- Home
- देश
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चक्रवाती तूफान ‘‘यास'' से प्रभावित ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगे और दोनों ही राज्यों में इससे हुए नुकसान की समीक्षा भी करेंगे। सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री सबसे पहले ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचेंगे जहां वह एक समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद वह ओडिशा के बालासोर और भद्रक तथा पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिलों के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। दिल्ली लौटने से पहले प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल में एक समीक्षा बैठक करेंगे।चक्रवाती तूफान ‘यास' के बुधवार को देश के पूर्वी तटों से टकराने के बाद भारी बारिश हुई। चक्रवात के दौरान 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये, खेतों में पानी भर गया। चक्रवात से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि इसके कारण ओडिशा, पश्चिम बंगाल ओर झारखंड में 21 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। चक्रवात के कारण ओडिशा में तीन लोगों और पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति की मौत हो गयी।पश्चिम बंगाल सरकार ने दावा किया है कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण कम से कम एक करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। ‘ताउते' के बाद एक सप्ताह के भीतर देश के तटों से टकराने वाला ‘यास' दूसरा चक्रवाती तूफान है।
- कानपुर। कानपुर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। पिता की मौत से आहत बेटे ने भी श्मशान घाट पर दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। एक तरफ घाट पर पिता के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रहीं थी। वहीं मृतक के छोटे बेटे ने भी श्मशान घाट पर दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पिता-पुत्र की एक साथ चिताएं जलाकर उनका अंतिम संस्कार किया गया। .मिली जानकारी के अनुसार महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरसौल कस्बे में रहने वाले संतोष शुक्ला (75) लंबे अर्से से बीमार चल रहे थे। बुधवार को बीमारी के चलते उनकी मौत हो गई। मृतक संतोष शुक्ला के दो बेटे हंै, राघवेंद्र शुक्ला और धर्मेंद्र शुक्ला। बड़े बेटे राघवेंद्र शुक्ला की शादी हो चुकी है। वहीं धर्मेंद्र शुक्ला (34) की शादी नहीं हुई थी, कस्बे में ही पान की गुमटी में बैठता था। धर्मेंद्र शुक्ला अपने पिता के सबसे करीब था। बीमारी के समय में वहीं उनकी देखभाल करता था।बुधवार को संतोष शुक्ला की मौत हो गई। दोनों बेटे पिता के अंतिम संस्कार के लिए नजफगढ़ श्मशान घाट पहुंचे थे। घाट पर पिता के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रहीं थी। इसी दौरान धर्मेंद्र अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। रिश्तेदार और ग्रामीण धर्मेंद्र को सरसौल के प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र की मौत की खबर घर पहुंची तो, परिवार में कोहराम मच गया।इस घटना के बाद से मृतक के परिवार समेत पूरा गांव शोक में डूब गया। बुधवार शाम घाट पर पिता-पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। जिसने भी यह खबर सुनी, हैरान रह गया।
- नयी दिल्ली। भारत में 1970-2019 के 50 सालों के दौरान 117 चक्रवात आये और 40 हजार से अधिक लोगों की जान गयी । अति प्रतिकूल मौसम संबंधी घटनाओं पर एक अध्ययन में यह जानकारी दी गयी है। इस अध्ययन के अनुसार उष्णकटिबंधीय चक्रवातों की वजह से होने वाली मृत्युदर में पिछले दस सालों में काफी कमी आयी है। अध्ययन के मुताबिक इन 50 वर्षों में देश में अति प्रतिकूल मौसम संबंधी कुल 7,063 घटनाओं में 1, लाख 41 हजार 308 लोगों की जान चली गयी जिनमें से 40 हजार 358 लोगों (यानी 28 फीसद) ने चक्रवात की वजह से और 65 हजार 130 लोगों (46 फीसद से थोड़ा अधिक) ने बाढ़ के कारण अपनी जान गंवायी।यह शोधपत्र इस साल के प्रारंभ में प्रकाशित हुआ जिसे पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम राजीवन और वैज्ञानिकों कमलजीत राय, एस एस राय, आर के गिरि, ए पी दिमरी ने मिलकर तैयार किया है। कमलजीत राय इस शोधपत्र के मुख्य लेखक हैं। इसी माह के मध्य में पश्चिमी तट ने चक्रवात ताउते का प्रकोप झेला। ताउटे अति भयंकर चक्रवाती तूफान के रूप में गुजरात तट से टकराया और उसने कई राज्यों में तबाही मचायी, और करीब 50 लोगों की जान चली गयी। फिलहाल देश का पूर्वी तट पर अति भयंकर चक्रवात तूफान 'यास' आया। वह ओडि़शा और पश्चिमी बंगाल के समुद्र तटीय क्षेत्रों में तबाही मचाकर देश में आगे चला गया। अध्ययन में कहा गया है कि चक्रवात की वजह से