- Home
- देश
- कोलकाता। पूर्व रेलवे ने मंगलवार को कहा कि 90 ड्राइवरों और गार्ड के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उसने अभी तक सियालदह संभाग की 56 लोकल ट्रेनें रद्द की हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक हावड़ा संभाग की ट्रेनें रद्द करने पर कोई फैसला नहीं किया गया है। पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया, स्थिति बहुत गंभीर है। कोविड-19 के कारण 90 ड्राइवर और गार्ड ड्यूटी पर आने में अक्षम हैं। हमें 56 लोकल ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं ताकि मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवा पर असर ना पड़े। उन्होंने कहा, जहां तक संभव है, ‘नॉन पीक आवर्स' (ऐसा समय जब भीड़ कम होती है) की ट्रेनों को रद्द किया गया है ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो। पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के कारण सात महीने से ज्यादा वक्त तक बंद रहने के बाद 11 नवंबर, 2020 से लोकल ट्रेन सेवा बहाल की गयी थी। कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर भारतीय रेल ने हाल ही में घोषणा की है कि रेलवे के परिसरों और ट्रेन के भीतर मास्क नहीं लगाने पर यात्री को 500 रुपये का जुर्माना भरना होगा।file photo
- सहारनपुर। कोरोना वायरस के कारण जाने माने गीतकार राजेन्द्र राजन की मृत्यु होने के चार दिन बाद संक्रमण के कारण उनकी पत्नी की भी मृत्यु हो गई। साहित्यकार डॉ. वीरेन्द्र आजम ने बताया कि अपने गीतों से देश, विदेश में ख्याति प्राप्त गीतकार राजेन्द्र राजन की विगत 15 अप्रैल को कोविड-19 से जंग लड़ते हुए मृत्यु हो गई थी जिससे साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। आजम ने बताया कि सोमवार रात को राजन की पत्नी विभा मिश्रा की भी संक्रमण के कारण मृत्यु हो गई। 62 वर्षीय विभा मिश्रा भी कवयित्री थीं। ऑक्सीजन का स्तर कम होने पर मिश्रा को उपचार के लिये मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
- सहारनपुर। सहारनपुर लोकसभा सीट से पूर्व सांसद और उतर प्रदेश के पूर्व मंत्री जगदीश राणा का सोमवार रात को फरीदाबाद में निधन हो गया। 74 वर्षीय राणा पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रहे थे। राणा के परिवार की ओर से बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें फरीदाबाद के एशियन अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां कल रात को उनका निधन हो गया। जगदीश राणा के भाई पूर्व विधायक महावीर राणा ने यह जानकारी दी। राणा, मुलायम सिंह यादव के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री थे।
- ग्वालियर। प्रवासी मजदूरों से भरी एक बस मंगलवार की सुबह ग्वालियर के पास पलट गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गये। हादसा ग्वालियर-झांसी राजमार्ग पर जौरासी घाटी के पास एक मोड़ पर सुबह करीब नौ बजे हुआ। दिल्ली में लॉकडाउन होने के बाद बस प्रवासी मजदूरों को लेकर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ होते हुए छतरपुर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। ग्वालियर जिले के पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे ग्वालियर-झांसी राजमार्ग के जौरासी घाटी मोड़ पर यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। बस दिल्ली से प्रवासी मजदूरों को लेकर टीकमगढ़-छतरपुर जा रही थी। उन्होंने कहा कि इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हुई है और करीब आठ लोग घायल हुए हैं। इन सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सांघी ने बताया कि अन्य यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा, इस बस में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे, इसकी जांच की जाएगी। लेकिन, फिलहाल घायलों के इलाज और सभी मजदूरों को घर भेजने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसी बीच, हादसे के तुरंत बाद मध्य प्रदेश के अपर परिवहन आयुक्त अरविंद सक्सेना मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद विभाग तुरंत कदम उठाया है और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से कहा है कि लॉकडाउन के कारण जिन बसों से प्रवासी मजदूर घर वापस जा रहे हैं, उनकी जानकारी विभाग को दी जाए, ताकि राज्य की सीमा में उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके।
