- Home
- देश
- नोएडा (उप्र) । जनपद गौतम बुद्ध नगर में तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि भंगेल गांव के निवासी वीरेंद्र कुमार रविवार रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। बरौला यू-टर्न के पास अनियंत्रित होकर उनका वाहन ‘डिवाइडर' से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना सेक्टर-49 की पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रवक्ता ने बताया कि फेस-3 थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक अज्ञात कार चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। इस घटना में ऑटो चालक आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दादरी थाना क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में साजन नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- तिरुपति। हैदराबाद के एक श्रद्धालु ने सोमवार को तिरुपति के पास तिरुमला पहाड़ी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को दो किलोग्राम सोने और तीन किलो चांदी से बनी तलवार भेंट की। मंदिर के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कारोबारी श्रद्धालु ने भगवान को सूर्यकटारी अर्पित की। अधिकारी ने बताया कि तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी ए वेंकट धर्म रेड्डी ने यह तलवार हासिल की। यह तलवार दो किलोग्राम सोने और तीन किलो चांदी से बनी है और इसकी कीमत एक करोड़ रुपये है।
- वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में विज्ञान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ किरण सिंह (45) ने सोमवार को कथित तौर पर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। डॉ किरण सरोजिनी नायडू छात्रावास की वॉर्डन भी थीं। लंका पुलिस के अनुसार, डॉ किरण सरोजनी नायडू छात्रावास परिसर में स्थित सरकारी आवास में अपने पति और बेटी के साथ रहती थीं। पुलिस के मुताबिक, किरण के पति किसी काम से बाहर गए थे और बेटी भूतल पर खेल रही थी। इसी दौरान, उनकी बेटी ने पहली मंजिल के कमरे से धुआं निकलते देख शोर मचाया। शोर सुनकर बीएचयू के सुरक्षाकर्मी घटनास्थल की ओर दौड़े और दमकल विभाग को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, आग से बुरी तरह झुलसने से डॉ. किरण की मौत हो गई।लंका पुलिस के अनुसार, किरण की कथित आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है।
- मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ जनपद के थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव ऐंची खुर्द में सोमवार सुबह बिजली की तार से लोहे के दरवाजे में उतरे करंट की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। उनको बचाने आए दो बेटों की भी करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ग्राम ऐंची खुर्द निवासी पूर्णगिरी (45) के घर के मुख्य दरवाजे के बराबर में बिजली का मीटर लगा है। उन्होंने बताया कि रविवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण शॉर्ट सर्किट के चलते मुख्य लाइन का तार टूटकर लोहे के दरवाजे से छू गया, जिससे गेट में करंट आ गया। पूर्णगिरी सोमवार सुबह जब गेट खोलने को गए तो वह करंट की चपेट में आए गए। पुलिस के मुताबिक, पिता को बचाने गए निखिल गिरी (21) व आशुतोष (18) भी करंट की चपेट में आ गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना में मुख्य दरवाजे के पास बंधे दो पशुओं की भी करंट की चपेट मे आने से मौत हो गई।-file photo
- बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में घर में लूटपाट की कोशिश का विरोध करने पर 50 साल की एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना सियाना पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले निखोब गांव में रविवार रात को हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांव में रहने वाले किरणपाल के घर में चोरी करने के इरादे से घुसा और उसने किरणपाल की पत्नी बट्टो देवी को लूटना शुरू कर दिया। बट्टो देवी उस समय घर के आंगन में एक पेड़ के नीचे सो रही थी। जब महिला ने लूटपाट का विरोध किया तो आरोपी ने एक ईंट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गयी। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनने पर उसके रिश्तेदार और अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी अल्का ने बताया कि आरोपी को पुलिस के हवाले करने से पहले ग्रामीणों ने उसे पीट-पीट कर घायल कर दिया। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- सम्भल (उत्तर प्रदेश) ।जिले के बहजोई क्षेत्र में बारातियों से भरी एक बस के सड़क किनारे खड़ी दूसरी बस से जा टकराने से सात लोगों की मौत हो गई तथा आठ अन्य जख्मी हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) चक्रेश मिश्रा ने बताया कि रविवार देर रात लगभग 12 बजे बहजोई थाना क्षेत्र के आगरा-चंदौसी राजमार्ग पर लहरावन गांव के पास बारातियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़ी दूसरी बस से जा टकराई। उन्होंने बताया कि हादसे में विवाह समारोह में शिरकत कर लौट रहे सात बारातियों वीरपाल (60), हप्पू (35), छोटे (40), राकेश (30), अभय (18), विनीत (30) और भूरे (25) की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं।
- देहरादून।उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बादल फटने से तीन साल की बालिका और उसकी मां सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य लापता है। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर तीन दिन से लगातार जारी बारिश से सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर शोक प्रकट किया और कहा, ‘‘जिलाधिकारी को राहत और बचाव कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए हैं । ईश्वर से प्रभावितों की कुशलता की कामना करता हूँ।'' उधर, देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में छिबरो जलविद्युत परियोजना में फंसे दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान अभी जारी है । उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि उत्तरकाशी जिले के गंगोरी रोड पर मांडव गांव में रविवार देर रात बादल फटने से घरों में मलबा घुस गया जिसमें एक ही परिवार की माधुरी देवी (36), ऋतु देवी (32) और उसकी तीन वर्षीय पुत्री तृष्वी की मृत्यु हो गई । तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं । उन्होंने बताया कि घटनास्थल के नजदीक कंकराडी गांव में भी मलबे में एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की सूचना है जिसकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है । मलबे में लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने तत्काल बचाव और राहत अभियान शुरू कर ज्यादातर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया । इस बीच, उत्तराखंड सरकार के उपक्रम यूजेवीएन लिमिटेड की छिबरो जलविद्युत परियोजना में रविवार को फंसे दो मजदूरों को बाहर निकालने के प्रयास अभी जारी हैं । कालसी के पुलिस थानाध्यक्ष ऋतुराज सिंह ने बताया कि देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में स्थित परियोजना की सुरंग में सुबह तीन मजदूर काम करने गए थे जहां वे ऑक्सीजन की कमी के कारण बेहोश हो गए । हालांकि, होश में आने पर एक मजदूर बाहर आ गया जिसने दो और मजदूरों के वहां फंसे होने की सूचना दी । पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है । उधर, प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर पिछले तीन दिन से रूक—रूक कर लगातार जारी बारिश से गंगा, यमुना, भागीरथी, अलकनंदा, मंदाकिनी, पिंडर, नंदाकिनी, टोंस, सरयू, गोरी, काली, रामगंगा आदि सभी नदियां उफान पर हैं जिनकी सतत निगरानी की जा रही है । अनेक स्थानों पर भारी बारिश से भूस्खलन होने से अनेक मार्ग यातायात के लिए अवरूद्ध हैं जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं । कई स्थानों पर अतिवृष्टि से मकानों और खेतों में मलबा भी घुस आया है ।
- नयी दिल्ली।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोमवार को कहा कि 10 करोड़ लोगों को कोविड-19 के टीके की खुराक देने में 85 दिन का समय लगा, जबकि ‘‘सबको टीका, मुफ्त टीका'' अभियान के कारण 30 करोड़ से 40 करोड़ का आंकड़ा छूने में भारत को केवल 24 दिन लगे। सार्वभौमिक टीकाकरण का नया चरण 21 जून से शुरू हो गया था। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि टीकों की उपलब्धता बढ़ाई गई और राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को टीकों की समय से पहले आपूर्ति की गई, ताकि वे बेहतर तरीके से योजना तैयार कर सकें और आपूर्ति श्रृंखला को सरल बना सकें। इसकी मदद से टीकाकरण मुहिम तेज हुई। नए चरण के तहत केंद्र सरकार देश में बन रहे 75 प्रतिशत टीके खरीदकर उन्हें राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को नि:शुल्क दे रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार सुबह के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में 40.64 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लग चुका है। मंडाविया ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा और तेज टीकाकरण अभियान निरंतर नए आयाम गढ़ रहा है। शुरुआती दिनों में 10 करोड़ लोगों को टीका लगाने में 85 दिन लगे थे। वहीं ‘‘सबको टीका, मुफ्त टीका'' अभियान के कारण, 30 करोड़ से 40 करोड़ का आंकड़ा छूने में भारत को केवल 24 दिन लगे।'' सोमवार सुबह सात बजे तक की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय ने बताया कि 50,69,232 सत्रों में टीके की 40,64,81,493 खुराक लगाई जा चुकी हैं। इनमें से पिछले 24 घंटे में 13,63,123 खुराक लगाई गई। संक्रमित हुए लोगों में से 3,03,08,456 लोग ठीक हो गए हैं, जिनमें से पिछले 24 घंटे में 38,660 मरीज ठीक हुए। देश में लोगों के संक्रमित होने के बाद स्वस्थ होने की दर 97.32 प्रतिशत है।
- सीतापुर/सम्भल । सीतापुर और सम्भल जिलों में सोमवार को भारी बारिश के बीच मकान ढहने की घटनाओं में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सीतापुर में पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, तालगांव थाना क्षेत्र के अंगेठा गांव में सुबह भारी बारिश के दौरान अरविंद कुमार के मकान की छत और एक दीवार ढह गई। इस घटना में अरविंद की पत्नी रेनू देवी (28) तथा उसके दो साल के बेटे प्रिंस की मलबे में दब जाने से मृत्यु हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।इस बीच, सम्भल से मिली जानकारी के मुताबिक, असमोली ब्लॉक के ओबरी गांव में सोमवार सुबह बारिश के बीच मोइन कुरैशी का मकान गिर गया, जिसके मलबे में दबकर सादिक (14) की मौत हो गई। इस घटना में एक महिला से साथ दो बच्चे जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय को जानकारी दी कि उसने इस वर्ष कांवड़ यात्रा पूरी तरह रद्द कर दी है। राज्य सरकार ने यह भी कहा कि कोविड महामारी को ध्यान में रखते हुए सभी कांवड़ संघ इस निर्णय से सहमत हैं।महामारी के बीच कांवड़ यात्रा की अनुमति देने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा अल्टीमेटम देने के दो दिन बाद राज्य सरकार का रुख आया। सोमवार को सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सी.एस. वैद्यनाथन ने न्यायालय को बताया कि महामारी के कारण लगातार दूसरे वर्ष कांवड़़ यात्रा रद्द कर दी गई है। दिल्ली और उत्तराखंड ने पहले ही कांवड़ यात्रा रद्द कर दी है।
- नई दिल्ली। 15वें वित्त आयोग ने भारत में उच्च शिक्षा के लिए क्षेत्रीय भाषाओं में ऑनलाइन सीखने और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विकास के लिए 6 हजार 143 करोड़ रुपये के अनुदान की सिफारिश की है।शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में इसकी जानकारी दी। एक सदस्य के प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री प्रधान ने कहा कि कुल राशि में से ढाई सौ करोड रूपये आंध्रप्रदेश के लिए रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि बडे पैमाने पर ओपन ऑनलाइन पाठ्यक्रम, एमओओसी, डीटीएच सामग्री विकास, डिजिटल क्लास रूम और सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के 25 लाख विद्यार्थियों को ऑनलाइन क्लास के लिए उपकरण उपलब्ध कराने के प्रावधान करके ऑन लाइन शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
- मुंबई। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में रविवार को एक कार खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना मुंबई से 450 किलोमीटर दूर, जिले के धडगांव के पास दोपहर में हुई। पुलिस ने बताया कि कार जिले में स्थित एक पहाड़ी तोरणमल से सिंधिमल गांव जा रही थी जब चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया जिसके कारण कार खाई में गिर गई। उन्होंने कहा कि समय रहते कुछ लोग वाहन से निकलने में कामयाब रहे। पुलिस नियंत्रण कक्ष के सूत्रों ने बताया कि घटना में कुछ लोग घायल हो गए जिन्हें तोरणमल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। म्हासावाड पुलिस थाने के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।