होने वाली मौतों में पिछले दो दशक में बहुत कमी आयी है। हाल के वर्षों में भारतीय मौसम विज्ञान विज्ञान की पूर्वानुमान क्षमता में काफी सुधार देखा गया है। अध्ययन कहता है कि 1971 में सितंबर के आखिर सप्ताह से लेकर नवंबर के पहले सप्ताह तक बंगाल में बंगाल की खाड़ी में महज करीब छह सप्ताह के अंदर चार उष्कटिबंधीय तूफान आये । उनमें सबसे विध्वंसकारी तूफान 30 अक्टूबर, 1971 को तड़के ओडि़शा तट पर आया था और जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ था। करीब 10 हजार लोगों की जान चली गयी थी और दस लाख से अधिक लोग बेघर हो गये थे। अध्ययन के मुताबिक 1977 में 9-20 नवंबर के दौरान बंगाल की खाड़ी में दो उष्णकटिबंधीय तूफान उठे थे । दूसरा तूफान 'चिराला' बड़ा ही भयंकर गंभीर उष्णकटिबंधीय तूफान था, वह तटीय आंध्रप्रदेश से टकराया था। उस दौरान 200 किलोमीटर प्रति घंटे से हवा चली थी और पांच मीटर की ऊंचाई तक समुद्र में लहरें उठ थी। उसी दौरान भी करीब 10 हजार लोगों ने जान गंवायी थी और करीब 2.5 करोड़ डॉलर मूल्य के बुनियादी ढांचों एवं फसलों का नुकसान हुआ था। अकेले 1970-80 के दौरान चक्रवातों की वजह से 20 हजार लोगों की मौत हो गयी।इस शोधपत्र में कहा गया है, विश्लेषण से पता चला कि उष्णकटिबंधीय तूफानों की वजह से मौतों में पहले दशक (2000-09) की तुलना में आखिरी दशक (2010-19) में करीब 88 फीसद गिरावट आयी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि चक्रवात के दौरान मौतों की वजहों में इन सालों में मौसम पूर्वानुमान क्षमता में सुधार के साथ बदलाव आया है।
- आरा। बिहार में भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना अंतर्गत देवरी महाराजगंज गांव के समीप बृहस्पतिवार की सुबह एक वाहन के सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा जाने से वाहन पर सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि दस अन्य यात्री जख्मी हो गए। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार दुबे ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि जख्मी लोगों में से तीन की चिन्ताजनक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है जबकि अन्य घायलों का इलाज भोजपुर जिला मुख्यालय आरा स्थित सदर अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे में मृत और घायल हुए सभी लोग एक बैंड में काम करते थे जो चरपोखरी थाना अंतर्गत इटौर गांव से एक बारात में शामिल होकर लौट रहे थे।
- महोबा (उप्र)। महोबा जिले के बीजानगर गांव में एक युवक ने बुधवार को धारदार हथियार से अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। भाभी को बचाने आई अपनी छोटी बहन को उसने घायल कर दिया।शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) बलराम सिंह ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को बीजानगर गांव में आरोपी युवक संतोष रैकवार (35) ने धारदार गड़ासे से वार कर अपनी पत्नी सरस्वती (32) की हत्या कर दी और बाद में उसी हथियार खुद को भी घायल कर लिया। आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि भाभी को बचाने पहुंची अपनी छोटी बहन आरती (17) को भी आरोपी ने गड़ासा मारकर घायल कर दिया। आरती का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिंह ने बताया कि गांव के तालाब के पास सिंघाड़े की खेती करने वाला आरोपी संतोष कुछ दिन पहले अपने पिता को भी मारने के लिए दौड़ा था। एसएचओ ने बताया कि आरोपी संतोष और उसकी पत्नी सरस्वती के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं।
- पोर्ट ब्लेयर। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के कुछ हिस्सों में 30 मई तक भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने अगली सूचना तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।द्वीपसमूह में बृहस्पतिवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को एक या दो स्थानों पर सात से 11 सेंटीमीटर की भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के मुताबिक, बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ ही इस दौरान द्वीपसमूह में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- नयी दिल्ली। सरकार ने नए डिजिटल नियमों का पूरी निष्ठा के साथ बचाव करते हुए बुधवार को कहा कि वह निजता के अधिकार का सम्मान करती है और व्हॉट्सएप जैसे संदेश मंचों को नए आईटी नियमों के तहत चिन्हित संदेशों के मूल स्रोत की जानकारी देने को कहना निजता का उल्लंघन नहीं है। इसके साथ ही सरकार ने सोशल मीडिया कंपनियों से नये नियमों को लेकर अनुपालन रिपोर्ट मांगी है।