- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कोविड-19 महामारी के कारण अपने अभिभावकों को खोने वाले छात्रों से अगले साल कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बैठने के लिए कोई पंजीकरण या परीक्षा शुल्क नहीं लेगा। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी ने देश पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है और छात्रों पर इसके प्रभाव को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए राहत देने का फैसला किया है। बोर्ड द्वारा उन छात्रों से न तो परीक्षा शुल्क और न ही पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा जिन्होंने माता-पिता दोनों या परिवार की देखभाल करने वाले अभिभावक अथवा कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता को कोविड-19 के कारण खो दिया है।'' भारद्वाज ने कहा, ‘‘स्कूल कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए उम्मीदवारों की सूची प्रस्तुत करते समय इन छात्रों के बारे में सत्यापन करने के बाद ब्योरा जमा करेंगे।' -
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार को करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार लोगों की मौत हो गयी । राज्य में मंगलवार को भारी बारिश के कारण हर तरफ जल जमाव हो गया । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि टीटागढ़ में ट्यूशन से अपने घर लौटते समय करंट लगने से 15 साल के एक किशोर की मौत हो गयी। राज्य अपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि खरदा में एक सरकारी आवासीय परिसर में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति के फ्लैट का जलमग्न फर्श कहीं से बिजली के तारों के संपर्क में था,जिसकी चपेट में आने के बाद उसकी मौत हो गयी जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी पत्नी और बेटे की भी मौत हो गयी । उन्होंने बताया कि केवल चार साल का छोटा बेटा इस घटना में बाल-बाल बच गया। उसने चिल्लाकर पड़ोसियों से मदद मांगी, जिन्होंने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
-
नयी दिल्ली। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मरीजों को बड़ी राहत देते हुए जांच के लिये नमूने एकत्र करने के लिए समयसीमा को साढ़े तीन घंटे बढ़ा दिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब सुबह आठ बजे से अपराह्न साढ़े तीन बजे तक नमूने एकत्र किये जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में नयी ‘रोबोटिक प्रयोगशाला' का संचालन शुरू होने से एक दिन में 50 हजार से ज्यादा जांच की जा रही है। इस प्रयोगशाला में एक दिन में दो लाख से ज्यादा जांच करने की क्षमता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को प्रयोगशाला का दौरा कर और कामकाज की समीक्षा की थी। -
नयी दिल्ली। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के प्रमुख जी सतीश रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि भारत ने मिसाइल प्रौद्योगिकी में "पूर्ण आत्मनिर्भरता" हासिल कर ली है और अब देश में बेहद उन्नत मिसाइलों को विकसित किया जा सकता है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की ओर से आयोजित एक ऑनलाइन कार्यक्रम में रेड्डी ने कहा कि अगर एक देश को समृद्ध और 'आत्मनिर्भर' बनना है, तो "हमें उन्नत प्रौद्योगिकी पर काम करने की जरूरत है" और शिक्षण संस्थानों की इसमें बड़ी भूमिका है। रेड्डी ने 1980 और 90 के दशक में डीआरडीओ के विकास को याद किया और मिसाइल प्रौद्योगिकियों पर काम करने वाले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, जिन्हें भारत के 'मिसाइल मैन' के रूप में जाना जाता है, सहित अन्य वैज्ञानिकों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने एकीकृत निर्देशित मिसाइल विकास कार्यक्रम (आईजीएमडीपी) के तहत भारत द्वारा विकसित पांच मिसाइलों - पृथ्वी, अग्नि, आकाश, त्रिशूल और नाग का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हमने आईजीएमडीपी के तहत पृथ्वी, अग्नि, आकाश, त्रिशूल, नाग का विकास किया।”
