- Home
- देश
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु के एक 20 वर्षीय छात्र की जमकर सराहना की। इस छात्र ने एक पत्र के साथ प्रधानमंत्री की दो खूबसूरत पेंटिंग उन्हें भेजी थी। छात्र स्टीवेन हैरिस के पत्र का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि रचनात्मक क्षेत्र में युवाओं की लगन और मेहनत को देखना अत्यंत सुखद है। उन्होंने स्टीवेन की तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी पेंटिंग से उनमें चीजों को गहराई से अनुभव करने की प्रतिभा का पता चलता है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री ने स्टीवेन को लिखा, ‘‘आपने जिस बारीकी से सूक्ष्म भावों को कैनवास पर उतारा है, उसे देखकर मन आनंदित हो जाता है।'' प्रधानमंत्री ने जन स्वास्थ्य और लोक कल्याण के बारे में स्टीवेन के विचारों की भी प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, “टीकाकरण अभियान, अनुशासन और 130 करोड़ भारतीयों के सम्मिलित प्रयास इस महामारी के खिलाफ हमारी लड़ाई को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।” प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई है कि समाज में सकारात्मकता फैलाने के स्टीवेन के प्रयासों से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। इससे पहले, स्टीवेन ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में बताया था कि वह पिछले 15 सालों से पेंटिंग कर रहे हैं और विभिन्न स्तर पर 100 से अधिक पुरस्कार भी जीत चुके हैं। स्टीवेन ने प्रधानमंत्री मोदी को अपनी प्रेरणा बताया और साथ ही कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत के टीकाकरण अभियान की भी तारीफ की थी।
- ऋषिकेश। पिछले कुछ दिन से हो रही भारी बारिश के कारण चंद्रभागा नदी के उफान पर आने के बाद इसके तट पर रहने वाले करीब 90 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को बुधवार रात को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया क्योंकि उनके घरों के किसी भी समय पानी में डूबने का संकट उत्पन्न हो गया था। देहरादून के जिलाधीश आर राजेश कुमार ने बृहस्पतिवार को बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया और अधिकारियों से बात की। कुमार ने उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह से उन 90 परिवारों के विस्थापन के लिए जमीन की पहचान करने और विस्तृत योजना बनाने को कहा है जिनके घर डूब गए हैं। कुमार ने कहा कि नदियों में बाढ़ आने के कारण भूमि के कटान से कृषि भूमि को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए सूचनाएं एकत्रित की जा रही हैं।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त को जालियांवाला बाग के पुनर्निर्मित परिसर का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को दी।पीएमओ ने बताया कि मोदी इसके साथ ही अमृतसर में जालियांवाला बाग स्मारक स्थल पर विकसित कुछ संग्रहालय दीर्घाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन के दौरान समूचे परिसर को उन्नत करने के लिए सरकार द्वारा की गई अनगिनत विकास पहलों को भी दर्शाया जाएगा। पीएमओ ने कहा कि लंबे समय से बेकार पड़ी और कम उपयोग वाली इमारतों का दोबारा अनुकूल इस्तेमाल सुनिश्चित करते हुए चार संग्रहालय दीर्घाएं निर्मित की गई हैं। उसके मुताबिक, ‘‘ये दीर्घाएं उस अवधि के दौरान पंजाब में घटित विभिन्न घटनाओं के विशेष ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती हैं। इन घटनाओं को दिखाने के लिए श्रव्य-दृश्य प्रौद्योगिकी के माध्यम से प्रस्तुति दी जाएगी जिसमें मैपिंग और थ्री डी चित्रण के साथ-साथ कला एवं मूर्तिकला अधिष्ठापन भी शामिल हैं।'' जालियांवाला बाग में 13 अप्रैल, 1919 को घटित विभिन्न घटनाओं को दर्शाने के लिए एक साउंड एंड लाइट शो की व्यवस्था की गई है। इस परिसर में विकास से जुड़ी कई पहल की गई हैं। पंजाब की स्थानीय स्थापत्य शैली के अनुरूप धरोहर संबंधी विस्तृत पुनर्निर्माण कार्य किए गए हैं। शहीदी कुएं की मरम्मत की गई है और नवविकसित उत्तम संरचना के साथ इसका पुनर्निर्माण किया गया है। इस बाग का केंद्रीय स्थल माने जाने वाले ‘‘ज्वाला स्मारक'' की मरम्मत करने के साथ-साथ इसका पुनर्निर्माण किया गया है और वहां स्थित तालाब को एक ‘‘लिली तालाब'' के रूप में फिर से विकसित किया गया है तथा लोगों को आने-जाने में सुविधा के लिए यहां स्थित मार्गों को चौड़ा किया गया है। पीएमओ ने कहा कि इस परिसर में अनेक नई और आधुनिक