- Home
- देश
- मथुरा । उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में पुलिस ने बरसाना थाना क्षेत्र के गांव हाथिया में छापेमारी कर अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश किया। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से दो बंदूक, पांच तमंचे के अलावा हथियार बनाने के औजार आदि सामान बरामद किए गए।एसपी (ग्रामीण) श्रीश चंद ने बताया, ''पुलिस ने हाथिया गांव में महरौली रोड पर डीग वाले बंबे के पास अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से हथियार बनाते इरशाद और शहजाद को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो बंदूक, पांच तमंचा, कुछ अधबने असलहा, कारतूस और हथियार बनाने के औजार बरामद किए गए।'' उन्होंने बताया, दोनों आरोपियों के खिलाफ इससे पूर्व भी बरसाना थाने में पांच अन्य मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ अवैध हथियार बनाने का एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
- नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कहा कि उसने करीब 100 करोड़ रुपये की कथित बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में वांछित आरोपी को धन शोधन के आरोपों के तहत अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया है। ईडी ने एक बयान में कहा कि जय अम्बे गौरी केम लिमिटेड के निदेशक आरोपी नरेंद्र कुमार पटेल को हैदराबाद में एक विशेष पीएमएलए अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 29 जनवरी तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया।इसके मुताबिक, '' पटेल वर्ष 2015 में फरार हो गया था और अपने परिवार के साथ देश छोड़कर अमेरिका में जाकर रह रहा था। सीबीआई उससे पूछताछ नहीं कर सकी थी।'' पिछले साल ईडी ने पटेल के खिलाफ लुकआउट परिपत्र जारी किया था, जिसके आधार पर आव्रजन अधिकारियों ने उसे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से हिरासत में लिया और एजेंसी को सूचना दी। ईडी के मुताबिक, कई बैंकों से की गई करोड़ों रुपये की कर्ज धोखाधड़ी को लेकर सीबीआई ने पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
- - पुलिस ने कब्र से खुदवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवायापीलीभीत (उप्र)। पीलीभीत जिले के पूरनपुर में तीन दिन पहले दफनाई गयी महिला के शव को कब्र से निकलवाकर पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पूरनपुर पुलिस के अनुसार मृतका के पिता ने अपने दामाद और उसके परिजनों द्वारा हत्या कर शव को चुपके से दफनाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने कब्रिस्तान में कब्र से निकलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।पुलिस ने महिला के पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन पहले अशरा बी अपने ससुराल में कथित तौर पर फंदे पर लटकी मिली थी। उसके पति उवैश ने उसका शव रात में ही दफना दिया था। पुलिस उपाधीक्षक पूरनपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में मंगलवार सुबह महिला के पिता इरशाद ने शिकायत दी। महिला के पिता द्वारा शिकायत में लगाये गये आरोप के मुताबिक दहेज में बाइक और दो लाख की नगदी नहीं मिलने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और इसके बाद रात में ही उसके शव को कब्रिस्तान ले जाकर दफना दिया गया। इरशाद की ओर से दी गई शिकायत के आधार पुलिस ने महिला के पति उवैश, जेठ चांद खां, आवाज मियां सहित चार के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया। इरशाद ने शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। जिलाधिकारी ने मंगलवार को परिजनों की शिकायत के आधार पर पूरनपुर तहसीलदार विजय त्रिवेदी को निर्देश देकर कब्रिस्तान में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
- नई दिल्ली। सरकार संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय छात्रावासों में अध्ययन कर रहे आदिवासी छात्रों को खादी के विशेष परिधान मिलेंगे जिन्हें यहां नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) ने तैयार किया है। आदिवासी मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मुंडा ने बताया कि मंत्रालय इस उद्देश्य से 2020-21 में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के पास से 14.7 करोड़ रुपये कीमत का छह लाख मीटर खादी का कपड़ा खरीदेगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में केवीआईसी के साथ करार किया गया है।इस समय 23 राज्यों में स्थित ऐसे स्कूलों में करीब 73 हजार आदिवासी छात्र पढ़ रहे हैं। मुंडा ने कहा, इन स्कूलों में अब तक छात्रों के लिए कोई विशेष परिधान नहीं था। निफ्ट, नयी दिल्ली ने परिधान तैयार किया है जिसमें एक विशेष लोगो और अलग तरह के रंगों का सामंजस्य है। इसके लिए केवीआईसी से सबसे अच्छा खादी का कपड़ा मंगाया जाएगा।
