- Home
- देश
- नोएडा। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले के मूंछखेड़ा गांव में कुछ हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुस कर लूटपाट और मारपीट की तथा विरोध करने पर परिवार के एक सदस्य को कथित रूप से छत से नीचे फेंक दिया। घरवालों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि छत से फेंका गया व्यक्ति जख्मी हो गया है। अन्य फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अभिषेक ने सोमवार को बताया, “थाना दनकौर क्षेत्र के मूंछखेड़ा गांव में लोकेश शर्मा के घर पर रविवार देर रात बदमाश घुस गए और लूटपाट करने लगे। उसी दौरान लोकेश का बेटा संदीप शर्मा जाग गया और उसने अपने भाई और पिता को भी जगाया।” उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पहले घर के भूतल पर लूटपाट की और फिर पहली मंजिल पर लूटपाट करने लगे। पीड़ितों ने बताया कि घर वालों ने जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने संदीप को छत से नीचे फेंक दिया । इसी बीच, घरवालों ने एक बदमाश को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया और शोर मचाने लगे। अभिषेक ने बताया कि शोर सुनकर ग्रामीण लोकेश के घर के बाहर इकट्ठा हो गए जिसके बाद तीन अन्य बदमाश छत के रास्ते फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची कोतवाली दनकौर पुलिस ने कमरे में बंद किए गए बदमाश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ की जा रही है।
- नागपुर। नागपुर नगर निगम ने मॉल समेत दुकानों और प्रतिष्ठानों को सोमवार से रोज रात आठ बजे तक कामकाज की अनुमति दे दी है। इससे पहले के आदेश में इन प्रतिष्ठानों को सप्ताह के कामकाजी दिनों में रात आठ बजे तक और शनिवार तथा रविवार को दोपहर तीन बजे तक संचालित करने की इजाजत दी गयी थी।नागपुर नगर निगम के आयुक्त राधाकृष्णन बी. ने जारी आदेश में कहा कि रेस्तरां को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ अब रोज रात 10 बजे तक खुले रहने की अनुमति है। हालांकि, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, धार्मिक स्थल और स्विमिंग पूल बंद रहेंगे। सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक समारोहों और विवाह समारोहों को आयोजन स्थल की 50 प्रतिशत क्षमता या 50 लोगों, जो भी कम हो, के साथ रात आठ बजे तक खोलने की अनुमति दी गयी है, जबकि अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकते हंै। सैलून, ब्यूटी सेंटर और वेलनेस सेंटर को रात आठ बजे तक खोलने की अनुमति दी गयी है। आदेश में कहा गया है कि कोचिंग कक्षाओं को रात में आठ बजे तक संचालन की इजाजत होगी।-file photo
- बुलंदशहर (उप्र)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सोमवार को एक कार सड़क किनारे खड़ी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसके कारण कार में सवार दो लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना अनूप शहर क्षेत्र के सुनाई की पैंथ गांव में हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि साहिबाबाद के जीतू (21) और बदायूं के रहने वाले अजीत (38) की मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना में अनीता (38) और नीलम (12) गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। पुलिस के मुताबिक ये सभी लोग साहिबाबाद से उझानी की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार संभवत: कार के चालक को झपकी आ गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
- भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न जेलों से पांच महिलाओं सहित 339 कैदियों को रिहा करेगी। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अच्छे आचरण के साथ-साथ निर्धारित मापदंडों को ध्यान में रखते हुए कैदियों को साल में 15 अगस्त को रिहा किया जाता है। श्री मिश्रा ने कहा, '' इन कैदियों ने अपनी सजा के 14 से 20 साल पूरे कर लिए हैं और इनकी बाकी की सजा को माफ किया जा रहा है। कैदियों ने अपने कार्यकाल के दौरान जीवन कौशल सीखा है। मुझे उम्मीद है कि रिहा होने के बाद वे समाज में खुद को फिर से स्थापित करने में सक्षम होंगे।'' गृहमंत्री ने बताया कि रिहा होने वाले कैदियों में से 36 कैदी भोपाल, 28 इंदौर और बाकी अन्य जिलों के हैं।
-
