- Home
- देश
- नई दिल्ली। देश ने कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दो महीने के अंतराल के बाद फिर से देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 7 लाख से कम हो गई है। देश में इस समय कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 6 लाख 95 हजार पांच सौ नौ है, जो कुल मामलों का 9 प्रतिशत से भी कम है।देश में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी काफी बढ़ी है। अब तक 70 लाख लोग इससे ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों और ठीक हुए मामलों के बीच अंतर भी लगातार बढ़ रहा है। ठीक हुए मामले सक्रिय मामलों से लगभग दस गुणा ज्यादा हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 74 हजार लोग कोरोना से ठीक हुए, जबकि 54 हजार नए मामले सामने आए। कोरोना से ठीक होने वालों की दर 89 प्रतिशत से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सभी के मिलेजुले प्रयासों से मृत्यु दर भी कम होकर लगभग डेढ़ प्रतिशत रह गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 690 व्यक्तियों की मृत्यु हुई, जिनमें से 81 प्रतिशत घटनाएं सिर्फ 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक ही सीमित थीं। देश ने 10 करोड़ कोविड जांच का भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान 14 लाख 42 हजार मामलों की जांच की गई।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड- सीबीएसई ने चेहरा पहचान प्रणाली शुरू की है जिसके माध्यम से कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थी अपने डिजिटल शैक्षिक दस्तावेज डाउनलोड कर पाएंगे। इस कम्प्यूटर एप्लिकेशन में पहले से ही सुरक्षित डिजिटल इमेज का चेहरे से मिलान हो पाएगा। इसी तरह से डाटाबेस में पहले से ही सुरक्षित विद्यार्थी की इमेज का सीबीएसई के प्रवेश पत्र पर लगे फोटोग्राफ से मिलान हो सकेगा। फोटो का मिलान सफल होने पर प्रमाण पत्र विद्यार्थियों को ई-मेल कर दिये जाएंगे। यह एप्लिकेशन “Parniaam Manjusha” और https://digilocker.gov.in/cbse-certificate.htmll के Digi Locker पर उपलब्ध है और इसमें वर्ष 2020 के सभी रिकार्ड मिलेंगे।सीबीएसई ने डिजी लॉकर में 12 करोड़ डिजिटल शैक्षिक रिकार्ड डाले हैं जिसे कोई भी विद्यार्थी खोल सकता है और अपनी मार्कशीट, पास और माइग्रेशन सर्टिफिकेट देख सकता है। इस नई चेहरा पहचान प्रणाली से विदेशी विद्यार्थियों को काफी मदद मिलेगी। इस प्रणाली से उन विद्यार्थियों को भी फायदा होगा जो आधार कार्ड या गलत मोबाइल नंबरों से डिजी लॉकर खोल नहीं पाते हैं।
- नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश में विशाखापतनम के नौसेना डॉकयार्ड में आयोजित समारोह में पनडुब्बी भेदी युद्धपोत आईएनएस कवरत्ती को भारतीय नौसेना में शामिल किया। ये पोत किसी रडार की पकड़ में नहीं आएगा।भारतीय नौसेना में ऐसे चार पनडुब्बी भेदी युद्धपोतों को शामिल करने के क्रम में ये चौथा युद्धपोत है। गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड में निर्मित कामोर्टा किस्म के पनडुब्बी भेदी युद्धपोत के डिजाइन पर ही इस युद्धपोत का निर्माण किया गया है। इस अवसर पर सेना प्रमुख जनरल नरवणे ने आईएनएस कवरत्ती को राष्ट्र को समर्पित किया। लक्षद्वीप समुह की राजधानी कवरत्ती के नाम पर इस युद्धपोत का नाम रखा गया है।रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इस युद्धपोत के निर्माण में स्वदेशी प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है जो आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय उद्देश्य का प्रतीक है। इस युद्धपोत के निर्माण में आधुनिक साजोसामान और कार्यप्रणाली का इस्तेमाल किया गया है जिससे वह परमाणु, जैविक और रासायनिक युद्ध में भी पूरी तरह सक्षम सिद्ध होगा।मंत्रालय के अनुसार युद्धपोत में लगे हथियार और सेंसर भी देश में ही तैयार किए गए हैं जिससे इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में राष्ट्र की क्षमता प्रदर्शित होती है। ये पोत पूर्वी नौसेना कमान के अंतर्गत पूर्वी बेड़े का एक अभिन्न अंग होगा। पूर्वी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इनचीफ वाइस एडमिरल अतुल कुमार जैन, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड के सेवानिवृत्त अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रेयर एडमिरल वी. के. सक्सैना और अऩ्य अधिकारी भी आईएऩएस कवरत्ती को नौसेना में शामिल करने के समारोह में उपस्थित थे।
