- Home
- देश
- बेंगलुरु। कर्नाटक के चामराजनगर में जिला अस्पताल में कथित तौर पर ऑक्सीजन की कमी के चलते पिछले 24 घंटों में 24 मरीजों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कोविड-19 के 23 मरीज भी हैं।चामराजनगर जिला अस्पताल में मातम पसरा हुआ है जहां खबर सुनने के बाद मृतकों के परिजन रोते-बिलखते नजर आए। मृतकों के परिवारों ने अस्पताल में प्रदर्शन भी किया और आरोप लगाया कि यहां ऑक्सीजन की कमी थी और वहां नारेबाजी की। चामराजनगर जिला प्रभारी मंत्री एस सुरेश कुमार ने कहा कि उन्होंने घटना में जिला प्रशासन से मौत की ऑडिट रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। वह इस बात पर कायम रहे कि सभी मौतें ऑक्सीजन की कमी की वजह से नहीं हुई हैं।कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, "यह कहना सही नहीं होगा कि सभी 24 मौत ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई हैं। ये मौतें रविवार सुबह से आज सुबह तक हुई हैं। ऑक्सीजन की कमी रविवार देर रात 12:30 बजे से 2:30 के बीच हुई थी।"मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने भी जिला के उपायुक्त से घटना के बारे में सूचना प्राप्त की है। सुरेश कुमार ने कहा कि मौत की ऑडिट रिपोर्ट से पता चलेगा कि ये मरीज किस बीमारी से ग्रस्त थे, उन्हें कोई और गंभीर बीमारियां थी और उन्हें किसी स्थिति में अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा, "जितने भी लोगों की मौत हुई है जरूरी नहीं कि सभी की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई हो।" उन्होंने कहा कि 6 हजार लीटर तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन थी लेकिन ऑक्सीजन सिलेंडरों की जरूरत थी। कुमार ने कहा, "ये सिलेंडर मैसुरु से आने वाले थे लेकिन कुछ समस्या हो गई।"उन्होंने कहा कि उन्होंने यह स्थिति राज्य के मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के निजी सचिव और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रताप रेड्डी को भी समझाई जो राज्य में ऑक्सीजन आपूर्ति के प्रभारी हैं। कुमार ने कहा, "मैंने अधिकारियों को चामराजनगर जिले में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए स्थायी समाधान खोजने को भी कहा है। मैसुरू में जरूर ही समस्या है लेकिन मैसुरु से चामराजनगर और मांड्या में ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।" मरीजों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए, मंत्री ने कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए चामराजनगर जाएंगे।
- भोपाल/टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर का रविवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। बृजेन्द्र सिंह राठौर (63 वर्षीय) कोरोना वायरस से संक्रमित थे।मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राजीव सिंह ने बताया, ‘‘निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा सीट से पार्टी विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर का रविवार शाम को भोपाल के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।'' राजीव सिंह ने बताया कि राठौर कोरोना वायरस संक्रमित थे और उनका पहले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित एक अस्पताल में इलाज चला लेकिन, जब हालत गंभीर हो गई तो उन्हें वहां से करीब एक सप्ताह पहले एयर लिफ्ट कर भोपाल के एक निजी अस्पताल में लाया गया था। राजीव सिंह ने बताया कि राठौर की रविवार सुबह तबीयत और खराब हो गई व शाम को उनका निधन हो गया। पांच बार विधायक रहे बृजेन्द्र सिंह राठौर मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे।बृजेन्द्र सिंह राठौर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत टीकमगढ़ जिले के निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से की थी। उन्होंने वर्ष 1993 के चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर निवाड़ी से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। उसके बाद उन्होंने इसी सीट से वर्ष 1998 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में एवं 2003 में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की। परिसीमन के बाद पृथ्वीपुर सीट सृजित होने पर राठौर पृथ्वीपुर से 2008 के राज्य विधानसभा के लिए चुने गए, लेकिन 2013 के चुनाव में वह भाजपा की अनीता नायक से चुनाव हार गए थे। वह वर्ष 2018 के चुनाव में पृथ्वीपुर से फिर विधायक बने और तत्कालीन कमलनाथ की सरकार में मंत्री रहे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बृजेंद्र सिंह राठौर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में चौहान ने कहा, ‘‘बृजेंद्र सिंह राठौर सच्चे जन-सेवक एवं नेक इंसान थे। वे स्वस्थ एवं स्वच्छ राजनीति के पक्षधर थे। उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।'' उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा उनके परिवारजनों को इस असह्य दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के दुखद निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक व व्यथित करने वाला है। वे मेरे बेहद प्रिय थे, सहज, सरल व्यक्तित्व के धनी व पार्टी के प्रति बेहद निष्ठावान व समर्पित थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार व मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है।
- नयी दिल्ली। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने किसी वाहन के मालिक के पंजीकरण प्रमाणपत्र में किसी व्यक्ति को नामित करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में कुछ बदलाव अधिसूचित किए हैं। इस तरह के बदलाव से मोटर वाहन वाहन मालिक के मृत्यु की स्थिति में नामित व्यक्ति के नाम से मोटर वाहन पंजीकृत करने या हस्तांतरित करने में आसानी होगी। वाहन मालिक अब वाहन के पंजीकरण के समय नामित व्यक्ति का नाम डाल सकते हैं या बाद में ऑनलाइन आवेदन के जरिए भी ऐसा कर सकते हैं। पुरानी प्रक्रिया जटिल है और पूरे देश में अलग-अलग तरह की है। अधिसूचित नियमों के तहत नामित व्यक्ति का उल्लेख किए जाने की स्थिति में वाहन मालिक को उस व्यक्ति की पहचान का प्रमाण जमा करना होगा। अधिसूचना में कहा गया, ''वाहन मालिक की मौत की स्थिति में, वाहन मालिक ने पंजीकरण के समय जिस व्यक्ति को नामित किया है या फिर जो वाहन का उत्तराधिकारी बनता हो, जो भी स्थिति हो, वाहन मालिक की मृत्यु से तीन महीने की अविधि के लिए वाहन का इस तरह से इस्तेमाल कर सकता है जैसे कि वह वाहन उसे हस्तांतरित किया गया हो। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि नामित व्यक्ति ने वाहन मालिक की मृत्यु के 30 दिन के भीतर पंजीकरण प्राधिकरण को उसकी मृत्यु की जानकारी दे दी हो और बता दिया हो कि वाहन का वह अब खुद इस्तेमाल करेगा।'' इसमें यह भी कहा गया है कि नामित व्यक्ति या वाहन का मालिकाना हक हासिल करने वाला व्यक्ति वाहन मालिक की मृत्यु के तीन महीने के भीतर वाहन के मालिकाना हक के हस्तांतरण के लिए पंजीकरण प्राधिकरण के पास फॉर्म 31 में आवेदन देगा। साथ ही तलाक या संपत्ति के बंटवारे जैसी स्थितियों में वाहन मालिक नामित व्यक्ति से जुड़ा बदलाव करने के लिए एक सहमत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के साथ नामांकन में बदलाव कर सकता है।
- इंदौर । मध्यप्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में चिकित्सीय ऑक्सीजन की जल्द से जल्द आपूर्ति के लिए भारतीय वायु सेना का अभियान जारी है। इसके तहत रविवार को ऑक्सीजन के दो खाली टैंकरों को इंदौर से गुजरात के जामनगर पहुंचाया गया। स्थानीय देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की निदेशक अर्यमा सान्याल ने बताया, "वायुसेना के बड़े मालवाहक और परिवहन विमानों में शुमार सी-17 ने अलग-अलग फेरों में चिकित्सीय आक्सीजन के दो खाली टैंकरों को इंदौर से जामनगर पहुंचाया। इनकी क्षमता 30-30 टन की है।" प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि चिकित्सीय ऑक्सीजन टैंकर को सड़क मार्ग के जरिये इंदौर से जामनगर पहुंचने में आमतौर पर करीब 20 घंटे का समय लगता है, जबकि वायुसेना के विमान से यह गैस वाहन घंटे