- Home
- देश
- पोर्ट ब्लेयर। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में लगातार चौथे दिन कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में महामारी के मामलों की संख्या 7,560 पर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से किसी की मौत न होने के कारण मृतकों की संख्या 129 पर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अंडमान और निकोबार में कोविड-19 के तीन मरीजों का इलाज चल रहा है और 7,428 लोग इस बीमारी से अभी तक उबर चुके हैं। अभी तक 3,59,749 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है जिनमें से 1,04,928 ने दोनों खुराक ले ली हैं। अंडमान और निकोबार प्रशासन ने कोविड-19 का पता लगाने के लिए अभी तक 4.84 लाख से अधिक नमूनों की जांच की है और संक्रमण दर 1.56 प्रतिशत दर्ज की गयी है।
- अमरावती। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम स्थित पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज (पीटीसी) में एक महिला उप निरीक्षक (एसआई) ने रहस्यमय परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने कहा कि कृष्णा जिले की निवासी एसआई, के. भवानी (25) ईस्ट गोदावरी जिले में सखिनेतीपल्ली पुलिस थाने में तैनात थी और वह पीटीसी विजयनगरम में एक सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद रविवार को लौटने वाली थी।एसआई का शव पीटीसी के एक छात्रावास के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। विजयनगरम पुलिस अधीक्षक पी. अनिल कुमार ने कहा, "उसने विशाखापत्तनम में शनिवार को अपने भाई को कॉल कर बताया था कि प्रशिक्षण कार्यक्रम समाप्त हो चुका है। उसने आत्महत्या क्यों की इसका कारण अभी पता नहीं चल पाया है।" महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-
जंगल में मिली लाश, दोनों लापता थे, हत्यारों को नहीं मिला सुराग
मेरठ। मेरठ के किठौर इलाके में दो बच्चों की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों शनिवार की शाम से ही लापता था। सुबह जंगल में खून से लथपथ शव मिले। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को देखकर लगता है कि पहले दोनों बच्चों को बुरी तरह से पीटा गया है और इसके बाद चाकू और नुकीले हथियार से हमला करके मार डाला गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सबूत जुटाने के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। घटना के बाद सीओ किठौर बृजेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी देहात केशव कुमार भी मौके पर पहुंचे।
सीओ किठौर बृजेश सिंह ने बताया कि मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर निवासी सादिक और अमन शनिवार शाम घर से निकले थे। उसके बाद दोनों किशोर अपने घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। दोनों किशोरों के शव रविवार सुबह किठौर थाना क्षेत्र के फतेहपुर नारायण गांव के जंगल में ईख के बाग के पास मिले।
सीओ किठौर बृजेश सिंह ने बताया कि सादिक व अमन की हत्या निर्मम तरीके से की गई है। सादिक के शरीर पर नुकीली वस्तु के निशान मिले हैं। जबकि अमन के शरीर पर चाकू के भी निशान मिले हैं। दोनों की हत्या के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। सादिक का पिता मजदूरी करता है, जबकि अमन का पिता गैस एजेंसी पर काम करता है।
सीओ किठौर बृजेश सिंह ने बताया कि सादिक व अमन के शव आम के बाग के पास पड़े मिले। दोनों के शव के बीच में करीब 25 मीटर का फासला रहा। हत्यारों ने दोनों को पहले पीटा भी है, उसके बाद मौत के घाट उतारा। दोनों ने बचाव के लिए हाथापाई भी की होगी, क्योंकि मिट्टी में भी निशान मिले हैं। अमन का शव सादिक के शव से कुछ दूरी पर मिला है। ऐसे में पुलिस मान रही है की अमन भाग निकला, जिसे घेरकर 25 मीटर दूर मारा गया। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। ऐसे में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। -
नई दिल्ली। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में युवक की हत्या के मामले में खुलासा हो गया है। डीसीपी साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट डीसीपी आरपी मीणा ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी मुस्कान, सास मीनू, मो. जमालुद्दीन, कौशलेंद्र, विशाल, विवेक और राजकुमार कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग हुआ चाकू, मृतक का मोबाइल फोन, ऑटो और आरोपी व्यक्तियों के खून के धब्बे वाले कपड़े बरामद किए गए हैं। इन सभी के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
डीसीपी साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट डीसीपी आरपी मीणा ने बताया 10 अगस्त को न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में सुखदेव विहार के पास नाले में पड़े सूटकेस में शव होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर गई, जहां काले रंग के ट्रॉली बैग में पुरुष की लाश मिली। चेहरा सडऩे के कारण पहचाना नहीं जा सका। मृत के शरीर के दाहिने हाथ पर नवीन नाम का टैटू स्याही का निशान मिला। पुलिस ने शव एम्स मुर्दाघर में भेज दिया। पुलिस ने मामले में हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया।
एसएचओ एनएफसी सुमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की शिनाख्त नवीन निवासी देवली गांव उम्र 24 वर्ष के तौर पर हुई। 12 अगस्त को पुलिस स्टेशन नेब सराय में इसके लापता होने की सूचना दर्ज मिली।
