- Home
- देश
- कौशांबी । कौशांबी जिले के कड़ा धाम थाना क्षेत्र में शनिवार को लॉकडाउन के दौरान गंगा नदी में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में जाने से डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों युवकों के शव बरामद किए। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना कडाधाम क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी मोहम्मद रजा (25) मोहम्मद रज्जन (18) व मोहम्मद साहिल (21) अपने साथियों के साथ दोपहर कड़ा धाम गंगा नदी के हनुमान घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में जाने के कारण डूब गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से तीनों के शव बरामद किए। थानाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाएंगे।---file photo
- नयी दिल्ली। प्रख्यात सितारवादक पंडित देवब्रत चौधरी का कोविड-19 संबंधी जटिलताओं के कारण शनिवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे प्रतीक चौधरी ने यह जानकारी दी। वह 85 वर्ष के थे।प्रतीक ने देबू चौधरी के नाम से प्रसिद्ध, अपने पिता के निधन की जानकारी अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर दी। उन्होंने लिखा, मेरे पिता, सितार के दिग्गज, पंडित देबू चौधरी...नहीं रहे। उन्हें कोविड के साथ ही मनोभ्रंश की जटिलताओं के साथ भर्ती कराया गया और उन्हें आज (एक मई, 2021) मध्यरात्रि के आस-पास आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था..जिसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें बचाया नहीं जा सका....सभी प्रयासों और प्रार्थनाओं के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।” सितारवादक के परिवार में उनके बेटे प्रतीक, बहू रूना और पोती रयाना तथा पोता अधिराज हैं।उनकी नाजुक स्थिति को लेकर संकट का एक संदेश (एसओएस) ट्विटर पर पोस्ट किया गया था। उनके प्रशंसकों के संदेश के बाद, चौधरी को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें आईसीयू में रखा गया लेकिन उनकी स्थिति बिगड़ गई। भारत के प्रख्यात सितारवादकों में से एक, चौधरी संगीत के सेनिया घराना से थे। उन्हें पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में शनिवार की सुबह गर्म रही जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने शाम तक हल्की बारिश या आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही बूंदाबादी का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 41 प्रतिशत दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक शहर में वायु गुणवत्ता ‘खराब' श्रेणी में रही जहां सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 258 दर्ज किया गया।
- हमीरपुर (उप्र)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तिपहिया वाहन को टक्कर मार दी जिससे इसमें सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि यह हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे सुमेरपुर थाना क्षेत्र में चंदपुरवा गेट के पास हुआ जिसमें तपहिया सवार मजदूर सोनू कुशवाहा (27), हरिप्रसाद यादव (26) और मनोज उर्फ जुम्मी शिवहरे (23) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में रोहित यादव (22), इमरान खान (23), सुनील यादव (26), बबलू कुशवाहा (27), सुरेश सोनकर (24) और अंकित सोनकर (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। सिंह ने कहा कि इंगोहटा गांव निवासी मजदूर रात में ऑटो में सवार होकर सुमेरपुर कस्बे की एक इस्पात फैक्टरी में काम करने जा रहे थे कि रास्ते में हादसा हो गया। अधिकारी ने कहा कि मृत मजदूरों के शवों का आज पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और साथ ही घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