भर में वहां पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जामनगर के एक संयंत्र से चिकित्सीय ऑक्सीजन भरवाने के बाद टैंकर सड़क मार्ग से इंदौर लौट रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि ऑक्सीजन से भरे टैंकर की ढुलाई सैन्य विमानों से नहीं की जाती क्योंकि इस गैस को ज्वलनशील माना जाता है और इससे जहाज को खतरा हो सकता है। इंदौर में महामारी के खिलाफ वायुसेना की मुहिम 23 अप्रैल से ऐसे वक्त शुरू हुई, जब जिले में चिकित्सीय ऑक्सीजन की कमी से मरीज परेशान हो रहे हैं और कई लोगों को खुद सिलेंडर लेकर इस जीवनरक्षक गैस का इंतजाम करते देखा जा सकता है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक करीब 35 लाख की आबादी वाले जिले में 24 मार्च 2020 से लेकर अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 1,14,493 मरीज मिले हैं। इनमें से 1,155 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
- चंडीगढ़। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेता पवन जिंदल के छोटे बेटे और उसके एक मित्र की गुड़गांव में रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। गुड़गांव के डीएलएफ फेज-2 थाने के सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण ने बताया कि हरियाणा में आरएसएस के नेता पवन जिंदल के पुत्र गौरव जिंदल (35) और उनके मित्र सावन (37) बीएमडब्ल्यू कार से यात्रा कर रहे थे, जो आज तड़के दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। उन्होंने फोन पर बताया, ‘‘कार में दो लोग गौरव जिंदल और सावन सवार थे। हम जांच कर रहे हैं कि दुर्घटना कैसे हुई, लेकिन कार खंभे से टकराने के बाद कई बार पलटी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।'' उन्होंने कहा कि दुर्घटना गोल्फ कोर्स रोड पर डीएलएफ फेज-2 रैपिड मेट्रो स्टेशन के मेट्रो अंडरपास के पास हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी वहां पहुंच गए।पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘गौरव जिंदल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं सावन को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'' उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्विटर के माध्यम से आरएसएस नेता पवन जिंदल के पुत्र की कार दुर्घटना में मौत पर शोक जताया।
- नई दिल्ली। ओडिसा में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण 14 दिन के राज्यव्यापी लॉकडाउन का फैसला किया गया है। लॉकडाउन बुधवार 5 मई से लागू होगा। राज्य के मुख्य सचिव सुरेश चंद्र मोहपात्र ने संवाददाताओं को बताया कि लॉकडाउन 19 मई सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। सप्ताहांत प्रतिबंध भी पहले की तरह जारी रहेंगे।वायरस के नये और अत्यधिक संक्रामक रूप के कारण रात्रि कफ्र्यू, सप्ताहांत बंदी और लॉकडाउन का दौर एक बार फिर लौट आया है। कोरोना की पहली लहर में जहां रोजाना चार से पांच हजार लोग संक्रमित हो रहे थे वहीं अब दैनिक संक्रमित लोगों की संख्या आठ से दस हजार तक पहुंच गई है। लॉकडाउन के दौरान सभी दिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक लोगों को अपने निवास के दायरे में पांच सौ मीटर तक गलियों और नुक्कड़ तक जाने की छूट होगी ताकि खाने-पीने की चीजें खरीदी जा सकें।
- नयी दिल्ली। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के पास 78 लाख से अधिक कोविड-19 रोधी टीके है तथा अगले तीन दिनों में 56 लाख से अधिक और टीके मिलेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। भारत सरकार ने अभी तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को करीब 16.54 करोड़ टीके निशुल्क उपलब्ध कराए हैं। इनमें से खराब हो चुके टीके समेत 15,76,32,631 टीकों की खपत हो चुकी है। कोविड-19 रोधी टीकाकरण का तीसरा चरण शनिवार को शुरू हुआ था। मंत्रालय ने कहा, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 78 लाख (78,60,779) से अधिक कोविड-19 रोधी टीके हैं। उन्हें अगले तीन दिनों में 56 लाख से अधिक और टीके मिलेंगे।File photo
