- Home
- देश
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने हरियाणा राज्य औद्योगिक और आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) को फरीदाबाद में औद्योगिक कचरे का सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सही से निपटारा नहीं होने के कारण यह अपशिष्ट सीधे यमुना नदी में जाता है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि पर्यावरण कानूनों के उल्लंघन करते हुए औद्योगिक कचरे और अपशिष्ट को खुले में फेंकने या बहाने से सार्वजनिक स्वास्थ्य को नुकसान हो सकता है। अधिकरण ने कहा कि पानी में उच्च रासायनिक ऑक्सीजन और जैव रासायनिक ऑक्सीजन का स्तर बताता है कि यह अत्यधिक दूषित है और खतरा हो सकता है। पीठ ने कहा, ‘‘हम एचएसआईआईडीसी को भूखंडों के आवंटियों के साथ-साथ स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए तरल, ठोस, औद्योगिक या घरेलू कचरे का सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निपटारा करने का निर्देश देते हैं। यह कदम भी उठाने का निर्देश दिया जाता है कि भविष्य में खुले में कचरे का निपटारा ना किया जाए। अगर आवश्यक हो तो आवंटित भूखंडों की घेराबंदी की जाए।'' एनजीटी ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारियों और फरीदाबाद के उपायुक्त वाली एक समिति को एक महीने के बाद स्थान का निरीक्षण करने और आगे के कदमों के लिए राज्य पीसीबी के अध्यक्ष को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। एनजीटी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, झारसेंतली द्वारा फरीदाबाद के सेक्टर 58 के झारसेंतली गांव में भूखंड संख्या 1083 और 1084 पर पेड़ काटने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई कर रहा था।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों में स्थापित टीकाकरण और राशन वितरण केंद्र एक सितंबर से नौवीं से 12वीं तक की कक्षाएं शुरू होने के बाद भी चालू रहेंगे। महानगर में कोविड-19 की स्थिति में सुधार के बाद, दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की कि नौवीं से 12वीं कक्षा तक के स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान एक सितंबर से फिर से खुलेंगे। इस विषय पर एक सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा, "स्कूलों में कई कक्षाएं हैं और जगह की कोई कमी नहीं है। जिन स्कूलों में टीकाकरण और राशन वितरण चल रहा है वहां यह जारी रहेगा।" उन्होंने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, "चूंकि पहले चरण में केवल चार कक्षाओं के छात्रों को बुलाया जा रहा है, इसलिए जगह कोई बड़ी समस्या नहीं होगी। टीकाकरण क्षेत्र को छात्रों की कक्षाओं से अलग रखा जाएगा।" महामारी की संभावित तीसरी लहर की चिंताओं के बारे में पूछे जाने पर, मुख्यमंत्री ने कहा, "आज दिल्ली में कोविड की स्थिति नियंत्रण में है। पहले, माता-पिता भी अनिच्छुक थे, लेकिन अब माता-पिता भी चाहते हैं कि उनके बच्चे स्कूल जाएं और कक्षा में पढ़ाई करें।" उन्होंने कहा, "हम धीरे-धीरे स्कूलों को फिर से खोलेंगे। अगर उन्हें फिर से बंद करने की जरूरत पड़ी, तो हम देखेंगे।" स्कूलों को फिर से खोलने के सरकार के फैसले के बाद, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दोहराया कि किसी भी छात्र को कक्षाओं में प्रत्यक्ष भाग लेने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम जल्द ही स्कूल फिर से खोलने के लिए विस्तृत एसओपी और दिशानिर्देश जारी करेंगे। किसी भी छात्र को ऑफलाइन या प्रत्यक्ष कक्षाओं में भाग लेने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा, उनके पास ऑनलाइन कक्षाओं को जारी रखने का विकल्प होगा।" अधिकांश स्कूलों ने फिर से खोलने के निर्णय का स्वागत किया है, हालांकि अभिभावकों के बीच अभी कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर को लेकर थोड़ी चिंता है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो पैरालम्पिक की टेबल टेनिस स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने वाली भाविना बेन पटेल को बधाई दी और कहा कि पूरा देश उनकी सफलता के लिए प्रार्थना कर रहा है। