- Home
- देश
- नई दिल्ली। असम को इस महीने की 28 तारीख से अगले छह महीने तक अशांत क्षेत्र घोषित किया गया है।गुवाहाटी में जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह फैसला सशस्त्र सेना विशेषाधिकार अधिनियम, 1958 (आफस्पा) के तहत किया गया है। पिछले छह महीनों में पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर उग्रवादियों के हमले और असम में अवैध हथियारों की बरामदगी के मद्देनजर यह फैसला किया गया है।आधिकारिक बयान में कहा गया है कि असम को हाल ही में पूर्वोत्तर में सुरक्षा बलों पर हुए उग्रवादी हमलों और विभिन्न हिस्सों से अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद होने के कारण अशांत क्षेत्र घोषित किया गया है। हालांकि कई नागरिक समाज समूह और कार्यकर्ता राज्य से इस कठोर कानून को हटाने की मांग कर रहे हैं। यह कानून सुरक्षा बलों को अभियान चलाने और बिना पूर्व नोटिस दिये कहीं भी किसी को गिरफ्तार करने की शक्ति प्रदान करता है। असम में यह कानून नवंबर 1990 से लागू है। इसे हर छह महीने में बढ़ा दिया जाता है।---
- मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर दो नौहझील क्षेत्र में एक क्रूजर टैक्सी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। मंगलवार को हुए इस हादसे में टैक्सी में सवार चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को वृन्दावन सौ शैया अस्पताल और जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक क्रूजर टैक्सी आगरा से 21 यात्रियों को लेकर यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा की ओर जा रही थी। थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 59 पर गांव चांदपुर खुर्द के निकट टैक्सी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। जिसे सुनकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।सूचना मिलने पर एक्सप्रेस-वे कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि हादसे में सतीश उरांव,चिंटू (डेढ़ वर्ष), मनोज खाका (34)की मौके पर ही मौत हो गयी । सभी बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले थे ।एक्सप्रेस-वे कर्मियों ने घायलों को वृन्दावन के सौ शैया अस्पताल और जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। सौ शैया अस्पताल में एक घायल ने और दम तोड़ दिया हालांकि मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद देहात पुलिस अधीक्षक श्रीश चंद ने बताया, हादसा अत्यधिक तेज गति से टैक्सी चलाने के कारण हुआ। अभी तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों में कई की हालत नाजुक है। मृतकों की शिनाख्त और घायलों की पहचान कराई जा रही है।---
- बांदा (उप्र)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मटौंध कस्बे में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें ट्रक की टक्कर लगने से एक पिकअप जीप में सवार तीन सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गयी तथा परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे मटौंध कस्बे में थाना कार्यालय से महज दो सौ मीटर दूर तिराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप जीप को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार तीन सगे भाई लक्ष्मी, रविकरन और नारायन (सभी की उम्र 50 से 55 साल के बीच) की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि हादसे में मृतकों के तीन अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल भी हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए कानपुर के एक अस्पताल रेफर किया गया है। एएसपी चौहान ने बताया कि सड़क हादसे का शिकार परिवार बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मझीवां गांव का रहने वाला है और दिल्ली में सभी मजदूरी करते थे। उन्होंने बताया कि ये लोग गांव में किसी व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए किराए की पिकअप जीप में सवार होकर दिल्ली से अपने गांव जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। चौहान ने बताया कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया गया है तथा मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