भरूच। गुजरात के भरूच में एक अस्पताल में शुक्रवार देर रात आग लगने से कोरोना वायरस के कम से कम 18 मरीजों की मौत हो गई।
हादसे की दिल दहला देने वाली तस्वीरों में कुछ मरीजों के शव तक स्ट्रेचरों और बेड पर झुलसते हुए नजर आए। एक अधिकारी ने बताया कि चार मंजिला वेलफेयर अस्पताल में देर रात एक बजे हुए इस हादसे के वक्त करीब 50 अन्य मरीज भी थे जिन्हें स्थानीय लोगों एवं दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "सुबह साढ़े छह बजे की सूचना के मुताबिक, हादसे में मृतक संख्या 18 है। आग लगने के तुरंत बाद, हमें 12 मरीजों के मौत की पुष्टि की गई थी।"भरूच के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेंद्र सिंह चुड़ासमा ने बताया कि कोविड-19 वार्ड में 12 मरीजों की मौत आग और उससे निकले धुएं की वजह से हुई। यह स्पष्ट नहीं है कि शेष छह मरीजों की मौत भी अस्पताल के भीतर ही हुई या उनकी मौत दूसरे अस्पतालों में ले जाने के दौरान हुई। कोविड-19 के इलाज के लिए निर्धारित यह अस्पताल राजधानी अहमदाबाद से करीब 190 किलोमीटर दूर भरूच-जंबूसार राजमार्ग पर स्थित है और इसका संचालन एक न्यास करता है। अधिकारी ने कहा कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दमकल के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर एक घंटे के भीतर काबू पा लिया गया और करीब 50 मरीजों को स्थानीय लोगों एवं दमकल कर्मियों की मदद से सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने बताया कि इन मरीजों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आग की इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने ट्वीट में कहा है कि उन्हें अग्निकांड में लोगों की मौत होने से बहुत दुख हुआ है। - नई दिल्ली। बिहार के सीवान से सांसद रह चुके आर जे डी नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन का कोरोना से निधन हो गया। वे दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद थे । कोरोना से संक्रमित होने के बाद हालत गम्भीर होने पर दिल्ली के एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। आरजेडी के बाहुबली नेता माने जाने वाले शहाबुद्दीन हत्या के संगीन मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे थे। तिहाड़ जेल के डीजी ने उनके निधन की पुष्टि कर दी है।तिहाड़ जेल प्रशासन को शहाबुद्दीन के कोरोना संक्रमित होने का पता तब लगा जब, 20 अप्रैल को उसकी हालत अचानक बिगडऩे लगी। जिस तरह के उसके शरीर में लक्षण नजर आए, उसके मद्देनजर कोरोना संक्रमण की जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही शहाबुद्दीन को तुरंत तिहाड़ जेल के चिकित्सकों की निगरानी में दे दिया गया। इसके बाद भी शहाबुद्दीन की हालत नहीं सुधरी और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट करना पड़ा। कल से ही उनकी तबीयत और बिगडऩे लगी और आज शहाबुद्दीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
- जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने झुंझुनू में अतिरिक्त जिला जज (एडीजे) न्यायालय, चिड़ावा के लोक अभियोजक व टाईपिस्ट (निजी व्यक्ति) को 55 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके विरूद्ध थाना चिड़ावा में दर्ज मामले में मदद करने व मुलजिम कम करने की एवज में एडीजे न्यायालय चिड़ावा के लोक अभियोजक (पीपी) मोहम्मद खादिम व पुलिस थाना चिड़ावा के कांस्टेबल (रीडर) अनिल कुमार द्वारा 55 हजार रुपये की राशि रिश्वत मांगकर परेशान किया जा रहा है।ब्यूरो की टीम ने शिकायत का सत्यापन कर शुक्रवार को ट्रेप कार्रवाई की। इसमें आरोपी लोक अभियोजक मोहम्मद खादिम द्वारा रिश्वत के 55 हजार रूपये जितेन्द्र कुमार टाइपिस्ट (निजी व्यक्ति) को दिलवाने पर दोनों को मौके पर रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस मामले में चिड़ावा के थानाधिकारी लक्ष्मीनारायण (पुलिस निरीक्षक) व कांस्टेबल (रीडर) अनिल कुमार, एसीबी की कार्रवाई की भनक लगने पर मौके से फरार हो गये जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के निवास व अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है। एसीबी मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे जांच करेगी।