- नयी दिल्ली।दिल्ली में मंगलवार की सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे जिससे न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सुबह नौ बजे शहर की वायु गुणवत्ता 193 दर्ज की गई जो मध्यम श्रेणी में आती है। उन्होंने बताया कि सापेक्ष आर्द्रता 43 फीसदी दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि दिन में धूल की आंधी आने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
- कौशांबी (उप्र)। कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन स्थित भरवारी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। भरवारी रेलवे स्टेशन के आरपीएफ चौकी प्रभारी आरएस ध्यानी ने बताया कि थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव के निवासी रामचंद्र सेन (60) का रक्तरंजित शव आज सुबह ग्रामीणों ने रेलवे पटरी पर देखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
- बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के हरैया थाना क्षेत्र में आग लगने से 17 मकान जल कर राख हो गए और इसी दौरान घर में रखी नकदी को आग से बचाने के प्रयास में एक बुजुर्ग महिला की जलकर मौत हो गई। उपजिलाधिकारी (सदर) अरुण कुमार गोड़ ने मंगलवार को बताया कि हरैया थाना क्षेत्र के भवानीडीह गाँव में सोमवार की रात में आग लगने से गाँव के 17 मकान जल गए। गोड़ ने बताया कि घर के अंदर रखी दो हजार रुपये नकदी को बचाने के प्रयास में जल रहे मकान में गयी वृद्ध महिला राजरानी (70) आग की चपेट में आ गयी और उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट मिलते ही पीड़ितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।-file photo
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा- हम सब आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं राहुल जी।नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, हल्के-फुल्के लक्षण दिखने के बाद जांच कराया, जिसमें मेरे कोरोना से संक्रमित होने का पता चला।राहुल गांधी ने कहा, हाल के दिनों में मेरे संपर्क में आए लोग सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनुसरण करें और सुरक्षित रहें।'' कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने 50 वर्षीय राहुल गांधी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, मुझे राहुल गांधी जी की सेहत को लेकर चिंता है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा, हम सब आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं राहुल जी। इस संकट के समय में देश को आपके मार्गदर्शन की आवश्यकता है। आप जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटें। देश अपने जननेता का इंतजार कर रहा है।'' कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा, राहुल गांधी के कोरोना से संक्रमित होने के बारे में पता चला। बहुत चिंतित हूं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किया, कामना करता हूं कि राहुल गांधी जी कोविड से शीघ्र और पूरी तरह स्वस्थ हों।'' इससे पहले, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराए गए थे। हाल के दिनों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दिग्विजय सिंह भी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं।
- नयी दिल्ली । रेलवे ने सोमवार को कहा कि उसने कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के मद्देनजर दिल्ली में सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर तत्काल प्रभाव से प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगा दी है। उत्तरी रेलवे की इस घोषणा से कुछ घंटे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में छह दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी, जो आज रात दस बजे से शुरू होकर 26 अप्रैल सुबह पांच बजे खत्म होगा। केजरीवाल ने कहा कि कोविड-19 मामलों में वृद्धि के मद्देनजर लॉकडाउन लगाना जरूरी था क्योंकि दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली पर इसकी क्षमता से अधिक भार पड़ा है। रेलवे के संभागीय प्रबंधन आर एन सिंह ने ट्वीट किया, ''दिल्ली क्षेत्र के नयी दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार आदि प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री रोक दी गई है।'' उन्होंने लिखा, ''उत्तरी रेलवे के दिल्ली संभाग ने कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है ताकि प्लेटफॉर्मों और स्टेशन परिसरों में यात्रियों के प्रवेश को नियंत्रित किया जा सके।'' दिल्ली में लगभग हर दिन 25,500 मामले सामने आ रहे हैं, जिससे शहर की स्वास्थ्य प्रणाली पर भार बढ़ गया है। रेलवे ने कहा कि ट्रेनें चल रही हैं और इनका संचालन जारी रहेगा। रेलवे के प्रवक्ता डी जे नारायण ने कहा, ''रेलवे यात्रियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिये तैयार है। काफी सारी ट्रेनें चल रही हैं। सभी ट्रेनें इसी तरह चलती रहेंगी।
