- Home
- देश
- गाजियाबाद। गाजियाबाद के कविनगर इलाके में एक दुखद घटना में पालतू कुत्ते के बच्चे को बचाने की कोशिश में एक रिहायशी इमारत की नौवीं मंजिल की छत से गिरने से 13 वर्षीय बच्ची और पालतू पशु की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार सातवीं कक्षा की छात्रा और अपने माता-पिता की इकलौती संतान ज्योत्सना बुधवार को अपने पालतू कुत्ते के बच्चे के साथ छत पर खेल रही थी, जब यह घटना घटी। पिल्ले की गर्दन लोहे की ग्रिल के बीच फंस गई थी। ज्योत्सना ने पिल्ले को बचाने की कोशिश की लेकिन अपना संतुलन खो बैठी और उस पालतू जानवर के साथ जमीन पर गिर गई। पुलिस ने बताया कि एक सुरक्षा गार्ड और अन्य निवासियों ने लड़की को खून से लथपथ पाया। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पालतू जानवर की भी मौत हो गई। लड़की के पिता ललित मोहन शर्मा एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं।
- नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से हवाई अड्डों के लिए भूमि आवंटन जैसे मामलों में निजी हस्तक्षेप का अनुरोध किया है ताकि उनके विकास के कार्य में तेज़ी लाई जा सके।उड्डयन मंत्रालय के एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्रियों को लिखे पत्रों में सिंधिया ने उनसे संबंधित अधिकारियों को रीजनल एयर कनेक्टिविटी फंड ट्रस्ट में धन जमा करने और अंतरराष्ट्रीय 'उड़ान' उड़ान संचालन के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण समर्थन जैसे मामलों पर कदम उठाने का निर्देश देने का आग्रह किया। क्षेत्रीय सम्पर्क योजना 'उड़ान' के तहत, केंद्र, राज्य सरकारों और हवाई अड्डा संचालकों से वित्तीय प्रोत्साहनों को चुनिंदा एयरलाइनों को दिया जाता है ताकि कम सेवा वाले हवाईअड्डों से संचालन को प्रोत्साहित किया जाए और हवाई किराये को किफ़ायती रखा जाए।आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी को लिखे पत्र में सिंधिया ने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक हवाईअड्डे के विकास के लिए जमीन के कुछ हिस्सों को नहीं सौंपा है। उन्होंने कहा कि तिरुपति हवाईअड्डे के लिए 14.31 एकड़ जमीन की ज़रूरत है। बयान के अनुसार वहीं अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को लिखे पत्र में उन्होंने विभिन्न हवाईअड्डा परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण में उनसे हस्तक्षेप की अपील की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लिखे पत्र में भी उन्होंने विभिन्न हवाईअड्डों के लिए जमीन अधिग्रहण के प्रति उनका ध्यान आकृष्ट किया। बयान के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखे पत्र में केंद्रीय मंत्री ने पटना हवाईअड्डे के रनवे विस्तार के लिए 49.5 एकड़ ज़मीन की जरूरत को रेखांकित किया। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लिखे पत्र में सिंधिया ने रायगढ़ में हवाई अड्डे के विकास के लिए 569 एकड़ जमीन की जरूरत से जुड़े मुद्दे को रेखांकित किया ताकि हवाईअड्डे को एटीआर72 विमान या क्यू 400 विमानों का संचालन करने लायक बनाया जा सके।
- नई दिल्ली। सरकार ने बुधवार को भारतीय राजस्व सेवा के तीन अधिकारियों को केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) का सदस्य नियुक्त किया। आदेश के अनुसार नियुक्त होने वालों में 1986-बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी नितिन गुप्ता, संगीता सिंह और 1987 बैच की अधिकारी प्रज्ञा सहाय सक्सेना हैं।संगीता सिंह फिलहाल दिल्ली में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (ओएसडी) हैं जबकि गुप्ता आईआरएस अधिकारियों के शैक्षणिक संस्थान नागपुर स्थित राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी (एनएडीटी) में तैनात हैं। सक्सेना राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय आकलन केंद्र में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त पद पर तैनात हैं। सीबीडीटी के प्रमुख चेयरमैन होते हैं और उसके अधिकतम छह सदस्य हो सकते हैं। इन सभी अधिकारियों का रैंक विशेष सचिव का होता है। आईआरएस अधिकारी जे बी महापात्र अतिरिक्त जिम्मेदारी के साथ फिलहाल सीबीडीटी के चेयरमैन हैं। बोर्ड के तीन अन्य सदस्य अनुजा सारंगी, अनु जे सिंह और के एम प्रसाद हैं। सीबीडीटी आयकर विभाग के लिये नीतियां बनाता है और केन्द्रीय वित्त मंत्रालय के तहत काम करता है।
