ब्रेकिंग न्यूज़

मोदी आधुनिक भारत के निर्माता, उनके 25 वर्षों की 'तपस्या' ने लोगों का जीवन बदला : नितिन नवीन

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें ''आधुनिक भारत का निर्माता'' बताया और कहा कि उनकी 25 वर्षों की 'तपस्या' से करोड़ों भारतीयों के जीवन और विचारों में बदलाव आया। नवीन ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को 76 वर्ष के हो गए।
 नवीन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्वकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनायें।'' उन्होंने कहा कि 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प से प्रेरित मोदी की यात्रा सेवा, सुशासन और जन कल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। नवीन ने कहा, ''ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करें।'' उन्होंने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में एक रक्तदान शिविर का उद्घाटन भी किया और रक्तदान किया।
 मोदी का जन्मदिन 'सेवा दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है, और देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शाम को पार्टी 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम भी आयोजित करेगी।
 लोगों से शाम छह बजे से सात बजे के बीच अपने घरों में दीया प्रज्वलित करने की अपील की गई है।
 नवीन ने शिविर का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मोदी को ''आधुनिक भारत का निर्माता'' बताया। उन्होंने कहा कि उनका जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है तथा देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''आज ही के दिन हम भगवान विश्वकर्मा की पूजा भी करते हैं। हम कह सकते हैं कि सृष्टि के रचयिता के साथ-साथ आज आधुनिक भारत के निर्माता, हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का भी जन्मदिन है।'' नवीन ने कहा कि मोदी की 25 वर्षों की ''तपस्या'' से करोड़ों भारतीयों के जीवन और विचारों में बदलाव आया है। उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि न केवल लोगों के जीवन में, बल्कि लाखों-करोड़ों भारतीयों की विचारों में भी बदलाव आया है। आज हर भारतीय 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है और काम कर रहा है।'' उन्होंने कहा कि देशभर के लोग मोदी के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' जलाएंगे और उनके लंबे जीवन तथा सफलता की प्रार्थना करेंगे। नवीन ने कहा कि यह अभियान विकसित भारत के दृष्टिकोण और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को भी सुदृढ़ करेगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english