- Home
- देश
- अमेठी। अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के टेरी गांव के पास सोमवार रात एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया। अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि प्रताप सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर शाम कोतवाली गौरीगंज क्षेत्र के जुड़ियापुर निवासी रिंकू (28) अपने बेटे आयुष (पांच) के साथ कोतवाली मुंशीगंज के टेरी गांव में अपने ससुराल जा रहे थे। ससुराल पहुंचने से चन्द कदम पहले सुल्तानपुर की ओर से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी जिसमें पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गयी। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बांदा टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। सूचना पाते ही कोतवाली पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी रवि प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को मनाकर जाम को हटवाया।
- बहराइच (उप्र। जिले के बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर जरवल रोड थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो बसों की टक्कर में दोनों बस के चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गये जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने इस बारे में बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लेने का निर्देश दिया है।अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मंगलवार को बताया, सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे जरवल रोड थाना क्षेत्र के शुक्ला ढाबे के पास लखनऊ से गोंडा जा रही रोडवेज बस और गोंडा से लखनऊ की ओर जा रही निजी बस की टक्कर हो गई जिसमें बसों के चालक सहित नौ लोग घायल हो गए।'' सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बस के अंदर से निकालकर पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुस्तफाबाद पहुंचाया। एएसपी ने बताया कि सीएचसी में इलाज के दौरान रामचंद्र, शिव नाथ शुक्ला और आकाश तिवारी (दोनों गोंडा निवासी) की मृत्यु हो गई। रामचंद्र का पता ज्ञात नहीं है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए बड़े अस्पताल भेजा गया है। शेष चार घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस बल ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करा दिया है।उधर, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उक्त सड़क दुर्घटना पर संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों में तेजी लाने एवं सभी घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए हैं।
- नई दिल्ली। विश्व का सबसे बड़ा कोविड-19 टीकाकरण अभियान देश में सुचारू रूप से जारी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान 33 लाख 59 हजार से अधिक लोगों को कोविड टीके लगाए गए। मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक 14 करोड़ 52 लाख से अधिक लोगों को कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। पहली मई से टीकाकरण के तीसरे चरण में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोविड टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के तीसरे चरण के लिए पंजीकरण को-विन प्लेटफॉर्म और आरोग्य सेतु एप पर कल से आरंभ होगा।कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान आज देश में कोविड मरीजों की संख्या में कुछ कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में तीन लाख 23 हजार से अधिक कोविड मरीजों की पुष्टि हुई। मरीजों की यह संख्या कल की संख्या से लगभग 30 हजार कम है। देश के कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोविड रोगियों की संख्या में वृद्धि अब भी जारी है। इसके कारण देश में स्वस्थ्य होने की दर भी लगातार नीचे आ रही है। मंत्रालय ने बताया कि देश में इस समय 28 लाख 82 हजार से अधिक रोगियों का उपचार चल रहा है। उपचार करा रहे रोगियों की संख्या देश में अब तक संक्रमण की चपेट में आए लोगों का 16 दशमलव तीन चार प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे के दौरान दो लाख 51 हजार से अधिक लोग स्वस्थ्य हुए हैं। अब तक देश में एक करोड़ 45 लाख से अधिक कोविड रोगी स्वस्थ्य हो चुके हैं।पिछले 24 घंटे में दो हजार सात सौ से अधिक लोगों की कोविड से मृत्यु हुई है। इसके साथ ही देश में मृतकों की कुल संख्या एक लाख 97 हजार से अधिक हो गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार 16 लाख 58 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। अब तक देश में 28 करोड़ कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है।