- मुंबई। उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत न्यायाधीश की अगुवाई वाले जांच आयोग ने उसके सामने पेश नहीं होने पर बुधवार को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह पर 25 हजार रूपये का जुर्माना लगाया। एक सरकारी वकील ने यह जानकारी दी। आयोग ने कई बार सम्मन जारी किये के बाद भी पेश नहीं होने पर सिंह पर एक सप्ताह में दूसरी बार और अब तक तीसरी बार जुर्माना लगाया है। महाराष्ट्र सरकार ने इस साल मार्च में तत्कालीन गृह मंत्री एवं राकांपा नेता अनिल देशमुख के खिलाफ सिंह द्वारा लगाये गये भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए इस आयोग का गठन किया था। आयोग ने 18 अगस्त को सिंह को उसके सामने पेश नहीं होने पर इतनी ही राशि का जुर्माना लगाया था। उससे पहले जून में इन आईपीएस अधिकारी को इसी कारण से 5 हजार रूपये का भुगतान करने का आदेश दिया गया था। इन रकम को मुख्यमंत्री कोविड-19 राहत कोष में जमा किया जाना था । सरकारी वकील के अनुसार वैसे सिंह ने अबतक कोई जुर्माना नहीं भरा है। मार्च में परमबीर सिंह को मुंबई के पुलिस आयुक्त पद से हटा दिया गया और उन्हें महानिदेशक (होमगार्ड) बनाया गया था। उसके बाद परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे पत्र में दावा किया कि देशमुख पुलिस अधिकारियों से मुंबई में रेस्तरां एवं बार मालिकों से पैसा लाने के लिए कहते थे। देशमुख ने इन आरोपों से इनकार किया है। उधर, प्रवर्तन निदेशालय देशमुख के विरूद्ध सिंह द्वारा लगाये गये आरोपों की जांच कर रहा है । जांच आयोग की अगली सुनवाई 30 अगस्त को होगी।
- नयी दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने बुधवार को कहा कि यहां एम्स जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में31 अगस्त से ट्रॉमा सेवाएं आंशिक रूप से शुरू हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि कोविड-19 मामलों में गिरावट और गैर-कोविड मरीजों की देखभाल की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए, ट्रॉमा सेंटर को आंशिक रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। निदेशक ने कहा कि कुछ निर्दिष्ट वार्ड या तल का उपयोग कोविड मरीजों की देखभाल के लिए किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा आपातकालीन सेवा फिलहाल मुख्य एम्स अस्पताल से ही चलाई जाएगी।गुलेरिया ने कहा, “इसके अलावा, यह काम इस तरह से किया जा रहा है कि यदि संक्रमण के मामलों में वृद्धि होती है, तो ट्रॉमा सेंटर को फिर से एक समर्पित कोविड-19 अस्पताल में जल्द परिवर्तित किया जा सकता है जैसा कि पहली और दूसरी लहर के दौरान किया गया था। उन्होंने कहा, "शुक्रवार से इसको लेकर एक परीक्षण किया जाएगा और यह 31 अगस्त से काम शुरू कर देगा।"गुलेरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कोरोना वायरस स्थिति पर एक बैठक के बाद यह कदम उठाया गया है। आने वाले सप्ताहांत तक ट्रॉमा वार्ड, आईसीयू, ओटीएस और ट्रॉमा केयर (गैर-कोविड) के लिए रेडियोलॉजी सेवाओं का संचालन करने का निर्णय लिया गया है। ट्रॉमा सेंटर से कोविड और गैर-कोविड दोनों सेवाएं चलाई जाएंगी।
- मुंबई।' प्रमुख कृषि-रसायन कंपनी, यूपीएल के कृषि क्षेत्र के नेटवर्क- नर्चर डॉट फार्म ने बुधवार को कहा कि उसने पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की प्रथा को समाप्त करने के लिए 25,000 से अधिक किसानों को अपने साथ जोड़ा है। नर्चर डॉट फार्म, इस उद्देश्य के लिए आईएआरआई द्वारा विकसित एक बायोएंजाइम, पूसा डीकंपोजर की मुफ्त छिड़काव सेवाएं प्रदान करेगी जो 20-25 दिनों के भीतर पराली को खाद में बदल देती है। नर्चर डॉट फार्म ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने इस कार्यक्रम के लिए 5,00,000 एकड़ से अधिक रकबे को शामिल करते हुए 25,000 से अधिक किसानों को अपने साथ किया है, जो इस नई कृषि पद्धति का मुफ्त में लाभ उठाएंगे। पराली जलाने से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है जबकि पोषक तत्व और जीवाणु मर जाते हैं।यूपीएल के वैश्विक सीईओ जय श्रॉफ ने कहा, ‘‘हम पहल के बारे में उत्साहित हैं, और हमें विश्वास है कि यह पहल किसानों और समाज दोनों को लाभान्वित करने में एक लंबा सफर तय करेगी। स्थिरता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अद्वितीय है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ओपन-एजी (ओपन एग्रीकल्चर इनिशिएटिव) के माध्यम से, यूपीएल एक ऐसा नेटवर्क बना रहा है जो पूरे उद्योग के सोचने और काम करने के तरीके को बदल देगा और खेती को और अधिक टिकाऊ बनाने में मदद करेगा।'' नर्चर.फार्म की योजना अगले तीन वर्षों में पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की प्रथा को समाप्त करने के लिए अपने अभियान को बढ़ाने की है। उन्होंने कहा, ‘‘आईआईएम रोहतक के साथ साझेदारी करके, हमने एक संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया है जहां किसान हमारे ऐप के माध्यम से सेवा के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं और अपने पराली को विघटित करने के लिए हमारी बड़ी छिड़काव मशीनों का लाभ उठा सकते हैं।'
