- Home
- देश
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार अगले 15 दिनों में राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को एक करोड़ 90 लाख टीके नि:शुल्क भेजेगी। इसमें एक करोड़ 62 लाख 50 हजार कोविशील्ड और 29 लाख 49 हजार कोवैक्सीन के टीके शामिल हैं। ये टीके 45 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को लगाये जाएंगे। इससे पहले केन्द्र सरकार ने राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को एक करोड 70 लाख टीके भेजे थे।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को कहा कि सस्ते और मध्यम आय वर्ग के लोगों वाली परियोजनाओं के लिए कर्ज की विशेष सुविधा (एसडब्ल्यूएएमआईएच) से उन 1.16 लाख मकान खरीदरों को लाभ होगा, जिनकी आवास परियोजनाएं अंतिम चरण में कर्ज के अभाव में अटकी पड़ी हैं। इस कोष के जरिये पहली आवासीय परियोजना पूरी होने के मौके पर उन्होंने यह बात कही।देश में कई रियल एस्टेट परियोजनाएं कोष की कमी के कारण अटकी पड़ी हैं। इस मुद्दे के समाधान के लिये सरकार ने नवंबर 2019 में 25,000 करोड़ रुपये के एसडब्ल्यूएएमआईएच कोष की घोषणा की। इस पहल का मकसद 4.58 लाख आवासीय इकाई वाली अटकी पड़ी 1,500 से अधिक आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने में मदद करना है। सीतारमण ने कहा कि 2019 रियल एस्टेट क्षेत्र के लिये कठिन वर्ष था और उद्योग नकदी संकट से जूझ रहा था जबकि बैंक फंसे कर्ज के दबाव में उन्हें ऋण देने से बच रहे थे। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाएं पूरी होने के करीब थी लेकिन अंतिम चरण के वित्त पोषण के अभाव में अटकी पड़ी थी। सीतारमण ने ‘ऑनलाइन' आयोजित कार्यक्रम में मुंबई के रिवाली पार्क के 600 से अधिक मकान खरीदारों को घर की चाबियां देते हुए कहा कि सरकारी विभागों और एसबीआई कैपिटल ने कोविड-19 संकट के बावजूद योजनाओं को पूरा करने के लिये अथक कार्य किये और आवास ऋण ले रखे खरीदारों को फ्लैट सौंप रहे हैं। यह पहली अटकी परियोजना है, जो एसडब्ल्यूएएमआईएच कोष के जरिये पूरी हुई है। कोष का प्रबंधन एसबीआई कैपिटल के जिम्मे था जबकि वित्त मंत्रालय के अधीन आने वाला आर्थिक मामलों का विभाग योजना के लिये प्रशासक की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘एसडब्ल्यूएएमआईएच कोष के तहत आज 640 लोगों को मकान मिले। इस कोष से 1.16 लाख भारतीय परिवार को लाभ होगा। उन सभी को मकान मिलेंगे जो विभिन्न कारणों और बाधाओं से अटके पड़े हैं।'' वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘और यह सब महामारी के दौरान हो रहा है। इससे ज्यादा खुशी परिवारों को क्या मिल सकती है जो कई साल से अपना घर पाने का इंतजार कर रहे थे।'' कुल 44,115 इकाइयों से जुड़ी 72 परियोजनाओं को एसडब्ल्यूएएमआईएच कोष I के तहत 6,995 करोड़ रुपये का वित्त पोषण मिला है। वहीं 11,581 करोड़ रुपये के निवेश से 132 परियोजनाओं को शुरूआती मंजूरी दी गयी है। इन परियाजनाओं में मकानों की संख्या 72,457 इकाई है। इन अटकी पड़ी परियोजनाओं की कुल लागत 54,520 करोड़ रुपये है। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार दबाव वाले सस्ते और मध्यम आय वाली आवास परियोजनाओं को वित्त पोषण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये कदम बढ़ायी। इससे मकान खरीदारों को राहत मिली जिन्होंने गाढ़ी मेहनत की कमाई अपने सपने के घरों में लगायी हुई थी। सीतारमण के अनुसार सरकार का मानना है कि ये मकान बनकर पूरा होने जाने के साथ फंसी हुई बड़ी पूंजी बाहर निकलेगी। साथ ही इससे निर्माण क्षेत्र में रोजगार मिलेगा एवं स्टील तथा सीमेंट जैसे संबद्ध क्षेत्रों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बैंकों तथा एनबीएफसी (गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों) को राहत मिलने के साथ आर्थिक धारणा बेहतर होगी। इस मौके पर आवास और शहरी मामलों के विभाग के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि 2019-20 में क्षेत्र का अर्थव्यवस्था में 200 अरब डॉलर का योगदान था जो 2030 तक बढ़कर 1,000 अरब डॉलर हो जाने का अनुमान है। भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन दिनेश कुमार खारा ने कहा कि बैंकों और भागीदारों के समक्ष रखी गयी उम्मीदों को पूरा करने के लिये एसडब्ल्यूएएमआईएच कोष का प्रबंधन किया गया। केंद्र सरकार ने इस कोष में 10,000 करोड़ रुपये का योगदान दिया जबकि शेष राशि एलआईसी जैसे संस्थागत निवेशकों और देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई तथा निजी निवेशकों से आये।
