- Home
- देश
- संत कबीर नगर । जिले के महुली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर लगने से दो लोगों की मौत हो गई तथा इतने ही अन्य घायल हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमरीश भदौरिया ने बुधवार को यहां बताया कि मंगलवार को चवेरिया गांव में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुछ ग्रामीणों को टक्कर मार दी। इस हादसे में शिवेंद्र (23) और मुन्नेर (52) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल हुए रामलाल और कामपाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जाती है। भदौरिया ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। इस सिलसिले में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा कर उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट करने के आरोप में एक व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना फेस-2 के प्रमुख सुजीत उपाध्याय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अरविंद राघव को गिरफ्तार किया है जो भंगेल गांव में रहता है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी अरविंद राघव ने एक युवती से प्रेम संबंध बनाया तथा उसका अश्लील वीडियो बना कर उसे सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया जो वायरल हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली । वैज्ञानिकों के एक समूह ने तीव्र चक्रवाती तूफानों का जल्द पता लगाने का एक नया तरीका ईजाद किया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) ने कहा कि इस तरीके में समुद्र की सतह पर उपग्रह से तूफान का पूर्वानुमान लगाने से पहले पानी में भंवर के प्रारंभिक लक्षणों का अनुमान लगाया जाता है। अब तक सुदूर संवेदी तकनीकों से इनका समय पूर्व पता लगाया जाता रहा है। हालांकि यह तरीका तभी कारगर होता है जब समुद्र की गर्म सतह पर कम दबाव का क्षेत्र भलीभांति विकसित हो जाता है। डीएसटी ने कहा कि चक्रवात के आने से पर्याप्त समय पहले उसका पूर्वानुमान लगने से तैयारियां करने के लिए समय मिल सकता है और इसके व्यापक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव होते हैं। वैज्ञानिकों ने मॉनसून के बाद आए चार भीषण चक्रवाती तूफानों पर यह अध्ययन किया जिनमें फालिन (2013), वरदा (2013), गज (2018) और मादी (2013) हैं। मॉनसून के बाद आए दो तूफानों मोरा (2017) और आइला (2009) पर भी अध्ययन किया गया। पत्रिका ‘एट्मॉस्फियरिक रिसर्च' में हाल ही में यह अध्ययन प्रकाशित किया गया। अध्ययनकर्ता दल में आईआईटी, खड़गपुर से जिया अलबर्ट, बिष्णुप्रिया साहू तथा प्रसाद के भास्करन शामिल रहे। उन्होंने कहा कि मॉनसून के मौसम से पहले और बाद में विकसित होने वाले तूफानों के लिए कम से कम चार दिन और पहले सही पूर्वानुमान लगाने में यह नयी पद्धति कारगर हो सकती है।-file photo
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में बीती रात तीन लोगों की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से डबल डेकर बस में सवार होकर चांद उमर (19) पूर्वी उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा जा रहा था। वह जैसे ही महामाया फ्लाईओवर के पास पहुंचा, उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। बस चालक ने उसे बस से नीचे उतार दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सूचना मिलने पर इस युवक को नोएडा के जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि एक अन्य घटना में थाना सूरजपुर क्षेत्र निवासी अमरपाल (65) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर-24 अंतर्गत सेक्टर 54 के पास 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।-file photo
- नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। 47 वर्षीय जितिन प्रसाद ने नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।श्री प्रसाद ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा भरोसा है और भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र ऐसा दल है जिसका संगठनात्मक आधार है। भाजपा में शामिल होने से पहले श्री प्रसाद ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। श्री प्रसाद उन 23 कांग्रेस नेताओं के दल में शामिल थे जिन्होंने पिछले वर्ष पार्टी में सुधारों तथा सामूहिक फैसलों के साथ ही स्पष्ट नेतृत्व की मांग को लेकर कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी को पत्र लिखा था।
- नई दिल्ली। सरकार ने निजी अस्पतालों के लिए वर्तमान में उपलब्ध टीकों का अधिकतम मूल्य तय कर दिया है। कोविशील्ड के एक खुराक की कीमत 780 रुपये, कोवैक्सीन की 1410 रुपये और स्पूतनिक-वी की खुराक की कीमत 1145 रुपये होगी।स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मंगलवार को एक पत्र में सुझाया कि ज्यादा शुल्क वसूले जाने पर निजी टीकाकरण केंद्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पत्र में कहा गया है कि निजी टीकाकरण केंद्रों के लिए कोविशील्ड की एक खुराक की अधिकतम कीमत 780 रुपये जबकि कोवैक्सीन की एक खुराक के लिए 1410 रुपये और स्पूतनिक-वी की एक खुराक की कीमत 1145 रुपये होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से सुनिश्चित करने को कहा है कि विभिन्न निजी टीकाकरण केंद्रों द्वारा घोषित मूल्य निर्धारित कीमतों से अधिक ना हो। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को नागरिकों से निजी टीकाकरण केंद्रों द्वारा अधिक मूल्य लिए जाने के संबंध में लगातार निगरानी रखने का भी आग्रह किया है। पत्र में कहा गया, कहीं से भी निर्धारित मूल्य से अधिक शुल्क वसूलने की सूचना मिलती है, तो ऐसे निजी टीकाकरण केंद्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-59 के पास सड़क किनारे एक बोरे में भारी मात्रा में आधार कार्ड मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि सड़क किनारे मिले 1027 आधार कार्ड में से 867 हरियाणा के हैं। ॉपुलिस ने बताया कि जिस जगह पर यह आधार कार्ड मिले हैं, उसके आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि बरामद किए गए सभी आधार कार्ड 'असली' हैं और जिन लोगों के आधार कार्ड हैं, उनके पते सत्यापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और ऐसा लग रहा है कि किसी कंपनी या दफ्तर में इन आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया होगा, वह कंपनी बंद हो गई होगी और इसके बाद दफ्तर खाली होने के दौरान यह आधार कार्ड कूड़े में फेंके दिए गए होंगे। वर्मा ने बताया कि नोएडा पुलिस ने हरियाणा पुलिस और उन जिलों के प्रशासन को पत्र भेज दिया है जहां के आधार कार्ड हैं। उन्होंने बताया कि बाकी आधार कार्ड दिल्ली और उत्तर प्रदेश के निवासियों के हैं और दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में भी सत्यापन करवाया जा रहा है।--
- मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में कथित तौर पर एक युवक को कच्चे आम तोडऩे के लिए पेड़ से बांधने पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कोई ऐसी घटना नहीं है जिस पर मामला बनता हो। घटना शनिवार को अंजनविहिरे गांव में हुई थी। शिकायत के अनुसार, बारहवीं में पढऩे वाले 17 वर्षीय एक लड़के ने कथित तौर पर आरोपी विवेक रविंद्र पाटिल के खेत से गुजरते हुए दो कच्चे आम तोड़ लिए। खेत में काम कर रहे आरोपी प्रवीण पवरिया ने पाटिल को बुलाया और दोनों ने लड़के को रस्सी से पेड़ से बांध दिया। शिकायत के अनुसार लड़के को दो घंटे बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि खेत के मालिक ने घटना को मोबाइल पर रिकॉर्ड किया जिसे विभिन्न वाट्सऐप समूहों में साझा किया गया। आरोपियों पाटिल और पवरिया पर प्राथमिकी दर्ज की गई और उन्हें मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