- मुंबई। मुंबई के उपनगरीय विले पार्ले के पास वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (डब्ल्यूईएच) पर बुधवार तड़के एक डंपर ट्रक ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे 20 वर्षीय एक युवक और उसके किशोर चचेरे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक राम नगर सबवे पर दोपहिया वाहन को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अनिकेत राजभर (20) और गणेश राजभर (18) के रूप में हुई है, जो विले पार्ले (पूर्व) में एक पेट्रोल पंप पर अपने स्कूटर में ईंधन भरने के बाद सांताक्रूज (पूर्व) के वकोला में अपने घर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि दोपहिया वाहन चला रहे अनिकेत ने घटना के समय हेलमेट नहीं पहना हुआ था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है, जिसकी पहचान की जानी बाकी है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली कारागार विभाग राष्ट्रीय राजधानी की रोहिणी जेल के कैदियों के लिए दो नए पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। जेल के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक चार महीने का इलेक्ट्रीशियन कोर्स और छह महीने का ऑटोमोबाइल से जुड़ा कोर्स सितंबर से शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) जन शिक्षण संस्थान प्रयास सरकार के कौशल विकास कार्यक्रम के तहत कैदियों को प्रशिक्षण देगा। उन्होंने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों के लिए कुल 40 कैदियों का चयन किया गया है। सप्ताह में पांच दिन दो घंटे की कक्षाएं होंगी। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद, कैदियों को एक प्रमाण पत्र मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि जेल विभाग ने अपनी मंजूरी दे दी है और जल्द ही एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है। महानिदेशक (कारागार) संदीप गोयल ने कहा कि परियोजना के तहत, प्रशिक्षक कैदियों को जीवन कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से प्रशिक्षित करेंगे ताकि वे एक नया जीवन शुरू कर सकें और जीवन यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि सामाजिक दूरी बनाए रखने सहित कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन किया जाए। रोहिणी जेल में पहला कोविड मामला पिछले साल 13 मई को सामने आया था। फिलहाल जेल के अंदर कोई संक्रमित मरीज नहीं है। इस बीच, शहर की तीन जेलों- तिहाड़, मंडोली और रोहिणी में टीकाकरण की प्रक्रिया चल रही है और अब तक कैदियों को कोविड-19 के कुल 10,885 टीके दिए जा चुके हैं। जेल विभाग ने 18 मार्च को 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कैदियों के लिए कोविड टीकाकरण अभियान शुरू किया था, जबकि 18-44 आयु वर्ग के कैदियों का टीकाकरण 18 मई से शुरू हुआ था।
- बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के थाना कुंवरगांव क्षेत्र में बदायूं-आंवला मार्ग पर ललई गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास बुधवार शाम एक तेज रफ़्तार ट्रक ने ऑटो टैम्पों में टक्कर मार दी जिससे इस घटना में छह लोगो की मौत हो गई, तथा तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । नगर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि हादसे में मरने वालों में तीन पुरुष दो महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल है। उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान मुनेश (45), मुरारी(38), बूंदी (54) , प्रेमलता (55), सपना (24) तथा काव्या (4) के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कालेज भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस की वजह से करीब 17 महीने तक बंद रहने के बाद धरोहर टॉय ट्रेन सेवा न्यू जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग के बीच बुधवार को शुरू हो गई। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दार्जिलिंग और घुम के बीच टॉय ट्रेन सेवा 16 अगस्त से चल रही है।