वीरांगना शौर्य उत्सव 2026 : दो दिवसीय ऑडिशन का समापन, 120 प्रतिभागियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
नृत्य, गायन, वादन और नाट्य कला में बालिकाओं एवं महिलाओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां
रायपुर/ महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन रायपुर द्वारा कला केंद्र रायपुर के सहयोग से आयोजित *‘वीरांगना शौर्य उत्सव 2026’* के दो दिवसीय ऑडिशन का आज उत्साहपूर्ण समापन हुआ। 15 एवं 16 नवंबर को आयोजित ऑडिशन में कुल 120 प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर ग्रैंड फिनाले के लिए दावेदारी प्रस्तुत की।
नारी शक्ति के शौर्य, साहस और प्रतिभा को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित इस उत्सव में बालिकाओं, युवतियों एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ऑडिशन के पहले दिन 57 तथा दूसरे दिन 63 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। दोनों दिनों में नृत्य की 53, गायन की 40, वाद्य यंत्र की 18 तथा नाट्य कला की 4 प्रस्तुतियां हुईं। इसके अतिरिक्त 5 अन्य पंजीयन भी हुए। प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से कला और संस्कृति के प्रति उत्साह प्रदर्शित किया।
*20 नवंबर को होगा ग्रैंड फिनाले*
वीरांगना शौर्य उत्सव का भव्य ग्रैंड फिनाले 20 नवंबर 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जी.ई. रोड, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें ऑडिशन से चयनित प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।
इसी दिन ड्राइंग, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं के ऑडिशन सुबह 8:30 बजे से 11 बजे तक ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित किए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन रायपुर एवं कला केंद्र के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह उत्सव महिला कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर *9109029034 एवं 9669039034* पर संपर्क किया जा सकता है।








.jpeg)

Leave A Comment