- नई दिल्ली। काशी के डोम राजा जगदीश चौधरी का आज सुबह निधन हो गया। वाराणसी के ही निजी अस्पाताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। जांघ में घाव के कारण कई महीनों से उनका इलाज चल रहा था। निधन की खबर मिलते ही उनके त्रिपुरा भैरवी घाट स्थित निवास पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगदीश चौधरी को अपना प्रस्तावक चुना था।वाराणसी में अंतिम संस्कार मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर होता है। दोनों घाटों पर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी डोम समाज के पास है। काशी में इस प्रमुख जिम्मेदारी को निभाने के कारण इन्हें डोम राजा कहा जाता है।काशी के डोम राजा जगदीश चौधरी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया- वाराणसी के डोम राजा जगदीश चौधरी जी के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा है। वे काशी की संस्कृति में रचे-बसे थे और वहां की सनातन परंपरा के संवाहक रहे। उन्होंने जीवनपर्यंत सामाजिक समरसता के लिए काम किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति दे।वहीं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने काशी के डोम राजा जगदीश चौधरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।एक ट्वीट में अमित शाह ने कहा कि काशी के डोम राजा का पद भारतीय संस्कृति में व्याप्त विविधता, व्यापकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। बाबा विश्वनाथ के ऐसे सच्चे उपासक डोम राजा जगदीश चौधरी का स्वर्गवास अत्यंत दु:खद है। उनका निधन सनातन परंपरा और भारतीय समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है ।अमित शाह ने कहा कि डोम राजा सनातन संस्कृति की सबसे अभिन्न कड़ी हैं जो अपनी अग्नि से लोगों को मोक्ष का द्वार दिखाते हैं। बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना है कि डोम राजा श्री जगदीश चौधरी जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति शांति शांति ।काशी नरेश और काशी के डोम राजा का भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार राजा हरिशचन्द्र ने स्वयं को कालू डोम को बेच दिया था। उसके बाद से वाराणसी मे डोम समुदाय का प्रमुख डोम राजा कहलाता है।
- पटना। बिहार में आज से सरकारी और निजी बसें चलना शुरू हो गई हैं। राज्य के मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य के सभी जिलों के बीच बसों की आवाजाही की अनुमति दे दी गई है। हालांकि यात्रियों, चालकों और कंडक्टरों के लिए मास्क का पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा बसों में जितनी सीटें होगीं, उतने ही यात्रियों को बैठने की अनुमति होगी। बसों को कंटेनमेंट जोन में आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। बस मालिकों को यात्रियों के लिए सैनेटाइजर उपलब्ध कराना जरूरी होगा। परिवहन अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यात्रियों के बीच उचित दूरी बनी रहे।
-
गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी को सोमवार को देश का सबसे लंबा रिवर रोपवे (तारों के जरिये नदी पार कराने वाला वाहन) मिल गया, जो ब्रह्मपुत्र नदी के दो किनारों को आपस में जोड़ेगा। लगभग 56 करोड़ की लागत से बना यह रोपवे 1.8 किलोमीटर की दूरी तय कराएगा। इससे उत्तरी गुवाहाटी और शहर के मध्य हिस्सों के बीच यात्रा का समय घटकर आठ मिनट रह जाएगा। राज्य के वित्त और स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रोपवे का उद्घाटन करने के बाद कहा कि इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिले गा बल्कि यात्रा भी आसान हो जाएगा। वर्ष 2003 में इस परियोजना पर काम शुरु हुआ था। रोपवे के एक कैबिन में 30 यात्री सफर कर सकेंगे।
-
ग्वालियर। मध्य प्रदेश में 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले आगामी उपचुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि आने वाला उपचुनाव मध्य प्रदेश का भविष्य़ तय करेगा और जनता तय करेगी कि उसे कौन चाहिए बड़ा-छोटा भाई या त्रिमूर्ति। राज्यसभा सदस्य सिंधिया ने अपना गढ़ माने जाने वाले ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में भाजपा के तीन दिवसीय सदस्यता अभियान के अंतिम दिन ग्वालियर में कहा, आने वाला उपचुनाव न्याय और सम्मान का है और जो व्यक्ति जनता के बीच नहीं रहता, उसे वोट मांगने का कोई हक नहीं है। आने वाला चुनाव मध्य प्रदेश का भविष्य तय करेगा