- श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के सिविल सेवा नियमन नियमों में संशोधन कर प्रशासन को सरकारी कर्मचारियों को 22 साल सेवा पूरी करने या 48 साल उम्र हो जाने पर किसी भी समय सेवानिवृत्त करने की अनुमति प्रदान की गयी है।एक अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों को तीन महीने के नोटिस या नोटिस के बदले तीन महीने का वेतन और भत्ता दिए जाने के बाद सेवानिवृत्त किया जा सकता है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के आदेश पर प्रशासन ने जम्मू कश्मीर सिविल सेवा नियमन के 226(2) खंड में कुछ नियमों को शामिल किया है। अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में वित्त विभाग ने अधिसूचना जारी की है । अधिसूचना में कहा गया है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 309 के प्रावधानों के तहत शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए उपराज्यपाल ने जम्मू कश्मीर सिविल सेवा नियमन के खंड 226 (2) में कुछ नए नियमों को जोड़ा है । नियमन 226 (2) (ए) के तहत अगर सरकार को जनहित में जरूरी लगता है तो वह इन नियमों की अनुसूची दो में शामिल पद पर तैनात किसी कर्मचारी को 22 साल सेवा पूरी करने या 48 साल उम्र हो जाने पर सेवानिवृत्त कर सकती है । अधिकारी ने कहा कि कर्मचारी को सेवानिवृत्ति की तारीख से सेवा के आधार पर इन नियमों के तहत मान्य पेंशन लाभ की अनुमति होगी। अधिसूचना में आगे कहा गया है कि प्रशासनिक विभाग को 22 साल सेवा पूरी करने वाले या 48 साल के होने वाले कर्मचारियों का रजिस्टर बनाना होगा । संबंधित प्रशासनिक विभाग द्वारा नामित अधिकारी हर साल की शुरुआत में इस रजिस्टर की जांच करेंगे और समीक्षा करेंगे।
- जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने किसान आंदोलन के कारण 12 त्योहार स्पेशल ट्रेनों को रद्द किया है। वहीं डिब्रुगढ-लालगढ-डिब्रुगढ रेलसेवा का मार्ग परिवर्तन किया गया है।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुनील बेनीवाल ने बताया कि किसान आंदोलन के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा संचालित ट्रनें शुरुआती स्टेशन से रद्द की गई हैं। एक बयान में उन्होंने बताया कि जम्मूतवी-अजमेर को 22 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक, अजमेर-जम्मूतवी 23 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक, बाड़मेर-ऋषिकेष, ऋषिकेष-बाड़मेर, दिल्ली-बठिण्डा, बठिण्डा -दिल्ली, श्रीगंगानगर-दिल्ली, दिल्ली-श्रीगंगानगर, अजमेर-अमृतसर, अमृतसर-अजमेर, अजमेर-अमृतसर को रद्द किया गया है। इसके साथ ही डिब्रुगढ-लालगढ़ रेलसेवा तीन नवम्बर तक डिब्रुगढ से प्रस्थान करेगी वह रेलसेवा परिवर्तित मार्ग वाया रोहतक-भिवानी -हिसार-सादुलपुर-हनुमानगढ होकर चलेगी। वहीं लालगढ-डिब्रुगढ रेलसेवा चार नवम्बर तक लालगढ से चलेगी और परिवर्तित मार्ग वाया हनुमानगढ़-सादुलपुर-हिसार-भिवानी-रोहतक होकर जाएगी।
-
आरोपी मां गिरफ्तार
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अंधविश्वास के चलते देवी मां को खुश करने के लिए एक महिला ने अपने 24 वर्षीय बेटे की सोये में कुल्हाडी से गले पर वार कर बृहस्पतिवार तड़के कथित रूप से बलि चढ़ा दी। यह घटना पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोहनी गांव में हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी अरुण सोनी ने बताया, आज तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि कोहनी गांव में आरोपी सुनिया बाई लोधी (लगभग 50 साल उम्र) ने अपने बेटे द्वारका लोधी (24) के गले पर कुल्हाडी से वार कर हत्या कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी सुनिया बाई को लगभग पिछले दो साल से कुछ दैवीय प्रभाव होने का अहसास होता था और ऐसी घटना आज रात में भी हुई थी। इसी भाव के आने की दशा में कुल्हाडी से उसने अपने बेटे द्वारका लोधी के गले पर कुल्हाडी से वार कर हत्या कर दी। सोनी ने बताया कि कानूनी कार्रवाई कर शव का पोस्टमॉर्टम करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। सोनी ने बताया कि पुलिस ने वारदात में उपयोग की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है। सोनी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है। -