- मुंबई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों(आईआईटी)के पूर्व छात्र/छात्राओं की परिषद द्वारा स्थापित मेगालैब ने आयुर्वेद कोविड19-वैक्सीन विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपये का शुरुआती कोष जुटाया है। उसका कहना है कि यह वैक्सीन दो खुराक में दी जाएगी और इससे पहली खुराक के कुछ दिनों के भीतर संक्रमण के प्रतिरोध की क्षमता पैदा हो सकती है।आईआईटी पूर्व-छत्र परिषद के अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि मुंबई की मेगालैब को परिषद ने पिछले वर्ष अप्रैल में स्थापित किया गया था ताकि कोविड19 महामारी का सामना करने के उपायों और धन की व्यवस्था की जा सके। मेगालैब पश्चिमी जगत में उपलब्ध वैक्सीनों का आयात भी कर रही है। उन्हें मुंबई और बाद में अन्य जगहों पर वितरित किया जायेगा। शर्मा ने कहा कि 300 करोड़ रुपये की सीड (प्रारंभिक पूंजी) सोसल फंड के पास जमा पूंजीका हिस्सा है, जो परिषद की वित्तपोषण शाखा है। परिषद ने महामारी की पहली लहर के चरम के समय पिछले साल अप्रैल में 21,000 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाने की योजना घोषित की थी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित टीका छह महीनों में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। यह एक सहायक आयुर्वेदिक वैक्सीन है जिसमें इंजेक्शन और नाक में टपका कर दिया जा सकेगा। इस टीके से प्रभावोत्पादकता में सुधार लाने, साइड इफेक्ट्स को कम करने और सभी पर असरदार ढंग से काम करने की उम्मीद है। यह इस वायरस (कोविड-19) के हर तरह के संस्करण पर काम करेगा जिनसे देश में 2.6 लाख से अधिक मौत हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित टीका पहला एंटीजन-मुक्त, नई वैक्सीन है जो और स्थानीय रूप से निर्मित किया जाएगा। जिसके लिए चर्चा पहले से ही दवा कंपनियों के साथ चल रही है और यह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है। शर्मा ने कहा कि अंतिम लक्ष्य, एक निरंतर उन्नत किये जाने योग्य वैक्सीन लाना है जो वायरस को हरा सकता है और इस प्रकार महामारी को खत्म करने में मदद कर सकता है। आयातित टीकों की शुरुआत में एक अमेरिकी समकक्ष मूल्य बिंदु पर कीमत होगी ।
- जींद। हरियाणा के जींद में स्थित नागरिक अस्पताल के बाथरूम में बुधवार की रात एक नवजात बच्ची मिली । घटना की सूचना पाकर पुलिस तथा चाइल्ड वेल्फेयर कमेटी मौके पर पहुंच गई और नवजात को शिशु नर्सरी में भर्ती करवाया। पुलिस ने बताया कि सामान्य अस्पताल के फ्लू कॉर्नर के निकट बीती देर रात बाथरूम में नवजात बच्ची को कपड़े में लिपटा पड़ा देखा गया। सूचना मिलने पर इमरजैंसी में तैनात नर्सिंग स्टाफ और गार्ड मौके पर पहुंच गए तथा नवजात को कब्जे में लेकर शिशु नर्सरी में पहुंचाया। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस तथा चाइल्ड वेल्फेयर कमेटी के पदाधिकारी सामान्य अस्पताल पहुंचे और हालातों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नवजात का जन्म लगभग तीन दिन पहले हुआ है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक महिला नवजात बालिका को बाथरूम में छोडकर जाती दिख रही है और महिला के साथ दो व्यक्ति भी थे, एक बाहर बाइक के साथ खड़ा हुआ था तो दूसरा महिला पर नजर बनाए हुए था। उन्होंने बताया कि नवजात बालिका को बाथरूम में छोडऩे की घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है और फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने स्टाफ नर्स की शिकायत पर एक महिला समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
- कोलकाता। कोलकाता में कोरोना वायरस से पीडि़त एक मां की अंतिम समय में बेटे के साथ हुई वीडियो कॉल ने हर किसी को भावुक कर दिया है। ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर ने ट्वीटर पर यह वाकया पोस्ट किया है जिसे पढऩे के बाद हर कोई भावुक हो गया है। देखते ही देखते हजारों लोगों ने इस पोस्ट को शेयर किया है और अपनी प्रतिक्रिया दी है।यह पोस्ट एक बेटे के बारे में था, जिसकी मां अस्पताल में काफी गंभीर अवस्था में थी। डॉक्टरों ने उनके बचने की उम्मीद खो दी थी। बेटे को भी पता था कि मां नहीं बच पाएंगी। अपोलो ग्लेनीगल्स की क्रिटिकल केयर की डॉक्टर दीपशिखा घोष ने बताया कि वे इस कोरोना महामारी के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को उनके अपनों से जोडऩे के लिए वीडियो कॉल पर बात कराती हैं। अपनों से दूर अस्पताल में अकेले कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे लोगों को जब वीडियो कॉल पर अपने लोग नजर आते हैं तो वे बहुत खुश होते हैं। बुधवार को भी उन्होंने ऐसी ही एक वीडियो कॉल की, लेकिन उन्हें उम्मीद नहीं थी कि यह वीडियो कॉल उनके लिए बहुत भावुक होने वाली है। आईसीयू में जो हुआ उसके लिए वह बिल्कुल तैयार नहीं थीं।