डीसीपी साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि इस केस में सबसे पहले मृतक की पत्नी आरोपी मुस्कान को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया नवीन की हत्या के बाद आरोपी जमाल ने शव को वॉशरूम में धोया और उसने कमरे से खून साफ किया। सुबह आरोपी जमाल ने दोस्त आरोपी राजपाल को नवीन के शव फेंकने के लिए बुलाया। मृतक नवीन, आरोपी जमाल और उसके आरोपी साथियों के खून से सने कपड़े चिराग दिल्ली के नाले में फेंक दिए। आरोपी जमाल अपने घर से एक ट्रॉली बैग लेकर आया था। मृतक नवीन का शव बैग में पैक कर सुखदेव विहार के नाला में ऑटो से फेंका गया। इसके बाद पुलिस ने एक एक कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। मृतक की सास आरोपी मीनू को खानपुर गांव से गिरफ्तार किया गया। - बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसन्धान संगठन (इसरो) ने कहा है कि कि उसने शनिवार को तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में प्रणोदन परिसर (आईपीआरसी) के परीक्षण केन्द्र में 450 सेकंड के लिए गगनयान सेवा मॉड्यूल प्रणोदन प्रणाली के सिस्टम डिमॉन्स्ट्रेशन मॉडल (एसडीएम) का पहला 'हॉट टेस्ट' सफलतापूर्वक पूरा किया। हॉट टेस्ट किसी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के परीक्षण को कहते हैं।अंतरिक्ष एजेंसी इसरो का मुख्यालय बेंगलुरु में है। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि सिस्टम के प्रदर्शन से परीक्षण का उद्देश्य पूरा हो गया है और परीक्षण से पहले इसरो ने जो भविष्यवाणी की थी, यह करीब-करीब वैसा ही रहा। इसके अलावा, विभिन्न मिशन परिस्थितियों के अनुरूप बनाने के लिये सिलसिलेवार परीक्षण की योजना बनाई गई है। इसरो ने बताया कि सेवा मॉड्यूल (एसएम) गगनयान कक्षीय मॉड्यूल का एक हिस्सा है, जो क्रू मॉड्यूल के नीचे स्थित होता है।
- चेन्नई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि वर्तमान समय में ‘‘अनिश्चितताओं और उथल-पुथल''को देखते हुए भारत को किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। वह करीब दो हफ्ते पहले अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद सुरक्षा स्थितियों के संदर्भ में बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लगातार बदल रहे क्षेत्रीय परिदृश्य के कारण हर वक्त चौकन्ना रहने की जरूरत है और दुनिया में हो रहे बदलावों से भारतीय अछूते नहीं रह सकते हैं। स्वदेश निर्मित तटरक्षक पोत को राष्ट्र को सौंपने के बाद उन्होंने हिंद महासागर की चुनौतियों का जिक्र किया। इस क्षेत्र में भारत और चीन के बीच प्रतिद्वंद्विता बढ़ रही है। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘दुनिया में हो रहे बदलाव हमारे लिए अक्सर चिंता की बात हो जाते हैं। एक देश के रूप में हमें दुनिया के इन अनिश्चित एवं उथल-पुथल वाले माहौल में हमेशा तैयारियां पूरी रखनी चाहिए।'' अफगानिस्तान में संभावित आतंकवाद के बढ़ने और पाकिस्तान के रास्ते इसके जम्मू-कश्मीर तक पहुंचने की बढ़ती चिंताओं के बीच उनका यह बयान आया है। सिंह ने कहा, ‘‘दुनिया आज काफी तेजी से बदल रही है। देशों के बीच आर्थिक, राजनीतिक और व्यावसायिक संबंधों में तेजी से बदलाव आ रहे हैं। दूसरे देश से आने वाली अगली खबर के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमारा देश इन बदलावों से अछूता नहीं रह सकता। यह हम जैसे देशों पर ज्यादा लागू होता है, हमारे हित हिंद महसागार से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं।'' हिंद महासागर में चीन की सेना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भारतीय नौसेना अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है। सिंह ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में दुनिया के दो तिहाई से अधिक तेल का परिवहन होता है, एक-तिहाई सामान की ढुलाई होती है और आधा से ज्यादा कंटेनर परिवहन होता है जो दुनिया के हितों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि मैंने कहा कि आज की बदलती दुनिया में इस क्षेत्रों में भी निश्चित तौर पर असर होगा। हमें हर वक्त सतर्क रहना होगा।'' सिंह ने कहा कि वैश्विक सुरक्षा कारणों, सीमा विवादों और समुद्री सीमा पर दबाव के चलते दुनिया के देश अपनी सैन्य शक्ति का आधुनिकीकरण कर रहे हैं और उसे मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैन्य उपकरणों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है और रिपोर्ट के मुताबिक अगले एक या दो वर्षों में दुनिया भर में सुरक्षा पर खर्च 2.1 हजार अरब डॉलर तक बढ़ जाएगा और अगले पांच वर्षों में इसके कई गुना बढ़ने की संभावना है। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘इस तरह की स्थिति में हमें अपनी क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करने, नीतियों का लाभ उठाने और देश को स्वदेशी पोत निर्माण का केंद्र बनाने का लाभ उठाने का अवसर है।'' रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल ने तटीय सुरक्षा के साथ ही समु्द्री संकट एवं आपदा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
- मथुरा। भगवान कृष्ण में जन्मोत्सव 30 अगस्त को मनाने के लिए मथुरा में जन्माष्टमी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया, ‘‘ भगवान को चढ़ाए जाने वाले प्रसाद को बनाने का कार्य शुरू हो गया है। क्लॉक रूम बनाने के लिए जगहों का चुनाव कर लिया गया है।'' श्री कृष्ण जन्मस्थान के अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 की वजह से इस बार आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद नहीं देने का फैसला किया गया है। उन्होंने बताया कि क्लॉकरूम के लिए चार स्थान- रूपम सिनेमा, गोविंद नगर पुलिस थाने के सामने, गल्तेश्वर मंदिर तिराहा और राधा पार्क तय किए गए है और 29 अगस्त तक तैयारी हो जाएंगी। भक्तों को जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर लगाए जा रहे हैं। केशव देव मंदिर, भागवत भवन में भी इस अवसर के लिए विशेष तैयारियां की गई है।राधा रमण मंदिर के महासचिव पद्मनाभ गोस्वामी ने बताया कि वृदांवन स्थित राधा रमण मंदिर, राधा दामोदर मंदिर और शाह जी मंदिर में जन्माष्टमी पर ‘चरणामृत' वितरण अहम होता है, इसलिए मंदिर के दल ग्रामीणों से गाय का दूध और दही की आपूर्ति अभिषेक उत्सव (भगवान कृष्ण के बालू स्वरूप के स्नान के लिए) के लिए सुनिश्चित करने के लिए संपर्क कर रहे हैं। वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में मंगला आरती की विशेष व्यवस्था की जा रही है। मंदिर के प्रबंधक मुंशी शर्मा ने बताया कि 30 अगस्त की मध्य रात्रि से दर्शन शुरू होंगे। मंगल दर्शन साल में एक बार महज दो घंटे के लिए होती है। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि कोविड-19 नियमों के तहत भंडारा आयोजित करने से पहले उसकी अनुमति लेना अनिवार्य है। गोवर्धन, नंदगांव, बरसाना, बलदवे और महाबन स्थित कृष्ण मंदिरों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
