- Home
- देश
- संभल (उत्तर प्रदेश) । सम्भल जिले में एक कारोबारी से कथित रूप से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने के मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्लाईवुड व्यापारी शरद कुमार के रामनौमी मुहल्ले में स्थित उनके घर पर आठ जून की दोपहर को एक व्यक्ति ने घंटी बजायी और दरवाजे पर एक लिफाफा फेंककर भाग गया। उन्होंने बताया कि लिफाफे में रखे एक पत्र में एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घर के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है । मामले की जांच की जा रही है।
- लंदन। ब्रिटेन और भारत के वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से एक कम लागत वाला सेंसर विकसित किया है, जो अपशिष्ट जल में कोविड-19 के लिये जिम्मेदार वायरस के अंशों का पता लगा सकता है। इससे स्वास्थ्य अधिकारियों के लिये इस बात की बेहतर समझ विकसित करने में मदद मिलेगी कि यह रोग कितने बड़े हिस्से में फैला है। स्ट्रैथसाइडल विश्वविद्यालय और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-बॉम्बे द्वारा विकसित इस तकनीक का इस्तेमाल निम्न और मध्यम आय वाले देशों में कोविड-19 के व्यापक प्रसार पर नजर रखने में किया जा सकता है, जो बड़े पैमाने पर लोगों की जांच करने के लिये संघर्ष कर रहे हैं। हाल ही में 'सेंसर्स एंड एक्चुएटर्स बी: कैमिकल' नामक पत्रिका में प्रकाशित इस अनुसंधान के अनुसार सेंसर का पोर्टेबल उपकरण के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें सार्स-कोव-2 वायरस का पता लगाने के लिये मानक पॉलीमरेज चेन रिएक्शन (पीसीआर) जांच का उपयोग किया जाता है। इसमें समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण पीसीआर जांच के लिये महंगे रसायनों और प्रयोगशाला की जरूरत नहीं होती। मुंबई में एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से एकत्र किए गए अपशिष्ट जल के साथ सेंसर का परीक्षण किया गया था, जिसमें सार्स-कोव-2 राइबोन्यूक्लिक एसिड (आरएनए) था। सिविल और पर्यावरण इंजीनियरिंग विभाग में चांसलर फेलो डॉ एंडी वार्ड ने कहा: ''कई निम्न-से-मध्यम आय वाले देशों को सामूहिक परीक्षण के लिए आवश्यक सुविधाओं तक सीमित पहुंच के कारण लोगों के बीच कोविड -19 का पता लगाने में चुनौती का सामना करना पड़ता है। अपशिष्ट जल में वायरस के अंशों के बारे में पता चलने से सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों को यह समझने में मदद मिलेगी कि यह बीमारी कितने बड़े क्षेत्र में कितनी फैली है।'' आईआईटी बॉम्बे में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सिद्धार्थ तल्लूर ने कहा: “हमने जो तरीका विकसित किया है वह सिर्फ सार्स-कोव-2 पर लागू नहीं है, इसे किसी भी अन्य वायरस पर लागू किया जा सकता है, इसलिए यह बहुत बहुमुखी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य में हम सटीकता बढ़ाने के लिए परीक्षण को और अधिक अनुकूल करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
- मॉस्को।रूस के स्वेर्दलोवस्क क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक बस चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के बाद हुई दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस बस में श्रमिक सवार थे जो लेस्नॉय के एक संयंत्र में जा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार वाहन के ब्रेक फेल हो गए जिससे यह संयंत्र के दरवाजों से टकराया और निकट के बस स्टॉप पर खड़े लोगों को भी इसने कुचल दिया। इस मामले की आपराधिक जांच भी शुरू की गई है।