उन्होंने आगे कहा, जनता तय करेगी कि बड़ा-छोटा भाई (कमलनाथ-दिग्विजय सिंह) या फिर त्रिमूर्ति (मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व ज्योतिरादित्य सिंधिया) चाहिए। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा, मुख्यमंत्री चौहान ने गोहद (भिण्ड जिले का विधानसभा क्षेत्र) के लिए तुरंत 110 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत कर दी। वहीं कमलनाथ (अपनी तत्कालीन सरकार के दौरान) धन की कमी का रोना रोते थे। पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने सवाल किया, अब यह धन कहां से आ गया? सिंधिया ने कहा कि वर्ष 2108 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद 15 वर्ष बाद जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो उसमें ग्वालियर-चंबल का बहुत योगदान था। पहली बार 34 में से 26 सीटें कांग्रेस को मिली। लेकिन 15 महीनों में क्या हुआ, सबने देखा। उन्होंने कहा कि हमारा कुर्सी या पद से मोह नहीं है, लेकिन न्याय, सम्मान और विकास की बात होना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान की जमकर तारीफ करते हुए सिंधिया ने कहा, वह (चौहान) 13 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे। यह आसान काम नहीं है। यह तभी हो सकता है जब जनता दिलों में स्थान दे।
-
मुंबई। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोविड-19 महामारी के मद्देनजर विश्वविद्यालय स्तरीय और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं स्थगित करने की मांग करते हुए उन्हें सोमवार को पत्र लिखा। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने अपनी पार्टी के लेटरहेड पर लिखे गये इस पत्र को खुद ट्वीट भी किया। शिवसेना महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार की अगुवा है। केंद्र जेईई और सीईटी परीक्षाएं में हर साल लाखों विद्यार्थी भाग लेते हैं। शिवसेना की युवा शाखा युवा सेना परीक्षाएं स्थगित करने की मांग करते हुए पहले ही उच्चतम न्यायालय पहुंच चुकी है। युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे हैं। आदित्य ठाकरे ने पत्र में लिखा है, कि ऐसी स्थिति में परीक्षाएं आयोजित करना व्यावहारिक नहीं है। ज्यादातर राज्य कोविड-19 के बढ़ते मामलों से जूझ रहे हैं और वहां रेड जोन हैं (जहां संक्रमण सामने आये हैं।)राज्य के पर्यावरण मंत्री ने पूरे अकादमिक वर्ष को स्थगित करने भी मांग की है। - नई दिल्ली। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने डिजिटल इंडिया पहल के एक हिस्से के रूप में 24 अगस्त, को वायु सेना मुख्यालय वायु भवन में एक मोबाइल एप्लीकेशन माय आईएएफ का शुभारम्भ किया। सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस कंप्यूटिंग (सी-डीएसी) के सहयोग से विकसित किया गया यह मोबाइल एप्लीकेशन भारतीय वायु सेना (आईएएफ) में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए कॅरिअर संबंधी जानकारी और विवरण प्रदान करेगा।ऐप का उपयोगकर्ता के अनुकूल प्रारूप आईएएफ में अधिकारियों और एयरमैन दोनों के लिए चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण पाठ्यक्रम, वेतन और भत्तों आदि के विवरण के साथ उपयोगकर्ताओं के लिए एकल डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है। यह एप्लिकेशन एंड्रॉइड फोन के लिए गूगल प्ले स्टोर में उपलब्ध है। यह आईएएफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और गेम से जुड़ा है। यह भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के इतिहास और इसकी वीरता की कहानियों की झलक भी प्रदान करेगा।----
- नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने बैंक धोखाधड़ी मामले में धनशोधन रोकथाम अधिनियम के तहत ईरा इन्फ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड की 19 करोड़ रुपए से अधिक की चल सम्पत्ति जब्त कर ली है। यह सम्पत्ति कम्पनी के एक्सिस बैंक के खाते में जमा थी।प्रवर्तन निदेशालय ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत नई दिल्ली में सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर धनशोधन रोकथाम अधिनियम के तहत जांच शुरू की थी । कम्पनी के मुख्य प्रबंध निदेशक हेम सिंह भराणा और बैंक के अज्ञात कर्मचारियों तथा अन्य व्यक्तियों पर भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत भी आरोप हैं।
