दुर्ग जिले में जलाऐं जाएंगे 6 लाख 71 हजार आशीर्वाद का दिया
- सेवा संकल्प अभियान का आगाज 17 सितंबर से
- मुख्य कार्यक्रम दुर्ग के पुरानी पुलिस लाईन में, होंगे सवा लाख दिये प्रज्जवलित
दुर्ग / राज्य शासन के आदेशानुसार एवं कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार दुर्ग जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना, विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रति व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत नागरिकों की भागीदारी से सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ संध्या 06 बजे दुर्ग के पुरानी पुलिस लाईन में सवा लाख दिये प्रज्जवलित किया जाएगा। इसी कड़ी में जिले की चिन्हांकित 30 ग्राम पंचायतों में 30 हजार दिये, नगर निगम दुर्ग द्वारा 30 हजार दिये, नगर निगम भिलाई चरोदा द्वारा 05 हजार दिये, नगर निगम भिलाई द्वारा एक लाख 25 हजार दिये, नगर निगम रिसाली द्वारा 51 हजार आशीर्वाद के दिये प्रज्जवलित किये जाएंगे। इसी प्रकार विकासखंड दुर्ग की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक घर में अनुमानित 75 हजार दिये, विकासखंड धमधा में प्रत्येक घर में अनुमानित एक लाख 20 हजार दिये तथा विकासखंड पाटन के ग्राम पंचायत अंतर्गत प्रत्येक घर अनुमानित एक लाख 10 हजार आशीर्वाद के दिये जलाऐं जाएंगे। अभियान में होंगे विभिन्न कार्यक्रम - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’ 17 सितंबर, ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा 18 सितंबर से 3 अक्टूबर, नमो सेवा अनकही कहानियां’ 17 से 21 सितंबर, 6 से 10 अक्टूबर एवं 15 से 17 अक्टूबर, ‘आंगन मिलन सेवा’ 25 सितंबर से 7 अक्टूबर एवं 12 से 14 अक्टूबर, ‘सेवा की कहानी’ 17 से 21 अक्टूबर, ‘सेवा संकल्प यात्रा’ 1 से 5 अक्टूबर, ‘ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प’ 7 अक्टूबर, ‘जल जन सेवा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ 23 से 25 सितंबर, ‘सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’ 1 से 5 अक्टूबर, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ 29 सितंबर, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज’ 9 अक्टूबर तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ 17 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से इन सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर सेवा, सुशासन एवं विकसित भारत के संकल्प को जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की गई है।













Leave A Comment