- सिद्धार्थनगर । उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में रिश्तों और इंसानियत पर कोविड-19 का डर भारी पड़ गया। इस संक्रमण के कारण मृत एक व्यक्ति के शव का परिजन और अन्य ग्रामीणों द्वारा 18 घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं किए जाने पर पुलिस ने मानवीयता दिखाते हुए अंत्येष्टि की। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने रविवार को बताया कि यह मामला जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मल्हवार गांव का है, जहां कई दिन से बीमार 35 वर्षीय चंद्रशेखर चतुर्वेदी की 30 अप्रैल की रात नौ बजे मृत्यु हो गई, लेकिन कोरोना के डर के चलते 18 घंटे बीत जाने के बाद भी परिजनों के साथ-साथ गांव का कोई भी व्यक्ति शव को छूने या कंधा देने के लिए तैयार नहीं था। उन्होंने बताया कि शनिवार को इसकी जानकारी जब पुलिस को हुई तो आनन फानन में त्रिलोकपुर थाना प्रभारी रणधीर कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और पुलिसकर्मियों ने शव को कंधा देकर धार्मिक रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कराया।
- नई दिल्ली। रेलवे ने 19 अप्रैल के बाद से अब तक देश भर में 813 टन मेडिकल ऑक्सीजन की ढुलाई की है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सुनीत शर्मा ने शनिवार को यह जानकारी दी। शर्मा ने कहा कि 14 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने अपनी यात्रा पूरी कर ली है जबकि 18 टैंकर में 342 टन मेडिकल ऑक्सीजन लेकर पांच और ऐसी ट्रेन सफर में हैं।उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिल्ली के लिए छह ऑक्सीजन टैंकर, तेलंगाना के लिए पांच, उत्तर प्रदेश के लिए तीन और मध्य प्रदेश एवं हरियाणा के लिए दो-दो टैंकर रास्ते में हैं। शनिवार को पहली और दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन पांच टैंकर में 79 टन मेडिकल ऑक्सीजन लेकर हरियाणा पहुंचीं। इसके अलावा, तीसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस ओडिशा के अंगुल से दो टैंकर में 30.6 टन ऑक्सीजन लेकर हरियाणा के लिए रवाना हो चुकी है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार को बोकारो से 70.77 टन ऑक्सीजन लेकर जबलपुर और सागर पहुंची। तीसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस 22.19 टन मेडिकल ऑक्सीजन लेकर राउरकेला से रवाना हो चुकी है जो शनिवार रात तक जबलपुर पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को आठवीं ऑकसीजन एक्सप्रेस के जरिए बोकारो से 44.88 टन मेडिकल ऑक्सीजन प्राप्त होगी। शर्मा ने कहा कि दिल्ली को जल्द ही दुर्गापुर से छह टैंकरों में लाई जा रही 120 टन ऑक्सीजन प्राप्त होगी। उन्होंने कहा, '' अब तक भारतीय रेलवे 813 टन से अधिक मेडिकल ऑक्सीजन की ढुलाई कर चुका है, जिसमें महाराष्ट्र को 174 टन, उत्तर प्रदेश को 355 टन, मध्य प्रदेश को 134.77 टन, दिल्ली को 70 टन और हरियाणा को 79 टन ऑक्सीजन शामिल है।
- नई दिल्ली। स्पाइसहेल्थ ने शनिवार को कहा कि उसने दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई के जांच केंद्रों में आरटी-पीसीआर परीक्षण शुरू किए हैं और इसके लिए पहले से समय लेना जरूरी नहीं है। स्पाइसहेल्थ की प्रयोगशालाएं अभी तक इन शहरों में घर से लिए गए गए नमूनों का आरटी-पीसीआर परीक्षण कर रही थीं। आरटी-पीसीआर परीक्षण से पता चलता है कि कोई व्यक्ति कोविड-19 से संक्रमित है या नहीं। स्पाइसहेल्थ ने एक विज्ञप्ति में कहा कि दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर आरटी-पीसीआर परीक्षण की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें आजादपुर मंडी, द्वारका और रोहिणी शामिल हैं।
- नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि इथेनॉल उत्पादन के लिए डिस्टिलरी को एफसीआई द्वारा दिए जाने वाले चावल की दर चालू वित्त वर्ष के दौरान 2,000 रुपये प्रति क्विंटल पर बनी रहेगी। सरकार ने 2022 तक पेट्रोल के साथ 10 प्रतिशत इथेनॉल और 2025 तक 20 प्रतिशत इथेनॉल के मिश्रण का लक्ष्य रखा है।शनिवार को एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस फैसले का मकसद कृषि अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना, आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता को कम करना, कच्चे तेल के आयात बिल पर विदेशी मुद्रा की बचत करना और वायु प्रदूषण कम करना है। इथेनॉल उत्पादन बढ़ाने के लिए केंद्र ने एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) के पास उपलब्ध मक्का और चावल के उपयोग की अनुमति दी है। सरकार ने कहा है कि एफसीआई के पास उपलब्ध चावल आगामी वर्षों के दौरान डिस्टिलरी को उपलब्ध कराया जाएगा। बयान में कहा गया, ''सरकार ने इथेनॉल उत्पादन के लिए वित्त 2021-22 के दौरान एफसीआई चावल की कीमत 2,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बनाए रखने का फैसला किया है।'' इससे उद्योग को कच्चे माल की कीमत में स्थिरता और उसकी उपलब्धता का भरोसा होगा।सरकार ने मक्का से बने इथेनॉल की कीमत 51.55 रुपये प्रति लीटर तय की है, जबकि एफसीआई के चावल से बने इथेनॉल की कीमत 56.87 रुपये प्रति लीटर है।
- नई दिल्ली। सरकार ने शनिवार को व्यक्तिगत उपयोग के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के आयात पर एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) को 28 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत कर दिया। यह कटौती 30 जून तक के लिए की गई है।केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने ट्वीट किया, ''निजी उपयोग के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के आयात पर आईजीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया है।'' व्यक्तिगत उपयोग के लिए कंसंट्रेटर के आयात पर आईजीएसटी की ताजा दर 30 जून तक लागू रहेगी। सरकार ने पिछले महीने चिकित्सा कार्यों में उपयोगी ऑक्सीजन, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और संबंधित उपकरणों के आयात पर सीमा शुल्क माफ कर दिया था।
- नई दिल्ली। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय पदधिकारियों की शनिवार को घोषणा कर दी गई। इस नई टीम में सात उपाध्यक्ष, तीन महासचिव ओर सात सचिव नियुक्त किए गए हैं। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर ने एक विज्ञप्ति जारी कर नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से ताल्लुक रखने वाले मनोज यादव को मोर्चा का राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। शंभु कुमार, अनिल सुखदेवराव बोंडे और बाबूभाई जेबनिया को महासचिव बनाया गया है जबकि प्राण कुमार दास, बंशीलाल गुर्जर, एस सुरेश रेड्डी, एड एस जयसूर्यन , जगन्नाथ ठाकुर, सरबजीत कौर बाथ और मुकेश मान को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
- कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव एक कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।पुलिस ने शनिवार को कुएं से युवक का शव बरामद किया है और मामले में परिजनों की तहरीर पर गांव के ही तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के बिरौली गांव निवासी रजनीश (22) शुक्रवार की शाम साइकिल लेकर घर से कहीं जाने के लिए निकला, लेकिन फिर वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि शनिवार को ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक कुएं के पास उसकी साइकिल पड़ी देखी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को कुएं में एक शव उतराता दिखाई पड़ा। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव कुएं से बाहर निकलवाया। अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है और उनमें से दो को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