व्हॉट्सएप ने सरकार के नए डिजिटल नियमों को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी है जिसके एक दिन बार सरकार की यह प्रतिक्रिया आई है। व्हॉट्सएप का कहना है कि कूट संदेशों तक पहुंच उपलब्ध कराने से निजता का बचाव कवर टूट जायेगा। हालांकि, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा है कि भारत ने जिन भी उपायों का प्रस्ताव किया है उससे व्हॉट्सएप का सामान्य कामकाज प्रभावित नहीं होगा। साथ ही इससे आम प्रयोगकर्ता पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जारी बयान में कहा गया है कि नये आईटी नियमों के तहत देश की संप्रभुता या सार्वजनिक व्यवस्था तथा देश की सुरक्षा से जुड़े 'बेहद गंभीर अपराध' वाले संदेशों को रोकने या उसकी जांच के लिए ही उनके मूल स्रोत की जानकारी मांगने की जरूरत है। मंत्रालय ने अलग से जारी बयान में सोशल मीडिया कंपनियों मसलन फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और व्हॉट्सएप से नए डिजिटल नियमों के अनुपालन की स्थिति के बारे में तुरंत स्थिति रिपोर्ट देने को कहा। नए नियम बुधवार से प्रभावी हो गये हैं। इन कंपनियों ने मामले को लेकर ई-मेल के जरिये पूछे गए सवालों के जवाब नहीं दिये।
- नयी दिल्ली। एंटीगुआ और बारबुडा से हाल में फरार हुए भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को पड़ोस के डोमिनिका में पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ इंटरपोल ने ‘यलो नोटिस' जारी किया था। स्थानीय मीडिया की खबरों में बुधवार को इस बारे में बताया गया। एंटीगुआ और बारबुडा द्वारा इंटरपोल का ‘यलो नोटिस' जारी किये जाने के बाद डोमिनिका में पुलिस ने मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) चोकसी को पकड़ लिया। खबरों में बताया गया है कि उसे एंटीगुआ और बारबुडा की रॉयल पुलिस फोर्स को सौंपने की कवायद चल रही है। ‘एंटीगुआ न्यूज रूम' के मुताबिक, चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता लेने के बाद 2018 से वहां रह रहा है। लापता लोगों की तलाश के लिए इंटरपोल यलो नोटिस जारी करता है।पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये की कर्ज जालसाजी मामले में चोकसी वांछित है और उसे आखिरी बार रविवार को एंटीगुआ और बारबुडा में अपनी कार में भोजन करने के लिए जाते हुए देखा गया था। चोकसी की कार मिलने के बाद उसके कर्मचारियों ने लापता होने की सूचना दी। चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने पुष्टि की थी कि चोकसी रविवार से लापता था।एंटीगुआ और बारबुडा की संसद में विपक्ष द्वारा मामला उठाए जाने के बाद कैरेबियाई द्वीपीय देश में चोकसी के लापता होने को लेकर हंगामा मच गया। विपक्ष के सवाल पर प्रधानमंत्री गेस्टन ब्राउन ने कहा था कि उनकी सरकार चोकसी का पता लगाने के लिए भारत सरकार, पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठनों के साथ मिलकर काम कर रही है। चोकसी और उसके भांजे नीरव मोदी ने पंजाब नेशनल बैंक से कथित तौर पर 13,500 रुपये की जालसाजी की। नीरव मोदी लंदन में जेल में है और अपने प्रत्यर्पण के खिलाफ मुकदमा लड़ रहा है। चोकसी ने निवेश द्वारा नागरिकता प्राप्त करने के कार्यक्रम का इस्तेमाल करते हुए 2017 में एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता ले ली थी और जनवरी 2018 के पहले सप्ताह में भारत से फरार होकर वहां चला गया था। बैंक से जालसाजी का मामला बाद में सामने आया था। चोकसी और नीरव दोनों सीबीआई जांच का सामना कर रहे हैं।
- नयी दिल्ली। भारत अगले कुछ महीने में इजराइल से लंबे समय तक उड़ने वाले चार हेरोन ड्रोन लीज पर लेगा ताकि चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर अपनी निगरानी क्षमता को मजबूत कर सके। भारतीय सेना तीन साल के लिए मध्यम ऊंचाई तक उड़ने वाले हेरोन ड्रोन हासिल कर रही है और उनमें से दो अगस्त तक आ जाएंगे। ये ड्रोन करीब 45 घंटे तक 35 हजार फुट की ऊंचाई तक उड़ने में सक्षम हैं। इस वर्ष की शुरुआत में ड्रोन हासिल करने का समझौता हुआ था।हेरोन टीपी ड्रोन स्वचालित टैक्सी टेक-ऑफ एवं लैंडिंग (एटीओएल) और उपग्रह संचार (सैटकॉम) से लैस हैं। ड्रोन में लंबी रेंज वाले निगरानी कैमरे तथा अन्य अत्याधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। पूर्वी लद्दाख में पिछले वर्ष मई में भारत और चीन के सैनिकों के बीच तीखी झड़प होने के बाद से भारत 3400 किलोमीटर लंबी एलएसी पर निगरानी क्षमता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। भारत अमेरिका से अपनी तीनों सेनाओं के लिए तीन अरब डॉलर में बहुद्देशीय प्रीडेटर ड्रोन भी खरीदने की योजना बना रहा है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को अफसोस जताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे वृक्षारोपण का काम अच्छे से नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जहां तक पेड़-पौधे लगाये जाने का संबंध है, एक भी राजमार्ग सड़क को दुरुस्त नहीं ठहराया जा सकता है। आईआईटी तिरुपति द्वारा डिजिटल तरीके से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, मंत्री ने यह भी कहा कि आखिर कोई सड़क निर्माण का विशेषज्ञ, किस प्रकार से पेड़-पौधों का भी विशेषज्ञ हो सकता है? गडकरी ने कहा, ‘‘पांडे महोदय यहां हैं। वह मुझे कोई ऐसा राजमार्ग नहीं दिखा सकते जहां अच्छे से पेड़-पौधे लगे हों। यह पूरी तरह से लापरवाही है।'' हालांकि यह तुरंत पता नहीं चल सका कि मंत्री किस अधिकारी की बात कर रहे थे।