- Home
- देश
-
जम्मू। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि सीमापार से जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं और हालांकि इसे काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है, लेकिन हो सकता है कि इस पर पूरी तरह से लगाम न लगी हो। कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हालांकि प्रभावी सीमा बाड़ लगायी गई और ‘थर्मल डिटेक्शन' भी किया जाता है लेकिन सुरक्षा बलों को सीमापार से आने वाले घुसपैठियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली भूमिगत सुरंगों का पता चला है। सिंह ने कहा कि सुरक्षा बल पूरी ईमानदारी और लगन से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं, लेकिन इन भूमिगत मार्गों की पहचान और जांच में सहयोग करना स्थानीय आबादी की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, ‘‘सीमा पर आतंकवादियों की घुसपैठ रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं, जिस पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है लेकिन हो सकता है कि इसे पूरी तरह से रोका नहीं जा सका हो।'' नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पारिवारिक बंकरों के निर्माण, सीमावर्ती इलाकों में आधुनिक घरेलू शौचालयों और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सड़कों का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार सीमा पर रहने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई संवेदनशील फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं कि मोदी सरकार ने कुछ नहीं किया है, उन्हें अपने ड्राइंग रूम में बैठकर निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पारिवारिक बंकर देखने चाहिए। इस समारोह के आयोजन स्थल से बमुश्किल 10 से 12 किलोमीटर दूर इलाके में सीमा पर गोलीबारी की स्थिति में लंबे समय तक रहने और आश्रय के लिए सभी सुविधाओं वाले पारिवारिक बंकर बनाये गए हैं जो लगभग एक कमरे के आवासीय फ्लैट के बराबर हैं। सिंह ने कहा कि असली सवाल यह है कि पिछली सरकारों ने बंकरों की लोगों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा क्यों नहीं किया। मंत्री ने रियासी में एक समारोह में भी भाग लिया, जिसका आयोजन दिव्यांगों के लिए काम करने वाली एक सामाजिक संस्था ‘सक्षम' द्वारा किया गया था। सिंह ने कहा कि मोदी सरकार का दृष्टिकोण समाज के कमजोर वर्गों का सशक्तिकरण और यह सुनिश्चित करना है और उन्हें उचित सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि इसके लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने हाल के दिनों में तेजाब हमले के पीड़ित सहित 'दिव्यांगों' के लिए नौकरियों में आरक्षण कोटा बढ़ाने जैसे कई अहम फैसले लिए हैं।
-
गुमला। झारखंड के गुमला जिले के बसिया थाना अंतर्गत जकजोर गांव में रविवार शाम को लगभग साढ़े चार बजे हुए वज्रपात में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आसमानी बिजली गिरने से दुर्गा सिंह (45), उनकी पुत्री पुष्पा कुमारी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि सिंह की पत्नी सहोदरा देवी (40), बच्चे भारती कुमारी (8), पुनिता कुमारी (5) और दो माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयीं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिंह की पत्नी और तीनों पुत्रियां गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना उस समय घटी जब ये लोग खेत में घास काट रहे थे। घायलों को रेफरल अस्पताल बसिया में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक विकास आनंद लागुरी ने कहा कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
-
पुणे।घर में रात भर टीवी चलने से क्रोधित 26 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी। पुणे पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी की पत्नी ने सात महीने पहले लड़की को जन्म दिया था इसलिए वह युवती को पिछले कई महीनों से प्रताड़ित कर रहा था और रात भर टीवी चलने से नाराज होकर उसने शनिवार की सुबह अपनी 20 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। शिरगांव पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि घटना यहां मावल तहसील के चांदीवाड़ी में हुई। उन्होंने कहा कि हत्या करने के बाद आरोपी योगेश जाधव भाग निकला था लेकिन उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। -