सुविधाओं को जोड़ा गया है जिनमें लोगों की आवाजाही के लिए उपयुक्त संकेतकों से युक्त नव विकसित मार्ग, महत्वपूर्ण स्थानों को रोशन करना, देशी वृक्षारोपण के साथ बेहतर भूदृश्य एवं चट्टानों युक्त निर्माण कार्य, इत्यादि पूरे बगीचे में ऑडियो नोड्स लगाना शामिल हैं। इसके अलावा मोक्ष स्थल, अमर ज्योति और ध्वज मस्तूल को समाहित करने के लिए अनेक नए क्षेत्रों का विकास किया गया है। पीएमओ ने कहा कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति मंत्री, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री, संस्कृति राज्य मंत्री, पंजाब के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, हरियाणा, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, पंजाब के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसद और जलियांवाला बाग राष्ट्रीय स्मारक न्यास के सदस्यगण शामिल होंगे।
- नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि महामारी प्रबंधन के लिए सितंबर और अक्टूबर का महीना महत्वपूर्ण होगा और चेतावनी दी कि त्योहार कोविड-19 के उपयुक्त आचरण के मुताबिक मनाये जाने चाहिए। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में अभी दूसरी लहर जारी है।आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि टीका बीमारी में सुधार लाने के लिए है न कि इसे रोकने के लिए, इसलिए टीकाकरण के बाद भी मास्क का प्रयोग जारी रखना बहुत जरूरी है। भूषण ने कहा, ‘‘देश में कोविड-19 की दूसरी लहर अब भी जारी है। दूसरी लहर अभी समाप्त नहीं हुई है और इसलिए हमें सभी एहतियात बरतने की जरूरत है, खासकर हर त्योहार के बाद संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए।'' उन्होंने कहा, ‘‘सितंबर और अक्टूबर के महीने हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि हम नए त्योहार मनाने जा रहे हैं। इसलिए कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाते हुए त्योहार मनाए जाने चाहिए।'' सरकार ने कहा कि भारत के 41 जिलों में कोविड-19 की साप्ताहिक संक्रमण दर दस फीसदी से अधिक है। सरकार के मुताबिक, पिछले हफ्ते कुल कोविड-19 मामलों में से 58.4 फीसदी केरल में सामने आए। इसने कहा, ‘‘केरल एकमात्र राज्य है जहां कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख से अधिक है, जबकि चार राज्यों में यह 10 हजार से एक लाख तक है और 31 राज्यों में कोविड-19 के इलाजरत मरीजों की संख्या 10 हजार से कम है।'' सरकार ने बताया कि अफगानिस्तान से अभी तक 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित लाया गया है और उनमें से कुछ कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित लोगों को पृथक कर दिया गया है और उनका उपचार चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, एक दिन में कोरोना वायरस से 46,164 लोग संक्रमित पाए गए और इसके साथ भारत में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 3,25,58,530 है, वहीं संक्रमण का इलाज करा रहे लोगों की संख्या बढ़कर 3,33,725 हो गई है। सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, 607 लोगों की मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 4,36,365 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल संक्रमण का 1.03 फीसदी है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से ठीक होने की दर 97.63 फीसदी है।
- नयी दिल्ली। आगामी महीनों में कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर की चिंताओं के बीच अभिभावकों की राय राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों को फिर से खोलने की योजना को लेकर बंटी हुई है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा गठित एक विशेषज्ञ समिति ने दिल्ली में सितंबर से स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने की सिफारिश की है। कुछ लोगों का मानना है कि अब बहुत हो चुका और स्कूलों को खोल दिया जाना चाहिए जबकि कुछ का मानना है कि कुछ और सप्ताह या महीने तक प्रतीक्षा करने में कोई समस्या नहीं है क्योंकि विशेषज्ञों ने संभावित तीसरी लहर को लेकर आगाह किया है। दिल्ली अभिभावक संघ की अध्यक्ष अपराजिता गौतम ने कहा, ‘‘ जोखिम अभी समाप्त नहीं हुआ है। अक्टूबर-नवंबर से ठीक पहले स्कूलों को फिर से खोलना सही फैसला नहीं है क्योंकि विशेषज्ञों ने इन्हीं महीनों में तीसरी लहर आने का अनुमान जताया है। ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था चल रही है और इसे कुछ और सप्ताह या एक और महीने तक बढ़ाने से कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा जबकि पहले ही स्कूल इतने लंबे समय से बंद रहे हैं।'' नौ साल के बच्चे की मां दीक्षा वर्मा ने कहा, ‘‘यदि स्कूलों को फिर से खोलना ही है तो उन्हें पूर्णकालिक कक्षाएं शुरू नहीं करनी चाहिए। हम सभी जानते हैं कि कई देशों में फिर से मामले बढ़ रहे हैं और अगला हमारा नंबर हो सकता है।'' बहरहाल, ऑल इंडिया पैरंट्स एसोसिएशन (एआईपीए) स्कूलों को फिर से खोलने की मांग कर रही है। एआईपीए के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली में स्कूलों को फिर से खेालने में अनिश्चितकाल तक देरी का क्या औचित्य है? 2020-21 की तरह 2021-22 भी शून्य अकादमिक वर्ष बनने जा रहा है।'' आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले जुड़वां बच्चों के पिता निशांत भारद्वाज ने भी ऐसी ही राय जताते हुए कहा, ‘‘सरकार ने पहले ही संकेत दे दिया है कि बच्चों के स्कूल आने के लिए माता-पिता की अनुमति आवश्यक होगी और जो स्कूल नहीं आना चाहते वे ऑनलाइन कक्षाओं में भाग ले सकते हैं। फिर क्या मसला है? अगर कुछ माता-पिता इसके पक्ष में नहीं है तो वे अपने बच्चों को न भेजे।'' कई स्कूलों के प्रधानाचार्य और शिक्षा विशेषज्ञ स्कूलों को फिर से खोलने के पक्ष में हैं।एमआरजी स्कूल, रोहिणी की प्रधानाचार्या अंशु मित्तल ने कहा, ‘‘स्कूल बच्चे के समग्र विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और कोविड महामारी के कारण इन स्कूलों को बंद हुए 16 महीने से अधिक समय बीत गया है। स्कूलों को फिर से खोलना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति की कुशलक्षेम को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं में छात्रों की मौजूदगी शुरू होनी चाहिए।'' कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन के मद्देनजर पिछले साल मार्च में राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया था। अभी 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र अपने माता-पिता की अनुमति से दाखिले और बोर्ड परीक्षा से संबंधित गतिविधियों के लिए ही स्कूल जा सकते हैं।
- झाबुआ । मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के भेरुघाट में बृहस्पतिवार को एक बस और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक बस यात्री घायल हो गए। थांदला थाना प्रभारी कौशल्या चौहान ने बताया कि थांदला थानाक्षेत्र में सुबह साढ़े सात बजे हुई इस दुर्घटना में बस चालक और एक यात्री की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बस मध्यप्रदेश के भिंड से गुजरात के राजकोट जा रही थी, तभी गेहूं से भरे एक ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जयदीप सिकरवार (34) और उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी नीलेश सिंह (12) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों का थांदला और पेटलावद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना की आगे और जांच कर रही है।
- नोएडा । नोएडा थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के हाजीपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर परिवारिक क्लेश के चलते पत्नी और खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर बुधवार को आग लगा ली। उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं पत्नी और बीच बचाव करने आई उसकी सास की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहना वाला मोहनदास (45) हाजीपुर गांव में सुखबीर के मकान में किराए पर रहता था। उसका उसकी पत्नी लक्ष्मी (36) के साथ विवाद था और गौतमबुद्ध नगर की पारिवारिक अदालत में उनका मामला चल रहा था। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह किसी बात को लेकर लक्ष्मी तथा मोहन के बीच झगड़ा हो गया। मोहन ने अपनी पत्नी तथा अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। इसी बीच बीच- बचाव करने आई पत्नी की मां किरण (65) भी आग की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लक्ष्मी, मोहनदास तथा किरण को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उपचार के लिए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया की उपचार के दौरान मोहन दास की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और सास की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