-
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने चार साल पहले अपने मामा के घर से लापता हुई एक लड़की को खोज निकाला है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि लड़की नाबालिग के रूप में शादी नहीं करना चाहती थी इसलिए घर से भाग गई थी और अब वह नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि लड़की मई 2017 में घर से भाग गई थी और उस समय उसकी उम्र 16 साल के आसपास थी।
उन्होंने कहा कि शालीमार बाग पुलिस थाने में अपहरण का एक मामला दर्ज कराया गया था और जांच शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने 2019 में लड़की की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की थी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) भीष्म सिंह ने कहा, "हमारी (अपराध शाखा) टीम ने लड़की के दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर पूछताछ की। कॉल विवरण का विश्लेषण करने के बाद हमने पाया कि लड़की बिहार में कहीं है।" सिंह ने कहा कि हेड कांस्टेबल रामदास को सोमवार को सूचना मिली कि लड़की बस से दिल्ली आ रही है और सुबह आनंद विहार बस अड्डे पर पहुंचने वाली है। उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर पुलिस बस अड्डे पर पहुंची और वहां लड़की को पाया।उन्होंने कहा कि लड़की ने पुलिस को बताया कि उसके माता पिता की मौत हो चुकी है और वह तथा उसका भाई दिल्ली में मामा के घर पर रहते थे। सिंह ने कहा कि लड़की जब दसवीं कक्षा में पढ़ती थी तब उसके मामा ने उसकी शादी करवानी चाही, लेकिन लड़की शादी नहीं करना चाहती थी इसलिए वह घर से भाग कर समस्तीपुर स्थित अपनी नानी के घर चली गई। डीसीपी ने कहा कि लड़की ने स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद समस्तीपुर में नर्सिंग की पढ़ाई शुरू कर दी। पुलिस ने लड़की को यहां बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया और समिति के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। - जालना। महाराष्ट्र के जालना में पुलिस ने दुल्हन दिलाने का वादा करके अन्य राज्यों खासकर गुजरात के अमीर दुल्हों को ठगने के एक गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है और तीन महिलाओं समेत पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस ठगी के शिकार हुए गुजरात के तीन व्यक्तियों ने अपने वास्ते दुल्हन ढूंढने के लिए जालना जिले में एक एजेंट से संपर्क किया था । आरोपी ने उनसे कथित रूप से कुछ हजार रूपये लिये थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी और उसके सहयोगी ने इन तीनों का तीन महिलाओं से परिचय करवाया और फिर वे आठ जनवरी को परिणय सूत्र में बंध गये। उन्होंने बताया कि नव-विवाहित दंपति जब एक एसयूवी से गुजरात के लिए रवाना हुए जब महिलाएं शौच का बहाना बनाकर उतर गयीं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस बीच एजेंट ने दुष्परिणाम की धमकी दी और गुजरात चले जाने को कहा।अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जालना से तीन महिलाओं समेत पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 30 हजार रूपये एवं कुछ मोबाइल फोन बरामद किये। इस संबंध में भादंसं की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- हरिद्वार। तंत्र-मंत्र के जरिए मनचाहा प्यार पाने और लड़कियों को अपने वश में करने में विफल रहे सिरफिरे आशिकों ने तांत्रिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सेंथिल अवूदई कृष्ण राज एस ने बताया कि जिले के गंगनहर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में तीन दिन पहले हुई घटना को अंजाम देने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान राहुल, विशाल, गौरव और आकाश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल भी बरामद की है। एसएसपी ने कहा कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 70 वर्षीय तांत्रिक इरफान को पहले से जानते थे और लड़कियों को अपने वश में करने के लिए उन्होंने तांत्रिक को पैसे दिए थे। गंगनहर थाने के प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि आरोपियों के मुताबिक तांत्रिक लड़कियों को वश में नहीं कर पाया और उसका उल्टा असर उनके परिवार पर हो गया । इसके कारण उनके परिवार में आर्थिक व शारीरिक नुकसान होने लगा जिससे वे परेशान रहने लगे । आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दिसंबर में राहुल के पिता की आकस्मिक मृत्यु हो गई जिनकी मृत्यु का कारण भी उन्हें तांत्रिक का जादू-टोना ही लगा और इससे छुटकारा पाने के लिए उन्होंने तांत्रिक की हत्या कर दी।
- नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों और उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए कार्य सूचियों के साथ कार्यान्वयन योजना का मसौदा तैयार किया है तथा विशेषज्ञ समूहों के विश्लेषण एवं राज्यों सहित अन्य पक्षकारों के सुझाव के आधार पर दस्तावेज को अंतिम रूप दिया जा रहा है जिसे शीघ्र ही जारी किया जाएगा ।शिक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के लक्ष्यों और उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए, स्कूली शिक्षा एंव साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) ने कार्य सूचियों के साथ कार्यान्वयन योजना का एक मसौदा तैयार किया है । इसमें प्रत्येक सुझाव के अनुसार किए जाने वाले कार्यों, जिम्मेदार एजेंसियों द्वारा इनके निष्पादन , इन्हें लागू करने की समय सीमा और इनके अपेक्षित परिणामों को शामिल किया गया है। बयान के अनूसार, कार्य सूची के इस मसौदे को 10 सितंबर, 2020 को राज्यों / केन्द्र शासित प्रदेशों / स्वायत्त निकायों के साथ साझा किया गया था, ताकि 12 अक्टूबर 2020 तक वे इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे सके। मंत्रालय ने बताया, '' इस विभाग के स्वायत्त निकायों और 31 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों ने कार्य सूची पर 7177 सुझाव / प्रतिक्रिया दीं । इनका विश्लेषण विशेषज्ञ समूहों द्वारा किया गया और कार्यान्वयन योजना के अंतिम संस्करण में महत्वपूर्ण सुझावों को शामिल किया गया।'' मंत्रालय के अनुसार, '' दस्तावेज़ को अंतिम रूप दिया जा रहा है और शीघ्र ही इसे जारी कर दिया जाएगा।'' . मंत्रालय ने कहा है कि - 2020 की इस कार्ययोजना में प्री-प्राइमरी से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक की स्कूली शिक्षा को शामिल किया गया है। इसमे दिए गए सुझावों को लागू करने के लिए अलग-अलग समय सीमाएं तय की गई है । चूंकि यह नीति अगले 20 वर्षों के लिए बनाई गई है इसलिए एनईपी का कार्यान्वयन चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।
- - प्रधानमंत्री ने शोक जतायासूरत। गुजरात के सूरत जिले में मंगलवार को सड़क के किनारे सो रहे राजस्थान के 13 प्रवासी मजदूरों और एक साल की बच्ची समेत 15 लोगों की ट्रक से कुचल कर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए 15 लोगों में आठ महिलाएं और मध्यप्रदेश का एक प्रवासी मजदूर भी है। मौके पर ही उनमें से 12 लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।पुलिस के मुताबिक मृतकों में मध्यप्रदेश के 19 वर्षीय मजदूर के अलावा सभी लोग दक्षिण राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के गांवों के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया सूरत से करीब 60 किलोमीटर दूर कोसांबा गांव के पास हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गन्ने से भरे एक ट्रैक्टर से टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन कानून की धाराओं के तहत ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ट्रक ड्राइवर और वाहन का सहचालक भी दुर्घटना में घायल हो गया और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूरत की पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऊषा राडा ने बताया कि ट्रक ने तड़के किम-मांडवी रोड के किनारे सो रहे मजदूरों को कुचल दिया। एसपी ने बताया, ट्रक किम से मांडवी जा रहा था। दूसरी ओर से आ रहे गन्ने से लदे एक ट्रैक्टर से टक्कर के बाद ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। उन्होंने बताया, दुर्घटना में ट्रक के आगे की खिड़की का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया जिससे ड्राइवर देख नहीं पाया। टक्कर के कारण ट्रक सड़क के दूसरी ओर पहुंच गया और सड़क किनारे सो रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।'' पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल हुए तीन लोगों का पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है।