- Home
- छत्तीसगढ़
- दुर्ग / जिले में संचालित मान्यता प्राप्त समस्त शासकीय, अशासकीय विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक, आई.टी.आई. में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग में अध्ययनरत विद्यार्थी जो पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल में संस्था परिवर्तन एवं कोर्स परिवर्तन कराना चाहते हैं, वे विद्यार्थी अपने महाविद्यालय में 6 फरवरी 2024 तक जानकारी देना होगा। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से प्राप्त जानकारी अनुसार महाविद्यालय द्वारा उक्त विद्यार्थी की जानकारी सहायक आयुक्त आदिवासी कार्यालय दुर्ग में उपलब्ध कराएंगे, ताकि जानकारी आयुक्त कार्यालय को प्रेषित किया जा सके।
- दुर्ग /राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंकराम वर्मा के निर्देशानुसार राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण के लिए प्रदेश के सभी राजस्व निरीक्षक मंडल, तहसील स्तर और जिला स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाना है। निर्देशानुसार कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दुर्ग, पाटन, धमधा एवं भिलाई-3 को जिले के सभी राजस्व निरीक्षक मंडल में 3 फरवरी, शनिवार को शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व अमला को प्रो एक्टिव होकर प्रकरण को निराकरण करने कहा है। प्राप्त जानकारी अनुसार 03 फरवरी को दुर्ग अनुविभाग के अंतर्गत राजस्व निरीक्षक मंडल क्रमशः जेवरा सिरसा, नगपुरा, अण्डा, कोहका, कसारीडीह, जुनवानी, रिसाली, तितुरडीह, दुर्ग, सिकोला, उतई एवं अंजोरा(ख) में राजस्व शिविर आयोजित किये जाएंगे। पाटन अनुविभाग अंतर्गत राजस्व निरीक्षक मंडल जामगांव(एम), रानीतराई, पाटन, अमलेश्वर, सेलूद और जामगांव(आर) में राजस्व शिविर आयोजित किये जाएंगे। इसी प्रकार धमधा अनुविभाग के अंतर्गत राजस्व निरीक्षक मंडल पेण्ड्रावन, दारगांव, बोरीबुजुर्ग और धमधा में राजस्व शिविर आयोजित किये जाएंगे तथा भिलाई-3 अनुविभाग अंतर्गत राजस्व निरीक्षक मंडल चरोदा, कुम्हारी, जामुल, भिलाई-3, अहिवारा और मुरमुंदा में राजस्व शिविर आयोजित किये जाएंगे। उक्त शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। शिविर में सभी राजस्व अधिकारी पूरे समय उपस्थित होकर लोगों की समस्या का निदान करेंगे। प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर संबंधित व्यक्ति को अवगत कराएंगे। शिविर में राजस्व मामलों से संबंधित आवेदन यथा नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, फौती, ऋण पुस्तिका, आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन लिये जांएगे। खातेदारों के खाते में आधार, मोबाईल नंबर, ऋण पुस्तिका आदि की ऑनलाईन प्रविष्टि खातों में की जाएगी।
- दुर्ग / दुर्ग जिले में ऑनलाईन राशनकार्ड नवीनीकरण का कार्य एफ.पी.एस माडयूल एवं सिटीजन-एप के माध्यम से किया जा रहा है। अब तक 1,77,312 राशनकार्डधारियों ने नवीनीकरण के लिए आनलाईन आवेदन किया है। 2,97,304 कार्डधारियों द्वारा अब तक आवेदन नही किया गया है। राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए आवेदन 15 फरवरी 2024 तक ही किये जानें का प्रावधान है। अतः ऐसे शेष राशनकार्डधारी निर्धारित समय के पूर्व नवीनीकरण आवेदन पूर्ण करा लें। खाद्य नियंत्रक दुर्ग से मिली जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राशनकार्डों पर खाद्यान्न वितरण हेतु नया वर्जन सीजी पीडीएस-वी 3.3 आज से लागू किया गया है। नवीनीकरण एवं माह केे प्रथम सप्ताह में राशन वितरण दोनों कार्य पूरे प्रदेश में एक साथ संचालित होने से विभागीय सर्वर पर अधिक लोड बढ़ने के कारण दोनों ही प्रक्रिया में अधिक समय लगने की संभावना है। अतः समस्त राशनकार्डधारियों से अपील की जाती है कि ऐेसे समय में अपना धैर्य बनाये रखें। शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशनकार्डधारियों की अधिक भीड़ होने की स्थिति में नवीनीकरण का कार्य सिटीजन एप केे माध्यम से भी किया जा सकता है।
- दुर्ग / भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर तथा इसीआईएल हैदराबाद के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 02 फरवरी 2024 को इवीएम, वीवीपीएटी फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का ऑनलाईन प्रशिक्षण, वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से दिया गया। उक्त प्रशिक्षण में जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी. के. दुबे सहित सभी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर उपस्थित रहे।निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र 62. पाटन, 63. दुर्ग ग्रामीण, 64. दुर्ग शहर, 66. वैशाली नगर एवं 67. अहिवारा के ई.व्ही.एम. वीवीपीएटी मशीनों को स्ट्रांग रूम श्रीशंकराचार्य इंजीनियरिंग कालेज जुनवानी भिलाई से वेयर हाउस कलेक्ट्रेट परिसर दुर्ग में शिफ्ट किए जाने की अनुमति प्राप्त होने पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों तथा संबंधित विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थियों को पूर्व सूचना दी जाकर आज 02 फरवरी 2024 से ई.व्ही.एम. वीवीपीएटी मशीनों का परिवहन का कार्य प्रांरभ किया गयार्। इ.वी.एम./ वीवीपीएटी के फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य 05 फरवरी से 14 फरवरी 2024 तक इसीआईएल हैदराबाद से आए हुए इंजीनियर की उपस्थिति में निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के दिशा निर्देश अनुरूप संपादित किया जायेगा ।