- सोनीपत (हरियाणा)। सोनीपत के बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास शनिवार को एक गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य युवक घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-तीन निवासी नवीन अपने छह दोस्तों के साथ दिल्ली से मुरथल के परांठे खाने के लिए जा रहे थे, लेकिन शनिवार दोपहर बाद बहालगढ़ फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और लोहे की बाड़ से टकराकर पलटती हुई सर्विस लेन में चली गई। उन्होंने बताया कि हादसे में नवीन और उसके दोस्त बबलू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकित ,पीयूष, राहुल, लोकेश और विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मृतक के परिजनों का आरोप है कि नवीन के गले की सोने की चेन और उसका मोबाइल गायब है। उन्होंने आशंका जताई है कि नवीन की गाड़ी में पीछे से टक्कर मारी गई है जिससे हादसा हुआ। जांच अधिकारी प्रविन्द ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल भादंवि की धारा-174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग तथा आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को गुवाहाटी में आयुष और पूर्वोत्तर राज्यों के मंत्रियों के सम्मेलन में पूर्वोत्तर राज्यों में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढावा देने के लिए कई प्रमुख पहलों की घोषणा की।संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री सोनोवाल ने आयुष प्रणालियों के विकास और उनका बढ़ावा देने के लिए पूर्वोत्तर राज्यों में राष्ट्रीय आयुष मिशन योजना के हिस्से के रूप में एक हजार नए स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्र खोले जाने की घोषणा की। इन केंद्रों का उद्देश्य आयुष चिकित्सा पद्धति के सिद्धांतों पर आधारित समग्र स्वास्थ्य मॉडल प्रदान करना है। देश में कुल साढ़े बारह हजार स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्रों का संचालन किया जाना है। आयुष द्वारा प्रदान की जाने वाली पारंपरिक दवाओं की लोकप्रियता को बढावा देने के बारे में श्री सोनोवाल ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में राष्ट्रीय आयुष मिशन योजना के तहत एक सौ आयुष औषधालय खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उचित पहल से पूर्वोत्तर राज्यों में आयुष चिकित्सा प्रणाली को मुख्य धारा से जोड़ा जा सकता है।श्री सोनोवाल ने पूर्वोत्तर क्षेत्र मे आयुष औषधीय विशेषज्ञों की शिक्षा और प्रशिक्षण को प्रोत्साहन देने के लिए राष्ट्रीय आयुष मिशन योजना के तहत 70 करोड रुपये के केंद्रीय आवंटन के साथ असम के गोलपाडा जिले में दुधनोई में एक नया आयुर्वेदिक कॉलेज बनाने की भी घोषणा की। आयुष मंत्रालय ने गुवाहाटी में सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज और अस्पताल के उन्नयन के लिए 10 करोड रुपये की वित्तीय मदद दिए जाने का भी फैसला किया है। उन्होंने सभी पूर्वोत्तर राज्यों से नए आयुष शिक्षण संस्थान शुरू करने के लिए मंत्रालय को विशेष प्रस्ताव देने का भी अनुरोध किया।श्री सोनोवाल ने बताया कि उनका मंत्रालय विनिर्माण और सेवाओं सहित पूर्वोत्तर राज्यों में आयुष और आरोग्य केंद्रों में निवेश करने के लिए निवेशकों के साथ समन्वय करेगा।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में कोविड-19 के कारण लगी पाबंदियों को शनिवार को 15 सितंबर तक बढ़ा दिया हालांकि अगले महीने से कोचिंग संस्थानों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालन की अतिरिक्त छूट दी गई। प्रदेश सरकार ने 16 मई को लगाए गए प्रतिबंधों को आखिरी बार 31 अगस्त तक बढ़ाया था।सरकार द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है, "प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग संस्थान 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोले जा सकते हैं। बशर्ते परिसर को नियमित रूप से साफ किया जाए और अन्य कोविड-19 मानदंडों का पालन किया जाए।'' आदेश में कहा गया, "मास्क पहनना, शारीरिक दूरी बनाए रखना और स्वास्थ्य और स्वच्छता प्रोटोकॉल का हर समय पालन किया जाना चाहिए।" राज्य में पहले ही सार्वजनिक बसों, टैक्सियों, ऑटो रिक्शा को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दी जा चुकी है। सरकारी और निजी दोनों कार्यालयों को भी आधी जनशक्ति के साथ काम करने की अनुमति दी गई है।इसमें कहा गया है कि जिला प्रशासन, पुलिस आयुक्तालयों और स्थानीय अधिकारियों को कोविड-19 पर राज्य के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। यह आदेश एक सितंबर से लागू होगा।
- नयी दिल्ली। नासिक के थोक बाजार में टमाटर की कीमतों में कम से कम 50 प्रतिशत की गिरावट आई है और इस सत्र में अधिक उत्पादन और कम निर्यात के कारण यह 2.5-9 रुपये प्रति किलोग्राम बेचा जा रहा है। व्यापारियों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में टमाटर भी खराब मौसम की वजह से खराब हो गए हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ा है। नासिक एपीएमसी सचिव अरुण काले ने कहा कि टमाटर की कीमतें पिछले सत्र में 300-350 रुपये प्रति क्रेट की तुलना में गुणवत्ता के आधार पर चालू सत्र (जून-जनवरी) में 50-180 रुपये प्रति क्रेट, 20 किलोग्राम प्रति क्रेट पर आ गई हैं। काले ने कहा, "निर्यात की कमी, क्षेत्र में अधिक उत्पादन और वर्षा के असमान वितरण ने उपज की गुणवत्ता को प्रभावित किया है, जिसने इसे पहले की तुलना में अत्यधिक खराब होने योग्य बना दिया है, जिसने कई किसानों को अपनी उपज सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर किया।" इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि उच्च ईंधन की कीमतों ने थोक कीमतों की तुलना में लागत बढ़ने के कारण किसानों को अपनी उपज को मंडियों तक ले जाने और इसे डंप करने में मुश्किल हो रही है। नासिक एपीएमसी के बालासाहेब पटोले ने आगे कहा कि अब तक किसानों द्वारा लगभग 1,000-1,500 क्रेट टमाटर फेंके जा चुके हैं। हालांकि, पिछले 1-2 दिनों से हालात में सुधार हो रहा है क्योंकि आवक धीमी हो गई है और मंडी में टमाटर की बेहतर गुणवत्ता आ रही है। उन्होंने कहा, "स्थितियों में सुधार हो रहा है, हालांकि, हम यह नहीं कह सकते कि कीमतें कब सामान्य होंगी।" किसान राहुल अवध ने कहा कि पिछले साल की तरह उत्पादन बढ़ा है, टमाटर की कीमतें बहुत अच्छी हैं, और इस साल उपज बहुत अधिक है।