वारंगल। तेलंगाना के महबूबाबाद में फिरैाती के लिए अपहृत पत्रकार के नौ साल के बेटे की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि बच्चे के पिता को जानने वाले आरोपी 23 वर्षीय मैकेनिक ने बच्चे का 18 अक्टूबर को अपहरण किया और उसी दिन गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को पहाड़ी पर ले जाकर जला दिया। उन्होंने बताया कि अपहणकर्ता आरोपी को भय था कि बच्चे को छोड़ने पर वह उसकी पहचान उजाकर कर देगा, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने इंटरनेट के जरिये बच्चे के परिवार को फोन कर 45 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। उन्होंने बताया कि अपहरणकर्ता आरोपी कम समय में अमीर बनना चाहता था और ऐशो-आराम की जिंदगी बसर करना चाहता था। पुलिस ने बताया कि बच्चे के पिता द्वारा हाल में संपत्ति खरीदे जाने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने पैसे कमाने के लिए अपहरण की योजना बनाई और अपराध को अंजाम दिया।
महबूबाबाद जिले के पुलिस अधीक्षक कोटी रेड्डी ने बताया कि योजना के तहत आरोपी 18 अक्टूबर को पीड़ित के घर गया और बच्चे को बुलाया। चूंकि आरोपी बच्चे के पिता का जानकार था इसलिए बच्चा उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर चला गया। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और आरोपी को बच्चों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने की तस्वीर दिखी जिसके आधार पर मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। - नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर भारत सरकार ने फरवरी 2020 में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की आने और जाने गतिविधि को रोकने के लिए कई कदम उठाए थे।सरकार ने अब भारत आने या जाने के इच्छुक विदेशी नागरिकों और भारतीय नागरिकों को अधिक श्रेणियों के लिए वीजा और यात्रा प्रतिबंधों में क्रमिक छूट देने का निर्णय लिया है। इस कारण से, अधिकृत हवाई अड्डों और बंदरगाह के आव्रजन चेक पोस्ट के माध्यम से हवाई या पानी के मार्गों से प्रवेश करने के लिए एक पर्यटक वीजा को छोड़कर, सभी ओसीआई और पीआईओ कार्ड धारकों और अन्य सभी विदेशी नागरिकों को किसी भी उद्देश्य के लिए भारत आने की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है। इसमें वंदे भारत मिशन, एयर ट्रांसपोर्ट बबल की व्यवस्था के तहत या नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा अनुमति के अनुसार किसी भी गैर अनुसूचित वाणिज्यिक उड़ानों द्वारा संचालित उड़ानें शामिल हैं। हालांकि ऐसे सभी यात्रियों को क्वारन्टीन और अन्य स्वास्थ्य / कोविड-19 मामलों के बारे में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा।इस श्रेणीबद्ध छूट के तहत भारत सरकार ने सभी मौजूदा वीजा (इलेक्ट्रॉनिक वीजा, टूरिस्ट वीजा और मेडिकल वीजा को छोड़कर) को तत्काल प्रभाव से बहाल करने का फैसला किया है। यदि ऐसे वीजा की वैधता समाप्त हो गई है, तो उपयुक्त श्रेणियों के नए वीजा संबंधित भारतीय मिशन / डाक से प्राप्त किए जा सकते हैं। चिकित्सा उपचार के लिए भारत आने के इच्छुक विदेशी नागरिक अपने मेडिकल परिचारकों के लिए मेडिकल वीजा सहित आवेदन कर सकते हैं। इसलिए, इस निर्णय से विदेशी नागरिक विभिन्न उद्देश्यों जैसे व्यवसाय, सम्मेलन, रोजगार, अध्ययन, अनुसंधान, चिकित्सा आदि के लिए भारत आने में सक्षम हो सकेंगे।
- नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ द्वारा विकसित टैंक रोधी प्रक्षेपास्त्र नाग का आज अंतिम परीक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह परीक्षण राजस्थान के पोखरण में किया गया।अब यह प्रक्षेपास्त्र थल सेना में शामिल होने के लिए तैयार है। प्रक्षेपास्त्र के दस परीक्षण किए गए जो पूरी तरह सफल रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डीआरडीओ और थल सेना को टैंक रोधी प्रक्षेपास्त्र नाग के सफल परीक्षण के लिए बधाई दी है। रक्षा मंत्रालय के रक्षा अनुसंधान और विकास विभाग के सचिव सतीश रेड्डी ने भी प्रक्षेपास्त्र को तैयार करने में डीआरडीओ, थल सेना और उद्योग क्षेत्र के प्रयासों की सराहना की है।