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘बधाइयां भाविना पटेल। आपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पूरा देश आपकी सफलता के लिए प्रार्थना कर रहा है और कल वह आपकी हौसलाआफजाई करेगा। आप बगैर किसी दबाव के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कीजिए। आपकी उपलब्धियां पूरे देश को प्रेरित करती हैं।'' ज्ञात हो कि भाविना बेन पटेल पैरालम्पिक टेबल टेनिस स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बन गईं। उन्होंने चीन की मियाओ झांग को क्लास 4 वर्ग के कड़े मुकाबले में 3 . 2 से हराया। पटेल ने दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी को 7.11, 11.7, 11.4, 9.11, 11.8 से हराकर भारतीय खेमे में भी सभी को चौंका दिया। अब उनका सामना दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीन की यिंग झोउ से होगा।गुजरात के मेहसाणा जिले में एक छोटी परचून की दुकान चलाने वाले हंसमुखभाई पटेल की बेटी भाविना को पदक का दावेदार भी नहीं माना जा रहा था लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। वह बारह महीने की उम्र में पोलियो की शिकार हुई थीं।
- छत्तीसगढ़ के बारे में क्या है अनुमान पढ़ें......नयी दिल्ली। मध्य और पश्चिम भारत में बारिश में कमी के बाद 29 अगस्त से फिर से इसकी गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। यह जानकारी शनिवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दी। दक्षिण प्रायद्वीप में 30 अगस्त तक वर्षा में तेजी आएगी। इसके बाद इसके कम होने की संभावना है।अगले चार से पांच दिनों तक पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी से लगते उत्तर पश्चिम भारत में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है जबकि कुछ स्थानों पर अगले पांच दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश 28 अगस्त से 31 अगस्त के बीच होगी।आईएमडी ने कहा कि ओडिशा, आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में 28 अगस्त से एक सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होगी तो कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश होगी। उत्तर पूर्व भारत में अगले 24 घंटे में मध्यम दर्जे से भारी बारिश होगी और फिर उसके बाद बारिश में गिरावट आएगी।
- देवरिया (उप्र)। देवरिया जिले के खैराट गांव के पास छोटी गंडक नदी में शुक्रवार को नहाते समय तीन बच्चे डूब गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, तीनों बच्चे खामपार थाना अंतर्गत खैराट गांव के निवासी थे। उन्होंने बताया कि बच्चे छोटी गंडक नदी में नहाते समय पैर फिसल जाने से गहरे पानी में डूब गए। कुछ ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण वे बच्चों को बचा नहीं पाए। बाद में ग्रामीणों ने तीनों शवों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।खामपार के थाना प्रभारी विपिन मलिक ने बताया कि बरसात की वजह से नदी इस समय उफान पर है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर खैराट गांव के रहने वाले अंकुश (सात), मोहित (नौ) और बुलबुल (आठ) नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान बच्चों का पैर फिसल गया और तेज धारा के चलते तीनों गहरे पानी में बह गए और डूब जाने से उनकी मौत हो गई।
- नागपुर। पायलट को दिल का दौरा पड़ने के कारण आपात स्थिति में नागपुर हवाईअड्डे पर उतरे बिमान बांग्लादेश विमानन कंपनी के विमान ने 11 घंटे बाद ढाका के लिए उड़ान भरी, लेकिन पायलट की स्थिति अब भी गंभीर है और उसका यहां एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। ढाका से मस्कट जा रहे इस बोइंग विमान में 126 यात्री सवार थे। विमान चालक को दिल का दौरा पड़ने के कारण विमान को शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर नागपुर में आपात स्थिति में उतारा गया था। नागपुर हवाईअड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘बिमान बांग्लादेश ने चालक दल के वैकल्पिक सदस्यों का प्रबंध किया, जो नागपुर आए। इसके बाद विमान ने शुक्रवार को रात 10 बजकर 37 मिनट पर यात्रियों के साथ अपने गंतव्य स्थल की ओर उड़ान भरी।'' उन्होंने बताया कि पायलट अब भी गंभीर है और उसका नागपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूत्रों ने बताया कि पायलट को नागपुर हवाईअड्डे से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित किंग्सवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि जब विमान रायपुर के पास था तो उसे आपात स्थिति में उतारने के लिए कोलकाता एटीसी से संपर्क किया गया, जिसके बाद उसे निकटतम नागपुर हवाईअड्डे पर उतरने की सलाह दी गई। सहायक पायलट ने ने विमान को नागपुर में उतारा। बिमान बांग्लादेश ने भारत के लिए उड़ान सेवाएं हाल में बहाल की हैं। कोरोनो वायरस वैश्विक महामारी के कारण दोनों देशों के बीच हवाई यात्रा सेवा निलंबित थीं।