- खरगोन । मध्यप्रदेश के खरगोन में पुलिस ने शनिवार को दो किशोरों पर 10 साल के दो लड़कों को ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर' की लत लगाने और उनसे 75 हजार रुपए ठगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने शनिवार को बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दो किशोरों की खिलाफ संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने शिकायत के हवाले से बताया कि फल की दुकान चलाने वाले सनावद निवासी शिकायतकर्ता ने कहा कि उनके बेटे और भतीजे दोनों 10 साल के हैं और इनको 16 साल तथा 17 साल के दो किशोरों ने ऑनलाइन गेम का आदी बनाया, साथ ही नाबालिकों को गेम आईडी रिचार्ज करने के लिए रुपये चोरी करने हेतु उकसाया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि दोनों किशोरों ने पिछले छह से सात महीनों में बेटे और भतीजे को चाकू और पिस्तौल से धमकाया। शिकायतकर्ता ने अपने बेटे को 22 अगस्त को उनके बटुए से रुपये चुराने की कोशिश करते हुए पकड़ा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दोनों किशोर उसके बेटे और भतीजे से 75 हजार रुपए लेकर भागे हैं।
- मुंबई । भारतीय रिजर्व बैंक ने परिवारों का अगले दौर का सर्वेक्षण शुरू करने की घोषणा की है। इसके जरिये केंद्रीय बैंक परिवारों की मुद्रास्फीति को लेकर संभावनाओं तथा उपभोक्ता के भरोसे का आकलन करता है। इससे रिजर्व बैंक को मौद्रिक नीति बनाने में मदद मिलती है। केंद्रीय बैंक नियमित आधार पर इस तरह का सर्वेक्षण करता है।रिजर्व बैंक ने परिवारों के मुद्रास्फीति की संभावनाओं (आईईएसएच) सर्वेक्षण के सितंबर, 2021 के दौर की घोषणा करते हुए कहा कि इसके तहत 18 शहरों में 6,000 परिवारों से कीमतों के उतार-चढ़ाव को लेकर संभावनाओं के बारे में पूछा जाएगा। यह सर्वेक्षण अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, पटना, रायपुर, रांची और तिरुवनंतपुरम में किया जाएगा।उपभोक्ता विश्वास सर्वेक्षण (सीसीएस) के सितंबर दौर के तहत परिवारों से सामान्य आर्थिक स्थिति, रोजगार के परिदृश्य, कीमत स्तर तथा उनकी आय और खर्च से जुड़ी धारणाओं के बारे में पूछा जाएगा। यह सर्वेक्षण नियमित रूप से अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, पटना और तिरुवतंनपुरम सहित 13 शहरों में किया जाता है। इसमें 13 शहरों में 5,400 लोगों की राय ली जाएगी।
- देवघर। झारखंड की साइबर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर देवघर जिले के चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर साइबर अपराध के आरोप में कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। देवघर के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मंगल सिंह जामुदा एवं साइबर पुलिस उपाधीक्षक नेहा बाला ने शनिवार को आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम- भौराजमुआ, ठाढीदुलमपुर, जसीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम- केनमनकाठी, सारवां थाना क्षेत्र के ग्राम-बरमतरा एवं मोहनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम-सिरसा, घोरमारा में शुक्रवार को छापेमारी कर कुल 17 कथित साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 27 मोबाइल, 44 सिम कार्ड, पांच एटीएम, बारह पासबुक, दो चेकबुक के साथ ही 1,30,800 रूपये की नकदी बरामद की है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अफगानिस्तान के ताजा हालात को मुश्किल और चुनौतीपूर्ण करार देते हुए कहा कि वहां फंसे लोगों को सुरक्षित वापस लाने के लिए जी-जान से प्रयास किये जा रहे हैं। जलियांवाला बाग के पुनर्निर्मित परिसर का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जिस प्रकार की वैश्विक परिस्थितियां बन रही हैं, उससे ‘‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत'' के संकल्प के मायनों का भी एहसास होता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह घटनाएं हमें याद दिलाती हैं कि राष्ट्र के रूप में हर स्तर पर आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास दोनों जरूरी है।'' गुरबाणी की कुछ पंक्तियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हमें सिखाती है कि सुख दूसरों की सेवा से ही आता है और हम सुखी तभी होते हैं जब हम अपने साथ-साथ अपनों की पीड़ा को भी अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए दुनिया भर में कहीं भी, कोई भी भारतीय अगर संकट में घिरता है तो भारत पूरे सामर्थ्य से उसकी मदद के लिए खड़ा हो जाता है। कोरोना काल हो या फिर अफगानिस्तान का वर्तमान संकट। दुनिया ने इसे निरंतर अनुभव किया है।'' ऑपरेशन देवी शक्ति के तहत अफगानिस्तान से भारत लाए जा रहे लोगों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘चुनौतियां बहुत हैं, हालात मुश्किल हैं लेकिन गुरु कृपा भी हम पर बनी हुई है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम लोगों के साथ पवित्र गुरु ग्रंथ साहब के स्वरूप को भी सिर पर रखकर भारत लाए हैं।''प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों (अफगानिस्तान की) से सताए हुए अपने लोगों के लिए देश में नए कानून भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज जिस प्रकार की वैश्विक परिस्थितियां बन रही है, उससे हमें यह एहसास भी होता है कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के क्या मायने होते हैं। यह घटनाएं हमें याद दिलाती है कि राष्ट्र के रूप में हर स्तर पर आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास दोनों जरूरी है।'' आजादी के 75 वर्ष के अवसर पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने आह्वान किया, ‘‘हम अपने राष्ट्र की बुनियाद को मजबूत करें और उस पर गर्व करें। आजादी का अमृत महोत्सव आज इसी संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है।'' इससे पहले, प्रधानमंत्री ने अमृतसर में जलियांवाला बाग स्मारक स्थल पर विकसित कुछ संग्रहालय दीर्घाओं का भी उद्घाटन किया। लंबे समय से बेकार