- नई दिल्ली। कोविड-19 रोधी टीका लगाने की उम्र सीमा 18 साल करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम टीका उत्पादक कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।वीडियो कॉन्फ्रेंस से होने वाली यह बैठक शाम छह बजे होगी और इसमें जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से एक प्रस्तुति भी दी जाएगी। टीका उत्पादक कंपनियों के साथ भी यह विभाग समन्वय करेगा। बैठक में भारत के साथ ही विदेशों की भी शीर्ष दवा निर्माता कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिन कंपनियों के टीकों को भारत सरकार की मंजूरी मिली हुई है, उनके भी इस बैठक में शामिल होने की संभावना है। अभी तक ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश-स्वीडिश कंपनी एस्ट्रोजेनेका द्वारा विकसित 'कोविशील्ड' और भारत बायोटेक कंपनी द्वारा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान के साथ साझेदारी में विकसित 'कोवैक्सीन' टीके भारत में दिए जा रहे हैं। भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने कुछ शर्तों के साथ कोविड-19 के रूसी टीके 'स्पूतनिक वी' के देश में आपात इस्तेमाल को पिछले दिनों मंजूरी दे दी। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी के अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में सरकार ने एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोग कोविड-19 से रोकथाम के लिए टीका लगाने को मंजूरी दे दी।
- धार । मध्य प्रदेश के धार जिले के एक गांव में कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर एक विवाह समारोह में जोर से बज रहे संगीत के साथ सैकड़ों की संख्या में लोगों के थिरकने के आरोप के मामले में दूल्हे सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। यह घटना धार जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूर कुक्षी तहसील के दही ब्लॉक के ग्राम ठेन्चा में रविवार रात को हुई। इसका घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। इस वीडिया में सैकड़ों की संख्या में लोग थिरकते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से कई लोगों ने ना तो मास्क पहने थे और ना ही सामाजिक दूरी के नियमों का पालन कर रहे हैं। कुक्षी के उप संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) विवेक कुमार ने सोमवार को बताया, ‘‘सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद हमने दूल्हे, उसके पिताजी एवं डीजे संचालक के विरूद्ध रविवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की है।'' उन्होंने कहा कि इनके अलावा, पंचायत के सरपंच सचिव एवं कोटवार के विरूद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है, क्योंकि उनकी भी जिम्मेदारी थी कि प्रशासन को सही समय पर सूचित करें एवं यह सुनिश्चित करें कि कोविड दिशा-निर्देशों की पूरी तरह से पालन करवाया जाए। कुमार ने बताया, ‘‘तहसीलदार एवं पुलिस की संयुक्त टीम को वहां पर भेजा गया और जांच उपरांत यह पाया गया की शिकायत सही है।
- -उपसचिव स्तर, उनके समकक्ष तथा ऊपर के सभी अधिकारियों को नियमित कार्यालय आना होगानयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अपने कर्मियों के लिए सरकारी कार्यालयों में अलग-अलग पालियां निर्धारित करने, अवर सचिव और उनके नीचे के स्तर के कर्मियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत तक सीमित करने समेत सोमवार को कई दिशा-निर्देशों की घोषणा की ।