- मुंबई। मुंबई के मलवनी इलाके में रहने वाले रफीक शेख यह समझ नहीं पा रहे हैं कि खुद की जान बचने पर वह ईश्वर का शुक्रिया अदा करें या पत्नी सहित परिवार के आठ सदस्यों की जान जाने पर शोक मनाएं। दरअसल बुधवार देर रात तीन मंजिला इमारत की दो मंजिल, एक मंजिले घर पर गिर जाने से आठ बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई थी। शेख (45) उसी इमारत में परिवार के साथ किराए पर रहते थे और इमारत गिरने से महज कुछ मिनट पहले दूध लेने के लिए घर से बाहर गए थे। शेख जब लौटे तो पाया कि उनकी दुनिया ही उजड़ चुकी है। उनकी पत्नी, भाई, भाभी और दोनों परिवारों के छह बच्चों की जान इस हादसे में चली गई। शेख ने पत्रकारों को बताया कि परिवार का एक अन्य सदस्य मलबे में दबने की वजह से घायल हुआ है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार में अब 16 साल का बेटा बचा है जो हादसे के वक्त दवा खरीदने के लिए घर से बाहर था। शेख ने बताया, ‘‘जब हादसा हुआ, तब मैं सुबह की चाय के लिए दूध लेने गया था। मैं नहीं जानता था कि इमारत इतनी खस्ताहाल है। मेरे परिवार को इमारत गिरने के वक्त वहां से निकलने का समय ही नहीं मिला।'' उन्होंने बताया कि जब वह लौटे तो देखा कि कई स्थानीय लोग बचाव दल के आने से पहले घटना स्थल से मलबा हटा रहे हैं। एक स्थानीय निवासी ने दावा किया कि इलाके में अधिकतर मकान गैर कानूनी तरीके से बने हैं और बाद में बिना नगर निकाय की मंजूरी के, इन्हें तीन या चार मंजिला इमारतों में तब्दील किया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकतर मकानों के मालिक अन्य स्थानों पर रहते हैं और ये मकान गरीब लोगों को किराए पर दे दिये गये हैं। इससे पहले निकाय अधिकारी ने बताया कि मलवनी इलाके के अब्दुल हमीद रोड स्थित कलेक्टर परिसर में यह इमारत बुधवार देर रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर गिरी। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल ने बताया कि इमारत को गैर कानूनी तरीके से बनाया गया था और उसमें ढांचागत खामी थी। उन्होंने बताया कि इमारत को पिछले माह चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से भी नुकसान पहुंचा था।-
- नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2020 के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया दो अगस्त से शुरू करने का निर्णय लिया है जो कोविड-19 के मामले बढऩे के कारण टल गई थी। एक आधिकारिक वक्तव्य में यह जानकारी दी गई।यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) तथा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का चयन करने के लिए तीन चरणों में सिविल सेवा परीक्षा का आयोजन किया जाता है। उम्मीदवारों को प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) से गुजरना होता है।कोरोना वायरस के मामले बढऩे के कारण आयोग ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए होने वाले साक्षात्कार इस वर्ष अप्रैल में टाल दिए थे। यूपीएससी की ओर से जारी वक्तव्य में बताया गया, हालात की समीक्षा करने के बाद आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2020 के लिए व्यक्तित्व परीक्षण की प्रक्रिया दो अगस्त 2021 से आरंभ करने का निर्णय लिया है। साक्षात्कार के लिए ई-समन पत्र जल्द ही उपलब्ध करवाए जाएंगे तथा इन्हें आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा।मुख्य परीक्षा के परिणाम इस वर्ष 23 मार्च को घोषित किए गए थे तथा साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू करने के लिए 26 अप्रैल की तारीख तय की गई थी लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर इन्हें एहतियाती तौर पर टाल दिया गया।
- हाजीपुर (बिहार)। वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के जरूआ बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक की एक शाखा से गरुवार की सुबह हथियारबंद लुटेरों ने बैंककर्मियों को बंधक बनाकर 1.19 करोड़ रुपये लूट लिए ।वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल ने बताया कि बाइक सवार चार बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। बैंक शाखा खुलने पर आज सुबह करीब 10.20 बजे इन बदमाशों ने शाखा में प्रवेश किया और हथियार के बल बैंककर्मियों को बंधक बनाकर उक्त राशि लूटने के बाद फरार हो गए । वैशाली के पुलिस अधीक्षक मनीष ने अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का मुआयना किया और बैंककर्मियों से पूछताछ की। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष दल का गठन किया है।