गडकरी को स्पष्ट रूप से अपनी बातें रखने के लिये जाना जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले से ही अनुबंध में, वृक्षारोपण का प्रावधान है। मुझे विश्वास है कि एक मंत्री के रूप में जो भी मैंने देखा है, एक भी सड़क ऐसा नहीं है, जहां कहा जाए कि उसके आसपास पेड़-पौधे अच्छे से लगाये गये हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से हरित राजमार्ग नीति को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे पेड़ लगाने के लिए इस क्षेत्र के विशेषज्ञों को शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह हरित राजमार्गों के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। यह देश की पारिस्थितिकी और पर्यावरण के लिए आवश्यक है।'' मंत्री ने पिछले साल अगस्त में राष्ट्रीय राजमार्गों पर वृक्षारोपण की निगरानी के लिए एक मोबाइल ऐप 'हरित पथ' जारी किया था। एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रहे गडकरी ने कहा कि नौकरशाही व्यवस्था नई प्रणालियों को स्वीकार नहीं करना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें विचारों, नवाचार और अनुसंधान की आवश्यकता है।''गडकरी ने कहा कि लोगों को कोलतार आयात करने की अनुमति देकर सरकार सड़क निर्माण की लागत को कम कर सकती है।
- नयी दिल्ली । वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुबोध कुमार जायसवाल ने बुधवार को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के 31वें निदेशक के तौर पर पदभार संभाल लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सीबीआई निदेशक का पद गत फरवरी से रिक्त था। महाराष्ट्र काडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी जायसवाल (58) ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर बेहद सादगी से सीबीआई मुख्यालय की 11वीं मंजिल पर स्थित कार्यालय में अपना पदभार संभाला। एक दिन पहले ही कार्मिक मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया था। जायसवाल का सीबीआई प्रमुख के तौर पर कार्यकाल दो वर्ष का होगा।महाराष्ट्र के पूर्व डीजीपी जायसवाल ने खबरों के मुताबिक पिछले साल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया था जब राज्य में सत्तारूढ़ महाराष्ट्र विकास आघाडी सरकार के साथ पुलिस अधिकारियों के तबादलों और तैनाती को लेकर उनके मतभेद उत्पन्न हो गए थे। वह गत जनवरी में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में महानिदेशक के रूप में शामिल हुए थे।सीबीआई प्रमुख के तौर पर उनके सामने जो मामले होंगे उनमें महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख का मामला भी शामिल होगा, जिनके खिलाफ मुंबई के बार और रेस्तरां मालिकों से पुलिस अधिकारियों का उपयोग करके कथित रूप से अवैध धन संग्रह की मांग करने को लेकर जांच की जा रही है। जायसवाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रॉ में अतिरिक्त सचिव, कैबिनेट सचिवालय थे और उन्हें 2018 में महाराष्ट्र में तत्कालीन देवेंद्र फडणवीस सरकार के दौरान मुंबई पुलिस बल का प्रमुख चुना गया था। उन्हें बाद में डीजीपी बना दिया गया था। उन्हें रॉ ने अनिच्छा से छोड़ा था क्योंकि वह एक सक्षम अधिकारी थे जिसने 2008 से 10 साल एजेंसी में बिताए थे। सीबीआई प्रवक्ता आर सी जोशी ने कहा कि जायसवाल को 2009 में विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, 2001 में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारतीय पुलिस पदक, आंतरिक सुरक्षा पदक (भारत सरकार), विशेष सेवा पदक (महाराष्ट्र सरकार) और असाधारण सुरक्षा सेवा प्रमाणपत्र प्राप्त हो चुके हैं। धनबाद के सिंदरी के रहने वाले जायसवाल ने अपनी स्कूली शिक्षा झारखंड के डी नोबिली स्कूल की सीएमआरआई शाखा से की, जहां उनके पिता का एक समृद्ध व्यवसाय था। उन्होंने बाद में डीएवी कालेज, चंडीगढ़ से अंग्रेजी (ऑनर्स) और पंजाब विश्वविद्यालय से एमबीए किया।
