- Home
- छत्तीसगढ़
- भिलाई नगर/ नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत शहर के सबसे व्यस्ततम चौक नेहरू नगर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। महापौर नीरज पाल ने नेहरू नगर चौक में होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत कराई। नेहरू नगर चौक में प्रतिदिन हजारों लोगों का आना जाना लगा रहता है, जिसको देखते हुए महापौर ने इसके सौंदर्यीकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया था। ताकि आने जाने वाले लोगों को यह चौक आकर्षक रूप में नजर आए। इसी तारतम्य में अधिकारियों ने नेहरू नगर चौक की विस्तृत प्लानिंग कर ली है। महापौर के कर कमलों से भूमि पूजन होने के उपरांत अब चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। सुपेला चौक में हुए सौंदर्यीकरण कार्य जैसे ही नेहरू नगर चौक को आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। कार्य हो जाने के उपरांत राहगीरों को यह चौक लुभाने लगेगा और शहर की सुंदरता भी बढ़ जाएगी। महापौर के निर्देश पर भिलाई निगम क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। भूमि पूजन के दौरान निगम आयुक्त रोहित व्यास, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, सभापति गिरवर बंटी साहू, एमआईसी मेंबर सीजू एंथोनी एवं संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह तथा बृजमोहन सिंह आदि मौजूद रहे।
-
-कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में दिए निर्देश
बिलासपुर /कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने आज जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में आयोजित टीएल बैठक में राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिले में संचालित सभी स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती की कार्यवाही शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में चल रहे मरम्मत कार्यों को भी जल्द पूर्ण करने कहा। कलेक्टर ने कहा कि बिलासपुर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय के संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में कलेक्टर ने समाजों को भूमि आबंटन, वन अधिकार पट्टा, जाति प्रमाण पत्र, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, सीमांकन इत्यादि के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री अजय अग्रवाल, एडीएम श्री आरए कुरूवंशी, नगर निगम आयुक्त श्री कुणाल दुदावत सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। - -सीएसपीजीसीएल के देश के स्टेट सेक्टर के 33 संयंत्रों में पहुंचा टॉप पर- सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी ने जारी की 2023 के पहली तिमाही की रैंकिंग- मुख्यमंत्री व चेयरमेन ने दी बधाईरायपुर । छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी ने देशभर में सर्वश्रेष्ठ विद्युत उत्पादन के मामले टॉप पर पहुंच गया है। केंद्र सरकार का उपक्रम सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण) नई दिल्ली ने विभिन्न प्रदेशों के 33 स्टेट सेक्टर में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी को बेहतर परफार्मेंस के लिए पहली तिमाही में पहली रैंकिंग दी है। जनरेशन कंपनी की क्षमता 2840 मेगावाट है, जिसमें 85.71 प्रतिशत पीएलएफ (प्लांट लोड फैक्टर) के साथ यह स्थान हासिल किया है। पीएलएफ का आशय है जितनी क्षमता है, उसका कितना प्रतिशत विद्युत उत्पादन किया गया। छत्तीसगढ़ ने पहली बार देश में सर्वाधिक क्षमता से विद्युत उत्पादन का यह कीर्तिमान बनाया है।केंद्र सरकार का उपक्रम सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण) नई दिल्ली हर तीन महीने में रैंकिंग जारी करता है। देशभर के 33 स्टेट सेक्टर में औसत पीएलएफ 66.97 प्रतिशत है, जबकि छत्तीसगढ़ के संयंत्रों ने 85.71 प्रतिशत विद्युत उत्पादन किया गया। पूरे भारत में सभी थर्मल पॉवर प्लांटों का औसत पीएलएफ 70.02 प्रतिशत रहा। यानी सभी संयंत्रों से अधिक उत्पादन छत्तीसगढ़ के संयंत्रों में हुआ। इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल तथा ऊर्जा एवं वित्त विभाग के सचिव व पॉवर कंपनी के चेयरमेन श्री अंकित आनंद ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री संजीव कुमार कटियार ने बताया कि यह पहली तिमाही अप्रैल-मई-जून के उत्पादन के आधार पर रैंकिंग हासिल की गई है। इस दौरान प्रदेश में भीषण गर्मी की स्थिति थी। सभी राज्यों में बिजली की बहुत अधिक मांग थी। छत्तीसगढ़ में 18 अप्रैल को बिजली की मांग 5878 मेगावाट तक पहुंच गई थी। ऐसी परिस्थिति में जनरेशन कंपनी के संयंत्रों ने लगातार बिना रूके कार्य किया और प्रदेश में बिना पॉवर कट के निर्बाध विद्युत आपूर्ति जारी रखी। उन्होंने कहा कि जनरेशन कंपनी के सभी संयंत्रों ने तमाम चुनौतियों के बावजूद बेहतर प्रदर्शन किया है, इसका श्रेय अधिकारी-कर्मचारियों को जाता है। खासकर इस वर्ष हसदेव ताप विद्युत संयंत्र कोरबा पश्चिम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत संयंत्र (डीएसपीएम) कोरबा पूर्व तथा अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र मड़वा ने बेहतर उत्पादन किया है। 1984 में स्थापित हसदेव ताप विद्युत संयंत्र कोरबा पश्चिम के यूनिट क्रमांक 04 ने 162 दिन 12 घंटे बिना थमे विद्युत उत्पादन का रिकार्ड बनाया है, पहले इस यूनिट से अधिकतम 111 दिन 9 घंटे तक ही लगातार विद्युत उत्पादन हुआ था।