नागपुर। फेसबुक से दोस्त बनी एक महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में नागपुर में 27 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अजनी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने 2017 में फेसबुक पर एक महिला से दोस्ती की थी और उस पर आरोप है कि उसने बृहस्पतिवार को महिला के घर में घुसकर उस पर शादी करने का दबाव बनाया। अधिकारी ने कहा, “2018 में महिला की किसी और से शादी हो गई थी और उसने आरोपी से बात करना छोड़ दिया था। उस पर छेड़छाड़ और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। -
नई टिहरी। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से मसूरी घूमने आया एक सैलानी रविवार को पर्यटन स्थल कैंपटीफॉल में नहाते समय डूब गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना मृतक अरविंद उर्फ जौहर (35) के परिजनों को दे दी गई है । थाना प्रभारी नवीन जुराल ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के हीरापुर गांव से सात लोग कैंपटीफॉल झरने में नहाने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इन दिनों भारी बारिश के कारण झरने के नीचे मुख्य तालाब के आसपास दो-तीन और तालाब बन गए हैं। नहाते समय अरविंद मुख्य तालाब के नीचे वाले तालाब में चला गया जबकि उसके साथी ऊपर की ओर नहा रहे थे। जुराल ने कहा कि थोड़ी देर बाद अरविंद के नजर न आने पर उसके साथियों ने स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के साथ रस्सी के सहारे तालाब में तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि अरविंद का शव बरामद हुआ। मसूरी घूमने आए सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे।शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
पुणे। शहर में फिल्म स्पेशल-26 की तर्ज पर लूट करने वाला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस ने गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने इनकम टैक्स का अधिकारी बन एक ज्वेलरी शॉप पर छापा मारा और 20 लाख कैश और 30 ग्राम की गोल्ड ज्वेलरी अपने साथ ले गए।
डीसीपी सागर अप्टिल ने बताया कि घटना शहर के भारती विद्यापीठ इलाके में हुई है। पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता नंदकिशोर वर्मा सोने और चांदी के आभूषण बनाने का काम करते हैं। वे पुणे के लगभग सभी ज्वेलरी शॉप में अपने माल की सप्लाई करते हैं। वे जल्द ही पुणे में एक बड़ा शोरूम खोलने की तैयारी कर रहे थे, यह जानकारी आरोपी में से किसी एक को लगी और उसने फिल्मी स्टाइल में लूट की प्लानिंग की।
गुरुवार (26 अगस्त) को तकरीबन एक दर्जन लोगों ने वर्मा की फैक्ट्री पर छापा मारा था। अंदर से गेट बंद कर सभी के फोन ले लिए गए और झूठी छापेमारी कर सिर्फ गोल्ड की ज्वैलरी और फैक्ट्री में रखा कैश जब्त किया गया। हालांकि, शुरू में किसी को संदेह नहीं हुआ, लेकिन बाद में सिर्फ गोल्ड ज्वेलरी ले जाने की जानकारी मिलने के बाद फैक्ट्री के मालिक को संदेह हुआ। उन्होंने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से इसकी पुष्टि की तो पता चला कि उनकी ओर से ऐसी कोई रेड ही नहीं हुई है, इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
डीसीपी सागर अप्टिल ने बताया कि रेड करने वाले आरोपी ज्वेलरी और कैश के साथ नन्द किशोर को भी अपने साथ ले गए और कुछ दूर ले जाने के बाद उन्हें गाड़ी से उतार कर आईटी ऑफिस आने को कहा। इसके बाद पाटिल वहां पहुंचे तो मामले की सच्चाई सामने आई। -
नवादा। बिहार के नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के लोदीपुर गांव में 10 वर्षीय बालक की मौत आहर में डूबने से हो गई। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। पुलिस ने बताया कि लोदीपुर गांव के किशुन चौधरी का पौत्र व गोपाल चौधरी का 10 वर्षीय पुत्र अहले सुबह मछली मारने महिमाबिगहा आहर गया था। वहां जाल से मछली निकालने के क्रम में आहर में डूबने से उसकी मौत हो गई। डूबने की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में गांव के तमाम लोग उसकी खोजबीन शुरू कर दिए। जिसके बाद बालक की शव को आहर से बरामद किया गया। लेकिन जब तक बालक की मौत हो चुकी थी। लोगों ने बताया कि आहर में ज्यादा पानी रहने के कारण ही बालक की मौत हुई है। बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकाल पुलिस को सूचित किया। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
-file photo
-
असीरगढ़ घूमने गए तो वापसी में लेट हो गए..! रात यहीं बिताने पर अड़ गया प्रेमी..! प्रेमिका ने गमछा से गला घोंट दिया..!