उत्तर पूर्वी सीमांत रेलवे (एनएफआर) की प्रवक्ता गुनीत कौर ने कहा कि फिलहाल न्यू जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग के बीच रोजाना एक ट्रेन चलेगी। टॉय ट्रेन सेवाओं के फिर से शुरू होने से पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्रों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। 1999 में इस मार्ग पर टॉय ट्रेन को यूनेस्को का 'विश्व धरोहर स्थल' घोषित किया गया था। टॉय ट्रेन सेवा को पिछले साल मार्च में कोरोना वायरस महामारी के कारण लगाए गए प्रतिबंधों के बाद बंद कर दिया गया था।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 37वीं प्रगति बैठक की अध्यक्षता की और 14 राज्यों में 1.26 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मोदी ने ‘‘वन नेशन-वन राशन कार्ड'' कार्यक्रम की समीक्षा की और साथ ही राज्यों के अधिकारियों को अस्पतालों में बेड की उपलब्धता और ऑक्सीजन संयंत्रों के निर्माण की प्रगति पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। पीएमओ के मुताबिक प्रधानमंत्री ने इस बैठक में नौ परियोजनाओं और एक कार्यक्रम की समीक्षा की। इनमें से तीन-तीन परियोजनाएं रेलवे और सड़क परिवहन मंत्रालयों की जबकि दो परियोजनाएं ऊर्जा मंत्रालय से संबंधित थीं। पीएमओ ने कहा, ‘‘14 राज्यों की इन आठ परियोजनाओं की कुल संचयी लागत 1,26,000 करोड़ रुपये हैं।''इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, उत्तराखंड, मणिपुर और दिल्ली शामिल हैं। बैठक में प्रधानमंत्री ने इन योजनाओं के समय पर पूरा होने के महत्व पर जोर दिया।पीएमओ ने बताया कि संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘‘वन नेशन-वन राशन कार्ड'' कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह इस कार्ड के विविध उपयोगों की संभावना तलाशें ताकि नागरिकों को इसके लाभ मिल सकें। पीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इससे पहले हुई 36वीं प्रगति बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न राज्यों में 13.78 लाख करोड़ रुपये की 292 परियोजनाओं की समीक्षा की थी।
- जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एक दल ने श्रीगंगानगर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर तैनात एक वरिष्ठ सहायक को परिवादी से कथित तौर पर 20 हजार रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि आरोपी प्रवीण कुमार ने परिवादी से मिठाई की दुकान के निरीक्षण के समय नमूना नहीं लेने की एवज में 20 हजार रूपये की रिश्वत की मांग की थी। उन्होंने बताया कि सत्यापन के बाद दल ने बुधवार को आरोपी को परिवादी से 20 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की दी गयी है।
- जयपुर। भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान मिग-21 बुधवार को राजस्थान के बाड़मेर जिले के एक गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में पायलट सुरक्षित है। इस वर्ष यह चौथा मामला है जब मिग-21 दुर्घनाग्रस्त हुआ है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी । अधिकारियों ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण शाम 5.30 बजे मातसर गांव के पास एक सुनसान स्थान पर यह दुर्घनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि भारतीय वायु सेना ने घटना की जांच के आदेश दिये हैं। सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल अमिताभ शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान मिग-21 बुधवार शाम राजस्थान के बाड़मेर जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद पायलट ने खुद को सुरक्षित रूप से 'इजेक्ट' कर लिया। प्रवक्ता के अनुसार यह विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था। पायलट को मामूली चोट आई और ग्रामीणों ने उनकी मदद की। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुयी है। विमान का मलबा काफी बड़े क्षेत्र में बिखरा हुआ था। घटना स्थल पर पहुंचे बाडमेर पुलिस उप निरीक्षक नरपत दान ने बताया कि घटना में ढाणी में कच्चे मकान में आग लग गई। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे।उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मार्च और मई माह में ग्वालियर (मध्यप्रदेश) और मोगा (पंजाब) में दो मिग-21 दुर्घटनाओं में दो पायलट मारे गए थे। एक और मिग-21 लडाकू विमान जनवरी में राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ एयरबेस पर दुर्घनाग्रस्त हो गया था, लेकिन पायलट सुरक्षित बच गया था। मिग एमआई 21 बाइसन विमान सोवियत मूल का उन्नत संस्करण है जिसे भारतीय वायुसेना ने 1960 के दशक में शामिल करना शुरू किया था। भारतीय वायु सेना ने पिछले कुछ वर्षो में विभिन्न हादसों में कई मिग-21 विमान और अन्य विमान खोए हैं। जून 2019 में रक्षा मंत्रालय ने संसद को बताया था कि 2016 से 27 भारतीय वायु सेना के विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। वर्तमान में भारतीय वायुसेना के पास मिग-21 बाइसन के लगभग छह स्क्वाड्रन हैं और एक स्क्वाड्रन में लगभग 18 विमान होते है।