- नई दिल्ली। लोकसभा के चार नये सदस्यों ने सोमवार को मॉनसून सत्र के पहले दिन शपथ ली।सदन की कार्यवाही आरंभ होने के बाद वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के मदिला गुरुमूर्ति ने सबसे पहले शपथ ली। उनके बाद भाजपा की मंगल सुरेश अंगड़ी, आईयूएमएल के एमपी अब्दुस्समद समदानी और कांग्रेस के विजयकुमार उर्फ विजय वसंत ने शपथ ली।गुरुमूर्ति आंध प्रदेश की तिरुपति लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए हैं। उनसे पहले यहां सांसद रहे बल्ली दुर्गा प्रसाद राव का पिछले साल कोरोना वायरस संक्रमण के बाद स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया था। मंगल सुरेश अंगड़ी पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी की पत्नी हैं और वह कर्नाटक की बेलगाम लोकसभा सीट से चुनाव जीती हैं। सुरेश अंगड़ी का पिछले साल कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया था।केरल के मलाप्पुरम से आईयूएमएल के एमपी अब्दुस्समद समदानी निर्वाचित हुए हैं। उनसे पहले इस सीट से पीके कुन्हालिकुट्टी सांसद थे। हालांकि कुछ महीने पहले केरल विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। विजय कुमार तमिलनाडु की कन्याकुमारी लोकसभा सीट से सांसद चुने गए हैं। उनके पिता और कांग्रेस नेता वसंत कुमार इससे पहले यहां से सांसद थे। वसंत कुमार का पिछले साल कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया था।
- नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण शिक्षण सत्र 2021-20 में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए केन्द्रीय विश्वविद्यालय साझा प्रवेश परीक्षा (सीयूसीईटी) को लागू नहीं किया जाएगा।शिक्षा मंत्रालय ने इससे पहले घोषणा की थी कि विश्वविद्यालयों में प्रवेश साझा प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। यूजीसी ने रविवार को ट्वीट किया है, मौजूदा कोविड-19 महामारी के मद्देनजर, शिक्षण सत्र 2021-22 के लिए केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश पुरानी प्रक्रिया के अनुसार ही होगा। केन्द्रीय विश्वविद्यालय साझा प्रवेश परीक्षा (सीयूसीईटी) को संभवत: शिक्षण सत्र 2022-23 से लागू किया जा सकता है। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के नयी शिक्षा नीति, 2020 में दिए गए सुझाव के अनुसार, केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में सभी स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सीयूसीईटी के तौर-तरीकों पर ध्यान देने के लिए एक समिति का गठन किया है।
- मलकानगिरी (ओडिशा)। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में रविवार को दो इनामी माओवादियों ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अभय के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद सही इलाज नहीं मिलने के कारण जंगलों में रह रहे कई माओवादियों की मौत हो चुकी है। दोनों ने कहा कि संक्रमण के डर के कारण उन्होंने आत्मसमर्पण करना ही बेहतर समझा। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की पहचान रामे पोडियामी उर्फ सबिता जोकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की क्षेत्रीय समिति का सदस्य और पल्लाचलम स्थानीय संगठन दस्ते का कमांडर था जबकि दूसरा रायधर ध्रुवा पार्टी की दलदली शाखा का सचिव थाṁ, के रूप में की है। सबिता पर दो लाख रुपये जबकि ध्रुवा पर एक लाख रुपये का इनाम था।
- कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) को रविवार को एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि दुबई से आने वाले एक विमान में बम रखा हुआ हो सकता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। हवाईअड्डे के कार्यवाहक निदेशक पुल्ला हेजेकैया ने बताया कि यह संदेश मिलने के बाद बम खतरा जांच समिति (बीटीएसी) के सदस्य फौरन हरकत में आ गये और उक्त संदेश की जांच के लिए हवाईअड्डा टर्मिनल प्रबंधकों के कार्यालय में जमा हो गये। उन्होंने बताया कि गहन जांच के बाद, बीटीएसी ने घोषणा की कि यह झूठी सूचना थी। उन्होंने बताया कि अमीरात की उड़ान दुबई से यूके570/571 यहां सुबह आठ बज कर पांच मिनट पर पहुंची। उसमें 144 यात्री सवार थे।-file photo