खंडवा। खंडवा में 14 दिन पहले हुई राजू की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। छैगांवमाखन टीआई अंतिम पंवार ने बताया कि राजू की प्रेमिका पर ही उसकी हत्या का आरोप है। मामले में आरोपी प्रेमिका रेखा को भी गिरफ्तार कर लिया है। 16 दिन पहले इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर चमाटी फाटे में 16 अगस्त की रात अज्ञात युवक का शव मिला। उसकी पहचान खरगोन के भीकनगांव के गांव पोई निवासी राजू (35) के रूप में हुई थी। हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
छैगांवमाखन टीआई अंतिम पंवार ने बताया कि राजू और उसकी प्रेमिका आरोपी रेखा दोनों शादीशुदा हैं। चोरी-छिपे घूमने के लिए असीरगढ़ चले गए थे। लौटते समय दोनों लेट हो गए तो प्रेमी ने रात में असीरगढ़ में ही रुकने की जिद की, जबकि रेखाबाई घर जाना चाहती थी। विवाद बढऩे पर आरोपी महिला ने राजू के गले में पहले से पड़े गमछा से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर बस पकड़कर घर लौट गई। पुलिस ने राजू के परिवार वालों से पूछताछ की। पता चला कि गांव में ही रहने वाली रेखा से राजू के संबंध थे। इस पर पुलिस ने रेखा से पूछताछ की। इसी को आधार बनाकर रेखाबाई से पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में वह कई बार गुमराह करती रही।
छैगांवमाखन टीआई अंतिम पंवार ने बताया कि सख्ती से पूछताछ में रेखा बाई ने अपना जुर्म कबूल लिया जिसके बाद उसे रविवार को गिरफ्तार किया। मृतक राजू के 3 लड़के व रेखाबाई की भी 2 संतानें हैं। काफी समय से दोनों में संबंध थे। चोरी-छिपे घूमने चले जाते थे। - भोपाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में मध्य प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश होने से संबंधित येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने बताया कि मध्य प्रदेश के पांच जिलों-विदिशा, सागर, बैतूल, छिंदवाड़ा एवं बालाघाट में आगामी 24 घंटों में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा होने की संभावना है जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भोपाल, जबलपुर, रीवा, शहडोल, होशंगाबाद, सागर एवं चंबल संभाग के जिलों आगामी 24 घंटों में कहीं-कहीं पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
- गुवाहाटी।असम में गुवाहाटी पुलिस द्वारा दो अलग-अलग जगहों से 1.8 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है जिसका मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में 14 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसके साथ ही मादक पदार्थ बेचने वाले कम से कम आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुवाहाटी पुलिस आयुक्त हरमीत सिंह ने कहा कि गोपनीय सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात को अभियान चलाया जिसमें नशीला पदार्थ बरामद किया गया। उन्होंने कहा, “कल रात, हमने शहर में दो अभियान चलाए। पहले मामले में 1.324 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई। दूसरी जगह लगभग 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।” उन्होंने बताया कि पहले अभियान के तहत, मणिपुर से नशीला पदार्थ लाये जाने की सूचना मिलने के बाद की गई कार्रवाई में गुवाहाटी पुलिस के संयुक्त आयुक्त पार्थसारथी महंता के नेतृत्व में पुलिस के विशेष दल ने शनिवार रात को एक वाहन को रोका और उसमें साबुन के 100 केस में रखी गई हेरोइन बरामद की। सिंह ने कहा कि इस संबंध में मणिपुर के चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किये गए आरोपियों से पूछताछ के बाद गुवाहाटी में विशेष दल ने अभियान चलाया और मणिपुर तथा नगालैंड के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जिन्होंने कथित तौर पर नशीला पदार्थ प्राप्त किया था। पुलिस आयुक्त ने कहा कि दूसरे अभियान में दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके पास से हेरोइन के 35 पैकेट बरामद किये गए। सिंह ने बताया कि पुलिस ने 7.19 लाख रुपये और एक कार भी बरामद की।