- हापुड़ (उप्र)। जनपद के थाना पिलखुवा क्षेत्र में कोविड-19 मरीजों के इलाज में काम आने वाली दवा रेमडेसिविर की कालाबाजारी करने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनकी निशानदेही पर इस दवा का एक इंजेक्शन एवं 82 हजार रूपये की नगद बरामद किया गया।थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम देहरा के एक युवक की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थिति रामा अस्पताल के कर्मचारी शिवम उर्फ बादशाह एवं गौरव को पुलिस द्वारा उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे किसी ग्राहक को इंजेक्शन बेचने के लिए खड़े थे। गिरफ्तार किये गए उक्त आरोपियों के कब्जे से एक रेमडेसिविर इंजेक्शन एवं उनकी निशानदेही पर पूर्व में बेचे रेमडेसिवीर इंजेक्शन से प्राप्त 82 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेमडेसिवीर इंजेक्शन कोरोना से संक्रमित मरीजों को लगाया जाता है। जिनमें से हम कुछ इंजेक्शन बचा लेते हैं और उन्हें जरूरतमंद लोगों को ऊंचे दामों में बेच देते हैं।
- नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने हेलीकॉप्टर इंजनों के लिए एकल 'क्रिस्टल ब्लेड' विकसित किए हैं और इसने ऐसे 60 ब्लेड स्वदेशी हेलीकॉप्टर विकास कार्यक्रम के लिए हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को भेजे हैं। आधिकारिक बयान में कहा गया है, ''डीआरडीओ ने एकल 'क्रिस्टल ब्लेड' प्रौद्योगिकी विकसित की है और ऐसे 60 ब्लेड हेलीकॉप्टर इंजन एप्लीकेशन के लिए एचएएल को उसके स्वदेशी हेलीकॉप्टर विकास कार्यक्रम के तहत भेजे हैं।'' इसमें कहा गया कि डीआरडीओ एकल 'क्रिस्टल ब्लेड' के कुल पांच सेट (300 ब्लेड) विकसित करेगा।बयान में कहा गया कि एक सेट (60 ब्लेड) एचएएल को दिया जा चुका है और चार सेट आगामी समय में तैयार हो जाएंगे। इसमें कहा गया कि यह प्रौद्योगिकी डीआरडीओ की रक्षा धातुकर्म अनुसंधान प्रयोगशाला ने विकसित की है।अमेरिका, फ्रांस और रूस जैसे कुछ देशों में ही इस तरह की प्रौद्योगिकी विकसित करने की क्षमता है, लेकिन अब भारत के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने भी यह क्षमता हासिल कर ली है।--
- पटना। बिहार की राजधानी पटना के पत्रकारनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते एक शख्स ने कोरोना वायरस से संक्रमित अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और बाद में कथित रूप से छत से कूदकर सोमवार को स्वयं आत्महत्या कर ली । पत्रकारनगर थाने के अवर निरीक्षक रविदत कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान पटना रेलवे स्टेशन पर कार्यरत अतुल लाल (49) और उनकी तुलिका देवी (44) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि लाल की अपनी पत्नी से अनबन चल रही थी और संभवत: उन्होंने अवसाद में यह कदम उठाया है।अवर निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है । file photo
- मुंबई । मुंबई में पुलिसकर्मियों ने सोमवार को समय पर कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय युवती को आत्महत्या करने से बचा लिया। एक अधिकारी ने बताया कि युवती दक्षिण मुंबई स्थित अपनी चार मंजिला इमारत की छत पर चढ़कर कूदने की धमकी दे रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली कि एक युवती इमारत की छत से कूदने की धमकी दे रही है।अधिकारी ने बताया कि तरदेव पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बराबर वाली इमारत की छत से युवती के पास पहुंची और उसे समझाकर नीचे उतारा। उन्होंने बताया कि कुछ पुलिसकर्मी युवती को बातों में उलझाए रहे जबकि अन्य ने उसे पीछे से पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि युवती की छह महीने पहले ही शादी हुई थी और वह कुछ घरेलू विवाद को लेकर उदास थी।
- भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ स्थित थ्री-ईएमई सेंटर में सेना के जवानों ने 48 घंटों में 150 बिस्तर वाला कोविड देखभाल केन्द्र तैयार कर दिया। यह जानकारी मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को इस कोविड देखभाल केन्द्र के निरीक्षण करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि इन 150 बिस्तर में से 40 महिलाओं के लिये आरक्षित किये गये हैं।सारंग ने कहा है कि कोविड-19 महामारी में सभी का सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसी कड़ी में जिस प्रकार पूरे देश की रक्षा करने में सेना मुस्तैदी से लगी रहती है, उसी प्रकार इस संकट के दौर में उसने 150 बिस्तरीय कोविड देखभाल केन्द्र शुरू कर सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा,‘‘यह केन्द्र भोपाल में सेवा और सुविधा देगा। इसके लिये राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी। जल्द ही यहाँ 10 लीटर वाले ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। इस सेंटर को चिकित्सकीय सहयोग के लिये सिविल अस्पताल, बैरागढ़ से लिंक किया गया है।'' सारंग ने बताया कि भोपाल की तरह ही जबलपुर में भी सेना की मदद से कोविड केयर सेंटर खोला जायेगा। इसी बीच, मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस कोविड देखभाल केन्द्र में मरीज के मनोरंजन, भोजन, योग आदि की व्यवस्था भी की गई है।-file photo
- नयी दिल्ली । देश में चिकित्सकीय ऑक्सीजन की बढ़ती मांग के बीच ऑक्सीजन के परिवहन के लिए भारतीय वायु सेना सोमवार को दुबई से विमान से छह क्रायोजेनिक कंटेनर लेकर आयी और इसे भरने के लिए पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि वायु सेना मंगलवार को दुबई से और छह ऑक्सीजन कंटेनर लाने वाली है।उन्होंने कहा कि भारत में दो कंटेनर जयपुर से जामनगर भेजे गए। वायु सेना शुक्रवार से खाली ऑक्सीजन टैंकर और कंटेनर ला रही है । इससे कोविड-19 मरीजों के उपचार में चिकित्सकीय ऑक्सीजन की आपूर्ति को गति मिलेगी। वायु सेना देश के विभिन्न हिस्से में कोविड अस्पतालों में जरूरी दवाओं के साथ ही विभिन्न उपकरण भी पहुंचा रही है।
- धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में सोमवार को कपड़े की एक दुकान में बंद हो गईं दो महिलाओं को बाद में पुलिस ने निकाला। यह घटना उस समय हुई जबकि पुलिस की जीप को देखकर दुकानदार जल्दबादी में दुकान बंद कर अपने घर चला गया है। राज्य में जन अनुशासन पखवाड़ा चल रहा है जिसके तहत जरूरी सामान के अलावा सारी दुकानें बंद हैं। उक्त दुकानदार ने सरकारी आदेश के बावजूद दुकान खोली थी और जब पुलिस की जीप उधर आई तो वह आनन-फानन में दुकान बंद कर घर चला गया। दुकानदार के अनुसार उससे यह अनजाने में हुआ।धौलपुर के पुलिस अधीक्षक केसर सिंह वहां से गुजर रहे थे तभी किसी ने उन्हें दुकान के भीतर से रोने एवं चिल्लाने की आवाज आने की बात बताई। इस पर दुकान का शटर तोड़कर महिलाओं (मां-बेटी) को निकाला गया। सिंह ने बताया,“जब उन्हें बचाया गया तो उनकी हालत खराब थी। दुकानदार को बुलाया गया और उसके खिलाफ महामारी रोग अधिनियम और भादंसं की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। दुकानदार का कहना है कि उसने जल्दी में दुकान बंद कर दी और भूल गया कि दुकान के अंदर ग्राहक थे।'' संपर्क करने पर दुकानदार ने कहा कि घर में शादी ब्याह के कार्यक्रम के कारण वह आने की स्थिति में नहीं था। हालांकि शटर तोड़ दिए जाने के बाद वह वहां आ गया।