उप जिला निर्वाचन अधिकारी से मिली जानकारी अनुसार ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग के दौरान नोडल अधिकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नामित अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारी जो कि एफएलसी सुपरवाइजर होंगे एवं कलेक्टर स्वयं हर दिन एफएलसी के कार्य का सतत पर्यवेक्षण करेंगे। एफएलसी के कार्य की सतत एवं निर्बाध निगरानी भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर द्वारा वेब कास्टिंग के माध्यम से की जावेगी। ई वी एम की एफएलसी का कार्य कलेक्ट्रेट दुर्ग के पीछे जिला निर्वाचन कार्यालय के वेयरहाउस में संपन्न किया जावेगा। इस हेतु सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय/राज्य राजनैतिक दलों एवं गत विधानसभा निर्वाचन 2023 के सभी अभ्यर्थियों को लिखित में सूचना दी गई है, कि वे या उनके अधिकृत प्रतिनिधि एफएलसी के दौरान उपस्थित रहें। फर्स्ट लेवल चेकिंग के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा मॉक पोल की गतिविधि को देखा जा सकेगा एवं मॉक पोल एवं एफएलसी के कार्य के संदर्भ में संतुष्टि प्रमाण पत्र विहित प्रारूप में प्राप्त किया जा सकेगा। इवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग के दौरान उक्त परिसर में सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स प्रतिबंधित रहेंगे। कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति उक्त परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। जितने भी लोग एफएलसी में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भाग लेंगे उन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी के तरफ से अधिकृत पास जारी किया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण में इवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग के अतिरिक्त लोकसभा निर्वाचन 2024 के संदर्भ में नाम निर्देशन, आदर्श आचरण संहिता एवं अन्य निर्वाचन गतिविधियों के संदर्भ में दिशा निर्देशों से अवगत कराया गया।
- दुर्ग /मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने आज शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में कमिश्नर श्री सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, सीईओ श्री अश्वनी देवांगन, आयुक्त श्री लोकेश चंद्राकर, श्री आशीष देवांगन, श्री देवेश धु्रव, महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री अजय शर्मा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण योजना महतारी वंदन योजना के तैयारियों के संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर से वीडियो कॉन्फ्रंेसिंग के माध्यम से चर्चा की। उन्हानें कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना लागू किया गया है। यह योजना 01 मार्च 2024 से लागू होगा। ऑनलाईन व ऑफलाईन आवेदनों का पंजीयन 5 फरवरी से प्रारंभ होगा। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी निर्धारित किया गया है। उन्होंने समय सीमा को ध्यान रखने के निर्देश दिए। कोई भी पात्र महिला इस योजना का लाभ लेने से न छूटे इसका विशेष ध्यान रखें। आवेदन प्रपत्र ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, परियोजना कार्यालय में तथा जिले द्वारा आयोजित शिविर में उपलब्ध होंगे। योजनांतर्गत जिले में लगाए जाने वाले शिविरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने एवं शिविर प्रभारी को प्रशिक्षण देने की बात कही। उन्होंने जिले में महिला बाल विकास विभाग एवं जिला प्रशासन में एक महीने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा, ताकि कोई भी महिला योजना से संबंधित जानकारी के लिए संपर्क स्थापित कर सके।मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्राप्त हुए आवेदनों पर चर्चा की। उन्होंने जिन जिलों से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं उन जिलों को प्राथमिकता के साथ इस कार्य को पूर्ण करने को कहा। 18 प्रकार के पारंपरिक व्यवसाय के लिए प्राप्त आवेदनों को ट्रेडवाईस वर्गीकरण करने को कहा। साथ ही आवेदकों के पारंपरिक कौशल को निखारने के लिए कौशल प्रशिक्षण के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रेडर्स की ट्रेनिंग संभाग स्तरीय कराने को कहा।धान उपार्जन के संबंध में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी केन्द्रों में नियुक्त नोडल अधिकारी खरीदी केन्द्रों का भौतिक सत्यापन करें। भौतिक सत्यापन के पश्चात फोटो भी लिया जाना सुनिश्चित करें।मुख्य सचिव ने खनिज विभाग की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कलेक्टर जिला स्तर पर खनिज खदानों का निष्कासन कर ले। इसमें विशेषतौर पर गिट्टी खदानों का जो लीज पर है। उक्त खदानों की प्रविष्टी ऑनलाईन परिवेश पोर्टल पर किया जाना सुनिश्चित करें। यह पोर्टल भारत सरकार के माध्यम से खदानों का पंजीकरण हेतु संचालित किया गया है। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि खदानों का पंजीकरण पूर्व में निर्धारित प्रपत्रों की संख्या को कम कर अब सिर्फ 5 प्रपत्रों में ही भर कर पंजीकरण किया जा सकेगा। इसके अलावा वन विभाग एवं पर्यावरण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा।