कार्मिक मंत्रालय के एक बयान के अनुसार उपसचिव स्तर, उनके समकक्ष तथा ऊपर के सभी अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यालय आना होगा। बयान के अनुसार उपसचिव एवं उनके समकक्ष तथा उनसे नीचे स्तर के अधिकारियों की उपस्थिति 50 फीसद तक सीमित कर दी गयी है। बयान में कहा गया, ''सचिव/विभागाध्यक्ष अधिकारियों की उपस्थिति विनियमित कर सकते हैं या प्रशासनिक आधार पर अधिक अधिकारियों को कार्यालय आने को कह सकते हैं।'' मंत्रालय ने कहा कि दिव्यांग और गर्भवती महिलाओं को कार्यालय आने से छूट प्राप्त होगी लेकिन उन्हें अगले आदेश तक घर से काम करना होगा। कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि कोविड-19 के मामले अप्रत्याशित रूप से बढऩे के मद्देजनर जारी किये गये ''ये दिशा-निर्देश तत्काल प्रभाव में आ जायेंगे और 30 अप्रैल, 2021 तक या अगले आदेश तक प्रभाव में बने रहेंगे।'' उन्होंने उम्मीद जतायी कि इन सभी निर्देशों का सभी नागरिकों, सरकारी कर्मियों एवं उनके परिवारों के हित में अक्षरश: पालन किया जाएगा। बयान के अनुसार सिंह ने आशा प्रकट की कि राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश सरकार भी इन दिशा-निर्देशों पर विचार करेंगी। कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि कार्यालयों में भीड़ कम करने के लिए सुबह नौ से अपराह्न पांच बजे, सुबह साढे नौ बजे से शाम छह बजे और पूर्वाह्न दस बजे से शाम साढ़े छह बजे की पालियों का अधिकारी एवं कर्मी पालन करेंगे। इसने कहा, '' जो अधिकारी किसी खास दिन कार्यालय नहीं आते हैं, उन्हें अपने घर पर पूरे वक्त टेलीफोन या अन्य संचार माध्यमों से अपने आप को उपस्थित रखना होगा और घर से काम करना होगा। '' सरकार ने कहा कि जो अधिकारी निषिद्ध क्षेत्र में रहते हैं, उन्हें तब तक कार्यालय आने से छूट प्राप्त होगी जब तक कि उनके क्षेत्र से निषिद्ध क्षेत्र की अधिसूचना हटा नहीं ली जाती है। मंत्रालय ने कहा कि कार्यालय आने वाले सभी अधिकारियों/कर्मियों को मास्क लगाना, आपस में दूरी रखना, सैनिटाइजर का उपयोग करना, बार-बार हाथ धोने समेत कोविड-19 उपयुक्त आचरण का कड़ाई से करना होगा। साथ ही, सीढिय़ों, गलियारे, साझा क्षेत्रों आदि स्थानों पर भीड़ नहीं लगानी होगी। सरकार ने कहा कि बैठकें यथासंभव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होंगी एवं बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह बंद होगा। मंत्रालय ने कहा कि बायोमीट्रिक उपस्थिति निलंबित रहेगी और उपस्थिति पंजिका अगले आदेश तक उपयोग में लायी जाएगी।
- बेहरामपुर। ओडिशा के गंजाम जिले में सोमवार को एक स्टोन क्रशर इकाई में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि घटना बेहरामपुर सदर थानांतर्गत कुकुडाखांडी गांव में हुई। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान कुकुडाखांडी निवासी संतोष कुमार (37) और फदरीपल्ली निवासी सुरेश कुमार पात्रा (40) के रूप में हुई।पुलिस ने कहा कि एक घायल को एम्स -भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है और दो अन्य का यहां एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि उनकी हालत नाजुक बताई गई है। उन्होंने कहा कि घायल लोग भी कुकुडाखांडी और इसके आसपास के निवासी हैं। पुलिस ने कहा कि संदेह है कि स्टोन क्रशिंग में इस्तेमाल होने के लिये एक घर की टिन की छत पर रखी जिलेटिन की छड़ों और डेटोनेटरों जैसे विस्फोटकों में धमाका हुआ। पुलिस ने कहा कि धमाके की तीव्रता बहुत अधिक रही होगी क्योंकि घर में रखे दोनों गैस सिलिंडर फट गए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
- सागर (मध्य प्रदेश)। कोरोना वायरस संक्रमण के अधिक बढ़ने के बाद 40 वर्षीय कोरोना योद्धा चिकित्सक को एयर एंबुलेंस से बेहतर उपचार के लिए हैदराबाद ले जाया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर प्रदेश सरकार के द्वारा उपलब्ध कराई गई एयर एंबुलेंस से उन्हें हैदराबाद भेजा गया। डॉ. सत्येंद्र मिश्रा का इलाज कर रहे क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ जैन ने सोमवार को बताया कि हैदराबाद के चिकित्सकों की टीम रविवार आधी रात को सागर पहुंची और उन्होंने डॉ. मिश्रा को वेंटिलेटर पर रखकर संपूर्ण परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इसके कुछ ही घंटे बाद तड़के पांच बजे सड़क मार्ग से 175 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें भोपाल हवाईअड्डे ले जाया गया, जहां से एयर एंबुलेंस से उन्हें हैदराबाद ले जाया गया। जैन ने बताया कि डॉ. सत्येंद्र मिश्रा सोमवार सुबह साढ़े दस बजे हैदराबाद के अस्पताल पहुंचे और उनका इलाज शुरू हो गया है। मालूम हो कि डॉ. सत्येंद्र मिश्रा के फेंफड़ों में संक्रमण बहुत ज्यादा फैलने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें प्रतिरोपण की सलाह देते हुए सर्जरी के लिए हैदराबाद जाने की सलाह दी। हैदराबाद में इलाज को लेकर डॉक्टर की आर्थिक सहायता के लिए सागर के भाजपा विधायक शैलेन्द्र जैन व जिला कलेक्टर दीपक सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अवगत कराया गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री की पहल पर उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से भेजा गया। डॉ. सत्येंद्र मिश्रा बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर क्षय एवं छाती रोग विभाग में पदस्थ हैं।