- भिलाई नगर/ नगर निगम भिलाई के वार्ड-07 राधिका नगर अंतर्गत आनंद विहार कॉलोनी में 10 लाख रूपये की लागत से बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया गया है। जिसका लोकार्पण करने भिलाई निगम के महापौर नीरज पाल मुख्य अथिति के रूप में राधिका नगर पहुँचे और बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण किया। स्थानीय पार्षद और खेल विभाग प्रभारी आदित्य सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर आंनद नगर कॉलोनी वासियों ने महापौर को धन्यवाद देते हुए एक आवेदन पत्र भी सौंपा जिसमें वार्ड के विकास को लेकर तथा मुलभूत समस्यायों को लेकर कई बिंदुओं पर ध्यान आकर्षण कराया गया, महापौर जी ने त्वरित आश्वाशन देते हुये कई कार्यों को कराये जाने हेतु निर्देश दिया है। गौरतलब है कि भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत महापौर के प्रयासों से बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे लोगों को खेल के लिए अच्छा माहौल मिल रहा है। लोकार्पण के पश्चात् विशेष अथिति के रूप में उपस्थित जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और महापौर ने बैडमिंटन खेलकर शुरुआत की, उसके बाद क्षेत्र के नागरिकों ने नये खेल मैदान का आंनद लिया। लोकार्पण के अवसर पर मुख्यरूप से भिलाई निगम के सभापति बंटी गिरवर साहू, एम आई सी मेंबर सीजू एंथोनी, लालचंद वर्मा, पूर्व साडा उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, शरद मिश्रा, आमिर अहमद, अमिताभ वर्मा, जितेश कुमार, रज़ा सिद्दीकी, अजहर अली, हिमांशु अवस्थी, विजय सिंह, अरविन्द गुप्ता, विजय गेड़ाम, फ़राज़ अहमद, मुजीब खान, बी.के.ओझा, प्रभात कुमार और क्षेत्र की महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित थे।संलग्न फोटो
-
- -559 गुमशुदा बच्चों को बरामद कर किया गया पालकों के सुपूर्द
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश पर राज्य में गुमशुदा बच्चों की पतासाजी के लिए आपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा को इस मामले में व्यापक अभियान चलाने के आदेश दिए थे। निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी श्री एस.सी. द्विवेदी के पर्यवेक्षण में गुमशुदा बच्चों की पतासाजी हेतु प्रदेश व्यापी अभियान ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ दिनांक 01 जून से 30 जून 2023 तक चलाया गया, जिसमें राज्य पुलिस को बेहतर सफलता मिली है।‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के प्रभावी संचालन के संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा जिलों को विभिन्न दिशा-निर्देश दिए गए, जिसे पुलिस अधीक्षकों एवं जिलों में नामांकित नोडल अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए इस अभियान को सफल बनाने में अपना सराहनीय योगदान दिया। यह अभियान प्रदेश के भीतर एवं विभिन्न राज्यों यथा उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली एवं कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों में चलाया गया। इस दौरान जिलों में गठित पुलिस टीम द्वारा हर संभावित स्थानों पर जाकर गुमशुदा बच्चों को बरामद किया गया।‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के दौरान 72 बालक एवं 487 बालिकाओं इस प्रकार राज्यभर के कुल 559 गुमशुदा बच्चों को बरामद किया गया है, जिसमें सर्वाधिक जिला जांजगीर-चांपा के 76, रायपुर 56, बिलासपुर 52 एवं सक्ती के 52 गुमशुदा बच्चों को एवं शेष अन्य जिलों द्वारा बरामद किया गया है। ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के माध्यम से बरामद किये गये बालक/बालिकाओं को पुलिस द्वारा विधिवत उनके परिजनों के सुपूर्द कर गुमशुदा बच्चों एवं पालकों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने में सफलता प्राप्त की है। - धमतरी । जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय धमतरी में स्टेनोग्राफर हिन्दी एवं सहायक ग्रेड-03 के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए कौशल परीक्षा आगामी 09 जुलाई को आयोजित की जाएगी। स्टेनोग्राफर हिन्दी की परीक्षा सुबह 10.30 बजे और सहायक ग्रेड-03 की परीक्षा दोपहर 12.30 बजे जिला न्यायालय परिसर में आयोजित होगी। चयन समिति की अध्यक्ष एवं एडीजे सुश्री सुनीता टोप्पो ने बताया कि परीक्षा के लिए अंतिम पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर अनुक्रमांक आबंटित किया गया है। अभ्यर्थी अपने अनुक्रमांक/पंजीयन क्रमांक, कौशल परीक्षा तिथि की सूचना का अवलोकनhttps://districts.ecourt.gov.in/dhamtariवेबसाईट पर और जिला न्यायालय की सूचना पटल पर कर सकते हैं। अभ्यर्थियों से परीक्षा केन्द्र में निर्धारित समय से एक घंटे पूर्व उपस्थित रहने कहा गया है। विलंब से उपस्थित होने पर परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। परीक्षार्थी दस्तावेज परीक्षण के लिए अपने मूल दस्तावेज सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित होने कहा गया है।
- -आवेदन पत्र की प्राप्ति और जमा ऑफलाइन मोड से सम्बंधित कार्यालय में होगाखैरागढ़। छत्तीसगढ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित रायपुर के आदेशानुसार जिला कार्यालय खैरागढ में सहायक प्रोग्रामर जॉब दर के एक पद की भर्ती हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। उक्त पद हेतु इच्छुक अभ्यर्थी 05 जुलाई 2023 से 25 जुलाई 2023 शाम 5 बजे तक आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित जिला कार्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के जिला विपणन अधिकारी श्री चंद्रपाल दीवान से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यालय में सहायक प्रोग्रामर के 01 पद हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किया जाता है। आवेदक की शैक्षणिक योग्यता - बी.