- नई दिल्ली। मैनकाइंड फार्मा ने गुरुवार को कहा कि उसने देश में ब्लैक फंगस के इलाज के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवा पोसाकोनाजोल गैस्ट्रो प्रतिरोधी टैबलेट की पेशकश की है।कंपनी ने इस दवा को पोसाफोर्स 100 ब्रांड नाम से बाजार में उतारा है। मैनकाइंड फार्मा ने एक बयान में कहा, चूंकि ब्लैक फंगस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, इसलिए इस संक्रमण से लडऩे के लिए दवा की पेशकश की गई है। दवा कंपनी हमेशा फार्मास्युटिकल उद्योग में सर्वोत्तम गुणवत्ता मानकों के साथ सस्ती दवाएं पेश करने की कोशिश करती है। देश में अब तक घातक ब्लैक फंगस के 12 हजार से अधिक मामले देखे गए हैं, जिनमें सबसे अधिक मामले गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में हैं।
- नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को राहत दी है। इसके तहत कर्मचारियों के माता-पिता या परिवार का कोई आश्रित सदस्य यदि कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाते हैं तो वे उस स्थिति में 15 दिनों के विशेष आकस्मिक अवकाश (एससीएल) लेने के लिए पात्र होंगे। कार्मिक मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा है कि यदि परिवार के किसी सदस्य/माता-पिता को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ती है और यह 15 दिनों का एससीएल खत्म हो जाता है तो ऐसी स्थिति में सरकारी कर्मचारी को अपने उस रिश्तेदार के अस्पताल से छुट्टी मिलने तक कोई अन्य छुट्टी दी जा सकती है।मंत्रालय ने कोविड महामारी के दौरान इलाज, अस्पताल में भर्ती, पृथक-वास आदि के बारे में उसके सामने कई तरह की जिज्ञासाएं सामने आने पर विस्तृत आदेश जारी किया है। उसने सरकारी कर्मचारियों के सामने आ रही परेशानियों को भी ध्यान में रखा है। आदेश में कहा गया है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित हो जाता है और वह घर में पृथक-वास या अन्यत्र पृथकवास में है तो उसे 20 दिनों तक की परिवर्तित छुट्टी दी जा सकती है।उसमें कहा गया है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी कोविड-19 संक्रमित पाया जाता है और वह घर में पृथकवास में है और उसे अस्पताल में भी भर्ती किया जाता है तो उसे संक्रमित पाए जाने के समय से 20 दिनों तक के लिए परिवर्तित अवकाश/एससीएल/अर्जित अवकाश दिया जा सकता है।केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों के लिए जारी किए गए इस आदेश में कहा गया है कि यदि कोविड संक्रमित पाए जाने के 20वें दिन बाद भी सरकारी कर्मचारी को अस्पताल में रखना पड़ता है तो उसे इस संबंध में दस्तावेजी सबूत के आधार पर परिवर्तित अवकाश मिलेगा।
- खरीफ मौसम की अन्य फसलों के एमएसपी भी बढ़ाए गएनई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को फसल वर्ष 2021-22 के दौरान धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 72 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 1,940 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। इसके साथ ही खरीफ मौसम की अन्य फसलों के एमएसपी भी बढ़ाये गये हैं। धान खरीफ मौसम की प्रमुख फसल है, जिसकी बुवाई दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत आने के साथ शुरू हो जाती है। मौसम विभाग ने जून-सितंबर अवधि में मानसून सामान्य रहने का अनुमान लगाया है।प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इससे किसानों को खरीफ मौसम में फसल की बुवाई को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। एमएसपी की घोषणा और दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के साथ खरीफ मौसम की बुवाई भी आगे बढ़ती है।मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने फिर से एमएसपी के बारे में आशंकाओं को दूर करते हुए कहा, एमएसपी (फसलों पर) जारी है, इसे बढ़ाया जा रहा है और भविष्य में भी यह क्रम जारी रहेगा।मंत्रिमंडल ने फसल वर्ष 2021-22 (जुलाई-जून) के लिए धान (सामान्य किस्म) के एमएसपी को एक साल पहले के 1,868 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1,940 रुपये प्रति क्विंटल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसी तरह, बाजरा का एमएसपी चालू वर्ष के लिए पिछले वर्ष के 2,150 रुपये से बढ़ाकर 2,250 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। कृषि मंत्री ने कहा कि एमएसपी को नियमित रूप से बढ़ाया जा रहा है और इसका लाभ किसानों तक पहुंच रहा है।