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9वीं किस्त जारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किसानों के खाते में 2000 रुपए की किस्त जमा की। कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9.75 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में 19,508 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को संबोधित कर लाभार्थी किसानों से बातचीत की।
पीएम मोदी ने नेशनल केसर मिशन के तहत स्थापित किए गए केसर पार्क के लाभार्थियों से बात की। पीएम मोदी ने किसान अब्दुल से पूछा कि इससे उनकी आमदनी कितनी बढ़ गई है। इस पर अब्दुल ने बताया कि केसर पार्क के चलते केसर की खेती से होने वाली आय दोगुनी हो गई है। अब्दुल ने बताया कि केसर पार्क बनने से कश्मीरी केसर को नई पहचान मिली है। -
भीषण सड़क हादसा, 4 की हालत नाजुक
अमरेली। गुजरात में अमरेली जिले के सावरकुंडला तालुका के बरदा गांव के पास एक ट्रक सड़क किनारे बसी झुग्गी बस्ती में जा घुसा। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। 16 जख्मी हुए हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर है। सभी को सांवरकुंडला के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। ट्रक भावनगर जिले के महुवा कस्बे की ओर जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि ट्रक 5-6 झुग्गियों में घुसा। हादसे के समय इनमें 20-25 लोग सो रहे थे। लोगों को रौंदने के बाद ट्रक गड्ढे में गिर गया। लोगों की चीख-पुकार सुनकर पास के गांव के लोग मदद के लिए दौड़े। उन्होंने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
सीएम ने 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवार वालों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कहा, मैंने अधिकारियों से बात की है। घायलों के इलाज में किसी तरह की कोई दिक्कत न आए। -
नयी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक जौहरी से कथित तौर पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में 21 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी विज्ञान विषय में स्नातक है। उसने खुद को कुख्यात काला जठेड़ी गिरोह का सदस्य बताकर जौहरी से रुपये वसूलने की कोशिश की। वह खुद को ‘काला राणा' बताता था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने वीओआईपी (वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) का उपयोग करके कॉल करना सीखने के लिए यूट्यूब पर कई वीडियो भी देखे। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी दिल्ली) प्रियंका कश्यप ने कहा कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने इंटरनेट पर दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ द्वारा जठेड़ी की गिरफ्तारी के बारे में पढ़ा था और उसे यह भी पता चला कि 'काला राणा' नामक व्यक्ति इस समय गिरोह का संचालन कर रहा है।
-
नोएडा (उप्र)। पुलिस ने चार वर्षीय एक बच्चे का चार जुलाई को अपहरण करने के मामले के आरोपी को रविवार को गिरफ्तार करके बच्चे को सकुशल बचा लिया।। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी सौतेली बहन के बच्चे का अपहरण किया था। थाना नॉलेज पार्क प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपनी सौतेली बहन के बच्चे का चार जुलाई को अपहरण कर लिया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजन ने इसकी शिकायत थाने में की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी बच्चे को लेकर जयपुर और जोधपुर समेत कई शहरों में गया था। सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को शनिवार को परी चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी सौतेली बहन के बेटे का अपहरण किसलिए किया था, अभी यह पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
-
गाजियाबाद। गाजियाबाद में कार से स्टंट करने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तीन लोगों को चालान जारी किया गया। यातायात पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। वीडियो में कुछ युवक कार की खिड़की से स्टंट करते नजर आए हैं।
इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस ने एक कार मालिक पर 22,000 रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं दो अन्य वाहन मालिकों- पर 20,000-20,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामानंद कुशवाह ने कहा कि तीन कार चालकों को वाहन में लगे हूटर और सायरन को बजाते देखा गया था। वे कार को प्रताप विहार कालोनी में बारिश में टेढ़े-मेढ़े तरीक़े से चला रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ये वाहन चालक स्थानीय लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे थे। -