- -नालंदा परिसर की सराहना की, बताया प्रेरणा दायकरायपुर /लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के निदेशक श्री श्रीराम तरणीकांति आज राजधानी के विभिन्न संस्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने नालंदा परिसर, बीपीओ सेंटर और नवगुरूकुल संस्था का अवलोकन किया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वद्वीप उपस्थित थे। कलेक्टर ने श्री तरणीकांति का प्रतीक चिन्ह और राजकीय गमछा पहनाकर सम्मान किया।श्री श्रीराम तरणीकांति राजधानी के नालंदा परिसर में विभिन्न व्यवस्थाओं, शुल्क इत्यादि का जायजा लिया और सराहना की। परिसर में स्थित लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के एंट्री और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा भी की। साथ ही उन्हें बीच-बीच में एक्स्ट्रा कैरीकुलम एक्टिविटी जोड़ने का सुझाव भी दिया। डॉ. गौरव सिंह ने यह बताया कि यह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले की युवाओं के लिए उपयुक्त स्थान है और अपने नाम के अनुकुल प्रेरणादायी है। पिछले कुछ वर्षों में यहां से जुडे़। युवाओं ने सीजी पीएससी, यूपीएससी जैसे परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। इसी परिसर में कल्चरल सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। ललित कला से जुड़े कलाकारों को मंच दिया जाएगा। जिसके माध्यम से बच्चों को विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दे सकेंगे। नांलदा परिसर के नोडल अधिकारी श्री केदार पटेल ने प्रतीक चिन्ह भेंट की। साथ ही लाइब्रेरी की इंचार्ज श्रीमती मंजूला जैन ने स्वयं के द्वारा लिखित पांडुलिपियों के डिजिटली करण कर उनको सुरक्षित रखने के बारे में आधारित पुस्तक भेंट की।श्री श्रीराम तरणीकांति फुण्डहर स्थित नवगुरूकुल संस्था का भी अवलोकन किया और प्रशिक्षणार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पढ़ाई कीजिए सिर्फ डिग्रीयों के लिए पढ़ाई मत कीजिए। जिसका अध्ययन कर रहें हैं, आत्मसात करिए। उन्होंने सत्या नडेला का उदाहरण देते हुए कहा कि समय का प्रबंधन करें। जो सीख रहें हैं उसे आब्जर्व करके देखें। उन्होंने नवगुरूकुल की सराहना करते हुए कहा कि यहां आप लोगों में उत्साह है मेहनत करते रहिए, सफलता मिलेगी। श्री श्रीराम तरणीकांति मल्टी लेबल पार्किंग स्थित बीपीओ सेंटर गये और युवाओं से मुलाकात कर उनकी कार्य प्रणाली जानकारी ली।
- सूखा एंव गीला कचरा अलग रखेंगे तभी होगा बेहतर निष्पादनभिलाईनगर। स्वच्छता कार्य से शहर के नागरिकों को जोड़ने भिलाई निगम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने में आम नागरिकों की जनभागीदारी जरूरी है, इसी के अंतर्गत आज जोन 01 नेहरूनगर क्षेत्र से जागरूकता अभियान की शुरूआत की गई। जोन आयुक्त की उपस्थिति में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की महिलाएं घर घर पहुंचकर सूखा एवं गीला कचरे का अलग अलग रखने की जानकारी दिए। इस दौरान मिशन मैनेजर तथा पीआईयू भी उपस्थित थे जिन्होंने घर घर पहुंचकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पाम्प्लेट भी बांटा गया।जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना ने बताया कि देश के स्वच्छ शहरों की सफाई व्यवस्था के थीम पर भिलाई में भी पायलट प्रोजेक्ट की शुरूआत की जा रही है। इसके अंतर्गत वार्ड 5 में टीम गठित कर प्रत्येक डोर टू डोर बीट पर दो से तीन लोगो को भेजा गया, तथा नागरिकों को गीला तथा सूखा कचरा तथा परिसंकटमय कचरे को अलग करना बताया गया तथा कचरा कलेक्शन के लिए डोर टू डोर आने वाली गाड़ी में घर के कचरे को अनिवार्य रूप से डालने निवेदन किया गया। डोर टू डोर पहुंची आजीविका मिशन की महिलाओं को नागरिकों ने मूलभूत समस्याओं की जानकारी भी दिए जिस पर वार्डवार समस्याओं को नोट कर जोन के संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया गया ताकि समस्या का निराकरण हो सके।
- -किसानोें को अब तय नहीं करना पड़ता 45 किलोमीटर का सफररायपुर, /दूरस्थ अंचल के किसानों को अब धान बेचने के लिए दूर जाना नहीं पड़ता है। उनके गांव के नजदीक ग्राम आमाबेड़ा में धान बेचने में आसानी हो रही है। वनांचल क्षेत्र कांकेर जिले के अंतागढ़ तहसील के ग्राम कोतकुड़ के किसानों की मांग पूरी होने से किसानों में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान उपार्जन केन्द्र को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की सुविधा दी है, जिसके कारण धान बेचने में किसानों को आसानी हो रही है।पूर्व में ग्राम कोतकुड़ के किसानों का धान बेचने के लिए पंजीयन आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मातला ‘ब‘ में हुआ था। किसानों ने बताया कि पहले उन्हें धान का परिवहन करने के लिए 45 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था और समय भी अधिक लगता था। किसानों ने जिला प्रशासन से नजदीक धान खरीदी की मांग की थी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके गांव के नजदीक आमाबेड़ा गांव धान खरीदी केन्द्र में किसानों का खाता स्थानांतरित किया गया है, जो वहां से सिर्फ 05 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पंजीयन स्थानांतरित होने के बाद कोतकुड़ के सभी किसान 30 जनवरी से धान बेचने के लिए आमाबेड़ा खरीदी केन्द्र पहुंच रहे है। किसानों की सुविधा के लिए टोकन भी तत्काल दिया जा रहा है। किसानों ने मुख्यमंत्री को अपनी मांग के पूर्ण होने पर धन्यवाद ज्ञापित किया है।
- -स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग की ली समीक्षा बैठकरायपुर /स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने महानदी भवन मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने अधिकारियों से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य में आयुष्मान भारत के योजना के अंतर्गत अनुबंधित अस्पतालों की सतत् मॉनिटरिंग की जाए। जिसके लिए राज्य नोडल एजेंसी के स्तर पर रिक्त प्रशासकीय एवं तकनीकी पदों की भर्ती शीघ्र किया जाए।स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने बैठक में कहा कि जिन अस्पतालों द्वारा योजना के विपरीत मरीजों से अतिरिक्त राशि लिए जाने की अथवा अन्य अनियमितता संबंधी शिकायते प्राप्त होती है, उनकी नियमानुसार जांच कर सख्ती से कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिया है कि योजना के अंतर्गत उपचार लेने वाले मरीजों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।बैठक में स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव सुश्री रेणु पिल्ले, आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं श्री ऋतुराज रघुवंशी, एमडी एनएचएम डॉ. जगदीश सोनकर, एमडी सीजीएमएससी सुश्री पद्मिनी भोई साहू समेत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।राज्य शासन ने जारी किया बजटआयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत सतत् स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु निजी एवं शासकीय अस्पतालों के क्लेम भुगतान के लिए राज्य शासन द्वारा तृतीय किश्त 247.50 करोड़ रु. वित्त विभाग ने जारी कर दी है।