- नयी दिल्ली। टीकाकरण पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) जायडस कैडिला के कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके को टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए खाका तैयार करने के वास्ते शीघ्र ही एक बैठक करेगा। साथ ही इसमें 12-18 आयुवर्ग के उन किशोरों को प्राथमिकता दी जाएगी जो अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं। स्वदेश में विकसित डीएनए आधारित विश्व के पहले सुई रहित कोविड रोधी टीके जाइकोव-डी की आपात इस्तेमाल की मंजूरी बीस अगस्त को दी गई थी। इसी के साथ ही यह देश में 12-18 आयुवर्ग के लोगों को लगने वाला पहला टीका बन गया है। एनटीएजीआई के अध्यक्ष डॉ एन के अरोड़ा ने कहा कि ऐसा अनुमान है कि भारत में 12-18 आयुवर्ग के 12 करोड़ किशोर हैं और उनमें से एक प्रतिशत से कम बच्चों को अन्य बीमारियां हो सकती हैं। वयस्कों के अलावा 12-18 वर्ष के आयु वर्ग के किशोरों के लिए तीन-खुराक वाला टीका अक्टूबर में शुरू होगा। उन्होंने कहा,‘‘ चल रहे टीकाकरण अभियान में तीन खुराक वाले जाइकोव-डी टीके को शामिल करने के लिए शीघ्र ही एक बैठक की जाएगी और इसका खाका तैयार किया जाएगा। बैठक में प्राथमिकताएं तय की जाएंगी क्योंकि यह टीका किशोर और व्यस्कों दोनों को लग सकता है। '' डॉ अरोड़ा ने कहा,‘‘ हमारा लक्ष्य एक प्राथमिकता सूची तैयार करना है जिसमें मुख्य ध्यान अन्य बीमारियों से पीड़ित 12-18 आयुवर्ग के लोगों पर दिया जाएगा।'' एनटीएजीआई इस टीके को कोविड टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए दिशानिर्देश (प्रोटोकॉल) और रूपरेखा प्रदान करेगा। डॉ अरोड़ा ने स्कूलों को फिर से खोलने के मुद्दे पर कहा कि चरणबद्ध तरीके से यह किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के अलावा, यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी सहायक कर्मचारियों चाहे स्कूल बस चालक हों, शिक्षक हों या अन्य कर्मचारी हों, का टीकाकरण किया जाए ताकि बच्चों के चारों ओर एक सुरक्षात्मक घेरा बन सके। '' कोविशील्ड, कोवैक्सीन और स्पूतनिक वी 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को ही दिया जाता है और इसमें दो खुराक दी जाती है जबकि जाइकोव-डी में तीन खुराक दी जाएगी। गौरतलब है कि जाइकोव-डी के पहले देश में पांच टीकों को मंजूरी मिली है। इनमें सीरम इस्टीट्यूट का कोविशील्ड, भारत बायोटेक का कोवैक्सीन, रूस का स्पूतनिक वी तथा अमेरिका का मॉडर्ना एवं जॉनसन एंड जॉनसन का टीका शामिल है।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर में अलग अलग सड़क हादसों तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ये तीनों हादसे अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुये । उन्होंने बताया कि इन हादसों में मारे गये लोगों की पहचान विक्रम (26), अनीशजाफर तथा शिवम गुप्ता (24) के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली। बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (बीआईएफएफ) ने एक नया खंड 'ऑन स्क्रीन' पेश किया है, जिसमें बहुप्रतीक्षित ड्रामा सीरीज का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसे बाद में ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाएगा। आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एशिया के प्रमुख फिल्म महोत्सव के आगामी 26वें संस्करण का आयोजन छह अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक दक्षिण कोरिया के बुसान में होगा। बीआईएफएफ की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, येओन सांग-हो की "हेलबाउंड", किम जिन-मिन की "माई नेम", और "फॉरबिडन", जिसे अनुचा बून्यावताना (थाईलैंड) और जोश किम (यूएस) द्वारा सह-निर्देशित किया गया था, ये तीन ड्रामा सीरीज हैं जिन्हें प्लेटफॉर्म पर लॉन्च करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह एक स्वाभाविक कदम है क्योंकि दक्षिण कोरिया अपनी स्थानीय स्ट्रीमिंग सामग्री के लिए सबसे अधिक मांग वाले देशों में से एक के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत कर रहा