मेदिनीनगर। पलामू जिले के मनातू थानान्तर्गत जंगल में पुलिस ने रविवार को एक बुजुर्ग का शव बरामद किया, जिसकी किसी तेज धारदार हथियार से कथित तौर पर हत्या की गई है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी मीडिया को देते हुए बताया कि बुजुर्ग की पहचान नावा गांव निवासी गनौरी महतो (67) के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग के शव को पुलिस ने खेखशाही जंगल से बरामद किया है । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है, लेकिन इस सिलसिले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
-
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में एक आवारा कुत्ते को कुचलने को लेकर एक कार चालक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। इस घटना में कुत्ते की आंख की रोशनी चली गई। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह रहेजा गार्डन के पास हुई, जिससे कुत्ते की बायीं आंख और चेहरे पर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 429 (पशु की जान लेने या अपंग करने की शरारत आदि) और 279 (लापरवाही से वाहन चलाने) तथा पशु क्रूरता रोकथाम अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। - नोएडा (उप्र)। नोएडा की थाना फेस-2 पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी कारों का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले गुलेल गैंग के एक आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आरोपी को उसके दिल्ली स्थित ठिकाने से चार अगस्त को पकडऩे गई थी, लेकिन उस समय आरोपी ने ब्लेड मारकर अपने आप को घायल कर दिया था। उसे दिल्ली के एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान)अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने उपचार के बाद ठीक होने पर रविवार को उसे गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) अंकुर अग्रवाल ने बताया कि थाना फेस-2 पुलिस को सूचना मिली कि कारों का शीशा तोड़कर लैपटॉप एवं नकदी आदि चोरी करने वाला कुख्यात आरोपी इंद्रजीत दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर खड़ा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर उसे वहां से पकड़ लिया, लेकिन आरोपी ने पुलिस से बचने के उद्देश्य से ब्लेड से अपने गले पर प्रहार कर स्वयं को घायल कर लिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस की सहायता से उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद ठीक होने पर उसे आठ अगस्त को थाना फेस -2 पुलिस ने गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी नंवबर 2018 में थाना सेक्टर 24 पुलिस पर गोली चलाता हुआ भाग गया था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कारों का शीशा तोड़कर चोरी की सैकड़ों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
- नोएडा (उप्र)। कार का टायर पंचर हो जाने कारण यमुना एक्सप्रेस पर टायर बदल रहे लोगों को तेज गति से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।दनकौर थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद पाठक ने बताया कि दिल्ली का रहने वाला एक परिवार मथुरा में बांके बिहारी का दर्शन करने गया था। परिवार शनिवार देर रात कार से मथुरा से लौट रहा था। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल क्रॉस करने के बाद कोतवाली दनकौर क्षेत्र में स्पोर्ट सिटी के पास देर रात करीब साढ़े 12 बजे बजे उनकी कार का टायर पंचर हो गया। कार में नयी दिल्ली का विकासपुरी निवासी भास्कर शर्मा (25), भास्कर की मां कंचन शर्मा (62 वर्ष), भास्कर की मौसी पूनम शर्मा और पूनम की बेटी भव्या शर्मा (19 वर्ष) सवार थे। उन्होंने बताया कि टायर पंचर हो जाने पर भास्कर टायर बदल रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में चारों लोग बुरी तरह घायल हो गए और उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ और कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान कंचन शर्मा, भास्कर शर्मा, भाव्या शर्मा को मृत घोषित कर दिया। पूनम शर्मा का कैलाश अस्पताल ग्रेटर नोएडा में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूनम शर्मा दिल्ली पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं।
- मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को घोषणा की कि कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके मुंबईवासी 15 अगस्त से लोकल ट्रेनों में यात्रा कर सकते हैं, लेकिन इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए दूसरी खुराक के बाद 14 दिन का अंतराल होना जरूरी है। ठाकरे ने एक ‘लाइव वेबकास्ट' में यह भी कहा कि उनकी सरकार दुकानों, मॉल, रेस्तरां और धार्मिक स्थलों को छूट देने पर विचार कर रही है और सोमवार को कोरोना वायरस कार्यबल की बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा। महानगर में उपनगरीय ट्रेन सेवाएं इस साल अप्रैल में निलंबित कर दी गई थी, जब राज्य में महामारी की दूसरी लहर के दौरान कोविड-19 के मामले चरम पर थे। वर्तमान में, सिर्फ सरकारी कर्मचारियों और आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मियों को ही लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति प्राप्त है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘टीके की दोनों खुराक ले चुके लोगों को 15 अगस्त से लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति होगी। जिन लोगों ने कोविड-19 रोधी टीके की दूसरी खुराक के बाद 14 दिन की अवधि पूरी कर ली है वे रेलवे पास के लिए विशेष रूप से बनाए गए ऐप पर आवेदन कर सकते हैं और वे इसे अपने संबंधित स्थानीय वार्ड कार्यालयों से प्राप्त कर सकते हैं।'' ठाकरे ने कहा, ‘‘अभी तक मुंबई में 19 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है।'' उन्होंने कहा कि जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है, वे ये पास ऑफलाइन प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वायरस अब भी हमारे आसपास मौजूद है और हमे निश्चिंत नहीं होना चाहिए। मैं समझ सकता हूं कि आपका धैर्य कम हो रहा है। लेकिन कृपया धैर्य नहीं खोएं। '' उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं वहां पाबंदी बनाए रखनी होगी। उन्होंने कहा कि पुणे, अहमदनगर, सोलापुर, कोल्हापुर, सांगली, सतारा, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरि, बीड जिलों में स्थिति चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे में इन जिलों में स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी बढ़ गई है।
- आगरा (उप्र)। दुकान से सिगरेट न लाने पर आगरा के थाना सदर के रोहता चौराहा के पास शनिवार शाम को प्रधान के भतीजे की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। थाना सदर निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दशरथ रोहता क्षेत्र के प्रधानपति हैं।निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि प्रधान का भतीजा (25) दिनेश मजदूरी करता था। वह शनिवार शाम मजदूरी करके लौटने के बाद अपने दोस्त सुभाष के साथ रोहता चौराहा गया था। दोनों रोहता चौराहे के पास देशी शराब के ठेके पर पहुंचे, जहां पहले से ही माकरौल गांव के युवक शराब पी रहे थे। कौशल ने बताया कि आरोप है कि युवकों ने धमकाते हुए दिनेश से सिगरेट लेकर आने को कहा, लेकिन दिनेश ने ऐसा करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गयी। बाद में, दिनेश अपने दोस्त सुभाष के साथ वहां से चल दिया। उन्होंने बताया कि कुछ ही देर बाद आरोपी युवकों ने दोनों को घेर लिया और दिनेश को पीटा, जिससे उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इस दौरान सुभाष ने दिनेश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने ईंट से प्रहार करके उसे भी घायल कर दिया। कौशल ने बताया कि दिनेश की हत्या करने के बाद आरोपी वहां से भाग गये और वहां खड़े अन्य लोगों को धमकी दी कि यदि किसी ने इस संबंध में गवाही दी, तो वे उसे छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों आरोपियों जयपाल और जितेंद्र उर्फ हड्डी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के अन्य आरोपियों को भी पकडऩे के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- मुंबई। कोविड-19 के कारण रद्द की गई यात्रा बुकिंग के लिए रिफंड प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं का आकलन करने की खातिर किए गए एक सर्वेक्षण में 90 प्रतिशत से अधिक लोगों ने कहा कि वह चाहते हैं कि सरकार एक महामारी-विशिष्ट बुकिंग रिफंड नीति तैयार करे। ऑनलाइन मंच लोकलसर्किल द्वारा किए गए इस सर्वेक्षण के अनुसार, 359 जिलों में 37,000 से अधिक लोगों से मिली प्रतिक्रियाओं के अनुसार, कुछ ट्रैवल एजेंटों (ऑनलाइन और ऑफलाइन), एयरलाइनों के साथ-साथ होटलों ने पूरी बुकिंग राशि खोने वाले लोगों के लिए रिफंड की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की। मंच के अनुसार, महामारी की दूसरी लहर के कारण यात्रा बुकिंग रद्द करने वालों में से केवल 12-13 प्रतिशत लोगों को ही समय पर रिफंड मिला। लोकलसर्किल ने कहा, "लगभग 95 प्रतिशत नागरिकों का मानना है कि एयरलाइंस, रेलवे या होटलों की वर्तमान नीतियां उपभोक्ताओं के हित में नहीं हैं और 90 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि सरकार कोविड महामारी की इस अवधि के लिए यात्रा बुकिंग से जुड़ी एक रिफंड नीति तैयार करे।