ई कम्प्यूटर सांईस अथवा सूचना प्रौद्योगिकी , आई.टी प्रोग्रामर बी.टेक प्रथम श्रेणी के साथ या कुल मिलाकर कम से कम 60 प्रतिशत अंक या समतुल्य श्रेणी होना चाहिए। एम.सी.ए, एम.सी.एम, एम.एम.सी कम्प्यूटर साईस सूचना प्रौद्योगिकी आईटी में स्नातकोत्तर डिग्री प्रथम श्रेणी के साथ या कुल कुल मिलाकर कम से कम 60 प्रतिशत अंक या समतुल्य श्रेणी होना चाहिए। बी.एस.सी, बी.एस.सी कम्प्यूटर साईस, सूचना प्रौद्योगिकी आई टी में स्नातक डिग्री प्रथम श्रेणी के साथ कुल मिलाकर कम से कम 65 प्रतिशत अंक या समतुल्य श्रेणी होना चाहिए। आवेदन पत्र की प्राप्ति और जमा ऑफलाइन मोड से कार्यालयीन अवधि में किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सूचना पटल का अवलोकन कर सकते है अथवा राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित जिला कार्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई से सम्पर्क कर सकते हैं।
- रायपुर । आजीविका गतिविधियों के संचालन से महिलाएं बढ़ीं सफलता की ओरगौठानों ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए तरक्की के कई रास्ते खोल दिए हैं। इन रास्तों पर चलते हुए महिलाएं तेजी से आगे बढ़ कर अपना नाम रोशन करने लगी हैं। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड के तिलई गौठान से जुड़कर कई महिला समूह आजीविका गतिविधियां संचालित कर रही हैं। महिलाएं अब आत्म निर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं, यह अन्य महिला समूहों के लिए मिशाल है। इससे इनका गांव में मान सम्मान भी बढ़ गया है। साथ ही महिलाओं के साथ उनके परिवार भी आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं।तिलई गौठान में आरती समूह द्वारा वर्मी कंपोस्ट, बतख पालन, जय मां लक्ष्मी समूह द्वारा मुर्गी पालन, मछली पालन, जय अन्नधारी समूह द्वारा सब्जी उत्पादन किया जा रहा है। ये महिलाएं अब दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। इन महिलाओं का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार की सुराजी गांव योजना बेहद लाभकारी साबित हो रही है। यह महिलाओं के लिए आर्थिक उन्नति का माध्यम बन रही हैं। गौठान में आजीविका गतिविधि के संचालन होने से अब महिलाओं को गांव में ही स्वरोजगार प्राप्त हो रहा है।आरती महिला समूह की अध्यक्ष श्रीमती सरोज देवी साहू ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से 75 हजार रूपए और बैंक लिंकेज के माध्यम से लगभग दो लाख रूपए की आर्थिक सहायता मिली, जिससे समूह की महिलाएं बेहतर कार्य कर सकी। महिलाओं ने लगभग 3 हजार 494 बोरी जैविक खाद तैयार कर उसे सोसाइटी को उपलब्ध कराया। समूह ने वर्मी कंपोस्ट से 1 लाख 97 हजार 360 रूपए और केंचुआ बेचकर 30 हजार रुपए का लाभ प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि उनके समूह द्वारा बतख पालन भी किया जा रहा है। समूह द्वारा बतख पालन से 30 हजार रुपए का मुनाफा कमा लिया है।जय मां लक्ष्मी महिला समूह की अध्यक्ष श्रीमती सत्या सोनी ने बताया कि बिहान के माध्यम से उन्हें 75 हजार रूपए एवं बैंक लिंकेज से एक लाख रुपए की राशि आर्थिक सहायता के रूप में मिली। इस राशि में से उन्होंने 17 हजार रूपए लगाकर मुर्गी पालन का काम शुरू किया और 20 हजार रूपए से अधिक की आमदनी की। उन्होंने बताया कि समूह द्वारा मछली पालन का भी कार्य शुरू किया गया है, इससे भी अच्छा मुनाफा होने की आशा है।जय अन्नधारी महिला समूह की अध्यक्ष श्रीमती अनीता यादव बताती है कि बिहान से मिली सहायता राशि में से महिलाओं ने 41 हजार 350 रुपए लगाकर सब्जी उत्पादन का काम शुरू किया। समूह ने अब तक 54 हजार से अधिक की सब्जी बेचकर लगभग 13 हजार 370 रुपए का लाभ प्राप्त किया है।
-
रायपुर . इस बार रायपुर जिले के कोसरंगी ग्राम सहित रायपुर जिले की चयनित ग्रामीण उद्योग पार्को ( रीपा ) में हरेली तिहार को पारंपरिक रूप से मनाने के लिए एक अनूठी पहल की जा रही है। रीपा में गेड़ी एवं पूजा थाली का निर्माण किया जा रहा है। जिसे आमजन बाजार में खरीद सकेंगे और हरेली तिहार का उत्सव मना सकेंगे। इस थाली में स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं बंसोड़ जाति लोगों द्वारा पूजा में उपयोग होने वाले सामग्री जैसे काला तिल, हल्दी, सुपाड़ी, रुई-बाती, कपूर-कुवारी धागा, मौली धागा, चुनरी, उड़द दाल, जवा, दशांग, रोली, कुमकुम, गुलाल, चंदन, अगरबत्ती, हवन सामग्री, लकड़ी (पलास मदार, पीपल, बेल, फुड़हर, आम, गुलर, कुशा, खैर) एवं गेड़ी का निर्माण किया जा रहा है। पूजा थाली 85 रूपए एवं गेड़ी 150 रूपए प्रति नग की दर से खरीदा जा सकता है।
हरेली तिहार छत्तीसगढ़ का सबसे पहला त्यौहार है, जो लोगों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आस्था से परिचित कराता है। हरेली का मतलब हरियाली होता है, जो हर वर्ष सावन महीने के अमावस्या में मनाया जाता है। हरेली मुख्यतः खेती-किसानी से जुड़ा पर्व है। इस त्यौहार के पहले तक किसान अपनी फसलों की बोआई या रोपाई कर लेते हैं और इस दिन कृषि संबंधी सभी यंत्रों नागर, गैंती, कुदाली, फावड़ा समेत कृषि के काम आने वाले सभी तरह के औजारों की साफ-सफाई कर उन्हें एक स्थान पर रखकर उसकी पूजा-अर्चना करते हैं। घर में महिलाएं तरह-तरह के छत्तीसगढ़ी व्यंजन खासकर गुड़ का चीला बनाती हैं। हरेली में जहां किसान कृषि उपकरणों की पूजा कर पकवानों का आनंद लेते हैं, आपस में नारियल फेंक प्रतियोगिता करते हैं, वहीं युवा और बच्चे गेड़ी चढ़ने का मजा लेते हैं।छत्तीसगढ़ की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए शासन द्वारा बीते साढ़े चार वर्षों के दौरान उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों के क्रम में स्थानीय तीज-त्यौहारों पर भी अब सार्वजनिक अवकाश दिए जाते हैं। इनमें हरेली तिहार भी शामिल है। जिन अन्य लोक पर्वों पर सार्वजनिक अवकाश दिए जाते हैं - तीजा, मां कर्मा जयंती, मां शाकंभरी जयंती (छेरछेरा), विश्व आदिवासी दिवस और छठ। अब राज्य में इन तीज-त्यौहारों को व्यापक स्तर पर मनाया जाता है, जिसमें शासन भी भागीदारी बनता है। इन पर्वों के दौरान महत्वपूर्ण शासकीय आयोजन होते है तथा महत्वपूर्ण शासकीय घोषणाएं भी की जाती है। वर्ष 2020 में हरेली पर्व के ही दिन मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गोधन न्याय योजना की शुरूआत की थी जो केवल 03 वर्षों में अपनी सफलता को लेकर अन्य राज्यों के लिए नजीर बन गई है। -