- -सभी पात्र हितग्राहियों को पहुंचाएं फायदा-हितग्राहियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएरायपुर /मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने आज यहां रायपुर स्थित कार्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक लेकर शासन की महत्वपूर्ण महतारी वंदन योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा है कि राज्य के सभी जिलों में योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित करें। ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर विशेेष शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को आवेदन करने में सहयोग एवं सुविधा प्रदान करें। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने महतारी वंदन योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में सभी संभागायुक्त कलेक्टर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शामिल हुए।मुख्य सचिव ने महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन के संबंध में सभी जिलों एवं राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये है। कंट्रोल रूम के जरिए हितग्राहियों को संतोषजनक जानकारी दी जाए और उन्हें आवेदन करने में भरपूर सहयोग दिया जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव ने बताया कि महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और उनके स्वास्थ्य पोषण सुधार हेतु योजना क्रियान्वित की जा रही है। योजना के संबंध में उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं का एक हजार रूपए की सहायता प्रदान की जाएगी। महिला की आयु 21 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की विवाहित महिला जिसमें विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता भी सम्मिलित है। योजना के अंतर्गत ऐसी श्रेणी की महिलाए पात्र होगी जो छत्तीसगढ़ की स्थायी निवासी हो।योजना के लिए ऑनलाईन आवेदन करने हेतु पोर्टल https://www.mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा मोबाईल एप द्वारा आवेदन आंगनबाड़ी केन्द्र की लॉगिन आईडी से, ग्राम पंचायत सचिव (ग्राम प्रभारी) की लॉगिन आईडी से, बाल विकास परियोजना कार्यालय की लॉगिन आईडी से, आवेदक स्वयं पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। नगरीय क्षेत्रों में वार्ड प्रभारी के लॉगिन आईडी के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा।
- -मितानिन संघ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभाररायपुर/छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य मितानिन संघ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके जन हितैषी योजनाओं की सराहना की है। उन्होंने वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और स्वास्थ्य मंत्री श्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार जताया है।मितानिनों ने पत्र में लिखा है कि केंद्रीय बजट 2024-25 में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं (जिनमें, मितानिन, ब्लाक समन्वयक, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, प्रशिक्षक और एरिया कोआर्डिनेटर आदि शामिल हैं) के लिए पांच लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदान करने का निर्णय लिया है, जिससे सभी मितानिनों का उत्साह और मनोबल बढ़ा है।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश कर सरकार की तमाम उपलब्धियों को गिनाया और कई घोषणाएं भी कीं। बजट भाषण के दौरान सरकार ने आशा वर्कर्स (मितानिन) को लेकर बड़ा ऐलान किया है। जिसमें आयुष्मान भारत योजना के तहत हेल्थ कवर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी सेंटर्स को अपग्रेड करने का उल्लेख भी बजट में किया गया है। आने वाले समय में आशा वर्कर्स (मितानिन) को भी सरकार द्वारा मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल सकेगा।
- -रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर में नवीन महाविद्यालय खोलने की घोषणा-मुख्यमंत्री ने 108 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्याें का किया लोकार्पण-भूमिपूजन-मुख्यमंत्री किसान मेला-2024 कार्यक्रम में हुए शामिल-सुदूर जिले में आयोजित किसान मेले की सराहना कीरायपुर /विशेष पिछड़ी जनजाति अबुझमाड़िया बाहुल्य नारायणपुर जिला मुख्यालय में संचालित रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर में अब महाविद्यालय का संचालन भी किया जाएगा। नारायणपुर जिले के कुम्हारपारा रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर में आज आयोजित किसान मेले में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इससे अब यहां अध्ययनरत अबूझमाड़िया युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना नहीं पड़ेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने तीरंदाजी प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से मुलाकात की और मलखंब के प्रदर्शन का आनंद भी लिया। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों के आग्रह पर तीर धनुष लेकर सीधे लक्ष्य पर निशाना लगाया। साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय ने नारायणपुर जिले में 108 करोड़ रूपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्याें का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा किसान मेले के माध्यम से नारायणपुर जिले के किसानों के कल्याण के लिए बड़ी सुंदर पहल की गई है। किसानों को इस मेले से बड़ा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण मिशन ने ऐसे कठिन क्षेत्र में विभिन्न चुनौतियों के बावजूद गांव-गांव जाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में अद्भुत कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन और रामकृष्ण मिशन के प्रयासों से यह अंचल अब पूरे देश-दुनिया में विख्यात हो रहा है। क्षेत्र के युवा मलखंब, तीरंदाजी और फुटबाल सहित विभिन्न खेलों में नाम रोशन कर रहे हैं।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसान मेले में दूर-दराज के इलाकों से हमारे किसान भाई आये हैं। मैंने यहां आते हुए देखा कि हमारे किसान भाई तरह-तरह की फल-सब्जियों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे वह समय भी याद है, जब किसानों के पास अच्छी खेती के लिए पैसों की दिक्कत थी। गांव के साहूकारों से किसान औने-पौने ब्याज दर पर कर्ज लेने को मजबूर थे। किसानों के लिए पूंजी की समस्या को दूर करने का कार्य छत्तीसगढ़ के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किया गया था। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को साहूकारी कर्ज के जाल से आजाद किया था। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री श्री रमन सिंह ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण देने की परंपरा प्रारंभ की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने फसल बीमा योजना का सरलीकरण किया। छत्तीसगढ़ की वर्तमान सरकार ने किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर पर धान खरीदने का निर्णय लिया है।श्री साय ने कहा कि कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी का वादा हमने पूरा किया है। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन सुशासन दिवस पर राज्य के 12 लाख किसानों को दो साल के बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है। 5500 रुपए मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता की खरीदी और महतारी वंदन योजना शुरू करने का कैबिनेट में निर्णय ले लिया गया है। इस योजना में विवाहित माताओं-बहनों को साल में कुल 12000 रुपए की मदद दी जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट की पहली बैठक में हमने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 18 लाख आवासों के निर्माण के लिए राशि की स्वीकृति दे दी है।श्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अबूझमाड़ जैसे अति पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए जो रोडमैप तैयार किया है उसकी सफलता में सेवाभावी संस्थानों का बड़ा योगदान होगा। अबुझमाड़िया जनजाति छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों में शामिल है। इन जनजातियों के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत इन जनजातियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, पोषण, आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन जनजातियों को आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जनधन खाते, गैस कनेक्शन आदि का लाभ दिया जा रहा है। सेवाभावी संस्थाओं और संगठनों के सहयोग से हम इन योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचा पाएंगे।कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने अपने सम्बोधन में कहा कि रामकृष्ण मिशन अंचल के सामाजिक, आर्थिक उन्नयन के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। सुदूर अंचल के किसानों, युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही है। जिसने युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता एवं जल संसाधन मंत्री श्री केदार कश्यप ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में कमिश्नर श्री श्याम धावड़े, पुलिस महानिरीक्षक श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्री विपिन मांझी, पुलिस अधीक्षक श्री पुष्कर शर्मा, रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी श्री व्याप्तानंद और अन्य पदाधिकारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक तथा कृषकगण उपस्थित थे।
- -चार स्थलों पर 150 घन मीटर रेत का अवैध भण्डारण जब्त-खनिज के अवैध परिवहन करते छह हाईवा पर कार्रवाई-खनिज एवं राजस्व विभाग की खदानों पर दबिशरायपुर / खनिज एवं राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आज एक साथ कई खदानों पर दबिश दी। टीम द्वारा बिलासपुर जिले के मस्तूरी स्थित निम्न श्रेणी चूना पत्थर की कुल 4 खदानों का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा मेसर्स जीएस मिनरल्स, प्रो संजय पवार ग्राम कोसमडीह मस्तूरी, दौलतराम बिधानी ग्राम मस्तूरी, मेसर्स बिलासादाई मिनरल्स, प्रो. संजय छापरिया ग्राम मस्तूरी, मेसर्स कन्हैया मिनरल्स प्रो. प्रकाश चनानी ग्राम मोहतरा का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान टीम के द्वारा इन चारों खदान मालिकों से पर्यावरण स्वीकृति तथा आवक-जावक से संबंधित पंजी तथा अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया। किन्तु उनके द्वारा इस संबंध में किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये, जिसके कारण इन चारों खदानों को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया गया है।खनिज विभाग द्वारा बिल्हा विकासखण्ड के लच्छनपुर तथा पेण्डरवा स्थित खनिज रेत के 4 स्थलों पर रेत का अवैध भण्डारण मात्रा 150 घन मीटर जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। इसी क्रम में राज्य स्तरीय खनिज उड़नदस्ता दलों द्वारा भी बिलासपुर जिले की विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर खनिजों के अवैध परिवहन करते हुए कुल छह हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। उनके विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर जिले की विभिन्न थानों की अभिरक्षा में वाहनों को रखा गया है।