- नई दिल्ली। बिहार सरकार ने उन सरकारी अधिकारियों को विशेष पारिवारिक पेंशन देने का फैसला किया है जिनकी राज्य में कोविड संक्रमण से मृत्यु हो गई थी। यह निर्णय शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। हाल ही में राज्य में कोविड संक्रमण से कई सरकारी अधिकारियों की मृत्यु हो गई थी।
- नई दिल्ली। दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। शुक्रवार को अपने एक ट्वीट में श्री बैजल ने कहा है कि उनके हल्के लक्षण हैं और लक्षणों की शुरूआत के बाद वे घर पर ही पृथकवास में हैं। उन्होंने कहा है कि मेरे संपर्क में आए सभी लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। उप-राज्यपाल ने कहा है कि दिल्ली में अपने निवास से ही स्थिति पर नजर रखेंगे तथा कार्य करना जारी रखेंगे।
- नई दिल्ली। मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना की मौत हो गई है। लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर काम कर रहे थे। उन्हें शुक्रवार को सुबह हार्ट अटैक आया, जिसमें उनकी मौत हो गई। वे कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। हार्ट अटैक के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन बचाया नहीं जा सका। वे 43 वर्ष के थे।लंबे समय से टीवी मीडिया का चेहरा रहे रोहित सरदाना इन दिनों 'आज तक' न्यूज चैनल प्रसारित होने वाले शो 'दंगल' की एंकरिंग करते थे। 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।गृहमंत्री अमित शाह ने टेलीविजन पत्रकार रोहित सरदाना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री शाह ने एक ट्वीट में कहा कि राष्ट्र ने एक निर्भीक और बहादुर पत्रकार को खो दिया है, जो हमेशा निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिये तत्पर रहा। गृहमंत्री ने रोहित के परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
- नई दिल्ली। पूर्व एटॉर्नी जनरल और पद्मविभूषण से सम्मानित सोली सोराबजी का आज निधन हो गया। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उन्हें दक्षिण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 91 वर्षीय सोली सोराबजी विधि क्षेत्र में अपने लंबे और उल्लेखनीय कॅरिअर में कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जाने-माने न्यायविद् सोली सोराबजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री कोविंद ने एक ट्वीट में कहा कि हमने भारतीय न्यायिक प्रणाली की एक विलक्षण प्रतिभा को खो दिया है। उन्होंने कहा कि सोली सोराबजी उन गिने चुने लोगों में थे जिन्होंने संवैधानिक कानून और न्यायिक प्रणाली पर गहरा असर डाला। राष्ट्रपति कोविंद ने सोली सोराबजी के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने पूर्व एटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि सोली सोराबजी मानवाधिकारों के प्रबल समर्थक थे और उन्होंने अपने कार्यो से देश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाई। उन्होंने कहा कि सोली सोराबजी स्वयं में ही एक संस्था और समर्थ विधिवेत्ता थे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनके निधन से न्यायिक प्रणाली की अपूरणीय क्षति हुई है। श्री नायडू ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जाने-माने न्यायविद सोली सोराबजी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा है कि सोली सोराबजी एक उत्कृष्ट अधिवक्ता और बुद्धिजीवी थे। उन्होंने कहा कि सोली सोराबजी ने कानून के जरिए गरीबों और वंचित लोगों की मदद की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के अटार्नी जनरल के रूप में उनके विशेष कार्यकाल को याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।