पड़ी और कम उपयोग वाली इमारतों का दोबारा अनुकूल इस्तेमाल सुनिश्चित करते हुए चार संग्रहालय दीर्घाएं निर्मित की गई हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक यह दीर्घाएं उस अवधि के दौरान पंजाब में घटित विभिन्न घटनाओं के विशेष ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती हैं। इन घटनाओं को दिखाने के लिए श्रव्य-दृश्य प्रौद्योगिकी के माध्यम से प्रस्तुति की व्यवस्था है जिसमें मैपिंग और थ्री डी चित्रण के साथ-साथ कला एवं मूर्तिकला अधिष्ठापन भी शामिल हैं। पीएमओ के अनुसार जालियांवाला बाग में 13 अप्रैल, 1919 को घटित विभिन्न घटनाओं को दर्शाने के लिए एक साउंड एंड लाइट शो की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष में जलियांवाला बाग के आधुनिक स्वरूप का मिलना सभी के लिए बहुत प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने कहा, ‘‘आज जो पुनर्निर्माण का कार्य हुआ है, उसने बलिदान की अमर गाथा को और जीवंत बना दिया है। जलियांवाला बाग का यह नया स्वरूप देशवासियों को इस पवित्र स्थान के इतिहास के बारे में, इसके अतीत के बारे में बहुत कुछ जानने के लिए प्रेरित करेगा। यह स्थान नयी पीढ़ी को हमेशा याद दिलाएगा कि हमारी आजादी की यात्रा कैसी रही और यहां तक पहुंचने के लिए हमारे पूर्वजों ने क्या-क्या किया है। कितने त्याग और बलिदान दिए और अनगिनत संघर्ष किए।'' उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्य क्या होने चाहिए और कैसे हमें अपने हर काम में देश को सर्वोपरि रखना चाहिए, इसकी भी प्रेरणा और नई ऊर्जा इस स्थान से मिलेगी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भारत विभाजन का भी उल्लेख किया और उसे एक विभीषिका बताते हुए उसकी तुलना जलियांवाला बाग हत्याकांड से की। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के परिश्रमी और जिंदादिल लोग भी विभाजन के बहुत बड़े भुक्तभोगी रहे। विभाजन के समय जो कुछ हुआ, उसकी पीड़ा आज भी हिंदुस्तान के हर कोने में और विशेषकर पंजाब के परिवारों में हम अनुभव करते हैं।'' उन्होंने कहा कि किसी भी देश के लिए अपने अतीत की ऐसी विभीषिकाओं को नजरअंदाज करना सही नहीं है, इसलिए भारत ने 14 अगस्त को हर वर्ष विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, कई केंद्रीय मंत्री, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सहित हरियाणा, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।
- नयी दिल्ली। नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा है कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए टीकाकरण में तेजी, मानसून में सुधार, सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे के निवेश पर जोर और निर्यात में वृद्धि से अर्थव्यवस्था में एक मजबूत वृद्धि की उम्मीद है। कुमार ने कहा कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के अनुमानों में कमी के बावजूद भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शुमार रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘तेजी से टीकाकरण, मानसून बेहतर रहने से कृषि उपज बेहतर रहने की संभावना, सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे के निवेश पर जोर, निर्यात जैसे क्षेत्रों ने अप्रैल-जून 2021 के दौरान शानदार प्रदर्शन किया है। '' उन्होंने ‘अर्थनीति' से साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमें वित्त वर्ष की तीसरी और चौथी तिमाही के दौरान उपभोग में सुधार की भी उम्मीद है।'' रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए देश के वृद्धि दर के अनुमान को पहले के 10.5 प्रतिशत से घटाकर 9.5 प्रतिशत कर दिया है, जबकि विश्वबैंक ने 2021 में भारत की अर्थव्यवस्था के 8.3 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया है। कुमार के अनुसार कोविड की दूसरी लहर के बाद प्रतिबंधों में चरणबद्ध तरीके से छूट के बाद आर्थिक गतिविधियों ने गति पकड़ी है। सरकार ने भी स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, कृषि, बुनियादी ढांचे, एमएसएमई और निर्यात पर ध्यान केंद्रित करते हुए 6.3 लाख करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पैकेज दिया है। वैश्विक अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कुमार ने कहा कि विश्वबैंक का अनुमान है कि 2021 में वैश्विक अर्थव्यवस्था 5.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करेगी।
- नयी दिल्ली। रेलवे ने शनिवार को बताया कि इसके नए वातानुकूलित थ्री टियर इकोनॉमी श्रेणी के कोच का किराया वर्तमान थ्री एसी कोच की तुलना में आठ फीसदी कम होगा और यह कम कीमत पर बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। अधिकारियों ने बताया कि नये कोचों का किराया मेल और एक्सप्रेस रेलगाड़ियों में वर्तमान स्लीपर श्रेणी के मूल किराये का 2.4 गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि रेलवे के विभिन्न जोन में इस तरह के 50 कोच दिए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अब चूंकि किराया तय कर दिया गया है, इन कोच को वर्तमान मेल एक्सप्रेस रेलगाड़ियों से जोड़ दिया जाएगा। जो रेलगाड़ियां अधिकतम कोच के साथ चल रही हैं वहां इन्हें स्लीपर कोच के स्थान पर लगाया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि 300 किलोमीटर तक मूल किराया 440 रुपये है जो दूरी के मुताबिक सबसे कम है जबकि सबसे अधिक मूल किराया 4951 किलोमीटर से 5000 किलोमीटर तक के लिए 3065 रुपये है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे जोन को हाल में ये कोच दिए गए हैं जिनका इस्तेमाल रेलगाड़ी संख्या 02403 (प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस) में छह सितंबर से किया जाएगा और इसके लिए बुकिंग शनिवार से शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि इस कोच में 83 बर्थ हैं और नियमित थ्री एसी कोच की तुलना में इनका किराया कम है।उन्होंने बताया कि इन नये थ्री एसी इकोनॉमी कोच में बच्चों के लिए सामान्य किराया होगा जो वर्तमान थ्री एसी कोच में लगता है। अधिकारियों के मुताबिक, सांसदों को जारी पास और विधायक/विधान पार्षदों को जारी रेल यात्रा कूपन पर टिकटों की बुकिंग वर्तमान थ्री एसी कोच के प्रावधानों के मुताबिक होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए टिकट रद्द करने और पैसे की वापसी के नियम वर्तमान थ्री एसी कोच के मुताबिक ही होंगे।- file photo