- मेरठ (उप्र)। मेरठ शहर के मेडिकल थाना क्षेत्र में शनिवार को बदमाशों ने पार्षद और एआईएमआईएम नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक पर सवार होकर आए हमलावर घटना के बाद फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक (नगर) विनीत भटनागर ने बताया कि नौचंदी थाना क्षेत्र के ढबाई नगर निवासी जुबैर(40) वार्ड संख्या 80 से एआईएमआईएम के पार्षद थे। जुबैर का एक मकान संतोष नर्सिंग होम के पास भी बताया गया। जहां से वह शनिवार सुबह ताला लगा कर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठ रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना को बाइक सवार हमलावरों ने अंजाम दिया और फरार हो गए। जुबैर को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भटनागर ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि जुबैर के पास से देहरादून स्थित संपत्ति के कुछ कागजात मिले हैं। माना जा रहा है कि संपत्ति विवाद की वजह से हत्याकांड को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक अभियंता ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी और अवसाद के चलते पत्नी के साथ मिलकर अपने दो बच्चों की हत्या की कोशिश की और बाद में दोनों ने जहर पी लिया। इस घटना में अभियंता और उनके पुत्र की मौत हो गई,जबकि पत्नी और बेटी की हालत गंभीर है। मिसरोद पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक निरंजन शर्मा ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को शहर के बाहरी इलाके में स्थित सहारा स्टेट टाउनशिप में हुई। उन्होंने बताया कि रवि ठाकरे सिविल इंजीनियर थे और पिछले दो-तीन माह से बेरोजगार थे। आर्थिक तंगी और अवसाद के चलते उन्होंने अपनी पत्नी रंजना ठाकरे (50) के साथ मिलकर 16 वर्षीय बेटे और 14 वर्षीय बेटी का गला रेता ,इसके बाद दोनों ने जहर पी लिया। शर्मा ने बताया कि इस घटना में अभियंता और उनके बेटे की मौत हो गई जबकि पत्नी और बेटी का हमीदिया अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
- पन्ना (मप्र)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक किसान को सरकार से पट्टे पर ली गई जमीन की खुदाई में उच्च गुणवत्ता वाला 6.47 कैरेट का हीरा मिला है। इस किसान को पिछले दो वर्षों में खुदाई में छठवीं बार हीरा मिला है। जिले के प्रभारी हीरा अधिकारी नूतन जैन ने शनिवार को बताया कि जरुआपुर गांव की एक खदान में शुक्रवार को प्रकाश मजूमदार को यह हीरा मिला। उन्होंने कहा कि 6.47 कैरेट के इस हीरे को आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा और कीमत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी। मजूमदार ने कहा कि नीलामी से प्राप्त राशि को वह खनन में लगे अपने चार भागीदारों के साथ साझा करेंगे।उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘ हम पांच साझेदार हैं। हमें 6.47 कैरेट का हीरा मिला है। जिसे हमने सरकारी हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।'' मजूमदार ने कहा कि उन्हें पिछले साल 7.44 कैरेट का हीरा मिला था । इसके अलावा उन्हें पिछले दो वर्षों में 2 से 2.5 कैरेट के चार अन्य कीमती हीरे भी खनन में मिले थे। अधिकारियों ने कहा कि कच्चे हीरे की नीलामी की जाएगी और इससे होने वाली आय को सरकारी रॉयल्टी और करों की कटौती के बाद किसान को दिया जाएगा। निजी अनुमान के अनुसार नीलामी में 6.47 कैरेट के हीरे की कीमत करीब 30 लाख रुपये हो सकती है। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में स्थित पन्ना जिले में लगभग 12 लाख कैरेट के हीरे का भंडार होने का अनुमान है। प्रदेश सरकार पन्ना हीरा आरक्षित इलाकों में स्थानीय किसानों और मजदूरों को हीरों के खनन के लिए जमीन के छोटे-छोटे टुकड़े पट्टे पर देती है। खनन में प्राप्त हीरों को किसान या श्रमिक, जिला हीरा अधिकारी के पास जमा कराते हैं।-