- नई दिल्ली। केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को को आदेश दिया कि जिन जिलों में कोविड-19 के ज्यादा मामले हैं, वहां वायरस के प्रचार को रोकने के लिये गहन और स्थानीय निरूद्ध क्षेत्र बनाने जैसे उपाय किए जाएं । गृह मंत्रालय ने महामारी को देखते हुए मई महीने के लिए जारी नए दिशा-निर्देश में देश में कहीं भी लॉकडाउन लगाने के बारे में कुछ नहीं कहा है। इसने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि उन जिलों की पहचान करें जहां या तो कोविड-19 संक्रमण की दर दस फीसदी से अधिक है या जहां पिछले एक हफ्ते में बिस्तर भरने की दर 60 फीसदी से अधिक है।गृह मंत्रालय ने कहा कि इनमें से किसी भी मानक को पूरा करने वाले जिले को गहन और स्थानीय निरूद्ध क्षेत्र बनाने के उपायों के लिए विचार किया जा सकता है। गृह मंत्रालय के आदेश के साथ सामुदायिक निरूद्ध क्षेत्र और बड़े निरूद्ध क्षेत्र जैसे इलाके बनाने की रूपरेखा लागू करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सलाह को भी इसमें जोड़ा गया है। बयान में कहा गया कि कोविड-19 प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दिशानिर्देश पूरे देश में कड़ाई से लागू रहेगा। गृह मंत्रालय का आदेश 31 मई तक प्रभावी रहेगा।
-
नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पूर्णकालिक सदस्य पद पर नियुक्ति के लिये आवेदन देने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 14 मई कर दी है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड में चार पूर्णकालिक सदस्य होते हैं।
वित्त मंत्रालय ने मार्च में पद के लिये विज्ञापन दिया था। इसके लिये आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल थी। मंत्रालय ने गुरुवार को एक अधिसूचना में कहा कि सेबी के पूर्णकालिक सदस्य पद के लिये 24 मार्च, 2021 के जारी परिपत्र के तहत आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 मई, 2021 कर दी गयी है। - जयपुर। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। देश के तकरीबन हर राज्य इस समय ऑक्सीजन की कमी, अस्पतालों में बेड्स की कमी और कोरोना से हो रही मौत का सामना कर रहे हैं। हालांकि, इस भयावह माहौल में एक गांव ऐसा भी है, जहां आजतक कोरोना के एक भी केस नहीं आए हैं। यह गांव कोरोना महामारी से पूरी तरह से सुरक्षित है। आइए जानते हैं इस गांव के बारे में...दरअसल, हम राजस्थान के सीकर जिले में पडऩे वाले सुखपुरा गांव की बात कर रहे हैं। राजस्थान का यह गांव खुद को महामारी से बिल्कुल सुरक्षित रखा है, जिसके पीछे सबसे बड़ी वजह है यहां के रहने वाले लोगों का अनुशासन और सावधानी। पिछले साल जब कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लगा था, तो गांव के लोगों ने सभी मुख्य रास्तों को बंद कर दिया था। इसके साथ ही बाहर से आने वाले लोगों की जांच भी शुरू कर दी थी।एक ओर दुनिया कोरोना वायरस के संक्रमण को झेल रही है, तो दूसरी ओर अरावली की पहाडिय़ों की तलहटी में बसे करीब 3 हजार की आबादी वाले सुखपुरा गांव में अब तक संक्रमण के एक भी केस सामने नहीं आए हैं। पिछले साल लॉकडाउन के दौरान गांव के लोगों ने प्रशासन के साथ मिलकर सभी रास्तों को बंद कर दिया था और गांव के बाहर ही आइसोलेशन और क्वारंटाइन सेंटर बना दिया था।आइसोलेशन और क्वारंटाइन सेंटर में रहने वाले लोगों के लिए ग्रामीणों ने खाने-पीने का भी प्रबंध किया था। इसके साथ ही गांव में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया। इन्हीं सब वजहों से गांव के सभी लोग कोरोना को लेकर आज भी सुरक्षित हैं। कोरोना के कारण राजस्थान में भी हालात काफी खराब हो गए हैं। लेकिन सुखपुरा गांव ना केवल राजस्थान में बल्कि पूरे देश में सुरक्षित रहने का मिसाल पेश कर रहा है।--
- भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में एक मई से 18 से 44 वर्ष के आयु वाले व्यक्तियों का कोरोना टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जाना था, लेकिन टीका निर्माता कंपनियों से टीका प्राप्त नहीं होने के कारण यह अभियान एक मई से प्रारंभ नहीं किया जा सकेगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन मई को टीकों की खुराक मिलने की संभावना है और उसके बाद इस आयु वर्ग का टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। हालांकि, चौहान ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों के टीकाकरण का कार्य निरंतर जारी रहेगा। चौहान ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश में कोरोना टीकाकरण कार्य की समीक्षा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, ''कोरोना का टीका 18 वर्ष से 44 वर्ष तक के उम्र वाले व्यक्तियों को भी नि:शुल्क लगाया जाएगा। जैसे-जैसे निर्माता कंपनियों से टीकों की खुरका प्राप्त होंगे, वैसे-वैसे टीकाकरण किया जाएगा।'' चौहान ने निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर टीकाकरण के लिए नए केंद्र स्थापित किए जायें, अस्पतालों में टीकाकरण कार्य नहीं किया जाए। मध्य प्रदेश में 28 अप्रैल तक कोविड-19 टीके की 80 लाख 66 हजार 980 खुराक दी गईं, जिनमें से 70 लाख 19 हजार 763 पहली खुराक तथा 10 लाख 47 हजार 217 दूसरी खुराक दी गईं हैं।---
- नई दिल्ली/चंडीगढ़। कोरोना वायरस से गंभीर रूप से बीमार मरीजों के इलाज में काम आ रही एंटी वायरल दवा रेमडेसिवीर की कालाबाजारी के आरोप में गुरुवार को दिल्ली से एक डॉक्टर और प्रयोगशाला तकनीशियन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस के नारकॉटिक्स प्रकोष्ठ ने दो संदिग्धों 32 वर्षीय डॉक्टर विष्णु अग्रवाल और प्रयोगशाला तकनीशियन निखिल गर्ग (22) को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से आठ इंजेक्शन बरामद किये गये हैं। पुलिस ने बताया कि वे 45 हजार रुपये में इंजेक्शन बेच रहे थे।इस बीच चंडीगढ़ में हरियाणा पुलिस ने बताया कि उसने इंजेक्शन की कालाबाजारी के आरोप में पानीपत जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि एक आरोपी प्रमुख नैदानिक प्रयोगशाला का प्रबंधक है जबकि दूसरा एक अस्पताल में दवा की दुकान चलाता है। उन्होंने बताया कि आरोपी रेमडेसिवीर की एक शीशी 20,000 रुपये में बेच रहे थे और शुरुआती जांच में पता चला है कि वे अबतक 12 इंजेक्शन बेच चुके हैं।
- भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण पर प्रभावी रोकथाम के लिए लोकहित में मध्य प्रदेश में उत्तरप्रदेश राज्य से आने तथा जाने वाले बस परिवहन संचालन को सात मई तक स्थगित कर दिया है। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ''सचिव, राज्य परिवहन प्राधिकारी एवं अपर परिवहन आयुक्त ने 29 अप्रैल से 7 मई 2021 तक मध्य प्रदेश की समस्त यात्री बस वाहनों का उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश तथा उत्तर प्रदेश की समस्त यात्री बस वाहनों का मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश स्थगित करने का गुरुवार को आदेश जारी किया है।