- नोएडा (उप्र) । नोएडा थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सेक्टर 77 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 77 में एक सोसाइटी में रहने वाले सागर जोशी (28) ने तड़के अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें घटनास्थल पर सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि वह आत्महत्या के लिए स्वयं जिम्मेदार है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक कोविड-19 टीकों की 58.76 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसके साथ ही 1.03 करोड़ से अधिक खुराक राज्यों को दिए जाने की प्रक्रिया में हैं। मंत्रालय ने कहा कि अब भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास 3.77 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध हैं जिनका उपयोग किया जाना है। केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड टीकाकरण की गति को तेज करने और इसका दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। टीकाकरण का नया सार्वभौमिक चरण 21 जून को शुरू हुआ था। बयान में कहा गया है कि अधिक टीकों की उपलब्धता से टीकाकरण अभियान में तेजी आयी है।
- नोएडा (उप्र)। नोएडा के थाना कासना क्षेत्र के घंघोला गांव में रहने वाले एक पुजारी को पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। कासना के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घंघोला गांव का रहने वाला आरोपी दीपक शर्मा दिल्ली के शक्ति नगर में स्थित एक मंदिर में पुजारी है। उसकी पत्नी मीना (28) घंघोला गांव में ही रहती थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को मीना अपने घर में मृत पाई गई, उनके गले में चुन्नी बंधी हुई थी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या करने की बात सामने आई है। सिंह ने बताया कि महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया कि उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं और आरोपी दीपक ने ही उसकी हत्या की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने आरोपी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसका उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था,इस पर मीना ने उसे थप्पड़ मार दिया इससे आक्रोशित होकर उसने अपनी पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया है।
- इंदौर । इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र के थानों में तैनात करीब 1,500 पुलिस कर्मियों को हर रोज सुबह-शाम दो-दो केलों की खास खुराक मिलेगी। पुलिस ने अपने बल की तंदुरुस्ती के लिए यह नया प्रयोग शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) महेश चंद्र जैन ने बृहस्पतिवार को को बताया कि उन्होंने अपने मातहत अफसरों को बाकायदा लिखित निर्देश दिए हैं कि वे थानों में बल की सुबह-शाम होने वाली गिनती के दौरान करीब 1,500 पुलिस कर्मियों को दो-दो केलों की खुराक नियमित तौर पर दें। जैन ने कहा, "काम की व्यस्तताओं और कानून-व्यवस्था संभालने की लम्बी ड्यूटी के दौरान अक्सर थानों के पुलिस कर्मियों को नाश्ते तक का वक्त नहीं मिल पाता और वे खाना भी काफी देर से खा पाते हैं। केलों की पौष्टिक खुराक से उन्हें तुरंत ऊर्जा मिलेगी और उनकी सेहत ठीक रहेगी।" अधीक्षक के मुताबिक, पुलिस कर्मियों के लिए केलों का इंतजाम करने के लिए शहर के कई सामाजिक संगठन स्वेच्छा से तैयार हैं। उन्होंने कहा, "अगर जरूरत पड़ेगी, तो केला खरीदी के लिए सरकारी खजाने से भुगतान की व्यवस्था की जाएगी।" जैन ने बताया कि जिले के कुछ थानों में पुलिस कर्मियों को केले की खुराक दिया जाना शुरू हो गया है और यह व्यवस्था अन्य थानों में भी जल्द अमल में आ जाएगी।
- बेरहामपुर। ओडिशा के गंजाम जिले में ऋषिकुल्या नदी के मुहाने के पास पेड़ों पर, बया पक्षियों के कई नये बने एवं जटिल रूप से बुने हुए घोंसले देखे गए। ताड़ के पेड़ सहित अन्य पेड़ों से लटकते हुए, हेलमेट के आकार के घोंसले देखे गए हैं। अपने परिवार को शिकारियों से बचाने के लिए बनाए गए ये घोंसले, पक्षियों की एक लुप्तप्राय प्रजाति, बया का अथक प्रयास है। गंजाम के मानद वन्यजीव वार्डन रवींद्र नाथ साहू ने बताया, “हमने सुबालाया के एक खेत में एक ही ताड़ के पेड़ में ऐसे 100 से अधिक घोंसले पाए हैं।” उन्होंने और पुरुना बांध में ऋषिकुल्या सागर कछुआ संरक्षण समिति के सदस्यों में से एक मगाता बेहरा ने हाल ही में घोंसले देखे जब वे बया बुनकर के घोंसलों पर एक सर्वेक्षण कर रहे थे। सुबालाया के