- पटना। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसमें पांच सूत्र, एक लक्ष्य और 11 संकल्प शामिल किए गए हैं जिनमें शिक्षा, गांव, उद्योग, किसानों के हित और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है।वरिष्ठ भाजपा नेता और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ इसे आज पटना में जारी किया। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र में सभी क्षेत्रों में बिहार के विकास की बात की गई है।श्रीमती सीतारामन ने कहा कि घोषणा पत्र में आत्मनिर्भर बिहार की बात है जहां रोजग़ार के नए अवसर पैदा होंगे। इसमें तीन लाख शिक्षकों की नियुक्ति और पंचायत स्तर पर प्रवासी मज़दूरों को रोजग़ार देने तथा उनके कौशल विकास की भी चर्चा है। कृषि के क्षेत्र में पार्टी ने एक नई कृषि निवेश नीति लाने और एक हजार नए किसान उत्पाद संगठनों के गठन का वायदा किया है। कोविड का टीका आने पर सभी लोगों को इसे मुफ्त उपलब्ध कराने की भी बात की गई है। भाजपा की राज्य ईकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि राज्य के शिक्षा विभाग में एक लाख नए पदों का सृजन किया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी की राज्य ईकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2022 तक गरीबों को तीस लाख पक्के घर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दस लाख नौकरियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। श्री जायसवाल ने कहा कि स्व-सहायता संगठनों के ज़रिए एक करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
- ठाणे । महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक गांव में आवासीय इलाके में बिजली गिरने से कम से कम 25 लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे ठाणे में भारी बारिश के दौरान साहापुर तालुका के अधीन उबरमाली गांव के पलासपाड़ा कस्बे में बिजली गिरने की घटना हुयी । कदम ने बताया कि इलाके में एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि आसपास के कुछ घर भी इसकी चपेट में आए हैं। उन्होंने बताया, ‘‘ बिजली गिरने से महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 25 लोग घायल हो गए। उन्हें साहापुर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'' ठाणे के डिप्टी कलेक्टर डॉ. शिवाजी पाटिल ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। साहापुर के विधायक दौलत दरोडा भी बुधवार रात घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। ठाणे और पड़ोसी इलाकों में बुधवार शाम गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हुई।
- नागपुर। महाराष्ट्र के नंदुरबार में बस पलटकर 40 फीट गहरी खाई में गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 35 लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को नंदुरबार के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नंदुरबार के एसपी महेंद्र पंडित ने बताया कि बुधवार को बस मलकापुर (बुलढाणा) से सूरत जा रही थी। इसमें करीब 40 से ज्यादा लोग सवार थे। बस विसारवाडी के पास कोदईबारी घाट पहुंची थी, तभी अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस के सीधे नीचे गिरने की वजह से ड्राइवर, क्लीनर और तीन यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर नंदुरबार फायर विभाग और पुलिस की टीम स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
- तरनतारन। पंजाब के तरनतारन में बुधवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब एक दंपति काम पर जा रहा था और उनके साथ उनकी बेटी भी थी। रास्ते में तीनों को एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को मर्चुरी में भिजवाया, वहीं अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में मारा गया परिवार जिले के गांव सरहाली का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार ये एक ईंट भ_े पर काम करते थे। रोज की तरह बुधवार सुबह जब दंपति काम पर जा रहा था तो बेटी भी साथ ही थी। अचानक तरनतारन शहर के पास अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर पट्टी मोड़ किसी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। इससे तीनों की ही मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलने के बाद मौके पर पहुंची थाना सरहाली की पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए तरनतारन के सिविल अस्पताल स्थित मर्चुरी में भेज दिया। इस मामले की जांच में जुटे एएसआई सुरिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है।
- गोपेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तैयार किए जा रहे बदरीनाथ के मास्टर प्लान के लिए 424 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है । बदरीनाथ में स्थानीय लोगों के साथ मास्टर प्लान पर चर्चा के दौरान पर्यटन और धर्मस्व सचिव दिलीप जावलकर ने यह जानकारी साझा की ।बदरीनाथ की महानिर्माण योजना के विषय में जावलकर ने व्यापारियों, तीर्थ पुरोहितों तथा हक-हकूकधारियों को जानकारी दी। उन्होंने इस संबंध में उनकी आपत्तियां सुनने के अलावा उनकी शंकाओं का निवारण करने का भी प्रयास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में तैयार यह एक दूरदर्शी योजना है जिसके लिए 424 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को लाभ पहुंचेगा तथा आध्यात्मिक क्षेत्र बदरीनाथ धाम में यात्री सुविधाओं में वृद्धि होगी । बदरीनाथ मास्टर प्लान तीन चरणों में प्रस्तावित है। पहले चरण में शेष नेत्र एवं बदरीश झील का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। दूसरे चरण में बदरीनाथ धाम परिसर तथा आसपास के स्थलों का सौंदर्यीकरण तथा विस्तारीकरण होना है और इसके बाद तीसरे चरण में शेष नेत्र से बदरीनाथ मंदिर तक आस्थापथ का निर्माण प्रस्तावित है।
- नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और राज्य खरीद एजेंसियों ने चालू खरीफ विपणन सत्र में न्यूनतम मूल्य समर्थन योजना के तहत अब तक 20.81 करोड़ रुपये के 106.88 लाख टन धान की खरीद की है।एक सरकारी बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई है। बयान में कहा गया है, खरीद विपणन सत्र 2020-21 के लिए धान की खरीद ने अब अच्छी गति पकड़ी है, जिसमें सात खरीद करने वाले राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 9.37 लाख किसानों से 106.88 लाख टन से अधिक की खरीद की गयी जिसकी कीमत 18 हजार 880 रुपये प्रति टन के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के हिसाब से 20,180.50 करोड़ रुपये है। खरीफ विपणन सत्र 2019-20 की समान अवधि में 84.88 लाख टन की खरीद के मुकाबले इस वर्ष धान की खरीद 26 प्रतिशत अधिक है। बयान में कहा गया कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में एमएसपी के तहत कपास की खरीद का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। बयान में कहा गया कि 20 अक्टूबर तक कुल 668.42 करोड़ रुपये मूल्य के 2,36,748 गांठ कपास की खरीद की जा चुकी है, जिससे 46 हजार 706 किसानों को लाभ हुआ है, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में 2335 गांठों की खरीद की गई थी। तिलहनों, दलहनों और नारियल गरी की भी खरीदी की जा रहा है।
- भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में कोविड-19 का इलाज करा रही 60 वर्षीय एक महिला ने मंगलवार की रात अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। बाग सेवनिया पुलिस थाना प्रभारी संजीव कुमार चौकसे ने बुधवार को बताया कि प्रथम दृष्ट्या जांच में आया है कि त्रिवेणी बाई मीणा ने एम्स भोपाल की दूसरी मंजिल की खिड़की से कूदकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कहा कि वह कोरोना वायरस संक्रमित थी और होशंगाबाद जिले के बाबई पुलिस थाना इलाके खेडी गांव की रहने वाली थी। चौकसे ने बताया कि रात को करीब 12 बजे पता चला कि वह अपने बिस्तर पर नहीं थी, जिसके बाद उसकी तलाश की गई और बाद में खिड़की के सामने नीचे बाहर जमीन पर वह मृत पड़ी मिली। उन्होंने कहा कि पूछताछ में पता चला है कि ड्यूटी पर तैनात नर्स ने उसे खिड़की पर देखा था, लेकिन कूदते हुए नहीं देखा। चौकसे ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमित होने से वह अवसाद में चली गई थी और इसी की चलते संभवत: उसने आत्महत्या की होगी। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच जारी है। इसी बीच, एम्स भोपाल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि वह कोविड-19 संक्रमित थी और 17 अक्टूबर को एम्स भोपाल में भर्ती हुई थी। तब से अन्य कोरोना वायरस मरीजों की तरह उसका भी अस्पताल में बराबर इलाज चल रहा था।