- नयी दिल्ली। केंद्र ने शनिवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि आगामी त्योहारी सीजन के दौरान कोई बड़ी भीड़ एकत्र न हो और जरूरत पड़ने पर कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए स्थानीय प्रतिबंध लगाने को भी कहा।केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने जारी कोविड-19 दिशा-निर्देशों को एक और महीने के लिए 30 सितंबर तक बढ़ाते हुए कहा कि कुछ राज्यों में दिख रहे स्थानीय प्रसार को छोड़कर, वैश्विक महामारी की समूची स्थिति अब राष्ट्रीय स्तर पर काफी हद तक स्थिर दिखती है।उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे गए एक जैसे पत्रों में कहा कि कुछ जिलों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या और उच्च संक्रमण दर चिंता का विषय बनी हुई है।पत्र में उन्होंने कहा, “संबंधित राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों को, अपने जिलों में उच्च संक्रमण दर को देखते हुए, सक्रिय रूप से रोकथाम के उपाय करने चाहिए ताकि मामलों में वृद्धि को प्रभावी ढंग से रोका जा सके और प्रसार को रोका जा सके।उन्होंने कहा, “संभावित वृद्धि की चेतावनी के संकेतों को जल्दी पहचानना और प्रसार को रोकने के लिए उचित उपाय करना महत्वपूर्ण है। इसके लिए स्थानीय दृष्टिकोण की आवश्यकता होगी, जैसा कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की 25 अप्रैल और 28 जून की सलाह में उल्लेख किया गया है।”गृह सचिव ने उन्हें आगामी त्योहारों के सीजन में बड़ी सभाओं से बचने के लिए उपयुक्त उपाय करने की सलाह दी और यदि आवश्यक हो, तो ऐसी सभाओं को रोकने के लिए स्थानीय प्रतिबंध लागू करें।उन्होंने कहा कि सभी भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर कोविड संबंधी उपयुक्त व्यवहार को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।सचिव ने कहा कि कोविड-19 के प्रभावी प्रबंधन के लिए पांच-स्तरीय रणनीति - जांच-संक्रमितों के संपर्कों की पहचान-उपचार-टीकाकरण और कोविड उपयुक्त व्यवहार के पालन पर ध्यान दिए रहने की आवश्यकता है।
-
सीधी। सीधी जिले में रिश्तों की दहलीज लांघने का मामला सामने आया है। यहां 18 साल की युवती को अपनी बहन के 19 साल के बेटे से प्यार हो गया। मौसी के गर्भवती होने पर परिवार को इसकी जानकारी हुई। दोनों ने शादी की जिद पकड़ी तो परिवार ने साफ मना कर दिया। शुक्रवार रात दोनों घर से भागे और सोन नदी के 60 फीट ऊंचे पुल से छलांग लगा दी। शनिवार सुबह दोनों पुल के नीचे बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस ने दोनों को अस्पातल पहुंचाया, जहां से उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया। इस पूरे मामले में परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना सीधी जिले के सिहावल की है। शुक्रवार दोपहर गेरुआ निवासी युवक अपनी मौसी के घर डिहुली पहुंचा था। वह मौसी से शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ था। परिजन ने उसे समझाया कि अपने समाज में ऐसे रिश्तों को स्वीकार नहीं किया जाता है, इसलिए दोनों अपने-अपने रास्तों को अलग कर लो। युवक और युवती दोनों मानने को तैयार नहीं थे। परिजन ने युवक को घर से जाने का कह दिया। शाम को युवक अपने गांव के लिए निकला, लेकिन रास्ते में कहीं रुक गया। देर रात वह फिर मौसी के घर पहुंचा और दोनों रात में घर से भाग निकले। रात करीब 3 बजे मां की नींद खुली तो बेटी कहीं नजर नहीं आई। इस पर उसने अन्य परिजन को उठाया। उन्होंने उसे काफी तलाशा लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह-सुबह डायल-100 को किसी ने सूचना दी कि कोलदहा पुल के नीचे युवक-युवती बेहोशी की हालत में पड़े हुए हैं। संभवत: दोनों ने जान देने की कोशिश करते हुए पुल से छलांग लगा दी है। इस पर अमिलिया पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची। इसी दौरान इसकी जानकारी परिजन को भी लगी तो वे अस्पताल पहुंच गए। उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पढ़ाई छोड़ चुके हैं। लड़का घर पर ही रहता था। परिजन मजदूरी करते हैं। -
