- Home
- देश
- नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री अशोक कुमार वालिया का बुधवार को देर रात निधन हो गया। 72 वर्षीय वालिया कोरोना वायरस से संक्रमित थे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, "दिल्ली के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. एके वालिया जी के कोरोना से देर रात अपोलो अस्पताल में निधन की खबर से स्तब्ध हूं। भगवान दिवंगत नेता के आत्मा को शांति प्रदान करें।” कुमार ने कहा, "दिल्ली कांग्रेस के लिए यह अपूर्णीय क्षति है।"कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य नेताओं ने वालिया के निधन पर दुख जताया है। राहुल गांधी ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एके वालिया जी के निधन से दुखी हूं। वह कांग्रेस पार्टी के एक बहुत ही मददगार सदस्य थे और उनमें गहरी सामाजिक चेतना थी। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है।'' कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘मैं निजी तौर पर इसकी साक्षी हूं कि एके वालिया जी ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर बहुत सारे लोगों की मदद की। उनके निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।'' केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर एके वालिया जी का निधन दु:खद है। एक सक्षम प्रशासक के तौर पर दिल्ली के विकास में उनका बड़ा योगदान था। उनके मृदुभाषी व सादगीपूर्ण आचरण के सभी कायल थे। उनके परिवार के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।'' गौरतलब है कि वालिया ने दिल्ली में शीला दीक्षित की अगुवाई वाली सरकार में बतौर मंत्री कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। डॉक्टर अशोक कुमार वालिया का जन्म दिल्ली में आठ दिसंबर 1948 को हुआ था। उन्होंने 1972 में इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की और पेशे से वह फिजीशियन थे। वह दिल्ली की पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी विधानसभा के सदस्य रहे। वह अपने चौथे कार्यकाल में लक्ष्मी नगर से विधायक रहे। वहीं पहले से लेकर तीसरे कार्यकाल तक वह गीता कॉलोनी से विधायक रहे।
- नयी दिल्ली । माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने गुरुवार को बताया कि उनके पुत्र आशीष का कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया। आशीष येचुरी पेशे से पत्रकार थे और नौ जून को वह 35 साल के होने वाले थे।वह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में संक्रमण का इलाज करा रहे थे। उनके परिवार से जुड़े करीबी लोगों ने बताया कि दो सप्ताह तक बीमारी से लडऩे के बाद गुरुवार को सुबह साढ़े पांच बजे आशीष येचुरी ने आखिरी सांस ली। येचुरी ने ट्विटर पर लिखा, भारी दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि कोविड-19 से आज सुबह मैंने अपने बड़े बेटे आशीष येचुरी को खो दिया। मैं उन सभी का, डॉक्टरों, नर्सों, अग्रिम मोर्चे के कर्मियों, सफाईकर्मियों का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने हमें हिम्मत दी और उनका उपचार किया तथा संकट के समय में हमारे साथ खड़े रहे।''आशीष ने एशियन कॉलेज ऑफ जर्नलिज्म, चेन्नई से पढ़ाई की थी और उन्होंने दिल्ली में टाइम्स ऑफ इंडिया समेत कई मीडिया संस्थानों में काम किया। इसके बाद वह पुणे चले गये। आशीष येचुरी के साथ काम कर चुके पत्रकार उन्हें एक शालीन और जोशीले पत्रकार के रूप में याद करते हैं जिन्हें कई विषयों की गहरी जानकारी थी। वह गहन अध्ययनशील थे। माकपा पोलित ब्यूरो ने बयान जारी कर आशीष येचुरी के निधन के बारे में बताया और परिवार के प्रति शोक प्रकट किया। बयान के अनुसार, ''हमें यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि आज सुबह (22 अप्रैल को) सीताराम येचुरी और इंद्राणी मजूमदार के पुत्र आशीष येचुरी का निधन हो गया। कोरोना वायरस के संक्रमण की जटिलताओं के कारण उनका निधन हुआ। वह 35 साल के थे।'' बयान में कहा गया, ''पोलित ब्यूरो सीताराम और इंद्राणी, उनकी (आशीष की) पत्नी स्वाती, उनकी बहन अखिला और शोकसंतप्त परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता है।'' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं और अन्य लोगों ने आशीष के निधन पर शोक जताया है।प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, ''सीताराम येचुरी के पुत्र आशीष के दुखद और असामयिक निधन पर उन्हें और उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।'' कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ट्वीट कर येचुरी के बेटे के निधन पर शोक जताया है। थरूर ने ट्वीट किया, ''यह बहुत दुखी करने वाली खबर है। ईश्वर इस अपूरणीय क्षति को सहने की आपको हिम्मत दे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं आपके साथ हैं।'' द्रमुक नेता एम के स्टालिन और तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने भी आशीष येचुरी के निधन पर शोक जताया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शोक प्रकट किया है।बनर्जी ने ट्वीट किया, सीताराम येचुरी के बेटे आशीष के निधन के बारे में दुखद सूचना मिली। शोक संतप्त परिवार को मेरी संवेदना।'' नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने येचुरी के निधन पर शोक जताया।अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, सीताराम येचुरी और उनके परिवार के लिए मेरा मन दुखी है। संकट की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं। भगवान उनके बेटे की आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को शक्ति मिले।''
- नई दिल्ली। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया है। बोर्ड द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हालात में सुधार होते ही पंजीकरण प्रक्रिया को एक बार फिर से बहाल कर दिया जाएगा। जम्मू कश्मीर में बाबा अमरनाथ की यात्रा आगामी 28 जून से शुरू होनी है। इसी के मद्देनजर यात्रा के लिए गत पहली अप्रैल से जम्मू कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यस बैंक की 446 शाखाओं में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई थी जबकि ऑनलाइन प्रक्रिया गत 15 अप्रैल से शुरू हुई थी। इस बार यात्रा 28 जून से शुरू होकर 22 अगस्त को रक्षाबंधन वाले दिन संपन्न होनी है।
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने वायरल-रोधी दवा रेमडेसिविर की कमी की खबरों के बीच बुधवार को बताया कि रेमडेसिविर इंजेक्शन की उत्पादन क्षमता को मौजूदा प्रतिमाह 38 लाख शीशियों से बढ़ाकर 74 लाख शीशी किया जा रहा है। केन्द्र ने यह भी कहा कि 20 अतिरिक्त उत्पादन इकाइयों को भी मंजूरी दे दी गई है।मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ''सरकार की ओर से इस संबंध में निर्माताओं को भरपूर सहयोग दिया जा रहा है। उत्पादन क्षमता को मौजूदा प्रतिमाह 38 लाख शीशियों से बढ़ाकर 74 लाख शीशी करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही 20 अतिरिक्त उत्पादन इकाइयों को भी मंजूरी दे दी गई है। रेमडेसिविर की घरेलू मांग को पूरा करने के लिये 11 अप्रैल को इसके निर्यात पर पाबंदी लगाई जा चुकी है।---
- जयपुर। राजस्थान में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के जन्म का जश्न मनाने और उसे पहली बार घर लाने के लिए हेलीकॉप्टर किराए पर लिया। हेलीकॉप्टर से नवजात को पहली बार उसके ननिहाल से उसके पैतृक घर लाया गया।यह वाकया नागौर जिले के निंबड़ी चांदावतां गांव का है। स्थानीय निवासी हनुमान प्रजापत ने अपनी बेटी को पहली बार उसके ननिहाल से लाने के लिए हेलीकॉप्टर किराए पर लिया। उन्होंने बताया, ''हम अपनी बेटी का पहली बार अपने घर आंगन में आगमन को विशेष बनाना चाहते थे। मेरी बेटी, मेरे व मेरे परिवार के लिए कितनी खास है यह जताने के लिए मैं अधिक से अधिक यही कर सकता था।'' हनुमान की पत्नी चुकी देवी ने तीन मार्च को नागौर जिला अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव के बाद देखभाल के लिए वह अपने मायके हरसोलाव गांव चली गई थी। हनुमान के अनुसार यह उनके पिता मदनलाल की इच्छा थी कि बच्ची के जन्म को पूरे दिल से मनाया जाए तोम बेटी को पहली बार घर हेलीकॉप्टर से लाने की योजना बनाई गई। निम्बड़ी चांदावता से हरसोलाव की दूरी सड़क मार्ग से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी है और हेलीकॉप्टर से यह दूरी तय करने में लगभग 10 मिनट लगते हैं। हनुमान ने लड़के लड़की में भेद नहीं करने पर जोर देते हुए कहा कि बेटी (रिया) के जन्म से उनका पूरा परिवार बहुत खुश है।
- रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो मजदूरों की मौत हो गई । रायसेन कोतवाली थाने के निरीक्षक जगदीश सिंह सिद्धू ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह हादसा रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर भोपाल मार्ग पर रतनपुर गांव के पास बुधवार देर रात को हुआ। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान राकेश यादव (30) एवं अभय यादव (32) के रूप में की गई है।सिद्धू ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब ये दोनों सागर जिले के जैसीनगर से मोटरसाइकिल से भोपाल वापस लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच जारी है।
- शाहजहांपुर/लखनऊ(उत्तर प्रदेश। शाहजहांपुर जिले में बृहस्पतिवार को रेलवे क्रॉसिंग फाटक खुला होने के कारण वहां से निकल रहे वाहनों से ट्रेन की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताया है और मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि देने का एलान किया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव बाजपेई ने बताया कि सुबह चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन जब मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन के आगे पहुंची तभी क्रॉसिंग पर उसने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रेन पटरी से उतर गयी। उन्होंने बताया कि घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक घायल व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। ट्रेन ने दो ट्रक, एक कार और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी है। अभी कुछ और शवों के मिलने की आशंका है। बाजपेई ने बताया कि घटना कैसे हुई और रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने का सिग्नल मिला था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी था।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक] अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। हवा में नमी का स्तर 60 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज दिनभर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 121 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
- नयी दिल्ली। आस्ट्रेलिया ने अंतरराष्ट्रीय साइबर और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी गठजोड़ की शुरूआत करते हुए भारत के साथ तीन साइबर परियोजनाओं की घोषणा की। इस पहल का मकसद सुरक्षित और समृद्ध आस्ट्रेलिया, हिंद-प्रशांत और विश्व है।आस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री मारिज पायने ने बुधवार को कहा, ''रणनीति के केंद्र में साइबर और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी कूटनीति को प्राथमिकता और बढ़ावा देना है। हम यह द्विपक्षीय भागीदारी और आसियान क्षेत्रीय मंच, क्वाड (क्वाड्रिलेटरल सिक्योरिटी डॉयलॉग), पैसेफिक आईलैंड फोरम जैसे समूह के जरिये करेंगे।'' उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ''हम वैश्विक स्तर पर संयुक्त राष्ट्र के जरिये यह काम करेंगे जहां हम पहले से ही साबित कर रहे हैं कि हम बहुपक्षीय नियमों में वास्तविक प्रभाव डाल सकते हैं। हम साइबर और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के लिए क्षमता निर्माण को लेकर अपने क्षेत्र में भागीदारों का समर्थन करेंगे।'' पायने ने कहा कि मूल्य, सुरक्षा और समृद्धि के तीन विचारो पर आधारित यह रूपरेखा साइबर और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के मामले में आस्ट्रेलिया के व्यवहारिक अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव का मार्गदर्शन करेगा। इस पहल का उद्देश्य एक ऐसा परिवेश तैयार करना है जो नवप्रवर्तन के अवसरों को बढ़ाएगा और उसका उपयोग करेगा तथा जोखिम को कम करेगा। पायने ने 1.27 करोड़ डॉलर के चार वर्षीय कार्यक्रम आस्ट्रेलिया-भारत साइबर और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी भागीदारी (एआईसीसीटीपी) अनुदान कार्यक्रम के पहले चरण में तीन परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा, ''...हम भारत के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। दोनों प्रौद्योगिकी के लिये तेजी से वृद्धि वाले बाजार हैं। साथ ही डिजिटल प्रौद्योगिकी के नवप्रवर्तक और नियामक के रूप में तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।'' विदेश मंत्री ने कहा, ''अन्य चीजों के अलावा कार्यक्रम नियम आधारित रूपरेखा, तकनीकी मानदंड और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के विकास को बढ़ावा देने को लेकर आस्ट्रेलियाई और भारतीय दोनों शोधकर्ताओं की मदद करेगा।'