दुर्ग, जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक 10 जुलाई 2023 को दोपहर 12ः00 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में एजेंण्डावार समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विभागीय जानकारियों के साथ बैठक में उपस्थित होने कहा गया है।
-
दुर्ग, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, दुर्ग भारत सरकार द्वारा संचालित एक प्रशिक्षण संस्थान है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान करता है। आरसेटी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवक युवतियों को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार विकास को सुगम बनाना है। आरसेटी द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम आत्म- उत्पादकता, सशक्तीकरण, कौशल विकास, उद्यमिता, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के बारे में शिक्षण प्रदान करते हैं। आरसेटी द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से, ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ाने में मदद मिलती है। इसी उद्देश्य प्राप्ति हेतु संस्थान द्वारा जिला दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा के ग्रामीण क्षेत्र के युवक/युवतियों हेतु 05 जुलाई 2023 से इलेक्ट्रीशियन (30 दिन) एवं सीसीटीवी इंस्टालेशन एवं सर्विस (13 दिन) का निशुल्क आवासीय (भोजन व्यवस्था के साथ) प्रशिक्षण संचालित किया जायेगा। दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले के ग्रामीण क्षेत्र के युवक युवतियों से आवेदन आमंत्रित है। प्रशिक्षण हेतु आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, राशन कार्ड, नरेगा जॉब कार्ड, मार्कशीट, पासपोर्ट फोटो की छायाप्रति अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए शंकराचार्य हॉस्पिटल के पास, जुनवानी, भिलाई, जिला-दुर्ग (छ.ग.) फोन नं. 0788-2961973 में संपर्क कर सकते हैं ।
- दुर्ग, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था दुर्ग में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत व्यवसाय बेसिक इलेक्ट्रिकल एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन में शॉर्ट टर्म कोर्स निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इच्छुक आवेदक 10 जुलाई 2023 तक संस्था में उपस्थित होकर अपना पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ के साथ, आई.डी. प्रुफ (आधार कार्ड), 10वीं उत्तीर्ण की अंकसूची एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति के मूल दस्तावेजों, एक सेट सत्यापित छायाप्रति के साथ अपना पंजीयन कराए एवं उक्त प्रशिक्षण प्रतिदिन 3 घंटे अनुसार कुल 400 घंटे में पूर्ण किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को बेरोजगारी भत्ता प्राप्त होता है, उन्हें सर्वप्रथम प्राथमिकता देय होगी।
- बालोद. जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली जिला बालोद में शिक्षा सत्र 2024-25 में कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए आॅनलाईन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा में शामिल होने के ईच्छुक अभ्यर्थी आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2023 तक नवोदय डाॅट जीओवी डाॅट इन वेबसाईट पर अपना आनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
- एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना के तहत राशनकार्ड हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराने में जिला बालोद राज्य में प्रथमबालोद. सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत माह जुलाई 2023 हेतु अग्रीम राशन भंडारण में जिला बालोद पूरे राज्य में अग्रणी है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 474 शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालित है, जिसमें संचालित सभी 474 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में माह जुलाई 2023 हेतु अग्रीम भंडारण दिनांक 30 जून तक पूरा कर लिया गया है । उन्होंने बताया कि एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजनांतर्गत ई-केवाईसी कराने में जिला बालोद पूरे राज्य में अव्व्ल है। ज्ञातव्य हो कि जिले के समस्त 474 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में प्रचलित कुल 02 लाख 16 हजार 318 राशन कार्डधारियों के कुल 08 लाख 81 हजार 897 सदस्यों का ई-केवाईसी का कार्य भी किया जा रहा है। जिसमें से अब तक कुल 06 लाख 41 हजार 138 सदस्यों का ई-केवाईसी का कार्य पूरा कर लिया गया है, जो कुल सदस्य का लगभग 73 प्रतिशत है।राशनकार्ड हितग्राहियों को 31 जुलाई तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्यसंचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजनांतर्गत सभी राशनकार्डधारी हितग्राहियों का 31 जुलाई 2023 तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। जिला खाद्य अधिकारी ने राशनकार्डधारी हितग्राहियो से अपने परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है। उन्होंने उक्त कार्य के क्रियान्वयन हेतु हितग्राहियों से सहयोग की अपेक्षा की है। जिससे आगामी राशन वितरण के समय किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