अलावा, उन्होंने कांटियागढ़ा के पास नदी के मुहाने के पास कम से कम 10 पेड़ों में भी घोंसले पाए हैं जोकि ऑलिव रिडले कछुओं के लिए प्रसिद्ध प्रजनन क्षेत्र है। साहू ने बताया कि घोंसले को गंजम रेलवे स्टेशन पर और छत्रपुर, बेगुनियापाड़ा, रंगीलुंडा और कबीसूर्या नगर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में आर्द्रभूमि के पास भी देखा गया। घोंसलों की कुल संख्या लगभग 2,000 है। बेरहामपुर संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अमलान नायक ने कहा कि जिले में इतनी बड़ी संख्या में घोंसलों का देखा जाना ऐसे वक्त में अच्छा संकेत है जब बया बुनकर पक्षियों की आबादी देश के अन्य हिस्सों में घट रही है।-file photo
- सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बीती रात एक बस पलट जाने से दो महिला यात्रियों की मौत हो गई जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल शर्मा ने बताया कि बुधवार रात बदायूं से एक बस पंजाब जा रही थी और बस जब देवबंद पहुंची तो चालक को झपकी आ गई जिससे बस साखन नदी के पास खाई में पलट गई । उन्होंने बताया कि चीख पुकार सुनकर पास के ढाबे में मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी थाना देवबंद पुलिस को दी। बाद में क्रेन की सहायता से बस को सीधा किया गया। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग मजदूरी के लिये बदायूं से पंजाब जा रहे थे लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। शर्मा ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जबकि गम्भीर रूप से घायल चार लोगों को उपचार के लिये पीजीआई चण्डीगढ रेफर किया गया है।
- कानपुर। कानपुर जिले के बेकनगंज क्षेत्र में, रजवी रोड पर बृहस्पतिवार को एक मकान की छत ढह जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बेकनगंज थाना क्षेत्र के रजवी रोड पर स्थित एक पुराने जर्जर मकान में मोहम्मद शमी उर्फ राजू का परिवार रहता है। सुबह बारिश के कारण मकान की कच्ची छत ढह गई, जिसके मलबे में दबकर शमी की पत्नी शहाना परवीन (35), बेटी अलशिफा (आठ) और बेटे नोमान (तीन) की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि शहाना और नोमान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अलशिफा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शमी का इलाज किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
- जाजपुर ।ओडिशा के जाजपुर जिले में एक पुलिस थाने के कर्मियों ने एक मृत बंदर का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार किया। अधिकारियों ने बताया कि यह बंदर बलिचंद्रपुर पुलिस थाने के परिसर में एक पेड़ पर रहता था। पुलिस कर्मियों को बंदर से लगाव हो गया था और जब उन्होंने उसे मृत पाया तो वन विभाग को उसका शव देने के बजाय उसका अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। पुलिस थाने की प्रभारी बिजयिनी मल्लहा ने कहा, बंदर हमारे पुलिस थाने परिसर के एक पेड़ पर रहता था। वह हमारे कर्मियों को अच्छी तरह पहचानता था और उनके इर्द गिर्द घूमता रहता था और हम उसे खाना खिलाते थे।'' उन्होंने बताया कि अचानक मंगलवार को बंदर मृत पाया गया। वह बूढ़ा और बीमार था। उन्होंने बताया, ‘‘उसकी मौत से हमें काफी दुख पहुंचा और वह हमारे लिए परिवार के सदस्य की तरह था इसलिए हमने बढ़िया तरीके से उसका अंतिम संस्कार करने का फैसला किया।'' उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने मृत बंदर पर माल्यार्पण किया, उसे श्रद्धांजलि दी और श्मशान घाट तक उसकी शवयात्रा निकाली जहां हिंदू रीति रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के क्षेत्रों में 29 अगस्त से बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार ऐसा इसलिए होगा क्योंकि मॉनसून के कम दबाव के क्षेत्र के हिमालय की तलहटी से मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि दिल्ली और उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य इलाकों में फिलहाल मानसून का आंशिक, “रुक-रुक कर बारिश” वाला चरण देखा जा रहा है। आईएमडी ने बुधवार को एक बयान में कहा, “मॉनसून का कम दबाव वाला क्षेत्र हिमालय की तलहटी के करीब बना हुआ है। इसके कल तक (26 अगस्त) वहां बने रहने का अनुमान है।” आईएमडी में वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामनी ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में मॉनसून ‘कमजोर' पड़ गया है। उन्होंने कहा, “अगर मॉनसून का कम दबाव का