- नयी दिल्ली । भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का ऑक्सीजन सुविधा से युक्त 500 बेड के साथ कोविड देखभाल केंद्र सोमवार को शुरू हो गया और कम से कम 25 मरीज भर्ती किए गए हैं। दिल्ली में कोविड-19 के मामलों में तेज बढ़ोतरी और स्वास्थ्य ढांचे पर अत्यधिक दबाव के कारण सरदार वल्लभ भाई पटेल कोविड देखभाल केंद्र (एसपीसीसीसी) की शुरुआत की गयी है। यह केंद्र दिल्ली के छतरपुर इलाके में राधा स्वामी व्यास परिसर में स्थित है।केंद्र का संचालन करने वाले आईटीबीपी ने कहा कि इसमें मरीज सीधे भर्ती नहीं हो पाएंगे बल्कि दिल्ली में जिला निगरानी अधिकारियों की मंजूरी के बाद मरीज आ सकेंगे। आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक कुमार पांडे ने कहा, ‘‘एसपीसीसीसी में सोमवार से मरीजों की भर्ती शुरू हो गयी है। पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब 25 मरीज आ चुके हैं तथा आगे और मरीजों के आने का अनुमान है।'' इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया था और डॉक्टरों और चिकित्साकर्मियों को तैनात करने के लिए केंद्र सरकार का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने कहा था कि इस कोविड-19 देखभाल केंद्र में 200 आईसीयू (सघन चिकित्सा इकाई) बेड की भी व्यवस्था की जाएगी।
- नयी दिल्ली । नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि एअर इंडिया ने सोमवार को अपनी न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान से 318 ऑक्सीजन सांद्रक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचाए। पुरी ने आज ट्वीट किया, ‘‘महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई को मजबूत करने के लिए सभी प्रयास जारी हैं। जेएफके हवाईअड्डे से 318 फिलिप ऑक्सीजन सांद्रक लेकर एअर इंडिया की उड़ान दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरी।
- नयी दिल्ली । देश में चिकित्सीय ऑक्सीजन की बढ़ती मांग के बीच ऑक्सीजन के परिवहन के लिए दुबई से दो टैंकर मंगाए गए हैं। गृह मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, शनिवार को सिंगापुर से ऑक्सीजन लाने और ले जाने के लिए चार क्रायोजेनिक (कम तापमान बनाए रखने में सक्षम) टैंकर मंगाए गए थे। गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने ट्वीट किया, “भारतीय वायु सेना का सी-17 विमान आज दुबई पहुंचा जो कोविड-19 की मौजूदा लहर में ऑक्सीजन उपलब्धतता बढ़ाने के प्रयासों के तहत ऑक्सीजन के परविहन के लिए जरूरी और खाली टैंकरों को लेकर आएगा। गृह मंत्रालय प्रयासों में समन्वय कर रहा है।” देश कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहा है और कई राज्यों के अस्पताल चिकित्सीय ऑक्सीजन और बेड की कमी का सामना कर रहे हैं। गृह मंत्रालय शुक्रवार से, देश में कई रिफिल केंद्रों में खाली ऑक्सीजन टैंकर पहुंचाने के प्रयासों के समन्वय को देख रहा है ताकि कोविड-19 मरीजों के इलाज में अत्यंत जरूरी चिकित्सीय ऑक्सीजन के वितरण को गति दी जा सकी। देश में कोरोना वायरस की स्थिति गंभीर होती जा रही है जहां सोमवार को संक्रमण के 3,52,991 मामले सामने आए और रिकॉर्ड 2,812 लोगों की मौत हुई है। केंद्र सरकार देश के विभिन्न हिस्सों से ऑक्सीज जुटाने और स्पेशल रेलगाड़ियां चलाकर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में इसे पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि देश में मेडिकल ऑक्सीजन का पर्याप्त भंडार है, लेकिन भारी मांग वाले क्षेत्रों में इनकी आपूर्ति करने का मुद्दा है जिसका समाधान करने का प्रयास किया जा हरा है। मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव पीयूष गोयल ने यह भी कहा कि भारतीय वायुसेना के परिवहन विमान की मदद से ऑक्सीजन लाने वाले टैंकरों के गंतव्य स्थल तक पहुंचने के समय को चार-पांच दिन से घटाकर एक-दो घंटे कर दिया गया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे पास ऑक्सीजन का पर्याप्त भंडार है। मुद्दा ढुलाई का है जिसका समाधान करने का प्रयास हम कर रहे हैं।'' देश में ऑक्सीजन की बढ़ती मांग के बीच गोयल ने कहा, ऑक्सीजन को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि हम उत्पादक राज्यों से भारी मांग वाले इलाकों में ऑक्सीजन की ढुलाई करने के मुद्दे को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं।'' उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार जीपीएस के माध्यम से ऑक्सीजन लाने वाले टैंकरों को लाने-ले