डॉ. दीपशिखा ने बताया कि 47 वर्षीय महिला संघमित्रा चटर्जी ने अपने 25 वर्षीय बेटे सोहम चटर्जी के साथ वीडियो कॉल की। बेटे ने अपनी मां का हालचाल पूछा और मुझसे मेरे कुछ मिनट मांगे। उसके बाद बेटे ने 1973 की 'आ गले लग जा' फिल्म का किशोर कुमार का गाना गाया तो हर किसी की आंखों में आंसू आ गए। यह गाना था, 'तेरा मुझसे है पहले का नाता कोई...।'डॉक्टर ने ट्वीटर पर अपनी पोस्ट में लिखा, 'आज, मेरी शिफ्ट खत्म होने से बाद एक मां ने अपने बच्चे के बात करने की इच्छा जाहिर की। मैंने वीडियो कॉल पर दोनों को जोड़ा। मैं अपने हाथ में मोबाइल लेकर खड़ी थी। बेटा गाना गा रहा था... तेरा मुझसे है पहले का नाता कोई...यू हीं नहीं दिल लुभाता कोई...। मैं इस दौरान बेटे और मां दोनों के चेहरे के भाव बारी-बारी से देख रही थी। नर्से पास आकर चुपचाप खड़ी हो गईं। वह गाते हुए बीच में रो भी पड़ा, पर उसने गीत पूरा किया। उसने मुझे मां के बारे में पूछा। थैंक्स कहा और फिर कॉल काट दी। फिर अचानक उन्होंने अंतिम सांस ली।'डॉ. ने आगे लिखा- मैं और नर्स वहीं खड़े रहे। हमने अपना सिर हिलाया, हमारी आंखें नम हो गई थीं। इसके बाद नर्से एक-एक कर अपने मरीजों के पास चली गईं. इस गीत ने हम सभी को हमेशा के लिए बदल दिया, मेरे लिए यह गीत हमेशा उनका रहेगा।

- भोपाल । प्रदेश में कोविड-19 महामारी के इलाज में उपयोग किये जाने वाले रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी में लिप्त 75 लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दी है। मध्य प्रदेश गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजोरा ने कहा, ‘‘रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाज़ारी के लिये 75 लोगों को रासुका के तहत गिरफ्तार कर जिला कलेक्टरों के माध्यम से जेल भेज दिया गया है।'' राजोरा ने बताया कि इनके अलावा, रेमडेसिविर इंजेक्शन एवं चिकित्सकीय ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने के लिए प्रदेश में छह लोगों को चोरबाजारी निवारण और अत्यावश्यक वस्तु प्रदाय अधिनियम में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इन छह लोगों में से पांच को रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने के लिए जबलपुर, उज्जैन एवं सागर में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि एक व्यक्ति को चिकित्सीय ऑक्सीजन की कालाबाजारी के मामले में सतना में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर गृह विभाग द्वारा रेमडेसिविर इंजेक्शन, चिकित्सकीय ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक दवाओं की कालाबाजारी करने वालों पर रासुका अंतर्गत सख्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षकों को दिए गए हैं। राजोरा ने बताया कि ये सभी लोग रेमडेसिविर इंजेक्शन एवं ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने के लिए 20 अप्रैल से 10 मई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पकड़े गये थे।-File photo
- तिरुवनंतपुरम । प्रशासन ने 14 मई को केरल के तीन जिलों और 15 मई को पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और इन जिलों में अरब सागर पर निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव में भारी वर्षा होने की संभावना का संकेत किया है। मुख्यमंत्री पिनराई वियजन ने अधिकारियों एवं लोगों से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के दिशानिर्देशों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ रेड अलर्ट! 14 मई --तिरुवनंतपुरम, कोल्लाम, पठनमथिट्टा, 15 मई--मल्लपुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर, कसारगोड। केरल एसडीएमए के निर्देशों का पालन कीजिए।'' उससे कुछ घंटे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि अरब सागर में बना निम्न दबाव का क्षेत्र सशक्त होकर 16 मई तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है और केरल के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है । प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने तक समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक लगा दी है।केरल राज्य आपदा प्रबंधन ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों एवं तटीय इलाकों में रह रहे लोगों से भी एहतियात बरतने की अपील की है।