है। पीरियड जॉम्बी हॉरर सीरीज "किंगडम", सीमा पार की प्रेम कहानी "क्रैश लैंडिंग ऑन यू" जैसे कई लोकप्रिय नेटफ्लिक्स शो इसमें शामिल हैं। आयोजकों ने एक बयान में कहा, "चूंकि बीआईएफएफ न केवल पारंपरिक तौर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों को प्रदर्शित करेगा, बल्कि अब एक नया खंड ‘ऑन स्क्रीन' को जोड़ ओटीटी (ओवर-द-टॉप) की सीरीज को भी प्रदर्शित करेगा। वह दर्शकों के लिए अधिक विविध और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री को प्रस्तुत करने में सक्षम है, जिनके दर्शकों की रेंज का विस्तार हो रहा है। ऑन स्क्रीन श्रेणी सिनेमा के एक नए क्षेत्र में एक तीव्र और प्रमुख प्रवेश द्वार होगा।" ऑन स्क्रीन सेक्शन की योजना विश्व प्रीमियर या एशिया प्रीमियर के रूप में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बहुप्रतीक्षित ड्रामा सीरीज को प्रदर्शित करने की है।
- जोधपुर (राजस्थान) । रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने बुधवार को कहा कि भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की रक्षा के लिए तैयार की गई उसकी उन्नत चैफ प्रौद्योगिकी विमानों को इंफ्रा-रेड हमले और रडार के खतरों से बचाती है। डीआरडीओ की पुणे स्थित प्रयोगशाला ने जोधपुर में रक्षा प्रयोगशाला के साथ मिल कर उन्नत चैफ सामग्री और चैफ कारतूस विकसित किया है। जोधपुर में रक्षा प्रयोगशाला के निदेशक रवींद्र कुमार ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चैफ एक अहम रक्षा प्रौद्योगिकी है जिसका इस्तेमाल लड़ाकू विमानों को दुश्मन के रडार से बचाने में किया जाता है। कुमार ने कहा कि आज के वक्त में रडार के खतरों के बढ़ जाने से लड़ाकू विमानों को बचाए रखना एक बड़ी चिंता की बात है। विमानों को बचाए रखने के लिए काउंटर मेजर डिस्पेंसिंग सिस्टम (सीएमडीएस) का इस्तेमाल किया जाता है जो उन्हें इंफ्रा-रेड हमलों और रडार के खतरों से बचाता है। उन्होंने बताया कि इस प्रौद्योगिकी की खासियत यह है कि इसमें बेहद कम मात्रा में लगने वाली चैफ सामग्री दुश्मन की मिसाइलों को रोकने में या मिसाइल हमले से बचाने में मदद करती है। इससे पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अहम प्रौद्योगिकी के स्वदेशी निर्माण के लिए डीआरडीओ, भारतीय वायु सेना और रक्षा उद्योग की प्रशंसा की थी और इसे सामरिक रूप से महत्वपूर्ण रक्षा प्रौद्योगिकियों में ‘आत्म निर्भर भारत' की ओर डीआरडीओ का एक और कदम बताया था।
- चेन्नई। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने नशीले पदार्थ के तस्करों के एक गिरोह का भंडाफोड़ कर, भारत-म्यांमा सीमा इलाके से यहां लाए गए सात करोड़ रुपये की कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं । एनसीबी के जोनल निदेशक अमित घावटे ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि सटीक सूचना के आधार पर एनसीबी अधिकारियों के एक दल ने मंगलवार को शहर के बाहरी इलाके में एक ट्रक को रोका और वाहन में लकड़ी के एक बक्से से ‘‘उच्च गुणवत्ता'' वाले मेथमफेटामाइन के आठ पैकेट बरामद किए। ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें कहा गया है कि नशीले पदार्थ को चेन्नई से दो लोग भारत-म्यांमा सीमा से यहां लाए थे। उन्हें भी पकड़ लिया गया है और उन्होंने मणिपुर स्थित मादक पदार्थ के तस्करों के जरिए म्यांमा से यह मादक पदार्थ खरीदने का जुर्म कबूल किया।
- फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हुसेनगंज थाना क्षेत्र में चौफेरवा बिजली पावर हाउस के पास एक पिकअप वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार बुआ-भतीजे की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। हुसेनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रणवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात चौफेरवा बिजली पावर हाउस के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार अमिलिहापाल गांव के रहने वाले किशन सिंह गौतम (25) और उनकी बुआ शकुंतला (56) की मौत हो गयी, दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन त्योहार के बाद किशन सिंह गौतम अपनी बुआ को बाइक में बैठाकर उनकी ससुराल छोड़ने जा रहा था, तभी साढ़े दस बजे रात में यह हादसा हो गया। एसएचओ ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप वाहन तेज गति से भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