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने आज पंचायती राज अधिनियम- 1989 को जम्मू कश्मीर में लागू करने की मंजूरी दे दी। सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि इस पहल से देश के अन्य राज्यों की तरह जम्मू-कश्मीर में भी त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रणाली लागू हो जायेगी। श्री जावड़ेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कश्मीर में और गृहमंत्री ने संसद में ऐसा करने का आश्वासन दिया था।मंत्रिमंडल ने जम्मू कश्मीर में चालू सीजन में सेब की खरीद के लिए बाजार हस्तक्षेप योजना के विस्तार को भी मंजूरी दी। केंद्रीय खरीद एजेंसी राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड- नैफेड सेब की खरीद करेगी। इस योजना के तहत 12 लाख मीट्रिक टन सेब की खरीद की जा सकती है। केंद्रीय एजेंसी जम्मू कश्मीर के सेब उत्पादकों से राज्य द्वारा निर्धारित एजेंसी, योजना और विपणन निदेशालय तथा कश्मीर बागवानी प्रसंस्करण और विपणन निगम के जरिये खरीद करेगी। सेब उत्पादकों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण-डीबीटी के जरिये भुगतान किया जाएगा।सरकार ने इसके लिये नैफेड को 2 हजार 500 करोड़ रूपये की सरकारी गारण्टी के उपयोग की अनुमति दी है। खरीद प्रक्रिया में किसी भी तरह के नुकसान को केंद्र सरकार और जम्मू कश्मीर प्रशासन बराबर -बराबर वहन करेंगे।
- नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने राज्यों में चुनाव अभियान के दौरान राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा भीड़ से बचने के नियमों के पालन में ढिलाई बरतने को गंभीरता से लिया है। आयोग ने आज राजनीतिक दलों को फिर सलाह दी है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता और सावधानी बरती जाये। आयोग ने कहा है कि राज्यों के मुख्?य चुनाव अधिकारियों और जिले के अन्य अधिकारियों को चाहिए कि वे जिम्मेदार उम्मीदवारों और आयोजकों के खिलाफ उपयुक्त कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई करें।चुनाव वाले राज्यों की सरकारों और मुख्य चुनाव अधिकारियों को अलग से चुनााव संबंधी दिशानिर्देशों के सख्ती से अनुपालन के निर्देश जारी किये गये हैं। सभी राष्ट्रीय और राज्य स्तर के राजनीतिक दलों के महासचिवों और अध्यक्षों को लिखे पत्र में आयोग ने कहा है कि सुरक्षित दूरी बनाये रखने के नियम का खुला उल्लंघन करते हुए जनसभाओं में भारी भीड़ एकत्र करने की कई घटनाएं सामने आयी हैं। आयोग को पता चला है कि राजनीतिक दलों के नेता और प्रचारक बिना मास्क पहने भीड़ को सम्बोधित कर रहे हैं। आयोग ने कहा है कि इस तरह के उदाहरण दिशा निर्देशों और निर्देशों का पूरी तरह उल्लंघन है।आयोग ने कहा कि राजनीतिक दल और उम्मीदवार ऐसा करके न केवल आयोग के निर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं बल्कि महामारी के दौरान जनता और स्वयं को संक्रमण के खतरे में डाल रहे हैं।
- मेदिनीनगर। झारखंड में पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे एक मकान में घुस गयी जिससे दो लोगों की मौत हो गई। पाटन थाना प्रभारी विष्णुदेव सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि हादसे में मारे गये दोनों लोग पाटन थाना क्षेत्र के ही पकरी गांव के रहने वाले थे। इनकी पहचान सींटू दुबे (14) और आनंद दुबे (30) के तौर पर की गयी है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मारे गये दोनों लोगों में से एक नौंवी कक्षा का छात्र था और दूसरा निजी क्षेत्र की एक कंपनी का कर्मचारी था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों दशहरा के अवकाश के मौके पर बाइक से अपने-अपने घर लौट रहे थे।
-
नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर अब 88 .81 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 61 हजार से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि अब तक 67 लाख 95 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं। स्वस्थ होने की दर में निरंतर सुधार होने से संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आई है और इस समय केवल 9.67 प्रतिशत लोग संक्रमित हैं। इस समय देश में कोविड-19 के केवल सात लाख 40 हजार रोगी हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान 54 हजार 44 नए मामलों की पुष्टि हुई है। अब देश में कोविड-19 के मामले 76 लाख से अधिक हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि केंद्र सरकार की प्रभावी रणनीति और टैस्ट, ट्रैक और ट्रीट की पहल से ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी आई है। इस समय भारत में मृत्यु दर 1.51 प्रतिशत है जो वैश्विक स्तर पर सबसे कम मृत्यु दर में से एक है। पिछले 24 घंटों के दौरान 717 रोगियों की मौत होने से देश में मरने वालों की संख्याबढ़ कर एक लाख 15 हजार 914 हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दस लाख 83 हजार से अधिक कोविड जांच की गई। अब तक देश में नौ करोड़ 72 लाख से अधिक कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड-19 का टीका उपलब्ध होने पर टीकाकरण के लिए राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन (एनडीएचएम) के तहत डिजिटल स्वास्थ्य परिचय पत्र की आवश्यकता नहीं होगी।महत्वाकांक्षी एनडीएचएम कार्यक्रम की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में की थी। कार्यक्रम के अनुसार मिशन के तहत नामांकित प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य परिचय पत्र मिलेगा जो चिकित्सा सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान करेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, एनडीएचएम, जैसा यह आज मौजूदा रूप में है, एनडीएचएम द्वारा तैयार की जा रही डिजिटल पारिस्थितिकी के तहत सेवा प्राप्त करने के लिए डिजिटल आईडी या स्वास्थ्य आईडी को आवश्यक नहीं बनाता। इसलिए यह कहना सही व्याख्या नहीं है कि यह टीकाकरण के लिए आवश्यक होगा और जिनके पास यह नहीं है, उन्हें टीका नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर लाभार्थियों के पास स्वास्थ्य परिचय पत्र पहीं है तो अन्य परिचय पत्र का इस्तेमाल किया जा सकता है। भूषण ने कहा कि यह लगभग चुनावी परिदृश्य जैसा होगा जहां कई परिचय पत्र का इस्तेमाल किया जाता है और किसी को वोट डालने से नहीं रोका जाता। इसी तरह कोई भी टीकाकरण से वंचित नहीं होगा। उनकी टिप्पणी ऐसे समय आई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले कहा कि भारत मजबूत टीका प्रदान प्रणाली तैयार करने पर काम कर रहा है और मिशन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए नए स्वास्थ्य डिजिटल कार्ड के साथ इसका डिजिटल नेटवर्क इस्तेमाल किया जाएगा।
- दतिया। मध्यप्रदेश में दतिया जिला मुख्यालय से लगभग 28 किलोमीटर दूर भाण्डेर कस्बे के सर्राफा बाजार स्थित एक घर में मंगलवार को रसोई गैस के सिलेंडर में रिसाव के बाद विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गयी और आठ लोग बुरी तरह झुलस गये।भाण्डेर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह मंडेलिया ने बताया कि सर्राफा बाजार में रहने वाले राजू पंसारी के घर में रसोई गैस के सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस हादसे में झुलसे मीरा पंसारी (60), लक्ष्मण साहू (61) और नसीब खान (30) की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी, जबकि आठ अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिनका जिला चिकित्सालय दतिया में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पंसारी परिवार की महिलाएं जब खाना बना रहीं थी, तभी रसोई गैस के सिलेंडर से रिसाव होने लगा और उसने अचानक आग पकड़ ली और उसमें विस्फोट हो गया। (प्रतिकात्मक फोटो)---
- -उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में सक्रिय दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले 2-3 दिनों में हट सकता हैनई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में पिछले एक महीने में तीसरी बार बने कम दबाव क्षेत्र से आंध्रप्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अगले तीन दिन तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी पश्चिमी बंगाल और सिक्किम, झारखंड , मध्यप्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र, गुजरात में जिन हिस्सों में अभी भी दक्षिण-पश्चिमी मानसून सक्रिय है, उसके अगले दो-तीन दिन में वहां से हटने के लिए सही वातावरण तैयार हो रहा है।