- नयी दिल्ली। देश में अभी तक कोविड-19 के कुल 23.88 करोड़ टीके लोगों को लगाए जा चुके हैं। यह जानकारी मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। इसने बताया कि आज 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 13,32,471 लोगों को टीका की पहली खुराक दी गई और इसी आयु वर्ग के 76,723 लोगों को कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक दी गई। इसी उम्र वर्ग में कुल 3,17,37,869 लोगों को विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में टीके की पहली खुराक लगाई जा चुकी है और 3,16,134 लोगों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि बिहार, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 18 से 44 वर्ष तक के दस लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी गई है। शाम सात बजे तक जारी अंतरिम रिपोर्ट के मुताबिक देश में कोविड-19 के कुल 23,88,40,635 टीके लगाए जा चुके हैं। टीकाकरण अभियान के 144वें दिन 25,58,652 खुराकें दी गई । शाम सात बजे तक जारी अंतरिम रिपोर्ट के मुताबिक 22,67,842 लाभार्थियों को टीके की पहली खुराक लगाई गई जबकि 2,90,810 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई।
- नोएडा । गौतमबुद्ध नगर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी अभिनेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जेवर थानाक्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस वे पर बेगमाबाद के पास एक सड़क हादसे में स्कार्पियो सवार तीन लोगों को एक अज्ञात ट्रक चालक ने टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में उन्हे उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उपचार के दौरान विजय कुमार शर्मा (50 वर्ष) की मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि एक्सप्रेस- वे थानाक्षेत्र में स्थित जेपी अस्पताल में राघव पुत्र साहब सिंह को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी है। उन्होंने बताया कि नॉलेज पार्क थानाक्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में कपिल नामक युवक की मौत हो गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी है।
- नयी दिल्ली।राज्यसभा के चार नए सदस्यों ने मंगलवार को संसद के उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली। इनमें स्वप्न दासगुप्ता और महेश जेठमलानी भी शामिल हैं जिन्हें हाल ही में राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है। नए सदस्यों के शपथ ग्रहण करने के अवसर पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि कोरोना महामारी के चुनौतीपूर्ण समय में जन प्रतिनिधियों के पास निभाने के लिए बड़ी भूमिका है। दासगुप्ता और जेठमलानी के अलावा माकपा के जॉन ब्रिटास और वी शिवदासन ने भी शपथ ली।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले दासगुप्ता को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्हें फिर से राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। जानेमाने वकील महेश जेठमलानी को भी मनोनीत किया गया। शिवदासन ने मलायालम भाषा में शपथ ली, लेकिन तीन अन्य सदस्यों ने अंग्रेजी में शपथ ली।नए सदस्यों को बधाई देते हुए नायडू ने कहा कि शपथ ग्रहण आमतौर पर उनके चैम्बर में होता है, लेकिन कोरोना वायरस के हालात को देखते हुए राज्यसभा के चैम्बर में शपथ ग्रहण करायी गयी। सभापति ने कहा, ‘‘शपथ ग्रहण अभी करायी गयी क्योंकि संसद का अगला सत्र होने में कुछ समय है।''मानसून सत्र जुलाई में प्रस्तावित है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि सरकार को उम्मीद है कि सत्र समय से आरंभ होगा। कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से संसद के तीन सत्र आयोजित हो चुके हैं, हालांकि उनकी अवधि कम कर दी गई थी। पिछले साल शीतकालीन सत्र रद्द करना पड़ा था। पिछले साल मानसून सत्र सितंबर में हुआ था। सूत्रों का कहना है कि इस साल मानसून सत्र कराने के तौर-तरीकों को लेकर चर्चा चल रही है।नायूड ने सदस्यों का आह्वान किया कि वे लोगों को कोविड रोधी टीका लगवाने के लिए प्रेरित और जागरूक करें। राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, सदन के नेता थावरचंद गहलोत, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी शपथ ग्रहण के मौके पर उपस्थित थे।
- सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले में अखण्डनगर-कादीपुर सड़क मार्ग पर सोमवार देर रात एक ट्रांसपोर्ट व्यापारी की तीन अज्ञात लोगों ने कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान थाना अखण्डनगर क्षेत्र के पौधनपुर रामपुर निवासी जितेंद्र उर्फ पिंटू सिंह के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि सोमवार की रात जब जितेंद्र सिंह उर्फ पिंटू (40) अपने घर से कादीपुर की तरफ आ रहे थे तभी तीन अज्ञात लोगों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है।-file photo
- नयी दिल्ली। सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में रोजाना कोरोना वायरस के नए मामलों में लगातार और तेजी से गिरावट आ रही है। हालांकि सरकार ने जोर दिया कि कोविड-19 संबंधी उपयुक्त व्यवहार का पालन किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में किसी और लहर को आने से रोका जा सके। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने महामारी की स्थिति पर आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि सात मई को चरम स्तर पर पहुंचने के बाद से दैनिक नए मामलों में करीब 79 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कोविड की दूसरी लहर पर कहा कि दैनिक नए मामलों में लगातार और तेजी से गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि भारत में प्रति दस लाख आबादी पर कोरोना वायरस के 20,822 मामले आए और 252 मौतें हुई हैं जो दुनिया में सबसे कम है। भविष्य में कोरोना की किसी और लहर को रोकने के लिए सरकार ने आबादी का टीकाकरण होने तक कोविड संबंधी उपयुक्त व्यवहार का पालन करने पर जोर दिया।
- मुंबई। वैश्विक शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी अपग्रैड ने मंगलवार को कहा कि कंपनी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उसकी भारत में अगले तीन महीने में अलग-अलग विभागों में 1,000 से ज्यादा लोगों को नियुक्त करने की योजना है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि ये अवसर लर्निंग एक्सपीरियेंस, डिलीवरी, मार्केटिंग, प्रोग्राम और सेल्स विभागों में प्रदान किए जाएंगे। कंपनी अपग्रैड रीक्रूट नियुक्ति अभियान के जरिए अपने खुद के लर्नर्स टैलेंल पूल से लोगों की नियुक्ति करेगी। नये कर्मचारी मुंबई और बेंगलुरु के पांच सितारा होटलों में स्थित कंपनी के अस्थायी कार्यालयों से काम करेंगे और बाद में हैदराबाद, दिल्ली और कोलकाता में भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। अपग्रैड के सीईओ (भारत) अर्जुन मोहन ने कहा कि पिछले 18 महीनों में कंपनी ने तेज वृद्धि हासिल की है और इस वजह से नयी नियुक्तियों की जरूरत है।
- नयी दिल्ली । केंद्र ने मंगलवार को दिल्ली सरकार से जन वितरण प्रणाली में ई-पीओएस उपकरणों का इस्तेमाल जल्द से जल्द चालू करने को कहा ताकि राष्ट्रीय राजधानी के करीब 10 लाख प्रवासी राशन कार्ड धारकों को दिल्ली सरकार से अपने खाद्यान्न का कोटा हासिल करने में मदद मिले। दिल्ली सरकार ने ई-पीओएस (इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ सेल) प्रणाली के जरिए राशन के वितरण पर अप्रैल 2018 में अस्थायी रोक लगा दी थी। दिल्ली सरकार को लिखे एक पत्र में केंद्रीय खाद्य सचिव सुधांशु पांडे ने कहा कि ई-पीओएस मशीनें न केवल राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसए) के तहत सब्सिडी वाले खाद्यान्नों के पारदर्शी वितरण के लिए बल्कि एक देश एक राशन कार्ड (ओएनओआरसी) के कार्यान्वयन के लिए भी जरूरी हैं। ओएनओआसी प्रौद्योगिकी आधारित सुविधा है और इसके लिए राशन की दुकान पर ई-पीओएस उपकरण का प्रयोग जरूरी होता है। पांडे ने कहा कि इसके बिना प्रवासी श्रमिकों के लिए एक देश एक राशन कार्ड सुविधा का लाभ पहुंचाने में बाधा आ रही है। उन्होंने कहा कि उनका विभाग दिल्ली सरकार को हर जरूरी तकनीकी सहयोग देने को तैयार है। इस तरह की सुविधा से दिल्ली के राशनकार्ड धरकों को दूसरे प्रदेश में राशन प्राप्त करने की सुविधा भी होगी। उन्होंने बताया कि ‘मेरा राशन' मोबाइल ऐप इस समय दस भाषाओं में सुलभ है। इससे दिल्ली के नागरिकों को अपना राशन प्राप्त करने में मदद मिलेगी।-file photo