- बालोद. उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति जिला बालोद द्वारा संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में व्याख्यता (संविदा) के पदों पर साक्षात्कार का आयोजन 05 जुलाई को सुबह 10 बजे से स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय आमापारा बालोद में आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव ने साक्षात्कार हेतु पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि में मूल दस्तावेजों के साथ अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
-
बालोद. कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने सर्व कार्यालय प्रमुखों, अनुविभागगीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया है कि विधानसभा का 17वां सत्र 18 जुलाई से 21 जुलाई 2023 तक आहुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान चाही गई वांछित जानकारी शासन को यथाशीघ्र समयावधि में भेजने हेतु अधिकारी-कर्मचारी को मुख्यालय में रहना आवश्यक है। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि विधानसभा के 17वें सत्र के दौरान बिना उनके अनुमति के अवकाश पर प्रस्थान करेंगे ना हीं मुख्यालय से बाहर रहेंगे। उन्होंने कार्यालय में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति करते हुए उनके नाम दूरभाष, पद नाम एवं मोबाईल नंबर की जानकारी कार्यालय कलेक्टर में तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
- -किसानों को 4.91 लाख क्विंटल बीज और 6.73 लाख टन उर्वरक वितरितरायपुर /चालू खरीफ सीजन में राज्य में 3 जुलाई की स्थिति में 3 लाख 33 हजार 100 हेक्टेयर में विभिन्न प्रकार की खरीफ फसलों की बोआई की जा चुकी है। खरीफ फसलों में धान की बोआई सर्वाधिक 2 लाख 82 हजार 930 हेक्टेयर में हुई है। चालू खरीफ सीजन में राज्य में 48 लाख 20 हजार हेक्टेयर में खरीफ फसलों की खेती का लक्ष्य रखा गया है, जो खरीफ 2022 के लक्ष्य से लगभग एक लाख हेक्टेयर अधिक है। मानसून की देरी के चलते राज्य में खरीफ फसलों की बोआई प्रभावित हुई है।कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मक्का की 18890 हेक्टेयर में, कोदो 1610 हेक्टेयर में बोनी हो चुकी है। कुटकी और रागी की बोआई भी किसान कर रहे हैं। दलहनी फसलों की बोआई का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। राज्य में अरहर, मूंग, उड़द, कुल्थी की बोआई 1650 हेक्टेयर में पूरी की जा चुकी है। तिलहनी फसलों की बोनी 1860 हेक्टेयर में हुई है, जिसमें सर्वाधिक 1170 हेक्टेयर में मूंगफली की बोआई हुई है। साख-सब्जी और अन्य फसलों की बोनी 16090 हेक्टेयर में की जा चुकी है, जबकि गन्ना की बोआई 9940 हेक्टेयर में हुई है।प्रदेश में 3 जुलाई तक औसत वर्षा 170.1 मि.मी दर्ज की गई है, जो कि इसी अवधि की 10 वर्षों की औसत वर्षा 212.7 मि.मी से 42.6 मि.मी कम है। गत वर्ष इसी अवधि में 160.6 मि.मी वर्षा दर्ज की गई थी। चालू खरीफ सीजन में प्रदेश में 10.18 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य है, जिसके विरूद्ध अब तक 7.22 लाख क्विंटल का भण्डारण किया जा चुका है। किसानों को 4.91 लाख क्विंटल बीज का वितरण किया गया है, जो कि भण्डारण का 68 प्रतिशत है। खरीफ 2023 में 12.19 लाख मीट्रिक टन वितरण के लक्ष्य के विरूद्ध 12.30 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भण्डारण सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में किया जा चुका है। राज्य के किसानों द्वारा अब तक कुल 6.73 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का उठाव किया गया है, जो कि कुल भण्डारण का 55 प्रतिशत है।
- रायपुर /वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के निर्देशानुसार विभाग द्वारा वन अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत बीजापुर वनमंडल के भोपालपटनम से तारलागुडा मार्ग पर वन कर्मचारियों द्वारा नियमित रात्रि गश्त के दौरान गत दिवस रविवार की सुबह तड़के 4 बजे सफ़ेद रंग की एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दी।वन कर्मचारियों को संदेह होने पर उनके द्वारा वाहन रोककर सूक्ष्मता से जांच की गई। जांच करने पर पाया गया कि आरोपियों द्वारा गुमराह करने के लिए पिकअप वाहन में उपर सब्जी रखकर नीचे खुफिया कम्पार्टमेंट बनाकर फ़िल्मी तरीके से 16 नग अवैध सागौन चिरान तस्करी कर ले जाया जा रहा था। कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर अवैध सागौन चिरान 0.64 घनमीटर एवं पिकअप वाहन एपी 04 व्ही 7816 के जप्ती की कार्रवाई की गई। आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उक्त चिरान भोपालपटनम के ग्राम लिंगापुर से लाना बताया गया। दल द्वारा इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम लिंगापुर में एक जर्जर भवन से दोपहर 1 बजे 114 नग सागौन चिरान 1.92 घनमीटर जप्त किया गया। जप्त किये गये चिरान का अनुमानित मूल्य करीब एक लाख तीस हजार रूपये है।प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री व्ही. श्रीनिवास राव के निर्देशानुसार, मुख्य वन संरक्षक श्री मो. शाहिद के कुशल मार्गदर्शन एवं वनमंडलाधिकारी श्री अशोक पटेल के नेतृत्व में उपवनमंडल भोपालपटनम की टीम द्वारा अवैध सागौन तस्करी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से नियमित गश्त कर तस्करों पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है। उक्त प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई जारी है।