मृतकों की पहचान राहुल महिदा (19), मनीषा महिदा (19), वनिता महिदा (17), संगीता वसुनिया (27), चम्पा पंडा (16), नरेश पंडा (25), रजीला महिदा (25), विकेश महिदा (27), शाकन वसुनिया (21), मुकेश महिदा (25), लीला महिदा (22), अनिता महिदा (40), दिलीप वसुनिया (20), शोभा वसुनिया (23) और एक साल की बच्ची तेजल महिदा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतकों में सिर्फ राहुल महिदा मध्यप्रदेश का रहने वाला था जबकि अन्य सभी राजस्थान के रहने वाले थे।इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट में कहा गया, ''सूरत में ट्रक हादसे में हुई मौतें दुखद हैं। मेरी संवेदनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी मृतकों के परिजन के लिए दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि दुनिया के कई देशों को कोविड के टीकों की आपूर्ति कल से शुरू हो जाएगी और कुछ ही दिनों में कई अन्य देशों को भी ये टीके सप्लाई किए जाने लगेंगे। एक ट्वीट संदेश में श्री मोदी ने कहा है कि दुनिया के देशों की स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भारत को एक पुराने सहयोगी देश के नाते बडे सम्मान से देखा जाता है।एक बयान में विदेश मंत्रालय ने बताया है कि सरकार को पडोसी देशों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण सहयोगी देशों से भारत में बने टीकों की आपूर्ति के कई अनुरोध मिले हैं। इनके जवाब में और टीकों के उत्पाद के बारे में भारत की वचनबद्धता के अनुसार तथा कोविड महामारी से निपटने में समूची मानवता की मदद करने की अपनी क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए भूटान, मालदीव, बंगलादेश, नेपाल, म्यामां और सेशल्स के लिए टीकों की आपूर्ति बुधवार से शुरू की जाएगी। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि श्रीलंका, अफगानिस्तान और मॉरिशस के मामले में भारत आवश्यक विनियामक स्वीकृति मिलने का इंतजार कर रहा है।विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और अन्य देशों में कोविड टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है और चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्यकर्मियों, कोविड से निपटने में लगे अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और अधिक जोखिम वाले लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। घरेलू आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भारत आने वाले समय में कोविड टीकों को अपने सहयोगी देशों को चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराएगा। विदेशों को टीकों की सप्लाई करते समय यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि घरेलू टीका निर्माताओं के पास देश की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध रहे। टीकों के वितरण से पहले दो दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज शुरू हुआ जिसमें भारत और विदेशों के टीकाकरण प्रबंधकों, कोल्ड चेन अधिकारियों, जनसंचार अधिकारियों और डाटा मैनेजरों को प्रशासनिक और संचालन संबंधी पहलुओं की जानकारी दी गई।मंत्रालय ने कहा है कि भारत कोविड महामारी के दौर में पहले भी हाईड्रो-ऑक्सी-क्लोरोक्विन, रेमडेसिविर और पेरासिटामोल गोलियों के साथ-साथ नैदानिक किट, वेंटिलेटर, मास्क, ग्लव्ज और अन्य चिकित्सा सामग्री अनेक देशों को सप्लाई कर चुका है। भारत ने अपने पडोसी देशों की नैदानिक क्षमताओं को बढाने और सुदृढ करने के लिए कई देशों को प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया है। इन्हीं प्रयासों के तहत दुनियाभर के देशों को टीके उपलब्ध करा रहा है। लेकिन ऐसा करते समय घरेलू आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है और अंतर्राष्ट्रीय मांग तथा बाध्यताओं का भी ख्याल रखा गया है।
- नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय ने आज कहा है कि वर्ष 2021 के लिए संयुक्?त प्रवेश परीक्षा - जेईई और राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा - नीट के पाठ्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इस वर्ष उम्मीदवारों के पास जेईई और नीट परीक्षाओं में सवालों के जवाब देने के लिए विकल्प होंगे।जेईई मुख्य परीक्षा का पाठ्यक्रम पिछले वर्ष की तरह ही होगा, लेकिन छात्रों को 90 प्रश्नों में से 75 प्रश्नों के जवाब देने का विकल्प दिया जाएगा। पिछले वर्ष 2020 में, 75 प्रश्न पूछे गए थे, सभी के उत्तर उम्मीदवारों को देने थे।नीट 2021 का स्वरूप अभी घोषित नहीं किया गया है। हालाँकि, देश भर के कुछ बोर्डों द्वारा पाठ्यक्रमों में कमी करने के मद्देनजर नीट -2021 प्रश्न पत्र में जेईई मेन की तरह विकल्प भी होंगे।----