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर देश के नागरिकों को अपनी शुभकामनाएं दी और आशा व्यक्त की कि यह त्योहार लोगों को ‘‘नीतिपरायणता, सच्चाई और प्रतिफल से अधिक कर्तव्य'' के शाश्वत मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करेगा। कोविंद ने कहा, ‘‘जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं के प्रति स्वयं को समर्पित करने का त्योहार है।'' कोविंद ने कहा, ‘‘यह त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के संदेश को प्रसारित करने का भी एक अवसर है, जिसमें नीतिपरायणता, सच्चाई और प्रतिफल से अधिक कर्तव्य पर बल दिया गया है। यह त्योहार हमें इन सभी शाश्वत मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करे।'' राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा है, ‘‘जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर, मैं भारत और विदेशों में रहने वाले सभी नागरिकों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
- होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में मुकेरियां के समीप ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार रात गहलरिया-तगर खुर्द मार्ग पर लकड़ी की एक दुकान के समीप हुई। पुलिस ने बताया कि ट्रक ने पहले मोटरसाइकिल सवार निर्मल सिंह (62) को टक्कर मारी और इसके बाद साइकिल से जा रहे रोहित नाम के व्यक्ति को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
- नयी दिल्ली। डेयरी किसानों की सहायता के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) द्वारा विकसित ई-गोपाला एप्लिकेशन का वेब संस्करण शनिवार को शुरू किया गया। एक बयान में कहा गया कि ई-गोपाला एप्लिकेशन और आईएमएपी वेब पोर्टल का वेब संस्करण शुरू कर दिया गया है। यह वेब पोर्टल डेयरी पशुओं की बेहतर उत्पादकता के लिए डेयरी किसानों को रियल टाइम डेटा उपलब्ध कराएगा। बयान के अनुसार केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने एनडीडीबी के अध्यक्ष मीनेश शाह की उपस्थिति में इस पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रूपाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'डिजिटल इंडिया' के सपने के अनुरूप, एनडीडीबी दूध उत्पादकों के लिए प्रौद्योगिकी संचालित गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है।
- नयी दिल्ली। यहां हमदर्द चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान में दो से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के बीच कोविड-19 रोधी टीके कोवोवैक्स के तीन चरणों में से दूसरे चरण के नैदानिक परीक्षण के लिए स्वयंसेवियों की भर्ती रविवार को शुरू हुई। खबरों के अनुसार यह परीक्षण 10 स्थानों पर होगा और इसमें 920 बच्चे शामिल होंगे जिनमें 12-17 और 2-11 आयु वर्ग में 460-460 बच्चे शामिल होंगे। दवा कंपनी जायडस कैडिला के स्वदेश में विकसित सुई-रहित कोविड-19 टीके जाइकोव-डी को दवा नियामक से आपातकालीन उपयोग के लिए अनुमति प्राप्त हुई है, जिससे यह देश में 12-18 वर्ष के आयु वर्ग में दिये जाने वाला पहला टीका बन गया है। भारत के दवा नियामक ने जुलाई में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) को दो से 17 आयु की उम्र के बच्चों पर कोवोवैक्स के दूसरे चरण के परीक्षण के लिए कुछ शर्तों के साथ कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति (सीईसी) की सिफारिशों के आधार पर अनुमति दी थी।भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) को सौंपे गए आवेदन में एसआईआई के निदेशक (सरकारी और नियामक मामले) प्रकाश कुमार सिंह और निदेशक प्रसाद कुलकर्णी ने कहा था कि विश्व स्तर पर, 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वयस्कों का टीकाकरण किया जा रहा है और इसके बाद कोविड-19 के खिलाफ इस आबादी की रक्षा सुनिश्चित हो जाती है लेकिन बच्चे अतिसंवेदनशील समूह बने रहेंगे। उन्होंने कहा था, ''कमजोर बच्चों में मौत सहित गंभीर बीमारी की खबरें आई हैं। यह भी आशंका जताई गई है कि देश में महामारी की तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित कर सकती है।'' आवेदन में कहा गया था, भारत में तीन चरणों वाले परीक्षण में से दूसरे चरण के अध्ययन में, 1,400 से अधिक प्रतिभागियों ने टीके की कम से कम पहली खुराक प्राप्त की है, जिसमें अब तक कोई सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई है।
- नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने सामान्यीकरण शुल्क (इक्वलाइजेशन लेवी) और प्रेषण (रेमिटेंस) के लिए विवरण दाखिल करने सहित विभिन्न अनुपालनों के लिए रविवार को समयसीमा बढ़ा दी। वित्त वर्ष 2020-21 के लिए फॉर्म-1 में सामान्यीकरण शुल्क ब्योरा दाखिल करने की समयसीमा 30 जून की मूल नियत तारीख के मुकाबले 31 दिसंबर तक बढ़ा दी गयी है। जून और सितंबर तिमाही के लिए किए गए प्रेषण के संबंध में अधिकृत डीलरों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले फॉर्म 15सीसी में त्रैमासिक विवरण अब क्रमशः 30 नवंबर और 31 दिसंबर तक दायर किया जा सकता है। इस विवरण को दाखिल करने की मूल नियत तारीख क्रमशः 15 जुलाई और 15 अक्टूबर थी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक बयान में कहा कि करदाताओं और अन्य हितधारकों द्वारा कुछ फॉर्म को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से दाखिल करने में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए इन फॉर्म की ई तरीके से जमा कराने की तारीखों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। एक अलग बयान में, सीबीडीटी ने प्रत्यक्ष कर विवाद समाधान योजना विवाद से विश्वास (वीएसवी) के तहत भुगतान करने की समयसीमा 30 सितंबर तक एक महीने तक बढ़ाने की घोषणा की।--
- नयी दिल्ली। सरकार ने प्रत्यक्ष कर समाधान योजना ‘विवाद से विश्वास' के तहत भुगतान की तिथि एक महीने बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। इस योजना के तहत विवादित कर, ब्याज, जुर्माने और शुल्क के मामलों का समाधान किया जाता है। इसमें किसी आकलन या पुन:आकलन आदेश में 100 प्रतिशत विवादित कर और 25 प्रतिशत विवादित जुर्माने या ब्याज या शुल्क के भुगतान के बाद मामले का समाधान हो जाता है। इसमें करदाता को ब्याज, जुर्माने की छूट के अलावा आयकर कानून के तहत किसी अभियोजन से छूट भी मिलती है। वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि फॉर्म 3 जारी करने और संशोधित करने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए भुगतान की तिथि को 30 सितंबर, 2021 तक बढ़ाने का फैसला किया गया है। विवाद से विश्वास के तहत भुगतान के लिए फॉर्म 3 जरूरी है। इससे पहले मंत्रालय ने जून में इस योजना के तहत भुगतान की तिथि को बढ़ाकर 31 अगस्त किया था। हालांकि, करदाताओं के पास ब्याज की अतिरिक्त राशि के साथ 31 अक्टूबर तक भुगतान करने का विकल्प था। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अतिरिक्त राशि के साथ भुगतान की 31 अक्टूबर की तिथि में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है।
- अयोध्या। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने परिवार के साथ रविवार को यहां श्री राम जन्मभूमि परिसर में रामलला के दर्शन किए। पुजारियों के मंत्रोच्चार के जाप के बीच उन्होंने पूजा-अर्चना और आरती भी की। पूजा के बाद राष्ट्रपति के माथे पर तिलक लगाया गया। मंदिर के पुजारी ने राष्ट्रपति को एक शॉल भेंट की और राष्ट्रपति ने उनसे संक्षिप्त बातचीत की। इसके बाद उन्होंने एक पौधा लगाया। कोविंद को राम मंदिर की एक लघु प्रतिकृति भी भेंट की गई। राष्ट्रपति ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ हनुमानगढ़ी मंदिर का दौरा भी किया और पूजा-अर्चना की। हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद राष्ट्रपति को गुलाबी रंग की पगड़ी भेंट की गई। इस अवसर पर उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा भी मौजूद थे। शहर में लोग अपने घरों की छतों पर राष्ट्रपति की झलक पाने के लिए खड़े देखे गए।
- मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिवस को धूमधाम से मनाने के लिए समूचा ब्रज तैयार है। मथुरा-वृन्दावन, गोकुल-महावन, नन्दगांव-बरसाना, गोवर्धन आदि शहरों और मंदिरों को बड़े ही जतन से सजाया गया है। मुख्य चौराहों पर लोक कलाकार स्थानीय कलाओं का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर भागवत भवन में स्थित भगवान राधाकृष्ण के युगल विग्रह को पहनाई जाने वाली पोशाक सात कारीगरों द्वारा सात माह की अथक मेहनत के बाद रेशम के महीन धागों से बनी ‘हरि चंद्रिका' पोशाक तैयार हो गई है। उन्होंने कहा कि ठाकुरजी यही पोशाक पहनेंगे और मंगला आरती के समय इसी पोशाक में दर्शन देंगे। स्थानीय लोगों के साथ-साथ ‘श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2021' मना रहे उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने बाहर से 600 कलाकारों को आमंत्रित किया है। जो यहां के विशाल रामलीला मैदान व कृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर के आसपास के चौराहों पर विशेष रूप से स्थापित किए गए मंचों पर अपनी कला का जादू बिखेर रहे हैं, वहीं तीन दर्जन चित्रकार हर दीवार-कूंचे पर कृष्ण कलाओं को चित्रित कर रहे हैं। परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नगेंद्र प्रताप ने बताया, छह सौ कलाकार के 50 दल बनाए गए हैं। जिनमें से सबसे बड़ा दल रामलीला मैदान पर अपनी प्रस्तुतियां दे रहा है। इसके अलावा शहर में करीब एक दर्जन अन्य तथा वृन्दावन व गोकुल में भी मंच बनाए गए हैं। जहां दोपहर से भगवान की लीलाओं से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरु हो गए हैं जो मंगलवार तक अनवरत चलेंगे। पर्व को देखते हुए शहर में कड़े सुरक्षा बंदो बस्त किए गए हैं।जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर सहित नगर निगम आयुक्त अनुनय झा ने पूरे शहर का भ्रमण कर सुरक्षा एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। ग्रोवर ने बताया कि सुरक्षा के लिए 320 उप निरीक्षक, 1500 सिपाहियों के साथ ही दस कंपनी पीएसी तैनात की जा रही हैं। उन्होंने बताया, जन्मस्थान परिसर में अग्निशमन दस्ता, बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता, खुफिया दस्ते आदि पहले से ही तैनात हैं। हर श्रद्धालु को पूरी जांच के पश्चात ही प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया, शहर में वाहनों का प्रवेश बंद कर सभी प्रवेश मार्गों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
- नयी दिल्ली। पेंशनभोगियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के वरिष्ठ नागरिकों को राहत के लिए पेंशन को आयकर से मुक्त करने की मांग की है। पेंशनभोगियों के निकाय भारतीय पेंशनभोगी मंच ने इस बारे में 25 अगस्त को प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में दलील दी गयी है कि जब सांसदों और विधायकों की पेंशन पर कर नहीं लगता है, तो सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली पेंशन पर आयकर क्यों लेती है। पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक सेवानिवृत्त व्यक्ति को पेंशन का भुगतान बरसों तक देश की सेवा के लिए किया जाता है। मंच ने कहा, ‘‘अब सवाल उठता है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर आयकर क्यों लगता है। यह किसी सेवा या कार्य से मिलने वाली आय नहीं है। यदि सांसद और विधायकों की पेंशन करमुक्त है, तो हमारी पेंशन पर कर क्यों लिया जाता है।'' पेंशनभोगी मंच ने 23 जुलाई, 2018 को महाराष्ट्र के शिरडी में अपने पहले अखिल भारतीय सम्मेलन में यह प्रस्ताव दिया था कि पेंशन को आयकर से छूट मिलनी चाहिए। उसके बाद से संगठन द्वारा लगातार यह मुद्दा वित्त मंत्री के साथ भी उठाया गया। पत्र में प्रधानमंत्री से इस मुद्दे को लेकर हस्तक्षेप की अपील की गई है। मंच ने कहा कि उसने इस मुद्दे पर वित्त मंत्री को 23 अगस्त, 2018, 14 दिसंबर, 2018 और 25 फरवरी, 2021 को पत्र लिखा था। मंच ने कहा कि इस मुद्दे पर अभी तक कुछ नहीं किया गया है।