- पणजी। गोवा सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह विदेश यात्रा पर जाने वाले 18-44 आयुवर्ग के लोगों का टीकाकरण बुधवार से शुरू करेगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ट्विटर पर कहा कि केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य 18-44 आयुवर्ग के ऐसे लोगों को कोविड-19 टीके की पहली खुराक देगी जोकि कार्य, शिक्षा और खेल आयोजनों के लिए विदेश जाना चाहते हैं। सावंत ने अपने ट्वीट में उन कागजात का भी उल्लेख किया जोकि लाभार्थी को टीकाकरण केंद्र में दिखाने होंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को विदेश यात्रा के उद्देश्य से संबंधित औपचारिक कागजात पेश करने होंगे।-File photo
- मुंबई। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बुधवार को मुंबई पहुंच सकता है। यह जानकारी यहां भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दी। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग की निदेशक शुभांगी भुते ने आज शाम बताया, ‘‘दक्षिण पश्चिम मॉनसून के बुधवार को मुंबई पहुंचने के संकेत हैं।'' उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘वर्तमान अनुकूल स्थितियों के कारण आज मुंबई के विभिन्न हिस्से में बारिश हुई।'' मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग (आरएमसी) ने बताया कि सुबह 11 बजे तक यहां मालवणी, बोरीवली और दहिसर जैसे इलाकों में 30 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने महाराष्ट्र में शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचने की पुष्टि कर दी थी, जब मानसून तटीय रत्नागिरी जिले में हरनाई बंदरगाह में पहुंचा था। अनुकूल परिस्थितियों के बावजूद, मानसून अब भी मुंबई नहीं पहुंचा है। आईएमडी ने दोपहर में पूर्वानुमान जताया कि तेज हवाओं के साथ मुंबई, रायगढ़, ठाणे, पालघर, पुणे, नासिक और मध्य महाराष्ट्र में मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने दिव्यांग बच्चों के उद्देश्य से ई-सामग्री विकसित करने के लिए मंगलवार को दिशा-निर्देश जारी कर दिए, जिनका मकसद समावेशी शिक्षा के लक्ष्य को पूर्ण करना है। मंत्रालय द्वारा गठित समिति ने दिशा-निर्देश तैयार किए हैं जिसने अपनी रिपोर्ट 11 खंडों और दो परिशिष्ट में जमा की थी। मंगलवार को मंत्रालय ने रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया। दिशा-निर्देशों के मुताबिक, दिव्यांग बच्चों के लिए चार सिद्धांतों पर सामग्री विकसित की जाएगी जिनमें समझने योग्य, लागू किए जाने योग्य, समझ में आने योग्य और सुदृढ़ता शामिल है। समिति ने यह भी सिफारिश की है कि चरणबद्ध तरीके से पाठ्य पुस्तकों को सुगम्य डिजिटल पाठ्य पुस्तकों (एडीटी) में परिवर्तित किया जाए। उसमें कहा गया है, “ इन एडीटी की सामग्री कई प्रकार के प्रारूप जैसे पाठ, श्रव्य, दृश्य, वीडियो और सांकेतिक भाषा आदि में दी जाए जिसमें खोलने और बंद करने जैसी सुविधाएं भी हों । इसके अलावा एडीटी को दिव्यांग बच्चों को सामग्री/अभ्यास का कई तरीकों से जवाब देने के लिए लचीलापन प्रदान करना चाहिए।” सिफारिशों में शामिल है कि जिस वितरण प्लेटफार्म पर इसे अपलोड किया जाएगा तथा पठन पाठन प्लेटफार्म उपकरण, जिसपर सामग्री तक पहुंच बनेगी और संवाद होगा, उसे तकनीकी मानकों के अनुरूप बनाना होगा । दिव्यांग बच्चों की विशिष्ट ज़रूरतों को पूरा करने के लिए उचित शैक्षणिक आवास बनाने की भी सिफारिश की गई है। उसमें कहा गया है, ‘‘ सभी रिकॉर्डिंग को पाठ में परिवर्तित किया जाना चाहिए।