रेड्डी ने कहा, “और फिर हम बैलेस्टिक मिसाइलों वाले उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गए जो दुश्मन की मिसाइल को रोक सकते हैं और उसे मार सकते हैं। और, फिर लंबी दूरी और अधिक क्षमताओं वाली कई और मिसाइलें बनी।” उन्होंने कहा, “आज मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमारे पास मिसाइल प्रौद्योगिकी में पूर्ण आत्मनिर्भरता है और हम देश में बेहद उन्नत मिसाइल विकसित कर सकते हैं।” उन्होंने उपग्रह रोधी (ए-सैट) परीक्षण के बारे में भी बात की है जिसमें मार्च 2019 में भारत ने ए-सैट मिसाइल से अंतरिक्ष में अपने एक उपग्रह को मार गिराया गया था और अपनी इस क्षमता का प्रदर्शन किया था। इसके बाद बाद भारत अमेरिका, रूस तथा चीन जैसे देशों के प्रतिष्ठित क्लब में शुमार हो गया था जिनके पास ऐसी क्षमता है। जेएनयू के इंजीनियरिंग स्कूल ने 'भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रक्षा प्रौद्योगिकी' पर व्याख्यान का आयोजन किया था जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति एम जगदीश कुमार, संकाय के कई सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने ऑनलाइन हिस्सा लिया। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने स्कूलों, शुरूआती बाल्यावस्था, अध्यापक और वयस्क शिक्षा के लिए नया स्कूली पाठ्यक्रम तैयार करने को लेकर मंगलवार को 12 सदस्यीय एक समिति का गठन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। समिति को चार राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचा (एनसीएफ) तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति का नेतृत्व राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 मसौदा समिति के अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन करेंगे। कस्तूरीरंगन, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख भी हैं।
जानकारी के मुताबिक यह एनसीएफ 16 साल के अंतराल के बाद आएगा और यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति में पेश किये गये सुधारों के खाका के अनुरूप होगा। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि समिति स्कूली शिक्षा, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, अध्यापक शिक्षा और वयस्क शिक्षा के लिए चार एनसीएफ तैयार करेगी, जिसमें प्रस्तावित पाठ्यक्रम सुधारों के लिए इन चार क्षेत्रों से जुड़े एनईपी-2020 की सभी सिफारिशों पर ध्यान दिया जाएगा। -
भुज/नयी दिल्ली/अमरावती। अधिकारियों ने गुजरात के कच्छ जिले में स्थित मुंद्रा बंदरगाह से दो कंटेनरों में रखी करीब 3 हजार किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। भारत में एक बार में हुई हेरोइन की यह सबसे बड़ी जब्ती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 21 हजार करोड़ रुपये आंकी गयी है। ऐसा समझा जाता है कि इसे अफगानिस्तान से लाया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस जब्ती को लेकर धन शोधन के पहलू से जांच शुरू कर दी है और 2,988.21 किलोग्राम हेरोइन जब्त करने वाली एजेंसी राजस्व खुफिया निदेशालय ने इस सिलसिले में आयात-निर्यात कंपनी चलाने वाले एक दंपति को चेन्नई से गिरफ्तार किया है। -
नयी दिल्ली। इंजीनियिरों के संगठन सीईएआई ने मंगलवार को कहा कि उसने सरकार से न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के तहत पैरामेडिकल, नर्सिंग और इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारकों को शामिल करने का आग्रह किया है। कंसल्टिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीईएआई) ने एक बयान में कहा कि देश में मौजूदा न्यूनतम मजदूरी अधिनियम केवल वाहन चालक और औद्योगिक श्रमिकों सहित केवल कुशल और अर्ध-कुशल कामगारों को ही शामिल करता है ...। संगठन ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री के साथ ही दिल्ली सरकार को इस संदर्भ में पत्र लिखा है।
बयान के अनुसार पत्र में सीईएआई की व्यापार और नीति से जुड़ी समिति के चेयरमैन के के कपिला ने पैरामेडिकल, नर्सिंग और इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारकों को न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के तहत शामिल करने का आग्रह किया है। सीईएआई के लगभग 300 सदस्य हैं। यह ‘इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ कंसल्टिंग इंजीनियर्स' में भारतीय इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी पेशेवरों का प्रतिनिधित्व करता है। -
नयी दिल्ली। ग्राहकों को अब नये मोबाइल कनेक्शन के लिये दुकान के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वे ‘ऑनलाइन' आवेदन दे सकते हैं और आधार या डिजि लॉकर में रखे किसी भी मान्य दस्तावेज के जरिये स्वयं का सत्यापन कर अपने घर पर ही सिम प्राप्त कर सकते हैं। दूरसंचार विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। दूरसंचार विभाग का यह कदम दूरसंचार क्षेत्र में सुधारों का हिस्सा है। इसे मंत्रिमंडल ने 15 सितंबर को मंजूरी दी थी। नये नियमों के अनुसार ग्राहकों को घर बैठे नये मोबाइल कनेक्शन यानी सिम प्राप्त करने के लिये भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के आधार से जुड़े ई-केवाईसी (अपने ग्राहक को जानों) सत्यापन के लिये एक रुपया देना