नई दिल्ली। भारत की शादियां बड़ी ही मजेदार होती हैं लेकिन कभी कभी शादियां युद्ध का मैदान भी बन जाती है। वो सब पहले हुआ करता था जब दूल्हा और दुल्हन मंडप में एकदम चुप बैठ जाते थे और मुंह से एक शब्द भी नहीं निकालते थे। लेकिन अब हालात ये हैं कि मंडप में बात तो बात बल्कि हाथ भी चलने लगे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक दुल्हन मंडप के बीच अपने दुल्हा को पीटती हुई नजर आ रही है। इस पिटाई का कारण जानकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे।
दरअसल दुल्हन को पता चलता है कि उसका दूल्हा गुटखा खा रहा है। जिसे सुनकर वह आग-बबूला हो जाती है और दूल्हे को चाटा लगाकर गुटखा थूककर आने को कहती है। घटना शादी के मंडप में शादी शुरू होने से पहले की है। दूल्हा-दुल्हन करीबी रिश्तेदारों से घिरे एक-दूसरे के बगल में बैठे नजर आ रहे हैं। दुल्हन शादी में मौजूद एक शख्स से बात करने लगती है और अचानक उससे बहस करने लगती है और फिर उसकी पिटाई कर देती है, उसे पीटने के बाद वह अपने दूल्हे की ओर मुड़ी और उस पर चिल्लाई और उसे भी पीटना शुरू कर दिया।
शादी में मौजूद कोई भी व्यक्ति शादी को रोकने की कोशिश नहीं करता और लड़ाई बढ़ जाती है। वीडियो में ध्यान से सुनेंगे तो पता चलेगा कि दुल्हन को गुस्सा आ गया क्योंकि उसे पता चला कि उसका पति गुटखा चबा रहा था जो उसे पसंद नहीं था। अचानक दुल्हन दूल्हे को पीटती है और गुटखा थूक कर आने के लिए कहती है। दूल्हा गुटखा थूकने के लिए बाहर जाता है। -
बक्सर। बिहार के बक्सर में दांतों तले अंगुली दबाने वाली एक घटना हुई है। हुआ यूं कि बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति के ऊपर से पूरी ट्रेन गुजर गई। गनीमत यह रही कि उसकी जान बच गई। मगर उसे मामूली चोटें आई हैं। यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म नंबर एक पर समोसा खाने के चक्कर में घटी।
दरअसल, दानापुर रेल मंडल के बक्सर स्टेशन पर जैसे ही अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस रुकी, एक शख्स समोसा खाने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गया। समोसा खरीदने के बाद जैसे ही उसने चलती ट्रेन में चढऩे की कोशिश की, वह ट्रेन के नीचे गिर गया। ट्रेन के चक्के से बचते हुए वो पटरी पर पहुंच गया। तब तक ट्रेन की स्पीड तेज हो गई थी।
गनीमत यह रही की हादसे में व्यक्ति को कोई खास नुकसान नहीं हुआ। बाद में मामूली रूप से जख्मी युवक को प्लेटफॉर्म पर बैठाया गया। कुछ देर आराम करने के बाद उसे दूसरी ट्रेन से आगे के लिए रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार, युवक समस्तीपुर का रहने वाला है। - बिजनौर। उत्तर प्रदेश मे बिजनौर के एक गांव मे घरेलू विवाद के कारण गुरुवार की देर रात पति ने कथित रूप से तमंचे से गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस अधीक्षक (एसपी) धर्मवीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि थाना नूरपुर के गांव गोपालपुर निवासी आरोपी सचिन ने बीती रात लगभग 10 बजे पत्नी लक्ष्मी (25) की 315 बोर के तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने सुबह लगभग पांच बजे पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना का कारण घरेलू कलह बताई जा रही है। एसपी के अनुसार आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।
- जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शुक्रवार को जयपुर के सरकारी सवाई मान सिंह अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई। डॉक्टरों के अनुसार वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें दो तीन दिन पूर्ण आराम की सलाह दी गई है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधीर भंडारी ने कहा, ' मुख्यमंत्री की तीन मुख्य धमनियों में से एक में 90 प्रतिशत ब्लॉक मिला। उनकी एक धमनी की एंजियोप्लास्टी हुई। एक धमनी में स्टेंट लगा।'इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गहलोत अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही सामान्य कामकाज करने लगेंगे। डॉ. भंडारी ने कहा, ' जैसे ही स्टेंट लगा, उनके सारे दिक्कत वाले लक्षण खत्म हो गए। वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। वह एक दो दिन में सामान्य रूप से काम करने लगेंगे।' उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में आम नागरिक की तरह पंजीकरण करवाया और उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत एक हाथ व गर्दन में दर्द की शिकायत थी। कल से उन्हें सीने में भारीपन हो रहा था। इसको देखते हुए गहलोत को सीटी एंजियोग्राफी करवाने की सलाह दी गई। इसमें उनकी धमनी में ब्लाकेज सामने आया और उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। डॉ. भंडारी ने कहा कि गहलोत को 2- 3 दिन के पूरी तरह से आराम की सलाह दी गई है।