क्षेत्र हिमालय की तलहटी के और करीब बढ़ता है और दो से तीन दिन लगातार वहां रहता है तो हम इसे ‘ब्रेक मॉनसून' चरण कहेंगे।” मानसून के मौसम के दौरान, ऐसा समय होता है जब कम दबाव का क्षेत्र (मॉनसून ट्रफ) हिमालय की तलहटी के करीब पहुंच जाता है, जिससे देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश में तेज गिरावट आती है। इसे “ब्रेक मॉनसून” चरण कहा जाता है। हालांकि, हिमालय की तलहटी, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में वर्षा बढ़ जाती है। जुलाई में, मॉनसून दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंचने से पहले ही इस चरण में प्रवेश कर चुका था। उत्तर पश्चिम भारत में राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों ने 10 अगस्त को फिर से "ब्रेक मानसून" चरण में प्रवेश किया जो 19 अगस्त तक जारी रहा। आईएमडी ने कहा कि 27 अगस्त को उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती घुमाव की उम्मीद है। इसके 29 अगस्त से पश्चिमी छोर की तरफ आने की संभावना है, जिससे दिल्ली सहित उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश हो सकती है। राजधानी में 29 अगस्त से हल्की बारिश का अनुमान है।
- जयपुर। राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर और सांचोर सहित कई इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। मौसम केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र बालोतरा के आसपास था। सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.0 थी । अधिकारियों के अनुसार भूकंप से किसी तरह के नुकसान का समाचार अभी नहीं मिला है।
- मालदा (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 19 करोड़ रुपए मूल्य की हेरोइन जब्त की। एसटीएफ द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि एसटीएफ और जीआरपी ने बुधवार को डिब्रूगढ़-नयी दिल्ली स्पेशल राजधानी ट्रेन के एक डिब्बे में छापा मारकर मणिपुर निवासी तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 3.8 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। उन्होंने बताया कि जब्त की गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 19 करोड़ रुपये है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। विज्ञप्ति में बताया गया कि इस बीच, एक अन्य अभियान में एसटीएफ ने हथियारों का व्यापार करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 50 कारतूस और 49,000 रुपये नकद जब्त किए गए।
- मुंबई। अभिनेता अभिषेक बच्चन ने कहा कि हाथ की सर्जरी कराने के बाद वह वापस काम पर लौट आए हैं। चेन्नई में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें चोट लग गई थी। अभिनेता के पिता अमिताभ बच्चन और बहन श्वेता बच्चन को मुंबई में एक अस्पताल के बाहर देखे जाने के बाद अभिषेक को चोट लगने की खबरें सामने आई थी। अभिनेता ने बुधवार रात इंस्टाग्राम पर उनके दाहिने हाथ की हड्डी टूटने की जानकारी दी। अभिषेक ने सर्जरी के बाद की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘ चेन्नई में पिछले बुधवार को एक फिल्म की शूटिंग के दौरान चोट लग गई थी। दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई है। इसके लिए सर्जरी कराने की जरूरत थी। इसलिए तुरंत मुंबई आना पड़ा। सर्जरी हो गई है...।'' उन्होंने लिखा, ‘‘ काम वापस शुरू करने के लिए चेन्नई आ गया हूं। जैसा कि कहा जाता है... काम जारी रहना चाहिए और जैसा कि मेरे पिता ने कहा है कि मर्द को दर्द नहीं होता।
- कोलकाता। प्रख्यात तबला वादक पंडित शुभंकर बनर्जी का शहर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। बनर्जी के निधन की सूचना उनके परिवार के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को दी। उन्होंने बताया कि बनर्जी का बुधवार को निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।