होगा। सरकार नये मोबाइल कनेक्शन जारी करने के लिए आधार से जुड़ी ई-केवाईसी प्रक्रिया को फिर से शुरू करने को लेकर जुलाई 2019 में ही भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम, 1885 में संशोधन कर चुकी है। दूरसंचार विभाग ने कहा, ‘‘दूरसंचार सेवा प्रदाता आधार से जुड़े ई-केवाईसी का उपयोग करके नये मोबाइल कनेक्शन जारी करने के लिए प्रक्रिया का अनुपालन करेंगे।'' आधार से जुड़ी ई-केवाईसी प्रक्रिया नया मोबाइल कनेक्शन जारी करने मौजूदा व्यवस्था के अलावा वैकल्पिक व्यवस्था होगी। नई व्यवस्था स्थानीय, दूसरे शहर रहने वाले तथा थोक ग्राहक सभी के लिये है। ‘ऑनलाइन' आवेदन की प्रक्रिया प्रतिदिन एक मोबाइल कनेक्शन तक सीमित होगी।
नये मोबाइल फोन कनेक्शन की मांग के लिए स्व-सत्यापन प्रक्रिया का विकल्प चुनने वाले ग्राहकों को परिवार के सदस्य, रिश्तेदार या उनके परिचित व्यक्ति के मोबाइल नंबर का उपयोग करके एक ऐप या वेबसाइट के साथ पंजीकरण करना होगा। फोन नंबर एक ओटीपी की मदद से सत्यापित किया जाएगा सरकार ने आदेश जारी कर प्रीपेड को पोस्टपेड और पोस्टपेड को प्रीपेड में बदलने को ‘वन-टाइम पासवर्ड' (ओटीपी) आधारित प्रक्रिया की अनुमति दी है। आदेश के अनुसार, ‘‘ग्राहकों को एक ऐप/पोर्टल-आधारित ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से मोबाइल कनेक्शन जारी किया जाएगा। इसके तहत ग्राहक घर/कार्यालय में बैठे मोबाइल कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकता है और यूआईडीएआई (आधार) या डिजि लॉकर के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक रूप से सत्यापित दस्तावेजों का उपयोग करके अपने घर पर सिम प्राप्त कर सकता है।'' आदेश के अनुसार जम्मू कश्मीर सेवा क्षेत्र में ओटीपी पद्धति का उपयोग करके प्रीपेड से पोस्टपेड और पोस्टपेड से प्रीपेड मोबाइल कनेक्शन बदलने की व्यवस्था लागू नहीं होगी। वर्तमान में, नया मोबाइल कनेक्शन प्राप्त करने या मोबाइल कनेक्शन को प्रीपेड से पोस्टपेड या पोस्टपेड से प्रीपेड में बदलने के लिए ग्राहक को केवाईसी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इसमें पहचान और पते के प्रमाण के मूल दस्तावेजों के साथ संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाता से संबद्ध कंपनी की दुकान में जाना पड़ता है। आदेश में कहा गया है कि आधार के उपयोग और यूआईडीएआई से इलेक्ट्रॉनिक रूप से अन्य ब्योरे को लेकर ग्राहक की सहमति जरूरी है। -
मुरैना/ बैतूल (मप्र)। मध्य प्रदेश के मुरैना एवं बैतूल जिलों में मंगलवार को बिजली गिरने की दो घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई और एक युवती झुलस गई। अम्बाह थाने के प्रभारी रवींद्र सिंह ने बताया कि मुरैना जिले की अम्बाह कस्बे में एक झोपड़ी में मंगलवार दोपहर को बिजली गिरने से लोकेंद्र सिंह तोमर (25), धरम वीर प्रजापति (20) एवं रामवीर तोमर फौजी (60) की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हादसे के तुरंत बाद इन तीनों को अम्बाह के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सिंह ने बताया कि ये तीनों पत्थर विक्रेता थे। वहीं, बैतूल से मिली रिपोर्ट के अनुसार बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर आमला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत ठानी में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी अशोक नरवरे ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और एक घंटे गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। इसी दौरान बिजली की चपेट में आने से बोचनवाड़ी गांव निवासी शिवलाल आदिवासी (39), सम्पत आदिवासी (40) एवं राधिका आदिवासी (20) झुलस गए। उन्होंने कहा कि इनमें से शिवलाल और सम्पत की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि राधिका की हालत गंभीर बनी हुई है। -
मुंबई। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अश्लील फिल्म मामले में दो फरार आरोपियों के खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया है। इस मामले में कारोबारी राज कुंद्रा कथित रूप से शामिल हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यश ठाकुर उर्फ अरविंद श्रीवास्तव और प्रदीप बख्शी के खिलाफ रविवार को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारी ने बताया कि बख्शी कथित तौर पर सीधे कुंद्रा से जुड़ा है, जबकि ठाकुर भी मामले में वांछित है। उन्होंने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है। कुंद्रा पर अश्लील फिल्मों का निर्माण करने और वितरण करने का आरोप है। वह करीब दो महीने जेल में बिताने के बाद सोमवार को जमानत पर रिहा हुए हैं। -