- नयी दिल्ली उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने बुधवार को चुनाव आयुक्त का पदभार संभाल लिया। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है। पांडेय आयोग में दो निर्वाचन आयुक्तों में से एक हैं। उनके अलावा राजीव कुमार भी निर्वाचन आयुक्त हैं। सुशील चंद्रा मुख्य निर्वाचन आयुक्त हैं। वर्ष 1984 बैच के आईएएस अधिकारी रहे पांडेय को मंगलवार को निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। वह फरवरी, 2024 में 65 साल की आयु पूरा होने पर निर्वाचन आयोग की सेवा से मुक्त होंगे। निर्वाचन आयोग में आने से पहले पांडेय राष्ट्रीय हरित अधिकण निगरानी समिति (उप्र) के सदस्य थे। उनके उत्तर प्रदेश का मुख्य सचिव रहने के दौरान प्रयाग राज में कुंभ मेले और राज्य में प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन किया गया था। वह उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास आयुक्त भी रह चुके हैं।
- नयी दिल्ली । भारतीय सेना ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए दो महिला अधिकारियों को अपनी ‘एविएशन' इकाई में लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में प्रशिक्षण के लिए चुना है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने महिलाओं को पायलट के रूप में शामिल करने के प्रस्ताव को छह महीने पहले स्वीकृति दी थी। अभी सेना के ‘एविएशन' विभाग में महिलाओं को ‘एयर ट्रैफिक कंट्रोल' और ‘ग्राउंड ड्यूटी' की जिम्मेदारी दी जाती है। अधिकारियों ने बताया कि चयनित दो महिला अधिकारियों को महाराष्ट्र के नासिक में स्थित ‘कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल' में प्रशिक्षण दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि 15 महिला अधिकारियों ने सेना की एविएशन इकाई में शामिल होने के लिए आवेदन किया था लेकिन केवल दो अधिकारी कड़ी परीक्षा में सफल हो सकीं। दोनों महिला अधिकारी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अगले साल जुलाई तक ड्यूटी पर तैनात होंगी। वर्ष 2018 में वायु सेना की फ्लाइंग ऑफिसर अवनि चतुर्वेदी ने अकेले एक लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पहली भारतीय महिला होने का इतिहास रचा था।--file photo
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने बुधवार को कहा कि सरकार ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को ब्लैक फंगस के उपचार में उपयोग आने वाली दवा एम्फोटेरिसिन -बी दवा की 1.7 लाख अतिरिक्त शीशियां आवंटित की हैं। रसायन एवं उवर्रक मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ देशभर में एम्फोटेरिसिन -बी दवा की पर्याप्त उपलब्धता एवं आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आज सभी राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों एवं केंद्रीय संस्थानों को इस दवा की 1,70,000 अतिरिक्त शीशियां आवंटित की गयीं।'' गौड़ा ने बताया कि कर्नाटक के लिए इस अहम दवा की 15520 अतिरिक्त शीशियों का आंवटन किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ मरीजों का समय से उपचार के लिए अबतक कर्नाटक को आज के आवंटन समेत इस दवा की कुल 40,470 शीशियां दी गयी हैं।'' एम्फोटेरिसिन -बी म्यूकरमाइकोसिस या ब्लैक फंगस के उपचार में उपयोग लायी जाती है। यह संक्रमण नाक, आंख, साइनस और कभी कभी मस्तिष्क को क्षतिग्रस्त कर देता है। भारत में डॉक्टर कोविड-19 के मरीजों और संक्रमण से हाल ही में उबरे लोगों में म्यूकरमाइकोसिस के इतने अधिक मामले आने पर उसका अध्ययन कर रहे हैं।