- -राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त कियानई दिल्ली। विश्व प्रसिद्ध कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. वी. शांता का आज चेन्नई में निधन हो गया है। वे 94 वर्ष की थीं और कुछ समय से बीमार थी। डॉक्टर शांता अदयार कैंसर सैन्टर की अध्यक्ष थीं। उन्होंने 1955 में प्रशिक्षु के तौर पर अस्पताल में काम शुरू किया और फिर संस्थान की प्रमुख बनी। मरीजों को उत्तम और किफायती इलाज उपलब्ध कराने के लिए संस्थान के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम किया।डॉक्टर शांता को कैंसर विज्ञान के क्षेत्र में योगदान के लिए मेगसाइसाइ, पदमश्री, पदमभूषण और पदम विभूषण से अलंकृत किया गया।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डॉक्टर वी. शांता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट संदेश में उन्होंने कहा कि डॉक्टर शांता प्रतिष्ठित कैंसर रोग विशेषज्ञ थी। उन्होंने वंचितों को कैंसर का इलाज सुलभ कराकर कई लोगों की जान बचाई।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी डॉक्टर वी. शांता के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने टवीट संदेश में कहा कि वी. शांता को कैंसर के लिए उत्तम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए याद किया जाएगा।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने हर वर्ष 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को 'पराक्रम दिवस' के रूप में मनाने का फैसला किया है। संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि नेताजी के अतुल्य योगदान और राष्ट्र के प्रति नि:स्वार्थ सेवा की याद में ऐसा किया गया है।नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर 23 जनवरी से इस पराक्रम दिवस को शुरू करने का निर्णय लिया गया है जिससे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनके योगदान को याद किया जा सके।
- नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को एक बाइक आधारित एम्बुलेंस सौंपी है जिसे दूरदराज और संकरी गलियों में रहने वालों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। इस वाहन को रक्षिता नाम दिया गया है और इसे डीआरडीओ की इनमास प्रयोगशाला ने विकसित किया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, "संघर्षरत क्षेत्रों में घायल व्यक्तियों का जीवन बचाने के लिए इसका उपयोग किया जा सकेगा। संकरे रास्तों और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए यह वाहन उपयोगी है क्योंकि ऐसी जगहों पर एम्बुलेंस नहीं पहुंच सकती। "
-
संत कबीर नगर। संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद इलाके में सोमवार को एक ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खलीलाबाद थाना क्षेत्र के गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी इस हादसे में दोपहिया वाहन सवार संदीप कुमार (35) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल अमित कुमार (32) को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूत्रों ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। -
नयी दिल्ली। भारत और फ्रांस जोधपुर के नजदीक बुधवार से पांच दिवसीय विशाल हवाई सैन्य अभ्यास करेंगे। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस दौरान दोनों देशों के राफेल विमानों के भी अभियान में समन्वय मजबूत करने के लिए अभ्यास में शामिल होने की उम्मीद है। एक्स डेजर्ट नाइट-21 नाम से यह हवाई सैन्य अभ्यास ऐसे समय में हो रहा है जब भारतीय वायुसेना ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध के मद्देनजर अपने सभी अग्रिम हवाई ठिकानों को किसी भी वक्त परिचालन के लिए तैयार रखा है। सूत्रों ने बताया, '' इस अभ्यास का उद्देश्य अभियान की तैयारी करना और युद्धक क्षमता को मजबूत करने के लिए बेहतरीन तरीकों को साझा करना है।'' इस अभ्यास में दोनों देशों की वायुसेनाओं के अग्रिम मोर्चे पर तैनात होने वाले लड़ाकू विमानों के साथ मालवाहक एवं ईंधन भरने वाले विमान भी शामिल होंगे। सैन्य अभियान में सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत और फ्रांस की वायुसेना गत कई सालों से 'गरुड़' नाम से युद्धाभ्यास करती आई हैं। सूत्रों ने बताया कि आगामी सैन्य अभ्यास 'गरुड़' श्रृंखला के अतिरिक्त है और संकेत देता है कि दोनों पक्ष आपसी सहयोग को बढ़ाने के इच्छुक हैं। उन्होंने बताया कि फ्रांसीसी सेना 'स्काईरोस डिप्लॉयमेंट' के तहत मौजूदा समय में एशिया में तैनात है और भारत के रास्ते आवागमन करेगी। उल्लेखनीय है कि अपनी मारक क्षमता को बढ़ाने के लिए भारतीय वायुसेना ने पिछले साल जुलाई में पांच राफेल लड़ाकू विमान हासिल किये। सरकार द्वारा 36 राफेल लड़ाकू विमानों को 59 हजार करोड़ में खरीदने के लिए फ्रांस से करार किए जाने के चार साल के बाद इनकी आपूर्ति हुई और दूसरी कड़ी में तीन और राफेल विमान नवंबर में भारतीय बेड़े में शामिल हुए। -