उल्लेखनीय है कि 70 वर्षीय कांग्रेस नेता गहलोत इस साल अप्रैल में कोरोना वायरस संक्रमित हो गए थे और उसके बाद से वह कोरोना के बाद के प्रभावों का सामना कर रहे हैं। गहलोत स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा, मुख्य सचेतक महेश जोशी, विधायक रफीक खान के साथ अस्पताल पहुंचे।मुख्यमंत्री के प्रवक्ता ने ट्वीट कर बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की एंजियोप्लास्टी सफलता पूर्वक की गई। इससे पहले गहलोत ने भी ट्वीट के जरिये बताया कि उनकी एंजियोप्लास्टी की जायेगी। गहलोत ने ट्वीट में कहा, कोविड के बाद मुझे स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही थी और गुरुवार से मेरे सीने में तेज दर्द हो रहा था। अभी सवाई मानसिंह अस्पताल में अपना सीटी एनजीओ करवाया हैं। एंजियोप्लास्टी की जायेगी। उन्होंने कहा कि-मुझे खुशी है कि मै इसे (एंजियोप्लास्टी) सवाई मानसिंह अस्पताल में करवा रहा हूं। मैं ठीक हूं और जल्द ही वापस आऊंगा। आपका आर्शीवाद और शुभकामनाएं मेरे साथ है। इस बीच मुख्यमंत्री गहलोत की तबीयत नासाज होने का समाचार मिलने पर अनेक नेताओं ने उनकी कुशलक्षेम जानी और सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।राज्यपाल कलराज मिश्र ने गहलोत को फोन किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा व गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत से बात कर मुख्यमंत्री की कुशलक्षेम जानी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित तमाम नेताओं ने गहलोत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अनेक नेता उनकी कुशल क्षेम जानने अस्पताल पहुंचे।
- बुलंदशहर (उप्र) । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की अस्थियों को उनके बेटे राजवीर ने शुक्रवार को नरोरा इलाके में गंगा नदी में विसर्जित कर दिया। इससे पहले दिन में कल्याण सिंह के पोते और उत्तर प्रदेश के मंत्री संदीप सिंह ने अंतिम संस्कार स्थल से अस्थियां एकत्र कीं। कल्याण सिंह का 21 अगस्त को लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को लखनऊ में सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। कल्याण सिंह का सोमवार को नरोरा में गंगा तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्री शामिल हुए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को अलीगढ़ जिले के अतरौली स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी थी।
- पणजी। गोवा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 80 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 1,73,606 हो गए।इसके साथ ही पिछले एक दिन में राज्य में महामारी से किसी की भी मौत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि अब तक कोविड-19 से 3,191 मरीजों की मौत हो चुकी है। गोवा में अब तक कोविड-19 से पीड़ित होने के बाद 1,69,480 लोग ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 935 मरीज उपचाराधीन हैं।
- नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि किसानों और कृषि वैज्ञानिकों में इतनी क्षमता है कि हम दुनिया में भारत सभी जिंसों के उत्पादन में पहले स्थान पर आ पहुंच सकता है। आधिकारिक बयान के अनुसार तोमर ने किसानों के लिए राष्ट्रीय खाद्य एवं पोषण अभियान की शुरूआत करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने किया। उन्होंने कहा कि देश ने खाद्यान्न के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘‘कृषि व सम्बद्ध उत्पादों के मामले में हमारा देश दुनिया में पहले या दूसरे स्थान पर है। हमारे किसानों व वैज्ञानिकों की इतनी क्षमता है कि हम दुनिया में प्रतिस्पर्धा करें तो लगभग सभी जिंसों में पहले स्थान पर हो सकते हैं।'' मंत्री ने कहा कि देश ने उत्पादन और उत्पादकता के मामले में शानदार प्रगति की है। ‘‘हालांकि आजादी