- मुंबई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कहा कि ‘एक जिला- एक उत्पाद' के निर्यात को बढ़ाने के लिये बैंकों से राज्यों के साथ मिलकर काम करने को कहा गया है। सीतारमण ने यहां सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक में भाग लेने के बाद संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से कहा कि वे निर्यातकों के संगठनों से बातचीत करें और उनकी जरूरतों को समझें। उन्होंने ‘एक जिला, एक उत्पाद निर्यात' एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए बैंकों से राज्यों के साथ मिलकर काम करने को कहा। वित्त मंत्री ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने महामारी के बावजूद अच्छा काम किया और इस दौरान वह रिजर्व बैंक की त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई से बाहर निकले हैं। वित्त मंत्री ने बैंकों से वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र को समर्थन देने को भी कहा।बैठक में बैंकों के वित्तीय प्रदर्शन और महामारी से प्रभावित अर्थव्यवस्था के समर्थन में उनकी तरफ से उठाये गये कदमों की समीक्षा की गई। एक सवाल के जवाब में सीतारमण ने कहा कि क्या राहुल गांधी मौद्रिकरण के बारे में जानते हैं। उन्होंने पलटवार करते हुये कहा कि कांग्रेस की सरकार में देश के संसाधनों को बेचने का काम हुआ है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को सरकार की राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन (एनएमपी) पर सवाल उठाए थे।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति भवन ने केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के शिक्षक संकाय सदस्यों और छात्रों से ‘विजिटर्स पुरस्कार 2021' के लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए हैं जिसका मकसद विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है। राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, आवेदक भारत के राष्ट्रपति की आधिकारिक वेबसाइट और ‘7वें विजिटर्स अवार्ड 2021' के लिंक पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, 2021 है । इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति भवन ने केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के शिक्षक संकाय सदस्यों और छात्रों से ‘विजिटर्स पुरस्कार 2021' के लिए कई श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किये हैं जिनमें नवाचार के लिए पुरस्कार के अलावा मानविकी, कला और सामाजिक विज्ञान क्षेत्र, भौतिक विज्ञान क्षेत्र और जैविक विज्ञान में शोध क्षेत्र तथा प्रौद्योगिकी विकास क्षेत्र शामिल हैं । बयान के अनुसार, ‘‘ भारत के राष्ट्रपति केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के विजिटर के रूप में इन पुरस्कारों को प्रदान करते हैं। '' इन पुरस्कारों की स्थापना 2014 में केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने और उत्कृष्टता हासिल करने की दिशा में विश्व भर की बेहतर पद्धतियों को अपनाने के लिए उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई थी।
- देहरादून। उत्तराखंड में शहर की बाहरी सीमा पर स्थित खाबड़ाला गांव में सातला देवी मंदिर के पास बादल फटने से नदियों और धाराओं में बाढ़ आ गई। राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात बादल फटने के बाद बाढ़ का पानी घरों में घुस आया, बिजली के खंभे और पेड़ कई जगहों पर गिर गए और दो पहिया वाहन पानी में बह गए। हालांकि, उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नुकसान का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के साथ बुधवार को इलाके का दौरा किया और प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने जिलाधिकारी से भविष्य में इलाके में प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए कार्य योजना तैयार करने को कहा। देहरादून में मंगलवार रात भारी बारिश हुई जिससे रिसपाना और बिंदल नदियों में बाढ़ आने के साथ ही कई इलाकों में भारी जलजमाव हो गया।
- नयी दिल्ली। भारत के उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में अगले चार दिनों के दौरान हल्की वर्षा होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि इसी अवधि के दौरान, देश के पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधि में वृद्धि होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार पूरा ‘मॉनसून ट्रफ' हिमालय की तलहटी के करीब है। इसके 26 अगस्त तक वहीं रहने की संभावना है। विभाग ने कहा, ‘‘अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत और पश्चिमी तट पर हल्की बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान है।'' बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व भारत की ओर तेज दक्षिण या दक्षिण-पश्चिम हवाएं 26 अगस्त तक जारी रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा गतिविधि जारी रहने का अनुमान है। उत्तराखंड में 29 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा गतिविधि जारी रहने का अनुमान है और 27 अगस्त तक बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत में गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।