- नयी दिल्ली। सोशल नेटवर्किंग कंपनी फेसबुक ने बुधवार को कहा कि वह उपयोगकर्तोँ को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके पोस्ट पर लोगों द्वारा किए गए 'लाइक' की संख्या छिपाने की सुविधा देगी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह लोगों को उनके अनुभव को नियंत्रित करने की सुविधा देने से जुड़ी उसकी कोशिशों का हिस्सा है। फेसबुक ने कहा, "हमने लाइक्स की संख्या छिपाने जैसे परीक्षण किए ताकि हम यह देख सकें कि क्या यह इंस्टाग्राम पर लोगों के अनुभव को दवाब से मुक्त कर सकता है। हमने लोगों और विशेषज्ञों से यह जाना कि लाइक्स की संख्या न देखना कुछ के लिए फायदेमंद है और कुछ के लिए परेशान करने वाली बात है, खासकर इसलिए क्योंकि लोग लाइक्स की संख्या का इस्तेमाल यह जानने के लिए करते हैं कि क्या प्रचलित हैं या लोकप्रिय है, इसलिए हम यह विकल्प दे रहे हैं।" दोनों सोशल नेटवर्किंग साइट पर अब हर व्यक्ति अपने सार्वजनिक 'लाइक्स' की संख्या छिपा सकता है ताकि वह इस बात का फैसला कर सके कि उसके लिए कौन सा विकल्प सही है। कंपनी ने साथ ही कहा कि वह लोगों को अपने अनुभव नियंत्रित करने के लिए और तरीके तलाश रहा है। इनमें वे नयी विशेषताएं शामिल है जो लोगों को इंस्टाग्राम पर अपने डायरेक्ट मैसेज (डीएम) से आपत्तिजनक सामग्री पर रोक लगाने और फेसबुक के न्यूज फीड में क्या देखें और शेयर करें, इसे नियंत्रित करने के तरीकों की सुविधा देता है। उपयोगकर्ता सेटिंग्स में न्यू पोस्ट्स सेक्शन में जाकर दूसरों के पोस्ट पर लाइक्स की संख्या छिपा सकते हैं। यह नियंत्रण किसी भी उपयोगकर्ता के फीड में सभी पोस्ट पर लागू होता है। वे कोई पोस्ट शेयर करने से पहले लाइक्स की संख्या भी छिपा सकते हैं और लाइव जाने के बाद भी इस सेटिंग को बंद या चालू कर सकते हैं।
- मुंबई। केरल वन विभाग द्वारा बचाये गये एक यूरेशियन ग्रिफॉन गिद्ध को महाराष्ट्र की सह्याद्रि पर्वत श्रृंखला में 700 किलोमीटर दूर देखा गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पक्षीविज्ञानियों के अनुसार, महाराष्ट्र में इस पक्षी का दिखना दुर्लभ है।सह्याद्रि बाघ अभयारण्य के मुख्य वन संरक्षक क्लेमेंट बेन ने कहा, ‘‘एक यूरेशियन ग्रिफॉन गिद्ध को सह्याद्रि टाइगर रिजर्व में देखा गया था। पक्षी को कन्नूर में टैग किया गया था और केरल के वायनाड वन्यजीव अभयारण्य में उसे छोड़ा गया था।'' वन रक्षक संतोष चालके ने पहली बार नौ मई को पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा जिले की पाटन तहसील में पक्षी को देखा था और कुछ तस्वीरें खींची। सतारा जिले के मानद वन्यजीव वार्डन रोहन भाटे ने कुछ गिद्ध अध्ययन समूहों पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की, जिससे पता चला कि इसे केरल में टैग किया गया था। भाटे के अनुसार, गिद्धों की यह प्रजाति मुख्य रूप से तिब्बत, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत में हिमालय पर्वतमाला में पाई जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘इसे भोजन की तलाश में लंबी दूरी तय करने के लिए जाना जाता है। आठ से नौ फुट तक फैलने वाले पंखों के साथ इस गिद्ध की ऊंचाई आमतौर पर 125 सेंटीमीटर होती है। इसका वजन लगभग 8-10 किलोग्राम होता है।'
- लंदन । भारतीय अर्थशास्त्री एवं नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन को सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में स्पेन के सर्वोच्च पुरस्कार ‘प्रिंसेस ऑफ एस्टुरियस अवार्ड' से नवाजा गया है। प्रिंसेस ऑफ एस्टुरियस फाउंडेशन ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 87 वर्षीय सेन को 20 देशों के 41 उम्मीदवारों में से इस पुरस्कार के लिए चुना गया। इसने कहा, ‘‘भुखमरी पर उनके अनुसंधान और मानव विकास पर उनके सिद्धांत, लोक कल्याण से जुड़ी अर्थ नीतियों ने अन्याय, असमानता, बीमारी और अज्ञानता से लड़ने में योगदान दिया है।'' पुरस्कार में जोआन मिरो की प्रतिमा और 50,000 यूरो नकद दिए जाते हैं।जूरी ने कोविड-19 की वजह से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पुरस्कार की घोषणा की। सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में ‘प्रिंसेस ऑफ एस्टुरियस अवार्ड' इतिहास, कानून, भाषा, शिक्षण, राजनीति विज्ञान, समाज शास्त्र, दर्शन शास्त्र, भूगोल, अर्थशस्त्र आदि में शोध कार्य के लिए दिया जाता है। सेन को 1998 में अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार मिला था।
- बांदा।उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरोदर गांव में बुधवार को नहाने गए चार बच्चे यमुना नदी में डूब गए। इनमें से 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गयी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे, चार बच्चे गांव के नजदीक बह रही यमुना नदी में नहाने गए थे, जहां वह गहरे पानी में डूब गए। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण उन्हें निकालकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने लवकुश (10) को मृत घोषित कर दिया । उन्होंने बताया कि अस्पताल में अन्य तीन बच्चों का इलाज चल रहा है । उन्होंने बताया कि सभी बच्चे पिपरोदर गांव में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। एएसपी ने बताया कि मृत बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी गयी है।-File photo