- चंडीगढ़ । चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में इलाज करा रहे 42 वर्षीय मरीज ने गुरुवार को कथित तौर पर अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस का कहना है वे मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) ने एक बयान में कहा कि पंचकुला निवासी कोविड मरीज को 11 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। बयान में कहा गया कि उपचार के बाद मरीज को 28 अप्रैल को निजी वार्ड में स्थानांतरित किया गया था।इसके मुताबिक, मरीज बृहस्पतिवार दोपहर को अपने कमरे की खिड़की से कूद गया। बयान में कहा गया, ''मरीज को तत्काल अस्पताल की आपातकालीन सेवा में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मरीज का अवसाद को लेकर भी उपचार जारी था।
- नयी दिल्ली। श्रम मंत्रालय ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के न्यासी बोर्ड ने कर्मचारी जमा संबद्ध बीमा योजना, (ईडीएलआई) 1976 के तहत दी जाने वाली अधिकतम बीमा राशि 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दी है। श्रम मंत्री संतोष गंगवार की अध्यक्षता वाला ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) ने नौ सितंबर, 2020 को डिजिटल तरीके से आयोजित बैठक में ईडीएलआई योजना के तहत अधिकतम बीमा राशि बढ़ाकर 7 लाख रुपये करने का निर्णय किया था। सीबीटी ने 14 फरवरी, 2020 के बाद न्यूनतम बीमा राशि 2.5 लाख रुपये बरकरार रखने का भी निर्णय किया था।गंगवार ने कहा कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बुधवार (28 अप्रैल) को ईडीएलआई योजना के तहत अधिकतम बीमा राशि बढ़ाकर 7 लाख रुपये करने के फैसले को लागू करने के लिये अधिसूचना जारी कर दी। श्रम सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि अधिकतम बीमा राशि अधिसूचना की तारीख से लागू होगी। उन्होंने यह भी कहा कि न्यूनतम बीमा राशि 2.5 लाख रुपये पूर्व की तिथि 15 फरवरी, 2020 से लागू होगी। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने 15 फरवरी, 2018 को एक अधिसूचना के जरिये ईडीएलआई के तहत न्यूनतम बीमा राशि बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दिया था। यह वृद्धि दो साल के लिये की गयी थी। इसकी अवधि 15 फरवरी, 2020 को समाप्त हो गयी। इसीलिए, उक्त लाभ को 15 फरवरी से आगे जारी रखने और पूर्व की तिथि से प्रभाव में रखने के लिये संशोधन को फिर से अधिसूचित किया गया है। मंत्रालय के अनुसार इससे किसी व्यक्ति का हित प्रभावित नहीं होगा। सीबीटी ने अधिकतम बीमा राशि 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये करने के लिये सितंबर 2020 में ईडीएलआई, 1976 के पैराग्राफ 22 (3) में संशोधन को मंजूरी दी थी। इस संशोधन का मकसद योजना से जुड़े उन सदस्यों के परिवार और आश्रितों को राहत प्रदान करना है जिनका सेवा में रहते दुर्भाग्यपूर्ण निधन हो जाता है। सीबीटी की मार्च 2020 में हुई बैठक में ईपीएफओ न्यासियों ने न्यूनतम 2.5 लाख रुपये का निश्चित लाभ उस मृतक कर्मचारी के परिवार के सदस्यों को देने की सिफारिश की, जिनका निधन सेवा के दौरान हो जाता है। पूर्व में यह व्यवस्था थी कि न्यूनतम 2.5 लाख रुपये और अधिकतम 6 लाख रुपये की बीमा राशि उस स्थिति में नहीं मिलेगी जहां सदस्य ने मृत्यु वाले महीने के पहले 12 महीने की अवधि में एक से अधिक प्रतिष्ठान में काम किया है। बोर्ड की मार्च 2020 में 226वीं बैठक में सदस्य के कई प्रतिष्ठानों में काम करने की स्थिति में ये ये लाभ देने को मंजूरी दी गयी।
- नई दिल्ली। भारत में पूरी वयस्क आबादी को कोविड वायरस का टीका लगाने का अभियान शुरू होने से पहले हैदाराबाद की कंपनी भारत बॉयोटेक ने कोविड-19 के टीके कोवैक्सीन का मूल्य राज्यों के लिए 600 रुपये प्रति डोज से एक तिहाई घटा कर 400 रुपये करने की को घोषणा की।यह देश की दूसरी वैक्सीन विनिर्माता है जिसने अपने टीके की दर कम की है। इससे पहले पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने अपनी वैक्सीन का दाम राज्यों के लिए एक चौथाई कम किया था।भारत बॉयोटेक ने शनिवार को राज्यों और निजी क्षेत्र के लिए अपने टीके की कीमत कम्रश: 600 और 1200 रुपये प्रति डोज (खुराक) रखने की घोषणा की थी। कंपनी ने ताजा घोषणा में कहा है, ''स्वास्थ्य प्रणाली के समक्ष विशाल चुनौती को देखते हुए, हमने राज्य सरकारों को टीका 400 रुपये प्रति डोज की दर से उपलब्ध कराने का निर्णय किया है।'' कंपनी ने देश में इस समय महामारी की गंभीर स्थिति को लेकर चिंता जतायी है।