- ठाणे। नवी मुंबई के नगर निकाय के स्कूलों के 42,000 छात्रों के खातों में 1,000-1,000 रुपए अंतरित किए जाएंगे ताकि वे ऑनलाइन पढ़ाई के मकसद से स्मार्टफोन के लिए इंटरनेट डेटा पैकेज खरीद सकें। नवी मुंबई महानगर पालिका (एनएमएमसी) ने मंगलवार को यह घोषणा की। एनएमएमसी के तहत 55 प्राथमिक विद्यालयों समेत नगर निकाय के 75 स्कूल हैं। नगर निकाय के अधिकारी ने बताया कि पहले सेमेस्टर के लिए यह राशि दो किस्तों में दी जाएगी और उन छात्रों की मदद के भी प्रयास किए जाएंगे, जिनके पास स्मार्टफोन नहीं हैं। एनएमएमसी आयुक्त अभिजीत बांगर ने कहा, ‘‘यह फैसला अक्टूबर में किया गया था, लेकिन कोविड-19 के मामलों में कमी आने के कारण इसे लागू नहीं किया गया, क्योंकि उस समय लक्ष्य स्कूलों में पढ़ाई शुरू करना था।-File photo
- कानपुर/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम बस और लोडर (भार वाहक) की भीषण टक्कर में 16 लोगों की मौत हो गई और करीब आधा दर्जन घायल हो गए। घायलों में दो की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु होने पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। कानपुर आउटर के पुलिस अधीक्षक अष्टभुजा प्रसाद सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार बस ने एक लोडर को टक्कर मार दी जो उछलकर हाइवे पर जा गिरी, जबकि बस भी पलट गई और गहरी खाई में जा गिरी सिंह ने कहा कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि लगभग सभी यात्री बस में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। भीषण हादसे की सूचना मिलते ही कानपुर के आधा दर्जन थानों से भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर रवाना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को बाहर निकाला और पाया कि उनमें से कई पहले ही मर चुके हैं। घायलों को गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के एलएलआर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आरबी कमल ने बताया कि अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कमल ने कहा कि दो और लोगों की हालत बहुत नाजुक है।
- जोधपुर। राजस्थान के जालौर जिले के रानीवाड़ा में एक महिला के अचेत हो जाने के बाद उसकी पांच साल की पोती की कथित रूप से प्यास के कारण मृत्यु हो गयी । पुलिस ने मंलगवार को इसकी जानकारी दी । एसएचओ पदम राम ने कहा कि रविवार की दोपहर सुखी (60) और उसकी पोती मंजू (5) रोडा गांव में किसी परिजन से मिलने पैदल जा रही थी । उन्होंने कहा कि रास्ते में उन्हें प्यास लगी, लेकिन आसपास पानी नहीं मिला क्योंकि वह जगह निर्जन थी। उन्होंने बताया कि बाद में कुछ चरवाहों ने दोनों को एक छोटी पहाड़ी के ऊपर से देखा और गांव के सरपंच को सूचित किया, जिन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी । उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां मंजू को मृत घोषित कर दिया गया जबकि सुखी का इलाज चल रहा है । राम ने बताया, ''हम उस स्थान पर पहुंचे जहां वाहन नहीं पहुंच सकते। हमने पाया कि लड़की की मौत हो गई थी, जबकि बुजुर्ग महिला निर्जलीकरण के कारण बेहोश हो गयी थी ।'' उन्होंने बताया कि बच्ची का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया ।
- नयी दिल्ली । केंद्र ने अधिकारियों की कमी का हवाला देते हुए राज्य सरकारों से कहा है कि उप सचिव, निदेशक और संयुक्त सचिव के स्तर पर और अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए अनुशंसा करें। यह जानकारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई है। इसने ऐसे अधिकारियों के नामों की अनुशंसा नहीं करने के लिए कहा जो पदोन्नति पाने वाले हों, क्योंकि ऐसे अधिकारियों को लाभ हासिल करने के लिए जल्द वापस भेजना आवश्यक हो जाता है। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है, ‘‘यह सुनिश्चित किया जाए कि केवल ऐसे अधिकारियों के नाम अग्रसारित किए जाएं जो केंद्रीय कर्मचारी योजना के तहत पूरे कार्यकाल के लिए मौजूद रहें।'' केंद्रीय कर्मचारी योजना (सीएसएस) के तहत उप सचिव/निदेशक और उसके ऊपर के अधिकारियों की केंद्र सरकार के मंत्रालयों/विभागों में नियुक्ति होती है। इसने कहा, ‘‘इसलिए अधिकतर संख्या में ऐसे अधिकारियों की सीएसएस के तहत उप सचिव/निदेशक/संयुक्त सचिव स्तर पर नियुक्ति की अनुशंसा की जाए ताकि उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का पूरा इस्तेमाल हो सके।'