- बलिया । कोविड नियंत्रण के समय कार्य में लापरवाही बरतने के ममालो में दो स्वास्थ्यकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है । सूचना विभाग द्वारा बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने मंगलवार की शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुबहड़ का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, प्रसव कक्ष, वार्ड, लेबर-रूम, दवा स्टोर, टीका स्टोर का दौरा किया । उपस्थिति पंजिका पर अधिकारियों-कर्मचारियों के हस्ताक्षर तो थे, पर वहां कई कर्मचारी नहीं थे इस बाबत अधीक्षक डॉ शैलेश से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि कुछ कर्मचारी अक्सर सिर्फ हस्ताक्षर करके चले जाते हैं और एक वार्ड ब्वॉय तथा एक सफाईकर्मी द्वारा कार्य में रूचि नहीं लेने की शिकायत पर उन्होंने तत्काल दोनों को निलंबित कर दिया ।
- नयी दिल्ली। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) कोविड-19 के टीकों कोविशील्ड और कोवैक्सीन के प्रभाव का पता लगाने के लिए अगले सप्ताह से सर्वेक्षण शुरू करेगा। इस दौरान, कोविड संक्रमण को गंभीर रूप लेने से रोकने में टीके के प्रभावी होने की जांच की जाएगी।सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) कोविशील्ड टीके का जबकि भारत बायोटेक कोवैक्सीन टीके का उत्पादन कर रही है। इन टीकों की शुरुआत के बाद से पहली बार इस तरह का सर्वेक्षण होगा। आईसीएमआर के राष्ट्रीय महामारी विज्ञान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ तरुण भटनागर के मुताबिक, सर्वेक्षण के दौरान 45 वर्ष से अधिक आयु वाले ऐसे करीब 4,000 लोगों की समीक्षा की जाएगी जोकि दोनों टीकों में से किसी भी टीके की एक या दोनों खुराक ले चुके हों। भटनागर ने कहा, '' शोध के दौरान, हम ऐसे लोगों को लेंगे जोकि कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और अस्पताल में भर्ती हैं तथा उनके टीकाकरण की स्थिति की तुलना उन लोगों के साथ की जाएगी जोकि संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।'' उन्होंने कहा, '' इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि बीमारी को गंभीर रूप लेने से रोकने में टीकाकरण कितना प्रभावी है?'' वैज्ञानिक ने कहा कि अगले सप्ताह से यह सर्वेक्षण शुरू होने की उम्मीद है।
- फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो सड़क हादसों में एक अबोध बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गयी । सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को हुयी पहली घटना जनपद के थाना जसराना के क्षेत्र जसराना एटा मार्ग की है, जहां कुतुबपुर गांव के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली एवं बाइक की टक्कर में 18 वर्षीय सत्येंद्र एवं 23 वर्षीय रवि कुमार की मौत हो गयी । थाना प्रभारी बीडी पांडे ने बताया कि दोनों युवक विवाह समारोह में आए थे, तभी दुर्घटना का शिकार हो गए। वहीं दूसरी दुर्घटना नगर के थाना रामगढ़ क्षेत्र के पीतमपुर में हुई जब भीखनपुर इलाके में तीन साल का एक बच्चा घर के बाहर खड़ा था और ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर उसकी मौत हो गयी । घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी, उप जिलाधिकारी (सदर) राजेश कुमार वर्मा ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
- वेलिंगटन ।न्यूजीलैंड और दुनिया के लोगों ने बुधवार को ‘सुपर ब्लड मून' का नजारा देखा जो पूर्ण चंद्रग्रहण के साथ सामान्य से अधिक चमकीला होने का मिश्रण था। जब चांद आधा हुआ तो यह श्वेत-श्याम 'कुकी' की तरह नजर आया।लोग इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए पहले से ही उत्सुक थे।पूर्ण चंद्रगहण जहां लगभग 15 मिनट तक रहा, वहीं समूची खगोलीय घटना पांच घंटे तक चली।न्यूजीलैंड में आज मौसम साफ था जिससे लोगों ने आकाश में हुई इस खगोलीय घटना का पूरा लुत्फ उठाया।ऑस्ट्रेलिया में भी मौसम साफ था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में बारिश और बादलों ने चंद्रग्रहण देखने का इंतजार कर रहे लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जापान में भी बादल छाए रहने की वजह से लोग इस घटना को नहीं देख पाए।प्रशांत और पूर्वी एशिया के कुछ हिस्सों में यह घटना आधी रात से पहले दिखाई दी तो वहीं हवाई और उत्तरी अमेरिका के पश्चिमी हिस्से में यह सुबह के समय दिखाई दिया। अमेरिका के पूर्वी तट क्षेत्र के लोगों को भी निराश होना पड़ा क्योंकि खगोलीय घटना के समय चंद्रमा अस्त और सूर्य का उदय हो रहा था। यूरोप, अफ्रीका और पश्चिम एशिया के लोग भी इस नजारे को नहीं देख पाए।