- नयी दिल्ली ।ऐसे में जब राज्य कोरोना वायरस के टीकों की कमी से जूझ रहे हैं, केंद्र ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगस्त से दिसंबर के बीच पांच महीनों में देश में दो अरब से अधिक खुराक उपलब्ध कराई जाएंगी, जो पूरी आबादी का टीकाकरण करने के लिए पर्याप्त हैं। केंद्र ने यह भी कहा कि रूस का कोविड-19 रोधी टीका स्पुतनिक V अगले सप्ताह तक उपलब्ध होने की संभावना है। नीति आयोग के सदस्य वी के पॉल ने कहा, ‘‘भारत और देश के लोगों के लिए देश में पांच महीनों में दो अरब खुराक (216 करोड़) बनाई जाएंगी। टीका सभी के लिए उपलब्ध होगा।'' उन्होंने कहा कि अगले साल की प्रथम तिमाही तक यह संख्या तीन अरब होने की संभावना है।उन्होंने कहा कि अगस्त से दिसंबर के बीच कोविशील्ड की 75 करोड़ खुराक का उत्पादन अनुमानित है, जबकि कोवैक्सीन की 55 करोड़ खुराक उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, बायोलॉजिकल ई द्वारा 30 करोड़ खुराक, ज़ायडस कैडिला 5 करोड़, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा नोवावैक्स की 20 करोड़ खुराक और भारत बायोटेक द्वारा उसकी नेजल वैक्सीन की 10 करोड़ खुराकें जबकि जेनोवा 6 करोड़ खुराक और स्पुतनिक V 15.6 करोड़ खुराक उपलब्ध कराएगी।-file photo
- गुवाहाटी । असम के तेजपुर विश्वविद्यालय के छात्रों ने आईओटी आधारित पोर्टेबल वेंटिलेटर का डिजाइन तैयार किया है जो श्वसन संबंधी दिक्कतों का सामना कर रहे लोगों की आसानी से सांस लेने में मदद करेगा तथा कोविड-19 की दूसरी लहर में जीवनरक्षक उपकरण की कमी की समस्या को दूर करेगा। यह जानकारी बृहस्पतिवार को एक अधिकारी ने दी।उन्होंने कहा कि कोविड-19 संबंधी मौजूदा स्थिति से निपटने के प्रयास के तहत विश्वविद्यालय के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने ‘इंटरनेट ऑफ थिंग्स' (आईओटी) आधारित पोर्टेबल वेंटिलेटर विकसित करने की पहल की है। विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा कि छात्रों का एक समूह पूर्व अतिथि संकाय सदस्य चिरनजीत अधिकारी और अतिथि संकाय सदस्य फिरदौस अहमद के दिशा-निर्देशन में परियोजना पर काम कर रहा है तथा विभाग प्रमुख सौमिक रॉय परियोजना की निगरानी कर रहे हैं। बयान में कहा गया कि पोर्टेबल वेंटिलेटर एक किफायती उपकरण होगा और यह विशेषताओं के आधार पर 8,000 से 15,000 रुपये तक के मूल्य पर उपलब्ध होगा।
- कौशांबी (उप्र)। जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल तेज गति से जा रहे ट्रक की चपेट में आ गई जिससे उस पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल कौशांबी में भर्ती कराया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को थाना क्षेत्र के देवरा गांव के पास एक मोटरसाइकिल तेज गति से जा रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार छोटू (15) तथा अभिषेक (20) की मौके पर ही मौत हो गई तथा बाइक सवार एक अन्य व्यक्ति रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी लोग गांव ग्राम निजामपुर थाना हंडिया जनपद प्रयागराज के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष मनीष कुमार पांडे ने बताया कि घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल कौशांबी में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम हेतु भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है।
- कुडलूर । तमिलनाडु के कुडलूर में रसायन के एक संयंत्र में बृहस्पतिवार को ब्वायलर फटने और उसके बाद अमोनिया गैस का रिसाव होने के कारण एक महिला समेत चार कर्मचारियों की मौत हो गई तथा दस लोग घायल हो गए। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतकों के परिजन को तीन-तीन लाख रूपये का मुआवजा तथा घायलों को एक-एक लाख रूपये का मुआवजा देने के आदेश दिए हैं। एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया कि ब्वायलर में विस्फोट के बाद अमोनिया गैस का रिसाव हुआ जिसके चलते चार लोगों की मौत हो गई तथा दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि संयंत्र में फसलों की सुरक्षा में इस्तेमाल होने वाले रसायनों का उत्पादन किया जाता है। आज सुबह जब घटना घटी तब सभी कर्मचारी काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद गैस रिसाव होने पर एक महिला और तीन पुरूषों की दम घुटने से मौत हो गई तथा दस लोग घायल हो गए। कुडलूर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘उन लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई। वे झुलसे नहीं थे।'' उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।श्रम मंत्री सीवी गणेशन ने कहा कि हादसे की जांच करवाई जाएगी। घायलों को कुडलूर के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