- बेगूसराय । जिले के फुलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-28 पर एक अनियंत्रित पिकअप वैन की चपेट में आने से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की मंगलवार की रात मौत हो गई। तीनों मृतक राजमिस्त्री का काम करते थे। फुलवड़िया थानाध्यक्ष सुमंत कुमार चौधरी ने बुधवार को बताया कि मृतकों की पहचान तेघड़ा थाना अंतर्गत बरियारपुर वार्ड संख्या आठ निवासी रंजीत महतो (25), सुबोध महतो उर्फ ऋषि महतो (25) और संतोष महतो (30) के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि तीनों शवों को जिला सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप वैन को जब्त किए जाने के साथ उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों पीड़ित बीहट में एक मकान की ढलाई का काम समाप्त कर एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए। उन्होंने बताया कि एक मोटरसाइकिल सवार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दो अन्य ने इलाज के क्रम में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बच्चों में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रबंधन के लिए समग्र दिशा-निर्देश जारी किए हैं जिनमें रेमेडेसिविर के इस्तेमाल का सुझाव नहीं दिया गया है और सीटी स्कैन के तार्किक इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में यह भी कहा गया है कि संक्रमण के लक्षणमुक्त और हल्के मामलों में स्टेरॉइड दवाओं का इस्तेमाल हानिकारक है। डीजीएचएस ने केवल अस्पताल में भर्ती गंभीर और अत्यंत गंभीर मामलों के रोगियों के उपचार में ही कड़ी निगरानी के तहत स्टेरॉइड दवाओं के इस्तेमाल का सुझाव दिया है। इसने कहा, ''स्टेरॉइड का इस्तेमाल सही समय पर ही किया जाना चाहिए और इसकी सही खुराक दी जानी चाहिए तथा सही अवधि के लिए दी जानी चाहिए। स्वयं से स्टेरॉइड के इस्तेमाल से बचना चाहिए।'' दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि कोरोना वायरस से संक्रमित बच्चों के उपचार में रेमडेसिविर का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। इनमें कहा गया है, ''18 साल से कम उम्र के बच्चों में रेमडेसिविर के इस्तेमाल को लेकर पर्याप्त सुरक्षा और प्रभावी आंकड़ों का अभाव है।'' डीजीएचएस ने कहा है कि बच्चों के मामले में हाई रेजोल्यूशन सीटी (एचआरसीटी) का युक्तिपूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए।
- देहरादून। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रूडकी के प्रोफेसर सुदीप्ता सरकार और प्रतिष्ठित संस्थान में विकसित स्टार्टअप 'लॉग 9 मटीरियल्स' को अपने—अपने क्षेत्रों में 'डेयर टू ड्रीम 2.0 इनोवेशन कंटेस्ट' में विजेता घोषित किया गया है। इसका आयोजन रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में नवीन विचारों और प्रौद्योगिकियों की पहचान और प्रोत्साहन के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वप्न 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को साकार करने के लिए किया था।पर्यावरण इंजीनियरिंग विशेषज्ञ प्रोफेसर सुदीप्ता सरकार को 'इको-फ्रेंडली एक्सप्लोसिव वेस्ट मैनेजमेंट' में प्रस्तुत "हाइब्रिड अनएरोबिक रिएक्टर एंड माइक्रोबियल फ्यूल सेल फॉर एन्हांस्ड बायोडिग्रेडेशन एंड एनर्जी हार्वेस्टिंग फ्रॉम वेस्टवाटर कंटेनिंग टीएनटी-एचएनएमएफसी' नामक प्रविष्टि के लिए विजेता घोषित किया गया। लॉग 9 मैटेरियल्स साइंस प्राइवेट लिमिटेड ने "डेयर 2 ड्रीम 2.0" नवाचार प्रतियोगिता में आग से बचाने वाली सामग्री और प्रोद्यौगिकी विकसित करने के लिए द्वितीय पुरस्कार जीता। आईआईटी रूडकी के निदेशक प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''मैं प्रो. सुदीप्ता सरकार और लॉग9 टीम की इस उपलब्धि से प्रसन्न हूं। उनकी सफलता स्पष्ट रूप से आईआईटी रुड़की द्वारा उत्कृष्टता की खोज को दर्शाती है।'' प्रोफेसर सरकार ने कहा, ''मैं प्रतियोगिता में विजेता घोषित होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं अपने काम के माध्यम से संस्था और अपने राष्ट्र की सेवा करने का प्रयास करता रहूंगा।