जाने की स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा अस्पतालों को कम से कम समय में ऑक्सीजन उपलब्ध कराया जा रहा है। गत शुक्रवार से गृह मंत्रालय देश में विभिन्न हिस्सों में मौजूद ऑक्सीजन भरने के स्टेशनों तक खाली टैंकरों एवं कंटेनरों को ले जाने के लिए प्रयासों में समन्वय कर रहा है ताकि जरूरतमंद कोरोना मरीजों तक ऑक्सीजन जल्द से जल्द पहुंचाई जा सके। देश में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,52,991 नए मामले आने के बाद सोमवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,73,13,163 हो गई और संक्रमण से 2,812 लोगों की मौत होने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,95,123 हो गया।
- भोपाल। अपनी पहली कहानी 'रमज़ान की मौत' लिखने वाले पद्मश्री कहानीकार मंजूर एहतेशाम का यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे।पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार-सोमवार की रात करीब 12 बजे के आसपास उन्होंने भोपाल के पारूल अस्पताल में अंतिम सांस ली। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि वह एक सप्ताह पहले कोरोना वायरस की चपेट में आ गये थे। मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ''अपनी पहली कहानी 'रमज़ान की मौत' लिखने वाले पद्मश्री कथाकार मंजूर एहतेशाम के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिजनों एवं प्रशसकों को इस दु:ख को सहने का संबल प्रदान करे।
- जयपुर। रेलवे ने बहुत कम यात्रियों के कारण 40 रेलसेवाऐं अग्रिम आदेशों तक रद्द कर दी हैं।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट शशि किरण ने बताया कि रेलवे द्वारा कोरोना वायरस की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तथा कम यात्रियों के कारण 40 रेलसेवाओं को अग्रिम आदेशों तक रद्द किया जा रहा है। उनके अनुसार जिन ट्रेन को रद्द किया गया है उनमें जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर मंगलवार से न तो दिल्ली जाएगी और न ही आएगी। अधिकारी के मुताबिक इसके अलावा बठिण्डा -लालगढ स्पेशल, लालगढ-अबोहर स्पेशल, अबोहर-जोधपुर स्पेशल, जैसलमेर-लालगढ स्पेशल, भिवानी-मथुरा स्पेशल व श्रीगंगानगर-रेवाडी स्पेशल ट्रेन शामिल हैं। ये सभी ट्रेन अगले आदेश तक रद्द रहेंगी।
- इंदौर। मध्यप्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले के अस्पतालों में बिस्तरों की कमी दूर करने के लिए पश्चिम रेलवे आगे आया है। रेलवे ने 20 कोविड देखभाल कोच तैयार रखे हैं जिनमें 320 मरीजों को भर्ती किया जा सकता है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र कुमार जयंत ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, "हमने इंदौर जिले के टीही रेलवे स्टेशन पर 20 कोविड देखभाल कोच तैयार रखे हैं। इन कोचों में महामारी के हल्के और मध्यम लक्षणों वाले कुल 320 मरीजों को भर्ती किया जा सकता है।" जयंत ने बताया कि इन कोचों में ऑक्सीजन सिलेंडरों की भी व्यवस्था है। इसके अलावा, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के बैठने के लिए अलग कोच तैयार रखा गया है। वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कोचों में कोविड देखभाल केंद्र शुरू करने के लिए जिला प्रशासन से रेलवे की बातचीत जारी है। उन्होंने बताया, "पहले दौर में प्रशासन की हमसे दो कोविड देखभाल कोच लेने की योजना है। हालांकि, अभी तय नहीं है कि ये कोच इंदौर जिले में कहां खड़े किए जाएंगे।" सरकारी आंकड़ों के मुताबिक करीब 35 लाख की आबादी वाले जिले में 24 मार्च 2020 से लेकर अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 1,03,592 मरीज मिले हैं। इनमें से 1,106 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।file photo