- नई दिल्ली। कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी और शशि थरूर बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी और पार्टी के लोकसभा सदस्य थरूर ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।चौधरी ने कहा, ''जांच में मैं कोरोना से संक्रमित पाया गया हूं। पिछले सात दिनों से मेरे संपर्क में आए लोगों से आग्रह है कि वे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। मैं डिजिटल माध्यम से चुनाव प्रचार जारी रखूंगा।'' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।मोदी ने ट्वीट कर कहा, ''अधीर दा के कुशल क्षेम और जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने ट्वीट किया, ''जांच के लिए मौका मिलने का दो दिनों तक इंतजार करने और फिर रिपोर्ट के लिए डेढ़ दिनों का इंतजार करने के बाद पता चला कि मैं कोरोना से संक्रमित हूं। आशा करता हूं कि इससे मैं सकारात्मक सोच के साथ और भांप और तरल पदार्थ लेते हुए निपटूंगा।'' उन्होंने बताया कि उनकी बहन और 85 वर्षीय मां भी संक्रमण की चपेट में आ गई हैं।चौधरी और थरूर से पहले हाल के दिनों में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता आनंद शर्मा, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।--
- नई दिल्ली। कोविड टीकों की पहली खुराक लेने के बाद 21 हजार से अधिक लोग वायरस से संक्रमित हो गए जबकि 5,500 से अधिक लोग दूसरी खुराक लेने के बाद भी संक्रमित हो गए। केंद्र ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 17 लाख 37 हजार 178 व्यक्तियों ने कोवैक्सिन की दूसरी खुराक ली थी, उनमें से 0.04 प्रतिशत लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। वहीं कोविशिल्ड की दूसरी खुराक लेने वाले 1 करोड़ 57 लाख 32 हजार 754 लोगों में से 0.057 प्रतिशत लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं। भार्गव ने कहा कि टीके संक्रमण के जोखिम को कम करते हैं और मृत्यु तथा गंभीर संक्रमण को रोकते हैं।उन्होंने कहा कि यदि टीकाकरण के बाद भी कोई संक्रमण हो जाता है तो इसे भेदन संक्रमण कहा जाता है।भार्गव ने कहा कि अब तक कोवैक्सिन की 1.1 करोड़ खुराकें दी गयी गई हैं। इनमें से 93 लाख लोगों को पहली खुराक मिली और उनमें से 4,208 लोग (0.04 प्रतिशत) लोग संक्रमित हो गए जो प्रति 10 हजार की आबादी पर चार है। उन्होंने कहा कि करीब 17 लाख 37 हजार 178 लोगों ने दूसरी खुराक ली है और उनमें से केवल 695 लोग (0.04 प्रतिशत) कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। भार्गव ने कहा कि कोविशिल्ड की 11.6 करोड़ खुराकें दी गयी हैं। दस करोड़ लोगों को पहली खुराक दी गयी और 17,145 यानी प्रति 10 हजार लोगों में से दो लोगों को संक्रमण हुआ। करीब 1 करोड़ 57 लाख 32 हजार 754 व्यक्तियों ने इस टीके की दूसरी खुराक ली और उनमें से 5,014 (0.03 प्रतिशत) संक्रमित हुए। प्रति 10 हजार लोगों पर दो से चार में 'भेदन' संक्रमण हुआ है जो बहुत कम संख्या है। आंकड़ों के अनुसार, 5,709 लोग टीके की दूसरी खुराक लेने के बाद संक्रमित हो गए। उन्होंने कहा, "यह छोटी संख्या है और चिंताजनक नहीं है।''नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी के पॉल ने कहा कि टीकाकरण के बाद भी जोखिम है इसलिए "हम टीकाकरण के बाद भी लोगों को कोविड संबंधी उचित व्यवहार का पालन करने पर जोर देते हैं।" देश में ऑक्सीजन की कमी के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में प्रति दिन 7,500 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन किया जा रहा है और 6,600 मीट्रिक टन की आपूर्ति राज्यों को चिकित्सीय उपयोग के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा, ''अभी, हमने निर्देश जारी किए हैं कि कुछ उद्योगों को छोड़कर, उद्योगों की ऑक्सीजन आपूर्ति को सीमित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक ऑक्सीजन चिकित्सीय उपयोग के लिए उपलब्ध हो सके।''