- नई दिल्ली। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की ट्रिप्स परिषद ने बुधवार को कोविड-19 संकट से निपटने के लिए पेटेंट में छूट देने के भारत और दक्षिण अफ्रीका के प्रस्ताव पर विधि सम्मेलन बातचीत शुरू करने को मंजूरी दे दी। परिषद की दो दिवसीय बैठक बुधवार को संपन्न हुई जिसमें यह सहमति बनी।डब्ल्यूटीओ के एक अधिकारी ने कहा, ''इस विषय पर दो दिन तक चर्चा की गई। यूरोपीय संघ समेत 48 सदस्यों ने इस चर्चा में भाग लिया। किसी भी सदस्य ने इस विषय पर चर्चा शुरू करने को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई। पेटेंट में छूट की चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए 17 जून को बैठक बुलाई गई है।'' परिषद ने 21 जुलाई तक किसी निर्णय पर पहुंचने का सुझाव दिया है। इस बीच भारत अगली बैठक से पहले सभी सदस्यों से मसौदे पर विधिवत रूप से बारीकी के साथ बातचीत करेगा।एक अन्य अधिकारी ने कहा, ''परिषद की बैठक के दौरान डब्ल्यूटीओ के सदस्य प्रस्ताव पर विचार करने के लिए एक प्रक्रिया में शामिल होने पर सहमत हुए। इस चर्चा का उद्देश्य कोविड-19 संकट में लोगों को आसानी से वैक्सीन समेत अन्य चिकित्सीय सामग्री उपलब्ध कराना है।''गौरतलब है कि अक्तूबर 2020 में भारत और दक्षिण अफ्रीका ने कोविड की रोकथाम एवं इलाज के लिये ट्रिप्स समझौते के कुछ प्रावधानों को लागू करने के संबंध में डब्ल्यूटीओ के सभी सदस्य देशों को छूट देने का एक प्रस्ताव सौंपा था। बौद्धिक संपदा अधिकारों के व्यापार संबंधी पहलुओं (ट्रिप्स) को लेकर समझौता जनवरी 1995 में लागू हुआ था। यह कॉपीराइट, औद्योगिक डिजाइन, पेटेंट और अघोषित सूचना या व्यापार गोपनीय जानकारी की सुरक्षा जैसे बौद्धिक संपदा अधिकारों को लेकर किया गया एक बहुपक्षीय समझौता है।
- नई दिल्ली। संसद की पुनर्गठित लोक लेखा समिति की पहली बैठक 16 जून को होगी और इसमें साल का एजेंडा तय किए जाने की संभावना है। जानकारी के अनुसार समिति जिन मामलों की समीक्षा करेगी, उनमें से एक मामला कोविड-19 प्रबंधन हो सकता है। सदस्य बैठक के दौरान प्राथमिकता के एजेंडे पर फैसला करेंगे। यह लगभग तीन महीने के अंतराल के बाद किसी संसदीय समिति की पहली बैठक होगी। कोरोनो वायरस की दूसरी लहर के कारण स्थायी समितियों की कोई बैठक नहीं हो सकी थी।
- अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने बुधवार को राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) पंकज कुमार समेत 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। कुमार को अब गृह विभाग का प्रभार दिया गया है।1986 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार पिछले कुछ महीनों से गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। राज्य सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) की एक अधिसूचना में कहा गया कि अब कुमार को गृह विभाग का एसीएस बनाया गया है। वर्तमान में श्रम और रोजगार के एसीएस के रूप में कार्यरत 1986 बैच के एक अन्य अधिकारी विपुल मित्रा को पंचायत, ग्रामीण आवास और ग्रामीण विकास विभाग में एसीएस के रूप में स्थानांतरित किया गया है। मित्रा अब ए. के. राकेश का स्थान लेंगे। राकेश को जीएडी का एसीएस बनाया गया है।
- नागपुर। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) रहे राम खांडेकर का लंबी बीमारी के बाद नागपुर में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। खांडेकर महाराष्ट्र के पूर्व मख्यमंत्री वाई बी चव्हाण के निजी सचिव के तौर पर भी सेवाएं दे चुके थे।सूत्रों ने बताया कि उनका मंगलवार देर रात अपने गृह नगर महाराष्ट्र के नागपुर में निधन हो गया।खांडेकर को नरसिम्हा राव ने 1985 में उनके तत्कालीन निर्वाचन क्षेत्र नागपुर के रामतेक का कामकाज देखने के लिए आमंत्रित किया था। 1991 में जब राव प्रधानमंत्री बने थे, तब खांडेकर ने उनके विशेष ड्यूटी पर तैनात अधिकारी (ओएसडी) के तौर पर सेवा दी थी। वह राव के विश्वासपात्र माने जाते थे और उन्होंने राव के निधन तक उनके साथ काम किया था। खांडेकर विभिन्न मराठी समाचार-पत्रों में अकसर लेख लिखा करते थे। उनके परिवार में उनका बेटा, बहू और दो पोते-पोतियां हैं।