- बहराइच (उप्र)) जिले के रूपईडीहा थानांतर्गत बंजरिया गांव में एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ कुएं में कूदकर शुक्रवार को कथित रूप से आत्महत्या कर ली ।नानपारा मंडल के उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) जंग बहादुर यादव ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि बंजरिया निवासी कौशल्या (28) अपनी बेटियों रागिनी (पांच) एवं प्रियंका (तीन) को साथ लेकर गांव में स्थित कुएं में कूद गई। पुलिस ने तीनों शव कुएं से बाहर निकलवाए। डीएसपी ने बताया कि घटना के संबंध में कौशल्या की मां कामिनी देवी की तहरीर पर मृतका के पति के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। यादव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- गोरखपुर (उप्र) ।गोरखपुर जिले के गुलरिहा थानाक्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को यहां बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज (बीआरडी मेडिकल कॉलेज) में कोरोना वायरस के एक मरीज को भर्ती करने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में एक वार्ड बॉय को गिरफ्तार किया है और उसके पास से दो हजार रुपये भी बरामद किये। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द के दिलीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को अपनी संक्रमित मां को बीआरडी मेडिकल कालेज में बेड दिलाने के लिए प्रयास किया तभी उसे पिपराइच थाना क्षेत्र के आरोपी प्रदीप चौहान ने भर्ती कराने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग की। दिलीप सिंह ने उसे अग्रिम तौर पर दो हजार रुपये दिये लेकिन कई घंटे बाद भी उसकी मां अस्पताल में भर्ती नहीं हो पाई। उसके बाद दिलीप सिंह ने थाना में शिकायत की । पुलिस ने आरोपी प्रदीप चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और लोक सेवक द्वारा अवज्ञा, भ्रष्टाचार अधिनियम आदि सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। गुलरिहा थाना प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने आरोपी प्रदीप चौहान को मेडिकल कालेज गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से दो हजार रुपये बरामद किये।
- नयी दिल्ली। वायु सेना ने शनिवार को हवाई मार्ग के जरिए सिंगापुर से तीन खाली ऑक्सीजन कंटेनर पश्चिम बंगाल के पानागढ़ वायु सेना अड्डे पर पहुंचाए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया, आज, वायु सेना ने सिंगापुर से तीन खाली क्रायोजनिक ऑक्सीजन कंटेनर पानागढ़ लाने के लिए आईएल-76 मालवाहक विमान को तैनात किया।
- प्रतापगढ़ (उप्र)। जिले के थाना कोहड़ौर क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक सवार लोगों ने चुनावी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने शनिवार को बताया कि थाना कोहड़ौर क्षेत्र के शिवपुर गाँव निवासी अरविन्द दुबे (30) अपने एक संबंधी को बीती रात प्रयागराज पहुंचाकर घर लौट रहे थे कि अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर मकूनपुर पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार लोगों ने उनको गोली मार दी। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने कहा कि परिजनों ने चुनावी रंजिश की वजह से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
- नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने कोविड-19 रोधी विभिन्न उपायों के वास्ते 2021-22 के लिए राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) से केंद्र के हिस्से की पहली किस्त के तौर पर 8,873.6 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इन उपायों में अस्पतालों के निर्माण के साथ ही ऑक्सीजन उत्पादन के लिए संयंत्र स्थापित करना भी शामिल है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि विशेष वितरण के तौर पर वित्त मंत्रालय के अधीन व्यय विभाग ने उसकी अनुशंसा पर सामान्य कार्यक्रम से पहले यह राशि जारी कर दी है। आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्यों को 8,873.6 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।सामान्य तौर पर, इस कोष की पहली किस्त वित्त आयोग की अनुशंसाओं के मुताबिक जून में जारी की जाती है।