- इंदौर (मप्र) ।कोविड-19 की दूसरी लहर के घातक प्रकोप के बीच यहां रेमडेसिविर दवा की कालाबाजारी पर रोक के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को अहम फैसला किया। प्रशासन ने तय किया है कि इस अपराध में शामिल लोगों को सख्त प्रावधानों वाले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। जिलाधिकारी मनीष सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, "ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि खासकर छोटे अस्पतालों के कर्मचारी रेमडेसिविर की कालाबाजारी कर रहे हैं। हम इस दवा की कालाबाजारी में शामिल लोगों को एनएसए के तहत जेल भेजेंगे।" उन्होंने कहा, " हम अस्पतालों में रेमडेसिविर के वितरण पर नजर रख रहे हैं। इस दवा की कालाबाजारी में शामिल पाए जाने पर अस्पताल संचालकों के खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" जिलाधिकारी ने बताया कि राजेंद्र नगर पुलिस द्वारा रविवार को रेमडेसिविर की कथित कालाबाजारी में पकड़े गए आरोपियों में शामिल एक डॉक्टर और एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव पर रासुका लगाया जा रहा है। सिंह के मुताबिक, जिले में रेमडेसिविर की किल्लत का प्रमुख कारण मरीजों की बढ़ती मांग के मुकाबले दवा निर्माता कंपनियों की आपूर्ति घटना है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में इसकी आपूर्ति में इजाफे की उम्मीद है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 24 मार्च 2020 से लेकर अब तक महामारी के कुल 91,015 मरीज मिले हैं। इनमें से 1,054 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।-file photo
- नयी दिल्ली ।कोविड-19 के मामलों में वृद्धि बीच दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने अपनी भौतिक ओपीडी सेवा को बंद करने और सामान्य मरीजों को भर्ती करने संबंधी सेवा को स्थगित करने का फैसला किया है, जिससे कि वायरस के प्रसार को रोका जा सके और संसाधनों को कोरोना वायरस से संक्रमित रोगियों के उपचार में लगाया जा सके। एम्स प्रशासन ने सोमवार को एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार, 22 अप्रैल से भौतिक ओपीडी सेवा, विशेषज्ञता क्लिनिक और सभी केंद्रों में रोगियों की भौतिक परामर्श सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर टेली परामर्श सेवा पर जाने का निर्णय किया गया है। इसमें कहा गया, ‘‘कोविड-19 महामारी के सामुदायिक प्रसार की संभावना को कमतर करने की बढ़ती आवश्यकता तथा मौजूदा श्रमशक्ति और संसाधनों को कोविड-19 के संदिग्ध/पुष्ट मामलों के रोगियों के उपचार में इस्तेमाल करने के मद्देनजर तथा दिल्ली सरकार द्वारा घोषित पूर्ण कर्फ्यू संबंधी स्थिति पर विचार करते हुए यह निर्णय किया गया है।'' प्रशासन ने कहा कि इसके अलावा सामान्य रोगियों को भर्ती करने संबंधी बिस्तरों का इस्तेमाल गंभीर रूप से बीमार आपातकालीन/अर्ध आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों के उपचार के लिए करने संबंधी आवश्यकता के मद्देनजर एम्स अस्पताल और सभी केंद्रों में सामान्य और निजी वार्ड में सामान्य रोगियों को भर्ती करने की सेवा को तत्काल दो सप्ताह की अवधि के लिए अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय किया गया है। इसने कहा कि इस अवधि के बाद इसकी समीक्षा की जाएगी।परिपत्र में कहा गया है कि ऐसे रोगियों को भर्ती करने की सेवा जारी रहेगी जो आपातकालीन स्थिति वाले मरीज हैं और जिन्हें सामान्य वार्ड में भर्ती होने की आवश्यकता है या ऐसे रोगी जिन्हें आपातकालीन/अर्ध आपातकालीन स्थिति के चलते निजी वार्ड में भर्ती होने का परामर्श दिया गया है। इसमें कहा गया, ‘ईएचएस रोगियों को चिकित्सा आवश्यकता के अनुरूप भर्ती करने संबंधी सेवा जारी रहेगी।
- भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि प्रदेश के सभी पात्र निर्धन उपभोक्ताओं को उचित मूल्य की दुकानों से एक साथ तीन माह का राशन मुफ्त मिलेगा। चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा प्रदेश के कलेक्टरों से संवाद करते हुए यह घोषणा की।उन्होंने कहा कि शहरों और कस्बों के साथ ही प्रदेश के गांवो में भी संक्रमण बढ़ने से रोकना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां अधिक संक्रमित रोगी हैं, वहां निषिद्ध क्षेत्र बनाकर संक्रमण नियंत्रण सुनिश्चित करें। हर हाल में संक्रमण की चेन को तोड़ना है। उन्होंने कहा कि रहवासी संघ और स्वैच्छिक संगठन सहयोग करें ताकि जो व्यवस्थाएं कम पड़ रही हैं, उन्हें पर्याप्त बनाया जा सके। चौहान ने खंडवा एवं बुरहानपुर प्रशासन के संक्रमण नियंत्रण के प्रयासों को सराहनीय बताया है।उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश के सभी पात्र निर्धन उपभोक्ताओं को उचित मूल्य की दुकानों से एक साथ तीन माह का राशन निःशुल्क मिलेगा।'' चौहान ने कहा कि प्रदेश में संक्रमित रोगियों के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किए गए हैं। रेमडेसिविर टीके भी लगातार आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा कि जिन जिलों में ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किए गए हैं, वे प्लांट स्थापना का कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि आगामी 30 अप्रैल तक घर से न निकलें ताकि संक्रमण की चेन टूट सके। चौहान ने कहा कि औषधियों की कालाबाजारी करने वाले के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई करें।
- इंदौर। कोविड-19 की दूसरी लहर के घातक प्रकोप के बीच यहां दान में मिले करीब पांच करोड़ रुपये के सामान से सूबे का सबसे बड़ा कोविड-19 देखभाल केंद्र बनकर तैयार है। महामारी की रोकथाम के लिए राज्य सरकार की गठित सलाहकार समिति के एक सदस्य ने सोमवार को यह जानकारी दी। खास बात यह है कि प्रदेश में कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित जिले में कोविड देखभाल केंद्र गत्ते के उन पलंगों से तैयार किया गया है जिन्हें इस्तेमाल के बाद आसानी से नष्ट किया जा सकता है। कोविड-19 सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. निशांत खरे ने यहां संवाददाताओं को बताया कि यह केंद्र खंडवा रोड के एक सामुदायिक सत्संग परिसर में गत्ते के पलंगों से पखवाड़े भर के भीतर तैयार किया गया है और यह राज्य भर में अपनी तरह की सबसे बड़ी इकाई होगी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र की कुल क्षमता 6,000 बिस्तरों की होगी। हालांकि, पहले चरण में अगले दो-तीन दिन के भीतर 600 बिस्तरों से इसकी शुरुआत की जाएगी। खरे ने बताया, "कोविड देखभाल केंद्र शुरू करने के लिए औद्योगिक समूहों, कारोबारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने करीब पांच करोड़ रुपये का सामान दान में दिया है। इनमें मरीजों के कपड़ों और बिस्तरों से लेकर ऑक्सीजन मशीनें तक शामिल हैं। इस केंद्र में दो ऑक्सीजन संयंत्र भी बनाए जा रहे हैं।" सलाहकार समिति के सदस्य ने बताया कि कोविड देखभाल केंद्र में खासकर हल्के लक्षणों वाले उन मरीजों को रखा जाएगा जिनके घर छोटे होने के कारण वे पृथक-वास में नहीं रह सकते। उन्होंने बताया कि कोविड देखभाल केंद्र में चिकित्सा और नर्सिंग सुविधाओं का जिम्मा शहर के चार निजी अस्पतालों को सौंपा गया है। गौरतलब है कि यह केंद्र ऐसे वक्त शुरू किया जा रहा है, जब संक्रमितों की तादाद में भारी उछाल के चलते इंदौर में अस्पतालों के बिस्तरों, मेडिकल ऑक्सीजन, रेमडेसिविर दवा और अन्य जरूरी संसाधनों की बड़ी कमी महसूस की जा रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में 24 मार्च 2020 से लेकर अब तक महामारी के कुल 91,015 मरीज मिले हैं। इनमें से 1,054 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।-file photo
- नयी दिल्ली/लंदन। कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अगले सप्ताह भारत यात्रा पर नहीं आयेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि यह फैसला दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से किया है।उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आपसी सहमति से यह निर्णय किया गया है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री अगले सप्ताह भारत यात्रा पर नहीं आयेंगे।'' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों पक्ष आने वाले दिनों में डिजिटल बैठक आयोजित करेंगे, जिसमें भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिये योजनाएं पेश की जायेंगी। लंदन में डाउनिंग स्ट्रीट ने भी सोमवार को जानकारी दी कि जॉनसन का दौरा रद्द कर दिया गया है।