- नयी दिल्ली। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने शनिवार को कहा कि आधार को पैन, ईपीएफओ से जोड़ने की सुविधा में कोई रुकावट नहीं आई है और अभी सेवाएं स्थिर है। आधार को पैन और ईपीएफओ से जोड़ने में यूआईडीएआई प्रणाली में 'गड़बड़ी' की खबरों के बीच प्राधिकरण की तरफ से यह बयान दिया गया है। खबरों के अनुसार, आधार को ईपीएफ और पैन से जोड़ने की कुछ समयसीमा शेष रहने के बीच तकनीकी गड़बड़ी ने आधार के उपयोगकर्ताओं को असमंजस में डाल दिया था। यूआईडीएआई ने शनिवार को एक बयान जारी कर जोर देते होते कहा, ‘‘सभी सेवाएं स्थिर हैं और ठीक तरह से काम कर रही हैं। आधार को पैन और ईपीएफओ से जोड़ने की सुविधा में कोई रुकावट नहीं आई है।' यूआईडीएआई ने बताया, ‘‘पिछले सप्ताह के दौरान चरणबद्ध तरीके से प्रणाली में एक आवश्यक सुरक्षा अपडेट किया जा रहा था। इसी दौरान केवल कुछ नामांकन केंद्रों पर नामांकन और मोबाइल अपडेट सेवा सुविधा में परेशानी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। यह अपडेट होने के बाद अब एकदम ठीक तरीके से काम कर रही हैं।'' यूआईडीएआई ने कहा कि भले ही प्रणाली स्थिर हो गई है, लेकिन वह इसकी निगरानी कर रहा है, ताकि लोगों को आगे किसी तरह की असुविधा नहीं हो। यूआईडीएआई ने कहा, ‘‘20 अगस्त, 2021 को अपडेट प्रक्रिया शुरू होने के बाद से पिछले नौ दिनों में प्रतिदिन औसतन 5.68 लाख नामांकन के साथ 51 लाख से अधिक लोगों का नामांकन किया गया है।
- पैंगोंग सो (लद्दाख)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कहा कि लद्दाख के स्थानीय लोगों और रक्षा कर्मियों के बीच अद्भुत तालमेल है जो इस क्षेत्र को पूरी तरह से सुरक्षित बनाता है। ‘पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तिकरण के लिये संसदीय पहुंच कार्यक्रम' के तहत लद्दाख क्षेत्र के तीन दिवसीय दौर पर आये बिरला ने पैंगोंग सो (झील) का दौरा किया। वह लद्दाख क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास दूर-दराज के इलाकों का दौरा करने वाले संभवत: पहले लोकसभा अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों पक्षों के सांसदों ने पैंगोंग झील और आसपास के इलाकों का दौरा किया है और देशभर से पर्यटक इस क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। बिरला ने यहां के स्थानीय सरपंचों, पर्वतीय परिषद सदस्यों और पर्यटकों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय ग्रामीणों और सशस्त्र कर्मियों के बीच एक अद्भुत तालमेल है जो इस क्षेत्र को पूरी तरह से सुरक्षित बना रहा है।'' बिरला ने इलाके में तैनात सेना के जवानों से भी बातचीत की। बिरला का रविवार को श्रीनगर का दौरा करने का कार्यक्रम है और वह पंचायत सदस्यों के एक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
- नयी दिल्ली। शिक्षाविदों, डॉक्टरों और अन्य पेशेवरों के एक समूह ने मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों को एक खुला पत्र लिखा है जिसमें उनसे स्कूलों को फिर से खोलने और भौतिक रूप से कक्षाओं को पुन: शुरू करने पर विचार करने का अनुरोध किया गया है। इस समूह में 56 शिक्षाविद, चिकित्सक और अन्य पेशेवर शामिल हैं। समूह ने अपने पत्र में जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष को भी चिह्नित किया है। हस्ताक्षरकर्ताओं ने कहा कि स्कूलों को फिर से खोलने के लिए बच्चों का कोविड-19 टीकाकरण एक शर्त नहीं होनी चाहिए। पत्र में कहा गया है, ‘‘कई सरकारों ने अभी तक सभी कक्षाओं के लिए स्कूलों को फिर से नहीं खोला है क्योंकि विद्यार्थियों का टीकाकरण नहीं होना, तीसरी लहर की आशंका और स्कूल खोले जाने पर मामलों में वृद्धि होना सहित कई चिंताएं हैं... स्कूल खोलने का समर्थन करने के लिए वैश्विक सबूत हैं और सरकारों को तत्काल स्कूल खोलने और भौतिक रूप से कक्षाएं फिर से शुरू करने पर विचार करना चाहिए।'' इसमें कहा गया है कि भारत दुनियाभर के उन चार से पांच देशों में शामिल है जहां इतने लंबे समय (डेढ़ साल) से स्कूल बंद हैं। पत्र में कहा गया है, ‘‘बच्चों को स्कूलों में वापस लाने की तत्काल आवश्यकता है। चूंकि छोटे बच्चों को कम से कम जोखिम होता है, इसलिए हम आपसे आईसीएमआर (भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद) की सिफारिशों के अनुसार प्राथमिक स्कूलों को पहले और इसके बाद उच्च कक्षाओं को शुरू करने की अनुमति देने का आग्रह करते हैं। हम अपने बच्चों की खातिर राजनीतिक दलों के नेताओं के एक साथ आने की उम्मीद करते हैं।'' हस्ताक्षरकर्ताओं ने कहा कि टीकाकरण स्कूलों को फिर से खोलने के लिए एक शर्त नहीं है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण का उद्देश्य गंभीर बीमारी और मृत्यु को रोकना है और बच्चों में कोविड-19 महामारी के गंभीर होने का जोखिम अपेक्षाकृत कम है। पत्र में कहा गया है, ‘‘इसलिए, बच्चों को टीकाकरण का लाभ सीमित है, क्योंकि उनमें मध्यम से गंभीर बीमारी की दर कम है और मृत्यु दर पहले से ही कम है।'' हस्ताक्षरकर्ताओं में महामारी वैज्ञानिक चंद्रकांत लहरिया, ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन' की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनीला गर्ग, भारतीय बाल रोग अकादमी के पूर्व अध्यक्ष नवीन ठाकर और टीच फॉर इंडिया के सीईओ शाहीन मिस्त्री शामिल हैं।
- मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि राज्य आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के पास आरटी-पीसीआर की निगेटिव जांच रिपोर्ट होनी चाहिए, भले ही उन्हें कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक लगी हो। महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे द्वारा शुक्रवार रात जारी आदेश में कहा गया है, ‘‘महाराष्ट्र आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी उपरोक्त दिशानिर्देशों का अनुपालन करना होगा जिनमें यूरोपीय देशों, पश्चिम एशिया देशों और दक्षिण अफ्रीका से आने वाले लोग शामिल हैं।'' महाराष्ट्र सरकार ने बाद में जारी एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार के नये नियम भारत में आने से पहले आरटी-पीसीआर जांच की निगेटिव जांच रिपोर्ट अनिवार्य करते हैं। बयान में कहा गया है, ‘‘महाराष्ट्र में आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भी यही नियम लागू हैं। भले ही यात्री ने कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक ली हो, फिर भी आरटी-पीसीआर की निगेटिव जांच रिपोर्ट होना अनिवार्य है।