हालांकि, सामान्य प्रक्रिया में राहत देते हुए, न सिर्फ एसडीआरएफ की किस्त समय से पहले जारी की गई है, बल्कि पिछले वित्त वर्ष में राज्यों को उपलब्ध कराई गई राशि के उपयोग प्रमाण-पत्र की प्रतीक्षा किए बिना ही राशि जारी कर दी गई है। बयान में कहा गया कि जारी की गई राशि का आधा हिस्सा यानी 4,436.8 करोड़ रुपये का इस्तेमाल राज्य कोविड-19 रोकथाम उपायों के लिए कर सकते हैं। इसमें कहा गया कि एसडीआरएफ से जारी की गई निधि का उपयोग राज्य, अस्पतालों में ऑक्सीजन उत्पादन एवं भंडारण संयंत्रों में आने वाले खर्च में, वेंटिलेटर, एयर प्यूरिफाइर, एंबुलेंस सेवाएं मजबूत करने, कोविड-19 अस्पताल, कोविड-19 देखभाल केंद्र, थर्मल स्कैनर, निजी सुरक्षात्मक उपकरण, चिकित्सीय उपयोग की वस्तुओं, जांच प्रयोगशालाएं, जांच किट, निषिद्ध क्षेत्रों आदि के लिए कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली । बीकानेर कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तथा पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बहनोई परमात्मा सिंह का कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि 82 वर्षीय सिंह का शुक्रवार रात निधन हो गया। उन्होंने बताया कि वह पिछले 10 दिनों से कोविड-19 से संक्रमित थे और दिल्ली के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को गाजियाबाद के हिंडन श्मशान घाट पर कर दिया गया और उनके पुत्र निशांत सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। परमात्मा सिंह दिल्ली के पूसा इंस्टीट्यूट में लंबे समय तक अर्थशास्त्र के प्रोफेसर भी रहे। वह पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत चंद्रशेखर की सबसे छोटी बहन शकुन्तला सिंह के पति थे।
- तिरूवनंतपुरम/चेन्नई। केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को कोविड-19 दिशानिर्देशों के तहत मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजनीतिक दलों को परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनकी कैबिनेट के 11 सदस्य, विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओम्मन चांडी, भाजपा के राज्य इकाई के प्रमुख के. सुरेंद्रन, ‘मेट्रोमैन' ई. श्रीधरन और पूर्व केंद्रीय मंत्री के जे अलफोंस सहित 957 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी एक्जिट पोल और चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए जीत का अनुमान जताया गया है लेकिन विपक्षी यूडीएफ ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। तमिलनाडु में अभिनेता-नेता कमल हासन के मक्कल निधी मैयम सहित चार गठबंधन मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक और मुख्य विपक्षी द्रमुक के बीच है। मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी, उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम, द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन, उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन, अम्मा मक्काल मुनेत्र कझगम के प्रमुख टीटीवी दिनाकरण, एमएनएम के हसन और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख एल. मुरूगन सहित करीब 4000 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव 234 विधानसभा सीटों पर हुए। इसके अलावा कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी हुआ था, जहां कांग्रेस के विजय वसंत और भाजपा के पोन राधाकृष्णन के बीच मुख्य मुकाबला है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी नीत ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। एक्जिट पोल में रंगास्वामी नीत मोर्चे की जीत की संभावना जताई गई है। केंद्र शासित प्रदेश में वोटों की गिनती के लिए 1382 कर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि करीब 400 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात होंगे। अधिकारियों ने कहा कि वोटों की गिनती निर्वाचन आयोग के सख्त दिशानिर्देशों के मुताबिक होगी ताकि कोरोना वायरस के प्रसार को रोका जा सके। इसमें एजेंट के लिए आरटी-पीसीआर की जांच भी शामिल है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क (सीबीआईसी) बोर्ड के मुताबिक भारत को शनिवार को रूस से स्पूतनिक वी वैक्सीन की पहली खेप मिली। सीबीआईसी ने एक ट्वीट में कहा कि हैदराबाद सीमा शुल्क ने रूस से आयातित कोविड-19 वैक्सीन की खेप की