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने एक अधिसूचना के जरिये राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर परिषद की स्थापना की है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री इसके पदेन अध्यक्ष और सामाजिक न्याय तथा अधिकारिता राज्य मंत्री इसके पदेन उपाध्यक्ष होंगे ।राष्ट्रीय परिषद सरकार को ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के संदर्भ में नीतियां, कार्यक्रम, कानून और परियोजनाएं तैयार करने के बारे में सलाह देगी। परिषद ट्रांसजेंडरों को समान अवसर और पूर्ण भागीदारी प्रदान करने से संबंधित नीतियों और कार्यक्रमों के प्रभाव का मूल्यांकन करेगी और उन पर निगरानी रखेगी। राष्ट्रीय परिषद ट्रांसजेंडरों से संबंधित मामलों का संचालन करने वाले सभी सरकारी विभागों और अन्य सरकारी और गैर सरकारी संगठनों की गतिविधियों की समीक्षा करेगी और उनके बीच समन्वय करेगी।परिषद के अन्य सदस्यों में विभिन्न मंत्रालयों या विभागों के प्रतिनिधि, ट्रांसजेंडर समुदाय से पांच प्रतिनिधि, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग के प्रतिनिधि, राज्य सरकारों और संघ शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि तथा गैर सरकारी संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले विशेषज्ञ शामिल होंगे। पदेन सदस्यों को छोड़कर राष्ट्रीय परिषद के सदस्य का कार्यकाल नामित किये जाने की तारीख से तीन वर्ष के लिए होगा।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोविड-19 के मौजूदा हालात के मद्देनजर केन्द्र सरकार से संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) स्थगित करने की अपील की।जेईई परीक्षा देश के प्रमुख इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिये आयोजित की जाती है जबकि नीट का आयोजन मेडिकल में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिये किया जाता है। बनर्जी ने सोमवार को सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ हुई पिछली वीडियो कांफ्रेंस में खुलकर इस मुद्दे पर अपनी बात रखी थी।उन्होंने ट्वीट किया, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ हुई हमारी पिछली वीडियो कांफ्रेंस में मैंने सितंबर के अंत तक विश्वविद्यालयों/कॉलेजों में अनिवार्य रूप से परीक्षाएं आयोजित कराने संबंधी यूजीसी के दिशा-निर्देशों पर खुलकर अपनी बात रखी थी। इन परीक्षाओं के चलते छात्रों की जान खतरे में पडऩे की बहुत अधिक संभावना है। बनर्जी ने सरकार से इस खतरे का आकलन करने और हालात सुधरने तक परीक्षाएं स्थगित करने की अपील की। उन्होंने एक और ट्वीट किया, 'सितंबर में नीट और जेईई परीक्षाएं आयोजित कराने के शिक्षा मंत्रालय के निर्देश के बाद मैं केन्द्र से खतरे का आकलन करने और हालात सुधरने तक परीक्षाएं टालने की दोबारा अपील करती हूं। सभी छात्रों के लिये सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है।जेईई (मेन) परीक्षा 1 से 6 सितंबर जबकि जेईई (एडवांस) परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित की जानी है। नीट की परीक्षा 13 सितंबर को आयोजित की जाएगी।---
- नई दिल्ली। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के अंतर्गत फिटनेस, परमिट, लाइसेंस, पंजीकरण या अन्य दस्तावेजों की वैधता को बढ़ाकर 31 दिसंबर 2020 तक करने का फैसला किया है।इससे पहले मंत्रालय द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 से जुड़े हुए दस्तावेजों की वैधता को बढ़ाने के संबंध में इस वर्ष 30 मार्च और 9 जून को परामर्श जारी किया गया था। यह सलाह दी गई है कि फिटनेस, परमिट (सभी प्रकार), लाइसेंस, पंजीकरण या किसी भी अन्य संबंधित दस्तावेजों की वैधता 30 सितंबर, 2020 तक वैध मानी जा सकती है।देश भर में कोविड-19 के प्रसार की रोकथाम के लिए आवश्यक शर्तों के कारण और अभी तक व्याप्त स्थिति को ध्यान में रखते हुए, यह भी सलाह दी गई है कि उपरोक्त सभी संदर्भित दस्तावेजों की वैधता को लॉकडाउन के कारण बढ़वाना संभव नहीं हो सका है या इसकी इजाजत नहीं दी जा सकी है और जिनकी वैधता 1 फरवरी, 2020 के बाद समाप्त हो गई है या 31 दिसंबर 2020 तक समाप्त हो जाएगी, इनको 31 दिसंबर 2020 तक वैध माना जाए। संबंधित प्राधिकरण को सलाह दी गई है कि वे 31 दिसंबर 2020 तक ऐसे दस्तावेजों को वैध मानें।सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा उठाए गए इस कदम से नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।---