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की सुबह न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत तापमान से सात डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि सापेक्षिक आर्द्रता 47 प्रतिशत रही और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने दिन में आसमान मुख्यत: साफ रहने का अनुमान जताया है।राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ''खराब'' श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 217 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने रविवार को तरल ऑक्सीजन के गैर चिकित्सकीय उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी और उत्पादन इकाइयों को उत्पादन बढ़ाने और चिकित्सा इस्तेमाल के लिए इसे सरकार को उपलब्ध कराने को कहा। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला द्वारा जारी यह आदेश कोरोना वायरस की महामारी की नयी लहर की वजह से देश के कई हिस्सों विशेषकर दिल्ली में चिकित्सा ऑक्सीजन की कमी के बीच आया है। आपदा प्रबंधन कानून में निहित अधिकार का प्रयोग करते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे सुनिश्चित करें कि तरल ऑक्सीजन का इस्तेमाल गैर चिकित्सा उद्देश्य के लिए नहीं किया जाए और सभी उत्पादन इकाइयां तरल ऑक्सीजन उत्पादन की अधिकतम क्षमता का प्रयोग करे एवं उसे सरकारों को चिकित्सा उपयोग के लिए उपलब्ध कराएं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया और अगले आदेश जारी रहेगा।'' भल्ला ने निर्देश दिया कि तरल ऑक्सीजन के भंडार को तत्काल चिकित्सा उपयोग के लिए सरकार को मुहैया कराया जाए और किसी भी उद्योग को इस संबंध में छूट नहीं होगी। file photo
- चंद्रपुर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री संजय देवताले का नागपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दिल का दौरा पडऩे के बाद रविवार को निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। देवताले के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर गिर गया था और फिर उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। देवताल 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की सरकार में पर्यावरण एवं संस्कृति मंत्री थे।
- भोपाल। कोरोना वायरस के तेजी बढ़ रहे नये मामलों के मद्देनजर मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में लगाये गये कफ्र्यू के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ऐलान किया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रेहड़ी पटरीवालों को राहत प्रदान करने के लिए उनके खाते में एक-एक हजार रूपए डाले जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों के खाते में भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना निधि की एक किस्त भी शीघ्र ही डाली जाएगी। चौहान ने मुख्यमंत्री निवास से प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश में यह बात कही।उन्होंने कहा, ''कोरोना वायरस महामारी काल के इन कठिनाइयों वाले समय में जीवनयापन के लिये भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। मध्य प्रदेश सरकार ने गरीबों को तीन महीने का राशन नि:शुल्क देने का फैसला किया है। भारत सरकार ने भी मई और जून दो माह का राशन नि:शुल्क देने निर्णय लिया है।'' चौहान ने कहा, ''इसके साथ शहरी और ग्रामीण रेहड़ी पटरीवालों के खाते में भी एक-एक हजार रूपए डालने का निर्णय लिया गया है। किसानों के खाते में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना निधि की एक किस्त भी शीघ्र ही डाली जाएगी।भोपाल। कोरोना वायरस के तेजी बढ़ रहे नये मामलों के मद्देनजर मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में लगाये गये कफ्र्यू के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ऐलान किया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रेहड़ी पटरीवालों को राहत प्रदान करने के लिए उनके खाते में एक-एक हजार रूपए डाले जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों के खाते में भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना निधि की एक किस्त भी शीघ्र ही डाली जाएगी। चौहान ने मुख्यमंत्री निवास से प्रदेशवासियों के नाम जारी संदेश में यह बात कही।उन्होंने कहा, ''कोरोना वायरस महामारी काल के इन कठिनाइयों वाले समय में जीवनयापन के लिये भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है। मध्य प्रदेश सरकार ने गरीबों को तीन महीने का राशन नि:शुल्क देने का फैसला किया है। भारत सरकार ने भी मई और जून दो माह का राशन नि:शुल्क देने निर्णय लिया है।'' चौहान ने कहा, ''इसके साथ शहरी और ग्रामीण रेहड़ी पटरीवालों के खाते में भी एक-एक हजार रूपए डालने का निर्णय लिया गया है। किसानों के खाते में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना निधि की एक किस्त भी शीघ्र ही डाली जाएगी।