- रायपुर, / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 03 फरवरी को नारायणपुर और महासमुंद जिले के प्रवास पर रहेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 03 फरवरी को सुबह 10 बजे राज्य अतिथि गृह पहुना शंकर नगर से पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड पहुंचेंगे और वहां से सुबह 10.10 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर सुबह 10.55 बजे पुलिस लाईन हेलीपेड नारायणपुर (कुम्हारपारा) पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय नारायणपुर के रामकृष्ण मिशन आश्रम खेल परिसर में सुबह 11 बजे से आयोजित ‘किसान मेला-2024’ में शामिल होंगे। कार्यक्रम पश्चात दोपहर 12.35 बजे नारायणपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1.35 बजे हाई स्कूल मैदान हेलीपेड झलप जिला महासमुंद पहुंचेंगे और वहां ‘श्री गुरु रविदास महासभा-राज्य स्तरीय महासम्मेलन’ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय कार्यक्रम पश्चात झलप से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.55 बजे रायपुर लौट आएंगे।
-
*जिला प्रशासन द्वारा वृद्धजनों के लिए किया गया स्वास्थ्य शिविर का आयोजन*
रायपुर/ कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह की पहल पर आज कलेक्टोरेट परिसर में सीनियर सिटीजन्स के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें वृद्धजनों का हेल्थ चैकअप किया गया। उनका शुगर, ब्लड प्रेशर तथा अन्य जांच किए गए। इसके बाद कलेक्टर ने वृद्धजनों के साथ बैठकर चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि वृद्धजनों के पास अनुभव का भण्डार होता है। हम उनके विभिन्न कार्यों में मार्गदर्शन प्राप्त कर अनुभव का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन्स के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करें। जिनमें उनकी स्वास्थ्य की जांच की जाए यह भी ध्यान रखें कि जिला अस्पताल में उन्हें लंबी लाईन ना लगाना पड़े प्राथमिकता के आधार पर पंजीयन कर ईलाज करें। गांधी उद्यान ऑक्सजोन सहित शहर के अन्य उद्यानों में शौचालय और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उद्यानों में स्थित बापू के कुटिया का सुव्यवस्थित संचालन की व्यवस्था की जाए सुबह और शाम निर्धारित अवधि में खोला जाए। यदि कोई संस्था संचालित करती है, तो उनसे शुल्क ना लिया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की बैठक लेकर उनकी समस्याओं का समाधान करें। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिया कि उनके द्वारा बनाए गए एनजीओ को नियमानुसार विभागीय मान्यता प्रदान करें। साथ ही बुजुर्गों के लिए बनाए गए नेशनल पोर्टल में सीनियर सिटीजन्स का विवरण का एंट्री करें, जिससे उनका वरिष्ठ नागरिक प्रमाण पत्र जनरेट होगा। इससे, उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
वृद्धजनों की संस्था सीनियर सिटीजन्स वेलफेयर फोरम ने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह से कलेक्टोरेट परिसर में ही एक बड़ा कमरा आबंटित करने की व्यवस्था करने, फोरम के कार्यालय के लिए सरकारी खाली भूखण्ड आबंटित करने, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पुरूष महिला वरिष्ठ नागरिकों को वृद्ध पेंशन योजना इत्यादि मुद्दों पर आग्रह किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम बी.बी.पंचभाई सहित बड़ी संख्या में वृद्धजन उपस्थित थे।
-
रायपुर/भारतीय सैन्य बलों में वायु एवं थल सेना में अग्निवीर के पदों पर भर्ती के लिए जिला प्रशासन रायपुर द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए 10वीं एवं 12वीं, आई.टी.आई. एवं डिप्लोमा कोर्स उत्तीर्ण ऐसे आवेदक जिनकी आयु दिनांक 31 अक्टूबर 2024 की स्थिति में 17 वर्ष 06 माह से 21 वर्ष के मध्य है, अपना आवेदन रोजगार कार्यालय रायपुर में अपनी शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते है। वायु सेना अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाईन आवेदन दिनांक 17 जनवरी 2024 से 06 फरवरी 2024 तक वेबसाईट https://agnipathvayu.cdac.in एवं थलसेना अग्निवीर के लिए ऑनलाईन आवेदन 8 फरवरी 2024 से 21 मार्च 2024 तक वेबसाईट joinindianarmy.nic.in के माध्यम से होगा। आवेदक निःशुल्क प्रशिक्षण एवं भर्ती संबंधी अन्य जानकारी रोजगार कार्यालय रायपुर में स्थापित हेल्प डेस्क से भी कार्यालयीन समय में प्राप्त कर सकते है।
-
रायपुर । राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा द्वारा विभागीय समीक्षा बैठक में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित करने संबंधी दिये गये निर्देश व इसके परिप्रेक्ष्य में राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव रमेश कुमार शर्मा द्वारा परिपत्र के पालन में कल 3 फरवरी शनिवार को मंदिर हसौद तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजस्व निरीक्षक मंडल क्षेत्र मुख्यालय ग्रामों में शिविर का आयोजन किया गया है । मंदिर हसौद तहसीलदार ने तहसील कार्यालय , नगर पंचायत चंदखुरी व पंचायत भवन पलौद में यह शिविर आयोजित होने की जानकारी देते हुये तहसील क्षेत्र के सभी कोटवारों को मुनादी करने व संबंधित पटवारियों को इसकी सुनिश्चित व्यवस्था बनाने का आदेश दिया है ।
विभागीय सचिव द्वारा बीते 01 फरवरी को समस्त जिलाधीशों के नाम जारी परिपत्र में विभागीय मंत्री के निर्देश का हवाला देते हुये लिखा गया है कि माह फरवरी के प्रथम शनिवार दिनांक 03 को प्रदेश में राजस्व निरीक्षक मंडल स्तरीय , द्वितीय शनिवार दिनांक 10 फरवरी को प्रदेश में तहसील स्तरीय व तृतीय शनिवार 17 फरवरी को प्रदेश के जिलों में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन सुनिश्चित किया जावे व इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जावे । -