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से बात की और इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और आपसी हित के क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की तथा साथ ही हाल ही में संपन्न हुए भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के नेताओं की बैठक के सकारात्मक नतीजों पर संतुष्टि जताई। फोन पर हुई इस वार्ता के दौरान मोदी ने भारत के कोविड महामारी का मुकाबला करने में फ्रांस द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने इस बात पर सहमति जताई की संतुलित और व्यापक मुक्त व्यापार के लिए वार्ता बहाल करने के संबंध में हुई घोषणाएं तथा निवेश समझौता और भारत-ईयू संपर्क समझौता स्वागत योग्य कदम हैं। बयान में कहा गया, ‘‘दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और आपसी हित के क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की तथा साथ ही हाल ही में संपन्न हुए भारतीय और यूरोपीय संघ के नेताओं की बैठक के सकारात्मक नतीजों पर संतुष्टि जताई।'' दोनों नेताओं ने हाल के वर्षों में भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी में आई गहराई और मजबूती पर संतुष्टि जताई तथा कोविड के बाद की दुनिया में साथ मिलकर काम करते रहने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर राष्ट्रपति मैक्रों को कोविड-19 से स्थिति में सुधार के बाद भारत आने का न्योता दिया। मोदी ने पिछले दिनों यूरोपीय संघ के 27 देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ डिजीटल माध्यम से बैठक की थी।
- नयी दिल्ली। कोविड-19 महामारी की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आईआईटी में इंजीनियरिंग संकाय में प्रवेश के लिए प्रस्तावित संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई (एडवांस्ड) 2021 स्थगित कर दी गई है। जेईई (एडवांस्ड) की आधिकारिक वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई है । नोटिस में कहा गया है, ‘‘ कोविड-19 के कारण महामारी की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जेईई (एडवांस्ड) 2021 को स्थगित किया जाता है । यह परीक्षा 3 जुलाई 2021 को निर्धारित थी । '' इसमें कहा गया है कि प्रवेश परीक्षा की संशोधित तिथि की घोषणा उपयुक्त समय पर की जायेगी ।इससे पहले, आठ जनवरी को जारी नोटिस के अनुसार, इंजीनियरिंग संकाय में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई (एडवांस्ड) 2021 परीक्षा 3 जुलाई को निर्धारित की गई थी। गौरतलब है कि जेईई मेंस में उत्तीर्ण होने वाले छात्र जेईई एडवांस्ड में आवेदन करने के पात्र होते हैं । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने कोविड-19 के कारण जेईई (मेंस) की अप्रैल और मई सत्र की परीक्षा स्थगित कर दी थी ।
- बेंगलुरु। स्वतंत्रता सेनानी एच एस दोरैस्वामी का बुधवार को यहां एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी उम्र 103 साल थी। वह 13 मई को कोरोना वायरस संक्रमण से उबरे थे। दोरैस्वामी की दो संतान हैं। उनके करीबी वुडी पी कृष्णा ने बताया , अभी अभी मुझे जयदेव अस्पताल से सूचना मिली कि दोरैस्वामी नहीं रहे। दिल का दौरा पड़ने से वह चल बसे।'' दस अप्रैल सन् 1918 को जन्मे होरोहल्ली श्रीनिवासैया दोरैस्वामी ने भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लिया था और वह 1943 और 1944 के बीच 14 महीने तक जेल में रहे। इन गांधीवादी नेता ने आजादी के बाद तत्कालीन मैसूरू महराज पर अपनी रियासत का विलय करने के वास्ते दबाव डालने के लिए ‘मैसूरू चलो' आंदोलन में भी हिस्सा लिया था। बेंगलुरु के सेंट्रल कॉलेज के छात्र रहे दोरैस्वामी अध्यापन के पेशे में थे और वह ‘पौरावनी' नामक एक अखबार भी निकालते थे। उम्र उनके जज्बे को नहीं डिगा सकी और वह अंत तक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता रहे। उन्होंने कोविड-19 महामारी फैलने से पहले तक कई आंदोलनों में हिस्सा लिया था।
- नयी दिल्ली। सरकार ने एंफोटेरिसिन-बी दवा की 29,250 अतिरिक्त शीशियां राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को आवंटित की हैं। यह जानकारी बुधवार को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री सदानंद गौड़ा ने दी। एंफोटेरिसिन-बी दवा का इस्तेमाल म्यूकोरमाइकोसिस के इलाज में किया जाता है जिसे ब्लैक फंगस भी कहा जाता है। इस संक्रमण में नाक, आंखें और मस्तिष्क तक क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। गौड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘एंफोटेरिसिन-बी दवा की अतिरिक्त 26,250 शीशियां म्यूकोरमाइकोसिस के इलाज के लिए राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को आज आवंटित की गईं। देश भर में उपचाराधीन मरीजों की संख्या के आधार पर यह आवंटन किया गया है जो 11,717 है।'' सरकार ने इनमें से 7210 शीशियां गुजरात को, 6980 शीशियां महाराष्ट्र को आवंटित की हैं।