नयी दिल्ली। सूर्य के वातावरण के बाहरी आवरण ‘कोरोना' से बड़ी मात्रा में उत्सर्जन जैसी गतिविधियों से अंतरिक्ष के मौसम के पूर्वानुमान पर क्या प्रभाव पड़ सकता है, इस पर हाल में हुए एक अध्ययन ने प्रकाश डाला है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि अंतरिक्ष के मौसम की भविष्यवाणी कृत्रिम उपग्रहों के लिए महत्वपूर्ण है। इस अध्ययन से भारत के पहले सौर अभियान ‘आदित्य एल-1' से प्राप्त आंकड़ों को समझने में सहायता मिलेगी। अंतरिक्ष के मौसम का तात्पर्य सौर वायु और पृथ्वी के निकट अंतरिक्ष की परिस्थितियों से है जो अंतरिक्ष और धरती पर स्थापित तकनीकी प्रणालियों के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकता है। भारतीय ताराभौतिकी संस्थान, बेंगलुरु के खगोलविदों ने वागीश मिश्रा के नेतृत्व में दिखाया है कि सूर्य के कोरोना से होने वाले उत्सर्जन से अंतरग्रहीय अंतरिक्ष का मौसम बड़े स्तर पर प्रभावित हो सकता है।
- नयी दिल्ली। देश के 13 उच्च न्यायालयों को नए मुख्य न्यायाधीश मिलेंगे क्योंकि प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने केंद्र को पदोन्नति के लिए आठ नामों की सिफारिश भेजी है, जिसमें कलकत्ता उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल शामिल हैं। कॉलेजियम ने पांच मुख्य न्यायाधीशों को विभिन्न उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित करने की सिफारिश भी की है। न्यायमूर्ति यू यू ललित और न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर भी कोलेजियम का हिस्सा हैं।केंद्र कोलेजियम की सिफारिशों को स्वीकार कर लेता है तो न्यायमूर्ति बिंदल इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बन जाएंगे। उनके अतिरिक्त सात अन्य न्यायाधीशों को मुख्य न्यायाधीश बनाने की भी सिफारिश की गई है। शीर्ष अदालत की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया, उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम की 16 सितंबर 2021 को हुई बैठक में न्यायाधीशों को उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश पद पर पदोन्नत करने की सिफारिश की गई है।कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति बिंदल के अलावा न्यायमूर्ति रंजीत वी मोरे, सतीश चंद्र शर्मा, प्रकाश श्रीवास्तव, आर वी मलीमथ, रितु राज अवस्थी, अरविंद कुमार और प्रशांत कुमार मिश्रा के नामों की सिफारिश क्रमश: मेघालय, तेलंगाना, कलकत्ता, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गुजरात और आंध्र प्रदेश के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश के रूप में की है।वेबसाइट पर अपलोड एक अन्य वक्तव्य के अनुसार अन्य उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित करने के लिए पांच मुख्य न्यायाधीशों के नामों की सूची भी उपलब्ध करवाई गई है। इसके मुताबिक कोलेजियम ने यह भी सिफारिश की है कि त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए ए कुरैशी को राजस्थान उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया जाए। राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति इंद्रजीत महंती को त्रिपुरा उच्च न्यायालय, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने, मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विश्वनाथ सोमद्दर को सिक्किम उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने के अलावा कॉलेजियम ने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ए के गोस्वामी को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश की है।उच्चतम न्यायालय की वेबसाइट पर डाले गए तीसरे वक्तव्य में कहा गया है कि कॉलेजियम ने 16 सितंबर को हुई बैठक में उच्च न्यायालयों के 17 न्यायाधीशों के 'तबादले/पुन: तबादले की सिफारिश की है।प्रधान न्यायाधीश रमण की अध्यक्षता वाला कॉलेजियम देश में उच्च न्यायपालिका में बड़ी संख्या में रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए कदम उठा रहा है और इसी क्रम में उसने इन नामों की सिफारिश की है। देश में मौजूद 25 उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों के कुल 1080 पद हैं जिनमें से एक मई, 2021 तक तक 420 पद रिक्त थे।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विमान पायलटों की तरह व्यावसायिक ट्रक चालकों के लिए गाड़ी चलाने का समय तय किये जाने की वकालत की है। इसके अलावा उन्होंने वाणिज्यिक वाहनों में चालक को नींद आने का पता लगाने वाले सेंसर लगाने पर भी जोर दिया। गडकरी ने मंगलवार को कई ट्वीट कर कहा कि पायलटों की तरह ट्रक चालकों के लिए भी ड्राइविंग के घंटे निश्चित होने चाहिए। इससे थकान की वजह से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''मैंने अधिकारियों से यूरोपीय मानकों के अनुरूप वाणिज्यिक वाहनों में वाहन चलाते समय नींद आने का पता लगाने वाले सेंसर को लेकर नीति पर काम करने को कहा है।'' उन्होंने कहा कि वह जिला सड़क समितियों की नियमित बैठक बुलाने के लिए मुख्यमंत्रियों और जिला कलेक्टरों को पत्र लिखेंगे।