*नेशनल ताइक्वांडो का किया शुभारंभ*
रायपुर/खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने आज राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंग जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित नेशनल ताइक्वांडो का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी है। मंत्री श्री वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने दो दिनों तक चलने वाले इस राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आये खिलाड़ियों को उन्होंने शुभकामनाएं दी। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 25 राज्यों के 800 खिलाड़ी शामिल हो रहे है। विभिन्न राज्यों से आए ताइक्वांडो के नन्हें-नन्हें 14 बालक और 14 बालिका खिलाड़ी भी शामिल हैं।
- रायपुर..निदेशालय खरपतवार अनुसंधान जबलपुर के निदेशक डॉं. जे. एस. मिश्रा द्वारा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में चल रहें अखिल भारतीय समन्वित परियोजना खरपतवार प्रबंधन के विभिन्न अनुसंधान का निरीक्षण किया गया परियोजना में पदस्थ वरिष्ट वैज्ञानिक डॅा. श्रीकांत चितले, एवं वैज्ञानिक डॉ. नितीश तिवारी ने परियोजना में चल रहें अनुसंधान एवं विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में उन्हे विस्तार से अवगत कराया गया। डॉ. जे. एस. मिश्रा ने वैज्ञानिकों से तकनीकी पहलुओं पर गंभीरता से चर्चा की एवं विश्वविद्यालय में चल रही गतिविधियों की प्रशंसा की । उन्होंने जैविक कृषि में खरपतवार प्रबंधन के अनुसंधानों पर सकरात्मक काम करने की सलाह दी जिससे बिना रासायनिक दवाओं के खरपतवार प्रबंधन की चुनौतियों का हल निकल सके। इसके अतिरिक्त अधिक रासायनिक दवाओं के प्रयोग से खरपतवारों में उत्पन्न हो रही प्रतिरोधक क्षमता के लिये चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि भविष्य में खरपतवारों की पहचान आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस द्वारा करके रासायनिक दवाओं का प्रयोग केवल निश्चित खरपतवार पर किया जा सकेगा जिससे दवा के उपयोग में कमी एवं समय की बचत के साथ उचित समाधान मिल सकेगा। विश्वविद्यालय में चल रहे प्रयोगों में खरपतवारनाशी का ड्रोन द्वारा छिड़काव विषय पर मार्गदर्शन किया एवं उचित सावधानियों का ध्यान रखने की सलाह दी। डॉ. मिश्रा द्वारा खरपतवारों के जैविक नियंत्रण हेतु निर्मित प्रयोगशाला का अवलोकन भी किया।
-
कलेक्टर ने जिले के नगरीय निकायों की ली समीक्षा बैठक
बालोद। कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने कहा कि जिले के नगरीय निकायों में सफाई व पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाये रखना सुनिश्चित करें। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, अपशिष्ट प्रबंधन नियमित रूप से हो। कलेक्टर श्री चन्द्रवाल आज सयुंक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक लेकर उक्ताशय के सम्बंध में दिशानिर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायवार डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, गीला व सूखा कचरा के निष्पादन के सम्बंध में जानकारी ली। नगरीय निकायों के अधिकारियों ने बताया कि स्वसहायता समूह की महिलाओं के द्वारा ई-रिक्शा व अन्य वाहनों के माध्यम से घर-घर जाकर प्रतिदिन गीला व सूखा कचरा लिया जाता है। उक्त कचरे का सेरिगेशन एसएलआरएम सेंटर में समूह की महिलाओ के द्वारा किया जाता है। जहां पर गीले कचरे का कम्पोस्ट बनाया जाता है वही सूखे कचरे प्लास्टिक आदि का विक्रय कर महिलाओं द्वारा अतिरिक्त आमदनी अर्जित की जाती है। इसके साथ ही शहर में सड़कों, चैक चैराहों, नालियों की नियमित रूप से सफाई की जाती है। कलेक्टर ने कहा कि जिले के 8 नगरीय निकायों में नियमित रूप से सफ़ाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए।
कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने जिले के नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यो की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यो के पूर्ण कार्य, अपूर्ण कार्य, अप्रारम्भ कार्यो की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण कार्यो को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने नगरीय निकायो में पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा की। उन्होंने नगरीय निकायो में जल प्रदाय योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा की तथा नगरीय निकायों के घर-घर में वाटर हार्वेसिं्टग सिस्टम स्थापित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने नगर यातायात व्यवस्था दुरस्त करने हेतु सड़क किनारे खड़े किए जाने वाले वाहनों की व्यवस्थित ढंग से पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण कार्यो की भी समीक्षा की तथा निर्माणाधीन आवास को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन प्रकरण, राशनकार्ड नवीनीकरण आदि की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री योगेन्द्र श्रीवास सहित जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौजूद थे। -
*मुख्यमंत्री का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत*
रायगढ़. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का रायगढ़ जिले के पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम हेलीपेड पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भी पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के तुरंगा (पुसौर) में आयोजित अखिल भारतीय वैदिक महासम्मेलन और रायगढ़ शहर में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण समारोह में शामिल होंगे।हेलीपेड में कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सदानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिकों ने गुलदस्ता भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। -