- चित्रकूट (उप्र) ।जिले में खेत की रखवाली कर रहा एक किसान रविवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया जिसके बाद परिजनों ने उसके अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी की सूचना दर्ज की है और वह दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के रजौला गांव में रविवार सुबह खेत की रखवाली करते समय किसान लाला (48) रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया जिसके परिजनों ने कोतवाली में 'गुमशुदगी' की सूचना दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न पुलिस टीम लापता किसान की खोजबीन में जुटी हैं। वहीं, सीतापुर पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक रामवीर सिंह ने कहा कि फिलहाल मामले में गुमशुदगी की सूचना दर्ज की गई है, लेकिन किसान के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर रंजिशन अपहरण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इन आरोपियों में से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
- नयी दिल्ली। पौराणिक कथाकार देवदत्त पटनायक पाठकों की एक नई पीढ़ी के लिए कृष्ण की कहानी पर आधारित एक नई पुस्तक लेकर आए हैं, जिसमें काफी रंगीन तस्वीरें हैं और कृष्ण की सभी लीलाओं का वर्णन है। जन्माष्टमी के अवसर पर पेंगुइन रैंडम हाउस इंप्रिंट पफिन ने "श्याम, आवर लिटिल कृष्णा" प्रकाशित किया है। एक सुलभ प्रारूप में डिज़ाइन की गई यह पुस्तक माता-पिता को अपने बच्चे को कृष्ण की कहानियों से परिचित कराने में मदद करेगी और यह सोते समय पढ़ने के एक आदर्श तरीका के रूप में भी काम करेगी। पफिन के अनुसार, "श्याम, आवर लिटिल कृष्णा" जन्माष्टमी का एक बड़ा उपहार है, जो एक संपूर्ण पारिवारिक पाठ का अनुभव है और "श्याम : एन इलस्ट्रेटेड रीटेलिंग ऑफ द भागवत" के लिए एक सहायक पुस्तक होगी, जिसका लेखन भी पटनायक ने ही किया है। पुस्तक में 40 से अधिक रंगीन कलाकृतियां हैं।पुस्तक बहुत ही स्पष्ट भाषा में कृष्ण के बचपन की कहानी बताती है और जैसे-जैसे वह बड़े हुए, सभी ने महसूस किया कि वह कोई साधारण बालक नहीं थे। पटनायक लिखते हैं, "वह पृथ्वी पर भगवान हैं। एक देवता जिसने इंसानों को प्यार करना सिखाया। अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग नामों से लोग श्याम की पूजा करते हैं।
- मुजफ्फरनगर (उप्र) ।मुजफ्फरनगर के एक गांव में पानी के ट्यूबवेल की खुदाई करते समय एक हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना बरवाला गांव में हुई जो शाहपुर पुलिस थाने के तहत आता है। उन्होंने बताया कि कार्तिक (38) तथा गौतम (25) नामक दो व्यक्तियों के हाथों में एक पाइप था जो एक हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया और दोनों को करंट लगा। उन्होंने बताया कि दोनों को एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।-file photo
- नयी दिल्ली। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को यहां ‘फिट इंडिया' कार्यक्रम की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर व्यक्तिगत प्रशिक्षण-सह-फिटनेस मार्गदर्शन करने वाले ‘फिट इंडिया' मोबाइल ऐप को लॉन्च किया। ठाकुर ने कहा कि यह ऐप राष्ट्रीय खेल दिवस पर भारत के लोगों के लिए सरकार की ओर से एक उपहार है। राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। ठाकुर ने यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित समारोह में कहा, ‘‘फिट इंडिया ऐप मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि है, जो देश के खिलाड़ियों के नायक हैं।'' इस कार्यक्रम में तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने भी ऑनलाइन तरीके से जुड़कर भाग लिया। खेल मंत्री ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों के फिट रहने के लिए ऐप बहुत जरूरी है और उनसे ऐप का सख्ती से पालन करने की उम्मीद की जाती है। यह नये, युवा भारत को फिट रखने का एक प्रयास है क्योंकि एक फिट युवा ही एक महान भारत बना सकता है।'' मनप्रीत ने इस ऐप का समर्थन करते हुए