इससे पहले मंगलवार को गडकरी राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद (एनआरएससी) में नामित नए सदस्यों के साथ परिचय बैठक में शामिल हुए। मंत्री ने बताया कि उन्होंने परिषद की बैठक हर दो माह में आयोजित करने का निर्देश दिया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक के दौरान सदस्यों ने सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। गडकरी ने सभी सदस्यों से सड़क सुरक्षा के विविध क्षेत्र में काम करने का सुझाव दिया, जिससे सड़कों पर अधिक से अधिक लोगों का जीवन बचाया जा सके। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों से एनआरएससी के सदस्यों के साथ नजदीकी संयोजन में काम करने और उनकी सिफारिशों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने को कहा। इस बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वी के सिंह तथा मंत्रालय के अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
- नयी दिल्ली। एयर मार्शल वी आर चौधरी को नया वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह 30 सितंबर को निवर्तमान वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया की सेवानिवृत्ति के बाद पदभार संभालेंगे। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एयर मार्शल चौधरी फिलहाल वायुसेना उप प्रमुख हैं।मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ''सरकार ने फिलहाल वायुसेना उप प्रमुख के तौर पर सेवारत एयर मार्शल वी आर चौधरी को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वह 30 सितंबर को एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया के सेवानिवृत होने के बाद पदभार संभालेंगे। '' एयर मार्शल चौधरी 29 दिसंबर 1982 को भारतीय वायुसेना की युद्धक शाखा में शामिल हुए थे।
- नयी दिल्ली। केन्द्र द्वारा ‘‘टीका मैत्री'' कार्यक्रम के तहत चौथी तिमाही में अतिरिक्त टीकों का निर्यात फिर से शुरू किये जाने की घोषणा के बीच सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने सरकार को बताया है कि वह उसे कोविशील्ड की करीब 22 करोड़ खुराक अक्टूबर में उपलब्ध करा सकेगा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। एसआईआई में सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने सोमवार को केंद्र को एक पत्र भेज कर कहा कि कंपनी ने कोविशील्ड की अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा दी है और यह अक्टूबर में भारत सरकार और निजी अस्पतालों को टीके की 21.90 करोड़ खुराक की आपूर्ति करने में सक्षम होगी। कंपनी की कोविशील्ड की उत्पादन क्षमता प्रति माह 20 करोड़ खुराक से अधिक हो गई है।एक सूत्र ने सिंह के हवाले से बताया कि पत्र में लिखा गया है , “ जनवरी 2021 से हमने 19 सितंबर 2021 की शाम तक भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को कोविशील्ड की 66.33 करोड़ खुराकें मुहैया कराई हैं, राज्य सरकारों और निजी अस्पतालों को 7.77 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध कराई गई हैं।'' पत्र में कहा गया,‘‘ यह सब हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और निर्देशों, स्वास्थ्य मंत्रालय के सतत सहयोग, हमारे सीईओ अदार पूनावाला के दूरदर्शी नेतृत्व और एसआईआईपीएल के लगातार प्रयासों के कारण ही संभव हो सका।'' सिंह ने कहा कि समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए 31 दिसंबर तक कंपनी 66 करोड़ खुराकों के हालिया आपूर्ति ऑर्डर को पूरा करेगी। गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को घोषणा की थी कि भारत ‘टीका मैत्री' कार्यक्रम के तहत 2021 की चौथी तिमाही में अतिरिक्त टीकों का निर्यात फिर से शुरू करेगा और वैश्विक भंडार के लिए अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करेगा, लेकिन अपने नागरिकों का टीकाकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- नयी दिल्ली। देश में तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की उत्पादन क्षमता बढ़कर 8 हजार टन प्रतिदिन हो गयी है। पिछले साल यह 6 हजार टन प्रतिदिन थी। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी। कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान चिकित्सकीय ऑक्सीजन की मांग काफी बढ़ गयी थी।उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापारविभाग में अतिरिक्त सचिव सुमिता डावरा ने कहा कि चिकित्सा मकसद से ऑक्सीजन की आपूर्ति दिसंबर 2019 में एक हजार टन प्रतिदिन से लगभग 10 गुना बढ़कर इस साल मई में 9 हजार 600 टन प्रतिदिन तक पहुंच गयी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ''हमारी उत्पादन क्षमता मंगलवार को पिछले साल के 6 हजार टन प्रतिदिन से बढ़कर 8 हजार टन प्रतिदिन हो गयी है।'' कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की मांग काफी बढ़ गयी थी। उस समय मांग बढ़कर 9 हजार टन के करीब पहुंच गयी जबकि पहली लहर के दौरान अधिकतम मांग 3 हजार 95 टन थी। अधिकारी ने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर नियमों में संशोधन के मसौदे को 25 जून को अधिसूचित किया गया था और डीपीआईआईटी अब विभिन्न पक्ष के परामर्श से विस्फोटक नियमों में संशोधन पर काम कर रहा है।
- मुंबई। महाराष्ट्र में पुणे के पर्वतारोहियों ने हिमालय में 6,510 मीटर की चोटी माउंट मांडा- I को फतह किया है और वे इस चोटी पर उस रास्ते से गए हैं जिसे बेहद मुश्किल माना जाता है। समूह के एक सदस्य ने बताया कि पर्वतरोही क्लब ‘गिरिप्रेमी' ने शनिवार को यह उपलब्धि हासिल की है और उत्तरी रिज से चोटी फतह करने वाली पहली भारतीय टीम बन गई है। क्लब के सदस्य और अभियान के मेंटर उमेश जिरपे ने बताया कि वैश्वविक तौर पर यह इस मार्ग से दूसरा आरोहण है जो सफल हुआ है। इससे पहले इस मार्ग से एक जापानी टीम शीर्ष पर पहुंचने में कामयाब रही थी। जिरपे ने बताया, “ हमने 1989 और 1991 में भी इस चोटी पर चढ़ने की कोशिश की थी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली थी। अप्रत्याशित मौसम, खड़ी चढ़ाई, संकरी रिज और पत्थरों के गिरने का अंदेशा चढ़ाई को चुनौतीपूर्ण बनाता है।” उन्होंने बताया कि ‘गिरिप्रेमी' के पर्वतरोहियों ने पिछले एक दशक में 14 में से आठ चोटियों को फतह किया है और आठ हजार मीटर से अधिक की चढ़ाई की है। जिरपे के मुताबिक, नया आरोहण हालांकि कम ऊंचाई पर था लेकिन यह कंचनजंगा या एवरेस्टो जितना ही चुनौतीपूर्ण था। सुमीत मंडले, विवेक शिवाडे और पवन हडोले शनिवार को अपने पर्वत गाइड मिंगम शेरपा और निम दोरजे शेरपा के साथ चोटी पर पहुंचे। अभियान की अगुवाई आनंद माली ने की।-file photo
- जयपुर।राजस्थान में उदयपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने मंगलवार तडके अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। थानाधिकारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि पगारा गांव के निवासी आरोपी मणिलाल (45) ने मंगलवार तडके अपनी पत्नी अनिता (40) पर धारदार हथियार के वार कर हत्या करने के बाद घर के पंखे के हुक से फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि घटना के समय मृतक के चार बच्चे घर के बाहर सो रहे थे।उन्होंने बताया कि इस संबंध में आरोपी मृतक पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिये परिजनों को सौंप दिया गया।
- मुंबई। महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) के एक बस चालक ने अहमदनगर जिले के संगमनेर डिपो में मंगलवार को एक बस के भीतर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि चालक सुभाष तेलोर को सहकर्मियों ने बस के भीतर एक छड़ से लटकता हुआ पाया। उन्होंने बताया कि तेलोर पाथर्डी से नासिक जानेवाली एक बस को चला रहे थे लेकिन संगमनेर डिपो में वह रात के लिए रूक गए। यह स्थान मुंबई से 250 किलोमीटर दूर है। अधिकारी ने बताया कि उनके इस भयानक कदम उठाने के पीछे की वजह का पता नहीं चल रहा है लेकिन प्राथमिक जानकारी इस ओर इशारा करते हैं कि तेलोर ने कुछ निजी कारणों से आत्महत्या की।
- बोकारो । झारखण्ड में बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र के बोदरो गांव में रविवार रात्रि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। महिला की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बोदरो गांव में हुई इस घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नावाडीह पहुँचाया गया जहाँ चिकित्सक ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल बोकारो भेज दिया। स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अमरजीत शर्मा ने बताया कि महिला चालीस प्रतिशत जल गई है। नावाडीह पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बोदरो निवासी आरोपी संजय स्वर्णकार का विवाह दो वर्ष पहले परसाबाद की सुमन देवी संग हुआ था। आरोपी संजय पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। रविवार की शाम भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हुई जिससे आक्रोशित होकर आरोपी संजय ने पत्नी के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया।