मुंबई। छोटे पर्दे की अभिनेत्री सह मॉडल ने एक पायलट पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि महिला ने मुंबई के उपनगर स्थित ओशिवारा पुलिस थाने में पिछले हफ्ते शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस के समक्ष दिए गए बयान में अभिनेत्री ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में उसकी मुलाकात मैट्रिमोनियल साइट के जरिये पेशे से पायलट आरोपी से हुई थी और उसने उससे शादी करने का वादा किया था। उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक मूल रूप से भोपाल निवासी और मुंबई में रह रहा पायलट अकसर फोन पर महिला से बात करता था और सोशल मीडिया पर भी दोनों की चैट होती थी। पुलिस ने बताया कि 10 दिन पहले आरोपी ने पीडि़ता को फोन किया और उससे मिलने एवं उसका घर देखने की इच्छा जताई। अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया कि अभिनेत्री मुंबई में अकेले रहती है और आरोपी पायलट को घर पर बुलाने पर सहमत हो गई, घर पर आने पर पायलट ने कथित तौर पर अभिनेत्री से दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पीडि़ता को अपने माता-पिता से मिलाने और शादी के लिए बात करने का भरोसा दिया लेकिन अपने वादे पर कायम नहीं रहा। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के व्यवहार से परेशान होकर अभिनेत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
-
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को गुजरात में गिर-सोमनाथ जिले के प्रभास पाटन में विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर का प्रबंधन संभालने वाले न्यास का नया अध्यक्ष सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। वह इस पद पर आसीन होने वाले दूसरे प्रधानमंत्री हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के बाद मोदी दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्हें इस मंदिर न्यास का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। न्यास के रिकॉर्ड के अनुसार मोदी न्यास के आठवें अध्यक्ष बने हैं। दिल्ली में पीआईबी द्वारा जारी वक्तव्य में कहा गया, न्यासियों ने सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रस्ट का अगला अध्यक्ष चुना ताकि वह आने वाले समय में मार्गदर्शन कर सकें।
विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इस जिम्मेदारी को स्वीकार कर लिया और सोमनाथ मंदिर न्यास की सराहना भी की। इसमें कहा गया, प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि न्यास भविष्य में बुनियादी संरचना को उन्नत करने, आवास व्यवस्थाओं में सुधार करने और तीर्थयात्रियों का हमारी महान धरोहर से मजबूत संपर्क स्थापित करने में सक्षम होगा। न्यास के सचिव पी के लाहेरी ने कहा, सोमनाथ मंदिर न्यास के न्यासियों में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज न्यासियों की डिजिटल बैठक के दौरान नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने शाम को हुई ऑनलाइन बैठक के बाद कहा, यह पद केशूभाई के निधन के बाद से खाली था।
बैठक में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशूभाई को श्रद्धांजलि भी दी गयी। न्यास के अन्य सदस्यों में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, गुजरात के विद्वान जे डी परमार और व्यापारी हर्षवद्र्धन नेवतिया हैं। लाहेरी ने कहा, जब शाह ने प्रधानमंत्री मोदी का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया तो मैंने उसका समर्थन किया और अन्य न्यासियों ने सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री को नया अध्यक्ष चुन लिया।'' उन्होंने कहा, न्यासी भावी योजना पर चर्चा करने के लिए दूसरी बैठक करेंगे। पिछले साल अक्टूबर में न्यास के निवर्तमान अध्यक्ष गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल के निधन के बाद सोमनाथ मंदिर न्यास के अध्यक्ष का पद रिक्त था। पटेल 16 सालों तक (2004-2020) इस न्यास के अध्यक्ष रहे थे। न्यास के रिकॉर्ड के अनुसार देसाई ने 1967 से 1995 तक न्यास के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवा दी थी।
- नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश में अब तक 3 लाख 81 हजार 305 लोगों को कोविड-19 से बचाव के टीके दिए गए हैं और टीके के बाद प्रतिकूल असर के 580 मामले आए हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव मनोहर अगनानी ने बताया कि सोमवार को शाम पांच बजे तक 25 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 1, लाख 48 हजार 266 लोगों को टीके दिए गए। उन्होंने कहा, ''अनंतिम रिपोर्ट के मुताबिक (सोमवार शाम पांच बजे तक) 3 लाख 81 हजार 305 लोगों को टीके दिए गए हैं।सोमवार को 1 लाख 48 हजार 266 लोगों का टीकाकरण हुआ। इनमें से बिहार में 8 हजार 656, असम में 1822, कर्नाटक में 36 हजार 888, केरल में 7 हजार 70, मध्यप्रदेश में 6 हजार 665, तमिलनाडु में 7 हजार 628, तेलंगाना में 10 हजार 352, पश्चिम बंगाल में 11हजार 588 और दिल्ली में 3 हजार 111 लोगों का टीकाकरण हुआ।अगनानी ने कहा कि 16 जनवरी को टीकाकरण शुरू होने के बाद प्रतिकूल असर के अब तक 580 मामले आए हैं। दिल्ली में तीन लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया जिनमें से दो को छुट्टी मिल चुकी है और एक को मैक्स अस्पताल, पटपडगंज में निगरानी में रखा गया है। अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड में एम्स ऋषिकेश में एक व्यक्ति को भर्ती कराया गया और उसकी हालत स्थिर है। छत्तीसगढ़ में एक व्यक्ति को निगरानी में रखा गया है जबकि कर्नाटक में दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अतिरिक्त सचिव ने बताया, टीके के गंभीर दुष्प्रभाव के मामले अब तक नहीं आए हैं।----
- बलिया (उप्र)। बेसिक शिक्षा विभाग ने धोखाधड़ी कर दूसरे के नाम पर 23 साल से नौकरी करने के आरोप में दो सहायक अध्यापकों को बर्खास्त कर दिया है। विभाग ने इन अध्यापकों को देय वेतन की वसूली के साथ ही इनके विरूद्ध मामला दर्ज कराने का भी आदेश दिया है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवनारायण सिंह ने सोमवार को बताया कि शिक्षा क्षेत्र सीयर के उच्च प्राथमिक विद्यालय, डफलपुरा के आरोपी सहायक अध्यापक हृदय नारायण और उच्च प्राथमिक विद्यालय, ककरासो के आरोपी सहायक अध्यापक सुरेश चंद्र के खिलाफ देवरिया जिले के अवध किशोर चौहान ने शिकायत की थी कि दोनों नाम, जाति व पता बदलकर दूसरे के अंक व प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहे हैं।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दोनों अध्यापकों को तलब किया, लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच सौंपी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में पाया गया कि आरोपी सुरेश चंद्र का असली नाम राम कृपाल है जो देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र का रहने वाला है जबकि दूसरा आरोपी हृदय नारायण का असली नाम उमेश चौहान है और वह भी देवरिया जिले के भलुअनी क्षेत्र के बगहा चौरी का रहने वाला है। दोनों ने अपनी जाति और पता भी फर्जी दर्ज कराया था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए दोनों सहायक अध्यापकों को बर्खास्त करते हुए विधिक कार्यवाही के निर्देश दिये हैं।
- मुंबई। कोरोना के खिलाफ देश में वैक्सीनेशन का महा अभियान शुरू हो चुका है। दो दिनों के अंदर ही भारत ने वैक्सीनेशन के मामले में अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देशों को पछाड़ दिया है।इस बीच मुंबइवासियों के लिए एक राहत की खबर है। मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने निजी गाड़ी में बैठे लोगों के लिए मास्क की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। यानी मुंबई में अब प्राइवेट गाड़ी में अगर कोई आदमी बिना मास्क पहने हुए बैठा है तो उस पर जुर्माना नहीं लगेगा। हालांकि बीएमसी ने लोगों से मास्क का इस्तेमाल करते रहने की अपील है। महानगर पालिका का कहना है कि भले ही कोरोना की दवाई आ गई हो, लेकिन अपने अपनी तरफ से लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए.बीएमसी ने भले ही निजी गाड़ी में मास्क की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे बस, ऑटो, लोकल ट्रेन वगैरह में मास्क लगाना अब भी जरूरी होगा। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वाहनों में मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
