल दो लोगों को वाहन से निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
- जयपुर। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बुहाना थाना क्षेत्र में सोमवार को एक वैन और एक मोटरसाइकिल की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। थानाधिकारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान मोटरसाइकिल सवार सुशील और उम्मेद के रूप में की गई है और तीसरे मृतक की पहचान वैन चालक महीपाल के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि सुशील और उम्मेद बुहाना कस्बे से अपने घर लौट रहे थे जबकि वैन चालक महीपाल गेहली चौकी क्षेत्र की तरफ जा रहा था, तभी बुहाना-सतनाली मार्ग पर दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।
- भुवनेश्वर। ओडिशा के गंजाम जिले में एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से बिहार के तीन प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई। ये श्रमिक अपने गृह राज्य जाने के वास्ते रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए पटरियों पर चल रहे थे। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना ब्रह्मपुर कस्बे के बाहरी इलाके में हल्दियापदार क्षेत्र के निकट हुई। उन्होंने बताया कि लगभग सात-आठ प्रवासी श्रमिक ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए रविवार रात पटरियों पर चल रहे थे। इनमें से तीन विशाखापत्तनम-टाटानगर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गये जबकि बाकी श्रमिक मामूली रूप से घायल हुए है। अधिकारी ने बताया कि ये श्रमिक यहां एक स्थानीय कंपनी में काम करते थे और अपने गृह राज्य जा रहे थे। उन्होंने बताया कि तीन श्रमिकों की मौत मौके पर ही हो गई।-file photo
- नयी दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को कोविड-19 से निपटने में ‘डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ फिजियोलॉजी एंड अलाइड साइंसेज' (डीआईपीएएस) के वैज्ञानिकों और अग्रिम पंक्ति के कर्मियों के योगदान की सराहना की और उन्हें भविष्य में इस तरह की किसी भी महामारी से प्रभावी ढंग से निपटने के वास्ते अपने शोध को तेज करने की सलाह दी। उपराष्ट्रपति द्वारा उप-राष्ट्रपति निवास में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की प्रयोगशाला, डीआईपीएएस के लगभग 25 वैज्ञानिकों और तकनीशियनों को आमंत्रित किया गया था। उनके साथ डीआरडीओ के अध्यक्ष जी सतीश रेड्डी भी थे। नायडू ने उनके साथ बातचीत करते हुए कहा कि महामारी ने जबरदस्त स्वास्थ्य संकट पैदा कर दिया है और दुनियाभर में जीवन और आजीविका को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस समय पर आगे बढ़ने और कोविड-19 के उपचार तथा प्रबंधन के लिए विभिन्न स्वदेशी उत्पादों को विकसित करने के लिए डीआईपीएएस और अन्य डीआरडीओ प्रयोगशालाओं की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि सार्स-सीओवी-2 के नए स्वरूपों के सामने आने के मद्देनजर भविष्य के किसी भी खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए हमेशा सतर्क रहना महत्वपूर्ण है। उपराष्ट्रपति सचिवालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सतीश रेड्डी ने नायडू को कोविड-19 के उपचार और प्रबंधन के लिए डीआरडीओ प्रयोगशालाओं द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित विभिन्न उत्पादों और उपकरणों के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर डीआईपीएएस के निदेशक राजीव वार्ष्णेय भी उपस्थित थे।
- निवाड़ी (मप्र) । निवाड़ी जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर पृथ्वीपुर में सोमवार को भारी बारिश के कारण तीन मंजिला एक मकान ढह गया, जिसमें दबकर एक महिला समेत एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गयी और एक अन्य महिला घायल हो गयी। पृथ्वीपुर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) संतोष पटेल ने बताया कि जेरोन मार्ग पर स्थित मुन्ना साहू (50) के इस मकान में एक नाले का पानी भरने से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त साहू का सात सदस्यों का पूरा परिवार मकान में ही मौजूद था, जिनमें से जय (25) और काशीबाई (70) मलबे में दब गए, जबकि बाकी लोग बाल-बाल बच गए। पटेल ने बताया कि सूचना के तत्काल बाद मौके पर पहुंच कर पुलिस दल ने तुरंत बचाव और राहत कार्य शुरू करके जेसीबी की मदद से दोनों को मलवे से बाहर निकाल कर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहाँ इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में मुन्ना की पत्नी राजकुमारी (40) पर भी मलवा गिरा, जिससे वह मामूली रूप से जख़्मी हो गयी थी। उसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को कहा कि बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों को छोड़कर प्रदेश की जेलों में सजायाफ्ता बंदियों की 30 दिन की सजा माफ की जाएगी। आज श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर भोपाल सेंट्रल जेल में कृष्ण-कन्हैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद मिश्रा ने मीडिया से कहा, ‘'प्रदेश की जेलों में सजायाफ्ता बंदियों की 30 दिन की सजा माफ की जाएगी। यह उन कैदियों के लिए लागू होगा जिन्हें बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के लिए दोषी नहीं ठहराया गया हो।'' उन्होंने कहा कि साथ ही अब हर साल श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर जेलों में फलाहार और भोजन की व्यवस्था होगी। मिश्रा ने कहा कि भोपाल सेंट्रल जेल में बंद कैंटीन को भी शीघ्र ही चालू किया जाएगा।
- नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने रविवार को मास्क नहीं पहनने पर 1,100 लोगों का चालान किया। यह जानकारी आधिकारिक आंकडों में दी गई है। दिल्ली पुलिस द्वारा मुहैया कराए गए आंकड़ों के मुताबिक रविवार को कोविड-19 का उल्लंघन करने के आरोप में कुल 1,225 चालान काटे गए जिनमें से 76 चालान सामाजिक दूरी के नियम का उल्लंघन करने पर, आठ चालान सार्वजनिक स्थलों पर थूकने पर और 41 चालान सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने व पान-गुटका-तंबाकू खाने पर काटे गए। आंकड़ों के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में 19 अप्रैल से 29 अगस्त के बीच कुल 2,38,721 लोगों को मास्क नहीं पहनने पर अभियोजित किया गया है। इसी अवधि के दौरान पुलिस ने 28,734 लोगों को सामाजिक दूरी का नियम उल्लंघन करने पर, 1,463 लोगों को सार्वजिक सभा या समागम करने पर,1482 लोगों को थूकने पर और 1509 लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने, पान-गुटका और तंबाकू खाने पर दंडित किया गया। आंकड़ों के मुताबिक 19 अप्रैल से 29 अगस्त के बीच कुल 2,71,909 चालान काटे गए है।
- कोलकाता। जाने-माने बंगाली लेखक बुद्धदेव गुहा का रविवार को निधन हो गया। वह 85 साल के थे। लेखक के परिवार ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने के बाद उत्पन्न हुई समस्याओं के कारण उन्हें यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और रविवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद देर रात 11 बजकर 25 मिनट पर उनका निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि गुहा कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने के बाद उत्पन्न हुई समस्याओं से परेशान थे और सांस लेने में तकलीफ तथा पेशाब में संक्रमण की शिकायत के बाद उन्हें इस माह के शुरु में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुहा अप्रैल में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और करीब 33 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहे थे। गुहा के परिवार में उनकी पत्नी रितु गुहा और दो बेटियां हैं। लेखक की बड़ी बेटी मालिनी बी गुहा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बुद्धदेव गुहा नहीं रहे।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी गुहा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘‘ बुद्धदेव गुहा को ‘कोलेर कच्छै' , ‘कोजागर', ‘इकतु उसनोतर जोनया', ‘मधुकरी' , ‘जंगलहन', ‘चोरोबेटी' और उनकी अन्य किताबों के लिए याद किया जाएगा। वह बंगाल के प्रमुख मशहूर काल्पनिक किरदार ‘रिजुदा' और ‘रुद्र' के भी रचयिता थे।'' बनर्जी ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।गुहा का जन्म 29 जून 1936 को कोलकाता में हुआ था। उनका बचपन पूर्वी बंगाल (अब बांग्लादेश) के रंगपुर और बारीसाल जिलों में बीता। उनके बचपन के अनुभवों और यात्राओं ने उनके दिमाग पर गहरी छाप छोड़ी, जो बाद में उनके लेखन में दिखाई दी। उन्हें 1976 में आनंद पुरस्कार, इसके बाद शिरोमन पुरस्कार और शरत पुरस्कार के अलावा उनके अद्भुत काम के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। ‘मधुकरी' के अलावा उनकी पुस्तक ‘कोलेर कच्छै' और ‘'सविनय निवेदन' भी काफी मशहूर हुईं। एक पुरस्कार विजेता बंगाली फिल्म 'डिक्शनरी' उनकी दो रचनाओं 'बाबा होवा' और 'स्वामी होवा' पर आधारित है। गुहा एक प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक और एक कुशल चित्रकार भी थे। बच्चों के लिए भी उनकी लेखनी को काफी सराहना मिली तथा उनके किरदार ‘रिजुदा' और ‘रुद्र' भी काफी लोकप्रिय हुए।
-
नयी दिल्ली। जल शक्ति मंत्रालय ने रविवार को कहा कि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार पांच वर्षों के लिये ग्रामीण स्थानीय निकायों (आरएलबी)/पंचायतों को साफ पानी और स्वच्छता के लिए 1,42,084 करोड़ रुपये का सशर्त अनुदान स्वीकृत किया गया है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 2021-22 से 2025-26 की अवधि के लिए 15वें वित्त आयोग द्वारा स्वीकृत अनुदान को जारी करने के वास्ते दिशा निर्देश जारी किये हैं। ग्रामीण निकायों की योग्यता परखने के लिए, जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत पेयजल और सफाई विभाग, नोडल विभाग का कार्य करेगा और अनुदान जारी करने के लिए सिफारिश करेगा।



























.jpg)