-
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन ने जवानों के हौसले और कर्तव्यनिष्ठा को किया नमन
देहरादून। सेवा परमो धर्म को चरितार्थ करते हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के एक दूरस्थ गांव में एक घायल महिला को स्ट्रेचर पर लिटाकर उफनाए नदी-नाले पार करते हुए 40 किलोमीटर लंबा पहाड़ी रास्ता तय किया और उसे अस्पताल पहुंचाने में मदद की। आईटीबीपी ने ट्विटर पर इस संबंध में एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें जवान उस घायल महिला को स्ट्रेचर पर उठाए एक उफनाए बरसाती नाले को पार करते दिखायी दे रहे हैं। आईटीबीपी द्वारा किये गए ट्वीट के अनुसार आईटीबीपी की 14 वीं बटालियन के जवानों ने महिला को शनिवार को मुनस्यारी में सड़क किनारे तक पहुंचाया जहां से फिर उसे अस्पताल पहुंचाया गया। महिला का उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। आईटीबीपी द्वारा किये गए ट्वीट के अनुसार दूरस्थ गांव लापसा से निकटवर्ती सड़क तक पहुंचाने के लिए आइटीबीपी के जवानों ने 40 किलोमीटर की विषम पहाड़ी यात्रा 15 घंटे में पूरी की और इस दौरान रास्ते में कई उफनाए नदी और नालों के अलावा भूस्खलन की बाधाओं को पार किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. हर्षवर्धन ने भी आईटीबीपी के जवानों के इस हौसले और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया है और कहा है कि उत्तराखंड में एक घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए आईटीबीपी जवानों ने शौर्य - दृढ़ता- कर्म निष्ठा को चरितार्थ करते हुए यह साबित कर दिया है कि वे केवल सीमा ही नहीं, अपितु देश के नागरिकों के भी प्रहरी हैं। -
कोलकाता। कोलकाता में एक चलती बस के चालक की रविवार को उस वक्त मौत हो गई, जब केबिन का दरवाजा अचानक से खुल जाने से वह नीचे गिर गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि सरकारी बस जब बायीं तरफ मुड़ रही थी, तभी चालक गिर गया। उन्होंने बताया कि बस रुकने से पहले एक पेड़ से टकरा गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद चालक को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना में बस के कंडक्टर को चोट आयी है, लेकिन उसकी स्थिति स्थिर है। अधिकारी ने बताया कि घटना के समय बस में सवार सभी दस यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं लगी है।
-
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही भारी वर्षा से देवास एवं बुरहानपुर जिलों में उफनते नदी-नालों में बहने से तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार बुरहानपुर जिले में उफनती बरसाती नदी हिवरा में बहने से जयसिंह कोरकू (44) की मौत हो गई है, जबकि दो लोगों योगेश पटेल (30) एवं ओमप्रकाश पटेल (40) की मौत देवास जिले में एक नाले में कार सहित बहने से हुई है। भारी वर्षा के कारण मध्य प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया। खंडवा से मिली रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ नियत्रण प्रकोष्ट प्रभारी एम सी पाण्डेय ने बताया कि नर्मदा के बढ़ते रौद्र रूप और तटीय ग्रामों में बाढ़ का खतरा देखते हुये अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि नर्मदा, ताप्ती, बेतवा, चंबल एवं पार्वती सहित प्रदेश की अधिकतर नदियां उफान पर हैं। नर्मदा नदी पर बने ओंकारेश्वर बांध के 10 गेट खोल कर शनिवार रात्रि से 4,000 क्यूसेक पानी छोडा जा रहा है, जिससे बांध के निचले स्तर में नर्मदा के जलस्तर में करीब पांच मीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, प्रदेश के बरगी, तवा, बाणसागर, मोहनपुरा एवं राजघाट