के 75वें वर्ष में हम ऐसे मुकाम पर खड़े है, जहां हमें आत्मावलोकन करने के साथ ही चुनौतियां तथा उनके समाधान पर विचार करना होगा।'' उन्होंने कहा कि आईसीएआर वर्षा आधारित और अन्य क्षेत्रों में कब-कौन सी खेती हो तथा किन बीजों को विकसित किये जाएं, इस पर सफलतापूर्वक काम रही है। यह भी प्रयत्न किया जा रहा है कि कृषि व किसान नई तकनीक से जुड़े। तोमर ने कहा, ‘‘उत्पादन में हम अव्वल हैं। लेकिन इस प्रचुरता को प्रबंधित करना भी महत्वपूर्ण है। यह सरकार के साथ किसानों की भी जिम्मेदारी है कि हमारे उत्पाद गुणवत्तापूर्ण हो, वैश्विक मानकों पर खरे उतरे, किसान महंगी फसलों की ओर आकर्षित हो, कम रकबे-कम सिंचाई में, पर्यावरण मित्र रहते हुए पढ़े-लिखे युवा कृषि की ओर आकर्षित हों।
- नयी दिल्ली। दूरसंचार नियामक ट्राई ने उपग्रह आधारित सेवाओं को सस्ता करने के लिये सरकार से संबंधित परिचालकों पर लगाये गये विभिन्न शुल्कों को कम करने या हटाने के साथ बिचौलिये से बचने समेत अन्य सिफारिशें की। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने ‘लो बिट रेट' अनुप्रयोगों को लेकर उपग्रह आधारित संपर्क के लिये लाइसेंसिंग विधान पर अपनी सिफारिशों में इस तरह की कनेक्टिविटी के लिए सभी प्रकार के उपग्रहों के उपयोग की अनुमति देने का सुझाव दिया है। नियामक ने वर्तमान में स्वीकार्य 3-5 वर्षों की तुलना में लंबी अवधि के लिए संपर्क सुविधा प्रदान करने को लेकर विदेशी उपग्रहों के उपयोग की भी सिफारिश की है। मशीन से मशीन के बीच संचार, कार्गो, वाहन, रेलवे तथा यातायात सिग्नल की स्थिति का पता लगाने के लिये उपयोग किये जाने वाले सेंसर आदि मामलों में ‘लो बिट रेट सेवाओं' की आवश्यकता होती है।
- हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर अंचल के जुडावनपुर थाना अंतर्गत चकसिंगार गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक मनीष ने गुरुवार को बताया कि शराब पीने की बात ग्रामीणों ने बतायी है जिसकी पुष्टि मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगी। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गम्भीर मामला है और इसमें जो भी संलिप्त होंगे उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा सभी घरों की तलाशी ली जा रही है। जुडावनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में 25 अगस्त को नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी और लगातार छापेमारी की जा रही है। अभी तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तीनों के पास से देसी शराब बरामद की गयी है।
- चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने गुरुवार को अपने कर्मचारियों के मूल वेतन में न्यूनतम 15 प्रतिशत वृद्धि करने और कुछ भत्तों को फिर से बहाल करने की घोषणा की। राज्य सरकार की इस पहल से उसके खजाने पर 1,500 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। एक सरकारी बयान के अनुसार, ‘‘इस के साथ राज्य के प्रति कर्मचारी वेतन/पेंशन में कुल औसत वृद्धि 1.05 लाख रुपये सालाना तक होगी।'' कर्मचारियों को इससे पहले एक जुलाई 2021 से छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को स्वीकार किये जाने से 79,250 रुपये प्रति वर्ष मिल रहा था, उसके मुकाबले अब उन्हें अधिक राशि मिलेगी। इससे कर्मचारियों को 4,700 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इससे कर्मचारियों की 31 दिसंबर, 2015 के मूल वेतन के ऊपर वेतन में वृद्धि होगी। उन्होंने सभी मंत्रियों, प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कर्मचारियों से बात करके उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान करें। छठे वेतन आयोग की कुछ सिफारिशों को लेकर कई विभागों के कर्मचारी राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं.उन्होंने कहा, ''आज की घोषणाओं के बाद कर्मचारियों की सभी जायज मांगों का समाधान हो जाना चाहिए।'' उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कर्मचारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा तो नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जायेगी। मुख्यमंत्री ने इस मामले में 2.85 लाख कर्मचारियों और 3.07 लाख पेंशनरों की शिकायतों का समाधान करने के लिये कैबिनेट मंत्री ब्रहम महिन्द्रा तथा अन्य की सराहना की। ताजा वेतन वृद्धि से राज्य सरकार के खजाने पर वेतन और पेंशन वृद्धि का कुल मिलाकर 42,673 करोड़ रुपये का सालाना बोझ बढ़ेगा।