- भोपाल।मध्यप्रदेश की स्टेट टाइगर फोर्स ने लुप्तप्राय वन्य प्राणी पैंगोलिन के शिकार और उसके अंगों के अवैध व्यापार में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य-प्राणी) आलोक कुमार ने बुधवार को बताया कि स्टेट टाइगर फोर्स (एसटीएसएफ), भोपाल और टाइगर स्ट्राइक फोर्स, जबलपुर की संयुक्त कार्रवाई में, फरार आरोपी इरफान (निवासी जिला अनूपपुर) तथा उसकी निशानदेही पर गिरोह के एक अन्य फरार आरोपी दानिश रजा को मंडला जिले के बिछिया से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि जबलपुर के रेलवे स्टेशन से चार आरोपियों को 29 अगस्त, 2019 को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से पेंगोलिन के करीब 8.5 किलोग्राम शल्क (स्केल्स) और एक जीप जब्त की गई थी। तब आरोपी इरफान औ रआरोपी दानिश फरार थे जिन्हें मंगलवार को पकड़ा गया। कुमार ने बताया कि इन दोनों आरोपियों के पास से पैंगोलिन के अवैध व्यापार से संबंधित कुछ वीडियो फुटेज और ऑडियो सामग्री मिली है।
- मुंबई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने की घोषणा की। मानसून के कारण देश की वित्तीय राजधानी और उसके उपनगरों में सुबह भारी बारिश हुई जिससे जन-जीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी) से पड़ोसी ठाणे और नवी मुंबई में वाशी तक जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं को, रेलवे की कुछ पटरियों के जल भराव की वजह से पानी में डूब जाने के कारण निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बेस्ट की कुछ बसों का मार्ग भी परिवर्तित कर दिया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई कार्यालय के प्रमुख डॉ. जयंत सरकार ने कहा, ‘‘मुंबई में आज मानसून ने दस्तक दे दी है।'' बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि अरब सागर में दोपहर के आसपास चार मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठने की संभावना है। आईएमडी के एसआईडी, पुणे में जलवायु अनुसंधान और सेवाओं के प्रमुख के एस होसलीकर ने ट्वीट किया, ‘‘अच्छी खबर है। मुंबई-ठाणे-पालघर पर आज नौ जून को दक्षिण पश्चिम मानूसन के दस्तक देने की घोषणा हो गयी है। मानसून आज गुजरात के वलसाड, महाराष्ट्र में नागपुर और फिर भद्राचलम तुनी से गुजर रहा है। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।'' शहर के कई हिस्सों और उपनगरों में सुबह बादल गरजने के साथ ही भारी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाली कोलाबा वेधशाला में पिछले 24 घंटों में 77.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि सांताक्रूज वेधशाला (उपनगरों) में 59.6 मिमी. बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के अनुसार, शहर, पूर्वी उपगनरों और पश्चिमी उपनगरों में बुधवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटों की अवधि में क्रमश: 48.49 मिमी, 66.99 मिमी और 48.99 मिमी. बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजकर 43 मिनट पर 4.16 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है। आईएमडी ने मुंबई तथा उपनगरों में मध्यम बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस मानसून की पहली भारी बारिश के कारण यहां लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हो गयी। मध्य रेलवे (सीआर) के सायन और चूनाभट्टी स्टेशनों के बीच जल भराव हो गया है। सीएसएमटी और कुर्ला के बीच सीआर की मुख्य लाइन पर सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर लोकल ट्रेन सेवाएं निलंबित की गई। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने कहा कि बाद में सीएसएमटी और ठाणे (मुख्य लाइन) और सीएसएमटी और वाशी (हार्बर लाइन) पर सुबह 10 बजकर 20 मिनट से ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई। उन्होंने कहा, ‘‘ट्रांस-हार्बर लाइन और बीएसयू लाइनों पर ट्रेन सुचारू रूप से चल रही हैं। ठाणे से कर्जत/कसारा और वाशी-पनवेल तक शटल सेवाएं भी चल रही हैं।'' पश्चिमी रेलवे के मुख्य प्रवक्ता सुमित ठाकुर ने बताया कि पश्चिम रेलवे मार्ग पर कोई बाधा नहीं है और उसकी लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य हैं। उन्होंने बताया कि जल भराव से निपटने के लिए पानी के पम्पों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आईएमडी ने शनिवार को महाराष्ट्र में दक्षिण पश्चिम मानसून के दस्तक देने की पुष्टि की थी। मानसून तटीय रत्नागिरी जिले के हरनाई में पहुंचा था लेकिन अनुकूल परिस्थितियां होने के बावजूद मानसून धीमी गति से बढ़ता दिखाई दे रहा है।