-
घाघरा (गुमला)। झारखंड में घाघरा थाना क्षेत्र के सरांगो गांव के समीप 16 सितंबर को ट्रक चालक रामनाथ उरांव की हत्या के आरोप में पुलिस ने टेमना व पत्नी सुगंती देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी प्रेसवार्ता में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष चंद्र लाल ने दी। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक की हत्या अवैध संबंध को लेकर की गई थी। रामनाथ की हत्या कुल्हाड़ी से मारकर आरोपी टेमना ने की थी।
अनुमंडल पदाधिकारी मनीष चंद्र लाल ने बताया कि आरोपी टेमना ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह ट्रक में खलासी का काम करता था। खलासी का काम करने के बाद जब घर लौटा तो घर का दरवाजा बंद था। अंदर झांक कर देखा तो उसकी पत्नी और रामनाथ आपत्तिजनक स्थिति में थे। जिसे देखकर उससे गुस्सा आ गया और घर में रखे कुल्हाड़ी से रामनाथ के सिर पर वार कर दिया, जिससे रामनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल रामनाथ को उसकी आरोपी पत्नी ने उठाकर पोखरा टोली बाघ डेगवा नाला के समीप जाकर फेंक दिया। रात भर जख्मी हालत में होने के कारण व अधिक खून बह जाने के कारण रामनाथ की मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने रामनाथ की पत्नी से पूछताछ की। रामनाथ की पत्नी ने पुलिस को अवैध संबंध की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी टेमना व उसकी पत्नी से पूछताछ की। पहले तो दोनों ने हत्या करने से इंकार कर दिया। लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों टूट गए और पुलिस के समक्ष सच्चाई बता दी।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी ने एक टीम का गठन किया था। इस टीम में थाना प्रभारी आकाश कुमार पांडेय, सब इंस्पेक्टर कौशलेंद्र कुमार के अलावा पुलिस बल के जवान भी शामिल किए गए थे। ट्रक चालक रामनाथ उरांव के शव उसके ही घर से एक किलोमीटर की दूरी पर फेंक दिया गया था। जिसकी पहले तो पहचान नहीं हुई। बाद में ग्रामीणों ने उसकी पहचान कर इसकी जानकारी मृतक की पत्नी को दी थी। -
हत्या के वक्त जाग गई बेटी, धक्का देकर फरार हुआ आरोपी
अवैध संबंध बनी हत्या की वजह, सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा
मेरठ। मेरठ में मंगलवार को सुबह दंपती की हत्या से सनसनी फैल गई। हत्या आरोपी ने घटना को रात 3 बजे अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। मृतक दंपती की मासूम बेटी ने आरोपी को पहचान लिया है। जिस समय आरोपी दंपती की गर्दन काट रहा था, उस दौरान उनकी बेटी जाग गई। इसके बाद आरोपी बेटी को धक्का देकर फरार हो गया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि दरअसल, घटना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सिटी गार्डन की है। जहां अवैध संबंधों के चलते दंपती की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई है। हत्या आरोपी को पहचानने के बाद बेटी ने शोर मचा दिया। जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया है। दंपती की हत्या के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस के अफसर भी मौके पर पहुंच गए थे। जांच पड़ताल की जा रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि सिटी गार्डन में आबाद और दानिश आसपास रहते हैं। दानिश के पास कंकरखेड़ा में रहने वाला उसका भतीजा आरोपी समीर भी आता जाता था। आरोपी समीर की दोस्ती आबाद से हो गई। आबाद मुर्गी चूजे बेचने का काम करता था। आबाद के घर आरोपी समीर का आना जाना हो गया। उसके बाद आरोपी समीर के संबंध आबाद की पत्नी जाविदा से हो गए। शक के आधार पर आबाद ने आरोपी समीर के घर आने जाने पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद आरोपी समीर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया किसोमवार की रात को आरोपी समीर छुरी लेकर आबाद के घर आया था। रात करीब तीन बजे आरोपी समीर ने पहले आबाद की गर्दन काटकर हत्या की। उसके बाद आबाद की पत्नी जाविदा को मार डाला। इस बीच आबाद की बेटी जाग गई तो उसे धक्का देकर आरोपी समीर मौके से भाग गया। आरोपी समीर के जाने पर आबाद की बेटी सानिया ने शोर मचा दिया। उसके बाद आसपास के सभी लोग मौके पर पहुंच गए। घर के अंदर खून खराब देखकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि हत्यारोपी समीर की तलाश की जा रही है। अवैध संबंधों के चलते ही दंपती को मौत के घाट उतारा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -
शार्प टर्निंग पर अनियंत्रित हो गई कार