हालांकि, जॉनसन भविष्य की ब्रिटेन-भारत साझेदारी के लिए अपनी योजनाओं की शुरुआत के लिहाज से इस महीने के आखिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे। उनकी आमने-सामने मुलाकात इस साल के आखिर में होने की संभावना है। डाउनिंग स्ट्रीट ने ब्रिटिश और भारतीय सरकारों की ओर से एक संयुक्त वक्तव्य में कहा, ‘‘कोरोना वायरस के मौजूदा हालात की वजह से प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अगले सप्ताह भारत यात्रा नहीं कर सकेंगे।'' बयान में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉनसन ब्रिटेन और भारत के बीच भविष्य की साझेदारी के लिहाज से अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर सहमति बनाने और उन्हें शुरू करने के लिए इस महीने के आखिर में बातचीत करेंगे।'' भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच जॉनसन पर अपनी यात्रा को रद्द करने का दबाव था। इस सप्ताहांत में ब्रिटेन की विपक्षी लेबर पार्टी ने उनसे आग्रह किया था कि वह यात्रा स्थगित करें और जूम से डिजिटल तरीके से चर्चा करें। इससे पहले इस यात्रा को छोटा करके एक दिन करने की घोषणा की गयी थी।दोनों पक्षों को व्यापार, निवेश और जलवायु परिवर्तन संबंधी कार्रवाई के क्षेत्र में भारत-ब्रिटेन के संबंधों में नयी ऊर्जा का संचार करने के लिहाज से ‘रोडमैप 2030' पर सहमति बनानी है। अब इस बारे में इस महीने के आखिर में डिजिटल तरीके से प्रक्रिया को संपन्न किया जा सकता है। इससे पहले जनवरी में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भी जॉनसन की यात्रा रद्द कर दी गयी थी।--
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड-19 से लड़ाई में टीकाकरण को ''सबसे बड़ा हथियार'' बताते हुए सोमवार को देश भर के चिकित्सकों से अधिक से अधिक लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। देश में तेजी से बढ़ते कोविड-19 संक्रमण के मामलों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को देश के अग्रणी चिकित्सकों के साथ एक बैठक की और महामारी की मौजूदा स्थिति के साथ ही टीकाकरण अभियान की समीक्षा की।उन्होंने महामारी के समय चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के सेवा भाव को ''अमूल्य'' बताते हुए उनकी सराहना की। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले साल इसी समय चिकित्सकों के कठिन परिश्रम और देश की रणनीति की वजह से कोरोना संक्रमण के लहर को नियंत्रित किया जा सका था। उन्होंने कहा, ''अब जबकि देश दूसरी लहर का सामना कर रहा है तो सभी चिकित्सक और अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मी महामारी से पूरी ताकत के साथ मुकाबला कर रहे हैं और लाखों लोगों का जीवन बचा रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने आवश्यक दवाइयों की आपूर्ति, इंजेक्शन और ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं और इनके बारे में राज्य सरकारों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण को ''सबसे बड़ा हथियार'' करार देते हुए मोदी ने चिकित्सकों से अधिक से अधिक मरीजों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने चिकित्सकों से कोविड-19 के उपचार और इससे बचाव के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने और अफवाहों से बचाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन मुश्किल परिस्थितियों में, ''यह बहुत महत्वपूर्ण है कि लोग आतंक के शिकार ना हों। इसके लिए उचित उपचार के साथ ही अस्पतालों में भर्ती मरीजों को उचित सलाह पर जोर होना चाहिए।'' उन्होंने चिकित्सकों को अन्य बीमारियों से पीडि़त मरीजों के उपचार के लिए टेली-मेडिसीन का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार टीयर-2 और टीयर-3 शहरों में कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। इसके मद्देनजर उन्होंने ऐसे शहरों में संसाधनों के उन्नयन के प्रयासों को तेज करने को कहा। उन्होंने चिकित्सकों से आग्रह किया कि ऐसे शहरों में कार्यरत चिकित्सकों से वह संपर्क करें और डिजिटल माध्यम का उपयोग करते हुए उन्हें महामारी से लडऩे के उपायों के बारे में सलाह दें।इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, रसायन व उर्वरक मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब भारत में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 2 लाख 73 हजार 810 नए मामले सामने आए और देश के कई राज्यों से ऑक्सीजन तथा दवाइयों की कमी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को देश में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 2 लाख 73 हजार 810 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमण के कुल मामले डेढ़ करोड़ के पार पहुंच गए। इसके साथ ही देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी 19 लाख से अधिक हो गई है।देश में कोविड-19 के कुल 1 करोड़ 50 लाख 61 हजार 919 मामले हैं तथा एक दिन के भीतर 1,619 लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1 लाख 78 हजार 769 पर पहुंच गई। संक्रमण के मामलों में लगातार 40वें दिन वृद्धि हुई है।