- सूरत। गुजरात के सूरत शहर में 13 साल के एक लड़के की दम घुटने से मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब वह अपने घर में कथित तौर पर एक स्टंट कर रहा था और एक रस्सी उसकी गर्दन के आसपास फंस गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि लड़के के माता-पिता के अनुसार आठवीं कक्षा का छात्र स्टंट की वीडियो बनाता था और उन्हें सोशल मीडिया तथा वीडियो शेयरिंग ऐप टिकटॉक पर डालता था। सरथाना पुलिस थाने के इंस्पेक्टर एम के गुर्जर ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम की है जब लड़का शहर के सरथाना इलाके में अपने घर के बरामदे में एक दीवार के बड़े खूंटे से बंधी रस्सी से लटका पाया गया। अधिकारी ने बताया, ‘हमारा मानना है कि यह घटना शाम पांच बजे के आसपास की है जब परिवार के अन्य लोग घर पर नहीं थे। लड़के को शाम करीब साढ़े छह बजे रस्सी से लटके पाया गया जिसके बाद उसे नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।'' उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है और लड़के के माता-पिता ने भी पुष्टि की है लड़के की मौत स्टंट करने के कारण हुई है। पुलिस आत्महत्या के पहलू से भी जांच कर रही है क्योंकि उसके माता-पिता ने हाल ही में उसे मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से रोक दिया था। मृतक के दोस्तों और माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उसे गाना गाने, नाचने और स्टंट करने का शौक था। अधिकारी ने कहा, ऐसा हो सकता है कि रस्सी से कोई स्टंट करते हुए लड़के की मौत हुई। कुछ दिन पहले उसकी मां ने उसका मोबाइल फोन ले लिया था तो ऐसा भी हो सकता है कि उसने गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली हो।
- मुंबई । महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बृहस्पतिवार की सुबह सुरक्षा बलों के साथ मठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह मुठभेड़ सुबह करीब छह बजे धानोरा तालुका के तहत मोरचुल गांव के जंगल में हुई जब गढ़चिरौली पुलिस की विशेष लड़ाकू इकाई सी-60 कमांडों की टीम और अन्य सुरक्षाकर्मी इलाके की गश्त कर रहे थे। गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने बताया कि पुलिस को विशिष्ट सूचना मिली थी कि 25 नक्सलियों का समूह मोरचुल में जंगल में एकत्र हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम को देखकर, नक्सलियों ने उनपर गोलियां चलानी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद, विद्रोही घने जंगल में भाग गए। गोयल ने बताया कि बाद में इलाके की तलाश के दौरान पुलिस को दो नक्सलियों के शव मिले जिसमें एक महिला थी और अन्य नक्सल संबंधित सामग्रियां मिली। साथ ही बताया कि दो विद्रोहियों की पहचान अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम अब अपने अड्डे पर लौट रही है।-file photo
- फिरोजपुर (पंजाब)। फिरोजपुर रेल संभाग ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने कोविड-19 महामारी के कारण कम यात्रियों के चलते 16 अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी उन्होंने बताया कि रद्द की गयी ट्रेनों में अमृतसर-पठानकोट एक्सप्रेस, फजिल्का-बठिंडा डेमू, फिरोजपुर कैंट-फजिल्का एक्सप्रेस एवं जालंधर सिटी-फिरोजपुर कैंट शामिल हैं। संभागीय रेल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने बताया कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर ट्रेनों में कम यात्री हो गये हैं। फिरोजपुर रेल संभाग पंजाब, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के एक हिस्से में ट्रेन सेवाएं प्रदान करता है।_file photo
- नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने राज्यव्यापी लॉकडाउन की अवधि 25 मई तक बढाने की घोषणा की है। इस समय लॉकडाउन की अवधि 16 मई तक है। मुख्यमंत्री ने ट्वीटर पर कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में विचार-विमर्श के बाद यह फैसला किया गया है।नितिश कुमार ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कोरोना संक्रमित मामलों में कमी आई है। लॉकडाउन के दौरान टीकाकरण केन्द्र और बैंक खुले रहेंगे तथा आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक निगम बंद रहेंगे। सभी शैक्षणिक संस्थान, निजी और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहेंगे। सिनेमा हॉल, शॉपिंग माल, जिम, स्टेडियम तथा पार्क भी बंद रहेंगे। रेल और हवाई यातायात छोडकर सार्वजनिक परिवहन स्थगित रहेगा। आपातकालीन सेवाओं के लिए परिवहन की अनुमति रहेगी। राशन की दुकानें, डेयरी, सब्जी और मीट की दुकानें शहरी क्षेत्रों में सुबह छह बजे से दिन के दस बजे तक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक खुली रहेंगी। भवन निर्माण सामग्री और बीज, उर्वरक संबंधित दुकानें सप्ताह में दो दिन मंगलवार और गुरुवार को सुबह छह बजे से दिन के दस बजे तक खुली रहेंगी। रेस्तराओं से होम डिलिवरी सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक अनुमति होगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे घर से बाहर निकलने वालों लोगों की आवाजाही को कम कर होम डिलिवरी को प्रोत्साहन दें। सभी पूजा स्थल और धार्मिक समारोह पर भी प्रतिबंध रहेगा। शादी समारोह और अंतिम संस्कार में केवल बीस लोगों के शामिल होने की अनुमति है।उधर, महाराष्ट्र में भी पहले से लागू कड़े प्रतिबंध अगले 15 और दिनों के लिए पहली जून सुबह सात बजे तक बढा दिए गए हैं। सरकार ने कहा है कि राज्य में प्रवेश करने वाले सभी लोगों को आरटी-पीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी ताकि कोविड महामारी के फैलाव की श्रृंखला को तोड़ा जा सके। यह रिपोर्ट 48 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड कार्य समूह की सिफारिश के आधार पर कोविशील्ड वैक्सीन की दो खुराकों के बीच अंतर 6 से 8 सप्ताह से बढ़ाकर 12 से 16 सप्ताह कर दिया गया है।मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि डॉक्टर एन के अरोडा की अध्यक्षता में कोविड कार्य समूह ने कोविशील्ड के पहले और दूसरे टीके के बीच अंतर बढ़ाने की सिफारिश की है। इस समय कोविशील्ड के पहले और दूसरे टीके के बीच 6 से 8 सप्ताह का अंतर रखा जाता है। मंत्रालय ने कहा कि विशेष रूप से ब्रिटेन से उपलब्ध प्रमाणों के आधार कोविड कार्य समूह कोविशील्ड की पहल और दूसरे टीके के बीच अंतर बढ़ाकर 12 से 16 सप्ताह करने पर सहमत हुआ है।मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कोवैक्सीन के दोनों टीकों के बीच अंतराल में किसी परिवर्तन की सिफारिश नहीं की गई है। कोविड के लिए वैक्सीन प्रशासन संबंधी राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह -एनईजीवीएसी ने कोविड कार्य समूह की सिफारिश स्वीकार कर ली है। राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह के अध्यक्ष और नीति आयोग में स्वास्थ्य संबंधी मामलों के अध्यक्ष डॉक्टर वी के पॉल ने कल समूह की बैठक में यह फैसला किया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी कोविशील्ड के दोनों टीकों के बीच अंतर बढ़ाने के लिए कोविड कार्य समूह की सिफारिश स्वीकार कर ली है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 14 मई को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की आठवीं किस्त के रूप में 9.5 करोड़ लाभार्थी किसान परिवारों के लिए 19 हजार करोड़ रुपये की राशि जारी करेंगे।प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में पीएम-किसान सम्मान निधि की राशि जारी करेंगे और लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी उपस्थित रहेंगे। बयान में कहा गया, इस दौरान 9.5 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जाएगी। अब तक इस योजना के तहत, 1.15 लाख करोड़ रुपये किसान परिवारों के खातों में हस्तांरित किए जा चुके हैं।बाद में प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, देश के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए कल का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 8वीं किस्त जारी करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। इस अवसर पर अपने किसान भाई-बहनों के साथ संवाद भी करूंगा। ज्ञात हो कि इस योजना के अंतर्गत, कुछ अपवादों को छोड़कर, जोत वाले किसान परिवारों की आय में 6 हजार रूपये की सालाना सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना के तहत हर चार महीने पर दो- दो हजार रूपये की तीन किस्तें प्रदान की जाती हैं। यह धनराशि डीबीटी माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा कराई जाती है।
- बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर मदन कोठी के पास एक सांड़ से टकराने के बाद बाइक से गिरे तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार देर रात बहराइच - लखनऊ राजमार्ग पर एक मोटरसाइकिल से तीन व्यक्ति कहीं जा रहे थे। थाना फखरपुर अंतर्गत मदन कोठी के पास अचानक सामने आए एक सांड़ से टकराकर तीनों लोग बाइक से सड़क पर गिर गये। इसी बीच तीनों लोगों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि थाना राम गांव के जसमल पुर निवासी विक्रम (18) और थाना हरदी अंतर्गत चांद तारा गांव निवासी नानको (35) की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। रामगांव क्षेत्र के जसमल पुर गांव निवासी पिंटू वर्मा (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार घायल को महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और बाइक को टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की जांच की जा रही है।
- नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने कोविड-19 की चिंताजनक स्थिति के मद्देनजर जून में होने वाली सिविल सेवा की प्रारंभिक (प्रीलिम्स) परीक्षा गुरुवार को स्थगित कर दी। अब यह परीक्षा 10 अक्टूबर को होगी।आयोग हर साल तीन चरणों - प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार - में सिविल सेवा परीक्षा कराता है जिसमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी चुने जाते हैं। यूपीएससी ने एक बयान जारी कर कहा, कोरोना वायरस के कारण पैदा हुई परिस्थितियों के मद्देनजर संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2021 स्थगित कर दी है जो 27 जून 2021 को होनी थी। अब यह परीक्षा 10 अक्टूबर 2021 को आयोजित की जाएगी।
- नई दिल्ली। भारत के शीर्ष दवा नियामक ने भारत बायोटेक के कोविड-19 रोधी टीके कोवैक्सीन का दो से 18 साल तक के बच्चों को लगाने के लिए दूसरे/तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रायल को मंजूरी दे दी है।यह ट्रायल 525 स्वस्थ स्वयंसेवकों पर किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा, देश के राष्ट्रीय नियामक, ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने सावधानीपूर्वक जांच करने के बाद विषय विशेषज्ञता समिति (एसईसी) की सिफारिश को मंजूर कर लिया है और कोवैक्सीन (कोविड रोधी टीके) के निर्माता भारत बायोटेक लिमिटेड को 12 मई को दो से 18 वर्ष की आयु के लोगों पर इसके दूसरे/तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रायल को मंजूरी दे दी।हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक ने दो से 18 वर्ष की आयु वर्ग पर क्लिनिकल ट्रायल करने का प्रस्ताव दिया था। ट्रायल में टीके की दो खुराक 28 दिन के अंतराल में दी जाएगी। एसईसी ने कोविड-19 पर 11 मई को हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की। इससे पहले 24 फरवरी को एसईसी की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई और कंपनी को संशोधित क्लिनिकल ट्रायल प्रोटोकॉल देने को कहा गया। स्वदेश निर्मित कोवैक्सीन का उत्पादन भारत बायोटेक ने किया है। अभी 18 से 44 आयु वर्ग और 45 या उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों को यह टीका लगाया जा रहा है।
- नई दिल्ली। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने कहा कि सरकार म्यूकोरमिकोसिस के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली फंगस-रोधी दवा का उत्पादन बढ़ाने के लिए दवा निर्माताओं के साथ बातचीत कर रही है। गौरतलब है कि कोविड-19 बीमारी से उबर चुके या उबर रहे लोगों में ब्लैक फंगस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के साथ डॉक्टरों ने बीमारी से उबरने वाले लोगों में एक दुर्लभ संक्रमण म्यूकोरमिकोसिस होने की जानकारी दी है जिसे ब्लैक फंगस भी कहा जाता है। यह संक्रमण म्यूकोर मोल्ड के संपर्क में आने से आता है और यह साइनस, मस्तिष्क और फेफड़े को प्रभावित करता है तथा इससे जान भी जा सकती है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "कुछ राज्यों में अचानक से एम्फोटेरिसिन-बी की मांग में वृद्धि देखी गई है। चिकित्सक कोविड-19 बीमारी के बाद होने वाली म्यूकोरमिकोसिस से पीडि़त रोगियों के इलाज के लिए यह दवा लेने की सलाह देते हैं। इसलिए भारत सरकार दवा के उत्पादन को बढ़ाने के लिए निर्माताओं से बातचीत कर रही है। इस दवा के अतिरिक्त आयात और घरेलू स्तर पर इसके उत्पादन में वृद्धि के साथ आपूर्ति की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।"