- नयी दिल्ली । राष्ट्रीय महिला आयोग ने देश भर में गर्भवती महिलाओं को चिकित्सा सहायता मुहैया करने के मकसद से एक व्हाट्सऐप हेल्प्लाइन नंबर की शुरुआत की है। आयोग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा गया है कि उसके संज्ञान में यह बात आई है कि गभर्वती महिलाओं को चिकित्सा सहायता मिलने में कठिनाई पेश आ रही है और ऐसे में यह हेल्पलाइन नंबर आरंभ करने का फैसला हुआ। महिला आयोग ने कहा, ‘‘गर्भवती महिलाएं इस हेल्पलाइन नंबर- 9354954224 के माध्यम से आयोग से संपर्क साध सकती हैं। यह नंबर 24 घंटे चालू रहेगा।'' उसने बताया कि इस नंबर पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक टीम मौजूद रहेगी। गर्भवती महिलाएं ‘हेल्पएटएनसीडब्ल्यू@जीमेल डॉट कॉम‘ के जरिए भी संपर्क कर सकती हैं।
- नयी दिल्ली। भारतीय वायुसेना बृहस्पतिवार को बैंकॉक, सिंगापुर और दुबई से 13 खाली क्रायोजेनिक ऑक्सीजन कंटेनर स्वदेश लाई। भारत कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहा है और कई राज्यों के अस्पतालों में चिकित्सीय ऑक्सीजन तथा बिस्तरों की कमी है। एक आधिकारिक बयान में बताया गया, ‘‘भारतीय वायुसेना फिलहाल खाली क्रायोजेनिक कंटेनर का तीन स्थानों से परिवहन कर रही है। तीन कंटेनर बैंकॉक से, चार सिंगापुर से और छह कंटेनर दुबई से लाए गए हैं।'' वायुसेना देश के अंदर ऑक्सीजन टैंकर और सिलेंडर के परिवहन के लिए कई घरेलू उड़ानों का संचालन कर रही है। इसने कहा कि बृहस्पतिवार को तीन ऑक्सीजन टैंकर हिंडन से रांची ले जाए गए, दो चंडीगढ़ से रांची, दो चंडीगढ़ से भुवनेश्वर, चार मुंबई से भुवनेश्वर, दो लखनऊ से रांची और दो जोधपुर से जामनगर ले जाए गए। वायुसेना ने कहा कि सी-17 विमान की मदद से इन टैंकरों का परिवहन किया गया। भारतीय वायुसेना शुक्रवार से खाली ऑक्सीजन टैंकर और कंटेनर देश के विभिन्न फिलिंग स्टेशनों पर पहुंचा रही है ताकि कोविड-19 रोगियों को मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सके।
- मुंबई । कोविड-19 मरीजों के इलाज में चिकित्सीय ऑक्सीजन की कमी के बीच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बंबई ने एक नाइट्रोजन इकाई को ऑक्सीजन उत्पादन इकाई में बदल कर समस्या के समाधान का तरीका खोजा है। संस्थान की तरफ से बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रायोगिक आधार पर किये गए एक सफल प्रयोग के तहत प्रेशर स्विंग एडसॉर्प्शन (पीएसए) नाइट्रोजन इकाई को साधारण तकनीकी बदलाव कर पीएसए ऑक्सीजन इकाई में बदल दिया गया। इसमें दावा किया गया कि आईआईटी-बंबई द्वारा किये गए शुरुआती परीक्षणों के आशानुकूल परिणाम आए हैं।बयान में कहा गया कि इसके जरिये “3.5 वायुमंडलीय दबाव पर 93 से 96 प्रतिशत शुद्धता के साथ” ऑक्सीजन उत्पादन हासिल किया जा सकता है। इसमें कहा गया कि इस गैसीय ऑक्सीजन का इस्तेमाल कोविड-19 की जरूरतों के मद्देनजर मौजूदा अस्पतालों या आगे बनने वाले अस्पतालों में ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति के लिये किया जा सकता है। बयान में संस्थान के डीन (आर एंड डी) प्रोफेसर मिलिंद अत्रे को उद्धृत करते हुए कहा गया, “यह (नाइट्रोजन इकाई को ऑक्सीजन इकाई में बदलना) मौजूदा नाइट्रोजन संयंत्र की व्यवस्था में हल्का बदलाव और कार्बन से जियोलाइट अणुओं को पृथक कर किया गया।” अत्रे ने कहा कि वायुमंडल में मौजूद हवा को कच्चे माल के तौर पर लेने वाले ऐसे नाइट्रोजन संयंत्र भारत भर में विभिन्न औद्योगिक संयंत्रों में मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “इस तरह, उनमें से प्रत्येक को संभवत: ऑक्सीजन उत्पादक में बदला जा सकता है और इससे मौजूदा जन स्वास्थ्य की आपात स्थिति पर काबू पाने में मदद मिलेगी।-file photo