- नई दिल्ली। रेमडेसिविर की जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। राज्यों से कहा गया है कि इसकी निर्बाध आपूर्ति को सुनिश्चित बनाया जाये तथा इसकी जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कडी कार्रवाई की जायेगी।केन्द्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डी वी सदानन्द गौडा ने आज नई दिल्ली में दवा कम्पनियों के साथ एक बैठक की, जिसमें रेमडेसिविर की उपलब्धता पर विचार-विमर्श किया गया। श्री गौडा ने कहा कि केन्द्र सरकार दवा निर्माताओं के लगातार सम्पर्क में है और उसने उनसे मिलकर साप्ताहिक उत्पादन की योजना तैयार की है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले सप्ताह में रेमडेसिविर का उत्पादन दोगुना हो जायेगा।
- - मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जल्द स्वस्थ होने की कामना कीनई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और उन्हें सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन की अस्वस्थता पर चिंता जाहिर करते हुए ट्वीट किया-पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह जी के कोविड पॉजिटिव होने के समाचार से चिंतित हूँ। हम सभी देशवासी ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। आप हमारी पहचान एवं स्वाभिमान हैं, जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटें।
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने डॉ. .मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ''प्रिय मनमोहन सिंह जी, आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। भारत को इस मुश्किल समय में आपके मार्गदर्शन और परामर्श की जरूरत है।'' प्रियंका ने कहा, ''मनमोहन सिंह जी और उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थना हैं। कामना है कि वह इस मुश्किल से लड़ेंगे और जल्द स्वस्थ होंगे।''डॉ. मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। - नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में बाद में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे 63 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।
- नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों और उनके कारण स्वास्थ्य प्रणाली पर पड़ रहे भार के मद्देनजर 19 अप्रैल सोमवार रात को दस बजे से लेकर अगले सोमवार को तड़के पांच बजे तक छह दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है।ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में बीते कुछ दिन से कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या 25 हजार 500 के लगभग बनी हुई है तथा स्वास्थ्य प्रणाली पर भार बहुत बढ़ गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, यहां दवाओं, बेड, आईसीयू, ऑक्सीजन की गंभीर कमी है ऐसे में स्वास्थ्य प्रणाली को ध्वस्त होने से बचाने के लिए लॉकडाउन की बहुत आवश्यकता है। केजरीवाल ने कहा कि लॉकडाउन लगाने का फैसला लेना आसान नहीं थ।, उन्होंने प्रवासियों से अपील की कि वे दिल्ली छोड़कर न जाएं और कहा कि उनका खयाल रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाएं चलती रहेंगी, विवाह समारोहों में केवल 50 लोगों के शामिल होने की इजाजत होगी तथा इसके लिए विशेष पास जारी किए जाएंगे।
- बनिहाल/जम्मू, । रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के मलबे को हटाने के बाद तेल टैंकरों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई कर रहे ट्रकों सहित 1,500 से अधिक फंसे हुए वाहनों को कश्मीर के लिए रविवार को रवाना कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजमार्ग बंद होने के कारण सुबह के वक्त श्रीनगर या जम्मू से अन्य वाहनों के आवागमन की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने का काम पूरा होने के बाद 1,500 से अधिक वाहनों को उधमपुर और रामबन से कश्मीर घाटी की ओर जाने की अनुमति दी गई। यह राष्ट्रीय राजमार्ग कश्मीर को देश के शेष हिस्से से जोड़ने वाला एक मात्र बारहमासी सड़क है। भारी बारिश और इसके चलते हुए भूस्खलन के कारण यह शनिवार को अवरूद्ध हो गया था।










.jpg)








.jpg)






.jpg)
.jpg)