निकासी की प्रक्रिया तेजी से निपटायी। सीबीआईसी ने ट्वीट किया, ‘‘हैदराबाद सीमा शुल्क ने रूस से आयातित स्पूतनिक वी वैक्सीन को शीघ्र निकासी की सुविधा दी।'' इस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट में कहा, ‘‘हैदराबाद सीमा शुल्क, समय पर समुचित कार्य। वक्त की मांग है ये।'' सरकार ने पिछले महीने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रकोप को रोकने के लिए आयातित टीकों के आपातकालीन उपयोग की अनुमति दी थी और उनके आयात पर सीमा शुल्क को माफ कर दिया था। सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के टीकाकरण की अनुमति भी दी है।रूस ने 11 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस की वैक्सीन स्पूतनिक वी को मंजूरी दी थी। इसके बाद सितंबर में डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज और रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) ने स्पुतनिक वी के चिकित्सकीय परीक्षण के लिए एक समझौता किया था। डॉ रेड्डीज को रुसी वैक्सीन के नियंत्रित आपातकालिक उपयोग की अनुमति पहले ही मिल चुकी है। शनिवार को भारत में कोविड19 संक्रमण के 4.01 लाख नए मामले सामने आए जो एक रिकार्ड है। इसके साथ 3,523 लोगों की कोराना से मौत की भी सूचना है।
- इंदौर (मध्यप्रदेश) । कोविड-19 के प्रकोप के चलते यात्रियों की तादाद में बड़ी कमी को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल से होकर चलने वाली 44 ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक निरस्त कर दिया है। रेलवे के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि महामारी के प्रकोप से यात्रियों की तादाद में बड़ी गिरावट के चलते मुंबई, दिल्ली, लिंगमपल्ली, नागपुर, गांधीनगर, अमृतसर, पुरी और अन्य शहरों से रतलाम मंडल में आने-जाने वाली 44 ट्रेनों को निरस्त किया गया है। जनसंपर्क अधिकारी ने यह भी बताया कि रतलाम मंडल में चलने वाली चार यात्री रेलगाड़ियों के फेरों में कटौती की गई है। उनमें इंदौर-उदयपुर स्पेशल एक्सप्रेस (अप और डाउन) और इंदौर-मुंबई सेंट्रल स्पेशल एक्सप्रेस (अप और डाउन) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेनें निरस्त करने और इनके फेरों में कटौती का उक्त निर्णय पश्चिम रेलवे के अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
- बुलंदशहर, उप्र। जिले के डिबाई थाना क्षेत्र में दिल्ली-बदायूं राजमार्ग पर बीती रात गांव सब्दलपुर के पास एक वैन और बस के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में वैन में सवार दो महिलाओं सहित छह लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। डिबाई थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि हादसे की चपेट में आए सभी लोग खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर के निवासी थे जो संभल से एक मातम कार्यक्रम से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में रामवती, भूदेवी, प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह, रोहित और वैन चालक कालू शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल विमला देवी को हायर सेंटर रेफर किया गया और पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
- बलिया। जिले में फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर गांव में 22 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर नशे में धुत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को युवक का शव बरामद कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि माल्देपुर गांव निवासी मनजीत बिंद शुक्रवार रात एक तिलक कार्यक्रम में शामिल होकर नशे में धुत होकर घर लौटा तथा अपने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बारे में पता तब चला जब आज सुबह उसके पिता उसे जगाने पहुँचे। थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि युवक अविवाहित था और पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।


.jpg)







.jpg)
.jpg)
.jpg)









.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)