गौरतलब है कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून इस साल देरी से लौट रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में कम दबाव का क्षेत्र बना। अगले 48 घंटे में इसके और गहरे होने और शुरुआत में उत्तर-पश्चिम में बढऩे और अगले तीन दिन में उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढऩे का अनुमान है। विभाग के निदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि कम दबाव के क्षेत्र के कारण आंध्रप्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अगले तीन दिन में बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने कहा, इसके बाद यह ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्र की ओर बढ़ेगा जिससे उत्तरी-पूर्वी भारत में 22-24 अक्टूबर तक मूसलाधार वर्षा का अनुमान है। कम दबाव के क्षेत्र के कारण दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं 22 अक्टूबर को बेहद भारी बारिश (115.6-204.4 मिली मीटर प्रति दिन) होने का अनुमान है। नगालैंड, मणपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 अक्टूबर को जबकि असम और मेघालय में 24 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। (file photo)-
- कोलकाता। कोविड-19 महामारी और उसके चलते भीड़भाड़ पर रोक के कारण कोलकाता में दशहरा उत्सव और रावण दहन के आयोजन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्य ने यह जानकारी दी।साल्ट लेक सेंट्रल पार्क में 26 अक्टूबर की शाम को सांस्कृतिक संसद समिति और सन्मार्ग के कार्यकारी सदस्यों की उपस्थिति में रावण के 20 फुट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। समिति के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पिछले वर्षों के विपरीत इस साल यह कार्यक्रम हजारों लोगों द्वारा लिंक पर क्लिक करके डिजिटल तरीके से देखने की संभावना है। पहले हजारों लोग इस विशाल मैदान में रावण दहन देखने पहुंचते थे। प्रवक्ता ने कहा, हमें यह कार्यक्रम करने की अनुमति दी तो गयी है लेकिन हमसे यह कार्यक्रम सादे ढंग से करने को कहा गया है। समिति के कार्यकारी सदस्य ही मौजूद रहेंगे और आम लोगों के लिए पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम रावण, मेघनाद एवं कुंभकरण के पुतले जलायेंगे और ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि कोरोना वायरस भी इस आग में जल जाये। इस बार दशहरा बुराई और इस जानलेवा बीमारी पर अच्छाई की विजय का प्रतीक हेागा। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सोमवार को सभी सामुदायिक पूजा पंडालों को प्रवेश निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया और कहा कि बड़ी पूजा की स्थिति में लोग पंडाल से दस मीटर की दूरी पर देवी की झलक पा सकते हैं जबकि छोटी पूजा की स्थिति में लोग पांच मीटर दूर से दर्शन कर सकते हैं। (file photo)
- नई दिल्ली। केन्द्रीय इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज कहा है कि सरकार ने कई पहल की हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में इस्पात के उपयोग को बढ़ावा देंगी।मंगलवार को आत्मनिर्भर भारत पर एक वेबिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा है कि सरकार ने चावल से इथेनॉल का उत्पादन करने का लक्ष्य रखा है। श्री प्रधान ने कहा है कि इसके लिए कई डिस्टिलरी और रिफाइनरियां स्थापित की जाएंगी, जिससे इस्?पात उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।इस्पात मंत्री ने बताया कि एक लाख करोड़ रुपये के एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर कोष से धन का वितरण किया जा रहा है। कई क्षेत्रों की प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के रूप में पहचान हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच से छह वर्षों के दौरान डेढ करोड मीट्रिक टन बायो गैस का उत्पादन किया जाएगा। श्री प्रधान ने कहा कि ये उपाय इस्पात के उपयोग को बढ़ावा देंगे और इसका उद्देश्य प्रतिव्यक्ति इस्पात खपत में 74 किलोग्राम की वृद्धि करना है।


.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)





.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)