गुजरात और महाराष्ट्र में वर्तमान में म्यूकोरमाइकोसिस संक्रमण के सर्वाधिक मामले हैं जो क्रमश: 2859 और 2770 हैं। बीमारी से लड़ने में अन्य राज्यों को भी अतिरिक्त शीशियां दी गई हैं जिनमें आंध्रप्रदेश को 1930,, मध्यप्रदेश को 1910, तेलंगाना को 1890, उत्तर प्रदेश को 1780, राजस्थान को 1250, कर्नाटक को 1220, हरियाणा को 1110 शीशियां आवंटित की गई हैं। सरकार ने 24 मई को विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को एंफोटेरिसिन-बी की 19,420 शीशियां आवंटित की थीं। इससे पहले 21 मई को सरकार ने विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को दवा की 23,680 शीशियां आवंटित की थीं।
- नयी दिल्ली। भारत में कोविड-19 के रोज आने वाले मामले कम हो गए हैं और अब संक्रमण दर 9.42 प्रतिशत है जबकि एक दिन में इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या लगातार 13वें दिन संक्रमित पाए जाने वाले नए मरीजों से अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 22,17,320 नमूनों की जांच की गई जिससे देश में जांच किए जाने वाले कुल नमूनों की संख्या 33,48,11,496 हो गई है जबकि रोज संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों की संख्या गिरकर 9.42 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि यह लगातार दूसरा दिन है जब संक्रमण दर 10 प्रतिशत से कम है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी गिरकर 11.45 प्रतिशत रह गई है। भारत में एक दिन में 2,95,955 लोग संक्रमण मुक्त हुए जबकि 2,08,921 नए मामले आए। अब तक स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 2,43,50,816 हो गई है। संक्रमण के रोज नए आने वाले मामले लगातार 10वें दिन तीन लाख से कम हैं।देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 24,95,591 रह गई है। यह संक्रमण के कुल मामलों का 9.19 प्रतिशत है। बुधवार को सुबह सात बजे तक उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, देश में अब तक 20,06,62,456 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लग गए हैं।
- नई दिल्ली। वैज्ञानिकों ने कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम और संक्रमितों के उपचार के लिए दो नई दवाएं विकसित की हैं। ऑस्ट्रेलिया स्थित क्वींसलैंड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च (क्यूआईएमआर) बर्घोफर मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट के अनुसंधानकर्ताओं ने पेप्टाइड- आधारित दवाएं विकसित की हैं, जिनका फ्रांस स्थित 'इन्फेक्शियस डिजीज मॉडल एंड इनोवेशन थैरेपीजÓ (आईडीएमआईटी) केंद्र में हैम्स्टर (चूहे जैसा जानवर) पर परीक्षण किया जा रहा है।पत्रिका 'नेचर सेल डिस्कवरी में प्रकाशित अध्ययन के शुरुआती परिणाम के अनुसार, इन दवाओं के दुष्प्रभाव कम हैं। अनुसंधानकर्ताओं ने बताया कि इन दवाओं को कमरे के तापमान में रखा जा सकता है, जिसके कारण उनका वितरण आसान है। ये दवाएं सार्स-सीओवी-2 वायरस के बजाय वायरस के कारण मानव कोशिकाओं में पडऩे वाले असर को लक्ष्य बनाती हैं। पहली दवा वायरस के संपर्क में आने से पहले दी जाएगी और टीकों का असर बढ़ाने में मददगार होगी, जबकि दूसरी दवा पहले से संक्रमित मानव कोशिकाओं में वायरस को फैलने से रोकेगी। अनुसंधानकर्ताओं ने वह तरीका पता लगाया, जिससे सार्स-सीओवी-2 कोशिकाओं पर हमला करता है। इस तरीके के बारे में पहले जानकारी नहीं थी। इस खोज के बाद ये दवाएं विकसित की जा सकीं।प्रयोगशाला की जांच में पता चला कि सार्स-सीओवी-2 स्पाइक प्रोटीन मानवीय कोशिकाओं में प्रवेश के लिए एसीई2 रिसेप्टर प्रोटीन का इस्तेमाल करता है और पहली पेप्टाइड आधारित दवा मानवीय कोशिकाओं पर एसीई2 रिसेप्टर प्रोटीन को ढक कर संक्रमण को कम करती हैं। वायरस एसीई2 रिसेप्टर प्रोटीन को ढकने वाले पेप्टाइड को मानवीय कोशिका समझकर उस पर चिपक जाता है और इस तरह संक्रमण को रोकता है। उन्होंने बताया कि यह दवा वायरस को पहचानने की रोग प्रतिरोधी प्रणाली की क्षमता को भी बढ़ाती है।वरिष्ठ अनुसंधानकर्ता और प्रोफेसर सुधा राव ने बताया कि उनकी टीम ने पाया कि कुछ लोगों में रासायनिक टैग होता है जो एसीई2 रिसेप्टर पर ताले की तरह काम करता है। इसके बाद टीम ने दवा विकसित की। अनुसंधानकर्ताओं ने बताया कि ये पहली ऐसी दवाएं हैं, जो संक्रमित होने से बचाती है और साथ ही पहले से संक्रमित हो चुके लोगों के उपचार में मददगार हैं। उन्होंने बताया कि यदि क्लीनिकल परीक्षण सफल रहते हैं, तो पहली दवा टीकों के साथ दी जा सकेगी और दूसरी दवा पहले से संक्रमित मरीज की स्थिति गंभीर होने से रोकने और उपचार में इस्तेमाल की जा सकेगी।










.jpg)















.jpeg)