बालोद। कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बालोद विकासखण्ड के ग्राम मुजगहन के समीप पीपरछेड़ी से लिमोरा रोड के बीच बन रहे उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारी से पुल निर्माण की वस्तुस्थिति के सम्बन्ध में जानकारी ली। मौके पर बताया कि यह पुल क्षेत्र वासियों के लिए बहुप्रतीक्षित था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस पुल के निर्माण के लिए 2 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके तहत निर्माण कार्य निरंतर जारी है। यह पुल 40 मीटर लम्बा होगा। साथ ही एप्रोच रोड बनाया जाएगा। इससे आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने कहा कि पुल का निर्माण पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय सीमा से पूर्व पूरा कराना सुनिश्चित करें। जिससे लोगों को आवागमन में आसानी हो। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री योगेंद्र श्रीवास, एसडीएम श्रीमती शीतल बंसल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
-
वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की माता श्रीमती आशा त्रिपाठी व पिता श्री सुभाष त्रिपाठी इस दौरान रहे साथ
रायगढ़। 13 नवंबर 2021 को मणिपुर में आतंकवादी हमले में कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी श्रीमती अनुजा त्रिपाठी और 6 वर्षीय पुत्र अबीर त्रिपाठी शहीद हुए थे । भूतपूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों द्वारा सलामी दी गई।
रायगढ़ में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम के बाहर स्थापित की गई है प्रतिमा
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के अमर शहादत को नमन करने परिवारजनों के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शहर के नागरिक व आमजन कार्यक्रम स्थल पर मौजूद
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी ने 13 नवंबर 2021 को म्यांमार सीमा से लगे विहाँग में अलगाववादी समूह द्वारा घात लगाकर किए हमले में अपने जवानों को बचाते हुए अंतिम गोली तक मुकाबला किया और सर्वोच्च बलिदान देते हुए अपनी पत्नी श्रीमती अनुजा, बेटे अबीर के साथ वीरगति को प्राप्त हुए
सेना की ओर से ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, ब्रिगेडियर आशीष दास मंच पर उपस्थित हैं -
धान बेचने आए किसानों से की चर्चा, पूछा धान बेचने में कोई तकलीफ तो नही, मुख्यमंत्री ने कहा अंतर की राशि जल्द मिलेगी किसानों को
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ जिले के प्रवास के दौरान पुसौर धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने धान बेचने आए किसानों से चर्चा की। वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भी इस दौरान साथ रहे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने धान बेचने आए किसानों से चर्चा की। उन्होंने पूछा धान बेचने में कोई तकलीफ तो नही हो रही है। किसान पार्थिव केदार ने बताया कि हाल के कुछ दिनों में हुई बारिश के चलते धान नही बेच पाए थे। लेकिन आपके द्वारा खरीदी की तारीख बढ़ाने के फैसले से हमारी चिंता दूर हो गई। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसान हित में शनिवार और रविवार को छुट्टी के दिन भी खरीदी होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को अंतर की राशि का जल्द भुगतान कर दिया जाएगा। धान के दो वर्ष का बकाया बोनस जारी करने को लेकर भी किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताया। किसानों ने कहा कि एक मुश्त राशि मिलने से आर्थिक राहत मिली है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान समिति में हो रही खरीदी को देखा और धान बेचने आए दूसरे किसानों से भी चर्चा की। उन्होंने अपने सामने धान का तौल करवाया और मॉइश्चर मीटर से नमी मपवायी। मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों से व्यवस्थित रूप से खरीदी पूर्ण कर ली जाए
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील निर्णय से धान खरीदी की अंतिम तारीख 4 तारीख तक बढ़ाई गई है। छत्तीसगढ़ में पहली बार शनिवार और रविवार को अवकाश के दिनों में भी खरीदी होगी। -
माओवादी आतंक का बहादुरी से मुकाबला करने के लिए जवानों की सराहना
रायपुर /राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा सुकमा जिले के टेकलगुड़ेेम में बीते 30 जनवरी को नक्सल मुठभेड़ में घायल जवानों के स्वास्थ्य जानकारी लेने राजधानी रायपुर के मोवा स्थित एक निजी अस्पताल पहुँचे। इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने घायल जवानों का हाल चाल जाना और चिकित्सकों से उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने जवानों के द्वारा अपनी जान का परवाह न करते हुए माओवादी आतंक का मुकाबला करने के लिए उनकी सराहना की।
ज्ञातव्य है कि 30 जनवरी को प्रदेश के सुकमा जिले के जगरगुण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकलगुड़ेम में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमलें का मुंहतोड़ जवाब देते हुए तीन जवान शहीद हो गए थे। जिसमें 201 कोबरा सीआरपीएफ बटालियन के आरक्षक श्री देवेन सी. और आरक्षक श्री पवन कुमार तथा 150 वीं बटालियन के आरक्षक श्री लम्बाधर सिंघा शहीद को गए थे। इस घटना में 16 जवान घायल हो गए थे जिसमें से 8 जवानों को बेहतर उपचार के लिए राजधानी रायपुर के निजी चिकित्सालय में बेहतर उपचार के लिए लाया गया है।

.jpg)
.jpg)
.jpg)







.jpg)















.jpg)