- नोएडा । साहित्य जगत के सशक्त हस्ताक्षर एवं देश दुनिया में उत्तर प्रदेश को पहचान दिलाने वाले लेखक व कवि डॉ कुंवर बेचैन की बृहस्पतिवार को नोएडा के कैलाश अस्पताल में कोविड-19 के संक्रमण की वजह से उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उनके निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। करीब 2 सप्ताह पहले कोरोना संक्रमित होने के बाद डॉ कुंवर बेचैन को नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत धीरे-धीरे सुधर रही थी, लेकिन बुधवार रात को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, तथा उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया। बृहस्पतिवार दोपहर को उनका निधन हो गया। युवा कवि डॉक्टर कुमार विश्वास ने डॉ बेचैन के निधन की जानकारी ट्वीट करके दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘ मेरे कक्षागुरु, मेरे शोधआचार्य, मेरे चाचा जी, हिंदी गीत के राजकुमार और अनगिनत शिष्यों के जीवन में प्रकाश भरने वाले डॉ कुंवर बेचैन ने ईश्वर के सुरलोक की ओर प्रस्थान किया। कोरोना ने मेरे मन का एक कोना मार दिया।'' डॉ बेचैन कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे। उन्हें नोएडा व गाजियाबाद में कहीं पर अस्पताल में बेड नहीं मिल रहा था। तब प्रखर कवि कुमार विश्वास ने ट्वीट करके लोगों से मदद मांगी थी। गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा ने उनके ट्वीट का संज्ञान लिया, उन्हें सेक्टर 27 स्थित अपने अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉ कुंवर बेचैन गाजियाबाद के नेहरू नगर में रहते थे। उनकी पत्नी भी कोविड-19 से संक्रमित हैं, उनका उपचार सूर्या अस्पताल में चल रहा है।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे के साथ कोविड-19 प्रबंधन को लेकर सेना की ओर से उठाए गए कदमों और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सेना प्रमुख नरवणे ने प्रधानमंत्री को बताया कि सेना ने अपने चिकित्सा कर्मचारियों को राज्य सरकारों की सेवा में तैनात किया है और साथ ही वह देश के विभिन्न भागों में अस्थायी अस्पताल बना रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ जंग में भारतीय सेना द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।'' इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक नरवणे ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर कोविड प्रबंधन के लिए सेना की तैयारियों और पहलों की जानकारी दी और उन्हें बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में सेना की ओर से अस्थायी अस्पतालों का भी निर्माण किया जा रहा है। नरवणे ने प्रधानमंत्री को बताया कि जहां संभव हो रहा है वहां सेना के अस्पतालों को आम जनता की सेवा में इस्तेमाल किया जा रहा है और इसके लिए आम नागरिक चाहें तो पास के सेना के अस्पताल से संपर्क साध सकते हैं। सेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री को इस बात से भी अवगत कराया कि आयात किए गए ऑक्सीजन टैंकरों और गाड़ियों के प्रबंधन में जहां विशेषज्ञ कौशल की जरूरत पड़ रही है वहां सेना के श्रमबल की ओर से मदद पहुंचाई जा रही है। देश में तेजी से बढ़ते कोविड-19 के मामलों के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने पिछले दिनों प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और वायुसेना अध्यक्ष आर के एस भदौरिया से मुलाकात कर सेना के विभिन्न अंगों द्वारा इस महामारी से लड़ने के मद्देनजर उठाए गए कदमों की तैयारियों का जायजा लिया था।










.jpg)

.jpg)


.jpg)










.jpg)
.jpg)