- पणजी । गोवा सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण के लिए राज्य में दस दिन के रात्रि कर्फ्यू की घोषणा की है। कर्फ्यू बुधवार से शुरू होगा। इसके साथ ही सरकार ने रेस्त्रां, सिनेमाघरों और जुआघरों पर भी पाबंदी लगा दी है। राज्य सरकार ने गोवा माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की आगामी परीक्षाएं स्थगित करने का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद कहा कि रात्रि कर्फ्यू बुधवार (21 अप्रैल) से लागू होगा। यह रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान पेट्रोल पंप, दवा दुकानों और अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन जारी रहेगा।सावंत ने कहा कि रात्रि कर्फ्यू के दौरान केवल आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई में लगे वाणिज्यिक वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति होगी। रात्रि कर्फ्यू और अन्य पाबंदियां 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेंगी।-file photo
- नयी दिल्ली । सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच अहम सड़क संपर्क वाला जोजिला दर्रा बुधवार को खोल दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बीआरओ अधिकारियों ने बताया कि यह दर्रा आम तौर पर हर साल नवंबर में सर्दियां आने पर बंद हो जाता है जब तापमान शून्य से भी नीचे चला जाता है तथा अगले साल अप्रैल के आखिर में खुलता है। उन्होंने बताया कि जोजिला 11950 फुट की ऊंचाई पर स्थित एक रणनीतिक दर्रा है जो भारतीय सैन्यबलों की अभियानगत तैयारियों में मदद करता है। उन्होंने बताया कि इस साल इस दर्रे को 110 दिनों तक बंद रखने के बाद खोला गया है जबकि आमतौर पर 150 दिनों की औसत अंतराल के बाद खोला जाता है।
- प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर राजीव सिंह का कल रात कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया। वह 53 वर्ष के थे। प्रोफेसर सिंह इस विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कंप्यूटर केंद्र के निदेशक भी थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी जया कपूर के मुताबिक, वर्ष 1968 में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में जन्में सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 1989 में बीएससी, 1992 में इलेक्ट्रानिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन में बीटेक और 1994 में इलेक्ट्रानिक इंजीनियरिंग में एमटेक किया। कपूर ने बताया कि प्रोफेसर सिंह ने इसी विश्वविद्यालय से 2008 में डीफिल किया। वह 1996 में यहां इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन विभाग में प्राध्यापक बने। उन्हें 2003 में ‘जर्मन एकैडमिक एक्सचेंज सर्विस फेलोशिप' मिली थी। कपूर ने बताया कि प्रोफेसर सिंह ने परीक्षा, विधि प्रकोष्ठ, प्रवेश समिति आदि में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन किया था।
- नयी दिल्ली । देश में ऑक्सीजन की कमी की खबरों के बीच केंद्र ने बुधवार को कहा कि भारत में प्रतिदिन 7,500 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन किया जा रहा है और इसमें से आज की तारीख में 6,600 मीट्रिक टन चिकित्सीय उपयोग के लिए राज्यों को आवंटित की जा रही है। केंद्र ने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वी के पॉल ने संवाददाता सम्मेलन में राज्यों, अस्पतालों और कई नर्सिंग होम से अपील की कि ऑक्सीजन का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें क्योंकि यह कोरोना वायरस संक्रमित रोगियों के लिए ‘जीवन रक्षक' है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा, ‘‘हम प्रतिदिन 7,500 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहे हैं जिसमें से 6,600 मीट्रिक टन चिकित्सीय मकसद से राज्यों को आवंटित की जा रही है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमने फिलहाल निर्देश दिये हैं कि कुछ उद्योगों को छोड़कर बाकी उद्योगों को आपूर्ति प्रतिबंधित की जाएगी ताकि चिकित्सीय उपयोग के लिए अधिक से अधिक ऑक्सीजन उपलब्ध हो सके।'' भूषण ने कहा कि 24 घंटे संचालित होने वाला एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है जहां राज्य सरकारें उनके सामने आ रहीं समस्याओं को उठा सकती हैं। मसलन उनका ट्रक कहीं फंस रहा है या आवाजाही बाधित हो रही है आदि। उन्होंने कहा, ‘‘जब आप इतनी बड़ी चुनौती, इतनी बड़ी महामारी और कई पक्षों से निपटते हैं तो कई बार घबराहट और संशय का माहौल हो जाता है और ऐसे में जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकारों की मिलकर काम करने की है ताकि इन चुनौतियों पर फौरन ध्यान दिया जा सके।''' अधिकारियों ने कहा कि वे ऑक्सीजन के आयात के लिए विदेशी आपूर्तिकर्ता के आवेदनों को भी देख रहे हैं।आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मेडिकल ऑक्सीजन की बढ़ती मांग के मद्देनजर केंद्र ने चिकित्सीय ऑक्सीजन के 50,000 मीट्रिक टन के आयात के लिए एक निविदा निकाली है और मंगलवार को इस संदर्भ में बैठक हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय को इसके लिए निविदा को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि भारत सरकार द्वारा सभी राज्यों में सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित करने के लिए 162 प्रेशर स्विंग एडसॉर्पशन (पीएसए) संयंत्रों की मंजूरी दी गयी है जो ऑक्सीजन की क्षमता 154.19 मीट्रिक टन बढ़ाएंगे। इन 162 संयंत्रों में से 33 लग चुके हैं और 59 अप्रैल के अंत तक लग जाएंगे वहीं 80 संयंत्र मई के अंत तक लगाये जाएंगे।
- चेन्नई (तमिलनाडु)। डीआरआई अधिकारियों ने तूतीकोरिन के वी ओ सी बंदरगाह पहुंचे एक मालवाहक जहाज से करीब 500 करोड़ रूपये मूल्य का 300 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह जहाज पनामा से रवाना हुआ था और एंटवर्प और कोलंबो बंदरगाहों से होता हुआ तूतीकोरिन बंदरगाह पर पहुंचा था। उनके अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने इसकी तलाशी ली और लकड़ियों के बीच से सफेद रंग की दबी हुई 302ईंटे जब्त की। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रतिबंधित सामग्री 303 किलोग्राम है और संदेह है कि यह कोकीन है। इस मालवाहक पर लकड़ियों की खेप होने की बात बतायी गयी थी। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के एक अधिकारी ने बताया कि एजेंसी द्वारा की गई यह बड़ी जब्ती है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित सामग्री का कुल मूल्य करीब 500 करोड़ रूपये हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित सामग्री एनडीपीएस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर ली गयी है और मामले की जांच चल रही है।
- नोएडा । नोएडा में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के चिपयाना बुजुर्ग के पास हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। व्यक्ति को एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। शव की पहचान नहीं हो पायी है। उन्होंने बताया कि थाना रबूपुरा क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पूरन नामक व्यक्ति की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि खोड़ा कॉलोनी के निवासी बीरेश कुमार सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। बीरेश को उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर 50 स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
- महोबा (उत्तर प्रदेश)। महोबा जिले के अजनर क्षेत्र में बुधवार को जमीन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया जिसमें दो बुजुर्गों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि अजनर थाना क्षेत्र के अकौनी गांव में बुधवार को जमीन को लेकर विवाद में दो पक्षों में लाठी-डंडे से मार-पीट हो गई। इस मारपीटमें चोट लगने से जयहिंद और शंभू (दोनों की उम्र 65-70 साल के बीच है) की मौके पर मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुलपहाड़ के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) तेजबहादुर सिंह ने बताया कि इस सिलसिले में दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है जिसके आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है, दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिये गए हैं।