- नयी दिल्ली। मेजर ध्यानचंद की 116वीं जयंती से पहले हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी पर बन रही डॉक्यूमेंटरी का पहला पोस्टर जारी किया गया। ध्यानचंद को भारत रत्न से नवाजे जाने की मांग को लेकर डिजिटल अभियान का हिस्सा निर्माता और उद्यमी जोयता रॉय और प्रतीक कुमार इस डॉक्यूमेंटरी को बना रहे हैं। इसमें हॉकी के जादूगर के शुरुआती जीवन और संघर्ष की कहानी है। दोनों ने ‘मेजर ध्यानचंद' डॉक्यूमेंटरी का पहला पोस्टर जारी किया। इसमें महान खिलाड़ी को हॉकी स्टेडियम की तरफ देखते हुए और रेलवे पटरी पर खाली पैर हॉकी का अभ्यास करते हुए दिखाया गया है। रॉय ने कहा कि उन्हें प्रायः इससे दुख होता है कि देश का युवा वर्ग ध्यानचंद के जीवन और उनकी विरासत के बारे में कितना कम जानता है। वहीं मिश्रा ने कहा कि ‘मेजर ध्यानचंद' खिलाड़ी के जीवन पर बनी फिल्म नहीं है। यह राष्ट्रीय ध्वज, हॉकी और हॉकी के जादूगर से जुड़ी भावना और प्रेरणा का दस्तावेज है। महान खिलाड़ी ध्यानचंद को भारतीय हॉकी का जादूगर कहा जाता है। उन्होंने 1928,1932 और 1936 के ओलंपिक में स्वर्ण पद जीतवाने में अहम भूमिका अदा की। ध्यानचंद ने 1926 से 1949 के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैच खेले और 185 मैच में 570 गोल दागे। उन्हें 1956 में पद्म भूषण से नवाजा गया। देश में प्रत्येक साल उनके जन्मदिन 29 अगस्त के मौके को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार ने खेल के क्षेत्र के सर्वोच्च सम्मान का नाम ‘मेजर ध्यानचंद रत्न' करने का निर्णय लिया।
- गोरखपुर (उप्र) । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को यहां गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय 'महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय' का शिलान्यास और शाम को 'महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय' का उद्घाटन किया। नवसृजित महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने स्वामी विवेकानंद को उद्धृत करते हुए कहा,‘‘देश में शिक्षा ऐसी चाहिए जिससे चरित्र बने, मानसिक बल बढ़े, बुद्धि का विकास हो और जिससे मनुष्य अपने पैरों पर खड़ा हो सकें।'' राष्ट्रपति ने सभी विद्यार्थियों के ज्ञानवान होने की मंगलकामना करते हुए कहा,‘‘स्वामी विवेकानंद का विचार था कि कोई भी देश उसी अनुपात में उन्नत हुआ करता है जिस अनुपात में वहां के जनसमूह में शिक्षा और बुद्धि का प्रसार होता है। उनका मानना था कि वह शिक्षा जो जनसमुदाय को जीवन कल्याण के उपयुक्त नहीं बनाती और जो उनके चारित्रिक शक्ति का विकास नहीं करती, जो प्राणियों में दया का भाव और सिंह का साहस पैदा नहीं करती, उसे शिक्षा नहीं कहा जा सकता है। स्वामी विवेकानंद कहते थे कि उन्हें तो ऐसी शिक्षा चाहिए जिससे चरित्र बने, मानसिक बल बढ़े, बुद्धि का विकास हो और जिससे मनुष्य अपने पैरों पर खड़ा हो सकें।'' उन्होंने कहा,‘‘उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भारत का इतिहास गौरवमय रहा है। तक्षशिला में विश्व के प्रथम विश्वविद्यालय से लेकर नालंदा और विक्रमशिला विश्वविद्यालयों की परंपरा कुछ समय के लिए धूमिल हो गई, परंतु हमारे वैज्ञानिकों, चिकित्सकों और शिक्षकों ने पूरी दुनिया को अपनी मेधा और समर्पण भावना से लगातार प्रभावित किया है।'' राष्ट्रीय शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा से चरित्र निर्माण होना चाहिए। शिक्षार्थियों में नैतिकता, तार्किकता, करुणा और संवेदनशीलता विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा,‘‘श्री आदिनाथ, श्री मत्स्येंद्र नाथ और गुरु गोरखनाथ की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नाथ पंथ आज भारत के कोने-कोने में मानवता की भलाई में जुटा हुआ है। नाथ पंथ भारत के बाहर तिब्बत, मंगोलिया, अफगानिस्तान, नेपाल, भूटान, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और म्यांमा जैसे देशों में योग के प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोक कल्याण में लगा हुआ है। महायोगी गोरखनाथ ने योग के माध्यम से जनसाधारण को सशक्त बनाने का अतुलनीय योगदान किया है।'' राष्ट्रपति कोविंद ने कहा,‘‘मुझे विश्वास है कि महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय में ऐसे ज्ञानवान विद्यार्थी तैयार किये जाएंगे जो ज्ञान और विचार की हमारी प्राचीन सनातन परंपरा को आगे ले जाने में पूरी तरह सक्षम होंगे, जो आत्मनिर्भर, स्वस्थ व कुशल भारत का निर्माण करेंगे।'' उन्होंने कहा,‘‘पूरे भारत में नाथ सिद्ध परंपरा के अनुयायियों के लिए श्री गोरखनाथ के नाम पर स्थापित गोरखपुर नगर अत्यंत श्रद्धा का केंद्र है। ऐसी मान्यता है कि महायोगी गोरखनाथ भगवान शिव के अवतार थे। गोरखनाथ की तपस्थली श्री गोरक्षपीठ सदियों से भारत के सामाजिक और धार्मिक जागरण में अपनी विशिष्ट भूमिका निभाती रही है। भारत के स्वाधीनता आंदोलन के दौरान इस पीठ ने राजनीतिक पुनर्जागरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज के समय में भी श्री गोरक्षपीठ जनजागरण, जनसेवा, शिक्षा और चिकित्सा सेवा का केंद्र बनी है।'' इसके पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 'महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय' का यहां शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि तनाव और चिंता से भरे आधुनिक समय में योग मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य का मार्ग है तथा योग को अपनाने से व्यक्ति आरोग्य के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई में विशेष कर दूसरी लहर में आयुष चिकित्सा पद्धतियों ने लोगों में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा उन्हें संक्रमण मुक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज में जड़ी बूटियों के ज्ञान की समृद्ध परंपरा रही है, पिछले दो दशकों में पूरे देश में आयुष चिकित्सा पद्धतियों की लोकप्रियता में बढ़ोतरी हुई है, इसकी मांग बढ़ी है और इससे रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। उन्होंने कहा,‘‘ ऐसा विश्वास है कि खनिजों और धातुओं को औषधि के रूप में तैयार करके आपात चिकित्सा के रूप में इसके प्रयोग के प्रवर्तकों में बाबा गोरखनाथ प्रमुख रहे हैं, इसलिए उत्तर प्रदेश में स्थापित हो रहे आयुष विश्वविद्यालय का नाम 'महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय रखा जाना सर्वथा उचित है।'' राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, ‘‘गोरखनाथ जी ने सदा ईमानदारी, कथनी और करनी के मेल और बाह्य आडंबरों से मुक्ति की शिक्षा दी और योग को दया-दान का मूल कहा। उनके चरित्र, व्यक्तित्व से कबीर भी प्रभावित हुए। गोस्वामी तुलसीदास ने भी योग के क्षेत्र में गुरु गोरखनाथ के योगदान को स्वीकार करते हुए कहा कि ‘गोरख जगायो जोग', अर्थात गुरु गोरखनाथ ने जनसाधारण में योग का अभूतपूर्व प्रचार और प्रसार किया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘भारतवर्ष विविधता में एकता का उत्तम उदाहरण है जो कुछ कल्याणकारी, सहज, सुगम और उपयोगी है, उसे अपनाने में भारतवासी कभी संकोच नहीं करते हैं। देश में विभिन्न प्रकार की चिकित्सा पद्धतियों का प्रचलन भी हमारी इसी सोच का परिणाम है। योग, आयुर्वेद विश्व को भारत की देन है।'' उन्होंने कहा,‘‘महात्मा गांधी प्राकृतिक चिकित्सा के प्रबल पक्षधर थे और कहा करते थे कि शारीरिक उपचार के साधन हमारी प्रकृति में भी मौजूद हैं। वे इस बात से बहुत व्यथित रहते थे कि आधुनिक शिक्षा का संबंध हमारे दिन प्रतिदिन के जीवन के साथ नहीं है।'' राष्ट्रपति कोविंद ने जोर दिया, ‘‘ विद्यार्थियों को गांव व खेतों में पैदा होने वाली फसलों तथा वनस्पतियों के बारे में भी जानकारी होनी चाहिए।वनस्पतियों के बारे में जानकारी होने से सामान्य रोगों का उपचार कम खर्च में हो जाता है और जीवन सुगम हो जाता है।'' उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रपति और देश की प्रथम महिला सविता कोविंद का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग विश्व की अमूल्य धरोहर है और इस धरोहर को आगे बढ़ाने का अभिनंदनीय कार्य प्रधानमंत्री ने किया है। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,‘‘ यह हम सबका सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री ने भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति को वैश्विक मंच पर नयी पहचान दी और विश्व योग दिवस का 21 जून को मनाया जाना उसका प्रमाण है।'' उन्होंने 'महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय' के स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश में 94 आयुष महाविद्यालय हैं जिनमें 7,500 स्नातक और 525 सीटें परास्नातक स्तर पर हैं और इन सबको सम्बद्ध करने के लिए यह विश्वविद्यालय कार्य करना प्रारंभ करेगा और इससे शैक्षणिक सत्र को नियमित करने और एकरूपता लाने में सफलता प्राप्त होगी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के महंत योगी आदित्यनाथ महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं। दोनों कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और देश की प्रथम महिला सविता कोविंद का स्वागत किया।
- नयी दिल्ली। यूनेस्को की सूची में शामिल भारत के धरोहर स्थलों के समृद्ध सांस्कृतिक खजाने को समेटे हुए एक पुस्तक का विमोचन किया गया है। इस पुस्तक में अभिलेखीय चित्रों सहित शानदार तस्वीरों को संग्रहीत किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 'इनक्रेडिबल ट्रेशर' शीर्षक वाली इस पुस्तक का शुक्रवार शाम एक ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान विमोचन किया गया। भारत में फिलहाल 40 सांस्कृतिक और प्राकृतिक विश्व धरोहर स्थल हैं, जो देश भर में फैले हुए हैं। इनमें तेलंगाना में स्थित 13वीं सदी का रामप्पा मंदिर और गुजरात में स्थित प्राचीन धोलावीरा स्थल शामिल है। दोनों को इस साल जुलाई में विश्व धरोहर का दर्जा दिया गया। इस पुस्तक को यूनेस्को और मैपिन पब्लिशिंग हाउस ने तैयार किया है। यह परियोजना अगस्त 2019 में शुरू हुई थी और इसे पूरा होने में एक साल लगा। संरक्षण वास्तुकार शिखा जैन ने बताया कि रामप्पा मंदिर और धोलावीरा स्थल को यूनेस्को सूची में इस साल जुलाई में शामिल किए जाने के बाद इन दोनों स्थलों के बारे में जानकारियों को एक ब्राशर में समेटा गया है और पुस्तक के साथ यह भी उपलब्ध है।
- सागर । मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनजाने में पड़ोसी देश पाकिस्तान में प्रवेश करने के बाद वहां की जेल में लंबे समय तक बंद रहा 57 वर्षीय व्यक्ति रिहा होकर अगले सप्ताह अपने घर वापस लौटेगा। सागर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अतुल सिंह ने शनिवार को बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 46 किलोमीटर दूर गौरझामर थाना क्षेत्र के घोसी पट्टी गांव का निवासी प्रहलाद सिंह को 30 अगस्त को वाघा सीमा पर भारत को सौंपा जाएगा। अधिकारी ने बताया कि वह व्यक्ति 30 साल पहले अपने घर से लापता हो गया था और जनवरी 2014 में मध्यप्रदेश सरकार को यह पता चला कि वह पाकिस्तान की जेल में बंद है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 2014 में प्रहलाद को पाकिस्तान से वापस लाने के लिए पहचान और पत्राचार की प्रक्रिया शुरू की थी। एसपी ने कहा कि शुक्रवार को सूचना मिली है कि पाकिस्तान प्रहलाद को भारत को सौंप देगा। पुलिस का एक दल और उसका परिवार उसे वापस लाने के लिए अमृतसर रवाना हो रहा है। अधिकारी ने कहा कि अभी फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि प्रहलाद कब और कैसे पाकिस्तान पहुंचा।इस बीच, गौरझामर पुलिस थाना प्रभारी अरविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रहलाद के परिवार ने दावा किया कि वह मानसिक तौर पर कमजोर था और वर्ष 2014 में एक टेलीविजन कार्यक्रम में उसका चेहरा पहचाने जाने के बाद उन्हें पता चला कि वह पाकिस्तान की जेल में बंद है।



























.jpg)