बांधों सहित अन्य बांधों के गेट खोलकर भी पानी छोड़ा जा रहा है। भारत मौसम विभाग के भोपाल केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक जे पी विश्वकर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश में हो रही भारी बारिश में रविवार से कुछ कमी आई है। मध्य प्रदेश में कम दबाव को जो क्षेत्र बना हुआ था, वह अब राजस्थान की ओर चला गया है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलौनों के विनिर्माण और इनकी वैश्विक पहचान को बढ़ावा देने के तरीकों पर विचार-विमर्श के लिए वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की।रविवार को हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कई खिलौना समूहों और हजारों कारीगरों का घर है, जो स्वदेशी खिलौनों का निर्माण करते हैं, जो न केवल सांस्कृतिक जुड़ाव रखते हैं, बल्कि कम उम्र में बच्चों के बीच जीवन-कौशल और मनो-कौशल के निर्माण में भी सहायता करते हैं। उन्होंने कहा कि इसे प्रकार के समूहों को नवीन और रचनात्मक तरीकों से बढ़ावा देना चाहिए।यह जानकारी दी गई कि भारतीय खिलौना बाजार में बहुत सामथ्र्य हैं और यह आत्म-निर्भर भारत अभियान के तहत वोकल फोर लोकल को बढ़ावा देकर उद्योग में एक संरचनात्मक परिवर्तन ला सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी और नवाचार के उपयोग एवं वैश्विक मानकों को पूरा करने वाले गुणवत्ता युक्त उत्पादों के निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। बैठक के दौरान, बच्चों के मानसिक और कौशल विकास पर खिलौनों के प्रभाव और राष्ट्र के लिए भविष्य की पीढ़ी को आकार देने में मदद के माध्यम से इसे कैसे सामाजिक परिवर्तन का साधन बनाया जा सकता है, विषय पर भी चर्चा की गई।बच्चों के मस्तिष्क को ढालने में खिलौनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और लोकाचार से जुड़े खिलौनों को बच्चों के सर्वागींण और शैक्षणिक विकास के साधन के रूप में उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि युवाओं को खिलौनों के अभिनव डिजाइनों के निर्माण में शामिल किया जाना चाहिए जो उनमें राष्ट्रीय लक्ष्यों और उपलब्धियों के प्रति गर्व की भावना उत्पन्न कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलौने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को आगे बढ़ाने का एक उत्कृष्ट माध्यम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि खिलौने भारत की मूल्य प्रणाली और सांस्कृतिक रूप से स्थापित पर्यावरण के अनुकूल दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। उन्होंने भारत की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन को एक साधन के तौर पर उपयोग करने का सुझाव दिया, खासतौर उन क्षेत्रों में जो दस्तकारी वाले खिलौनों के लिए प्रसिद्ध हैं।प्रधानमंत्री ने भारतीय लोकाचार और मूल्यों को प्रतिबिंबित करने के लिए ऑनलाइन गेम सहित खिलौना प्रौद्योगिकी और डिजाइन में नवाचारों के लिए युवाओं और छात्रों के लिए हैकथॉन का आयोजन करने की आवश्यकता पर जोर दिया। तेजी से बढ़ते डिजिटल खेल क्षेत्र पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को इस क्षेत्र में अपने सामथ्र्य का दोहन करना चाहिए और भारतीय संस्कृति और लोक कथाओं से प्रेरित खेलों का विकास करके अंतर्राष्ट्रीय डिजिटल खेल क्षेत्र का नेतृत्व करना चाहिए।---
-
भोपाल। मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों द्वारा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। उन्होंने प्रदेश के किसानों से बढ़ी हुई तारीख का लाभ उठाकर शीघ्र फसल बीमा कराने की अपील की है। पटेल ने यहां संवाददाताओं को बताया, कोविड-19 के चलते किसानों को फसल बीमा योजना का प्रीमियम जमा करने में कठिनाई हो रही थी। यह संज्ञान में आते ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में फसल बीमा का प्रीमियम जमा करने की तारीख 17 अगस्त से बढ़ाकर 31 अगस्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, अब इस योजना में प्रदेश के किसान 31 अगस्त तक प्रीमियम जमा कर सकेंगे। पटेल ने बताया कि फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रदेश को एग्रो क्लाइमैटिक जोन के आधार पर 11 क्लस्टर में बांटकर बीमा कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने जोखिम कवरेज, स्केल आफ फाइनेंस का 75 प्रतिशत कर दिया था, जिसे हमने बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर दिया है। इससे किसानों का 1,000 करोड़ रुपये से 1,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त जोखिम कवर होगा। -