- नयी दिल्ली । शहर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी (डीएसजीएमसी) ने अपनी लंगर सेवा फिर से शुरू कर दी है और इस बार उन परिवारों को भी भोजन पहुंचाया जा रहा है जिनमें कोरोना वायरस संक्रमित हैं और अपने लिए भोजन नहीं बना सकते। डीएसजीएमसी ने मंगलवार को यह घर पहुंच सेवा शुरू कर दी है। उसने हेल्पलाइन नंबर जारी किये हैं जिन पर फोन करके लोग घरों तक खाना मंगा सकते हैं। डीएसजीएमसी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक बयान में कहा, ‘‘हम उन परिवारों को खाना पहुंचा रहे हैं जिनमें कोविड-19 रोगी हैं और अपने लिए भोजन नहीं पका सकते। ऐसे परिवारों के लिए पोषक और स्वादिष्ट भोजन पैक किया जा रहा है और हमारी टीम पीपीई किट आदि पहनकर भोजन के पैकेट पहुंचा रही है।'' डीएसजीएमसी इस तरह की होम डिलीवरी के अलावा प्रवासी श्रमिकों समेत गरीब परिवारों को भी लंगर पहुंचा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘एक लाख हो या दो लाख, हम रोजाना इतने लोगों को लंगर पहुंचाने को तैयार हैं और उसी हिसाब से हमने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।'
- भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को घोषणा की कि एक मई से प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड-19 का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड-19 का टीका निःशुल्क लगाया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहत भरी सौगात दी है कि एक मई से 18 साल से अधिक उम्र सभी लोगों को टीका लग सकेगा। चौहान ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘‘प्रिय बहनों और भाइयों, यदि कोविड-19 को हराना है तो संक्रमण की चेन तोड़ना होगा और संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए घर पर रहना होगा। अपने गांव, शहर, कॉलोनी या मोहल्ले में कोरोना कर्फ्यू लगा दें, 30 अप्रैल तक घर पर ही रहेंगे। घर पर रहें और कोरोना को हराएं।
- पुणे । महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक पोल्ट्री फर्म के मालिक ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है कि एक कंपनी द्वारा मुहैया कराए गए भोजन के सेवन के बाद फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई क्योंकि संबंधित उत्पादनकर्ता ने तीन से चार मुर्गीपालन फार्म के मालिकों को मुआवाजा देने पर सहमति जताई है जिन्हें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा। लोनी कालभोर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र मोकशी ने कहा, “शिकायतकर्ता मुर्गीपालन फार्म का मालिक है। वह और उसके इलाके के कम से कम चार और फार्म मालिकों को इसी तरह का समस्या आई जिसके बाद उसने हमारे पास यह शिकायत दर्ज कराई।” शिकायकर्ता ने बताया कि उसने बगल के जिले अहमदनगर स्थित एक कंपनी से मुर्गियों का दाना खरीदा था। मोकशी ने बताया, “उसने शिकायत में कहा है कि इस दाने के सेवन के बाद, उसके फार्म की मुर्गियों ने अंडा देना बंद कर दिया।” उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मुद्दे को लेकर अहमदनगर के प्रखंड स्तर के पशुपालन अधिकारी से विचार-विमर्श किया।-file photo
- कोलकाता। कोविड-19 से संक्रमित पाये जाने के बाद घर पर पृथक-वास में रह रहे जाने माने बांग्ला कवि शंख घोष का बुधवार की सुबह निधन हो गया। उनके परिवार ने इस बारे में बताया। घोष 14 अप्रैल को कोविड-19 से संक्रमित पाये गये थे।स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि 89 वर्षीय घोष डॉक्टरों की सलाह पर घर पर पृथक-वास में रह रहे थे। घोष कई रोगों से पीड़ित थे। कुछ महीने पहले ही स्वास्थ्य की स्थिति बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घोष को रवींद्र नाथ टैगोर की साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने वाला रचनाकार माना जाता है। वह ‘आदिम लता - गुलमोमय' और ‘मूर्ख बारो समझिक नै' जैसी रचनाओं के लिए जाने जाते हैं। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखने वाले घोष को 2011 में पूद्म भूषण से सम्मानित किया गया और 2016 में प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार से नवाजा गया। अपनी पुस्तक ‘बाबरेर प्रार्थना' के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला।उनकी रचनाओं का अंग्रेजी और हिंदी समेत अन्य भाषाओं में अनुवाद हुआ है।घोष के परिवार में उनकी बेटियां सेमांति और श्राबंति तथा पत्नी प्रतिमा हैं।साहित्यकार सुबोध सरकार ने कहा कि कोविड-19 ने ऐसे वक्त में घोष को छीन लिया जब उनकी सबसे अधिक जरूरत थी क्योंकि ‘‘राज्य फासीवाद के खतरे का सामना कर रहा है।'' सरकार ने कहा, ‘‘घोष मृदुभाषी थे लेकिन उनकी कलम की धार तेज थी। उन्होंने हमेशा असहिष्णुता के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने मुक्त एवं स्वतंत्र सोच के लिए सभी विमर्शों और आंदोलनों में हिस्सा लिया।'' घोष का जन्म छह फरवरी 1932 को चंद्रपुर में हुआ था जो अब बांग्लादेश में है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों से सतर्क रहने और कोविड जांच कराने का आग्रह किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री होम आइसोलेशन में चले गए हैं।श्री निशंक ने ट्वीट में लिखा-अस्वस्थ महसूस करने पर आज मैंने अपना कोविड टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है और चिकित्सकों द्वारा निर्धारित परामर्श के अनुसार उपचार ले रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि विगत दिनों में जो महानुभाव मेरे संपर्क में आए हैं वे अपनी जांच रिपोर्ट के अनुसार निर्धारित प्रोटोकॉल का अनुपालन करें।---
- नई दिल्ली। भारत बायोटेक और आई सी एम आर ने आज कोवौक्सीन के तीसरे चरण के परीक्षणों के अंतरिम परिणामों की घोषणा की। परिणाम के अनुसार कोवौक्सीन के 78 प्रतिशत के नैदानिक प्रभावकारिता की सूचना दी गई है। इसमें कहा गया है कि कोविड-19 के भीषण रूप में बीमारी से लडऩे के लिए टीके की प्रभावकारिता शत प्रतिशत थी।एक बयान में, कंपनी ने कहा कि दूसरे अंतरिम परिणामों से पता चला कि भारत की पहली वैक्सीन ने गंभीर संक्रमण के खिलाफ मजबूत प्रभावकारिता दिखाई है। इसमें कहा गया है कि हाल ही में संक्रमण में वृद्धि के कारण जो मामले दर्ज किए गए, उनके आकलन के अनुसार हल्के, मध्यम और गंभीर संक्रमण के खिलाफ टीके की प्रभावकारिता 78 प्रतिशत है।
- नई दिल्ली। महाराष्ट्र में ऑक्सीजन टैंक में रिसाव के बाद ऑक्सीजन की कमी के कारण नासिक जिले में एक कोविड अस्पताल में 22 मरीजों की मौत हो गई। राज्य सरकार ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।नासिक के प्रभारी मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि अस्पताल में 157 कोविड मरीज भर्ती थे, जिनमें से 131 ऑक्सीजन सपोर्ट और 15 मरीज वेंटिलेटर पर थे। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन टैंक में दिन में साढ़े 12 बजे के आसपास रिसाव शुरू हुआ। बाद में टैंक में मरम्मत करके रिसाव पर काबू पाया लिया गया। इस बीच, कुछ मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया और ऑक्सीजन आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई, लेकिन तब तक 22 मरीजों ने दम तोड़ दिया, जिनमें 11 महिलाएं हैं।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सभी अस्पतालों से ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था की जांच करने को कहा है। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने के आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। श्री ठाकरे ने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि समूचा राज्य दुख की इस घड़ी में उनके साथ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है। घटना को हृदय विदारक बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि लोगों की मृत्यु से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। गृह मंत्री अमित शाह ने एक ट्वीट में कहा कि वह घटना से व्यथित हैं। उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी ने भी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।


.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)
.jpg)












.jpg)

.jpg)
.jpg)