- -विभिन्न रोगों से पीड़ित बच्चों का लगातार हो रहा है सफल उपचाररायपुर। स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) जन्म से ही स्वास्थ्य गत समस्याओं से पीड़ित बच्चों के लिए जीवन दायिनी साबित हो रही है। इस योजना का उद्देश्य बच्चों में 04 प्रकार की परेशानियाँ जैसे डीफेक्ट एट बर्थ, डिसएबिलिटी, डेवलेपमेन्टल डिले, डेफिसिएन्सी की जाँच एवं उपचार कर रोगों को आगे बढ़ने से रोका जा सके। कार्यक्रम अंतर्गत 0 से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों जो कि आंगनबाड़ी व सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत है उन्हें शामिल किया गया है। कार्यक्रम अंतर्गत साल में 02 बार समस्त ऑगनबाडियों में दर्ज बच्चे एवं साल में 01 बार समस्त शासकीय विद्यालयों का भ्रमण कर समस्त बच्चों का प्रारंभिक स्वाथ्य जाँच किये जाने का लक्ष्य रखा गया है।योजना के अंतर्गत महासमुंद जिले में अब तक 874 बच्चों के लिए वरदान साबित हुआ है। इसमें 126 कटे-फटे होंठ एवं तालु, 195 क्लब फुट, 82 कंजेनाईटल केटेरेक्ट 21 न्युरल ट्यूब डिफेक्ट, 450 जन्मजात हृदय रोग (कंजेनाईटल हार्ट डीसिस) से पीड़ित बच्चों का सफल उपचार किया गया है। जिले में जाँच हेतु 09 मोबाईल स्वास्थ्य टीम काम कर रही हैं। प्रत्येक टीम में 02 चिकित्सक, 01 फार्मासिस्ट, 01 लैब टेकनिशियन, 01 ए.एन.एम. की पदस्थापना की गई है।ग्राम तमोरा विकासखण्ड अंतर्गत बागबाहरा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में अध्ययन कर रहा बालक नीलकंठ निषाद थैलेसीमिया व स्प्लेनोमेगाली नामक बीमारी से ग्रसित था । चिरायु टीम द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ग्राम तमोरा के समस्त बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण में उसके हाथ पैर सामान्य के अपेक्षा पतले पाये गये व मरीज का पेट फूले होने के साथ आँखे थोड़ी बाहर की तरफ पायी गई। बालक को अस्पताल में लाकर विशेष चिकित्सकीय दल द्वारा परामर्श व अन्य पैथोलॉजिकल जाँच करायी गई, जिसमें बालक के स्पलीन बढ़े होने के साथ कठोर पायी गई व हीमोग्लोबिन की मात्रा भी कम पायी गई। सोनोग्राफी व अन्य सूक्ष्म परीक्षण के बाद बालक को थैलिसिमिया व स्प्लीनोमेगाली नामक रोग से ग्रसित पाया गया।थैलेसीमिया व स्प्लेनोमेगाली एक गंभीर चुनौतीपूर्ण बीमारी है जिसे एक साधारण बी.पी. एल. परिवार को उच्च चिकित्सकीय संस्थान में इलाज कराया जाने के लिए एक विशेष मनोबल व शासन की तरफ से मिलने वाली विशेष सहायता दोनो ही आवश्यक है, ऐसे में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु योजना के अंतर्गत चिरायु टीम द्वारा समय-समय पर श्री नीलकंठ को जिला स्तर व राज्य स्तरीय चिकित्सकीय संस्थान ले जाया गया और बालक की सफलतापूर्वक सर्जरी करायी गई जिसे कुछ दिनों आईसीयू में रहने के पश्चात् डिस्चार्ज कर दिया गया। अब नीलकंठ अपनी सभी सामान्य बालकों की तरह स्कूल में पढ़ाई कर रहा है और खेल-कूद के साथ ही अपनी दिनचर्या के सभी काम करने में खुद सक्षम है।
-
बिलासपुर/राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत छः माह के बीज प्रोग्राम सर्टिफिकेट कोर्स इन कम्युनिटी हेल्थ का प्रशिक्षण पूर्ण कर दिसम्बर 2022 में आयोजित परीक्षा में सम्मिलित हुए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की अस्थायी संविदा पदस्थापना दिये जाने हेतु कांउसिलिंग क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र सीपत रोड सरकण्डा में 6 जुलाई सवेरे 10 बजे से आयोजित की गई है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जिले की वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बिलासपुर डॉट इन पर उपलब्ध है।
-
दुर्ग / मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत् वर्ष 2022-23 में शासन द्वारा अनुमोदित निर्धारित लागत दर अनुसार मिनी स्टेडियम निर्माण कार्यों की अनुशंसा प्राप्त हुई है। अनुशंसित कार्य को संपादित कराये जाने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमधा को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्यों का संपादन कार्यकारी एजेन्सी संबंधित ग्राम पंयायत होगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्वनी देवांगन से मिली जानकारी के अनुसार धमधा विकासखंड के 14 गांवो में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए 4 करोड़ 42 लाख 54 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विकासखंड धमधा के ग्राम घोटवानी, बरहापुर, कुटहा (पेण्ड्री), जोगी गुफा, दनिया, पोटिया (से), हसदा, बसनी, सिल्ली(परसुली), नंदवाय, बिरझापुर, मुड़पार, डोड़की एवं बोरी में मिनी स्टेडियम निर्माण हेतु प्रत्येक ग्राम हेतु 31 लाख 61 हजार रूपए के मान से कुल 4 करोड़ 42 लाख 54 हजार रूपए स्वीकृत की गई है।
-
-18 जुलाई तक एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय, दुर्ग में कर सकते हैं आवेदन
दुर्ग/जिले के एकीकृत बाल विकास परियोजना दुर्ग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका के पद हेतु विज्ञप्ति जारी किया गया था। परियोजना अधिकारी ने बताया जारी विज्ञप्ति में राजीव नगर केन्द्र क्रं. 04, वार्ड क्रं. 04 को राजीव नगर केन्द्र क्रं. 04, वार्ड क्रं. 02 पढ़ा जावे। इच्छुक आवेदिका द्वारा 18 जुलाई 2023 तक कार्यालयीन समय में एकीकृत बाल विकास परियोजना, दुर्ग (पांच बिल्डिंग, बाल संरक्षण गृह परिसर, महिला एवं बाल विकास विभाग, दुर्ग) में सीधे अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा किये जाएंगे। -