- बैतूल । मध्यप्रदेश में बैतूल जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर बैतूल-मुलताई मार्ग पर एक बाइक सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे बाइक पर सवार एक नाबालिग लड़की सहित तीन लोगों की मौत हो गई। साईं खेड़ा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे ने बुधवार को बताया कि यह हादसा बैतूल-मुलताई मार्ग पर मंगलवार की रात करीब नौ बजे हुआ। हादसे के वक्त तेज बारिश हो रही थी और बाइक पर सवार लोग मुलताई से बैतूल की ओर आ रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में 38 और 20 साल की आयु के दो पुरुष और एक दस साल की बालिका शामिल है। ये लोग जन्मदिन मनाकर बाइक से मुलताई से बैतूल की ओर आ रहे थे। तब ससुंदरा चेक पोस्ट नाके के बाद, सड़क के किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। उन्होंने बताया कि संभवत: तेज बारिश की वजह से बाइक चालक को खड़ा हुआ ट्रक दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया। हिंगवे ने बताया कि हादसे में बाइक पर सवार एक छह साल की बालिका घायल हो गई है। घायल का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीनों लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतकों का पोस्टमार्टम मुलताई में किया जा रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
- जींद ।हरियाणा के नरवाणा शहर में श्रमिकों से भरी हुई एक बस के बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से दो श्रमिकों की मौत हो गयी जबकि 17 अन्य घायल हो गए। सभी मजदूर बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने यह जानकारी दी। नरवाणा शहर के बलेरखा गांव के थाना प्रभारी राज कुमार ने बताया कि बिहार के सुपौल जिले से 70 से अधिक मजदूरों को लेकर एक बस हरियाणा की ओर आ रही थी। जींद-पटियाला राजमार्ग पर बस के चालक की कुछ पल के लिए आंख लग गई जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और पलट गई। थाना प्रभारी ने बताया कि करीब 10 मजदूर बस की छत पर बैठे हुए थे। इनमें से कुछ मृतकों में शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के यास प्रभावित मौसुनी और घोरमारा द्वीपों से 4000 से अधिक लोगों को 11 एवं 26 जून को ज्वार चेतावनी के बाद सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सुंदरवन विकास मंत्री बंकिम हाजरा ने बताया कि मौसुनी द्वीप से करीब 3000 एवं घोरमारा द्वीप से करीब 1100 लोगों को जिले के विभिन्न बाढ़ केंद्रों में पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ अब तक हमने इन द्वीपों से 4000 से अधिक लोगों को अन्यत्र पहुंचाया है लेकिन मुख्मयंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर अभी और लोगों को निकाला जाना है। घोरमारा में 1100 परिवार तथा मौसुनी द्वीप में 3200 परिवार रहते हैं '' बनर्जी ने जिला प्रशासन को इन दोनों द्वीपों के निवासियोंको वहां से अन्यत्र पहुंचाने का निर्देश दिया था क्योंकि 26 मई को यास के चलते तटबंध क्षतिग्रस्त हो गये थे और जून के अंत तक उनकी मरम्मत नहीं की जा सकती है। मंत्री ने कहा, ‘‘ सिंचाई विभाग मरम्मत कार्य पूरा करने का प्रयास कर रहा है।''हाजरा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 11 जून को ज्वार से उठने वाली लहरें धोबाल और शिवपुर में नहीं प्रवेश करेगी लेकिन गोसाबा, कुलटुली, पठारमप्रतिमा, फ्रेजरगंज, नौपुकुरिया, ईश्वरीपुर और नारायणपुर के कई हिस्सों में पानी भर सकता है क्योंकि इन क्षेत्रों में तटबंध की मरम्मत पूरी हो नहीं पायी है।
- नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से अवैध संबंध है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार तड़के हुई। उन्होंने बताया कि इनकी शादी करीब नौ महीने पहले हुई थी और मंगलवार को दोनों में झगड़ा हुआ था जिसके बाद आरोपी दिलशाद ने अपनी 20 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि दंपती नरेला में किराए के मकान में रहता था। महिला लगभग दो माह की गर्भवती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है ।





.jpg)









.jpg)
.jpg)
.jpg)








.jpeg)