- नयी दिल्ली। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने रविवार को पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेंद्र सिंह को बताया कि देश भर में जुलाई में बारिश 26 प्रतिशत कम रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के दौरे के दौरान सिंह को अधिकारियों ने यह भी बताया कि देशभर में आईएमडी के 27 रडार हैं और आने वाले वर्षों में यह संख्या 50 तक पहुंच जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों के साथ एक घंटे तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के रुझानों का अध्ययन किया। उन्होंने विशेष उपग्रह और रडार अनुभागों का भी दौरा किया, और वास्तविक समय के आधार पर आंकड़े हासिल करने की प्रक्रिया पर चर्चा की। सिंह को दिल्ली की वायु गुणवत्ता में बदलाव के बारे में भी जानकारी दी गई।एक बयान में कहा गया है, ''आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने मंत्री को सूचित किया कि इस साल जून के महीने में मानसून की बारिश सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक थी, लेकिन जुलाई में अब तक 26 प्रतिशत कम बारिश हुई है।'' वर्षा ऋतु के चार महीनों में शुमार जुलाई और अगस्त में देश में अधिकतम बारिश होती है। आईएमडी ने जुलाई के अपने पूर्वानुमान में सामान्य बारिश की भविष्यवाणी की थी। मॉनसून में विराम के बाद, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 8 जुलाई से फिर से आगे बढ़ना शुरू किया। तब से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है।
- भोपाल। सेल्फी लेने में वक्त खराब होने एवं कार्यक्रमों में देरी से पहुंचने की परेशानी बताते हुए मध्यप्रदेश की संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों को भाजपा मंडल इकाई में संगठन काम के लिए 100 रुपये जमा करवाने होंगे। इसके अलावा, ठाकुर ने भोपाल से करीब 250 किलोमीटर दूर खंडवा स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि अब वह गुलदस्ता की जगह किताबें स्वीकार करेंगी, क्योंकि भगवान विष्णु के अलावा कोई भी ऐसा नहीं है जो साफ और बेदाग हो। उन्होंने बताया, ‘‘सेल्फी में वक्त बहुत खराब होता है और कई बार हम घंटा-घंटा भर तक (कार्यक्रमों में पहुंचने के लिए) लेट हो जाते हैं। इसलिए संगठनात्मक दृष्टि से हमने यह विचार किया है कि अब जो भी सेल्फी लेना चाहते हैं, उसे सेल्फी लेने के लिए भाजपा के मंडल इकाई के कोषाध्यक्ष के पास 100 रुपये जमा करवाने होंगे, ताकि यह राशि संगठन के काम में आये।'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘जो फूलों से स्वागत की बात है। उसके लिए मेरा शुरू से आग्रह रहा कि फूल में महालक्ष्मी का निवास मानते हैं। भगवान विष्णु के अलावा कोई भी ऐसा नहीं है जो बेदाग हो। इसलिए मैं स्वागत के लिए फूल स्वीकार नहीं कर सकती। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा है कि गुलदस्ते की जगह किताब देनी चाहिए।'' संयोग से ठाकुर के कैबिनेट सहयोगी विजय शाह ने भी 2015 में प्रस्ताव रखा था कि उनके साथ सेल्फी लेने वालों को किसी कारण के लिए 10 रुपये दान करने होंगे।
- भोपाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में मध्यप्रदेश के 11 जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त करते हुए ‘यलो अलर्ट' जारी किया है। इसके अलावा, आईएमडी ने प्रदेश के नौ संभाग के जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने एवं गिरने की संभावना के लिए भी ‘यलो अलर्ट' जारी किया है। आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए पीटीआई-भाषा' को बताया कि ये दोनों यलो अलर्ट रविवार दोपहर 1230 बजे से सोमवार दोपहर 1230 बजे तक के लिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिन 11 जिलों में आगामी 24 घंटे में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा होने की संभावना का यलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रीवा, दमोह, सागर, छतरपुर, बैतूल, रतलाम, आगर मालवा, नीमच, मंदसौर, अशोकनगर एवं श्योपुर जिले शामिल हैं। साहा ने बताया कि जिन संभागों के जिलों में आगामी 24 घंटे में कहीं-कहीं पर गरज के साथ बिजली चमकने एवं गिरने की संभावना के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सागर, रीवा, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर, भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर एवं चंबल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबल संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, ग्वालियर संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, रीवा, शहडोल, जबलपुर एवं सागर संभागों के जिलों में कही-कहीं पर वर्षा दर्ज की गई। साहा ने बताया कि पिछले 24 घंटे में नरवर में प्रदेश में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि भितरवार में नौ सेंटीमीटर, बैराड़ एवं श्योपुर में छह-छह सेंटीमीटर, गोरमी में पांच सेंटीमीटर, डबरा, करेरा एवं ग्वालियर में चार-चार सेंटीमीटर और शिवपुरी एवं कोलारस में तीन-तीन सेंटीमीटर बारिश हुई।