-अधिकारियों को दिए निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश
- जनदर्शन में प्राप्त हुए 210 आवेदन
दुर्ग/ जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में आज अपर कलेक्टर श्री अरविंद एक्का ने आमजनों की समस्याएं सुनी। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनदर्शन में 210 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें अवैध कब्जा, बंटवारा, आर्थिक सहायता, सीमांकन, स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रवेश, राशन कार्ड से संबंधित आवेदन शामिल है।
जनदर्शन में ग्राम रीवागहन निवासी ने राशन कार्ड एवं बैटरी चलित ट्राय सायकल की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब है। उनके परिवार में तीन सदस्य है। पहले उनके परिवार को गरीबी रेखा के तहत राशन प्रदान किया जाता था, किन्तु कुछ महीनों से उनकी बेटी का राशन प्राप्त नही हो रहा है। साथ ही गरीबी रेखा की सर्वे सूची में भी नाम दर्ज नही है, जिसके कारण शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त नही हो रहा है। चूंकि बेटी विकलांग है उसे पढ़ाई के लिए 3 किलोमीटर दूर स्कूल जाना पड़ता है। स्कूल आने जाने में बहुत ही कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बेटी के लिए बैटरी चलित ट्राय सायकल की मांग करते हुए अपर कलेक्टर को आवेदन सौंपा। इस पर अपर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
कोहका वार्ड क्रमांक 13 के वार्डवासियों ने आवेदन सौपते हुए बताया कि उनके वार्ड में पक्की सड़क व गंदे पानी की निकासी के लिए नाली नही होने के कारण गंदे जल का जमाव बना रहता है। वार्ड में किसी भी प्रकार की स्ट्रीट लाईट नही होने के कारण वार्डवासियों को अनेक प्रकार की परेशानियों से गुजरना पड़ता है। उन्होंने वार्ड को सुरक्षित बनाने एवं गंदगी से बचने के लिए नाली वं स्ट्रीट लगवाने आवेदन दिया। इस पर अपर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सिरसाकला चरौदा के महिला आरोग्य समिति के लोगों ने प्रोत्साहन राशि प्रदाय किए जाने की मांग की। महिलाएं 8 वर्षो से महिला आरोग्य समिति से जुड़ी हुई है। उनके द्वारा समय समय पर नारा लेखन, रैली एवं विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में सहयोग प्रदान किया जाता है। समिति सदस्यों उक्त कार्य के बदले प्रोत्साहन राशि की मांग की। इस पर अपर कलेक्टर ने सीएमएचओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
चंदखुरी निवासी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत किए जाने के लिए आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा स्वयं की भूमि में कच्चा मकान बनाया गया है, जो कि अत्यंत जर्जर हो चुका है। रोजी मजदूरी कर अपने एवं परिवार का पालन पोषण करते हैं। ग्राम पंचायत द्वारा कई बार जर्जर घर का सर्वे किया जा चुका है किन्तु पंचायत द्वारा कोई भी कार्यवाही नही की गई है। मकान रहने की स्थिति में नही होने के कारण बारिश में मुझे और मेरे परिवार को आवासीय समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अपर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। -
आत्मानंद स्कूल की शिक्षक भर्ती के अंतिम सूची में गड़बडी करने की हुई शिकायत
सार्वजनिक कुओं को कब्जा मुक्त कराने और आवासीय पट्टा बनाने का किया गया आग्रह
रायपुर/ कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज कलेक्टोरेट परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित जनचौपाल में जामजनों की समस्याएं सुनी। जनचौपाल में 72 आवेदन आए जिसपर कलेक्टर ने अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बी.बी पंचभाई, एसडीएम श्री देवेन्द्र पटेल उपस्थित थे।
जनचौपाल में संतोषी नगर निवासी सुश्री रीतु टंडन ने गड़बड़ी की आशंका जाहिर करते हुए बताया कि रायपुर जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय संचालन समिति द्वारा आयोजित सहायक शिक्षक (अनु.जनजाति) के लिए आयोजित साक्षात्कार में वह शामिल हुई थी। अंतिम परिणाम की सूची के में 13 अभ्यर्थी शामिल थें जिनमें उनका नाम अंतिम स्थान पर है जबकि 11 लोग साक्षात्कार में उपस्थित थे। इस सूची में कुछ ऐसे नाम शामिल है जो संभवतः पूर्व की सूची में वह नाम शामिल नही थे। सुश्री टंडन के आवेदन पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत चिचोली के सोमनाथ चक्रधारी ने उनके गांव में कुम्हारों के परंम्परागत व्यवसाय के लिए 5 एकड़ जमीन आरंक्षित करने का आग्रह किया। इस संबंध में कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। गुढ़ियारी निवासी अविनाश घरडे ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने और पैसा वसूलने के संबंध में शिकायत करते हुए दोषियों पर कार्रवाई करने और राशि वापस दिलाने का आग्रह किया। ग्राम तिवरैया निवासी नारायण दास टंडन ने गांव कें सार्वजनिक कुओं को कब्जा मुक्त करने का आवेदन देकर कहा कि करीब 50 वर्ष पूर्व गांव में कुएं का निर्माण हुआ था, जिसका कुछ लोगों के द्वारा कुएं को पाटकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है इस पर श्री टंडन ने आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इसी प्रकार अमरप्रसाद टंडन ने आवासीय पट्टा बनाने के लिए, सुश्री काजल नाग ने गृह निर्माण मण्डल कबीर नगर मे दोबारा कार्य में रखे जाने, गुढ़ियारी निवासी श्री शांति देवी ने बम्लेश्वरी नगर कॉलोनी गुढ़ियारी में सड़क बाधा हटाने, ग्राम नायकबांधा निवासी श्री किशोर साहु ने एक्सप्रेस-वे निर्माण के अंतर्गत घर का मूल्यांकन विषयक आवेदन दिया। -