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर क्षेत्र में रविवार को ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि फतनपुर थाना क्षेत्र के गीतानगर बाज़ार में बालू से भरे एक ट्रक से आगे निकलने की कोशिश में एक मोटरसाइकिल सवार तीन लोग उसकी चपेट में आ गये। इस हादसे में दोपहिया वाहन सवार राजेन्द्र पटेल (42) और राजबहादुर (75) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में गम्भीर रूप से घायल राकेश गौतम का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गयी है। शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे गये हैं।
-
मुंबई। कोरोना वायरस महामारी के बीच आईआईटी-बंबई ने रविवार को डिजिटल तरीके से अपने 58 वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बंबई ने एक विज्ञप्ति में कहा, मौजूदा महामारी के दौरान सुरक्षा प्रावधानों के मद्देनजर संस्थान ने अपने स्नातक छात्रों के लिए डिजिटल तरीके से दीक्षांत समारोह का आयोजन किया। आईआईटी-बंबई ने कहा कि वह छात्रों को इस उपलब्धि तथा इस प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई पूरी करने के गौरव से वंचित नहीं रखना चाहता था। संस्थान ने कहा, निदेशक प्रोफेसर सुभाशीष चौधरी से प्रत्येक छात्रों को डिग्री प्रमाणपत्र मिले हैं । पदक विजेताओं को भी मुख्य अतिथि से पदक मिले हैं।
- नई दिल्ली। रेलवे ने छह राज्यों में गरीब कल्याण रोजग़ार अभियान के तहत छह लाख 40 हजार से अधिक कार्य दिवस सृजित किए हैं। ये राज्य हैं- बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश। रेलमंत्री पीयूष गोयल इन परियोजनाओं में हुई प्रगति तथा योजना के तहत प्रवासी मजदूरों को दिए जा रहे काम के अवसरों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।इन राज्यों में 165 रेलवे ढांचागत परियोजनाओं का निष्पादन किया जा रहा है। रेल मंत्रालय का कहना है कि 12 हजार 276 श्रमिक इस अभियान से जुड़े हुए हैं और इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए ठेकेदारों को 1,410 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान जारी किया जा रहा है। रेलवे ने कई कार्यों की पहचान की है जिन्हें इस योजना के तहत निष्पादित किया जा रहा है। इन कार्यों में रेलवे क्रॉसिंग तक सड़कों के निर्माण और रख-रखाव, रेलवे स्टेशनों तक सम्पर्क सड़क का निर्माण और रख-रखाव तथा रेलवे की भूमि की सीमा पर वृक्षारोपण जैसे कार्य शामिल हैं।कोविड-19 से प्रभावित बड़ी संख्या में वापस आने वाले प्रवासी श्रमिकों के लिए आजीविका के अवसर प्रदान करने के लिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल जून में गरीब कल्याण रोजगार अभियान के नाम से रोजगार सहित ग्रामीण लोक निर्माण अभियान की शुरूआत की थी।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखकर सभी पात्र दिव्यांगजनों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम - 2013 के अंतर्गत लाने को कहा है।खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा है कि सभी पात्र दिव्यांगजनों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत निर्धारित कोटे का खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। जिन लोगों को इस योजना के अंतर्गत अब तक शामिल नहीं किया गया है, उनके लिए पात्रता के आधार पर नए राशन कार्ड बनाए जाएं। अन्त्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों में दिव्यांगजनों को शामिल करना इसलिए आवश्यक है ताकि समाज के इस कमजोर तबके को लाभ दिया जा सके।भारत सरकार का आत्मनिर्भर भारत पैकेज उन लोगों के लिए है जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम या राज्यों के सार्वजनिक वितरण कार्ड के अंतर्गत शामिल नहीं किए गए हैं। आत्मनिर्भर भारत पैकेज में उन दिव्यांगजनों को भी लाभ मिलेगा जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। यह योजना 31 अगस्त को समाप्त हो रही है और इससे पहले सरकार का प्रयास है कि सभी पात्र दिव्यांगजन इसका लाभ ले सकें। इस वर्ष मई में शुरू की गई यह योजना दिव्यांगजनों सहित उन सभी पात्र लाभार्थियों के लिए थी, जिनके पास राशन कार्ड नहीं थे।----