- ठाणे । ठाणे शहर में एक बैंक के एटीएम के ड्रॉप बॉक्स से दो अज्ञात लोगों ने चेक की चोरी कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। नौपाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दो व्यक्ति रविवार मध्यरात्रि में मखमली तलाव क्षेत्र के एटीएम के भीतर गए और चेक ड्रॉप बॉक्स (चेक गिराने वाले डब्बे) को तोड़कर चेक की चोरी की। दोषियों की तलाश जारी है।
- जम्मू । भारतीय वायु सेना ने जम्मू कश्मीर और लद्दाख के बीच फंसे 81 लोगों को सोमवार को सुरक्षित निकाल लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।एक सप्ताह पहले वायु मार्ग से 286 यात्रियों को निकाला गया था। कारगिल कुरियर सेवा के मुख्य समन्वयक आमिर अली ने कहा, “स्थानीय तौर पर कारगिल कुरियर के नाम से जाने जाने वाले एएन-32 द्वारा 81 यात्रियों को वायु मार्ग से निकाला गया। कारगिल से 53 यात्रियों को जम्मू पहुंचाया गया और जम्मू से 28 यात्रियों को कारगिल ले जाया गया।” लद्दाख के कुल 286 यात्रियों को 12 जनवरी को भारतीय वायु सेना के विमानों द्वारा जम्मू कश्मीर और लद्दाख के बीच ले जाया गया था। भारी हिमपात के चलते श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण एएन-32 कारगिल कुरियर सेवा कारगिल और जम्मू के बीच सप्ताह में तीन बार तथा कारगिल और श्रीनगर के बीच सप्ताह में दो बार संचालित होती है।
- जयपुर । राजस्थान सरकार ने राज्य में लागू रात्रिकालीन कर्फ्यू हटाने तथा चरण बद्ध तरीके से कुछ और छूट देने का फैसला सोमवार को किया। इसके साथ ही सरकार ने निजी प्रयोगशालाओं में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच शुल्क और घटाकर 500 रुपये कर दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक में यह फैसला किया गया।गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘समीक्षा बैठक में राज्य में रात्रिकालीन कर्फ्यू समाप्त करने व कुछ छूट चरणबद्ध रूप में देने का निर्णय किया है।'' इसके साथ ही गहलोत ने लोगों को आगाह किया कि हेल्थ प्रोटोकाल को अपनाना आवश्यक होगा अन्यथा संक्रमितों की संख्या फिर से बढ़ सकती है। गहलोत ने कहा, ‘‘ऐसी नौबत नहीं आनी चाहिए कि पुनः सख्ती करनी पड़े।''वहीं समीक्षा बैठक में राज्य में निजी प्रयोगशालाओं में कोरोना वायरस संक्रणम की जांच के आरटी-पीसीआर जांच का शुल्क 800 रुपये से घटाकर 500 रुपये करने का निर्णय लिया गया। सरकार ने साथ ही 100 बिस्तरों से अधिक क्षमता वाले निजी अस्पतालों में आरक्षित कोविड बिस्तरों की संख्या में छूट देते हुए इसे न्यूनतम 10 करने का भी निर्णय किया है। उल्लेखनीय है कि संक्रमितों की संख्या में उछाल को देखते हुए राज्य सरकार ने 21 नवंबर को आठ जिला मुख्यालयों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था। इसके तहत रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू तय किया गया। बाद में पांच और जिला मुख्यालयों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाया गया। जिन जिला मुख्यालयों में यह कर्फ्यू लागू था उनमें जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, अलवर व भीलवाड़ा, नागौर, पाली, सीकर, टोंक व गंगानगर शामिल हैं।
- नई दिल्ली। ब्रिटेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जी-7 शिखर बैठक में अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। यह बैठक इस वर्ष जून में होगी। ब्रिटेन के उच्चायोग ने एक बयान में कहा है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी जी-7 शिखर बैठक से पहले भारत की यात्रा पर आ सकते हैं। इससे पहले श्री जॉनसन ने ब्रिटेन में कोरोना वायरस की स्थिति के कारण भारत की यात्रा रद्द कर दी थी।जी-7 में ब्रिटेन, कनॉडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमरीका और यूरोपीय संघ शामिल है और यह एक मात्र ऐसा मंच है जहां विश्व के सबसे अधिक प्रभावशाली, विकसित और महत्वपूर्ण देश एकत्रित होते हैं और विभिन्न विषयों पर गंभीर चर्चा करते हैं। प्रधान मंत्री जॉनसन इस अवसर का उपयोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य नेताओं से कोरोना वायरस के बाद स्थिति को बेहतर करने और भविष्य को अधिक समृद्ध बनाने के बारे में विचार-विमर्श के लिए करेंगे।ब्रिटेन ने भारत को दुनिया की फार्मेसी बताते हुए कोरोना वायरस वैक्सीन के उत्पादन के संबंध में उसके प्रयासों की सराहना की है।---


.jpg)






.jpg)
.jpg)















.jpg)
.jpg)