- हैदराबाद। तेलंगाना एवं आंध्रप्रदेश की सीमा पर तीन स्थानों पर रविवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये। राष्ट्रीय भूभौतकीय अनुसंधान संस्थान (एनजीआरआई) के मुख्य वैज्ञानिक एवं भूकंप विज्ञान प्रमुख श्री नागेश ने बताया कि सुबह सात बजकर 53 मिनट से लेकर सवा आठ बजे तक भूकंप के तीन झटके महसूस किये गये जिनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर क्रमश: 2.3, 2.7 एवं तीन थी। वैसे तो जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन लोग डर गये और वे अपने घरों से बाहर आ गये। नागेश ने कहा, ‘‘ हम उन्हें लघु भूकंप कह सकते हैं। इन भूंकपों के चलते जान-माल का कोई नुकसान नहीं होगा।'' भूंकप के झटके तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में दो स्थानों एवं आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले के पुलिचैंतला में महसूस किये गये।
- डेहरी-ऑन-सोन। बिहार के रोहतास जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। नोहटा थाना अध्यक्ष संजय कुमार वर्मा ने रविवार को बताया कि शनिवार देर शाम हुए इस हादसे में मरने वालों में मुफस्सिल थाना अंतर्गत अमरी गांव निवासी विष्णु राम (35) और नोहटा थाना शेखपुरा गांव निवासी रामदयाल मेहता (55) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विष्णु राम शाहपुर गांव स्थित अपने ससुराल आया था और रामदयाल बरईचा गांव में खेत पर काम कर रहा था, तभी अचानक हुई वर्षा के दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।-file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के दिव्यांग बच्चों और पेंशनधारकों की ‘फैमिली पेंशन' में उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी। इस महत्वपूर्ण निर्णय के बारे में जानकारी देते हुए सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे बच्चों के सम्मान और उनकी देखभाल पर जोर दिया था और यह निर्णय उसी के अनुरूप है। कार्मिक राज्यमंत्री सिंह ने कहा कि इस निर्णय से दिव्यांग बच्चे बेहतर आर्थिक स्थिति और सुविधाजनक रूप से जीवन बिता सकेंगे क्योंकि उन्हें विशेष चिकित्सकीय देखभाल तथा वित्तीय सहायता की जरूरत होती है। मंत्री ने कहा कि केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमावली 1972 के तहत पेंशनधारक की ‘फैमिली पेंशन' और दिवंगत सरकारी कर्मचारी के भाई बहन या बच्चे की आय के नियम की पात्रता में ढील देने के लिए निर्देश जारी किये गए हैं। सिंह ने कहा कि सरकार का मानना है कि फैमिली पेंशन के लिए पात्रता के वास्ते आय का नियम परिवार के अन्य सदस्यों के मुकाबले दिव्यांग बच्चे या भाई बहन के मामले में लागू नहीं हो सकता। सिंह ने कहा कि सरकार ने दिव्यांग बच्चे या सहोदर के मामले में फैमिली पेंशन की पात्रता के वास्ते आय के नियम की समीक्षा की है और निर्णय लिया गया है कि उनके मामले में घोषित फैमिली पेंशन की राशि दी जाएगी।
- रायसेन ।मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 25 वर्षीय एक बेरोजगार युवक ने फेसबुक पर आत्महत्या करने की पोस्ट डालकर रविवार को फांसी लगाकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। यह घटना रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर बेगमगंज नगर के रामनगर मोहल्ला में हुई। बेगमगंज पुलिस थाना प्रभारी इंद्राज सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान रोहित महाजन (25) के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि रोहित ने रविवार को फेसबुक पर पोस्ट डाली है, जिसमें उसने लिखा, ‘‘जाने-अनजाने में मुझसे (रोहित) जो भी कोई भूल-चूक या गलती हुई हो, मैं उसके लिए क्षमा चाहता हूं। मैं जीवन और परिवार से परेशान होकर आज आठ अगस्त, 2021 को खुदकुशी करने जा रहा हूं। मिलते हैं अगले जन्म में।'' इस पोस्ट को पढ़ने के बाद भाजपा के