उनके पुत्र एवं तबला वादक आर्चिक ने फेसबुक पर लिखा, ‘‘लॉस्ट (खो दिया)। पंडित तेजेंद्र नारायण मजूमदार, पंडित पूरबयान चटर्जी, उस्ताद राशिद खान और पंडित बिक्रम घोष जैसे कई शास्त्रीय संगीतकार संगीत अनुसंधान अकादमी से बनर्जी की अंतिम यात्रा में बृहस्पतिवार को शामिल होंगे। बनर्जी की पार्थिव देह को अकादमी में रखा गया है। बनर्जी ने पंडित रविशंकर और उस्ताद अमजद अली खान से लेकर पंडित हरिप्रसाद चौरसिया और पंडित शिव कुमार शर्मा जैसे कई दिग्गज शास्त्रीय संगीतकारों के साथ जुगलबंदी की थी। बनर्जी को 20 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह कई माह से चिकित्सकीय ऑक्सीजन के सहारे सांस ले रहे थे। दिग्गज तबला वादक जाकिर हुसैन ने बुधवार रात ट्वीट किया, ‘‘मुझे उनकी याद आएगी, तबला जगत को उनकी कमी खलेगी, भारतीय संगीत को उनकी कमी खलेगी। ईश्वर शुभंकर भाई की आत्मा को शांति प्रदान करें।'' बनर्जी को पश्चिम बंगाल सरकार ने संगीत सम्मान और संगीत महासम्मान से नवाजा था। उन्होंने इस साल आयोजित डोवर लेन संगीत सम्मेलन में उस समय प्रस्तुति दी थी, जब संगीत कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति थी। उन्होंने अपनी मां की याद में एक शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया था। गायक-संगीतकार काजलरेखा के घर पैदा हुए मुखर्जी ने तीन साल की आयु से बनारस घराने के पंडित माणिक दास से प्रशिक्षण लेना आरंभ कर दिया था। इसके बाद उन्होंने 25 साल तक फरुखाबाद घराने के पंडित स्वप्न शिवा से संगीत सीखा।
- नयी दिल्ली। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि बृहस्पतिवार को घोषित ड्रोन नियमों के तहत आने वाले दिनों में एयर टैक्सी संभव होगी जो सड़कों के बजाय हवाई क्षेत्र में परिचालित होगी। सिंधिया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "वैश्विक स्तर पर हवाई टैक्सी के संबंध में शोध और आविष्कार किए जा रहे हैं और कई स्टार्टअप सामने आ रहे हैं।" उन्होंने कहा, "वह समय दूर नहीं है जब आप सड़कों पर उबर आदि की तरह हवा में ड्रोन नीति के तहत टैक्सियां देखेंगे। मुझे लगता है कि यह बहुत संभव है।" उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय और बीसीएएस (नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो) एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। ताकि "शत्रु ड्रोन विरोधी तकनीक'' को जल्दी विकसित और अपनाया जा सके। नागर विमानन मंत्रालय ने 25 अगस्त की एक अधिसूचना में देश में ड्रोन परिचालन के लिए भरे जाने वाले आवश्यक प्रपत्रों की संख्या 25 से घटा कर पांच कर दी और परिचालक से लिए जाने वाले शुल्क के प्रकारों को 72 से घटाकर चार कर दिया है।
-
नई दिल्ली। श्रम और रोजगार मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आज नई दिल्ली में असंगठित कामगारों के राष्ट्रीय डेटाबेस - ई-श्रम पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल पर देश के असंगठित क्षेत्र के कामगारों का विवरण दिया जाएगा। इससे कामगारों के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बेहतर कार्यान्वयन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।श्री यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप यह पोर्टल देश में असंगठित क्षेत्र के कामगारों का सर्वांगीण कल्याण सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बताया कि संसद में भी इस पोर्टल की मांग की गई थी। श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार के पास देश के विभिन्न क्षेत्रों के असंगठित कामगारों का, आधार आधारित डेटाबेस होगा। इस पर पंजीकरण की प्रक्रिया काफी सरल रखी गई है।
श्रम और रोजगार राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि श्रम मंत्रालय ने ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित कामगारों के पंजीकरण के लिए लगभग चार सौ चार करोड रुपए के बजट को मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण पूर्णत: नि:शुल्क होगा। श्री तेली ने बताया कि इस पर पंजीकरण के बाद असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए अलग से पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। बारह अंको का यूनीवर्सल एकाउंट नम्बर देशभर में मान्य होगा।श्रम और रोजगार सचिव अपूर्व चन्द्रा ने इस अवसर पर कहा कि देश में अस्सी प्रतिशत से अधिक कामगार असंगठित क्षेत्र से हैं। उन्होंने कहा कि अब देश में ऐसी प्रौद्योगिकी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से असंगठित क्षेत्र के सभी कामगारों को ई-श्रम पोर्टल से जोडा जा सकता है। उन्होंने बताया कि कामगारों से कौशल, शैक्षिक योग्यता, आवास स्थान, राज्य इत्यादि का विवरण मांगा गया है। इस जानकारी का इस्तेमाल भविष्य निधि, आवासन, राशन कार्ड जैसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा। श्री चन्द्रा ने बताया कि भविष्य में अधिक डेटा उपलब्ध होने की स्थिति में इन कामगारों के कौशल विकास के लिए भी काम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विशिष्ट कौशल वाले लोगों की उपलब्धता के बारे में विवरण ई-श्रम पोर्टल से, सम्भावित नियोक्ताओं के साथ साझा भी किया जा सकता है। - भोपाल। भारत में लुप्तप्राय प्रजातियों में से एक मछली खाने वाली दुर्लभ '' फिशिंग कैट'' मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में पहली बार कैमरे में कैद हुई है।