- चंडीगढ़। हरियाणा में रोहतक की एक आवासीय कालोनी में 12 वर्षीय लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर कथित तौर पर आरोपी ने 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कामेश ने सोमवार रात को जब आरोपी को छेड़छाड़ करने से रोका तो उसने चाकू मार कर उसकी जान ले ली। बॉक्सर बताए गए कामेश मॉडलिंग और अभिनय में भी हाथ आजमा चुके थे। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रोहतक, गोरखपाल ने बताया कि कामेश ताज कालोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी उन्होंने एक युवक को छेड़खानी करते देखा और उसे ऐसा दोबारा नहीं करने को कहा। इससे गुस्साए आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर कामेश पर कई वार किए। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि घटना के समय आरोपी के अन्य दोस्त भी मौजूद थे। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
- ठाणे । महाराष्ट्र में ठाणे जिला प्रशासन ने क्षेत्र में मानसून की शुरुआत के मद्देनजर झरनों, झीलों और बांधों के पास लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि जिला कलेक्टर राजेश नार्वेकर ने क्षेत्र में जलाशयों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि आदेश में जिले के कुछ खतरनाक स्थानों की सूची दी गई है और लोगों से कहा गया है कि वे मानसून के दौरान इन स्थानों पर न जाएं। यह आदेश सीआरपीसी की धारा 144, महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी किया गया है।अधिकारी ने कहा कि ठाणे तालुका में येयूर, कलवा, मुंब्रा, रेतीबंदर, गैमुख और उत्तान समुद्र तट पर लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। संबंधित घटनाक्रम में, ठाणे महानगरपालिका ने मानसून संबंधित हादसों के लिए एक वार्ड समिति गठित की है।ठाणे जिला परिषद के सीईओ डॉ भाऊसाहेब डांगडे ने जिले के सभी तालुका स्तर के अधिकारियों को भारी बारिश की स्थिति में सतर्क रहने का आदेश दिया है, जो अगले कुछ दिनों में होने की उम्मीद है।-file photo
- देहरादून। केंद्र सरकार ने पहाडों की रानी मसूरी में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए माल रोड से लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी के मध्य 2.74 किलोमीटर लंबी दो लेन की सुरंग के निर्माण के लिए 700 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ट्विटर के जरिये इसकी जानकारी दी। गडकरी ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 707 ए पर मसूरी में माल रोड से लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी तक 2.74 किलोमीटर लंबी सुरंग के निर्माण के लिए 700 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने भी टवीट कर इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुरंग बनने से मसूरी शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार तथा आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि सुरंग बनने से इसके आसपास की सडकों के चौडीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से आम जनता को सुविधा होने के साथ ही आपदा की स्थिति में राहत व बचाव कार्यों में भी मदद मिलेगी । मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जौनसार बावर क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी और बेहतर होगी तथा इस पिछडे क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी मदद मिलेगी । मुख्यमंत्री रावत ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान सोमवार को गडकरी से मुलाकात के दौरान परियोजना के लिए धन स्वीकृत करने का अनुरोध किया था।--file photo






.jpg)
.jpg)

.jpg)
















.jpeg)