- नयी दिल्ली। इंडिगो ने गुरुवार को कहा कि वह सितंबर के पहले सप्ताह के दौरान देहरादून, इंदौर और लखनऊ सहित विभिन्न शहरों को जोड़ने वाली आठ नई घरेलू उड़ानें शुरू करेगी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘इंडिगो एक सितंबर से दिल्ली-लखनऊ, लखनऊ-जयपुर और इंदौर-लखनऊ के बीच नई उड़ानें संचालित करेगी, जबकि दिल्ली और देहरादून को जोड़ने वाली उड़ानें पांच सितंबर से शुरू होंगी।'' इंडिगो के मुख्य रणनीति और राजस्व अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि ये आठ नई उड़ानें न केवल पहुंच में सुधार करेंगी, बल्कि दिल्ली, लखनऊ, जयपुर, देहरादून और इंदौर से यात्रा की बढ़ती मांग को भी पूरा करेंगी।
- जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पिछले 30 दिन में डेंगू के 151 मामले दर्ज किए गए हैं। सेठ गोविंददास जिला अस्पताल के प्रवक्ता अजय कुरील ने गुरुवार को बताया कि इस दौरान मच्छर जनित रोग से किसी की मौत की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों द्वारा रिपोर्ट किए गए मामले के आधार पर आंकड़े संकलित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल डेंगू के मरीजों के बारे में केवल मौखिक तौर पर सूचित करते हैं लेकिन अब उन्हें लिखित रूप में जानकारी देने के लिए कहा गया है।जबलपुर में डेंगू के प्रकोप की खबरों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य सेवाओं) से राज्य सरकार द्वारा इससे निपटने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जनकारी मांगी है। आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार जैन ने दो सप्ताह में शीर्ष अधिकारियों से जवाब मांगा है। उनके मुताबिक आयोग ने यह कहा कि जबलपुर नगर निगम डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लार्वा पाए जाने वाले परिसर के मकान मालिकों पर 200 रुपए का जुर्माना लगा रहा है।
- नयी दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को नए मतदाताओं को उनके पहचान पत्र के साथ एक व्यक्तिगत पत्र भेजने नयी पहल शुरू की। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा और चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने पहल की शुरुआत की। नए मतदाताओं को उनके मतदाता पहचान पत्र के साथ आयोग की ओर से एक व्यक्तिगत पत्र भेजा जाएगा। आयोग ने एक बयान में कहा कि पैकेज नए मतदाताओं के लिए एक बधाई पत्र और नैतिक मतदान की प्रतिज्ञा वाली मतदाता मार्गदर्शिका शामिल होगी। यह पहल दो दिवसीय स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी) परामर्श कार्यशाला के दौरान शुरू की गई थी। कार्यशाला का एजेंडा राज्य स्वीप योजनाओं की समीक्षा करना और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए व्यापक रणनीति के लिए स्वीप के महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श करना था। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, चंद्रा ने कहा कि प्रत्येक मतदाता दो महत्वपूर्ण चरणों नामांकन और मतदान दिवस पर चुनाव मशीनरी से रूबरू होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फील्ड टीमों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नामांकन प्रक्रिया निर्बाध हो और मतदाताओं के लिए मतदान का अनुभव सुखद और परेशानी मुक्त रहे।
- कोटद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के लैंसडाउन एवं जयहरीखाल के बीच एक कार के एक गहरी खाई में गिर जाने की घटना में दिल्ली के दो पर्यटकों की मौत हो गयी जबकि तीसरा घायल हो गया । पुलिस ने यह जानकारी दी । लैंसडाउन कोतवाली के एसएचओ संतोष कुंवर ने बताया कि यह घटना बुधवार की रात 11 बजे हुयी ।उन्होंने बताया कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान दिल्ली के द्वारका सेक्टर 22 निवासी तरूण कुमार (32) और कापसहेड़ा निवासी विकास राणा (33) के रूप में की गयी है। कुंवर ने बताया कि हादसे में घायल नजफगढ़ निवासी अनुज वत्स का उपचार चल रहा है । उन्होंने बताया कि पीड़ितों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गयी है।


















.jpg)








.jpg)