रायसेन जिला मीडिया प्रभारी हरि साहू ने थाना प्रभारी इंद्राज सिंह को तत्काल इसकी सूचना दी और इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को भेजे। सूचना की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में पुलिस रोहित के घर पहुंची, लेकिन तब तक वह आत्महत्या कर चुका था। सिंह ने बताया कि जब यह घटना हुई, तब उसके घर में केवल उसकी मां मौजूद थी, जो बाहर वाले कमरे में थी और उसे इस घटना के संबंध में भनक भी नहीं लगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के पहुंचने पर उसकी मां को ज्ञात हुआ कि उसके पुत्र ने आत्महत्या कर ली है। सिंह ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है। वहीं, मृतक रोहित महाजन के पिता टीकाराम ने कहा कि उसका पुत्र स्नातक पास था और पहले एक निजी कंपनी में काम करता था। फिर पत्रकारिता करने लगा और इसके बाद कोई काम नहीं मिलने के कारण वह बेरोजगार था। उन्होंने कहा कि वह मानसिक रूप से परेशान रहता था।
- नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के कार्यालय ने रविवार को बताया कि जिन लोगों ने कोविड-19 का टीका लगवा लिया है वे अब अपने प्रमाण पत्र कुछ सेकेंड के अंदर ही व्हाट्सएप से प्राप्त कर सकते हैं। वर्तमान में लोगों को अपना टीकाकरण प्रमाण पत्र कोविन पोर्टल पर लॉग-इन कर डाउनलोड करना होता है।मांडविया के कार्यालय ने ट्वीट किया, ''प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर आम आदमी के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया जा रहा है। अब कोविड-19 टीकाकरण प्रमाण पत्र तीन आसान चरणों में 'माईगोव कोरोना हेल्पडेस्क' से प्राप्त करें। संपर्क नंबर +91 9013151515 को सेव करें। व्हाट्सएप पर 'कोविड सर्टिफिकेट' टाइप कर भेजें। ओटीपी प्रविष्ट करें। अपना प्रमाण पत्र कुछ सेकेंड के अंदर हासिल करें।'' रविवार को शाम सात बजे तक जारी अस्थायी रिपोर्ट के मुताबिक देश में लोगों को कोविड-19 के कुल 50 करोड़ 68 लाख 10 हजार 492 टीके लग चुके हैं और इनमें से 55 लाख 91 हजार 657 खुराक एक दिन में दी गई है।
- पुणे। महाराष्ट्र के पुणे शहर में नौ अगस्त से दुकानें रात आठ बजे तक और रेस्तरां 50 फीसदी क्षमता के साथ रात 10 बजे तक खुले रह सकते हैं। यह जानकारी रविवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने दी। उन्होंने बताया कि पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में मॉल को रात आठ बजे तक खुला रखने की अनुमति दी गई है, लेकिन इसमें उन लोगों को ही प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी जिन्होंने कोविड-19 टीके की दोनों खुराक ले ली है। उल्लेखनीय है कि यहां रेस्तरां मालिक, व्यवसायी और मॉल कामगार संगठन मांग करते रहे हैं कि उनके प्रतिष्ठानों के खुलने का समय बढ़ाया जाए और इसके लिए उन्होंने प्रदर्शन भी किए थे। महाराष्ट्र सरकार ने हाल में 25 जिलों में दुकानों को रात आठ बजे तक खुला रखने की अनुमति दी थी लेकिन इमसें पुणे और दस अन्य जिले में शामिल नहीं थे, जहां तीसरे स्तर की पाबंदियां जारी हैं। कोरोना वायरस समीक्षा बैठक के बाद पवार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुणे में 3.3 फीसदी संक्रमण दर और पिंपरी चिंचवाड़ में 3.5 फीसदी संक्रमण दर को देखते हुए हम व्यवसाय के लिए कुछ नियमों में ढील दे रहे हैं। बहरहाल दुकानदार और कर्मचारियों को मास्क पहनना और पूर्ण टीकाकरण करवाना अनिवार्य है। रेस्तरां को भी 50 फीसदी क्षमता के साथ रात दस बजे तक खुला रख सकने की अनुमति दी गई है। पुणे के ग्रामीण क्षेत्रों में तीसरे स्तर की पाबंदियां जारी रहेंगी।'' पुणे जिला के प्रभारी मंत्री ने कहा, ‘‘मॉल कर्मचारियों को पूर्ण टीकाकरण करवाना आवश्यक है। साथ ही कर्मचारियों को हर पखवाड़े जांच करवानी होगी।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो ओलंपिक में भारत के शानदार प्रदर्शन पर रविवार को भारतीय दल को बधाई दी और कहा कि इसमें भाग लेने वाला हर खिलाड़ी एक चैंपियन है। तोक्यो ओलंपिक के समापन पर सिलसिलेवार ट्वीट में प्रधानमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत ने इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में जो भी पदक जीते हैं, उससे निश्चित तौर पर देश गौरवान्वित और प्रफुल्लित हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘तोक्यो ओलंपिक का समापन हो रहा है। इस अवसर पर मैं भारतीय दल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने अपने कौशल, टीमवर्क और समर्पण का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत का प्रतिनिधित्व करने वाला हर खिलाड़ी एक चैंपियन है। भारत ने जो पदक जीते हैं उससे देश गौरवान्वित और प्रफुल्लित हुआ है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर खेलों को और लोकप्रिय बनाने के लिए काम करते रहने का समय है, ताकि नयी प्रतिभा उभर सके और आने वाले समय में उसे भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सके। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने ओलंपिक के शानदार और सफल आयोजन के लिए जापान सरकार और वहां के लोगों की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे समय में और इतनी सफलतापूर्वक इसका आयोजन लचीलेपन का मजबूत संदेश देता है। साथ ही यह भी दर्शाता है कि खेल कैसे लोगों को जोड़ता है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की समुद्री सुरक्षा पर एक खुली परिचर्चा की डिजिटल माध्यम से अध्यक्षता करेंगे। इसका विषय ‘समुद्री सुरक्षा बढ़ाना--अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के रखरखाव के लिए एक मामला' होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रविवार को एक बयान में कहा कि इस परिचर्चा में यूएनएसी के सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और वहां की सरकारों के शामिल होने की संभावना है। इसमें संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी और प्रमुख क्षेत्रीय संगठनों के भी शामिल होने की संभावना है। पीएमओ ने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की खुली परिचर्चा की अध्यक्षता करने वाले नरेंद्र मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।'' इस खुली परिचर्चा के केंद्र में समुद्री अपराध और असुरक्षा तथा इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना होगा।पीएमओ ने बताया कि यूएनएससी ने समुद्री सुरक्षा और समुद्री अपराध के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की है और कई प्रस्ताव पारित किए हैं। हालांकि, यह पहली बार होगा कि समुद्री सुरक्षा पर उच्च स्तरीय और खुली चर्चा गहन तरीके से होगी। पीएमओ ने कहा, ‘‘कोई एक देश समुद्री सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की चिंता नहीं कर सकता लिहाजा यूएनएससी में इसे व्यापक विषय के रूप में आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण है। समुद्री सुरक्षा में एक व्यापक दृष्टिकोण होना चाहिए, जिससे वैध समुद्री गतिविधियों की रक्षा हो सके और साथ ही समुद्री क्षेत्र के पारंपरिक और गैर-पारंपरिक खतरों से निपटा जा सके।'' ज्ञात हो कि भारत इस साल अगस्त महीने के लिए यूएनएससी की अध्यक्षता कर रहा है। एक अगस्त से भारत ने यह जिम्मेदारी संभाल भी ली है। यूएनएससी में केवल पांच स्थायी सदस्य अमेरिका, चीन, ब्रिटेन, रूस और फ्रांस है। वर्तमान में भारत दो साल के लिए सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर की तैयारियों के तहत सरकारी अस्पतालों में 55.46 मीट्रिक टन के 45 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र शुरू किए गए हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) को दी। अधिकारियों के मुताबिक, महानगर के विभिन्न सरकारी एवं निजी अस्पतालों में 148.11 मीट्रिक टन (एमटी) क्षमता के करीब 160 पीएसए ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र लगाए जा रहे हैं। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में जहां 66 संयंत्र लगाए जा रहे हैं, वहीं दस संयंत्र केंद्र सरकार के अस्पतालों में और 84 निजी अस्पतालों में लगाए जा रहे हैं। डीडीएमए अधिकारियों के साथ शुक्रवार को बैठक के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 55.46 मीट्रिक टन क्षमता के 45 पीएसए संयंत्र शुरू हो चुके हैं। इस तरह के 21.06 एमटी क्षमता के 18 संयंत्र 15 अगस्त तक शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 9.29 एमटी क्षमता के दस पीएसए संयंत्र 31 अगस्त तक शुरू होंगे और 5.67 एमटी क्षमता के तीन संयंत्र 15 अक्टूबर तक तैयार होंगे। महानगर में 221 एमटी क्षमता के चार तरल मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) संग्रहण टैंक लगाए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह का 50 एमटी क्षमता का एक और टैंक जीटीबी अस्पताल पहुंच चुका है और उसे दस अगस्त तक लगा दिया जाएगा।














.jpg)











.jpeg)