कहा, ‘‘ हम फिटनेस को पर्याप्त महत्व नहीं देते। हमें फिटनेस के लिए एक दिन में अपने समय का सिर्फ आधा घंटा समर्पित करने की आवश्यकता है। यह ऐप मजेदार और मुफ्त है और इससे कोई भी कहीं भी अपनी फिटनेस का परीक्षण और निगरानी कर सकता है।'' उन्होंने बताया, ‘‘ यह ऐप बहुत मददगार और उपयोग में आसान है। मैं पहले से ही इसका इस्तेमाल कर रहा हूं और मुझे उम्मीद है कि यह मेरी फिटनेस को और बेहतर बनाने में मेरी मदद करेगा।'' इस कार्यक्रम में खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक, खेल सचिव रवि मित्तल, भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
- ठाणे। मानसिक रूप से कमजोर एक किशोर को उसके लापता होने के 24 घंटे बाद ही मध्य प्रदेश के जबलपुर में उसके परिवार से मिलवा दिया गया। उसने एक बाजू पर मोबाइल फोन नंबर टैटू के रूप में गुदवा रखा था जिसकी मदद से उसे परिवार से मिलवा दिया गया। महाराष्ट्र में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक अधिकारी ने रविवार को यहां बताया कि लड़के को शुक्रवार शाम को ठाणे जिले में डोम्बिवली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर घूमते हुए देखा गया था। उसने आरपीएफ कर्मियों को बताया कि उसका नाम अंकित है और वह जबलपुर का रहने वाला है। जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि उसकी एक बाजू पर एक मोबाइल फोन नंबर गुदा हुआ है। आरपीएफ ने उस मोबाइल नंबर पर फोन किया। फोन एक महिला ने उठाया जिसमें पुलिस को बताया कि उसका बेटा अंकित बृहस्पतिवार को लापता हो गया था। अधिकारी ने बताया कि लड़के को शनिवार रात को उसके माता-पिता से मिलवाया गया। उन्होंने बताया कि लड़का जबलपुर रेलवे स्टेशन से एक ट्रेन पर चढ़ गया होगा और ठाणे पहुंच गया होगा।
- मेरा सुंदर गांवलातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले का एक गांव मुफ्त वाई-फाई कनेक्शन पाने वाला पहला ऐसा गांव बन गया है, जहां के विद्यार्थी अब नेटवर्क की चिंता किए बिना ऑनलाइन कक्षाएं ले पाएंगे। प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मनोज राउत ने कहा कि मुफ्त इंटरनेट सेवा देते वक्त अनावश्यक साइटों को ब्लॉक कर दिया गया है। राउत ने कहा, “यह पहल संभागीय आयुक्त सुनील केंद्रेकर द्वारा प्रस्तावित 'सुंदर माझा गांव' (मेरा सुंदर गांव) कार्यक्रम का हिस्सा है और जिला परिषद के सीईओ अभिनव गोयल की बाला (शिक्षण सहायता के रूप में निर्माण) पहल है, जिसका उद्देश्य गांव को एक स्मार्ट मॉडल गांव के रूप में विकसित करना है।” नागतीर्थवाड़ी गांव के निवासी सरिता यालमते ने बताया कि उसके जैसी गृहणियों को पहले हॉटस्पॉट का इस्तेमाल कर इंटरनेट तक पहुंच के लिए पतियों पर आश्रित रहना पड़ता था लेकिन अब ग्राम पंचायत द्वारा निशुल्क वाई-फाई सुविधा मुहैया कराए जाने के कारण उन्हें पतियों का इंतजार नहीं करना पड़ता। अधिकारियों ने बताया कि अन्य पहलों में, हर सुबह धार्मिक गीत और प्रार्थना के लिए गांव भर में 12 साउंड स्पीकर लगाना शामिल है। इसके अलावा, हर सुबह और शाम समाचार बुलेटिन प्रसारित किए जाते हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस सुविधा का उपयोग ग्रामीणों को कुछ महत्वपूर्ण निर्देश देने के लिए भी किया जाता है। उन्होंने बताया, “ग्राम पंचायत की वार्षिक तीन लाख रुपये की आय को बढ़ाने के लिए बंजर भूमि में 220 इमली के पेड़ लगाए गए जिससे भविष्य में आठ से 10 लाख रुपये की आय हो सके। गांव ने 2017 में ‘पानी फाउंडेशन' द्वारा आयोजित एक प्रतियोगिता में भाग लिया था और पांच लाख रुपये का पुरस्कार जीता था।” साथ ही पर्यावरण की रक्षा के लिए वट पूर्णिमा के अवसर पर 101 महिलाओं ने इन इमली के पेड़ों के चारों ओर 101 बरगद के पौधे लगाए। बीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत ने 11 सितंबर से सभी लेन-देन को कागज रहित बनाने का फैसला किया है। इस गांव को भारतीय जनता पार्टी (भजापा) की महाराष्ट्र इकाई के सचिव अरविंद पाटिल निलंगेकर ने गोद लिया था।



























.jpg)