राज्य सरकार की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि बाघ अभयारण्य में लगे कैमरे में मछली खाने वाली बिल्ली को कैद किया गया है। पन्ना टाइगर रिजर्व के मध्य से तकरीबन 55 किलोमीटर तक प्रवाहित होने वाली केन नदी के आस-पास फिशिंग कैट की उपस्थिति के संकेत पहले भी मिले थे, पर फोटो के रूप में पहला प्रमाण अभी मिला है। फिशिंग कैट की विशेषता यह है कि मछली को अपना भोजन बनाती है। आम तौर पर फिशिंग कैट की प्रजाति विलुप्त हो रही है। भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 के अनुसार फिशिंग कैट का शिकार किया जाना प्रतिबंधित है। विज्ञप्ति में कहा गया कि जीव वैज्ञानिक जो फिशिंग कैट पर अनुसंधान और अध्ययन में रूचि रखते हैं वे यहां आकर अध्ययन कर सकते हैं। पर्यटकों के लिए विभिन्न वन्य जीवों के साथ "फिशिंग कैट" आकर्षण का केंद्र बन रही है।
-
मथुरा-वृंदावन। लाडले कान्हा के जन्म का उल्लास ब्रज में चहुंओर छाने लगा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वंशी की मधुर गूंज से पूरा ब्रज गूंजेगा। त्योहार मनाने के लिए ब्रज का बाजार भी पूरी तरह से तैयार है। जन्माष्टमी के उल्लास को दोगुना करने के लिए भक्त अपने-अपने तरीकों से तैयारियों में जुटे हैं, ऐसे में ब्रज का बाजार कैसे पीछे रहता।
भगवान कृष्ण की प्रिया बांसुरी (वंशी) का बाजार भी इस समय चरम पर है। वृंदावन के ज्ञान गुद्ड़ी, गौरा नगर कॉलोनी, संत कॉलोनी, गांव धौरेरा, तेहरा आदि क्षेत्रों में वंशी निर्माण एक कारोबार का रूप ले रहा है। दिन रात कारीगर वंशी तैयार कर रहे हैं, वहीं कुछ अच्छी किस्म की वंशी बरेली और टनकपुर से भी मंगाई जा रहीं हैं।
दुकानदार विकास ने बताया कि कच्चा माल बरेली से मंगाया जाता है और उसे कारीगरों के माध्यम से छांट-कांट करने के बाद मधुर ध्वनि देने का प्रयास किया जाता है। इसके बाद उन्हें सजाने संवारने का कार्य होता है। 10 से 500 रुपये तक की बांसुरी (वंशी) तक में बिक रही है। व्यापारियों का कहना है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा और वृंदावन सहित ब्रज में बांसुरी का लगभग 10 करोड़ रुपये का व्यापार होगा।
वंशी को बनाया जा रहा आकर्षक
बांसुरी को सुंदर और आकर्षित बनाने के लिए ब्रज के कारीगरों द्वारा नई पहल करते हुए बांसुरी को रंग बिरंगे गोटे, कांच के नग, मोती आदि शृंगार सामग्री से सजाया संवारा जा रहा है।
वास्तु दोष को भी मिटाती है बांसुरी
भगवान कृष्ण की प्रिया बांसुरी (वंशी) का वास्तु और आध्यात्मिक महत्व भी है। ज्योतिषाचार्य श्यामदत्त चतुर्वेदी ने बताया कि भगवान कृष्ण की प्रिया बांसुरी से वास्तु दोष समाप्त हो जाते हैं। साथ ही घर की अशांति को मिटाकर सुख समृद्धि के द्वार भी बांसुरी के रखने से खुल जाते हैं। उन्होंने बताया कि महर्षि गर्गाचार्य ने भी स्वयं गर्ग संहिता में बांसुरी की महिमा को प्रगट किया है। -
लैंसडौन। दिल्ली से उत्तराखंड के लैंसडौन घूमने आए दिल्ली के पर्यटकों की कार हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा बुधवार रात को जयहरीखाल के पास हुआ। जहां पर्यटकों की कार खाई में गिर गई।
जयहरीखाल में कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पर्यटक को कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में भर्ती किया गया है।
बीती रात हादसे की सूचना मिलने पर लैंसडौन कोतवाली पुलिस फोर्स दुर्घटना स्थल पहुंची। घना कोहरा और अंधेरा होने के बावजूद पुलिस ने रात में ही राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि कार से दो युवकों के शव बरामद हुए हैं, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह तरूण शर्मा (32 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार निवासी ग्राम भरथल सेक्टर 22 दिल्ली अपने दो दोस्तों विकास राणा (33 वर्ष) पुत्र रमेश राणा निवासी ग्राम बीचवासन (काफलखेड़ा) और अनुज वत्स (32 वर्ष) पुत्र महावीर वत्स निवासी नजफगढ़ के साथ लैंसडौन घूमने आया था।
देर रात वे लैंसडौन पहुंचे, लेकिन उन्हें कहीं कमरा नहीं मिला। जिसके बाद वह कमरा ढूंढने के लिए कार से निकले। इसी दौरान उनकी कार हादसे की शिकार हो गई।



























.jpg)