रायपुर । अवैध शराब बिक्री से त्रस्त ग्राम असौंदा के ग्रामीणों का आक्रोश इसके खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति बनाने के लिये आयोजित बैठक में फूट पड़ा । इस आक्रोश को आसपास के ग्रामों के मौजूद उन ग्राम प्रमुखों का भी समर्थन मिला जिनके ग्राम के ग्रामीण यहां के सडक़ मार्ग से गुजरते हैं और उन्हें इसकी वजह से अशोभनीय हरकतों का सामना करना पड़ता है । बैठक में असौंदा से लगे ग्राम मुड़पार व बिठिया में भी अवैध शराब बिक्री की बात सामने आयी ।
बैठक के तुरंत बाद असौंदा की महिलाओं व पुरुषों ने ग्राम प्रमुखों के साथ गांव के गली - कूचों में घूम इस अवैधानिक कृत्य में लिप्त तत्वों को इस अवैधानिक कृत्य से तौबा कर लेने की चेतावनी देते हुये ग्रामीण फरमान की अवहेलना करने पर ग्रामीण व्यवस्था के साथ - साथ प्रशासनिक कार्यवाही का भी सामना करने तैयार रहने के लिये आगाह किया । प्रतिदिन रैली निकाल चौकसी का भी निर्णय असौंदा के ग्रामीणों ने लिया है ।
ज्ञातव्य हो कि मंदिर हसौद से कोसरंगी व रायपुर से खरोरा सडक़ मार्ग को जोडऩे वाली अमेरी से माठ सडक़ पर पडऩे वाले ग्राम असौंदा में मुख्य सडक़ मार्ग सहित ग्राम के भीतर जगह - जगह बिक रही अवैध शराब की वजह से व्याप्त हो रही अशांति से ग्रामीणों में गुस्सा व्याप्त तो था ही , साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले आसपास के ग्रामीणों की परेशानियों को देख इन ग्रामों के ग्राम प्रमुख भी असौंदा के पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्राम प्रमुखों पर भी अवैध शराब बिक्री रोकने लगातार दबाव बना रहे थे ।
इसी के परिप्रेक्ष्य में सरपंच राजेश साहू ने ग्रामीणों से मशविरा कर बीते रविवार को ग्रामवासियों सहित आसपास के ग्राम प्रमुखों की बैठक आहूत की थी । बैठक में असौंदा से वर्तमान सरपंच सहित पूर्व सरपंचद्वय जितेन्द्र चंद्राकर व राजू टंडन , जल उपभोक्ता संस्था के अध्यक्ष रहे मुरली वर्मा , उपसरपंच श्रीमती कुमारी बाई वर्मा , पंच देवनाथ वर्मा , पूर्णिमा साहू , पुष्पा वर्मा , ग्राम प्रमुख सुरेन्द्र चंद्राकर , रामकुमार साहू , कुमार यादव , मुरारी वर्मा , जितेन्द्र चेला , इतवारी चेलक , बद्री वर्मा , शिवकुमार वर्मा , लुकेश्वर पाल , महेश्वर साहू , बहादुर साहू , महेत्तर ध्रुव , नारायण वर्मा , चिंताराम सहित महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं सहित महिला प्रमुख गण व आमंत्रित किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेन्द्र शर्मा , क्षेत्रीय जनपद सदस्य सुरेन्द्र वर्मा , तुलसी के सरपंच प्रतिनिधि देवकुमार वर्मा , कठिया के सरपंच रुपेन्द्र वर्मा , सकरी के सरपंच प्रतिनिधि विक्की वर्मा , बिठिया के सरपंच बलराम साहू , बुड़ेनी के सरपंच जनकराम यदु , मुड़पार के सरपंच दिलीप पोर्ते , तिल्दाडीह के सरपंच श्रीमती रंजन बाई पारधी आदि मौजूद थे ।
सरपंच श्री साहू ने बैठक आयोजित करने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला । आमंत्रित जनप्रतिनिधियों ने निकटतम ग्राम तुलसी , सोनभट्ठा, अमेरी , संकरी , कठिया , टेकारी , बुड़ेनी आदि में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगे रहने की जानकारी दी । बिठिया व मुड़पार के सरपंच ने शासन - प्रशासन के ध्यानाकर्षण के बाद भी अपने ग्राम में अवैध शराब बिक्री न थमने की जानकारी देते हुये शराब विरोधी मुहिम में शामिल होने सहमति दर्शायी व असौंदा के अभियान को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की ।
क्षेत्रीय जनपद सदस्य सुरेन्द्र वर्मा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के 6 में से 3 ग्राम असौंदा , मुड़पार व बिठिया में शराब बिकने की पुष्टि करते हुये शराब विरोधी मुहिम में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया । असौंदा की महिलाओं ने शराब की वजह से सर्वाधिक पीडि़त होने की जानकारी देते हुये अवैध शराब बिक्री रोकने व ग्राम प्रमुखों से सक्रियता दिखलाने व उसे अंजाम तक पहुंचाने अग्रणी भूमिका निभाने का वचन दिया । शराब विरोधी मुहिम में जुटे किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेन्द्र शर्मा ने बैठक में उपस्थित महिलाओं व पुरुषों की संख्या को देखते हुये कहा कि वे यदि प्रतिबद्धता दिखाएंगे तो असौंदावासियों को शराब बिक्री रुकवाने शासन - प्रशासन तक जाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी । वर्तमान व पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्राम प्रमुखों के इस बैठक में मौजूदगी को ग्रामहित में एक सुखद कदम ठहराते हुये उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे एकजुट रह ग्राम को हमेशा के लिये अवैध शराब बिक्री से मुक्ति दिला कर राहत की सांस लेंगे ।
पूर्व सरपंच श्री चंद्राकर ने आश्वस्त किया कि ग्रामीण एकजुटता दिखा अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने में सफल होंगे व शासन - प्रशासन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी । ऐसी स्थिति आने पर मौजूद जनप्रतिनिधियों से सहयोग का आग्रह किया गया जिस पर सभी ने सहयोग का आश्वासन दिया । बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सबसे पहले इस अवैधानिक गतिविधि में लिप्त ग्राम के भूले भटके युवाओं को समझाईश दे उनसे अवैध शराब बिक्री न करने का आग्रह किया जाए । समझाईश के बाद भी अवहेलना करने वालों के खिलाफ ग्रामीण व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यवाही करने जिलाधीश व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जाए।





.jpg)

.jpg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)










.jpg)
.jpg)