- नयी दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने रविवार को केंद्र सरकार से अपील की कि वह राज्यों में सरकारी नियंत्रण से हिंदू मंदिरों और धार्मिक संस्थानों को मुक्त कराने के लिए एक कानून लाए। साथ ही उसने देश में अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिये ''कड़ा'' केन्द्रीय कानून लाने पर जोर दिया। विहिप ने फरीदाबाद में संपन्न न्यासी बोर्ड और शासी परिषद की दो दिवसीय बैठक में इस संबंध में दो अलग-अलग प्रस्ताव पारित किए। देश में कोरोना वायरस महामारी की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर, बैठक में एक राष्ट्रव्यापी जन जागरूकता अभियान शुरू करने और स्वयंसेवकों के लिए कोविड प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का भी संकल्प लिया गया। विहिप ने एक बयान में कहा, ''कोरोना महामारी से सुरक्षा, अवैध धर्म परिवर्तन की रोकथाम और मठ-मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने के प्रस्तावों के साथ आज दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई।'' संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में हिंदुओं के कई मंदिर और धार्मिक संस्थान सरकार के नियंत्रण में हैं। उन्होंने सवाल किया, ''सरकार कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा का भी ख्याल रख सकती है, लेकिन मंदिरों का प्रबंधन हिंदू समाज के हाथों में दिया जाना चाहिए। सरकार क्यों तय करे कि मंदिर का पुजारी कौन होगा , मंदिर में पूजा कैसे होनी चाहिए।'' कुमार ने कहा कि इसलिए हिंदू मंदिरों और धार्मिक संस्थानों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने के लिए बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया है, ''विहिप केंद्र सरकार से हिंदू मंदिरों और धार्मिक संस्थानों को हिंदू समाज को सौंपने के लिए एक केंद्रीय कानून बनाने की अपील करता है ताकि संत और भक्त मृत्युंजय भारत की आध्यात्मिक-सामाजिक-सांस्कृतिक गतिशीलता को सुनिश्चित करने की दिशा में उन्मुख अपनी धार्मिक और प्रशासनिक प्रणालियों और परंपराओं का अनुसरण कर सकें।'' बैठक में पारित एक अन्य प्रस्ताव में, विहिप ने केंद्र सरकार से जल्द ही ''धर्मांतरण के खिलाफ एक मजबूत कानून बनाने की अपील की, ताकि भारत इस राष्ट्र-विरोधी, हिंदू-विरोधी और मानवता-विरोधी एजेंडे से मुक्त हो सके।'' प्रस्ताव के अनुसार '' विहिप के केंद्रीय न्यासी बोर्ड और शासी परिषद को विश्वास है कि भारत सरकार लंबे समय से लंबित इस काम को भी निश्चित रूप से पूरा करेगी।'' इसमें हिंदू समाज से ''धर्मांतरण की साजिशों के बारे में हमेशा सतर्क रहने और सभी संवैधानिक उपायों के माध्यम से इस पर रोक लगाने'' का आह्वान किया गया है।
- मुंबई। कल्याण रेलवे स्टेशन पर रेल की पटरियां पार करते हुए एक वरिष्ठ नागरिक की जान उस क्षण बच गई जब रेलवे के एक अधिकारी द्वारा आगाह किये जाने पर मुंबई-वाराणसी ट्रेन के चालकों ने समय रहते आपातकालीन ब्रेक लगा दिया। मध्य रेलवे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित कल्याण रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार पर लगभग अपराह्न 12 बजकर 45 मिनट पर ट्रेन चलना शुरू हो गई थी जब यह घटना हुई। मध्य रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि हरि शंकर (70) उस समय रेल की पटरी पार कर रहे थे और वह गिर कर ट्रेन के नीचे फंस गए। चीफ परमानेंट वे निरीक्षक संतोष कुमार ने लोको पायलट एस के प्रधान और सहायक लोको पायलट रवि शंकर जी. को चिल्लाकर आगाह किया। दोनों ट्रेन चालकों ने तत्काल आपातकालीन ब्रेक लगाया और ट्रेन के नीचे से वृद्ध को निकाला। घटना के बाद मध्य रेलवे ने परामर्श जारी कर लोगों से रेल की पटरी पार न करने का आग्रह किया और चेतावनी दी यह घातक हो सकता है। मध्य रेलवे के महाप्रबन्धक आलोक कंसल ने दोनों ट्रेन चालकों और चीफ परमानेंट वे निरीक्षक को दो-दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।-file photo
- हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में शनिवार आधी रात को राष्ट्रीय राजमार्ग-9 गढ़ रोड़ पर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे दो सगे भाइयों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के असौड़ा रोड़ पर रहने वाले दो भाई नीतिन (26) और विपिन (22) देर रात 12 बजे गढ़मुक्तेश्वर से वापस घर लौट रहे थे तभी बाबूगढ़ के उपैड़ा पुल पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाइयों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। हादसे का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
- शाहजहांपुर (उप्र)। दिल्ली से शाहजहांपुर आ रही एक निजी बस रविवार तड़के यहां तिलहर थाना क्षेत्र स्थित एक मेडिकल कॉलेज के बाहर खड़े लोगों को कुचलते हुए एक पेड़ से जा टकराई, जिससे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और करीब 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। तिलहर थाने के प्रभारी संजय कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि दिल्ली से सवारियां लेकर शाहजहांपुर आ रही एक प्राइवेट बस का चालक थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह छह बजे संतुलन खो बैठा और बस बंथरा मेडिकल कॉलेज के पास कई खोखों को तोड़ती हुई एक पेड़ से टकरा गई। उन्होंने बताया कि घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और बस में बैठे करीब 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में ले लिया है तथा घायलों को नजदीकी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान हरदोई जिले के अशहर (45) तथा शाहजहांपुर के सुरेश (40) के रूप में हुई है जबकि एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है और उसकी शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिन लोगों की हादसे में मौत हुई है, वे चाय के खोखे के पास खड़े होकर चाय पी रहे थे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- खरगोन । मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चिड़ियाभड़क पिकनिक स्थल में जन्मदिन मनाने गये दो युवकों की चोरल नदी में डूबने से मौत हो गई। बलवाड़ा पुलिस थाना प्रभारी शंकर सिंह मुजाल्दे ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार शाम को खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर चिड़ियाभड़क पिकनिक स्थल में हुई। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान नितिन केदारे (21) एवं दीपक बोबडे (22) के रूप में की गई है। ये दोनों इंदौर के रहने वाले थे। मुजाल्दे ने बताया कि नितिन अपना जन्मदिन मनाने के लिए सात अन्य दोस्तों के साथ इंदौर से पिकनिक स्थल आया था। नदी में नहाने के दौरान नितिन एवं दीपक गहरे पानी में चले गये और तेज बहाव में बह गये, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचे गोताखोरो ने दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला और बाद में पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।-file photo
- चंद्रपुर। महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले के एक जंगल में एक महिला ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी बेटी को तेंदुए का शिकार होने से बचा लिया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना 30 जून को हुई। बच्ची तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और उसका सोमवार को नागपुर के अस्पताल में ऑपरेशन होना है। वन विकास निगम लिमिटेड के संभागीय प्रबंधक वी एम मोरे ने बताया कि जुनोना गांव की रहनेवाली अर्चना मेशराम गांव के बाहरी इलाके में जा रही थी, तभी उसके पीछे चल रही उसकी बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला शुरू में तो डर के मारे पीछे हट गई, लेकिन बाद में साहस जुटाते हुए उसने बांस के डंडे से जंगली जीव पर हमला किया। इसके बाद तेंदुए ने बच्ची को छोड़ महिला पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने उसे डंडे से मारना जारी रखा और बाद में जंगली जीव जंगल में भाग गया। बच्ची का जबड़ा गंभीर रूप से जख्मी हो गया और वन्य कर्मी उसे चंद्रपुर सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर के सरकारी दंत चिकित्सा अस्पताल भेज दिया गया। वन विभाग ने उसके इलाज के लिए प्राथमिक मुआवजे के तौर पर कुछ राशि दी है।










.jpg)















.jpeg)