- नई दिल्ली। प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक पंडित राजन मिश्र का रविवार शाम को यहां एक अस्पताल में कोविड-19 समस्याओं के चलते निधन हो गया। वह 70 वर्ष के थे। इससे पहले पंडित मिश्र के लिए उनके मित्रों एवं शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया पर जीवन रक्षा संदेश (एसओएस) जारी कर वेंटिलेटर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। हालांकि, इससे कोई लाभ नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है।मिश्र के बेटे रजनीश ने कहा कि वह पिछले तीन दिन से सेंट स्टीफन अस्पताल में भर्ती थे। रजनीश ने कहा, '' उनका शाम करीब 6:30 बजे दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। हम वेंटिलेटर के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन किसी ने हमारी सहायता नहीं की। बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय ने मदद का हाथ बढ़ाया, लेकिन तब तक पंडित राजन मिश्र का निधन हो चुका था।'' मिश्र के परिवार में उनकी पत्नी, बेटी अंजू, और बेटे रितेश और रजनीश हैं।वे खयाल गायकी में अपने भाई साजन मिश्र के साथ अग्रणी गायकों में शामिल थे। वे पद्म भूषण से सम्मानित थे। दोनों भाई बनारस घराने से संबंध रखते हैं।पंडित पंडित राजन मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ''शास्त्रीय गायन की दुनिया में अपनी अमिट छाप छोडऩे वाले पंडित राजन मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा है। बनारस घराने से जुड़े मिश्र जी का जाना कला और संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।''
- बालाघाट (मप्र)। मध्यप्रदेश के बालाघाट स्थित एक सरकारी अस्पताल से 20 ऑक्सीजन सिलेंडरों की चोरी करने के आरोप में अस्पताल के दो दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को रविवार को गिरफ्तार किया गया। ऑक्सीजन सिलेंडरों की चोरी की यह घटना बालाघाट जिला अस्पताल में हुई।यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी है। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी एम आर रोमड़े ने बताया, ''बालाघाट जिला अस्पताल से डी-टाइप के 20 ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों ओमप्रकाश बागड़े (31) एवं गोविंदा पंचेश्वर (25) को गिरफ्तार करके रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड मिली है।'' उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी करने वाले दोनों आरोपी जिला अस्पताल के ही दैनिक वेतनभोगी कर्मी हैं। रोमड़े ने बताया कि उनके कब्जे से एक ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से अन्य ऑक्सीजन सिलेंडरों के बारे में पूछताछ की जा रही है। रोमड़े ने बताया कि ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी मामले में एक अन्य आरोपी फरार है। रोमड़े ने बताया कि जिला अस्पताल के रेजिडेंट चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण लांजेवार ने घटना के बाद कोतवाली थाने में 20 सिलेंडर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि हालांकि, मामले में अस्पताल प्रबंधन द्वारा की गई जांच में पाया गया है कि कोरोना वायरस संक्रमितों के लिए रखे गए 25 सिलेंडर वार्डों से गायब हैं, जिनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। file photo