अररिया। अररिया के पलासी थाना क्षेत्र में तेज गति से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक कार से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल हो गया। हादसा मंगलवार सुबह पलासी थाना के डाला गांव के पास हुआ है। अनंत चतुर्दशी के मेले से लौटने के दौरान कार टर्निंग पर असंतुलित हो गई थी।
पलासी थानेदार शिवपूजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाला। पलासी थानेदार शिवपूजन कुमार के अनुसार कार ड्राइवर सोनू यादव घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरने वालों में अररिया के लौखड़ा के कलानंद मंडल, गेरारी के सुनील करदार, मझवा के सुनील मंडल, चौरी के धनंजय साह और चिकनी कुर्साकाटा ब्लॉक के नवीन साह थे।
पलासी थानेदार शिवपूजन कुमार ने बताया कि पलासी के गेरारी गांव में अनंत चतुर्दशी का मेला लगा हुआ था। सोमवार रात एक कार पर 6 लोग सवार होकर अनंत चतुर्दशी का मेला देखने गए थे। सभी मंगलवार सुबह मेला से लौट रहे थे। कार कलियागंज की ओर जा रही थी। इसी बीच शार्प टर्निंग में कार के ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और गाड़ी तालाब में जा गिरी। जब तक लोग कार सवार की मदद के लिए लोग आते तब तक पांच लोग डूब चुके थे। -
सीवान। सीवान नगर थाना इलाके के सोनार टोली स्थित अर्चना ज्वैलर्स में अपराधियों ने करीब एक करोड़ की लूट को अंजाम दिया है। सोमवार की शाम 3 बाइक से 6 अपराधी पहुंचे। वे दुकान के अंदर घुस गए। दहशत फैलाने के लिए सोना कारोबारी सुभाष प्रसाद को गोली मार दी। लोगों में चर्चा है कि लूट करीब 1 करोड़ की हुई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि दुकानदार के मुताबिक सभी अपराधी चेहरे पर नकाब लगाए हुए थे। हथियारों से लैस अपराधियों को देखते ही दुकान चला रहे सुभाष प्रसाद और उनका बेटा रूपेश कुमार भयभीत हो गया। लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि अपराधियों ने दुकान से सोने और चांदी की ज्वेलरी को बोरे में भर लिया। इसके बाद वहां से निकल गए। दुकान से निकलने के दौरान कई राउंड फायरिंग भी की।
पुलिस ने बताया कि अपराधियों के जाने के बाद संचालक सुभाष कुमार का बेटा रूपेश कुमार चिल्लाने लगा। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने मिलकर घायल सुभाष कुमार को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी स्थिति गंभीर है। लूटपाट की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है। -
पुलिस का वाहन ट्रक से टकराया, चौकी प्रभारी की मौत
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में नागपुर-अब्दुल्लागंज नेशनल हाईवे पर सोमवार रात 2.30 बजे पुलिसकर्मियों से भरी कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बैतूल के पाढऱ चौकी प्रभारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक एसआई, दो कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नागपुर रेफर किया है।
बैतूल एसपी सिमाला प्रसाद के मुताबिक पुलिसकर्मी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार करके लौट रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। दोनों आरोपी पीछे बैठे थे, इसलिए उन्हें चोट नहीं आई। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एसआई विनोद शंकर यादव का शव फंस गया। उसे गैस कटर मशीन से काटकर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को बैतूल लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बैतूल के पाढऱ चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव, एएसआई दिलीप तांडेकर, आरक्षक नवीन रघुवंशी सहित एक आरक्षक चोरी के दो आरोपियों को पकडऩे रायपुर गए थे। सोमवार की दरमियानी रात को कार से लौट रहे थे। रात करीब 2.30बजे रास्ते में छिंदवाड़ा में पांढुर्ना के बड़ चिचोली में खड़े ट्रक में कार जा घुसी। इसमें चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बैतूल एसडीपीओ नितेश पटेल रात को ही घटनास्थल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि मृत सब इंस्पेक्टर का शव छिंदवाड़ा भेज दिया गया है। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
बैतूल एसपी सिमाला प्रसाद के मुताबिक पाढऱ चौकी प्रभारी विनोद शंकर यादव 4 सदस्यीय टीम के साथ चोरी के मामले में विवेचना करने रायपुर छत्तीसगढ़ गए थे। 2 दिन से टीम रायपुर में थी। वहां से दो आरोपी को हिरासत में लेकर बैतूल आ रहे रहे थे। चौकी प्रभारी ड्राइवर के बगल में बैठे थे। एएसआई और आरक्षक बीच की सीट पर और आरोपी गाड़ी में सबसे पीछे बैठे थे। हादसे में चौकी प्रभारी की मौत हो गई। एएसआई, दो आरक्षक घायल हुए है। आरोपी दोनों सुरक्षित है। दोनों पुलिस हिरासत में है। गाड़ी का ड्राइवर भाग गया है। जिसकी तलाश जारी है।


























.jpeg)