- पुणे। जातिगत अध्ययनों पर प्रख्यात शोधकर्ता डॉ गेल ओमवेट (81) का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को महाराष्ट्र के सांगली जिले में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। डॉ ओमवेट (81), जिन्होंने अपने गांव कासेगांव में अंतिम सांस ली, ने बतौर विद्यार्थी अमेरिका से लौटने और 1970 के दशक में भारत में बसने के बाद जातिगत अध्ययन का बीड़ा उठाया। उन्होंने, एक मार्क्सवादी विद्वान एवं कार्यकर्ता भरत पाटनकर से शादी की तथा यह दंपति गांव में रहा। एक सहयोगी ने बताया कि पहली बार पीएचडी छात्रा के रूप में महाराष्ट्र में जाति एवं महात्मा फुले के आंदोलन का अध्ययन करने आईं ओमवेट भारत में जाति एवं अस्पृश्यता व्यवस्था से बहुत दुखी हुईं और उत्पीड़ित जातियों की मुक्ति के लिए काम करने के लिए महाराष्ट्र में बस गईं। अमेरिकी मूल की भारतीय विद्वान, समाजशास्त्री एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता दलितों, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आदिवासियों पर अपने लेखन के लिए जानी जाती थीं। ओमवेट एक प्रख्यात लेखिका थीं और उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हुईं। उनकी पीएचडी थीसिस ने महात्मा फूले के ‘सत्यशोधक' आंदोलन को दुनिया के सामने पेश किया और उनकी पुस्तक, ‘दलित और लोकतांत्रिक क्रांति' युवा छात्रों के बीच लोकप्रिय हो गई। फुले-आंबेडकरवादी आंदोलन में एक प्रमुख व्यक्तित्व, वह कई आंदोलनों में सक्रिय रूप से शामिल थीं। मिनियापोलिस में जन्मीं, डॉ ओमवेट अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद भारत लौटीं और खुद को दलितों, गरीबों-वंचितों, किसानों, महिलाओं और अन्य सार्वजनिक नेक कार्यों के लिए विभिन्न सामाजिक आंदोलनों में झोंक दिया। ओमवेट -पाटनकर दंपति ने 1980 के दशक की शुरुआत में श्रमिक मुक्ति दल की स्थापना की और इस अवधि के दौरान वह एक भारतीय नागरिक बन गईं। उन्होंने विभिन्न सामाजिक विषयों पर कई किताबें लिखीं, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ाया और विभिन्न समाचार पत्रों के लिए कॉलम लिखे, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, ऑक्सफैम एनओवीआईबी और अन्य अंतरराष्ट्रीय निकायों के लिए काम किया। उन्होंने समाजशास्त्र विभाग के तहत पुणे विश्वविद्यालय में फुले-आंबेडकर पीठ का नेतृत्व किया। उन्होंने कोपेनहेगन में एशियाई अध्ययन संस्थान में भी पढ़ाया। दलित इंटलेक्चुअल कलेक्टिव ने कहा कि वह भारत के सबसे मौलिक विचारकों में से एक थीं। उनके निधन पर इतिहासकार रामचंद्र गुहा, माकपा नेता सीताराम येचुरी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शोक प्रकट किया। डॉ ओमवेट के निधन पर शोक प्रकट करते हुए ठाकरे ने कहा कि भारत में विभिन्न सामाजिक आंदोलनों, संत साहित्य, लोक परंपराओं में उनका योगदान और महिला अधिकारों पर उनके कार्य हमेशा याद किए जाएंगे।
- भुवनेश्वर। ओडिशा के कालाहांडी जिले में पत्नी की मौत से व्यथित एक बुजुर्ग अंतिम संस्कार के दौरान महिला की जलती चिता पर कूद गया और जलने से उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार को जिले के गोलामुंडा ब्लॉक के सिआलजोडी गांव की है। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक अंतिम संस्कार के बाद निलामणि सबर (65) के चार बेटे और रिश्तेदार परंपरा के अनुसार नजदीक के जलाशय में नहाने गए तो इस दौरान वह (सबर) अपनी पत्नी रायबड़ी (60) की जलती चिता पर कूद गए। उन्होंने बताया कि सबर की मौके पर ही मौत हो गई। वह गांव की ग्राम पंचायत समिति के पूर्व सदस्य थे। केगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक दामू पराजा ने बताया, “ हमने मौके पर मौजूद परिजनों व ग्रामीणों के बयान के आधार पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा, “ पहली नजर में देखने से ऐसा लगता है कि व्यक्ति ने अत्यधिक दुखी होने के कारण यह कदम उठाया है। मामले में जांच जारी है।




.jpg)






















.jpg)