- दरभंगा (बिहार)। आम तौर पर पति, पत्नी और वो की कहानी सुनने और देखने को मिलती रहती है, लेकिन बिहार के दरभंगा में पति, पत्नी और देवर की ऐसी कहानी सामने आई है कि तीनों को थाने पहुंकर अपना-अपना पक्ष रखना पड़ा, बावजूद इसके मामला नहीं सुलझा। इसके बाद महिला के आवेदन पर पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।दरअसल, पूरा मामला दरभंगा के नगर थानाक्षेत्र का है। वहां की रहने वाली एक लड़की की शादी चार साल पहले बेंता ओपी क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई। युवक बाहर मुजफ्फरपुर में रहकर बच्चे को पढ़ाने का काम करता है और यही उसकी कमाई का जरिया है। लम्बे समय तक पति के बाहर रहने के कारण महिला को अपने देवर से प्यार हो गया और वह अपने पति को छोड़ अपने देवर से शादी करने की जिद पर अड़ी है।पुलिस की माने तो महिला ने अपने दिए आवेदन में पति से तलाक लेने के साथ-साथ अपने देवर से शादी करने की बात कही है। साथ ही अपने देवर पर शादी का प्रलोभन देकर शारिरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है।महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस एक्शन में आई। इसके बाद थाने में पति, पत्नी और देवर सभी ने पहुंचकर अपना-अपना पक्ष रखा. लेकिन बात नहीं बनी। कुछ देर तो थाने में भी इन तीनों का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बाद में एसडीओपी अनोज कुमार के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, लेकिन मामले का समाधन नहीं हुआ।दरभंगा के एसडीओपी अनोज कुमार ने मीडिया को बताया कि 'महिला की शादी तीन चार साल पहले हुई थी, लेकिन पति बाहर रहकर बच्चो को पढ़ाने का काम करता है। इसी बीच महिला को अपने देवर से प्यार हो गया और महिला ने बताया कि उसका अपने देवर से संबंध भी स्थापित हो गया है। साथ ही देवर ने उससे शादी करने का भी वादा किया था, लेकिन वह अब अपनी बात से मुकर रहा है। पुलिस सभी पक्ष का बयान लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है।'इधर, महिला के पति ने बताया कि 'उसने अभी तक अपनी पत्नी को तलाक नही दिया है तो भला उसकी दूसरी शादी कैसे हो सकती है और हम भला अपनी पत्नी को तलाक क्यों दें। आज भी हम उसे अपने साथ रखने को तैयार है?'वहीं, दूसरी ओर देवर ने अपने ऊपर लगाए सारे आरोप को झूठा बताते हुए कहा कि 'भाभी के नाते हम लोग आपस मे हंसी मजाक करते रहते थे। हमने कभी प्यार होने और शादी करने का कोई वादा नहीं किया था। '
- नयी दिल्ली । रेलवे ने गोरखपुर, पटना, मुजफ्फरपुर, वाराणसी, गुवाहाटी, इलाहाबाद और बोकारो जैसे अधिक मांग वाले गंतव्यों के लिए अप्रैल और मई के बीच 674 अतिरिक्त फेरे संचालित करने की योजना बनाई है। रेलवे ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में इजाफा होने के कारण यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं देखी गई है, लेकिन जमीनी रिपोर्ट बताती हैं कि अपने गृह राज्यों के लिए रवाना होने वाले प्रवासी श्रमिकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सुनीत शर्मा ने रविवार को एक प्रस्तुतिकरण में बताया कि इस समय 70 प्रतिशत ट्रेन सेवाएं चालू हैं और रेलवे मांग के अनुसार अतिरिक्त रेलगाड़ियों का भी संचालन कर रहा है। इस समय रेलवे औसतन प्रतिदिन 1,514 ट्रेन और प्रतिदिन 5,387 उपनगरीय सेवाएं संचालित कर रहा है। रेलवे ने 28 विशेष ट्रेन भी चलाई हैं और वह 984 यात्री सेवाएं संचालित कर रहा है। शर्मा ने कहा, ‘‘कोविड-19 के बावजूद ट्रेन संचालन जारी रहेगा। हम मांग के अनुसार सेवाएं बढ़ा रहे हैं।'' 330 अतिरिक्त ट्रेन के 674 फेरे में से मध्य रेलवे 143 ट्रेन (377 यात्राएं), पश्चिम रेलवे 154 ट्रेन (212 यात्राएं), उत्तर रेलवे 27 ट्रेन (27 यात्राएं), पूर्व मध्य रेलवे दो ट्रेन (चार यात्राएं), उत्तर पूर्व रेलवे नौ ट्रेन (14 यात्राएं), उत्तर मध्य रेलवे एक ट्रेन (10 यात्राएं) और दक्षिण पश्चिम रेलवे तीन ट्रेन (30 यात्राएं) संचालित कर रहा है। इन 330 अतिरिक्त ट्रेन में से 101 मुंबई क्षेत्र और 21 दिल्ली क्षेत्र से चलाई जा रही हैं। शर्मा ने कहा, ‘‘कुल 330 ट्रेनों (674 फेरे) की योजना बनाई गई है। गोरखपुर, पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, वाराणसी, गुवाहाटी, मंडुआडीह, बरौनी, प्रयागराज, बोकारो, रांची, लखनऊ और कोलकाता जैसे अधिक मांग वाले गंतव्यों के लिए ये ट्रेन चलाई जा रही हैं।-File photo





.jpg)

.jpg)


.jpg)





.jpg)



.jpg)





.jpg)
.jpg)