इसके कहा गया कि औषध विभाग ने निर्माताओं/आयातकों के साथ स्टॉक की स्थिति की समीक्षा करने के बाद और एम्फोटेरिसिन-बी की बढ़ती मांग को देखते हुए 11 मई, 2021 को अपेक्षित आपूर्ति के आधार पर राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को यह दवा आवंटित की जो 10 मई से 31 मई, 2021 के बीच उपलब्ध करायी जाएगी। बयान के अनुसार राज्यों से सरकारी और निजी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य सेवा एजेंसियों के बीच आपूर्ति के समान वितरण के लिए एक व्यवस्था लागू करने का भी अनुरोध किया गया है। राज्यों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे इस आवंटन से दवा प्राप्त करने के लिए राज्य में निजी और सरकारी अस्पतालों के लिए 'संपर्क बिंदु' का प्रचार करें। मंत्रालय ने कहा, "राष्ट्रीय औषध मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करेगा।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना फेस -2 क्षेत्र के भंगेल गांव में बुधवार को ढाई साल के मासूम बच्चे की उसके पड़ोस में रहने वाले 15 वर्षीय नाबालिग ने कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। मरने वाले बच्चे के परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने मासूम के साथ गलत काम करने की कोशिश की और मासूम के शोर मचाने पर उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने 15 साल के नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।पुलिस ने बताया कि मरने वाले बच्चे की पहचान अरुण के रूप में की गयी है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है और मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है । उन्होंने बताा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (फाइल फोटो)
- मुंबई। प्रसिद्ध धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में टप्पू की भूमिका अदा करने वाले अभिनेता भव्य गांधी ने बुधवार को बताया कि उनके पिता विनोद गांधी का कोविड-19 संबंधी जटिलताओं के कारण यहां अस्पताल में निधन हो गया। पेशे से कारोबारी विनोद गांधी नौ अप्रैल को संक्रमित पाए गए थे। उनका मंगलवार शाम को निधन हो गया।अभिनेता ने कहा कि उनके पिता का यहां कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उपचार चल रहा था।भव्य ने कहा,‘‘मेरे पिता का कोविड-19 संक्रमण का एक महीने से अधिक समय से उपचार चल रहा था। शुरुआत में, वह किसी और अस्पताल में थे, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका कल शाम चार बजे निधन हो गया।
- कन्नौज । उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक दारोगा ने बुधवार को अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर कथित रूप से खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि ठठिया थाना क्षेत्र के सुरसी चौकी प्रभारी शिव कुमार शुक्ला (32) ने शाम करीब छह बजे अपनी सर्विस रिवॉल्वर से कनपटी पर कथित रूप से गोली मार ली। उन्होंने बताया कि उन्हें गंभीर हालत में तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वर्मा ने बताया कि शुक्ला बाराबंकी के रहने वाले थे और छह माह पूर्व ही उनकी शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
- भरूच । गुजरात के भरूच जिले में बुधवार को एक ट्रक से टक्कर के बाद एक वैन खड्ड में गिर गयी, जिससे चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गयी और 10 लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब फैक्टरी में काम करने वाले 15 श्रमिक एक वैन से नटरंग से राजपिपला जा रहे थे। नटरंग थाने के उप निरीक्षक बी के पचानी ने बताया कि पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा, ‘‘फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिकों का एक समूह कार्य खत्म होने के बाद वैन से घर लौट रहा था। वंदरवेली गांव के पास ट्रक ने वैन में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के कारण वैन खड्ड में गिर गयी।'' उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान चंद्रिका वसावा (23), सोनिका वसावा (22), प्रवीण वसावा (18), ज्योत्सना वसावा (18) और तीरस वसावा (22) के तौर पर हुई। सभी लोग भरूच जिले के निवासी थे। अधिकारी ने बताया कि एक मामला दर्ज किया गया और अज्ञात ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।


.jpg)













.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)






.jpg)