- उज्जैन। उज्जैन (मध्यप्रदेश) से करीब 20 किलोमीटर दूर कायथा पुलिस थाना इलाके में एक बस के अचानक पलट जाने से इसमें सवार दो मजदूरों की मौत हो गई और 36 अन्य मजदूर घायल हो गये।कायथा पुलिस थाना प्रभारी प्रदीप सिंह राजपूत ने बताया कि कायथा मोड़ के पास तड़के करीब 3 बजकर 50 मिनट पर एक बस पलट गई। उन्होंने कहा कि इस हादसे में सचिन कुमार जाटव (24) की घटनास्थल पर ही बस के नीचे दबने से मौत हो गई, जबकि सूरज प्रजापति (27) की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। राजपूत ने बताया कि इसमें 36 अन्य मजदूर घायल भी हुए हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त यह बस उत्तर प्रदेश के इटावा से मजदूरों को लेकर गुजरात के अहमदाबाद जा रही थी। इस बस को एक ठेकेदार ने किराये पर लिया था। राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस चालक को झपकी लगने से यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर एक वीडियो साझा किया जिसमें वह अपने आधिकारिक आवास पर सुबह की सैर और व्यायाम के दौरान मोर को दाना खिलाते दिख रहे हैं। एक मिनट और सैंतालिस सैकंड के एक इस वीडियो में प्रधानमंत्री के 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित उनके आवास से कार्यालय तक टहलने की कुछ झलकियां भी शामिल हैं।सुबह की सैर के दौरान प्रधानमंत्री अक्सर मोरों के साथ समय व्यतीत करते हैं। प्रधानमंत्री का पर्यावरण से जुड़े मुद्दों से गहरा लगाव रहा है और इस विषय पर उन्होंने दो किताबें भी लिखी हैं। उनके मुताबिक अपने आवास पर प्रधानमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में पाये जाने वाले कुछ ढांचे भी निर्मित करवाएं हैं ताकि पक्षी वहां अपना घोंसला बना सकें। वीडियो के साथ प्रधानमंत्री ने एक हिंदी कविता भोर भयो, बिन शोर, मन मोर, भयो विभोर.. भी साझा की। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले अपने इंस्टाग्राम पेज पर यह वीडियो डाली और बाद में उन्होंने ट्वीटर पर भी इसे साझा किया।

- - प्रति दस लाख की आबादी पर परीक्षण (टीपीएम) में तेजी, आज टीपीएम 25,574 पर पहुंचानई दिल्ली। भारत में कोविड-19 की जांच जनवरी 2020 में पुणे में महज एक प्रयोगशाला के माध्यम से शुरू हुई थी, जो आज कुल 3.5 करोड़ से अधिक परीक्षण का आंकड़ा पार कर चुकी है। पिछले छह दिनों से लगातार रोजाना 8 लाख से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में कुल 8 लाख 1 हजार 147 कोविड-19 परीक्षणों के साथ अब तक कुल 3 करोड़ 52 लाख 92 हजार 220 नमूनों के परीक्षण किए जा चुके हैं।कोविड-19 संक्रमण के परीक्षण में तेजी से हो रही बढ़ोतरी केन्द्र की आक्रामक परीक्षण रणनीति के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है, जिसे एक केंद्रित और श्रेणीबद्ध दृष्टिकोण के माध्यम से किया जा रहा है। पिछले तीन हफ्तों के दौरान बढ़ते औसत दैनिक परीक्षण देश भर में कोविड-19 परीक्षणों की वृद्धि में हुई प्रगति का एक मजबूत चित्रण प्रस्तुत करते हैं।टेस्ट,ट्रैक एंड ट्रीट यानी परीक्षण, निगरानी और उपचार की नीति पर गहन ध्यान रखने का नतीजा यह हुआ कि आज प्रति दस लाख की आबादी पर परीक्षण की संख्या बढ़कर 25 हजार 574 तक पहुंच गई है। यह केवल व्यापक तौर पर आक्रामक परीक्षण करने से संभव हो पाया जिससे संक्रमण के पॉजिटिव मामलों की पहचान की जा सकी, समय-समय पर उनके संपर्क में आए लोगों का पता चल सका, और उन्हें तुरंत घरों में ही आइसोलेशन पर रखा गया और साथ ही गंभीर तथा अति गंभीर रोगियों को आवश्यक नैदानिक उपचार प्रदान किया गया।कोविड-19 संक्रमण की परीक्षण रणनीति ने राष्ट्रीय प्रयोगशाला नेटवर्क के निरंतर विस्तार को बढ़ावा दिया। आज की तारीख में सरकारी क्षेत्र में 983 प्रयोगशालाओं और 532 निजी प्रयोगशालाओं के साथ देश भर में कुल 1515 प्रयोगशालाएं लोगों को व्यापक परीक्षण सुविधाएं प्रदान कर रही हैं।----

.jpg)







(2)FTO0.jpg)


.jpg)




.jpg)







.jpg)
.jpg)
.jpg)